Home Blog Page 2952

पाकिस्तान की आसमां ने यूक्रेन से निकलने पर PM मोदी को दिया ‘धन्यवाद’, बोलीं- ‘हम बुरे हालात में फँसे थे’

यूक्रेन की स्थिति के मद्देनजर अपने नागरिकों को वहाँ से निकालने के क्रम में भारत सरकार ने कई पाकिस्तानी छात्रों को भी सकुशल उनके घर पहुँचाने का काम किया। समाचार एजेंसी एएनआई ने इस बाबत एक लड़की की वीडियो शेयर की जो यूक्रेन में फँसी थीं और भारत सरकार की मदद से अपने घर पहुँचने वाली हैं।

वीडियो में दिखाई देने वाली लड़की का नाम आसमां शफीक है जो कीव की भारतीय एबेंसी और भारत के प्रधानमंत्री को धन्यवाद देती हैं कि भारत ने उन्हें यूक्रेन से निकालने में मदद की। रिपोर्ट के अनुसार, आसमां को भारतीय अधिकारियों द्वारा बचाया गया और अब वह देश से बाहर निकलने के लिए पश्चिमी यूक्रेन के रास्ते में है। वह जल्द ही अपने परिवार के साथ फिर मिलेंगी।

ट्वीट के साथ साझा की गई वीडियो में वह कहती हैं, “हेलो! मेरा नाम आसमां शफीक है। मैं पाकिस्तान से हूँ और मैं कीव में भारत की एंबेसी का धन्यवाद करती हूँ कि उन्होंने हमारा हर तरह से साथ दिया। हम यहाँ बहुत मुश्किल हालातों में फँसे हुए थे। मैं प्रधानमंत्री मोदी को भी धन्यवाद करती हूँ। आशा है कि हम लोग सुरक्षित घर पहुँच जाएँगे।”

बता दें कि आसमां की इस वीडियो के सामने आने से पहले सोशल मीडिया पर कई वीडियोज वायरल हैं जिनमें दावा किया गया था कि पाकिस्तान से आकर यूक्रेन में पढ़ने वाले छात्र-छात्राएँ, अपने देश लौटने के लिए भारत के झंडे का सहारा लेकर बाहर आ रहे हैं। पाकिस्तानी मीडिया की वायरल वीडियो में एक व्यक्ति दावा कर रहा था कि उनके मुल्क के छात्रों को यूक्रेन से जिंदा बच कर आने के लिए भारतीय झंडे का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। यह व्यक्ति आरोप लगा रहा था कि इमरान खान की सरकार अपने छात्रों की सलामती के लिए कोई कदम ही नहीं उठा रही।

भारतीयों के साथ अन्य मुल्क के नागरिकों की मदद

उल्लेखनीय है कि यूक्रेन से भारतीयों को निकालने के बीच 28 फरवरी 2022 को प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से ये बयान दिया गया था कि भारत अपने नागरिकों को निकालते समय अपने पड़ोसी देश के नागरिकों की भी मदद करेगा जो इस समय यूक्रेन में फँसे हुए हैं। ये पहली बार नहीं है जब भारत किसी विपत्ति में अन्य मुल्कों के नागरिकों के काम आ रहा हो। साल 2015 में युद्धग्रस्त यमन से भारतीयों को निकालने के दौरान भी भारत ने अन्य देशों के 1947 लोगों को बचाया था।

‘मोदी को दिल्ली ने ख़राब कर दिया, यह सरकार हमारी नहीं है’: सत्यपाल मलिक ने PM पर फिर साधा निशाना, किसानों के साथ सड़कों पर उतरने की दी धमकी

मेघालय के राज्यपाल सत्यपाल मलिक (Satya Pal Malik) ने एक बार फिर PM मोदी पर निशाना साधा है। किसान आंदोलन को लेकर उन्होंने मोदी सरकार पर फिर से भड़ास निकाली। उन्होंने कहा, “इतने किसानों की मौत हो गई, इसके बाद भी कोई शोक संदेश नहीं आया है। हम माँग लेते हैं तो भिखमंगा समझ लेते हैं। यह सरकार हमारी नहीं है। मोदी गुजरात में थे, तब MSP (मैक्सिमम सपोर्ट प्राइस) पर चिट्‌ठी लिखी थी। अब दिल्ली ने उनको खराब कर दिया। दिल्ली जगह ही ऐसी है। दिल्ली जाने के बाद वह बदल गए।”

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सत्यपाल मलिक यहीं नहीं रुके बल्कि PM मोदी पर जुबानी हमला करते हुए किसानों के बहाने घेरने की कोशिश की। उन्होंने कहा, “PM मोदी MSP की बातें भूल गए। मैं गवर्नरशिप का पीरियड खत्म होने के बाद पूरे देश में घूमूँगा। किसानों को एकत्रित करूँगा। ताकि आगे हम माँगने वाले नहीं, देने वाले बनें। हम माँगते हैं तो ये हमें भिखमंगा समझते हैं।”

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सत्यपाल मलिक जाट विकास संस्थान की ओर से चूरू जिले के सरदारशहर में आज मंगलवार (8 मार्च, 2022) को जाट जागृति शताब्दी महोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद थे। उन्होंने कार्यक्रम में आंदोलन के दौरान मरने वाले किसानों का जिक्र करते हुए कहा, “किसान आंदोलन में 700 किसान मर गए। कोई कुतिया भी मर जाती है, तो दिल्ली से प्रधानमंत्री की चिट्‌ठी जाती है। लेकिन 700 किसानों के लिए कोई शोक संदेश नहीं गया। 65 से 70 प्रतिशत देश में किसान व मजदूर हैं। इनकी कोई सुनवाई करने वाला नहीं है। जितनी फसल यह पैदा करते हैं, उसके हर साल दाम कम हो रहे हैं।”

