Home Blog Page 1495

गाँव, स्कूल, वन विभाग – सबकी जमीन पर प्रेम यादव का कब्ज़ा, वहीं दूसरों की गाड़ी चला कर परिवार चलाते थे सत्यप्रकाश दुबे: MLA बोले – देवरिया नरसंहार भू-माफिया बनाम गरीब

उत्तर प्रदेश के देवरिया में एक ही परिवार के 5 लोगों की हत्या कर दी गई, जिनमें 3 बच्चे थे। एक व्यक्ति की हत्या का बदला लेने के लिए ये सब किया गया। प्रेम यादव का शव मिलने के बाद उसके परिजनों समर्थकों ने मिल कर सत्य प्रकाश दुबे के घर पर हमला कर दिया गया। सत्य प्रकाश दुबे, उनकी पत्नी, 2 बेटियाँ और एक बेटे को मार डाला गया। अब देवरिया के विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा है कि ये भू-माफिया बनाम एक गरीब परिवार की लड़ाई है। उन्होंने इसके सबूत के रूप में स्थानीय अख़बारों की कतरनें भी शेयर की।

सत्यप्रकाश दुबे के बेटे ने बताया है कि प्रेम यादव उनके घर आकर धमकी दे रहा था, फिर वो मारपीट करने लगा। उसने ये भी बताया कि प्रेम यादव ने उसकी बहन के साथ भी बदतमीजी की। वो थप्पड़ चलने लगे। उसने बताया कि उनके पिता को भीड़ ने घेर लिया और फिर हत्या की गई। प्रेम यादव के ज़िंदा बचे 2 बेटों में से बड़े वाले ने अपना दुःख बयाँ करते हुए कहा कि भीड़ ने सबके सामने उनके पिता को मार डाला। सोशल मीडिया में भी इस घटना को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।

जर्जर घर, ऊपर से मुकदमे: सत्यप्रकाश दुबे का परिवार था गरीब

इनमें से एक खबर ‘हिंदुस्तान’ की है, जिसमें बताया गया है कि सत्यप्रकाश दुबे का परिवार आर्थिक रूप से कमजोर था। सत्यप्रकाश दुबे परिवार के भरण-पोषण के लिए प्राइवेट वाहन चलाया करते थे। उनकी बेटी प्राइवेट स्कूल में पढ़ाती थी, ताकि परिवार के खर्चों में पिता का सहयोग कर सके। वहीं एक बेटा एक दुकान में काम करता था। दूसरा बेटा देवरिया में शास्त्री की पढ़ाई के साथ-साथ धार्मिक अनुष्ठान कर के अपना खर्च चलाता था। ऊपर से मुकदमों के कारण परिवार परेशान रहता था।

गरीबी का आलम ये था कि दुबे परिवार का घर भी जर्जर स्थिति में था। घर में से जब एक के बाद एक कर के 5 शव निकाले गए, तो लोगों ने घर की हालत देखी। सत्यप्रकाश दुबे और उनकी पत्नी किरण के 6 बच्चे थे – शोभिता, देवेश, सलोनी, नंदिनी, गाँधी और अनमोल थे। इनमें से सलोनी, नंदिनी और गाँधी को मार डाला गया। गाँधी जयंती के दिन जन्म होने के कारण एक बेटे का नाम गाँधी रखा गया था, और उसकी हत्या भी गाँधी जयंती के दिन ही कर दी गई।

सत्यप्रकाश दुबे के घर की ये स्थिति थी कि बरसात में सिर ढँकने के लिए भी आफत आ जाती थी। एक शेड में पूरा परिवार रहता था। शोभिता की जहाँ शादी हो गई थी, वहीं देवेश सबसे बड़ा बेटा था जो शास्त्री की पढ़ाई कर रहा था। सलोनी गाँव में ही एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाती थी। गाँधी पकड़ी बाजार स्थित इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान में काम करता था। देवेश इसीलिए बच गए, क्योंकि हमले के वक्त वो एक अनुष्ठान कार्यक्रम के लिए बलिया गए हुए थे।

प्रेम यादव का सपा कनेक्शन, भू-माफिया होने के आरोप

वहीं एक अन्य अख़बार के स्थानीय संस्करण में प्रेम यादव के बारे में भी बताया गया है कि कैसे उसका समाजवादी पार्टी से कनेक्शन था। जमीन की खरीद-फरोख्त को लेकर प्रेम यादव अक्सर विवादों में रहता था। जमीं पर कब्जे के लिए वो धन और सियासी बल का इस्तेमाल करता था। कई महँगी जमीनों को दबंगई के जरिए कम दाम में खरीदने के आरोप उस पर लगे हैं। रुद्रपुर मोड़ पर उसने 3 कट्ठा विवादित जमीन खरीदी थी, उसे लेकर भी पंचायत बैठी थी।

ग्रामीणों के हवाले से बताया गया है कि प्रेम यादव ने एक सरकारी शिक्षण संस्थान और ग्राम सभा की जमीन तक कब्जा ली और उस पर आलीशान भवन खड़ा कर दिया। जिला पंचायत सदस्य रहते उसने गाँव की एक एकड़ जमीन कब्जा ली थी। गाँव में एक ऐसी जमीन है जो मानस विद्यालय नाम से दर्ज है, लेकिन उस पर कब्ज़ा प्रेम यादव का है। GS स्कूल और खलिहान के नाम से दर्ज जमीन पर भी उसका कब्ज़ा है। वन विभाग, स्कूल और गाँव – तीनों की जमीन पर उसने कब्जे किए।

