Home Blog Page 1546

पाकिस्तान के खिलाफ भारत की जीत पर दलित युवक मना रहा था जश्न: पटाखे फोड़ने पर कट्टरपंथी इस्लामी भीड़ ने घेरकर पीटा, घर में की तोड़फोड़

एशिया कप में 11 सितंबर 2023 को हुए मैच में भारत ने पाकिस्तान को बुरी तरह से हरा दिया। टीम इंडिया की जीत के जगह-जगह लोग जश्न में डूब गए। गुजरात के सूरत में रहने वाले एक दलित युवक ने भी पटाखे फोड़कर जश्न मनाया। इस पर मुस्लिम युवक भड़क गए और बैट व स्टंप से हमला कर उसे घायल कर दिया।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना सूरत के सैयदपुरा मार्केट इलाके की है। भारत-पाकिस्तान मैच खत्म होने के बाद करीब 11 बजे रात को दलित युवक खुशी मनाते हुए पटाखे फोड़ रहा था। इसी दौरान कुछ मुस्लिम युवक वहाँ आ धमके और जाति सूचक टिप्पणी व गालियाँ देते पटाखे फोड़ने की वजह पूछने लगे। देखते-ही-देखते वहाँ मुस्लिम युवकों की भीड़ जमा हो गई।

इसके बाद भीड़ बैट और स्टंप से उसकी बेरहमी से पिटाई करने लगी। बुरी तरह से घायल होने के बाद युवक किसी तरह से भागता हुआ अपने घर पहुँचा, लेकिन इस्लामवादियों की भीड़ उसे मारने के लिए पीछा करती हुए उसके घर तक पहुँच गई। वहाँ पहुँचकर भीड़ ने उसके घर में जमकर तोड़फोड़ की। जानकारी मिलने पर लालगेट पुलिस मौके पर पहुँची गई।

पीड़ित युवक की शिकायत पर पुलिस ने मारपीट और जातिसूचक गालियाँ देने वाले आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इसकी जानकारी देते हुए पुलिस ने कहा कि पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। हालाँकि, दलित युवक पर हमला करने वाले सभी मुस्लिम युवक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने जल्द ही सभी की पहचान कर गिरफ्तार करने की बात कही है।

वहीं, मुस्लिमों ने भी हिंदू युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। सैयदपुरा निवासी शाहरुख आफताब मिर्जा ने शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि बच्चे सड़क पर क्रिकेट खेल रहे थे। इसलिए उन्होंने हिंदू युवकों से पटाखे नहीं फोड़ने के लिए कहा था। इसी दौरान हिंदू युवक और उसके दो दोस्तों ने उसकी पिटाई कर दी।

पीड़ित हिंदू युवक का दावा है कि वह वाहन चलाकर परिवार की आर्थिक मदद करने की कोशिश करता है। बीते 15 साल में उस पर यह तीसरा हमला है। उसने कहा कि साल 2021 में भी उस पर हमला हुआ था, लेकिन इस मामले में पुलिस ने उसकी शिकायत दर्ज नहीं की थी। कोर्ट के दबाव में पुलिस को FIR दर्ज करना पड़ा था।

अब संस्कृत पढ़ेंगे मदरसे के छात्र, कुरान का भी कराया गया अनुवाद: उत्तराखंड की सरकार ने लिया फैसला, कॉन्ग्रेस ने किया विरोध

देवभूमि उत्तराखंड के मदरसों में संस्कृत पढ़ाई जाएगी। उत्तराखंड वक्फ बोर्ड ने फैसला लिया है कि मदरसों में एनसीईआरटी के अंतर्गत आने वाले विषयों की पढ़ाई होगी। इसमें अन्य विषयों की तरह संस्कृत भाषा की भी पढ़ाई की जाएगी। यही नहीं, उत्तराखंड वक्फ बोर्ड ने कुरान का संस्कृत भाषा में अनुवाद भी कराया है।

वहीं, कॉन्ग्रेस ने हमेशा की तरह इस फैसले पर भी सवाल उठाया है। कॉन्ग्रेस ने इस पर तंज कसते हुए कहा है कि वक्फ बोर्ड को कुरान का अनुवाद अन्य भाषाओं में भी कराना चाहिए, ताकि बच्चों को अन्य भाषाओं की भी जानकारी मिल सके। बताते चलें कि उत्तराखंड वक्फ बोर्ड राज्य में 103 मदरसों का संचालन करता है।

वक्फ बोर्ड ने उठाया बड़ा कदम

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राज्य के वक्फ बोर्ड अध्यक्ष शादाब शम्स ने इस नए निर्णय का ऐलान किया है। उन्होंने कहा, “राज्य के मदरसों में एनसीईआरटी के अंतर्गत आने वाले सभी विषयों की पढ़ाई कराई जाएगी। इसके लिए राज्य में नए और मॉडर्न मदसरे भी बनाए जा रहे हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “अब बच्चे गणित, विज्ञान, हिंदी के साथ ही संस्कृत और अंग्रेजी की भी पढ़ाई करेंगे। संस्कृत विषय को बढ़ावा देने के लिए संस्कृत में कुरान लिखी गई है। इस कुरान को मदरसा शिक्षा कमेटी में भी शामिल किया गया है।” उन्होंने कहा इसके लिए यहाँ नए और मॉर्डन मदरसे भी बनाए जा रहे हैं।

शम्स ने कहा, “यह किसी क्रांति से कम नहीं है। हमें राज्य में मदरसा शिक्षा के आधुनिकीकरण के प्रयास के खिलाफ मुस्लिम परिवारों से कड़े विरोध की आशंका थी, लेकिन स्थिति इसके बिल्कुल उलट रही। बच्चों के अभिभावकों ने इसका स्वागत किया। वे मदरसों का आधुनिकीकरण चाहते हैं।” 

कॉन्ग्रेस ने कसा वक्फ बोर्ड पर तंज

उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के इस फैसले पर कॉन्ग्रेस ने तंज कसा है। उत्तराखंड प्रदेश कॉन्ग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि वो इस फैसले का स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कहा कि आजकल बोर्ड के अध्यक्ष सिस्टम के करीब जाने के लिए चाटुकारिता करने में लगे हुए हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि कुरान का अन्य भाषाओं में भी अनुवाद कराना चाहिए।

