Home Blog Page 1119

मुनव्वर फारूकी के गले लगने पर यूट्यूबर मैक्सटर्न ने एल्विश को किया ट्रोल, बिग बॉस-2 विनर ने दोस्तों के साथ मिलकर पीटा

सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर एल्विश यादव एक बार फिर से गलत वजहों से चर्चा में हैं। एक तरफ सोशल मीडिया पर वो मुनव्वर फारूकी को गले लगकर लोगों के निशाने पर हैं, तो इसी दौरान एक यूट्यूबर से मारपीट का मामला भी तूल पकड़ रहा है। यूट्यूबर ने आरोप लगाए हैं कि एल्विश यादव और उनके 8 साथियों ने उसके साथ मारपीट की। उसने एक वीडियो पोस्ट करते ही पूरी बात रखी है, साथ ही कहा है कि अगले दिन वो पूरा वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करके एल्विश यादव के कारनामे को दुनिया के सामने लाएगा।

मामला तब शुरू हुआ जब एल्विश यादव और मुनव्वर फारूकी एक साथ मैदान पर उतरे। इस दौरान दोनों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। इसी दौरान स्पोर्ट्स इन्फ्लुएंसर सागर ठाकुर उर्फ मैक्सटर्न ने उन्हें ट्रोल किया। इस बीच, उन्होंने एक वीडियो एक्स पर पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने एल्विश यादव पर गंभीर आरोप लगाए।

वीडियो में यूट्यूबर सागर ठाकुर उर्फ ​​मैक्सटर्न ने कहा, “भाईसाब, जान से मारने की धमकी दे गए हैं। मैं तो अकेला था। एल्विश भाई साथ में बहुत सारे बंदे लाए थे। तो इसका मैं पूरा वीडियो सुबह जल्दी से शेयर करूँगा। सब देखो क्या हुआ। हमारे पास भी रिकॉर्डिंग है। मैं तो ठीक हूँ। बस यहाँ (होंठ की ओर इशारा करते हुए) पर चोट आई है। ये भी 8 लोगों से लड़ने के बाद आए हैं।”

दरअसल, एल्विश यादव और मुन्नवर की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। ये तस्वीरें मुंबई की हैं, जहाँ एल्विश यादव और मुनव्वर फारुकी ने 7 मार्च को इंडियन स्ट्रीट प्रीमियर लीग के एक चैरिटी क्रिकेट मैच में भाग लिया। मैच के दौरान दोनों की एक साथ फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थी। वीडियो में एल्विश यादव ने हिंदू विरोधी कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी को गले लगाता दिख रहा है। इसके बाद लोग उसे नकली हिंदू कहकर उस पर निशाना साध रहे हैं।

इस वीडियो के बाद लोगों ने सोशल मीडिया पर एल्विश पर जमकर निशाना साधा। हरीश माली ने लिखा, ”जो आदमी भगवान राम का विरोधी हो, उसके साथ कोई कैसे मुस्कुरा सकता है?” तो इसके जवाब में यश व्यास ने लिखा, “शेम ऑन एल्विश यादव, गद्दार हिंदू एल्विश यादव को हिंदुओं का गुस्सा पता चलना चाहिए। अपने आप को हिंदू बता के हिंदुओं से वोट लेकर, फेम कमाकर, पैसा कमा कर एंटी हिंदू मुनव्वर के साथ गले लगा कर हंसे वालों को औकात दिखाओ।”

इसी मामले के दौरान सागर ठाकुर और एल्विश यादव के बीच तनाव बढ़ गया। यूट्यूबर सागर ठाकुर उर्फ ​​मैक्सटर्न मे एल्विश को ट्रोल करते हुए वीडियो शेयर किया। उन्होंने कैप्शन में लिखा, ‘एलविश यादव और मुनव्वर की प्रेम कहानी।’ इसमें एल्विश गुस्से में कहते नजर आ रहे हैं, ‘हर आदमी दोगला है। अपने काम से काम रख।’

इस वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए एल्विश ने लिखा, ‘भाई तू दिल्ली ही रहता है, सोचा याद दिला दूँ।’

एल्विश यादव के ट्वीट का स्क्रीनशॉट

बता दें कि मुनव्वर फारूकी और एल्विश यादव के वीडियो के सामने आने के बाद से एल्विश यादव लगातार निशाने पर हैं। उनके खिलाफ कुछ समय पहले ही नोएडा में जहरीले सांप के जहर से पार्टी का मामला भी सामने आया था। जाँच में ये बात सामने आ चुकी है कि वो साँप का जहर ही था। हालाँकि एल्विश ने अपनी सक्रियता से इन्कार किया था।

