Home Blog Page 461

कॉन्ग्रेस नेता हिमानी नरवाल बॉयफ्रेंड को करती थी ब्लैकमेल, मार कर सूटकेस में भर दिया: गिरफ्तार आरोपित ने पुलिस को बताया, मृतका का मोबाइल और ज्वेलरी भी बरामद

हरियाणा के रोहतक में कॉन्ग्रेस नेता हिमानी नरवाल की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित सचिन बहादुरगढ़़ का रहने वाला है और खुद को हिमानी का ब्वॉयफ्रेंड बताया है। उसे दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया था। आरोपित के पास से हिमानी का सामान भी बरामद हुआ है। हत्या के बाद शव को सूटकेस में भरकर फेंक दिया गया था।

भास्कर ने सूत्रों के हवाले से कहा है कि हत्या के पीछे ब्लैकमेलिंग मुख्य कारण है। कहा जा रहा है कि हिमानी आरोपित को ब्लैकमेल कर रही थी। इससे तंग आकर आरोपित ने उसकी हत्या की। आरोपित के पास से हिमानी नरवाल का मोबाइल फोन और ज्वैलरी भी बरामद की गई है। हत्यारा बहादुरगढ़ के नजदीक के एक गाँव का रहने वाला है। आरोपित ने हत्या की बात कबूल कर ली है।

न्यूज 18 की रिपोर्ट के मुताबिक, शुरुआती जाँच में आरोपित सचिन ने पुलिस को बताया है कि उसने हिमानी की हत्या उसके घर पर ही की थी। इसके बाद शव को सूटकेस में डालकर ले गया था और सांपला बस स्टैंड के पास सुनसान देखकर फेंक दिया था। बता दें कि जिस जगह पर सूटकेस फेंका गया था, वहाँ से कुछ ही दूरी पर पुलिस का थाना भी है।

पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि हिमानी उसकी गर्लफ्रेंड थी और उसके साथ वह लंबे समय से रिलेशनशिप में था। उसने दावा किया कि हिमानी उसे ब्लैकमेल करती थी और उससे पैसे माँगती थी। उसने कहा कि उसने हिमानी को कई बार पैसे दिए भी थे, लेकिन वह बार-बार और भी अधिक पैसों की माँग कर रही थी। इससे वह तंग आ गया और हत्या कर दी।

बता दें कि 1 मार्च को हिमानी का शव नीले रंग के एक सूटकेस में रोहतक के सांपला बस स्टैंड के पास से बरामद हुआ था। हिमानी MBA कर चुकी थी और फिलहाल कानून की पढ़ाई कर रही थी। उसने अपनी सोशल मीडिया हैंडल पर राहुल गाँधी के साथ यात्रा के अलावा भूपेंद्र हुड्डा, दीपेंद्र हुड्डा सहित कई कॉन्ग्रेसी नेताओं के साथ अपनी तस्वीरें डाली हैं।

उधर, हिमानी की माँ सविता रानी ने दावा किया है कि कुछ उसे राजनीति के दलदल में फँसाना चाहते थे। इसलिए वह राजनीति छोड़कर नौकरी करना चाहती थी। सविता रानी ने दावा किया था कि हिमानी 28 फरवरी को कांठवाड़ी में कॉन्ग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गई थी। इसके बाद उनकी बेटी लापता हो गई थी।

हालाँकि, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्‌डा का कहना है कि 28 फरवरी को कांठवाड़ी में उनका कोई कार्यक्रम नहीं था। इसके बाद यह मामला और भी उलझ गया है। सविता रानी ने हत्यारों की गिरफ्तारी तक शव लेने से भी इनकार कर दिया है। पुलिस ने शव को फिलहाल मोर्चरी में रखा गया है। हिमानी के शव के पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी सोमवार (3 मार्च 2025) को आने वाली है।

कॉन्ग्रेस की युवा नेता हिमानी नरवाल की जाँच के लिए गठित किए गए विशेष जाँच दल (SIT) के प्रमुख डीएसपी रजनीश कुमार ने कहा है कि इस मामले में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। उन्होंने कहा कि मृतक हिमानी का मोबाइल फोन बरामद किया जा चुका है। जिस सूटकेस में डेड बॉडी मिली, वह परिवार का ही है। उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले की हर एंगल से जाँच कर रही है।

महाकुंभ 2025 से मजबूत हुई देश की अर्थव्यवस्था, खेती से लेकर व्यापार-पर्यटन सब में मिला लाभ: सामने आई रिसर्च रिपोर्ट, GDP वृद्धि दर बढ़कर 6.2%

प्रयागराज महाकुंभ 2025 संपन्न हुए एक सप्ताह होने को है, लेकिन दुनिया का सबसे बड़ा यह धार्मिक आयोजन आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ाने में सहायक हो रहा है। यह बात एक रिसर्च एजेंसी ने कही है। केयरएज की रिपोर्ट के अनुसार, महाकुंभ वित्त वर्ष 2025 की चौथी तिमाही में खपत की माँग को बढ़ावा देगा। इससे व्यापार, आतिथ्य और परिवहन जैसे कई क्षेत्रों को लाभ होगा।

