Home Blog Page 3227

मनजिंदर सिंह सिरसा हुए भाजपा में शामिल: पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले शिरोमणि अकाली दल को लगा बड़ा झटका

पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले शिरोमणि अकाली दल को बड़ा झटका लगा है। शिरोमणि अकाली दल के नेता और दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के वर्तमान अध्यक्ष मनजिंदर सिंह सिरसा बुधवार (1 दिसंबर 2021) को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और धर्मेंद्र प्रधान आदि नेताओं की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गए। सिरसा ने भाजपा में शामिल होने के साथ दिल्ली गुरुद्वारा प्रबंधन समिति से इस्तीफा दे दिया है।

भाजपा में शामिल होने के बाद सिरसा ने कहा, ”केंद्रीय गृहमंत्री और प्रधानमंत्री ने आश्वासन दिया है कि सिखों के जितने भी मुद्दे हैं वे हल होने चाहिए, लेकिन ये राजनीति के भेंट चढ़े हैं। इसलिए मैं दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हुआ हूँ।”

इससे पहले सिरसा ने ट्विटर पर अपना इस्तीफा साझा करते हुए लिखा, “सभी पदाधिकारियों, सदस्यों, कर्मचारियों और मेरे साथ काम करने वाले लोगों का आभार व्यक्त करता हूँ। मैं दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी से अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे रहा हूँ और आगामी DSGMC का चुनाव नहीं लडूँगा। अपने समुदाय, मानवता और राष्ट्र की सेवा करने की मेरी प्रतिबद्धता बनी रहेगी।”

सिरसा ने वीडियो के माध्यम से कहा कि वह निजी कारणों से वे दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन समिति से इस्तीफा दे रहे हैं और इसके अगले चुनाव से वे खुद को दूर रखेंगे। उन्होंने दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्यों, देश और दुनिया के सिखों को धन्यवाद दिया, जिन्होंने उन्हें काफी मान बक्शा है। उन्होंने कहा, “मेरे सदस्यों, शुभचिंतकों को धन्यवाद, जिन्होंने अब तक मेरा समर्थन किया है।”

बता दें कि दिल्ली गुरुद्वारा चुनाव निकाय के निदेशक नरिंदर सिंह ने मंगलवार (30 नवंबर) को मनजिंदर सिंह सिरसा को डीएसजीएमसी के सदस्य के रूप में अयोग्य घोषित कर दिया था। उन्होंने कहा था कि सिरसा इस पद के लिए योग्य नहीं था, क्योंकि वह ‘गुरुमुखी‘ (पंजाबी लिखने के लिए सिखों द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली लिपि) को पढ़ना और लिखना नहीं जानते हैं। दिल्ली सिख गुरुद्वारा अधिनियम, 1971 के अनुसार, इस पद के लिए ‘गुरुमुखी’ आना जरूरी है।

वर्जिनिटी एक मिथ, सील-वील कुछ नहीं होती… बढ़िया है मैं बेगैरत, बेशर्म हूँ: बिग बॉस में धमाका मचाने वाली मूस जट्टाना

पंजाब के चंडीगढ़ की रहने वाली और बिग बॉस ओटीटी से लोगों के बीच पहचान बनाने वाली मूस जट्टाना या मुस्कान जट्टाना एक बार फिर सुर्खियों में हैं। खुद को बाइसेक्सुअल घोषित करने वाली मूस जट्टाना ने बिग बॉस ओटीटी में यह कहकर धमाका कर दिया था कि वह एक लड़की से ही शादी करना चाहती हैं। साथ ही उन्होंने भारत में वर्जिनिटी को लेकर चल रही बहस के बीच एक ऐसा बयान दिया है कि वे फिर से खबरों में आ गई हैं। 

मूस जट्टाना ने लोगों की सोच को लेकर कहा कि जब भी कोई भारतीय पुरुष अपने लिए लड़की देखने जाता है तो उसकी एक ही ख्वाहिश होती है कि उसे सीलबंद लड़की मिले, जबकि ऐसा कुछ होता ही नहीं है। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर भी पोस्ट की है। तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा है कि आखिर वर्जिनिटी है क्या। 

मूस ने कहा- सील-वील कुुछ नहीं होता है

मूस जट्टाना ने कहा कि वर्जिनिटी एक मिथक है। सील-वील कुछ नहीं होती है। यह एक मांसपेशी होती है, जो बड़े होने के साथ खुद ही टूट जाती है। इसके बारे में सीखिए। लेकिन इसका उपयोग महिलाओं और लड़कियों को नीचा दिखाने के लिए मत कीजिए। भगवान का शुक्र है कि वह किसी संकुचित दिमाग वाले भारतीय परिवार के लिए कभी भी संस्कारी नहीं बन पाएँगी।

