Home Blog Page 1549

G20 के बाद ‘रजनी डिप्लोमेसी’, ‘टकलू बॉस’ बन सुपरस्टार से मिले मलेशिया के PM: ‘जेलर’ की ₹650 करोड़ कमाई के बाद रजनीकांत की 171वीं फिल्म की घोषणा

सुपरस्टार रजनीकांत ने कुआलालम्पुर में मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मुलाकात की है। दक्षिणी कुआलालम्पुर के पुत्रजया में स्थित ‘Bangunan Perdana Putra’ इमारत स्थित प्रधानमंत्री दफ्तर में ये बैठक हुई। अनवर इब्राहिम ने लोगों की कठिनाइयों को दूर करने के लिए चलाई जा रही योजनाओं के लिए सम्मान देने पर सुपरस्टार रजनीकांत का धन्यवाद किया। अनवर इब्राहिम ने कहा कि उन्होंने उन सामाजिक मुद्दों को लेकर बात की, जिसके लिए वो लड़ाई कर रहे हैं।

मलेशिया के प्रधानमंत्री का कहना है कि सुपरस्टार रजनीकांत की अगली फिल्मों में इन मुद्दों को लेकर चीजें दिखाई जाएँगी। मलेशियन मीडिया संस्थान ‘मलय मेल’ ने अपनी खबर में लिखा कि फैंस द्वारा ‘सुपरस्टार’ कहे जाने वाले रजनीकांत को ‘मुथु’ (1995), पदैयप्पा (1999), ‘शिवाजी द बॉस’ (2007) और ‘एंथिरन द रोबोट’ (2010) जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है। मलेशिया के पीएम और रजनीकांत ने एक-दूसरे को गले लगाया, साथ ही हाथ मिला कर अभिवादन किया।

इस दौरान इब्राहिम अनवर ने ‘शिवाजी: द बॉस’ फिल्म में रजनीकांत का स्टाइल (‘टकलू बॉस’ वाला दृश्य) कॉपी भी किया। इसके बाद दोनों हँसने लगे। उन्होंने कहा कि रजनीकांत एशिया और वैश्विक सिनेमा के मंच पर एक जाना-पहचाना नाम है। उन्होंने प्रार्थना की कि रजनीकांत सामाजिक और फिल्मों के क्षेत्र में इसी प्रकार अग्रणी रहें। बता दें कि मलेशिया में 20 लाख से भी अधिक तमिल लोग रहते हैं, जो वहाँ की संख्या का 6.7% है। हाल ही में नई दिल्ली में संपन्न हुई G20 के भव्य आयोजन के बाद रजनीकांत और मलेशियन पीएम की ये मुलाकात चर्चा का विषय बनी हुई है।

हाल ही में रिलीज हुई सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर’ ने दुनिया भर में 650 करोड़ रुपए का कारोबार किया है। ‘सन पिक्चर्स’ के अध्यक्ष कलानिधि मारन ने इसके बाद उनसे मिल कर उन्हें चेक सौंपा और एक कार भी गिफ्ट किया था। सोमवार (11 सितंबर, 2023) को रजनीकांत की 171वीं फिल्म (Thalaivar 171) की भी घोषणा हुई है, जिसका निर्देशक लोकेश कनगराज करेंगे। वो ‘कैथी’, मास्टर और विक्रम जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। इस फिल्म का निर्माण भी ‘सन पिक्चर्स’ करेगी।

क्या है भारत, अरब और यूरोप वाला इकोनॉमिक कॉरिडोर: जानिए कैसे चीन के BRI को लगेगा झटका, 4000 km के सड़क-रेल-शिपिंग नेटवर्क से बढ़ेगा कारोबार

भारत वैश्विक व्यवस्था में बेहद अहम भूमिका निभा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में भारत न सिर्फ अपने पारंपरिक प्रतिद्वंदियों से आगे निकलने की होड़ कर रहा है, बल्कि वैश्विक शक्तियों के बीच संतुलन बनाकर खुद के बनाए रास्ते पर चल रहा है। वो नए समझौते भी कर रहा है, तो नए साझेदार भी बना रहा है। पुराने साथियों को छोड़ भी नहीं रहा, और नए साथियों को नाराज भी नहीं कर रहा है। भारत अभी जी-20 का अध्यक्ष देश है। जी-20 के शिखर सम्मेलन के दौरान भारत ने इंडिया-मिडल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर प्रोजेक्ट की घोषणा की, जिसकी वजह से चीन-पाकिस्तान जैसे पारंपरिक विरोधियों की नींद उड़ गई है।

जी हाँ, G-20 सम्मेलन के पहले दिन भारत ने इंडिया-मिडल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर का ऐलान किया। इस प्रोजेक्ट में मध्य पूर्व और यूरोपीय देशों के अलावा अमेरिका भी अहम साझीदार है। इस प्रोजेक्ट को चीन के महत्वाकांक्षी BRI प्रोजेक्ट का न सिर्फ जवाब माना जा रहा है, बल्कि ये भारत की कूटनीतिक ताकत का सबूत भी पेश कर रहा है।

एक समय तो ये कहा जा रहा था कि भारत जी-20 के मंच पर शायद ही कोई आम सहमति बना पाए, लेकिन भारत ने न सिर्फ ऐसा कर दिखाया, बल्कि जी-20 से दूर रहे चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग को तगड़ा झटका भी दे दिया। इसी जी-20 के मंच से भारत की अगुवाई में जिस इंडिया-मिडल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर का ऐलान हुआ है, उसके पूरे होने के बाद चीन को ऐसा झटका लगेगा, जिससे वो शायद ही कभी उभर पाए।

अब सबसे पहले ये जानना जरूरी है कि ये इंडिया-मिडल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर आखिर है क्या और ये किस तरह से चीन की वैश्विक ताकत बनने की महत्वाकांक्षा को तहस-नहस करने में सक्षम है।

इंडिया-मिडल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर

इंडिया-मिडल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर (IMEEC) एक प्रस्तावित व्यापार और निवेश गलियारा है जो भारत को मिडिल ईस्ट और यूरोप को जोड़ेगा। गलियारे को चीन की बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव (BRI) का मुकाबला करने का एक तरीका माना जाता है, जिसकी ऋण-जाल कूटनीति और पर्यावरणीय प्रभाव के लिए आलोचना की गई है। यह नए व्यापार और निवेश के अवसर पैदा करेगा, कनेक्टिविटी में सुधार करेगा और आर्थिक विकास को बढ़ावा देगा।

गलियारा भारत की चीन पर निर्भरता को कम करने और क्षेत्र में अपने रणनीतिक स्थिति को बेहतर बनाने में भी मदद करेगा। भारत से सऊदी अरब-तुर्की होते हुए यूरोप तक सीधे माल की आवाजाही होगी, जो चीन के सिल्क रोड की अहमियत को कम कर देगा।