इस रिपोर्ट में कहा गया है कि आने वाली तिमाहियों में आर्थिक गति में तेजी आएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में माँग में सुधार, कम कर, नीतिगत दरों में कटौती, खाद्य मुद्रास्फीति में गिरावट और सार्वजनिक पूँजीगत व्यय में वृद्धि जैसे कारकों से इस आर्थिक तेजी को और समर्थन मिलेगा। रिपोर्ट में कहा गया है कि महाकुंभ उत्सव के कारण चौथी तिमाही में कई क्षेत्रों को बढ़ावा मिलेगा।

दरअसल, वित्त वर्ष 2025 की तीसरी तिमाही में भारत का की वृद्धि दर पिछली तिमाही के 5.6 प्रतिशत से बढ़कर 6.2 प्रतिशत हो गई है। केयरएज की इस पोर्ट में तिमाहियों के लिए उत्साहजनक संभावना के बारे में बताया गया है। हालाँकि, वैश्विक अनिश्चितताएँ, व्यापारिक तनाव और निवेश में सुस्ती इस गति को बनाए रखने में सबसे बड़े जोखिम बने हुए हैं।

शुक्रवार (28 फरवरी 2025) को जारी सकल घरेलू उत्पाद (GDP) के आँकड़ों से पता चला है कि ग्रामीण केंद्रों में निजी खपत माँग में सुधार हुआ है। यह 5.9 प्रतिशत के मुकाबले तीसरी तिमाही में बढ़कर 6.9 प्रतिशत हो गई। अगर GDP की बात करें तो तीसरी तिमाही में भारत की जीडीपी वृद्धि दर 6.2 प्रतिशत रही। दूसरी तिमाही में यह वृद्धि दर 5.6 प्रतिशत थी।

अगर क्षेत्रवार बात की जाए तो कृषि विकास में लगातार सुधार जारी रहा। यह तीसरी तिमाही में सालाना आधार पर 5.6 प्रतिशत की दर से बढ़ा। दूसरी तिमाही में यही वृद्धि दर 4.1 प्रतिशत थी। दरअसल, खरीफ फसलों के उत्पादन में शानदार वृद्धि और रबी फसलों की स्वस्थ एवं शानदार बुवाई में बढ़ोत्तरी से कृषि गतिविधियों को मदद मिली है।

सेवा क्षेत्र अपनी व्यापक गति बनाए रखी। यह क्षेत्र तीसरी तिमाही में सालाना आधार पर 7.4 प्रतिशत की दर से बढ़ा, जो दूसरी तिमाही में 7.2 प्रतिशत था। सेवा क्षेत्र की वृद्धि में सुधार व्यापार, होटल, परिवहन, संचार और प्रसारण सेवाओं की शानदार वृद्धि के कारण हुआ। सेवा क्षेत्र के इन में यह वृद्धि दूसरी तिमाही में 6.1 प्रतिशत थी, जो बढ़कर तीसरी तिमाही में 6.7 प्रतिशत हो गया।

रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि महंगाई का कम दबाव होने और कम करों के लाभ मिलने से खपत की माँग में मजबूती आएगी। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) फरवरी में पहले ही नीतिगत रेपो दर में 25 आधार अंकों की कटौती कर चुका है। वित्त वर्ष 26 में 25-50 आधार अंकों की और कटौती की उम्मीद है। इससे निजी पूँजीगत व्यय और माँग को सपोर्ट मिलेगा।

केरल में महिला RJ ने की आत्महत्या, हॉस्टल में पंखे से लटकी मिली लाश: सुसाइड नोट में लिखा, ‘अपनी मर्जी से दे रही हूँ जान’

कोच्चि में एक 25 साल की रेडियो जॉकी ऐश्वर्या मिथिली ने आत्महत्या कर ली। ऐश्वर्या काक्कनाड के वनिता मित्रम हॉस्टल में रहती थी और शुक्रवार (28 फरवरी 2025) की रात को अपने कमरे में फंदे पर लटकी मिली।

