Home Blog Page 1466

हत्या कर कैफे में मजे कर रहा था ‘अल्लाह का लड़ाका’, ब्रसेल्स पुलिस ने मार गिराया: स्वीडन के लोगों को गोली मार लिया था कुरान जलाने का ‘बदला’

जिस ब्रसेल्स में यूरोपियन यूनियन का मुख्यालय स्थित है, वहाँ पर 2 स्वीडिश नागरिकों की हत्या कर दी गई। जिस पर हत्या का शक है, बताया जा रहा है कि उसे पुलिस ने मार गिराया है। ये एक आतंकवादी हमला था। सोमवार (16 अक्टूबर, 2023) को वहाँ स्वीडन के 2 नागरिकों की हत्या कर दी गई थी। वहीं अगले ही दिन सुबह पुलिस ने इस हत्याकांड को अंजाम देने वाले आतंकवादी को मार गिराया। बेल्जियम के आंतरिक मामलों की मंत्री अन्नेलिएस वेरलिंडेन ने इस संबंध में जानकारी दी है। जिस समय पुलिस पहुँची, हत्यारा एक कैफे में बैठा हुआ था।

पुलिस को देख कर उसने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने भी जवाब दिया। मंगलवार की सुबह स्थानीय समय के अनुसार 5 बजे के करीब बेल्जियम के प्रधानमंत्री अलेक्जेंडर डी क्रू ने बताया कि आतंकवादी ट्यूनीशिया का रहने वाला था। उन्होंने बताया कि वो अवैध तरीके से बेल्जियम में रह रहा था। सिटी सेंटर के ग्रैंड पैलेस से कुछ ही दूरी पर ये घटना हुई। बेल्जियम और स्वीडन के बीच एक फुटबॉल मैच हो रहा था, जिसके बीच में ये घटना हुई। ये इलाका सेंट कैथरीन से कुछ ही दूरी पर स्थित है, जहाँ शहर के बड़े-बड़े बार और रेस्टॉरेंट हैं।

हालाँकि, इस हत्याकांड के बाद स्वीडन-बेल्जियम के बीच मैच को रद्द कर दिया गया। डी क्रू ने बताया कि हत्यारे ने स्वीडन के फुटबॉल समर्थकों को निशाना बनाया। बेल्जियम के कई इलाकों में जहाँ-जहाँ स्वीडन के नागरिकों की संख्या ज़्यादा है, वहाँ-वहाँ सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बता दें कि स्वीडन में कुरान जलाए जाने की घटनाओं के कारण इस्लामी कट्टरपंथी स्केंडिनेविया में स्थित इस देश का विरोध करते रहे हैं। स्टॉकहोम में भी हिंसा की घटनाएँ हुई थीं, जिसके बाद स्वीडन में अलर्ट जारी करना पड़ा था।

यूरोपियन संघ ने कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए कहा था। EU की इमारतों को बंद कर दिया गया है और कार पार्किंग को भी बंद कर दिया गया है। शैरबीक स्थित एक कैफे में कथित हत्यारे के एनकाउंटर की बात कही जा रही है। उसके पास से ऑटोमैटिक हथियार भी मिले, जिनका हत्या में इस्तेमाल किया गया हो सकता है। उसे अस्पताल ले जाए जाते समय उसकी मौत हुई। पूरे बेल्जियम में आतंकवाद को लेकर उच्च-स्तरीय अलर्ट जारी किया गया है।

2 स्वीडिश नागरिकों की हत्या करने वाले की पहचान 45 वर्षीय अब्देसलेम के रूप में हुई है। यूरो 25 क्वालीफ़ायर मैच से पहले हुई इस घटना से पूरे यूरोप में भय का माहौल बन गया। स्टेडियम में फैंस को बंद रहने को कहा गया और पुलिस हमलावर को ढूँढती रही। 50,000 दर्शकों की क्षमता वाला बॉडोइन स्टेडियम उस समय खचाखच भरा हुआ था। हत्यारे ने खुद को आतंकी संगठन ISIS से जुड़ा हुआ और ‘अल्लाह का लड़ाका’ बताया था। उसने दावा किया कि वो मुस्लिमों की तरफ से बदला ले रहा है। उसने ‘अल्लाहु अकबर’ का नारा भी लगाया।

दिल्ली के 40 विभाग, 10 हजार सिविल डिफेंस वॉलंटियर: दीवाली से पहले बेरोजगार कर सकती है केजरीवाल सरकार, सैलरी के लिए कर रहे हैं प्रदर्शन

दिल्ली की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार 10 हजार से अधिक सिविल डिफेंस वॉलटिंयर की सेवा समाप्त कर सकती है। इन लोगों को इस साल अप्रैल से सैलरी नहीं मिली है। सैलरी जारी करने की माँग को लेकर ये लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। केंद्रशासित प्रदेश के 40 विभागों में ये वॉलंटियर अपनी सेवा दे रहे हैं।

द टाइम्स ऑफ इंडिया ने अपनी रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बता है कि राजस्व विभाग ने विभिन्न रूटीन ड्यूटी में लगे 189 सिविल डिफेंस वॉलंटियर को हटाने का प्रस्ताव दिया था। लेकिन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि सभी वॉलंटियर्स की सेवा समाप्त कर उनकी बहाली की सही कानूनी स्थिति का पता करने को कहा है। रिपोर्ट में बताया गया है कि अक्टूबर के अंत तक इनलोगों को नौकरी से निकाला जा सकता है। साथ ही बताया गया है कि सीएम केजरीवाल ने इनकी सैलरी तुरंत जारी करने को भी कहा है।

सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि भविष्य में ऐसी बहालियों में उचित प्रक्रिया का पालन करने के निर्देश भी सीएम केजरीवाल ने दिए हैं। उन्होंने एडहॉक नियुक्ति अब नहीं करने को कहा है। इस मामले पर अभी दिल्ली सरकार की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

वॉलिंटियर्स से सरकार को शिकायत

एक अनुमान के मुताबिक इन वॉलिंटियर्स को वेतन के लिए दिल्ली सरकार सालाना 400 करोड़ रुपए देती है। इनमें से 280 करोड़ रुपए का वेतन बस में चलने वाले मार्शलों के खातों में जाता हैं। इसको लेकर अधिकारियों का कहना है कि उनकी ड्यूटी नागरिक सुरक्षा अधिनियम के मुताबिक नहीं है।

