Home Blog Page 1729

बंगाल में सौरव गांगुली की जमीन पर कब्जे की कोशिश, सुरक्षा गार्ड ने रोका तो किया हमला, गाली-गलौच: पुलिस ने शुरू की जाँच

पश्चिम बंगाल में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) की जमीन पर कब्जा करने की कोशिश का मामला सामने आया। गांगुली की पर्सनल सेकेट्री तान्या भट्टाचार्य ने इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कहा गया है कि सुप्रियो भौमिक नामक व्यक्ति ने जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की। सुरक्षागार्ड ने रोकने की कोशिश की तो सुप्रियो व उसके साथियों ने उस पर हमला कर दिया। गाली-गलौज की।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मामला पश्चिम बंगाल में दक्षिण 24 परगना जिले के महेशतला थाना क्षेत्र का है। सौरव गांगुली की पर्सनल सेकेट्री तान्या भट्टाचार्य ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि सुप्रियो भौमिक और उसके साथियों ने ताला तोड़कर जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की। मौके पर मौजूद एक सुरक्षा गार्ड ने जब रोकने की कोशिश की तो उन लोगों ने गाली-गलौज करते हुए उस पर हमला कर दिया। 

तान्या भट्टाचार्य ने शिकायत में यह भी कहा है कि आरोपित ने जमीन की सुरक्षा में लगे सुरक्षा गार्ड को फोन पर भी धमकी दी। बताया जा रहा है कि यह जमीन गांगुली की क्रिकेट एकेडमी के नाम पर रजिस्टर्ड है। इस जमीन पर स्कूल बनना है। सौरव गांगुली की पर्सनल सेकेट्री की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ शिकायत दर्ज कर उसे पूछताछ करने के लिए थाने बुलाया है।

रिपोर्ट्स में पुलिस सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि आरोपित सुप्रियो भौमिक ने खुद पर लगे आरोपों से इनकार किया है। साथ ही कहा है कि सुरक्षा गार्ड गलत काम कर रहा था, जिसका उसने विरोध किया। इसलिए झूठे मामले में उसे फँसाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस अधीक्षक निरूपम घोष इंडिया टुडे को बताया, “हमें एक शिकायत मिली है। आरोपित को पुलिस स्टेशन बुलाया गया है। पूछताछ करने के बाद आवश्यक कदम उठाए जाएँगे।”

हस्तमैथुन कैसे करें, LGBTQ क्या होता है, एनल सेक्स कैसे किया जाता है… सेक्स एजुकेशन के नाम पर UK के बच्चों को परोसी जा रही अश्लील सामग्रियाँ

UK के स्कूलों में बच्चों को ‘सेक्स एजुकेशन’ के नामक अश्लील चीजें दिखाई और बताई जा रही हैं। 17 से भी कम उम्र के बच्चों को हस्तमैथुन, ऑर्गेज्म और अप्राकृतिक सेक्स के बारे में बताया जा रहा है। ये सब ‘रेलशनशिप एन्ड सेक्स एजुकेशन (RSE)’ के नाम पर किया जा रहा है। इसके लिए रंग-बिरंगी किताबों के अलावा कार्टून ड्रॉइंग्स और वर्ड सर्च गेम्स का इस्तेमाल किया जा रहा है। इतना ही नहीं, आजकल आ रहे अलग-अलग जेंडरों के बारे में भी बच्चों को बताया जा रहा है।

जो किशोरावस्था में भी नहीं पहुँचे हैं, उन्हें भी एडल्ट ग्राफिक्स दिखाए जा रहे हैं और सेक्स और रिलेशनशिप की शिक्षा के नाम पर अश्लील चित्र-वीडियोज दिखाए जा रहे हैं। उन्हें बताया जा रहा है कि नॉन-बाइनरी (ना लड़का न लड़की) क्या होता है। इसके लिए ‘Coram लाइफ एजुकेशन’ और ब्रूक एन्ड सेक्स एजुकेशन फोरम (SEF) जैसी कई संस्थाएँ इन सब में घुस गई हैं। साथ ही कई एक्टिविस्ट शिक्षक बन कर ये सब कर रहे हैं।