थ्रिक्काकारा पुलिस के मुताबिक, ऐश्वर्या ने शाम 7:30 से रात 1 बजे के बीच आत्महत्या की। उसका शव शॉल से छत के पंखे पर लटका मिला। हॉस्टल की वार्डन ने पुलिस को बताया कि ऐश्वर्या के कमरे से कोई जवाब नहीं मिला, तो दरवाजा तोड़ा गया। उसका शव कलामास्सेरी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। ऐश्वर्या मलप्पुरम की रहने वाली थी। उसके माता-पिता पहले ही गुजर चुके थे और उसकी बहन अनिला अमेरिका में रहती है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऐश्वर्या इंटर ध्वनि मीडिया एकेडमी में रेडियो जॉकी थी और केरल मीडिया एकेडमी से पीजी डिप्लोमा भी कर रही थी। उसकी दोस्त लीना ने बताया कि ऐश्वर्या ने उसे रात 7:20 बजे फोन किया था, लेकिन वो कॉल मिस हो गया। लीना का एक हफ्ते पहले एक्सीडेंट हुआ था, जिसके बाद वो बेड रेस्ट पर थी। वो बोली, “अगर मैंने फोन उठाया होता, तो शायद कुछ पता चलता। वो बहुत हिम्मत वाली थी, ऐसा कदम उठाएगी, सोचा नहीं था।”

ऐश्वर्या के डेस्क से एक छोटा नोट मिला, जिसमें उसने लिखा कि वो अपनी मर्जी से जान दे रही है और किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया। उसने अपनी बहन को खुश रहने की दुआ भी दी। पुलिस का कहना है कि नोट में कुछ संदिग्ध नहीं मिला।

ऐश्वर्या सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव थी। उसके यूट्यूब चैनल पर मजेदार वीडियो थे, लेकिन हाल में वो चुप हो गई थी। दोस्तों का कहना है कि वो पहले जैसी नहीं लग रही थी। उसके रिश्तेदार रात को हॉस्टल पहुँचे। पुलिस मामले की जाँच कर रही है, लेकिन अभी तक आत्महत्या की वजह साफ नहीं हुई।

‘अकेले में लगाता था जबरन गले, गंदे ढंग से छूता था’: 22 साल की महिला ने पादरी बजिंदर पर लगाया यौन उत्पीड़न का आरोप, बोली- वो डराता, धमकाता था

पंजाब के कपूरथला में 22 साल की एक महिला ने पादरी बजिंदर सिंह पर उसकी किशोरावस्था में यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। पंजाब पुलिस ने शुक्रवार (28 फरवरी) को ईसाई प्रचारक बजिंदर के खिलाफ यौन उत्पीड़न, आपराधिक धमकी देने और पीछा करने का मामला दर्ज कर लिया है। पीड़िता दिसंबर 2017 से पादरी बजिंदर सिंह की मंडली में शामिल हो रही थी।

पीड़िता 2020 तक पादरी की ‘वर्शिप टीम’ का हिस्सा गई। बकौल पीड़िता, उसका फ़ोन नंबर लेकर पीड़िता उसे अश्लील मैसेज भेजना शुरू कर दिया। उस समय वह 17 की साल थी। FIR में लिखा है, “मैं उससे डरने लगी, लेकिन माता-पिता से बताने में कतराती थी। 2022 में उसने मुझे रविवार को अपने केबिन में बैठाने लगा। जब मैं अकेली होती तो वह मुझे जबरन गले लगाता और गंदे तरीके से छूता था।”

पीड़ित महिला ने बताया, “जब मैं कॉलेज जाती थी तो वह अपनी कार से मेरा पीछा करने लगा। वह मुझे धमकी देता था कि अगर मैंने उससे शादी नहीं की या इस बारे में अपने माता-पिता को बताया तो वह मेरे माता-पिता और भाई को मरवा देगा। इसके बाद मुझे घबराहट के दौरे पड़ने लगे।” पीड़िता ने बताया कि पादरी बजिंदर सिंह ने उससे शादी करना चाहता था, जबकि वह पहले से ही शादीशुदा था।

पीड़िता का कहना है कि पादरी की धमकियों और उत्पीड़न से उसे पैनिक अटैक आने लगे। इसके कारण उसे 3 अलग-अलग अस्पतालों में इलाज करवाना पड़ा। पीड़िता ने पुलिस को यह भी बताया कि मार्च 2023 में एक अन्य ईसाई प्रचारक राजा सिंह से शादी से पहले पादरी बजिंदर ने उसे धमकाया था। उसने अपने चर्च के अध्यक्ष से उसकी माँ से बात करवाकर चुप रहने के लिए धमकाया था।

पादरी बजिंदर सिंह ‘चर्च ऑफ ग्लोरी एंड विजडम’ चलाता है। इस पादरी को लोग ‘चमत्कारी उपचार’ के लिए भी जानते हैं, जो लोगों को ईसाई धर्म में लुभाने के लिए यह पादरी आजमाता है। पादरी बजिंदर को इससे पहले जुलाई 2018 में पंजाब के जीरकपुर में एक महिला से बलात्कार करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उससे भी पहले वह हत्या के एक मामले में जेल में बंद था।

गोरखपुर में मस्जिद कमेटी ने खुद गिराई 4 मंजिला अवैध मजहबी इमारत: नगर निगम का नोटिस देख घबराए, बुलडोजर चलने के बाद दोबारा किया था निर्माण