एक अधिकारी के मुताबिक, “इन वॉलिंटियर्स की उनकी अनिवार्य जिम्मेदारियों और कार्यों के विरुद्ध तैनाती को विभिन्न विभागों द्वारा अवैध करार दिया गया था और उनका वेतन रोक दिया गया था।” वेतन नहीं मिलने के विरोध में सिविल डिफेंस वॉलिंटियर्स ने हाल ही में कई विरोध प्रदर्शन किए हैं।

एक सप्ताह पहले ही मंगलवार (10 अक्टूबर,2023) दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की बसों में मार्शल के तौर पर तैनात कई सिविल डिफेंस वॉलिंटियर्स ने बकाया भुगतान न करने पर आईएसबीटी कश्मीरी गेट और तीस हजारी कोर्ट के बीच एक सड़क को जाम कर दिया था।

गौरतलब है कि दिल्ली के 10,792 सिविल डिफेंस वॉलिंटियर्स में से 8,574 को परिवहन विभाग ने डीटीसी और क्लस्टर बसों में बस मार्शल के तौर पर नियुक्त किया है। इसके अलावा राजस्व, एमसीडी, पर्यावरण, खाद्य एवं आपूर्ति, व्यापार एवं कर और चुनाव अन्य विभाग भी इन वॉलिंटियर्स की सेवा का इस्तेमाल करते हैं।

जब भगत सिंह और चंद्रशेखर आज़ाद को भी करनी पड़ी थी ‘घर-वापसी’… ‘क्रांतिदूतों’ की दास्ताँ की छठी क़िस्त, शुरू से अंत तक बाँधे रखती है स्वतंत्रता आंदोलन की अनछुई कहानियाँ

भारतीय सशस्त्र क्रांति के नायकों से परिचित करवाती ‘क्रांतिदूत’ शृंखला की पुस्तकों में एक कड़ी और जुड़ गई है। ‘सर्वभाषा ट्रस्ट प्रकाशन’ से प्रकाशित होने वाली ‘क्रांतिदूत’ शृंखला की छठी कड़ी है – ‘घर वापसी’। भावनाओं को शब्दों में लिखने की जो कला है, वो डॉ मनीष श्रीवास्तव जी को बहुत अच्छे से आती है। ‘क्रांतिदूत’ शृंखला में उनका लेखन जैसे हर एक कड़ी के साथ निखरता ही जा रहा है। क्रांति नायकों की भावनाओं से पाठकों को जोड़ने का कार्य जो उन्होंने इस शृंखला के माध्यम से किया है, वो शायद साहित्य जगत में अब तक किसी ने नहीं किया है।

यही कारण है कि उनकी ये पुस्तक शृंखला पाठकों में अत्यधिक लोकप्रिय है। लगभग 150 पृष्ठों की इस पुस्तक का मूल्य 349 रुपए है, जिसे ऑनलाइन माध्यमों अथवा प्रकाशक से क्रय किया जा सकता है। ‘घर वापसी’ कथा है क्रांति पथ पर निकले उन नायकों की जिन्होंने भारत भूमि की सेवा में अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने माँ की ममता, पिता का संसार और अपनी दुनिया का त्याग करके इस राष्ट्र के लिए एक उज्ज्वल भविष्य की चिंता में अपना जीवन लगा दिया।

लेकिन, रिश्तों के बंधन इतनी सरलता से छोड़े नहीं छूटते, उनकी याद इन्हें एक बार वापसी के लिए मना ही लेती है। भगत सिंह के घर त्यागने से उनकी दादी को लगा कि उनके द्वारा विवाह की ज़िद करने के कारण उनका भगत घर छोड़कर चला गया है। उनकी दादी इस बात से परेशान होकर बीमार रहने लगीं, तब भगत सिंह को वापस लौटना ही पड़ा। घर त्यागने से लेकर घर वापसी तक के जीवन में भगत सिंह में कई परिवर्तन हो चुके थे।

कानपुर में उन्हें गणेश शंकर विद्यार्थी जैसा गुरु मिल चुका था, तो चंद्रशेखर आज़ाद और बटुकेश्वर दत्त जैसा साथी भी मिला था। यहीं उनका परिचय ‘हिंदुस्तान रिपब्लिकन एसोसिएशन’ से हुआ, जो भविष्य में उनकी दिशा और दशा तय करने वाला था। कुछ समय कानपुर में रहकर उन्होंने प्रताप प्रेस के लिए काम किया, जहाँ उन्हें अपने विचारों को रखने का मौका मिला। यहीं दल के लिए काम करते हुए उन्होंने पुलिस का ध्यान अपनी ओर खींच लिया और फिर उन्हें कानपुर छोड़ना पड़ा।

‘क्रांतिदूत’ शृंखला में अब तक भगत सिंह, सुखदेव, यशपाल आदि शिष्य बनते आए हैं और जयचंद्र विद्यालंकार, भाई परमानंद आदि उनके गुरु हैं। कानपुर से निकलकर भगत सिंह अलीगढ़ आ गए हैं और यहाँ वो नेशनल स्कूल में प्रधानाचार्य हैं। अब वो स्वयं गुरु हैं और अब उनके कंधे पर ये जिम्मेदारी आ गई है कि भविष्य के युवाओं के लिए वे स्वयं मार्ग तैयार करें। यहाँ वो समय निकालकर अपने विद्यार्थियों को अनुशीलन समिति के कार्यों के बारे में बताते हैं।

वो बताते हैं कैसे प्रफुल्ल चाकी और खुदीराम बोस की मृत्यु का बदला लिया गया और कैसे श्रीश चंद्र पॉल और श्रीश मित्रा ने रोडा कांड को अंजाम दिया। इन सब को पढ़ते हुए आँखों के सामने एक बड़े परदे पर किसी फिल्म को देखने जैसा अनुभव हो रहा था। हमें इन क्रांतिदूतों के आदर्शों को इनके कारनामों को और अधिक जानने की जिज्ञासा होती है। पर तभी भगत सिंह को अपनी दादी के बीमार होने का संदेश प्राप्त होता है और वो घर के लिए निकल जाते हैं।

जिस समय भगत सिंह अपनी दादी की सेवा में लगे थे इधर काकोरी कांड हो जाता है। योजना से जुड़े सभी साथियों को पुलिस ने पकड़ लिया होता है और उन्हें फाँसी की सजा सुना दी जाती है। केवल चंद्रशेखर आज़ाद पुलिस की पकड़ से बहुत दूर कहीं अज्ञातवास में अपना जीवन व्यतीत कर रहे होते हैं। अज्ञातवास में चंद्रशेखर आज़ाद के कारनामे सबसे अधिक अचंभित करने वाले हैं। आज़ाद जी का स्वाभिमान, उनका बचपन और उनकी मित्रता के किस्से पढ़ते हुए आप पलकें झपकाना भूल जाते हैं।