ये भी आरोप लगा है कि राजस्व विभाग के कर्मचारियों की मिलीभगत से वो इन करतूतों को अंजाम देता था। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रामाशीष निषाद ने कहा कि राजस्व विभाग में कई बार आवेदन दिए जाने के बावजूद कब्जा हटाने की कार्रवाई नहीं हुई। फतेहपुर गाँव में रहने वाले प्रेम यादव की माँ भी ग्राम प्रधान रह चुकी थीं। सत्यप्रकाश दुबे के भाई ज्ञानप्रकाश का कोई परिवार नहीं था, ऐसे में उन्हें अपने साथ रख कर उसने उनकी जमीन भी अपने नाम करा ली थी।

इन खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा, “ग्राउंड ज़ीरो से सैकड़ों मील दूर बैठे जो लोग देवरिया की घटना का आकलन अपने अपने हिसाब से कर रहे है, उनके लिए प्रस्तुत है स्थानीय अखबारो की ये खबरें। ये जंग भूमाफ़िया बनाम एक बेहद गरीब परिवार की है, लिहाज़ा इंसाफ की जंग हर हाल में लड़ी जाएगी।” उन्होंने सत्यप्रकाश दुबे के घर जाकर उनके बेटे से मुलाकात की और स्थानीय लोगों से इस घटना के बारे में जाना, साथ ही सहयोग का आश्वासन दिया।

असम में बाल विवाह के खिलाफ हिमंता सरकार का एक्शन जारी, दूसरे चरण में 1039 गिरफ्तार: पहले फेज में पकड़े गए लोगों में 63% मुस्लिम

असम की हिमंता सरकार द्वारा बाल विवाह के खिलाफ चलाए गए एक बड़े अभियान में 1039 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पूरे राज्य में बाल विवाह के खिलाफ दूसरे चरण का ये अभियान मंगलवार (3 अक्टूबर, 2023) की सुबह चलाया गया। आगे भी इस अभियान के जारी रहने की खबर सामने आई है।

इस बीच राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने गिरफ्तारियों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई है। बता दें कि इस साल फरवरी में भी असम सरकार ने राज्य में बाल विवाह के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई शुरू की थी। इसमें एक महीने में 3141 लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

पंचायत सचिव सहित कई सोर्स से ली जानकारी

पिछली कार्रवाई में गिरफ्तार लोगों के रिकॉर्ड के इंडियन एक्सप्रेस के विश्लेषण से पता चला था कि गिरफ्तार किए गए लोगों में से 62.24 फीसदी मुस्लिम थे, जबकि बाकी हिंदू या अन्य समुदाय के लोग थे।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, दूसरे चरण में राज्य भर में 916 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि इस अभियान के तहत 706 एफआईआर दर्ज की गई हैं और 1,041 लोग आरोपित हैं।

गिरफ्तार लोगों में 551 पुरुषों पर कम उम्र की लड़कियों से शादी करने का आरोप है। वहीं 351 पति या पत्नी के रिश्तेदार हैं। इसके साथ ही 14 मौलवी आदि हैं जिन्होंने ये शादी करवाई थी।

अब तक 35 पुलिस जिलों में से 31 में गिरफ्तारियाँ हुई हैं। कामरूप (मेट्रो) के तहत आने वाले गुवाहाटी शहर में सबसे ज्यादा गिरफ्तारियाँ हुई हैं। इसके बाद धुबरी में 192 और बारपेटा जिले में 142 में लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

इन जिलों के बाद हैलाकांडी 59, कामरूप में 50 और करीमगंज 47 लोगों को पकड़ा गया। बारपेटा के पुलिस अधीक्षक अमिताव सिन्हा ने कहा कि जिले में गिरफ्तार किए गए सभी 142 लोगों को रात के दौरान उठाया गया था।

उन्होंने आगे कहा, “हमने कई सोर्स से जानकारी इकट्ठा की थी। इसमें पिछले अभियान के दौरान बाल विवाह निषेध अधिकारी के रूप में नियुक्त पंचायत सचिव भी शामिल थे। उसके बाद ही गिरफ्तारियाँ शुरू की गईं।”

सीएम सरमा की जीरो टॉलरेंस पॉलिसी

गौरतलब है कि सीएम सरमा की किसी भी सामाजिक बुराई के खिलाफ जीरो टॉलरेंस पॉलिसी के ऐलान के बाद ही असम सरकार ने बाल विवाह के खिलाफ एक्शन शुरू किया। इस साल की शुरुआत में असम सरकार ने फरवरी में बाल विवाह के खिलाफ इस अभियान का पहला चरण चलाया था। तब उन्होंने प्रजनन और बाल स्वास्थ्य (आरसीएच) पोर्टल का हवाला देते हुए कहा था कि बीते साल असम में 6.2 लाख से अधिक गर्भवती महिलाओं में से लगभग 17 फीसदी किशोरियाँ थीं।

दरअसल, राज्य सरकार ने बाल विवाह के “पीड़ितों” के पुनर्वास पर एक कैबिनेट उप-समिति का गठन किया है। इसमें सीएम सरमा के कैबिनेट सहयोगियों रानोज पेगु, केशब महंत और अजंता नियोग को पैनल का सदस्य बनाया था। वहीं अब विपक्ष के नेता देबब्रत सैकिया ने इस अभियान की आलोचना करते हुए कहा कि हम पुलिस बल के जरिए बाल विवाह नहीं रोक सकते हैं।

बाल विवाह करने वालों के खिलाफ की गई कार्रवाई पर 11 सितंबर को ही राज्य के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने असम विधानसभा में बताया था कि बीते 5 साल में बाल विवाह से जुड़े मामलों में कुल 3907 गिरफ्तारियाँ की गईं।

इसमें से 3319 के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) एक्ट 2012 के तहत आरोप तय किए गए थे। हालाँकि, अदालत ने बाल विवाह निषेध अधिनियम-2006 के तहत अब तक केवल 62 लोगों को दोषी ठहराया है।

चीन के जाल में फँसकर मर गए चीन के ही 55 नौसैनिक, पनडुब्बी में दम घुटने से हुई सबकी मौत: रिपोर्ट में बताया- अमेरिकी सबमरीन के लिए डाला था फंदा