कॉन्ग्रेस के बैंक खातों पर जारी रहेगी आयकर विभाग की कार्रवाई: पार्टी की याचिका को न्यायाधिकरण ने किया खारिज

बैंक खातों को लेकर कॉन्ग्रेस को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। आयकर अपीलीय न्यायाधिकरण (Income Tax Appellate Tribunal – ITAT) ने कॉन्ग्रेस की उस याचिका को खारिज कर दिया है, जिसमें पार्टी ने अपने बैंक खातों के खिलाफ विभाग की कार्रवाई रोकने की माँग की थी। कॉन्ग्रेस ने आयकर विभाग पर पार्टी के बैंक खाते से 65 करोड़ रुपए निकालने का आरोप लगाया है।

दरअसल, आयकर विभाग ने कॉन्ग्रेस पार्टी के बैंक खातों को सीज कर दिया था। इसके बाद पार्टी को आयकर अपीलीय न्यायाधिकरण का दरवाजा खटखटाना पड़ा था। आयकर अपीलीय न्यायाधिकरण के आदेश के बाद खाते को जब डीफ्रिज किया गया तो कॉन्ग्रेस ने आरोप लगाया कि उसके खाते से 65 करोड़ रुपए काट लिए गए हैं।

वहीं, आयकर विभाग का कहना है कि कॉन्ग्रेस पार्टी पर 115 करोड़ रुपए का कर बकाया था। वहीं, कॉन्ग्रेस ने कहा कि टैक्स रिटर्न का मामला इनकम टैक्स अपीलेट ट्रिब्यूनल में लंबित है। कॉन्ग्रेस ने आरोप लगाया कि आयकर विभाग ने गैर लोकतांत्रिक तरीके से 20 फरवरी 2024 को उसके खाते से पैसे निकाल लिए।

याचिका खारिज होने के बाद शुक्रवार (8 मार्च 2024) को कॉन्ग्रेस के वकील विवेक तन्खा ने ट्रिब्यूनल से अगले 10 दिनों तक इस आदेश को स्थगित रखे जाने की अपील की, ताकि वह दिल्ली हाई कोर्ट जा सके। हालाँकि, न्यायाधिकरण ने इस पर कहा कि उसे इस तरह का फैसला देने का अधिकार नहीं है।

इससे पहले 16 फरवरी 2024 को कॉन्ग्रेस ने आयकर विभाग पर बैंक अकाउंट फ्रीज करने का आरोप लगाया था। कॉन्ग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अजय माकन ने कहा था कि इनकम टैक्स ने यूथ कॉन्ग्रेस और कॉन्ग्रेस पार्टी से 210 करोड़ रुपए की रिकवरी मांँगी है। इसके कुछ घंटों बाद इनकम टैक्स अपीलेट ट्रिब्यूनल ने कॉन्ग्रेस के फ्रीज अकाउंट पर लगी रोक हटा दी थी।

माकन ने कहा था, “हमें जानकारी मिली थी कि बैंकों को हम जो चेक भेज रहे थे, उनका निपटारा नहीं हो पा रहा था। जाँच करने पर पता चला कि यूथ कॉन्ग्रेस का बैंक अकाउंट फ्रीज कर दिया गया है। इसके साथ ही कॉन्ग्रेस पार्टी के खाते भी बंद होने की बात सामने आई। कुल चार अकाउंट फ्रीज किए गए हैं। आयकर विभाग की तरफ से बैंकों को यह निर्देश दिया गया है कि हमारे कोई भी चेक स्वीकार न करें और हमारे खातों में जो भी राशि है उसे रिकवरी के लिए रखा जाए।”

दरअसल, साल 2019-19 में कॉन्ग्रेस ने नियत तारीख से 15-20 दिन देर से रिटर्न भरा था। यह चुनावी वर्ष था। इसके साथ ही इस साल पार्टी के 199 करोड़ रुपए खर्च हुए थे। इसमें से 14 लाख 40 हजार रुपए पार्टी के सांसद और विधायकों ने अपने वेतन का हिस्सा नकद में जमा करवाया था। नकद पैसा आने की वजह से आयकर विभाग ने कॉन्ग्रेस पर 210 करोड़ रुपए की पैनल्टी लगा दी।

आर्टिकल 370 सच्चाई पर आधारित है, इसे प्रोपगेंडा न मानें: फिल्म देखने के बाद बोले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कहा- हर कोई देखे इसे

कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने और आतंकवाद खत्म करने को लेकर बनाई गई फिल्म ‘आर्टिकल 370’ की प्रशंसा देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की है। उन्होंने लोगों से इस फिल्म को देखने की अपील भी की है और कहा कि यह फिल्म सच्चाई पर आधारित है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने स्वयं यह फिल्म देखी और कहा, “ये फिल्म तथ्यों पर आधारित है और काफी दिलचस्प है। ये फिल्म हर किसी को देखनी चाहिए। इसे प्रोपगेंडा नहीं माना जाना चाहिए। यह बात तो सच है कि अनुच्छेद 370 जम्मू-कश्मीर में हटा दिया गया है।”

यामी गौतम के मुख्य रोल वाली आर्टिकल 370 फिल्म 23 फरवरी को रिलीज की गई थी। तबसे यह फिल्म अब तक ₹60 करोड़ की कमाई कर चुकी है। यामी गौतम भी इस फिल्म को लेकर अपनी स्पष्ट राय दे चुकी हैं। उन्होंने हाल ही में कहा था कि जिसने पहले से यह सोच लिया कि यह फिल्म प्रोपेगैंडा है, उसको समझाने का कोई फायदा नहीं है।

उन्होंने कहा, “यदि कोई इसे प्रचार और प्रोपगेंडा जैसे नामों से पुकार रहा है और कोई भी वर्ग जो पहले से ही अपने पूर्वाग्रह सोचकर सिनेमाघरों में जाता है यह ऐसी ही होगी तो आप कभी फिल्म का मजा नहीं ले पाएँगे। ऐसे लोगों को फिल्म को समझाने का कोई मतलब नहीं है। मुझे नहीं लगता कि फैन्स इन चीजों के बारे में सोचते हैं। यह फिल्म देखने वालों के लिए है और हम उनके लिए ही फिल्में बनाते हैं।”

गौरतलब है कि यामी गौतम इस फिल्म में एक NIA एजेंट जूनी हक्सर बनी हुई हैं। उन्हें पीएम ऑफिस से कश्मीर में आतंकवाद और भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए भेजा जाता है। वह फिल्म में NIA टीम की मुखिया का रोल अदा करती हैं। इस फिल्म के डायरेक्टर आदित्य जम्भाले हैं।

गौरतलब है 5 अगस्त 2019 को जम्मू कश्मीर को अलग अधिकार देने वाला अनुच्छेद 370 के प्रावधान केंद्र सरकार ने खत्म कर दिए थे। इस दौरान कश्मीर में आतंकवाद को खत्म करने के लिए भी कार्रवाई हुई थी। यह फिल्म यही दिखाने का प्रयास करती है।

मैं तो तंदूरी मुर्गी हूँ यार… महिला दिवस पर बॉलीवुड के गाने का Swiggy और boAt ने किया विरोध, लोगों ने कहा- बेहतरीन शुरुआत

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च 2024) के मौके पर बड़े-बड़े संस्थान अपने ढंग से महिलाओं को इस दिन की शुभकामनाएँ देते हैं। इसी क्रम में Swiggy और boAt ने भी कुछ क्रिएटिव किया है। इन दोनों कंपनियों ने आपस में कोलैब करके बॉलीवुड के एक गाने का विरोध किया है जिसमें महिलाओं को ऑब्जेक्टिफाई करने का प्रयास हो रहा है।

गाना करीना कपूर का आइटम सॉन्ग- चिपका ले सैंया फेविकोल से है। इस गाने में एक जगह कहा जाता है- “मैं तो तंदूरी मुर्गी हूँ यार गटका ले सैंया एल्कोहॉल से…।” इसी गाने की लाइन बिलबोर्ड पर लिखकर स्विगी और बोट ने क्रिएटिव ढंग से बताया कि तंदूरी मुर्गी असल में दिखता कैसा है वो किसी लड़की के लिए नहीं कहा जाना चाहिए।

इस पोस्ट के साथ बोट और स्विगी दोनों ने अपना प्रचार तो किया ही लेकिन जो उन्होंने ये संदेश देना चाहा कि महिलाएँ कोई खाने की चीज नहीं हैं। उन्होंने लिखा- कुछ आइटम सिर्फ खाने के मेन्यू में अच्छे लगते हैं न कि प्लेलिस्ट में। इस पोस्ट को देखने के बाद वो नेटिजन्स जिन्हें ये पोस्ट समझ आ रहा है, वो स्विगी और बोट दोनों की तारीफ कर रहे हैं।

कुछ यूजर्स कह रहे हैं कि महिला दिवस पर इससे बेहतर शुरुआत नहीं हो सकती।

वहीं कुछ इसे एक छोटा कदम बता रहे हैं उस ट्रेंड के खिलाफ जो महिलाओं को ऑब्जेक्टिफाई करना दिखाता है।

