Home Blog Page 3222

कभी फेक न्यूज पर स्मृति ईरानी के एक्शन से चिढ़ गए थे लिबरल, अब थरूर की अगुवाई वाली समिति कह रही- मोदी सरकार बनाए कानून

संचार और सूचना प्रौद्योगिकी पर संसदीय स्थायी समिति ने सिफारिश की है कि सरकार को सभी प्रकार के मीडिया – प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल में अनियमितताओं की जाँच करने के लिए वैधानिक शक्तियों के साथ एक ‘मीडिया परिषद’ का गठन करना चाहिए। कॉन्ग्रेस सांसद शशि थरूर की अध्यक्षता वाली समिति ने बुधवार को लोकसभा में ‘मीडिया कवरेज में नैतिक मानकों’ पर अपनी रिपोर्ट पेश की। कई बातों के अलावा, समिति ने मीडिया में फेक न्यूज़ के जरिए परेशान करने वाली प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त की है और सरकार से इस खतरे को रोकने के लिए कदम उठाने को कहा है।

रिपोर्टों के अनुसार, समिति ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि मीडिया धीरे-धीरे अपनी विश्वसनीयता और अखंडता (इंटिग्रिटी) खो रहा है, जहाँ मूल्यों और नैतिकता से समझौता किया जा रहा है और पेड न्यूज, फेक न्यूज़, टीआरपी मैनीपुलेशन, मीडिया ट्रायल, सनसनीखेज और पक्षपातपूर्ण रिपोर्टिंग आदि के रूप में मीडिया द्वारा आचार संहिता के उल्लंघन के उदाहरण बड़े पैमाने पर सामने आ रहे हैं।

गौरतलब है कि जहाँ शशि थरूर की अगुवाई वाली समिति फर्जी खबरों पर सरकार की कार्रवाई चाहती है, वहीं उनकी अपनी पार्टी कॉन्ग्रेस ने पिछली मोदी सरकार के इसी तरह के कदम का विरोध किया था। अप्रैल 2018 में, स्मृति ईरानी की अध्यक्षता में सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने फर्जी खबरों के प्रसार को रोकने के लिए दिशानिर्देश लाए थे। दिशानिर्देशों में कहा गया था कि अगर पत्रकारों को फेक न्यूज़ गढ़ते या फैलाते हुए पाया जाता है तो उनकी मान्यता स्थायी रूप से रद्द की जा सकती है।

हालाँकि, तब इन दिशानिर्देशों के खिलाफ भारी आक्रोश देखने को मिला था। यहाँ तक कि कॉन्ग्रेस ने भी फेक न्यूज़ को नियंत्रित करने के कदम का विरोध किया था। उल्टा कॉन्ग्रेस नेता अहमद पटेल ने आरोप लगाया था कि ईमानदार पत्रकारों को परेशान करने के लिए इन दिशा-निर्देशों का इस्तेमाल किया जाएगा, और उनकी मान्यता निलंबित करने के लिए पत्रकारों के खिलाफ प्रेरित शिकायतें दर्ज की जाएँगी।

हालाँकि, तब इन दिशानिर्देशों पर उत्पन्न भारी विवाद के कारण, इसे अगले दिन कथित तौर पर पीएमओ के निर्देश पर मंत्रालय द्वारा वापस ले लिया गया था। अब कॉन्ग्रेस नेता शशि थरूर के नेतृत्व वाली समिति चाहती है कि मोदी सरकार इन्हीं कानूनों के विरोध करने के तीन साल बाद फिर से फेक न्यूज के खिलाफ कार्रवाई करे।

समिति ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से पेड न्यूज को चुनावी अपराध बनाने के लिए विधि आयोग की कुछ सिफारिशों को जल्द लागू करने के लिए कानून मंत्रालय से संपर्क करने को भी कहा है।

संसदीय समिति की रिपोर्ट में कहा गया है कि भारतीय प्रेस परिषद (पीसीआई) और समाचार प्रसारण मानक प्राधिकरण (एनबीएसए) जैसे मौजूदा मीडिया नियामक निकायों की प्रभावशीलता सीमित है, और प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल मीडिया और इसके अलावा जहाँ भी आवश्यक हो, अपने आदेशों को लागू करने के लिए इसे वैधानिक शक्तियों से लैस करें।

समिति की रिपोर्ट में कहा गया है कि केबल टीवी नेटवर्क (विनियमन) अधिनियम, 1995 को बदलते नियामक वातावरण के अनुसार इसे बदलने के लिए संशोधित किया जाना चाहिए।

दिलचस्प बात यह है कि समिति ने सूचना प्रौद्योगिकी (मध्यस्थों और डिजिटल मीडिया आचार संहिता के लिए दिशानिर्देश) नियम, 2021 की भी प्रशंसा की, जिसे डिजिटल मीडिया के लिए पेश किया गया है। यह कहते हुए कि यह डिजिटल मीडिया कंटेंट को विनियमित करने में एक मिल का पत्थर साबित होगा। इसमें कहा गया है कि I & B मंत्रालय और IT मंत्रालय मिलकर सुसंगत तरीके से काम करेंगे ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि डिजिटल मीडिया भी नैतिकता के लिए निर्धारित कोड का पालन करे।

श्रीलंकाई मैनेजर को मुस्लिम भीड़ ने जिंदा जलाया, ईशनिंदा का आरोप: इसी कंपनी ने पाक क्रिकेट टीम के लिए बनाई थी जर्सी

पाकिस्तान अल्पसंख्यकों विशेष रूप से हिंदुओं, सिखों और ईसाइयों के लिए आतंक का अड्डा बन गया है, जिनकी ‘ईशनिंदा’ के आरोप में हत्या तक कर दी जाती है। एक और मामला अब पाकिस्तान के सियालकोट से सामने आया है, जहाँ एक श्रीलंकाई शख्स प्रियांथा कुमारा को ईशनिंदा के आरोप में उग्र इस्लामी भीड़ द्वारा प्रताड़ित किया गया और जलाकर मार डाला गया। इस भयानक और दर्दनाक घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

बाल्टिस्तान टाइम्स के एक ट्वीट में कहा गया है, “सियालकोट में राजको इंडस्ट्रीज के GM, जो एक श्रीलंकाई थे, को फैक्ट्री के लोगों ने मार डाला और फिर जला डाला। GM ने कथित तौर पर पैगंबर (PBUH) के पोस्टर को फाड़ दिया और कूड़ेदान में फेंक दिया।” बता दें कि राजको कंपनी ने ही पाकिस्तान टी-20 वर्ल्ड कप टीम के लिए क्रिकेट जर्सी और गियर बनाया था।

