Home Blog Page 2077

BBC की प्रोपेगेंडा डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग को लेकर JNU में बवाल, वामपंथी छात्रों के पत्थरबाजी के दावे को ABVP ने नकारा

दिल्ली की जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) में बीबीसी की प्रोपेगेंडा डॉक्यूमेंट्री (BBC Documentary) की स्क्रीनिंग को लेकर बवाल बढ़ता जा रहा है। पहले मंगलवार (24 जनवरी 2023) की देर शाम बिजली कटने से डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग नहीं होने और वामपंथी छात्रों की नारेबाजी की खबर आई। उसके बाद देर रात कैंपस के कुछ वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गए। इसमें कुछ छात्र हंगामा करते नजर आए। पत्थरबाजी का भी दावा किया जा रहा है।

पत्थरबाजी को लेकर अलग-अलग तरह के दावे किए जा रहे हैं। जेएनयू छात्र संघ का आरोप है कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने डॉक्यूमेंट्री देख रहे छात्रों पर पत्थर फेंके। जेयूएनएसयू की अध्यक्ष आइसी घोष ने एबीवीपी पर पत्थरबाजी का आरोप लगाया है। वहीं एबीवीपी ने इसे नकार दिया है। कुछ रिपोर्टों में देर रात कैंपस में बिजली सप्लाई बहाल कर देने की बात कही गई है।

लेकिन पत्रकार प्रदीप भंडारी ने एक वीडियो ट्वीट कर कहा है, “लाइट कटने के बाद JNU में पत्थरबाजी शुरू हो गई। कई जगह हिंसा की खबर भी आ रही है। आश्चर्य की बात यह है कि एक तरफ वामपंथी डाक्यूमेंट्री देखकर विक्टिम कार्ड खेलना चाहते थे और दूसरी तरफ जबर्दस्त पत्थरबाजी कर रहे हैं।”

पत्रकार सचिन गुप्ता ने ट्वीट कर कहा है कि बिजली गुल होने के बाद मोबाइल, लैपटॉप पर अलग-अलग समूह में कुछ छात्र विवादित डॉक्यूमेंट्री देख रहे थे। इस बीच कुछ पत्थर फेंके गए। डॉक्यूमेंट्री देख रहे छात्रों का आरोप है कि पत्थर बीजेपी और आरएसएस के लोगों ने फेंके।

गौरतलब है कि बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री ‘इंडिया: द मोदी क्वेश्चन’ को प्रतिबंधित किए जाने के बावजूद कुछ छात्र संगठन और राजनीतिक समूह इसकी स्क्रीनिंग पर अमादा हैं। जेएनयू में छात्र संघ की अध्यक्ष आइशी घोष ने गुजरात दंगों पर विवादित डॉक्यूमेंट्री का पोस्टर शेयर करते हुए छात्रों से स्क्रीनिंग में शामिल होने की अपील की थी। जेएनयू प्रशासन ने एक एडवाइजरी जारी कर ऐसा नहीं करने को कहा था। इससे विश्वविद्यालय में शांति और सद्भाव भंग होने की आशंका जताते हुए बताया था कि विश्वविद्यालय प्रशासन से इसकी अनुमति नहीं ली गई है।

इससे पहले हैदराबाद यूनिवर्सिटी में स्टूडेंट इस्लामिक ऑर्गनाइजेशन और मुस्लिम स्टूडेंट फेडरेशन ने इस ​प्रोपेगेंडा डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग की थी। इस स्क्रीनिंग में दोनों इस्लामी छात्र संगठनों के 50 से अधिक छात्र मौजूद थे। एबीवीपी ने विश्वविद्यालय प्रबंधन से इसकी शिकायत करते हुए आयोजन करने वाले लोगों पर कार्रवाई की माँग की थी। एबीवीपी के अनुसार बिना अनुमति के यूनिवर्सिटी कैंपस के अंदर स्क्रीनिंग की गई थी।

