Home Blog Page 1488

चाँद पर मानव भेजने के लिए तैयार है भारत: इस महीने के अंत में ISRO करेगा मानवरहित उड़ान का परीक्षण, ‘क्रू एस्केप सिस्टम’ का होगा टेस्ट

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान परिषद (ISRO) अपने महत्वाकांक्षी गगनयान मिशन के लिए इस महीने के अंत में मानवरहित उड़ान परीक्षण शुरू करेगा। इसकी जोर-शोर से तैयारी चल रही है। इसके पहले चंद्रमा के सतह पर सफल लैंडिंग कर भारत उसके दक्षिणी ध्रुव पर उतरने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है। परीक्षण यान से अंतरिक्ष यात्रियों को निकालने की प्रणाली ‘क्रू एस्केप सिस्टम’ के परीक्षण की भी योजना है। 

विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र के निदेशक एस उन्नीकृष्णन नायर ने कहा कि तैयारियाँ जोरों से चल रही हैं। यान प्रणाली के सभी हिस्से प्रक्षेपण के लिए श्री हरिकोटा पहुँच गए हैं। उन्हें जोड़ने का काम जारी है। उन्होंने कहा कि अक्टूबर महीने के अंत में इसे प्रक्षेपित करने के लिए तैयार हैं।

करीब 900 करोड़ रुपए की लागत का यह मिशन अगले साल यानी 2024 में लॉन्च होगा। इससे पहले इसके लिए तीन वाहन परीक्षण किए जाने हैं। इनमें पहला वाहन परीक्षण मिशन टीवी-डी1, दूसरा टीवी-डी2 मिशन और तीसरा परीक्षण एलवीएम3-जी1 होगा। यह पूरी तरह मानवरहित मिशन होगा।

भारत के मानव मिशन के हिस्सा के रूप में गगनयान के परीक्षण वाहन को जल्द ही लॉन्च किया जाएगा, ताकि क्रू एस्केप सिस्टम का परीक्षण पूरा किया जा सके। इसके लिए फ्लाइट टेस्ट व्हीकल एबॉर्ट मिशन-1 (टीवी-डी1) की तैयारी चल रही है।

इस मानवरहित मिशन में रोबोट और ह्यूमनॉइड को अंतरिक्ष में भेजा जाएगा, उसके जरिए क्रू की सुरक्षा संबंधी डेटा जुटाया जाएगा। गगनयान के तीसरे वाहन परीक्षण एलवीएम3-जी1 के तहत जिस ह्यूमनॉइड को भेजा जाएगा, उसके जरिए क्रू के सामने आने वाली तमाम चुनौतियों की जानकारी जुटाई जाएगी।

इसके बाद भारत अपना मानव अभियान भेजेगा। ISRO चार अंतरिक्ष यात्रियों को इस अभियान के लिए प्रशिक्षण दे रहा है। इस अभियान के तहत तीन अंतरिक्ष यात्रियों को 400 किलोमीटर की कक्षा में पहुँचाकर वापस सुरक्षित धरती पर लाया जाएगा। 

रोज ₹200 करोड़ की कमाई: जानिए कैसे आम लोगों को फँसाता था वो सट्टेबाजी एप, जिससे जुड़े सोनू सूद और सोनाक्षी सिन्हा से लेकर 34 बॉलीवुड हस्तियों के तार

महादेव सट्टेबाजी एप सुर्खियों में बना हुआ है। बीते महीने प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने इस एप से जुड़े 39 जगहों पर तलाशी के दौरान सोने की छड़ें, आभूषण और कुल 417 करोड़ रुपए की नकदी बरामद की थी। बीते हफ्ते ही इस एप के विज्ञापनों में नज़र आने वाले बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर और श्रद्धा कपूर को प्रवर्तन निदेशालय ने पूछताछ के लिए तलब किया।

जाँच एजेंसी ने अब तक इस केस में चार गिरफ्तारियाँ की हैं। इस एप के दो मास्टरमाइंड और प्रमोटर अभी भी दुबई में है। इस साल फरवरी में संयुक्त अरब अमीरात में 200 करोड़ रुपए की शादी के नकद भुगतान के बाद ये एप जाँच एजेंसियों के निशाने पर आया था।

हर दिन 200 करोड़ रुपए की काली कमाई के इस धंधे में अब बॉलीवुड की 34 हस्तियों की गर्दन फँस गई है। आखिर कैसे ये कमाई होती थी और किस तरह से अभिनेता-अभिनेत्रियाँ इस सट्टेबाजी के एप से जुड़ते चले गए, आगे बताते हैं।

कैसे कमाए जाते थे 1 दिन में 200 करोड़ रुपए

महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप के नियमों और अधिकारियों को दरकिनार कर बड़ी रकम जुटाने में कामयाबी के पीछे की कहानी नए ग्राहकों को लुभाने से शुरू होती है। इसे छत्तीसगढ़ के भिलाई के सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल दुबई से चलाते थे। ये रोज नई वेबसाइटें और चैट ऐप्स बनाकर नए कस्टमर इस एप से जोड़ते जाते थे। इसके लिए ये अक्सर सोशल मीडिया ऐप्स पर पेड एड चलाते थे। इसमें ये लोगों को मुनाफे का लालच दे अपने नंबरों पर उनसे टेक्स्ट मैसेज करवाने की कोशिश करते।