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में मस्जिद कमिटी ने घोष कंपनी चौक पर स्थित अबू हुरैरा मस्जिद को स्वेच्छा से गिराना शुरू कर दिया है। इस मस्जिद को अवैध तरीके से बनाया गया था। अवैध निर्माण को लेकर गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) ने 15 दिन पहले नोटिस जारी किया था। नोटिस की अवधि खत्म होने के साथ ही मस्जिद कमिटी ने शनिवार (1 मार्च) को खुद ही ढाँचा गिराना शुरू कर दिया।

गोरखपुर में घोष कंपनी चौक के पास नगर निगम की जमीन पर अवैध रूप से चार मंजिला का मस्जिद बना दिया गया था। निगम ने इस अवैध ढाँचे को हटाने के लिए मस्जिद कमिटी को कई नोटिस जारी किए थे। कुछ महीने पहले बुलडोजर लगाकर अवैध अतिक्रमण को हटा दिया गया था। हालाँकि, उसी जमीन पर चार मंजिल की एक मस्जिद फिर से बना दी गई।

कहा जा रहा है कि डिजाइन को मंजूर कराए बिना ही इस मस्जिद का निर्माण किया गया था। इसके बाद गोरखपुर विकास प्राधिकरण ने मस्जिद समिति को नोटिस जारी कर उन्हें 15 दिनों के भीतर परिसर खाली करने का आदेश दिया। यह नोटिस मस्जिद की देखभाल करने वाले के बेटे शोएब अहमद को 15 फरवरी को दी गई थी और अवैध निर्माण हटाने का निर्देश दिया गया था।

समय सीमा समाप्त होने के बाद मस्जिद समिति के सदस्यों ने शनिवार (1 मार्च) को खुद ही निर्माण को ध्वस्त करना शुरू कर दिया। अब उसी जमीन पर बहुस्तरीय व्यावसायिक परिसर का निर्माण किया जाएगा। बता दें कि हाल ही में गोरखपुर के पड़ोसी जिले कुशीनगर में मदनी मस्जिद को बुलडोजर लगाकर गिरा दिया गया था। इसी तरह मेरठ में 85 साल पुरानी जहाँगीर खान मस्जिद भी गिरा दी गई।

गोरखपुर प्राधिकरण का अल्टीमेटम

पिछले महीने की शुरुआत में गोरखपुर विकास प्राधिकरण ने एक तीन मंजिला मस्जिद को गिराने के लिए 15 दिन का अल्टीमेटम जारी किया था। इसे पिछले विध्वंस के बाद हाल ही में फिर से बनाया गया था। जीडीए के अनुसार, मस्जिद को घोष कंपनी चौराहे के पास नगर निगम की जमीन पर ‘अवैध रूप से’ बनाया गया था।

इस नोटिस को 15 फरवरी को मस्जिद के ट्रस्टी के बेटे शोएब अहमद को दिया गया। इसमें कहा गया कि मस्जिद को 15 दिन के अंदर ध्वस्त कर दिया जाए। नोटिस में कहा गया था कि अगर ऐसा नहीं किया गया तो जीडीए बुलडोजर से इमारत को ध्वस्त कर देगा और बिल्डर से उसका खर्च वसूल करेगा। नोटिस की एक कॉपी मस्जिद पर भी चिपका दी गई।

बंगाल में शिक्षा मंत्री ब्रात्य बसु पर हमला, कई प्रोफेसर घायल: जादवपुर यूनिवर्सिटी में SFI गुंडों ने किया बवाल, वाहन तक तोड़े

कोलकाता के जादवपुर यूनिवर्सिटी में शनिवार (01 मार्च 2025) को एसएफआई और वामपंथी छात्र संगठनों से जुड़े गुंडों ने बड़ा बवाल खड़ा कर दिया। इस हंगामे में पश्चिम बंगाल के शिक्षा मंत्री ब्रात्य बसु और कई प्रोफेसर घायल हो गए। दरअसल, लंबे समय से विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव कराने की माँग की जा रही थी। इसी को लेकर शनिवार (01 मार्च 2025) को प्रदर्शन शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया।

प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री की कार पर हमला किया, टायरों की हवा निकाल दी और शीशे तोड़ डाले। मंत्री का कहना है कि उन पर ईंट फेंकी गई, जिससे उनके हाथ और चेहरे पर चोट आई। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए एसएसकेएम अस्पताल ले जाया गया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, शिक्षा मंत्री शनिवार (01 मार्च 2025) को विश्वविद्यालय में तृणमूल समर्थक प्रोफेसरों के संगठन वेबकूपर की बैठक में शामिल होने आए थे। बैठक खत्म होने के बाद जब वह बाहर निकले, तो वामपंथी गुंडों ने उनका रास्ता रोक लिया। ‘चोर-चोर’ और ‘वापस जाओ’ जैसे नारे लगाए गए। हालात इतने बिगड़ गए कि मंत्री की कार के साथ-साथ उनकी सुरक्षा में चल रही दो पायलट कारों में भी तोड़फोड़ हुई। इस दौरान कुछ प्रोफेसर भी निशाने पर आ गए।