जिस समय काकोरी षड्यंत्र मामले में पुलिस उन्हें हर दिशा में ढूँढ रही थी चंद्रशेखर आज़ाद जी डिप्टी पुलिस अधिकारी से अपने लिए चरित्र प्रमाणपत्र बनवा लाए थे। अज्ञातवास में रहते हुए उन्होंने गैरेज में मेकेनिक का काम ढूँढ लिया था और वहीं मजदूरों की बस्ती में रहने लगे थे। बस्ती के मजदूरों को काबुलीवाला पठान उधार पैसे देता था और उनसे मनमाना ब्याज वसूलता था। एक बार उसका सामना हरिशंकर तिवारी से हो गया। अब आप पूछेंगे कि हरिशंकर तिवारी कौन है?

तो उसके लिए तो आपको किताब पढ़नी ही पड़ेगी। एक मित्र इस शृंखला में आने वाले सभी क्रांतिदूतों के नामों की सूची बनाते हैं, इस बार हमारा भी विचार बना की सभी के नाम लिखें जाएँ। लगभग 50 नामों को हमने लिखा भी, फिर गिनती करना छोड़ दिया। हर क्रांतिदूत की एक अलग कहानी है और उन सब की कहानियों से हमें जोड़तीं है मनीष श्रीवास्तव जी की लिखीं ‘क्रांतिदूत’ शृंखला की ये पुस्तकें। ‘हिन्दुस्तान रिपब्लिकन एसोसिएशन’ की शुरुआत कैसे हुई और इसका मसौदा किसने तैयार किया?

जब अनुशीलन समिति पहले से ही सशस्त्र क्रांति के नायकों के संगठन का कार्य सँभाल रही थी, तब हिन्दुस्तान रिपब्लिकन एसोसिएशन की क्या आवश्यकता थी? ऐसे कई प्रश्न उठेंगे आपके मन में और उन सभी के उत्तर इस शृंखला में मिलते जाएँगे। डॉ मनीष श्रीवास्तव का लेखन भावनात्मक है, केवल इस शृंखला के लिए ही नहीं इससे पहले लिखी गयीं पुस्तकों में भी उनकी यही शैली रही है। पिछली पुस्तकों में जहाँ प्रेम और खालीपन में उलझे रिश्ते हैं, यौन शोषण से बच्चे के मन पर पड़े गहरे घाव हैं, वहीं ‘क्रांतिदूत’ कहानी है उन नायकों की जिन्होंने भविष्य के लिए अपने वर्तमान को खो दिया।

‘घर वापसी’ आपको शुरू से अंत तक बाँधे रखती है। आज़ाद जब दस वर्ष बाद अपनी माताजी से मिलने पहुँचते हैं और उनकी गोद में सर रखकर सोते हैं। अपने बेटे के लिए परेशान होती उस माता की ममता आपकी पलकों को भिगो देती है। बस यही है अंतिम घर वापसी, इसके बाद आज़ाद अमर हो गए। ‘क्रांतिदूत’ शृंखला की अगली पुस्तक का इंतजार रहेगा, इंतजार रहेगा भगत और आज़ाद के जीवन से जुड़े किस्सों का, उनके विचारों का और उनकी अपनी कहानी का।

इस कथा में बहुत से क्रांतिदूतों से परिचय हुआ, उन सभी के विषय में और अधिक जानने की जिज्ञासा बनी रहेगी। प्रतीक्षा रहेगी ‘क्रांतिदूत’ की अगली कड़ी ‘यारियाँ’ की!

‘पोस्ट नहीं था भड़काऊ, बरामद हथियार लाइसेंसी’: मोनू मानेसर को मिली जमानत, जानिए फिर भी जेल में ही अभी क्यों रहेगा गोरक्षक

गोरक्षक मोनू मानेसर को जमानत मिल गई है। यह जमानत फेसबुक पर कथित भड़काऊ पोस्ट करने के मामले में मिली है। बावजूद मानेसर को अभी जेल में ही रहना होगा, क्योंकि पदौदी में हत्या का प्रयास और राजस्थान के नासिर-जुनैद की हत्या का केस भी उस पर जल रहा है।

31 जुलाई 2023 को नूहं में हिंदुओं की बृजमंडल जलाभिषेक यात्रा पर मुस्लिम भीड़ ने हमला किया था। इसके बाद से इस्लामी और लिबरल गैंग लगातार मानेसर को उसके फेसबुक पोस्ट को लेकर निशाना बना रहा था। इस संबंध में नूहं की साइबर क्राइम थाना पुलिस ने 26 अगस्त को उसके खिलाफ अवैध हथियार रखने और 295 IPC (भड़काऊ बयानबाजी) का केस दर्ज किया था। 12 सितंबर को उसे गुरुग्राम से गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल वह गुरुग्राम की भोंडसी जेल में बंद है।

कथित भड़काऊ पोस्ट के मामले में 16 अक्टूबर 2023 को अमित वर्मा की अदालत ने 1 लाख रुपए के मुचलके पर मोनू मानेसर को जमानत दी। न्यूज 18 को उसके वकील सोमदत्त शर्मा ने बताया है कि कोर्ट ने माना कि मोनू मानेसर ने फेसबुक पर जो लिखा था उससे किसी की भावना आहत नहीं होती। इसके अलावा उसके पास से बरामद हथियार भी लाइसेंसी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बहस के दौरान बचाव पक्ष के वकीलों ने बताया कि मोनू मानेसर ने वीडियो में जो हथियार दिखाए थे वो लाइसेंसी थे। साथ ही अदालत को बताया कि उसका वीडियो किसी समुदाय या मजहब के खिलाफ नहीं था। हालाँकि नूहं पुलिस ने हथियारों का लाइसेंस रद्द किए जाने का हवाले दे जमानत का विरोध किया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने उसे जमानत दे दी।

बताते चलें कि राजस्थान के भरतपुर जिले में मोनू मानेसर पर नासिर जुनैद हत्याकांड का केस दर्ज है। इसके अलावा हरियाणा के पटौदी में भी मोनू पर हत्या के प्रयास की FIR हुई थी। इस दोनों मामले में अभी मोनू को जमानत नहीं मिल पाई है।