6 साल पहले भी उठी थी माँग

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तराखंड के मदरसों में संस्कृत पढ़ाने की माँग छह साल पहले मदरसा वेलफेयर सोसाइटी ने उठाई थी। मदरसा वेलफेयर सोसायटी ने उस समय उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रहे त्रिवेंद्र सिंह रावत को पत्र भी लिखा था।

कमिटी ने त्रिवेंद्र सिंह रावत से माँग की थी की मदरसों में संस्कृत विषय के शिक्षकों की भी तैनाती की जाए, ताकि बच्चों को संस्कृत भाषा भी पढ़ाई जा सके। हालाँकि, तब रावत सरकार ने इस माँग को ये कहकर खारिज कर दिया था कि ये सुझाव अव्यवहारिक है।

‘हमारे मुस्लिम भाई भी दिल्ली के साथ व्यापार के लिए बेचैन’: जानिए भारत-सऊदी की नजदीकी पर क्यों रो रहा पाकिस्तान, इकोनॉमिक कॉरिडोर पर ‘डॉन’ ने कहा भला-बुरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और MBS के नाम से प्रसिद्ध सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के बीच दो पक्षीय वार्ता हुई। इस वार्ता को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुशी जाहिर की है। इसके बाद पाकिस्तान को जैसे मिर्ची लग गई। पाकिस्तान के अखबारों ने इस मुलाकात को लेकर अपनी भड़ास निकाली है।

दरअसल, तरफ जी-20 से हटकर भारत और सऊदी अरब के प्रमुखों ने सोमवार (11 सितंबर) को नई दिल्ली में द्विपक्षीय बैठक की। इस दौरान 8 समझौते पर दस्तखत किए गए। प्रिंस सलमान ने भारत को शानदार बाजार निवेश के लिए पसंदीदा जगह बताया।

इतना ही नहीं, दोनों देशों ने अपने संयुक्त बयान में वैश्विक आतंकवाद के खिलाफ कमर कसने का भी ऐलान किया है। दोनों देशों के रिश्तों की इस गर्माहट और आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई पर पड़ोसी देश पाकिस्तान बौखला गया है। पूरी दुनिया जानती है कि पाकिस्तान ही भारत में आतंकवाद फैलाने के लिए जिम्मेवार है।

पाकिस्तान ने सऊदी को दी नैतिकता की दुहाई

पाकिस्तान के अखबार डॉन ने जी-20 पर लिखे अपनी संपादकीय में भड़ास निकाली है। इसमें लिखा गया है कि यूरोपीय संघ के साथ दुनिया की 19 शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं के समूह ने अफ्रीकी संघ को स्वीकार कर लिया, जबकि शी जिनपिंग की गैर-मौजूदगी साफ थी। इससे मेजबान देश के साथ-साथ ब्लॉक के पश्चिमी सदस्यों को एक अस्पष्ट संदेश भेजा गया। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी इससे दूर रहे।

डॉन (Dawn) वही अखबार है, जिसे पाकिस्तान के संस्थापक मुहम्मद अली जिन्ना ने अखिल भारतीय मुस्लिम लीग के मुखपत्र के तौर पर स्थापित करने के लक्ष्य के साथ निकाला था। आज से 81 साल पहले दिल्ली में 26 अक्टूबर 1941 को यह अखबार लॉन्च किया गया था। अब ये पाकिस्तान के इरादों के मुखपत्र की तरह काम कर रहा है। जी-20 पर लिखे इसके संपादकीय में इसकी स्पष्ट छाप दिखती है।

सऊदी को तंज कसते हुए इसमें लिखा गया है, “पाकिस्तान को यह भी महसूस करना चाहिए कि कश्मीर में भारत के क्रूर मानवाधिकार रिकॉर्ड के बावजूद, पश्चिमी देशों के साथ-साथ हमारे मुस्लिम भाई भी कम फिक्रमंद हैं और दिल्ली के साथ व्यापार करने के लिए उत्सुक हैं। दुखद वास्तविकता यह है कि अंतरराष्ट्रीय क्षेत्र में आर्थिक प्रभुत्व नैतिकता पर हावी हो जाता है।” पाकिस्तान इतना चिढ़ा हुआ है कि बार-बार कश्मीर के मुद्दे पर अनैतिकता का रवैया अपनाने के बावजूद वो सऊदी के प्रिंस को नैतिकता की दुहाई देने से बाज नहीं आ रहा है।

डॉन आगे लिखता है, “आधिकारिक घोषणा में बल के प्रयोग और किसी भी राज्य की क्षेत्रीय संप्रभुता के उल्लंघन की निंदा की गई, लेकिन इस शिखर सम्मेलन में यूक्रेन पर रूसी आक्रमण की साफ तरह से आलोचना नहीं की गई। जबकि कथित तौर पर समूह के सदस्यों के बीच व्यापक भू-राजनीतिक मतभेदों को पाटने के लिए एक समझौता समाधान निकाला गया था।”

हालाँकि अपने संपादकीय में उसने ये भी लिखा है, “जहाँ तक पाकिस्तान का सवाल है, हमारे आंतरिक मुद्दों की वजह से हम इन अंतरराष्ट्रीय भू-आर्थिक नेटवर्क में सक्रिय खिलाड़ियों के बजाय बड़े पैमाने पर दर्शक हैं। इसलिए, अगर हम इस वैश्विक व्यापार नेटवर्क का हिस्सा बनना चाहते हैं और अगर हम चाहते हैं कि कश्मीर जैसे मुद्दों पर हमारी आवाज़ सुनी जाए तो हमें पहले अपनी आंतरिक कमियों को दूर करना होगा।”

आईएमईईसी पर भी निकाली कोफ्त

पीएम नरेंद्र मोदी ने शनिवार (9 सितंबर 2023) को दिल्ली में ‘इंडिया-मिडिल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर’ (IMEEC) लॉन्च किया। इस परियोजना में अमेरिका और यूरोपीय देशों के साथ-साथ सऊदी अरब की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।

ये इंडिया-मिडल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर एक प्रस्तावित व्यापार और निवेश गलियारा है, जो भारत को मिडिल ईस्ट और यूरोप को रेल नेटवर्क से जोड़ेगा। इसके बाद उन्हें भारत से एक शिपिंग रूट के माध्यम से लिंक किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट में अंतरमहाद्वीपीय परिवहन, ऊर्जा और डेटा लिंकेज शामिल हैं।