दरअसल, इस डॉक्यूमेंट्री में BBC ने दंगों का दोष वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर डालने की कोशिश की है। यही नहीं, उनकी छवि इस्लाम विरोधी भी दिखाने की कोशिश की है। दो पार्ट में बनाई गई BBC की इस सीरीज में प्रधानमंत्री मोदी और भारत के मुस्लिमों के बीच तनाव की बात कही गई है। बीबीसी ने मोदी सरकार के देश के मुस्लिमों के प्रति रवैए, कथित विवादित नीतियाँ, कश्मीर के विशेष दर्जे को खत्म करने और नागरिकता कानून को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।

BBC की डॉक्यूमेंट्री पर सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। सरकार के आदेश के बाद ट्विटर और यूट्यूब से डॉक्यूमेंट्री से संबंधित लिंक हटाए जा रहे हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक, यूट्यूब वीडियो के लिंक वाले 50 से ज्यादा ट्वीट्स को ब्लॉक किया गया है। आईटी नियम, 2021 के तहत इमरजेंसी शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए सरकार ने यह कार्रवाई की है।

कंगना रनौत की ट्विटर पर शानदार वापसी: 20 महीने बाद वापस मिला हैंडल, लोग बोले – अब वामपंथियों की लगेगी क्लास

चर्चित अभिनेत्री और राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता कंगना रनौत (Kangana Ranaut) की ट्विटर पर वापसी हो चुकी है। मई 2021 में उनका ट्विटर ने उनका अकाउंट सस्पेंड कर दिया गया था। उन्होंने खुद मंगलवार (24 जनवरी, 2023) को ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। कई ट्विटर यूजर्स ने कंगना की वापसी पर खुशी जताई है। इसके बाद उनके फैंस ने कहा कि ट्विटर पर कंगना की वापसी राष्ट्रवादियों के लिए बड़ी खबर है, वहीं हिंदू-विरोधी और देश विरोधियों के लिए एक झटका है।

कंगना ने ट्वीट कर कहा, “सभी को हैलो। यहाँ वापस आना अच्छा है।” उनकी वापसी से नेटीजंस ने खुशी जताई है और उनकी इस ट्वीट पर जबरदस्त प्रतिक्रिया और लाइक्स मिल रहे हैं।

एक यूजर ने लिखा, “आपका स्वागत है। लेकिन, उन्होंने आपका ब्लू टिक ले लिया है।”

एक यूजर ने कंगना की फोटो के साथ ‘अभी तो हमें और जलील होना है’ का मीम शेयर किया। उन्होंने ट्वीट में कहा, “इस बीच, वामपंथी ‘उदारवादी’, तथाकथित ‘बुद्धिजीवी’, और दलाल मीडिया/पत्रकार/समीक्षक/बॉलीवुड ड्रग माफिया और नेपोटिज्म इंडस्ट्री का हाल कुछ ऐसा हो गया है।”

वहीं एक यूजर ने कहा, “वेलकम बैक, कंगना। ट्विटर पर आपकी वापसी राष्ट्रवादियों के लिए एक बड़ी खबर है और राष्ट्र-विरोधी और हिंदू-विरोधियों के लिए एक झटका है।”

इसके साथ ही उन्होंने अपनी फिल्म ‘इमरजेंसी’ की शूटिंग समाप्त होने के बारे में जानकारी दी है और इस संबंध में एक वीडियो भी पोस्ट किया है। फिल्म 20 अक्टूबर 2023 को रिलीज होगी। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “और यह (शूटिंग) समाप्त हो गया। ‘इमरजेंसी’ फिल्म का फिल्मांकन समाप्त हो गया है। आपसे सिनेमाघरों में 20 अक्टूबर, 2023 को मिलते हैं।”

उल्लेखनीय है की मई 2021 में उनका ट्विटर अकाउंट सस्पेंड कर दिया गया था। दरअसल, उन्होंने बंगाल चुनाव के दौरान हुई हिंसा को लेकर ट्वीट किया था, जिसके बाद उनका अकाउंट सस्पेंड कर दिया गया था। कंगना अपनी बेबाकी और राष्ट्रवादी बयानों की वजह से चर्चा में रहती हैं। ट्विटर पर भी वह अपने पोस्ट के लिए विरोधियों के निशाने पर रहती थीं।

‘चीनी कंपनी Huawei के साथ क्या है कॉन्ग्रेस नेता जयराम रमेश का रिश्ता?’: USA समेत कई देशों में हो चुकी है बैन, किताब की तस्वीर भी आई सामने

राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता महेश जेठमलानी (Mahesh  Jethmalani) ने मंगलवार (24 जनवरी, 2023) को कॉन्ग्रेस नेता जयराम रमेश (Jairam Ramesh) से चीनी कंपनी हुआवै (Huawei) के साथ उनके संबंधों पर सफाई देने को कहा है। Huawei को सुरक्षा कारणों से संयुक्त राज्य अमेरिका सहित कई देशों में प्रतिबंधित कर दिया गया है।

जेठमलानी ने एक ट्वीट में कहा, “वर्ष 2005 से, जयराम रमेश चीनी दूरसंचार कंपनी हुआवै की भारत में गतिविधियों के लिए पैरवी कर रहे हैं (नीचे उनकी पुस्तक के अंश देखें)। हुआवै को कई देशों में सुरक्षा कारणों से प्रतिबंधित कर दिया गया है। जयराम अब भारत सरकार के चीन को लेकर रुख पर सवाल उठाते हैं। उन्हें हुआवै के साथ उनके संबंधों का खुलासा करना चाहिए।”

इससे पहले, जेठमलानी ने एक ट्वीट में रमेश को ‘चीनी दुष्प्रचार का मुखपत्र’ कहा था। उन्होंने 30 दिसंबर, 2022 को ट्वीट किया था, “जयराम रमेश द्वारा भारत के फार्मा उद्योग का अपमान करना स्वाभाविक है। वह एक उत्साही सिनोफिल (चीन से प्रभावित) और चीनी दुष्प्रचार के मुखपत्र हैं। उनके झूठ का गैम्बिया और उज्बेकिस्तान सरकार ने पर्दाफाश किया है।”

जेठमलानी ने जो स्क्रीनशॉट साझा किया वह 2005 में आई उनकी किताब ‘मेकिंग सेंस ऑफ चिंडिया: रिफ्लेक्शंस ऑन चाइना एंड इंडिया (Making sense of Chindia: Reflections on China and India)’ की है। पुस्तक में जयराम रमेश ने चीन के इतिहास, संस्कृति और अन्य पहलुओं में अपनी रुचि का उल्लेख किया है। उन्होंने इस बारे में बताया है कि कैसे कई मौकों पर प्रतिस्पर्धा और टकराव के बावजूद भारत और चीन स्वाभाविक दुश्मन नहीं बने हैं।

किताब में इस बारे में भी विस्तार से बताया गया है कि भारत और चीन के बीच संबंध कैसे फायदेमंद हो सकते हैं। दिलचस्प बात यह है कि 130 पेज की किताब में हुआवेई का चार बार इसका उल्लेख किया गया है।

महेश जेठमलानी जिस चैप्टर का स्क्रीनशॉट साझा किया है, वह वह ‘द सी-आई-ए ट्रायंगल (The C-I-A Triangle)’ से था। भारत और अमेरिका बनाम चीन को संबंध को स्पष्ट करने की आवश्यकता के बारे में बताते हुए, वह बताते हैं कि कैसे अमेरिका-भारत समझौता होने के बावजूद, भारत और चीन के बीच व्यापार में उछाल आया है। उन्होंने विशेष रूप से हुआवै का उल्लेख किया और कहा, “चीनियों को लगता है कि भारत व्यापार वीजा देने, चीनी FDI को मंजूरी देने और सार्वजनिक निविदाओं में से मिले कॉन्ट्रैक्ट को अनावश्यक रूप से बाधित कर रहा है। चीनी नेटवर्किंग प्रमुख हुआवेई टेक्नोलॉजीज की बेंगलुरु में एक बड़ी उपस्थिति है और इसका विस्तार करना चाहती है।”

वहीं आगे ‘वाजपेयी गोज टू चाइना (Vajpayee Goes to China)’ शीर्षक वाले चैप्टर में, जयराम रमेश ने द्विपक्षीय और क्षेत्रीय पहलों के मद्देनजर तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की चीन यात्रा पर चर्चा की। उन्होंने चीनी कंपनियों, विशेष रूप से हुआवै के भारत में हतोत्साहित होने के बारे में भी बात की । उन्होंने आगे के चैप्टर में फिर से उल्लेख किया कि हुआवै ने बेंगलुरु में 500 भारतीय इंजीनियरों को नियुक्त किया है और निराशा व्यक्त की कि भारतीय सुरक्षा प्रतिष्ठानों ने कंपनी के बारे में चिंता व्यक्त की थी। उन्होंने लिखा, “जब भारत में चीनी निवेश की बात आती है तो हम पुरानी मानसिकता के कैदी हो जाते हैं।”