हरियाणा के पटौदी में 7 फरवरी 2023 को 2 समुदायों के बीच पत्थरबाजी हुई थी। इस पत्थरबाजी में मोनू मानेसर पर फायरिंग का आरोप लगा था। मोनू की गिरफ्तारी के बाद गुरुग्राम की पटौदी पुलिस ने उसे रिमांड पर लेकर स्कॉर्पियो, एक राइफल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए थे। इस केस में मोनू के वकील ने कोर्ट में जमानत अर्जी दाखिल की है। वहीं 16 फरवरी 2023 को हरियाणा के भिवानी में 2 जली हुई लाशें मिली थीं। ये लाशें नासिर और जुनैद की बताई गईं थी। इस मामले में मृतकों के परिजनों ने मोनू मानेसर को मुख्य आरोपित बताया था।

कुत्ता चोर, गंदी बातें… क्या दिलजले आशिक के ‘इंतकाम’ की आग से जली हैं महुआ मोइत्रा? इशारों-इशारों में TMC सांसद ने कुछ बताया-कुछ छिपाया

तृणमूल कॉन्ग्रेस (TMC) की सांसद हैं महुआ मोइत्रा। आरोप संसद में ब्रांडेड गिफ्ट और पैसे लेकर सवाल पूछने का है। जवाब में टीएमसी सांसद ने कुछ लोगों और मीडिया संस्थान को लीगल नोटिस भेजा है। सोशल मीडिया में एक बूझो तो जानो टाइप का पोस्ट किया है।

महुआ मोइत्रा ने अपने पोस्ट में कुत्ता चोरी, अश्लील मैसेज भेजने की बात की है। ठुकराए आशिक की चर्चा की है। कभी खुद के काफी करीब रहे एक मित्र का जिक्र किया है। ऐसा लगता है कि टीएमसी सांसद यह बताना चाहती हैं कि इस पूरे प्रकरण के पीछे कोई ‘दिलजला आशिक’ है जो ठुकराए जाने के बाद ‘इंतकाम’ पर उतर आया है।

मोइत्रा ने 16 अक्टूबर 2023 के इस क्रिप्टिक पोस्ट में इशारों इशारों में काफी कुछ कहा है। कहा है कि उनके खिलाफ चल रहे कैंपेन के पीछे मिस्टर ए (अडानी समूह तरफ इशारा) है और उसकी मदद उनका ठुकराया प्रेमी कर रहा है। वैसे ये ठुकराया प्रेमी कौन है, इसके बारे में टीएमसी सांसद ने नहीं बताया है।

उन्होंने एक्स ट्विटर पर किए पोस्ट में कहा है, “मिस्टर ए (शायद अडानी) आपकी यह ओछी हरकत जबर्दस्त है? क्या आप फर्जी डिग्री वाले सांसद और एक नाराज ठुकराए प्रेमी के सहारे मुझ पर हमला कर रहे हैं?”

मोइत्रा ने अपनी पोस्ट में कहा, “जब तक ईडी और सीबीआई कोयला घोटाले में भारतीयों के लूटे गए 13000 करोड़ रुपए वसूल नहीं लेती मैं चुप नहीं बैठूँगी। मुझे बताया गया है कि आपसे और आपके घोटालों से पीएम मोदी भी तंग आ चुके हैं।”

टीएससी सांसद मोइत्रा ने कथित तौर पर उन्हें ‘बदनाम’ करने के लिए भाजपा के लोकसभा सांसद निशिकांत दुबे, सुप्रीम कोर्ट के वकील जय अनंत देहाद्राई, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और कई मीडिया संस्थानों को कानूनी नोटिस भी भेजा है।

वकील देहाद्राई को भेजे नोटिस में कहा गया है कि वे कभी करीबी दोस्त थे। इसमें कहा गया है कि अनबन के बाद, देहाद्राई ने कथित तौर पर मोइत्रा को कई घिनौने, दुर्भावनापूर्ण और अश्लील संदेशों के साथ बार-बार धमकी दी। उनके आधिकारिक आवास में घुसपैठ कर निजी सामान चुरा लिए। इन सामानों मोइत्रा का कुत्ता भी शामिल था, जिसे बाद में वापस कर दिया गया था।

नोटिस में यह भी कहा गया है कि देहाद्राई के बार-बार परेशान करने के बाद मोइत्रा ने उनकी पुलिस में शिकायत भी की थी। महुआ मोइत्रा का यह ट्वीट और लीगल नोटिस भेजे जाने की बात तब सामने आई है जब सोशल मीडिया में यह बातें चल रही हैं कि उन्होंने अपने ‘पूर्व प्रेमी’ को प्यार में धोखा दिया था। इसके बाद इस ‘पूर्व प्रेमी’ ने उनके कथित गलत कार्यों की जानकारी लीक कर दी।

सूत्रधार एक्स हैंडल (पहले ट्विटर) वाले यूजर ने लिखा, “उसका (महुआ मोइत्रा का) पूर्व प्रेमी एक हलफनामे के जरिए पूरा इतिहास लिखता है। यदि यह झूठ है, तो वह झूठी गवाही के लिए जेल जाएगा। लेकिन वह एक वकील है। साफ तौर पर मैडम का खेल ख़त्म हो गया है। अडानी समूह कहता रहा कि हम पर बाहरी और आंतरिक ताकतों का हमला है। इससे यह साबित हो रहा है।”

एक्स पर एक अन्य यूजर सिद ने लिखा है, “ठीक है, महुआ की ये फोटोज उनके एक्स ने लीक की? मैं इस पर हँस रहा हूँ कि उसने पैसों के लेन-देन से जुड़ी कुछ जानकारी भी लीक की है। प्यार व्यार सब धोखा है दोस्तों।” इसके जवाब में बीफिटिंग फैक्ट्स ने एक्स हैंडल पर लिखा है, “ठुकरा के मेरा प्यार मेरा इंतकाम देखेगी। जय अनंत।”

सुप्रीम कोर्ट के वकील जय अनंत देहाद्राई की सीबीआई में दायर की गई शिकायत के बाद अडानी समूह ने एक आधिकारिक बयान जारी कर दोहराया है कि कुछ समूह और लोग कंपनी की प्रतिष्ठा और हितों को नुकसान पहुँचाने के लिए उसकी बदनामी के अभियान में लगे हुए हैं। अडानी समूह के प्रवक्ता ने कहा है,“एक चौंकाने वाले घटनाक्रम में, 15 अक्टूबर, 2023 को, सुप्रीम कोर्ट के एक वकील जय अनंत देहाद्राई ने एक शपथ पत्र के रूप में एक माननीय द्वारा एक विस्तृत आपराधिक साजिश के कमीशन को रिकॉर्ड में लाते हुए सीबीआई के पास शिकायत दर्ज की।”