मूस ने कहा कि शुक्र है कि कोई भी माँ उन्हें कभी स्वीकार नहीं करेगी। शुक्र है ऊपर वाले का। मूस ने कहा, “शुक्र है कि मैं बेगैरत, बदतमीज और बेशर्म हूँ। मैं चाहती हूँ कि किसी भी लड़की या महिला को निरर्थक परंपरा और उम्मीदों ना बंधना पड़े।”

शानदार सेक्स की दुआ

मूस ने आगे अपने पोस्ट में कहा, “मैं आप सभी बहनों के बेहतर जीवन की कामना करती हूँ। मैं आपके लिए अद्भुत सेक्स की कामना करती हूँ। बहुत सारी इंटीमेसी, प्रयोग और नई चीजें सीखने के लिए प्रार्थना करती हूँ। कोई भी अपनी इच्छाओं को ना रोके। मुझे आशा है कि आपको पूरी दुनिया देखने को मिले। मैं कामना करती हूँ कि आपका साथी आपके बर्तन धोए, बिस्तर सजाए। मैं चाहती हूँ कि आप स्वतंत्र और जीवन से भरपूर हों। मैं प्रार्थना करती हूँ कि आपके पार्टनर आपसे बहुत प्यार करे।” मूसा के इस पोस्ट पर कई लोगों ने उनका सपोर्ट किया है, जबकि कुछ लोगों ने नेगेटिव कमेंट कर उन्हें ट्रोल भी किया।

असम में भागने की कोशिश में सड़क दुर्घटना का शिकार हुआ जोरहाट मॉब लिंचिंग का मुख्य आरोपित, हुई मौत; चल रहे थे 90 केस

असम में जोरहाट में हुई मॉब लिंचिंग की घटना के मामले के मुख्य आरोपित नीरज दास की 1 दिसंबर की रात को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। दरअसल, जब पुलिस उसे लेकर जा रही थी तो वो बचने के लिए जीप से बाहर कूद गया था, जिससे उसका ये हाल हुआ। उसे ‘कोला लोरा’ यानि काला लड़का कहा जाता था। दास छात्र नेता अनिमेष भुइयाँ को पीटने के मामले सहित पहले से ही कई अन्य मामलों में कुख्यात अपराधी रहा है।

नीरज दास की मौत जोरहाट जिले के सिनामारा खरिया चुक इलाके में हुई। पुलिस उसे लेकर जा रही थी तो उसने बचने के लिए बाहर छलांग लगाई, लेकिन वह दूसरी पुलिस की जीप से टकरा गया। बाद में उसे जोरहाट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (JMCH) ले जाया गया जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना में तीन अन्य पुलिस वाले भी घायल हुए हैं। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि जब नीरज दास जीप से कूदा तो वो एस्कॉर्ट कार से टकराया, जिससे जीत का ड्रायवर संतुलन खो बैठा और गाड़ी दीवार से टकरा गई। कहा जा रहा है कि पुलिस एक नशीली ड्रग्स की तलाश में नीरज को लेकर जा रही थी, वहीं पुलिस का कहना है कि वो भागने की कोशिश कर रहा था।

एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, “घटना बुधवार (1 दिसंबर 2021) को तड़के करीब 1:30 बजे घटी। वह एक ड्रग तस्कर था। उसने जोरहाट में नशीली दवाओं के ठिकानों की पहचान में मदद करने का आश्वासन दिया था। इसलिए हम उसे ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ करने के लिए ले गए थे। लेकिन अब ऐसा लगता है कि वो हमें गुमराह कर रहा था। वो हमें ले जाकर वहाँ से भागने की कोई योजना बनाई थी।”

पुलिस अधिकारी ने आगे कहा, “वह पुलिस की गाड़ी से बाहर कूद गया, उसके ठीक पीछे चल रही गाड़ी चल रही थी। उसे चलती कार से कूदता देख गाड़ी का ड्राइवर अपना कंट्रोल खो बैठा और गलती से उसे ठोकर लग गई। इससे उसकी मौत हो गई। हमारे तीन लोगों को भी दुर्घटना में चोटें आई हैं और उनका इलाज जेएमसीएच में किया जा रहा है।”

बहरहाल, कुख्यात अपराधी ‘कोला लोरा’ की मौत की खबर फैलने के बाद जोरहाट और गोलाघाट जिले में लोग जश्न मनाने के लिए सड़कों पर निकल आए। लोगों ने पटाखे भी फोड़े। उसके खिलाफ 90 से अधिक मामले दर्ज थे और वो जमानत पर बाहर था। उस पर तीन लोगों पर भीड़ के हमले के लिए उकसाने का आरोप लगाया गया था, जिसके कारण अनिमेष भुइयाँ की मौत हो गई और अन्य दो घायल हो गए।

इस घटना के बाद असम के लॉ एंड ऑर्डर स्पेशल डीजीपी जीडी सिंह ने ट्विटर हैंडल पर एक मैसेज पोस्ट किया।