ईडी के मुताबिक, इन नंबरों पर केवल व्हाट्सएप्प के जरिए ही संपर्क किया जा सकता है। इसके बाद एप का कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव झाँसे में आने वाले लोगों को एक नई यूजर आईडी बनाने को कहता। इसके बाद ये इस पर दो नंबर भेजते। इसमें से एक नंबर पर पैसा जमा कर सट्टा लगाया जाता।

वहीं दूसरे नंबर पर कस्टमर केयर से संपर्क करने और लोगों के हासिल किए गए प्वाइंट के पैसे के भुगतान के लिए किया जाता। सबसे दिलचस्प बात ये है कि पैसे इकट्ठा करने या भुगतान करने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे सभी खाते धोखाधड़ी से खोले गए बेनामी खाते थे।

महादेव एप की सभी सट्टेबाजी और गेम में इस तरह से धाँधली की जाती कि उनकी कंपनी को पैसे का नुकसान न हो। अधिकतर नए यूजर शुरू में फायदा होने की वजह से उनके खातों में पैसा जमा करना जारी रखते थे, लेकिन लंबे वक्त तक ऐसा करने से हमेशा उन्हें भारी नुकसान झेलना पड़ता था।

कॉल सेंटरों, पुलिस, नौकरशाहों और राजनेताओं का गठजोड़

महादेव एप के अवैध बैंक खातों का ही नहीं बल्कि कॉल सेंटरों का तगड़ा नेटवर्क था। इसके मलेशिया, थाईलैंड, भारत और यूएई में सैकड़ों कॉल सेंटर थे, जो सहायक एप, वेबसाइट बनाने और के कस्टमर के साथ बातचीत करने के लिए 24 घंटे पूरे हफ्ते चलते थे। ईडी की जाँच में खुलासा हुआ है कि सट्टेबाजी एप पर रोजाना हजारों करोड़ रुपए का लेनदेन होता था।

ईडी ने दावा किया कि कंपनी रोज 200 करोड़ रुपए का मुनाफा कमा रही थी। ईडी की जाँच में पता चला कि संयुक्त अरब अमीरात से चलने वाला महादेव ऑनलाइन बुकिंग ऐप अपने सहयोगियों को 70-30 लाभ के अनुपात पर पैनल और शाखाओं की फ्रेंचाइजी देकर चलाता था।

सट्टेबाजी की आमदनी को विदेशी खातों में भेजने के लिए बड़े पैमाने पर हवाला ऑपरेशन किए जाते थे। भारत के ही अहम शहरों में इसके करीब 30 कॉल सेंटर खोले गए थे। इन्हें सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल के दो बहुत करीबी सहयोगी अनिल दम्मानी और सुनील दम्मानी सँभालते थे। दोनों दम्मानी भाइयों को ईडी ने गिरफ्तार कर लिया है।

यही नहीं, इस सिंडिकेट को चालू रखने के लिए पुलिस, राजनेताओं और नौकरशाहों को भी हिस्सेदारी दी गई थी। अनिल दम्मानी हवाला से आने वाले कुछ पैसे पुलिस, राजनेताओं और नौकरशाहों तक भेजता था। इसी वजह से ये ऐप जाँच एजेंसियों के रडार पर नहीं आए। पूछताछ में अनिल दम्मानी ने ईडी ने को बताया कि बीते दो साल में उसने अपने भाई के साथ मिलकर 60 से 65 करोड़ रुपए का अवैध लेनदेन किया है।

तगड़ा है बॉलीवुड कनेक्शन

महादेव सट्टेबाजी घोटाला मामले में एक्टर, सिंगर, डांसर सहित करीब 34 बॉलीवुड हस्तियाँ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जाँच के दायरे में आ गई हैं। इन मशहूर हस्तियों के नामों की लिस्ट रिपब्लिक टीवी ने शुक्रवार (6 अक्टूबर, 2023) को शेयर की थी।

रणबीर कपूर, श्रद्धा कपूर, कपिल शर्मा, हिना खान और हुमा कुरैशी सहित कई अन्य एक्टर से ईडी पूछताछ कर रहा है। इसकी वजह फरवरी 2023 में दुबई की शादी में परफॉर्म करने के लिए इनका हवाला लेनदेन से भुगतान पाना है। ईडी ने कहा कि शादी में परफॉर्म करने के लिए 17 बॉलीवुड हस्तियों को चार्टर्ड विमान से दुबई लाया गया था।

घोटाले के आरोपित सौरभ चंद्राकर की शादी में शामिल होने वाली मशहूर हस्तियों में आतिफ असलम, राहत फतेह अली खान, अली असगर, विशाल ददलानी, टाइगर श्रॉफ, एली अवराम, भारती सिंह, सनी लियोन, भाग्यश्री, कृति खरबंदा, नेहा कक्कड़, नुसरत भरुचा और कृष्णा शामिल थे।

इन सभी को कथित तौर पर हवाला के जरिए करोड़ों रुपए का भुगतान किया गया था। वहीं रणबीर कपूर पर सिंडिकेट के चलाए जा रहे एक एप को प्रमोट करने का भी आरोप है। इसी एप प्रमोशन मामले में श्रद्धा कपूर भी ईडी की जाँच के दायरे में आई हैं।