चीन के बीआरआई प्रोजेक्ट के असर को खत्म कर देगा इंडिया-मिडल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर

1- इंडिया-मिडल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर एशिया और यूरोप के बीच व्यापार और निवेश के लिए एक वैकल्पिक मार्ग प्रदान करेगा।

2- इंडिया-मिडल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर चीनी प्रभाव से पूरी तरह से मुक्त होगा, इसके सदस्य देशों पर चीनी कर्जजाल में फँसने का कोई जोखिम नहीं होगा।

3- इंडिया-मिडल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर बीआरआई की तुलना में अधिक पर्यावरण के अनुकूल होगा, जिसकी पर्यावरण पर नकारात्मक प्रभाव के लिए आलोचना की जाती है।

4- इंडिया-मिडल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर से क्षेत्रीय सहयोग और एकीकरण को बढ़ावा मिलेगा, इससे तनाव और संघर्षों को कम करने में मदद मिलेगी।

5- इंडिया-मिडल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर एक बड़ा उपक्रम है। यदि ये सफल रहा, तो यह एशिया और यूरोप में व्यापार और निवेश के भविष्य को आकार देने में मदद कर सकता है, और यह चीन की बीआरआई को विफल करने में मदद कर सकता है।

चीनी कर्ज के मकड़जाल में नहीं फँसेंगे सदस्य देश

इंडिया-मिडल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर का सबसे बड़ा फायदा ये है कि इस प्रोजेक्ट में चीनी प्रोजेक्ट्स की तरह सरकारी पैसे नहीं लगेंगे और न ही किसी सरकार पर चीन जैसा कोई कर्ज होगा। क्योंकि इस पूरे प्रोजेक्ट की फंडिंग ग्लोबल इंफ्रास्ट्रक्चर एंड इन्वेस्टमेंट (पीजीआईआई) करेगा। पूरे 600 अरब डॉलर का ग्लोबल इंफ्रास्ट्रक्चर एंड इन्वेस्टमेंट (पीजीआईआई) जी-7 (पहले जी-8) देशों का फंड है, जिसका चीन सदस्य नहीं है।

हालाँकि, भारत भी इसका सदस्य नहीं है, लेकिन पर्यवेक्षक की हैसियत से भारत इसमें लगातार शामिल होता रहा है। जी-7 की पिछली बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हुए थे, वहीं से जी-20 को जोड़ते हुए भारत से यूरोप के बीच इस कॉरिडोर को बनाने का रास्ता साफ हुआ। पहले इटली भी चीन के BRI का हिस्सा था, लेकिन अब इटली भी इससे बाहर निकल रहा है।

भारत को यूरोप से कैसे जोड़ेगा इंडिया-मिडल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर?

भारत के पश्चिमी तटीय क्षेत्र से सऊदी अरब और आगे तुर्की से होते हुए फ्रांस, इटली जैसे यूरोपीय देशों को ये कॉरिडोर जोड़ेगा। भारत और सऊदी अरब के बीच जल मार्ग से सामान जाएगा, इसके बाद सऊदी अरब से सड़क और रेल मार्ग से सामान आगे बढ़ेगा। भारत और सऊदी अरब के बीच एक प्रस्तावित सड़क मार्ग भारत के पश्चिमी तट से शुरू होगा और सऊदी अरब के पूर्वी तट पर समाप्त होगा। यह मार्ग भारत को यूरोप के बाजारों तक पहुंच प्रदान करेगा।

यह मार्ग लगभग 4000 किलोमीटर लंबा होगा और इसमें लगभग 10 साल लगेंगे। इस मार्ग को बनाने की अनुमानित लागत 10 अरब डॉलर है। ये पहला पार्ट होगा, तो दूसरे पार्ट में खाड़ी क्षेत्र को यूरोप से जोड़ा जाएगा। इस कॉरिडोर में रेलवे, शिपिंग नेटवर्क और सड़क परिवहन मार्ग शामिल होंगे।

इस प्रोजेक्ट से भारत, अमेरिका, संयुक्त अरब अमीरात, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जर्मनी, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और यूरोपीय संघ को अंतरराष्ट्रीय व्यापार में पहले की तुलना में काफी ज्यादा फायदा होगा। समझौते के तहत इस कॉरिडोर में रेल और बंदरगाहों से जुड़ा नेटवर्क का निर्माण भी किया जाएगा, जिसमें सातों देश ‘पार्टनरशिप फॉर ग्लोबल इंफ्रास्ट्रक्चर इनवेस्टमेंट’ के तहत इन्वेस्टमेंट करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने क्या कुछ कहा?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडिया-मिडल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर की लॉन्चिंग के समय कहा, “भारत कनेक्टिविटी को क्षेत्रीय सीमाओं में नहीं मापता। सभी क्षेत्रों के साथ कनेक्टिविटी बढ़ाना भारत की मुख्य प्राथमिकता रहा है। हमारा मानना है कि कनेक्टिविटी विभिन्न देशों के बीच आपसी व्यापार ही नहीं, आपसी विश्वास भी बढ़ाने का स्रोत है।” उन्होंने कहा, “आज जब हम कनेक्टिविटी का इतना बड़ा इनिशिएटिव ले रहे हैं, तब हम आने वाली पीढ़ियों के सपनों के विस्तार के बीज बो रहे हैं।”

बौखलाया चीन खंबा नोचे

इस बात से चीन को इतनी मिर्ची लगी है कि वो बौखला गया है। इस प्रोजेक्ट पर तो चीन ने चुप्पी साथ ली, लेकिन जी-20 की कथित थिंक-टैंक्स के माध्यम से भारत को धमकाने की कोशिश कर रही है। चाइना इंस्टीट्यूट ऑफ कंटेम्परेरी इंटरनेशनल रिलेशंस नाम के एक थिंक-टैंक ने अपने लेख में कहा कि भारत ने “जी20 के मंच का इस्तेमाल अपने स्वयं के एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए किया है, जो वैश्विक मुद्दों पर सहयोग की बजाय विभाजन को बढ़ावा देने के लिए है।”

थिंक टैंक ने कहा कि चीन विरोधी मुद्दों को उठाकर भारत ने ‘जी20 की एकता को तोड़ा और चीन के हितों को नुकसान पहुँचाया।’ बता दें कि जी-20 के शिखर सम्मेलन के पहले ही दिन भारत ने इंडिया-मिडिल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर की घोषणा की थी। अब चीन सीधे-सीधे इस पर बोलता, तो खुद ही फंस जाता। ऐसे में उसने जी-20 के माध्यम से इशारों -इशारों में कहा कि भारत ने जी-20 का इस्तेमाल चीन के खिलाफ किया।

