Home Blog Page 1572

लिव इन रिलेशन में था अदनान, रेप केस में इलाहाबाद हाईकोर्ट से बेल: जज ने कहा – ऐसे रिश्ते विवाह को नष्ट करने का व्यवस्थित डिजाइन  

लिव इन रिलेशनशिप के एक मामले में फैसला सुनाते हुए इलाहबाद हाई कोर्ट ने टिप्पणी की। कोर्ट ने कहा कि भारत जैसे देश में मध्यम वर्ग की नैतिकता को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है। दरअसल, इलाहाबाद हाई कोर्ट ने लिव-इन रिश्तों की आलोचना की और कहा, “लिव इन विवाह की संस्था को नष्ट करने के लिए एक व्यवस्थित डिजाइन है, जो समाज को अस्थिर करता है और हमारे देश की प्रगति में बाधा डालता है।”

लाइव लॉ की रिपोर्ट के अनुसार, हालिया घटनाक्रम में इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति सिद्धार्थ ने मंगलवार (29 अगस्त , 2023) को अपनी लिव-इन पार्टनर से बलात्कार के आरोपित अदनान को जमानत दे दी। इस मामले में अदालत का फैसला भारतीय समाज में लिव-इन रिलेशनशिप की जटिलताओं और विवाह के महत्व पर प्रकाश डालता है।

रिपोर्ट के अनुसार, इस मामले में अदनान पर धारा 376 (बलात्कार), 316, 506 आईपीसी (भारतीय दंड संहिता), और POCSO अधिनियम की धारा 3/4 (यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम) के तहत आरोप लगे। इस मामले में एक साल तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहने और गर्भवती होने के बाद पीड़िता ने अदनान पर रेप का आरोप लगाया था।

बलात्कार के आरोपित को जमानत देते हुए, इलाहाबाद हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति सिद्धार्थ ने अपने आदेश में कहा कि “विवाह संस्था किसी व्यक्ति को जो सुरक्षा, सामाजिक स्वीकृति, प्रगति और स्थिरता प्रदान करती है, वह कभी भी लिव-इन रिलेशनशिप द्वारा प्रदान नहीं की जाती है।”

समाज को अस्थिर करने की योजना

कोर्ट के आदेश में जस्टिस सिद्धार्थ ने कहा, “ऊपरी तौर पर, लिव-इन का रिश्ता बहुत आकर्षक लगता है और युवाओं को लुभाता है, लेकिन जैसे-जैसे समय बीतता है और मध्यमवर्गीय सामाजिक नैतिकता/मानदंड उनके चेहरे पर नजर आने लगते हैं, ऐसे जोड़े को धीरे-धीरे एहसास होता है कि उनके रिश्ते को कोई सामाजिक स्वीकृति नहीं है।”

उन्होंने आगे कहा, “लिव-इन रिलेशनशिप को इस देश में विवाह की संस्था के फेल होने के बाद ही सामान्य माना जाएगा, जैसा कि कई तथाकथित विकसित देशों में होता है जहाँ विवाह की संस्था की रक्षा करना उनके लिए एक बड़ी समस्या बन गई है। हम भविष्य में अपने लिए बड़ी समस्या खड़ी करने की ओर अग्रसर हैं। इस देश में विवाह की संस्था को नष्ट करने और समाज को अस्थिर करने और हमारे देश की प्रगति में बाधा डालने की योजनाबद्ध योजना बनाई गई है।”

टीवी धारावाहिक विवाह संस्था को पहुँचा रहे नुकसान

जज सिद्धार्थ ने यह भी कहा, “आजकल की फिल्में और टीवी धारावाहिक विवाह की संस्था को खत्म करने में योगदान दे रहे हैं। शादीशुदा रिश्ते में पार्टनर से बेवफाई और उन्मुक्त लिव-इन रिलेशनशिप को प्रगतिशील समाज की निशानी के तौर पर दिखाया जा रहा है। युवा ऐसे दर्शन की ओर आकर्षित हो जाते हैं लेकिन इसके दीर्घकालिक परिणामों से अनजान होते हैं।”

लिव इन के बाद महिला का विवाह के लिए पुरुष साथी ढूँढना मुश्किल

अपने आदेश में उन्होंने यह भी कहा, “जहाँ लिव-इन रिलेशनशिप से बाहर आने वाले पुरुषों के लिए शादी या किसी अन्य लिव-इन रिलेशनशिप के लिए महिला साथी ढूँढना मुश्किल नहीं है, वहीं महिलाओं को शादी के लिए पुरुष साथी ढूँढना बहुत मुश्किल है।”

अदालत ने अपने आदेश में कहा, “…सामाजिक मध्यवर्गीय मानदंड, महिला साथी के धर्म की परवाह किए बिना, उसकी सामाजिक स्थिति को फिर से हासिल करने के उसके प्रयासों के खिलाफ हैं।”

वहीं लिव-इन रिलेशनशिप से बाहर आने वाली महिलाओं के बारे में बात करते हुए कोर्ट ने कहा, “अपवादों को छोड़कर, कोई भी परिवार ऐसी महिला को स्वेच्छा से अपने परिवार के सदस्य के रूप में स्वीकार नहीं करता है। अदालतों में ऐसे मामलों की कोई कमी नहीं है,  जहाँ पूर्व लिव-इन-रिलेशनशिप की महिला साथी सामाजिक बुरे व्यवहार से तंग आकर आत्महत्या कर लेती है।”

गौरतलब है कि लिव इन मामले में इलाहाबाद हाई कोर्ट द्वारा रेप के आरोपित को जमानत देते हुए की टीवी धारावाहिक , फिल्मों सहित सामाजिक ताने-बाने पर की गई टिप्पणी कई नजीर पेश करती है। 

जहाँ मुस्लिमों ने किया काफिरों का कत्लेआम, करोड़ों खर्च कर उसी नाम का कॉन्ग्रेस CM ने किया उद्घाटन: मैसूर का अल-बद्र चौराहा

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने 30 अगस्त 2023 को मैसूर में अल-बद्र सर्कल का उद्घाटन किया। मैसूर के राजीव नगर स्थित अल-बद्र मस्जिद के बिल्कुल पास वाले चौराहे का हाल ही में पुनर्निर्माण किया गया है और इसे अल-बद्र नाम दिया गया है। इसे दुबई के आइकॉनिक लैंडमार्क से प्रेरणा लेकर बनाया गया है।

कर्नाटक की कुछ मीडिया भले ही इसे मैसूर शहर का एक नया आकर्षण बता रही है, लेकिन अल-बद्र शब्द का इस्लामी अर्थ समझने के साथ ही यह जानना भी जरूरी है कि इसके जरिए हिंदुओं की भावनाओं को भड़काने की कोशिश की गई है।