इसके अलावा रफ्तार एमसी दीप्ति साधवानी, सुनील शेट्टी, सोनू सूद, संजय दत्त, हार्डी संधू, सोनाक्षी सिन्हा, सुनील ग्रोवर, रश्मिका मंधाना, सारा अली खान, गुरु रंधावा, सुखविंदर सिंह, टाइगर श्रॉफ, नुसरत बरूचा, डीजे चेतस, महिला अरोड़ा, नोरा फतेही, अमित त्रिवेदी, मौनी रॉय, आफताब शिवदासानी, सोफी चौधरी, डेज़ी शाह, उर्वशी रौतेला, नरगिस फाखरी,नेहा शर्मा, इशिता राज, शमिता शेट्टी, प्रीति झंगियानी, स्नेहा उल्लाल, सोनाली सहगल, इशिता दत्ता, एलनाज और अरबाज़ खान की गर्लफ्रेंड जियोर्जिया एड्रियानी शामिल हैं।

‘जगिए नहीं तो कश्मीर जैसा हाल होगा, कुंभकर्ण के बाद सबसे अधिक हिंदू सोया’: धीरेंद्र शास्त्री ने हिंदू राष्ट्र की फिर भरी हुंकार

राजस्थान के अलवर में हनुमंत कथा कह रहे बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री शुक्रवार (6 अक्टूबर 2023) को पूर्व मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह के आवास फूल बाग पैलेस पहुँचे। वहाँ चाँदी के सिंहासन पर बैठकर उन्होंने धर्म सभा की। इस दौरान शास्त्री ने कहा कि जितेेंद्र सिंह समस्त प्रजा को भगवत तुल्य मानते आए हैं। हिंदू राष्ट्र की बात करते हुए उन्होंने कहा कि अगर हिंदू जागृत नहीं हुए तो कश्मीर जैसा हाल हो जाएगा।

पैलेस में पहुँचकर धीरेंद्र शास्त्री ने वहाँ बने ठाकुरजी के मंदिर में दंडवत प्रणाम किया। वहाँ जुटे लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “हिंदुओं जाग जाओ, वरना हालात कश्मीर जैसे हो जाएँगे। तुम्हारी बहन-बेटी का हाल भी साक्षी जैसा होगा। तुम्हारे घर भी जलाए जाएँगे। इसलिए जाग जाओ। किसी को नीचा मत दिखाओ, लेकिन सनातन को आगे बढ़ाओ।”

हिंदू राष्ट्र की परिकल्पना को लेकर बागेश्वर धाम के पीठाश्वर ने कहा, “हिंदू हो तो अपने घरों पर ध्वज फहराओ। सिर पर तिलक लगाओ। देश को हिंदू राष्ट्र बनाने के लिए अड़ जाओ। मैं जिंदा रहा तो हिंदू राष्ट्र बनाने का संकल्प जल्दी पूरा होगा। मेरे पागलों, तुम मेरा साथ दो, हम मिलकर तुम्हें हिंदू राष्ट्र देंगे। तुम्हें घर से बाहर निकलना पड़ेगा।”

शास्त्री ने आगे कहा, “वीर बजरंगी जब लंका में राम नाम का झंडा गाड़ सकते हैं तो हम क्या अपने दिलों में राम नाम की भक्ति नहीं जगा सकते हैं? लोग सोचते हैं कि राम नाम लेंगे तो लोग सनातनी कहेंगे। राम नाम लेकर हम किसी की बुराई नहीं कर रहे हैं। हमें केवल राम नाम की भक्ति से मतलब है।”

उन्होंने कहा कि अगर कुंभकर्ण से ज्यादा कोई सोया है तो सनातनी सोया है। धर्म परिवर्तन करने वालों को उन्होंने मूर्ख कहा। उन्होंने कहा कि अगर वे दीर्घायु हुए तो हिंदू राष्ट्र का सपना साकार होते अपनी आँखों से देखेंगे। अपनी शादी को लेकर उन्होंने कहा कि ‘शेरवानी तैयार रखिए। जल्दी शादी करूँगा।’

इस दौरान उन्होंने खुद को साधारण इंसान बताया। शास्त्री ने कहा कि वे कोई महात्मा या भगवान नहीं हैं। वे बस बाला जी के हैं। उन्होंने कहा है, “धर्म परिवर्तन जो करता है, वह मूर्ख है। जो बहकावे में आ जाते हैं, उनका घर वापसी होनी चाहिए।” उन्होंने हिंदुओं से एकजुट होने की अपील की।

राजनीतिक पार्टी के समर्थन के सवाल पर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा, “मेरा किसी पार्टी से कोई नाता नहीं है। यह तो आपकी नजर का खेल है। साधु, सूर्य, चंद्रमा किसी भी पार्टी का नहीं होता, सबका होता है।”

‘एक बार इस्लाम अपना लिया तो हमेशा के लिए मुस्लिम बन गए’: अपने मूल ईसाई धर्म में लौटना चाहता था शख्स, मलेशिया की शरिया कोर्ट ने नहीं दी इजाजत