बता दें कि 8 मार्च को विश्व स्तर पर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस विश्व स्तर पर बनाया जाता है। इस दिन को मानने का उद्देश्य महिलाओं को समाज में समानता सुरक्षा और बराबरी दिलवाना है। इस दिन को ख़ास बनाने की शुरुआत आज से 115 बरस पहले यानी 1908 में तब हुई थी, जब करीब पंद्रह हज़ार महिलाओं ने न्यूयॉर्क शहर में एक परेड निकाली। उनकी माँग थी कि महिलाओं के काम के घंटे कम हों। तनख़्वाह अच्छी मिले और महिलाओं को वोट डालने का हक़ भी मिले।

दिल्ली के जिम मालिक की शादी से कुछ घंटे पहले निर्मम हत्या: खुद के पिता ने 15 बार घोंपा चाकू, मारकर बोले- कोई पछतावा नहीं

दिल्ली में एक जिम के मालिक गौरव सिंघल की उनकी शादी से कुछ घंटों पहले ही चाकुओं से गोद कर हत्या कर दी गई। गौरव सिंघल को 15 बार चाकुओं से गोदा गया। ये वारदात बुधवार (06 मार्च 2024) की है, जहाँ शादी से कुछ ही घंटों पहले गौरव सिंघल की बेरहमी से चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। गौरव सिंघल फिट बॉक्स नाम का जिम चलाता था और कुछ ही घंटों बाद वो दूल्हा बनने वाला था। बीते रविवार (3 मार्च 2024) को ही गौरव की सगाई हुई थी। इस हत्याकांड को अंजाम देने वाला उसका पिता मौके से फरार हो गया था, जिसे जयपुर से गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, गौरव सिंघल परिवार के साथ देवली एक्सटेंशन के राजू पार्क में रहता था। परिवार में माँ, पिता और एक छोटा भाई है। राजू पार्क में ही गौरव का जिम था। बुधवार की रात करीब साढ़े 12 बजे परिवार वालों ने पुलिस को गौरव की हत्या होने की सूचना दी थी। गौरव पर कई बार चाकू से वार किया गया। इसके बाद उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसने दम तोड़ दिया। मामले की जाँच कर रहे जाँचकर्ताओं को उस कमरे में हर तरफ खून बिखरा मिला, जहाँ सिंघल का शव मिला था।

पुलिस को शक हुआ कि वारदात को छिपाने के लिए शव को कमरे के अंदर घसीटा गया था। कमरे में और उसके आस-पास अलग-अलग आकार के जूतों के कई निशान भी मिले, जिससे उन्हें संदेह हुआ कि हत्या में एक से अधिक लोग शामिल थे। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जाँच में गौरव और उसके पिता के बीच रिश्तों में खटास का पता चला। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की शुरुआती जाँच में पता चला है कि गौरव शादी नहीं करना चाहता था, लेकिन उसके पिता उस पर दबाव बना रहे थे। सिंघल किसी अन्य महिला से प्यार करता था और उससे शादी करना चाहता था। लेकिन उनके परिवार को उनका रिश्ता मंजूर नहीं था।

पुलिस के अनुसार, तीन मार्च को गौरव की सगाई हुई थी। सात मार्च को ककरोला बाराज जाने वाली थी। वारदात के बाद गौरव का पिता फरार हो गया था। उसका मोबाइल बंद था। इसके बाद पुलिस को उस पर शक गहराया। सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया तो गौरव अपने पिता के साथ नजर आया था।

गौरव का पिता फरार होकर जयपुर पहुँच गया था। उसने वहाँ एक ऑटो ड्राइवर के फोन से अपने घर फोन किया था। पुलिस ऑटो ड्राइवर की मदद से आरोपी तक पहुंची और उसे गिरफ्तार किया। दिल्ली पुलिस ने कहा कि जाँच के दौरान पता चला कि पिता और पुत्र के बीच मधुर संबंध नहीं थे। आरोपी ने पुलिस से यह भी कहा है कि उसे कोई पछतावा नहीं है और उसे यह पहले ही कर देना चाहिए था। आगे की जाँच जारी है।

जम्मू-कश्मीर में INDI गठबंधन संकट में, उमर अब्दुल्लाह ने PDP को सीट देने से किया इनकार: बोले- अगर ऐसा पता होता तो शामिल ही नहीं होते

