Home Blog Page 462

AAP ने कई महीने से नहीं भरा भोपाल वाले दफ्तर का किराया… मकान मालिक ने गुस्से में प्रॉपर्टी पर ताला लगाया: प्रदेश अध्यक्ष को कुछ पता तक नहीं

भोपाल में आम आदमी पार्टी (आप) के लिए मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद अब मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पार्टी के प्रदेश कार्यालय पर ताला लग गया है। ये ताला मकान मालिक ने लगाया है, क्योंकि आप ने पिछले चार महीनों से किराया नहीं दिया। सुभाष नगर में स्थित इस ऑफिस में लंबे समय से पार्टी की गतिविधियाँ चल रही थीं, लेकिन अब हालात ऐसे हो गए कि मकान मालिक को सख्त कदम उठाना पड़ा।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, मकान मालिक विवेक गंगलानी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि किराए के साथ-साथ बिजली बिल भी बकाया है। इतना ही नहीं, उन्होंने ऑफिस में शराब की पेटियाँ और दूसरी आपत्तिजनक गतिविधियों का भी आरोप लगाया है। गंगलानी का कहना है कि किराया माँगने पर उन्हें धमकियाँ तक मिलीं, जिसके बाद वो पुलिस में शिकायत करने की तैयारी कर रहे हैं।

दिल्ली में हार का असर अब दूसरे राज्यों में भी साफ दिख रहा है। भोपाल के इस ऑफिस का किराया करीब 50 हजार रुपये बताया जा रहा है, जो दो से चार महीनों से बकाया है। मकान मालिक ने ताला तो लगा दिया, लेकिन आप के बड़े नेताओं को इसकी खबर तक नहीं। मध्य प्रदेश की प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल ने कहा कि उन्हें इस बारे में कुछ पता नहीं और वो भोपाल के पदाधिकारियों से बात करेंगी। वहीं, भोपाल जिला अध्यक्ष सीपी सिंह चौहान ने भी अनजान बनते हुए कहा कि उनका जिला ऑफिस तो नरेला शंकरी में है, उन्हें प्रदेश कार्यालय की कोई जानकारी नहीं।

इस बीच, पार्टी के अंदर मतभेद की बातें भी सामने आ रही हैं। दिल्ली की हार के बाद आप के नेता बंटे हुए दिख रहे हैं और कार्यकर्ताओं में निराशा छाई हुई है।

बता दें कि आम आदमी पार्टी ने मध्य प्रदेश में अपनी जड़ें मजबूत करने की कोशिश की थी। विधानसभा चुनाव में भले ही सफलता न मिली, लेकिन निकाय चुनाव में सिंगरौली की मेयर रानी अग्रवाल ने जीत हासिल कर पार्टी का झंडा बुलंद किया था। छत्तीसगढ़ में भी आप ने हाल ही में खाता खोला है। मगर अब भोपाल ऑफिस पर ताला लगने से सवाल उठ रहे हैं कि क्या पार्टी मुश्किल दौर से गुजर रही है?

मकान मालिक का कहना है कि ऑफिस में कोई खास हलचल नहीं थी और किराया न मिलने से उन्हें ये कदम उठाना पड़ा। वहीं, कुछ लोग इसे दिल्ली हार का नतीजा मान रहे हैं, जिसने पार्टी की आर्थिक हालत पर भी असर डाला है।

UP में 5 आध्यात्मिक कॉरिडोर बनकर तैयार, अब पर्यटन मिलेगी और रफ्तार: CM योगी ने की घोषणा, जानें कहाँ से कहाँ जाना हुआ आसान

प्रयागराज महाकुंभ 2025 ने उत्तर प्रदेश में आध्यात्मिक एवं धार्मिक पर्यटन की नई संभावनाओं के द्वार खोल दिए हैं। इस महाकुंभ के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार ने पाँच प्रमुख आध्यात्मिक गलियारे विकसित किए हैं। इसके बारे में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने धर्मनगरी कहलाने वाले प्रयागराज में बहुत प्रमुखता के साथ किया है।

दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार (27 फरवरी 2025) को प्रयागराज दौरे पर आए थे। इस दौरान उन्होंने गंगा पूजा करके महाकुंभ का आधिकारिक तौर पर समापन की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री ने पुलिस कर्मियों, सफाई कर्मियों, स्वास्थ्य कर्मियों, मीडिया कर्मियों, नाविकों, परिवहन चालकों एवं परिचालकों को धन्यवाद दिया।

महाकुंभ के दौरान जिन पाँच धार्मिक कॉरिडोर को योगी सरकार ने विकसित किया है, उनके माध्यम से श्रद्धालु राज्य भर के विभिन्न धार्मिक स्थलों तक आसानी से जा सकेंगे। इन आध्यात्मिक गलियारों में प्रयागराज-विंध्याचल-काशी कॉरिडोर भी शामिल है। इसके माध्यम से भक्त प्रयागराज से विंध्याचल देवीधाम और फिर वाराणसी तक जा सकेंगे।

विंध्याचल एक प्रसिद्ध शक्तिपीठ है। वहीं, वाराणसी भगवान शिव की नगरी है। इस तरह यह गलियारा शिव और शक्ति को जोड़ेगा। जो दूसरा कॉरिडोर है, वह प्रयागराज-अयोध्या-गोरखपुर कॉरिडोर है। यह भगवान राम को भगवान शिव के अवतार कहलाने वाले महायोगी गुरु गोरखनाथ से जोड़ेगा। यह वैष्णव के साथ शैव परंपरा का मिलन होगा।

हिंदुओं के सप्तनगरी कहलाने वाले तीर्थस्थानों में से एक प्रयागराज की त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाने के बाद श्रद्धालु भगवान हनुमान, अक्षय वट और सरस्वती कूप के दर्शन करने के बाद रामलला का दर्शन करने के लिए अयोध्या जा सकते हैं। अयोध्या के बाद वे गोरखपुर जाकर गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरखनाथ का दर्शन कर सकते हैं।