यह घटना सियालकोट के वजीराबाद रोड पर हुई, जहाँ कथित तौर पर निजी कारखानों के श्रमिकों ने एक कारखाने के निर्यात प्रबंधक पर हमला किया और उसकी हत्या कर उसके शरीर को जला दिया।

वीडियो में, गुस्साई भीड़ को ‘नारा ए तकबीर’ और ‘लब्बैक या रसूल अल्लाह’ के नारे लगाते हुए सुना जा सकता है। लब्बैक या रसूल अल्लाह का मतलब है, ”यहाँ मैं आपकी सेवा में हूँ, हे अल्लाह के रसूल।” प्रियांथा कुमारा को जला कर मार डालने के दौरान कट्टरपंथी अन्य कई नारे भी लगा रहे थे, जिसमें से एक नारा था, “गुस्ताख-ए-नबी की एक ही साज़ा, सर तन से जुदा, सर तन से जुदा।”

पंजाब के मुख्यमंत्री उस्मान बुजदार ने हत्या का संज्ञान लेते हुए इसे ‘बेहद दुखद घटना’ करार दिया, वहीं सियालकोट पुलिस के प्रवक्ता ने कहा कि शुरुआती जाँच के बाद डिटेल्स मीडिया के साथ साझा किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा, “घटना के हर पहलू की जाँच की जानी चाहिए और एक रिपोर्ट प्रस्तुत की जानी चाहिए। कानून अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।” पुलिस ने कथित तौर पर कहा है कि घटना की जाँच की जाएगी और दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

दिलचस्प बात यह है कि रिपोर्टों में कहा गया है कि उसने ‘पैगंबर का पोस्टर’ फाड़ दिया था। अब सवाल यह है कि वह इस्लाम के पैगंबर के पोस्टर को कैसे फाड़ सकता है, जबकि इस्लाम लोगों को किसी भी रूप में पैगंबर को प्रकट करने से मना करता है, क्योंकि इस्लाम मूर्तिपूजा के खिलाफ है। हो सकता है कि उस पोस्टर में पैगंबर मोहम्मद का नाम लिखा हो। फ्लिपकार्ट पर बेचा जा रहा यह पोस्टर इसी का एक उदाहरण है।

फ्लिपकार्ट पर बेचा जा रहा पोस्टर

सियालकोट के एक निवासी ने फेसबुक पर बताया कि पीड़ित ने गलती से डस्टबिन में एक कागज फेंक दिया था। उसने इस मामले में जानबूझकर कोई ईशनिंदा नहीं की थी।

खुले में नमाज पर फिर विवाद: हिन्दू संगठनों ने लगाए जय श्रीराम के नारे, गुरुग्राम पुलिस ने लिया हिन्दुओं पर ही एक्शन, 10 को उठाया

गुरुग्राम में आज शुक्रवार (3 दिसंबर) को एक बार फिर से नमाज़ के मुद्दे पर विवाद हुआ है। सेक्टर-37 में सार्वजानिक स्थल पर नमाज़ पढ़ते मुस्लिमों का विरोध हिन्दू संगठनो ने शुरू कर दिया। जय श्रीराम के नारों के साथ खुले में नमाज़ का इस जुमे को भी खुलकर विरोध किया गया। हालाँकि, गुरुग्राम पुलिस ने मौके से विरोध कर रहे हिन्दू पक्ष के लगभग 10 लोगों को हिरासत में लिया है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने पहले खुले में नमाज़ का विरोध कर रहे लोगों को समझाने की कोशिश की थी। लेकिन वहाँ मौजूद लोग किसी भी रूप में बाहर सरकारी संपत्ति पर नमाज़ न होने देने पर आमादा थे। पुलिस से धक्का मुक्की भी हुई है। इस कार्रवाई के बाद भी हिन्दू संगठनों ने ऐलान किया है कि वो खुले में नमाज़ हरगिज नहीं होने देंगे।

ऑपइंडिया ने नमाज़ का विरोध करने वाले प्रमुख हिन्दू संगठन भारत माता वाहिनी के प्रमुख दिनेश ठाकुर से सम्पर्क किया। दिनेश ठाकुर का फोन उनके साथी सुधीर भदौरिया ने उठाया। उन्होंने बताया, “आज नमाज़ के विरोध प्रदर्शन में मैं भी शामिल था। हमारे कुल 10 साथियों को हिरासत में लिया गया था। 10 में से 9 को भारी दबाव के चलते छोड़ दिया गया। लेकिन अब तक दिनेश ठाकुर को नहीं छोड़ा गया। उन्हें सेक्टर-37 थाने के बजाय सेक्टर-10 A पुलिस स्टेशन ले जाया गया है। हमें सूचना मिल रही कि उन पर पुलिस धाराएँ लगाने जा रही है।”

भदौरिया के मुताबिक दिनेश ठाकुर ही गुरुग्राम में खुले में नमाज़ के विरोध प्रदर्शन के मुखिया हैं। उन्होंने कल भी प्रशासन को बताया था कि खुले में नमाज़ न होने दी जाए। आज दूसरे पक्ष ने जबरदस्ती नमाज़ पढ़ी है। इसके बाद भी मुस्लिम पक्ष से कोई भी हिरासत में नहीं लिया गया। नमाज़ का मुख्य आयोजक शहज़ाद खान है। शहज़ाद खान बाहरी है। सेक्टर-37 के पास खानसा गाँव है वहाँ हिन्दुओं की मिश्रित आबादी रहती है। मुस्लिमों की संख्या नाममात्र है। बगल में इंडस्ट्रियल एरिया है। ये सभी उन्हीं फैक्ट्रियों में काम करने वाले लोग हैं। इसलिए वो सब एक हो कर कुछ न कुछ गलत करने के चक्कर में रहते हैं।

सुधीर ने आगे बताया कि पूरे गुरुग्राम में खुले में नमाज़ की आधिकारिक अनुमति कहीं नहीं है। जो परमीशन ये सभी दिखाते हैं वो PDF फॉर्मेट में है। उसमें कहीं भी किसी अधिकारी के दस्तखत नहीं हैं। यह सब जुबानी चल रहा है। सेक्टर-37 में नमाज़ियों की अधिकतम संख्या 50 थी जो जबरदस्ती करने वाले लोग हैं। विरोध के दौरान हिन्दू संगठन के लोग 100 – 150 की संख्या में थे। फिर भी पुलिस ने खुल कर नमाज़ियों का सपोर्ट किया। एकतरफा कार्रवाई हिन्दुओं पर ही की गई।