अब स्थिति यहाँ तक जा पहुँची है कि ‘बायोलॉजिकल सेक्स’ और ‘अंडरएज सेक्स’ को लेकर चीजें बच्चों को बताई जा रही हैं। ये संस्थाएँ पर्सनल, सोशल, हेल्थ और इकोनॉमिक एजुकेशन पर कार्यक्रम आयोजित करती हैं। हर साल 6 लाख बच्चे इन वर्कशॉप्स का हिस्सा बनते हैं। ये संस्थाएँ सरकारी नीतियों में हस्तक्षेप भी करती हैं। 9 साल के बच्चों को बताया जा रहा है कि लड़का और लड़की मास्टरबेशन कैसे करते हैं। उन्हें LGBTQ और हस्तमैथुन के बारे में बताया जा रहा है।

इससे यूके के अभिभावक भी नाराज़ हैं। विशेषज्ञों ने कहा है कि बच्चों को बच्चा ही रहने दिया जाना चाहिए। ‘नेशनल काउंसिल ऑफ इंटीग्रेटेड साइकोथेरेपिस्ट’ के निदेशक रे फ्रीमैन ने कहा कि कहीं इससे ऐसी स्थिति न पैदा हो जाए कि कुछ लड़कियाँ खुद को अलग जेंडर का बताते हुए अलग क्लासरूम की माँग करने लगे। विशेषज्ञों ने कहा है कि बच्चों को विचारधाराओं से दूर ही रखा जाना चाहिए और उन्हें मूलभूत चीजें ही सिखाई जानी चाहिए।

‘आदिपुरुष’ पर सिने वर्कर्स का PM मोदी को पत्र, कहा- बैन करें फिल्म, डायरेक्टर-लेखक पर हो FIR: नेहा सिंह राठौर ने गाया ‘राइटर मउगा’

फिल्म आदिपुरुष (Adipurush) के विरोध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा गया है। ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने पत्र में फिल्म को बैन करने की माँग की है। कहा है कि डायरेक्टर ओम राउत, लेखक मनोज मुंतशिर और फिल्म मेकर्स के खिलाफ FIR दर्ज की जानी चाहिए। वहीं, ‘का बा’ फेम नेहा सिंह राठौर ने अपना नया गाना इसी फिल्म के विरोध में जारी किया है।

AICWA ने पत्र में कहा है, इस फिल्म की कहानी और डायलॉग स्पष्ट रूप से भगवान राम और भगवान हनुमान जी की छवि को बदनाम कर रहे हैं। आदिपुरुष मूवी हिंदुओं और सनातन धर्म की धार्मिक भावनाओं को आहत कर रही है। प्रभु श्री राम भारत में सभी के लिए अराध्य हैं। लेकिन इस फिल्म में भगवान राम और यहाँ तक ​​कि रावण को भी एक वीडियो गेम कैरेक्टर की तरह दिखाया गया है। फिल्म के डायलॉग देश और दुनिया भर में हर भारतीय को आहत कर रहे हैं।”

सिने एसोसिएशन ने कहा है, “हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अनुरोध करते हैं कि इस फिल्म की स्क्रीनिंग बंद करने का आदेश दें। साथ ही सिनेमाघरों और ओटीटी प्लेटफार्मों पर आदिपुरुष की स्क्रीनिंग पर रोक लगाई जाए। निर्देशक ओम राउत, लेखक मनोज मुंतशिर शुक्ला और फिल्म के निर्माताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए। इन लोगों ने हिंदू भावनाओं को ठेस पहुँचाई है और हमारे भगवान श्री राम, माता सीता और रामसेवक भगवान हनुमान की छवि को नुकसान पहुँचाने की कोशिश की है।” पत्र में फिल्म के कलाकारों की भी आलोचना की गई है। कहा गया है कि प्रभास, कृति सेनन और सैफ अली खान को भारतीय सिनेमा के इतिहास में बनी इस तरह की शर्मनाक फिल्म का हिस्सा नहीं होना चाहिए था।

