Home Blog Page 5765

IAF के लापता AN-32 विमान का मलबा मिला, 13 लोग थे सवार

असम के जोरहाट हवाई अड्डे से उड़ान भरने वाले AN-32 के टुकड़े मिले हैं। समाचार एजेंसी ANI के अनुसार विमान के कुछ हिस्सों का टुकड़ा जहाँ मिला है वह अरुणाचल प्रदेश में विमान के उड़ान भरने वाली जगह से 15-20 किलोमीटर उत्तर में है। भारतीय वायु सेना (IAF) का हेलिकॉप्टर दल इस मिशन में शामिल था। AN-32 विमान 3 जून से लापता था, जिसमें चालक दल समेत 13 लोग सवार थे।

वायुसेना की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि जिस इलाके में खोज की जा रही थी वहाँ IAF के Mi-17 हेलीकॉप्टर द्वारा अनुमानित AN-32 के मलबे को आज 16 किलोमीटर उत्तर में लगभग 12000 फीट की ऊँचाई पर देखा गया। वायुसेना के रिटायर्ड एयर मार्शल पी एस अहलूवालिया के अनुसार पहाड़ियों और जंगल से भरा इलाका होने के कारण विमान का पता लगाना मुश्किल हो जाता है, इसी वजह से इसे ढूँढने में आठ दिनों का वक्त लग गया।

AN-32 ने असम के जोरहाट एयरबेस से उड़ान भरी थी और उसका गंतव्य अरुणाचल का मेनचुका था। जोरहाट एयरबेस से उड़ान भरने के करीब 1 घंटे बाद विमान का संपर्क एटीसी से टूट गया था जिसके बाद से विमान की तलाश जारी थी। भारतीय वायु सेना के AN-32 की तलाश के लिए चार एमआई-17 हेलीकॉप्टर, तीन उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर, जिनमें से दो सेना के है, दो सुखोई-30 विमान, एक सी-130 मालवाहक विमान और सेना के एक मानव रहित विमान को खोज अभियान में लगाया था।

इसके अलावा बीते शनिवार (8 जून) को भारतीय वायुसेना ने लापता AN32 विमान के संबंध में जानकारी देने वाले को 5 लाख रुपए के पुरस्कार की घोषणा भी की थी। एयर मार्शल आरडी माथुर, एओसी-इन-सी-पूर्वी वायु कमान ने विमान का सुराग देने वाले किसी भी व्‍यक्ति या दल को 5 लाख रुपए का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की थी।


विंग कमांडर अभिनंदन से अभी तक डरा हुआ है Pak, बना रहा WC2019 पर भ्रामक विज्ञापन

पाकिस्तानी टीवी चैनल ने भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर अभिनन्दन वर्धमान का मज़ाक बनाया है। वर्ल्ड कप 2019 को लेकर बनाए गए वीडियो में यह घटिया कृत्य किया गया है। बालाकोट स्थित आतंकी कैम्पों पर भारतीय वायुसेना द्वारा की गई एयर स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान ने भारतीय सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की थी जिसके बाद भारत की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में WC अभिनन्दन ने सुपरसोनिक जेट फाइटर मिग-21 से पाकिस्तान के F-16 फाइटिंग फाल्कन को मार गिराया था। इसके लिए पूरे दुनियाभर में उनकी वाहवाही हुई थी। पाकिस्तानी सेना ने अभिनंदन को अपने कब्ज़े में ले लिया था, जिसके बाद भारत ने उनकी बिना शर्त वापसी सुनिश्चित की।

पाकिस्तानी मीडिया द्वारा क्रिकेट वर्ल्ड कप के लिए तैयार किए गए विज्ञापन में अभिनन्दन के लुक्स और नाम को भुनाया जा रहा है। इस वीडियो में एक मॉडल बात करता दिख रहा है, जिसका लुक्स अभिनन्दन से मिलता-जुलता दिखाने की कोशिश की गई है। उसने भारतीय क्रिकेट टीम जैसी नीली जर्सी भी पहन रखी है। 16 जून को क्रिकेट विश्व कप में भारत-पाकिस्तान का बहुप्रतीक्षित मुकाबला होने जा रहा है। ऐसे में, पाकिस्तान द्वारा ऐसे विज्ञापन बनाए जा रहे हैं। बता दें कि आज तक पाकिस्तान किसी भी विश्व कप मैच में भारत से नहीं जीत पाया है।

वायरल वीडियो में विंग कमांडर अभिनंदन से मिलता-जुलता लुक्स वाला मॉडल ठीक उसी अंदाज़ में बात करता दिख रहा है, जिस तरह विंग कमांडर अभिनन्दन ने पाकिस्तानी सेना के सवालों का जवाब दिया था। इस वीडियो में जब उस मॉडल से पूछा जाता है कि भारत के ख़िलाफ़ मैच के दौरान भारत का प्लेयिंग 11 क्या होगा, तो वह मॉडल वही जवाब देता है, जो अभिनन्दन ने पाकिस्तानी सेना का सवालों के बदले दिया था। इस वीडियो में अभिनंदन से मिलते-जुलते लुक्स वाला मॉडल उपर्युक्त सवाल के जवाब में कहता है- “I am sorry, I am not supposed to tell you this” (मुझे माफ़ कीजिए। मैं आपको इसकी जानकारी नहीं दे सकता।)

इस वीडियो में उक्त मॉडल उसी अंदाज़ में चाय पीता हुआ नज़र आ रहा है, जैसे वायरल हुए वीडियो में अभिनन्दन पीते हुए नज़र आए थे। एक अंतर यह है कि असली वीडियो में अभिनन्दन वर्तमान निर्भीक, शांत और सधे हुए नज़र आ रहे थे जबकि उक्त वीडियो में यह मॉडल डरा हुआ और झल्लाया हुआ सा दिख रहा है।

इससे पहले पाकिस्तान के एक चाय के विज्ञापन में भी अभिनंदन का फेक वीडियो इस्तेमाल किया गया था। पाकिस्तान के कराची में टपाल चाय काफ़ी लोकप्रिय है। इस चाय के विज्ञापन में दिखा था कि एक महिला अपने घर की बालकनी में खड़े होकर दूरबीन से झाँक रही है। दूरबीन के दूसरी ओर उन्हें अभिनंदन टपाल चाय पीते दिख रहे हैं।

