Home Blog Page 1684

‘मैंने गोवध किया था, मेरा परिवार बर्बाद हो गया’ : हाथ में तख्ती लेकर अकबर अली ने किया UP पुलिस के आगे सरेंडर, बोला- दोबारा नहीं करूँगा अपराध

उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले में गोहत्या के एक आरोपित ने खुद ही थाने में सरेंडर कर दिया है। आरोपित का नाम अकबर अली है जो हाथ में सरेंडर की तख्ती ले कर थाने पहुँचा था। शनिवार (8 जुलाई 2023) को हाजिर हुए अकबर अली ने अपना गुनाह कबूल करते हुए पुलिस पर पूरा भरोसा जताया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर के जेल भेज दिया है। गोहत्या का यह मामला 10 नवम्बर 2022 का है। इसी केस में अकबर अली की बीवी जेल में है लेकिन वो खुद फरार चल रहा था।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मामला थाना कोतवाली रुदौली का है। यहाँ गोहत्या के मामले में लगभग डेढ़ साल से फरार चल रहे अकबर अली ने अचानक ही पुलिस के आगे सरेंडर कर दिया। 8 जुलाई को रुदौली में थाना दिवस का आयोजन किया गया था जिसमें जिले के कई बड़े अधिकारी मौजूद थे। इसी दौरान अकबर अली अपनी छाती पर सरेंडर का पोस्टर चिपका कर पुलिस के आगे पहुँच गया। पोस्टर में अकबर अली ने खुद को गोहत्या का आरोपित बताते हुए दोबारा कोई अपराध न करने की कसम भी खाई।

आरोपित ने DSP सत्येंद्र भूषण से कहा, “मैं गोवध का आरोपित हूँ। लम्बे समय से फरार चल रहा हूँ। मेरा घर बर्बाद हो चुका है। मेरी पत्नी जेल में है। मैं दोबारा कोई अपराध नहीं करूँगा। मुझे पुलिस पर पूरा भरोसा है इसलिए मैं सरेंडर कर रहा हूँ।” पुलिस ने अकबर अली को कस्टडी में ले लिया। जरूरी कार्रवाई के बाद आरोपित को जेल भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक अकबर अली पर नवम्बर 2022 में दर्ज गोहत्या के केस के अलावा साल 2018 में आबकारी एक्ट और साल 2023 में IPC 174 A के तहत केस दर्ज है।

क्या था मामला

10 नवम्बर 2022 को रुदौली थाने के सब इंस्पेक्टर विनय कुमार यादव ने ऐथार गाँव के 3 आरोपितों के खिलाफ गोहत्या का केस दर्ज करवाया था। तब उन्होंने 80 किलो गोमांस के साथ अकबर अली की बीवी साजिदा सहित मोहम्मद मोबीन और मोहम्मद मेराज को गिरफ्तार किया था। इस केस की जाँच के दौरान घटना में अकबर अली के भी शामिल होने की जानकारी सामने आई थी। घटना के बाद से अकबर अली फरार था जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। आख़िरकार अकबर अली ने 8 जुलाई को पुलिस के आगे सरेंडर कर दिया।

कॉन्ग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने RSS के सरसंघचालक रहे गुरु गोलवलकर को किया बदनाम, फोटोशॉप्ड तस्वीर लगाई: इंदौर में FIR दर्ज, झूठ फैलाने का आरोप

कॉन्ग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह (Digvijay Singh) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और भाजपा (BJP) पर हमला करने का कोई मौका नहीं छोड़ते। कई बार ये उनके लिए मुसीबत बन जाती है। उन्होंने संघ के सरसंघचालक रहे गुरु गोलवलकर को लेकर गलत किया। इसके बाद उनके खिलाफ एडवोकेट राजेश जोशी नाम के शख्स ने इंदौर में FIR दर्ज कराई है।

दरअसल, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया पर एक ट्वीट किया। इस ट्वीट में उन्होंने गुरुजी के नाम से पहचाने जाने वाले संघ के द्वितीय सरसंघचालक माधव सदाशिवराव गोलवलकर की एक तस्वीर पोस्ट की।

तस्वीर के साथ दिग्विजय सिंह ने लिखा, “गुरु गोलवलकर जी के दलितों पिछड़ों और मुसलमानों के लिए व राष्ट्रीय जल जंगल व ज़मीन पर अधिकार पर क्या विचार थे अवश्य जानिए।”

दरअसल, दिग्विजय सिंह ने जो तस्वीर ट्वीट की है, उस पर लिखा है, ‘सदाशिवराव गोलवलकर ने अपनी पुस्तक We and our nationhood identified में स्पष्ट लिखा है। जब भी सत्ता हाथ लगे तो सबसे पहले सबसे पहले सरकार की धन संपत्ति, राज्यों की जमीन और जंगल पर अपने दो तीन विश्वसनीय धनी लोगों सौंप दें। 95% जनता को भिखारी बना दें। उसके बाद सात जन्मों तक सत्ता हाथ से नहीं जाएगी।’

