Home Blog Page 5732

एक ही कमरे में 2 पत्नियों की हत्या, पति जमशेद आलम बच्चे के साथ फरार

साउथ ईस्ट दिल्ली के जैतपुर के सौरव विहार में डबल मर्डर की घटना सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई है। एक ही घर में दो महिलाओं के शव बरामद होने से आसपास के लोग दहशत में हैं। दरअसल सौरभ विहार की गली नंबर 7 के एक घर में जमशेद आलम नाम का एक व्यक्ति अपनी दो पत्नियों और एक बेटे के साथ रहता था। बेटे की उम्र 10 साल है।

जमशेद आलम अपनी पत्नियों और बेटे के साथ पिछले दो-तीन महीने से यहाँ एक किराए के घर में रहता था। आसपास के लोगों ने बताया कि जमशेद आलम के परिवार को आखिरी बार बुधवार (जून 27, 2019) को देखा था। बृहस्पतिवार सुबह कमरे से जब बदबू आने लगी तो पड़ोसियों की सूचना पर पहुँची पुलिस ने देखा कि अंदर लाशें पड़ी हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जाँच शुरू कर दी है।

पुलिस ने अनुसार, 42 साल का जमशेद आलम करीब 1 महीने पहले जैतपुर की सौरभ विहार कॉलोनी में एक कमरे में किराए पर रहने आया था। उसके साथ एक ही कमरे में एक 40 साल और 31 साल की, 2 महिलाएँ रहती थीं। एक महिला से 10 साल का बेटा भी था। आज सुबह 11:10 पर पुलिस को जानकारी दी गई कि एक कमरे से बहुत तेज बदबू आ रही है और वहाँ दो लाशें पड़ी हैं।

पुलिस ने मौके पर पहुँचकर कमरे का ताला तोड़ा और दोनों महिलाओं की डेड बॉडी रिकवर करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दी। दोनों महिलाओं की कपड़े से गला दबाकर हत्या की गई है, उनके हाथ-पाँव भी बंधे हुए थे। और उनका पति जमशेद आलम अपने 10 साल के बेटे को लेकर फरार है। जमशेद बुधवार दोपहर तक उसी एरिया में देखा गया था। पुलिस को शक है कि पति ने ही वारदात को अंजाम दिया है। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और जमशेद आलम की तलाश जारी है

पड़ोसियों का कहना है कि वो लोग पड़ोसियों से ज्यादा बात नहीं करते थे, अक्सर कमरे में ही बंद रहते थे। 10 साल का बेटा दोनों महिलाओं को अपने पिता की बीवी बताता था।

‘मैं ही ले लेता हूँ हार की जिम्मेदारी, लेकिन राहुल को रहने दो अध्यक्ष’: कॉन्ग्रेस का बकरा

लोकसभा चुनाव में हुई कराई हार के बाद से कॉन्ग्रेस के अंदरूनी रुझान सामने आने लगे हैं। लेकिन लगता है कॉन्ग्रेस की अब इस हार की जिम्मेदारी किसी एक के सर फोड़ने की तलाश पूरी होने ही वाली है। हार के बाद किसी भी राज्य के मुख्यमंत्री या फिर किसी भी राज्य के अध्यक्ष द्वारा जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा न देने की वजह से राहुल गाँधी विशेषतौर पर दुखी चल रहे हैं।

कॉन्ग्रेस अध्यक्ष राहुल गाँधी की दिल्ली में कॉन्ग्रेस नेताओं के साथ बैठक के बाद आखिरकार मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ लोकसभा चुनाव में कॉन्ग्रेस की हार की जिम्मेदारी लेने के लिए तैयार हो चुके हैं। उन्होंने कहा है कि, “मैं इस हार के लिए जिम्मेदार हूँ।”

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कमलनाथ ने कहा, “कॉन्ग्रेस अध्यक्ष राहुल गाँधी ने सही कहा है। मैं नहीं जानता कि कॉन्ग्रेस की इस हार के लिए कौन जिम्मेदार है, लेकिन मैंने पहले इस्तीफे की पेशकश की थी। हाँ, मैं हार का जिम्मेदार हूँ। मुझे दूसरे नेताओं के बारे में पता नहीं है।”