अपनी ही जाल में फँसकर चीन के 55 नौसैनिकों के मारे जाने की आशंका है। चीन के नौसैनिकों की मौत परमाणु संपन्न पनडुब्बी के अंदर ऑक्सीजन खत्म होने के बाद दम घुटने से हुई है। यह दावा समाचारपत्र ‘द मिरर’ ने ब्रिटिश खुफिया रिपोर्ट के हवाले से किया है।

मिरर में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, चीन की एक पनडुब्बी अपनी नौसेना द्वारा बनाए गए एक जाल में फँस गई। यह जाल अमेरिकी और ब्रिटिश जहाज़ों को फँसाने के लिए बुना गया था। यह घटना अगस्त की है। यह सारे दावे मिरर ने एक ब्रिटिश खुफिया रिपोर्ट के माध्यम से किए हैं।

जिन नौसैनिकों के मरने की आशंका जताई जा रही है, वे पनडुब्बी 093-417 पर तैनात थे। यह पनडुब्बी घटना के दौरान पीले सागर में थी। इस पनडुब्बी के समस्या में फँसने और इस पर तैनात नौसैनिकों के मरने की खबर को चीन की सरकार ने नकार दिया है।

ब्रिटिश रिपोर्ट में लिखा गया है, “21 अगस्त 2023 को स्थानीय समय सुबह 8:12 बजे इस पनडुब्बी में एक दुर्घटना हुई। उस समय वह पीले सागर में अपने मिशन पर थी। इस घटना में 55 नौसैनिकों की मृत्यु हुई है। इन नौसैनिकों में 22 ऑफिसर, 7 कैडेट ऑफिसर, 9 पेटी ऑफिसर और 17 नाविक थे।”

रिपोर्ट में आगे बताया गया है, “जिन नौसैनिकों की मृत्यु हुई है, उनमें इस पनडुब्बी के कप्तान जू-योंग-पेंग भी शामिल हैं। हमारा मानना है कि पनडुब्बी में ऑक्सीजन की कमी हो गई, जिससे उन सबकी मौत हो गई। पनडुब्बी जहाज रोकने के लंगर और चेन से टकरा गई, जिससे इसके कई सिस्टम खराब हो गए और इन्हें बनाने में 6 घंटे से अधिक लगे। इसी के कारण पनडुब्बी में अंदर जहरीली हवा फ़ैल गई और लोगों की मौत हो गई।”

जिस पनडुब्बी पर यह दुर्घटना हुई वह 093 टाइप की पनडुब्बी थी। इस पनडुब्बी के चलने पर काफी कम शोर होता है, जिससे दुश्मन आसानी से इन्हें पकड़ नहीं पाते। यह पनडुब्बी चीनी नौसेना के आधुनिकीकरण का हिस्सा है। यह परमाणु ईंधन से चलती है।

यदि यह खबर सही साबित होती है तो यह बीते वर्षों में हुए भीषण सैन्य हादसों में से एक होगा। हालाँकि, चीन ने इस रिपोर्ट को एकदम निराधार बताया है और ऐसी किसी भी घटना से इंकार किया है। ब्रिटिश ख़ुफ़िया एजेंसी ने भी इस रिपोर्ट पर कोई भी टिप्पणी करने से इंकार किया है।

जाति गिनने वाले बिहार से कमाने पंजाब आए सुशील मंडल, फिर भी पेट भरने को पड़े लाले तो तीन बेटियों को दूध में जहर देकर मार डाला

पंजाब के जालंधर से दिल दहलाने वाली खबर सामने आई है। जालंधर के कानपुर में बिहार के कटिहार से आया एक दंपती अपने 5 बच्चों, जिसमें 4 बेटियाँ और एक बेटा था, के साथ रहता था। इस दंपती ने अपनी तीन बड़ी बेटियों को जहर मिला दूध पिला दिया और उन्हें बक्से में बंद कर दिया। तीनों बच्चियों की तड़प कर मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने आरोपित माता-पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

बिहार के कटिहार का रहने वाला है आरोपित

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जालंधर के कानपुर में सुशील मंडल अपने परिवार के साथ रहता था। वो बिहार के कटिहार जिले के पोठिया ओपी क्षेत्र में आने वाले डुमर पंचायत का निवासी था और जालंधर में चार साल से मजदूरी करता था। सुशील शराब पीने का आदी था और कमाई कम थी। इस वजह से उसने अपनी तीन बड़ी बेटियों को पत्नी के साथ मिलकर मार डाला, क्योंकि वो पाँचों बच्चों का पालन-पोषण नहीं कर पा रहा था। मरने वाली बच्चियों के नाम अमृता कुमारी (9 वर्ष), साक्षी (7 वर्ष) और कंचन (4 वर्ष) थी।

पुलिस ने जाँच के बाद किया गिरफ्तार

जानकारी के मुताबिक, सुशील और उसकी पत्नी मंजू देवी ने अपने बचाव में बच्चियों के अगवा होने की झूठी कहानी रची, मगर ये पुलिस के आगे अधिक देर तक टिक नहीं सकी। जालंधर के एसएसपी (ग्रामीण) मुखविंदर सिंह भुल्लर और एसपी मनप्रीत सिंह ढिल्लों ने इस मामले में मीडिया से बातचीत की और बताया कि सूचना पाकर डीएसपी बलवीर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुँचे थे। उन्होंने शुरूआती जाँच के बाद हत्यारोपी सुशील मंडल और उसकी पत्नी मंजू देवी को गिरफ्तार कर लिया।

रविवार सुबह जहरीला दूध पिलाया

एसएसपी ने बताया कि आरोपित सुशील मंडल शराब का आदी था। उसने रविवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे बच्चियों को जहरीला दूध पिलाकर बक्से में बंद कर दिया और खुद काम पर चला गया। इसमें उसकी पत्नी मंजू देवी ने भी साथ दिया। वो सोमवार को घर छोड़कर भागने वाले थे, लेकिन बक्से की वजह से फँस गए। उन्होंने कहा कि दंपती के बाकी बचे दोनों बच्चों अनुष्का (2 वर्ष) और एक साल के बेटे शनि को चाइल्ड केयर होम भेजा जाएगा।