नाम – सद्दाम हुसैन, टार्गेट – हिन्दू लड़कियाँ… फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल बना कर फँसाता था, धर्मांतरण करा कर बेच देता था: अश्लील वीडियो से करता था ब्लैकमेल

झारखंड की गिरडीह पुलिस ने सोशल मीडिया पर महिलाओं को प्रेम जाल में फँसा कर उनका शोषण करने वाले सद्दाम हुसैन को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के दौरान सद्दाम एक महिला को ट्रेन में बिठा कर उसकी मर्जी के खिलाफ कोलकाता ले जा रहा था। पीड़िता को सही सलामत मुक्त करवा लिया गया है। रविवार (10 सितंबर, 2023) को गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ की जा रही है। अब तक सद्दाम द्वारा कई महिलाओं की जिंदगी खराब किए जाने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि सद्दाम लड़कियों को धर्मांतरण पर मजबूर कर के उन्हें अलग-अलग शहरों में बेच देता था।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सद्दाम गिरडीह के गाँवा थानाक्षेत्र के बादीडीह का निवासी है। निमियाघाट इलाके की एक पीड़िता 9 सितंबर, 2023 (शनिवार) को गिरडीह के साइबर थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में पीड़िता ने बताया था कि शादीशुदा और बाल-बच्चेदार सद्दाम हुसैन सोशल मीडिया पर खुद को कुँवारा बताता है। वह फर्जी प्रोफ़ाइल बनाता है और लड़कियों को अपने चंगुल में फँसाने की फिराक में रहता है। इसी जाल में पीड़िता ने खुद को फँसा बताया। वह सद्दाम की बातों में आ गई। सद्दाम ने पीड़िता को होटल में मिलने के लिए बुलाया था और वो विश्वास कर के चली आई।

आरोप है कि यहाँ सद्दाम ने पहले पीड़िता की माँग सिन्दूर से जबरन भर दी। बाद में उसने महिला से रेप किया और इस दौरान आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए। सद्दाम इन्हीं तस्वीरों के सहारे लड़की को ब्लैकमेल करने लगा। कुछ दिनों बाद वह पीड़िता को अपने साथ कोलकाता ले जाने की जिद करने लगा। जब महिला ने इसका विरोध किया तो न सिर्फ उसके आपत्तिजनक फोटो वीडियो वायरल करने बल्कि उसके पूरे परिवार को खत्म करने की भी धमकी दी गई। लड़की के मुताबिक, सद्दाम की इन धमकियों में पीड़िता के परिवार की अन्य महिलाओं से भी बलात्कार करना भी शामिल था।

सद्दाम की धमकियों से तंग आ कर और कोलकाता जाने पर खुद को मजबूर किए जाते हुए देख पीड़िता ने इसकी शिकायत गिरडीह के साइबर थाने में की। साथ ही मामले की सूचना गिरडीह के पुलिस अधीक्षक दीपक शर्मा को भी दी गई। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए महिला की तलाश शुरू की। आखिरकार उसे पारसनाथ रेलवे स्टेशन ने सकुशल बरामद कर लिया गया। पीड़िता के साथ मौजूद सद्दाम को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की पूछताछ में सद्दाम का लम्बा आपराधिक इतिहास निकल कर सामने आया है। वह पहले भी कई लड़कियों को अपना शिकार बना चुका है। दावा किया जा रहा है कि आरोपित लड़कियों को पहले धर्म-परिवर्तन पर मजबूर करता था और बाद में उन्हें अलग-अलग शहरों में बेच दिया करता था।

मिली जानकारी के मुताबिक, सद्दाम हुसैन पहले भी पीड़िता की तरह कई शादियाँ कर चुका है। उस पर सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने के अलावा पॉक्सो एक्ट के तहत पहले भी केस दर्ज हैं। वह पहले भी जेल जा चुका है। हालाँकि बावजूद उसने अपराध करना नहीं छोड़ा। पुलिस अधीक्षक गिरडीह दीपक कुमार शर्मा ने सद्दाम या उनके जैसे किसी अन्य द्वारा किसी भी रूप में प्रताड़ित महिलाओं को पुलिस से सम्पर्क कर के अपनी समस्या बताने की सलाह दी है। साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया के प्रयोग के दौरान भी सावधानी बरतने की अपील की है।

केजरीवाल सरकार ने पटाखों पर लगाया प्रतिबंध, इस बार भी सूनी रहेगी दिल्ली वालों की दिवाली: बोले AAP के मंत्री – दीया जलाइए

दिल्ली वालों की दिवाली इस बार भी सूनी रहने वाली है। केजरीवाल सरकार ने सोमवार (11 सितंबर, 2023) को आदेश जारी कर पटाखों के बनाने, भण्डारण और बिक्री पर रोक लगा दी है। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने इसकी जानकारी देते हुए लोगों से दीये जलाकर दिवाली मनाने की अपील की।

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा, “दिल्ली में खासतौर से दिवाली के अवसर पटाखे जलाने से जो प्रदूषण पैदा होता है, उसे रोकने के लिए सीएम केजरीवाल ने सभी तरह के पटाखों के निर्माण, भंडारण, बिक्री, ऑनलाइन डिलीवरी और जलाने पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया है। पुलिस को दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की तरफ से यह निर्देश जारी करने के लिए कहा गया है कि किसी भी तरह का लाइसेंस जारी न किया जाए।”

पत्रकारों ने गोपाल राय से हिंदू त्योहारों पर ही रोक लगाने को लेकर सवाल किया। इस पर उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि जो बदली हुई परिस्थितियाँ हैं उसमें हमें धूमधाम से श्रद्धा के साथ त्योहार मनाना जरूरी है। उतना ही सब लोगों की जिंदगी बचाना जरूरी है। इसलिए पिछले 2 साल से यह निर्णय लिया जा रहा है। दिल्ली के लोगों द्वारा सहयोग भी मिल रहा है। हमारी लोगों से अपील है कि दीये जलाकर धूमधाम से हम दिवाली मनाएँ।”

उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली में सर्दी के मौसम में प्रदूषण का स्तर बढ़ जाता है। जनवरी से लेकर अगस्त के महीने तक दिल्ली का औसत AQI काफी कम रहा है। 10 सितंबर को दिल्ली में एक्यूआई 45 था। लेकिन धीरे-धीरे अक्टूबर के महीने में सर्दी बढ़ने के साथ दिल्ली के वातावरण में नमी आती है और यहाँ के पार्टिकल मैटर जमा होने शुरू होते हैं। इसमें दिल्ली के बाहर और दिल्ली के अंदर का प्रदूषण यहाँ की हवा को जहरीला बना देते हैं।