हालाँकि हमने पुलिस से भी संपर्क करना चाहा लेकिन गुरुग्राम पुलिस के सेक्टर-37 का सरकारी नंबर किसी ने नहीं उठाया।

बिहार पुलिस ने कक्षा 1 के छात्र के खिलाफ छेड़छाड़ और SC/ST के तहत दर्ज किया केस, एसपी ने दिए जाँच के आदेश

बिहार में पुलिस की लापरवाही का एक बड़ा मामला सामने आया है। 2 दिसंबर 2021 को खगड़िया जिले की गोगरी थाने की पुलिस ने कथित तौर पर कक्षा 1 के छात्र के खिलाफ छेड़छाड़ के आरोप में एससी/एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। हिंदी दैनिक जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले में उचित कार्रवाई किए बिना ही मनमाने ढंग से बच्चे की गिरफ्तारी का आदेश दिया गया। हालाँकि, जैसे ही यह मामला जिले के एसपी अमितेश कुमार के पास पहुँचा तो उन्होंने जाँच के आदेश दे दिए।

रिपोर्ट के मुताबिक, घटना गोगरी थाना क्षेत्र के शिशवा गाँव की है। इस गाँव की रहने वाली अनोखा देवी ने पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन देकर बताया कि फतेहपुर की एक महिला ने गोगरी थाने में केवल इसलिए केस दर्ज कराया था, ताकि उसे उधार न चुकाना पड़े। उसकी शिकायत के बाद गोगरी पुलिस ने छेड़छाड़, चोरी सहित एससी/एसटी एक्ट में कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत चार लोगों को आरोपी बनाया था। आरोपितों में कक्षा एक में पढ़ने वाला बच्चा शामिल है।

घटना पर मीडिया रिपोर्ट

वहीं पुलिस के एफआईआर में दूसरा आरोपित अरविंद है, जो कि कहीं बाहर रहता है और कोरोना के बाद से वह वापस ही नहीं आया है। इतना ही नहीं मामले में फतेहपुर की दो महिलाओं शोभा देवी और मीरा देवी को प्रत्यक्षदर्शी बनाया गया, जबकि दोनों ने इस केस में किसी भी तरह की जानकारी से इनकार किया है।

जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले की जाँच का जिम्मा पुलिस हेडक्वार्टर के डीएसपी मुख्यालय रंजीत सिंह को दी गई है। आरोप है कि सिंह ने मामले की पूरी जाँच किए बिना ही अपने कार्यालय में बैठकर बच्चे को गिरफ्तार करने का आदेश दिया था। बहरहाल अब बिहार पुलिस की जमकर फजीहत हो रही है।

खगड़िया के एसपी से अमितेश कुमार से ऑपइंडिया की बातचीत

इस घटना को लेकर ऑपइंडिया ने खगड़िया के एसपी अमितेश कुमार से बात की। आईपीएस अधिकारी ने बताया कि मामले की हर संभव एंगल की छानबीन की जा रही है। इस मामले में डीएसपी से भी स्पष्टीकरण माँगा गया है कि क्या उन्होंने मौके का दौरा किया था? अगर उन्होंने ऐसा किया था तो क्या उन्होंने बच्चे की उम्र को वेरिफाई किया था?

पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस बच्चे का आयु प्रमाण पत्र हासिल करने की कोशिश कर रही है। पुलिस मामले में आईओ और डीएसपी की भूमिका की जाँच कर रही है और इसमें उनकी लापरवाही पाई जाती है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

एसपी अमितेश कुमार ने कहा कि अगर जाँच में पता चलता है कि बच्चे की उम्र बारह वर्ष से अधिक है तो उसके खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। वहीं, एससी/एसटी एक्ट के मामले पर उन्होंने अभद्र भाषा का इस्तेमाल की आशंका व्यक्त की। हालाँकि, किसी निष्कर्ष पर पहुँचने से पहले मामले की सही तरीके से जाँच की जानी चाहिए।

6 साल की बच्ची से जिसने किया रेप, उसके पास ही पीड़िता और उसकी माँ को छोड़ा: लेफ्ट शासन वाले केरल में पुलिस का कमाल

47 दिन बाद जेल से बाहर आने के बाद मलयाली महिला ने बुधवार (1 दिसंबर 2021) को आरोप लगाया कि तिरुवंतपुरम (केरल) की मलयंकीजू पुलिस ने उसके पति से उसे और उसकी रेप पीड़िता 6 साल की बेटी को बचाने के लिए एक्शन लेने की बजाय, उसे ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने महिला को हत्या के प्रयास में जेल में बंद किया था।

मलयाली महिला मुंबई में रहती है। एशियानेट न्यूज से बात करते हुए महिला ने अपनी आपबीती सुनाई। पीड़िता ने बताया कि इसी साल 15 जुलाई को वायुसेना के एक अधिकारी के साथ उसने मंदिर में शादी की थी। महिला की यह दूसरी शादी थी। आरोप है कि महिला की शादी के दो दिन बाद 17 जुलाई को उसके दूसरे पति ने उसकी 6 साल की बेटी के साथ रेप किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित ने उससे उसका फोन छीनकर उन दोनों को घर में बंद कर दिया। महिला ने आरोप लगाया, “उसने मुझे और मेरी बेटी को हत्या की धमकी दी थी। एक बार मैंने पड़ोसियों से बात करने की कोशिश की थी तो उसने हमें धमकी दी।”

हालाँकि, अगस्त के अंत में वायुसेना के अधिकारी ने महिला के खिलाफ सोना चुराने और 16 साल के बेटे के अपहरण की कोशिश के आरोप में शिकायत दर्ज कराई थी। तफ्तीश के लिए पुलिस उसके घर गई तो महिला ने बेटी के साथ रेप किए जाने और घर में ही कैद करने की बात बताई। महिला ने कहा, “उस दिन पुलिस हमें वहीं छोड़ गई और अगले दिन मैं किसी तरह थाने पहुँची और शिकायत दर्ज कराई।” पुलिस ने मेडिकल जाँच भी करवाई थी, जिसमें बच्ची के साथ रेप की पुष्टि हुई थी। इसके बाद पीड़िता ने जिलाधिकारी के समक्ष बयान भी दिया।

