Home Blog Page 2137

ऋषभ पंत के माथे की हुई प्लास्टिक सर्जरी, लेकिन लंबे समय तक नहीं खेल पाएँगे क्रिकेट: अस्पताल ने बताया – इलाज से हो रहा है सुधार

सड़क दुर्घटना में घायल हुए ऋषभ पंत की हेल्थ को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। कार एक्सीडेंट में पंत को पीठ, हाथ, सिर पर चोटें आई थीं। इस चोट के कारण उन्हें प्लास्टिक सर्जरी से गुजरना पड़ा। डॉक्टर ने ऋषभ पंत की बाईं आँख के ऊपर के हिस्से (माथे) की प्लास्टिक सर्जरी की है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, टीम इंडिया के स्टार क्रिकेटर ऋषभ पंत फिलहाल, देहरादून के मैक्स हॉस्पिटल में भर्ती हैं। जहाँ डॉक्टर्स की टीम लगातार उनके इलाज में जुटी हुई है। डॉक्टर्स का कहना है कि ऋषभ की हालत में सुधार हो रहा है और इलाज का उन पर अच्छा असर हो रहा है। मैक्स हॉस्पिटल में ही उनके माथे की प्लास्टिक सर्जरी हुई।

ऋषभ पंत का घायल होना टीम इंडिया के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। पंत टेस्ट क्रिकेट में बेहतरीन फॉर्म में थे। हाल ही में, बांग्लादेश के विरुद्ध हुई सीरीज में टीम इंडिया की जीत में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी। चूँकि, फरवरी में टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 4 टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। लेकिन, घायल होने के कारण पंत इस सीरीज में नहीं खेल पाएँगे। ऐसे में, टीम इंडिया को उनकी जगह किसी विकल्प की तलाश करनी होगी। साथ ही, यह भी कहा जा रहा है कि पंत को लंबे समय तक क्रिकेट से दूर रहना पड़ सकता है।

बता दें कि ऋषभ पंत शुक्रवार (30 दिसंबर, 2022) को भीषण सड़क हादसे में घायल हो गए थे। वह कार से दिल्ली से माँ को सरप्राइज देने के लिए अपने घर रुड़की जा रहे थे। इस दौरान, नारसन बॉर्डर पर हम्मदपुर झाल के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर जलकर राख हो गई। हादसे की वजह कोहरा और रोड के गड्ढे को माना जा रहा है।

हादसे के वक्त हरियाणा रोडवेज के बस ड्राइवर सुशील कुमार ऋषभ पंत के लिए मसीहा बनकर पहुँचे। उन्होंने ही पंत को संभाला। बस कंडक्टर की मदद से पंत को कार से दूर किया और एम्बुलेंस बुलाकर उन्हें अस्पताल भिजवाया। सुशील ने बताया था कि पंत खून से लथपथ थे और उन्होंने खुद ही बताया था कि वे क्रिकेटर ऋषभ पंत हैं।

‘उनकी जान बचाना जरूरी समझा’ – सुशील कुमार

सुशील कुमार ने आज तक से हुई बातचीत में कहा था, “मैं हरियाणा रोडवेज में ड्राइवर हूँ। हरिद्वार से आ रहा था। जैसे ही हम नारसन के पास पहुँचे मैंने देखा दिल्ली की तरफ से कार आई और करीब 60-70 की स्पीड में डिवाइडर से टकरा गई। मैंने देखा उस आदमी (ऋषभ पंत) को। मुझे लगा वो बचेगा ही नहीं। कार से चिंगारी निकल रही थी। वह (पंत) कार के पास ही पड़े थे।”

उन्होंने आगे कहा था, “मैंने बस कंडक्टर की मदद से उन्हें उठाया और कार से दूर ले गया। मैंने उनसे पूछा- कोई और है कार के अंदर। वो बोले मैं अकेला ही था। फिर उन्होंने खुद बताया कि मैं ऋषभ पंत हूँ। मैं क्रिकेट के बारे में इतना नहीं जानता। उन्हें साइड में खड़ा किया। उनके शरीर पर कपड़े नहीं थे, तो हमने अपनी चादर में उन्हें लपेट दिया।”