तीसरा जो कॉरिडोर है वह है, प्रयागराज-लखनऊ-नैमिषारण्य कॉरिडोर। इस कॉरिडोर के माध्यम से श्रद्धालु लखनऊ होते हुए नैमिषारण्य धाम जा सकेंगे। नैमिषारण्य धाम हिंदू धर्म के 88 महातीर्थों में से एक है। यह 88,000 ऋषियों की तपस्थली के रूप में प्रसिद्ध है। यह ब्रह्मा, भगवान विष्णु, महादेवी सती और भगवान शिव से जुड़ा हुआ है।

प्रयागराज-राजापुर (बाँदा)-चित्रकूट कॉरिडोर भगवान राम के वनवास से जुड़ा होगा और यह श्रद्धालुओं को चित्रकूट धाम ले जाएगा। यहाँ कामदगिरि पर्वत, रामघाट और हनुमान धारा जैसे प्रसिद्ध धार्मिक स्थल हैं। राजापुर रामचरितमानस एवं विनय पत्रिका जैसे ग्रंथों को लिखने वाले गोस्वामी तुलसीदास की जन्मस्थली है।

प्रयागराज-मथुरा-वृंदावन-शुकतीर्थ कॉरिडोर के तहत श्रद्धालु बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के माध्यम से मथुरा-वृंदावन और फिर शुकतीर्थ जा सकेंगे। शुकतीर्थ भगवान कृष्ण और दैत्यों के गुरु शुक्राचार्य की तपस्थली के रूप में प्रसिद्ध है। इसके अलावा श्रद्धालु भगवान कृष्ण की जन्मस्थली और उनके बचपन से जुड़ी मथुरा वृंदावन की यात्रा भी कर सकेंगे।

महाकुंभ खत्म होते ही प्रयागराज में माहौल बिगाड़ने का प्रयास, हिंदुओं के घरों के बाहर फेंके गए बछड़े के सिर-पैर: पुलिस ने दर्ज की FIR, CCTV से हो रही जाँच

भव्य एवं दिव्य महाकुंभ की वजह विश्व पटल पर आए प्रयागराज में सांप्रदायिक हिंसा की साजिश रचने की शुरुआत हो गई है। हिंदुओं के महान धार्मिक उत्सव महाकुंभ के समापन के 48 घंटे के भीतर ही समुदाय के लिए पवित्र माने जाने वाले गोवंश के अवशेष इधर-उधर फेंके मिले हैं। शहर के दरियाबाद पुलिस चौकी के पास सड़क पर बछड़े का सिर और पैर सड़क एवं नाली में फेंके हुए मिले।

जब आसपास के लोगों ने देखा तो उनमें आक्रोश फैल गया। उन्होंने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। इसके बाद मौके पर पहुँचकर पुलिस ने लोगों से पूछताछ की और जाँच शुरू कर दी। आरोपितों की पहचान के लिए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी चेक की। दरियाबाद निवासी गोपाल अग्रवाल की शिकायत पर अतरसुइया थाने में अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज हुई है।

ट्रांसपोर्ट का काम करने वाले गोपाल अग्रवाल 27 फरवरी को अपने घर से निकले तो उनके गेट पर बछड़े का कटा सिर रखा हुआ था। इसके बाद उन्होंने देखा तो उनके पड़ोसी अधिवक्ता दीपक कपूर एवं कई लोगों के घरों के सामने कटा पैर था। वहीं, शरीर के अन्य क्षत-विक्षत हिस्से गली में बिखरे पड़े थे। इसकी जानकारी मिलने पर हंगामा हो गया। सूचना पाकर तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुँची।

पुलिस ने सूचना देकर पशु चिकित्सकों को बुलवाया। इसके बाद एक टीम आकर जाँच की और गोवंश के अवशेषों को अपने साथ ले गई। थाना प्रभारी संजय द्विवेदी का कहना है कि अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। द्विवेदी का कहना है कि माहौल खराब करने के लिए किसी ने जानबूझकर यह हरकत की है। इस FIR में दो बड़े आरोप लगाए गए हैं।

FIR में कहा गया है कि हिंदुओं के घरों को चिह्नित वहाँ गोवंश के अवशेष जानबूझकर रखे गए। इसमें यह भी कहा गया है कि यह हरकत किसी मुस्लिम समाज के किसी अराजतक तत्व की हो सकती है, क्योंकि जिस इलाके में यह घटना हुई है, वहाँ के बगल में मुस्लिमों की बस्ती है। इस बस्ती में मुस्लिमों की भारी आबादी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएँ पहले भी सामने आ चुकी हैं। इस संबंध में संबंधित थाने को जानकारी दी जाती रही है। हालाँकि, गोवंश का सिर और पैर काटकर फेंकने वाले आज तक पकड़े नहीं गए। लोगों ने पुलिस से अविलंब कार्रवाई का आग्रह किया है। बता दें कि पिछले पाँच महीने में यह तीसरी घटना है।

व्हाइट हाउस जाकर जेलेंस्की ने किया अमेरिका का अपमान, ट्रंप पत्रकारों के सामने भड़के: ऑन कैमरा हुई ‘तू-तू, मैं-मैं’, बाद में यूक्रेनी राष्ट्रपति बोले- हमें खेद है

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की की व्हाइट हाउस में मुलाकात बड़े ड्रामे के साथ खत्म हुई। ये बैठक शुक्रवार (28 फरवरी 2025) को वॉशिंगटन डीसी में हुई थी, लेकिन तय समय से पहले ही ज़ेलेंस्की वहाँ से चले गए। जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस भी रद्द कर दी गई, क्योंकि ट्रंप ने ज़ेलेंस्की पर अमेरिका का अपमान करने का आरोप लगाया।

ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि ज़ेलेंस्की शांति नहीं चाहते, बल्कि अमेरिका की मदद से फायदा उठाना चाहते हैं। उन्होंने कहा, “मुझे फायदा नहीं, शांति चाहिए। ज़ेलेंस्की ने ओवल ऑफिस में अमेरिका का सम्मान नहीं किया। जब वो शांति के लिए तैयार हों, तब आएँ।” बैठक में ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने ज़ेलेंस्की को रूस-यूक्रेन जंग पर उनकी राय के लिए फटकारा। ज़ेलेंस्की ने अमेरिका को यूक्रेन की मुश्किलों का जिम्मेदार ठहराने की कोशिश की, लेकिन वेंस ने उन्हें रोक दिया। ये सब मीडिया में दिखाया गया।