ट्वीट किए गए गुरु गोलवलकर की तस्वीर पर आगे लिखा है, ‘मैं सारी जिंदगी अंग्रेजों की गुलामी करने के लिए तैयार हूँ लेकिन जो दलित पिछड़ों और मुसलमानों को बराबरी का अधिकार देती हो ऐसी आजादी मुझे नहीं चाहिए। – गोलवलकर गुरुजी, 1940’

दिग्विजय सिंह के ट्वीट पर RSS के प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने ट्वीट करके प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “श्री गोलवलकर गुरूजी के संदर्भ में यह ट्वीट तथ्यहिन है तथा सामाजिक विद्वेष उत्पन्न करने वाला है।संघ की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से यह झूठा photoshopped चित्र लगाया हैं। श्री गुरूजी ने कभी भी ऐसे नहीं कहा। उनका पूरा जीवन सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने में लगा रहा।”

अब कॉन्ग्रेस नेता के ट्वीट को लेकर नफरत फैलाने का आरोप लगाते हुए मध्य प्रदेश के शहर इंदौर के थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता एडवोकेट राजेश जोशी ने शनिवार (8 जुलाई 2023) की देर रात तुकोगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायतकर्ता जोशी ने कहा है कि एक सोशल मीडिया पोस्ट में गोलवलकर को दलित और मुस्लिम विरोधी बताया गया, जो झूठ है। कॉन्ग्रेस नेता ने ना सिर्फ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की छवि को नुकसान पहुँचाने की, बल्कि उसकी भावनाओं को भी ठोस पहुँचाई है।

राजेश जोशी की शिकायत के आधार पर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 153A, 469, 500, 505 के तहत मामला दर्ज किया गया है। FIR का अपराध क्रमांक 311/23 है।

जो हिन्दू लड़की बनने जा रही थी मानव बम, राहिल की फोन में मिले उसके अश्लील वीडियो: देवबंद के मदरसों से कनेक्शन, 650 पन्नों की व्हाट्सएप्प चैट

गाजियाबाद में एक हिन्दू लड़की अचानक से नमाज पढ़ने लगी और मानव बम बनने की तैयारियों में जुट गई, लेकिन उसके पिता ने पुलिस थाने में शिकायत कर दी जिसके बाद इस्लामी धर्मांतरण के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश हुआ। खेड़ा की रहने वाली इस लड़की ने इस्लाम कबूल कर लिया था और परिवार को भी इस्लाम कबूलने के लिए बोल रही थी। इस मामले में राहुल अग्रवाल (अब राहिल), मोहम्मद अब्दुल्ला (पहले सौरभ खुराना) और मुशीर सैफी शामिल हैं।

दरअसल, राहुल नोएडा की एक कंपनी में उक्त लड़की के साथ काम करता था। इसी दौरान उसने लड़की से नजदीकियाँ बढ़ाईं और उससे इस्लाम कबूल करवा दिया। खुद राहुल 2017 में मुस्लिम बन गया था और उसका नाम राहिल हो गया था। उसकी पत्नी अब्दुल्ला की साली है। उसने मोबाइल पर ही हिन्दू लड़की से निकाह कर लिया था, जिसमें कॉन्फ्रेंस पर मस्जिद से एक मौलवी और गवाह भी मौजूद थे। राहिल के मोबाइल फोन में लड़की के आपत्तिजनक वीडियोज भी मिले हैं।

राहिल खेड़ा की इस हिन्दू लड़की के अलावा अपने साथ काम करने वाली एक अन्य लड़की को भी धर्मांतरण के लिए फँसाने में लगा हुआ था। एक मैसेज में लिखा हुआ है, “हाँ यार, सब भूल गया मैं। सबसे दूर, नकली चीजों से, अल्लाह का डर और बढ़ गया, अब और पाक रहूँगा इंशाअल्लाह, तू भी तौबा कर ले।” मुशीर बीटेक की पढ़ाई कर रहा था, साथ ही बच्चों को ट्यूशन पढ़ाता था। नेपाल-कर्नाटक समेत कई इलाकों के लोगों का धर्मांतरण कराए जाने की बात पता चली है।

राहिल भी मुशीर के पास ट्यूशन पढ़ चुका था। खेड़ा की उक्त लड़की भी परिवार के साथ जन्नत जाने की बातें करती थी। इस्लामी धर्मांतरण के इस नेटवर्क में देवबंद मदरसे के छात्र, कोचिंग संस्थान संचालक और प्राइवेट कंपनियों के कर्मचारी शामिल हैं। ये लोग अब तक 7 लोगों का धर्मांतरण करा चुके थे। राहिल भी संगम विहार में मुशीर से ट्यूशन पढ़ने समय ही भड़काया गया था। आरोपितों के बैंक खाते खंगाले जा रहे हैं। 650 पन्नों के संदिग्ध व्हाट्सएप्प चैट मिले हैं।