स्कूल में छोटे-छोटे बच्चों से पढ़वाई नमाज़, भड़के अभिभावकों ने किया प्रदर्शन: ‘सांस्कृतिक कार्यक्रम’ के नाम पर पहनाई इस्लामी टोपी

गुजरात के अहमदाबाद में एक स्कूल ने ईद (मीलाद उन-नबी) के मौके पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिन्दू बच्चों से नमाज पढ़वाई है। इन बच्चों को नमाज की जालीदार टोपी और कुर्ता-पैजामा भी पहनाया गया। इस कार्यक्रम का वीडियो वायरल होने के बाद बच्चों के अभिभावकों ने प्रदर्शन किया है।

जानकारी के अनुसार, अहमदाबाद के घातलोडिया में स्थित कैलोरेक्स स्कूल में शुक्रवार (29 सितम्बर, 2023) को ईद (मीलाद उन-नबी) के मौके पर एक कथित सांस्कृतिक कार्यक्रम के नाम पर छोटे-छोटे बच्चों को नमाज़ वाली ड्रेस पहना कर उनसे ‘लब पर आती है दुआ’ वाला मजहबी तराना गवाया गया। उनको इस दौरान नमाज़ करना सिखाया गया।

यह पूरा कार्यक्रम बच्चों के अभिभावकों से अनुमति लिए बिना किया गया। जब इस घटना का वीडियो वायरल हुआ तो अभिभावक भड़क गए। यह सूचना हिन्दू संगठनों को भी मिली कि स्कूल में एक विशेष मजहब के तौर-तरीके छोटे बच्चों को सिखाए गए हैं।

हिन्दू संगठनों और अभिभावकों ने स्कूल में इस बात पर 3 अक्टूबर, 2023 विरोध प्रदर्शन किया और प्रधानाध्यापक के इस्तीफे की माँग की। बच्चों के अभिभावकों ने स्कूल से अपने बच्चों का नाम कटवाने की भी बात की। उनका कहना था कि छोटे बच्चों को नमाज़ सिखाना उनके मस्तिष्क पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है और वह इसकी कभी अनुमति नहीं देंगे।

नमाज़ पढ़वाने पर स्कूल ने माँगी माफ़ी

हिन्दू संगठनों और अभिभावकों का कड़ा विरोध देखकर स्कूल ने एक माफ़ीनामा जारी किया। इस माफ़ीनामे में उन्होंने इस कार्यक्रम को भूल बताया और कहा कि भविष्य में ऐसा कोई भी कृत्य वह नहीं दोहराएँगे। स्कूल के विरुद्ध अब शिक्षा विभाग भी एक्शन में आ गया है। अहमदाबाद के जिला शिक्षा अधिकारी रोहित चौधरी ने ऑपइंडिया को बताया कि स्कूल को इस वायरल वीडियो के मामले में एक नोटिस भेजा गया है।

उन्होंने कहा, “हमने स्कूल को नोटिस भेजकर इस मामले में जवाब माँगा है। उनका जवाब आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।” स्कूल को भेजे गए नोटिस में कहा गया है कि उसका जो वीडियो वायरल हुआ है उससे लोगों की धार्मिक भावनाएँ आहत हुई हैं।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे ही मामले

ऐसा नहीं है कि यह कोई पहला मामला है जिसमें हिन्दू बच्चों को दूसरे मजहबों के तौर-तरीके सिखाए गए हों। ईद-उल-मिलाद के मौके पर मध्य प्रदेश के गुना में ऐसा ही एक मामला हाल में ही सामने आया था। गुना के प्रिंस पब्लिक स्कूल में 27 सितम्बर, 2023 को ईद के लिए एक कथित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें हिन्दू बच्चियों को हिजाब पहना कर उनसे ‘भर दे झोली मेरी या मुहम्मद’ जैसे गीत गवाए गए थे।

इसके पश्चात हिन्दू संगठनों द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन के कारण प्रधानाध्यापक और इस कार्यक्रम को आयोजित करने वाले शिक्षक को नौकरी से निकाल दिया गया था। स्कूल ने इस घटना पर माफ़ी माँगी थी और दोबारा ऐसी हरकत ना करने का वादा किया था। इससे पहले गुजरात के कच्छ से जून 2023 में एक मामला सामने आया था जहाँ ईद के मौके पर पर्ल हार्बर स्कूल में हिन्दू बच्चों को गोल टोपियाँ पहनाई गई थी। स्कूल ने विरोध के पश्चात माफ़ी माँगी थी।

जिस साध्वी को चमड़े के बेल्ट से पीटा, पुरुष कैदियों के साथ रख पोर्न वीडियो देखने को किया मजबूर, वह कोर्ट में हुईं भावुक: जानिए मामला

मध्य प्रदेश के भोपाल से भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर मंगलवार (3 अक्टूबर 2023) को मालेगाँव धमाकों के संबंध में हो रही सुनवाई के दौरान भावुक हो गईं। साध्वी प्रज्ञा के भावुक होने के कारण कोर्ट ने अपनी कार्यवाही 10 मिनट के लिए रोक दी और उनके सामान्य होने पर फिर कार्यवाही शुरू की।

दरअसल, साध्वी प्रज्ञा ठाकुर वर्ष 2008 में हुए मालेगाँव धमाकों के सम्बन्ध में NIA के विशेष कोर्ट के समक्ष अपना बयान दर्ज करवा रही थीं। उनके साथ मालेगाँव धमाके में आरोपित बनाए गए अन्य 7 व्यक्तियों का भी बयान दर्ज किया जा रहा था।