सुशील ने यह भी कहा था, “उन्होंने हमें बताया था कि उनके पैसे भी गिर गए हैं। तो हमने आसपास पड़े उनके 7-8 हजार रुपए इकट्ठा किए और उन्हें दे दिए। मेरे कंडक्टर ने एंबुलेंस को फोन किया। मैंने पुलिस और नेशनल हाइवे को फोन लगाया। 15-20 मिनट के बाद एम्बुलेंस आ गई, तो उन्हें बैठाकर अस्पताल भेज दिया। वो (पंत) खून से लथपथ थे और लंगड़ाकर चल रहे थे। हमने वीडियो नहीं बनाया। उनकी जान बचाना जरूरी समझा।”

बहन के निकाह के बाद वापस जेल लौटा उमर खालिद: कोर्ट ने दी थी 7 दिन की बेल, दिल्ली दंगों में साजिश रचने का आरोप

साल 2020 के हिंदू विरोधी दिल्ली दंगों का आरोपित उमर खालिद अपनी बहन की शादी से लौटकर 30 दिसंबर 2022 को वापस तिहाड़ आ गया। दिल्ली की एक अदालत ने खालिद को शादी में शामिल होने के लिए 7 दिन की अंतरिम जमानत पर जेल से रिहा करने का आदेश दिया था।

अदालत ने उमर खालिद को 30 दिसंबर 2022 को आत्मसमर्पण करने का आदेश दिया था। अंतरिम जमानत की सात दिनों की अवधि के दौरान उमर खालिद को किसी भी तरह के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का उपयोग और मीडिया से बातचीत करने से मना किया था।

31 दिसंबर 2022 को उसके अब्बू और प्रतिबंधित इस्लामी आतंकी संगठन SIMI के पूर्व सदस्य सैयद कासिम रसूल इलियास ने ट्विटर पर जानकारी दी कि खालिद जेल लौट आया है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उनका परिवार ‘न्याय की जीत’ की प्रतीक्षा करेगा।

बता दें कि कथित कार्यकर्ता उमर खालिद को दिल्ली पुलिस ने 2020 के हिंदू विरोधी दिल्ली दंगों में उसकी भूमिका सामने आने के बाद गिरफ्तार किया था। अन्य लोगों के साथ खालिद को गैरकानूनी गतिविधियों (रोकथाम) अधिनियम या UAPA और भारतीय दंड संहिता (IPC) के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया था।

इन दंगों में उमर खालिद को मास्टरमाइंड बताया गया है। उल्लेखनीय है कि नागरिकता संशोधन अधिनियम 2019 (CAA) और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (NRC) के नाम पर बड़े पैमाने पर दंगों को अंजाम दिया गया था। इन दंगों के दौरान 53 लोगों की जान चली गई थी और 700 लोग घायल हो गए थे।

पिछले साल अक्टूबर में दिल्ली हाईकोर्ट ने खालिद की जमानत याचिका खारिज कर दी थी। इसमें कहा गया है कि प्रथम दृष्टया CAA और NRC के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के परिणामस्वरूप दंगे हुए थे। उसके लिए आयोजित विभिन्न बैठकों में खालिद ने भाग लिया था।

हालाँकि, दिल्ली की एक अदालत ने उसे और एक अन्य आरोपित को दिल्ली दंगों से जुड़े एक मामले में बरी कर दिया था, लेकिन अन्य मामलों में कनेक्शन के कारण उमर खालिद जेल में रहा।

थूका हुआ गुटका अंधभक्तों ने चाटा: छत्तीसगढ़ के नर्सिंग ऑफिसर का पोस्ट वायरल, भगवा पर कसा घटिया ‘तंज’ ; हिन्दू संगठन कर रहे कार्रवाई की माँग

छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में स्वास्थ्य विभाग के एक कर्मचारी द्वारा भगवा रंग के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी का मामला सामने आया है। आरोप है कि जोशुआ इरपा नाम के नर्सिंग स्टाफ ने सोशल मीडिया पर भगवा का अपमान किया है। हिन्दू संगठनों ने शुक्रवार (30 दिसंबर 2022) को आरोपित के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस की साइबर सेल मामले की जाँच कर रही है। उधर हंगामा खड़ा होते ही आरोपित ने अपनी पोस्ट डिलीट कर ली है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मामला कोतवाली सिटी थानाक्षेत्र का है। यहाँ के NMDC हॉस्पिटल में जोशुआ इरपा नाम का स्टाफ नर्सिंग ऑफिसर के तौर पर पोस्टेड है। उसकी फेसबुक का बता कर एक स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस पोस्ट में लिखा गया है, “गुटखा खाकर थूका ही था कि अचानक एक अंधभक्त आकर चाट गया, और बोला भगवा हमारी शान है हम इसे गिरने नहीं देंगे।” इस पोस्ट के बाद जिले के हिन्दू संगठनों में नाराजगी फ़ैल गई।