हालाँकि, जोरहाट में ऑल असम स्टूडेंट्स यूनियन (AASU) के नेता अनिमेष भुइयाँ की हत्या के मामले की जाँच कर रहे ऑफिसर सिंह ने अपने ट्वीट में नीरज दास उर्फ ​​काला लोरा के बारे में कुछ भी नहीं बताया है।

इसी तरह से मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने जीपी सिंह के ट्वीट पर कमेंट करते हुए कहा, “असम अपराध और अपराधी से मुक्त हो जाएगा- जो भी हो।”

झूठे आरोप पर भीड़ ने AASU नेता की हत्या की

28 वर्षीय अनिमंष भुइयाँ ऑल असम स्टूडेंट यूनियन (AASU) की ब्रह्मपुत्र क्षेत्रीय समिति के शिक्षा सचिव थे। सोमवार (29 नवंबर 2021) को जोरहाट में निर्मल चरियाली के पास लगभग 50 लोगों की उन्मादी भीड़ ने उनकी हत्या कर दी थी। विवाद एक सड़क दुर्घटना को लेकर हुआ था। भीड़ ने भुइयाँ और दो अन्य स्थानीय पत्रकार मृदुस्मंत बरुआ और स्थानीय आसू नेता प्रणय दत्ता पर हमला किया जो उसके साथ यात्रा कर रहे थे। भीड़ का कहना था कि उनके काफिले ने स्कूटी सवार एक बुजुर्ग को टक्कर मार दिया था। लेकिन बाद में पता चला कि स्कूटर पर सवार व्यक्ति खुद गिर गया था और भुइयाँ और अन्य दो उस व्यक्ति की मदद के लिए गए थे। लेकिन उस शख्स ने उन पर मारपीट करने का आरोप लगाया, जिसके चलते नीरज दास के नेतृत्व में तीनों पर भीड़ ने हमला कर दिया। हमले में भुइयाँ की मौत हो गई, जबकि बरुआ और दत्ता को गंभीर चोटें आईं।

इस घटना का कुछ लोगों ने वीडियो भी बनाकर वायरल कर दिया। घटना एक व्यस्त गली में हुई, लेकिन किसी ने उन्हें भीड़ से बचाने के लिए बीच-बचाव नहीं किया।

जोरहाट के एसपी अंकुर जैन ने मीडिया को बताया है कि भुइयाँ की गाड़ी ने उस बुजुर्ग व्यक्ति को टक्कर नहीं दी थी। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, बुजुर्ग खुद ही गाड़ी से गिरा था। वह (बुजुर्ग) खुद ही नशे में था और उसी ने बवाल किया था। भुइयाँ और दो अन्य उस बुजुर्ग व्यक्ति की मदद के लिए आगे आए, लेकिन उसने चिल्लाते हुए उन्हीं पर टक्कर मारने का आरोप लगाया। इस पर भीड़ हिंसक हो गई और उन पर हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक नीरज दास आदतन अपराधी था और वह वीडियो में नजर आ रहा था। वह नशीले पदार्थों की तस्करी में भी शामिल था।

इस मामले में संज्ञान लेते हुए असम के मुख्यमंत्री ने जीपी सिंह को व्यक्तिगत रूप से मामले की निगरानी करने, सभी आरोपितों को गिरफ्तार करने और एक महीने में चार्जशीट दाखिल करने का आदेश दिया था।

मॉब लिंचिंग मामले में नीरज दास सहित कम से कम 13 लोगों को घटना के एक दिन बाद गिरफ्तार किया गया है। इन सभी को 30 नवंबर को अदालत में पेश करने के लिए ले जाया गया था, जहाँ अदालत के बाहर गुस्साई भीड़ ने इनके साथ मारपीट की। वहीं जोरहाट बार एसोसिएशन ने मुकदमे के दौरान किसी भी आरोपित व्यक्ति का केस नहीं लड़ने का प्रस्ताव पास किया है।

बंगाली हिन्दुओं के लिए आवाज़ उठाने वाले हैंडल को Twitter ने सस्पेंड किया, इस्कॉन और बांग्लादेश हिन्दू यूनिटी काउंसिल पर भी की थी कार्रवाई

सोशल मीडिया जायंट Twitter ने बंगाली हिन्दुओं के लिए आवाज़ उठाने वाले हैंडल ‘स्टोरीज ऑफ बंगाली हिंदूज’ नाम के हैंडल को सस्पेंड कर दिया है। इस हैंडल का संचालन करने वाले डॉक्टर संदीप दास ने माइक्रो ब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म की इस करतूत की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि वो ये बताते हुए हताश हैं कि बंगाली हिन्दुओं के लिए आवाज़ उठाने वाले उनके ट्विटर हैंडल को सस्पेंड कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि 1 दिसंबर, 2021 को सुबह 7:17 बजे उन्हें ये जानकारी मिली।