चीनी कंपनी हुआवै के लिए जयराम रमेश के प्यार ने 2010 में सुर्खियाँ बटोरी थीं। यह नहीं भूलना चाहिए कि तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भारत में हुआवै के निवेश के संबंध में दिए गए उनके एक बयान पर नाराजगी व्यक्त की थी।

ऑस्कर के लिए नॉमिनेट होने वाला पहला भारतीय गाना बना ‘RRR’ का ‘नाटू-नाटू’, गोल्डन ग्लोब के बाद SS राजामौली की फिल्म के लिए दोहरी ख़ुशी

‘RRR’ फिल्म के गाने नाटू-नाटू ने गोल्डन गलोब्स अवार्ड के बाद अब एक और इतिहास रच दिया है। फिल्म के गाने नाटू-नाटू को 95वें अकादमी पुरस्कार अवॉर्ड्स के लिए नॉमिनेट किया गया है। इस गाने को ओरिजनल सॉन्ग के लिए नॉमिनेट किया गया है। ‘द एकेडमी’ ने ट्वीट कर यह जानकारी दी।

वहीं ‘RRR’ फिल्म ने ट्वीट कर कहा,”हमने इतिहास रच दिया है। यह साझा करते हुए गर्व और सौभाग्य की बात है कि नाटू-नाटू को 95वें अकादमी पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ मूल गीत के लिए नामांकित किया गया है।” रिज अहमद और एलिसन विलियम्स ने अकादमी अवॉर्ड के लिए नामांकन की घोषणा की है।

वहीं इससे पहले बॉक्स ऑफिस पर झंडे गाड़ने वाली एसएस राजामौली की फिल्म ‘RRR’ ने गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड (Golden Globe Awards) में भी इतिहास रचा था । फिल्म के गाने ‘नाटू-नाटू’ को बेस्ट ऑरिजिनल सॉन्ग का पुरस्कार मिला था। इस गाने के तेलुगू वर्जन को एमएम कीरावानी (MM Keeravaani) ने कंपोज किया है।

कीरावानी ने गोल्डन ग्लोबन अवॉर्ड ग्रहण करते हुए ख़ुशी का इजहार किया था और फिल्म के कलाकार एन टी रामाराव जूनियर और रामचरण को गाने में शानदार प्रस्तुति देने के लिए धन्यवाद दिया था। उन्होंने कहा था, “राम चरण और रामा राव को पूरी ताकत के साथ डांस करने के लिए शुक्रिया।” इस गाने ने इस श्रेणी में बड़े-बड़े दिग्गजों को हराकर यह पुरस्कार प्राप्त किया है। ‘नाटू-नाटू’ के साथ टेलर स्विफ्ट और लेडी गागा समेत कई दिग्गजों के गाने को भी पुरस्कार के लिए नॉमिनेट किया गया था।

पादरी ने चर्च में की सेक्स पार्टी, फिर कर ली आत्महत्या

ब्रिटेन की राजधानी लंदन के एक चर्च में सेक्स पार्टी का खुलासा हुआ है। इस खुलासे के बाद पोप ने जाँच के आदेश दिए हैं। सेक्स पार्टी पादरी माइकल मैककॉय ने लॉकडाउन के दौरान आयोजित की थी। सेक्स पार्टी का आरोप जिस पादरी पर लगा है, उसने साल 2021 में आत्महत्या कर ली थी। मामले की जाँच लीवरपूल के आर्कबिशप को सौंपी गई है।

रिपोर्ट के अनुसार, सेक्स पार्टी का खुलासा पूर्व पादरी रॉबर्ट बयर्ने के इस्‍तीफे की जाँच के दौरान हुआ है। जाँच में सामने आया कि रॉबर्ट ब्रायन के इस्तीफे के बाद मैककॉय पादरी बनने जा रहा था।