‘कॉन्ग्रेस मतलब लूट की दुकान और झूठ का बाजार’: ‘छोटी काशी’ से PM मोदी ने राजस्थान को दी ₹24300 करोड़ की सौगात, बोले – यहाँ रक्षक ही भक्षक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार (8 जुलाई, 2023) को बीकानेर में न सिर्फ 24,300 करोड़ रुपए की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया, बल्कि राज्य की कॉन्ग्रेस सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने राजस्थान को वीरों की भूमि बताते हुए नमन किया। साथ ही जानकारी दी कि राजस्थान को कुछ ही महीनों के भीतर में दो-दो आधुनिक 6 लेन मिले हैं। उन्होंने राजस्थान को अपार सामर्थ्य और संभावनाओं का केंद्र बताते हुए कहा कि राजस्थान में औद्योगिक विकास की अपार संभावनाएँ हैं, इसलिए यहाँ कनेक्टिविटी के इनफ्रास्ट्रक्चर को हाइटेक बनाया जा रहा है।

पीएम मोदी ने बताया कि तेज रफ्तार एक्सप्रेसवे और रेलवे से पूरे राजस्थान में पर्यटन से जुड़े अवसरों का भी विस्तार होगा। उन्होंने समझाया कि इसका सबसे बड़ा लाभ यहाँ के युवाओं को होगा, राजस्थान के बेटे-बेटियों को होगा। उन्होंने जानकारी दी कि आज जिस ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे का लोकार्पण हुआ है, ये कॉरिडोर राजस्थान को हरियाणा, पंजाब, गुजरात और जम्मू-कश्मीर से जोड़ेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज यहाँ तेज रफ्तार से रेल लाइनें बिछ रही हैं, रेलवे ट्रैक का तेजी से विद्युतीकरण हो रहा है।

बकौल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास का सबसे ज्यादा फायदा छोटे व्यापारियों और कुटीर उद्योगों को मिलता है। उन्होंने बताया कि बीते 9 वर्षों में राजग सरकार ने राजस्थान के विकास के लिए हर संभव प्रयास किया है। उन्होंने बीकानेर को छोटी काशी बताते हुए इसके आध्यात्मिक और ऐतिहासिक महत्व की बात की। साथ ही कहा कि लोगों का ये उत्साह बताता है कि राजस्थान में केवल मौसम का ही पारा नहीं चढ़ा है, बल्कि कॉन्ग्रेस सरकार के खिलाफ जनता का पारा भी चढ़ चुका है और जब जनता का पारा चढ़ता है तो सत्ता की गर्मी उतरते और सत्ता बदलते भी वक्त नहीं लगता।

प्रधानमंत्री ने कहा, “हमने देशभर के गरीबों के लिए 4 करोड़ पक्के मकान बनाए। इसमें से करीब 20 लाख घर राजस्थान के मेरे गरीब भाइयों-बहनों को मिले हैं। हमने देशभर में करीब 50 करोड़ गरीबों के बैंक खाते खोले। इस वजह से राजस्थान से 3 करोड़ गरीबों को पहली बार बैंक की सुविधा मिली। कोरोना के मुश्किल समय में यही खाते गरीबों के सबसे बड़े सहभागी बने। हम दिल्ली से योजनाएँ राजस्थान में भेजते हैं, लेकिन यहाँ जयपुर में कॉन्ग्रेस का पंजा उस पर झपट्टा मार देता है। कॉन्ग्रेस को राजस्थान के लोगों की परेशानी से कोई लेना-देना नहीं है।”

पीएम मोदी ने कहा कि जल जीवन मिशन में राजस्थान को सबसे टॉप पर होना चाहिए था, लेकिन ये धीमा करने वाले राज्यों की लिस्ट में शामिल है। उन्होंने जानकारी दी कि आज देश के 130 से ज्यादा जिले ऐसे हैं, जहाँ शत-प्रतिशत घरों में नल से जल पहुँचा है, लेकिन इनमें से राजस्थान का एक भी जिला नहीं है। बकौल पीएम मोदी, कांग्रेस सरकार ने 4 सालों में राजस्थान का बहुत नुकसान किया है और ये बात यहाँ की सरकार भी जानती है कि राजस्थान में कॉन्ग्रेस की हार इतनी सुनिश्चित है कि यहाँ की सरकार बॉय-बॉय मोड में आ गई है