चित्र साभार- हरिभूमि

इस पोस्ट का संज्ञान छत्तीसगढ़ के ‘सक्षम’ नाम एक एक हिन्दू संगठन ने लिया। संगठन के सदस्यों ने जगदलपुर थाने में आरोपित के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। अपनी शिकायत में सक्षम के सदस्यों ने लिखा है कि भगवा रंग उनकी आस्था से जुड़ा है और आरोपित की टिप्पणी उनकी धार्मिक भावनाओं का अपमान है। शिकायतकर्ताओं ने पुलिस से जल्द से जल्द कार्रवाई करने की माँग करते हुए इसे सामाजिक संतुलन बनाए रखने के लिए जरूरी बताया।

बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ता देख कर आरोपित जोशुआ इरपा ने अपनी फेसबुक पोस्ट डिलीट कर के माफ़ी माँगी है। हालाँकि हिन्दू संगठन अभी भी आरोपित पर कार्रवाई की माँग को ले कर अड़े हुए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जाँच साइबर सेल से करवाई जा रही है। आरोप सहित होने पर जरूरी कार्रवाई की जाएगी।

छत्तीसगढ़ में कॉन्ग्रेस के ‘भ्रष्टाचार’ के खिलाफ BJP का प्रदर्शन, 100 कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज: पुलिस से मारपीट और तोड़फोड़ का आरोप

छत्तीसगढ़ की मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की नेतृत्व वाली कॉन्ग्रेस सरकार ने 100 से अधिक भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर FIR दर्ज किया है। कॉन्ग्रेस सरकार ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस को पीटने, महिला पुलिसकर्मियों से अभद्रता करने, तोड़फोड़ करने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाने, अधिकारियों से गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है।

दरअसल, रायपुर नगर निगम में भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने गुरुवार (29 दिसंबर 2022) को विरोध प्रदर्शन किया था। भाजपा के वरिष्ठ नेता बृजमोहन अग्रवाल, सांसद सुनील सोनी और राजेश मुनाट के नेतृत्व में लगभग 5000 भाजपा कार्यकर्ता रायपुर के लोगों के लिए मूलभूत सुविधाओं की माँग कर रहे थे।

इस दौरान भाजपा ने निगम के अधिकारियों को एक ज्ञापन भी सौंपा, जिसमें 70 वार्ड की 700 समस्याएँ बताई गई थीं। इसी दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प हो गई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि उनके शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों ने उन पर बल प्रयोग किया। वहीं, पुलिस भाजपा कार्यकर्ताओं पर मारपीट का आरोप लगा रही है।

इसके बाद रायपुर नगर निगम जोन-4 के कमिश्नर विनय मिश्रा ने पुलिस में दर्ज दी कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने निगम हेडक्वार्टर में तोड़फोड़ की और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाया। उन्होंने आरोप लगाया कि बालकनी में पहुँचने के लिए भाजपा नेता और कार्यकर्ता लोहे की गेट और ग्रिल पर चढ़ गए। इस दौरान जब पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो वे पुलिस के साथ भी मारपीट करने लगे।

भाजपा कार्यकर्ताओं पर यह भी आरोप लगाया गया है कि भीड़ को रोक रही महिला डीएसपी के साथ धक्का-मुक्की की गई और उनके बैज को नोंच दिया गया। इस दौरान उनके गले पर चोट भी आई है। कहा जा रहा है कि इस झड़प में कुल पाँच पुलिसकर्मियों को चोट आई है।

शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने 11 लोगों के खिलाफ नामजद और बाकी अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इन लोगों पर भारतीय दंड संहिता की धारा (IPC) की धारा 147, 149, 186, 294, 332, 353 और 427 के मुकदमा दर्ज किया गया है।