जब कमलनाथ से कॉन्ग्रेस अध्यक्ष राहुल गाँधी के इस्तीफा देने पर अड़े रहने का सवाल पूछा गया तब उन्होंने जवाब देते हुए कहा, “कॉन्ग्रेस अध्यक्ष पद के लिए राहुल गाँधी सही व्यक्ति हैं।” और जब कमलनाथ से यह पूछा गया कि राहुल गाँधी के बाद कॉन्ग्रेस पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष कौन बनेगा? तब उन्होंने जवाब दिया कि इस बात की जानकारी उन्हें नहीं है।

लोकसभा चुनाव 2019 में कॉन्ग्रेस के हार के बाद राहुल गाँधी ने इस्तीफे की पेशकश कर दी थी, लेकिन पार्टी ने उनके इस्तीफे को अस्वीकार कर दिया। इसके बाद राहुल गाँधी ने कहा कि उन्हें इसी बात का दुख है कि उनके इस्तीफे की बात के बाद भी किसी मुख्यमंत्री, महासचिव या प्रदेश अध्यक्षों ने हार की जिम्मेदारी लेकर इस्तीफा नहीं दिया।

हरियाणा चुनाव में योगेंद्र यादव बजाएँगे ‘सीटी’, जानिए आखिर क्यों आई ऐसी नौबत

‘स्वराज इंडिया’ के संयोजक योगेंद्र यादव ने अपनी राजनीतिक पार्टी का ऐलान कर दिया है। 2019 लोकसभा चुनाव में मोदी सरकार को जिताने वालों का कॉलर पकड़कर उन्हें झकझोरने की बात करने वाले योगेंद्र यादव की नई पार्टी का चुनाव चिन्ह ‘सीटी’ है।

इसकी जानकारी अपने ट्विटर एकाउंट से देते हुए योगेंद्र यादव ने कहा, “हम हरियाणा के सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। हम मुख्यधारा की राजनीतिक दलों के एक विकल्प के रूप में उभरेंगे। हमारा फोकस युवाओं, किसानों और महिलाओं पर होगा।”

इसके साथ ही योगेंद्र यादव ने बताया कि स्वराज इंडिया कोई नई पार्टी नहीं बनाई है बल्कि स्वराज इंडिया अक्टूबर 2016 से रजिस्टर्ड पार्टी है।

एक समय आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल के करीबी रह चुके योगेंद्र यादव के इस ऐलान के साथ ही देश को एक और राजनीतिक पार्टी मिल गई है। उनकी पार्टी अपना पहला चुनाव हरियाणा में लड़ेगी। हरियाणा में इस साल विधानसभा चुनाव हो सकता है।

मशहूर बॉलीवुड अभिनेत्री ने आदित्य पंचोली पर लगाया बलात्कार का आरोप, FIR दर्ज

मुंबई के वर्सोवा पुलिस स्टेशन में अभिनेता-निर्माता आदित्य पंचोली के ख़िलाफ़ एक बलात्कार का मामला दर्ज किया गया है। मुंबई पुलिस ने वर्सोवा पुलिस स्टेशन में बॉलीवुड की एक मशहूर अभिनेत्री की शिकायत के आधार पर अभिनेता पर बलात्कार का मामला दर्ज किया।

कथित तौर पर, अभिनेत्री ने कहा था कि आदित्य पंचोली ने 17 साल की उम्र में उसके साथ रेप किया था और यह भी दावा किया था कि वह पुलिस के पास गई थी जब यह घटना घटी थी, लेकिन आदित्य को मात्र एक चेतावनी देकर छोड़ दिया था। बॉलीवुड में आदित्य पंचोली को 2015 में संजय लीला भंसाली की फ़िल्म ‘बाजीराव मस्तानी’ में देखा गया था।

वर्सोवा पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की सीआर नंबर 198/2019 U/s 376, 328, 384, 341, 342, 323, 506 के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं, आदित्य पंचोली ने ख़ुद पर लगे सभी आरोपों का खंडन किया है।