इस्लामी मुल्क मलेशिया की अदालत ने क्रिश्चियन से मुस्लिम बने एक शख्स को वापस अपने मूल धर्म में जाने पर रोक लगा दी है। मलेशिया की हाईकोर्ट ने इस्लाम त्यागने के शख्स के आवेदन को खारिज कर दिया। ऐसा ही एक और मामला अगस्त में भी आया था।

दरअसल, 45 वर्षीय व्यक्ति ने साल 2010 में एक मुस्लिम महिला से शादी की। महिला से शादी करने के लिए उसने इस्लाम अपनाया था। निकाह के पाँच साल बाद ही यानी 2015 में दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद 2016 में उस शख्स ने इस्लाम छोड़ने के लिए शरिया अदालत में एक आवेदन दायर किया।

शख्स की याचिका के बाद उसे इस्लाम के ‘परामर्श सत्र’ में भाग लेने का आदेश दिया गया। उसने सत्र में भाग लिया। इसके बाद भी वह इस्लाम छोड़ना चाहता था। इसके बाद मुल्क की शरिया अदालत ने इस्लाम छोड़ने के उसके आवेदन को खारिज कर दिया। साथ ही आदेश दिया कि व्यक्ति को आगे भी परामर्श सत्र से गुजरना होगा।

शरिया अदालत के इस फैसले पर व्यक्ति ने अपील की। शरिया अपील अदालत में उस व्यक्ति की अपील भी खारिज कर दी गई। इसके बाद उसने शरिया अदालत के फैसलों को रद्द करने की माँग करते हुए सिविल अदालतों का रुख किया। उसने कहा कि वह अपने मूल धर्म ईसाई को मानने का हकदार है।

इस पर फैसला सुनाते हुए न्यायमूर्ति वान अहमद फरीद वान सलेह ने कहा कि सिविल अदालतें शरिया अदालतों द्वारा दिए गए फैसलों की समीक्षा नहीं कर सकती हैं। न्यायाधीश ने कहा, “मैं अपील न्यायालय के फैसले से बँधा हुआ हूँ। यह (शरिया अदालत का फैसला) गैर-न्यायसंगत है।”

इस साल की शुरुआत में अपील अदालत द्वारा दिए गए इसी तरह के फैसले का हवाला देते हुए न्यायाधीश ने कहा कि अपील अदालत ने फैसला सुनाया था कि सिविल अदालत के पास स्पष्ट रूप से शरिया अदालत के फैसले की समीक्षा करने की कोई शक्ति नहीं है। इसे उलटने या उससे अलग होने या फिर से मुकदमा करने की तो बात ही छोड़ दें।

बता दें कि ऐसा ही एक फैसला इस साल अगस्त में आया था, जब अपने शौहर से तलाक के बाद एक महिला अपने मूल धर्म ईसाई में जाने के लिए आवेदन किया तो उसे खारिज कर दिया गया। महिला ने साल 1995 में इस्लाम अपना कर एक मुस्लिम शख्स से निकाह किया था। इसके बाद साल 2013 में दोनों का सहमति से तलाक हो गया।

महिला ने सिविल हाईकोर्ट से छह आदेशों की माँग की थी, जिसमें यह घोषणा भी शामिल थी कि वह ईसाई धर्म को मानने वाली व्यक्ति है और राज्य के इस्लामी कानून उस पर लागू नहीं होते हैं। देश की शरिया अदालत ने भी उसकी माँग को खारिज कर दिया था। इसके बाद महिला ने सिविल हाईकोर्ट से शरिया अदालत के फैसले को रद्द करने की माँग की थी।

महिला ने कहा कि उसने 30 मार्च 1995 को पेनांग इस्लामिक धार्मिक मामलों के विभाग में मुस्लिम बनने की शपथ ली थी, क्योंकि यह उसके लिए एक मुस्लिम व्यक्ति से शादी करने के लिए आवश्यक था, न कि इस्लाम में विश्वास के कारण। इस्लाम अपनाने के बाद उसने मुस्लिम नाम अपना लिया था।

ट्रेन में पति-पत्नी पर कर दिया पेशाब, दम भर पी रखी थी शराब: जुर्माना भरने के बाद आरोपित रिहा

फ्लाइट के बाद अब ट्रेन में साथी पैसेंजर पर पेशाब करने का मामला सामना आया है। घटना यूपी में संपर्क क्रांति ट्रेन में बुधवार (4 अक्टूबर, 2023) को हुई है। इसमें सफर कर रहे वैज्ञानिक बुजुर्ग कपल ने जब एक शख्स के ट्रेन में शराब पीने को लेकर एतराज जताया तो उसने उन पर पेशाब कर दी।

इस घटना की शिकायत रेलवे को दी गई। ट्रेन के टिकट चेकर (टीटीई) के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। आरोपित को रेलवे पुलिस बल (आरपीएफ) ने झाँसी रेलवे स्टेशन पर उतार लिया। उसे हिरासत में लेकर मामले की जाँच शुरू कर दी गई है। ये ट्रेन उत्तर प्रदेश के मानिकपुर जंक्शन और दिल्ली के हज़रत निज़ामुद्दीन के बीच चलती है।

उत्तर मध्य रेलवे के चीफ पीआरओ हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि सीनियर सिटीजन जीएन खरे और उनकी पत्नी ट्रेन के बी3 एसी कोच में निचली बर्थ पर थे। उसी डिब्बे में यात्रा कर रहे रितेश कथित तौर पर शराब के नशे में था। इस दौरान उसने पेशाब कर दी और इसकी कुछ बूंदें बुजुर्ग कपल पर गिर गईं।