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले भी सत्यपाल मलिक ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने दावा किया था कि बीजेपी सरकार ने उन्हें राष्ट्रपति पद का लालच दिया और कहा कि चुप रहोगे तो राष्ट्रपति बना दिए जाओगे। साथ ही मलिक ने केंद्र सरकार पर तीन कृषि कानूनों को निरस्त करने के बाद किसानों से किए गए वादों को पूरा नहीं करने का भी आरोप लगाया था।

इससे पहले रविवार (6 मार्च 2022) को भी सत्यपाल मलिक जींद जिले के कंडेला गाँव की खाप और माजरा खाप की ओर से आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आए थे। इस दौरान उन्होंने किसानों को संबोधित करते हुए लाल किले में तिरंगे का अपमान करने वाले कथित किसानों का भी बचाव किया था।

उन्होंने कहा था, “लाल किले का सपना दिखा दे। ये सब खड़े हो जाएँगे। हुआ भी वही 6 महीने में तो नहीं 10 महीने में ये लाल किले पर चढ़ गए। इसके बाद मैंने केंद्र से कहा कि लाल किले पर हमारा हक है। हमारे लड़कों को दोषी मत बनाओ। इनपर मुक़दमे मत करो। ठीक है चले गए लाल किले पर चढ़ा दिया अपना झंडा। वो कोई पार्टी का झंडा नहीं था। निशान साहब था, जिसके लिए हजारों सिखों ने कुर्बानी दी थी।”

जींद में सत्यपाल मलिक यहीं नहीं रुके। उन्होंने किसानों को भड़काते हुए कहा था, “अगर आप इकट्ठा नहीं रहोगे, अपने सवालों को नहीं समझोगे तो यही होगा। लड़ने की आदत डालो। दो साल बाद चुनाव है। इकट्ठा होकर वोट करोगे तो ये सब दिल्ली से भाग जाएँगे। किसानों का राज होगा। किसी से कुछ माँगने की जरूरत नहीं होगी। यूपी के चुनाव का नतीजा भले नहीं आया पर मैं पश्चिमी यूपी घूमा हूँ और वहाँ का बता रहा हूँ। किसी गाँव में कोई मंत्री घुस नहीं पाया। स्मृति ईरानी को तो कई किलोमीटर दौड़ाया। मैं ये कहना चाहता हूँ कि राज बदलो, अपना राज बनाओ। लोग तुमसे भीख माँगेंगे, तुम्हें भीख माँगने की जरूरत नहीं होगी।” मलिक ने किसानों को कहा कि लाल किले में अपना झंडा फहराओ।

बता दें कि ऐसा पहली बार नहीं है, जब राज्यपाल मलिक ने पीएम मोदी पर निशाना साधा है। इससे पहले 2 जनवरी को हरियाणा के चरखी दादरी में हुए एक कार्यक्रम में भी कहा था कि वह जब किसानों के मामले में प्रधानमंत्री से मिले तो मेरी पाँच मिनट में ही उनकी लड़ाई हो गई। वे बहुत घमंड में थे।

पिछड़े समूह का साथ, ‘त्रिदेव’ की रचना, संगठन-सरकार में समन्वय: योगी की काट ढूँढ़ते-ढूँढ़ते BJP के ‘स्वतंत्र फैक्टर’ में फँसीं विपक्षी पार्टियाँ

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अगर एग्जिट पोल्स को देखें तो भाजपा की जीत तय नजर आ रही है। ऐसा लग रहा है कि पार्टी इस बार भी 300 से अधिक सीटें जीत कर इतिहास रच देगी। इसमें कोई शक नहीं है कि इसके पीछे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 5 वर्षों का अच्छे कानून-व्यवस्था वाले कार्यकाल के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि और जन कल्याणकारी योजनाओं का हाथ है। लेकिन, साथ ही इसके पीछे स्वतंत्र देव सिंह की मेहनत भी है।

उत्तर प्रदेश में उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और राज्य में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह पार्टी के दो बड़े OBC (अन्य पिछड़ा वर्ग) नेता हैं। मोदी लहर ने हिंदी पट्टी में जात-पात की सीमाओं को तोड़ डाला और 2014 व 2019 के लोकसभा चुनाव के अलावा 2017 के विधानसभा चुनाव में भी हमने इसे देखा। लेकिन, जब मीडिया केवल जाति-जाति का रट्टा लगा रहा है तो हमें इन दोनों नेताओं के बारे में बताना पड़ता है।

इसे ऐसे समझिए। मीडिया ने अपने तमाम विश्लेषणों में दिखाया कि भाजपा की तरफ से 5 साल मंत्री पद के मजे लेने के बाद चुनाव के ऐन वक्त अखिलेश यादव की पार्टी में मिल जाने वाले स्वामी प्रसाद मौर्य बहुत ताकतवर हैं, क्योंकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आगरा से लेकर पूर्वी यूपी में गोरखपुर तक इस समाज (कुशवाहा, शाक्य और मौर्य) का विस्तार है और गैर-यादव OBC इससे सपा के साथ जुड़ेंगे। लेकिन, इस दौरान वो इसी समुदाय के केशवा प्रसाद मौर्य को भूल गए और बड़ी चालाकी से उनकी बात ही नहीं की।

स्वतंत्र देव सिंह ने कई सघन रैलियों के साथ-साथ रोड शो भी किया। पिछड़े इलाकों तक भी वो पहुँचे। बूथ मैनेजमेंट के साथ-साथ ‘मतदाता संवाद’ पर उन्होंने जोर दिया। ‘त्रिदेव’, अर्थात बूथ अध्यक्ष, BLA2 (बूथ स्तर के एजेंट्स) और बूथ प्रभारी पदों के जरिए उन्होंने निचले स्तर तक चुनावी मैनेजमेंट किया। संगठन और सरकार में समन्वय बनाते रहे। पार्टी की बैठकों में राजनीतिक स्थिति का सही आकलन किया। कई बूथ अध्यक्षों के घर भोजन के अलावा उन्हें पार्टी के छोटे कार्यकर्ताओं तक को सम्मान देते हुए और उन्हें गले लगाते हुए देखा गया।