महिला ने कहा, “मैंने उनसे कहा कि मैं उसके घर वापस जाने से डर रही हूँ, लेकिन पुलिस ने हमें फिर से वहीं छोड़ दिया।” उस रात उसने हमारे साथ झगड़ा किया और मारपीट करने की कोशिश की। इसमें वो घायल हो गया। घायल होने के बाद वायुसेना के अधिकारी ने अगले दिन ही महिला के खिलाफ हत्या की कोशिश का केस दर्ज कराया, जिसके बाद उसे 2 सितंबर को जेल भेज दिया गया। हालाँकि, आरोपित अधिकारी को भी पॉक्सो एक्ट में गिरफ्तार किया गया था, लेकिन वह 14 दिन में ही जमानत पर छूट गया।

महिला ने अपने पति पर उसे फँसाने के लिए खुद को घायल करने का आरोप लगाया है। साथ ही कहा है कि अगर पुलिस उस रात उसे वहाँ नहीं छोड़ती तो वो नहीं फँसती।

‘आपने घबराना नहीं’: इमरान सरकार ने तीन महीने से नहीं दी सैलरी, देखिए सर्बिया में पाकिस्तानी दूतावास ने कैसे कसा तंज

पाकिस्तान में बदहाली, भुखमरी और दिवालियापन इस कदर बढ़ गया है कि अब उसके दूतावास भी उसके खिलाफ आवाज उठाने लगे हैं। इसी क्रम में सर्बिया की राजधानी बेलग्रेड स्थित पाकिस्तानी दूतावास ने 3 महीने से सैलरी नहीं मिलने के कारण अब पाक सरकार के खिलाफ अपनी नाराजगी व्यक्त की है। दूतावास ने ट्विटर पर पाकिस्तानी सरकार को फटकार लगाई और नकदी के संकट से जूझ रही इमरान खान सरकार पर तंज कसने के लिए इमरान खान के ‘आप ने घबराना नहीं है’ का रैप शेयर किया।

सर्बिया में पाकिस्तानी दूतावास ने आर्टिस्ट साद अलवी द्वारा गाए गए गाने को शेयर किया, जिसमें दिवालिया होने के बावजूद अपने देश के लोगों को झूठी उम्मीदें देने के लिए इमरान खान का मजाक उड़ाया गया है। सर्बिया में पाकिस्तानी दूतावास ने ट्वीट किया, “महंगाई पिछले सभी रिकॉर्ड को तोड़ रही है, @ImranKhanPTI आप कब तक उम्मीद करते हैं कि हम सरकारी अधिकारी चुप रहेंगे और आपके लिए काम करते रहेंगे। पिछले 3 महीनों से फीस जमा नहीं करने के कारण, हमारे बच्चों को स्कूल से बाहर कर दिया गया है। क्या यह #नयापाकिस्तान है?”

पाकिस्तान के सर्बिया स्थित दूतावास के ट्वीट का स्क्रीनशॉट

सर्बिया में पाकिस्तानी एम्बेसी ने जिस 0.56 मिनट के गीत को पोस्ट किया था, उसे साद अलावी ने कम्पोज किया था। इस रैप में प्रधानमंत्री इमरान खान के प्रसिद्ध ‘आप ने घबराना नहीं है’ भाषण को म्यूजिकल तरीके से पेश किया है। रैप गाने की शुरुआत पाकिस्तान के पीएम के द्वारा राष्ट्र को संबोधित करते हुए होती है, जिसमें वो कहते हैं, “आपने, सबसे पहले, घबराना नहीं है”। इमरान खान ने ये भाषण पिछले साल मार्च में उस वक्त दिया था, जब पूरी दुनिया में कोरोना वायरस का संक्रमण फैल रहा था।

इसमें मिक्सिंग करने के लिए अलावी ने पाकिस्तान में महंगाई पर तंज कसते कुछ आकर्षक गीत भी जोड़े। गाने में साबुन, गेहूँ और दवा जैसी जरूरी चीजों से लेकर शिक्षा तक अलवी ने पीएम का मजाक उड़ाया और लोगों से नहीं घबराने की अपील की। मार्च में रिलीज हुआ यह गाना लोगों के बीच हिट हो गया था।

उल्लेखनीय है कि पिछले महीने ही पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने इस देश में पैसे की कमी को स्वीकार किया था। उन्होंने कहा था कि उनके पास देश को चलाने के लिए पर्याप्त धन नहीं है, जिस कारण कर्ज लेना पड़ता है। उन्होंने ये बात इस्लाबाद में चीनी उद्योग के लिए फेडरल ब्यूरो ऑफ रेवेन्यू के ट्रैक एंड ट्रेस सिस्टम (टीटीएस) के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते कही थी।

गौरतलब है कि मौजूदा दौर में पाकिस्तान तमाम तरह की समस्याओं का सामना कर रहा है। वहाँ की अर्थव्यवस्था की हालत खस्ता है औऱ इस कारण से देश में खाद्य महंगाई बढ़ी है। वहीं दूसरी ओर विपक्ष की राजनीतिक एकता और लगातार गिरती साख इमरान खाने के सामने कई सारे संकट खड़े हैं। आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण करने के लिए सरकार के पास संसाधनों की कमी हो गई है।

हालात इतने बुरे हैं कि अब देश को आर्थिक संकट से उबारने के लिए पाकिस्तानी सेना के पास अपना रक्षा बजट कम करने के अलावा कोई और रास्ता नहीं बचा है। हाल ही में एक आकलन किया गया था, जिसके मुताबिक पाकिस्तान को अगले दो वर्षों (2021-2023) में 51.6 बिलियन अमरीकी डॉलर (38,75,10,32,40,000 भारतीय रुपए) के बाहरी वित्तीय सहायता की आवश्यकता होगी।

कंगना की कार पर पंजाब में ‘किसानों’ ने किया हमला: अभिनेत्री ने शेयर किए डरावने पल, कहा- ‘पुलिस न हो तो मेरी लिंचिंग हो जाएगी’