Twitter ने अपने नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए इस हैंडल को सस्पेंड किया है। बता दें कि ‘@storiesOfBHS’ नाम का ये ट्विटर हैंडल बंगाली हिन्दुओं पर हो रहे अत्याचार और उनके हक़ की आवाज़ उठाता था। डॉक्टर संदीप दास ने कहा कि हमारी ट्विटर पर यात्रा फ़िलहाल के लिए अकस्मात रूप से रुक गई है। शिक्षिका डॉक्टर इंदु विश्वनाथन ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ये अस्वीकार्य है। उन्होंने हिन्दुओं की आवाज़ को सेंसर करने और चुप कराने की प्रक्रिया को वास्तविक बताया।

उन्होंने कहा, “क्या हिन्दुओं के अनुभवों को साझा करना हिंसा है? क्या हिन्दुओं की ‘अभिव्यक्ति की आज़ादी’ शर्तों के साथ आती है?” साथ ही उन्होंने ट्विटर और इसके नए CEO पराग अग्रवाल को भी टैग किया। लोगों ने कहा कि ये हैंडल लगातार बंगाली हिन्दुओं की आवाज़ को उठा रहा था, इसीलिए ट्विटर ने ये हरकत की है। लोगों का कहना था कि संवेदनशीलता और ईमानदारी के साथ ये काम किया जा रहा था, वो कुछ लोगों को पसंद नहीं आया। लोगों ने कहा कि CEO भले नया आ गया, लेकिन तरीका अब भी ही फासिस्ट वाला है।

याद दिलाते चलें कि जहाँ एक तरफ बांग्लादेश में हिन्दुओं पर हो रहे हमलों को वहाँ की मीडिया छिपा रही थी, वहीं अब माइक्रो ब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म ट्विटर से ‘इस्कॉन बांग्लादेश’ और ‘बांग्लादेश हिन्दू यूनिटी काउंसिल’ के हैंडल्स ही गायब हो गए थे। ये दोनों ही बांग्लादेश में हिन्दुओं पर हो रहे अत्याचार व हिंसक हमलों की ख़बरों को दुनिया के सामने ला रहे थे और न्याय की माँग कर रहे थे। एक ओर मुस्लिम भीड़ हिंदू अल्पसंख्यकों का उत्पीड़न कर रही थी, वहीं दूसरी ओर ट्विटर उन्हें अपनी बात ऑनलाइन नहीं रखने दे रहा था।

‘इसे मार डालो.. चलो ख़त्म करें.. किसी को पता नहीं चलना चाहिए’: कॉन्ग्रेस नेता का वीडियो वायरल, भाजपा MLA की हत्या की साजिश का आरोप

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक एसआर विश्वनाथ की हत्या की साजिश रचने की चर्चा से जुड़ा सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ है। इसमें कॉन्ग्रेस नेता बेलूर गोपालकृष्ण किसी अन्य व्यक्ति से भाजपा विधायक की हत्या की योजना के बारे में बात करते हुए सुने जा सकते हैं।

दावा है कि वीडियो में विधायक एसआर विश्वनाथ की हत्या की योजना बनाते हुए दिखाया गया है, जो कर्नाटक विधानसभा में बेंगलुरु के येलहंका का प्रतिनिधित्व करते हैं। इस वीडियो में की जा रही चर्चा कन्नड़ भाषा में है और कुल्ला देवराज का जिक्र किया गया है। वीडियो में हत्या के समय की चर्चा जाहिर तौर पर हो रही है। वीडियो में एक पूर्व पुलिस अधिकारी फोन पर बात करते हुए देखा गया है। बताया जा रहा है कि गोपालकृष्ण और देवराज को हिरासत में ले लिया गया है।

यह तीन मिनट की वीडियो क्लिप है जिसमें कॉन्ग्रेस नेता को एक अन्य व्यक्ति के साथ बातचीत करते हुए देखा जा सकता है। लह कहता है, “इसे मार डालो विधायक को खत्म करो। ठीक है। चलो खत्म करें, किसी को पता नहीं होना चाहिए…यह हमारे बीच होना चाहिए।” कॉन्ग्रेस नेता ने इसके लिए 1 करोड़ रुपए देने की भी बात कही। पुलिस ने कहा कि वीडियो में तारीख नहीं था और वे आगे की कार्रवाई के लिए मामले की जाँच कर रहे थे।

कर्नाटक के गृह मंत्री अरागा ज्ञानेंद्र ने कहा, “राज्य पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है… विश्वनाथ ने भी मुझसे इस मुद्दे पर बात की।” अरागा ज्ञानेंद्र ने आगे कहा, “मुझे कल रात वीडियो के बारे में पता चला। पुलिस FIR दर्ज करने पर फैसला करेगी। हम (उसे) सुरक्षा देने के बारे में सोचेंगे। खुफिया विभाग (विश्वनाथ को सुरक्षा देने पर) फैसला करेगा। पुलिस फिलहाल मामले की जाँच कर रही है।”