गोपाल राय ने दिल्ली के प्रदूषण को नियंत्रित करने को लेकर प्लानिंग की जानकारी देते हुए कहा कि प्रदूषण रोकने के लिए दिल्ली सरकार ने एक्शन प्लान बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत 12 सितंबर को दिल्ली सचिवालय में एक्सपर्ट्स के साथ मीटिंग होगी। 14 सितंबर को ऑल डिपार्टमेंट्स के अधिकारियों की बैठक होगी। इसमें विंटर एक्शन प्लान तैयार किया जाएगा।

LLB छात्रा से रेप की कोशिश-दुपट्टे से गला घोंटने का प्रयास, विरोध करने पर भाई को चाकू मारा: भीड़ ने सुल्तान को बाँधकर पीटा

उत्तर प्रदेश के बागपत में एलएलबी की एक छात्रा से रेप की कोशिश की गई। लड़की को बचाने आए उसके चचेरे भाई को चाकू मार दिया गया। इसके बाद नाराज लोगों ने आरोपित सुल्तान की बाँध कर पिटाई की। पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर ली है। जिस होटल में रविवार (10 सितंबर 2023) को यह घटना हुई, वहाँ के स्टाफ पर भी बिना पहचान पत्र आरोपित को कमरा देने का आरोप है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मामला बागपत कोतवाली थाना क्षेत्र का है। यहाँ सिसाना गाँव की रहने वाली LLB की एक छात्रा रविवार को कुछ सामान खरीदने बागपत बाजार गई थी। घर लौटने के दौरान पीड़िता बाजार के एक चौराहे पर सवारी वाहन का इंतजार कर रही थी। तभी लड़की के पड़ोसी गाँव का निवासी एक मुस्लिम युवक सुल्तान वहाँ पहुँचा। आरोप है कि उसने पीड़िता को लिफ्ट देने के बहाने अपनी कार में बिठाया और फिर घर के बजाय स्टारलाइट नाम के गेस्ट हाउस में ले गया। यहाँ आरोपित ने छात्रा से रेप का प्रयास किया।

बताया जा रहा है कि छात्रा के विरोध के चलते सुल्तान अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाया। इस बात से नाराज हो कर उसने छात्रा की पिटाई की। यह बात किसी ने पीड़िता के चचेरे भाई को बता दी। वह होटल पहुँचा और अपनी बहन को वहाँ से साथ ले जाने का प्रयास करने लगा। इस दौरान सुल्तान ने पीड़िता के चचेरे भाई पर चाकू से वार किया। चाकू लड़की के भाई के सिर में लगा और वो घायल हो गया। आरोपित ने लड़की का भी गला उसके दुपट्टे से घोंटने का प्रयास किया।

घटना की जानकारी मिलते ही लड़की के परिजन मौके पर पहुँचे। भीड़ आरोपित सुल्तान को बंधक बना कर ले गई। आरोप है कि आरोपित को गोशाला ले जाया गया और बाँधकर पीटा गया। फ़िलहाल उसका इलाज दिल्ली में चल रहा है। मामला 2 समुदायों का होने की वजह से आसपास में तनाव फ़ैल गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया है। मामले की जाँच की जा रही है। बिना पहचान पत्र के कमरा देने वाले होटल पर भी कार्रवाई की जा सकती है।

बागपत पुलिस के मुताबिक सुल्तान की पिटाई करने के आरोप में 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इन आरोपितों के नाम तरुण सिंह, अरुण सिंह, जॉनी सिंह और सचिन सिंह हैं। इन सभी पर IPC की धारा 307, 364, 342, 504 के तहत कार्रवाई की गई है। सुल्तान को साथ ले जाने में प्रयोग वैगन आर कार को भी जब्त कर लिया गया है। साथ ही वो हॉकी स्टिक भी बरामद कर ली गई है, जिससे कथित तौर पर सुल्तान की पिटाई की गई थी।

‘भारत की 1 इंच जमीन पर भी चीन का कब्ज़ा नहीं’: लद्दाख के LG ने राहुल गाँधी के दावों पर दिया करारा जवाब, बोले ब्रिगेडियर मिश्रा – हमारे जवान पूरी तरह तैयार

कॉन्ग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गाँधी ने दावा किया था कि चीन ने भारत की जमीन कब्जा ली है, जिसके बाद लद्दाख के राज्यपाल ब्रिगेडियर (रिटायर्ड) BD मिश्रा ने उन्हें कराया जवाब दिया है। राहुल गाँधी के बयान पर प्रतिक्रिया माँगे जाने पर उप-राज्यपाल ने कहा कि वो किसी के बयान पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे, लेकिन लेकिन वो तथ्य बताएँगे जो कि उन्होंने खुद अपनी आँखों से देखा है। उन्होंने साफ़-साफ़ कहा कि चीन ने भारत की 1 वर्ग इंच की जमीन पर भी कब्ज़ा नहीं किया है।

ब्रिगेडियर (रिटायर्ड) बीडी मिश्रा ने कहा कि सन् 1964 में क्या हुआ वो उस समय की बात थी, लेकिन आज के समय में भारत अंतिम इंच तक अपनी जमीन को नियंत्रण में रखे हुए है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वो नेताओं के बयान पर प्रतिक्रिया नहीं देंगे, जो तथ्य है बस वही बता रहे हैं। LG ने कहा कि हमारे सुरक्षा बल किसी भी प्रकार की घटना से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर कोई कुछ भी गड़बड़ी करता है तो उस पर कड़ा जवाब दिया जाएगा।

बता दें कि 25 अगस्त, 2023 को राहुल गाँधी कारगिल पहुँचे थे। वहाँ एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा था कि ये एक स्ट्रैटेजिक लोकेशन है, ऐसे में एक चीज स्पष्ट है कि चीन ने भारत की जमीन कब्जाई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी झूठ बोलने का आरोप लगा दिया था। उन्होंने कहा था कि ये जमीन का मसला है और चीन हमारी और जमीन ले लेना चाहता है। लद्दाख में राहुल गाँधी ने बाइक भी चलाई थी। अब LG ने उनके इन आरोपों को नकार दिया है।

इतना ही नहीं, मुंबई में हुई विपक्षी दलों के गठबंधन I.N.D.I.A. की बैठक के बाद हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी राहुल गाँधी ने अपने इस आरोप को दोहराया था कि चीन ने भारत की जमीन कब्जाई है। साथ ही उन्होंने भारत सरकार पर चीन के साथ इसके लिए समझौता करने तक के आरोप लगा दिए थे। उन्होंने केंद्र सरकार पर लद्दाख की जनता से धोखा का आरोप मढ़ा था। भाजपा ने भी उन पर हमला बोलते हुए पूछा था कि वो चीन के प्रवक्ता की तरह व्यवहार क्यों कर रहे हैं?