इसे चीन की बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव (BRI) की काट माना जा रहा है। माना जा रहा है कि IMEEC नए व्यापार और निवेश के अवसर पैदा करेगा। इसके साथ ही कनेक्टिविटी में सुधार होने से आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।

ये आर्थिक गलियारा भारत की चीन पर निर्भरता को कम करेगा। इससे चीन की सिल्क रोड की अहमियत कम हो जाएगी और भारत से सऊदी अरब-तुर्की होते हुए यूरोप तक सीधे माल की आवाजाही हो पाएगी।

इसे लेकर डॉन लिखता है कि एक और बड़ी घोषणा भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे की शुरुआत थी। ये एक विशाल योजना है, जिसे आधुनिक ‘स्पाइस रूट’ के तौर पर बताया जा है। इससे अरब प्रायद्वीप के जरिए भारत को यूरोप से जोड़ने के लिए डिज़ाइन किया गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने इसे ‘वास्तविक बड़ा सौदा’ करार दिया है।

ऐसा लगता है कि G20 के साथ ही G7 खुद को पश्चिमी नेतृत्व वाले ओल्ड ब्वॉयज क्लब से अधिक खुद को ‘समावेशी’ संगठनों में बदलने की कोशिश कर रहे हैं, जो साउथ ग्लोबल के देशों को आमंत्रित करने के लिए तैयार हैं। ओल्ड ब्वॉयज क्लब से मतलब समान सामाजिक या शैक्षिक पृष्ठभूमि वाले अमीर लोगों के कारोबार या निजी मामलों में एक-दूसरे की मदद करने वाले सिस्टम से हैं।

साउथ ग्लोबल दुनिया के वे देश हैं, जिनके आर्थिक और औद्योगिक विकास का स्तर अपेक्षाकृत कम आँका जाता है। आमतौर पर ये अधिक औद्योगिक देशों के दक्षिण में स्थित हैं। पाकिस्तान भी ऐसे देशों में से एक है। जाहिर है कि वो खुद के लिए भी फिक्रमंद है।

डॉन आगे लिखता है कि ब्रिक्स और एससीओ के विस्तार ने इन बदली हुई प्राथमिकताओं में भूमिका निभाई होगी। यही वजह है कि अफ्रीकन यूनियन को एक भागीदार के तौर पर पेश किया गया है। भू-अर्थशास्त्र और भू-राजनीति भी इस खेल में शामिल है, जिसमें स्पाइस रूट बीआरआई और रूस के नेतृत्व वाले अंतरराष्ट्रीय उत्तर-दक्षिण परिवहन गलियारे को टारगेट कर रहा है। ‘इंडिया-मिडिल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर’ की मदद से भारत ‘ग्लोबल साउथ’ का नेता बनकर उभर सकता है और चीन के लिए चुनौती पेश कर सकता है।

डॉन ने आगे लिखा है कि G20 सदस्य होने के बावजूद बीजिंग को भारत और यूरोप को जोड़ने वाली नई परियोजना में शामिल होने के लिए आमंत्रित नहीं किया गया। यह योजना इजरायल को अरब राज्यों से जोड़ने में भी काम आएगी। दरअसल मौजूदा वक्त में भारत या उसके आसपास के देशों से सामान जहाजों के जरिए स्वेज नहर से होते हुए भूमध्य सागर पहुँचता है। इसके बाद ये जहाज यूरोपीय देशों में प्रवेश करते हैं।

वहीं अमेरिका, कनाडा और लैटिन अमेरिकी देशों तक सामान पहुँचाने के लिए जहाजों को भूमध्य सागर से होते हुए अटलांटिक महासागर जाना होता है। आईएमईईसी के पूरा होने के बाद सामान दुबई से इजरायल के हाइफा बंदरगाह तक ट्रेन से जा सकता है और उसके बाद आसानी से यूरोप में प्रवेश पा सकता है।

पीएम मोदी और सऊदी की दोस्ती से पाक को एतराज

सऊदी अरब के प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान का भारत के पीएम मोदी के साथ बहुत अच्छा दोस्ताना संबंध है, जो एक-दूसरे की नीतियों में भी साफ तौर से दिखाई देता है। दरअसल पीएम बनने के बाद नरेंद्र मोदी ने खाड़ी देशों के साथ रिश्तों को मज़बूत करने पर खासा जोर दिया। इसमें सऊदी अरब ने भी अहम भूमिका निभाई है।

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साल 2016 और 2019 में दो बार सऊदी अरब का दौरा कर चुके हैं। इस दौरान भारत-सऊदी अरब के बीच कई अहम मुद्दों पर रजामंदी हुई और कई समझौते हुए। वहीं, 2019 में भारत यात्रा के बाद क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान का यह दूसरा दौरा था।

सऊदी अरब मध्य-पूर्व में एक बड़ी शक्ति है। खासकर इस्लामिक देशों पर इसका बड़ा असर है। यही वजह है कि पीएम मोदी ने सऊदी अरब से नजदीकी पाकिस्तान को रास नहीं आ रही है। भारत सऊदी अरब को मध्य पूर्व में अपने सबसे महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदारों में से एक के तौर में देखता है।

दोनों देशों की रिश्तोें में गर्माहट का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि दोनों देशों के बीच वर्ष 2022-2023 में व्यापार 52.8 बिलियन डॉलर तक पहुँच गया। इसी तरह, सऊदी अरब ने अपने सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार ‘ऑर्डर ऑफ अब्दुलअज़ीज़ अल सऊद’ से पीएम मोदी को नवाजा। इससे साबित होता है कि सऊदी अरब की नजर में भारत का क्या कद है।

आतंकवाद पर मिलकर कसेंगे लगाम

सऊदी के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान बिन अब्दुलअज़ीज़ अल सऊद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोमवार को नई दिल्ली में वार्ता में कई अहम फैसले भी लिए गए। दोनों देशों ने 45 पैरा का संयुक्त बयान जारी किया। इसके 30वें पैरा में आतंकवाद से निपटने के लिए प्रतिबद्धता जताई गई।

इसमें कहा गया, “दोनों पक्षों ने सभी देशों से दूसरे देशों के खिलाफ आतंकवाद के इस्तेमाल को नकारने की अपील की है।” इसके अलावा आतंकवादी कामों को अंजाम देने के लिए मिसाइलों और ड्रोन सहित हथियारों तक पहुँच को रोकने की जरूरत पर जोर दिया गया।