इस घटना के बारे में बात करते हुए सीएम बसवराज बोम्मई ने कहा है, “मुझे अभी तक इस घटना के बारे में पता नहीं है। जल्द ही संबंधित अधिकारियों से बात करूँगा। इस बारे में मैं खुद विश्वनाथ से बात करूँगा।” उन्होंने आगे कहा कि वो देखेंगे कि उसके आधार पर क्या कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

‘पाठ्यक्रमों में वेदों को शामिल किया जाए, स्वतंत्रता सेनानियों के चित्रण की समीक्षा हो’: शिक्षा को लेकर संसदीय समिति की रिपोर्ट

शिक्षा पर गठित संसदीय समिति ने पक्षपात रहित शैक्षिक पाठ्यक्रमों को बनाने और भारतीय स्वतंत्रता सेनानियों को स्कूली इतिहास की पाठ्यपुस्तकों में किस तरह से दिखाया गया है इसकी समीक्षा करने की अनुशंसा की है। समिति ने सुझाव दिया है कि वेदों के प्राचीन ज्ञान को भी स्कूली पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाना चाहिए।

मंगलवार 30 नवंबर 2021 को संसदीय समिति ने राज्यसभा के पटल पर अपनी रिपोर्ट को रखा। इसमें समिति ने इस बात पर जोर दिया है कि पाठ्यक्रमों में सिख और मराठा इतिहास के साथ-साथ लिंग-समावेशी साहित्य को शामिल करने की आवश्यकता है।

भाजपा सांसद विनय पी सहस्रबुद्धे की अध्यक्षता वाली इस समिति में राज्यसभा के 10 सदस्य हैं। समिति में BJP के चार सांसद और TMC (सुष्मिता देव), CPM (बिकास रंजन भट्टाचार्य), DMK (आरएस भारती), अन्नाद्रमुक (एम थंबीदुरै), सपा के (विशंभर प्रसाद निषाद) और कॉन्ग्रेस से (अखिलेश प्रसाद सिंह) शामिल हैं। इसके अलावा, इसमें 21 लोकसभा सदस्य हैं, जिनमें से 12 भाजपा से और 2 कॉन्ग्रेस और एक-एक सदस्य TMC, CPM, जद (यू), शिवसेना, YSRCP, DMK और BJD से शामिल हैं।

समिति की रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है कि प्रमुख इतिहासकारों के साथ मिलकर इस बात की समीक्षा किए जाने की आवश्यकता है कि देश के विभिन्न भागों से आने वाले स्वंतत्रता संग्राम सेनानियों को किताबों में अब तक कितनी जगह दी गई है। इससे भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की अधिक संतुलित और विवेकपूर्ण धारणा को बल प्रदान कर बच्चों के सामने तर्कसंगत और न्यायपूर्ण नजरिया पेश किया जा सकेगा। इसका फायदा यह होगा कि जिन स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को अब तक गुमनामी में रखा गया, उन्हें भी इतिहास में जगह मिलेगी।

समिति की रिपोर्ट के मुताबिक, NCERT और SCERT को स्कूल के पाठ्यक्रमों में वेदों और प्राचीन भारतीय ज्ञान को शामिल किया जाना चाहिए। इसके साथ ही नालंदा, विक्रमशिला और तक्षशिला जैसे भारतीय विश्वविद्यालयों में अपनाई गई शिक्षा पद्धतियों का अध्ययन किया जाना चाहिए और उन्हें शिक्षकों के लिए मॉडल के तौर पर पेश करने के लिए उसमें बदलाव किया जाना चाहिए।

इस रिपोर्ट में समिति के कुछ ऐसे अवलोकन को भी शामिल किया गया है, जिससे पता चलता है कि भारतीय स्वाधीनता संग्राम के कई ऐतिहासिक आँकड़ों और स्वतंत्रता सेनानियों को गलत तरीके से चित्रित किया गया है। समिति ने NCERT को सुझाव दिया है कि वो इतिहास की किताबों के लेखन के नियमों की समीक्षा करे, ताकि इतिहास की किताबों में विभिन्न युगों, कालों और घटनाओं को महत्व दिया जा सके।

रिपोर्ट के में कहा गया है, “ये देखा गया है कि स्कूली किताबों में विक्रमादित्य, चोल, चालुक्य, विजयनगर, गोंडवाना या त्रावनकोर और उत्तर-पूर्व के अहोम जैसे कुछ महान भारतीय साम्राज्यों को पर्याप्त स्थान नहीं दिया गया है। विश्व के पटल पर भारत की स्थिति को स्पष्ट करने के इनके योगदान को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है।” समिति ने यह भी पाया कि भारतीय पाठ्यपुस्तकों में महिलाओं के योगदान को कमतर आँका गया है। इसीलिए पाठ्यक्रमों में महाश्वेता देवी, कल्पना चावला, कमलादेवी चट्टोपाध्याय, कित्तूर चेन्नम्मा, एम एस सुब्बुलक्ष्मी, और सावित्रीबाई फुले जैसी प्रमुख महिलाओं के योगदान को भी शामिल करने की सिफारिश की गई है।

