Home Blog Page 5592

अब तक 5 वीरता पुरस्कार लेने वाले हर्षपाल सिंह: गोली-छर्रे लगने से गंभीर रूप से घायल फिर भी…

73वें स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर देश के लिए वीरता और साहस का परिचय देने वाले वीर जवानों को पुरस्कार को सम्मानित किया जाएगा। जहाँ एक तरफ एयरफोर्स के विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान को वीर चक्र से सम्मानित किया जाएगा। तो वहीं, भारतीय वायुसेना की ही स्क्वैड्रन लीडर मिंटी अग्रवाल को युद्ध सेवा मेडल देने का ऐलान किया गया है। इसके अलावा केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (CRPF) के डेप्युटी कमांडेंट हर्षपाल सिंह को भी उनकी वीरता के लिए कीर्ति चक्र से सम्मानित किया जाएगा।

CRPF में शामिल होने के बाद से 38 वर्षीय हर्षपाल सिंह का यह पाँचवा वीरता पुरस्कार है। हर्षपाल और उनकी टीम ने जम्मू में झज्जर – कोटली में पिछले सितंबर में तीन आतंकवादियों का ख़ात्मा किया था। मुठभेड़ में गोली और छर्रे लगने से वो गंभीर रूप से घायल हो गए थे, पर वो आतंकियों के सामने मज़बूती से डटे रहे और उन्हें मार गिराने तक पीछे नहीं हटे।

कीर्ति चक्र मिलने से खुश हर्षपाल सिंह ने कहा, “इस पुरस्कार को पाकर मैं काफी गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। मैं अपनी बटालियन और संगठन के लिए भी अच्छा महसूस कर रहा हूँ। ऑपरेशन के दौरान जिन वीर साथियों ने मेरा साथ दिया और मेरे निर्णय के साथ खड़े रहे, मैं उन सभी को धन्यवाद देना चाहता हूँ।”

हर्षपाल सिंह को वीरता के लिए तीन पुलिस पदक और वीरता के लिए झारखंड के मुख्यमंत्री के पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है। महानिदेशक, CRPF आरआर भटनागर ने कहा, “यह अत्यंत दुर्लभ है। हमें बेहद गर्व है। यह एक बहुत अच्छा सम्मान है।” 

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में तैनात डिप्टी कमांडेंट हर्षपाल ने 31 मई 2008 को वीरता के लिए अपना पहला पुलिस पदक प्राप्त किया था। जिस ऑपरेशन के लिए उन्हें यह पुलिस पदक मिला था, वह झारखंड के खुंटी जिले के चुंदरमांडू में हुआ था। यहाँ उन्हें खुंटी में वरिष्ठ माओवादी नेताओं की बैठक के बारे में खुफिया जानकारी मिली थी। और इसी जानकारी के आधार पर ऑपरेशन चलाया गया था।

बता दें कि राष्ट्रपति एवं सशस्त्र सेनाओं के सर्वोच्च कमांडर रामनाथ कोविंद ने सशस्त्र सेनाओं एवं अर्द्धसैन्य बल के जवानों के लिए 132 पुरस्कार अनुमोदित किए हैं। इनमें से दो कीर्ति चक्र, एक वीर चक्र, 14 शौर्य चक्र, आठ बार टू सेना पदक (शौर्य), 90 सेना पदक (शौर्य) 5 नौसेना पदक (शौर्य), 7 वायु सेना पदक (शौर्य) और 5 युद्ध सेना पदक शामिल हैं।

लंदन की यूनिवर्सिटी ने कैम्पस में बीफ पर लगाया बैन, पर्यावरण की रक्षा के लिए शाकाहार पर जोर

ब्रिटेन के लोकप्रिय विश्वविद्यालय गोल्डस्मिथ्स, यूनिवर्सिटी ऑफ लंदन ने सभी प्रकार के बीफ प्रोडक्ट्स पर प्रतिबन्ध लगा दिया है। कैम्पस में स्थित सभी दुकानों व कैफे को इस समबन्ध में सूचित कर दिया गया है। इतना ही नहीं, अगर किसी छात्र के पास से प्लास्टिक के बोतल या कप मिले तो उसे आर्थिक दंड दिया जाएगा। यूनिवर्सिटी ने 2025 तक कार्बन न्यूट्रल बनने का लक्ष्य रखा है और स्वच्छ ऊर्जा सप्लायर के रूप में अधिक से अधिक सोलर पैनल भी स्थापित किए जा रहे हैं।