इसके अलावा दोनों देश इस बात पर भी सहमत हुए हैं कि आतंकवाद जहाँ भी मौजूद हैं, वहाँ इसके इंफ्रास्ट्रकचर को खत्म किया जाए। इसके साथ ही आतंकवाद फैलाने वालों को कानून के दायरे में तेजी से लाकर उन्हें सजा देने की बात कही गई है।

संयुक्त बयान में दोनों देशों ने आतंकवाद से लड़ने और इसके वित्त पोषण पर लगाम लगाने के लिए के लिए सुरक्षा सहयोग बढ़ाने पर भी बल दिया। दोनों पक्षों ने माना कि आतंकवाद अपने सभी रूपों में इंसानियत के लिए सबसे गंभीर खतरा है।

दोनों देश इस बात पर भी सहमत हुए कि आतंक के किसी भी कृत्य को किसी भी तरह से न्यायोचित नहीं ठहराया जा सकता है। दोनों ही देशों ने आतंकवाद को किसी खास नस्ल, धर्म और संस्कृति से जोड़ने की बात को खारिज किया। दोनों पक्षों ने सभी देशों से किसी भी देश के खिलाफ आतंकवाद के इस्तेमाल को खारिज करने को कहा।

भारत सरकार ने जस्टिन ट्रुडो को ऑफर किया था अपना विमान, कनाडा के PM ने नकार दिया: मीडिया रिपोर्ट्स में दावा – 6 घंटे तक नहीं दिया कोई जवाब

भारत में भव्य G20 शिखर सम्मेलन के सफल समापन के बाद कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रुडो भारत में ही अटक गए। असल में उनका विमान खराब हो गया था, जिस कारण उन्हें नई दिल्ली में ही होटल में रुकना पड़ा। इसके बाद कनाडा से एक दूसरा विमान उन्हें लेने के लिए चला, लेकिन उसे बीच में से ही वापस जाना पड़ा। अब सामने आया है कि भारत सरकार ने भी कनाडा के प्रधानमंत्री को अपना विमान ऑफर किया था, लेकिन उन्होंने इसका इस्तेमाल करने से नकार दिया।

हालाँकि, अब भारत में 36 घंटे फँसे रहने के बाद कनाडा के पीएम जस्टिन ट्रुडो और उनके साथ आया प्रतिनिधिमंडल वापस अपने देश के लिए निकल गया है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो भारत सरकार ने सोमवार (11 सितंबर, 2023) को ही ‘एयर इंडिया वन’ से उन्हें वापस कनाडा छोड़ने की पेशकश की थी। ‘एयर इंडिया वन’ बोईंग 777s का 2 विमानों का एक समूह है, जिसका इस्तेमाल भारत के राष्ट्रपति, उप-राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री अपनी विदेश यात्राओं के दौरान करते हैं।

हालाँकि, कनाडा ने इस पेशकश को नकार दिया। ऊपर से ये बात भी सामने आई है कि भारत सरकार द्वारा ये ऑफर दिए जाने के 6 घंटे बाद कनाडा की तरफ से प्रतिक्रिया आई। भारत के केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं IT मंत्री राजीव चंद्रशेखर एयरपोर्ट पर जस्टिन ट्रुडो को छोड़ने के लिए मौजूद थे। उन्होंने G20 समिट में भाग लेने के लिए कनाडा के पीएम को धन्यवाद भी दिया। मंगलवार (12 सितंबर, 2023) को दोपहर लगभग 1:10 बजे जस्टिन ट्रुडो के विमान ने कनाडा के लिए उड़ान भरी।

राजीव चंद्रशेखर ने भारत सरकार की तरफ से उनकी सुरक्षित यात्रा के लिए कामना की। भारत सरकार की तरफ से जस्टिन ट्रुडो को उनके उड़ान भरने से 24 घंटे पहले ही ऑफर दिया गया था। हालाँकि, उन्हें लेने के लिए कनाडा से चला वहाँ के एयरफोर्स का CC-150 पोलरिस विमान वापस क्यों गया, इसका कोई कारण नहीं दिया गया है। उधर कनाडा के गुरुद्वारा में भारतीय राजनयिकों की हत्या के लिए उकसाने वाले पोस्टर्स लगाए जाने को लेकर भी वहाँ की सरकार की आलोचना हो रही है।

मंदिरों को लूट कर जिहाद की फंडिंग की साजिश का पर्दाफाश: केरल में पनप रहा था ISIS मॉड्यूल, NIA ने नबील अहमद को दबोचा

राष्ट्रीय जाँच एजेंसी (NIA) ने केरल में नए ISIS मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए एक आतंकी को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान नबील अहमद के रूप में हुई है। वो टेलीग्राम के माध्यम से केरल में आईएस के लिए भर्तियाँ कर रहा था, इसके लिए उसने ‘पेट लवर्स’ नाम का ग्रुप बनाया था। एनआईए ने जिस नबील अहमद को गिरफ्तार किया है, वो त्रिशूर जिले का रहने वाला है।

एनआईए की जाँच में पता चला है कि नबील ने केरल में आईएस का नया समूह बनाया था और वो युवाओं को आतंकी संगठन में भर्ती करने की कोशिश कर रहा था। उसके निशाने पर ईसाई मजहब का एक पादरी भी था। यही नहीं, उसने त्रिशूर और पलक्कड़ जिलों में मंदिरों को लूटने की योजना बनाई थी, ताकि वो अपने मकसद के लिए फंडिंग कर सके।

कतर में बैठे आईएस आतंकियों के संपर्क में था नबील

एनआईए ने बताया है कि नबील कतर में आईएस आतंकियों से कॉन्टैक्ट में था। उन्हीं आतंकियों की मदद से उसने केरल में आतंकी नेटवर्क खड़ा करने की कोशिश में पूरी ताकत झोंक रखी थी। एनआईए ने कहा है कि वो इस मामले में और भी गिरफ्तारियाँ करने वाली है।