पीएम मोदी ने आगे कहा, “पुरानी कहावत है कि दीया बुझने से पहले जोर से लपलपाता है। अपनी हार के डर से कॉन्ग्रेस भी ऐसा ही कर रही है। इसके लिए वो राजस्थान के लोगों को गुमराह करने पर उतर आई है। कॉन्ग्रेस मतलब – लूट की दुकान, झूठ का बाजार। अब राजस्थान को स्थिर सरकार चाहिए, डबल इंजन की सरकार चाहिए, राजस्थान को परिवारवाद नहीं, अब राजस्थान को विकासवाद चाहिए। राजस्थान में जब से कॉन्ग्रेस आई है, इसने एक और पहचान बनाई है- भ्रष्टाचार, अपराध और तुष्टिकरण। हालत ये है कि जब भ्रष्टाचार की रैंकिंग होती है तो उसमें राजस्थान नंबर वन पर आता है।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका भी जिक्र किया कि कैसे महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले में और बलात्कार के मामले में राजस्थान सबसे आगे है। उन्होंने कहा कि हालात ये है कि यहाँ रक्षक ही भक्षक बन रहे हैं। बलात्कार और हत्या के आरोपितों को बचाने में यहाँ की पूरी सरकार जुटी हुई नजर आती है। पीएम ने कहा कि कॉन्ग्रेस एक ऐसी पार्टी है जो अगर सत्ता में रहती है तो खा-खाकर देश को खोखला कर देती है और जब ये सत्ता से बाहर जाते हैं तो देश को गाली दे-देकर बदनाम करते हैं। इनके नेता विदेश में जा-जाकर भारत को गाली देते हैं।

प्रधानमंत्री ने याद किया कि कैसे सेना को भी नीचा दिखाने के लिए इन्होंने क्या-क्या नहीं किया। उन्होंने याद किया कि ये सेना के सर्जिकल स्ट्राइक पर भी सवाल उठाते हैं और सेना के काम में भी ये लोग झूठ और धोखेबाजी से बाज नहीं आते। उन्होंने कहा कि राजस्थान अपार सामर्थ्य और संभावनाओं का केंद्र है। राजस्थान में विकास की तेज रफ्तार भरने की ताकत है, इसलिए हम यहां रिकॉर्ड निवेश कर रहे हैं। बकौल पीएम मोदी, राजस्थान में औद्योगिक विकास की अपार संभावनाएँ हैं, इसलिए हम यहां कनेक्टिविटी के इंफ्रास्ट्रक्चर को हाइटेक बना रहे हैं।

कहीं बैलेट बॉक्स जला दिया तो कहीं डाल दिया पानी… बंगाल पंचायत चुनाव के दिन 15 हत्याएँ: जम कर चले बम और पत्थर, चुनाव आयोग के दफ्तर के बाहर प्रदर्शन

पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव पर बड़े पैमाने पर हिंसा की खबर है। राज्य भर में हत्याओं और बूथ लूटे जाने की घटनाओं के साथ पंचायत चुनाव संपन्न तो हो गया, लेकिन इसकी निष्पक्षता पर अब सवाल उठने स्वाभाविक हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांता मजूमदार ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिख कर निवेदन किया है कि राज्य में लोकतंत्र और शांति बहाल की जाए। BSF ने कहा है कि चुनाव आयोग से संवेदनशील बूथों की सूची माँगी गई थी, लेकिन कोई सूचना साझा नहीं की गई।

जहाँ-जहाँ राज्य की पुलिस थी, वहाँ खास तौर पर ज्यादा हिंसा हुई। अगर अर्धसैनिक बलों को संवेदनशील बूथों की लिस्ट दे दी जाती और उनकी तैनाती होती, तो हिंसा में कमी आ सकती थी। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री निसिथ प्रामाणिक ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर घुसपैठियों, असामाजिक तत्वों और TMC के गुंडों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य की सत्ताधारी पार्टी बैलेट की जगह बुलेट पर भरोसा करती है। साउथ 24 परगना में फूल मलांचा बूथ पर सिर पर बम लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष JP नड्डा ने पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी और राज्य में भाजपा के सह-प्रभारी मंगल पांडेय से बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया। वहीं TMC नेता कुणाल घोष ने आरोप लगाया कि लेफ्ट और भाजपा के कार्यकर्ता तृणमूल कार्यकर्ताओं पर हमले कर रहे हैं। पश्चिम बंगाल में कॉन्ग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने टीएमसी पर आतंक फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि घायलों की संख्या सैकड़ों में है। उन्होंने कहा कि पूरा चुनाव लूट लिया गया है।

प्रदेश भाजपा ने 15 लोगों की मौत की जानकारी दी है। मालदा के इंग्लिश बाजार स्थित नघरिया में एक 2 बूथों पर बमबारी और पत्थरबाजी की गई। दिनहाटा में केंद्रीय राज्यमंत्री निसिथ प्रामाणिक ने कहा कि जब एक केंद्रीय मंत्री को वोट डालने से रोका जा रहा है तो आम आदमी की सोच लीजिए। CPM नेता एमडी सलीम ने कहा कि केंद्र-राज्य की लड़ाई में लोगों को भेड़ियों के सामने फेंक दिया गया। दिनहाटा में इन्द्रेश्वर प्राइमरी स्कूल में बैलेट बॉक्स पर पानी फेंक दिया गया।