इस विज्ञापन के अंत में अभिनंदन चाय की चुस्की लेते हुए कहते हैं- ‘Tea is fantastic, Thank You.‘ वायरल हुए विडियो में जब मॉडल जाने लगता है तो बैकग्राउंड में उससे पूछा जाता है- “कप लेकर कहाँ जा रहे हो?” यहाँ वर्ल्ड कप के परिप्रेक्ष्य में बात की गई है। यह सब देखकर ऐसा लगता है कि पाकिस्तान अभी तक विंग कमांडर अभिनंदन के शौर्य से डरा हुआ है। इसीलिए इस तरह का प्रचार बनाया जा रहा है ताकि पाकिस्तान के नागरिक इस मुगालते में रहें कि उनकी टीम कभी तो किसी वर्ल्ड कप में भारत से जीत जाएगी।

अनुराग कश्यप, अलीगढ़ में बच्ची के साथ हैवानियत हुई है, रेप तो छोटा शब्द है

वामपंथी अतिवाद के नए झंडाबरदार अनुराग कश्यप ने एक बार फिर प्रोपेगेंडा की कमान संभाल ली है और इस बार निशाने पर अलीगढ़ की मासूम बच्ची की जघन्य हत्या है।

अनुराग कश्यप अपने सेक्युलर कॉमरेड की ही तरह गलतबयानी में लग गए, अनुराग के हिसाब से बच्ची के साथ कुछ ज़्यादा बुरा नहीं हुआ है। उसकी हत्या हुई और अपराधी जेल में हैं; और क्या? यहाँ इतना हल्कापन इसलिए है कि इस दिल दहला देने वाले हत्याकांड में आरोपित ज़ाहिद, असलम और मेंहदी हसन हैं। चूँकि, ‘डरा हुआ शांतिप्रिय’ नैरेटिव को ठेस न पहुँचे इसलिए पूरे मामले की गंभीरता को ही ख़ारिज करने का प्रयास अनुराग ने किया। यह वही अनुराग हैं जिनकी बेटी पर कुछ दिन पहले किसी सिरफिरे ने मात्र कमेंट कर दिया था। इतने भर से न केवल अनुराग अपनी बेटी की सुरक्षा के प्रति चिंतित हो गए बल्कि उनके लिए आपातकाल से लेकर न जाने कौन सा दौर आ गया।

अलीगढ़ में जहाँ बेहद अमानवीय तरीके से एक ढाई साल की बच्ची का क्रूरतम तरीके से हत्या कर दी गई और उसके बलात्कार तक की आशंका व्यक्त की जा रही है। चूँकि, बॉडी बुरी तरह से क्षत विक्षत हो चुकी थी इसलिए पोस्टमॉर्टम में बेशक पुष्टि न हुई हो लेकिन आगे की जाँच के लिए ‘वेजाइनल स्वैब भेजा जा चुका है। शरीर के बुरी से बुरी स्थिति में मिलने के कारण हो सकता है वहाँ भी पुष्टि न हो लेकिन फिर भी पुलिस द्वारा पाक्सो लगाना इस दिशा में एक प्रयास तो है ही। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में ही उस नहीं सी जान की हत्या का पूरा डिटेल है। आगे पूछताछ जारी है, फिर भी जिस तरीके से उसके शव के साथ बर्ताव किया गया। क्या वह कम पैशाचिक है?

अलीगढ़ मामले में ही अनुराग जिनके अपराध को डाइल्यूट करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं क्योंकि आरोपित समुदाय विशेष से हैं, उन आरोपितों में से एक असलम तो आदतन अपराधी है। 2014 में उसने अपनी मासूम बेटी का ही रेप किया था और 2017 में भी एक बच्ची के साथ छेड़छाड़ में उस पर मामला दर्ज है। बाकी अलीगढ़ में बच्ची के साथ ये दरिंदे कितनी बर्बरता से पेश आए इसका वर्णन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी है। फिर किस मुँह से अनुराग उस जघन्यता पर पर्दा डालने की कोशिश कर रहे हैं?

वैसे यह नया नहीं है, इससे पहले भी तरुण तेजपाल मामले में वह तेजपाल को बचाने की कोशिश कर चुके हैं। वही तरुण तेजपाल जो अपनी ही एक जूनियर सहकर्मी के साथ छेड़छाड़ के मामले में आरोपित है। खैर, विरोध के नाम पर एन्टी मोदी नैरेटिव को आगे बढ़ाने वाले अनुराग पहले भी कई अन्य प्रकार के झूठ के प्रचार-प्रसार में संलग्न पाए गए हैं। विरोध जब नफ़रत का रूप ले लेती है तो ऐसी ही हरकतें सामने आती हैं जिनका न कोई सर होता है न पैर बस अपनी विरोध की जमीन को बचाए रखने के लिए किसी भी हद तक इनका पूरा गिरोह जा सकता है चाहे उसके लिए कुछ भी करना पड़े बस हर हाल में नैरेटिव और प्रोपेगेंडा ज़िंदा रहे।

जानिए कैसे एक महिला डॉक्टर की लाश पर गिरोह विशेष ने खेला अपना गन्दा खेल, छुपाई असलियत

डॉक्टर पायल तड़वी आत्महत्या मामला पूर्णतः रैगिंग ने जुड़ा है और इसका ‘जाति’ या जातिवाद’ से दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं है। ऐसे कोई सबूत नहीं मिले हैं, जिससे पता चले कि पायल को जातिगत भेदभाव से गुज़रना पड़ा हो या उसकी जाति को लेकर उस पर कोई अत्याचार किया गया हो। इसका अर्थ ये बिलकुल नहीं है कि जो हुआ वो सही है, बल्कि यह बिकुल ही ग़लत है। लेकिन, जो नहीं हुआ, उसे लेकर हाय-तौबा मचाने वाले ‘डर का माहौल’ गैंग ने जो किया, वो भी समाज में ज़हर फैलाने जैसा है। पायल की उसकी तीन सीनियरों ने रैगिंग की, ऐसा राज्य सरकार द्वारा गठित कमिटी की जाँच से निष्कर्ष निकला है। आगे बढ़ने से पहले जरा मामले को समझ लें। (नोट- इस लेख में संलग्न सारे व्यक्तिगत ट्वीट्स गिरोह विशेष के सदस्यों के हैं, जो जाँच से पहले अपना निर्णय देने और मनगढ़ंत मुद्दों पर चर्चा छेड़ने के आदि हैं।)