त्रिशूर का अशरफ भी हो चुका है गिरफ्तार

बता दें कि इस्लामिक स्टेट में शामिल होने के लिए पैसे के लिए डकैती करने के मामले में एनआईए ने पहले त्रिशूर के मूल निवासी अशरफ को गिरफ्तार किया था। उनके समूह को हाल ही में केंद्रीय एजेंसियों द्वारा केरल में डकैती और सोने की तस्करी में लिप्त पाया गया था। पलक्कड़ से 30 लाख रुपए लूटने के बाद अशरफ और उसका गैंग सत्यमंगलम जंगल में एक घर में छिप गया था। संदिग्ध को कोच्चि एनआईए टीम ने जंगल के अंदर से पकड़ लिया।

मोनू मानेसर को ले गई राजस्थान पुलिस, गिरफ़्तारी के बाद हरियाणा पुलिस ने सौंप दिया

हरियाणा ने पुलिस ने गोरक्षक मोनू मानेसर को राजस्थान पुलिस को सौंप दिया है। राजस्थान पुलिस ने कोर्ट से मोनू मानेसर की रिमांड माँगी थी। इसे कोर्ट ने मंजूरी दे दी। इससे पहले मंगलवार (12 सितंबर, 2023) को हरियाणा की नूहं पुलिस ने मोनू को गिरफ्तार किया था।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नूहं पुलिस ने मोनू मानेसर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था। इसके बाद रिमांड की माँग की थी। लेकिन कोर्ट ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। पुलिस उसे भौंडसी जेल लेकर जा रही थी। लेकिन इसी दौरान राजस्थान पुलिस भी कोर्ट पहुँच गई। जहाँ कोर्ट ने राजस्थान पुलिस को मोनू मानेसर की ट्रांजिट रिमांड दे दी। इसके बाद हरियाणा पुलिस ने उसे राजस्थान पुलिस को सौंप दिया।

किस मामले में हुई थी गिरफ्तारी

नूहं साइबर क्राइम पुलिस ने मोनू मानेसर को फेसबुक पर भड़काऊ पोस्ट लिखने के मामले में गिरफ्तार किया था। आरोप है कि मोनू मानेसर नामक फेसबुक पेज से 26 अगस्त को एक पोस्ट शेयर की गई थी। इस पोस्ट में लिखा था, “परिणाम की चिंता हम नहीं करते, वार एक ही होगा, पर आखिर होगा। मोनू मानेसर।”

इस मामले में सोशल मीडिया सेल के सिपाही मनोज कुमार ने नूहं साइबर क्राइम थाने में शिकायत की थी। पुलिस की जाँच में सामने आया था कि मोनू मानेसर के नाम पर रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से ही यह पोस्ट की गई थी। पुलिस ने गिरफ्तारी के समय मोनू के पास से 45 बोर की पिस्टल और 3 कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने मोनू के खिलाफ धारा 153, 153A, 295A, 504, 109 IPC व आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
राजस्थान पुलिस को क्यों मिली रिमांड

दरअसल, मोनू मानेसर पर राजस्थान के भिवानी में हुए  नासिर-जुनैद हत्याकांड में शामिल होने का आरोप है। फरवरी 2023 में नासिर और जुनैद नाम के 2 युवकों के एक वाहन में जले हुए शव मिले थे। इस केस में मोनू मानेसर सहित कुछ और लोगों को नामजद किया गया था। मोनू मानेसर के अलावा हरियाणा में गोरक्षा से जुड़े कुछ लोगों को इस मामले में गिरफ्तार किया गया था।

लगभग 8 माह से भूमिगत चल रहे मोनू मानेसर के मुद्दे पर राजस्थान और हरियाणा के मुख्यमंत्रियों में आरोप-प्रत्यारोप भी. देखने को मिला था। वहीं राजस्थान के DGP उमेश मिश्रा ने नासिर-जुनैद हत्याकांड में मोनू मानेसर की सीधी भूमिका से इंकार कर दिया था। हालाँकि उन्होंने इस केस में मोनू की परोक्ष भूमिका की जाँच जारी होने की बात कही थी।

Cow Vigilante Monu Manesar Arrested in Gurugram Handed Over to Rajasthan Police

जिस भोजशाला को मुस्लिम बताते हैं मस्जिद, दावा – वहाँ प्रकट हुई माँ वाग्देवी की प्रतिमा: प्रशासन ने बताया शरारती तत्वों की करतूत, कभी हुआ करता था विद्या का केंद्र

मध्य प्रदेश का धार जिला अपनी भोजशाला के लिए प्रसिद्ध है। लेकिन अब यह भोजशाला विवादों में है। दरअसल, यहाँ माँ वाग्देवी की प्रतिमा के प्रकट होने का दावा किया जा रहा है। वहीं प्रशासन ने इस दावे को नकारते हुए प्रतिमा हटा दी है। भोजशाला का मामला कोर्ट भी पहुँच चुका है।

क्या है ताजा मामला

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 9 सितंबर की रात सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में एक प्रतिमा दिखाई दे रही थी। इसको लेकर दावा किया जा रहा है कि यह प्रतिमा माँ वाग्देवी की है और यहाँ प्रकट हुई है। यह भी दावा किया जा रहा है कि उसी रात व्हाट्सएप्प पर भी प्रतिमा प्रकट होने को लेकर मैसेज वायरल हुआ था।

प्रतिमा प्रकट होने का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने सुबह करीब 4 बजे भोजशाला से यह प्रतिमा हटाकर किसी गुप्त स्थान पर रखवा दी। साथ ही भोजशाला को बंद कराकर वहाँ की सुरक्षा चाक-चौबंद करा दी गई। एसपी इंद्रजीत बाकलवार ने इसे शरारती तत्वों की साजिश बताया है। साथ ही कहा कि भोजशाला की सुरक्षा के लिए लगाई गई तार को काटकर कुछ लोगों ने यहाँ प्रतिमा रखी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जाँच की जा रही है। उन्होंने सोशल मीडिया पर भ्रामक खबर फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की भी बात कही है।

‘अमर उजाला’ ने अपनी रिपोर्ट में हिंदू संगठनों के हवाले से लिखा है कि उनका कहना है कि जिस तरह से अयोध्या के राम मंदिर में रामलला प्रकट हुए थे। ठीक उसी तरह यहाँ माँ वाग्देवी की प्रतिमा प्रकट हुई है। ‘भोज उत्सव समिति’ के संयोजक अशोक जैन का कहना है कि प्रशासन ने जो मूर्ति हटाई है उसे वापस स्थापित की जाए। माँ वाग्देवी प्रकट हुईं हैं, यहाँ उनकी विधिवत पूजा की जाएगी। मूर्ति अगर वापस स्थापित नहीं की गई तो उग्र आंदोलन होगा।