इसी तरह मीडिया ये बातें करता है कि उत्तर प्रदेश में कुर्मी समुदाय की आबादी 12% के आसपास है और यादव समाज के बाद राज्य की दूसरी सबसे बड़ी OBC जनसंख्या वोट के गणित तय करेगी। लेकिन, इस दौरान मीडिया केवल ददुआ डाकू और इसके परिवार से आगे नहीं निकल पाता है। स्वतंत्र देव सिंह साफ़ और स्वच्छ छवि के नेता हैं, शायद इसीलिए उनकी बात नहीं की जाती। जबकि सच्चाई ये है कि उन्होंने भाजपा के लिए इस चुनाव में काफी मेहनत की है।

अब देखिए इस समाज के वोटों के लिए अखिलेश यादव ने कितने तिकड़म बेले। नीचे संलग्न की गई तस्वीर को देखिए, जिसमें समाजवादी पार्टी गठबंधन की बैठक चल रही थी और इसके मुखिया की कुर्सी पर ‘अपना दल’ के एक धड़े की प्रमुख कृष्णा पटेल को बिठाया गया था। उन्हें अखिलेश यादव ‘राजमाता’ कह कर पुकारते हैं। मीडिया ने भी इसे ‘बड़ा राजनीतिक सन्देश’ बताया। ये अलग बात है कि उनकी बेटी अनुप्रिया पटेल केंद्र सरकार में मंत्री हैं और भाजपा की गठबंधन सहयोगी भी।

इसी तरह सपा के प्रदेश अध्यक्ष भी नरेश उत्तम पटेल हैं, जो चुनाव में सक्रियता के नाम पर मंच पर सोने के लिए मशहूर हैं। एक बार तो उनकी जुबान ऐसी फिसली कि उन्होंने ‘अखिलेश यादव ने किसानों को तबाह कर दिया’ वाला बयान दे दिया। सितंबर 2021 में उन्नाव के फतेहपुर चौरासी में उनके काफिले से टकरा कर एक महिला की मौत हो गई। कुल मिला कर वो गलत कारणों से ही चर्चा में रहे हैं। स्वतंत्र देव सिंह के बयान इन सबके मुकाबले ज्यादा सुर्खियाँ भी बने और कभी उसमें कोई नकारात्मक झलक भी नहीं दिखी।

भाजपा ने अगस्त 2021 में ही इसकी तैयारी कर ली थी कि सभी 75 जिलों में OBC सम्मेलन आयोजित किए जाने का खाका तैयार कर लिया था। इसके लिए 32 तीनों का गठन किया गया और सभी 75 जिलों में अभियान चलाया गया। 2019 में स्वतंत्र देव सिंह को राज्य की कमान देकर भाजपा ने बता दिया था कि वो सरकार के साथ-साथ संगठन में भी ‘सबका साथ, सबका विकास’ फॉर्मूले पर चलती है। वो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के पूर्व अध्यक्ष अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी – तीनों के विश्वासपात्र हैं।

ये भी याद रखने की बात है कि 2014 लोकसभा चुनाव में में अमित शाह उत्तर प्रदेश में पार्टी के प्रभारी थे और उस दौरान पीएम मोदी की कई रैलियों का पर्दे के पीछे से प्रबंधन कर स्वतंत्र देव सिंह ने अपनी क्षमता का परिचय दिया था। ढाई साल तक योगी सरकार में मंत्री रहते हुए भी उन्होंने अपने परफॉर्मेंस से सीएम योगी का विश्वास जीता। शुरुआती दौर में विद्यार्थी परिषद से जुड़े रहे स्वतंत्र देव सिंह RSS बैकग्राउंड से आते हैं और 2001 में युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं।

2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी ने उन्हें मध्य प्रदेश का प्रभार सौंपा और वहाँ भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा। राज्य में 29 में से 28 सीटें भाजपा के नाम गईं। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से आने वाले स्वतंत्र देव सिंह की कर्मभूमि बुंदेलखंड रही है, जो यूपी के सबसे पिछड़े इलाकों में से एक रहा है। यही कारण है कि गरीबों की समस्याओं को वो समझते रहे हैं। मीडिया के सामने योगी सरकार के कामकाज को सामने रखने में भी उन्होंने कोई कसर नहीं छोड़ी।

स्वतंत्र देव सिंह के बारे में एक दिलचस्प तथ्य ये है कि कभी उनके गाँव के लोग उन्हें ‘कॉन्ग्रेस सिंह’ के नाम से जानते थे। असल में इसका कारण ये नहीं है कि वो कभी कॉन्ग्रेस में रहे। वो कभी कॉन्ग्रेस में थे ही नहीं। गाँव में लोगों के नाम कलक्टर से लेकर डिप्टी तक रख दिए जाते थे। हालाँकि, भाजपा में कद बढ़ने के साथ ही उनका ये नाम पीछे छूटता चला गया। कभी पत्रकार रहे स्वतंत्र देव सिंह 2012 में उरई के कालपी से विधानसभा चुनाव हार गए थे, लेकिन उसके बाद उन्होंने अपनी मेहनत से सूबे में एक अलग स्थान बनाया।

फिर उन्हें विधान पार्षद बनाया गया। यूपी में वो पार्टी के महामंत्री रहे। 12 सीटों पर हुए उपचुनाव को उनकी पहली परीक्षा माना गया और वो इसमें सफल रहे। उनसे पहले ओमप्रकाश सिंह और विनय कटियार भी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं, जो इसी समाज से आते हैं। इस समाज को योगी सरकार में भी अच्छा प्रतिनिधित्व मिला और तीन नेताओं को मंत्री बनाया गया। 2017 चुनाव के बाद भाजपा में इस समाज से 7 सांसद और 26 विधायक थे।