नेहा सिंह राठौर ने गाने से मनोज मुंतशिर पर साधा निशाना

वहीं नेहा सिंह राठौर ने ‘धत्त तेरी की राइटर मऊगा’ गाने के जरिए आदिपुरुष फिल्म के डायलॉग राइटर मनोज मुंतशिर पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्विटर पर गाने का वीडियो शेयर करते हुए मनोज मुंतशिर को टैग भी किया है। गाने में नेहा ने कहा है कि राम नाम को गिरवी रखकर खूब पैसा कमाया जा रहा है।

जिस हिंदू युवक को बनाया कुत्ता उसे 40 दिनों से किया जा रहा था टॉर्चर, वायरल करने की धमकी दे पैसे भी ऐंठे: सभी 6 आरोपित गिरफ्तार

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में जिस हिंदू युवक को कुत्ता बनाकर मुस्लिम बनने का दबाव बनाया गया था, उसे करीब 40 दिनों से टॉर्चर किया जा रहा था। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपितों ने उससे कई बार पैसे भी ऐंठे। इस घटना के सभी 6 आरोपित गिरफ्तार कर लिए गए हैं।

पीड़ित युवक भोपाल के लालघाटी स्थित पंचवटी कॉलोनी का रहने वाला है। वायरल हुआ वीडियो 9 मई 2023 का है। दैनिक भास्कर को पीड़ित ने बताया है कि 9 मई की रात उसने एक शादी में शामिल होने के बाद पहले अपने दोस्त शाहरुख को उसके घर छोड़ा। इसके बाद जब वह अपने घर जाने लगा तो समीर, फैजान और एक अन्य आरोपित बाइक से वहाँ आ गए। उसकी स्कूटी की चाबी, उसका मोबाइल और पैसे छीन लिए। इसके बाद तीनों उसके साथ मारपीट करने लगे।

इसके बाद समीर और फैजान उसे अपनी बाइक में ज़बरदस्ती बैठाकर PGBT कॉलेज ग्राउंड ले गए। यहाँ उन लोगों ने मुफीद, साहिल और बिलाल को भी बुला लिया। इसके बाद आरोपितों ने मारपीट कर उसके गले में पट्टा डाल उसे कुत्ते की तरह भौंकने को मजबूर किया। उस धर्मांतरण का दबाव बनाया।

पीड़ित युवक ने बताया कि वह उस रात अकेला था जबकि मारपीट करने वाले छह लोग थे। उनकी बात मानना उसकी मजबूरी थी। इस पूरी घटना का वीडियो एक नाबालिग आरोपित ने बनाया था। पीड़ित के अनुसार आरोपितों ने उससे उसके बड़े भाई का नंबर माँगा था। उसे कॉल कर भी गाली दी। रात के करीब ढाई बजे आरोपितों ने उसे छोड़ दिया और स्कूटी की चाबी वापस कर दी। पीड़ित का यह भी कहना है कि घटना के अगले दिन वह पुलिस के पास शिकायत लेकर गया था। लेकिन उससे सबूत माँगे गए थे।

पीड़ित के अनुसार उस घटना के बाद करीब 40 दिनों तक आरोपित उसे टॉर्चर करते रहे। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे पैसे वसूलते। वह आरोपितों को करीब 10 हजार रुपए दे चुका था। बावजूद धमकी और ब्लैकमेलिंग का सिलसिला नहीं थमा तो उसने 18 जून 2023) की रात खुद ही वीडियो वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। आरोपितों पर एनएसए लगाया गया है। उनके घरों पर बुलडोजर भी चलाया गया है।