क्या है विवाद की जड़

हिंदू संगठन इस भोजशाला को माँ वागेश्वरी यानी माँ सरस्वती का मंदिर मानते हैं। हिंदुओं का कहना है कि धार के राजा ने यहाँ कुछ मुस्लिमों को नमाज पढ़ने की इजाजत दी थी। वहीं मुस्लिम इसे भोजशाला-कमाल-मौलाना मस्जिद कहते हैं। उनका दावा है कि वह यहाँ सालों से नमाज पढ़ते आ रहे हैं। बताया जाता है कि साल 1909 में धार रियासत ने इसे संरक्षित इमारत घोषित किया था। यह भोजशाला आमतौर पर शुक्रवार के शुक्रवार ही खुलती थी। इसके बाद साल 1935 में तत्कालीन राजा ने यहाँ मुस्लिमों को शुक्रवार को नमाज पढ़ने की अनुमति दे दी।

साल 1995 में हिंदू संगठनों ने नमाज पढ़ने का विरोध किया। इसके बाद यहाँ प्रत्येक मंगलवार को माँ वागेश्वरी की पूजा करने की भी अनुमति दे दी गई। हालाँकि 12 मई, 1997 को तत्कालीन कलेक्टर ने न केवल भोजशाला में लोगों के आने पर प्रतिबंध लगा दिया बल्कि मंगलवार को होने वाली पूजा पर भी रोक लगा दी। हालाँकि, बसंत पंचमी को मंदिर खुलता था और हिंदू पूजा करते थे। दिलचस्प बात यह है कि हिंदुओं की पूजा पर तो रोक थी। लेकिन शुक्रवार को होने वाली नमाज पर रोक नहीं लगाई गई थी। हालाँकि विरोध के बाद 31 जुलाई, 1997 को पूजा पर लगा प्रतिबंध हटा दिया गया।

प्रतिबंध लगने और हटने का यह सिलसिला यहीं नहीं थमा। साल 1998 में पुरातत्व विभाग ने यहाँ किसी के भी प्रवेश को प्रतिबंधित कर दिया। लेकिन 2003 में यह प्रतिबंध फिर हटा दिया गया। मंगलवार की पूजा और शुक्रवार की नमाज के साथ ही यहाँ हर साल बसंत पंचमी पर पूजा चली आ रही थी। लेकिन साल 2013 और 2016 में बसंत पंचमी और शुक्रवार एक ही दिन पड़ने के चलते तनाव का माहौल बन गया था।

भोजशाला का इतिहास

परमार राजवंश के शासक राजा भोज ने धार में एक महाविद्यालय की स्थापना की थी जिसे बाद में भोजशाला के रूप में जाना जाने लगा। राजा भोज माता सरस्वती के महान उपासक थे और संभवतः यही कारण था कि उनकी रुचि शिक्षा एवं साहित्य में बहुत ज्यादा थी। राजा भोज ने ही सन् 1034 में भोजशाला के रूप में एक भव्य पाठशाला का निर्माण किया और यहाँ माता सरस्वती की एक प्रतिमा स्थापित की। इसे तब सरस्वती सदन कहा था। भोजशाला को माता सरस्वती का प्राकट्य स्थान भी माना जाता है।

भोजशाला मंदिर से प्राप्त कई शिलालेख 11वीं से 13वीं शताब्दी के हैं। इन शिलालेखों में संस्कृत में व्याकरण के विषय में वर्णन किया गया है। इसके अलावा कुछ शिलालेखों में राजा भोज के बाद शासन सँभालने वाले राजाओं की स्तुति की गई। कुछ ऐसे भी शिलालेख भी हैं जिनमें शास्त्रीय संस्कृत में नाटकीय रचनाएँ उत्कीर्णित हैं। माता सरस्वती के इस मंदिर को कवि मदन ने अपनी रचनाओं में वर्णित किया था। यहाँ प्राप्त हुई माता सरस्वती की मूल प्रतिमा वर्तमान में लन्दन के संग्रहालय में है।

माता सरस्वती का मंदिर होने के साथ भोजशाला भारत के सबसे बड़े विश्वविद्यालयों में से एक था। इसके आलावा यह स्थान विश्व का प्रथम संस्कृत अध्ययन केंद्र भी था। इस विश्वविद्यालय में देश-विदेश के हजारों विद्वान आध्यात्म, राजनीति, आयुर्वेद, व्याकरण, ज्योतिष, कला, नाट्य, संगीत, योग, दर्शन आदि विषयों का ज्ञान प्राप्त करने के लिए आते थे। इसके अतिरिक्त इस शिक्षा केंद्र में वायुयान, जलयान तथा कई अन्य स्वचालित (ऑटोमैटिक) यंत्रों के विषय में भी अध्ययन किया जाता था।

इस्लामिक आक्रमण

ऐतिहासिक तथ्यों के मुताबिक, सन् 1305 में मुस्लिम आक्रांता अलाउद्दीन खिलजी ने भोजशाला पर आक्रमण किया और उसे नष्ट कर दिया। बाद में सन् 1401 में दिलावर खां ने भोजशाला के एक भाग में मस्जिद का निर्माण करा दिया। अंततः सन् 1514 में महमूद शाह खिलजी ने भोजशाला के शेष बचे हिस्से पर मस्जिद का निर्माण करा दिया। समय के साथ यहाँ विवाद बढ़ता गया और अंग्रेजी हुकूमत के दौरान भोजशाला को संरक्षित स्मारक घोषित कर दिया गया।

हिन्दू जनजागृति समिति की एक रिपोर्ट के अनुसार सन् 1305 में अलाउद्दीन खिलजी के आक्रमण के समय भोजशाला के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने भी खिलजी की इस्लामिक सेना का विरोध किया था। खिलजी द्वारा लगभग 1,200 छात्र-शिक्षकों को बंदी बनाकर उनसे इस्लाम कबूल करने के लिए कहा गया लेकिन इन सभी ने इस्लाम स्वीकार करने से मना कर दिया। इसके बाद इन विद्वानों की हत्या कर दी गई थी और उनके शव को भोजशाला के ही विशाल हवन कुंड में फेंक दिया गया था। इस तरह एक और हिन्दू मंदिर इस्लामिक कट्टरपंथ की भेंट चढ़ गया।