साध्वी प्रज्ञा के साथ जिन अन्य लोगों के बयान दर्ज किए गए उनमें लेफ्टिनेंट कर्नल प्रसाद पुरोहित, मेजर (रिटायर्ड) रमेश उपाध्याय, सुधाकर चतुर्वेदी, सुधाकर द्विवेदी, समीर कुलकर्णी और अजय राहिरकर शामिल हैं। इस दौरान साध्वी से लगभग 60 प्रश्न पूछे गए।

साध्वी से जब धमाके के बाद मृत और घायल लोगों को आई चोटों के सम्बन्ध में प्रश्न पूछे गए तो वह भावुक हो गईं। इसके पश्चात मामले की सुनवाई कर रहे न्यायाधीश एके लाहोटी ने कार्रवाई को 10 मिनट के लिए रोक दिया। मालेगाँव में 29 सितम्बर को हुए इन धमाकों में 9 लोगों की मृत्यु हुई थी और 100 से अधिक घायल हुए थे।

बताया गया था कि यह धमाके एक मोटरसाईकिल में बम लगाकर किए गए थे। इस मामले में साध्वी प्रज्ञा और कर्नल पुरोहित समेत अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया था। NIA द्वारा वर्ष 2016 में दाखिल अंतिम चार्जशीट में उनका नाम नहीं था और उन्हें जमानत मिल गई थी। उनको इस मामले में दोषी नहीं माना गया था।

साध्वी प्रज्ञा ने एक इंटरव्यू के दौरान बताया था कि कॉन्ग्रेस की ध्रुवीकरण की राजनीति के कारण उन्हें गिरफ्तार किया गया था जिसका नेतृत्व तत्कालीन गृह मंत्री पी चिदंबरम और नेता दिग्विजय सिंह कर रहे थे। उन्होंने दिग्विजय सिंह को आतंक का समर्थक भी बताया था। पी चिदंबरम को उन्होंने विधर्मी कहा था।

आतंकी साबित करने के लिए दी गई थी साध्वी प्रज्ञा को प्रताड़ना

साध्वी प्रज्ञा को मालेगाँव धमाका मामले में गिरफ्तार किए जाने के पश्चात उनको महाराष्ट्र ATS और पुलिसकर्मियों ने तरह-तरह की प्रताड़नाएँ दी थीं। इसका जिक्र उन्होंने स्वयं जनता के बीच दिया था। साध्वी प्रज्ञा ने बताया था कि उन्हें चमड़े की बेल्ट से पीटा जाता था। उन्हें 24 दिनों तक भूखा रखा गया था, उनको बिजली के झटके दिए जाते थे।

साध्वी ने बताया कि उनके साथ गाली-गलौज आम बात थी। उनको पुरुष कैदियों के साथ रखकर पोर्न वीडियो देखने पर मजबूर किया जाता था। उनको पीटने के लिए लगातार 5-6 पुलिस वाले लगाए जाते थे और जब वह थक जाते थे तो दूसरे पुलिसकर्मी उनको पीटने लग जाते थे।

इन सबके बाद जब उन्हें कोर्ट के आदेश पर डॉक्टर के पास ले जाया जाता था तो उन पर दबाव रहता था कि वह यह रिपोर्ट दे कि साध्वी एकदम ठीक हैं। 25 सितम्बर 2023 को NIA कोर्ट के सामने पेश हुईं साध्वी प्रज्ञा ने बताया था उनकी बीमारी की हालत के लिए कॉन्ग्रेस जिम्मेदार है।

साध्वी ने बताया कि जब उनको मालेगाँव धमाके के बाद पूछताछ के लिए बुलाया गया था तब वह पूरी तरह स्वस्थ थीं, लेकिन पुलिस की हिरासत में उनकी हालत बिगड़ी। उनको कैंसर और न्यूरो की बीमारी हो गई। शरीर में पस तक पड़ गया।

45 दिन, 450 छापेमार, गुप्त जाँच, तकनीकी निगरानी: ‘पुलिस का भी मोबाइल जब्त’ जैसी प्लानिंग के बाद जाल में फँसा NewsClick

IAS/IPS अधिकारियों को गिरफ्तार होते हम सबने देखा है। डॉक्टर-इंजीनियर-जज-नेता-सासंद-विधायक भी होते हैं। बवाल, प्राइम टाइम, दंगल, खबर पर खबर, संपादकीय… ये सब लेकिन सिर्फ तब होता है, जब बात पत्रकार की गिरफ्तारी की होती है। प्रेस क्लब इसके खिलाफ मोर्चा खोल देता है, एडिटर्स गिल्ड चिट्ठी-पत्री लिखने लगता है। ऐसी बवाली ‘जाति’ पर कार्रवाई करने से पहले पुलिस-प्रशासन क्या-क्या तैयारी करती होगी? किन-किन मुद्दों पर सोचती होगी? आरोप को साबित करने के लिए कहाँ-कहाँ से डेटा निकालती होगी? इन सब सवालों का जवाब है न्यूज क्लिक (NewsClick) पर की गई कार्रवाई।

न्यूज क्लिक (NewsClick) और इससे जुड़ी चायनीज फंडिंग के मामले में छापेमारी की गई 3 अक्टूबर 2023 को। कुल 46 पत्रकारों से पूछताछ की गई, 2 गिरफ्तार भी हुए। तथाकथित मीडिया और जंग खाए चंद कहानीकारों (खुद को पत्रकार कहते हैं) वाली फर्जी वेबसाइट न्यूज क्लिक पर हाथ डालने की शुरुआत लेकिन होती है 17 अगस्त से यानी 45 दिन पहले।

पुलिस के एक्शन से 12 दिन पहले न्यूज क्लिक (NewsClick) पोस्टमॉर्टम छपता है ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ में। 5 अगस्त को ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ ने अमेरिकी व्यवसायी नेविल रॉय सिंघम के साथ चीनी सरकार के संबंध और ‘न्यूज क्लिक’ नामक वामपंथी प्रोपेगेंडा पोर्टल को मिल रही फंडिंग को लेकर खुलासा किया था।