हालाँकि, पुलिस ने कहा कि इस मामले को साबित करना मुश्किल होगा और सबूत इकट्ठा करना भी मुश्किल होगा क्योंकि मामला लगभग 10 साल पुराना है। FIR दर्ज कर ली गई है और जाँच शुरू कर दी गई है।

मशहूर बॉलीवुड अभिनेत्री ने अपनी शिकायत में कहा कि आदित्य पंचोली द्वारा कई अवसरों पर उनके साथ बलात्कार किया गया। इससे पहले, अभिनेत्री ने पंचोली के ख़िलाफ़ लिखित शिक़ायत दर्ज कराई थी।

मोदी सरकार ने सिर्फ 5 स्टाफ दिया, मनमोहन को चाहिए 14: चिट्ठी लिख वाजपेयी का दिया उदाहरण

पीएमओ द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की 14 सदस्यीय स्टाफ़ को बरकरार रखने की अपील को खारिज़ करने के बाद मनमोहन सिंह ने एक बार फिर से पीएमओ को उसी उद्देश्य से पत्र लिखा है। उन्होंने फिर अपील की है कि उनके स्टाफ़ में कटौती न की जाए। लेकिन इस बार उन्होंने अपने पत्र में अटल बिहारी वाजपेयी के समय का हवाला दिया है।

न्यूज 18 की खबर के अनुसार मनमोहन सिंह ने प्रधानमंत्री से कहा है कि जब यूपीए सरकार सत्ता में थी उस समय अटल बिहारी वाजपेयी जी को पद छोड़ने के बाद भी पूरा स्टाफ़ मुहैया करवाया गया था, जिसे बाद में उनकी बताई जरूरतों के हिसाब से घटाकर 12 कर दिया गया था। लेकिन उनके केस में वैसा ही व्यवहार नहीं किया जा रहा है।

हालाँकि, मनमोहन सिंह की इस ताजा अपील पर पीएमओ से प्रतिक्रिया आनी अभी बाकी है। बता दें कि ऐसा पहली बार हुआ है कि पूर्व प्रधानमंत्री के स्टाफ में नियमों से हटकर कटौती की जा रही है।

खबरों के मुताबिक पूर्व पीएम ने 2 फरवरी को प्रधान सचिव को एक चिट्ठी लिखी थी, जिसमें उनके ऑफिस स्टाफ का कार्यकाल 5 साल और बढ़ाने की गुजारिश की गई थी, इसके बाद उन्होंने इसी सिलसिले में 18 मार्च को भी चिट्ठी लिखी, लेकिन नरेंद्र मोदी के दोबारा शपथ ग्रहण समारोह से 4 दिन पहले 26 मई को मनमोहन सिंह को इस बात की जानकारी दी गई कि उनके कर्मचारियों की संख्या को पाँच तक सीमित कर दिया गया है, जिसमें 2 पर्सनल असिस्टेंट, 1 लोअर डिवीजन क्लर्क और 2 चपरासी शामिल हैं।

गौरतलब है पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव (1991-1996) के कार्यकाल के दौरान यह फैसला लिया गया था कि सभी पूर्व प्रधानमंत्री पद छोड़ने के बाद 5 साल के लिए कैबिनेट मंत्री के बराबर लाभ के हकदार होंगे। इन सुविधाओं में एक 14-सदस्यीय स्टाफ, मुफ्त कार्यालय व्यय, चिकित्सा सुविधाएँ, 6 फैमिली एग्जिक्यूटिव क्लास एयर टिकट और एक वर्ष के लिए एसपीजी कवर शामिल हैं।

Fact Check: ‘फ्री मेट्रो राइड’ का प्रस्ताव केंद्र ने नहीं किया खारिज, मीडिया बना रही आपको बेवकूफ

आज संसद के निचले सदन की कार्यवाही में, TMC की सौगत रॉय द्वारा उठाए गए एक प्रश्न का जवाब देते हुए, आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय के लिए राज्य मंत्री, हरदीप सिंह पुरी ने जवाब दिया कि भारत की केंद्र सरकार दिल्ली सरकार द्वारा दिल्ली मेट्रो में महिलाओं को ‘फ्री राइड’ पर कोई प्रस्ताव प्राप्त नहीं हुआ है।