मैसूर चामराजेंद्र वाडियार सर्कल, कृष्णराज वाडियार सर्कल और जयचामराजा वाडियार सर्कल सहित कई चौक-चौराहों को लेकर प्रसिद्ध है। इन आकर्षक चौराहों का निर्माण वाडियार महाराजाओं द्वारा करवाया गया था। इसके अलावा हाल ही में सरस्वतीपुरम, कुवेम्पुनगर, विवेकानंदनगर, रामकृष्णनगर और शारदादेवीनगर जैसे इलाकों में कई चौराहों का पुनर्निर्माण कराया गया है।

2.47 करोड़ रुपए की लागत से अल-बद्र सर्कल में बनी एक बड़ी केतली ही इसका मुख्य आकर्षण है। यह केतली 8.25 मीटर की ऊँचाई पर स्थित है। इसके चारों ओर फव्वारा बनाया गया है। बेंगलुरु स्थित टीमवर्क आर्किटेक्ट्स के आर्किटेक हसीब-उर-रहमान ने यह डिजाइन तैयार की है। अल-बद्र सर्कल के आसपास से गुजरने वाले लोगों को (हिंदुओं को भी) अच्छा दिखाई देता है, लेकिन अधिकांश हिंदू इसके पीछे की सच्चाई नहीं जानते हैं।

क्या है अल-बद्र

अल-बद्र का सीधा मतलब ‘बद्र’ है। बद्र, सऊदी अरब के अल-हिजाज में अल मदीना प्रांत में स्थित एक शहर है। यह इस्लामी पाक शहर मदीना से करीब 130 किलोमीटर दूर स्थित है। इस शहर को ‘बद्र की लड़ाई’ के लिए जाना जाता है। बद्र की लड़ाई मक्का के कुरैश कबीले और मुस्लिमों के बीच हुई थी। कुरैश कबीले कई देवताओं को मानते थे। ऐसे में मुस्लिमों ने उनके खिलाफ जंग छेड़ दी थी। इस लड़ाई में इस्लाम के पैगंबर मुहम्मद ने मुस्लिमों का नेतृत्व किया था।

बद्र की लड़ाई 13 मार्च साल 624 (इस्लामी कैलेंडर में 17 रमजान) में हुई थी। इस लड़ाई में कुरैश कबीले के 313 लोगों का एक ग्रुप पैगंबर मुहम्मद के नेतृत्व वाली एक बड़ी मुस्लिम सेना के खिलाफ खड़ा था। बद्र की लड़ाई इस्लामी पैगंबर मुहम्मद के साथियों और अनुयायियों द्वारा लड़ी गई पहली लड़ाई है। इस लड़ाई में काफिरों की हत्या की गई थी। इसलिए मुस्लिम इस लड़ाई पर गर्व करते हैं और इस बारे में बढ़-चढ़कर बातें करते हैं।

चूँकि, इस्लाम में मूर्ति पूजा हराम है। इसलिए यह स्पष्ट है कि मैसूर के बद्र चौराहे में कोई प्रतिमा नहीं लगाई गई है, बल्कि अरबी मध्यकालीन शैली की 13 मीटर ऊँची केतली लगाई गई है। इस केतली और अल-बद्र चौक को लेकर यह कहना गलत नहीं होगा कि सिद्धारमैया ने मोमिनों द्वारा काफिरों को मारने की घटना को ही याद दिलाने वाले स्थान का उद्घाटन किया है।

मेरा शाकिब ऐसा नहीं है… अब फंदे पर लटकी मिली पिंकी: जिम में मुलाकात, फिर लिव-इन रिलेशन, परिजन बोले- अब्बा ने सुसाइड के लिए किया मजबूर

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में गुरुवार (31 अगस्त 2023) को पिंकी गुप्ता नाम की एक लड़की की फाँसी पर लटकती लाश मिली है। मृतका पिंकी के परिजनों का कहना है कि वह शाकिब नाम के लड़के के साथ लगभग 4 वर्षों से लिव-इन रिलेशन में रहती थी। मृतका और आरोपित की पहचान एक जिम में हुई थी। पिंकी के परिवार वालों ने शाकिब पर अपनी बेटी की हत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

मामला गाजियाबद के कौशाम्बी थाने का है। यहाँ वैशाली इलाके में रहने वाले राजू गुप्ता ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि उनकी 23 वर्षीया बहन पिंकी वैशाली सेक्टर 3 में रहती थी। पिंकी लगभग 4 वर्षों से गाजीपुर निवासी शाकिब से लिव-इन रिलेशन में रह रही थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि शाकिब उनकी बहन को आए दिन न सिर्फ प्रताड़ना देता था, बल्कि आत्महत्या के लिए भी उकसाता था।

कुछ दिन पहले ही पिंकी ने अपने घर वालों को बताया था कि शाकिब और उसके अब्बा मुस्तफा खान उशे आत्महत्या के लिए मजबूर कर रहे हैं। मुस्तफा पर आरोप है कि उसने पिंकी पर अपने बेटे को छोड़ने का दबाव बनाया था। राजू गुप्ता का कहा कि उनकी बहन ने 31 अगस्त की रात लगभग 10:30 बजे पँखे से लटककर आत्महत्या कर ली है। ऑपइंडिया के पास FIR कॉपी मौजूद है।

पुलिस ने राजू गुप्ता की तहरीर पर शाकिब और मुस्तफा खान के खिलाफ इंडियन पीनल कोड- IPC की धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत FIR दर्ज कर ली है। इस मामले पर जानकारी देते हुए ACP इंदिरापुरम ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना 31 अगस्त को रात 11 से 11:30 के बीच मिली।

उन्होंने कहा कि सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कमरे की तलाशी के तौर पुलिस को मृतका की एक डायरी मिली है। पिंकी साल 2021 से इस डायरी को मेंटेन कर रही थी। डायरी में कई पन्ने लिखे हुए हैं, जिसे पुलिस पढ़ कर जाँच कर रही है। वहीं, मुख्य आरोपित शाकिब को गिरफ्तार कर लिया गया है।

ऑपइंडिया ने शिकायतकर्ता राजू गुप्ता से इस मामले में बात की। राजू गुप्ता ने बताया कि उनकी बहन कौशाम्बी के शॉप्रिक्स मॉल स्थित जिस रेड रॉक्स जिम में नौकरी करती थी, वहाँ शाकिब एक्सरसाइज करने आता था। यही पर दोनों की जान-पहचान हुई थी, जो बाद में लिव इन रिलेशनशिप तक पहुँच गई।

शाकिब का मूल काम दिल्ली के गाजीपुर में डेयरी का है। दर्ज FIR पर राजू गुप्ता ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अगर चोटें आईं तो वो उस हिसाब से शाकिब कर कार्रवाई करवाएँगे। दूसरा आरोपित शाकिब का अब्बा मुस्तफा खान फिलहाल अभी नहीं पकड़ा गया है।

संसद के विशेष सत्र में क्या करेगी मोदी सरकार, कई बिलों को लेकर कयास: जानिए कब-कब और क्यों बुलाए गए विशेष सत्र