अंतररराष्ट्रीय मीडिया में ‘न्यूज क्लिक’ को लेकर छपी खबर के बाद भारत सरकार के मंत्री अनुराग ठाकुर ने 7 अगस्त को प्रेस कॉन्फ्रेंस किया था। इसके 10 दिन के बाद दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने 17 अगस्त को यूएपीए (UAPA: Unlawful Activities Prevention Act, गैरकानूनी गतिविधियाँ रोकथाम अधिनियम) के तहत केस दर्ज किया और जाँच शुरू की गई।

शुरुआत में यह जाँच ईडी (ED: Enforcement Directorate, प्रवर्तन निदेशालय) के जुटाए फाइल, डॉक्यूमेंट्स के आधार पर आगे बढ़ रही थी। यह केस लेकिन इतना आसान भी नहीं था। बात यहाँ सिर्फ पैसों के लेन-देन की नहीं थी।

जाँच जैसे-जैसे आगे बढ़ती गई, इसमें चायनीज पैसा, चीनी षड्यंत्र, अमेरिकी कनेक्शन, वामपंथी संगठन, भारत-विरोधी गतिविधियाँ आदि तक इस केस में जुड़ते चले गए। भारत की संप्रभुता को खतरा जैसी षड्यंत्रकारी गतिविधियों को देखते हुए पूरी जाँच के लिए स्पेशल टीम का गठन किया गया। अच्छी तरीके से जाँच कर पूरे मुद्दे के तह तक जाने के लिए आरोपितों की तकनीकी निगरानी के लिए स्पेशल उपकरणों का उपयोग भी किया गया।

टारगेट पर 3 टीम, 100 लोकेशन, पुलिस वाले 450

न्यूज क्लिक (NewsClick) और इससे जुड़ी चायनीज फंडिंग के मामले में इसके संस्थापक प्रबीर पुरकायस्थ और HR हेड अमित चक्रवर्ती गिरफ्तार किए गए हैं। यह लेकिन इतना आसान नहीं था।

वित्तीय मामलों की जाँच कर रही स्पेशल टीम ने इनको दबोचने से पहले इनके बैंक डिटेल्स, इनकी संस्था से जुड़े कॉर्पोरेट बिल आदि से संबंधित हजारों पन्नों की खाक छानी। वित्तीय मामलों से अलग एक टीम सिर्फ यह जाँच कर रही थी कि ‘न्यूज क्लिक’ पर कैसे कॉन्टेंट पब्लिश किए गए, वीडियो कैसे-कैसे डाले गए। इस टीम को यह भी देखना था कि अगर कोई कॉन्टेंट या डेटा इनकी वेबसाइट से डिलीट किया गया है तो वो कब हुआ, उसका संदर्भ क्या था?

जाँच करने वाली स्पेशल टीम जब सारा काला चिट्ठा जुगाड़ लेती है, तब जाकर 2 अक्टूबर 2023 की आधी रात को दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम की मीटिंग होती है। इस बैठक में 200 से अधिक पुलिसकर्मी हिस्सा लेते हैं। किसी भी तरह की जानकारी लीक होने से रोकने के लिए सभी पुलिस अधिकारियों के मोबाइल फोन इस मीटिंग से पहले जमा कर लिए गए थे। फिर 100 जगहों पर छापेमारी, कुल 46 पत्रकारों से पूछताछ आदि का खाका तैयार हुआ।

जिस पर आरोप गंभीर, दबोचने का तरीका भी लीक-प्रूफ

सभी आरोपितों से एक जैसा सवाल-जवाब किया गया, ऐसा नहीं था। आरोपितों को भी उनके चायनीज कनेक्शन/फंडिंग को देखते हुए ए, बी और सी कैटेगिरी में बाँटा गया। 3 अक्टूबर की सुबह से जब छापेमारी शुरू हुई, तो वो रात में बनाई गई प्लानिंग के तहत ही थी। इस प्लान का डिटेल आप ऐसे समझ सकते हैं कि गिरफ्तार किए गए प्रबीर पुरकायस्थ और अमित चक्रवर्ती ए कैटेगिरी में थे। इसी ए कैटेगिरी में 4 और आरोपितों पर स्पेशल पुलिस की रडार है।

ऐसे जाल में फँसा NewsClick

ए कैटेगिरी वाले हर आरोपितों को पकड़ने, पूछताछ करने के लिए 8 से 10 पुलिस वाले लगाए गए थे। 3 अक्टूबर की सुबह छापेमारी के वक्त तक इन पुलिस वालों को पता नहीं था कि इनका टास्क क्या है, किस पर हाथ डालना है। बस एक जगह बता दी गई थी कि फलां जगह पहुँचो। छापेमारी जैसे-जैसे आगे बढ़ रही थी, जरूरत के हिसाब से पुलिस वालों को जानकारी दी जा रही थी।

देश के अलग-अलग शहरों जैसे दिल्ली, गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद, मुंबई में न्यूज क्लिक (NewsClick) से संबंधित छापेमारी की गई। इन जगहों पर कुल 46 पत्रकारों से पूछताछ की गई,जिनमें से 9 महिलाएँ हैं। इन सभी के डिजिटल उपकरण (मोबाइल, लैपटॉप आदि), दस्तावेज आदि को जाँच के लिए जब्त कर लिया गया है।

आपको बता दें कि न्यूज क्लिक (NewsClick) पर जो एफआईआर की गई है, वो यूएपीए की धारा 13 (गैरकानूनी गतिविधियाँ); धारा 16 (आतंकवादी कृत्य); धारा 17 (आतंकवादी कृत्यों के लिए धन जुटाना); धारा 18 (षड्यंत्र रचना); धारा 22 (सी) (कंपनियों, ट्रस्टों द्वारा अपराध करना) के तहत की गई है। इनके अलावा आईपीसी की धारा 153ए (विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना) और 120बी (आपराधिक साजिश) भी जोड़ी गई है।