हालाँकि, इस बीच दिसंबर 2020 में मैककॉय ने चर्च के अंदर बने अपने घर में कुछ ईसाइयों को कथित तौर पर सेक्‍स पार्टी के लिए तैयार किया। कहा जा रहा है कि कोरोना वायरस महामारी के कारण लंदन में लॉकडाउन लगा हुआ था। ऐसे में चर्च खाली पड़ा था। मौके का फायदा उठाकर मैककॉय ने यह पार्टी आयोजित की थी।

दिलचस्प बात यह है कि इस मामले में इससे पहले कोई भी शिकायत नहीं हुई थी। लेकिन, मामले का खुलासा होने के बाद मैककॉय के खिलाफ गवाही देने के लिए बड़ी संख्या में लोग सामने आ रहे हैं।

‘संडे टाइम्‍स’ ने अपनी रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा है कि मामले का खुलासा होने के बाद कई लोगों ने इस मामले की शिकायत की है। मैककॉय के खिलाफ गवाही देने वालों का आरोप है कि उसने चर्च के अंदर बने अपने घर में सेक्‍स पार्टी आयोजित की थी।

हालाँकि,ऑपइंडिया इस आरोप की पुष्टि नहीं करता। लेकिन, ये आरोप काफी हद सही इसलिए लग रहे हैं क्योंकि पादरी मैककॉय पर बच्चों के यौन शोषण करने का आरोप लगा था। इन आरोपों के बाद जब पुलिस ने उसके खिलाफ जाँच शुरू की तो 4 दिन बाद ही उसने आत्महत्या कर ली थी। बता दें कि ‘सेक्स पार्टी’ की जाँच कर रहे अधिकारियों को इस बात के सबूत नहीं मिले हैं कि मैककॉय से पहले चर्च के पादरी रहे रॉबर्ट ब्रायन इसमें शामिल हुए थे या नहीं। चर्च में हुई सेक्स पार्टी के इस खुलासे के बाद पूरी दुनिया में इसकी आलोचना हो रही है।

DU की नाबालिग छात्रा से जहाँगीरपुरी के शाकिब ने किया बलात्कार, धर्मांतरण-निकाह का भी दबाव: घर पर की पत्थरबाजी, अश्लील वीडियो से कर रहा ब्लैकमेल

देश की राजधानी दिल्ली में एक नाबालिग लड़की से रेप और इस्लामी धर्मांतरण के दबाव का मामला सामने आया है। पीड़िता डीयू (Delhi University) की छात्रा है। नाबालिग का आरोप है कि जहाँगीरपुर का रहने वाला शाकिब उसे निकाह के लिए ब्लैकमेल कर रहा है। शाकिब पर पीड़िता के अश्लील फोटो और वीडियो बनाने का भी आरोप है। शाकिब पर रविवार (22 जनवरी 2023) को लड़की के घर पर पत्थरबाजी करने का भी आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपित पर पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। FIR होने के बाद शाकिब फरार हो गया है जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मामले की शिकायत पुलिस में रविवार-सोमवार की गई है। शिकायत करने वाली नाबालिग लड़की ने बताया कि वह दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्रा है। कुछ दिनों पहले अपने एक परिचित दोस्त के माध्यम से उसकी मुलाक़ात जहाँगीरपुरी के शाकिब से हुई। कुछ दिनों की बातचीत के बाद शाकिब और लड़की में नजदीकियाँ बढ़ गईं। इसी बीच शाकिब ने लड़की को अपने जहाँगीरपुरी स्थित घर पर बुलाया। लड़की वहाँ गई तो कोई और मौजूद नहीं था। लड़की को विश्वास में ले कर शाकिब ने उसे जूस पीने के लिए दिया।

पीड़िता का आरोप है कि शाकिब ने जूस में कोई नशीली चीज मिला रखी थी। जूस पीते ही लड़की बेहोश हो गई। आरोप है कि इसी बेहोशी के दौरान शाकिब ने उसे से रेप किया और उसकी अश्लील वीडियो बना ली। छात्रा को अपने सात हुई अनहोनी का एहसास होश में आने के बाद हुआ। लड़की का कहना है कि उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो दिखा कर तब से शाकिब उस से 2-3 बार और रेप कर चुका है। शिकायत में बताया गया है कि शाकिब ने अपनी बात न मानने पर लड़की के फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दी है। पीड़िता का कहना है कि उसने डर कर अपने माता-पिता से इन बातों को छिपा रखा था।