छात्रों को बदलते वातावरण व इस पर पड़ रहे बुरे प्रभाव के बारे में अधिक जानकारी देने के लिए ‘क्लाइमेट चेंज’ पुस्तकें उनके सिलेबस में शामिल की जाएँगी। यूनिवर्सिटी प्रमुख ने कहा कि छात्र पर्यावरण को लेकर सजग दिख रहे हैं और ताज़ा नियम-कायदों से फायदा मिलेगा। यूनिवर्सिटी ने शाकाहार को भी बढ़ावा दिया है और स्थानीय स्तर तैयार किए गए खाद्य पदार्थों का इस्तेमाल करने को कहा है।

1980 में स्थापित गोल्डस्मिथ्स में आर्ट्स से लेकर सोशल साइंस तक की डिग्रियाँ दी जाती हैं और यहाँ के 20% छात्र ब्रिटेन के बाहर से पढ़ने आते हैं। बीफ और मांस के ख़िलाफ़ अभियान में यह यूनिवर्सिटी अकेली नहीं है बल्कि कैम्ब्रिज-ऑक्सफॉर्ड के कई कॉलेजों के अलावा कई अन्य अंतरराष्ट्रीय यूनिवर्सिटीज ने ‘मीट फ्री मंडे’ मनाने का निर्णय लिया है। शाकाहारी भोजन खाने वाले छात्रों को बढ़ावा दिया जा रहा है और उन्हें कई ऑफर्स भी दिए जा रहे हैं।

बता दें कि भारत में बीफ को लेकर विपक्षी दल अक्सर सरकार को निशाने पर लेते रहते हैं। अगर हम उस स्थिति की कल्पना करें जब सरकार कोई खाद्य पदार्थ किसी यूनिवर्सिटी में प्रतिबंधित कर दे तो कथित एक्टिविस्ट्स झंडा लेकर उठ खड़े होंगे और इसे लोगों की खाने की आजादी पर हमला बता दिया जाएगा। यूनिवर्सिटी ऑफ लंदन ने ये निर्णय पर्यावरण को बीफ से होने वाले नुकसानों को देखते हुए किया है, इसीलिए इसका वहाँ पर स्वागत किया गया।

CDS की ज़रूरत और महत्ता: PM मोदी की इस बड़ी घोषणा के पीछे है 20 वर्ष पुराना इतिहास

अपने दूसरे कार्यकाल के पहले स्वतंत्रता दिवस सम्बोधन के दौरान पीएम मोदी ने कई बड़े ऐलान किए, जिनमें से एक है ‘Chief Of Defence Staff (CDS)’ पद की स्थापना। इसकी माँग कई वर्षों से होती आ रही है। सीडीएस पद की महत्ता पर कई जानकर व रिटायर्ड सेनाधिकारी भी प्रकाश डाल चुके हैं और सबने कहा था कि देश को ऐसे किसी पद की ज़रूरत है। 1999 में कारगिल युद्ध के दौरान पहली बार इसकी माँग उठी थी। इस पद पर नियुक्त अधिकारी का मुख्य ध्येय होगा तीनों सेनाओं के बीच सुगम समन्वय स्थापित करना।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सम्बोधन के दौरान कहा कि भारत की सेना पर हमें गर्व है और तीनों सेनाओं के बीच परसस्पर सामंजस्य के लिए सीडीएस की नियुक्ति की जाएगी। पीएम ने कहा कि इससे तीनों सेनाओं का कमजाज और भी प्रभावी हो जाएगा। सीडीएस भारत सरकार के लिए ‘सिंगल पॉइंट सलाहकार’ की तरह होगा, वो सरकार को तीनों सेनाओं से जुड़े मसलों पर सलाह देगा। इसका फायदा यह होगा कि तीनों सेनाएँ एक औपचारिक पद के जरिए एकीकृत हो जाएँगी।

आर्मी एक्सपर्ट्स के अनुसार, इससे भारतीय सेनाओं के बीच एक ‘Jointmanship’ की तरह प्रयोग किया जाएगा। मिलिट्री सम्बन्धी निर्णय लेते समय सर्विस के आधार पर अलग-अलग राय-विचार हो सकते हैं या कुछ अस्थायी मतभेद हो सकते हैं, जिसे टालने और ठीक करने के लिए सीडीएस का पद क्रिएट किया गया है। इससे सेनाओं के बजट, ट्रेनिंग, पॉलिसी और साजोसामान खरीद के सम्बन्ध में सरकार को जल्द से जल्द को निर्णय लेने में आसानी होगी।