कूच बिहार के बरनाचिना में तो बैलेट बॉक्स को ही आग के हवाले कर दिया गया। साथ ही बूथ कैप्चरिंग की घटना भी सामने आई। बीएसएफ के IG ने चुनाव आयोग के साथ मुलाकात की है। 5 बजे तक वोटर टर्नआउट 66.2% रहा। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार ने हत्याओं को सत्ता पाने का हथियार बना लिया है और यहाँ का ‘बम कल्चर’ पूरे भारत की छवि को नुकसान पहुँचा रहा है। बीरभूम में तो एक बाइक को ही आग के हवाले कर दिया गया।

मुर्शिदाबाद के हरिहरपाड़ा में केंद्रीय बल के एक जवान की एक आँख क्षतिग्रस्त हो गई। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि पार्टी इस तरह से लोकतंत्र की हत्या नहीं होने देगी। प्रदेश भाजपा ने राज्य चुनाव आयुक्त पर भी TMC की संस्था की तरह काम करने का आरोप लगाया। कोलकाता स्थित राज्य चुनाव आयोग के दफ्तर के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन भी किया। भंगोर में क्रूस बम विस्फोट से 2 बचे घायल हो गए।

तुमलोग इंसानों के लिए खतरा हो या नहीं? – प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपनी ही कही बात से पलट गई रोबोट, 9 रोबोटों ने मीडिया के सवालों के दिए जवाब

स्विटजरलैंड के जेनेवा में 7 जुलाई (शुक्रवार) को दुनिया की पहली रोबोट-मानव प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई। इस कॉन्फ्रेंस में मानव रूप में बनाए गए कुल 9 रोबोट शामिल किए गए थे। पत्रकरों ने इन रोबोटों से अलग-अलग सवाल किए जिनके इन सभी ने जवाब दिए। इन जवाबों में इंसानों की नौकरी न चुराने और उनके खिलाफ कभी विद्रोह न करने का वादा भी शामिल था। कुछ रोबोटों के जवाब से उनके निर्माता ही असहमत दिखे।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जिनेवा में आयोजित इस पहली तरह की प्रेस कांफ्रेंस में रोबोट और उनके निर्माता एक साथ मौजूद थे। इस सम्मेलन को ‘एआई फॉर गुड’ नाम दिया गया था। आयोजन का मकसद प्रस्तुत रोबोटों की मानव निर्मित बुद्धिमत्ता को दुनिया के आगे लाना था। इन रोबोटों को जेनरेटिव एआई की आधुनिक तकनीकियों से बनाया गया है। भविष्य में इन रोबोटों को बीमारी और भूख जैसी समस्याओं के समाधान का प्रयास कर रहे मनुष्यों की मदद के लिए प्रयोग करने की योजना है। इनसे हुए सवाल-जवाब का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए नीले रंग के नर्स जैसे कपड़े पहनी ग्रेस नाम की एक मेडिकल रोबोट ने मनुष्यों के काम में सहायक की भूमिका निभाने का वादा किया। साथ ही ग्रेस ने भरोसा दिलाया कि वो किसी व्यक्ति की नौकरी के लिए दिक्कत नहीं पैदा करेंगी। ग्रेस के निर्माता बेन गोएर्टज़ेल ने भी आवाज लगा कर इस वादे की पुष्टि करनी चाही तो जवाब मिला, “हाँ, मुझे यकीन है।” वहीं अमेका नाम के रोबोट ने अपना उपयोग मानव जीवन के साथ दुनिया को बेहतर बनाने के लिए बताया। अमेका ने भविष्य में अपने जैसे हजारों रोबोट और बनने की संभावना जताई।

अपने मालिक के खिलाफ भविष्य में बगावत की आशंका को ले कर किए गए सवाल के जवाब में अमेका ने अपने मालिक विल जैक्शन की तारीफ करते हुए हमेशा उनके प्रति वफादार रहने का वादा किया। रोबोट ने उल्टे पत्रकार से ही ऐसा न सोचने की अपील की। ऐ-दा नाम का एक कलाकार रोबोट चित्र बनाने में और डेसडेमोना नाम की रोबोट रॉक गानों को गाने में एक्सपर्ट है। डेसडेमोना ने खुद को सीमाओं के बजाय अवसरों में विश्वास करने वाली बताते हुए दुनिया को खेल का मैदान कहा।