उन्होंने बताया कि आरोपित झाँसी से 164 किलोमीटर दूर यूपी के महोबा से दिल्ली जा रहा था। इस घटना के बाद कोच के सह-यात्रियों ने टीटीई को सूचना दी, जिसके तुरंत बाद कोच को साफ किया गया। उन्होंने आगे बताया कि मध्य प्रदेश के हरपालपुर से हज़रत निज़ामुद्दीन का सफर कर रहे कपल की शिकायत पर टीटीई ने झाँसी के रेलवे नियंत्रण कक्ष को इसकी सूचना दी थी।

वहीं उत्तर मध्य रेलवे के पीआरओ मनोज सिंह ने बताया कि जब ट्रेन झाँसी पहुँची तो आरपीएफ ने रितेश को उतार लिया और उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपित पर रेलवे अधिनियम की धारा 145 के तहत आरोप लगाया गया, जो नशे और उपद्रव से संबंधित है। झाँसी में आरपीएफ के प्रभारी आर कौशिक ने कहा कि रेलवे अधिनियम के प्रावधानों के मुताबिक, जुर्माना भरने के बाद आरोपित को रिहा कर दिया गया।

‘दूसरे लोगों को भी टाइप-7 बंगला आवंटित किया गया है, लेकिन मेरा छिन लिया गया’: कोर्ट के निर्णय पर AAP सांसद राघव चड्ढा ने रोया दुखड़ा

आम आदमी पार्टी (AAP) के सांसद राघव चड्ढा को दिल्ली में आवंटित टाइप-7 का सरकारी बंगला खाली करना पड़ा सकता है। दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने शुक्रवार (6 अक्टूबर) अपने पुराने आदेश को वापस ले लिया है। इस आदेश में राज्यसभा सचिवालय को कहा गया था कि राघव चड्ढा से बंगला खाली न करवाया जाए। मार्च में सचिवालय ने चड्ढा को बंगला खाली करने का नोटिस दिया था।

दरअसल, कोर्ट ने इस साल अप्रैल में उन्हें इस सरकारी आवास से बेदखल किए जाने पर रोक लगा दी थी। इस रोक को एडिशनल डिस्ट्रिक्ट जज सुधांशु कौशिक ने गुरुवार (6 अक्टूबर 2023) को हटा लिया। अदालत ने कहा कि राघव चड्ढा को आवंटित आवास एक विशेषाधिकार मात्र है, जो उन्हें एक सांसद के रूप में दिया गया है। इस पर वे कब्जे के अधिकार का दावा नहीं कर सकते। 

इस मामले में चड्ढा ने अजीबो-गरीब तर्क दिया है। AAP सांसद ने कहा, “मेरे कई पड़ोसी पहली बार सांसद बने हैं, जिनमें श्री सुधांशु त्रिवेदी, श्री दानिश अली, श्री राकेश सिन्हा और सुश्री रूपा गांगुली शामिल हैं। इन्हें भी इनकी पात्रता से ऊपर वाले आवास आवंटित है। मुझे भी इनके समकक्ष का ही आवास आवंटित किया गया।”

दरअसल, राज्यसभा सचिवालय का कहना है कि पहली बार सांसद बने राघव चड्ढा को टाइप-6 बंगला आवंटित करने का अधिकार है। टाइप-7 बंगला उन सदस्यों को है, जो पहले केंद्रीय कैबिनेट मंत्री, राज्यपाल, मुख्यमंत्री या लोकसभा अध्यक्ष रह चुके हैं।

उधर, पंजाब से राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा का कहना है कि राज्यसभा सचिवालय नियमों को ताक पर रखकर ये कार्रवाई की है। उन्होंने सत्ताधारी पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि ये सब भाजपा के आदेश पर राजनीतिक उद्देश्यों और निजी स्वार्थों के लिए किया गया है, ताकि आम आदमी पार्टी की आवाज को दबाई जा सके।

राघव चड्ढा ने कहा कि यह बंगला नियमानुसार उन्हें आवंटित किया गया था और इसे बिना किसी सूचना के रद्द किया गया है। यह राज्यसभा सचिवालय का मनमाना रवैया है। उन्होंने कहा कि वे वे वर्तमान में राज्यसभा के सदस्य हैं और उनका कार्यकाल अभी 4 साल बाकी है। उन्होंने कहा कि इस तरह से आवास छिनना 70 से अधिक वर्षों के इतिहास की अप्रत्याशित घटना है।

दरअसल, राघव चड्ढा को 6 जुलाई 2022 को राज्यसभा सांसद के रूप में पंडारा पार्क में टाइप-6 बंगला आवंटित किया गया था। इसके बाद उन्होंने 29 अगस्त 2022 को राज्यसभा के सभापति से अनुरोध किया कि उन्हें टाइप-7 बंगला दी जाए। इसके बाद उन्हें राज्यसभा पूल से पंडारा रोड पर एक और बंगला आवंटित किया गया था।

