Home Blog Page 5741

हिस्ट्रीशीटर फ़िरोज़ करता था पागलपन का नाटक, जब पहुँचा ‘मेंटल वार्ड’ तो खुल गई पोल

एक हिस्ट्री शीटर अपराधी की उल-जुलूल हरकतों से परेशान होकर पुलिस ने उसे सबक सिखाने के लिए दिमागी रूप से बीमार लोगों के अस्पताल में भेज दिया। कमाल की बात ये हुई कि पुलिस की तरकीब काम कर गई और दोषी ने 24 घंटों के अंदर ही वहाँ से बाहर आने के लिए स्वीकार कर लिया कि वो ऐसी हरकतें इसलिए करता था ताकि पुलिस की हिरासत से छूट सके।

पुणे मिरर में प्रकाशित खबर के मुताबिक फिरोज़ मकबूल खान उर्फ़ बबली नामक यह व्यक्ति नानापीठ का रहने वाला है। 46 वर्ष की आयु में इस व्यक्ति पर मारपीट और संपत्ति अपराध के 49 मामले दर्ज हैं। साथ ही ये व्यक्ति आर्म्स एक्ट और आईपीसी धारा 392 और 506(2) के तहत गिरफ्तार भी हो चुका है। जानकारी के मुताबिक 8 जून को फिरोज ने एक सिगरेट बेचने वाले से मारपीट की क्योंकि दुकानदार ने उसे मुफ्त में सिगरेट देने से मना कर दिया था। इस घटना के बाद दुकानदार आरीफ़ रमजान तंबोली ने अगले दिन शिकायत दर्ज करवाई और क्राइम ब्रांच पुलिस ने फिरोज को उसके घर से 14 जून को गिरफ्तार किया।

इसके बाद पुलिस जैसे ही उसे थाने लेकर आई तो फिरोज ने वहाँ अपने नाटक शुरू कर दिए और पागलों जैसी हरकतें करने लगा। पुलिस ने उसे लश्कर थाने में बंद किया, लेकिन वहाँ भी उसके नखरे कम नहीं हुए। 15 जून को 1:30 बजे खान को ससून जनरल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। फिरोज़ ने यहाँ भी अपना नाटक बंद नहीं किया। फिरोज़ के इन हरकतों को देखकर डॉक्टर और पुलिस ने तय किया कि उसे वार्ड नंबर 26 में भेजा जाएगा जो दिमागी रूप से बीमार लोगों का वार्ड था।

इस फैसले के बाद 24 घंटों के भीतर ही फिरोज अपने असली रूप में आ गया। वार्ड में मरीजों की हालत देखकर उसने वहाँ खाना और दवाई लेने से मना कर दिया। उसे डर था कहीं वाकई में उसकी दिमागी हालत पर फर्क न पड़ जाए। उसने तुरंत डॉक्टर और जाँच अधिकारी को बुलवाया और उसे वहाँ से बाहर ले जाने की भीख माँगने लगा। उसे लग रहा था कि उसे जल्द ही यरवदा के पागलखाने भेज दिया जाएगा। लेकिन सच्चाई बताने के बाद भी डॉक्टरों ने फैसला किया कि आगे की जाँच के लिए उसे तीन दिन तक अस्पताल में रखा जाएगा। जाँच पूरी होने के बाद 18 जून को उसे कोर्ट में हाजिर किया गया जहाँ ससून के डॉक्टर ने फ़िरोज़ को मानसिक रूप से स्वस्थ करार दिया। इसके बाद उसे दो दिन की पुलिस कस्टडी में रखा गया।

इस तरह फिरोज के खेल में पुलिस ने बड़ी समझदारी से उसे हराया। पुलिस ने बताया कि हर बार जब भी उसे हिरासत में लिया जाता था तो वो अजीब-अजीब हरकतें करता था। कभी वो अपने मुँह में ब्लेड दबा लेता था तो कभी खिड़की से कूद जाने की धमकी देता था। इन हरकतों से कोर्ट फिरोज की मानसिक हालत पर सहानुभूति दिखाती थी और उसके पक्ष में अपना फैसला देती थी। आरोपित ने खुद स्वीकारा कि वो दिमागी रूप से बीमार नहीं है, वो ऐसी हरकतें इसलिए करता था ताकि वो पुलिस से बच सके।

अवैध मस्जिद निर्माण के खिलाफ बोलने पर BJP सांसद को ‘मीम सेना’ ने दी धमकी

पश्चिमी दिल्ली से भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा को सरकारी जमीन और सड़क के किनारे अवैध रुप से मस्जिदों के निर्माण का मामला उठाने के मामले में धमकियाँ मिल रही हैं। प्रवेश वर्मा ने गुरुवार (जून 20, 2019) को पुलिस कमिश्नर अमूल्य पटनायक को चिट्ठी लिखकर बताया है कि उन्हें फोन पर एसएमएस भेजकर और सोशल मीडिया के जरिए जान से मारने की धमकियाँ दी जा रही है। उन्होंने इस मामले की जाँच कर आरोपितों का पता लगाने और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की माँग की है।

प्रवेश का कहना है कि उन्होंने 17 जून को वेस्ट दिल्ली में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्ज़ा कर वहाँ मस्जिदें और कब्रिस्तान बनाने का मुद्दा उठाते हुए दिल्ली के उप राज्यपाल को चिट्ठी लिखी थी। इसमें उन्होंने माँग की थी कि सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों की कमिटी का गठन करके इस पूरे मामले की जाँच कराई जाए और अवैध निर्माणों को हटाया जाए जिसके बाद से उन्हें इस तरह की धमकियाँ मिलनी शुरू हुईं हैं।