वेबकूपर के सदस्य और प्रोफेसर ओमप्रकाश मिश्रा को हमलावरों ने लाठियों से दौड़ाया। एक छात्र के सिर पर गहरी चोट लगी, वहीं दो प्रोफेसर भी घायल हुए। एक महिला प्रोफेसर की साड़ी फाड़ने का भी आरोप लगा है।

ब्रात्य बसु ने घटना पर कहा, “हम चाहते तो पुलिस बुला सकते थे, लेकिन मैंने परिसर में एक भी पुलिसवाले को आने नहीं दिया। अगर ये उत्तर प्रदेश में होता, तो क्या कोई छात्र ऐसा करता?” उन्होंने ये भी कहा कि हमला करने वाले बस तृणमूल के लोगों को निशाना बनाते हैं।

इस बीच, जादवपुर विश्वविद्यालय में तृणमूल से जुड़े कर्मचारी संगठन के दफ्तर में तोड़फोड़ और आगजनी की खबरें भी आईं। आरोप है कि मंत्री की कार ने एक छात्र को टक्कर मारी, जिससे उसका सिर फट गया।

वामपंथी छात्र संगठनों जैसे एसएफआई, आइसा और डीएसएफ ने इस घटना के लिए शिक्षा मंत्री को जिम्मेदार ठहराया। उनका कहना है कि मंत्री ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को कुचलने की कोशिश की। इसके विरोध में इन संगठनों ने सोमवार (01 मार्च 2025) को छात्र हड़ताल का ऐलान किया है।

दूसरी ओर बीजेपी नेता अमित मालवीय ने ममता बनर्जी की सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आरजी कर रेप और मर्डर केस के बाद छात्रों में गुस्सा भरा हुआ है और शिक्षा मंत्री पर हमला इसी का नतीजा है।

हंगामा शुरू होने से पहले ही विश्वविद्यालय में तनाव था। वामपंथी छात्र संगठन गेट नंबर 2 पर नारेबाजी कर रहे थे। जवाब में तृणमूल छात्र परिषद ने मानव श्रृंखला बनाई। ब्रात्य को गेट नंबर 3 से अंदर ले जाया गया। हंगामे के बाद जादवपुर 8बी चौराहे पर सड़क जाम भी हुआ। तृणमूल नेता कुणाल घोष ने कहा, “हमारी सहनशीलता को कमजोरी न समझें। हमलावरों को लोकतांत्रिक जवाब दिया जाएगा।” इस घटना ने पूरे राज्य में सियासी हलचल मचा दी है।

हाथ में मेहंदी, गले में चुन्नी… रोहतक में महिला कॉन्ग्रेस नेता की सूटकेस में मिली लाश, शव देख मचा हड़कंप: ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में दिखी थी राहुल गाँधी के साथ

हरियाणा के रोहतक जिले में शनिवार (1 मार्च 2025) को बस स्टैंड के पास एक सूटकेस में कॉन्ग्रेस की महिला कार्यकर्ता का शव मिला। मृतक की पहचान 22 साल की हिमानी नरवाल के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि हिमानी कॉन्ग्रेस के सांसद राहुल गाँधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ से जुड़ी थी। वहीं, कॉन्ग्रेस पार्टी ने हिमानी की मौत की उच्चस्तरीय जाँच की माँग की है।

यह घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब अगले दिन यानी रविवार 2 मार्च को हरियाणा में 33 नगर निकायों के लिए मतदान होने वाले हैं। मृतक इन चुनावों में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही थी। दरअसल, सांपला बस स्टैंड के पास नीले रंग का एक सूटकेस पड़ा हुआ था। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। फोरेंसिक टीम के साथ पहुँची पुलिस ने जब सूटकेस खोला तो उसमें एक युवती की लाश पड़ी थी।

पुलिस ने बताया कि मृतक के हाथों में मेहंदी लगी हुई थी और गले में दुपट्टा बँधा हुआ था। शव के होठों पर खून लगा हुआ था और चेहरा नीला पड़ा हुआ था। जब युवती की पहचान कराई गई तो उसकी पहचान कॉन्ग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल के रूप में हुई। हिमानी हरियाणा के रोहतक में विजयनगर इलाके की रहने वाली रहने वाली थी। वह वैश्य कॉलेज से MBA और लॉ की पढ़ाई की थीं।

पुलिस को संदेह है कि हिमानी नरवाल की हत्या दुपट्टे से गला घोंटकर की गई है। वहीं, शव की स्थिति को देखकर कहा जा रहा है कि हिमानी की बेहद क्रूरता से उसकी पिटाई की गई होगी। इसके बाद दुपट्टे से उसका गला घोंटकर मार दिया गया गया होगा। संदेह है कि वारदात को अंजाम देने के बाद शव को सूटकेस में डालकर रात के अंधेरे में उसे सुनसान एरिया में फेंक दिया गया होगा।