जम्मू कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्लाह ने राज्य की अन्य विपक्षी पार्टी पीडीपी के साथ गठबंधन करने से साफ़ इंकार किया है। उन्होंने राजद सुप्रीमो लालू यादव के पीएम मोदी के परिवार को लेकर दिए गए बयान को लेकर भी नाराजगी जाहिर की है।

उमर अब्दुल्लाह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में आज अपनी पार्टी की लोकसभा चुनावों को लेकर रणनीति स्पष्ट की। उमर अब्दुल्लाह ने कहा कि उनकी पार्टी महबूबा मुफ़्ती की पार्टी पीडीपी के लिए जम्मू कश्मीर में एक भी सीट नहीं छोड़ेगी। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें यह बात पहले पता होती तो वह INDI गठबंधन में शामिल ही नहीं होते।

उन्होंने कहा कि पीडीपी राज्य में नम्बर 3 की पार्टी है, ऐसे में उसके साथ कोई गठबंधन नहीं हो सकता। उन्होंने मीडिया से कहा, “मैंने आपको पहले ही बता दिया कि नम्बर 3 की पार्टी को अपने लिए सीट माँगने का कोई अधिकार नहीं है। आज पीडीपी के साथ कितने लोग हैं जो उन्हें तीसरे नम्बर पर लेकर आए हैं। अगर हमें INDI गठबंधन में शामिल होने से पता होता कि दूसरे सदस्य के लिए कमजोर होना पड़ेगा, तो हम कभी भी इसमें शामिल नहीं होते।”

गौरतलब है कि INDI गठबंधन में पीडीपी और नेशनल कॉन्फ्रेंस, दोनों ही शामिल हैं। उमर अब्दुल्लाह ने कहा कि वह राज्य में सोनिया गाँधी और राहुल गाँधी के कहने से कॉन्ग्रेस के लिए सीट छोड़ सकते हैं लेकिन पीडीपी के लिए सीट नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने बताया कि जम्मू कश्मीर और लदाख में कॉन्ग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस 3-3 सीट पर लड़ेगी।

उमर ने बताया है कि जम्मू क्षेत्र की दो सीट और लद्दाख सीट पर कॉन्ग्रेस जबकि कश्मीर क्षेत्र की तीन सीटों नेशनल कॉन्फ्रेंस लड़ेगी। गौरतलब है कि पीडीपी के अनंतनाग लोकसभा सीट पर दावेदारी जताने की चर्चा थी लेकिन अब INDI गठबंधन में उमर पीडीपी के लिए कोई जगह नहीं बनने देना चाहते। इससे पहले फारुक अब्दुल्लाह नेशनल कॉन्फ्रेंस के अकेले चुनाव लड़ने की भी बात कर चुके हैं। हालाँकि, बाद में उमर ने स्पष्टीकरण दिया था कि उनकी पार्टी INDI गठबंधन का हिस्सा है।

उमर अब्दुल्लाह ने पीडीपी पर गठबंधन धर्म ना निभाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब पूर्व कॉन्ग्रेसी नेता गुलाम बनी आजाद ने उनकी पार्टी पर हमले किए तो पीडीपी ने उनका साथ दिया। उन्होंने कहा कि पीडीपी लगातार नेशनल कॉन्फ्रेंस को निशाना बना रही है।

उमर अब्दुल्लाह ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के पीएम मोदी को लेकर दिए गए बयान पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि इस तरह की बातें आम जनता पर असर नहीं करती और लालू का यह बयान सेल्फ गोल है। उन्होंने कॉन्ग्रेस सांसद राहुल गाँधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने राहुल गाँधी के अम्बानी-अडानी और राफेल जैसे मुद्दों को उठाने को गैरजरूरी बताया। उन्होंने कहा कि चौकीदार चोर है जैसे नारे लोग पसंद नहीं करते और इससे हमारा कोई फायदा नहीं होता।

एक का सर्वाइकल कैंसर से निधन, दूसरी का पीलिया से…. कुछ ही घंटों के अंतराल में चली गई दो अभिनेत्री बहनों की जान, परिजनों पर मुसीबत का पहाड़ टूटा

सर्वाइकल कैंसर से पीड़ित अभिनेत्री डॉली सोही का आज शुक्रवार (8 मार्च 2024) की सुबह निधन हो गया। वह 48 वर्ष की थीं और काफी समय से सर्वाइकल कैंसर से जूझ रही थीं। इससे ठीक एक दिन पहले यानी गुरुवार (7 मार्च 2024) को उनकी बड़ी बहन अमनदीप सोही का निधन हो गया। अमनदीप सोही भी अभिनेत्री थीं। वह पीलिया से पीड़ित थीं और एक महीने से बीमार चल रही थीं।