हाल ही में 26 नवंबर को की गई एक अन्य सिफारिश कहा गया है कि किताबों को पक्षपात से रहित होना चाहिए। साथ ही इन्हें राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देने के अलावा संविधान में निहित मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता पैदा करने वाला होना चाहिए। देश के नायकों के बारे में गैर-ऐतिहासिक तथ्यों और विकृतियों को हटाने, महिलाओं की उपलब्धि पर प्रकाश डालने पर जोर देने के साथ ही संसदीय समिति स्कूली पाठ्यपुस्तकों में संशोधन करने के लिए एक रिपोर्ट पर काम शुरू कर चुकी है।

इस बीच भारतीय इतिहास कॉन्ग्रेस (IHC) ने समिति का विरोध करते हुए कहा है कि समीक्षा आवश्यक है, लेकिन इसे देश के मान्यता प्राप्त विद्वानों को शामिल करके किया जाना चाहिए।

NCERT ने इस्लामिक आक्रमणकारियों को दिया अधिक महत्व

इस मामले में ऑपइंडिया पहले ही बता चुका है कि शिक्षा पर संसदीय समिति के समक्ष जुलाई 2021 में पेश की गई एक प्रतिष्ठित थिंक टैंक की शोध रिपोर्ट में कहा गया है कि राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) द्वारा प्रकाशित इतिहास की पाठ्यपुस्तकें और केरल सरकार द्वारा जारी पाठ्यपुस्तकों में मुगल शासकों और जाति के मुद्दों पर अधिक जोर है, जबकि हिंदू राजाओं, भारतीय संतों, समाज सुधारकों आदि की उपलब्धियों का बहुत ही कम उल्लेख किया जाता है।

‘मुझे वायरस का वेरिएंट समझ रहे’: मुनव्वर फारुकी के बाद अब बेंगलुरु में कुणाल कामरा के सभी कॉमेडी शो रद्द हुए, कहा – मिली थी धमकी

कॉमेडियन कुणाल कामरा के अगले 20 दिनों में बेंगलुरु में होने वाले सभी शो रद्द कर दिए गए हैं। कामरा ने बुधवार (1 दिसंबर 2021) को इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट लिखकर यह जानकारी दी। कुणाल कामरा ने लिखा, “हैलो बेंगलुरु के लोगों। मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि आने वाले 20 दिनों में बेंगलुरु में होने वाले मेरे सभी शो रद्द कर दिए गए हैं।”

उन्होंने आगे लिखा, “शो को दो कारणों से रद्द किया गया है। पहला कि हमें वेन्यू पर 45 लोगों को बैठाने की अनुमति नहीं मिली, जबकि इस वेन्यू पर ज्यादा लोगों की बैठने की जगह है। दूसरा, मेरा शो होने पर वेन्यू को बंद करवा देने की धमकी दी गई है। यह भी कोविड प्रोटोकॉल और नई गाइडलाइंस का हिस्सा है। मुझे लगता है मुझे वायरस के वेरिएंट की तरह देखा जा रहा है।”

कामरा ने ट्विटर पर लिखा, “ट्विटर पर उन लोगों के लिए जो सोच रहे हैं कि एक कामरा कैसे परफॉर्म कर सकता है, जबकि एक फारूकी को कॉमेडी छोड़नी पड़ी। उन लोगों के जवाब के रूप में काम करना चाहिए। ये वहीं हैं जिन्होंने सवाल किया था कि उनके शो को अनुमति क्यों दी जा रही थी, जबकि मुनव्वर फारूकी के शो रद्द कर दिए गए थे।”

बता दें कि बीते दिनों कथित कॉमेडियन कुणाल ने एक ट्विटर यूजर को गाली दी थी। उसने अपने साथी कॉमेडियन मुनव्वर फारुकी वाले बयान की आलोचना किए जाने पर ऐसा किया था। एक पत्रकार ने कामरा से इस सम्बन्ध में बयान माँगा था, जिसके जवाब में उन्होंने ये बयान जारी किया। हालाँकि, इस बयान में ये समझ में नहीं आया कि वो क्या बातें कर रहे हैं और क्या कहना चाहते हैं। उन्होंने दावा किया था कि बढ़ते समय के साथ उन्हें हमेशा ये महसूस होता जा रहा है कि कॉमेडियंस को हँसी की ज्यादा से ज्यादा कीमत चुकानी पड़ रही है।

‘काम नहीं करोगे और विदेश में रहोगे तो BJP को कैसे हराओगे?’: CM ममता का राहुल गाँधी पर निशाना, शरद पवार से की मुलाकात

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कॉन्ग्रेस नेता राहुल गाँधी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कोई व्यक्ति कुछ काम ही न करे और विदेश में ही रहे तो फिर कैसे काम चलेगा? उन्होंने इशारों ही इशारों में राहुल गाँधी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब आप फील्ड में ही नहीं रहोगे तो भारतीय जनता पार्टी आपको क्लीन बोल्ड कर देगी। वहीं उन्होंने ये भी कहा कि अगर आप मैदान में रहेंगे तो भाजपा हार जाएगी। असल में TMC सुप्रीमो से सवाल पूछा गया था कि वो कॉन्ग्रेस से क्यों लड़ रही हैं?