हालाँकि, कई मीडिया आउटलेट्स ने इस मामले के बारे में गलत खबरें फैलानी शुरू कर दीं कि केंद्र सरकार ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के दिल्ली मेट्रो में महिलाओं को मुफ्त सवारी देने के विचार को खारिज कर दिया था।

रिपब्लिक टीवी ने भी एक रिपोर्ट प्रकाशित की थी जिसमें कहा गया था कि केंद्र सरकार ने दिल्ली में फ्री मेट्रो राइड की पेशकश करने वाली AAP सरकार के प्रस्ताव को खारिज कर दिया है।

टाइम्स नाउ के एक लेख में भी छापा गया है कि केंद्र की भाजपा सरकार ने AAP सरकार की महिलाओं के लिए फ्री मेट्रो राइड को अस्वीकार कर दिया है।

एक अन्य समाचार आउटलेट, ज़ी न्यूज़ ने भी ऐसी ही लाइन पर एक लेख प्रकाशित किया। रिपोर्ट में कहा गया है कि केंद्र सरकार ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल द्वारा महिलाओं के लिए दिल्ली मेट्रो की सवारी को मुफ्त बनाने के प्रस्ताव को खारिज कर दिया है।

उपर्युक्त कई मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि केंद्र सरकार ने दिल्ली मेट्रो में महिलाओं को ‘फ्री मेट्रो राइड’ देने की योजना को अस्वीकार कर दिया है। जबकि, वास्तव में, केंद्र के समक्ष केजरीवाल द्वारा ऐसा कोई प्रस्ताव भेजा ही नहीं गया था।

संसद में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि दिल्ली मेट्रो में दिल्ली सरकार से महिलाओं को ‘फ्री मेट्रो राइड’ का कोई प्रस्ताव नहीं मिला है। फिर भी, प्रमुख समाचार संगठनों द्वारा “केंद्र सरकार ने ख़ारिज/अस्वीकार या रिजेक्ट की केजरीवाल सरकार की महिलाओं के लिए ‘फ्री मेट्रो राइड’ योजना” इस तरह की भ्रामक और फेक रिपोर्ट प्रकाशित की गई।

हालाँकि, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज कहा कि उनकी सरकार को महिलाओं के लिए ‘फ्री मेट्रो राइड’ को लागू करने के लिए केंद्र सरकार को कोई प्रस्ताव भेजने की आवश्यकता नहीं है।

साथ ही, केजरीवाल ने फिर से दिल्ली में महिलाओं के लिए फ्री मेट्रो राइड देने का अपना वादा दोहराया है।

वर्ल्ड कप 2019: इंग्लैंड को पछाड़कर टीम इंडिया ODI में बनी नंबर वन

विराट कोहली की कप्तानी वाली भारतीय क्रिकेट टीम अब आईसीसी की (पुरुष क्रिकेट) वनडे रैंकिंग में दुनिया की नंबर वन टीम बन गई है। आईसीसी की ताज़ा रैंकिंग में टीम इंडिया 123 अंकों के साथ वनडे की नंबर वन टीम बन गई है। ऑस्ट्रेलिया के हाथों मंगलवार को मिली हार से मेज़बान इंग्लैंड को नुक़सान हुआ है और वो 121 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गई है।

भारत और इंग्लैंड 30 जून को बर्मिंघम में खेलने वाले हैं। यह मैच न केवल एक महत्वपूर्ण लीग मैच साबित हो सकता है, बल्कि इस मैच से यह बात भी स्पष्ट हो जाएगी कि वनडे रैंकिंग में कौन-सी टीम टॉप पर रहेगी।

अगर भारतीय टीम, वेस्टइंडीज़ को हराने के बाद इंग्लैंड को भी हरा देती है तो वो 124 अंक पर पहुँच जाएगी, जबकि इंग्लैंड की टीम 121 अंक पर रहेगी। वहीं, दूसरी तरफ़, अगर इंग्लैंड की टीम जीत जाती है, तो वो 123 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर वापस आ जाएगी और भारतीय टीम उससे एक क़दम पिछड़कर दूसरे पायदान पर आ जाएगी।