डॉली एवं अमनदीप के भाई मन्नू सोही ने बताया कि कुछ ही घंटों में दोनों बहनों को खोने से परिवार सदमे में है। उन्होंने बताया, “डॉली का आज सुबह लगभग 4 बजे निधन हो गया। डॉली और अमनदीप दोनों को नई मुंबई के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कल अमनदीप का निधन हो गया और अब डॉली का। हम पूरी तरह से तबाह हो गए हैं।”

अमनदीप सोही को लेकर उनके भाई ने कहा था, “यह सच है कि अमनदीप अब नहीं रहीं। उनके शरीर ने साथ छोड़ दिया। उन्हें पीलिया हो गया था, लेकिन हम डॉक्टर से पूछने की स्थिति में नहीं हैं।” अमनदीप को लीवर की समस्या थी।

डॉली के परिजनों ने एक बयान जारी कर अभिनेत्री की मृत्यु की जानकारी दी। इस बयान में लिखा था, “हमारी प्यारी डॉली आज सुबह-सुबह इस दुनिया को छोड़कर अनंत की ओर रवाना हो गई। इस घटना से हमल लोग सदमे की स्थिति में हैं। अंतिम संस्कार आज दोपहर को किया जाएगा। आगे की जानकारी साझा करूँगा।”

डॉली ने पिछले साल कीमोथैरेपी सेशन के बाद एक फोटो शेयर की थी। इसमें लिखा था, “मुझे अपना प्यार देने और प्रार्थना करने लिए आप सभी को धन्यवाद। हाल का जीवन रोलर कोस्टर रहा है, लेकिन अगर आपके पास इससे लड़ने की ताकत है तो आपकी यात्रा आसान हो जाती है। यह आप पर निर्भर करता है कि आप यात्रा का शिकार (कैंसर) या यात्रा से बचे हुए व्यक्ति में से किसे चुनते हैं।”

टीवी ऐक्ट्रेस डॉली को भी इमरजेंसी में भर्ती कराया गया था। हालाँकि पहले बताया गया था कि वह ठीक हो रही हैं। उन्हें हाल ही में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें साँस लेने में समस्या हो रही थी। उपचार के बाद उनमें सुधार के लक्षण दिखे थे, लेकिन आखिरकार उन्होंने इस नश्वर संसार को छोड़ दिया।

डॉली सोही ‘झनक’, ‘मेरी आशिकी तुम से ही’ और ‘खूब लड़ी मर्दानी… झाँसी की रानी’ जैसे शो का हिस्सा रह चुकी हैं। स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं के कारण उन्हें ‘झनक’ शो छोड़ना पड़ा, क्योंकि कीमोथेरेपी लेने के बाद वह लंबे समय तक शूटिंग नहीं कर सकती थीं। डॉली अपने लगभग 2 दशक के करियर में कई टीवी शो का हिस्सा रही हैं। उनके परिवार में उनकी एक किशोर बेटी है।

राज्यसभा सांसद बनीं पद्मश्री सुधा मूर्ति, राष्ट्रपति ने किया मनोनीत: PM बोले- ‘यह हमारी नारी शक्ति का उदाहरण’

इंफोसिस फाउंडेशन की पूर्व चेयरपर्सन और समाजसेवी सुधा मूर्ति राज्य सभा जाएँगी। उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राज्यसभा के लिए मनोनीत किया है। उनका नामांकन आज (8 मार्च, 2024) यानी महिला दिवस वाले दिन किया गया है। उनके राज्यसभा में मनोनीत होने की जानकारी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दी है।

पीएम नरेन्द्र मोदी ने एक्स (पहले ट्विटर) पर एक पोस्ट में यह जानकारी साझा करते हुए लिखा, “मुझे खुशी है कि भारत की राष्ट्रपति ने सुधा मूर्ति जी को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया है। सामाजिक कार्य, सहायता और शिक्षा सहित अन्य कई क्षेत्रों में सुधा जी का योगदान अतुलनीय और प्रेरणादायक रहा है। राज्यसभा में उनकी उपस्थिति हमारी ‘नारी शक्ति’ का एक शक्तिशाली उदाहरण है, जो हमारे देश के भविष्य को आकार देने में महिलाशक्ति और क्षमता का उदाहरण है। मैं उनके सफल संसदीय कार्यकाल की कामना करता हूँ।”

गौरतलब है कि राज्यसभा में 12 सदस्य ऐसे मनोनीत किए जाते हैं जो कि कला, खेल, साहित्य, समाजसेवा, विज्ञान या अन्य क्षेत्रों के विद्वान हों। इन्हें राष्ट्रपति के द्वारा सदन में मनोनीत किया जाता है। सुधा मूर्ति को इसी कोटे के तहत मनोनीत किया गया है।