अगस्त 2021 में एक ऐसा समय भी आया जब समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने स्वतंत्र देव सिंह को अपनी पार्टी में आने का न्योता दे डाला। उन्होंने कहा, “सपा में शामिल हो जाओ, बहुत आगे तक जाओगे।” जब भाजपा के वयोवृद्ध नेता रहे कल्याण सिंह की श्रद्धांजलि सभा में न्योता देने के लिए वो मुलायम के पास गए थे, तब उन्हें ये ‘ऑफर’ मिला था। एक तरफ स्वतंत्र देव सिंह ने अखिलेश यादव को श्रद्धांजलि सभा में न आने पर सोशल मीडिया के मध्यम से लताड़ा, तो दूरी तरफ मुलायम को न्योता दे दिखा दिया कि भाजपा ‘मनभेद’ में विश्वास नहीं रखती।

13 फरवरी, 1964 को जन्मे स्वतंत्र देव सिंह की कर्मभूमि जालौन रही है और झाँसी में उनकी शादी हुई। कभी 1986 में उराई स्थित DAV डिग्री कॉलेज में छात्र संघ का चुनाव हार जाने वाले इस नेता ने अपनी मेहनत के बल पर इन सबके बावजूद यहाँ तक का सफर तय किया। कभी उनके ही समाज से आने वाले बेनी प्रसाद वर्मा को मुलायम सिंह ने सपा का गैर-यादव OBC चेहरा बनाया था। 2022 विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत में सीएम योगी, पीएम मोदी और केशव मौर्य के साथ-साथ स्वतंत्र देव सिंह का योगदान भी होगा।

‘चुनाव आयोग EVM में कर रहा है गड़बड़ी’: एग्जिट पोल्स पर बरसते हुए ‘रोते-रोते बचे’ अखिलेश यादव, कहा – किसानों की तरह बैठे सपा कार्यकर्ता

समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के बाद आए एग्जिट पोल्स पर सवाल खड़े किए हैं। बता दें कि गुरुवार (10 मार्च, 2022) को आने वाले चुनाव परिणाम से पहले लगभग सभी एग्जिट पोल्स में भाजपा की बड़ी जीत दिखाई जा रही है, जिससे पता चल रहा है कि योगी आदित्यनाथ दोबारा देश के सबसे ज्यादा जनसंख्या वाले राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में लौटने वाले हैं। साया लगा कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में नाराज़ दिखे अखिलेश यादव ‘रोते-रोते’ बचे।

उन्होंने आरोप लगाया कि एग्जिट पोल्स ये धारणा बनाना चाहते हैं कि एग्जिट पोल्स में भाजपा जीत रही है। उन्होंने चुनाव आयोग पर EVM के साथ छेड़छाड़ के आरोप भी मढ़ दिए। उन्होंने कहा कि ईवीएम को गलत तरीके से ले जाया जा रहा है और हमें सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईवीएम को उम्मीदवारों को बिना बताए ले जाया जा रहा है। उन्होंने इसे ‘चोरी’ बताते हुए कहा कि हमें अपने वोट बचाने की ज़रूरत है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने इसे ‘लोकतंत्र बचाने का आखिरी मौका’ बताते हुए कहा कि वो इसके खिलाफ न्यायपालिका का दरवाजा खटखटाएँगे। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी अयोध्या में जीत दर्ज करने जा रही है और इसीलिए भाजपा नाराज़ है। उन्होंने चुनाव आयोग के अधिकारियों को भी ‘साजिश में शामिल’ बताया। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को ‘वोट बचाने’ का सन्देश दिया। उन्होंने ‘किसान आंदोलन’ की तरह अपने कार्यकर्ताओं को बैठने के लिए कहा।

अखिलेश यादव ने ट्विटर के माध्यम से भी अपील की, “वाराणसी में EVM पकड़े जाने का समाचार राज्य की हर विधानसभा को चौकन्ना रहने का संदेश दे रहा है। मतगणना में धाँधली की कोशिश को नाकाम करने के लिए सपा-गठबंधन के सभी प्रत्याशी और समर्थक अपने-अपने कैमरों के साथ तैयार रहें। युवा लोकतंत्र व भविष्य की रक्षा के लिए मतगणना में सिपाही बने! आज से,अभी से हर युवा, हर मतदाता अगले 3 दिन तक मत की रक्षा के लिए मतगणना केंद्र की क़िलेबंदी कर दे और ढोल-मंजीरा लेकर आज़ादी के अफ़साने गाए।”

अखिलेश यादव ने कहा कि किसानों की तरह उनके लिए भी लोकतंत्र के लंगर लगेंगे व दुनिया देखेगी लोकतंत्र को कैसे बचाया जाता है। उन्होंने दावा किया कि राजनीति बाहुबल के आगे जनबल झुकेगा नहीं। बता दें कि एग्जिट पोल्स में भाजपा को 250 से भी अधिक सीटें मिलती हुई दिखाई जा रही हैं। उत्तर प्रदेश में सपा, बसपा, कॉन्ग्रेस और सत्ताधारी भाजपा में ही मुख्य लड़ाई है। हालाँकि, कॉन्ग्रेस के खाता खोलने पर भी आफत दिख रही है।

मात्र 12 दिनों में अजीत कुमार और पवन कल्याण ने मिल कर पार किया ₹400 करोड़ का आँकड़ा, ‘गंगूबाई’ नहीं निकाल पाएगी बजट

बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों दो ही फ़िल्में धूम मचा रही हैं। एक हैं अजीत कुमार (Ajith Kumar) की तमिल फिल्म ‘वलिमै’ (Valimai) और दूसरी है पवन कल्याण (Pawan Kalyan) की ‘भीमला नायक’ (Bheemla Nayak), जिन्हें दर्शकों का अच्छा-खासा प्यार मिल रहा है। दोनों ही दक्षिण भारत की फ़िल्में हैं। अजीत कुमार को तमिलनाडु में ‘थाला’ (Thala) और पवन कल्याण को आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना में ‘पॉवर स्टार’ (Power Sar) कह कर पुकारा जाता है। आइए, यहाँ हम आपको बताते हैं कि दोनों फिल्मों का कलेक्शंस (Box Office Collections) कैसा रहा है।