सोफिया नाम की एक रोबोट के मुताबिक, रोबोट इंसानों से बेहतर नेतृत्व कर सकते हैं। इसे बनाने वाले जब अपने ही रोबोट के बयान से असहमत दिखे तो सोफिया ने अपने बयान को सुधारते हुए कहा कि रोबोट इंसानों से प्रभावी तालमेल बिठा कर और अच्छे से मिल कर काम कर सकते हैं। फ़िलहाल रोबोटों की यह प्रेस कांफ्रेंस दुनिया भर के लिए चर्चा का विषय बनी हुई है।

क्या DU क्या कनॉट प्लेस, बारिश का मौसम शुरू होते ही झील बनी दिल्ली: लोगों के निशाने पर CM केजरीवाल, कहा – शहर को वेनिस बना दिया

दिल्ली में पहली ही बड़ी बारिश में सड़कों और गली-मुहल्लों का बुरा हाल हो गया है। लोग सोशल मीडिया पर तस्वीरें और वीडियो शेयर कर के बता रहे हैं कि कैसे देश की राजधानी में इतने खराब हालात हैं। मथुरा रोड पर सरिता विहार स्थित अपोलो हॉस्पिटल के पास भारी जल जमाव हो गया है। वहाँ गाड़ियाँ रेंगती हुई नजर आईं। सेन्ट्रल दिल्ली के हाई प्रोफ़ाइल इलाका कनॉट प्लेस का भी बुरा हाल है। वहाँ तो कई दुकानों में ही बारिश का पानी घुस गया है।

‘कनॉट प्लेस मार्किट एसोसिएशन’ ने इसे लेकर आपत्ति भी जताई है। दिल्ली विश्वविद्यालय में भी स्थिति अच्छी नहीं है। वहाँ नॉर्थ कैम्पस में जल जमाव देखने को मिला। पानी में वॉलीबॉल देखते हुए छात्रों का वीडियो भी सामने आया है। सदर बाजार की दुकानों में भी बारिश का पानी घुस गया। ट्रैफिक पुलिस ने जानकारी दी है कि ISBT कश्मीरी गेट से लेकर राज घाट तक का यातायात बाधित हो गया है। कारण – हनुमान मंदिर, यमुना बाजार और निगम बोध घाट के पास जल भराव हो गया है।

दिल्ली में अगले 4 दिनों तक बारिश का अलर्ट है, ऐसे में इन सड़कों का हाल और भी बुरा हो सकता है। पत्रकार शिवम प्रताप सिंह ने दक्षिणी-पूर्वी दिल्ली के भोगल का वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि ये वही दिल्ली है, जिसे लंदन बनाने का वादे किए गए थे। वहाँ ऑटो और कारों को पानी में फँसे हुए देखा जा सकता है। एक व्यक्ति ने सफदरगंज का वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि सड़क नाला बन गया है। वीडियो में घोड़े को ताँगे को खींच कर ले जाते हुए देखा जा सकता है, जबकि गाड़ियाँ फँसी हुई थीं।

कुछ लोगों ने तंज कसते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को धन्यवाद दिया और कहा कि दिल्ली को वेनिस बनाने के लिए धन्यवाद। वहीं कुछ ने दिल्ली को झीलों का शहर करार दिया। कनॉट प्लेस में जहाँ पार्किंग में लगीं गाड़ियों को पानी में डूबे हुए देखा जा सकता है। कश्मीरी गेट स्थित ऑटो स्पेयर पार्ट्स के बाजार में भी पानी घुस गया और वहाँ स्थिति तालाब की तरह नजर आई। बता दें कि AAP सरकार ने दिल्ली को लन्दन बनाने के वादे किए थे, जिसे याद कर लोग नाराजगी जता रहे हैं।

हिन्दू लड़की बनने जा रही थी मानव बम, पढ़ने लगी थी नमाज: पिता की शिकायत पर इस्लामी धर्मांतरण के बड़े रैकेट का पर्दाफाश

उत्तर प्रदेश की गाजियाबाद पुलिस ने शनिवार (8 जुलाई 2023) को धर्मान्तरण के रैकेट का खुलासा करते 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके नाम मोहम्मद राहिल, मुशीर और अब्दुल्ला अहमद हैं। राहिल और अब्दुल्ला पहले हिन्दू थे जिन्होंने बाद में इस्लाम कबूल कर लिया था। अब्दुल्ला अहमद पूर्व में AMU और वर्तमान में देवबंद दारुल उलूम मदरसे का छात्र है। जबकि मुशीर बच्चों को कोचिंग पढ़ाता है और रोहिल प्राइवेट कम्पनी में नौकरी करता है। पुलिस इस गैंग से जुड़े बाकी आरोपितों और फंडिंग स्रोतों की तलाश कर रही है।