‘भारत में व्यापार करना है तो नहीं चलेगी नक्शे से छेड़छाड़’: India का गलत मैप दिखाने पर केंद्रीय मंत्री से Whatsapp को लगी लताड़, माफी माँग बोले- दोबारा ऐसा नहीं होगा

भारत का गलत नक्शा दिखाने पर सरकार ह्वाट्सऐप (WhatsApp) पर सख्त है। केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री राजीव चंद्रशेखर ने प्लेटफॉर्म द्वारा ट्विटर पर देश का गलत नक्शा साझा करने के बाद उसे ठीक करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि भारत में कारोबार करने वाले प्लेटफॉर्म को देश के सही नक्शे का इस्तेमाल करना चाहिए।

राज्यमंत्री राजीव चंद्रशेखर ने ट्वीट कर कहा, “प्रिय व्हाट्सएप, अनुरोध है कि आप भारत के नक्शे की त्रुटि को जल्द से जल्द ठीक करें। सभी प्लेटफॉर्म, जो भारत में व्यापार करते हैं और/या भारत में व्यापार करना जारी रखना चाहते हैं, उन्हें सही मानचित्रों का उपयोग करना चाहिए।”

राजीव चंद्रशेखर के ट्वीट पर जवाब देते हुए ह्वाट्सऐप ने कहा, “अनपेक्षित त्रुटि की ओर ध्यान दिलाने के लिए धन्यवाद मंत्री जी। क्षमा चाहते हैं, हमने स्ट्रीम को तुरंत हटा दिया है। हम भविष्य में इसका ध्यान रखेंगे।”

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, नए साल की पूर्व संध्या पर ह्वाट्सऐप ने लाइवस्ट्रीम के बारे में पोस्ट किया था। इस पोस्ट में ग्लोब को दिखाया गया था, जिसमें जम्मू और कश्मीर से संबंधित भारत का गलत नक्शा दिखाया गया था।

बता दें कि चंद्रशेखर ने इस हफ्ते की शुरुआत में भारत के गलत नक्शे को लेकर जूम के सीईओ एरिक युआन को चेतावनी दी थी। युआन ने बाद में उस ट्वीट को हटा लिया और लिखा, “मैंने हाल ही में एक ट्वीट हटा लिया था, जिसमें आप में से कई लोगों ने बताया था कि मानचित्र के साथ समस्याएँ थीं। धन्यवाद प्रतिक्रिया देना के लिए!!”

जून 2021 में माइक्रो-ब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म ट्विटर ने खुद भारत के गलत मानचित्र को प्रदर्शित किया था। इसके बाद वह लोगों की आलोचना के घेरे में आ गया था। भारतीयों ने ट्विटर को जमकर लताड़ लगाई थी। इसके बाद ट्विटर ने गलत मैप को हटा लिया था।

बेकरी की दुकान में आतंकियों को छिपाया, सेना की मूवमेंट की दी हर जानकारी: कश्मीर पुलिस ने की शफी लोन की प्रॉपर्टी जब्त, बेटों ने की थी दहशतगर्दों की मदद

आतंकियों और उनके मददगारों के खिलाफ जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक बड़ा कदम उठाया है। पुलिस ने आतंकियों के मददगार जहाँगीर अहमद लोन और उमर शफी लोन नाम के 2 भाइयों के अब्बा मोहम्मद शफी लोन की सम्पत्ति को कुर्क कर दिया है। उमर और शफी पर अवंतीपुरा में आतंकियों को ठिकाना मुहैया करवाने और उन्हें जरूरी सामान दिलाने का आरोप है। साथ ही दोनों आतंकियों को सुरक्षा बलों की मूवमेंट की भी जानकारी दिया करते थे। पुलिस ने यह कार्रवाई शनिवार (31 दिसंबर 2022) को की है।

ये कार्रवाई पुलिस के आतंकवाद विरोधी अभियान के तहत की जा रही है। इसमें कुर्की की प्रक्रिया यूए (पी) अधिनियम की धारा 25 के तहत हो रही है। 3 अक्टूबर 2022 को राज्य के DGP ने दोनों आरोपितों की सम्पत्ति की कुर्की के आदेश जारी कर दिए थे। इस आदेश पर कश्मीर क्षेत्र के कमिश्नर ने भी 1 दिसम्बर 2022 को अपनी मुहर लगा दी थी। पुलिस ने आतंकियों को शरण वालों को ऐसा न करने के लिए आगाह किया है।