सबसे पहले बात करते हैं ‘थाला’ अजीत कुमार की ‘वलिमै’ की, जिसने 12 दिनों में दुनिया भर में 216 करोड़ रुपए का कारोबार किया है। केवल तमिलनाडु की ही बात करें तो यहाँ फिल्म का कलेक्शन 150 करोड़ रुपए के पार पहुँच गया है। हालाँकि, फिल्म ने अपने पहले सप्ताह में जितनी कमाई की थी उसका एक छोटा हिस्सा ही वो दूसरे सप्ताह में कमा सकी। इसका कारण है कि हिंदी बेल्ट में इसे ठीक प्रतिक्रिया नहीं मिली और समीक्षकों ने भी इसे औसत रेटिंग ही दी थी।

अब बात करते हैं ‘पॉवर स्टार’ पवन कल्याण की फिल्म ‘भीमला नायक’ की, जिसने दुनिया भर में 11 दिनों में 185 करोड़ रुपए का कारोबार किया है। लोगों को इंतजार है कि फिल्म 200 करोड़ रुपए के ग्रॉस का आँकड़ा कब पार करेगी। अकेले आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भाजपा के गठबंधन स्थित ‘जन सेना’ के अध्यक्ष की फिल्म ने 128 करोड़ रुपए से भी अधिक कमाए हैं। इस फिल्म की भी मार्केटिंग हिंदी बेल्ट में ठीक से नहीं की गई और इसे वहाँ एक सप्ताह देर से भी रिलीज किया गया।

अंत में बात कर लेते हैं आलिया भट्ट अभिनीत संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘गंगूबाई कठियावाड़ी’ की, जिसका बजट 175 करोड़ रुपए के आसपास है। इस फिल्म ने 11 दिनों में 95 करोड़ रुपए नेट कमाए हैं। ये फिल्म का भारत में नेट कलेक्शंस हैं, ग्रॉस नहीं। दुनिया भर में इस फिल्म ने 142 करोड़ रुपए के आसपास बटोर लिए हैं। हालाँकि, लाभ के लिए इसके नेट कलेक्शन को बजट की रकम को पार करना होगा, जिसकी संभावना नहीं दिखती।

त्रिपुरा में सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 33% आरक्षण, हरियाणा में पंचायती राज संस्थानों में 50% तक होगी भागीदारी

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज (8 मार्च, 2022) ऐलान किया कि त्रिपुरा में सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा। त्रिपुरा में बिप्लव देव सरकार के 4 साल पूरे होने पर एक दिवसीय दौरे पर आए अमित शाह ने आज जहाँ माँ त्रिपुरा सुंदरी के दर्शन कर आशीर्वाद माँगा वहीं अगरतला में एक रैली को भी संबोधित किया। गृहमंत्री शाह ने कहा कि हमारे देश की आजादी को 75 वर्ष पूरे हो गए हैं। साथ ही खूबसूरत त्रिपुरा को भी बने हुए 50 साल पूरे हो गए हैं।

आज जहाँ गृहमंत्री अमित शाह ने विपक्ष पर निशाना साधा वहीं महिलाओं के विकास के लिए भी त्रिपुरा सरकार की कई योजनाओं को जनता के सामने रखा। अमित शाह ने रैली में बिप्लव देव सरकार के विकास कार्यों को भी गिनाया। उन्होंने कहा कि त्रिपुरा के हर गरीब के घर में बिजली पहुँचाने का काम भाजपा सरकार ने किया है। हमारी सरकार ने त्रिपुरा में रोड और रेलवे से जुड़ी दर्जनों योजनाओं को पूरा किया है।

उन्होंने कहा कि त्रिपुरा की सरकारी नौकरियों में अब 33 प्रतिशत आरक्षण माताओं-बहनों को मिलने वाला है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सरकारी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स या बाजारों में दुकानें संचालित करने के लिए 50% आरक्षण मिलेगा। महिलाओं द्वारा स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए 50% उद्यम पूंजी कोष आरक्षित है। मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब द्वारा महिला कल्याण की इस पहल से त्रिपुरा में सभी को लाभ होगा।

वहीं आज हरियाणा CM मनोहर लाल खट्टर ने आज 2022-23 का बजट महिलाओं को समर्पित किया। दिवंगत नेता सुषमा स्वराज के नाम पर 5 लाख रुपए के पुरस्कार की घोषणा की और पंचायती राज संस्थानों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए महिलाओं के लिए आरक्षित 33% सीटों को 50% तक बढ़ाने की घोषणा की है।

गौरतलब है कि त्रिपुरा की रैली अमित शाह ने रैली के मंच से विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। शाह ने कहा कि 25 साल तक कम्युनिस्टों ने त्रिपुरा में राज किया था। 2015 में जब मैं यहाँ आया था, हर कोई यहाँ त्राहिमाम कर रहा था। उन्होंने कहा, “25 साल तक कम्युनिस्टों ने यहाँ गरीबों के नाम पर राज किया, लेकिन गरीबों के लिए कुछ नहीं किया। भाजपा और अन्य दलों के 39 से ज्यादा कार्यकर्ताओं की हत्या की गई। उस समय भाजपा ने तय किया था कि हम त्रिपुरा में एक आंदोलन खड़ा करेंगे।”

गृहमंत्री अमित शाह ने आगे कहा, “मुझे आज भी याद है जब पहली बार मैंने इंटीरियर त्रिपुरा में पहली बार चलो पलटाई का नारा दिया तो, लोगों में जो उत्साह दिखा उससे ही हमें पता चल गया था कि यहाँ परिवर्तन होने वाला है। भाजपा सरकार बनने के चार साल बनने के बाद मैं देख रहा हूँ कि जो त्रिपुरा पहले ड्रग्स और नशे के कारोबार से त्रस्त था, वो त्रिपुरा आज आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।”

महाराष्ट्र में आदित्य ठाकरे के करीबी के ठिकानों पर IT विभाग की छापेमारी, भड़के CM उद्धव के मंत्री बेटे ने कहा – ‘एजेंसियों का दुरुपयोग’