मुंबई स्थित टोपीवाला मेडिकल कॉलेज की छात्रा डॉक्टर पायल तड़वी ने कॉलेज से जुड़े बीवाईएल नायर अस्पताल परिसर में स्थित हॉस्टल के कमरे में आत्महत्या कर ली थी। यह घटना 22 मई की है। इसके बाद उनकी माँ ने अपनी एक शिकायत में सीनियरों द्वारा प्रताड़ित किए जाने और जातिगत भेदभाव करने का आरोप लगाया था। इसके बाद नायर अस्पताल ने अपनी एक रिपोर्ट में रैगिंग किए जाने की पुष्टि की थी। उस रिपोर्ट में आरोपितों द्वारा पायल को सार्वजनिक तौर पर प्रताड़ित किए जाने की बात तो पता चली लेकिन जातिगत भेदभाव या जाति को लेकर प्रताड़ना सम्बन्धी कोई बात सामने नहीं आई। भील-मुस्लिम समुदाय से आने वाली तड़वी ने एसटी कोटे के लिए आरक्षित सीटों के अंतर्गत कॉलेज में दाखिला लिया था।

इस संबंध में राज्य सरकार ने एक कमिटी गठित कर के मामले की जाँच सौंपी, जिसमें सामने आया कि यह मामला जाति-उत्पीड़न से जुड़ा नहीं है। हालाँकि, इससे पहले ‘डर का माहौल’ गैंग अपना काम कर चुका था। जो उनका गन्दा अजेंडा था, उन्होंने जो घृणित उद्देश्य पाल रखे थे, उनका पालन कर इस गैंग ने मृत डॉक्टर की लाश पर अपना हथकंडा अपनाया और अपना उल्लू सीधा किया। जैसा कि सर्वविदित है, ‘मोदी सरकार के कार्यकाल में मुस्लिमों पर अत्याचार’ वाला माहौल बनाने वाले इन दोमुँहे साँपों ने जब देखा कि अब यह हथकंडा पुराना हो रहा है और इसकी पोल खुलती जा रही है, तब उन्होंने ‘दलितों पर जाति को लेकर अत्याचार’ वाला माहौल बनाना शुरू कर दिया।

पायल तड़वी आत्महत्या मामले में गिरोह विशेष ने जो किया, उससे असल मुद्दा छिप गया। वास्तविक समस्या पर बातें नहीं हुईं और जो मनगढ़ंत कहानी थी, उसके आधार पर सोशल मीडिया में चर्चा छेड़ दी गई। जैसा कि जाँच कमिटी ने अपनी रिपोर्ट में सुझाया है, रैगिंग को रोकने के लिए हर तीन महीने पर छात्रों, उनके अभिभावकों व पढ़ाने वाले शिक्षकों की एक नियमित बैठक बुलाई जानी चाहिए। लेकिन, इस पर बात नहीं हुई। बात हुई तो ‘कथित उच्च जाति के लोगों द्वारा दलितों के साथ किए जा रहे अन्याय’ के बारे में। कमिटी ने अपनी रिपोर्ट में आगे कहा है कि छात्रों की काउंसलिंग व्यवस्था तगड़ी की जानी चाहिए। लेकिन, इस पर चर्चा क्यों हो? यह तो वास्तविक मुद्दा है न। चर्चा हुई तो ‘Brahmanical Patriarchy’ पर।

अपनी रिपोर्ट में कमिटी ने सुझाया है कि क्लिनिकल विषयों में समय प्रबंधन को लेकर प्रोफेसरों को छात्रों की मदद करनी चाहिए। किसी भी घटना के बाद उसे अपने मनपसंद और मनगढ़ंत दिशा में मोड़ कर ज़हरीली फसल उगाना जिस गिरोह का पेशा है, उसकी इस हरकत से नुकसान यह हुआ कि मेडिकल कॉलेजों में रैगिंग को लेकर समाज में, सोशल मीडिया में और प्रशासन में चर्चा होनी चाहिए थी, वो नहीं हुई। होगी भी कैसे, इसे जातिवादी रंग से पोत कर वास्तविक मुद्दे को ही गौण कर दिया गया। इससे समाज को नुकसान हुआ। आज जब जाँच समिति की रिपोर्ट में जाति आधारित प्रताड़ना के कोई सबूत नहीं मिले हैं, तो गिरोह विशेष चुप है। लेकिन वे अन्दर ही अन्दर ख़ुश भी हैं, उनका काम जो पूरा हो गया।

जाति की बात तो हर जगह की गई, वास्तविक समस्या रैगिंग को किसी ने छुआ भी नहीं, शायद बिकाऊ नहीं था

न्यूज़ पोर्टल्स में बड़े-बड़े ओपिनियन लिखे गए। इसमें ‘दलितों पर हो रहे अत्याचार’ पर चर्चा की गई, पायल आत्महत्या मामले का उदाहरण देते हुए बताया गया कि कैसे भारतीय कॉलेजों में दलितों पर अत्याचार हो रहा है। इसे रोहित वेमुला सहित अन्य मामलों से जोड़ कर देखा गया। लाइवमिंट जैसे मीडिया संस्थानों ने अपनी वेबसाइट पर ऐसे लेख को जगह दी, जिसमें पायल आत्महत्या कांड को ‘दलित एवं आदिवासी छात्रों के प्रति अन्य छात्रों का पूर्वग्रह’ की बात की गई थी। इस लेख में दलित छात्रों से उनके अनुभव पूछे गए कि कैसे उनकी जाति को लेकर उन पर अत्याचार किया जाता है। हाँ, इस लेख में रैगिंग (जो मौत की वास्तविक वजहों में से है) की समस्या को लेकर कोई बात नहीं की गई क्योंकि यह अजेंडे को सूट नहीं करता था।