अभिनेत्री कंगना रनौत के काफिले को आज पंजाब के कीरतपुर साहिब के बूंगा साहिब में किसानों ने घेर कर हमला कर दिया। भीड़ लगातार कंगना से किसानों से और महिलाओं से माफी माँगने की जिद पर अड़े हुए हैं। भीड़ जहाँ कंगना को घेरकर उनपर दबाव बनाने की कोशिश कर रही थी। वहीं कंगना ने भी सोशल मीडिया स्टोरी पर कई वीडियो क्लिप शेयर कर तथाकथित किसानों की हरकत को देश के सामने रखा है।

वहीं कंगना ने सोशल मीडिया पर कहा कि पंजाब में ‘किसानों’ ने उनकी कार पर हमला किया है। उन्होंने इंसटाग्राम के स्टोरी में वीडियो बयान जारी किया। उन्होंने कहा, ”हिमाचल से निकली हूँ। पंजाब में आते ही मॉब ने मुझे घेर लिया है। खुद को किसान कह रहे हैं। गालियाँ दे रहे हैं, जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इस देश में इस तरह का मॉब लिंचिंग हो रहा है। अगर हमारे साथ सुरक्षाबल नहीं हो तो क्या हालात होंगे?”

उन्होंने आगे कहा, “इनती सारी पुलिस है उसके बाद भी हमें निकलने नहीं दिया जा रहा है। क्या मैं कोई राजनीतिक व्यक्ति हूँ। बहुत सारे लोग मेरे खिलाफ राजनीति कर रहे हैं। उसी का ये नतीजा है। मॉब ने मुझे घेर लिया है। पुलिस न हो तो मेरी लिंचिंग हो जाएगी।”

कंगना रनोट ने सोशल मीडिया स्टोरी पर वीडियो क्लिप शेयर करते हुए लिखा है, “जैसे ही उन्होंने पंजाब में कदम रखा, भीड़ ने उन पर हमला कर दिया। वे लोग कह रहे हैं कि वे किसान हैं।” मीडिया रिपोर्ट में यह दावा किया जा रहा है कि कंगना को किसानों के गुस्से का शिकार इसलिए होना पड़ रहा है क्योंकि उन पर किसानों को खालिस्तानी आतंकवादी कहने का आरोप लगा है।

बता दें कि कंगना रनौत ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर छोटे-छोटे क्लिप्स शेयर कर अपने मौजूदा हालात के बारे में जानकारी दी है। साथ ही उन्होंने कहा कि मुझे जान से मारने की धमकी दी जा रही है। यहाँ स्थिति अनबिलीविबल है। मुझे यकीन नहीं हो रहा कि इस देश में ऐसा हो रहा है।

मनाली से चंडीगढ़ आ रही थीं कंगना

गौरतलब है कि रोपड़ के पास बूंगा साहिब में कंगना की गाड़ी को रोका गया है। बताया जा रहा है कि कंगना को चंडीगढ़ एयरपोर्ट से मुंबई की फ़्लाइट पकड़नी है।

बीजेपी MLA निक्की हेम्ब्रम ने उठाई महुआ की बात, CM नीतीश कुमार बोले- आप इतनी सुंदर हैं…

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की एक टिप्पणी को लेकर विवाद उठ खड़ा हुआ है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार मुख्यमंत्री ने बीजेपी की महिला विधायक निक्की हेम्ब्रम से कहा कि ‘आप इतनी सुंदर हैं और आप इस तरह की बात कैसे कह सकती हैं’। बताया जा रहा है कि सोमवार (29 नवंबर 2021) को हुई एनडीए विधायक दल की बैठक के दौरान यह वाकया हुआ। बीजेपी विधायक ने महुआ चुनने पर लगी रोक को खत्म करने का मसला उठाया तो नीतीश कुमार ने कथित तौर पर य​ह टिप्पणी की।

कहा जा रहा है कि इसके बाद CM नीतीश कुमार की इस टिप्पणी पर दोनों पार्टियों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई है। बीजेपी विधायक निक्की हेम्ब्रम ने दैनिक भास्कर से बातचीत में सीएम नीतीश कुमार से स्थिति स्पष्ट करने की माँग की है। विधायक ने कहा, “CM बताएँ कि उन्होंने किस संदर्भ में इस तरह के शब्दों का प्रयोग किया है। क्योंकि, इससे हमारे सम्मान को ठेस पहुँची है।”

महिला आयोग की सदस्य रह चुकी हैं निक्की हेम्ब्रम

निक्की हेम्ब्रम राज्य महिला आयोग की सदस्य भी रह चुकी हैं। उन्होंने कहा मामले की जानकारी पार्टी के नेताओं को भी दी है। अब वो इस पर विचार करेंगे। निक्की हेम्ब्रम कटोरिया से विधायक हैं।

महुआ के मुद्दे को उठा रही थीं बीजेपी विधायक

दरअसल शीतकालीन सत्र को लेकर सोमवार को एनडीए विधायक दल की बैठक बुलाई गई थी। जिसमें शराबबंदी समेत सभी मुद्दों पर चर्चा हो रही थी। इस दौरान BJP विधायक ने आदिवासियों से जुडे मुद्दे को उठाया और महुआ चुनने पर लगी रोक को हटाने की माँग की। बीजेपी विधायक ने बताया कि वो शराबबंदी की पक्षधर हैं। शराब की वजह से परिवार का अस्तित्व समाप्त हो जाता है। लेकिन महुआ को शराब के संदर्भ में ही जोड़कर नहीं देखा जाए।

महिला विधायक ने कहा, “CM ने हमारी बात को सुना नहीं और यह कहते हुए चुप करा दिया कि आप इतनी सुंदर हैं और आप इस तरह की बात कैसे कह सकती हैं। यही नहीं CM नीतीश ने यह भी बोल दिया कि लगता है आप अपने क्षेत्र में जाती नहीं हैं, इसीलिए शायद आपको पता नहीं कि आदिवासियों के लिए हमारी सरकार ने कितना काम किया है।”

निक्की हेम्ब्रम ने एबीपी न्यूज को बताया वो आदिवासियों की समस्या से मुख्यमंत्री को अवगत करा रही थीं। उन्होंने कहा, “शराबबंदी कानून तो बनाई गई, लेकिन हमारे यहाँ महुआ लाइफलाइन है। लोग इधर जंगल में रहते हैं। विषम परिस्थिति में लोग महुआ बेचते हैं। आपने (मुख्यमंत्री) शराबबंदी की है कीजिए, लेकिन महुआ पर जो आपने रोक लगाई है कि पाँच किलो से ज्यादा महुआ आप घर में नहीं रख सकते हैं इस पर विचार कीजिए।” विधायक का कहना है कि नीतीश कुमार को उनका विचार गलत लगा क्योंकि उनके सोचने का तरीका अलग है।