महाराष्ट्र सरकार में पर्यटन और पर्यावरण मंत्री आदित्य ठाकरे के बेहद करीबी राहुल कनाल के घर इनकम टैक्स (Income Tax) विभाग के अधिकारियों ने छापेमारी की है। आयकर विभाग की टीम ने राहुल कनाल के पुणे और मुंबई स्थित घर और ऑफिस पर छापा मारा है। इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की टीमें लगातार राहुल के घर और दफ्तरों को खँगाल रही हैं और उनका फोन फिलहाल बंद आ रहा है। राहुल को पर्यटन मंत्री आदित्य ठाकरे का करीबी बताया जाता है।

छापे के बारे में पूछे जाने पर, पर्यावरण और पर्यटन विभागों के प्रमुख आदित्य ने कहा कि केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रचार तंत्र के रूप में किया जा रहा है और देश के अन्य हिस्सों में भी इसका दुरुपयोग किया जा रहा है। आदित्य ने कहा, “पूर्व में भी केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग हुआ। यह बंगाल, आंध्र प्रदेश में हुआ और अब यह महाराष्ट्र में भी हो रहा है। केंद्रीय एजेंसियाँ ​​एक तरह से भाजपा की ही प्रचार मशीनरी बन गई हैं। महाराष्ट्र नहीं झुकेगा।”

राहुल कनाल का यह घर बांद्रा के भाभा अस्पताल की गली में नाइन अल्मेडा नाम की बिल्डिंग में है। इस वक्त राहुल कनाल की इमारत के चारों ओर सुरक्षा दल के जवानों को तैनात किया गया है। राहुल कनाल के अलावा परिवहन मंत्री और शिवसेना नेता अनिल परब के सहयोगी संजय कदम के घर पर भी छापेमारी की गई है। शिवसेना उपनेता और स्थायी समिति के अध्यक्ष यशवंत जाधव के घर पर आयकर विभाग के छापे की घटना अभी ताजा ही थी कि मंगलवार (8 मार्च, 2022) को सुबह से ही मुंबई के अलग-अलग ठिकानों में शिवसेना के पदाधिकारियों के घरों पर आईटी विभाग की रेड पड़ गई। जानकारी के मुताबिक आयकर विभाग की टीम पूरे महाराष्ट्र में 20 से अधिक परिसरों में तलाशी ली गई है, इनमें से 12 साइट मुंबई में थीं।

इनकम टैक्स विभाग ने आज सुबह शिवसेना नेता राहुल कनाल से जुड़ी कुछ जगहों पर छापेमारी की। अधिकारियों ने बताया कि ये छापेमारी बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) की स्थायी समिति के अध्यक्ष यशवंत जाधव द्वारा कथित कर चोरी के संबंध में है। कनाल बीएमसी की शिक्षा समिति के सदस्य और श्री साईं बाबा संस्थान ट्रस्ट, शिरडी के ट्रस्टी हैं। 

विभाग ने 25 फरवरी को जाधव के परिसरों की तलाशी ली थी और 130 करोड़ रुपए की बेनामी संपत्तियाँ मिली थीं। विभाग ने एक बयान में कहा था कि उसने कुछ बीएमसी ठेकेदारों की भी तलाशी ली और पाया कि उन्होंने 200 करोड़ रुपए की आय का खुलासा नहीं किया था। IT अधिकारियों ने कहा कि उन्हें ऐसे ‘सबूत’ मिले हैं जो जाधव और इन ठेकेदारों के बीच ‘करीबी साँठगाँठ’ का संकेत देते हैं। विभाग के मुताबिक इसनें कुछ कथित बेनामी सम्पत्तियाँ (Benami Properties) भी शामिल हैं।

शारदा की चीखों ने एक कश्मीरी पंडित को रात भर सोने नहीं दिया… The Kashmir Files के किरदारों का असर ऐसा भी

उसका नाम शारदा (बदला हुआ नाम) था, जिसका किरदार भाषा सुंबली ने ‘द कश्मीर फाइल्स (The Kashmir Files)’ में पर्दे पर निभाया है। 90 के दशक में घाटी में ‘हिंदुओं के नरसंहार’ पर बनी यह फिल्म 11 मार्च 2022 को रिलीज होने वाली है। इस फिल्म का प्रीमियर देखने वालों में शिवेता भी हैं। शिवेता कश्मीरी पंडित ही हैं। पर्दे पर ‘शारदा’ की चीखों ने शिवेता को झकझोर कर रख दिया। पर्दे पर इस फिल्म को देखने के बाद वह अपने आँसू नहीं रो पा रहीं थीं।

शिवेता ने बताया, “कश्मीरी पंडितों के दर्द और पीड़ा पर अंतहीन कविताएँ और कहानियाँ लिखी गई हैं लेकिन ‘द कश्मीर फाइल्स’ इसे अलग स्तर पर ले गया है। यह फिल्म सिर्फ एक फिल्म नहीं है, बल्कि हर कश्मीरी पंडित की सच्ची ‘जीवनी’ है। इसलिए इसे देखने के बाद थिएटर का हर शख्स रो रहा था या आहें भर रहा था।”

बतौर कश्मीरी पंडित, उन्होंने फिल्म में किरदार निभाने वाले हर उस कलाकार की सराहना की, जिनके अभिनय कौशल और प्रतिभा के कारण उन दर्दनाक मंजरों को एक फिल्म के तौर पर समेटा जा सका। वह कहती हैं, “मैं काबिल निर्देशक विवेक अग्रिहोत्री की ऋणी हूँ जिन्होंने इस दर्दनाक सच्चाई को पूरी दुनिया के सामने दिखाने का साहस जुटाया। इस फिल्म को मिथुन चक्रवर्ती और अनुपम खेर जैसे दिग्गजों का अभिनय कौशल और चिन्मय मांडलेकर, दर्शन कुमार और प्रिय भाषा सुंबली जैसे युवा कलाकारों की प्रतिभा का आशीर्वाद मिला है। पल्लवी जोशी की आवाज ऐसी है कि निश्चित ही आपके दिलों में घर कर जाए। संगीत भी उल्लेखनीय है।”