इसमें आगे कहा गया है, “संसदीय प्रश्नों के माध्यम से गौतम अडानी और उनकी कंपनियों के समूह पर आरोप लगाए गए। ऐसा बदले की भावना से किया गया। इसके लिए मोइत्रा ने हीरानंदानी से रिश्वत और अनुचित लाभ प्राप्त किया।” अडानी ग्रुप कहा है, “यह घटनाक्रम 9 अक्टूबर, 2023 के हमारे बयान की पुष्टि करता है कि कुछ समूह और व्यक्ति हमारे नाम, सद्भावना और बाजार की स्थिति को नुकसान पहुँचाने के लिए ओवरटाइम कर रहे हैं। इस विशेष मामले में एक अधिवक्ता की शिकायत से पता चलता है कि अडानी समूह और हमारे अध्यक्ष गौतम अडानी की प्रतिष्ठा और हितों को नुकसान पहुँचाने की यह व्यवस्था 2018 से चली आ रही है।”

गौरतलब है बीजेपी के लोकसभा सांसद निशिकांत दुबे ने तृणमूल सांसद मोइत्रा पर गंभीर आरोप लगाए थे। इन आरोपों में कहा गया कि मोइत्रा ने संसद में खास सवाल पूछने के लिए कारोबारी दर्शन हीरानंदानी से नकद और तोहफे लिए थे। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिख कर कार्रवाई की माँग की है। ये आरोप अधिवक्ता जय अनंत देहाद्राई द्वारा दी गई सूचनाओं पर आधारित है। 

‘अल्लाहू अकबर… मैं ISIS से हूँ’: बेल्जियम में स्वीडन के नागरिकों की इस्लामी आतंकी ने की गोली मारकर हत्या, वीडियो में कहा- मुस्लिमों का बदला लिया

यूरोपीय देश बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स में एक इस्लामी आतंकवादी ने गोली मार कर दो लोगों की हत्या कर दी। दोनों मृतक स्वीडन के नागरिक हैं। इस हमले के बाद स्वीडन और बेल्जियम का फुटबॉल मैच रद्द करना पड़ा। हमलावर की पहचान 45 साल के अब्देसलेम अल गुइलानी के तौर पर हुई है। उसने ‘अल्लाहू अकबर’ के नारे लगाते हुए फायरिंग की। खुद को आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (ISIS) से जुड़ा भी बता रहा था।

हमला करने के बाद से वह फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। हमले में एक स्वीडिश नागरिक घायल भी हुआ है। बेल्जियम के प्रधानमंत्री ने इसे आतंकी हमला बताया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह हमला सोमवार (16 अक्टूबर 2023) की शाम करीब 7 बजे हुआ।

जिस जगह पर इस्लामी आतंकवादी ने फायरिंग की वह किंग बौडॉइन स्टेडियम से लगभग 5 किलोमीटर दूर है। इसी स्टेडियम में स्वीडन और बेल्जियम के बीच फुटबॉल मैच होना था। हमले का CCTV फुटेज भी वायरल है, जिसमें इस्लामी आतंकी को सड़क पर गोलियाँ बरसाते देखा जा सकता है। गोलीबारी के दौरान हमलावर ने नारंगी रंग के कपड़े पहन रखे थे। अचानक हुए इस हमले से आसपास भगदड़ मच गई। वायरल वीडियो में लोगों को इधर-उधर भागते देखा जा सकता है।

माना जा रहा है कि हमलावर ने गोलियाँ चलाने के लिए AK-47 का प्रयोग किया था। हमले के बाद अब्देसलेम अल गुइलानी घटनास्थल से भाग निकला था। उसकी फरारी के कई वीडियो फुटेज भी वायरल हो रहे हैं। इन फुटेज में वह बाइक से भागते देखा जा सकता है। कुछ लोगों का दावा है कि वह बेल्जियम की सीमा पार कर फ्रांस में घुसना चाहता है। खबर लिखे जाने तक उसके पकड़े जाने की सूचना नहीं थी। बाइक पर भागने के दौरान भी उसके हाथों में बंदूक भी देखी जा सकती है। वह ‘अल्लाहू अकबर’ का नारा भी लगा रहा था।

हमले के बाद जारी किया वीडियो

इस बीच अब्देसलेम अल गुइलानी का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में वह कह रहा है, “अल्लाहू अकबर, मैं अल्लाह का एक लड़का हूँ। मैं इस्लामिक स्टेट से हूँ। हम उनसे प्यार करते हैं जो हमें प्यार करता है और नफरत करने वालों से नफरत करते हैं। हम अपने मजहब के लिए ही जीते और मरते हैं। अल्हम्दुलिल्लाह तुम्हारे भाई ने मुसलमानों का बदला लिया। मैंने अब तक तीन स्वीडिश नागरिकों को मार डाला है।”

वीडियो जारी करते हुए हमलावर ने अपने चेहरे पर नकाब पहन रखा था। अब्देसलेम अल गुइलानी के हमले में बुरी तरह से घायल एक व्यक्ति का इलाज अस्पताल में चल रहा है। वह टैक्सी ड्राइवर बताया जा रहा। बेल्जियम के प्रधानमंत्री एलेक्जेंडर डी क्रू ने इसे एक आतंकी घटना बताया है और मृतकों के प्रति शोक संवेदना प्रकट की है। पुलिस हमलावर के ISIS से नेटवर्क की भी जाँच कर रही है।

इस घटना के बाद बेल्जियम और स्वीडन का फुटबॉल मैच सुरक्षा के मद्देनजर रोक दिया गया। देश में आतंकी हमले के खतरे का हाई अलर्ट भी जारी किया गया है।

देवरिया में प्रेमचंद यादव के घर पर नहीं चलेगा बुलडोजर, इलाहाबाद HC ने लगाई रोक: दुबे परिवार का हुआ था नरसंहार

देवरिया नरसंहार के आरोपित प्रेम चंद यादव के परिवार को बड़ी राहत मिली है। उनके घर फिलहाल बुलडोजर नहीं चलेगा। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने तहसीलदार द्वारा प्रेम चंद यादव का घर गिराए जाने के आदेश पर रोक लगाते हुए कहा है कि इस मामले में पीड़ित परिवार को सही तरीके से अपील करने का मौका नहीं मिला। ऐसे में याचिकाकर्ता देवरिया के डीएम के पास अपील लेकर जाए। हाई कोर्ट ने देवरिया के डीएम को भी इस मामले में निर्देश जारी किए हैं।