‘दुनिया में शांति हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता’: अमेरिका दौरे पर PM मोदी, एलन मस्क समेत 24 दिग्गजों से होगी मुलाकात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका के राजकीय दौरे पर निकल गए हैं, जहाँ वो न सिर्फ राष्ट्रपति जो बायडेन, बल्कि 24 बड़ी हस्तियों से मुलाकात करेंगे। इनमें हाल ही में ट्विटर को खरीदने वाले दुनिया के सबसे अमीर उद्योगपति एलन मस्क भी शामिल हैं। इस सूची में नोबेल विजेताओं से लेकर कलाकारों, वैज्ञानिकों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों तक के नाम शामिल हैं। एलन मस्क ‘Tesla’ और ‘SpaceX’ जैसी बड़ी कंपनियों कंपनियों के मालिक हैं।

इस दौरे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिन लोगों से मिलेंगे, वो हैं – एलन मस्क, एस्ट्रोफिजिक्स के विशेषज्ञ नील देग्रासे टायसन, ग्रैमी अवॉर्ड जीतने वालों भारतीय-अमेरिकी गायिका फाल्गुनी शाह (फालू), पॉल रोमर, निकोलस नसीम तालिब, रे डेलियो, जेफ़ स्मिथ, माइकल फोरमैन, डेनियल रसेल, एल्ब्रिज कौलबी, डॉ पीटर एग्रे, डॉ स्टेफेन क्लासको और चन्द्रिका टंडन। चन्द्रिका ग्रैमी नॉमिनेटेड कलाकार हैं और साथ ही एक सफल कारोबारी भी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इससे पहले 2015 में एलन मस्क से मिले थे, जब उन्होंने कैलिफोर्निया स्थित टेस्ला फैक्ट्री का दौरा किया था। तब एलन मस्क ने ट्विटर को नहीं खरीदा था। अब ये मुलाकात ऐसे समय में होने वाली है, तब टेस्ला भारत में फैक्ट्री लगाने के लिए लोकेशन और जमीन भी खोज रही है। पीएम मोदी ने अमेरिकी मीडिया संस्थान ‘वॉल स्ट्रीट जर्नल (WSJ)’ को इंटरव्यू भी दिया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि विश्व में शांति भारत की पहली प्राथमिकता है।

इंटरव्यू में पीएम मोदी ने कहा कि सम्प्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करना हमारी परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि बातचीत के जरिए हम मुद्दों को सुलझाते हैं, लेकिन हम अपनी अखंडता की रक्षा में भी सक्षम हैं। उन्होंने सभी देशों से अंतरराष्ट्रीय कानून और अन्य देशों की संप्रभुता का सम्मान किए जाने की अपील करते हुए कहा कि विवादों को कूटनीति और बातचीत से सुलझाया जाना चाहिए, युद्ध से नहीं। उन्होंने कहा कि हमें कुछ लोग न्यूट्रल कहते हैं, लेकिन हम शांति की तरफ हैं।

उन्होंने चीन से अच्छे संबंधों के लिए सीमा पर शांति को पहली ज़रूरत करार दिया। उन्होंने कहा कि पहले की तुलना में दुनिया आज सबसे ज्यादा कनेक्टेड है। बकौल पीएम मोदी, सप्लाई चेन में विवधता आज बहुत आवश्यक है। उन्होंने WSJ से कहा कि भारत किसी देश को पीछे नहीं छोड़ रहा है, बल्कि अपनी स्थिति को मजबूत कर रहा है। उन्होंने भारत के लिए और बड़े रोल की बात करते हुए कहा कि भारत-अमेरिका के नेताओं का एक-दूसरे में बड़ा भरोसा है।

आउट करने पर गेंदबाज को पिच पर पटका, भाई के साथ मिलकर पीटा, फिर गला दबाकर मार डाला: 14 साल के सचिन की कानपुर में हत्या