एबीपी न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक इस पूरे मामले में एनडीए की बैठक में मौजूद कुछ विधायक और मंत्री ने ऑफ कैमरा बताया कि मुख्यमंत्री की मंशा गलत नहीं थी। उन्होंने समझाने के क्रम में ऐसा कहा। जिसे गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। ऑपइंडिया ने इस संबंध में विधायक निक्की हेम्ब्रम से उनके दूरभाष पर संपर्क करने की कोशिश की। लेकिन उन्होंने किसी कार्यक्रम में व्यस्त होने का हवाला देकर बात करने में असमर्थता जताई। उनकी प्रतिक्रिया मिलने के बाद हम इस खबर को अपडेट करेंगे।

सियासत होय जब ‘हिंसा’ की, उद्योग-धंधा कहाँ से होय: क्या अडानी-ममता मुलाकात से ही बदल जाएगा बंगाल में निवेश का माहौल

उद्योगपति गौतम अडानी और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की मुलाकात हुई है। इसको लेकर अडानी ने ट्वीट करते हुए कहा, “पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मुलाकात कर ख़ुशी हुई। उनके साथ राज्य में निवेश की संभावनाओं पर विमर्श किया। मैं अप्रैल 2022 में बंगाल ग्लोबल बिज़नेस समिट में उपस्थिति रहने की आशा करता हूँ।” 

एक उद्योगपति के लिए किसी राज्य के मुख्यमंत्री के साथ मुलाकात कर उस राज्य में निवेश की संभावनाएँ तलाशने का काम आम बात है। पर जब मुलाकात पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उद्योगपति गौतम अडानी के बीच हो तो उसे आम कैसे कहा जा सकता है? कारण है; गौतम अडानी वही उद्योगपति हैं जिन्हें ममता बनर्जी पिछले कई वर्षों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का न केवल मित्र बताती रही हैं, बल्कि लगातार यह आरोप भी लगाती रही हैं कि प्रधानमंत्री मोदी जो भी करते हैं वो सब कुछ अडानी और अंबानी को फायदा पहुँचाने के लिए करते हैं। यह बात और है कि मुख्यमंत्री बनर्जी रिलायंस के अंबानी के साथ भी पहले मुलाकात कर चुकी हैं और उन्हें राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित भी कर चुकी हैं।

प्रश्न उठता है कि अचानक ऐसा क्या बदला कि जिस अडानी और अंबानी पर ममता बनर्जी, उनके समर्थक और पूरा लेफ्ट-लिबरल इकोसिस्टम वर्षों से भारत को खरीद लेने का आरोप लगाता रहा है, उन्हीं के साथ भारतीय जनता पार्टी और नरेंद्र मोदी को तथाकथित तौर पर हराने की क्षमता रखने वाली एकमात्र नेता ममता बनर्जी न केवल मुलाकात कर रही हैं बल्कि अपने राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित भी कर रही हैं? अचानक क्या बदल गया कि जिन नरेंद्र मोदी को ममता बनर्जी अपना प्रधानमंत्री तक मानने से इनकार करती रहीं, उन्हीं नरेंद्र मोदी को अपने राज्य में इन्वेस्टमेंट समिट का उद्घाटन करने के लिए चार महीने पहले ही राजी कर लेती हैं?

इसे लेकर राजनीतिक के जानकारों द्वारा तरह-तरह की अटकलें लगाए जाने की संभावना है और ऐसा होगा भी। यह प्रश्न उठेगा कि बात-बात पर राजनीतिक मतभेदों को व्यक्तिगत बनाने वाली ममता बनर्जी में इतना तेज बदलाव क्यों और कैसे आया? हाल ही में अपने दिल्ली प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद बनर्जी का कहना था कि राजनीतिक दृष्टिकोण और मतभेद अपनी जगह पर केंद्र और राज्य सरकार को मिलकर काम करने की आवश्यकता है। यही बात प्रधानमंत्री मोदी न केवल हमेशा से कहते आए हैं बल्कि वे इसका अक्षरशः पालन भी करते रहे हैं। इसके ठीक उलट बनर्जी ने राजनीतिक मतभेदों को न केवल व्यक्तिगत बनाया, बल्कि केंद्र-राज्य संबंधों के मामले में उनका आचरण निम्नस्तरीय रहा है। कुछ महीने पहले की बात है जब पश्चिम बंगाल में आए तूफान के बाद प्रधानमंत्री ने राज्य का दौरा किया था तब उनके साथ मुख्यमंत्री बनर्जी और उनके सचिव ने जो व्यवहार किया था उसकी मिसाल स्वतंत्र भारत के इतिहास में नहीं मिलती। 

तो इस बदलाव का कारण क्या है? कुछ राजनीतिक पंडितों ने तो यहाँ तक कहना शुरू कर दिया है कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री बनर्जी के बीच कोई गुप्त समझौता हो गया है। कुछ लोगों का यह भी कहना है कि उस तथाकथित समझौते के बाद से ही ममता बनर्जी का कॉन्ग्रेस पर आक्रमण तीव्र हुआ है। इस तरह की बातें होंगी। अनुमान भी लगाए जाएँगे। किसी निष्कर्ष पर पहुँचने की जल्दी में राजनीतिक पंडित अपनी परिकल्पना प्रतिपादित करेंगे। पर मुझे लगता है कि ममता बनर्जी को आखिर पश्चिम बंगाल की आर्थिक स्थिति की सच्चाई का सामना करना पड़ रहा है। ऐसा नहीं है कि उन्हें राज्य की आर्थिक स्थिति का एहसास पहले नहीं था। उन्हें इसका एहसास पहले से था पर एक राजनीतिक दृष्टिकोण रखने के बाद जैसे वामपंथी इस विषय पर कुछ करने की स्थिति में नहीं थे, उसी तरह ममता बनर्जी भी अधिक कुछ करने की स्थिति में नहीं हैं। उन्होंने शायद अब यह स्वीकार करना शुरू कर दिया है कि राज्य में जिस तरह का राजनीतिक वातावरण उन्होंने पिछले बारह-तेरह वर्षों में तैयार किया है, उसकी सहायता से चुनाव तो जीते जा सकते हैं पर एक समृद्ध राज्य नहीं बनाया जा सकता।