G20 समिट के बाद भारत-सऊदी अरब के संबंधों को नई उड़ान: कई क्षेत्रों में समझौते, बोले PM मोदी – ऐतिहासिक है इकोनॉमिक कॉरिडोर

सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान अल सऊद ने G20 समिट के समापन के बाद अपना भारत का एक दिवसीय राजकीय दौरा शुरू किया। नई दिल्ली स्थित ‘हैदराबाद हाउस’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी बैठक भी हुई। ‘सऊदी-इंडिया स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप काउंसिल’ की बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि भारत के साथ वो एक इकोनॉमिक कॉरिडोर बनाने की भी योजना तैयार हो रही है। हालाँकि, उन्होंने कहा कि ये काम दुष्कर है और इसमें अभी बहुत समय और मेहनत लगनी है।

उन्होंने कहा कि सऊदी अरब और भारत के संबंधों से दोनों देशों का फायदा है और दोनों देश साथ मिल कर भविष्य के मौकों के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सऊदी अरब में रहने वाला भारतीय समाज हमारा ही हिस्सा है और हम उनका अपने नागरिकों के लिए ख्याल रखेंगे। इससे पहले भारत और सऊदी अरब में कई समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। भारत ने सऊदी अरब के साथ अपने रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करने की बात कही।

काउंसिल की ये पहली लीडर्स बैठक थी, जिसकी घोषणा 2019 में पीएम मोदी के पहले सऊदी अरब दौरे के दौरान हुआ था। उन्होंने कहा कि इससे हमारे रणनीतिक संबंधों में मजबूती आई है। पीएम मोदी ने इन संबंधों में नए और आधुनिक आयाम जोड़ने की बात करते हुए सऊदी अरब को सबसे महत्वपूर्ण स्ट्रैटेजिक पार्टनर्स में से एक बताया और दोनों को विश्व की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था करार दिया। उन्होंने कहा कि पूरे क्षेत्र की शांति और स्थिरता के साथ ये साझेदारी अहम है।

पीएम मोदी ने कहा, “इस बैठक से हमारे संबंधों को एक नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी। हमें मानवता की भलाई के लिए काम करते रहने की प्रेरणा मिलेगी। हम भारत, पश्चिम एशिया और यूरोप के बीच ऐतिहासिक कॉरिडोर स्थापित करने की बात की है। इससे हमारे बीच आर्थिक सहयोग, ऊर्जा का विकास और डिजिटल कनेक्टिविटी को बल मिलेगा। क्राउन प्रिंस के ‘विज़न 2030’ के माध्यम से सऊदी अरब जिस तेजी से आर्थिक-सामाजिक प्रगति कर रहा है, उसके लिए मैं उनका अभिनन्दन करता हूँ।”

उन्होंने सऊदी अरब में रहने वाले भारतीयों के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता हेतु और G20 की सफलता योगदान में लिए भी सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान अल सऊद को धन्यवाद दिया। 2019 के बाद सऊदी अरब के क्राउन्स प्रिंस की ये भारत की दूसरी राजकीय यात्रा है। बैठक से पहले राष्ट्रपति भवन में उनका परंपरागत स्वागत किया गया। IT, कृषि, फार्मा, पेट्रोकेमिकल और मानव संसाधन के क्षेत्रों में 2 दर्जन से भी अधिक MoU पर हस्ताक्षर किए गए।

क्राउन प्रिंस ने इस दौरान भारत की तारीफ़ करते हुए कहा कि इन समझौतों से दोनों देशों का भविष्य बेहतर होगा। क्राउन प्रिंस ने इस बैठक में ये भी ध्यान दिलाया कि सऊदी अरब की जनसंख्या का 7% हिस्सा भारतीय समाज का है, जिन्होंने मुल्क के आर्थिक विकास में बड़ा योगदान दिया है। उन्होंने आशा जताई कि ये काउंसिल दोनों देशों के नागरिकों की आकाँक्षाओं को पूरा करेगा। एनर्जी सेक्टर में भी एक बड़ी डील पर हस्ताक्षर हुए। इससे पहले मोहम्मद बिन सलमान ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात की थी

प्रियंका गाँधी की रैली के बाद कॉन्ग्रेस को डबल झटका, BJP में ज्योति मिर्धा और सवाई सिंह चौधरी: कहा- गहलोत राज में राजस्थान की स्थिति दयनीय

राजस्थान में विधानसभा चुनावों से पहले कॉन्ग्रेस को बड़ा झटका लगा है। जाट नेता और पूर्व सांसद ज्योति मिर्धा बीजेपी में शामिल हो गईं हैं। कॉन्ग्रेस के एक अन्य नेता रिटायर्ड IPS सवाई सिंह चौधरी ने भी बीजेपी की सदस्यता ली है।

दोनों नेताओं ने 11 सितंबर 2023 को राजस्थान बीजेपी के अध्यक्ष सीपी जोशी की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली। कॉन्ग्रेस को राज्य में यह डबल झटका प्रियंका गाँधी की रैली के ठीक एक दिन बाद लगा है। उन्होंने 10 सितंबर को ही राजस्थान के टोंक में एक सभा को संबोधित किया था।

ज्योति मिर्धा राजस्थान के दिग्गज जाट नेता नाथूराम मिर्धा की पोती हैं। नाथूराम भी नागौर से सांसद रहे हैं। कुल मिलाकर वह 6 बार सांसद और 4 बार विधायक रहे। मिर्धा परिवार का दशकों से जाटों में बड़ा प्रभाव रहा है। ज्योति राजस्थान के मारवाड़ क्षेत्र से आती हैं। इस क्षेत्र में नागोर के अलावा बाड़मेर, जोधपुर, पाली और जालोर जिले की सीटों पर भी मिर्धा परिवार का प्रभाव रहा है।

ज्योति मिर्धा साल 2009 में कॉन्ग्रेस के टिकट से लोकसभा चुनाव जीतकर सांसद बनी थीं। हालाँकि 2014 और 2019 के चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। 2019 में उन्हें रालोपा अध्यक्ष और एनडीए प्रत्याशी हनुमान बेनीवाल से हार मिली थी। लेकिन अब रालोपा और भाजपा का गठबंधन टूट चुका है। ऐसे में भाजपा किसी मजबूत प्रत्याशी की तलाश में थी।