उत्तर प्रदेश के कानपुर में क्रिकेट मैच के दौरान एक लड़के की हत्या कर दी गई। रिपोर्टों के अनुसार आउट होने पर बैट्समैन ने गेंदबाज को पिच पर ही पटक दिया। फिर भाई के साथ मिलकर उसे पीटा और गला दबाकर उसकी जान ले ली। मृतक 14 वर्षीय सचिन है। आरोपितों की पहचान हरगोविंद और बृजेश के तौर पर बताई गई है। मामला सोमवार (19 जून 2023) का है। हैं। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मामला कानपुर के घाटमपुर थाना क्षेत्र का है। यहाँ के गाँव रहटी डेरा में सोमवार को कुछ बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। इस दौरान सचिन नाम के गेंदबाज की बॉलिंग पर हरगोविंद नाम का बल्लेबाज क्लीन बोल्ड हो गया। बताया जाता है कि इससे हरगोविंद नाराज हो गया। अपने भाई बृजेश के साथ मिल कर सचिन को पहले पिच पर पटक-पटक कर मारा और बाद में उसका गला दबा दिया। सचिन को पिच पर बेसुध छोड़कर हरगोविंद और बृजेश भाग निकले।

सचिन के परिजनों को जैसे ही मामले की जानकारी हुई वे मैदान पर पहुँचे। सचिन के पिता मोहन सिंह के मुताबिक उन्हें फोन पर सचिन के बेहोश होने की सूचना दी गई थी। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से नाराज सचिन के परिजनों ने शव को अपने घर के बाहर रख दिया। उनका कहना था कि आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद ही वे शव को सौंपेंगे। पुलिस ने मृतक के परिजनों को समझाया-बुझाया। देर रात लगभग 10 बजे मृतक के परिजनों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सौंपा।

दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार यह मैच 10 रुपए के लिए हो रहा था। कानपुर पुलिस के मुताबिक मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। आरोपित हरगोविंद और बृजेश को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गईं हैं।

‘भगवान नहीं हनुमान जी, हमने उन्हें बना दिया’: मनोज मुंतशिर के बयान से नया विवाद, चौथे दिन ही ₹20 करोड़ पर लुढ़की आदिपुरुष

फिल्म ‘आदिपुरुष’ के डायलॉग लेखक मनोज मुंतशिर ने दावा किया है कि हनुमान जी भगवान नहीं थे। उन्होंने कहा कि हनुमान जी भगवान नहीं, बल्कि भक्त थे। उन्होंने कहा कि बजरंग बली श्रीराम की तरह बात नहीं करते हैं और हमने उन्हें भगवान बनाया है। मनोज मुंतशिर ने कहा कि जब रावण ने पूछा कि उन्होंने अशोक वाटिका में विध्वंस क्यों मचाया, तो उन्होंने कहा कि उन्हें भूख लगी थी। बकौल मनोज मुंतशिर, ये अपनी-अपनी चॉइस है कि कैसे दिखाएँ।

कई अन्य डायलॉग्स के बारे में पूछने पर मनोज मुंतशिर ने कहा कि उनकी फिल्म रामायण से प्रेरित है, रामायण नहीं है। उन्होंने श्रीराम के अन्य डायलॉग्स के बारे में बताते हुए कहा कि इन सबकी बात नहीं होती। उन्होंने दावा किया कि हनुमान जी दार्शनिक बातें नहीं करते थे। लोगों ने मनोज मुंतशिर को सलाह दी है कि वो इंटरव्यू देने बंद कर दें, क्योंकि वो गलती मानने की बजाए हुए गलती पर गलती किए जा रहे हैं, कुछ भी बोले जा रहे हैं।