बैठक में तनाव तब बढ़ा जब एक पत्रकार ने यूक्रेन की सुरक्षा पर सवाल पूछा। ट्रंप ने कहा, “मैं सुरक्षा की बात नहीं करना चाहता। मुझे बस डील चाहिए। यूरोप अपने लोग वहां भेजेगा। फ्रांस, ब्रिटेन जैसे देश सुरक्षा देंगे। हम खनिज निकालकर अपनी सुरक्षा करेंगे।” ज़ेलेंस्की ने जवाब दिया, “बिना सुरक्षा गारंटी के सीजफायर का कोई फायदा नहीं। पुतिन ने 25 बार सीजफायर तोड़ा है। मजबूत सेना चाहिए, वरना पुतिन नहीं रुकेगा।” ट्रंप भड़क गए और बोले, “आप सीजफायर नहीं चाहते, अपने लोगों को मरवाना चाहते हैं। ये अमेरिका का अपमान है।”

रूस ने इस झगड़े पर खुशी जताई। पूर्व रूसी राष्ट्रपति दमित्री मेदवेदेव ने इसे ‘ज़ेलेंस्की के लिए करारा थप्पड़’ बताया। उन्होंने टेलीग्राम पर लिखा, “कीव सरकार तीसरे विश्व युद्ध का खेल खेल रही है। यूक्रेन को मदद बंद होनी चाहिए।” रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़खारोवा ने कहा, “ज़ेलेंस्की उस हाथ को काट रहे हैं जो उन्हें खाना देता है।”

टीवी कमेंटेटर व्लादिमीर सोलोव्योव ने इसे ‘ज़ेलेंस्की की व्हाइट हाउस में आत्महत्या; करार दिया। रूस लंबे समय से ज़ेलेंस्की को अमेरिका का पिट्ठू बताता रहा है और अब ट्रंप के साथ अपने रिश्ते बेहतर करने की कोशिश में है। रूसी अधिकारी सर्गेई मार्कोव ने कहा, “ये झगड़ा ज़ेलेंस्की के करियर का अंत तेज करेगा।”

राजनीतिक विश्लेषक रिचर्ज हनानिया ने जेलेंस्की को आड़े हाथों लिया। उन्होंने बताया कि ये जेलेंस्की ही थी, जिसकी वजह से बातचीत बर्बाद हो गई, वर्ना कुछ ही मिनट में उनके हाथों में यूक्रेन की सुरक्षा गारंटी हो सकती थी।

हालाँकि जेलेंस्की ने एक्स पर पोस्ट कर अमेरिका, राष्ट्रपति ट्रंप और अन्य सहयोगियों को शुक्रिया कहा है।

इस बीच, उन्होंने अमेरिकी चैनल फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में ये भी कहा कि जो कुछ हुआ, वो नहीं होना था। इसके लिए वो माफी माँगते हैं।

इस घटना से यूक्रेन और उसके यूरोपीय दोस्त चिंतित हैं। उन्हें डर है कि ट्रंप और पुतिन कोई डील कर सकते हैं, जिसमें यूक्रेन को नजरअंदाज कर दिया जाए। ज़ेलेंस्की की स्थिति पहले से कमजोर हो गई है, क्योंकि वो अमेरिकी मदद पर निर्भर हैं।

BBC ने हमास कमांडर के बेटे को बनाया अपनी डॉक्यूमेंट्री का ‘हीरो’, बीवी को भी डॉलर दिए: लोग भड़के तो माँगनी पड़ी माफी, Video भी डिलीट

बीबीसी एक बार फिर विवादों में घिर गया है। इस बार मामला छोड़ा ज्यादा गंभीर है, क्योंकि बीबीसी ने डॉक्यूमेंट्री के नाम पर हमास जैसे आतंकी संगठन के नेता के बेटे को न सिर्फ मंच दिया, बल्कि डॉक्यूमेंट्री बनाने वालों ने उसकी बीवी को पैसे भी दिए।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीबीसी ने ‘गाजा: हाउ टु सरवाइव ए वॉरजोन’ नाम की फिल्म बनाई, जिसमें 14 साल के अब्दुल्ला अल-यजूरी ने गाजा की जिंदगी के बारे में बताया। लेकिन बाद में पता चला कि अब्दुल्ला का बाप, डॉ. अयमन अल-यजूरी हमास सरकार में डिप्टी एग्रीकल्चर मिनिस्टर रह चुका है। हमास को दुनिया आतंकवादी संगठन मानती है और बीबीसी पर सवाल उठे कि उसने ऐसे शख्स के बेटे को क्यों चुना? क्या ये आतंकवादियों को बढ़ावा देने की कोशिश थी?

हालाँकि बीबीसी ने माफी माँग ली है और फिल्म को हटा दिया है। लेकिन लोग गुस्से में हैं। पता चला कि फिल्म बनाने वाली कंपनी होयो फिल्म्स को अब्दुल्ला के अब्बू के हमास कनेक्शन के बारे में पता भी था, लेकिन उसने बीबीसी को नहीं बताया। बीबीसी ने भी ठीक से जाँच नहीं की। ऊपर से अब्दुल्ला की अम्मी को पैसे भी दिए गए। अब सवाल है – क्या ये पैसे हमास तक पहुँचे?

इस मामले को लेकर ब्रिटेन की सरकार सख्त है। यूके की संस्कृति मंत्री लिसा नैंडी ने कहा कि उन्हें पक्का सबूत चाहिए कि आतंकवादियों को एक पैसा भी नहीं मिला। वहीं, आम लोग लोग बीबीसी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने बीबीसी को आतंकियों का मंच करार दिया है।

हालाँकि कुछ ‘लिबरल’ लोगों को बीबीसी का डॉक्यूमेंट्री को हटाना पसंद नहीं आया। कुछ का कहना है कि ये फिल्म बच्चों की आवाज उठाने के लिए थी, जिसमें गाजा की मुश्किल जिंदगी दिखाई गई। गैरी लाइनकर जैसे बड़े नामों ने इसे सेंसरशिप बताया।