ज्योति मिर्धा के भाजपा में आने से पार्टी की तलाश पूरी हो गई है। एक ओर जहाँ भाजपा ज्योति को विधानसभा में जाट नेता के रूप में उपयोग कर जाट वोट बैंक साध सकती है। वहीं कॉन्ग्रेस के खिलाफ विधानसभा में उतारकर भी अपनी स्थिति मजबूत कर सकती है। ज्योति का भाजपा में आना हनुमान बेनीवाल के लिए भी चिंता का कारण हो सकता है। यदि बेनीवाल बिना गठबंधन अकेले चुनाव लड़ते हैं तो उनके लिए राह आसान नहीं होगी।

मिर्धा परिवार के अन्य नेता भी हो सकते हैं भाजपा में शामिल

ज्योति मिर्धा के भाजपा का दामन थामने के बाद अब मिर्धा परिवार के अन्य नेताओं के भी बीजेपी में आने के कयास लगाए जा रहे हैं। इसमें बड़ा नाम ज्योति के चचेरे भाई डेगाना विधायक विजयपाल मिर्धा का है। भाजपा ज्वाइन करने के बाद ज्योति मिर्धा ने कहा कि कॉन्ग्रेस में कार्यकर्ताओं की अनदेखी हो रही है। गहलोत सरकार में राजस्थान की हालत दयनीय हो गई। इसलिए पीएम मोदी के मजबूत नेतृत्व के चलते उन्होंने भाजपा में आने का फैसला किया।

रिटायर्ड IPS ने भी छोड़ा ‘हाथ’ का साथ

राजस्थान के पूर्व डीआइजी और रिटायर्ड IPS सवाई सिंह चौधरी ने भी ज्योति मिर्धा के साथ बीजेपी की सदस्यता ली है। उन्होंने साल 2018 में राजस्थान की खींवसर विधानसभा से कॉन्ग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था। हालाँकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

PM मोदी के जन्मदिन पर ‘आयुष्मान भव:’, ₹13 हजार करोड़ की विश्वकर्मा योजना भी: जानिए केंद्र सरकार की इन स्कीम्स से किनको होगा लाभ

17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है। इस मौके पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने ‘आयुष्मान भव:’ अभियान शुरू करने की घोषणा की है। इसका मकसद हर व्यक्ति तक सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ पहुँचाना है। इसके अलावा इसी दिन ‘विश्वकर्मा योजना’ की भी शुरुआत होगी। प्रधानमंत्री के जन्मदिन को बीजेपी ‘सेवा सप्ताह’ के तौर पर मनाती रही है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने मनसुख मंडाविया ने 17 सितंबर से ‘आयुष्मान भव:’ अभियान शुरू करने की जानकारी सोमवार (11 सितंबर 2023) को दी। इस दौरान देशभर के 1 लाख 17 हजार से ज्यादा स्वास्थ्य केंद्रों पर नागरिकों का फ्री में हेल्थ चेकअप किया जाएगा। यह अभियान 15 दिनों तक चलेगा।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा, “आयुष्मान भव: योजना के अंतर्गत देश में 1 लाख 17 हजार हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर है। हमने तय किया है कि सभी हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर पर आयुष्मान मेला लगेगा। आयुष्मान मेला में सभी गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों को उपचार होगा। उसकी जाँच होगी। सभी ब्लॉक स्तर के अस्पताल में मेडिकल कॉलेज हेल्थ कैंप लगाया जाएगा। इस पखवाड़े के दौरान पूरे देश के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। स्वच्छता को स्वास्थ्य के साथ जोड़कर कार्य करेंगे।”

ग्राम पंचायतों को किया जाएगा सम्मानित

मनसुख मांडविया ने 2 अक्टूबर को देश के सभी गाँव में ग्राम सभा की बैठक होने की जानकारी दी। साथ ही बताया कि जिन गाँवों में आयुष्मान भारत कार्ड बने हैं, लोगों ने इसका लाभ लिया है, ​शत प्रतिशत वैक्सीनेशन हुआ है और टीबी तथा कुष्ठ रोग के मरीज नहीं हैं, उन्हें आयुष्मान गाँव घोषित किया जाएगा।

आयुष्मान भारत यानी प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) के तहत प्रति साल 5 लाख रुपए तक का स्वास्थ्य कवरेज प्रदान किया जाता है। मांडविया ने बताया कि अभियान के दौरान उन लोगों के कार्ड भी बनाए जाएँगे जो अभी तक इस योजना के दायरे में नहीं आ पाए हैं।

बता दें कि भारतीय जनता पार्टी पीएम मोदी के जन्म सप्ताह को सेवा सप्ताह के तौर पर मनाती है। पिछले साल प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर टीबी के मरीजों को गोद लेने के लिए भाजपा कार्यकर्ता सामने आए थे। अब तक 1 लाख टीबी मरीजों को गोद लेकर उनकी देखरेख और सहायता की जा रही है।

पीएम मोदी के जन्मदिन पर विश्वकर्मा योजना की होगी शुरुआत

पीएम मोदी ने 15 अगस्त 2023 को लाल किले से विश्वकर्मा योजना की घोषणा की थी। इसके अगले दिन 16 अगस्त को इस योजना को कैबिनेट की मंजूरी भी मिल गई थी। 17 सितंबर को 13,000 करोड़ रुपए की पीएम विश्वकर्मा योजना की शुरुआत होगी। इससे 30 लाख शिल्पकार परिवारों को लाभ होगा। इसमें शिल्पकारों को 1 लाख रुपए तक का लोन 5 प्रतिशत के ब्याज पर दिया जाएगा।

इस योजना से सबसे ज्यादा लाभ अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग, महिलाएँ और कमजोर वर्ग को लाभ पहुँचेगा। इसका सीधा फायदा बढ़ई, सोनार, मूर्तिकार और कुम्हार आदि को मिलेगा। इसके जरिए सरकार शिल्पकारों के उत्पादों और सेवाओं की गुणवत्ता को बढ़ाकर उन्हें घरेलू एवं वैश्विक बाजार के साथ जोड़ना चाहती है।

गोरों ने जिसे समझा गुलाम, स्वामी विवेकानन्द ने उनसे हाथ मिला कर कहा था – ‘धन्यवाद भाई’

अयं निजः परोवेति गणना लघुचेतसाम् । उदारचरितानां तु वसुधैवकुटुम्बकम् ॥ (महोपनिषद्, अध्याय 6, मंत्र 71)