अगर भारतीय टीम, वेस्टइंडीज से हार जाती है, लेकिन इंग्लैंड को हरा देती है, तो वो 122 अंकों के साथ इंग्लैंड के 121 अंकों से आगे रहते हुए पहले पायदान पर बनी रहेगी। अगर भारतीय टीम वेस्टइंडीज से हारने के बाद इंग्लैंड से भी हार जाती है तो, इंग्लैंड की टीम तीन अंकों की बढ़त के साथ टॉप पर पहुँच जाएगी। तब इंग्लैंड के 123 और भारत के 120 अंक होंगे।

आज के मैच की बात करें तो भारतीय कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीता और मैनचेस्टर में पहले बल्लेबाज़ी करने का फैसला लिया।

निकाह-हलाला बलात्कार है, इसे भी करें बैन: दिल्ली महिला आयोग की PM मोदी से माँग

निकाह-हलाला और बहु-विवाह (एक से अधिक पत्नी रखने की परम्परा) को लेकर दिल्ली महिला आयोग (DCW) की चेयरमैन स्वाति मालीवाल ने प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर माँग की है कि ट्रिपल तलाक बिल में संशोधन करके हलाला और बहुविवाह को शामिल किया जाए।

स्वाति मालीवाल ने कहा है कि निकाह हलाला और बलात्कार में कोई अंतर नहीं है। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष ने ट्वीट करते हुए कहा-

“निकाह हालाला और बहुविवाह बहुत ही शर्मनाक और अमानवीय सामाजिक कुरीतियाँ हैं। PM नरेंद्र मोदी जी से निवेदन है कि तीन तलाक़ क़ानून में संशोधन कर के निकाह, हलाला और बहु-विवाह को भी प्रतिबंधित करें। निकाह हलाला बलात्कार है। इसको सरकार किसी हाल में मान्यता ना दे।”

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने ट्रिपल तलाक बिल के संसद से पास होने की उम्मीद जताई है। उनका कहना है कि संसद निकाह-हलाला को भी बैन करें, यह अमानवीय और जघन्य हैं।

क्या है निकाह हलाला और खुला?

इस्लाम में निकाह मुता वो तरीका है, जिसमें लड़का-लड़की तय समय के लिए शादी करते हैं। इसमें मेहर की रकम भी होती है। समय की मियाद पूरी होने पर शादी खत्म मान ली जाती है, लेकिन इसे आपसी सहमति से आगे भी बढ़ाया जा सकता है। इस तरह से यह एक तरीके की ‘कॉन्ट्रैक्ट मैरेज’ होती है।

वहीं, समुदाय विशेष में एक बार तलाक हो जाए, तो पत्नी को दोबारा पाने के लिए यही एक तरीका बचता है। पत्नी को दोबारा हासिल करने के लिए और उससे निकाह करने के लिए उसकी पत्नी को किसी दूसरे मर्द से निकाह करना होता है और शारीरिक संबंध बनाने होते हैं। फिर यदि वो ‘खुला‘ या तलाक़ के ज़रिए अलग हो जाते हैं, तो वो अपने पहले पति से दोबारा शादी कर सकती है, इसे हलाला कहते हैं।

मुस्लिम महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए मोदी सरकार ट्रिपल तलाक बिल को लेकर गंभीर है

मोदी सरकार ट्रिपल तलाक बिल को कानून बनाने के लिए लगातार कोशिश कर रही है। यही वजह रही कि मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के पहले संसद सत्र में इस बिल को पेश किया गया। पिछली बार ट्रिपल तलाक बिल दिसंबर में लोकसभा में पास हुआ था, लेकिन उस वक्त यह बिल राज्यसभा में पास होने में असफल रहा था। वहीं, इस बिल का एआईएमआईएम चीफ ओवैसी ने विरोध किया है।

बॉम्बे HC ने मराठा आरक्षण को बताया जायज़, लेकिन घटाना होगा प्रतिशत

बॉम्बे हाईकोर्ट ने महाराष्ट्र सरकार द्वारा मराठाओं को दिए गए आरक्षण को हरी झंडी दे दी है, लेकिन उसे घटाकर शिक्षण संस्थानों में 12% तथा सरकारी नौकरियों में 13% करने के लिए कहा है। कोर्ट ने महाराष्ट्र में सरकारी नौकरियों और शिक्षा में मराठा समुदाय के लिए आरक्षण की वैधता को बरकरार रखते हुए कहा कि मराठा आरक्षण को 16% से घटाकर 12 या 13% करना चाहिए।