मोदी सरकार ने संसद का विशेष सत्र बुलाकर सभी को चौंका दिया है। 18-22 सितंबर तक आयोजित होने वाले इस सत्र को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। ऐसा माना जा रहा है कि मोदी सरकार, ‘एक देश, एक चुनाव’, ‘सामान नागरिक संहिता’, ‘जनसंख्या नियंत्रण कानून’ या फिर ‘महिला आरक्षण’ संबंधी बिल पेश कर सकती है। कयास यह भी है कि विशेष सत्र नए संसद भवन में हो सकता है।

संसद के विशेष सत्र को लेकर जानकारी देते हुए संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने एक्स पर लिखा, “संसद का विशेष सत्र (17वीं लोकसभा का 13वाँ सत्र और राज्यसभा का 261वाँ सत्र) 18 से 22 सितंबर तक बुलाया गया है। इसमें 5 बैठकें होंगी। अमृत काल के दौरान संसद में सार्थक चर्चा और बहस की उम्मीद है।” जोशी ने विशेष सत्र में 5 बैठक होने की जानकारी तो दी, लेकिन यह नहीं बताया कि इस सत्र को लेकर सरकार की क्या योजना है।

संसद सत्र

संसद का कोई भी सत्र बुलाने का अधिकार सरकार के पास होता है। संविधान के अनुच्छेद-85 में इसका प्रावधान किया गया है। सत्र बुलाने जाने पर संसदीय मामलों की समिति इससे जुड़े फैसले लेती है। इसके बाद राष्ट्रपति द्वारा औपचारिक सहमति दी जाती है।

अनुच्छेद-85 के अनुसार, सदन के दो सत्रों के बीच 6 महीने से अधिक का समय नहीं होना चाहिए। इसका सीधा मतलब है कि एक साल में दो बार सदन का सत्र जरूर लगना चाहिए। भारत में आमतौर पर तीन बार संसद सत्र होता है। बजट सत्र, मानसून सत्र, शीतकालीन सत्र। हालाँकि, यदि कभी सरकार ऐसा नहीं कर पाती है तो राष्ट्रपति के पास स्वविवेक से संसद सत्र बुलाने का अधिकार है।

विशेष सत्र

जब सरकार को लगता है कि किसी मुद्दे पर विशेष सत्र बुलाने की आवश्यकता है, तब सरकार इसको लेकर राष्ट्रपति या स्पीकर को सलाह देती है। इसके बाद राष्ट्रपति या सदन के स्पीकर विशेष सत्र बुला सकते हैं। हालाँकि, इसके लिए सदन के कम-से-कम 10% सदस्यों यानि सांसदों को राष्ट्रपति या स्पीकर को सूचना देनी होती है।

कब-कब बुलाया गया विशेष सत्र

26-27 नवंबर 2015: डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की 125वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए लोकसभा और राज्यसभा में दो दिवसीय विशेष सत्र बुलाया गया था। इस सत्र का विषय संविधान के प्रति राजनीतिक प्रतिबद्धता पर चर्चा करना था।

जुलाई 2008: जब मनमोहन सरकार से वामपंथी पार्टियों ने समर्थन वापस लिया था, तब लोकसभा का विशेष सत्र बुलाया गया था।

26 अगस्त से 1 सितंबर 1997: भारत की आजादी के 50 साल पूरे होने के मौके पर इस विशेष सत्र का आयोजन किया गया था। 6 दिन चले इस सत्र का एजेंडा देश की उपलब्धियों पर ध्यान केंद्रित करना तथा विकास के राह में आगे बढ़ने को लेकर चर्चा करना था।

नवंबर 1962: भारत-चीन युद्ध के बीच पूर्व प्रधानमंत्री नेता अटल बिहारी वाजपेयी ने सरकार पर दबाव बनाया था। इसके बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को संसद का विशेष सत्र बुलाना पड़ा था। इस सत्र का एजेंडा भारत-चीन युद्ध की स्थिति पर चर्चा करना था।

आधी रात को विशेष सत्र

14-15 अगस्त 1947: देश की आजादी की पूर्व संध्या पर भारतीय संसद का पहला सत्र आयोजित किया गया था।

14-15 अगस्त 1972: यह सत्र भारत की स्वतंत्रता के 25 वर्ष पूरे होने का जश्न मनाने के लिए आयोजित किया गया था।

9 अगस्त 1992: ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ की 50वीं वर्षगाँठ  के अवसर पर संसद का विशेष सत्र बुलाया गया था।

14-15 अगस्त 1997: देश की आजादी के 50वर्ष पूरे होने का जश्न मनाने के लिए सरकार ने सदन का विशेष सत्र बुलाया गया था।

30 जून 2017: देश में गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स यानि जीएसटी लागू होने पर मोदी सरकार ने आधी रात को संसद का सत्र बुलाया था।

गौरतलब है कि कई बार ऐसा भी हुआ है, जब लोकसभा और राज्यसभा दोनों में अलग-अलग विशेष सत्र आयोजित किए गए हैं। भारतीय संसद की पहली बैठक की 60वीं वर्षगाँठ मनाने के लिए 13 मई 2012 को लोकसभा ने संसद का विशेष सत्र बुलाया था। इसके अलावा, साल 1977 और 1991 में लोकसभा भंग होने के चलते राज्यसभा में विशेष सत्र आयोजित किए गए थे। 2

इसी तरह, 8 फरवरी और 1 मार्च 1977 का विशेष सत्र तमिलनाडु और नागालैंड में राष्ट्रपति शासन को आगे बढ़ाने के लिए बुलाया गया था। वहीं, 3-4 जून 1991 को हरियाणा में राष्ट्रपति शासन को मंजूरी देने के लिए राज्यसभा का विशेष सत्र बुलाया गया था।

I.N.D.I.A. का नारा ‘जुड़ेगा भारत, जीतेगा इंडिया’ – 13 लोगों की समन्वय समिति में ‘हरामखोर’ और मुस्लिम एरिया में झूठा बम फोड़ने वाले नेता भी 

मुंबई में I.N.D.I.A गठबंधन की बैठक दूसरे दिन भी जारी है। इस बैठक में विपक्षी दल अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव की रणनीति से लेकर मंथन कर रहे हैं। वहीं आज इंडिया के नेताओं ने 13 सदस्यों की समन्वय समिति बनाने का फैसला लिया है। साथ ही गठबंधन ने अपना नारा ‘जुड़ेगा भारत, जीतेगा इंडिया’ भी जारी किया है। 

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यह दावा किया जा रहा है कि विपक्षी गठबंधन इंडिया ने शुक्रवार (1 सितम्बर, 2023) को मुंबई की मीटिंग में कई बड़े फैसले लिए गए हैं। लोकसभा चुनाव को लेकर किस राज्य में किस पार्टी को कितनी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने हैं इसे लेकर भी इस बैठक में चर्चा हो रही है। मुंबई में हो रही इस बैठक में इस गठबंधन के संयोजक के नाम को लेकर भी चर्चा हुई है। इस बैठक के दौरान एक समन्वय समिति का भी गठन किया गया है। 