अब आगे ‘द न्यूज़ मिनट’ के एक लेख की बात करते हैं। इस लेख में दावा किया गया कि आरोपितों के माता-पिता ने उन्हें जाति, धर्म, रंग और वर्ग को लेकर भेदभाव करने के विरुद्ध कोई शिक्षा नहीं दी। इसमें मेडिकल क्षेत्र में ‘जातिगत भेदभाव’ की बात की गई और लिंचिंग वगैरह का जिक्र करते हुए इसे पूरी तरह जाति वाला मामला बताया गया। इसका कोई सबूत? कुछ नहीं। अब जब कमिटी की रिपोर्ट में इनकी पोल खुल गई है, क्या ये माफ़ी माँगेंगे? यह इसी तरह है जैसे ज़मीन के विवाद में हुई मौत को कुत्ता काटने से हुई मृत्यु बताना और उसके बाद पूरे सोशल मीडिया में यह चर्चा करना कि कुत्ता काटने से कैसे बचा जाए, कुत्ता काटने के बाद कौन सी दवाएँ इस्तेमाल की जाएँ, किस डॉक्टर से दिखाया जाए, इत्यादि-इत्यादि।

जबकि उपर्युक्त उदाहरण में असल मामला तो ज़मीन से जुड़ा विवाद था। चर्चा तो होनी चाहिए थी कि ज़मीन से जुड़े विवादों को कैसे सुलझाया जाए? ठीक इसी तरह, इस मामले में भी रैगिंग के कारण हुई मृत्यु में चर्चा का रुख अपने हिसाब से मोड़ कर जाति, धर्म और वर्ग को लाया गया। यह नया नहीं है। आजकल हर एक घटना में ऐसा ही मोड़ दिया जा रहा है, जिससे जब तक वास्तविकता साफ़ हो, तब तक अपना अलग ही निर्णय सुना दिया जाए और इसे लेकर चर्चा छिड़ जाए और लोगों को ऐसा लगे कि वास्तविक समस्या पर बात हो रही है। कुछ लोग समर्थन करेंगे, कुछ विरोध करेंगे और इस तरह पूरी की पूरी चर्चा का रुख उसी तरफ मुड़ जाता है, जिधर गिरोह विशेष की इच्छा हो।

यहाँ हम उन लेखों के स्क्रीनशॉट्स शेयर कर रहे हैं और गिरोह विशेष के ट्वीट्स भी संलग्न कर रहे हैं, जो पायल तड़वी की आत्महत्या और जाँच कमिटी की रिपोर्ट आने के बीच हुआ। आजकल की हर घटना में इनकी ऐसी भागीदारी को देखते हुए यह अनिवार्य हो जाता है कि किसी भी घटना पर टिप्पणी करने या प्रतिक्रिया देने से पहले हम वास्तविकता से पूरी तरह रूबरू हो जाएँ।

सोशल मीडिया पोस्ट के लिए पत्रकारों (या आम नागरिकों) की गिरफ़्तारी पर कहाँ खड़े हैं आप?

नेहरू बाबा ने पहले संविधान संशोधन में ही ‘अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता’ पर अस्पष्ट शब्दों का सहारा लेकर ऐसे ब्रेक लगाए थे जो सरकारें और न्यायालय अपने हिसाब से समझ सकती हैं, और उस पर कार्रवाई कर सकती हैं। नेहरू बाबा को संपूर्ण स्वतंत्रता से भय रहा हो या वो आलोचना का गला घोंटना चाहते हों, मुझे नहीं पता, लेकिन सत्य यह है कि भारतीय संविधान में ‘एब्सलूट फ़्रीडम’ नहीं है। आपकी स्वतंत्रता वहाँ ख़त्म हो जाती है, जहाँ से दूसरे की शुरू होती है।

राहुल गाँधी ट्वीट कर रहे हैं कि पत्रकारों को छोड़ा जाए और यूपी सरकार ने जो किया है वो मूर्खतापूर्ण है क्योंकि उनके हिसाब से राहुल गाँधी पर जितने फेक न्यूज और प्रोपेगेंडा फैलाए गए हैं, सब पर कार्रवाई की जाए तो हर न्यूज पेपर में स्टाफ़ की कमी हो जाएगी। ये ट्वीट राहुल गाँधी का है जिनकी पार्टी उस सरकार में हिस्सेदार है जहाँ हाल ही में कुमारस्वामी पर आपत्तिजनक टिप्पणियों के लिए एक पत्रकार को गिरफ़्तार किया गया है।

राहुल गाँधी वर्तमान में जीने वाले व्यक्ति हैं। अंग्रेज़ी में जिसे ‘लिविंग इन द मोमेंट’ कहा जाता है। फ़र्क़ बस इतना है कि कई लोग इस दर्शन को जीवन में निजी चुनाव के कारण उतारते हैं, वहीं कई लोग स्मृतिदोष के कारण ऐसा करने को मजबूर होते हैं। राहुल गाँधी वर्तमान में सिर्फ इसलिए जीते हैं क्योंकि उन्हें अपने ही पार्टी, परिवार या देश के इतिहास का तो छोड़िए, एक दिन पहले की घटना तक का भी भान नहीं होता।

राहुल गाँधी को इंडियन एक्सप्रेस पर कॉन्ग्रेस सरकार द्वारा की गई छापेमारी की याद कैसे होगी भला जब उनके पिता की सरकार ने लगातार, एक के बाद एक दफ़्तरों पर सरकारी अफ़सरों की टोली भेज कर रेड्स किए थे क्योंकि अख़बार सरकार और रिलायंस के बीच के धंधे पर लिख रहा था। राहुल को जब यही याद नहीं रहता कि अमेठी के वो सांसद थे, तो इंदिरा गाँधी की इमरजेंसी और पिता के कारनामे क्यों याद रहेंगे!

उसके बाद राजदेव रंजन जैसे पत्रकारों की राजद-जदयू सरकार में हत्या से लेकर, लगभग हर दिन बंगाल में हो रही राजनैतिक हत्याओं पर चुप्पी साधने वाले पत्रकार एक पत्रकार की गिरफ्तारी पर प्रेस क्लब में जा रहे हैं। ये लोग गौरी लंकेश कांड पर भी प्रेस क्लब में गए थे, लेकिन उसी समय के आसपास बाईस और पत्रकारों को भी अलग-अलग राज्यों में मार दिया गया था, उस पर न ट्वीट आए, न पोस्ट लिखे गए।

बेचारों-सी शक्ल लेकर धूर्तता भरी बात करने वाले रवीश कुमार लेख लिख रहे हैं कि अनुपम खेर ‘इंसाफ़’ माँग रहे हैं जबकि उन्हें ये कहना चाहिए था, वो कहना चाहिए था। बात यह है कि रवीश जी खुद को ज्ञान का सागर समझ कर अवसाद में डूब चुके हैं। वो जो अनुपम खेर को करने कह रहे हैं, बेचारे खुद ही नहीं कर पाते। अनुपम खेर अगर अपनी तख्ती पर रवीश द्वारा सुझाए शब्द नहीं लिख पा रहे तो सवाल यह भी है कि रवीश ने कब अपनी विचारधारा के विपरीत जा कर ममता बनर्जी को लताड़ा और इस्तीफा माँगा कि आपके राज्य में कानून व्यवस्था बर्बाद है, नहीं सँभल रही तो छोड़ दीजिए?