अपनी चिट्ठी के साथ प्रवेश ने धमकी भरे मैसेज के फोटो खींचकर भी बतौर सबूत पेश किया है। प्रवेश के मुताबिक, मीम सेना नामक एक संगठन के नैशनल प्रेसिडेंट शादाब चौहान के नाम से उन्हें धमकी भरे मैसेज भेजकर चेतावनी दी जा रही है कि अगर उन्होंने मस्जिदों को टारगेट किया, तो मीम सेना उन्हें सबक सिखाएगी। ट्विटर पर मिली धमकी में लिखा गया है, “अगर तुमने हमारी मस्जिदों को निशाना बनाया तो तुम्हें सबक सिखा दिया जाएगा। तुम हमारी ताकत नहीं जानते, मैं तुम्हें चैंलेज करता हूँ, तुम हमारी एक भी अवैध मस्जिद को छूकर दिखाओ।”

INX मीडिया केस में चिदंबरम के सहयोगी पूर्व अधिकारी फँसे, चलेगा केस

केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) ने INX मीडिया से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले में 4 सेवानिवृत्त नौकरशाहों के ख़िलाफ़ अभियोग चलाने के लिए प्रथम दृष्टया मामले को मंजूरी दी है। इसमें NITI Aayog की पूर्व सीईओ सिंधुश्री खुल्लर और पूर्व MSME सचिव अनूप पुजारी भी शामिल हैं, जिन्होंने वित्त मंत्रालय में पी चिदंबरम के अधीन आर्थिक विभाग में काम किया था। बता दें इस मामले में पी चिदंबरम और उनके बेटे कार्ति चिदंबरम पर भी रिश्वत लेने का आरोप है

टाइम्स ऑफ इंडिया में प्रकाशित खबर के अनुसार सूत्रों ने बताया है कि डीईए, सीबीआई और डीओपीटी ने सीवीसी से राय मांगी थी जिसके आधार पर सीवीसी ने इन चारों पूर्व अधिकारियों के ख़िलाफ़ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है। जिसमें हिमाचल प्रदेश सरकार में वर्तमान प्रमुख सचिव प्रबोध सक्सेना और डीईए के पूर्व अवर सचिव रबिन्द्र प्रसाद का भी नाम है।

जाँच से जुड़े सूत्रों ने बताया कि सीवीसी ने आईएनएक्स मीडिया के एफडीआई प्रस्ताव को एफआईपीबी को मंजूरी देने में चार सेवानिवृत्त/सेवारत अधिकारियों की कथित भूमिका की जाँच करने के लिए सीबीआई को मंजूरी दे दी है, लेकिन एफआईपीबी विनियमों के अनुसार आईएनएक्स न्यूज प्राइवेट लिमिटेड में 26% “डाउनस्ट्रीम निवेश” को मंजूरी नहीं दी है।

खबरों के अनुसार इस मामले में अधिकारियों पर आरोप है कि इन्होंने चिदंबरम के साथ मिलकर आईएनएक्स मीडिया को अवैध रूप से एफआईपीबी मंजूरी दी थी। उस दौरान ये अधिकारी उस समय पी चिदंबरम के अधीन आर्थिक कार्य विभाग में काम कर रहे थे। खुल्लर उस समय आर्थिक मामलों के विभाग में अतिरिक्त सचिव थीं और इससे पहले वह चिदंबरम की ओएसडी भी रह चुकी हैं। वहीं इस दौरान पुजारी संयुक्त सचिव थे और सक्सेना वित्त मंत्रालय में निदेशक थे।

पहली बार दुनिया भर के राजनयिकों ने UN महासभा के भीतर मनाया Yoga Day

आज भारत समेत दुनिया भर में 5वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राँची में योग दिवस के कार्यक्रम में भाग लिया और जनता को संबोधित किया। इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा, “योग अनुशासन है, समर्पण हैं, और इसका पालन पूरे जीवन भर करना होता है। योग आयु, रंग, जाति, संप्रदाय, मत, पंथ, अमीरी-गरीबी, प्रांत, सरहद के भेद से परे है। योग सबका है और सब योग के हैं।”

भारत में जहाँ योग दिवस को पूरे जोश के साथ मनाया जा रहा है, वहीं संयुक्त राष्ट्र महासभा के भीतर योग दिवस मनाया गया। इस मौके पर संयुक्त राष्ट्र महासभा के भीतर बंद कमरे में योग किया गया। इसकी जानकारी संयुक्त राष्ट्र महासभा में भारत के स्थायी प्रतिनिधि सैयद अकबरुद्दीन ने दी। उन्होंने इस दौरान उम्मीद जताई कि जनरल असेंबली हॉल में किया गया ये पहला इनडोर योग सत्र योग करने वालों के लिए भविष्य में इसके महत्ता को और अधिक सुदृढ़ करेगा और खुशहाली लेकर आएगा।

यूँ तो दुनिया भर के कई देशों में लोग स्वस्थ रहने के लिए योग करते हैं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने की शुरुआत भारत की पहल के चलते हुई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में 27 सितंबर 2014 को दुनियाभर में योग दिवस मनाने का आह्वान किया था। संयुक्त राष्ट्र महासभा ने प्रस्ताव आने के बाद 11 दिसंबर 2014 को यह निर्णय लिया कि प्रत्येक वर्ष 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा।