इस समन्वय समिति में कॉन्ग्रेस से केसी वेणुगोपाल, एनसीपी से शरद पवार, डीएमके से एमके स्टालिन, शिवसेना से संजय राउत, आरजेडी से तेजस्वी यादव, टीएमसी से अभिषेक बनर्जी, आप से राघव चड्ढा, समाजवादी पार्टी से जावेद अली खान, जेडीयू से ललन सिंह, जेएमएम से हेमंत सोरेन, सीपीआई से डी राजा, नेशनल कॉन्फ्रेंस से उमर अब्दुल्ला और पीडीपी से महबूबा मुफ्ती शामिल हैं। 

आपको बता दें कि इस समन्वय समिति में हरामखोर को नॉटी समझाने वाले नेता भी शामिल हैं। राउत के अनुसार हरामखोर का मतलब उनके यहाँ नॉटी या बेईमान होता है। वहीं 1993 के बम ब्लास्ट के दौरान मुस्लिम एरिया में झूठा बम फोड़ने वाले नेता शरद पवार भी हैं। अब ऐसे में इस समिति का क्या होगा ये आने वाला समय ही बताएगा।

एक साथ लोकसभा चुनाव लड़ने का साझा संकल्प

इंडिया गठबंधन ने लोकसभा चुनाव-2024 एक साथ मिलकर लड़ने का भी संकल्प लिया। इस बात की जानकारी कॉन्ग्रेस नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी। उन्होंने लिखा, “इंडिया गठबंधन में शामिल दलों ने एक साथ लोकसभा चुनाव लड़ने का संकल्प लिया। जहाँ तक संभव होगा वहाँ तक हम एकसाथ लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।” 

वहीं ANI की रिपोर्ट के अनुसार, INDIA गठबंधन ने इस पर एक प्रस्ताव भी पास किया।

जयराम रमेश ने कॉन्ग्रेस की तरफ से जानकारी देते हुए आगे कहा, “सीट बँटवारे पर अलग-अलग राज्यों में चर्चा तत्काल शुरू की जाएगी और जल्द से जल्द से इसे पूरा किया जाएगा। देश के अलग-अलग हिस्से में जनसभा आयोजित की जाएगी। अलग-अलग भाषाओं में “जुड़ेगा भारत, जीतेगा इंडिया” की थीम के साथ विपक्षी गठबंधन चुनाव में उतरेगा। मीडिया की साझा रणनीति भी बनाई जाएगी।

विपक्ष जारी कर सकता है लोगो 

 बता दें कि INDIA गठबंधन द्वारा आज लोगो जारी करने की बात सामने आई है वहीं कई मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि लोगो अभी तैयार नहीं है तो गठबंधन विचार-विमर्श के बाद इसे जारी करेगा। 

इसरो के वैज्ञानिकों ने भगवान वेंकटेश्वर को किया नमन, सूरज को छूने के लिए तैयार है आदित्य एल-1: जानिए भारत के सूर्य मिशन के बारे में सब कुछ

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) 2 सितंबर 2023 को आदित्य एल-1 लॉन्च करने जा रहा है। यह भारत का पहला अंतरिक्ष आधारित सौर मिशन है। चंद्रयान-3 की कामयाबी के बाद सूर्य मिशन की घोषणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की थी।

यह मिशन सूर्य के भूत, वर्तमान और भविष्य को जानने में मदद करेगा। उम्मीद है कि इससे धरती के अस्तित्व के लिए आने वाली ऊर्जा और प्रकाश के स्त्रोत के बदलावों को समझने में मदद मिलेगी। साथ ही इस मिशन से मिलने वाला लेखा-जेखा पृथ्वी पर कई शताब्दियों में हुए जलवायु परिवर्तनों को समझने के काम भी आएगा।

चंद्रयान-3 के बाद इस मिशन को लेकर पूरी दुनिया में उत्सुकता है। सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो भारत ऐसा करने वाला भारत दुनिया का चौथा देश बन जाएगा। भारत से पहले सूर्य को लेकर अमेरिका, रूस और यूरोपीय स्पेस एजेंसी अपने स्पेस मिशन भेजकर शोध कर चुकी हैं।

शुरू हुआ आदित्य एल-1 का काउंटडाउन

इसरो 2 सितंबी की सुबह 11:50 बजे आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा अंतरिक्ष केंद्र से सौर मिशन आदित्य एल-1 लॉन्च करेगा। इसरो के चीफ सोमनाथ के मुताबिक, आदित्य-L1 के लॉन्‍च के लिए रॉकेट और सैटेलाइट सब तैयार हैं और रिहर्सल पूरी हो गई है। इसकी लॉन्चिंग की 23 घंटे 40 मिनट की उलटी गिनती (Countdown) शुक्रवार (1 सितंबर) को 12:10 बजे शुरू हुई।

इससे पहले सोमनाथ ने तिरुमाला के तिरुपति मंदिर पहुँचकर भगवान वेंकटेश्वर की पूजा-अर्चना की और मानव कल्याण के लिए उनका आशीर्वाद माँगा। इसरो चीफ सोमनाथ के साथ आदित्य एल-1 मिशन से जुड़े सारे वैज्ञानिक भी उनके साथ थे।

इसरो ने दुनिया को इसकी लॉन्चिंग दिखाने के लिए खास इंतजाम किए हैं। इसके लिए श्रीहरिकोटा केंद्र से सीधा प्रसार दर्शकों को दिखाने के लिए व्यू गैलरी की सीटें बुक करने का विकल्प दिया था। यहाँ सीमित सीटें रजिस्ट्रेशन शुरू होने के बाद ही फुल हो गई।

इसरो की वेबसाइट isro.gov.in पर इस मिशन की लॉन्चिंग का सीधा प्रसारण भी देखा जा सकता है। इसके साथ ही लोग इसरो के यूट्यूब चैनल से लॉन्च का लाइव स्ट्रीम कर सकते हैं। ये जानने के बाद आपको भी उत्सुकता हो रही होगी कि भारत के आदित्य एल-1 का उपग्रह कैसे सूर्य की कक्षा में पहुँचेगा तो आइए आगे बढ़ते हैं।

PSLV लेकर जाएगा सूरज के पास

केंद्र सरकार ने 2019 में आदित्य-एल1 मिशन के लिए लगभग 46 मिलियन डॉलर (करीब 380.64 करोड़ रुपए) के बराबर राशि मँजूर की थी। हालाँकि इसरो ने इस मिशन की लागत पर कोई आधिकारिक अपडेट नहीं दिया है। ISRO के चीफ एस सोमनाथ ने बताया था कि इस मिशन का यान लगभग 120 दिन यानी 4 महीने में 15 लाख किलोमीटर की दूरी तय कर लैग्रेंज बिंदु-1 (एल1) यानी सूर्य की कक्षा में पहुँचेगा और वहाँ उपग्रह को स्थापित करेगा। ये उपग्रह लैंग्रेंज बिंदु-1 बिंदु पर सवा पाँच साल तक रहकर सौर वातावरण का अध्ययन करेगा और आँकड़े इकट्ठे कर पृथ्वी पर भेजेगा।