CDS पद के गठन को लेकर प्रधानमंत्री का बयान

कई एक्सपर्ट्स का यह भी मानना था कि जैसा कि दशकों से होता आ रहा है, भारत में एक ब्यूरोक्रेट को मिलिट्री और सुरक्षा सम्बन्धी निर्णय लेने के लिए रखा जाता था। वो ब्यूरोक्रेट किसी भी क्षेत्र से आया हुआ हो सकता था और उसे सेना व सुरक्षा ऑपरेशन्स की कितनी समझ है, इससे कोई लेना-देना नहीं था। इसीलिए सीडीएस का पोस्ट क्रिएट करना आवश्यक था। कारगिल युद्ध के समय सेनाध्यक्ष रहे जनरल वीपी मलिक ने पीएम के निर्णय का स्वागत करते हुए लिखा कि इससे राष्ट्रीय सुरक्षा ज्यादा प्रभावी और किफायती हो जाएगी।

कारगिल युद्ध के बाद सरकार द्वारा गठित समिति ने कहा था कि किसी फाइव-स्टार मिलिट्री अधिकारी को सीडीएस बनाया जाना चहिए। मंत्रिमंडलीय समूह ने भी यही बात दुहराई थी। आज 20 वर्ष बाद उस सलाह को अमल में लाते हुए सीडीएस पद का गठन किया गया है। इस सम्बन्ध में संसद में भी कई बार सवाल हुए थे। यह दिखाता है कि नेशनल सिक्यूरिटी के मामले में सरकार किसी भी प्रकार का कोताही बरतने के मूड में नहीं है।

गलत दिखा रहा मीडिया… नहीं रिटायर हुए हैं ‘यूनिवर्स बॉस’ क्रिस गेल, गेंदबाजों पर अत्याचार रहेगा चालू

‘यूनिवर्स बॉस’ के नाम से मशहूर कैरेबियाई विस्फ़ोटक बल्लेबाज ने संन्यास की खबरों को नकार दिया है। 39-वर्षीय धाकड़ बल्लेबाज ने ‘अगली नोटिस तक’ अपने वनडे क्रिकेट में सक्रिय रहने की बात की है। मालूम हो कि अटकलें लग रहीं थीं कि भारत-विंडीज़ के बीच का तीसरा अंतरराष्ट्रीय एकदिवसीय मैच क्रिस जेल का आखिरी हो सकता है, लेकिन क्रिस गेल ने इन अटकलों को विराम दे दिया है।

तीसरे वनडे में किया ‘विस्फ़ोट’

भारत-वेस्ट इंडीज़ के बीच पोर्ट ऑफ़ स्पेन में खेले गए तीसरे मैच में गेल की विस्फ़ोटक पारी ने दिखा दिया कि उनमें कितना ‘बारूद’ अभी बाकी है। 41 गेंदों में उन्होंने 72 रन बनाए, जिनमें से 62 केवल चौके-छक्कों से ही बने। हालाँकि वे अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए, और विराट कोहली की अगुआई में भारत ने तीसरा वनडे जीतने के साथ वनडे सीरीज़ 3-० से अपने नाम कर ली।

लेकिन जब क्रिस गेल खलील अहमद की गेंद पर कोहली को कैच थमाने के बाद हेलमेट को बल्ले पर टाँगकर मैदान के बाहर जा रहे थे तो दर्शक ही नहीं, विपक्षी टीम भी तालियों से उनका इस्तकबाल कर रही थी। 20 साल के करियर में अपना 301वां एक दिनी मैच खेल रहे दिग्गज ओपनर गेल ने जर्सी भी 301 नंबर की ही पहनी थी।

पूर्व क्रिकेटर भी हुए भ्रमित, ICC को करना पड़ा ‘फैक्ट-चेक’

गेल के साथ और उनके खिलाफ खेल चुके कई क्रिकेटर भी जब रिटायरमेंट की बधाईयाँ पोस्ट करने लगे तो ICC को आगे आकर स्थिति स्पष्ट करनी पड़ी। गेल को बधाई देने वालों में इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन और भारत के विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा शामिल हैं।