73 वर्षीय सुधा मूर्ति भारत की बड़ी टेक कम्पनी इनफ़ोसिस के फाउंडर एन आर नारायणमूर्ति की पत्नी हैं। उनकी बेटी अक्षता के पति ऋषि सुनाक हैं जो कि ब्रिटेन के प्रधानमंत्री हैं। मूर्ति स्वयं इंफोसिस फाउंडेशन की पूर्व चेयरपर्सन हैं जो कि समाजसेवा का काम करता है। प्रभावशाली परिवार से आने के बाद भी वह बहुत ही सामान्य तरीके से रहती हैं।

सुधा मूर्ति स्वयं एक इंजीनियर हैं। वह टाटा कम्पनी में इंजीनियर रह चुकी हैं। वह समाजसेवी होने के साथ ही एक साहित्यकार भी हैं। वह कई किताबें लिख चुकी हैं। उनके पति नारायणमूर्ति के इंफोसिस को एक सफल कम्पनी के रूप में खड़ा करने के पीछे उनका भी बड़ा रोल माना जाता है। इसका जिक्र स्वयं नारायणमूर्ति कर चुके हैं।

समाज में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें पद्म श्री और पद्म भूषण से सम्मानित की जा चुकी हैं। मूर्ति को पद्म भूषण 2023 में ही दिया गया था। मूर्ति वर्तमान में भारत में नहीं हैं। उन्होंने राज्यसभा भेजे जाने को एक बड़ी जिम्मेदारी बताया है।

‘मेरी रानी, मेरी ताकत, मेरी सुपरस्टार…’ : जैकलीन फर्नांडिस के लिए फिर जागा ठग सुकेश चंद्रशेखर का प्यार, महिला दिवस पर लिखा लव लेटर

दिल्ली की मंडोली जेल में बंद महाठग सुकेश चंद्रशेखर ने महिला दिवस के मौके पर फिर से जैक्लीन फर्नांडिस के लिए पत्र लिखा है। इस पत्र में उसने जैक्लीन को रानी, अपनी ताकत और सुपरस्टार करार दिया है। कथित तौर पर सुकेश चंद्रशेखर और जैक्लीन फर्नांडिस के बीच प्रेम संबंध रहे हैं। वहीं, जैक्लीन ने पिछले माह कोर्ट में अर्जी लगाई थी कि सुकेश को उनके लिए पत्र लिखने पर रोक लगाई जाए, साथ ही इन पत्रों को सार्वजनिक होने से रोका जाए, हालाँकि बाद में फर्नांडिस ने कोर्ट में दाखिल की गई अपनी याचिका वापस ले ली थी।

सुकेश ने चिट्ठी में जताया खूब प्यार

सुकेश ने चिट्ठी में लिखा, ‘मेरी रानी, मेरी शक्ति और मेरी सुपर स्टार! ये सभी महिलाओं का दिन है। महिलाएँ असल जिंदगी में सुपर हीरो हैं। जीवन संवारती हैं। जो ये कहते हैं कि ये पुरुषों की दुनिया है सब झूठ कहते हैं। नारी ही पुरुष की असली शक्ति है। स्त्री के बिना पुरुष कुछ नहीं। मेरे जीवन में भी जैकलीन जैसी खूबसूरत महिलाएँ हैं, जैकलीन उन सभी हसीन महिलाओं के लिए आदर्श है जो आज जश्न मना रही हैं।’

सुकेश ने अपने पत्र में लिखा, “अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाने के लिए आप उन सभी महिलाओं के लिए बड़ी प्रेरणा हैं जो लड़ाई लड़ रही हैं। बेबी तुम एक रॉकस्टार हो, मेरी सुपर स्टार और हीरो हो। बेबी मैंने तुम्हारी कुछ तस्वीरें और पोस्ट देखी, तुम सुपर स्टनिंग लग रही हो। काले कुर्ते में मेरा दिल एक बार फिर चोरी हो गया।”

उसने पत्र में लिखा, “मेरे दिल की धड़कनें थम गईं, जब तुम्हारी बिल्डिंग ने आग लगने की खबर आई। ईश्वर का शुक्रिया कि तुम बिल्कुल ठीक हो।” बता दें कि एक दिन पहले ही जैकलीन की बिल्डिंग में आ लग गई थी, जिसमें उन्हें कोई नुकसान तो नहीं पहुँचा था, लेकिन आसपास नुकसान हुआ था। सुकेश चंद्रशेखर ने चिट्ठी के आखिर में सभी लोगों को महाशिवरात्रि और महिला दिवस की शुभकामनाएँ भी दी। वैसे इस पत्र में सुकेश ने जैकलीन के नए गाने का भी जिक्र किया था, जो अब रिलीज हो गया है।