यही नहीं, हमास नेता के बेटे को मंच देने के अलावा बीबीसी ने डॉक्यूमेंट्री में इस्तेमाल ट्रांसस्क्रिप्ट का भी गलत तरीके से अनुवाद किया, ताकि आतंकी मंसूरों को खतरनाक की जगह हल्का बताया जा सके। दरअसल, बीबीसी ने डॉक्यूमेंट्री में ‘जिहाद’ की जगह ‘लड़ाई’ शब्द का इस्तेमाल किया है और ‘यहूदी’ को ‘इजरायली’ बताया है। ऐसे में लोग बीबीसी पर सच्चाई को भी छिपाने का आरोप लग रहा है।

कर्नाटक का हाल-बेहाल, लेकिन अपने लिए ‘शीशमहल’ बनवा रहे CM सिद्धारमैया: BJP ने उठाए सवाल, कहा- विकास के लिए पैसा नहीं, आवास पर ₹2.60 करोड़ खर्च

दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार के तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की तरह कर्नाटक की कॉन्ग्रेस सरकार के मुखिया भी अपने लिए ‘शीशमहल’ बनवा रहे हैं। इसको लेकर विवाद शुरू हो गया है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया अपने सरकारी आवास ‘कावेरी’ का जीर्णोद्धार करवा रहे हैं। इसके लिए राज्य लोक निर्माण विभाग ने 2.60 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान लगाया है।

राज्य के वित्त विभाग की ओर से इसको लेकर एक सरकारी अधिसूचना जारी की गई है। उसमें मुख्यमंत्री आवास में जो बदलाव करने की बात कही गई है, उसके बारे में बताया है। इसमें एक बाथरूम के साथ एक नया सहायक कक्ष, अतिरिक्त भंडारण कक्ष, भंडारण रैक, उन्नत प्रकाश व्यवस्था, जल व्यवस्था, फर्निचर सहित कई तरह के कार्य शामिल हैं।

हेल्पर रूम के निर्माण और रसोई के सामान आदि के लिए 1.70 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं। वहीं, एयर कंडिशन और बिजली को भव्य बनाने के लिए 89 लाख रुपए खर्च होंगे। इनमें 16 लाख रुपए से सीसीटीवी कैमरे, एयर कंडीशनर और बिजली के अन्य उपकरणों आदि लगाए जाएँगे हैं। वहीं, 45 लाख रुपए से उपमुख्यमंत्री के सचिव के कक्ष का जीर्णोद्धार किया जाएगा।

बता दें कि PwD को इसके लिए टेंडर जारी किए बिना सीधे नवीनीकरण कार्य करने की अनुमति दी गई है। कर्नाटक पारदर्शिता सार्वजनिक खरीद (केटीपीपी) अधिनियम की धारा 4(G) के तहत PwD को यह छूट दी गई है। पिछले महीने 29 जनवरी को उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के आधिकारिक आवास पर बिजली के काम और फर्नीचर लगाने के लिए PwD को कथित तौर पर ऐसी ही छूट दी गई थी।

चिकपेट से भाजपा विधायक उदय गरुड़ाचार ने कहा, “जो काम नहीं किया जाना चाहिए, वह मुख्यमंत्री खुद कर रहे हैं। मेरी अपील है कि हम पहले यह सुनिश्चित करें कि बाकी सभी काम हो जाएँ। एक बार जब सारी ज़रूरतों को पूरा। कर दिया जाता है तो वे अपने घर के नवीनीकरण या जो कुछ भी चाहें, उस पर ध्यान केंद्रित कर सकते हैं। लोग पैसे के लिए संघर्ष कर रहे हैं। अब पैसे नहीं बचे हैं।”

ऐसे समय में, जब राज्य वित्तीय संकट से जूझ रहा है, सार्वजनिक धन का उपयोग करके सीएम आवास का जीर्णोद्धार कर्नाटक की कॉन्ग्रेस सरकार पर सवाल खड़े करता है। पिछले साल जुलाई में कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया के वित्तीय सलाहकार बसवराज रायरेड्डी ने कहा था कि ‘गारंटी योजनाओं’ के कारण राज्य के पास विकास परियोजनाओं के लिए धन की कमी हो गई है।

दिल्ली के 14 अस्पतालों में नहीं कोई ICU, मोहल्ला क्लिनिक एकदम बर्बाद: CAG रिपोर्ट ने खोली केजरीवाल सरकार की पोल, लाडली योजना में ₹220 करोड़ का घोटाला

देश की राजधानी होने के नाते दिल्ली की जनता के लिए स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएँ हमेशा से अहम रही हैं। ये अलग बात है कि जनता को हमेशा झुनझुना ही मिलता रहा है। दिल्ली की सत्ता पर 11 साल काबिज रहे अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली आप सरकार ने जनहित के कामों को करने की जगह ढिंढोरा ही पीटा, क्योंकि अब नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की रिपोर्ट्स आ रही हैं, जिससे केजरीवाल सरकार की करतूतें उजाकर हो रही हैं। इन रिपोर्ट्स को अरविंद केजरीवाल या आतिशी के मुख्यमंत्री रहते विधानसभा में पेश ही नहीं किया गया।

सीएजी की दो नई रिपोर्ट्स ने दिल्ली की स्वास्थ्य सेवाओं और सामाजिक योजनाओं की पोल खोल दी है। पहली रिपोर्ट में दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली सामने आई है, जिसमें सरकारी अस्पतालों में ICU, एंबुलेंस और बेड की कमी से लेकर कोविड-19 के दौरान फंड के दुरुपयोग तक की बातें शामिल हैं। दूसरी CAG रिपोर्ट ने दिल्ली सरकार की लाडली योजना में 220 करोड़ रुपये से ज्यादा की गड़बड़ियाँ उजागर की हैं, जिसमें फर्जी पंजीकरण, वित्तीय लापरवाही और लाभार्थियों तक फायदा न पहुँचने जैसे गंभीर मुद्दे हैं।

ये दोनों रिपोर्ट्स बताती हैं कि दिल्ली सरकार ने जनता की भलाई के लिए मिले संसाधनों का सही इस्तेमाल नहीं किया और कुप्रबंधन के चलते आम लोग परेशान रहे। इन रिपोर्ट्स ने सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं और सुधार की सख्त जरूरत को रेखांकित किया है। आइए इन दोनों मुद्दों को विस्तार से समझते हैं और जानते हैं कि आखिर दिल्ली की जनता के साथ क्या-क्या हुआ।