PM मोदी ने किया चीफ़ ऑफ़ डिफ़ेंस स्टाफ पद का ऐलान, कारगिल युद्ध के दौरान उठी थी माँग

देश की तीनों सेनाओं यानी भारतीय सेना, भारतीय वायुसेना और भारतीय नेवी का आने वाले दिनों में एक ही चीफ़ होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार (15 अगस्त) को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले की प्राचीर से चीफ़ ऑफ़ डिफ़ेंस स्टाफ (CDS) के पद की घोषणा की। 

दरअसल, 1999 में हुए कारगिल युद्ध के बाद जब 2001 में तत्कालीन डिप्टी पीएम लाल कृष्ण अडवाणी की अध्यक्षता में गठित ग्रुप ऑफ़ मिनिस्टर्स (GOM) ने समीक्षा की तो पाया कि तीनों सेनाओं के बीच समन्वय की कमी रही है। तब इस बात पर ग़ौर किया गया कि अगर तीनों सेनाओं के बीच तालमेल सही से होता तो भारी क्षति न होती। उस समय चीफ़ ऑफ़ डिफ़ेंस के पद पर विचार किया गया, जिसका क़रीब 20 साल बाद स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले की प्राचीर से आज प्रधानमंत्री मोदी ने ऐलान किया।

फ़िलहाल, देश में तीनों सेनाओं के अलग-अलग चीफ़ हैं। भारतीय सेना के सेनाध्यक्ष जनरल विपिन रावत हैं, एयर फोर्स के चीफ़ बीएस धनोआ हैं और भारतीय नेवी की कमान एडमिरल करमबीर सिंह के हाथों में है। राष्ट्रपति तीनों सेनाओं के अध्यक्ष होते हैं और रक्षा मंत्री तीनों सेनाओं का कामकाज देखते हैं। 

रक्षा विशेषज्ञ मेजर जनरल (रिटायर्ड) के के सिन्हा ने सरकार के इस फ़ैसले को बहुत बड़ा कदम बताया है। मेजर जनरल (रिटायर्ड) विश्वम्भर दयाल ने भी सरकार के इस फ़ैसले का तहे दिल से स्वागत किया है। चीफ़ ऑफ़ डिफ़ेंस पद के होने से अब तीनों सेनाओं के बीच तालमेल बैठाने में किसी समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। सिंगल प्वॉइंट से आदेश जारी होने से सेनाओं की मारक क्षमता और प्रभावी होगी क्योंकि अब सेना के तीनों अंगों के मध्य किसी तरह की कन्फ़्यूज़न की स्थिति नहीं बन पाएगी। जैसा कि पााकिस्तान और चीन के युद्ध के समय देखने को मिली थी।

स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगे के साथ नाचते दिखे लद्दाख के सांसद नांग्याल, डांस मूव्स हुआ Viral

लद्दाख के सांसद जामियांग त्सीरिंग नांग्याल ने न सिर्फ़ जम्मू कश्मीर के पुनर्गठन के निर्णय का स्वागत किया बल्कि लद्दाख को अलग केंद्र शासित प्रदेश बनाए जाने के लिए वहाँ की जनता की तरफ से पीएम मोदी व गृहमंत्री अमित शाह को धन्यवाद भी दिया। जामियांग ने इस मुद्दे पर संसद में जो भाषण दिया, वह पूरे देश भर में लोकप्रिय हुआ और उन्हें कोने-कोने से बधाई सन्देश मिले। पूरे देश ने एक सुर में कहा कि उन्हें जमियांग जैसे और युवा नेता चाहिए। साथ ही वो रातोंरात सोशल मीडिया हीरो भी बन गए।

आप भी इस विडियो को देखें:

अब सांसद जामियांग का एक नया विडियो सामने आया है, जिसमें वह स्वतंत्रता दिवस मनाते नजर आ रहे हैं। इस विडियो को सोशल मीडिया पर लोग हाथोंहाथ ले रहे हैं। भाजपा सांसद जामियांग इस विडियो में लद्दाख की जनता के साथ झूमते हुए नज़र आ रहे हैं। जनता खड़ी होकर अपने सांसद का डांस देख रही है। वैसे ये पहली बार नहीं है जब सांसद जामियांग का डांस वाला विडियो वायरल हुआ हो, वह पहले भी अपने डांस मूव्स से लोगों के दिलों में जगह बना चुके हैं।