इस पर उन्होंने जवाब दिया कि जब लेफ्ट और कॉन्ग्रेस पश्चिम बंगाल में उनके खिलाफ चुनाव लड़ सकते हैं तो क्या वो उनके खिलाफ नहीं लड़ सकतीं? मुंबई में एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि भाजपा को हराने के लिए हमें इस लड़ाई को लड़ना ही पड़ेगा। पश्चिम बंगाल को उन्होंने एक शांतिपूर्ण राज्य बताते हुए यहाँ रोज वीडियोज सर्कुलेट किए जा रहे हैं। उन्होंने खुद को जमीनी नेता बताते हुए कहा कि वो ग्रासरूट स्तर से आती हैं और जब तक जीवित हैं, अपनी लड़ाई लड़ती रहेंगी।

ममता बनर्जी ने कहा, “हम महाराष्ट्र में नहीं आ रहे हैं। जहाँ पर भी क्षेत्रीय पार्टियां अच्छा काम कर रही हैं, वहाँ हम नहीं जाएँगे। इसकी जगह हम अपने क्षेत्रीय साथियों का हौसला बढ़ाएँगे और उनके साथ रहेंगे। ममता ने कहा कि हमारे बंगाल में सब कुछ ठीक है लेकिन हमें बंगाल से बाहर निकलना पड़ेगा हमारे आने से प्रतियोगिता भी बढ़ेगी। हमने कॉन्ग्रेस से यह माँग की थी कि एक विशेषज्ञ समिति का गठन किया जाए, जो हमारा मार्गदर्शन करे और यह बताए कि क्या करना है।”

ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि कॉन्ग्रेस ने हमारी बातों पर ध्यान नहीं दिया। ममता बनर्जी ने पूरे देश में एक सिविल सोसाइटी के गठन पर जोर देते हुए दावा किया कि अगर सारी क्षेत्रीय पार्टियाँ एक साथ आ जाएँ तो भाजपा को जाना ही पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि जाते-जाते भाजपा सब कुछ बेच कर जाएगी। बता दें कि ममता बनर्जी ने आक्रामक रुख अपनाते हुए अन्य दलों के कई नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल किया है और अब उनकी नजर गोवा और बिहार पर है। उन्होंने आज शरद पवार से भी मुलाकात की।

‘हमारे पास किसानों की मौत का कोई रिकॉर्ड नहीं है, ऐसे में मुआवजा देने का सवाल ही नहीं उठता’: लोकसभा में बोले कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर

केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने बुधवार (1 दिसंबर 2021) को कृषि कानूनों के विरोध के दौरान किसानों की मौत पर उनके परिजनों को मुआवजा देने इनकार किया है। लोकसभा में पूछे गए एक सवाल के जवाब में तोमर ने कहा कि कृषि मंत्रालय के पास मृतक किसानों का कोई रिकॉर्ड नहीं है, इसलिए उन्हें आर्थिक सहायता देने का कोई सवाल ही नहीं उठता। लोकसभा में केंद्र सरकार से सवाल किया गया था कि मृतक किसानों के परिजनों को वित्तीय सहायता दिए जाने का कोई प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है या नहीं? इस पर केंद्र की ओर से कृषि मंत्री ने संसद में जवाब दिया।

दरअसल, किसान नेता कृषि बिलों के प्रदर्शन के दौरान किसानों की मौत के बाद उनके परिजनों के लिए मुआवजे की माँग लंबे समय से कर रहे हैं। किसान नेताओं का दावा है कि सिंघु, टीकरी और गाजीपुर बॉर्डर पर कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने वाले 700 से ज्यादा किसान अपनी जान गँवा चुके हैं। हालाँकि, मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि ये मौतें मुख्य रूप से मौसम की मार, गंदगी के कारण होने वाली बीमारियों और आत्महत्या के कारण हुई हैं।

दूसरी ओर, खबर है कि दिल्ली के सिंघु बॉर्डर पर किसानों की बैठक रद्द हो गई है। संसद सत्र में कृषि कानून वापस होने के बाद नई रणनीति को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक होनी थी। वहीं, किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि जब तक सरकार किसानों की माँगे नहीं मानती, आंदोलन जारी रहेगा।