देवरिया के डीएम को हाई कोर्ट ने दिया निर्देश

इलाहाबाद हाई कोर्ट ने कहा कि देवरिया के डीएम इस मामले में तीन माह के अंदर इस मामले की जाँच करके निर्णय लें। इस मामले की सुनवाई हाई कोर्ट में जस्टिस चंद्र कुमार राय की अदालत में हुई। जिसमें याचिकाकर्ता की तरफ से वकीलों ने तहसीलदार के 11 अक्टूबर, 2023 के आदेश को चुनौती दी थी। इस याचिका में कहा गया कि हिंसक वारदात के बाद तहसीलदार ने 11 अक्टूबर को ध्वस्तीकरण आदेश किया था। वो जिद की वजह से ऐसा कर रहे हैं। वकीलों ने कोर्ट को बताया कि याचिकाकर्ता की भूमि राजस्व रिकॉर्ड में खलिहान के तौर पर दर्ज है।

हाईकोर्ट ने अपील के लिए दिया समय

इस मामले में याचिकाकर्ता का पक्ष नहीं सुना गया और न ही किसी तरह का सीमांकन या सर्वे किया गया। हालाँकि, हाईकोर्ट में सरकारी वकील ने ये कहते हुए याचिका का विरोध किया कि राजस्व कानून के तहत इस याचिका पर यहाँ सुनवाई नहीं हो सकती, क्योंकि याचिकाकर्ता के पास तहसीलदार के ऊपर अपील करने का विकल्प है। ये याचिका प्रेम चंद यादव के परिवार के राम भुवन यादव की तरफ से दाखिल की गई थी, जिसके बाद हाई कोर्ट ने अपना फैसला सुनाया।

हाईकोर्ट के सामने ये याचिका अर्जेंट लिस्टिंग के तौर पर पहुँची थी, जिसपर हाई कोर्ट ने तहसीलदार के फैसले पर रोक लगा दी और याचिकाकर्ता को डीएम के पास अपील करने के निर्देश दिए। हाईकोर्ट ने देवरिया के डीएम को निर्देश देते हुए कहा है कि वो इस मामले की जाँच और सुनवाई 3 माह में पूरी कर लें। चूँकि याचिकाकर्ता का कहना है कि उसकी बात नहीं सुनी गई है, इसलिए इस मामले में अपील करने के लिए याचिकाकर्ता के पास 15 दिन का समय भी दिया जाता है। हाईकोर्ट के इस आदेश के बाद कम से कम 3 माह तक प्रेम चंद यादव का घर नहीं गिरेगा।

अखिलेश यादव ने प्रेम चंद यादव के परिजनों से की मुलाकात

देवरिया हत्याकांड मामले के 15 दिन बीत जाने के बाद समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने फतेहपुर गाँव का दौरा किया। वो मृत दुबे परिवार के घर भी गए थे। हालाँकि मृतक के परिवार के देवेश दुबे ने उनसे मिलने से इनकार कर दिया था। इसके बाद वो अपनी पार्टी के जिला पंचायत सदस्य रहे प्रेम चंद यादव के घर पहुँचे और परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने प्रेम चंद यादव के परिजनों को हरसंभव मदद का आश्वासन भी दिया था।

जिस बसपा सांसद दानिश अली पर बिगड़े थे रमेश बिधूड़ी, उन्होंने फिलिस्तीन के दूतावास पहुँच किया समर्थन: पत्र पर मनोज झा के भी हस्ताक्षर, हमास के हमले में 1400 मौतें

हमास ने इजरायल पर आतंकी हमला किया, जिसके बाद पूरी दुनिया इजरायल के प्रति सहानुभूति और एकजुटता दिखा रही है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हमास के हमले की निंदा की और इजरायल के प्रति समर्थन जताया, तो भारत के ही कुछ विपक्षी दलों के नेता, सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री फिलिस्तीन का समर्थन कर रहे हैं। इसके लिए बसपा सांसद दानिश अली, कॉन्ग्रेसी नेता मणिशंकर अय्यर के नेतृत्व में कई सांसदों, नेताओं और पूर्व सांसदों ने दल ने फिलिस्तीनी राजदूत से मुलाकात की और फिलिस्तीन के प्रति अपना समर्थन जताया।

इन नेताओं ने इजरायली पलटवार का कड़ा विरोध किया है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से युद्ध को रोकने के लिए दबाव डालने की अपील की है।

दानिश अली ने किया इजरायल का विरोध

दानिश अली ने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर इस मुलाकात से संबंधित तस्वीर पोस्ट की और लिखा, “आज विभिन्न दलों के सांसदों और राजनेताओं ने फिलिस्तीनी राजदूत से मुलाकात की और इजरायली बलों द्वारा गाजा में बेरहमी से मारे गए मासूम बच्चों सहित फिलिस्तीनी लोगों के लिए गहरी चिंता व्यक्त की। हम अंतरराष्ट्रीय समुदाय से हस्तक्षेप करने और इस पागलपन को रोकने की मांग करते हैं।” बता दें कि ये वही दानिश अली हैं, जिनपर संसद में भाजपा संसद रमेश बिधूड़ी बिगड़ गए थे।

हालाँकि, इस युद्ध के शुरू होने के बाद से दानिश अली लगातार इजरायल के खिलाफ बयान दे रहे हैं और फिलिस्तीन के प्रति समर्थन जता रहे हैं।

इस मुलाकात के बाद कुँवर दानिश अली ने पीटीआई से बातचीत में कहा, “हम भारत की आवाम की तरफ से फिलिस्तीन की आवाम के प्रति समर्थन के लिए गए थे। हम भारतीय विदेश मंत्रालय के बयान के साथ खड़े हैं, जिसमें भारत एक स्वतंत्र फिलिस्तीन का समर्थन करता है। हम इजरायली हिंसा के खिलाफ हैं। हम चाहते हैं कि दोनों तरफ से हो रही हिंसा बंद हो।”