इसके बाद दुनिया भर के लोग हर साल 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाते हैं। 21 जून 2015 को पहला अंतरराष्‍ट्रीय योग दिवस मनाया गया था, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्‍व में 35 हजार से अधिक लोगों और 84 देशों के प्रतिनिधियों ने दिल्‍ली के राजपथ पर योग के 21 आसन किए थे।

ईरान-अमेरिका में टकराव की संभावना से फारस की खाड़ी में भारत ने शुरू किया ‘ऑपरेशन संकल्प’

फारस की खाड़ी में ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ती तनातनी को देखते हुए भारत ने यहाँ से गुजरने वाले जहाजों को सुरक्षित निकालने के लिए ‘ऑपरेशन संकल्प’ शुरु कर दिया है। इस ऑपरेशन के तहत भारतीय नौसेना के युद्धपोतों को जिम्मेदारी दी गई है कि फारस की खाड़ी, ओमान की खाड़ी और होरमुज़-स्ट्रेट से गुजर रहे भारत के जहाजों को सुरक्षित वहाँ से निकालना है।

इस अभियान के तहत भारतीय नौसेना ने अपने दो युद्धपोतों आईएनएस चेन्नै और आईएनएस सुनयना को फारस की खाड़ी में तैनात किया है। ये दोनों भारतीय युद्धपोत समुद्री सुरक्षा ऑपरेशन करेंगे। यहाँ नौसेना के प्रवक्ता ने यह जानकारी देते हुए बताया कि गुड़गाँव स्थित इन्फार्मेशन फ्यूजन सेंटर के जरिए खाड़ी के क्षेत्र में पोतों की आवाजाही पर नजदीकी नजर रखी जा रही है। प्रवक्ता ने बताया कि खाड़ी के इलाके में भारतीय नौसेना के समुद्री टोही विमानों की मदद से भी सुरक्षा हालात पर हवाई नजर रखी जा रही है।

गौरतलब है कि फारस की खाड़ी में अमेरिका के युद्धपोत तैनात हो चुके हैं। ईऱानी नौसेना भी इस इलाके में अपनी तैनाती बढ़ा चुकी है। आशंका है कि ईरान औऱ अमेरिकी नौसेना के बीच टकराव की वजह से दूसरे देशों के पोत चपेट में आ सकते हैं। इसीलिए भारतीय व्यापारिक पोतों को सुरक्षा प्रदान करने के लिये भारतीय नौसेना ने अपने दो पोत वहाँ भेजे हैं।

अमेरिका और ईरान के बीच सम्बन्ध वर्षों से तनाव पूर्ण रहे हैं। आज ही ईरान ने अमेरिकी सेना का एक ड्रोन मार गिराया है। जिसके बाद दुनिया के सबसे शक्तिशाली देश अमेरिका और ईरान के बीच का तनाव एक बार खुल कर सतह पर आ गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प को ईरान की ये हरक़त इतनी नागवार लगी है कि ट्रम्प ने एक ट्वीट में बहुत कम शब्दों में ईरान को चेतावनी दे दी है।

हिमालये तु केदारं: एक नजर बाबा केदार तक के आध्यात्मिक सफर पर

वाराणस्यां तु विश्वेशं
त्र्यम्बकं गौतमीतटे।
हिमालये तु केदारं
घुश्मेशं च शिवालये॥

अर्थात, वाराणसी में विश्वनाथ के रूप में, गोमती नदी के तट पर त्रयम्बकेश्वर के रूप में, हिमालय पर केदारनाथ और अंतिम घृष्णेश्वर के रूप में शिव विराजमान हैं।

हिन्दू धर्म में चार धाम यात्रा का बहुत बड़ा महत्त्व है। इस यात्रा का विशेष महत्त्व यह है कि लोग अपने पितरों के मोक्ष एवं उद्धार के लिए पूरे भारत भर में स्थापित पवित्र धामों और तीर्थस्थलों तक पहुँचते हैं। हालाँकि, कुछ लोग इस बात से भी परिचित नहीं हैं और वो चार धाम यात्रा का अर्थ सिर्फ और सिर्फ उत्तराखंड में स्थापित श्री बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और कालिंदी पर्वत पर स्थित यमुनोत्री को ही समझ लेते हैं। जबकि इनमें से भारत में स्थापित कुछ धामों में से मुख्य धाम बद्रीनाथ और केदारनाथ ही हैं।

एक नजर उत्तराखंड दूरस्थ हिमालय में बसे इन धामों की खूबसूरती पर

सुबह की पहली धूप के साथ कोहरे और चमकते हिमालय में विराजमान महादेव कुछ इस तरह नजर आते हैं

शिव के द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक केदारनाथ ज्योतिर्लिंग पर्वतराज हिमालय की केदार नामक शिखा पर दुर्गम रूप में स्थित है। समुद्र की सतह से करीब साढ़े 12 हजार फीट की ऊँचाई पर केदारनाथ मंदिर उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में स्थित है। बारह ज्योतिर्लिंगों में केदारनाथ धाम का सर्वोच्य स्थान है। साथ ही यह पंच केदार में से एक है।