दिल्ली की स्वास्थ्य सेवाओं पर CAG रिपोर्ट

CAG की रिपोर्ट ने दिल्ली के सरकारी अस्पतालों की हालत को पूरी तरह बेपर्दा कर दिया है। कुल 27 अस्पतालों में से 14 में ICU की सुविधा तक नहीं है, जो गंभीर मरीजों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है। इसके अलावा 12 अस्पतालों में एंबुलेंस नहीं हैं, यानी जरूरत पड़ने पर मरीजों को समय पर अस्पताल पहुँचाना भी मुश्किल है। 16 अस्पतालों में ब्लड बैंक की कमी है, जिससे आपात स्थिति में खून की व्यवस्था करना एक बड़ा संकट बन जाता है।

दिल्ली की आप सरकार जिन मोहल्ला क्लीनिकों को अपनी बड़ी उपलब्धि बताती रही है, उनकी हालत भी दयनीय है। ऐसी 21 क्लीनिकों में शौचालय नहीं हैं, 15 में बिजली बैकअप की सुविधा नहीं है, और 6 में तो डॉक्टरों के लिए टेबल तक नहीं है। 12 क्लीनिकों में दिव्यांगों के लिए कोई व्यवस्था नहीं है, जो आप सरकार के कथित विकास दावों की हवा निकाल देता है। ये हालात साफ दिखाते हैं कि बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाएँ भी दिल्ली की जनता से कोसों दूर हैं।

दिल्ली में केंद्र सरकार से मिले कोविड फंड का दुरुपयोग

कोविड-19 महामारी के दौरान जब पूरी दुनिया जूझ रही थी, दिल्ली में भी हालात भयावह थे। केंद्र सरकार ने दिल्ली को इस संकट से निपटने के लिए 787.91 करोड़ रुपये का फंड दिया था, लेकिन हैरानी की बात है कि इसमें से सिर्फ 582.84 करोड़ रुपये ही खर्च किए गए। बाकी 205.07 करोड़ रुपये बिना इस्तेमाल के पड़े रहे, जिसका नतीजा ये हुआ कि मरीजों को जरूरी सुविधाएँ नहीं मिल सकीं।

दिल्ली सरकार को स्वास्थ्य कर्मियों की भर्ती और वेतन के लिए 52 करोड़ रुपये मिले थे, लेकिन इसमें से 30.52 करोड़ रुपये खर्च नहीं हुए। इसका मतलब साफ है कि डॉक्टरों और नर्सों की कमी को दूर करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। दवाइयाँ, पीपीई किट्स और दूसरी मेडिकल सप्लाई के लिए 119.85 करोड़ रुपये आवंटित हुए थे, लेकिन 83.14 करोड़ रुपये का उपयोग नहीं हुआ। इस लापरवाही की कीमत दिल्ली की जनता को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी, क्योंकि उस वक्त ऑक्सीजन, बेड और दवाइयों की भारी किल्लत थी।

दिल्ली सरकार के अस्पतालों में बेड और स्टाफ की कमी

दिल्ली सरकार ने 2016-17 से 2020-21 तक 32,000 नए बेड जोड़ने का बड़ा वादा किया था, लेकिन असल में सिर्फ 1,357 बेड ही जोड़े गए, जो लक्ष्य का महज 4.24% है। इस कमी का असर ये हुआ कि कई अस्पतालों में बेड की ऑक्यूपेंसी 101% से 189% तक रही। यानी एक बेड पर दो-दो मरीजों को रखना पड़ा या कई मरीजों को फर्श पर इलाज लेना पड़ा। स्टाफ की स्थिति भी कम चिंताजनक नहीं है।

दिल्ली के सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य विभागों में 8,194 पद खाली पड़े हैं। नर्सिंग स्टाफ में 21% और पैरामेडिकल स्टाफ में 38% की कमी है। खास तौर पर राजीव गाँधी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल और जनकपुरी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में हालात बदतर हैं, जहाँ डॉक्टरों की 50-74% और नर्सिंग स्टाफ की 73-96% कमी पाई गई। इस कमी के चलते मरीजों को इलाज के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है और कई बार सही देखभाल भी नहीं मिल पाती।

दिल्ली सरकार ने की प्रोजेक्ट्स में देरी, मशीनें हुईं खराब

दिल्ली में तीन नए अस्पताल बनाने की परियोजनाएँ शुरू हुई थीं, लेकिन इनमें भारी देरी और लागत में इजाफा हुआ। इंदिरा गाँधी अस्पताल में 5 साल की देरी हुई और लागत 314.9 करोड़ रुपये बढ़ गई। बुराड़ी अस्पताल 6 साल लेट हुआ, जिसकी लागत में 41.26 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ। वहीं, एमए डेंटल अस्पताल (फेज-2) में 3 साल की देरी हुई और 26.36 करोड़ रुपये अतिरिक्त खर्च हुए। ये प्रोजेक्ट पिछली सरकार के वक्त शुरू हुए थे, लेकिन मौजूदा सरकार इन्हें पूरा करने में नाकाम रही। इसके अलावा, कई अस्पतालों में जरूरी उपकरण भी खराब पड़े हैं।

मरीजों को सर्जरी के लिए 12 महीने तक करना पड़ा इंतजार

सीएजी की रिपोर्ट के मुताबिक, मरीजों को लोक नायक अस्पताल में बड़ी सर्जरी के लिए 2-3 महीने और बर्न व प्लास्टिक सर्जरी के लिए 6-8 महीने का इंतजार करना पड़ा। चाचा नेहरू बाल चिकित्सालय में पीडियाट्रिक सर्जरी के लिए 12 महीने की वेटिंग थी। कई जगहों पर एक्स-रे, सीटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड मशीनें बेकार पड़ी रहीं, जिससे मरीजों को सही समय पर डायग्नोसिस भी नहीं मिल सका।

दिल्ली के अस्पतालों में ऑक्सीजन और एंबुलेंस की कमी

कोविड के दौरान ऑक्सीजन की किल्लत ने दिल्ली को हिलाकर रख दिया था, और CAG रिपोर्ट बताती है कि 8 अस्पतालों में ऑक्सीजन सप्लाई की व्यवस्था ही नहीं थी। ये वो वक्त था जब लोग सड़कों पर ऑक्सीजन सिलेंडर ढूंढते फिर रहे थे। इसके साथ ही, 12 अस्पतालों में एंबुलेंस की सुविधा नहीं थी और जो CATS एंबुलेंस चल रही थीं, उनमें भी जरूरी उपकरणों की कमी थी।