इस साल 3 मार्च को राज्यसभा सचिवालय ने इस आवंटन को रद्द कर दिया। आवंटन रद्द करने के आदेश के खिलाफ राघव चड्ढा कोर्ट पहुँच गए। कोर्ट ने अपने अंतरिम आदेश में चड्ढा के आवास आवंटन को निलंबित करने पर रोक लगा दी। इसके बाद अब अपने पुराने आदेश में संशोधन करते हुए कोर्ट ने आवास को खाली करने का आदेश दे दिया।

बंगला खाली कराने पर हाल ही में बॉलीवुड अभिनेत्री परिणिति चोपड़ा से शादी करने वाले आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा ने हर्जाने की माँग की है। उन्होंने कहा कि बिना नोटिस दिए बंगला खाली कराने से उन्हें मानसिक पीड़ा हुई है। इसलिए उन्होंने राज्यसभा सचिवालय से 5.5 लाख रुपए हर्जाने की भी माँग की है।

UP में जमीन से जुड़ा कोई भी लफड़ा-विवाद 90 दिन में सुलटाओ: योगी सरकार का आदेश, जो ऑफिसर करेंगे देरी, उन पर गिरेगी गाज

देवरिया नरसंहार के बाद भूमि विवाद के मामलों को लेकर योगी सरकार एक्शन मोड में है। यूपी शासन 60 दिनों का विशेष अभियान संचालित करने जा रहा है, जिसमें जमीनी मामलों को लेकर लम्बे समय से लंबित केसों का निस्तारण किया जाएगा।

लंबित जमीनी मामलों के समाधान के इस अभियान में IGRS, समाधान दिवस व जनसुनवाई से जुड़े तमाम प्रार्थना पत्रों की जाँच व उस पर अब तक हुई कार्रवाई की समीक्षा की जाएगी। ऐसे मामलों को निस्तारित करने की अधिकतम समय सीमा 3 माह तय की गई है। यह आदेश गुरुवार (5 सितंबर 2023) को जारी किया गया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गुरुवार को उत्तर प्रदेश के प्रमुख सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा ने उत्तर प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों (DM) और पुलिस अधीक्षकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मीटिंग की। इस मीटिंग में उन्होंने संबंधित जिलों में लंबित जमीनी मामलों को प्राथमिकता पर रखने के निर्देश दिए।

प्रमुख सचिव ने सभी अधिकारियों को जिला स्तर पर 60 दिवसीय अभियान चला कर भूमि संबंधित लंबित तमाम मामलों की समीक्षा करके उनके निबटारे का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि जमीन विवाद के निबटारे में जिस भी स्तर पर देरी होगी, उसके लिए संबंधित अधिकारी को जिम्मेदार मान कर कार्रवाई की जाएगी।

प्रमुख सचिव की मीटिंग में जमीन से जुड़े मामलों को निस्तारित करने की अधिकतम समय सीमा 90 दिन तय हुई। इसमें निर्विवाद वरासत व उत्तराधिकार से जुड़े मामलों में 45 दिनों के अंदर समाधान करने को कहा गया। इसके अलावा नामांतरण के विवादित मामलों के समाधान की अधिकतम समय सीमा 90 दिन रखी गई है।

इन सभी के अतिरिक्त जोत के बँटवारे से जुड़े लंबित केसों को छह महीने के अंदर ही निस्तारित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस अवधि में मामलों का निबटारा न कर पाने वाले अधिकारियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। शासन का स्पष्ट आदेश है कि किसी भी गरीब या व्यापारी आदि की जमीन पर कोई भी अन्य व्यक्ति कब्ज़ा न जमा पाए।

इस मीटिंग में सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वो अपने जिले में अभी न्यायालयों व आइजीआरएस प्रकरणों में हुई कार्रवाई की समीक्षा हर दिन खुद ही करें। राजस्व से जुड़े मामलों को हफ्ते में 5 दिनों तक देखने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।

पुलिस बल को भी पैमाइश में हर प्रकार का सहयोग करने का आदेश दिया गया। सभी कमिश्नरों को अपने क्षेत्र में राजस्व संबंधी मामलों के निस्तारण की मॉनिटरिंग सोमवार और गुरुवार को करने के लिए कहा गया है। खुद मुख्य सचिव हफ्ते में हर मंगलवार को प्रदेश में राजस्व संबंधी वादों के निस्तारण की समीक्षा करेंगे।

कश्मीर-अरुणाचल भारत का हिस्सा नहीं, किसान आंदोलन में पैसे झोंक देश को अस्थिर करना, चीनी कंपनियों का बचाव: न्यूजक्लिक FIR में सब कुछ

चीन से फंड लेकर देश में अराजकता को बढ़ावा देने वालों का साथ देने वाले न्यूज पोर्टल न्यूजक्लिक को लेकर चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। पोर्टल के संस्थापक प्रबीर पुरकायस्थ पर दर्ज एफआईआर में कहा गया है कि संस्थान ने कश्मीर और अरुणाचल प्रदेश को विवादित बताया। इसके अलावा, कोरोना के खिलाफ भारत के प्रयासों को बदनाम करने की कोशिश और किसान आंदोलन को फंडिंग भी की गई। इस मामले में