उधर अब सामने आया है कि सोमवार (19 जून, 2023) को वीकेंड खत्म होते ही बॉक्स ऑफिस पर ‘आदिपुरुष’ ढह गई। फिल्म समीक्षक तरन आदर्श ने भी बताया है कि ‘नेगेटिव वर्ड ऑफ माउथ’ के कारण ये फिल्म नहीं चल रही है। खासकर के फिल्म का हिंदी वर्जन पूरी तरह धड़ाम हो गया है। पहले 3 दिन में फिल्म का वीकेंड की छुट्टियों, प्रभास के स्टार पॉवर और रामायण के प्रति लोगों की श्रद्धा के कारण फिल्म ने 340 करोड़ रुपए कमाए थे।

चौथे दिन फिल्म दुनिया भर में 30 करोड़ रुपए कमाने के लिए भी तरस गई। उधर कॉन्ग्रेस पार्टी ने स सवाल उठाया है कि क्या ‘आदिपुरुष’ देखते और इसे पास करते समय सेंसर बोर्ड सो रहा था? उधर इंस्टाग्राम पर फिल्म की अभिनेत्री कृति सेनन ने एक पोस्ट शेयर कर के लिखा है कि वो तालियों और प्रशंसा पर ध्यान केंद्रित कर रही हैं, उन्होंने इशारों में कहा कि विवाद पर उनका ध्यान नहीं है। विरोध प्रदर्शनों के बाद मनोज मुंतशिर को मुंबई पुलिस ने सुरक्षा भी दे दी है।

आम पर छिड़क दिया जहर, फिर लाशों को कैरेट में भर डाल दिए पत्ते: उत्तराखंड में बंदरों की हत्या, साथियों के साथ जान मोहम्मद गिरफ्तार

उत्तराखंड के काशीपुर में बंदरों की मौत की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। बाग के आम बचाने के लिए बंदरों को जहर देकर मारा गया था। इस मामले में कुल 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनके नाम हैं- जान मोहम्मद, इनामुद्दीन, छोटे खां, इमरान, अफजाल, अनवार, इकरार, नदीम और मुबारिक। 8 बंदरों के शव रविवार (18 जून 2023) को बगीचे में गई महिलाओं को मिले थे।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक घटना काशीपुर के ITI थाना क्षेत्र की है। यहाँ दिल्ली के संदीप शर्मा का आम का एक बाग़ है। 2 साल पहले इस बाग़ की लीज संदीप ने बरेली जिले के जान मोहम्मद को दी थी। जान मोहम्मद फिलहाल काशीपुर के जैतपुरा फार्म में रहता है। उसने अपने साथ इस बाग के कामकाज के लिए इनामुद्दीन, छोटे खां, इमरान, अफ़ज़ाल, अनवार, इकरार, नदीम और मुबारिक को भी रखा था।

DSP वंदना शर्मा के मुताबिक आरोपितों ने पूछताछ में बताया है कि बाग को लीज पर लेने के बाद उन्हें धंधे में घाटा हो रहा था। इसकी वजह बंदरों द्वारा आम के बाग में किया जाने वाला उत्पात था। आखिरकार बंदरों से छुटकारा पाने के लिए आरोपितों ने आम पर जहरीली दवाओं का छिड़काव कर दिया। इसके कारण 8 बंदरों की मौत हो गई। इसके बाद आरोपितों ने गड्ढा खोद आम के कैरेट में शव रख उसे पत्तों से ढक दिया।

बताया जा रहा है कि रविवार को जब बाग में कुछ महिलाएँ घास काटने आईं तो उन्हें बंदरों के शव एक जगह पड़े मिले। कुछ ही देर में इसकी जानकारी आसपास के लोगों को हुई और वे मौके पर जमा हो गए। लोगों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए आरोपितों पर कड़ी कार्रवाई की माँग की। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुँच कर बंदरों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस बीच केस दर्ज कर जाँच शुरू की गई। पूछताछ के लिए बाग के ठेकेदार सहित उसके अन्य साथियों को बुलाया गया तो सारा राज खुल गया।