बेकरी की दुकान में रखा था आतंकियों को

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उमर शफी और जहाँगीर अहमद की गिरफ्तारी 31/05/2022 को हुई थी। मई 2022 में पुलिस को अवंतीपुरा के राजपोरा में आतंकियों के मूवमेंट की सूचना मिली थी। इस जानकारी पुलिस सेना, CRPF और पुलिस का सामूहिक दस्ता घटनास्थल पर पहुँच गया और तलाशी अभियान में जुट गया था। खुद को घिरता देख कर आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर एक घर की ओट में छिप कर गोलियाँ बरसानी शुरू कर दीं थीं। इस दौरान खुद को बचाने के लिए आतंकी मोहम्मद मिसगर नाम के व्यक्ति के घर में जबरदस्ती घुस गए थे।

बाद में सुरक्षा बलों ने सावधानी से अभियान चलाते हुए कार्रवाई की। आत्मसमर्पण का ऑफर ठुकराने के बाद 2 आतंकी मार गिराए गए थे। मारा गया एक आतंकी शाहिद अहमद जैश से और दूसरा आतंकी युसूफ लश्कर ए तैय्यबा से जुड़ा था। जिस घर में आतंकी छिपे थे उसको भी थोड़ा नुकसान पहुँचा था। ऑपरेशन पूरा होने के बाद पुलिस ने जाँच के दौरान पाया कि दोनों आतंकियों को जहाँगीर अहमद लोन और उमर शफी लोन नाम के 2 भाईयों ने न सिर्फ शरण दी थी बल्कि उन्हें सुरक्षा बलों की गतिविधियों के बारे में भी बताया था।

पुलिस ने 31 मई 2022 को दोनों भाईयों को गिरफ्तार कर के पूछताछ की तो उन्होंने अपने गुनाह को कबूल किया था। दोनों ने बताया कि उन्होंने आतंकियों को अपनी बेकरी की दुकान में न सिर्फ कुछ समय के लिए रखा था बल्कि उनको खाना-पीना भी मुहैया करवाया था।

‘मेरे बाल मत काटो’: शीजान खान ने दिखाए जेल में नखरे, मिली घर के खाने की छूट, सुरक्षा साथ में; तुनिशा के वकील ने कहा- कितनी लापरवाही है…

टीवी ऐक्ट्रेस तुनिशा शर्मा (Tunisha Sharma) की मौत के मामले में उसके पूर्व प्रेमी शीजान खान (Sheezan Khan) को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, जेल में उसे घर का खाना खाने की छूट और सुरक्षा दी गई है। इसके अलावा, 2 जनवरी तक हिरासत में उसके बाल भी नहीं काटे जाएँगे।

मौत के लिए उकसाने के आरोपित शीजान खान ने महाराष्ट्र के पालघर जिले की एक अदालत में याचिका दायर कर कहा था कि हिरासत में रहने के दौरान उसके बाल नहीं काटे जाएँ। अब 2 जनवरी तक शीजान के बाल नहीं काटे जाएँगे और आगे का फैसला जेलर के कहने के बाद लिया जाएगा।

तुनिशा शर्मा के वकील तरुण शर्मा ने आरोप लगाया कि जिस तरह से शीजान खान अपने बालों को महत्व दे रहा है, उससे पता चलता है कि जब बात तुनिशा की आती है तो उसके अंदर कितनी लापरवाही होती है। उसे आज भी सिर्फ अपने बालों की चिंता है।

तुनिशा के वकील ने इंडिया टुडे को बताया कि अदालत ने शीज़ान को घर का बना खाना और दवाइयाँ देने की अनुमति दी है। इसके साथ ही वह जेल नियमावली के तहत अपने परिवार के सदस्यों और वकीलों से मुलाकात कर सकता है। अदालत ने शनिवार को कहा कि जेल नियमावली के अनुसार शीजान को सुरक्षा भी दी जाएगी।