यह नीति वाक्य सदियों से हमारी प्राचीन सनातन संस्कृति और भारतवर्ष के श्रेष्ठ चरित्र का परिचायक है। विश्व के इतिहास में एक स्वर्णिम कालखण्ड ऐसा भी रहा है, जब भारत समस्त मानव जाति का नेतृत्व करता था। हर क्षेत्र में भारत सर्वोच्च शिखर पर हुआ करता था। सर्वशक्तिमान होने के पश्चात भी हमने कभी भी अपना-पराया नहीं किया वरन् सबको अपना माना।

सबकी सहायता, सबके विकास के लिए सदैव तत्पर इस महान शांतिप्रिय राष्ट्र ने कभी किसी पर आक्रमण नहीं किया। परन्तु दुर्भाग्यवश हम पर सदैव ही चहुं दिस आक्रमण हुए और परिणाम स्वरूप एक दिन यह देश गुलामी की जंजीरों में जकड़ा गया।

परतंत्रता रूपी इस अंधकार ने भारत के स्वाभिमान को ऐसा ग्रहण लगाया कि भारतवासी अपना आत्म-विश्वास ही खो बैठे। क्रूर अंग्रेजी शासकवर्ग भौतिकवाद से ग्रस्त थे और अपने तुच्छ स्वार्थों की पूर्ति हेतु सब पर अमानवीय अत्याचार करते थे। ऐसा प्रतीत होता था मानों प्रेम, करुणा, उदारता, संवेदनशीलता, सहिष्णुता और आध्यात्मिकता जैसे मूल्य अपना अस्तित्व खोते जा रहे थे।

ऐसे में, सन् 1863, 12 जनवरी को भारत की तत्कालीन राजधानी कलकत्ता में ऐसे सूर्य का उदय हुआ, जिसके ज्ञान के प्रकाश से युगों-युगों तक दुनिया आलोकित होती रहेगी। 19वीं शताब्दी के इस महानायक को हम सभी स्वामी विवेकानन्द के रूप में याद करते हैं।

स्वामी विवेकानन्द प्राचीनता और आधुनिकता का मिश्रण थे। उन्हें प्राचीन भारतीय संस्कृति, इतिहास, दर्शन और अपने पूर्वजों के प्रति जहाँ अपार श्रद्धा थी, वहीं उनके आधुनिक विचार तत्कालीन रूढ़िगत परंपराओं का खण्डन भी करते थे। बचपन में उनके घर पर विभिन्न जातियों एवं संप्रदायों के लोगों की आवाजाही होती थी, अतएव सभी को भिन्न-भिन्न हुक्के दिए जाते थे। उन्होंने प्रत्येक हुक्के से एक-एक कश केवल इसी जिज्ञासावश लगाया कि यदि जातिगत नियमों को तोड़ दिया जाए तो क्या परिणाम होंगे?

11 सितम्बर 1893 (भाद्रपद शुक्ल द्वितीया, विक्रम संवत 1949, युगाब्द 4995), पश्चिमी क्षितिज पर भारत के ज्ञानोदय का अविस्मरणीय और ऐतिहासिक दिवस बन गया। अमेरिका के शिकागो शहर में ‘विश्व धर्म संसद’ का आयोजन हुआ था, जिसमें दुनिया भर के दस प्रमुख संप्रदायों के अनेक प्रतिनिधि पूर्ण तैयारी से आए हुए थे। इसमें यहूदी, हिन्दू, इस्लाम, बौद्ध, ताओ, कन्फ्यूशियस, शिन्तो, पारसी, कैथोलिक तथा प्रोटेस्टेंट इत्यादि शामिल थे।

‘आर्ट इंस्टीट्यूट’ का विशाल सभागार लगभग 7000 श्रोताओं से खचाखच भरा हुआ था। भारत के हिन्दू धर्म का प्रतिनिधित्व करते हुए जब मात्र 30 वर्षीय नवयुवक, स्वामी विवेकानन्द स्वागत का उत्तर देने हेतु मंच पर जाते हैं, तब माता सरस्वती को स्मरण कर वह बोल उठते हैं, “अमेरिका वासी बहनों और भाइयों!”

उनके केवल इतना कहते ही सभी लोग खड़े हो गए और पूरा सभागार अगले 2 मिनट तक तालियों की गड़गड़ाहट से गूँज उठा। यह घोर करतल नाद उस संन्यासी के सम्मान में हुआ था, जिसे कुछ क्षण पूर्व हीन भावना से देखा गया था। जिसने अमेरिका की भीषण ठंड में स्वयं की रक्षा हेतु रात भर रेलवे के माल यार्ड में पड़े बक्से में बिताया, जिनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया, रंगभेद का शिकार बनाया गया, नीग्रो, काला कुत्ता आदि अपमानजनक शब्दों से संबोधित किया गया। इन सभी कठिनाइयों का सामना कर, अपार सहनशीलता के साथ इस महायोगी ने समस्त संसार को विश्वबन्धुत्व का ही अमृत संदेश प्रदान किया।

कुल 17 दिनों (11 से 27 सितंबर, 1893) तक चलने वाले विश्व धर्म संसद में स्वामी विवेकानंद ने 6 व्याख्यान दिए। क्रमशः स्वागत का उत्तर (11 सितम्बर), हम असहमत क्यों हैं (15 सितम्बर), हिन्दुत्व पर शोध-प्रपत्र (19 सितम्बर), धर्म भारत की मुख्य आवश्यकता नहीं (20 सितम्बर), बौद्ध धर्म – हिन्दू धर्म की पूर्णता (26 सितंबर), अंतिम सत्र में संबोधन (27 सितम्बर)।

एक ओर जहाँ वैश्विक मंच पर अन्य धर्मावलंबियों ने केवल अपने ही धर्म को सच्चा बताया और बाकी धर्मों की निंदा की वहीं, स्वामी विवेकानंद ने अपने वक्तव्य में गौरवशाली हिन्दू धर्म के विषय में कहा:

“मुझे गर्व है कि मैं एक ऐसे धर्म से हूँ, जिसने दुनिया को सहनशीलता और सार्वभौमिक स्वीकृति का पाठ पढ़ाया है। हम सिर्फ सार्वभौमिक सहनशीलता में ही विश्वास नहीं रखते, बल्कि हम विश्व के सभी धर्मों को सत्य के रूप में स्वीकार करते हैं।”

भारत सदैव सर्वे भवन्तु सुखिन: की सोच रखता है और विपदा में मित्र की भाँति सबका साथ देने वाला देश रहा है, जिसका वर्तमान युग में भी प्रचुर उदाहरण मिल जायेगा!