संसद में अपना बहुचर्चित भाषण देते हुए जमियंग ने कहा था:

“लद्दाख के लोग पिछले सात दशकों से केंद्रशासित क्षेत्र के दर्जे की मांग कर रहे थे। लद्दाख की भाषा, संस्कृति अगर लुप्त होती चली गई तो इसके लिए अनुच्छेद 370 और कॉन्ग्रेस जिम्मेदार है। करगिल के लोग इस बिल का समर्थन करते हैं। मैं आपकी तरह (विपक्षी नेताओं) किताबें पढ़कर नहीं आता लेकिन ग्राउंड की रियलटी को महसूस करता हूँ।

पाकिस्तान की चिठ्ठी के बाद चीन ने की UNSC में अनौपचारिक चर्चा की माँग, लेकिन…

भारत सरकार द्वारा जम्मू कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 पर लिए गए फैसले को हटाए जाने के खिलाफ पाकिस्तान की चिट्ठी पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में कोई भी प्रतिक्रिया देने के लिए चीन ने पहल की है। चीन ने शुक्रवार (अगस्त 15, 2019) को बंद कमरे में अनौपचारिक चर्चा की बात कही है।

पाकिस्तान के करीबी दोस्त माने जाने वाले चीन ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (United Nations Security Council) से कहा है कि वे भारत की तरफ से जम्मू कश्मीर में खत्म किए गए विशेष दर्जे को लेकर ‘परामर्श करना बंद करे’ और इस पर चर्चा करे। रिपोर्ट्स के अनुसार, राजनयिक ने बताया कि इससे पहले, पाकिस्तान की तरफ से काउंसिल के प्रसिडेंट पोलैंड को इस मुद्दे पर पत्र लिख कर अगस्त में बैठक बुलाने की माँग की गई थी।

राजनयिक के अनुसार- “चीन ने सुरक्षा परिषद के एजेंडा आइटम से ‘इंडिया पाकिस्तान क्वेश्चन’ पर परामर्श बंद करने को कहा। यह अनुरोध पाकिस्तान की तरफ से संयुक्त राष्ट्र के अध्यक्ष के भेजे गए पत्र के संदर्भ में था।”

चीन चाहता है कि इस अनौपचारिक चर्चा में पाकिस्तान के विदेश मंत्री एसएम कुरैशी द्वारा यूएनएसी अध्यक्ष जोआना रोनकेका को लिखे पत्र (भारत द्वारा जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के फैसले) के बारे में सभी सदस्यों की राय ली जाए।

पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने अपने पत्र को UNSC के सभी सदस्य देशों को फैलाकर जल्द से जल्द मीटिंग बुलाने की माँग की है, लेकिन अभी तक कोई मीटिंग कॉल नहीं की गई है। इक्वेटोरियल गिनी, जो UNSC के गैर-स्थायी सदस्यों में से एक है, ने कहा है कि सभी सदस्य काउंसिल पोलैंड की कुर्सी के निर्देशों का इंतजार कर रहे हैं।

UNSC में पोलैंड अगस्त महीने का काउंसिल चेयरमैन है, इसलिए किसी भी बैठक को बुलाने के लिए उसकी मंजूरी जरूरी है।

PM मोदी को राखी बाँधने पहुँचीं ‘पाकिस्तानी बहन’, कहा- ‘मेरे भाई को नोबेल मिलेगा’

कमर मोहसिन शेख मूल रूप से पाकिस्तानी महिला हैं और सबसे ख़ास बात यह है कि वह लगातार पिछले 24 वर्षों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राखी बाँधती आई हैं। इस रक्षाबंधन के अवसर पर भी मोहसिन शेख ने पीएम को राखी बाँधी। मोहसिन ने प्रधानमंत्री की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह विश्व की शांति और देश-दुनिया के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण क़दम उठा रहे हैं। मोहसिन एक वाकया याद करती हैं जो काफ़ी रोचक है।

दरअसल, मोहसिन पीएम को तभी से राखी बाँधती आ रही हैं, जब वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक के बाद भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता हुआ करते थे। एक बार मोहसिन ने उन्हें राखी बाँधते हुए दुआ माँगी कि वह गुजरात के मुख्यमंत्री बन जाएँ। इस पर मोदी ने हँसते हुए कहा कि वह भाजपा के एक साधारण कार्यकर्ता हैं और हमेशा यही रहना चाहते हैं क्योंकि राजकाज उन्हें रास नहीं आता है।