केदार का शाब्दिक अर्थ है दलदल

केदारनाथ धाम में भगवान शिव के पृष्ट भाग के दर्शन होते हैं। त्रिकोणात्मक स्वरूप में यहाँ पर भगवान का विग्रह है। केदार का अर्थ दलदल है। पत्थरों से बने कत्यूरी शैली के मंदिर के बारे में मान्यता है कि इसका निर्माण पांडवों ने कराया था। जबकि आदि शंकराचार्य ने मंदिर का जीर्णोद्धार करवाया। मंदिर की विशेषता यह है कि 2013 की भीषण आपदा में भी मंदिर को आँच तक नहीं पहुँची थी। मंदिर के कपाट अप्रैल से नवंबर माह के मध्य ही दर्शन के लिए खुलते हैं।

त्थरों द्वारा कत्यूरी शैली में निर्मित मंदिर

स्कंद पुराण के अनुसार गढ़वाल को केदारखंड कहा गया है। केदारनाथ का वर्णन महाभारत में भी है। महाभारत युद्ध के बाद पांडवों के यहाँ पूजा करने की बातें सामने आती हैं। माना जाता है कि 8वीं-9वीं सदी में आदिगुरु शंकराचार्य द्वारा मौजूदा मंदिर को बनवाया था।

बाबा भूखूड भैरव
श्री त्रियुगीनारायण मंदिर, जहाँ पर भगवान शिव व माता पार्वती का विवाह हुआ था  

श्री त्रियुगीनारायण मंदिर उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में ही स्थित है और केदारनाथ मंदिर से पहले पर्यटक यहाँ पर अवश्य आते हैं। यही वो स्थान है जहाँ पर भगवान शिव व माता पार्वती का विवाह संपन्न हुआ था। स्थानीय गढ़वाली भाषा में इसे त्रिजुगी नारैण कहते हैं।

रुद्रप्रयाग में स्थित ‘त्रिजुगी नारैण’ एक पवित्र जगह है, माना जाता है कि सतयुग में जब भगवान शिव ने माता पार्वती से विवाह किया था तब यह ‘हिमवत’ की राजधानी थी। जिस हवन कुण्ड की अग्नि को साक्षी मानकर विवाह हुआ था वह अभी भी प्रज्वलित है। आज भी इस स्थान पर उस विवाह वेदी की धुनि जलती हुई दिखाई जाती है।
इस मंदिर का नाम तीन शब्दों यथाः त्रि यानी तीन, युग यानी सतयुग, त्रेता और द्वापर युग, नारायण यानी विष्णु का ही एक नाम इस तरह त्रियुगी नारायण नाम पड़ता है।

इसी पवित्र स्थान के आस-पास ही विष्णु मंदिर भी है। इस मंदिर की वास्तुशिल्प शैली भी केदारनाथ मंदिर की ही तरह है। इस जगह के भ्रमण के दौरान पर्यटक रुद्र कुण्ड, विष्णु कुण्ड और ब्रह्म कुण्ड भी देख सकते हैं। इन तीनों कुण्डों का मुख्य स्त्रोत ‘सरस्वती कुण्ड’ है। मान्यताओं के अनुसार, इस कुण्ड का पानी भगवान विष्णु की नाभि से निकला है।

शाम की आरती के समय चमकता केदारनाथ मंदिर
नागेन्द्रहाराय त्रिलोचनाय भस्माङ्गरागाय महेश्वराय।
शाम होते ही मंदिर का माहौल आध्यात्मिक रूप ले लेता है
मंदिर के बाहरी हिस्से में विराजमान नंदीश्वर महाराज
देवी सती के शव के साथ शिव

2013 की भीषण आपदा के बाद केदारनाथ मंदिर को नए तरीके से सजाया गया। हालाँकि, यह कार्य अभी तक भी जारी है।

मंदिर परिसर में शिव के त्रिनेत्र को दर्शाती पेंटिंग
अर्धनारीश्वर रूप
प्रत्येक वर्ष एक निश्चित दिन पर मंदिर के कपाट श्रद्दालुओं के लिए खोले जाते हैं

श्री केदारनाथ मंदिर के कपाट इस वर्ष 9 मई की सुबह भक्‍तों के लिए खोल दिए गए। उससे पहले पूरे विधि विधान के साथ केदारनाथ की पूजा अर्चना की जाती है। इस मौके पर पूरे मंदिर परिसर को फूलों और रोशनी से सजाया जाता है।

बद्रीनाथ के दर्शन से पूर्व केदारनाथ के दर्शन करने का महात्म्य माना जाता है
केदारनाथ में रात के समय हिमालय के शिखर से झाँकता हुआ चन्द्रमा
केदारनाथ
बर्फ की चट्टानों के बीच से ही श्रद्धालुओं को लगभग 20 से 25 किलोमीटर का सफर पैदल तय करना होता है
बाबा केदार के दर्शन के बाद थकान मिटाते और ‘चिल’ करते हुए श्रद्धालु
एक ही तस्वीर में पुरुषार्थ : 20 किलोमीटर की चढ़ाई चढ़ पाने में असमर्थ लोग “कंडियों” के सहारे बाबा केदार के दर्शन करने पहुँचते हैं