बता दें कि नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा तीनों कृषि कानून वापस लेने के बावजूद भी संयुक्त किसान मोर्चा का आंदोलन जारी है। मोर्चा के नेताओं का कहना है कि यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक सरकार एमएसपी पर कानून बनाने की उनकी माँग को मान नहीं लेती है। इसके अलावा, संगठन के नेता प्रदर्शन के दौरान किसानों पर दर्ज हुए केस वापस लेने और प्रदर्शन में मरने वाले किसानों के परिवारों को मुआवजा देने की माँग भी कर रहे हैं।

मुकेश अंबानी की एंटीलिया में हिरोइन को लगती रही ठंड, कहने पर भी AC का टेंपरेचर नहीं बढ़ाया: मार्बल-फूल के हिसाब से कूलिंग

क्या आपने कभी सुना था कि फूल और पत्थरों के लिए भी एसी लगाया जाता है? शायद नहीं… मगर देश के सबसे बड़े बिजनेसमैन एवं रिलायंस इंडस्ट्री के मालिक मुकेश अंबानी और नीता अंबानी के घर एंटीलिया में ऐसा होता है। यह दिलचस्प खुलासा किया है अभिनेत्री श्रेया धनवंतरी ने। श्रेया धनवंतरी ‘द फैमिली मैन’, ‘स्कैम 1992’ जैसी कई वेब सीरीज से लोगों के बीच अपनी पहचान बना चुकी हैं।

दरअसल श्रेया, मुकेश अंबानी के घर पर एक इवेंट के लिए गई थीं। इस प्रोग्राम में अमिताभ बच्चन भी मौजूद थे। श्रेया ने बताया कि जब वह एंटीलिया में थी तो उन्हें काफी ठंड लग रही थीं। उन्होंने एसी का टेम्परेचर बढ़वाने की कोशिश भी की लेकिन जो जवाब मिला उसे सुन कर उन्हें वापस लौटना पड़ा। श्रेया ने बताया कि वह हैरानी में थीं कि लोगों की लाइफस्टाइल ऐसी भी हो सकती है जिसकी वह कल्पना तक नहीं कर सकतीं।

मुकेश अंबानी का नाम दुनिया के सबसे अमीर लोगों में शामिल है। उनकी लाइफस्टाइल के बारे जानने की उत्सुकता कई लोगों को रहती है। मॉडल- ऐक्ट्रेस श्रेया ने ‘The Love Laugh Live Show’ के दौरान एक इंट्रेस्टिंग बात बताई। उन्होंने बताया कि वह कुछ साल पहले मुकेश अंबानी के घर गई थीं। 

उन्होंने बताया, “अबु जानी और संदीप खोसला इंडस्ट्री में 10 साल पूरे होने का सेलिब्रेशन कर रहे थे। उनकी एक किताब भी रिलीज हो रही थीं। इवेंट में 50 मॉडल्स को बुलाया था जिन्होंने इतने साल में उनके डिजाइन किए कपड़े पहने थे। मैं उन 50 में से एक थी। तो हम वहाँ थे और अमिताभ बच्चन शो स्टॉपर थे। उनसे बात करके बहुत मजा आया था।”

श्रेया ने बताया कि उन्हें बहुत ठंड लग रही थी। वह बताती हैं, “मैं अंदर आई, मैंने ज्यादा कपड़े नहीं पहने थे। वहाँ पर फ्लोर मैनेजर्स थीं तो मैंने उनके पास जाकर कहा, क्या हम थोड़ा सा टेम्परेचर बढ़ा सकते हैं? इस पर उन्होंने जवाब दिया, मैम, सॉरी लेकिन फूल और यहाँ लगे मार्बल को एक निश्चित तापमान की जरूरत होती है। मैंने जवाब दिया, फिर ठीक है कोई बात नहीं और मैं वापस चली आई।”

श्रेया ने बताया, “मुझे इससे दिक्कत नहीं हुई क्योंकि मुझे बहुत इंट्रेस्टिंग लगता है जब मैं ऐसे लोगों से मिलती हूँ, जो ऐसी जिंदगी जीते या चीजें करते हैं जो मैं सोच भी नहीं सकती।”  श्रेया ने इमरान हाशमी के साथ ‘Why Cheat India’ से बॉलीवुड डेब्यू किया था। उन्होंने मिस इंडिया 2008 कॉन्टेस्ट में हिस्सा लिया था और मॉडल के तौर पर काम किया। 

उल्लेखनीय है कि जब बात विश्व की सबसे खूबसूरत इमारतों और घरों की होती है तो उसमें एक नाम देश के सबसे बड़े बिजनेसमैन एवं रिलायंस इंडस्ट्री के मालिक मुकेश अंबानी और नीता अंबानी के घर एंटीलिया का भी आता है। शानो-शौकत से भरपूर अंबानी का घर बाहर से जितना आलीशान नजर आता है, अंदर से भी उतना ही खूबसूरत है। दक्षिण मुंबई के सबसे महँगे और पॉश इलाके में स्थित एंटीलिया को दुनिया के सबसे महँगे प्राइवेट घरों में से एक बताया जाता है।