जिसकी जितनी संख्या भारी, उसकी उतनी भागीदारी: अब राबड़ी नहीं, रामरतिया का बेटा होगा राजद का नेता

दिल्ली का राउज एवेन्यू कोर्ट। तारीख 4 अक्टूबर 2023। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव दिखे। कभी बिहार पर मुख्यमंत्री के रूप में थोप दी गईं राबड़ी देवी दिखीं। दोनों के उपमुख्यमंत्री बेटे तेजस्वी यादव दिखे। सांसद बिटिया मीसा भारती दिखीं। मामला जमीन लेकर रेलवे में नौकरी देने का है। कोर्ट ने सबको जमानत दे दी है।

मीडिया में टन-टना-टन की आवाज और बिग ब्रेकिंग के उद्घोष के साथ खबर भी चलने लगी- लालू परिवार को बड़ी राहत। लेकिन परिवार की खुशी दूसरे ब्रेकिंग से धड़ाम हो गई। पटना से संवाददाता पलटू चच्चा ने बताया कि 10 सर्कुलर रोड ​के राबड़ी देवी के आवास में बड़ा बवाल मचा हुआ है। बिहार पुलिस फेल। सैप के जवान फेल। केंद्रीय बलों की तैनाती की गुहार लग रही है।

संवाददाता पलटू चच्चा के अनुसार इस बवाल का नेतृत्व रामरतिया कर रही है। रामरतिया वही भैंस है जिसे लालू अपने खटाल में छोड़कर दिल्ली आए हुए हैं। इधर लालू दिल्ली गए उधर उनके मित्र (जिनके पेट में दाँत बताया जाता है) ने जातीय जनगणना के नंबर्स गुपचुप रामरतिया के कान में फूँक दिए। रामरतिया बिदक गई। बोली अब तो जिसकी जितनी संख्या भारी, उसकी उतनी भागीदारी पर ही मानूँगी।

रामरतिया ने गुणा-भाग लगाया। पाया कि लालू-राबड़ी से ज्यादा बाल-बुतरू तो उसके हैं। उसे समझ आ गया कि उसका ही दूध पिला-पिलाकर उस पर राबड़ी ने अपना बेटा थोप दिया। वैसे ही जैसे कभी उसके हिस्से का चारा राबड़ी के पतिदेव डकार गए। चाराखोरी पकड़ी गई, सजा हुई, पर बीमारी के बहाने अब भी लौंडा नाच देख रहे।

रामरतिया ने झट से ऐलान किया अब ये शोषण नहीं चलेगा। पूरे नंबर्स के साथ 10 सर्कुलर रोड में धरने पर बैठ गई। रामरतिया को मनाने के लिए मनोज झा भी भेजे गए। उन्होंने ठाकुर का कुआँ भी पढ़ी। लेकिन रामरतिया ने पानी पीने से मना कर दिया।

रामरतिया के समर्थन में बुधनी गाय भी दलबल के साथ पहुँची। उसका दर्द तो अलग ही किसिम का है। उसका कहना है कि सर्वण मानकर जनगणना में उसकी गिनती ही नहीं हुई। अपने हिसाब से गणित फिटकर उसका नंबर बता दिया गया है।

जुम्मन बकरा अलग फाँद रहा है। 18 पर्सेंट होकर भी 14 पर्सेंट से मिले घाव दिखा रहा है। उसकी दाढ़ी सहलाने को सिद्दीकी मियाँ भेजे गए। पर जुम्मन ने अबकी दाढ़ी पर हाथ न रखने दिया। बोला बहुत हुआ। अबकी हम बनाएँगे अपना गंगा-जमुनी समीकरण। रामरतिया और बुधनी को होगा अपन समर्थन।

10 सर्कुलर रोड में बवाल की खबर जंगल में आग की तरह फैली। पटना के 1 अणे मार्ग पर आपात बैठक हुई। तेजू भैया के नेतृत्व में वार्ता के लिए कमिटी बनी। घंटों चली बात के बाद तय हुआ कि अब राजद का नेता राबड़ी नहीं, रामरतिया का बेटा होगा। बाबू जगदानंद की जगह जुम्मन का बिरादर होगा।

सहमति बनते ही पटना में तेजू भैया के आवास से लेकर सिंगापुर में रोहिणी दीदी की कोठी तक पटाखे छूटे। जश्न मन रहा था सारे भाई-बहन जो मलाई तेज भैया और मीसा दीदी से छीन नहीं पाए उसे झटके में जातीय जनगणना से रामरतिया ने चट कर लिया।

अब इधर सुशासन बाबू टेंशन में हैं। जब 14 पर्सेंट वाले रामरतिया-बुधनी-जुम्मन की तिकड़ी से मलाई नहीं बचा सके तो 2.87 पर्सेंट से वे कौन सी मूली उखाड़ लेंगे!