मरीजों को समय पर अस्पताल पहुँचाने के लिए कोई ठोस इंतजाम नहीं था, जिसके चलते कई लोगों की जान चली गई। मोहल्ला क्लीनिकों में भी हालात बद से बदतर थे। 15 क्लीनिकों में बिजली बैकअप नहीं था, यानी बिजली जाने पर मरीजों का इलाज ठप हो जाता था। इन सबके बीच सरकार के दावे हवाई साबित हुए और जनता को भारी परेशानी उठानी पड़ी।

लाडली योजना में 220 करोड़ का घोटाला

लाडली योजना को 2008 में तत्कालीन मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने शुरू किया था, जिसका मकसद लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा देना और 18 साल की उम्र पर 1 लाख रुपये तक की मदद देना था। लेकिन अरविंद केजरीवाल की सरकार ने इस योजना में भी धाँधलियों को अंजाम दे दिया। CAG की रिपोर्ट ने इसमें 220 करोड़ रुपये से ज्यादा की अनियमितताएँ उजागर की हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, 41 करोड़ रुपये का अधिक भुगतान हुआ और 618.38 करोड़ रुपये की राशि अघोषित पड़ी है। महिला एवं बाल विकास विभाग ने लाभार्थियों के विवरण को सत्यापित करने में ढिलाई बरती, जिसके चलते बड़े पैमाने पर डुप्लिकेशन हुआ। 36,000 से ज्यादा ऐसे मामले सामने आए, जहाँ नाम, जन्मतिथि और माता-पिता का विवरण एक जैसा था। दिसंबर 2022 तक 8.84 लाख सक्रिय लाभार्थियों में 16,546 डुप्लिकेट और 131 ट्रिपल पंजीकरण पाए गए, जिससे 11.49 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।

फर्जी रजिस्ट्रेशन हुए, 9% लाभार्थी 18 साल के पार

ऑडिट में ये भी पता चला कि 20,127 मामलों में जहाँ नाम या जन्मतिथि मिलती थी, वहाँ 29.23 करोड़ रुपये गलत तरीके से वितरित किए गए। सबसे बड़ी खामी ये थी कि मई 2023 तक आधार सत्यापन को योजना में शामिल नहीं किया गया था। इसके चलते एक ही लाभार्थी के कई पंजीकरण हो गए और फर्जीवाड़ा बढ़ता गया। करीब 9% लाभार्थियों ने 18 साल की उम्र के बाद नामांकन कराया, जिससे 180.92 करोड़ रुपये का वित्तीय नुकसान हुआ। 78,065 ऐसे लाभार्थी थे, जो पंजीकरण के समय पात्र उम्र पार कर चुके थे, फिर भी उनके खातों में पैसे जमा किए गए। कई मामलों में जन्मतिथि का कॉलम खाली था, जिससे ये साफ हो गया कि सिस्टम में पारदर्शिता और जवाबदेही की भारी कमी थी।

लाभार्थियों को पैसा भी नहीं मिला

दिल्ली में 8.84 लाख सक्रिय लाभार्थियों में से 4.9 लाख लड़कियाँ, यानी 55%, पात्र होने के बावजूद योजना का लाभ नहीं ले सकीं। 18-20 साल की उम्र के 1.26 लाख लाभार्थियों के 236.03 करोड़ रुपये, 20-26 साल के 1.18 लाख के 224.56 करोड़ रुपये, और 26 साल से ऊपर की 77,000 लड़कियों के 157.78 करोड़ रुपये अभी तक वितरित नहीं हुए हैं।

इसके अलावा 1 लाख 74 हजार 960 ऐसे मामले थे, जिनमें लाभार्थी समाप्ति मानदंड को पूरा करते थे, लेकिन उनका निपटारा नहीं हुआ। विभाग का कहना है कि उसने पात्र लाभार्थियों तक पहुँचने के लिए सार्वजनिक नोटिस जारी किए थे, लेकिन ऑडिट में पाया गया कि सिर्फ दो बार 10 सितंबर 2020 और 17 जून 2022 को नोटिस जारी हुए। इतने बड़े पैमाने पर योजना चलाने के लिए ये कोशिश नाकाफी थी और लाभार्थियों तक जानकारी नहीं पहुँच सकी।

लाडली योजना के पंजीकरण में 69% की कमी

लाडली योजना में हर साल पंजीकरण की संख्या में भारी गिरावट आई है। 2009-10 में 1,39,773 लाभार्थी पंजीकृत हुए थे, जो 2020-21 में घटकर सिर्फ 43,415 रह गए, यानी 69% की कमी। जन्म के समय पंजीकरण भी 23,871 से घटकर 3,153 हो गया। ये आँकड़े बताते हैं कि योजना धीरे-धीरे अपनी अहमियत खोती जा रही है। लड़कियों की शिक्षा और सशक्तिकरण के जिस मकसद के लिए इसे शुरू किया गया था, वो पूरा नहीं हो सका। फंड की बर्बादी, फर्जी पंजीकरण और कुप्रबंधन ने इस योजना को नाकाम कर दिया। सरकार ने इसे ठीक करने के लिए मई 2023 में प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (DBT) सिस्टम में शामिल करने की कोशिश शुरू की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

जरूरत मंद लड़कियों को नहीं मिली मदद

लाडली योजना में इतनी बड़ी गड़बड़ियों के बावजूद जिम्मेदारी तय करने की कोई कोशिश नहीं दिखती। विभाग ने न तो लाभार्थियों के डेटा को सही करने की जहमत उठाई और न ही फंड के सही इस्तेमाल पर ध्यान दिया। 618.38 करोड़ रुपये जैसे भारी-भरकम फंड का इस्तेमाल न होना बताता है कि योजना को लेकर गंभीरता की कमी थी। इसका सबसे ज्यादा नुकसान उन लड़कियों को हुआ, जो इस मदद की हकदार थीं, लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला।