सुरक्षा के सवाल ने तरुण शर्मा ने बताया कि शीजान ने ‘लव जिहाद’ किया है, जिसके कारण वह जेल में है। यह वही शख्स है जिसने दावा किया था कि श्रद्धा वालकर-आफताब पूनावाला मामले से वह डर गया था। वह किस बात से डर गया था, यह सिर्फ वही जानता है।

बता दें कि वसई कोर्ट ने शीजान की 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है। इससे पहले कोर्ट ने 28 दिसंबर 2022 को शीजान को दो दिन यानी 30 दिसंबर तक पुलिस कस्टडी में भेजा था। जब इसकी मियाद खत्म हो गई तो शनिवार (31 दिसंबर 2022) को पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया था।

पुलिस ने शीजान की कोर्ट में पेशी के दौरान बताया कि शीजान अपने गूगल अकाउंट का पासवर्ड नहीं बता रहा है। उसके गूगल अकाउंट में फोटो, डॉक्यूमेंट, अन्य मेल ID जैसी चीजें है, जिसकी जाँच की जानी है। पुलिस के अनुसार, शीजान कह रहा था कि उसे अपना पासवर्ड याद नहीं है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, आत्महत्या से पहले तुनिशा शर्मा पूर्व प्रेमी शीजान से मिली थी। उस दौरान दोनों के बीच तीखी बहस हुई थी। दोनों के बीच बहस का एक CCTV फुटेज भी पुलिस को मिला है। यह फुटेज तुनिशा की मौत से कुछ देर पहले का बताया जा रहा है।

नए साल पर RSS मुख्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, नागपुर में कड़ी की गई सुरक्षा व्यवस्था: तलाशी अभियान भी चलाया गया

महाराष्ट्र के नागपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मुख्यालय (RSS Headquarters) को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। जिसके बाद से पूरे इलाके की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मिली जानकारी के अनुसार, एक अज्ञात शख्स ने फोन करके यह धमकी दी है। धमकी के बारे में जानकारी मिलते ही पुलिस मामले की जाँच में जुट गई है और फोन करने वाले का पता लगाया जा रहा है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, जोन 3 के डीसीपी गोरख भामरे ने जानकारी दी कि नागपुर पुलिस कंट्रोल रूम में दोपहर एक बजे के करीब कॉल आया था। फोन पर शख्स ने आरएसएस हेडक्वाटर उड़ाने की धमकी दी है। इसके बाद आनन-फानन में संघ मुख्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। संघ मुख्यालय की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात किया गया है। मुख्यालय के आसपास हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

धमकी मिलने के बाद एहतियातन बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉयड को बुलाया गया। पूरे परिसर की सघन जाँच की गई। जाँच में फिलहाल किसी तरह की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। फोन करने वाले व्यक्ति के लोकेशन को ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है। हालाँकि पूरे मामले को लेकर महाराष्ट्र पुलिस की ओर से कोई भी आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

आपको बता दें आरएसएस मुख्यालय में पहले से ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं। यहाँ CRPF की एक टुकड़ी पहले से ही सुरक्षा में तैनात रहती है। साथ ही बाहरी सर्किल पर नागपुर पुलिस का सुरक्षा घेरा होता है। आरएसएस मुख्यालय के पास वीडियोग्राफी या फिर किसी भी तरह के ड्रोन उड़ाने पर सख्त मनाही है। इसके बाद भी धमकी भरे कॉल के बाद आरएसएस मुख्यालय की सुरक्षा और ज्यादा बढ़ा दी गई है।

‘हिंदुस्तानी फिल्म इंडस्ट्री पर पठानों का राज है’: पाकिस्तानी बच्चे ने PM मोदी को धमकाया, वीडियो देख बोले लोग – हमने देखा कैसे जहाज पर लटक कर काबुल से भाग रहे थे

बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान (Shahrukh Khan) की फिल्म ‘पठान’ विवादों में घिरी हुई है। सोशल मीडिया पर बॉयकॉट बॉलीवुड के साथ बॉयकॉट पठान (Boycott Pathan) ट्रेंड चलाया जा रहा है। इस बीच इस फिल्म को लेकर पाकिस्तानी ‘बच्चे’ का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में ‘बच्चा’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हिंदुओं को धमकी देता दिखाई दे रहा है।