रवीश ने कितनी बार ग़ैर-भाजपा शासित राज्यों में हुई पत्रकारों की हत्याओं को लेकर डभोलकर, पनसरे, कलबुर्गी आदि का दोष निवर्तमान सरकारों पर डाला है? शून्य बार। इसलिए रवीश जो कर रहे हैं वो पत्रकारिता नहीं है, और यही कारण है कि मैं इन लोगों के पीछे तब तक लगा रहूँगा जब तक ये अपनी लिबरपंथी से बाज़ नहीं आ जाते।

ये कहना बहुत आसान होता है कि सरकार अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को दबा रही है जब आपके मालिक के घर पर टैक्स चोरी के केस में छापे पड़ते हैं। समुदाय विशेष के प्रतीकों पर दो शब्द बोलने वाला यूपी की जेल में पड़ा हुआ है और त्रिशूलों पर कंडोम बनाने वाले, ‘सेक्सी दुर्गा’ फिल्म बनाने वाले, हिन्दू प्रतीकों को बलात्कार का पर्याय बताने वाले अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की आड़ ले लेते हैं, और आप डिफ़ेंड करते हैं।

किसी भी नागरिक को सोशल मीडिया पोस्ट आदि के लिए जेल में ले जाना अनुचित है। ये ग़ैरक़ानूनी नहीं है, लेकिन क़ानूनों को बदलने की ज़रूरत है। सार्वजनिक जीवन में रहने वाले लोग हमेशा आलोचना, गाली और कट्टर विरोध झेलेंगे क्योंकि वो प्रकृति है विरोध की। इसमें हर तरह की घृणित गालियाँ दी जाएँगी, अफ़वाह फैलाए जाएँगे। ये मानवीय प्रकृति है जिसे आप पूरी तरह से दबाने पर उतरेंगे तो शायद हर पाँच साल पर हर व्यक्ति एक बार जेल में होगा।

आज ही किसी ने मुझे कुछ स्क्रीनशॉट्स भेजे जिसमें फेसबुक पर एक मजहब विशेष का व्यक्ति और एक ईसाई यह लिख रहा है कि वो रेप करना चाहता है, रेप की धमकी दे रहा है। ये कैसी मानसिकता है और इस विचार को बढ़ावा कौन दे रहा है? ऐसा नहीं है कि हिन्दू ऐसा नहीं करते। संदर्भ बदलते ही इस तरह के लोग ऐसी कुत्सित विचारधारा का प्रदर्शन करते हैं।

इसका समाधान, या पब्लिक फ़िगर को लेकर की गई टिप्पणियों पर पुलिसिया प्रतिक्रिया सही नहीं है। यहाँ दिन भर में अरबों कमेंट टाइप होते हैं, करोड़ों बातें लिखी जाती हैं, लाखों सत्ता-विरोधी बातें पोस्ट होती हैं, और हजारों लोग बहुत ही घटिया शब्दों का प्रयोग करते हैं। आप कितनों को पकड़ेंगे? क्या आपके जेल में जगह है? क्या आपकी पुलिस के पास प्राथमिकताएँ हैं ऐसी कि वो कमेंट या पोस्ट के लिए जेल में डाले?

क्या हमारे पास इतना समय है कि ऐसे सड़कछाप पत्रकारों के ट्वीट पर उसके घर दो पुलिस वाले को भेज कल उठवा लिया जाए जबकि हर मिनट बलात्कार हो रहे हैं? क्या सरकारों की पुलिस या कोर्ट जैसी संस्थाओं के पास ऐसी बातों के लिए समय है जबकि करोड़ से अधिक गंभीर केस लंबित पड़े हैं?

समाधान फेसबुक या ट्विटर लाएगा जब उनकी एआई (आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस) की तकनीक हिन्दी सहित तमाम भाषाओं में लिखे जा रहे शब्दों को स्वतः ब्लॉक करने लगेगी। अभी यह तकनीक शैशवावस्था में है और अंग्रेज़ी के शब्दों पर ही थोड़ा-बहुत काम कर पा रही है। यह तस्वीरों को देखकर अब हिंसक तस्वीरें, विडियो आदि को पोस्ट होने के पहले ही सेकेंड में डिलीट करने में सक्षम है। लेकिन भाषा को समझना, शब्दों को समझना और उनके संदर्भ में उनका अर्थ निकाल कर उन्हें ब्लॉक कर पाना, अभी टेक्नॉलॉजी की दुनिया में एक बहुत बड़ा चैलेंज है।

इसे आप तकनीक से ही सुलझा सकते हैं क्योंकि लोकतंत्र में गालियाँ देने वाले हर घर में हैं, और आपके जेल पहले से ही क्षमता से कई गुणा ज्यादा भरे हुए हैं। साथ ही, क्या सरकारों के पास इतना समय है कि वो किसी नेता को मिल रही गालियों पर अपना समय व्यर्थ करे? ये पत्रकार आदि जो काम कर रहे हैं, उनके पोस्ट्स का अगर बहुत व्यापक असर न हो रहा हो, तो इन्हें लिखने की छूट होनी चाहिए।

अगर इनके ट्वीट या पोस्ट से दंगे भड़कने का डर हो, लोगों को क्षति पहुँच सकती हो, लोगों में द्वेष फैलने की आशंका हो तो इस पर कार्रवाई होनी चाहिए। लेकिन, अगर वो प्रधानमंत्री मोदी को या मुख्यमंत्री योगी को गाली दे रहा हो, कुछ अश्लील कमेंट कर रहा हो तो उस पर पुलिस भेजना हर लिहाज से गलत है। आप चाह कर भी ऐसे मामलों में कुछ भी नहीं कर सकते। आप हर व्यक्ति तक नहीं पहुँच सकते। मुझे कोई यह बताए कि क्या उस पत्रकार ने जो शेयर किया वो ज़्यादा घटिया है या सोनिया, राहुल, ममता, केजरीवाल समेत दसियों नेता द्वारा मोदी को दरिंदा, हरामखोर, हत्यारा, चोर आदि कहना?