CAG की दोनों रिपोर्ट्स ने दिल्ली सरकार की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवालिया निशान लगा दिया है। स्वास्थ्य सेवाओं में सुविधाओं की कमी और कोविड फंड की बर्बादी से लेकर लाडली योजना में फर्जीवाड़ा और लापरवाही तक, ये सब दिखाता है कि जनता के हितों को कितना नजरअंदाज किया गया। दिल्ली की जनता ने इन कमियों की भारी कीमत चुकाई है, चाहे वो इलाज के लिए तरसना हो या शिक्षा के लिए मदद न मिलना।

बांग्लादेश की आजादी में भारत का योगदान काट दो… हिंदुओं का नरसंहार कराने वाले सुहरावर्दी को पढ़ाओ: यूनुस सरकार बदल रही पाठ्य-पुस्तक

बांग्लादेश में प्रधानमंत्री शेख हसीना का तख्तापलट करने के मोहम्मद यूनुस की की अंतरिम सरकार ने वहाँ के पाठ्यक्रमों में भी बदलाव शुरू कर दिया है। यूनुस सरकार के निर्देश पर बांग्लादेश के राष्ट्रीय पाठ्यक्रम और पाठ्य-पुस्तक बोर्ड (NCBT) ने 2025 के शैक्षणिक वर्ष में स्कूली पाठ्यक्रमों से शेख मुजीबुर्रहमान से संबंधित लेखन को कम कर दिया है। मुजीबुर्रहमान निर्वासित पीएम हसीना के पिता थे।

मुजीबुर्रहमान बांग्लादेश के संस्थापक एवं प्रथम राष्ट्रपति थे। पाठ्य-पुस्तकों में उनसे संबंधित सामग्री को कम कर दिया गया है। जो हैं उन्हें फिर से लिखा गया है। जिन अध्यायों में पाकिस्तान के खिलाफ मुक्ति संग्राम में उनके नेतृत्व को दिखाया गया था, उन्हें या तो हटा दिया गया है या स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े अन्य राजनीतिक व्यक्तियों को शामिल करते हुए उसे फिर से लिखा गया है।

हिंदू विरोधी और मुस्लिम लीग के नेताओं को जोड़ा

पुस्तकों में जिन अन्य राजनीतिक हस्तियों को शामिल किया गया है, उनमें मुस्लिम लीग पूर्व नेता मौलाना अब्दुल हामिद खान भशानी, अविभाजित बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री और पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री हिंदू विरोधी हुसैन सुहरावर्दी, मुस्लिम लीग के पूर्व नेता एवं पूर्वी पाकिस्तान के पीएम अबुल कासिम फजलुल हक और हसीना की प्रतिद्वंद्वी खालिदा जिया एवं उनके शौहर व पूर्व राष्ट्रपति जियाउर रहमान शामिल हैं।

बांग्लादेश की आजादी में मुजीबुर्रहमान के योगदान को भी घटा दिया गया है। ‘मुजीब माने मुक्ति (मुजीब का मतलब आजादी)’ को कक्षा 4 की बंगाली किताबों से हटा दिया गया है। वहीं, बांग्लादेश की आजादी की माँग को जियाउर रहमान के हवाले कर दिया गय है। नई पुस्तकों में कहा गया है कि तत्कालीन सेना प्रमुख ने 26 मार्च 1971 को चटगाँव से स्वतंत्रता की पहली घोषणा की थी।

इसमें आगे कहा गया है कि जियाउर रहमान की व्यक्तिगत घोषणा के अगले दिन 27 मार्च 1971 को मुजीब ने भी आजादी की घोषणा की थी। पिछली पुस्तकों में मुजीब को 26 मार्च 1971 को स्वतंत्रता की पहली घोषणा करने का श्रेय दिया गया था। इस तरह बंगबंधु कहलाने वाले मुजीबुर्रहमान के योगदान को कम करके इसे दूसरे के हवाले किया जा रहा है।

भारतीय योगदान को लेकर काट-छाँट

इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, पाठ्य-पुस्तकों में बांग्लादेश की आज़ादी में भारत के योगदान को रखा गया है, लेकिन तत्कालीन पीएम इंदिरा गाँधी के साथ मुजीबुर्रहमान की ऐतिहासिक तस्वीरें हटा दी गई हैं। इन दो तस्वीरों में एक 6 फ़रवरी 1972 को कोलकाता की एक रैली में दोनों के संयुक्त संबोधन की तस्वीर और 17 मार्च 1972 को ढाका में इंदिरा गाँधी के स्वागत की तस्वीर शामिल हैं।

हालाँकि, साल 1971 के युद्ध में भारतीय सेना और मुक्ति वाहिनी की भूमिका बरकरार रखी गई है। इसमें 16 दिसंबर 1971 को भारतीय सेना के सामने पाकिस्तान के आत्मसमर्पण की ऐतिहासिक तस्वीर शामिल है। इसके अलावा, पुस्तकों के नए संस्करणों में बांग्लादेश की स्वतंत्रता को सबसे पहले मान्यता देने वाले देश के रूप में भारत का नाम हटा दिया गय है। भारत जगह भूटान का नाम कर दिया गया है।

बांग्लादेश के संशोधित पाठ्य-पुस्तकों संस्करण में कहा गया है कि भूटान ने 3 दिसंबर 1971 को बांग्लादेश की आजादी को मान्यता देने वाला पहला देश था। वहीं, मोहम्मद यूनुस की सरकार ने सभी पाठ्य-पुस्तक से शेख हसीना को पूरी तरह से हटा दिया गया है। इससे पहले के किताबों में पिछले कवर पेज पर शेख हसीना का छात्रों के लिए एक पारंपरिक संदेश छपा होता था।

उस पेज पर अब जुलाई 2024 के छात्र आंदोलन की तस्वीरें छापी गई हैं, जो हसीना के खिलाफ शुरू की गई थीं। बांग्लादेश शिक्षा मंत्रालय द्वारा नियुक्त 57 विशेषज्ञों की एक टीम ने इन संशोधनों की रूपरेखा तैयार की है। इन संशोधनों को प्राथमिक, माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक छात्रों के लिए 441 पाठ्य-पुस्तकों में किया गया है। वर्तमान शैक्षणिक साल के 40 करोड़ से अधिक नई पुस्तकें छापी गई हैं।