दिल्ली पुलिस ने न्यूज़क्लिक पोर्टल के खिलाफ आतंकवाद विरोधी कानून UAPA के तहत FIR दर्ज की है। इसमें कहा गया है कि संस्थान के धन का एक बड़ा हिस्सा भारत की संप्रभुता को बाधित करने और बड़ी आपराधिक साजिश के हिस्से के तहत देश में असंतोष पैदा करने के लिए चीन से आया था। चीन से आई फंडिंग में वहाँ की टेलीकॉम कंपनी Xiaomi और Vivo का बचाव करना भी शामिल था।

FIR में कहा गया है कि 2018 से मेसर्स पीपीके न्यूज़क्लिक स्टूडियो प्राइवेट लिमिटेड को करोड़ों रुपए की धनराशि प्राप्त हुई थी। अमेरिका की मेसर्स वर्ल्डवाइड मीडिया होल्डिंग्स एलएलसी एवं अन्य संस्थानों से पाँच साल की इस अवधि में अवैध तरीकों से इन पैसों को भेजा गया। FIR में आगे कहा गया है, “चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के प्रचार विभाग के सक्रिय सदस्य नेविल रॉय सिंघम द्वारा कई संस्थाओं के जरिए विदेशी धन को भेजा।”

एफआईआर में कहा गया है कि पुरकायस्थ 1991 से कुख्यात नक्सल समर्थक गौतम नवलखा के साथ जुड़े हुए थे। नवलखा एल्गार परिषद के मामले में भी आरोपित हैं। नेविल सिंघम द्वारा भेजा गया पैसा पुरकायस्थ और उनके सहयोगियों को अवैध रूप से भेजा गया था। इस राशि को पुरकायस्थ ने नवलखा और तीस्ता सीतलवाड़ के सहयोगियों को वितरित की थी।

एफआईआर में यह भी कहा गया है कि गुप्त सूचनाओं से पता चला है कि पुरकायस्थ, सिंघम और सिंघम की शंघाई स्थित कंपनी स्टारस्ट्रीम के कुछ कर्मचारियों ने ईमेल का आदान-प्रदान किया था, जो यह दिखाने की कोशिश कर रहे थे कि कश्मीर और अरुणाचल प्रदेश भारत के हिस्से नहीं हैं।

इतना ही नहीं, केंद्र की मोदी सरकार द्वारा लाए गए तीन कृषि बिलों के खिलाफ कथित किसानों के आंदोलन को भी फंडिंग की गई। इस दौरान आवश्यक सेवाओं की आपूर्ति को बाधित करने और संपत्तियों को नुकसान पहुँचाने के साथ-साथ किसानों के आंदोलन को लम्बा खींचने की साजिश रची गई। दिल्ली पुलिस ने FIR में कहा, “आरोपित कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा करना चाहते थे। उन्होंने कोविड-19 को रोकने के प्रयासों को बदनाम करने के लिए झूठी कहानी फैलाईं।”

इन सब कामों के लिए विदेशों से फंड को अवैध रूप से हजारों शेल कंपनियों के जरिए भारत भेजा गया। इसमें आगे कहा गया है कि पुरकायस्थ, सिंघम, हरिहरन और गौतम भाटिया ने शाओमी और वीवो जैसी चीनी कंपनियों से लाभ के बदले में इनके पक्ष में अभियान चलाने और कानूनी मामलों में बचाने के लिए एक कानूनी नेटवर्क बनाने की साजिश रची।

बता दें कि न्यूजक्लिक के खिलाफ 17 अगस्त 2023 को एक प्राथमिकी दर्ज की थी और 3 अक्टूबर 2023 को राजधानी और सात अन्य राज्यों में कई जगहों पर छापेमारी की गई थी। उसी दिन, न्यूज़क्लिक के संस्थापक प्रबीर पुरकायस्थ और मानव संसाधन प्रमुख अमित चक्रवर्ती को गिरफ्तार कर लिया गया। गैरकानूनी गतिविधियाँ (रोकथाम) अधिनियम की धारा 13, 16, 17, 18 और 22-सी और आईपीसी की 153-ए और 120-बी के तहत मामला दर्ज किया गया था।

‘निर्णायक दौर में है वामपंथी उग्रवाद से लड़ाई, 2 साल में पूरी तरह खत्म हो जाएँगे नक्सली’: गृहमंत्री अमित शाह ने किया ऐलान

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नक्सली हिंसा से जूझ रहे राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ दिल्ली में हाई लेवल मीटिंग की। इस मीटिंग में एनएसए अजीत डोभाल के साथ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उप-मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल हुए।

इस मीटिंग के बाद अमित शाह ने ऐलान किया है कि अगले 2 साल के भीतर देश से नक्सली हिंसा को जड़ से मिटा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले कुछ सालों में वामपंथी उग्रवाद पर नकेल कसा गया है और अब इस लड़ाई निर्णायक दौर में आ चुकी है।

केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि साल 2019 के बाद से नक्सलियों के इलाके तेजी से कम हुए हैं। इसे इसी बात से समझा जा सकता है कि केंद्रीय बलों के 195 नए शिविर नक्सलियों से लड़ाई के लिए बनाए गए हैं। ऐसे 44 शिविर और बनाए जाएँगे, जहाँ से नक्सलियों के खिलाफ निर्णायक जंग लड़ी जाएगी।