पीड़िता ने अपनी शिकायत में आगे बताया है कि शाकिब उस पर खुद से निकाह करने और धर्म बदलने का भी दबाव डाल रहा है। जब वह ऐसा करने से मना करती है तब उसे अंजाम ठीक न होने की धमकियाँ दी जाती हैं। शाकिब की हरकतों से तंग आ कर लड़की ने उस से अपनी बातचीत भी बंद कर ली थी। इस बात से नाराज हो कर आरोपित ने रविवार (22 जनवरी, 2023) को लड़की के घर पर पत्थर और अंडे फेंके। आख़िरकार पीड़िता ने अपने परिजनों को सारी बात बता दी। लड़की द्वारा मिली जानकारी के बाद उसके माता-पिता ने पुलिस को बुलाया और शाकिब के खिलाफ केस दर्ज करवाया।

पुलिस ने मिली शिकायत पर आरोपित के खिलाफ IPC की धारा 328, 376 और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया। केस दर्ज होते ही शाकिब फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि आरोपित को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ऑपइंडिया ने इस मामले की पुष्टि के लिए दिल्ली पुलिस की नार्थ वेस्ट DCP से बात की। DCP ने हमें बताया कि जहाँगीरपुरी थाने में पॉक्सो का एक केस दर्ज हुआ है। हालाँकि, उन्होंने इस मामले में अधिक जानकारी न होने की बात कही। से बात करते हुए ACP जहाँगीरपुरी ने बताया कि आरोपित की गिरफ्तारी के प्रयास चल रहे हैं।

मंत्री नसर ने अपने ही कार्यकर्ताओं पर की पत्थरबाजी, कुर्सी लाने में देरी से भड़के थे DMK नेता: तमिलनाडु का वीडियो हुआ वायरल

तमिलनाडु के एक मंत्री का अपने कार्यकर्ताओं पर पत्थर फेंकते हुए वीडियो मंगलवार (24 जनवरी, 2023) को वायरल हो गया है। दरअसल राज्य के दूध एवं डेयरी विकास मंत्री एसएम नसर (SM Nasar) मुख्यमंत्री एमके स्टालिन (MK Stalin) के एक कार्यक्रम का निरीक्षण करने तिरुवल्लुर (Tiruvallur) पहुँचे थे। वहाँ पहुँचने के बाद वह बैठने के लिए कुर्सी का इंतजार कर रहे थे। हालाँकि, जब कुर्सी लाने में देरी हुई तो मंत्री ने अपना आपा खो दिया और अपने ही कार्यकर्ताओं पर पत्थर चला दिया।

घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि मंत्री पहले हाथ से कुर्सी लाने का इशारा करते हैं। फिर अचानक वह काफी गुस्से में आ जाते हैं और जमीन से पत्थर उठाकर जोर से कार्यकर्ताओं की तरफ मारते हैं। वहाँ मौजूद लोग मंत्री की हरकत देख हँस पड़ते हैं। इस बीच तेजी से एक कार्यकर्ता उनकी ओर कुर्सी लाता दिखता है। इस दौरान मंत्री कुछ बड़बड़ाते हुए भी दिखते हैं। इतना ही नहीं, मंत्री को इस तरह से पत्थर चलाता देख उनके सुरक्षा गार्ड्स भी हँस पड़ते हैं।

दरअसल, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन बुधवार (25 जनवरी, 2023) को आने वाले हैं। इसी कार्यक्रम के बंदोबस्त और तैयारी का निरीक्षण करने मंत्री नसर यहाँ पहुँचे थे। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं लोग इस वीडियो को देख तरह-तरह की प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं। एक यूजर लिखते हैं, “वह अप्रत्यक्ष रूप से जनता को बता रहे हैं कि सत्ता में बैठे लोगों की सेवा में देरी होने पर लोगों को शरिया कानून के तहत दंडित किया जा सकता है।”