वैश्विक महामारी कोरोना के समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्व के 120 देशों में बिना किसी शर्त और मूल्य के भारतीय वैक्सीन भेज कर उन्हें संकट से उबारा। तुर्की जो कई मुद्दों पर भारत का घोर विरोधी रहा है, में भूकंप के समय यथोचित सहायता पहुँचाना इत्यादि।

भारत की इसी बंधुत्व भावना को उजागर करते हुए स्वामी विवेकानंद आगे कहते हैं, “मुझे गर्व है कि मैं एक ऐसे देश से हूँ, जिसने इस धरती के सभी देशों और धर्मों के परेशान और सताए गए लोगों को शरण दी है। मुझे यह बताते हुए गर्व हो रहा है कि हमने अपने हृदय में उन इजरायलियों की पवित्र स्मृतियाँ सँजोकर रखी हैं, जिनके धर्म स्थलों को रोमन हमलावरों ने तोड़-तोड़ कर खंडहर बना दिया था। और तब उन्होंने दक्षिण भारत में शरण ली थी। मुझे इस बात का गर्व है कि मैं एक ऐसे धर्म से हूँ, जिसने महान पारसी धर्म के लोगों को शरण दी और अभी भी उन्हें पाल-पोस रहा है।”

‘हिन्दुत्व पर शोध-प्रपत्र’ विषय पर स्वामी विवेकानन्द ने 19 सितम्बर को जो भाषण दिया, वह अत्यन्त महत्वपूर्ण और चर्चित भाषण था। मानो इसी कार्य के लिए उन्हें अपने गुरु ठाकुर श्रीरामकृष्ण परमहंस देव का आदेश और भारत माता का आशीर्वाद प्राप्त हुआ था। उनके आह्वान के ओजस्वी शब्दों की शक्ति थी वेद, उपनिषद्, श्रीमद्भगवद्गीता की पावन वाणी!

स्वामी विवेकानंद के प्रत्येक भाषण का अमेरिकी जनमानस पर अद्वितीय प्रभाव पड़ा। प्रशंसा करते हुए कुछ ने यह भी कहा, “ऐसे विद्वान राष्ट्र में मिशनरी भेजना तो निरा मूर्खता है। वहाँ से तो हमारे देश में धर्मप्रचारक भेजे जाने चाहिए।”

हार्वर्ड विश्वविद्यालय के प्रो. जॉन हैनरी राइट ने कहा था, “स्वामीजी, आपसे आपकी योग्यता का प्रमाण-पत्र माँगना सूर्य से उसके चमकने का अधिकार पूछने जैसा है।”

महर्षि अरविन्द ने कहा था, “स्वामी विवेकानन्द का पश्चिम में जाना, विश्व के सामने पहला जीता जागता संकेत था कि भारत जाग उठा है, न केवल जीवित रहने के लिए बल्कि विजयी होने के लिए।”

स्वामी विवेकानंद पहले व्यक्ति थे, जिन्होंने पश्चिम में भारतीय सनातन संस्कृति, वेदान्त दर्शन और योग को केवल प्रस्तुत ही नहीं अपितु प्रतिष्ठित भी किया। अमेरिका के विभिन्न प्रान्तों में उनके बड़े-बड़े पोस्टर लगे, दुनिया भर के समाचार पत्र उनकी प्रशंसा और वंदन से भरे हुए थे। धर्म संसद के पहले ही भाषण से वो विश्व विख्यात हो गए थे!

उनके सम्मान में उस रात राजोचित सत्कार का आयोजन किया गया। स्वामी विवेकानंद का कक्ष भौतिक सुख-सुविधाओं से लैस था परन्तु एक संन्यासी को उस विलासितापूर्ण बिछौने पर नींद कहाँ आती! उनका कोमल हृदय तो अपनी मातृभूमि की दशा पर द्रवित हो उठा, जिसे विगत 5 वर्षों तक भ्रमण के दौरान उन्होंने स्वयं अनुभव किया था! सारी रात वह शिशु के समान फूट-फूट कर रोते रहे और ईश्वर के सम्मुख अपने भारत के पुनरुत्थान की प्रार्थना करते रहे।

स्वामी विवेकानंद का विशाल हृदय केवल भारत ही नहीं अपितु अन्य देश के पतितों और दीनों के लिए भी क्रंदन करता था। एक बार एक रेलवे स्टेशन पर जब वे गाड़ी से उतर रहे थे, उनका भव्य स्वागत किया जा रहा था, तभी वहाँ एक नीग्रो (काले लोग, जिसे अमेरिका-यूरोप के गोरे गुलाम समझते थे) कुली ने आगे बढ़ कर उनसे हाथ मिलाते हुए कहा, “बधाई! मुझे बेहद खुशी है कि मेरी जाति के एक व्यक्ति ने इतना बड़ा सम्मान प्राप्त किया है। इस देश के पूरे नीग्रो समुदाय को आप पर गर्व है।”

स्वामी विवेकानंद ने उससे स्नेहपूर्वक हाथ मिलाया और विनम्रता से कहा, “धन्यवाद भाई धन्यवाद!”

वास्तव में इतनी प्रसिद्धि होने के पश्चात भी स्वामी विवेकानंद को कई बार अपमान और तिरस्कार झेलना पड़ा था। अमेरिका के दक्षिणी राज्यों में नीग्रो समझ कर कई होटलों में उन्हें प्रवेश करने से रोका गया परन्तु उन्होंने कभी यह उजागर नहीं किया की वे नीग्रो नहीं हैं या वे भारतीय हैं। एक पश्चिमी शिष्य ने उनसे पूछा कि ऐसी स्थितियों में वे सत्य जाहिर क्यों नहीं करते? इस पर उन्होंने तनिक क्रोधित स्वर में उत्तर दिया, “क्या! दूसरों को नीचा दिखा कर मैं ऊपर उठूँ! मैं इस पृथ्वी पर इसलिए नहीं आया हूँ।”

स्वामी विवेकानंद ने वैश्विक स्तर पर पराधीन भारत का मान बढ़ाकर, उसके सोए हुए आत्म विश्वास को पुनः जागृत कर नवशक्ति का संचार किया। इस चराचर जगत के कण-कण में ईश्वर दर्शन करने वाले इस दिव्य पुरुष ने अपने भारतवासियों का आह्वान करते हुए कहा:

“मेरे भारत! जागो! और जनसमूह का उद्धार करो।”

वर्तमान समाज सांप्रदायिकता की अग्नि में झुलस रहा है। कोई देश अपनी सीमाओं के विस्तार हेतु अतिक्रमण कर रहा है तो कहीं मजहब के नाम पर जिहाद हो रहा है। सब अपने को श्रेष्ठ और महान बताने की होड़ में लगे हुए हैं। ऐसे में स्वामी विवेकानंद के विश्वबन्धुत्व का सन्देश ही मानवीय मूल्यों की रक्षा करने की क्षमता रखता है क्योंकि यह संसार को सहिष्णुता और सार्वभौम स्वीकृति की सीख देता है।