आदित्य एल-1 को सूर्य की कक्षा लैग्रेंज बिंदु-1 पर पीएसएलवी-सी57 रॉकेट स्थापित करेगा। ये अंतरिक्ष यान सात ‘पेलोड्स’ अपने साथ लेकर जाएगा। पेलोड यानी वो उपकरण, जो मिशन के आँकड़े एकत्र करने और फिर उसे को पृथ्वी पर भेजने का काम करते हैं। ये वहाँ फ़ोटोस्फ़ेयर, क्रोमोस्फ़ेयर और कोरोना की स्टडी करेंगे। इनमें से चार पेलोड लगातार सूर्य पर नज़र रखेंगे तो अन्य तीन पेलोड लैग्रेंज बिंदु-1 पर कणों और अन्य क्षेत्रों के डेटा इकट्ठा करेंगे।

फ़ोटोस्फ़ेयर का अर्थ है, किसी तारे का चमकदार कवर जिससे उसकी रोशनी और गर्मी निकलती है। वहीं, क्रोमोस्फ़ेयर का अर्थ किसी तारे के वायुमंडल की दूसरी परत है, जो फ़ोटोस्फ़ेयर के ऊपर और कोरोना यानी सूर्य के वायुमंडल के सबसे बाहरी हिस्से के नीचे होती है।

कोरोना सूर्य के वायुमंडल का सबसे बाहरी भाग या परत को कहते है। ये आमतौर पर सूर्य की सतह की चमकदार रोशनी से छिपा रहता है। इससे खास उपकरणों के इस्तेमाल के बगैर देखना कठिन हो जाता है। हालाँकि, इसे पूर्ण सूर्य ग्रहण के दौरान देखा जा सकता है। अब आप ये सोच रहे होंगे कि आखिर ये पीएसएलवी और लैग्रेंज बिंदु होता क्या है तो इसे आसान भाषा में हम आपको बताते हैं। पहले पीएसएलवी से शुरुआत करते हैं।

पीएसएलवी इसरो का सैटेलाइट भेजने का सिस्टम

भारतीय रॉकेट ध्रुवीय उपग्रह प्रक्षेपण यान (पीएसएलवी) इसरो की बनाई एक सहायक प्रक्षेपण प्रणाली है। इसे इसरो ने अपने सुदूर संवेदी उपग्रह (Remote Sensing Satellite) को सूर्य की समकालिक कक्षा (Sun Synchronous Orbit) यानी एसएसओ में प्रक्षेपण के लिए बनाया है।

एसएसओ किसी ग्रह के चारों ओर की ध्रुवीय कक्षा है। यहीं पर रहते हुए उपग्रह हर वर्ष एक पूरा चक्कर लगाते हुए हमेशा सूर्य के साथ समान संबंध बनाए रख सकता है। भारत से पहले ये प्रणाली केवल रूस के पास थी।

यही वजह है कि सौर मिशन के उपग्रह आदित्य एल-1 को सूर्य-पृथ्वी प्रणाली के लैग्रेंज बिंदु-1 (एल1) के चारों ओर एक प्रभामंडल कक्षा यानी फ़ोटोस्फ़ेयर में रखा जा रहा। इसरो के मुताबिक, इसे यहाँ रखने का ये फायदा होता है कि बगैर किसी ग्रहण के सूर्य पर लगातार नजर बनाए रखी जा सकती है। इससे वास्तविक वक्त में सौर गतिविधियों और अंतरिक्ष मौसम पर इसके असर को देखने का फायदा मिलेगा।

“लैग्रेंज-1 बिंदु ही क्यों?

गणितज्ञ जोसेफ लुईस लैग्रेंज के इस बिंदु की खोज करने की वजह से इसका नाम लैग्रेंजियन पड़ा। पृथ्वी और सूर्य के बीच कुल मिलाकर ऐसे 5 बिंदु हैं और यहाँ पर गुरुत्वाकर्षण सेंट्रिपेटल फोर्स (एक ऐसा बल है जो किसी पिंड को एक घुमावदार रास्ते पर चलने के लिए मजबूर करता है) के बराबर हो जाता है। इससे यहाँ किसी भी उपग्रह का परिक्रमा करना आसान हो जाता है। इससे ऊर्जा की भी बचत होती है।

ये बिंदु धरती और सूर्य के बीच की ऐसी जगह है, जहाँ से सूर्य को बग़ैर किसी रुकावट के देखा जा सकता है। सरल शब्दों में कहें तो यहाँ गुरुत्वाकर्षण बल कम से कम होता है। इस वजह से कोई भी अंतरिक्ष यान इस बिंदु पर कम ईंधन के साथ ही स्टडी कर सकता है।

पृथ्वी से इस बिंदु की दूरी लगभग 15 लाख किलोमीटर है। हालाँकि, आदित्य एल-1 मिशन को पाँचों बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है, लेकिन इस बिंदु का चुनाव इसलिए किया गया है कि यहाँ मिशन के कामयाब होने और पेचीदगियाँ कम होने के आसार हैं। ये बिंदु इसलिए भी खास है कि क्योंकि सूर्य से निकलने वाले कोरोनल मास इजेक्शन (सीएमई) और सौर तूफान इसी राह से होकर पृथ्वी तक पहुँचते हैं।

सीएमई सूर्य के कोरोना से हेलिओस्फीयर यानी सूर्य की सबसे बाहरी वायुमंडलीय परत के चुंबकीय क्षेत्र और उसके साथ आने वाले प्लाज्मा द्रव्यमान यानी ऊर्जा का उत्सर्जन है। इसरो के सौर मिशन का आदित्य एल-1 यहाँ सूर्य के हमें दिखाई पड़ने वाले हिस्से यानी फ़ोटोस्फ़ेयर, इसके ऊपर की सतह क्रोमोस्फ़ेयर और सूर्य से कुछ हजार किलोमीटर ऊपर की बाहरी परत कोरोना के चुंबकीय क्षेत्र और सौर वायु का अध्ययन करेगा।

इसरो के मुताबिक, इस मिशन का मकसद क्रोमोस्फ़ीयर और कोरोना की गतिशीलता, सूर्य के तापमान, कोरोना के तापमान, कोरोनल मास इजेक्शन, सूरज से निकलने वाली आग या गर्मी के निकलने के पहले और बाद की गतिविधियों, अंतरिक्ष मौसम समेत कई अन्य वैज्ञानिक पहलुओं का अध्ययन करना है।

क्यों है जरूरी सौर मिशन?