पुलिस को आम के बाग में जहरीली दवाओं की बोतलें भी पड़ी मिली हैं जिन्हें कब्जे में ले लिया गया है। पकड़े गए आरोपितों ने पुलिस के आगे बंदरों को जहर देने की बात कबूल की है। पुलिस ने सभी 9 आरोपितों का वन्य जीव क्रूरता अधिनियम वन्य जीव संरक्षण अधिनियम और IPC की धारा 295- A में चालान कर जेल भेज दिया है। बताया जा रहा है कि बाग के मालिक संदीप शर्मा का भी पुलिस एक्ट में चालान किया जाएगा।

माँस खिलाया, रेप किया, इस्लाम कबूलने का डाला दबाव: दलित महिला को पति के ‘दोस्त’ अमजद खान ने घर से अगवा किया, बंधक बना कई दिनों तक दरिंदगी

मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक शादीशुदा दलित महिला को अगवा कर उससे रेप करने और इस्लाम कबूलने के लिए दबाव डालने का मामला सामने आया है। आरोपित अमजद खान फरार है। अमजद की पीड़ित महिला के पति से दोस्ती थी। कथित तौर पर इसका फायदा उठाकर उसने महिला को उसके घर से ही अगवा कर लिया। फिर भोपाल में बंधक बनाकर उसके साथ कई दिनों तक रेप किया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मामला जबलपुर के थाना क्षेत्र कैंट का है। 40 वर्षीय पीड़िता दो बच्चों की माँ है। 19 जून 2023 (सोमवार) को उसने अमजद खान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। थाने में उसके साथ पति और हिंदू धर्म सेना नाम के संगठन के सदस्य भी थे। शिकायत के मुताबिक महिला का पति मजदूरी करता है। उसकी अमजद से दोस्ती थी जिसके कारण वह उसके घर आता-जाता रहता था।

आरोप है कि अमजद ने 2 जून 2023 को महिला को उसके घर से चाकू की नोक पर अगवा कर लिया। महिला को अपहरण कर वह भोपाल ले गया और वहाँ उसके साथ कई दिनों तक रेप किया। इस दौरान अमजद ने पीड़िता को जबरन माँस खिलाया। धर्म बदलने का दबाव बनाया। इस बीच महिला के पति ने गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराते हुए अमजद द्वारा अपहरण की आशंका जताई थी। पुलिस ने 8 जून 2023 को महिला को भोपाल से बरामद कर लिया। लेकिन इस दौरान अमजद पकड़ में नहीं आया।

इसके बाद सोमवार को अमजद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए महिला ने अपने साथ हुई दरिंदगी के बारे में बताया है। कैंट थाने के एसएचओ आरके सोनी ने मीडिया को बताया है कि बरामदगी के दौरान पीड़िता ने अमजद पर इस तरह के आरोप नहीं लगाए थे। शिकायत मिलने के बाद मामले की जाँच की जा रही है। ऑपइंडिया ने इस मामले में हिन्दू धर्म सेना के प्रमुख योगेश अग्रवाल से बात की। योगेश ने बताया कि बरामदगी के बाद महिला अमजद के दिखाए खौफ और लोकलाज से चुप रही। बाद में उसने अपने पति को आपबीती बताई। इसके बाद उसने शिकायत दर्ज करवाने का फैसला किया।

योगेश अग्रवाल का आरोप है कि 50 वर्षीय अमजद इससे पहले भी हिंदू महिला के साथ रेप कर चुका है। वह आपराधिक छवि का है। उस पर पहले से ही कई केस दर्ज हैं। योगेश ने बताया कि अमजद की गिरफ्तारी के लिए प्रशासन को 2 दिनों का अल्टीमेटम दिया गया है।

बालासोर रेल हादसा: सिग्नल JE आमिर खान के लापता होने की रिपोर्टों को CPRO ने नकारा, CBI के पूछताछ करने और घर सील करने का किया गया था दावा