गाजियाबाद पुलिस के मुताबिक 7 जुलाई (शुक्रवार) को नोएडा के सेक्टर 58 की एक प्राइवेट कम्पनी में काम करने वाली एक हिन्दू लड़की के पिता ने थाना खोड़ा में शिकायत दर्ज करवाई थी। इस शिकायत में उन्होंने बताया था कि उनकी बेटी ने 5-6 महीनों से इस्लामी तौर तरीकों का पालन करते हुए वजू आदि कर के नमाज़ पढ़ना शुरू कर दिया है। लड़की के घर वालों ने जॉब पर जाने से रोका और उस पर नजर रखनी शुरू की। लड़की न सिर्फ खुद को मुस्लिम बताने लगी थी बल्कि वह परिवार के बाकी सदस्यों को भी इस्लाम कबूलने की सलाह देने लगी थी। इतना ही नहीं वो खुद को मानव बम बनाने की बात भी करती थी।

इसी दौरान लड़की के फोन को चेक करने पर परिवार को राहुल अग्रवाल नाम के व्यक्ति की जानकारी मिली। शिकायत में पीड़ित पिता बताया गया है कि उनकी बेटी का ब्रेनवॉश राहुल अग्रवाल ने किया है। इस शिकायत पर पुलिस ने 7 जुलाई को ही राहुल अग्रवाल पर FIR दर्ज कर के उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान राहुल ने बताया कि उसने साल 2017 में हिन्दू धर्म त्याग कर इस्लाम कबूल कर लिया है। उसे नया नाम मोहम्मद राहिल दिया गया था। 22 वर्षीय राहिल ने पुलिस को यह भी बताया कि वह हिन्दू लड़कियों को पहले अपने प्यार के जाल में फँसाता था और बाद में उन्हें भावनात्मक रूप से ब्लैकमेल कर के इस्लाम कबूल करने के लिए मजबूर कर देता था।

मोहम्मद राहिल ने पुलिस को बताया कि उसने शिकायतकर्ता की बेटी को इस्लामी तौर तरीके ऑनलाइन सिखाए थे। वह पीड़िता से ऑनलाइन निकाह भी कर चुका था और इस्लाम कबूल करवाने की स्टेज तक ले भी आया था। पुलिस की पड़ताल में यह बात भी निकल कर सामने आई कि राहिल ने शिकायतकर्ता की बेटी से पहले सौरभ खुराना से अब्दुल्ला अहमद बने व्यक्ति की साली से निकाह कर लिया था। उसने पीड़िता से इस बात को छिपाए रखा। अब्दुल्ला अहमद भी धर्मान्तरण के इस नेटवर्क में शामिल मिला।

जब पुलिस ने सौरभ से अब्दुल्ला अहमद बने आरोपित के बारे में पड़ताल की तो वह पलवल के पी खुराना का बेटा निकला। उसने साल 2014 में अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) से BDS की पढ़ाई की थी। यही पर उसने इस्लाम भी कबूल किया और फिर अपनी तरह युवाओं को भी मुस्लिम बनाने में जुट गया। अपनी करतूत छिपाने के लिए 33 वर्षीय अब्दुल्ला क्लिनिक चलाया करता था। फ़िलहाल अब्दुल्ला दारुल उलूम देवबंद में रह रहा था। साल 2017 में राहुल को मोहम्मद राहिल उसी ने बनाया था।

धर्मान्तरण के रैकेट को चलाने में अब्दुल्ला और राहिल की मदद मस्जिद में ट्यूशन पढ़ाने वाला मोहम्मद मुशीर करता था। दिल्ली के संगम विहार निवासी 30 वर्षीय मुशीर पर आरोप है कि वह खुद से ट्यूशन पढ़ने आने वाले छात्रों को बरगला कर इस्लाम कबूल करवाता था। इन सभी ने राहुल अग्रवाल से मोहम्मद राहिल बने युवक को लवर बॉय बना रखा था। राहिल अपने सम्पर्क में आने वाली लड़कियों को पहले तो प्रेम के जाल में फँसाता था फिर उनका ब्रेनवॉश कर के उन्हें इस्लाम कबूल करवा देता था।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आरोपित राहिल की चैटिंग न सिर्फ देश के कर्नाटक सहित अन्य राज्यों में हुई है बल्कि नेपाल तक उस से जुड़े लोग पाए गए हैं। वह कई राज्यों की जमातों से भी कनेक्टेड मिला। उसकी अब तक मिली चैटिंग 650 पेज की है। इनके निशाने पर परिवार से कटे युवक और युवतियाँ होते थे जिन्हें वो पहले उनके धर्म की कमियाँ बता कर झाँसे में लेते थे। राहिल के मोबाइल से मिले चैट से यह भी पता चला है कि वो अपना पूर्व का हिन्दू नाम बता कर गैर मुस्लिमों से नजदीकी बनाता था।

शिकायतकर्ता की बेटी के कुछ आपत्तिजनक वीडियो भी मोहम्मद राहिल के मोबाइल से बरामद हुए हैं। पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर के जेल भेज दिया है। अब तक इस नेटवर्क द्वारा लड़के और लड़कियों को मिला कर कुल 7 लोगों को धर्मान्तरित कराए जाने की जानकारी मिली है। पुलिस इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों के साथ इन्हे मिलने वाली फंडिंग के स्रोतों की भी पड़ताल कर रही है।