समय का पहिया घूमा और गुजरात को नरेन्द्र मोदी के रूप में नया मुख्यमंत्री मिला। मोदी ने देश की कमान सम्भालने तक गुजरात की बागडोर थामे रखी। मोहसिन बताती हैं कि एक बार राखी बाँधते समय उन्होंने दुआ करते हुए कहा कि मोदी देश के प्रधानमंत्री बनें। इसके बाद नरेन्द्र मोदी मुस्कुराने लगे थे। कमर मोहसिन मूल रूप से कराची की रहने वाली हैं। हमेशा की तरह इस बार भी मोहसिन ने पीएम मोदी के लिए बड़ी दुआ माँगी है।

कमर मोहसिन ने इस बार पीएम मोदी को नोबल पुरस्कार मिलने की दुआ की है। कमर मोहसिन के अनुसार, मोदी गरीबी, भ्रष्टाचार और आतंकवाद को ख़त्म करने के लिए जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल से की गई दुआ ज़रूर पूरी होती है और मोदी को देश-दुनिया के कल्याण का प्रयास करने के लिए नोबल मिलना ही चाहिए।

यहाँ इस बात का जिर्क करना ज़रूरी है कि 1971 के युद्ध के बाद सिंध के कई लोग आकर भारत में बस गए थे जो अपने सम्बन्धियों से मिलने पाकिस्तान नहीं जा सके। पाकिस्तान इन्हें वीजा नहीं देता है। इनमें से कई ऐसे लोग हैं, जिन्हें भारत की नागरिकता दे दी गई हैं। ये सभी अब गुजरात के विभिन्न क्षेत्रों में रह रहे हैं।

जनसंख्या विस्फोट पर PM मोदी ने जताई चिंता, कहा- सीमित परिवार रखना भी है देशभक्ति

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 73वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से तिरंगा फहराने के बाद देशवासियों को स्वतन्त्रता दिवस और रक्षाबंधन की बधाई दी। इस दौरान उन्होंने देश में तेजी से बढ़ रही जनसंख्या को लेकर अपनी चिंता भी व्यक्त की।

लाल किले की प्राचीर से जनसंख्या विस्फोट को लेकर अपनी चिंता जाहिर करते हुए पीएम मोदी ने देशवासियों से छोटे परिवार की अपील की है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में जनसंख्या विस्फोट पर चिंता जताते हुए स्वतन्त्रता दिवस के अवसर पर कहा कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए नयी चुनौतियाँ पेश करता है।

पीएम मोदी ने कहा कि इससे निपटने के लिए केन्द्र और राज्य सरकारों को कदम उठाने चाहिए।

‘भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद देश के लिए खतरा’

इस दौरान लाल किले से पीएम मोदी ने भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद पर भी हमला किया। उन्होंने कहा- “भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद देश के लिए खतरा है। यह दीमक की तरह देश में घुस गया है। इसे निकालने का प्रयास किया जा रहा। लेकिन यह बीमारी अंदर तक है। गहरी है। अनेक प्रयास करते रहने होंगे। यह एक बार से खत्म होनेवाली चीज नहीं है।” 

पीएम ने कहा कि छोटा परिवार रखना भी देशभक्ति है, ऐसे लोग जो छोटा परिवार रखते हैं, सम्मान के अधिकारी हैं। इस दौरान पीएम मोदी ने माना कि जनसंख्या विस्फोट को रोकने के लिए सामाजिक स्तर पर भी जागरूकता कार्यक्रमों की जरूरत है। 

‘छोटे परिवार वाले लोग सम्मान के हकदार हैं’

अपने भाषण में पीएम मोदी ने कहा कि समाज का एक छोटा वर्ग जो अपना परिवार छोटा रखता रहा है, वह सम्मान का हकदार है। जो वे कर रहे हैं वह एक प्रकार की देशभक्ति है। यह पहली बार है जब नरेंद्र मोदी ने जनसंख्या का मुद्दा उठाया है। हालाँकि, भाजपा के कुछ नेता इस पर खुल कर बात करते आए हैं। मोदी ने अपने सम्बोधन में कहा कि अगर जनता शिक्षित और स्वस्थ है तो देश भी शिक्षित और स्वस्थ बनेगा।