यह वीडियो ट्विटर पर ‘उर्दूवुड एक्सपोस्ड’ नामक ट्विटर अकाउंट द्वारा ट्वीट किया गया है। बीते दो दिनों में ही वीडियो को 58 हजार से अधिक बार देखा जा चुका है। इस वीडियो में पाकिस्तानी ‘बच्चा’ धमकी देते हुए कह रहा है, “ओ मोदी तुमको क्या पता, पठान किस बला का नाम है। ये तुम्हारे बरगर बच्चे क्या जानते हैं? हिंदुस्तान में नरेंद्र मोदी की वजह से शाहरुख खान की जिंदगी मुश्किल में पड़ गई है।”

वह आगे कह रहा है, “यह बात पूरी दुनिया जानती है कि हिंदुस्तानी फ़िल्म इंडस्ट्री पर पठानों का राज है। यही बात नरेंद्र मोदी और हिंदू सेना से हजम नहीं होती। शाहरुख खान की पठान फिल्म रिलीज के लिए तैयार पड़ी है। लेकिन बीजेपी हुकूमत उसको रिलीज नहीं होने दे रही। क्योंकि उस फिल्म में जाफरानी कलर के कपड़े इस्तेमाल हुए हैं। इसे हिंदू अपना अपमान समझ रहे हैं।”

वीडियो में यह भी कहा गया है, “हालाँकि, यह कलर बहुत फिल्मों में इस्तेमाल हो चुका है। लेकिन हिंदू सेना को शाहरुख खान के खिलाफ और कोई मौका नहीं मिलता। अब मोदी सरकार ये चाहती है कि शाहरुख खान यह फिल्म इंडस्ट्री छोड़ दे। लेकिन शाहरुख खान डटकर खड़ा है। ओ मोदी तुमको क्या पता पठान किस बला का नाम है। ये तुम्हारे बरगर बच्चे क्या जानते हैं?”

इस वीडियो के वायरल होने के बाद लोग अलग-अलग तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं। जिग्नेश नामक ट्विटर यूजर ने एक फोटो ट्वीट की है। इस फोटो में #BoycottPathan के साथ लिखा है, “आने दो पठान को बिकवा देंगे मकान को…। संघर्ष निरंतर जारी है, अब पठान की बारी है।”

यशपाल नामक यूजर ने लिखा, “खबीस के बच्चे, सभी ने देखा किस तरह पठान 2 साल पहले काबुल में अमेरिकी जहाजों पर लटक कर भागते हुए गिर कर मर गए। 200 वर्ष पहले, शिव भक्त महाराजा रणजीत सिंह ने सारे पठान मर्दों को सलवार पहना दी थी और बेचारे आज तक पहन रहे हैं. शाहरुख को भी हिंदू संगठित हो कर घाघरा पहना ही देंगे।”

निरंजन साहो नामक ट्विटर यूजर ने ट्वीट करते हुए कहा, “हाहाहाहा… साला खाने को दाना नहीं है, धमकी दे रहा है।”

अरित्र दास गुप्ता ने लिखा, “एक तो इन म्लेच्छों के पास खाने को कुछ नहीं है। यह कुपोषण से पीड़ित लग रहा है। बिरयानी एक एक टुकड़े को दिखाकर ये सब बुलवा लिया होगा इससे इसके एकाधिक बापों ने।”

पंकज नामक यूजर ने कहा, “बेटा पहले अंडे से तो निकल”

कुछ अन्य यूजर्स ने मीम शेयर करते हुए प्रतिक्रिया दी है:::

जैसे 7 सुरों का संगीत, वैसे ही 7 स से बनी ऑपइंडिया: आप पाठकों के संबल से और धारदार होगा 2023

सनातन। समर्पण। संदेश। साहस। संबंध। साख। संकल्प।

देखने को ये केवल शब्द मात्र हैं। जीने के लिए लेकिन मूलमंत्र। ऑपइंडिया इन्हीं मूलमंत्रों पर चलता है। सनातन के लिए समर्पण ही हमारा आधार है। धारा के विपरीत चलने का साहस रख संदेश पहुँचाना ही हमारा धर्म। साख पर आँच न आए और पाठकों के साथ संबंध बनाए रखना ही हमारा कर्तव्य। जारी प्रयासों में कुछ नया और बेहतर जोड़ेंगे, यही हमारा संकल्प।