इसके बाद 1875 में इस भोजशाला में खुदाई हुई थी। इस खुदाई में माँ वागेश्वरी की प्रतिमा निकली थी। अंग्रेजी आक्रांता इस प्रतिमा को ब्रिटेन ले गए। अब यह प्रतिमा लंदन स्थित संग्रहालय में रखी हुई है। भोजशाला मुक्ति आंदोलन इस भोजशाला को मुस्लिमों से मुक्त कराने के साथ ही लंदन में रखी प्रतिमा को वापस लाने की माँग करता रहा है। इसको लेकर मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की इंदौर बेंच में याचिका भी दायर की गई है। याचिका में पूरे भोजशाला परिसर की फोटो और वीडियोग्राफी कराकर यहाँ नमाज बंद कराने की माँग की गई है।

लालू यादव के खिलाफ घूस लेकर रेलवेे में नौकरी देने का चलेगा मामला, गृह मंत्रालय ने दी मंजूरी: तेजस्वी-मीसा और राबड़ी भी आरोपित

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने लैंड फॉर जॉब मामले में लालू यादव के खिलाफ केस चलाने की अनुमति दे दी। केंद्रीय जाँच ब्यूरो (CBI) ने मंगलवार (12 सितंबर 2023) को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट को इस बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही यह भी बताया कि इस मामले में वह नई चार्जशीट दाखिल करेगी।

लैंड फॉर जॉब स्कैम में लालू यादव पर आरोप है कि उन्होंने रेल मंत्री रहते हुए रेलवे में नौकरी देने के बदले कई लोगों से जमीन ली थी या बेहद कम कीमत पर उनसे खरीदी थी। आरोप है कि इस घोटाले में लालू यादव के परिवार के दूसरे सदस्यों और अन्य लोगों ने भी भूमिका निभाई।

लालू परिवार पर आई आँच

सीबीआई ने अपनी नई चार्जशीट में लालू यादव के अलावा उनके बेटे तेजस्वी यादव, पत्नी राबड़ी देवी और बेटी मीसा भारती को भी आरोपित बना सकती है। हालाँकि इसके बारे में अभी कोर्ट को कोई सूचना नहीं दी गई है।

एजेंसी ने 18 मई 2022 को लालू प्रसाद और उनकी पत्नी, दो बेटियों और अज्ञात सरकारी अधिकारियों और निजी व्यक्तियों सहित 15 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया था। लैंड फॉर जॉब घोटाला 2004 से 2009 के बीच का है। इस दौरान लालू यादव केंद्रीय रेल मंत्री थे।

21 सितंबर को अगली सुनवाई

सीबीआई ने कोर्ट से कहा है कि लालू यादव के खिलाफ मंजूरी मिलने के बाद अब रेलवे के तीन अन्य आरोपितों को लेकर मंजूरी का इंतजार कर रही है। ये मंजूरी एक सप्ताह के भीतर मिल सकती है। इसके बाद कोर्ट ने इस मामले की अगली सुनवाई के लिए 21 सितंबर की तारीख तय की है।

कई संपत्तियाँ ईडी कर चुकी है जब्त

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जुलाई में कहा था कि उसने कथित भूमि मामले में उनके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत लालू प्रसाद के परिवार – उनकी पत्नी राबड़ी देवी और बेटी मीसा भारती – और उनसे जुड़ी कंपनियों की 6 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है।

यूट्यूबर ने किया हिन्दू धर्म का अपमान तो खिलखिला कर हँस पड़ी RJ सायमा, फिर विरोध करने वालों पर ही लगा दिया घृणा फैलाने का आरोप

रेडियो जॉकी सायमा (RJ Sayema) यूट्यूबर श्याम मीरा सिंह का एक हिन्दूफोबिक ट्वीट शेयर करने के बाद विवादों में घिर गई हैं। मंगलवार (12 सितंबर 2023) को अपनी इस हरकत के बाद सायमा ने बेशर्मी से उसे छिपाने की भी कोशिश की। हालाँकि, इसी दौरान Sarvin (सरविन) नाम के एक एक्स (पूर्व ट्विटर) यूजर ने सायमा को आईना दिखा दिया और उन्हें हिंदूफोबिया का समर्थन करने वालों में टॉप पर बताया।

दरअसल, सायमा ने ट्वीट को हँसी की इमोजी के साथ Quote (कोट) किया था, जिसमें श्याम मीरा सिंह ने हिन्दुओं का मजाक बनाया था। श्याम मीरा सिंह ने रिपब्लिक टीवी की एंकर श्वेता सिंह की आस्था पर हमला करते हुए लिखा था कि भगवान कृष्ण की 16 पत्नियाँ थीं और द्रौपदी के 5 पति थे।

इसके साथ ही अंत में उसने सवाल किया, “आप किस तरह की हिंदू हैं?” श्याम मीरा सिंह ने श्वेता पर कई लोगों की पत्नी होने जैसे संकेत किए। इस ट्वीट पर सायमा हँसी की इमोजी लगाकर श्याम मीरा सिंह की भद्दी टिप्पणी का समर्थन करती दिखीं।

ये वही सायमा हैं, जो दूसरे लोगों को नफरत और पूर्वाग्रह से दूर रहने का लेक्चर देती रही रहती हैं। हालाँकि, जब यूजर सरविन ने सायमा को आईना दिखाया, तब वो अपने ही ट्वीट को बड़ी बेशर्मी से फर्जी बताने लगीं।

अपने बचाव में सायमा ने लिखा, “अगर आपको मेरी सोच के बारे में पता करना है तो मेरे सारे ट्वीट्स देखने चाहिए। एडिटेड और फर्जी ट्वीट पर न जाएँ। कुछ लोग उन आवाजों को बदनाम करने के लिए नियुक्त हैं, जो उन्हें परेशान करती हैं। अपनी आँखें खोलो। आसपास की सच्चाई देखो। आप का दिन शुभ हो।”

@_sayema का ट्विटर स्क्रीनशॉट

कई अन्य नेटिज़न्स द्वारा उनके झूठ का पर्दाफाश किए जाने के बावजूद सायमा यूजर सरविन पर ही हमलावर रहीं। उन्होंने सरविन पर अपने ट्वीट को काट-छाँट कर शेयर करने का आरोप लगाना जारी रखा।