हाल ही में उत्तराखंड सरकार द्वारा जारी किए गए आँकड़ों में पाया गया है कि इस वर्ष प्रतिदिन औसतन केदारनाथ पहुँचने वाले पर्यटकों की सँख्या 18-20,000 हो चुकी है। यानी 1 महीने में 6 लाख से अधिक श्रद्धालु अभी तक केदारनाथ पहुँच चुके हैं। इस तरह से पर्यटकों ने विगत सभी वर्ष के आँकड़ों को पीछे छोड़ दिया है। इसमें कुछ योगदान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा केदारनाथ की गुफा में ध्यान लगाती हुई तस्वीरों का भी माना जा रहा है। प्रकृति इतना भार वहन कर पाने में सक्षम है या नहीं यह कह पाना मुश्किल है। लेकिन उत्तराखंड को इन चार धामों के माध्यम से पर्यटन के रूप में अच्छी पहचान मिली है।

ईरान ने मार गिराया अमेरिकी ड्रोन, ट्रम्प ने कहा ‘ईरान ने एक बड़ी भूल कर दी’

अमेरिका और ईरान के बीच सम्बन्ध वर्षों से तनाव पूर्ण रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आज ईरान ने अमेरिकी सेना का एक ड्रोन मार गिराया है। जिसके बाद दुनिया के सबसे शक्तिशाली देश अमेरिका और ईरान के बीच का तनाव एक बार खुल कर सतह पर आ गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प को ईरान की ये हरक़त इतनी नागवार लगी है कि ट्रम्प ने एक ट्वीट में बहुत कम शब्दों में ईरान को चेतावनी दे दी।

ट्रम्प ने कहा, “ईरान ने एक बड़ी भूल कर दी।” इस छोटे से वाक्य में ही अमेरिका और ईरान के बीच संभावित युद्ध की आशंकाएँ उठने लगी हैं। तो वहीं ईरान से तेल खरीदने वाले देश तेल के दाम बढ़ जाने की चिंता से हलकान है।

ईरान के अमेरिकी ड्रोन मार गिराने की खबर के बाद से ही अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर क्रूड यानी कच्चे तेल की कीमतों में आग लग चुकी है। कुछ ही मिनटों में क्रूड की कीमतों में 3% से ज्यादा का उछाल देखा गया। अगर दोनों देशों के बीच युद्ध जैसे हालात बने रहते है या युद्ध की नौबत आती है तो कुछ मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, कच्चा तेल के दाम में 10% की बढ़ोतरी का अनुमान व्यक्त किया जा रहा है।

अनुमान यह भी है कि ऐसे में भारत के लिए कच्चा तेल खरीदना और महँगा हो जाएगा। जिससे पेट्रोल-डीज़ल के दाम भी भारत में 8% तक बढ़ सकते हैं। बता दें कि तेल के दाम बढ़ने का असर देश की अर्थव्यवस्था पर साफ़ नज़र आता है। तेल के दाम बढ़ने से देश में महँगाई बढ़ेगी, जिसका आर्थिक ग्रोथ पर निगेटिव असर होता है।

जानकारी के लिए बता दें कि ईरान के सबसे बड़े तेल ग्राहक चीन और भारत हैं। भारत चीन के बाद कच्चे का सबसे बड़ा खरीदार देश है। भारत ईरान से हर रोज करीब 4.5 लाख बैरल कच्चे तेल की खरीद करता है।

मामले की तल्खी के बीच, अमेरिकी अधिकारी ने कहा है कि ईरान की सतह से हवा में मार करने वाली एक मिसाइल ने स्ट्रेट ऑफ हॉर्मूज के ऊपर अंतरराष्ट्रीय एयरस्पेस में अमेरिकी ड्रोन को मार गिराया है। वहीं, ईरान के रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स ने कहा है कि ड्रोन दक्षिणी ईरान के ऊपर उड़ान भर रहा था। मामला जो भी अब ट्रम्प की धमकी के बाद सम्पूर्ण विश्व की निगाहें इस मामले में दोनों देशों के अगले कदम पर टिक चुकी हैं।

बता दें कि अमेरिका और ईरान के बीच पिछले एक साल से तनावपूर्ण माहौल जारी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान से एक साल पहले परमाणु समझौता वापस ले लिया था। ईरान ने हाल ही में कहा था कि वह कम समृद्ध यूरेनियम के उत्पादन को बढ़ाएगा और उसने हथियार-ग्रेड स्तर के करीब इसके संवर्धन को बढ़ावा देने की धमकी दी थी। जिससे कि यूरोप पर 2015 डील के लिए दबाव बनाया जा सके।

विगत कुछ समय में अमेरिका ने एक विमानवाहक पोत को मध्य पूर्व में भेजा है और इस क्षेत्र में पहले से ही 10 हजार सैनिक तैनात हैं इसके बावजूद हजारों अतिरिक्त सैनिकों की तैनाती की गई है। रहस्यमय हमलों ने तेल टैंकरों को भी निशाना बनाया क्योंकि ईरान-सहयोगी हौती विद्रोहियों ने सऊदी अरब में बम से लैस ड्रोन लॉन्च किए। इससे आशंका बढ़ गई है कि दोनों देशों के बीच संघर्ष हो सकता है। ऐसे में अगर तनाव बढ़ता है और युद्ध के हालात बनते हैं तो ऐसा ईरान की इस्लामिक क्रांति के 40 साल बाद होगा। ईरानी सेना का यहाँ तक कहना है कि वो युद्ध के लिए भी तैयार हैं। 