‘जन्म से पहले बच्चे की जरूरत के बारे में सोचें

पीएम ने आगे कहा, “बच्चे के जन्म से पहले उसकी जरूरत के बारे में जरूर सोचें। शिक्षित वर्ग ऐसा ही करता है। स्वयं की प्रेरणा से अगर आप परिवार सीमित रखते हैं तो ना सिर्फ आपका बल्कि देश का भी भला होता है और यह भी एक तरह की देशभक्ति है।”

सावधान: हुर्रियत नेता की पत्नी को महाराजा हरि सिंह की पोती बताकर फैलाया जा रहा है 370 पर फर्जी वीडियो

सोशल मीडिया पर आजकल एक विडियो पोस्ट शेयर किया जा रहा है। इस वीडियो का शीर्षक है- “जम्मू और कश्मीर के अंतिम डोगरा शासक, महाराजा हरि सिंह की पोती।”

फेसबुक के साथ ही यह वीडियो ट्विटर पर भी शेयर किया जा रहा है। ट्विटर पर दावा किया जा रहा है कि आर्टिकल-370 पर बात करने वाली यह महिला जम्मू और कश्मीर के अंतिम डोगरा शासक, महाराजा हरि सिंह की पोती है।

इस विडियो में एक महिला को कश्मीर पर बात करते हुए देखा जा रहा है। ट्विटर और फेसबुक पर इस विडियो को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए दावा किया जा रहा है कि यह महिला महाराजा हरि सिंह की पोती है, जो जम्मू-कश्मीर राज्य के अंतिम शासक थे।

वीडियो में दिख रही महिला, जिसे सोशल मीडिया यूजर ने हरि सिंह की पोती बताया है, भारत में तत्कालीन रियासत जम्मू-कश्मीर द्वारा दिए गए इंस्ट्रूमेंट ऑफ़ एक्सेसन के बारे में बात करते हुए दिख रही है। यह वीडियो ऐसे समय पर शेयर किया जा रहा है जब केंद्र सरकार ने जम्मू कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा देने वाले अनुच्छेद-370 के प्रावधानों में बदलाव करते हुए कुछ महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं।

क्या है वीडियो की सच्चाई:

दरअसल, यह वीडियो गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। इस पर महाराजा हरि सिंह के पोते और भारतीय राष्ट्रीय कॉन्ग्रेस के नेता विक्रमादित्य सिंह ने खुद भी ट्विटर पर स्पष्टीकरण दे दिया है। विक्रमादित्य सिंह ने इस वीडियो को ट्वीट करते हुए लिखा है- “जम्मू-कश्मीर के महाराजा हरि सिंह जी की पोती, मेरी बहन डॉ. ज्योत्सना सिंह हैं। यह वह नहीं है। कृपया इस नकली/दुर्भावनापूर्ण वीडियो को अनदेखा करें।”

वास्तव में, वीडियो में भाषण दे रही महिला महाराजा हरि सिंह की पोती नहीं बल्कि हुर्रियत नेता नईम अहमद खान की पत्नी प्रोफ़ेसर हमीदा नईम है। हमीदा नईम कश्मीर के विश्वविद्यालय में प्रोफेसर हैं। इस विडियो को जुलाई 11, 2018 को यूट्यूब पर अपलोड किया गया था और इसका शीर्षक है- “कश्मीर मुद्दा: अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में प्रोफेसर हमीदा नईम भाषण देते हुए।”

इस विडियो को आप यूट्यूब पर भी देख सकते हैं-

इस इवेंट से सम्बन्धित तस्वीर और पोस्ट तत्कालीन एएमयूएसयू के अध्यक्ष मसकूर अहमद उस्मानी ने भी अपने फेसबुक पेज पर शेयर किया था।

निष्कर्ष:

यह वीडियो महाराजा हरि सिंह की पोती डॉक्टर ज्योत्सना का नहीं बल्कि हुर्रियत नेता की पत्नी का है, जो कि कश्मीर के विश्वविद्यालय में प्रोफ़ेसर हैं। यह भ्रामक जानकारी और तथ्यों के साथ सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है, जिस पर स्वयं महाराजा हरि सिंह के पोते ने भी स्पष्टीकरण दे दिया है।