पुलिसों ने इन नेताओं को क्यों गिरफ़्तार नहीं किया? क्योंकि आप नहीं कर सकते। मोदी जी खुद ही कहते हैं कि रैलियों में ये सब चलता रहता है। जब रैलियों में यह सब चलता रहता है तो फिर आम जनता को विरोध हेतु गाली देने का अधिकार क्यों नहीं है? अगर कानून लगाना है तो पहले तो नेता लोगों पर लगाया जाए जिनकी बातें करोड़ों लोग सुनते हैं। ये टुटपुँजिए पत्रकार, जिन्हें दस लोग ठीक से पढ़ते नहीं, जिनकी उपलब्धियों में वाहियात पोस्ट लिखना, गाली-गलौज, अज्ञानता और मूर्खतापूर्ण बातें शामिल हैं, उसे पकड़ कर सरकार बेकार के हीरो ही पैदा कर रही है।

नेता हैं तो गालियाँ पड़ेंगी। ऐसा करना ग़ैरक़ानूनी जरूर है लोकिन 130 करोड़ की जनसंख्या वाले देश में, कोर्ट और पुलिस दोनों ही ओवरटाइम कर रही है, वहाँ इन टुटपुँजिया केसों पर सरकार द्वारा ध्यान देना बताता है कि सरकारों की प्राथमिकताएँ हिली हुई हैं। बहुत सी बातें गलत हैं लेकिन उपेक्षा करनी होती है उनकी। हर सोशल मीडिया ट्रोल से सरकार भिड़ नहीं सकती, न ही ऐसा करना सही है।

इन बातों से कितना नुकसान हो रहा है, किसका नुकसान हो रहा है, क्या इसका प्रभाव व्यापक है, क्या इससे सही में समाज को क्षति पहुँच सकती है आदि प्रश्नों का जवाब सोचने के बाद ही ऐसी कार्रवाई करने की बात होनी चाहिए। मुझे लगता है कि देश में रवीश कुमार जैसों के पाँच साल के अजेंडाबाजी के बाद भी मोदी का बहुमत पा जाना बहुत कुछ कहता है। इस बहुमत का सीधा मतलब यह है कि जब रवीश कुमार जैसे लोगों के लगातार लिखने-बोलने से जनता पर कुछ फ़र्क़ नहीं पड़ा तो ये दो कौड़ी के इंटरनेट ट्रोल किसी सरकार या नेता की छवि क्या ख़ाक बिगाड़ेंगे।

इसलिए सरकारों को थोड़ा चिल करना चाहिए। ट्रोलों से ट्रोल निपट लेंगे। सोशल मीडिया पर हर विचारधारा के ट्रोल उचित मात्रा में उपलब्ध हैं और अपने विरोधियों को दिन-रात अपने इंटरनेट और बिजली के ख़र्चे पर धोते रहते हैं। इसमें सरकार को उलझना ही नहीं चाहिए क्योंकि कानूनन जिसने आपको गाली दी, वो गलत है तो आपको डिफ़ेंड करते हुए जिसने उस पत्रकार की माँ-बहन को गोली दी, वो भी तो गलत ही है। क्या सरकार इस एक ट्वीट के ही दायरे में आए हर ट्रोल को जेल भेज सकती है? उत्तर है: नहीं।

मतलब सरकार की पुलिस जब स्वतः संज्ञान ले या किसी की सूचना पर कार्रवाई करे, तो उसी पुलिस की ज़िम्मेदारी है कि अगर उस चोर के भी अधिकारों का हनन हुआ है, उस पर भी व्यक्तिगत टिप्पणियाँ की गई हैं, तो उसे भी कानूनी सहायता मिलनी चाहिए। इसलिए, मेरा कहना यही है कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सरकार थोड़ा आराम से फ़ैसले ले, क्योंकि कविवर रहीम ने दोहे में (नहीं) कहा है:

जैसे को तैसा मिले, मिले नीच को नीच 
पानी में पानी मिले, मिले कीच में कीच
वामी को कामी मिले, जिनका नहीं है मोल
ज्ञानी को ज्ञानी मिले, मिले ट्रोल को ट्रोल

सोशल मीडिया पोस्ट पर 2 कोर्ट के 2 फैसले: पत्रकार करे तो ठीक, नेता पर सख्ती

आज माननीय उच्चतम न्यायालय ने प्रशांत कनौजिया को तुरंत जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया। कोर्ट ने कहा, “हम उसके (कनौजिया की) ट्वीट की सराहना नहीं करते हैं लेकिन उसे (कनौजिया को) सलाखों के पीछे नहीं डाला जा सकता।”

बता दें कि पत्रकार प्रशांत कनौजिया को उनके एक ट्वीट के मामले में गिरफ्तार किया गया था जिसमें एक वीडियो है। वीडियो में एक महिला उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बारे में आपत्तिजनक बातें कह रही थी। इसी ट्वीट को पुलिस ने मुख्यमंत्री की छवि खराब करने वाला माना और प्रशांत कनौजिया को गिरफ्तार कर लिया।

हालाँकि उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से कोर्ट में प्रस्तुत हुए अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल विक्रमजीत बनर्जी ने यह दलील दी कि कनौजिया को इसलिए गिरफ्तार किया गया ताकि यह एक उदाहरण बन सके और भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो। लेकिन कोर्ट ने इस दलील को ख़ारिज कर दिया। कोर्ट ने कहा कि अनुच्छेद 19 और 21 के अंतर्गत मौलिक अधिकारों से समझौता नहीं हो सकता।

जहाँ एक ओर उच्चतम न्यायालय ने पत्रकार प्रशांत कनौजिया को आपत्तिजनक ट्वीट करने के मामले में तुरंत जमानत दे दी वहीं दूसरी तरफ एक दूसरे लेकिन मिलते-जुलते मामले में एक वर्ष पहले मद्रास उच्च न्यायालय ने भाजपा नेता एस वी शेखर को अग्रिम जमानत देने से मना कर दिया था