हिमानी नरवाल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कॉन्ग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गाँधी के साथ अपनी कई तस्वीरें शेयर की थीं। इनमें कई तस्वीरें भारत जोड़ो यात्रा के दौरान की भी है। इसके अलावा, हिमानी नरवाल ने हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बेटे एवं कॉन्ग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा के अलावा पार्टी विधायक भरत भूषण बत्रा के साथ अपनी कई तस्वीरें पोस्ट की थीं।

हिमानी की हत्या की पीछे की वजह का अभी तक खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस फिलहाल मामले की जाँच कर रही है। सांपला थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह ने कहा कि उनके और उनकी टीम के मौके पर पहुँचने के बाद मामले की जाँच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि इस संंबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसमें आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना को कॉन्ग्रेस ने चौंकाने वाला बताया है। हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हिमानी नरवाल की ‘बर्बर हत्या’ चौंकाने वाली है। उन्होंने घटना की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जाँच की माँग की है। वहीं, विधायक बीबी बत्रा ने हत्याकांड की जाँच के लिए विशेष जाँच दल (SIT) गठित करने की माँग की है। बत्रा ने कहा कि हिमानी नरवाल कॉन्ग्रेस के हर कार्यक्रम में हिस्सा लेती थी।

भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, हिमानी के बड़े भाई की भी 12 साल पहले हत्या कर दी गई थी। वहीं, 10 साल पहले हिमानी के पिता शेर सिंह नरवाल ने फाँसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद हिमानी की माँ उसे और उसके छोटे भाई जतिन को लेकर दिल्ली चली गई थी। पाँच माह से हिमानी रोहतक में अकेली रह रही थी।

बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले हिमानी रोहतक के एक गाँव में शादी में गई थी। इसलिए उसके हाथों में मेहंदी लगी थी। शादी के बाद से ही वह लापता थी। पुलिस फिलहाल इलाके की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिल सके। हिमानी का मोबाइल फोन भी गायब मिला है। पुलिस फिलहाल उसकी जाँच कर रही है।

‘मोदी सरकार ही करवाएगी POJK की भारत में वापसी’ : केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह का दो टूक बयान, संकल्प दिवस पर लोगों को याद दिलाई नेहरू की गलतियाँ

दिल्ली में केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने बड़ा बयान दिया कि पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर (POJK) की वापसी सिर्फ मोदी सरकार में ही हो सकती है। ये बात उन्होंने जम्मू कश्मीर पीपल्स फोरम और मीरपुर POJK बलिदान समिति द्वारा आयोजित ‘POJK संकल्प दिवस’ कार्यक्रम में कही। इस मौके पर सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता भी मौजूद थे, जिन्होंने कहा कि POJK को भारत में मिलाने का सपना अब हकीकत बन सकता है। दोनों ने 1947 की उन गलतियों की याद दिलाई, जिनकी वजह से POJK आज पाकिस्तान के कब्जे में है।

नेहरू-जिन्ना की महत्वाकांक्षाओं की वजह से भारत का बँटवारा

डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि भारत का बँटवारा एक बहुत बड़ी भूल थी, जो नेहरू और जिन्ना की महत्वाकांक्षाओं की वजह से हुई। उन्होंने बताया कि जब 1948 में भारतीय सेना मीरपुर तक पहुँचकर POJK को आजाद करा रही थी, तभी नेहरू ने सीजफायर करवा दिया और मामला यूएन में ले गए। अगर ऐसा न हुआ होता, तो POJK आज भारत का हिस्सा होता। उन्होंने कहा कि नेहरू की गलतियों की वजह से भारत ने अपनी हजारों किलोमीटर जमीन खो दी। लेकिन अब मोदी सरकार POJK (Pakistan-Occupied Jammu & Kashmir), POTL (पाकिस्तान अधिकृत लद्दाख- Pakistan-Occupied Territories of Ladakh) और COTL (चीन अधिकृत लद्दाख- China-Occupied Territories of Ladakh) को वापस लाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ये काम मोदी सरकार में ही पूरा होगा।

POJK के लोग भारत के साथ आने को तैयार

तुषार मेहता ने कहा कि आर्टिकल 370 को हटाना पहले असंभव लगता था, लेकिन मोदी सरकार ने करके दिखाया। अब कोई भी दल इसकी बहाली की बात नहीं करता। उन्होंने गृहमंत्री अमित शाह के उस बयान को याद किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि POJK भारत का हिस्सा है और इसके लिए हम जान भी दे देंगे। मेहता ने ये भी कहा कि आज पाकिस्तान आर्थिक संकट से जूझ रहा है और POJK में लोग खाने-पीने की चीजों के लिए तरस रहे हैं। वहाँ 35% लोग बेरोजगार हैं। जम्मू-कश्मीर में विकास देखकर POJK के लोग भी भारत के साथ आने को तैयार हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि हमें ‘आजाद कश्मीर’ जैसे नाम को हटाकर इसे सिर्फ POJK कहना चाहिए।