नक्सली-वामपंथी हिंसा के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति

रिपोर्ट के मुताबिक, गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि नक्सली हिंसा से प्रभावित इलाकों के साथ-साथ उन इलाकों में भी कड़ी मॉनिटरिंग की जरूरत है जहाँ से नक्सलियों का उन्मूलन हो चुका है, ताकि वहाँ फिर से नक्सली पनप न सकें। अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने 2014 से ही वामपंथी उग्रवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है।

केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि उग्रवाद को लेकर जीरो टोलरेंस की नीति के कारण साल 2022 में पिछले 4 दशकों के दौरान सबसे कम हिंसा और सबसे कम मौतें हुईं। साल 2014 से 2023 के बीच नक्सली हिंसा से जुड़े मामलों में 52 प्रतिशत की कमी आई है। वहीं, हिंसा की वजह से आम लोगों की मौत में 68 प्रतिशत और सुरक्षाबलों की मौत में 74 प्रतिशत की कमी आई है।

बैठक में शीर्ष अधिकारी भी हुए शामिल

बता दें कि केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार (06 अक्टूबर 2023) को नई दिल्ली में वामपंथी उग्रवाद प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्री, उप-मुख्यमंत्री व अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ वामपंथी उग्रवाद (Left Wing Extremism) की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।

इस बैठक में केन्द्रीय मंत्री, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार, केन्द्रीय गृह सचिव, केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPFs) के महानिदेशक, केन्द्र सरकार के सचिव, राज्यों के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

हिंदू लड़की को ‘लव जिहाद’ में फाँसकर संबंध बनाता रहा शहवाज खान, बोला- शादी से पहले मुस्लिम बनो; मना करने पर दी जान से मारने की धमकी

मध्य प्रदेश के दमोह में शहवाज खान नाम के युवक पर ‘लव जिहाद’ का आरोप लगा है। शहवाज पर 20 वर्षीय एक हिंदू युवती ने शादी के नाम पर दुष्कर्म करने और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। युवती ने पुलिस को बताया कि वह करीब डेढ़ साल पहले आरोपित शहवाज से मिली थी।

ये मामला मध्य प्रदेश के दमोह कोतवाली इलाके का है। पीड़िता ने बताया कि धगट चौराहे के पास बाजार मोहल्ला में रहने वाले शहवाज खान पुत्र नसीर खान से डेढ़ साल पहले उसकी जान पहचान हुई थी। इसके बाद दोनों आपस में मिलने-जुलने लगे थे।

पीड़िता ने बताया कि शादी का झाँसा देकर शहवाज ने उसे जबलपुर नाका पर संचालित टाउनवैरी रेस्टोरेंट बुलाया। वहाँ उसने एक केबिन में बुलाकर शादी का वादा किया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद शहवाज ने कई बार उससे संबंध बनाए।

शादी करने से पहले धर्म परिवर्तन का डाला दबाव

पीड़ित लड़की ने बताया कि कुछ समय बाद जब उसने शहवाज पर शादी के लिए दबाव डालना शुरू किया तो उसने धर्म परिवर्तन कर मुस्लिम बनने के लिए कहा। लड़की का कहना है कि जब उसने मना किया तो शहवाज ने उसे जान से मारने की धमकी दी।

लड़की ने आगे बताया, “शुरू में मैंने इस बारे में किसी को नहीं बताया, लेकिन राखी के त्योहार के समय भी उसने डरा-धमकाकर मुझसे संबंध बनाया और किसी को बताने पर फिर से धमकी दी। इसके बाद सारी घटना मैंने अपने माता-पिता को बता दी।”

इसके बाद पीड़िता परिजन के साथ गुरुवार (5 अक्टूबर 2023) को दमोह कोतवाली में शिकायत दर्ज करने गई। इसके बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया।शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराया।

मध्य प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत भी केस दर्ज

इस मामले में थाना इंचार्ज विजय सिंह राजपूत ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद जरूरी जाँच पड़ताल की और फिर मामला दर्ज कर लिया गया। इस मामले में आरोपित शहवाज खान के खिलाफ IPC की धारा 376, 366, 506, 3-2-5, 3(1) W (।।) व एससी एसटी की धारा 3/5 और मध्य प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत मामला दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।

दमोह में इस साल जनवरी में भी आया था लव जिहाद का मामला

बता दें कि इस साल जनवरी में भी लव जिहाद का मामला सामने आया था, जिसमें लड़की दमोह की थी और बेंगलुरु में नौकरी करने गई थी। वहाँ फारुख नाम के युवक ने खुद का नाम राजू बताकर उसे जाल में फँसा लिया था और युवती का शोषण करता था।

इस दौरान आरोपित ने इस हिंदू युवती के सारे दस्तावेज भी अपने कब्जे में ले लिए थे। उसने अश्लील फोटो वीडियो बनाकर लड़की को प्रताड़ित भी किया। लड़की किसी तरह से बेंगलुरु से भागकर दमोह पहुँची थी।

दमोह में 2021 में भी लव जिहाद का एक मामला हुआ था, जिसमें कॉलेज जाने वाली लड़की को मुस्लिम युवक ने जाल में फँसा लिया था। इसके बाद लड़की अपने घर से 3 लाख रुपए लेकर उस मुस्लिम युवक के साथ फरार हो गई थी।