इन नेताओं ने दिया फिलिस्तीन को समर्थन

फिलिस्तीन के राजदूत को सौंपे पत्र में जिन भारतीय नेताओं ने फिलिस्तीन का समर्थन किया। इस पत्र पर जिनके नाम हैं, वो हैं- कुँवर दानिश अली, मनोज झा, मोहम्मद अबीद, नदीम शाह, डी राजा, मोहम्मद अफजल, दीपांकर भट्टाचार्य, मणि शंकर अय्यर, जावेद अली खान, मुजफ्फर शाह (जम्मू -कश्मीर), सुहासिनी अली, केसी त्यागी, संतोष भारतीय, जेना श्रीकांत और शाहिद सिद्दीकी। इनमें से कुछ पूर्व केंद्रीय मंत्री हैं, तो कुछ पूर्व सांसद। ये सभी नेता फिलिस्तीन के राजदूत से मिले और फिलिस्तीन के प्रति अपनी एकजुटता दर्ज कराई।

हमास के हमलों में 1400 से अधिक की मौत

बता दें कि हमास के हमले में इज़राइल में मरने वालों की संख्या अब 1400 से अधिक हो गई है, करीब 4000 लोग घायल हुए हैं, जिनमें मुख्य रूप से आम नागरिक शामिल हैं। हमास द्वारा आतंकी हमले के जवाब में इज़राइल ने गाजा में हमास के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया है। इसके साथ ही उत्तरी गाजा में बिजली, पानी और राशन की आपूर्ति को रोकते हुए सीज कर दिया है। इजरायल ने उत्तरी गाजा के लोगों को दक्षिणी गाजा जाने के लिए कहा, ताकि वो जमीनी स्तर पर अपने हमलों को शुरू कर सके।

हमास पर ताबड़तोड़ हमले जारी, मौतों की संख्या

इस बीच, रायटर्स ने गाजा के अधिकारियों के हवाले से बताया है कि इजरायली हमले में अब तक कम से कम 2750 लोग मारे जा चुके हैं, तो 10 हजार से अधिक लोग घायल हुए हैं। मरने वालों में महिलाएँ और बच्चे भी शामिल हैं, क्योंकि इजरायल अभी तक हवाई हमले ही कर रहा है। वहीं, इन हमलों के साथ ही 1000 लोग लापता भी हैं। इजरायल के जमीनी हमले की सूरत में ये आँकड़े तेजी से बढ़ सकते हैं।

आज़ादी के बाद पहली बार कश्मीर के शारदा मंदिर में नवरात्रि पूजा: LoC पर स्थित ऐतिहासिक स्थल पर गूँजी मन्त्रों की ध्वनि, अमित शाह बोले – पुनः जागृत हो रही आध्यात्मिक ज्वाला

जम्मू कश्मीर के शारदा मंदिर में देश की आज़ादी के पहली बार नवरात्रि की पूजा हुई। ये मंदिर कुपवाड़ा के टीटवाल में स्थित है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक पंडित जी मंदिर में स्थित देवी की प्रतिमा के सामने पूजा कर रहे होते हैं। पुजारी जहाँ भगवा वस्त्र में दिख रहे हैं, वहीं माता की प्रतिमा को भी सजाया गया है। इस दौरान मंत्रोच्चार के साथ-साथ घंटी की ध्वनि भी सुनाई दे रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस ऐतिहासिक घटना पर ख़ुशी जताई है।

अमित शाह ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से अंग्रेजी अखबार की कटिंग लगाई, जिसमें बताया गया है कि सीमा क्षेत्र LoC में स्थित मंदिर में भारत की स्वतंत्रता के बाद पहली बार दुर्गा पूजा हुई। साथ ही इसमें पूजा के दौरान पंडितों की तस्वीर भी दी गई है। उत्तरी कश्मीर स्थित इस मंदिर के नवनिर्माण का कार्य कुछ ही दिनों पहले संपन्न हुआ है। 75 वर्षों से यहाँ इस्लामी आतंकवाद और मुस्लिम तुष्टिकरण की सरकारी नीतियों के कारण नवरात्रि की पूजा नहीं हुई।

बता दें कि इस बार नवरात्र रविवार (15 अक्टूबर, 2023) को कलश स्थापना के साथ शुरू हुआ है। शारदा मंदिर में हुई इस पूजा में हम्पी के गोविंदानंद सरस्वती मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वो हनुमान जी का जन्मस्थान माने जाने वाले कर्नाटक के किष्किंधा में रथयात्रा निकाले जाने के लिए जाने जाते हैं। पूजा के कार्यक्रम में अच्छी संख्या में श्रद्धालु भी पहुँचे। इस दौरान कश्मीरी पंडितों का जत्था भी मौजूद रहा। 80-90 के दशक में कश्मीरी पंडितों को घाटी से निकाल दिया गया था, उनका नरसंहार हुआ था और महिलाओं के साथ बलात्कार हुए थे।

नीचे समाचार एजेंसी ANI द्वारा डाले गए वीडियो में आप देख सकते हैं कैसे मंदिर में पूजा की जा रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “ये अत्यधिक आध्यात्मिक महत्व की बात है कि 1947 के बाद से पहली बार कश्मीर के ऐतिहासिक शारदा मंदिर में इस साल नवरात्रि की पूजा हुई है। इसी साल यहाँ चैत्र नवरात्रि की पूजा हुई थी और अब शारदीय नवरात्रि के मन्त्र गूँज रहे हैं। 23 मार्च, 2023 को मंदिर के जीर्णोद्धार के बाद मुझे इसके उद्घाटन का मौका मिला था।”

केंद्रीय गृह मंत्री ने ये भी कहा कि ये न सिर्फ घाटी में शांति की वापसी को दर्शाता है बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारे देश की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक ज्वाला के पुनः जाग्रत होने का प्रतीक भी है। उक्त मंदिर में पंचलोहा की प्रतिमा स्थापित की गई है। कर्नाटक के श्रृंगेरी से इस मंदिर में प्रतिमा लाए जाने के लिए रथयात्रा भी हुई थी। बता दें कि माँ शारदा का मुख्य पीठ पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाली कश्मीर में स्थित है। ये प्राचीन भारत में विद्या अर्जन के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में जाना जाता था, लेकिन अब ये जीर्ण हो चुका है।

‘घूस लेकर हमारी कंपनियों पर लगाए आरोप, 5 साल से चल रहा ये सब’: अडानी समूह ने महुआ मोइत्रा की खोली पोल, केंद्रीय मंत्री का भी बड़ा खुलासा

TMC की सांसद महुआ मोइत्रा पर पैसे लेकर संसद में सवाल पूछने के मामले में विवाद बढ़ रहा है। अब अडानी ग्रुप की ओर से आरोप लगाए गए हैं कि महुआ मोइत्रा उनकी राइवल कंपनी से पैसे लेकर सवाल पूछती हैं। कंपनी की ओर से जारी बयान में अडानी ग्रुप ने टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा पर एक डेटा सेंटर कंपनी के इशारे पर संसद में सवाल पूछने का आरोप लगाया है।