सूर्य हाइड्रोजन और हिलियम से मिलकर बना हुआ पृथ्वी का सबसे नजदीकी तारा है। सूर्य से पृथ्वी की औसत दूरी लगभग 14,96,00,000 किलोमीटर यानी लगभग 15 करोड़ किलोमीटर है। इससे पृथ्वी पर प्रकाश को आने में 8.3 मिनट का वक्त लगता है। इसी ऊर्जा से प्रकाश-संश्लेषण की अहम जैव-रासायनिक अभिक्रिया होती है, जो पृथ्वी पर जीवन का आधार है। इस वजह से सौर मिशन खासे अहम हो जाते हैं।

सूर्य अपने असीम ताप की वजह से हमारे लिए एक प्राकृतिक प्रयोगशाला है। इसको लेकर उन क्रियाओं का अध्ययन किया जा सकता है, जिसे पृथ्वी पर पैदा करना मुश्किल है। ये आग का एक ऐसा गोला है, जो लाखों डिग्री सेल्सियस गर्म है और पृथ्वी के आकार से लाखों गुना बड़ा है। इसकी सतह पर हमेशा विस्फोट होते रहते हैं।

इसके पीछे वहाँ चार्ज प्लाज़्मा, प्रचंड तापमान और चुंबकीय क्षेत्र है। इनकी वजह से वहाँ भयंकर तूफ़ान आते रहते हैं। सूर्य में हर 11 साल बाद बदलाव आता है और ये उसकी चुंबकीय गतिविधियों में भी होता है। इन्हें सौर चक्र कहा जाता है। कई बार ये बेहद खतरनाक होते हैं।

इससे सौरमंडल के वातावरण में ऊर्जा का शक्तिशाली विस्फोट होता है। ये सौर तूफान कहलाते हैं। इससे अंतरिक्ष में बहुत सारा चार्ज प्लाज़्मा फैलता है। कई दफा इन सौर तूफ़ानों के रास्ते में पृथ्वी आ जाती है, लेकिन पृथ्वी के चुंबकीय क्षेत्र और बाहरी परत अक्सर इन तूफानों से हमारी पृथ्वी को बचा ले जाते हैं।

हालाँकि, इससे धरती की वायुमंडल की बाहरी परत खतरे में आ सकती है। यही वो परत है, जहाँ दुनिया भर के हज़ारों सैटेलाइट पृथ्वी की कक्षा में चक्कर लगा रहे हैं। सूर्य से निकली भयंकर गर्मी से सैटेलाइट के जलने या शॉर्ट सर्किट जैसी परेशानियाँ आ सकती हैं। उदाहरण के लिए इसके असर से धरती पर ना कम्युनिकेशन हो पाएगा और न ही मौसम की भविष्यवाणी हो पाएँगी। इस वजह से सूर्य की हलचलों पर नजर रखना जरूरी है।

RJD के पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह को उम्रकैद: वोट नहीं दिया तो 2 वोटरों की पोलिंग बूथ के पास ही कर दी गई हत्या, सुप्रीम कोर्ट ने कहा- ऐसा पहले नहीं देखा

सुप्रीम कोर्ट ने साल 1995 में छपरा के मशरख में हुए डबल मर्डर केस में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह को उम्रकैद की सजा सुनाई है। इसके साथ ही मृतकों के परिजनों को 10 लाख और घायलों के घर वालों को 5 लाख रुपए मुआवजा देने का भी आदेश दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि उसने ऐसा केस पहली बार देखा है।

दरअसल, प्रभुनाथ सिंह पर आरोप है कि उन्होंने 28 साल पहले अपने कहे के अनुसार वोट नहीं डालने पर पोलिंग बूथ के पास ही 2 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद मृतक के भाई ने सुप्रीम कोर्ट तक न्याय की लड़ाई लड़ी।

लाइव लॉ के मुताबिक इस मामले की सुनवाई जस्टिस संजय किशन कौल, जस्टिस अभय एस ओका और जस्टिस विक्रम नाथ की बेंच में हुई। सुनवाई के बाद जस्टिस कौल ने बचाव पक्ष के वकील से सवाल किया कि वो प्रभुनाथ सिंह के लिए उम्रकैद या मृत्युदंड में से कौन सा विकल्प चुनना चाहेंगे। साथ ही अदालत ने प्रभुनाथ सिंह की उम्र पूछी।

इसके जवाब में प्रभुनाथ सिंह की तरफ से पेश हुए सीनियर एडवोकेट अभिषेक मनु सिंघवी ने बताया कि उनके मुवक्किल की उम्र 70 साल है। तब जस्टिस कौल ने कहा, “तब तो भगवान ही मालिक है।” जस्टिस विक्रम नाथ ने कहा कि ऐसा मामला उन्होंने पहली बार देखी है। इसके बाद कोर्ट ने उन्हें उम्रकैद की सजा दी।

बताते चलें कि इस केस में पटना की एक अदालत ने साल 2008 में प्रभुनाथ सिंह को दोषमुक्त करार दिया था। इसके बाद साल 2012 में पटना हाईकोर्ट ने निचली अदालत के फैसले पर मुहर लगाई थी। हालाँकि, मृतक के परिजन ने अपनी लड़ाई जारी रखी और फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। सुप्रीम कोर्ट में इस केस की सुनवाई 18 अगस्त को पूरी हो चुकी थी।

आखिरकार 1 सितंबर 2023 (शुक्रवार) को अदालत ने प्रभुनाथ सिंह को उम्रकैद की सजा सुना दी गई। अभिषेक मनु सिंघवी ने मामले में पुनर्विचार याचिका दायर होने का भी तर्क दिया, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने इसे बाद में चैंबर में देखने का आदेश दिया। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने 1 सितम्बर को बिहार के गृह सचिव और DGP को प्रभुनाथ सिंह को अदालत में पेश करने का आदेश जारी किया था।

किस मामले में हुई सजा

यह मामला 1995 में हुए बिहार विधानसभा चुनावों से जुड़ा हुआ है। अप्रैल माह में छपरा के मशरख में 18 वर्षीय राजेंद्र राय और और 47 साल के दरोगा राय की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। हत्या एक पोलिंग बूथ के पास की गई थी। हत्या का आरोप तब बिहार पीपुल्स पार्टी से चुनाव लड़ रहे प्रभुनाथ सिंह पर लगा था। इस चुनाव में उनकी हार हुई थी।

इस चुनाव में प्रभुनाथ सिंह को अशोक सिंह ने हरा दिया था। जनता दल से जीते हुए विधायक अशोक सिंह को भी प्रभुनाथ सिंह की तरफ से 90 दिनों के अंदर मार देने की धमकी दी गई थी। आखिरकार 90 दिन बाद 3 जुलाई 1995 को अशोक सिंह की भी गोली मार कर हत्या कर दी गई थी।