भ्रष्ट अधिकारियों का प्रमोशन रोके, स्वैच्छिक रिटायरमेन्ट कराए सरकार: योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार (20 जून) को कहा कि भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए इस सिस्टम में कोई स्थान नहीं है और उन्हें स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति दी जानी चाहिए। आदित्यनाथ ने उन अधिकारियों की सूची तैयार करने के आदेश भी जारी किए जिनके पास मामले काफ़ी समय से लंबित हैं या वे संदिग्ध गतिविधियों में शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने गुरुवार को राज्य सचिवालय के प्रशासनिक विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के दौरान यह टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि अदालती आदेशों से संबंधित मामलों को योग्यता के आधार पर तुरंत निपटाया जाना चाहिए। एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री द्वारा ‘आउटसोर्सिंग’ के ज़रिए काम पर रखे गए कर्मचारियों के लंबित वेतन को तुरंत दिए जाने का आग्रह भी किया गया है।

इसके अलावा ई-ऑफिस प्रणाली के बारे में बात करते हुए, सीएम योगी ने अपडेट के बारे में पूछताछ की और अधिकारियों को हर कार्यालय को जोड़ने के काम में तेजी लाने के दिशा-निर्देश भी दिए। इसे जिला स्तर के कार्यालयों में भी ले जाया जाना चाहिए और सचिवालय के महत्वपूर्ण दस्तावेज़ों को संरक्षित करने की व्यवस्था भी की जानी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को उन कर्मचारियों के भुगतान को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जो 4 महीने से अधिक समय से लंबित हैं। उन्होंने अधिकारियों को पदोन्नति से संबंधित मुद्दों पर उचित कार्रवाई करने, कर्मचारियों की रिक्तियों और सेवानिवृत्ति से संबंधित जानकारी को साझा करने के निर्देश दिए। प्रेस रिलीज़ के मुताबिक, मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने अधिकारियों से कहा है कि वो भ्रष्ट कर्मचारियों के ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई करें, उनकी पदोन्नति प्रक्रिया को रोकें और उन्हें स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति दें।

मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने यह भी कहा कि जल्द ही सचिवालय में उपस्थिति की बायो-मेट्रिक प्रणाली शुरू की जाएगी। स्वच्छता और सुरक्षा के बारे में बात करते हुए, मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सचिवालय और अन्य संबंधित कार्यालयों में सुरक्षा के पुख़्ता इंतज़ाम के निर्देश भी जारी किए। उन्होंने निर्देश दिया, “किसी भी अवांछित व्यक्ति को अधिकारियों की अनुमति के बिना किसी भी प्रशासनिक कार्यालय में प्रवेश की अनुमति नहीं होनी चाहिए और अनधिकृत व्यक्तियों के लिए मोबाइल फोन पर भी प्रतिबंध होना चाहिए।”

इसके अलावा योगी आदित्यनाथ ने महान हस्तियों के नाम पर सभी सभागारों का नाम बदलने का भी निर्देश दिया। उन्होंने सचिवालय के अधिकारियों से कहा कि वे नगर निगम के साथ सहयोग करें और उन होर्डिंग्स को हटा दें जो विधान भवन और लोक भवन के सामने हैं। इस समीक्षा बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव महेश कुमार गुप्ता, सचिवालय प्रशासन विभाग, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव एसपी गोयल और विभाग के अन्य कर्मचारी भी उपस्थित थे।

नौटंकीबाज मीसा! लालू के पेड वॉर्ड का पैसा बचाकर मुजफ्फरपुर के बच्चों की मदद क्यों नहीं करती

प्रधानमंत्री द्वारा आयोजित रात्रिभोज में मीसा भारती ने सम्मिलित होने से मना कर दिया है। उनका कहना है कि जितने रुपयों में यह डिनर आयोजित किया जा रहा है उस राशि से मुजफ्फरपुर में बीमार बच्चों के लिए दवाइयाँ और मेडिकल उपकरण खरीदे जा सकते हैं।

समाचार है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज (गुरुवार 20 जून) को लोकसभा और राज्यसभा सांसदों को बैठक और रात्रिभोज के लिए आमंत्रित किया है। यह रात्रिभोज दिल्ली के अशोका होटल में आयोजित होना है। संसदीय कार्यमंत्री प्रहलाद जोशी ने सभी सांसदों इसके लिए निमंत्रण भेजा है। केंद्र में दूसरी बार एनडीए सरकार बनने के बाद सभी सांसदों के साथ यह पहली बैठक होगी।

मीसा भारती का बयान ऐसे समय में आया है जब उनके पिता लालू प्रसाद यादव खुद रिम्स (RIMS) अस्पताल के पेड वार्ड में आराम फरमा रहे हैं। बता दें कि जिस वार्ड में सजायाफ्ता कैदी लालू यादव इलाज करवा रहे हैं उसका खर्चा 1000 रुपए प्रतिदिन है। लेकिन मीसा भारती अपने पिता से जाकर यह नहीं पूछतीं कि वो एक साधारण नागरिक की तरह जनरल वार्ड में इलाज क्यों नहीं करवा रहे।

लालू यादव के इलाज में पानी की तरह बहता पैसा बचाकर भी मुजफ्फरपुर के बच्चों के परिजनों को दिया जा सकता है। उस पैसे से भी दवाइयाँ और उपकरण खरीदे जा सकते हैं। एक सजायाफ्ता कैदी जिसकी अपनी खुद की कोई कमाई नहीं है वह 1000 रुपए प्रतिदिन के वार्ड में अपना इलाज क्यों करवा रहा है इसका जवाब भी मीसा भारती को देना चाहिए।