बॉम्बे हाईकोर्ट ने तर्क देते हुए कहा कि सवर्णों को दिया जाने वाला आरक्षण 16% नहीं होना चाहिए, लेकिन पिछड़ा आयोग की ओर से प्रस्तावित 12 से 13% आरक्षण दिया जा सकता है।

पिछले साल 30 नवंबर को महाराष्ट्र विधानसभा ने सामाजिक और शैक्षणिक रूप से पिछड़े वर्ग (एसईबीसी) श्रेणी के तहत मराठों के लिए शिक्षा और सरकारी नौकरियों में 16% आरक्षण का प्रस्ताव पारित किया था। आरक्षण को चुनौती देते हुए उच्च न्यायालय में कई याचिकाएँ दायर की गई थीं, जबकि कुछ अन्य कोटे के समर्थन में दायर की गईं। सरकार ने अपने फैसले का बचाव करते हुए कहा था कि आरक्षण केवल मराठा समुदाय के उन लोगों को दिया गया जो लंबे समय से उपेक्षित हैं।

महाराष्ट्र में पिछली कॉन्ग्रेस-राष्ट्रवादी कॉन्ग्रेस पार्टी की सरकार ने भी इसकी प्रकार से 16% आरक्षण का प्रस्ताव दिया था, जिस पर बॉम्बे उच्च न्यायालय ने रोक लगा दी थी।

ISIS के नाम पर फर्जी कॉल करने वाले उवैस सईद को पुलिस ने किया गिरफ्तार

अहमदाबाद में करनज पुलिस ने मंगलवार (जून 25, 2019) को एक 32 वर्षीय व्यक्ति को ISIS के नाम से फर्जी कॉल करने पर गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक करनज निवासी मोहम्मद उवैस सईद ने अपने घर के नंबर से पुलिस को फोन करके जानकारी दी थी कि युसूफ पठान नाम का व्यक्ति रथ यात्रा के रास्ते का मुआएना करता देखा गया है और हो सकता है वह तीन दिन के भीतर हमला करे। सईद का कहना था कि युसूफ लाल दरवाजे के पास खड़ा था और हाल ही में उसने पाकिस्तान का भी दौरा किया है।

हालाँकि, मामले में जाँच के बाद पुलिस ने पाया कि आईएसआईएस की लगातार खबरों को पढ़ने से सईद का दिमागी संतुलन बिगड़ गया है, इसलिए उसने पुलिस को इस तरह की कॉल की। पुलिस ने सईद के पास से आईएसआईएस से जुड़ी 250 खबरों की कतरनों को भी बरामद किया है

खबरों के मुताबिक सईद के इस कॉल के बाद पुलिस ने उसका पता लगाया और उसके द्वारा दी गई जानकारी की प्रमाणिकता की जाँच की, लेकिन पूछताछ में सईद पुलिस के किसी भी प्रश्न का जवाब देने में असमर्थ दिखा। साथ ही पुलिस के कहने पर वह पठान की पहचान कर पाने में भी असफल रहा।

पुलिस के मुताबिक, जब उन्होंने सईद को पकड़ा तो उसने बताया कि उसने किसी से सुना था कि युसूफ की इलाके में किसी से लड़ाई हुई है। इसके बाद ही उसे लगा कि पठान जरूर आईएसआईएस से जुड़ा हुआ है। सईद का बयान लेने के बाद पुलिस ने उसके पिता और भाई को पूछताछ के लिए बुलाया, जिन्होंने बताया कि सईद सनकी है और वह कुछ भी कल्पना कर सकता है।

अपनी जाँच के बाद करनज पुलिस थाने के इंस्पेक्टर फैज़ नायाब ने कहा, “सईद ISIS की बहुत खबरों को पढ़ता था, जिसके कारण उसे हर जगह आतंकी हमला होने का शक होने लगा।”