प्रभुनाथ सिंह को विधायक अशोक सिंह हत्याकांड में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। इस सजा के बाद वो साल 2017 से सेंट्रल जेल हजारीबाग़ में बंद हैं। हालाँकि, पटना की निचली अदालत और पटना हाईकोर्ट ने उन्हें राजेंद्र व दरोगा राय हत्याकांड में बरी कर दिया था। इस फैसले को मृतक राजेंद्र राय के भाई हरेंद्र राय ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी।

चीन के काल्पनिक नक़्शे पर भड़के कई देश: भारत के बाद ताइवान, वियतनाम, फिलीपींस और मलेशिया ने भी किया खारिज, दक्षिण चीन सागर पर दावे को भी नकारा

चीन के काल्पनिक नक़्शे पर भारत के विरोध के तीन दिन बाद चार अन्य देशों ने भी उनके क्षेत्रों को अपना बताने वाले चीन के मानचित्र जारी करने पर आलोचना की है। वहीं भारत के विदेश मंत्रालय ने मंगलवार शाम (29 अगस्त, 2023 ) को ही चीन द्वारा काल्पनिक क्षेत्रीय मानचित्र का 2023 का संस्करण जारी करने पर पलटवार किया। चीन के विचित्र दावों पर मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए विदेश मंत्रालय ने एक आधिकारिक बयान जारी कर चीन के तथाकथित 2023 “मानक मानचित्र” को खारिज कर दिया।

चीन का विकृत मानचित्र (स्रोत X)

वहीं अब, फिलीपींस, ताइवान, मलेशिया और वियतनाम ने भी चीन द्वारा जारी “मानक मानचित्र” को अस्वीकार कर भारत की श्रेणी में शामिल हो गए हैं। बता दें कि चीन के काल्पनिक मानचित्र में इन चार देशों के क्षेत्रों को भी चीन ने अपना बताया है। वियतनाम ने बयान दिया है कि यह नक्शा स्प्रैटली और पारासेल द्वीपों पर उसकी संप्रभुता और उसके जल क्षेत्र पर अधिकार क्षेत्र का उल्लंघन करता है।

वियतनाम के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता, फाम थू हैंग (Pham Thu Hang) ने सरकार की वेबसाइट पर एक बयान में कहा, “वियतनाम डॉटेड लाइन के आधार पर दक्षिण चीन सागर में चीन के सभी दावों का दृढ़ता से विरोध करता है।” फिलीपींस ने भी इस मुद्दे पर कड़ा बयान जारी किया है। 

फिलीपींस सरकार ने भी एक बयान जारी कर विरोध जताया है,  फिलीपींस ने बयान में कहा, “फिलीपींस के समुद्री क्षेत्रों पर चीन की कथित संप्रभुता और अधिकार क्षेत्र को वैध बनाने के इस नवीनतम प्रयास का अंतरराष्ट्रीय कानून, विशेष रूप से समुद्र के कानून पर 1982 के संयुक्त राष्ट्र कन्वेंशन (यूएनसीएलओएस) के तहत कोई आधार नहीं है।”

बता दें कि चीन ने अपने काल्पनिक क्षेत्रीय मानचित्र का नवीनतम संस्करण जारी किया है जिसमें उसने अरुणाचल प्रदेश और लद्दाख (अक्साई चिन क्षेत्र) जैसे भारतीय क्षेत्रों को अपना बताया। भारतीय क्षेत्रों के अलावा, चीन के नक़्शे में ताइवान और दक्षिण चीन सागर में विवादास्पद 9-डैश लाइन भी शामिल थी, लेकिन इस बार उसने दक्षिण चीन सागर में अपना दावा बढ़ाते हुए इसे 10-डैश लाइन तक बढ़ा दिया; जबकि इस क्षेत्र का अधिकांश भाग पश्चिमी फिलीपींस सागर में शामिल है।

आधिकारिक फिलीपींस समाचार एजेंसी ने विदेश मामलों के प्रवक्ता मा टेरेसिटा डाज़ा ( Ma. Teresita Daza) ने कहा, “(2016 Arbitral Award) ने स्पष्ट रूप से कहा कि ‘नाइन-डैश लाइन’ के प्रासंगिक हिस्से से घिरे दक्षिण चीन सागर के समुद्री क्षेत्र कन्वेंशन के विपरीत हैं और यह अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है।”

चीन द्वारा हाल ही में जारी किए गए विकृत मानचित्र में, उसने दक्षिण चीन सागर के 10-डैश लाइन तक दावा थोक दिया है।  (स्रोत: एएनसी डिजिटल/यूट्यूब)

मलेशिया और ताइवान भी चीन के आक्रामक विस्तारवादी रवैये की आलोचना करते हुए विरोध में आगे आए। मलेशिया ने कथित तौर पर कहा कि वह चीन को प्रोटेस्ट नोट भेजेगा। बर्नामा समाचार एजेंसी ने विदेश मंत्री डॉ. जाम्ब्री अब्दुल (Dr Zambry Abdul Kadir) के हवाले से कहा, “यह हमारी प्रथा रही है (इस तरह के मुद्दों से निपटने के दौरान)…और विस्मा पुत्रा (विदेश मंत्रालय) द्वारा कल जारी किए गए बयान के आधार पर, अगले कदम में एक विरोध नोट भेजना शामिल है।” 

ताइवान ने कहा कि उस पर कभी भी पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना द्वारा शासन नहीं किया गया है। “ताइवान, चीन गणराज्य, एक संप्रभु और स्वतंत्र देश है जो पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना (पीआरसी) के अधीन नहीं है। पीआरसी ने कभी भी ताइवान पर शासन नहीं किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता जेफ लियू ने ताइवान न्यूज को बताया, ये सार्वभौमिक रूप से मान्यता प्राप्त तथ्य और अंतरराष्ट्रीय समुदाय में मौजूद है।

यह विवाद तब सामने आया जब चीनी सरकार के मुखपत्र द ग्लोबल टाइम्स ने एक पोस्ट किया। पोस्ट में कहा गया कि प्राकृतिक संसाधन मंत्रालय ने 28 अगस्त को अपनी वेबसाइट पर चीन का नवीनतम ‘मानक मानचित्र’ लॉन्च किया। इस चीन के ‘मानक मानचित्र’ के नवीनतम संस्करण के रूप में बताया गया।

गौरतलब है कि चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने अभी हाल ही में जोहान्सबर्ग में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी से मुलाकात की थी और इस बात पर जोर दिया था कि दोनों देशों को सीमा पर तनाव कम करने के लिए व्यापक बातचीत करनी चाहिए। उस चर्चा की पृष्ठभूमि में, और जी-20 शिखर सम्मेलन से कुछ ही दिन पहले ही भारतीय क्षेत्रों पर अपना दावा करने में चीन का आक्रामक व्यवहार एलएसी पर तनाव को हल करने के लिए उसकी ओर से ईमानदारी की कमी को दर्शाता है।