मीसा भारती को अपने पिता के उन दिनों को याद करना चाहिए जब वे रैली नहीं ‘रैला’ किया करते थे और हेलीकॉप्टर से घूम-घूमकर प्रचार किया करते थे। बेतहाशा बहाए गए उस धन का संचय किया गया होता तो आज मुजफ्फरपुर में AES से पीड़ित बच्चों को दवाई भेजी जा सकती थी।

प्रधानमंत्री द्वारा दिया गया भोज सभी सांसदों के बीच समन्वय और मित्रता बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया कार्य है। प्रत्येक सांसद सदन में केवल दूसरे दल के सांसद की टाँग खींचने का काम न करे बल्कि देशहित के मुद्दों पर स्वस्थ चर्चा हो इसलिए आपसी समझ बढ़ाने के लिए इस प्रकार की बैठकें और भोज शासन व्यवस्था की अनौपचारिक अनिवार्यता है। इसे मुजफ्फरपुर की त्रासदी से जोड़ना हास्यास्पद है।

मीसा भारती उसी प्रकार ‘हीरोइन’ बनने की कोशिश कर रही हैं जैसे फ़िल्मी सितारे किसी आपदा के आने पर कोई त्यौहार न मनाने का वादा करते हैं। मीसा भारती के रात्रिभोज में न जाने से मुजफ्फरपुर के बीमार बच्चे ठीक नहीं हो जाएँगे और न ही वे वापस आएँगे जो अपने माँ बाप को छोड़कर इस दुनिया से चले गए। बल्कि सच यह है कि ये बच्चे बीमार ही नहीं पड़ते अगर लालू यादव और राबड़ी देवी (जो कि मीसा के बाप-माँ हैं) पूरी ऊर्जा के साथ बिहार की जनता के उत्थान के लिए काम करते।

बच्चों का नृत्य विचारोत्तेजक नहीं बल्कि उनकी क्षमता-शक्ति का परिचायक है, इसे सीमाओं में न बाँधें…

शैशवकाल या फिर बाल्यावस्था किसी भी मनुष्य के जीवन का वो दौर होता है, जिसमें वो अपने भीतर ऊर्जा के चरम को महसूस करता है। इस काल में शिक्षा-दीक्षा से लेकर खेल-मनोरंजन तक एक बच्चा हर चीज़ को अपने मन मुताबिक ग्रहण करता है। बच्चे के भीतर इस दौरान समय-समय पर सृजनात्मकता का विस्फोट होता है, जो कभी उसकी कला में दिखता है, कभी उसके परीक्षाफल में तो कभी घर में म्यूजिक या फिर ढोल बजते ही। बच्चा क्या अन्तग्रहण करेगा इसका निर्धारण हमारे आस-पास के माहौल द्वारा किया जाता है न कि सरकार द्वारा।

बच्चे की सृजनात्मकता का अपनी पराकाष्ठा तक पहुँचना ही उसके लिए एक बेहतर भविष्य की संभावनाओं को उजागर करता है। बच्चा इन बातों से अबोध होता है कि आस-पास के माहौल का उस पर क्या असर पड़ रहा है, वो धीरे-धीरे चीज़ों को ग्रहण करता है और अपने मनमुताबिक उसमें खुद को ढाल लेता है। वो अपने हिसाब से चीजों को देखता-समझता और उस पर प्रतिक्रिया देता है। हम बड़े उसे कितना ही क्यों न समझा लें, लेकिन वो करता वही है जो उसकी इच्छा हो, फिर चाहे वो उसके लिए ‘सीमा’ तय करने वालों की आँखों के आगे उसे पेश करे या फिर अकेले में ही उस पर काम करता रहे।

हाल-फिलहाल में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा एक एडवाइजरी जारी की गई, जिसमें कहा गया कि बच्चों की नृत्य प्रतियोगिता कराने में उनके मानसिक और शारीरिक विकास को ध्यान में रखना चाहिए। मंत्रालय का मानना है कि रियलिटी शो में बच्चों को जिन गानों पर जिस तरह के नृत्य करते दिखाया जा रहा है, मूल रूप से वह वयस्कों के लिए उपयुक्त हैं, या यूँ कह लें कि वयस्कों के लिए ये विचारोत्तेजक और उम्र के अनुकूल होते हैं। ऐसे में इन नृत्यों को छोटे बच्चों से करवाने पर उनके मानसिक और संरचनात्मक विकास पर विपरीत प्रभाव पड़ सकता है। इसलिए चैनलों को इस तरह के शो के दौरान एतिहात बरतने की सलाह दी जाती है।

सरकार का यह फैसला हो सकता है आधिकारिक तौर या फिर कागजी नैतिकता के आधार पर उचित हो, लेकिन तकनीक के दौर में बच्चों के लिए ऐसे दायरे तय कर देना या उनकी सलाह देना बेहद हास्यास्पद है। आप यदि सिर्फ़ नृत्य प्रतियोगिताओं में बच्चों के प्रदर्शन मात्र को विचारोत्तजक बताकर उन पर रोक लगाना चाह रहे हैं, तो फिर आपको तकनीक से भी गुरेज़ करना चाहिए क्योंकि कहीं न कहीं आज बच्चे अपनी उम्र से बड़ी बातें इसलिए करते हैं क्योंकि तकनीक ने ऐसा मुमकिन किया है।