दरअसल शेखर ने अपने फेसबुक अकॉउंट पर एक पोस्ट शेयर की थी जिसमें महिला पत्रकारों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी। हालाँकि शेखर ने अदालत में यह दलील दी थी कि वह पोस्ट उन्होंने बिना पढ़े ही शेयर की थी। लेकिन उनकी इस दलील को कोर्ट ने नहीं माना था और कहा कि पोस्ट को शेयर करना उसका समर्थन करने जैसा है।

यहाँ दो अदालतों के दो जजमेंट सामने हैं जिनमें एक ही जैसा मामला है लेकिन इसे न्याय व्यवस्था की विडंबना ही कहा जाएगा कि एक मामले में एक पत्रकार सब कुछ जानते हुए एक नेता और मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट ट्वीट करता है जिसपर उसे उच्चतम न्यायालय से जमानत मिल जाती है। लेकिन उच्च न्यायालय एक नेता को पत्रकारों के खिलाफ अनजाने में शेयर किए गए एक पोस्ट के लिए जमानत देने से मना कर देता है।

मजेदार बात यह भी है कि एक साल पहले आए मद्रास उच्च न्यायालय के फैसले में न्यायालय ने कहा था कि सोशल मीडिया पर फॉरवर्ड किया गया कोई मेसेज या पोस्ट उसका समर्थन करने जैसा है। लेकिन एक साल बाद माननीय उच्चतम न्यायालय ने अपने फैसले में इस पक्ष को नजरअंदाज कर दिया।

नेताओं पर आपत्तिजनक ट्वीट करने की बात की जाए तो कुछ दिन पहले ऐसे ही मामले में प्रियंका शर्मा को बंगाल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था जब शर्मा ने ममता बनर्जी का मीम (meme) शेयर किया था। उस समय कोर्ट ने कहा था कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से समझौता नहीं किया जा सकता लेकिन यह किसी दूसरे व्यक्ति के अधिकारों से नहीं टकराना चाहिए।

World Cup 2019: अंगूठे में चोट के कारण धवन 3 हफ़्तों के लिए बाहर, ऋषभ को मिलेगा मौका?

क्रिकेट विश्व कप 2019 में विजयी रथ पर सवार भारत को बड़ा झटका लगा है। शक्तिशाली ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ शतक जड़ने वाले शिखर धवन तीन हफ़्तों के लिए टीम से बाहर हो गए हैं। अर्थात, सलामी बल्लेबाज़ ‘गब्बर’ अब इस विश्व कप में नहीं खेल पाएँगे। फॉर्म में चल रहे धवन का बाहर जाना टीम के लिए बड़ा झटका है। अंगूठे में चोट के कारण धवन टीम से बाहर हुए हैं। उन्हें यह चोट रविवार (जून 9, 2019) को ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध मैच में लगी थी। इसके बावजूद उन्होंने 117 रन बना कर एक विजयी पारी खेली।

वर्ल्ड कप का सेमीफाइनल मैच 9 जुलाई और 11 जुलाई को होने वाला है, ऐसे में यह देखना होगा कि धवन उन मैचों में खेल पाते हैं या नहीं। रविवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ओपनर शिखर धवन को तेज गेंदबाज नाथन कुल्टर नाइल की उछाल लेती गेंद लगी थी। सोशल मीडिया पर लोगों ने ऋषभ पन्त को उनकी जगह टीम में बुलाने की माँग तेज़ कर दी है।

BJP सांसद वीरेंद्र कुमार होंगे लोकसभा के प्रोटेम स्पीकर, 17 जून से शुरू होगा नया सत्र

17वीं लोकसभा के गठन के लिए तैयारियाँ शुरू हो गई हैं। मंगलवार (जून 11, 2019) को सरकार ने भाजपा सांसद डॉ वीरेंद्र कुमार को प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया है, जो नए सांसदों को शपथ दिलवाएँगे। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ से सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार सभी सांसदों को शपथ दिलाएँगे। मध्य प्रदेश के दलित नेता वीरेंद्र कुमार 7वीं बार लोकसभा चुनाव जीतकर सांसद बने हैं और 1996 से लगातार जीत रहे हैं। मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में वीरेंद्र कुमार को महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री बनाया गया था।

दरअसल, प्रोटेम स्पीकर उन्हें कहा जाता है, जो चुनाव के बाद पहले सत्र में स्थायी अध्यक्ष का चुनाव होने तक लोकसभा का संचालन करते हैं। सामान्यतः सदन के वरिष्ठतम सदस्य को यह जिम्मेदारी सौंपी जाती है। प्रोटेम स्पीकर तब तक अपने पद पर बने रहते हैं, जब तक सदन द्वारा स्थायी अध्यक्ष का चुनाव न हो जाए।

जानकारी के मुताबिक, 17वीं लोकसभा का पहला सत्र 17 जून से 26 जुलाई तक आयोजित किया जाएगा। सत्र के पहले दो दिनों तक नवनिर्वाचित सांसदों को शपथ दिलाई जाएगी। पहले दो दिनों में नए सांसदों के शपथ लेने के बाद 19 जून को अध्यक्ष का चुनाव किया जाएगा। जिसके बाद 20 जून को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगे। संसद का यह सत्र 40 दिनों तक चलेगा और और इसमें 30 बैठकें होंगी।

तैयार करें $5 लाख करोड़ की अर्थव्यवस्था बनने का रोडमैप: सचिवों के साथ बैठक में PM ने दिया मन्त्र

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आवास पर सभी मंत्रालयों के सचिवों के साथ एक बड़ी बैठक की। अपने दूसरे कार्यकाल में सचिवों के साथ पहली बार बैठक कर रहे पीएम ने अगले पाँच वर्षों के लिए विचार-विमर्श किया और ज़रूरी निर्देश दिए। प्रधानमंत्री ने अपनी सरकार की प्राथमिकताओं को सामने रखा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लोगों का जीवन कैसे बेहतर बनाना है, इस पर ध्यान केन्द्रित करें। इस बैठक में प्रधानमंत्री के साथ अमित शाह, राजनाथ सिंह, निर्मला सीतारमण और जीतेन्द्र सिंह जैसे केंद्रीय मंत्रीगण भी उपस्थित रहे। इस बैठक में पीएम मोदी ने अधिकारियों के अच्छे कार्यों की तारीफ भी की।