ऐसा प्रतीत होता है कि देर से ही सही, यह सच ममता बनर्जी की समझ में आने लगा है। वामपंथियों ने अपने तीन दशक से अधिक के शासनकाल में राज्य में उद्योगों की जो हालत की थी वह किसी से छिपा नहीं है। अपनी नीतियों के कारण राज्य से उद्योगों को बाहर करने के बावजूद वामपंथियों ने कृषि आधारित गँवई अर्थव्यवस्था के लिए कुछ इंफ्रास्ट्रक्चर खड़ा किया था ताकि उनका गँवई वोट बैंक उनके साथ रहे। ममता बनर्जी के आने के बाद उद्योगों में या उनमें निवेश को लेकर कोई बदलाव तो नहीं आया पर वाम सरकार का बनाया ये इंफ्रास्ट्रक्चर अब लगातार क्षतिग्रस्त हो रहा है। यह ममता बनर्जी के लिए चिंता का विषय होना चाहिए। शायद यही कारण है कि वे अचानक नींद से जागी हैं और इस दिशा में कुछ प्रयास करते हुए दिखना चाहती हैं।

प्रश्न यह है कि इन प्रयासों का वांछित फल मिलेगा? यह ऐसा प्रश्न है जिसका उत्तर समय देगा पर प्रश्न महत्वपूर्ण इसलिए है क्योंकि पिछले बारह-तेरह वर्षों में ममता बनर्जी और उनकी पार्टी ने जिस राजनीतिक माहौल की सृष्टि की है वह रत्ती भर भी औद्योगिक निवेश के लिए सहायक नहीं है। चार दशक से अधिक समय से उद्योगों के राज्य से निकलकर बाहर चले जाने का परिणाम यह हुआ है कि राज्य की अफसरशाही और नौकरशाही को उद्योग और निवेश जैसे शब्द सुनने की आदत नहीं है। उन्हें उद्योगों के लिए अन्य राज्यों में बनाई जाने वाली योजनाओं और उनके क्रियान्वयन का अनुभव नहीं है। वे इस बात से वाकिफ नहीं हैं कि पिछले चार दशकों में भारत के अन्य राज्यों में क्या बदलाव हुए हैं और उन बदलाव को हासिल करने के लिए क्या-क्या करना पड़ता है। इसके ऊपर राज्य की वर्तमान राजनीति ने स्थिति और खराब कर दी है।

ऐसे में दो महत्वपूर्ण प्रश्न उठते हैं। पहला, ये कि जिस राजनीतिक वातावरण की सृष्टि पिछले लगभग डेढ़ दशक में हुई है उसे अर्थव्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए तुरंत बदलना संभव है? दूसरा, यह कि क्या ममता बनर्जी सही समय पर जागी हैं?

राज्य में जिस राजनीतिक वातावरण की सृष्टि हुई है उसका एक नमूना विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद पूरे देश ने देखा। जो कुछ हुआ वह उस राजनीतिक विचारधारा द्वारा किया जाता है, जिसका लोकतांत्रिक राजनीति में विश्वास न के बराबर होता है। यह उस राजनीतिक दल द्वारा किया जाता है, जिसके नेतृत्व का एक समय के बाद उसी राजनीति पर से नियंत्रण जाता रहता है जिसे उस नेतृत्व ने खुद प्रोत्साहन दिया हो। ऐसे में राज्य की वर्तमान राजनीति निवेश के लिए तुरंत उचित वातावरण तैयार कर पाएगी, इसकी संभावना बहुत कम है। इसके ऊपर सबसे बड़ी बात यह है कि समस्या केवल राज्य के राजनीतिक वातावरण से ही नहीं, राज्य की ब्यूरोक्रेसी से भी है। दोनों में गंभीर सुधार की आवश्यकता है।

लोग कहेंगे कि ममता बनर्जी सही समय पर जागी हैं, पर लगता है उन्होंने देर कर दी है। ज्योति बसु के मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद जब बुद्धदेब भट्टाचार्य राज्य के मुख्यमंत्री बने तब उन्हें भी अचानक उद्योगों की याद आई। मुख्य कारण था राज्य में व्याप्त बेरोजगारी और एक बड़े वर्क फोर्स द्वारा उठाया जा रहा सवाल। इसके अलावा एक और कारण था और वह था ममता बनर्जी और उनकी पार्टी द्वारा राज्य में राजनीतिक बदलाव लाने की मुहिम की शुरुआत। भट्टाचार्य अपने प्रयासों में कुछ हद तक सफल रहे थे और राज्य में आईटी सेक्टर में कुछ निवेश आया था। पर जब इन प्रयासों को अगले स्तर पर ले जाने का समय आया तब तक ममता बनर्जी और उनकी पार्टी ने उनका ही नहीं, राज्य में उद्योगों को वापस लाने की कोशिशों का प्रचंड विरोध करना शुरू कर दिया था। नतीजा सबके सामने है। कुछ वैसी ही स्थिति आज बनी है और लगता है ममता बनर्जी इसलिए जागी हैं क्योंकि भाजपा ने उन्हें चुनौती देना आरंभ कर दिया है।

ममता बनर्जी का गौतम अडानी से मिलना और राज्य में निवेश की बात करना अपनी राजनीति में उनकी निराशा का परिचायक है। उनका प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राज्य के इन्वेस्टमेंट समिट के उद्घाटन के लिए आमंत्रित करना भी यह साबित करता है कि वे जल्दी में हैं। अब इसे डेस्पेरशन कहें या राष्ट्रीय राजनीति में अपनी महत्वाकांक्षा को फलित होते हुए देखने की उनकी इच्छा, वे भले भूल जाएँ कि उन्होंने पहले क्या कहा और किया पर मोदी और भाजपा समर्थकों के लिए उनके राजनीतिक आचरण को भुलाना आसान न होगा। सत्ता में वापस आने के लिए उन्होंने जो राजनीतिक प्रपंच किए, अडानी, मोदी और गुजरात के प्रति उनका आचरण इतनी जल्दी भुला पाना लोगों के लिए संभव न होगा। प्रधानमंत्री मोदी के लिए सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास केवल एक नारा नहीं है, पर यह बात ममता बनर्जी समझेंगी और स्वीकार करेंगी, इसकी संभावना बहुत कम है। 

पाकिस्तानी मूल की ऑस्ट्रेलियाई सीनेटर मेहरीन फारुकी से मिलिए, सुनिए उनकी हिंदू घृणा- जानिए PM मोदी से उनको कितनी नफरत