कश्मीर में हिंदुओं पर पाकिस्तानी सेना के अत्याचारों की भी हुई बात

इस कार्यक्रम में 1947 के नरसंहार की भी बात हुई। उस वक्त पाकिस्तानी सेना ने मीरपुर, मुजफ्फराबाद, कोटली और राजौरी जैसे इलाकों में हजारों हिंदू-सिखों को मार डाला, महिलाओं का अपहरण किया और लूटपाट मचाई। लाखों लोग बेघर हो गए, जो आज भी भारत में संघर्ष कर रहे हैं। ये इतिहास का वो दर्दनाक हिस्सा है, जिसे कम लोग जानते हैं।

डॉ. सिंह ने कहा कि POJK का क्षेत्र 13,297 वर्ग किमी, POTL 67,791 वर्ग किमी और COTL 42,735 वर्ग किमी है। 1962 के युद्ध के बाद चीन ने अक्साई चिन समेत लगभग 37 हजार वर्ग किमी भूमि पर कब्जा कर लिया और 1963 में पाकिस्तान ने 5,180 वर्ग किमी शक्सगाम घाटी उसे सौंप दी। यह क्षेत्र रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है और भारत की संप्रभुता के लिए अनिवार्य अंग है।

उन्होंने कहा कि साल 1994 में संसद ने संकल्प पास किया था कि जम्मू-कश्मीर भारत का हिस्सा है और पाकिस्तान को कब्जा छोड़ना होगा। इस संकल्प को पूरा करने के लिए अब सरकार और जनता को मिलकर काम करना होगा।

मणिपुर में आवाजाही के लिए खोलो सारे रास्ते, अवरोध पैदा करने वालों पर हो सख्त कार्रवाई: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निर्देश, डेडलाइन 8 मार्च तक की

लंबे समय से हिंसा की आग में जल रहे मणिपुर में शांति बहाल करने को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अधिकारियों को साफ संदेश दे दिया है। मणिपुर फिलहाल सेना के हवाले है और वहाँ राष्ट्रपति शासन लागू है। नई दिल्ली में शनिवार (1 मार्च 2025) को एक उच्चस्तरीय बैठक में अमित शाह ने 8 मार्च से मणिपुर की सभी सड़कों पर मुक्त आवाजाही सुनिश्चित का निर्देश दिया है।

गृह मंत्री अमित शाह ने मणिपुर की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक की अध्यक्षता की। इसमें उन्होंने कहा कि सड़कों पर अवरोध पैदा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार मणिपुर में स्थायी शांति बहाल करने और इस संबंध में सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

म्यांमार से लगती अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा बढ़ाने के लिए फेंसिंग लगाने की गति को बढ़ाने के लिए कहा। उन्होंने कहा, “(आम लोगों से) जबरन वसूली के सभी मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहनी चाहिए। मणिपुर की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर निर्धारित प्रवेश बिंदुओं के दोनों ओर बाड़ लगाने का काम जल्द से जल्द पूरा किया जाना चाहिए।”

उन्होंने मणिपुर को नशामुक्त बनाने के लिए अधिकारियों से पूरे नशीली दवाओं के व्यापार को खत्म करने और ड्रग नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए कहा है। केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने बैठक के मणिपुर की सुरक्षा स्थिति का जायजा लिया और राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति पर उन्हें विस्तृत जानकारी दी गई। मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू होने के बाद इस तरह की यह पहली समीक्षा बैठक थी।

बैठक में मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला, राज्य के शीर्ष अधिकारी, सेना के अधिकारी, अर्धसैनिक बल के अधिकारी शामिल हुए। सुरक्षा समीक्षा राज्यपाल भल्ला द्वारा 20 फरवरी को जारी किए गए अल्टीमेटम के मद्देनजर की गई है। राज्यपाल ने अवैध रखे गए और पुलिस एवं सुरक्षाबलों से लूटे गए हथियारों को लोगों से सरेंडर करने के लिए कहा था।

राज्यपाल के अल्टीमेटम के बाद सात दिनों की अवधि में 300 से अधिक हथियार समर्पित कर दिए गए। इनमें से अधिकतर हथियार घाटी के जिलों में थे। मैतेई समूह अरम्बाई टेंगोल द्वारा लगभग 246 हथियार जमा किए गए। राज्यपाल ने लोगों के अनुरोधों पर अवैध और लूटे गए हथियारों को जमा करने की समय सीमा 6 मार्च को शाम 4 बजे तक बढ़ा दी है।