मणिपुर में फिर गोलीबारी, एक बच्चे और कमांडो समेत 4 की मौत: भीड़ ने वाहनों को किया आग के हवाले, जवानों से हथियार छीनने की कोशिश

पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर (Manipur Violence) में एक बार फिर हिंसा भड़क गई है। शनिवार (8 जुलाई 2023) को हुई हिंसा में एक किशोर और पुलिस वाले समते चार लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना में कई लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। अपराधियों ने दो वाहनों में भी आग लगा दी।

मणिपुर के बिष्णुपुर और चुराचाँदपुर जिले के बीच सीमावर्ती इलाकों में यह हिंसा हुई है। दरअसल, शुक्रवार (7 जुलाई 2023) की शाम को संदिग्ध आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में एक किशोर और दो पुलिसकर्मी की मौत हो गई। वहीं, वहीं, एक अलग घटना में मणिपुर पुलिस के कमांडो 39 वर्षीय पुखम रनबीर की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

इंफाल के कांगला फोर्ट के पास 150-200 लोगों की भीड़ ने कुछ वाहनों को आग लगा दिया। इसके अलावा, उन्होंने पुलिस से हथियार छीनने की कोशिश की। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों को फायरिंग करनी पड़ी। इसके बाद भीड़ को हटाने के लिए सेना को आना पड़ा।

सेना के अनुसार, बिष्णुपुर में कुकी और मेइती समुदाय आसपास ही है। इसके कारण यह एक संवेदनशील क्षेत्र है। सुरक्षा बलों ने इलाके में ‘बफर जोन’ बनाया है और स्थिति को बढ़ने से रोकने के लिए तैनात हैं। इसके बावजूद दोनों पक्षों के बदमाश एक-दूसरे पर गोलीबारी करने के लिए पहाड़ी इलाकों और घाटी के गाँवों में घुस जाते हैं।

बताते चलें कि मणिपुर में पिछले लगभग ढाई महीने से हिंसा हो रही है। इस हिंसा में अब तक 125 से अधिक लोग अपनी जान गँवा चुके हैं। वहीं, 3000 से अधिक लोग घायल हुए हैं। हालात को संभालने के लिए इलाके में 40000 सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।

कनाडा में खालिस्तानी पोस्टरों से ढका गया भारत माता मंदिर, भारतीय राजनयिकों को भी निशाना बनाया गया: विरोध में रैली का आयोजन

कनाडा में खालिस्तानियों ने ग्रेटर टोरंटो में स्थित भारत माता के मंदिर को शनिवार (8 जुलाई 2023) को निशाना बनाया। रिपोर्ट्स के अनुसार, मंदिर के चारों ओर भारतीय राजनयिकों को टारगेट करने वाले पोस्टर्स लगाकर मंदिर को ढक दिया गया और फिर एक खालिस्तान समर्थन में रैली निकाली गई।

ये पोस्टर कथिततौर पर शनिवार को टोरंटों और ग्रेटर टोरंटो में हर जगह लगाए गए जिसके बाद वहाँ रह रहे भारतीय कनाडाई लोगों ने भी टोरंटो में भारतीय दूतावास तक एक रैली निकालने का फैसला किया। ये रैली खालिस्तान के विरोध में वाणिज्य दूतावास तक निकाली गई।

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, भारत माता के मंदिर पर ऐसे पोस्टर शुक्रवार को ही लगाए जा चुके थे। इस संबंध में मंदिर प्रशासन ने भी पुष्टि की। इसमें भारतीय हाई कमीशनर संजय कुमार वर्मा, टोरंटो में काउंसल जनरल अपूर्व श्रीवास्तल और काउंसल जनरल मनीष को निशाना बनाया गया था।

गौरतलब है कि कनाडा के अलावा खालिस्तानी ये रैली ब्रिटेन और अमेरिका में भी आयोजित हो रही हैं। ‘किल इंडिया’ के बैनर तले हो रही इन रैलियों को खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की आड़ में किया जा रहा है। इसमें भारतीय राजनयिकों को निशाना बनाया जा रहा है।

खतरे को देखते हुए ब्रिटेन, अमेरिका और कनाडा के कानून विभाग की ओर से भारतीय राजनयिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है। वहीं कुछ जगह फ्रीडम ऑफ स्पीच के नाम पर रैलियों का भी बचाव किया गया है।

मालूम हो कि खालिस्तानियों द्वारा इन देशों में कई बार भारत के खिलाफ रैलियाँ की जा चुकी हैं, लेकिन उनके खिलाफ कभी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। पिछले दिनों भारत के विदेश मंत्री ने इस पर कड़ा विरोध जताया था।