बच्चे पूरे दिन तकनीक के इर्द-गिर्द रहते हैं, वह वो सब जानना चाहते हैं जिन्हें आपके अनुसार एक तय उम्र के बच्चों को नहीं जानना चाहिए। मैं इस बात से बिलकुल मना नहीं कर रही कि वयस्कों के नृत्य में और बच्चों के नृत्य में फर्क नहीं होना चाहिए है। होना चाहिए, लेकिन अब के समय में केवल यही एक चीज बच्चों के मानसिक विकास को प्रभावित करती है, ऐसा नहीं है। क्योंकि ये भी सच है कि कुछ समय पहले तक वयस्कों वाले गाने और धुन से बच्चों के सोचने-समझने की शक्ति पर काफ़ी फर्क पड़ता था, लेकिन तकनीक के दखल ने इस लकीर को अब लगभग धूमिल कर दिया है। अब इस बात से भी मना नहीं किया जा सकता कि सिर्फ़ ऐसे नृत्यों के प्रदर्शन पर रोक लगा देने से नैतिकता का मूल उद्देश्य बिलकुल पूरा हो जाएगा।

आज दुनिया भर में कई ऐसे रिएलिटी शो हो रहे हैं, जिसमें बच्चे आनंद ले-लेकर हर प्रकार के नृत्यों का प्रदर्शन करते हैं, और आप मानें, चाहे न मानें लेकिन विकल्पों के कारण हमें पिछले कुछ सालों में मात्र नृत्य प्रदर्शन करने से कई अच्छे कलाकार मिले हैं, जिन्हें उनके हाव-भाव के कारण ऑन स्क्रीन बतौर एक्टर और एक्ट्रेस काम करने का मौक़ा मिला। सुपर डांसर रियलिटी शो की दिपाली इसका हालिया उदाहरण है, जिसके डांस और एक्सप्रेशन के तालमेल ने उसे टीवी पर्दे पर लीड रोल दिलाया। मुमकिन है अगर इस जगह उसे दायरे में रहकर परफॉर्म करने की सलाह दी जाती, या फिर उसकी परवरिश विचारोत्तेजक नृत्य और उसकी उम्र के नृत्य में फर्क़ बताने में हुई होती तो ऐसा संभव नहीं हो पाता।

मुझे लगता है कि हमें इस बात को स्वीकार लेना चाहिए कि 90 के दशक में बनाए गए कुछ तय नियम आज किसी भी रूप में उचित नहीं हैं। एक बच्चे को मालूम है कि वो किस कार्य को बेहतर तरीके से कर सकता है और जिसे नहीं मालूम उसे हमें सही दिशा दिखानी चाहिए, उसके प्रयासों को सराहना चाहिए न कि उसमें ‘विचारोत्तेजक’ जैसे शब्द खोजने चाहिए। बच्चों के स्वभाव के लिए सिर्फ़ और सिर्फ़ उनके आस-पास का माहौल उत्तरदायी होता है, न कि ऐसी चीजें जिनमें उसे मनोरंजन दिखे। अगर माहौल में मिली शिक्षा उचित है तो उस पर ऐसी फिजूल की चीजों का कोई असर नहीं पड़ेगा, जिनका हमें डर है। अबोध अवस्था की खासियत यही होती है कि इसमें हम चीजों को आँकने से ज्यादा उनसे सीखने की कोशिश करते हैं।

ऐसे निर्देश और सलाह देना कहीं न कहीं उन बच्चों की स्पर्धा पर पर्दे डालने जैसा है जिन्होंने आगे बढ़ने के लिए दायरों की कद्र नहीं की, जिन्होंने अपनी सृजनात्मकता का विकास किया, खुद को मानसिक रूप से संतुलित किया और प्रदर्शन के दौरान अपनी जी-जान झोंक दी। मैं मानती हूँ कि हमें ऐसे फैसलों और सलाह से ज्यादा बच्चों को भीतर से मजबूत बनाने की तैयारी करनी चाहिए, ताकि अगर कहीं हमारा डर सही भी हो, तो बच्चे विकल्पों के साथ समझौता किए बिना खुद को उस परिस्थिति के अनुरूप ढाल पाएँ और खुद को आगे बढ़ा पाएँ।

आज मात्र बच्चों के नृत्य प्रदर्शन से आप उनमें आत्मविश्वास, मजबूती, सहजता जैसे कई गुणों को आँक सकते हैं और उन्हें सही दिशा दिखा सकते हैं। ये बिलकुल सच है कि बच्चा नृत्य के दौरान बिलकुल हू-ब-हू उस कलाकार को अपने भीतर उतारने की कोशिश करता है लेकिन वो भी एक कला या फिर फैंटसी है जिसे वो अपने अंदर विकसित करना चाहता है। उसे सीमित करके हम न केवल उनके लिए विकल्पों को खत्म कर रहे हैं बल्कि इच्छाओं के साथ समझौता करना भी सिखा रहे हैं। उम्मीद है कि डांस रियलिटी शो और इससे जुड़े कोरियोग्राफर लोग भी इस विषय की गंभीरता को समझेंगे, जिसके कारण मंत्रालय को डर सताया कि नृत्य प्रदर्शन से बच्चों की अभद्र छवि पेश की जा रही है।