दरअसल, मणिपुर मई 2023 से जातीय हिंसा से त्रस्त है। कुकी और मैतेई समुदाय के बीच जारी हिंसा में अब तक बच्चों एवं महिलाओं सहित 250 से अधिक लोगों अपनी जान गँवा चुके हैं। हिंसा की शुरुआत मैतेई समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने को लेकर हुआ था। कोर्ट ने इस संबंध में सरकार को आदेश दिया था। इसका कूकी समुदाय ने विरोध किया।

इस हिंसा को लेकर ही मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन ने 13 फरवरी 2025 को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद उनके विकल्प की खोज की गई। हालाँकि, राजनीतिक सहमति नहीं बनने पर आखिरकार विधानसभा को भंग कर दिया गया और राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाया गया। मणिपुर विधानसभा का कार्यकाल अभी 2027 तक है।

‘ढीठ सु@र की हुई धुलाई, US में थप्पड़ खाते-खाते बचा’: ट्रंप से जेलेंसकी की बहस देख रूस ने लिए मजे, कहा- जो जिसका हकदार था उसे वो मिला

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की की व्हाइट हाउस में मुलाकात बड़े ड्रामे के साथ खत्म हुई। इसके बाद देश-दुनिया के नेताओं की आ रही प्रतिक्रिया ने इसे त्रासदी में बदल दिया। शनिवार (1 मार्च) को रूस ने इस घटना को लेकर कहा कि यूक्रेनी नेता को वही मिला जिसके वह हकदार थे। रूस ने जेलेंस्की को अहंकारी सुअर तक कह दिया।

इस घटना को लेकर रूस के पूर्व राष्ट्रपति दिमित्री मेदवेदेव ने कहा कि ज़ेलेंस्की को डोनाल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की ओर से एक जोरदार तमाचा मिला है। रूस की सुरक्षा परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मेदवेदेव ने अपने टेलीग्राम पर पोस्ट किया, “एक अहंकारी सुअर की ओवल ऑफिस (अमेरिकी राष्ट्रपति का कार्यालय) में क्रूर तरीके से पिटाई की गई।” रूस जेलेंस्की को आत्म-मुग्ध कहता रहा है।

मेदवेदेव ने कहा कि आखिरकार वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की के मुँह पर सच बता दिया गया कि ‘कीव शासन तीसरे विश्व युद्ध की तैयारी कर रहा है’। उन्होंने अमेरिका और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से आग्रह किया कि यूक्रेन को दी जाने वाली सैन्य सहायता रोकी जाए। बता दें कि अमेरिका द्वारा यूक्रेन को दी जाने वाली सैन्य सहायता को रोकने के लिए मास्को लंबे समय से दबाव बना रहा है।

वहीं, रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़खारोवा ने कहा कि यह चमत्कार था कि ‘ट्रम्प और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने बहस के दौरान ज़ेलेंस्की को थप्पड़ मारने से खुद को रोक लिया’। उन्होंने कहा कि ज़ेलेंस्की उसी हाथ को काट रहे थे, जिसने उन्हें खिलाया था। उन्होंने ज़ेलेंस्की पर हर किसी के साथ अप्रिय व्यवहार करने का आरोप लगाया।

वहीं, रूसी प्रत्यक्ष निवेश कोष के प्रमुख किरिल दिमित्रिव ने ट्रम्प और ज़ेलेंस्की के बीच तीखी नोकझोंक को ‘ऐतिहासिक’ बताया है। रूस के संसद के ऊपरी सदन के उपाध्यक्ष कोंस्टेंटिन कोसाच्योव ने कहा कि इस भीषण मुठभेड़ ने ज़ेलेंस्की को पहचान लिया है और उनके असली चेहरे को उजागर कर दिया है। उन्होंने कहा, ज़ेलेंस्की इस राउंड में बुरी तरह हारे। अगले राउंड में उन्हें घुटनों के बल चलना होगा।”

दरअसल, इस बैठक में रूस के साथ यूक्रेन की युद्ध को लेकर मीडिया के सामने बात हो रही थी। इसी दौरान जेलेंस्की अपनी बात पर अड़े रहे। फिर वे बिना खाना खाए चले गए। कहा जाता है कि ट्रंप ने जेलेंस्की को ह्वाइट हाउस से बाहर निकाल दिया था। चीख-चिल्लाहट वाले इस वार्ता को ट्रंप ने अमेरिका का अपमान बताया है और मिनरल डील को फिलहाल रद्द कर दिया है।

बता दें कि पिछले सप्ताह डोनाल्ड ट्रंप ने जेलेंस्की को ‘बिना चुनावों का तानाशाह’ बताया था। रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन भी बार-बार यही बात कहते हैं। उनका कहना है कि ज़ेलेंस्की यूक्रेन के वैध नेता नहीं हैं, क्योंकि उनका पाँच साल का कार्यकाल समाप्त हो चुका है और यूक्रेन चुनाव कराने में असमर्थ है, क्योंकि वहाँ फरवरी 2022 में युद्ध के कारण मार्शल लॉ लगा दिया गया है।