सभी किरदारों और सभी कलाकारों के प्रयासों को सराहने के क्रम में वह कहती हैं, “सभी किरदार इतने अच्छे से निभाए गए हैं इसलिए फिल्म के दृश्यों को देखते समय लोग कांप जाते हैं। फिल्म को देखते समय मैं बुरी तरह रोई और पता ही नहीं चला कि कब लगभग ढाई घंटे बीत गए हैं। फिल्म एक समंदर की तरह जहाँ दर्शक डूब जाते हैं।”

एक कश्मीरी पंडित होने के नाते दर्शकों में बैठी इस लड़की ने अपील की कि हर कोई इस फिल्म को देखे। वह कहती हैं, “मानती हूँ कि इतना दर्द इतनी पीड़ा देखना दर्दनाक होगा, लेकिन उसी समय आप इस टीम को सराहएँगे कि उन्होंने अपना पूरा दमखम उस सच्चाई दिखाने में लगा दिया जिसे दुनिया ने अभी तक नहीं जाना।” उन्होंने नई जनरेशन से भी अपील की है कि वो सब इस फिल्म को देखें क्योंकि ये फिल्म उन सभी सवालों का जवाब है जो अचानक मन में आते हैं कि कश्मीर पंडित होना क्यों एक आशीर्वाद था।

फिल्म देखने के बाद उन्होंने ‘शारदा पंडित (एक ऐसी महिला जिसके जरिए फिल्म में गिरिजा टीकू और डॉ सरला जैसी तमाम कश्मीर पंडित महिलाओं पर हुए अत्याचारों को दर्शाया गया है)‘ का किरदार निभाने वाली भाषा सुंबली की तारीफ की। वह लिखती हैं, “भाषा सुंबली एक उत्कृष्ट कलाकार हैं। उन्होंने अपनी भूमिका के साथ जो न्याय किया उसके कारण शारदा पंडित के किरदार को कभी नहीं भुलाया जा सकेगा। मैं प्रीमियर देख पूरी रात सो नहीं सकी। उनकी आँखों और उनकी चीख ने मुझे डरा दिया। मैं महसूस कर सकती थी कि उन्होंने अभिनय के समय क्या महसूस किया होगा।”

दर्शन तो कश्मीरी पंडित भी नहीं है फिर भी उन्होंने अपना किरदार इतने दर्द के साथ निभाया कि हर कोई उनकी कड़ी मेहनत उस किरदार में महसूस कर सकता है। चिन्मय वह व्यक्ति हैं जिनसे फिल्म में आप नफरत करना पसंद करेंगे। मिथुन चक्रवर्ती और अनुपम खेर के लिए कोई शब्द ही नहीं है। वे अपनी एक्टिंग से आपको नि:शब्द कर देंगे। अनुपम खेर के अलावा ‘बोब जी’ का किरदार कौन इतनी बखूबी निभाता।

हर कश्मीरी हिंदू को है The Kashmir Files का इंतजार

बता दें कि द कश्मीर फाइल्स को पर्दे पर आने में अब ज्यादा समय नहीं है। दुनिया भर में बैठे कश्मीरी हिंदू इस फिल्म का इंतजार कर रहे हैं। जिन्होंने इसे देख लिया है वह न फिल्म के किरदारों को भुला पा रहे हैं और न ही 90 के दशक की कल्पना कर पा रहे हैं जब कश्मीरी पंडित अपने-अपने घर छोड़ने को सिर्फ इसलिए मजबूर हुए क्योंकि इस्लामी कट्टरता वहाँ व्यापक स्तर पर विकराल रूप ले चुकी थी।

नोट- शिवेता पंडित एक आम कश्मीरी हिंदू महिला हैं। जो द कश्मीर फाइल्स के जम्मू प्रीमियर के दौरान फिल्म देखने गईं और इस फिल्म को देखने के बाद अपनी ये प्रतिक्रिया दी।

‘द कश्मीर फाइल्स’ की रिलीज रोकने वाली इंतजार हुसैन की याचिका को बॉम्बे HC ने किया ख़ारिज, 11 मार्च को ही सिनेमा घरों में आएगी फिल्म

बॉम्बे हाईकोर्ट ने विवेक अग्निहोत्री की फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ की रिलीज पर रोक लगाने की माँग वाली इंतेज़ार हुसैन सैयद द्वारा दायर जनहित याचिका को खारिज कर दिया। विवेक अग्निहोत्री द्वारा निर्देशित फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ में कश्मीरी पंडितों पर किए गए अत्याचारों को दिखाया गया है। यह फिल्म 11 मार्च, 2022 को अपने शेड्यूल के अनुसार रिलीज होने के लिए तैयार है।

लॉ बीट की रिपोर्ट के अनुसार, जनहित याचिका को खारिज करते हुए, मुख्य न्यायाधीश दीपांकर दत्ता और न्यायमूर्ति एमएस कार्णिक की पीठ ने याचिकाकर्ता से केंद्र सरकार से संपर्क करने और उपाय तलाशने को कहा।

मुख्य न्यायाधीश दत्ता ने याचिकाकर्ता से आगे पूछा कि क्या उन्होंने यह जानने के लिए एक आरटीआई दायर की थी कि क्या सीबीएफसी ने प्रमाण पत्र जारी किया है। इस पर याचिकाकर्ता ने जवाब दिया, “आरटीआई में कम से कम एक महीना लगता है।” अदालत ने टिप्पणी की कि इस सिर्फ इस आधार पर फिल्म पर रोक नहीं लगाई जा सकती।

इस मामले में उच्च-न्यायालय में ‘जनहित याचिका (PIL)’ दायर की गई थी, जिस पर आज मंगलवार (8 मार्च, 2022) को शाम 4 बजे हुई सुनवाई में ख़ारिज कर दिया गया। बता दे कि मुख्य न्यायाधीश दीपांकर दत्ता के समक्ष इस याचिका को अर्जेन्ट लिस्टिंग के लिए उठाया गया, जिस पर वो सुनवाई के लिए राजी हो गए थे।