दक्षिण-पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने सिग्नल जूनियर इंजीनियर के लापता होने की खबरों का खंडन किया है। मीडिया रिपोर्टों में कहा गया था कि ओडिशा के बालासोर रेल हादसे (Odisha Train Tragedy) की जाँच कर रही सीबीआई (CBI) ने सेक्शन सिग्नल जूनियर इंजीनियर आमिर खान का घर सील कर दिया है। दावा किया गया था कि वे बालासोर के सोरो में किराए के घर में रहते थे। लेकिन सीबीआई पूछताछ के बाद से परिवार के साथ गायब हैं।

सीपीआरओ चौधरी ने न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया कि बहानागा स्टेशन के कर्मचारी के लापता होने के लेकर मीडिया में कुछ रिपोर्टें आई हैं। यह गलत है। सभी कर्मचारी मौजूद हैं और जाँच के दायरे में हैं। मीडिया रिपोर्टों में लापता होने वाले ​सेक्शन सिग्नल जेई (Signal JE) का नाम आमिर खान (Amir Khan) बताया गया था। कहा गया था कि उनसे सीबीआई ने किसी अज्ञात जगह पर पूछताछ की थी। लेकिन अब वह अपने घर से गायब हैं। इसके बाद सोमवार (19 जून 2023) को जाँच एजेंसी ने किराए का उसका घर सील कर दिया।

बालासोर के बहानागा रेलवे स्टेशन के पास 2 जून 2023 को हुए भीषण रेल हादसे में 292 लोगों की मौत हो गई थी। प्रारंभिक जाँच में इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग (Railway Electronic Interlocking) में बदलाव के कारण यह दुर्घटना होने की बात सामने आई थी। 6 जून को मामले की जाँच सीबीआई को सौंपी गई थी। रिपोर्टों में बताया गया था कि जाँच टीम 16 जून को बालासोर से लौट गई थी। लेकिन सोमवार को अचानक से जाँच टीम वापस आई और सिग्नल जेई को परिवार सहित गायब पाने के बाद उसके घर को सील कर दिया। सिग्नल उपकरण, ट्रैक सर्किट, प्वाइंट मशीन और इंटरलॉकिंग सिस्टम की स्थापना, रखरखाव और मरम्मत की जिम्मेदारी सहित सिग्नल जेई की होती है। मोटे शब्दों में कहें तो ट्रेनों के सुरक्षित संचालन में इसकी काफी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।

क्या हुआ था बालासोर में?

ओडिशा रेल दुर्घटना में कोरोमंडल एक्सप्रेस (Coromandel Express Train) मेन लाइन से लूप लाइन पर चली गई थी। यह ट्रेन बाहानगा बाजार स्टेशन से थोड़ा सा पहले लूप लाइन (Loop Line) पर चली गई थी, जहाँ पहले से ही एक मालगाड़ी खड़ी थी। इसी मालगाड़ी से कोरोमंडल एक्सप्रेस टकरा गई थी। इस टक्कर के बाद ट्रेन के कुछ डिब्बे दूसरी लाइन पर जा गरे।

जिस मेन डाउन लाइन पर डिब्बे गिरे, उस पर बेंगलुरु-हावड़ा सुपरफास्ट जा रही थी, जिसकी टक्कर इन डिब्बों से हो गई और यह बड़ा हादसा हो गया। इसमें सिग्नल मेन लाइन पर सेट किया जाना था, लेकिन सेट कर दिया गया लूप लाइन पर। यही जाँच की कोशिश की जा रही है कि जानबूझकर किसी ने ऐसा किया या फिर किसी अन्य कारणों से यह हुआ। यदि ऐसा हुआ तो वो कौन से कारण थे।

नोट: सीपीआरओ का बयान आने के बाद इस रिपोर्ट को अपडेट किया गया है