पुस्तकों में शेख हसीना प्रशासन पर सत्ता बनाए रखने के लिए न्यायपालिका और सिविल सेवा का इस्तेमाल कर अनुचित चुनाव कराने का आरोप लगाया गया है। इस बीच पूर्व प्रधानमंत्री और बांग्लादेश नेशनल पार्टी (बीएनपी) की नेता खालिदा जिया ने कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति के खिलाफ लोगों से एकजुट होने का आग्रह किया है।

संभल के मजहबी ढाँचे की नहीं होगी रंगाई-पुताई: इलाहाबाद HC कोर्ट ने मस्जिद कमेटी को दिया झटका, ASI की रिपोर्ट देख दिए परिसर में सिर्फ ‘सफाई’ करने के आदेश

संभल के जामा मस्जिद को लेकर इलाहाबाद कोर्ट ने बड़ा फैसला दिया है। कोर्ट ने मस्जिद कमेटी की एक याचिका पर सुनवाई करते हुए आदेश दिया कि मजहबी ढाँचे के भीतर किसी प्रकार की रंगाई-पुताई नहीं की जा सकती। यहाँ अब केवल मस्जिद कमेटी को सफाई करने की अनुमति है।

बता दें कि संभल मस्जिद समिति की तरफ से इलाहाबाद हाई कोर्ट में एक याचिका डालते हुए रंगाई-पुताई की परमिशन माँगी थी, लेकिन भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) की रिपोर्ट के आधार पर कोर्ट ने इस माँग को अस्वीकार कर दिया है। इस रिपोर्ट में कहा गया था ढाँचे में कोई ऐसी संरचनात्मक समस्या नहीं है इसलिए इसकी मरम्मत या फिर रंगाई करना जरूरी नहीं है। अब मामले में अगली सुनवाई 5 मार्च को होगी।

गौरतलब है कि मस्जिद कमेटी ने माँग की थी कि रमजान के मद्देनजर उन्हें मरम्मत कराने की अनुमति दी जाए। इसी के बाद कोर्ट ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) को आदेश दिया कि वो मस्जिद में जाकर देखे कि रमजान से पहले सफेदी और सजावट की कितनी जरूरत है। इसके लिए ASI की तीन लोगों की टीम बनाई गई थी, जो मस्जिद का मुआयना करने गई थी।

हिमाचल की कॉन्ग्रेस सरकार दिवालिया… अब मंदिरों से पैसे माँग कर चलाना चाहती है FREE वाली योजनाएँ: BJP ने किया विरोध

मुफ्त की रेवड़ी बाँटकर आर्थिक संकट में घिर चुके हिमाचल प्रदेश की कॉन्ग्रेस सरकार अब मंदिरों पर नजर गड़ाए हुए हैं। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कॉन्ग्रेस सरकार ने अपनी योजनाओं को चलाने के लिए राज्य के बड़े मंदिरों को पत्र लिखकर उनसे पैसे माँगे हैं। ये पैसे सरकार ने अपनी दो योजनाओं को देने के लिए आग्रह किया है। भाजपा सरकार ने इसका विरोध किया है।

कॉन्ग्रेस सरकार की भाषा एवं संस्कृति विभाग ने यह पत्र 29 जनवरी 2025 को मंदिर ट्रस्ट को पत्र लिखा था। इसमें मंदिर समितियों से जरूरतमंद बच्चों की मदद करने का आग्रह किया गया है। सरकार की अपील पर जिलाधिकारियों ने मंदिर ट्रस्टों को पत्र जारी किया। पत्र में लिखा गया कि ‘मुख्यमंत्री सुखाश्रय’ और ‘सुख शिक्षा योजना’ की मदद सरकार के अधीन आने वाले मंदिरों के ट्रस्ट भी करेंगे।

हिमाचल प्रदेश में 36 बड़े हिंदू मंदिरों की देखरेख जिला प्रशासन करता है। इन मंदिरों से करोड़ों की आमदनी होती है। हालाँकि, यह अपील थी और इन योजनाओं में मदद करना या नहीं करना मंदिर समितियों पर छोड़ दिया गया। दरअसल, हिमाचल प्रदेश में सरकार बनते ही सुक्खू सरकार ने ‘मुख्यमंत्री सुख शिक्षा योजना’ और मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना’ शुरू की है।

‘मुख्यमंत्री सुख शिक्षा योजना’ में विधवा, तलाकशुदा, बेसहारा महिलाओं और दिव्यांग माता-पिता के बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण के लिए वित्तीय सहायता दे रही है। इसके लिए पात्रता 18 वर्ष से कम आयु है। इसके लिए 1,000 रुपए मासिक दी जा रही है। वहीं, मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना में सरकार ने 6,000 बच्चों को गोद लिया और उन्हें ‘चिल्ड्रन ऑफ स्टेट’ का दर्जा दिया है।

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कॉन्ग्रेस सरकार सनातन और हिंदू का विरोध करती है। दूसरी तरफ मंदिरों से पैसा लेकर अपनी योजना चलाना चाह रही है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों पर दबाव बनाया जा रहा है कि मंदिरों से पैसा लेकर सरकार को जल्दी भेजा जाए। उन्होंने लोगों से भी इसका विरोध करने की अपील की है।

बता दें कि हिमाचल प्रदेश में 36 मंदिर सरकार के अंतर्गत आते हैं। इनमें सबसे धनवान मंदिर ऊना जिले का माँ चिंतापूर्णी मंदिर है। इस मंदिर के खजाने में एक अरब रुपए की बैंक एफडी और 1,098 किलोग्राम से अधिक सोना एवं 72,000 किलोग्राम चाँदी है। बिलासपुर में स्थित शक्तिपीठ नैनादेवी मंदिर के पास 11 करोड़ रुपए नकद और 58 करोड़ रुपए से अधिक की बैंक एफडी है।

इसके अलावा नैनादेवी मंदिर शक्तिपीठ में 1,080 किलोग्राम सोना और 72,000 किलोग्राम से अधिक चाँदी है। इसके अलावा, कई अन्य शक्तिपीठों में भी अरबों रुपए की संपत्ति है। इसके अलावा, अन्य शक्तिपीठों में भी अरबों रुपए की संपत्ति और हजारों किलोग्राम सोना-चाँदी है।