जैकलीन ने सुकेश चंद्रशेखर पर लगाए थे ये आरोप

गौरतलब है कि सुकेश चंद्रशेखर 200 करोड़ रुपये की रंगदारी मामले में मुख्य आरोपित है। जैकलीन ने अपनी शिकायत में कहा था कि सुकेश पत्र लिखकर उन्हें धमकाता है और मीडिया के माध्यम से वो ये कोशिश करता है कि अदालत में उसके खिलाफ सच्चाई का खुलासा न हो सके। जैकलीन ने अदालत से प्रार्थना की थी कि वह जाँच एजेंसी और जेल अधीक्षक, मंडोली को निर्देश जारी करे कि वह चन्द्रशेखर को प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से उन्हें कोई और पत्र, संदेश या बयान जारी करने से तुरंत रोकें। हालाँकि बाद में उन्होंने ये याचिका वापस ले ली थी।

असम के डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल का अधीक्षक निपेन दास गिरफ्तार: खालिस्तान समर्थक अमृतपाल यही है बंद, सेल में मोबाइल सहित मिले थे कई गैजेट

खालिस्तान समर्थक ‘वारिस पंजाब दे’ संगठन के प्रमुख अमृतपाल सिंह सहित कई कट्टरपंथी असम के डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल में बंद हैं। इतने खतरनाक लोगों के जेल में बंद होने के बावजूद उनके सेल से कई स्मार्टफोन और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट बरामद हुए थे। इस मामले में शुक्रवार (8 मार्च 2024) को जेल के अधीक्षक निपेन दास को गिरफ्तार कर लिया गया है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, डिब्रूगढ़ के सेंट्रल जेल में 17 फरवरी 2024 को अमृतपाल के सेल की जाँच की गई थी। उसके पास से मोबाइल फोन और जासूसी कैमरे सहित कई सामान बरामद किए गए थे। इसे बेहद लापरवाही का मामला माना गया और जाँच के बाद जेल के अधीक्षक निपेन दास को गिरफ्तार कर लिया है। दास की गिरफ्तारी की पुष्टि डिब्रूगढ़ के एसपी वीवीआर रेड्डी ने की है।

खालिस्तान समर्थक कैदियों के कब्जे से एक सिम कार्ड के साथ एक स्मार्टफोन, एक कीपैड फोन, कीबोर्ड के साथ एक टीवी रिमोट, एक स्पाई कैमरा पेन, पेन-ड्राइव, एक ब्लूटूथ हेडफोन शामिल थे। उस समय असम के डीजीपी जीपी सिंह ने कहा था, “डिब्रूगढ़ जेल में NSA लगाए गए बंदियों को रखा गया है। इस सेल में होने वाली ऐसी अवैध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर एनएसए ब्लॉक के परिसर में अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे।”

बता दें कि अमृतपाल सिंह सहित कई खालिस्तान समर्थक डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं। इसमें उनका एक चाचा भी शामिल हैं। उन्हें पिछले साल 23 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया था। उसके बाद उसे असम के डिब्रूगढ़ की जेल में लाया गया था। वारिस पठान दे संगठन पर कार्रवाई के बाद उसके समर्थकों को पंजाब के विभिन्न हिस्सों से NSA के तहत गिरफ्तार किया गया था।

इन कट्टरपंथियों को पंजाब से असम लाए जाने के बाद जेल में मल्टीलेवल सिक्युरिटी सिस्टम लगाया गया था। अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे और ख़राब कैमरों को बदल दिया गया था। डिब्रूगढ़ जेल पूर्वोत्तर की सबसे पुरानी और सबसे हाई सिक्यूरिटी वाली जेलों में से एक है। इसका निर्माण 1859-60 में हुआ था।

गौरतलब है कि अमृतपाल ने गिरफ्तार हुए अपने एक सहयोगी की रिहाई के लिए अजनाला पुलिस थाने पर समर्थकों के साथ धावा बोल दिया था। इसके बाद पुलिस ने इस मामले में मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी थी। लगभग 36 दिनों तक फरार रहने के बाद मोगा में अमृतपाल पुलिस के शिकंजे में आया था। वो 18 मार्च से ही अजनाला से फरार चल रहा था। 23 अप्रैल को मोगा में मिला।