इस PIL को उत्तर प्रदेश के रहने वाले इंतज़ार हुसैन सैयद ने दायर किया था। ‘द कश्मीर फाइल्स’ शुक्रवार (11 मार्च, 2022) को रिलीज होने वाली है। याचिका में कहा गया है कि फिल्म के ट्रेलर में मुस्लिमों को कश्मीरी पंडितों का नरसंहार करते हुए दिखाया गया है, जो मुस्लिम समाज की भावनाओं को आहत करने वाला है। इंतजार हुसैन सैयद का दावा है कि पूरी फिल्म इस घटनाक्रम के एक ही पक्ष को दिखाती है, जो हिन्दू समाज को आक्रोशित कर के भड़का सकती है।

इस याचिका में फिल्म की रिलीज रोकने के साथ-साथ इसके ट्रेलर को भी YouTube से हटाने की माँग की गई थी। दावा है कि हिन्दुओं के भड़कने के बाद पूरे देश में भारी हिंसा हो सकती है, जिससे जानमाल की बड़ी क्षति होगी। याचिका में ये भी दावा किया गया है कि 5 राज्यों में चुनाव को देखते हुए राजनीतिक दल इस फिल्म का इस्तेमाल सांप्रदायिक हिंसा को बढ़ावा देने के लिए कर सकते हैं। याचिकाकर्ता ने इस फिल्म के ट्रेलर को तुरंत सभी सोशल मीडिया साइट्स से हटाए जाने की माँग की।

‘द कश्मीर फाइल्स’ में जहाँ एक तरफ अनुपम खेर, पुनीत इस्सर और मिथुन चक्रवर्ती जैसे वरिष्ठ अभिनेता हैं, वहीं दर्शन कुमार भी इसका अहम हिस्सा हैं पल्लवी जोशी ने भी फिल्म में एक अहम किरदार निभाया है। इसे 90 के दशक में कश्मीर में हिन्दुओं के नरसंहार के ऊपर बनाया गया है। विवेक अग्निहोत्री को ‘चॉकलेट (2005)’, ‘धन धना धन गोल (2007)’, ‘हेट स्टोरी (2012)’, ‘ज़िद (2014)’, ‘बुद्धा इन अ ट्रैफिक जैम (2016)’, ‘जुनूनीयत (2016)’ और ‘द ताशकंद फाइल्स (2019)’ के लिए जाना जाता है।

गाड़ी पर खड़े होकर दूरबीन से EVM पर नजर रख रहे सपा उम्मीदवार, माइक भी लगा रखी है: लोग बोले – 10 मार्च को ऐसे ही वोट ढूँढेंगे

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (UP Election) के सात चरणों के मतदान संपन्न हो चुके हैं। नतीजे 10 मार्च को घोषित होंगे। मतगणना से पहले समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) ने ईवीएम पर निगरानी रखनी शुरू कर दी है। पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने प्रत्याशियों को ईवीएम पर नजर रखने का आदेश दिया है। मेरठ के हस्तिनापुर विधानसभा सीट से सपा उम्मीदवार योगेश वर्मा अखिलेश यादव के इस आदेश का पालन कर रहे हैं। वह दूरबीन से EVM की निगरानी कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, “यहाँ EVM रखी गई हैं, हम दूरबीन से देख रहे हैं कि यहाँ किसी भी तरह की गतिविधि तो नहीं हो रही। दूरबीन से छत और आसपास के पूरे इलाके पर हम पैनी निगाह रख रहे हैं।” योगेश वर्मा ने आगे कहा कि उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं के लिए 8-8 घंटे की 3 शिफ्ट बनाई है, जिसके आधार पर वे तैनात हैं। इसके अलावा आसपास के इलाके की निगरानी के लिए अलग से टीम लगाई है।

योगेश वर्मा का वीडियो वायरल होने के बाद लोग काफी मजे ले रहे हैं और तरह-तरह की प्रतिक्रियाएँ दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “जिनको देश की आर्मी पर भरोसा नही, देश की न्यायपालिका पर भरोसा नही, चुनाव आयोग पर भरोसा नही!! क्या जनता ऐसे लोगों पर विश्वास करेगी?”

एक अन्य यूजर ने लिखा, “ऐसे जोकर सिर्फ समाजवादी पार्टी में आपको मिलेंगे। ये आदमी संविधान की शपथ लेगा मगर हमारे सिसटम के ऊपर विश्वास नहीं है जो खुद सिस्टम का हिस्सा है या होगा। शर्म की बात है।”

शर्मा नाम के यूजर ने लिखा, “10 तारीख को दूरबीन लेकर वोट ढूँढेगा। देश में मूर्खों की कमी नहीं है मगर इस प्राणी की गिनती बहुत कम पाए जाने वाले विचित्र मूर्खों में की जाएगी।”

ट्विटर यूजर ने लिखा, “सरकार भी दूरबीन से ही बनेगी।”

हिंदुत्ववादी भारतीय नाम के हैंडल ने लिखा, “10 मार्च को इसी दूरबीन से देखना सपा दूर दूर तक दिखाई नहीं देगी।”

एक यूजर ने लिखा, “इतना सब करने के बाद भी यही कहेंगे कि ईवीएम के साथ छेड़छाड़ की गई है, वरना जीत तो समाजवादी पार्टी की ही थी।”

एक अन्य यूजर ने लिखा, “अखिलेश भैया सुतियों को ही पार्टी में लेते हैं या फिर पार्टी में रह कर सुतिया बनने का स्पेशल क्रैश कोर्स करवाते हैं?”

सात चरण के मतदान के बाद विधानसभा के चुनाव संपन्न होने के बाद EVM मशीन जिलों में स्ट्रांग रूम में रखी गई हैं। वहाँ पर केन्द्रीय बल तैनात हैं। प्रशासन की तरफ से लगातार सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी भी हो रही है, लेकिन सपा के कार्यकर्ता भी लगातार स्ट्रांगरूम के बाहर डटे हैं।