भारत अगर है तो उसका मूल सनातन है। इसलिए हिंदू, हिंदुत्व, मंदिर, भारतीय सभ्यता-संस्कृति, राष्ट्र, राष्ट्रीय गौरव, विकसित होता भारत, सामाजिक संरचना – इन विषयों पर हम लिखते रहे हैं, लिखते रहेंगे। सनातन पर मंडरा रहे खतरों मसलन धर्मांतरण, आतंक, राष्ट्रीय सुरक्षा से खिलवाड़, इतिहास से छेड़छाड़, मीडिया के मकड़जाल आदि मुद्दों को हम उठाते रहे हैं, इन्हें बेनकाब करते रहेंगे। यही सनातन के प्रति हमारा समर्पण रहा है, रहेगा।

“रुके न तू, थके न तू… झुके न तू, थमे न तू… सदा चले, थके न तू”

किशोरावस्था में जब यह कविता पढ़ी थी, तो मतलब सिर्फ इतना समझ में आया था कि याद करना है। हरिवंश राय बच्चन की कविता समझ कर याद भी कर ली थी। जिस मकसद के लिए कविता लिखी गई होगी, कर्तव्य-पथ पर उसे ही साहस कहते हैं – यह अब समझ चुका हूँ। ऑपइंडिया की पूरी टीम इसी साहस के साथ आप पाठकों तक संदेश पहुँचाती है। राष्ट्र-विरोधी हरकतों या गतिविधियों, हिंदू धर्म को नीचा दिखाने वाले कार्यों की हम रिपोर्ट करते हैं और यह हमसे अपेक्षित भी है। अपनों में से ही जब कोई पथभ्रष्ट हो जाता है, दिग्भ्रमित हो जाता है – साहस हम तब भी दिखाते हैं, रिपोर्ट कर वापस उन्हें रास्ते पर लाते हैं। ध्येय एक है, संदेश उसी के लिए। और उस रास्ते पर कोई नाम बड़ा नहीं – इसलिए साहस है, इससे कोई समझौता नहीं।

रावण महाज्ञानी था। इतना कि स्वयं प्रभु राम ने भी उसके ज्ञान का मान रखा। हुआ क्या लेकिन? क्या समाज ने रावण को आदर्श माना? कितने बच्चों का ‘रावण’ नाम सुना है आपने? साख जब चली जाती है, तो ज्ञान-बुद्धि-बल-पराक्रम सब रखा रह जाता है। ऑपइंडिया इस शब्द की महिमा को जानता है। जानता यह भी है कि इंसान ही यहाँ काम करते हैं, गलतियाँ हो सकती हैं। साख पर आँच आ जाए, ऐसी गलती नहीं हो… इसके लिए सतत प्रयास संपादकीय टीम करती रहती है। पाठकों के साथ संबंध और उनका भरोसा इसी साख पर टिका है। जब तक यह है, हमारा अस्तित्व है।

क्या होता अगर पाठक हमारे साथ न होते? गला-काट प्रतिस्पर्द्धा, करोड़ों-अरबों रुपए की थैली लिए मीडिया मठाधीशों से टक्कर, बिग-टेक कंपनियों के वामपंथी झुकाव में क्या ऑपइंडिया टिक पाता? क्या हम अपने आदर्शों और मूलमंत्रों के सहारे बाजार में खड़े रह पाते? नहीं। एकदम नहीं। एक कदम भी नहीं चल पाते। और यही सच्चाई है। पाठक ही हमारी रीढ़ हैं। पाठकों के दम पर ही हम साल 2022 की लड़ाई लड़ पाए। आप पाठकों के समर्थन से ही साल 2023 में कुछ नए मापदंड भी छुएँगे, कुछ नए और कुछ अनछुए, कुछ भूले-बिसरे विषयों को आपके सामने लाएँगे – यही हमारा संकल्प है।

आप सबका आभार ?
आपसे है ऑपइंडिया

सादर
अजीत झा, सुधीर गहलोत, अनुपम कुमार सिंह, जयन्ती मिश्रा, राहुल पांडेय, सुनीता मिश्रा, आकाश शर्मा, राजन कुमार झा, राहुल आनंद के साथ चंदन कुमार