सिक्किम में सेना का कैंप बहा, 23 जवान लापता: बादल फटने से भीषण बाढ़, तीस्ता नदी का जलस्तर 15 से 20 फुट तक बढ़ा

सिक्किम में अचानक बादल बढ़ने से भीषण बाढ़ आ गई है। तीस्ता नदी उफान पर है। सेना का कैंप बहने की खबर है। इसके बाद से 23 जवान लापता हैं। इनकी तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी है।

बादल फटने की घटना उत्तरी सिक्किम में ल्होनक झील के ऊपर हुई। इससे लाचेन घाटी में तीस्ता नदी में बाढ़ आ गई। बचाव अभियान के लिए सिक्किम और उत्तरी बंगाल के कुछ हिस्सों में एनडीआरएफ की चार टीमों को तैनात किया गया है। एनडीआरएफ की एक टीम सिक्किम के सिंगतम में है। वहीं एक-एक टीम पश्चिम बंगाल के कलिम्पोंग, कर्सियांग और जलपाईगुड़ी में हैं।

सेना के मुताबिक, ये घटना 3 अक्टूबर 2023 को रात के करीब 1.30 बजे हुई। सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने भी सिंगताम में अचानक आई बाढ़ के बाद हालात का जायजा लिया गई।

सीएम तमांग ने एक्स हैंडल से पोस्ट कर कहा है, “हाल ही में हमारे राज्य में आई प्राकृतिक आपदा से हम सभी परिचित हैं। प्रभावित क्षेत्रों में आपातकालीन सेवाएँ तैनात कर दी गई है। नुकसान का आकलन करने और स्थानीय समुदाय के साथ बातचीत करने के लिए मैंने सिंगताम का दौरा किया है।”

उन्होंने आगे कहा, “मैं विनम्रतापूर्वक सभी नागरिकों से आग्रह करता हूँ कि वे सतर्क रहें और इस अहम वक्त के दौरान गैरजरूरी सफर से बचें। यह जरूरी है कि हम संयम बनाए रखें और अपने क्षेत्र में तेजी से सामान्य हालात लौटने की उम्मीद करें।” जानकारी के मुताबिक अचानक आई बाढ़ से सिंगताम के पास बारदांग में खड़े सेना के वाहन भी बह गए। करीब 41 गाड़ियों के डूबने की खबर है।

सेना को यहाँ बचाव के कार्य करने में चुनौतियाँ का भी सामना करना पड़ रहा है। इस क्षेत्र में इंटरनेट कनेक्टिविटी कम है। इस वजह कमांड स्तर के अधिकारियों को ज़मीनी स्तर पर लोगों से जुड़ने में मुश्किल पेश आ रही है।

रिपोर्ट के मुताबिक, चुंगथांग बाँध से अचानक पानी छोड़े जाने के वजह से नदी में पानी का स्तर 15-20 फीट तक बढ़ गया। सेकेंड बटालियन सिक्किम के डिप्टी कमांडेंट विवेक कुमार ने न्यूज18 को बताया कि 23 जवानों के लापता होने की एनडीआरएफ ने पुष्टि की है।

उन्होंने बताया कि अब तक तीन नागरिकों की लाश मिली है। गंगटोक को जोड़ने वाली सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। मुगुथांग में अचानक आई बाढ़ की वजह से डिकचू और टूंग में दो स्थायी पुल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। बीआरओ के कर्मचारी स्थानीय लोगों के बचाव के काम में लगातार लगे हैं।

लेम्बोर्गिनी में सवार थीं हिरोइन गायत्री जोशी, ओवरटेक करने के चक्कर में फरारी से टक्कर: आग लगने से स्विस कपल की मौत

फिल्म स्वदेश में शाहरुख खान की को-स्टार रही एक्ट्रेस गायत्री जोशी इटली में एक भयंकर कार हादसे का शिकार हो गईं। लेम्बोर्गिनी में पति विकास ओबरॉय के साथ सफर कर रही इस एक्ट्रेस की कार एक स्विस कपल की फेरारी से टकरा गई। हादसे में स्विस कपल की मौत हो गई। गायत्री और विकास सुरक्षित हैं। हादसा सार्डिनिया सुपर कार टूर के दौरान हुआ।

गायत्री की कार अन्य वाहनों और कैंपर वैन से टकरा गई थी। टक्कर तब हुई जब लेम्बोर्गिनी और फेरारी सहित कई हाई परफॉर्मेंस वाली कारों ने एक साथ कैंपर वैन को ओवरटेक करने की कोशिश की। इससे कैंपर वैन सार्डिनिया में एक ग्रामीण इलाके की सड़क पर पलट गई। इस दौरान बदकिस्मती से फेरारी में आग लग गई। इस वजह से उसमें बैठे स्विस कपल की जान चली गई। कपल की पहचान स्विट्जरलैंड की 63 साल की मेलिसा क्रौटली और 67 साल मार्कस क्रौटली के रूप में हुई है।

एक्ट्रेस गायत्री जोशी ने द फ्री प्रेस जर्नल को बताया है, “विकास और मैं इटली में हैं। हम यहाँ एक दुर्घटना (कई कारों की टक्कर) का शिकार हो गए। भगवान की कृपा से, हम दोनों बिल्कुल ठीक हैं।” इस दुखद हादसे के कई विजुएल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामने आए हैं।

सार्डिनिया सुपरकार टूर के दौरान हुआ ये हादसा लग्जरी कारों की परेड के दौरान हुआ। इस टूर में लक्जरी कारें अपने हाई क्वालिटी की परफॉर्मेंस को दिखाते हुए टेउलाडा से ओलबिया तक परेड करती हैं।

गौरतलब है कि गायत्री जोशी ने 2004 में मूवी ‘स्वदेश’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। इस फिल्म में वो शाहरुख के साथ मुख्य भूमिका में थी। इस मूवी के बाद उन्होंने एक्टिंग से दूरी बना ली और अपनी पर्सनल लाइफ में बिजी हो गई।

भारत की मशहूर रियल एस्टेट कंपनी ओबेरॉय कंस्ट्रक्शन के मैनेजिंग डॉयरेक्टर विकास ओबेरॉय से शादी के बाद वो किसी भी फिल्म में नजर नहीं आईं। मॉडलिंग को करियर बनाने के लिए गायत्री ने वीडियो जॉकी की नौकरी छोड़ दी थी।

सौंदर्य प्रतियोगिताओं में शिरकत करने के साथ ही उन्होंने कई ब्रांड्स के लिए मॉडलिंग की। इसके साथ ही कई म्यूजिक वीडियो में भी काम किया। इनमें जगजीत सिंह का गाना कागज़ की कश्ती और हंस राज हंस का झांझरिया बेहद चर्चा में रहा था।