सायमा ने आगे कहा, “नफरत करने वालों को इसलिए नियुक्त किया गया है कि वो झूठ को अपने तरीके से पेश करें। मुझे खुशी है कि मैंने जल्द ही सफाई पेश कर दी थी। श्याम के ट्वीट की अंतिम लाइन क्यों डिलीट की गई? तुम अपने घृणित मंसूबों को छिपा नहीं पाओगे।”

सायमा अपने कुतर्क से लोगों को यह संदेश देने की कोशिश करती रहीं कि वो श्याम मीरा सिंह द्वारा हिन्दू धर्म के अपमान पर नहीं, बल्कि उनके ट्वीट की अंतिम लाइन ‘पूछता है भारत’ पर हँसी थीं।

सायमा की इस सफाई पर अभिषेक नाम के एक यूजर ने लिखा, “समझाने की कोई आवश्यकता नहीं है मोहतरमा, निश्चिन्त रहिये। आप पूरी तरह सुरक्षित हैं, क्योंकि मेरे धर्म में सर तन से जुदा जैसे आतंकी कार्य नहीं होते। हम इंसान हैं। राक्षस नहीं।”

इसी बीच इस्लामी भीड़ को उकसाने वाला एक अन्य प्रोपेगेंडा आउटलेट ‘टीम साथ’ भी विचित्र तर्क के साथ सायमा के बचाव में उतरा। टीम साथ ने सायमा के ट्वीट से अंतिम लाइन क्रॉप करने को लक्षित उत्पीड़न करार दे दिया। टीम साथ के मुताबिक, समस्या सायमा के पूरे ट्वीट नहीं, बल्कि सरविन द्वारा क्रॉप की गई अंतिम लाइन में है।

असलियत यह है कि क्रॉप की गई अंतिम लाइन से ये कतई साबित नहीं होता कि श्याम मीरा सिंह का ट्वीट हिन्दू विरोधी था और सायमा ने उस आपत्तिजनक ट्वीट का समर्थन किया। हालाँकि, सच सामने आने पर सायमा के वामपंथी और इस्लामी समर्थक उनके बचाव में अजीब और बेतुके तर्क गढ़ रहे हैं।

वॉर है ये, और हम सब सोल्जर्स… ‘द वैक्सीन वॉर’ के ट्रेलर में नाना पाटेकर के डायलॉग्स ने हिला डाला, वामपंथी नैरेटिव ‘India can’t do it’ की खुलेगी पोल

विवेक अग्निहोत्री की अगली फिल्म ‘द वैक्सीन वॉर’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। विवेक अग्निहोत्री ‘द ताशकंद फाइल्स’ (2019) और ‘द कश्मीर फाइल्स’ (2022) जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। ‘द वैक्सीन वॉर’ में नाना पाटेकर, पल्लवी जोशी और राइमा सेन मुख्य भूमिकाओं में हैं। इसमें दिखाया जाएगा कि कि कैसे तमाम अड़चनों के बावजूद भारत कोरोना वायरस की स्वदेशी वैक्सीन तैयार करने में सफल रहा। ‘The Vaccine War’ गुरुवार (28 सितंबर, 2023) को सिनेमाघरों में दस्तक दे रही है।

इससे पहले अमेरिका के कई शहरों में इसकी स्पेशल स्क्रीनिंग रखी गई थी। हर जगह इसे तारीफ़ मिली और भारतीय समाज के लोगों ने गर्वित और भावुक होकर अपनी प्रतिक्रियाएँ दी। ट्रेलर की शुरुआत में ही नाना पाटेकर फोन पर पल्लवी जोशी से कहते हैं, “मैंने सुना है, आपके साइंटिस्ट्स के पास 1 लाख रुपए भी नहीं थे।” इस पर पल्लवी जोशी जवाब देती हैं, “मेरे नहीं सर, भारत के साइंटिस्ट्स।” इसमें नाना पाटेकर वैक्सीन बनाने वाली टीम का नेतृत्व करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

साथ ही दिखाया गया है कि टीम में कई महिला वैज्ञानिक होती हैं। बताया जाता है कि वैक्सीन निर्माण को राष्ट्रीय सुरक्षा के कारण गुप्त रखा गया है। ट्रेलर आगे बढ़ता है और मीडिया में भारत को लेकर चल रही नकारात्मक बातें दिखाई जाती हैं। राइमा सेन को टीवी पर बोलते हुए दिखाया गया है कि विशेषज्ञों की मानें तो भारत का मेडिकल सिस्टम 130 करोड़ लोगों की जान बचाने में समर्थ नहीं है। वो कहती हैं, “India can’t do it.” फिर इस नैरेटिव पर सवाल खड़ा किया गया है।

ट्रेलर के एक दृश्य में नाना पाटेकर कहते हैं कि हमें ये लड़ाई नहीं लड़नी, हमारी लड़ाई वायरस के साथ है। फिल्म में ‘भारत एक खोज’ (1988-89) के थीम सॉन्ग ‘सृष्टि से पहले सत् नहीं था, असत् भी नहीं’ का अच्छा इस्तेमाल किया गया है। इसे ऋग्वेद के नासदीय सूक्त का अनुवाद कर के रचा गया था। महिला वैज्ञानिकों को एक-दूसरे को ढाँढस बँधाते हुए दिखाया गया है। एक दृश्य में नाना पाटेकर कहते हैं, “वॉर है ये, और हम सब सोल्जर्स”। साथ ही वो अर्जुन की तरह मछली की आँख पर नजर रखने की सलाह देते हैं।

फिल्म में अनुपम खेर भी हैं। फिल्म का एक डायलॉग रोचक है जो ट्रेलर में दिखाया गया है, “एक राजा था। जो भी कर लो, मरता ही नहीं था। उस राजा की जान एक तोते की गर्दन में अटकी थी। गर्दन मरोड़ दी और राजा मर गया। हमारे राजा की जान इस वैक्सीन में अटकी है।” इस डायलॉग के सहारे वामपंथी नैरेटिव पर वार किया गया है। ‘द वैक्सीन वॉर’ का ट्रेलर देख कर लगता है कि ये एक इमोशनल फिल्म होने वाली है, जिसमें भारत की महिला वैज्ञानिकों का सामर्थ्य दिखाया जाएगा।