बैठक में प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार अबकी ग़रीबी उन्मूलन और पानी से जुड़े मुद्दों पर ज्यादा ध्यान देने वाली है। उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था के विस्तार की बात करते हुए इसके 5 लाख डॉलर तक ले जाने का लक्ष्य रखा। उन्होंने इसके लिए रोडमैप तैयार करने की ज़रूरत पर बल दिया। उन्होंने कहा कि लोगों ने एक बार फिर से भाजपा को पूर्ण बहुमत दिया है, यह दिखाता है कि लोग हमारी सरकार के कामकाज के तौर-तरीकों से ख़ुश हैं। इसका श्रेय उन्होंने उन अधिकारियों को दिया, जिन्होंने बीते पाँच वर्ष में सरकार के विभिन्न लक्ष्यों को पूरा करने में अहम भूमिका निभाई है।

अधिकारियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा:

“हमें लोगों की आकांक्षाओं को एक चुनौती के रूप में लेना चाहिए, जिसके लिए हमें और कठोर मेहनत करनी है। उम्मीदों से पता चलता है कि लोग उत्सुक हैं और उनमें देश को बदलने की चाहत भी है। हमारा उद्देश्य भारत को 5 लाख करोड़ डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना है। इसके लिए हम में से हर व्यक्ति को अपने विभाग के लिए एक रोडमैप तैयार करना चाहिए और इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए काम करना चाहिए। आप लोग समाज के हर तबके का परामर्श लें और नीतिगत मुद्दों पर ताज़ा विचार लें।”

सरकारी कामकाज में तकनीक की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए मोदी ने अधिकारियों से कहा कि इससे भ्रष्टाचार में कमी आएगी और कार्यक्षमता में भी इजाफा होगा। नरेन्द्र मोदी ख़ुद सोशल मीडिया के कई प्लेटफॉर्म्स पर सक्रिय हैं और डिजिटल इंडिया के सपने के साथ सभी सुविधाओं को इन्टरनेट के माध्यम से जन-जन तक पहुँचाने के लिए प्रयास भी करते रहे हैं। भीम यूपीआई और वन विंडो रजिस्ट्रेशन इसके उदाहरण हैं। इस बैठक के दौरान अधिकारियों ने भी सरकारी कामकाज को लेकर अपने विचार सामने रखे और पीएम ने उन सभी को ध्यान से सुना।

‘मेक इन इंडिया’ की बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इस दिशा में अभी ठोस प्रगति की ज़रूरत है। उन्होंने छोटे कारोबारियों व उद्यमियों के लिए सहूलियत वाला माहौल तैयार करने पर जोर देते हुए इस दिशा में कार्य करने की बात कही। कैबिनेट सचिव पीके सिन्हा ने कहा कि सभी मंत्रालयों में महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने चाहिए और इन निर्णयों को 100 दिन के भीतर मंज़ूरी भी मिलनी चाहिए। पीएम ने कहा कि उन्हें अपनी टीम पर गर्व है। उन्होंने आह्वान किया कि जनता की उम्मीदों को मौके के तौर पर लेना चाहिए।

राजस्थान कॉन्ग्रेस में उठापटक: CM गहलोत ने दिल्ली में डाला डेरा, पायलट ने खेत में बिताई रात

लोकसभा चुनाव परिणाम के बाद से ही राजस्थान की राजनीति करवट बदल रही है। इन दिनों प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के बीच अनबन की खबरें जगजाहिर हैं। अशोक गहलोत जहाँ अपने बेटे वैभव गहलोत की हार के लिए सचिन पायलट को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं, वहीं सचिन पायलट के समर्थक मंत्री, विधायक और पार्टी पदाधिकारी प्रदेश की सभी 25 सीटों पर हार के लिए गहलोत को जिम्मेदार ठहराते हुए इस्तीफे की माँग कर चुके हैं। इसके साथ ही पायलट के समर्थक अशोक गहलोत की जगह सचिन पायलट को सीएम बनाने के स्वर बुलंद कर रहे हैं।

मौजूदा परिस्थिति को देखते हुए गहलोत को अपनी कुर्सी जाने का भय सता रहा है। इसलिए वो इस सियासी तूफान के थमने का इंतजार कर रहे हैं और दिल्ली में लगातार कॉन्ग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। गहलोत पिछले तीन दिनों से दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं और पार्टी नेतृत्व को प्रदेश में हुई हार के कारण गिनाने में जुटे हैं। इसके साथ ही वो अहमद पटेल, मुकुल वासनिक व अविनाश पांडे से मुलाकात कर उनकी मदद से कॉन्ग्रेस अध्यक्ष राहुल गाँधी को खुश करने की कोशिश कर रहे हैं।

वहीं, सचिन पायलट इन दिनों राजस्थान के ग्रामीण इलाकों में घूम रहे हैं। इसी सिलसिले में वो रविवार (जून 9, 2019) देर शाम जालोर जिले के कासेला गाँव में जनता के बीच पहुँचे। पायलट ने कासेला गाँव के ही एक किसान जय किशन के खेत में रात गुजारी। इस दौरान वो उप मुख्यमंत्री होने के बावजूद एक आम नागरिक की तरह नजर आए। सचिन पायलट ने किसानों के बीच न केवल वक्त गुजारा बल्कि उन्होंने खुले आसमान में खाट पर बैठकर खाना भी खाया। सचिन पायलट ने अपने इस दौरे पर स्थानीय जनता से बातचीत भी की। पायलट गहलोत के राजनीतिक कार्यक्षेत्र के विधायकों व कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करके पार्टी काडर के बीच अपनी जमीन और मजबूत करने में लगे हुए हैं।

सचिन पायलट ने ट्वीट में लिखा, “सांचोर के ग्राम कासेला में रात्रि विश्राम के दौरान ग्रामीणों से मुलाकात करके बहुत खुशी हुई। किसान जयकिशन जी एवं उनके परिवार और यहाँ की जनता से मेरा मन पूरी तरह से जुड़ा हुआ है, दो साल पहले भी मैं इसी गाँव में रूका था। आपके द्वारा किए गए आदर-सत्कार एवं स्नेह के लिए मैं आभारी हूँ।”