इस मामले में केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने गंभीर आशंका व्यक्त की है और आशंका जताई है कि महुआ मोइत्रा ने संसद में उनसे जो सवाल पूछा था, वो इसी मामले से जुड़ा हो सकता है। वहीं, मोइत्रा ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा है कि वह आईटी समिति और डेटा संरक्षण पर संयुक्त संसदीय समिति की सदस्य हैं और उन्होंने जो सवाल पूछा था वह वैध था।

अडानी ग्रुप ने लगाए गंभीर आरोप

इस मामले में अडानी ग्रुप ने बयान जारी किया। इस बयान में लिखा है, “एक चौंकाने वाले घटनाक्रम में, रविवार, 15 अक्टूबर, 2023 को, सुप्रीम कोर्ट के एक वकील जय अनंत देहाद्राई ने एक शपथ पत्र के रूप में एक माननीय द्वारा एक विस्तृत आपराधिक साजिश के कमीशन को रिकॉर्ड में लाते हुए सीबीआई के पास शिकायत दर्ज की।” इसमें आगे कहा गया है, “संसदीय प्रश्नों के माध्यम से गौतम अडानी और उनकी कंपनियों के समूह पर आरोप लगाए गए। ऐसा बदले की भावना से किया गया। इसके लिए मोइत्रा ने हीरानंदानी से रिश्वत और अनुचित लाभ प्राप्त किया।”

अडानी ग्रुप ने आगे लिखा, “यह घटनाक्रम 9 अक्टूबर, 2023 के हमारे बयान की पुष्टि करता है कि कुछ समूह और व्यक्ति हमारे नाम, सद्भावना और बाजार की स्थिति को नुकसान पहुँचाने के लिए ओवरटाइम कर रहे हैं। इस विशेष मामले में एक अधिवक्ता की शिकायत से पता चलता है कि अडानी समूह और हमारे अध्यक्ष गौतम अडानी की प्रतिष्ठा और हितों को नुकसान पहुँचाने की यह व्यवस्था 2018 से चली आ रही है।”

अडानी समूह ने अपने बयान में कहा है कि मोइत्रा को हीरानंदानी से रिश्वत और अनुचित लाभ मिले। समूह ने कहा, “हम यह भी समझते हैं कि एक अन्य सांसद ने लोकसभा अध्यक्ष को शिकायत भेजकर अनुरोध किया है कि मोइत्रा को निलंबित किया जाए और भ्रष्टाचार की जाँच की जाए” अडानी ग्रुप के प्रवक्ता की तरफ से कहा गया है कि हम हम अपने शेयरधारकों सहित अपने सभी हितधारकों के हित में यह बयान जारी कर रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने जताई ये चिंता

महुआ मोइत्रा के दूसरों के निर्देशों पर संसद में सवाल पूछने से जुड़े मामले में केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि उनसे संसद में ठीक वैसा ही सवाल पूछा गया था, जैसी बातें एक भारतीय कंपनी के मुखिया ने मेरे सामने रखी थी। उन्होंने अपने बात के दावे के साथ ही महुआ मोइत्रा द्वारा संसद में पूछे गए सवाल और उसके आधिकारिक जवाब की कॉपी भी पोस्ट की है।

केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, ” मुझे समाचार रिपोर्टों से पता चला है कि यह संसदीय प्रश्न संभवतः एक डेटा सेंटर कंपनी के आदेश पर एक सांसद द्वारा पूछा गया था। अगर यह सच है तो यह वाकई चौंकाने वाला और शर्मनाक है। यह सच है कि यह कंपनी (हीरानंदानी की कंपनी) डेटा लोकलाइजेशन के लिए सक्रिय और आक्रामक तरीके से पैरवी कर रही थी। संसद में पूछे गए सवाल में इस्तेमाल की गई भाषा बहुत हद तक वैसी ही है (डेटा स्थानीयकरण की आवश्यकता को डेटा उल्लंघनों से जोड़ना) उस भाषा के समान है, जब इस कंपनी के प्रमुख ने मुझसे मुलाकात की थी।”

उन्होंने आगे कहा, “मुझे इसके पूरे तथ्य या पृष्ठभूमि की जानकारी नहीं है – लेकिन अगर यह सच है तो यह एक भयानक मजाक है और संसद सदस्य के रूप में सवाल पूछने के अधिकार का दुरुपयोग है।”

महुआ मोइत्रा ने केंद्रीय मंत्री को दिया ये जवाब

राजीव चंद्रशेखर के ट्वीट पर महुआ मोइत्रा का तुरंत जवाब आया। महुआ मोइत्रा ने खुद का बचाव करते हुए और खुद को स्मार्ट बताते हुए लिखा, “सर, मैं डेटा प्रोटेक्शन पर आईटी कम्युनिकेशन और जेपीसी की सदस्य हूँ। यह सभी भारतीयों के लिए जायज सवाल है। यदि शत्रु राष्ट्र ऐप्स से डेटा चुरा सकते हैं-तो क्या वे विदेशों में स्टोर किए गए भारतीय यूजर्स का डेटा नहीं चुरा सकते? मुझ पर दूसरों को आगे बढ़ाने का आरोप लगाकर मेरी बुद्धि का अपमान मत करिए। कुछ ‘मंद बुद्धि’ लोग ऐसा करते हैं।”

बता दें कि भाजपा के लोकसभा सांसद निशिकांत दुबे ने रविवार (15 अक्टूबर, 2023) को तृणमूल कॉन्ग्रेस (TMC) सांसद महुआ मोइत्रा पर घूस लेकर संसद में सवाल पूछने के आरोप लगाए। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिख कर कार्रवाई की माँग की। ये आरोप अधिवक्ता जय अनंत देहाद्राई द्वारा दी गई सूचनाओं पर आधारित है। अधिवक्ता ने आरोप लगाया है कि कारोबारी दर्शन हीरानंदानी के व्यापारिक हितों को लाभ पहुँचाने के लिए महुआ मोइत्रा ने संसद में सवाल पूछे और बदले में उन्हें न सिर्फ कैश, बल्कि तोहफे भी मिले।

अधिवक्ता जय अनंत देहाद्राई द्वारा दायर की गई शिकायत की प्रति भी ऑपइंडिया के पास मौजूद है। इसमें बताया गया है कि संसद में सवाल पूछने की एवज में महुआ मोइत्रा को तोहफे में क्या-क्या मिला।