पाकिस्तानी मूल की ऑस्ट्रेलियाई ग्रीन्स सीनेटर मेहरीन फारूकी ने ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन के अच्छे दोस्त PM नरेंद्र मोदी को घेरने के बहाने संघीय सीनेट में सभी सीमाओं को पार करते हुए घृणा के स्तर तक उतर आईं।

पाकिस्तान में पैदा हुई सीनेटर फारूकी ने पहले तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के साथ पीएम मॉरिसन के सौहार्दपूर्ण कामकाजी संबंधों की तारीफ की और फिर जब बात भारतीय पीएम मोदी की आई तो दक्षिण पंथी नेता बताते हुए इधर-उधर की सुनी-सुनाई बातों का हवाला देकर लोकतान्त्रिक रूप से चुनी हुई सरकार को ऑथॉरिटारियन सरकार अर्थात सत्तावादी प्रशासन बता डाला।

PM मोदी को यूँ खुलेआम सीनेट में बुरा बताने वाली इस सीनेटर की बात करें तो मेहरीन फारुकी का जन्म पाकिस्तान के लाहौर में हुआ था, वही पाकिस्तान जो हाल ही में धार्मिक अल्पसंख्यकों हिन्दुओं और ईसाईयों पर अत्याचार के लिए चर्चा में था। पाकिस्तान में लगातार हिंदू मंदिरों को नष्ट करने और नाबालिग सिख, ईसाई और हिंदू लड़कियों के अपहरण की घटनाएँ नियमित तौर पर खबरों में होती हैं। हालाँकि, सीनेटर फारूकी ने पाकिस्तान में हो रहे इन अत्याचारों का कोई उल्लेख नहीं किया।

गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलिया में हिंदू समुदाय को बुरी तरह से निशाना बनाने वाली पहली ऑस्ट्रेलियाई ग्रीन पार्टी की नेता नहीं हैं। इस साल की शुरुआत में, एनएसडब्ल्यू के ग्रीन एमएलसी डेविड शूब्रिज ने भी हिंदूफोबिया को ग्रीन्स पार्टी का ट्रेडमार्क बना दिया था। जिस पर उन्हें ऑस्ट्रेलियाई हिंदू समुदाय से माफी माँगने के लिए भी कहा था।

वहीं अब सीनेटर फारूकी ने ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले भारतीय हिंदू प्रवासियों पर हमला करते हुए इसे भारतीय राष्ट्रवाद पर हमले का नाम दे दिया। उन्होंने आगे हिन्दुओं के प्रति अपनी घृणा, हिंदूफोबिया को भारतीय पीएम मोदी की महज आलोचना में कहे शब्द बताकर खुद को पाक-साफ बताना चाहा। हालाँकि, ऑस्ट्रेलिया के हिन्दू समुदाय ने फारुखी को आड़े हाथों लिया है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सिडनी में एक हिंदू एक्टिविस्ट रवि सिंह धनखड़ ने फारुखी के बयान पर टिप्पणी करते हुए द ऑस्ट्रेलिया टुडे को बताया, “मेहरीन फारुकी उस विस्तृत ग्रीन्स योजना का हिस्सा हैं जो हिंदुओं और यहूदियों पर उनके ऐतिहासिक उत्पीड़न का विरोध करने से रोकने के लिए हमला करती है।”

फारूकी ने सीनेट में दिए अपने स्पीच में सिडनी में पिछले साल के अंत और इस साल की शुरुआत में घटी घटनाओं का भी जिक्र किया। जिसमें ऑस्ट्रेलिया में हिन्दू समुदाय को आतंकी संगठन बब्बर खालसा ने निशाना बनाया था। हालाँकि, फारुकी इसके लिए भी PM मोदी और हिन्दुओं को ही दोषी ठहराने की कोशिश की।

उन्होंने कहा, “इस साल, जब भारत में मोदी के कृषि कानूनों को लेकर जब विरोध तेज था, तब सिडनी के हैरिस पार्क में चार युवा सिख पुरुषों पर हमले सहित यहाँ समूहों के बीच हिंसा और तकरार की कई सार्वजनिक रूप से रिपोर्ट की गई घटनाएँ सामने आई हैं।” जबकि पूरा विश्व जानता है यह आधा सच है। जहाँ तीन खालिस्तानियों और एक हिन्दू के बीच हुई इस झड़प का मामला कोर्ट पहुँचा और एक्शन भी हुआ। वहीं फारुखी बड़ी चालाकी से इसका ठिकरा ऑस्ट्रेलियाई हिन्दू समुदाय पर फोड़कर खालिस्तानियों का बचाव कर रही थी।

जिस पर वहीं की एक एकेडमिशियन सारा गेट्स ने आड़े हाथों लेते हुए द ऑस्ट्रेलिया टुडे को बताया, “सिडनी में जो हुआ उसका ऑस्ट्रेलियाई समाज में कोई स्थान नहीं है, लेकिन सीनेटर मेहरीन फारुकी ने जानबूझकर आधा सच बताना चुना। उन्होंने कहा, तीन सिख युवकों और एक हिंदू युवक को सड़क पर लड़ाई के लिए अदालत का सामना करना पड़ा, हालाँकि, फारूकी उस घटना के लिए पूरे हिंदू समुदाय को बदनाम कर रही हैं।”

ग्रीन सीनेटर मेहरीन फारुकी की घृणित राजनीति पर अपनी चिंता व्यक्त करते हुए, गेट्स ने कहा कि सड़कों पर हिंदू प्रवासियों पर हमले और उनके व्यवसायों को निशाना बनाना ग्रीन्स की विभाजनकारी और घृणित राजनीति का प्रत्यक्ष परिणाम है।

सारा ने कहा, “ऑस्ट्रेलियाई संघीय सरकार से उन संगठनों को ट्रैक करने का आग्रह किया जो हिंदुओं के प्रति नफरत फैलाने के लिए विदेशों में स्थित प्रतिष्ठानों से प्रेरणा, वित्त पोषण और मार्गदर्शन लेते हैं। साथ ही सारा ने आगे अपनी बात रखते हुए कहा, “मैं राज्य और संघीय सरकारों और प्रधानमंत्री सहित लेबर और लिबरल पार्टी के सदस्यों से ग्रीन्स पार्टी के विभाजनकारी और घृणा से भरे एजेंडे के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने का आह्वान करती हूँ।”