मुंबई में ‘बिन बुलाए मेहमान’ बने कपिल सिब्बल, I.N.D.I.A. के मंच पर हो गया क्लेश: फोटो सेशन में किए गए ‘किनारे’

मुंबई में विपक्षी दलों के गठबंधन I.N.D.I.A. के मंच पर उस समय स्थिति असहज हो गई, जब मंच पर कपिल सिब्बल पहुँच गए। एक तो सिब्बल पूर्व कॉन्ग्रेसी हैं, जो अब समाजवादी पार्टी से राज्यसभा सांसद हैं। दूसरी तरफ, वो ‘बिन बुलाए मेहमान’ के तौर पर पहुँचे और वो भी सीधे मंच पर। उनकी मौजूदगी से कॉन्ग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने नाराजगी जताई, जिसे संभालने के लिए कई नेताओं को बातचीत करनी पड़ी।

केसी वेणुगोपाल ने सिब्बल की मौजूदगी पर जताई नाराजगी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कपिल सिब्बल के मंच पर पहुँचने से केसी वेणुगोपाल ने उद्धव ठाकरे से शिकायत की। चूँकि उद्धव ठाकरे ही मुंबई में मुख्य मेजबान की हैसियत में हैं, ऐसे में उन्होंने चीजों को गंभीरता से नहीं लेने की सलाह दी। इस बीच, अखिलेश यादव और फारुख अब्दुल्ला ने भी मामले को संभालने की कोशिश की, लेकिन मामला संभला नहीं।

इसके बाद ये मामला राहुल गाँधी के पास ले जाया गया, तो राहुल गाँधी ने हरी झंडी दे दी। राहुल गाँधी ने कहा कि उन्हें कपिल सिब्बल की मौजूदगी से कोई आपत्ति नहीं है। मंच पर फोटो खिंचाने के कार्यक्रम में सिब्बल सबसे किनारे खड़े नजर आए। वहीं, उद्धव ठाकरे के दोनों ओर सोनिया गाँधी और मल्लिकार्जुन खड़गे खड़े दिखे।

कई अहम मामलों में राहुल-सोनिया-कॉन्ग्रेस के वकील

बता दें कि राहुल गाँधी और सोनिया गाँधी के खिलाफ चल रहे कई मामलों की पैरवी कपिल सिब्बल ही कर रहे हैं। वो कई मामलों में कॉग्रेस पार्टी के वकील हैं। चूँकि, वो कॉन्ग्रेस में लंबे समय तक रहे हैं और यूपीए की सरकारों में कई अहम मंत्रालय संभाल चुके हैं।

वैसे, पिछले साल कपिल सिब्बल को कॉन्ग्रेस की तरफ से राज्यसभा की सीट नहीं मिली तो वो समाजवादी पार्टी में चले गए। समाजवादी पार्टी ने उन्हें राज्यसभा भेजा। उन्होंने अपने नॉमिनेशन के समय कहा था कि वो कॉन्ग्रेस के नेता ‘थे’ अब वो समाजवादी पार्टी के नेता ‘हैं’।

दिल्ली में केंद्रीय मंत्री का बेटा, लखनऊ वाले घर में लाइसेंसी पिस्टल… कौशल किशोर के बेटे के दोस्त को किसने मारी गोली?

केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर (Kaushal Kishore) के लखनऊ स्थित घर में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान विनय श्रीवास्तव के तौर पर हुई है। वह कौशल किशोर के बेटे विकास किशोर का दोस्त था। पुलिस ने मौके से पिस्टल बरामद की है।

जिस पिस्टल से विनय को गोली मारी गई थी, वह विकास का ही बताया जा रहा है। मंत्री कौशल किशोर ने भी इसकी पुष्टि की है। साथ ही यह भी बताया है कि घटना के समय उनका बेटा दिल्ली में था।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, केंद्रीय मंत्री का घर लखनऊ के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के बेगरिया गाँव में है। इस घर पर उनका बेटा विकास किशोर रहता है। घर में उसके दोस्तों का भी आना-जाना लगा रहता है। लखनऊ के डीएसपी राहुल राज ने बताया कि इसी घर में 31 अगस्त 2023 की रात गोली लगने से विनय श्रीवास्तव की मौत हुई। उसके सिर पर भी चोट के निशान मिले हैं। घटना वाली रात घर पर 6 लोग आए थे। इन लोगों ने खाना-पीना साथ खाया था।

डीएसपी ने बताया कि मौके से एक पिस्टल बरामद हुई है। मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस और फोरेंसिक टीम मामले की जाँच में जुटी हुई है। घर में लगे सीसीटीवी के फुटेज भी खँगाले जा रहे हैं।

मृतक विनय श्रीवास्तव के भाई विकास का कहना है कि उनका भाई विकास किशोर का बेहद करीबी था। अधिकतर उनके ही घर पर रहता था। अपने घर देर तक लौटता था। वहाँ अजय रावत, अंकित वर्मा, शमीम बाबा भी रहते हैं। भाई के आत्महत्या करने के दावों को नकारते हुए उसने कहा है कि यदि ऐसा है तो उसे रोकने की कोशिश वहाँ मौजूद लोगों ने क्यों नहीं की। उनके अनुसार विनय की शर्ट फटी हुई थी। इससे लगता है कि हत्या से पहले उसके साथ झगड़ा भी किया गया था।

दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार, मृतक के भाई ने यह भी कहा है कि विनय की हत्या साजिश के तहत की गई। उसका दावा है कि मंत्री का बेटा कहीं भी जाता था तो ​विनय को साथ ही लेकर जाता था। लाइसेंसी पिस्टल भी साथ रखता था। उसने पूछा है कि इस बार वे विनय को साथ लेकर दिल्ली क्यों नहीं गए? लाइसेंसी पिस्टल घर पर छोड़कर क्यों गए?

वहीं केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर ने कहा है कि उनका बेटा दिल्ली में है। घटना के वक़्त मौके पर मौजूद नहीं था। उन्होंने कहा, “घटना कैसे हुई, यह नहीं पता है। पुलिस इसकी जाँच कर रही है। जानकारी मिलने के बाद मैंने इसकी जानकारी पुलिस कमिश्नर को दी। घर में मौजूद लोगों ने भी शायद पुलिस को फोन किया था। पुलिस इसकी जाँच कर रही है। हम मृतक के परिजनों के साथ हैं। अगर कोई दोषी पाया जाएगा तो पुलिस उसके खिलाफ कार्रवाई करेगी।”

कौशल किशोर ने बताया कि उनका बेटा 31 अगस्त की शाम 4:50 की फ्लाइट से लखनऊ से दिल्ली गए थे। मौके से बरामद हुई पिस्टल को लेकर उनका कहना है कि उसका लाइसेंस सिर्फ उत्तर प्रदेश में ही मान्य है। इसलिए उनका बेटा इसे घर में ही रखकर दिल्ली गया था।