वहीं मंत्री पिछले साल भी झूठी खबर फैलाने के बाद सुर्खियों में आ गए थे। उन्होंने कहा था कि नरेंद्र मोदी सरकार ने दूध के लिए गुड्स एंड सर्विस टैक्स (GST) लगाया है, जिसके कारण दूध की कीमतें बढ़ी हैं। उन्होंने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा था, “केंद्र सरकार ने दूध पर भी GST लगाया है। यह एक आश्चर्यजनक घटना है। दूध पर जीएसटी लगाने के परिणामस्वरूप दूध का बिक्री मूल्य बढ़ गया है।”

जिसे कहा जाता था चीन का सबसे सफल अरबपति, ₹3.18 लाख करोड़ (93%) घट गई उसकी संपत्ति: कंपनी पर ₹24 लाख करोड़ का कर्ज

चीन के सबसे सफल अरबपति माने जाने वाले हुइ का यान (Hui Ka Yan) कभी एशिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति थे। लेकिन देश में रियल एस्टेट संकट के कारण एवरग्रांडे ग्रुप के चेयरमैन की पिछले लगभग पाँच साल में 93 फीसदी, यानी 39 अरब डॉलर (3.18 लाख करोड़ रुपए) संपत्ति घट गई है। 2017 में उनकी नेटवर्थ 42 अरब डॉलर थी, अब 3 अरब डॉलर ही बची है। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, एवरग्रांडे (Evergrande) 300 अरब डॉलर (24.47 लाख करोड़ रुपए) की देनदारियों के साथ सबसे ज्यादा कर्ज में डूबी कंपनी है।

एक रिपोर्ट के अनुसार, 2021 के बाद से चीन रियल एस्टेट संकट से जूझ रहा है। हुइ (Hui) को मंदारिन में जू जियायिन (Xu Jiayin) के नाम से भी जाना जाता है, जिसने अपनी कंपनी को बचाने के लिए अपने घरों और निजी जेट विमानों को भी बेच दिया।

कर्ज में डूबी कंपनी को 2019 से अपने फाइनेंशियल स्टेटमेंट्स पर चाइना सिक्योरिटीज रेगुलेटरी कमिशन (CSRC) द्वारा एक जाँच का भी सामना करना पड़ रहा है। इससे भी इन्वेस्टर्स की चिंता बढ़ी है। बताया जाता है कि कर्जदारों, सप्लायर्स और इनवेस्टर्स को पैसा चुकाने के लिए कई महीने तक जूझने के बाद दिसंबर 2021 में Evergrande ने अपने यूएस डॉलर बॉन्ड्स को डिफॉल्ट कर दिया था। एवरग्रांडे चीन की बड़ी कंपनी है और उसके पास लगभग 200000 कर्मचारी हैं। 2020 में कंपनी की सेल्स 100 अरब डॉलर (816215000000) से ज्यादा रही थी। 280 शहरों में उसके 1300 से ज्यादा प्रोजेक्ट्स हैं।

हालाँकि, इन सबके बावजूद हुइ और एवरग्रांडे ने एक नई सोच और उम्मीद के साथ 2023 की शुरुआत की। एएफपी के मुताबिक, एक ईमेल में हुइ का यान ने कर्मचारियों से कहा था, “2023 एवरग्रांडे के लिए कॉर्पोरेट जिम्मेदारी को पूरा करने और निर्माण परियोजनाओं में काफी कुछ करने के एक महत्वपूर्ण वर्ष है।”

हुइ ने यह भी लिखा था, “जब तक एवरग्रांडे में सभी एकजुट होकर काम करते रहेंगे, कभी हार नहीं मानेंगे, कड़ी मेहनत जारी रखेंगे। हम निश्चित रूप से कामयाब होंगे। साथ ही सभी प्रकार के कर्ज चुकाने और जोखिमों को हल करने के कार्यों को पूरा करने में सक्षम होंगे।”

जिस थाली में खाना उसमें ही छेद: फ्लिपकार्ट के डिलीवरी बॉय अनस ने फर्जी अकाउंट से मँगवाए कीमती सामान, फिर गिट्टी भर वापस कर दिया

ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट (Flipkart) को उसके ही एक कर्मचारी द्वारा चूना लगाने का मामला सामने आया है। मामला उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले का है। फ्लिपकार्ट के डिलीवरी बॉय को अनस को गिरफ्तार कर पुलिस ने इस फर्जीवाड़े का सोमवार (23 जनवरी 2023) को खुलासा किया।

मोहम्मद अनस पर आरोप है कि वह फर्जी अकाउंट के जरिए फ्लिपकार्ट से कीमती समान के ऑर्डर करता। फिर डिलीवरी बॉय बनकर वह सामान ले जाता। उसके बाद पैकेट में नकली माल डालकर ब्रांच में यह कहकर जमा कर देता कि कस्टमर ने वापस कर दिया है। अनस मिर्जापुर का ही रहने वाला है। उसके पास से मोबाइल, घड़ियाँ और मोबाइल के चार्जर बरामद हुए हैं।

यह मामला कोतवाली कटरा क्षेत्र का है। मिर्जापुर पुलिस के मुताबिक 21 जनवरी 2023 (शनिवार) को फ्लिपकार्ट के ब्रान्च मैनेजर अनुपम गुप्ता ने इस संबंध में थाने में तहरीर दी थी। इसके मुताबिक डिलीवरी बॉय 38 वर्षीय अनस ब्रान्च से लाखों रुपए के सामान सप्लाई करने लेकर निकला था। इसमें से कुछ सामान वह लेकर ब्रांच लौट गया। बताया कि ग्राहकों ने सामान वापस कर दिए हैं। जब वापस किए गए सामानों को ब्रांच में चेक किया गया तो वो सभी डुप्लीकेट कंपनी के निकले।

पुलिस ने इस मामले में IPC की धारा 419,420,421,467,407 और 381 के तहत केस दर्ज किया और मामले की जाँच शुरू कर दी। जाँच के दौरान पुलिस ने अनस को इसके पीछे जिम्मेदार पाया। उसे 23 जनवरी को कटरा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक अनस ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। उसने बताया है कि 24 अलग-अलग नंबरों से उसने फ्लिपकार्ट के अलग-अलग अकाउंट बनाए थे। इन अकाउंट से उसने खुद ही कई कीमती चीजों का ऑर्डर किया था।

अनस ने बताया कि घटना के दिन हर रोज की तरह वह सामान सप्लाई करने निकला। इस दौरान उसने फर्जी एकाउंट से ऑर्डर किए गए असली सामान निकाल लिए और डिब्बे में डुप्लीकेट सामान भर दिए। एक डिब्बे में तो उसने गिट्टी तक डाल दी थी। बाद में उसने ये सभी सामान वापसी का बता कर ब्रान्च में जमा करवा दिया। पुलिस ने अनस के पास से सैमसंग गैलेक्सी का 1 A73 मोबाइल फोन, एप्पल और सैमसंग की 1-1 घड़ी, 3 चार्जर केबल और एप्पल के 3 एयर पॉड बरामद किए हैं। सामान की बरामदगी के बाद पुलिस ने केस में IPC 411 भी जोड़ा है। आरोपित को चालान कर कोर्ट में पेश कर दिया गया है।

3 साल बाद आया ‘हिटमैन’ का शतक, जयसूर्या से आगे-पोटिंग की बराबरी: शुभमन गिल ने भी सेंचुरी ठोक बना लिया बाबर आजम वाला रिकॉर्ड

न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे एकदिवसीय मैच में मंगलवार (24 जनवरी 2023) को भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 9 विकेट के नुकसान पर 385 रन ठोक दिए। भारत के दोनों ओपनर रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने शतक जड़ा है। हिटमैन के नाम से मशहूर शर्मा का वनडे में यह शतक करीब तीन साल बाद आया है। यह उनका 30वाँ शतक है। वहीं गिल ने चार मैचों में तीसरा शतक ठोका है।

इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में रोहित शर्मा ने 85 गेंदों में 101 रन बनाए हैं। उनकी इस पारी में 9 चौके और 6 आसमानी छक्के शामिल थे। इस मैच में चौथा छक्का जड़ते ही रोहित ने श्रीलंकाई दिग्गज सनथ जयसूर्या के छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

इस मैच से पहले रोहित शर्मा के नाम 267 छक्के थे। वहीं, जयसूर्या के नाम 270 छक्के हैं। इस मैच में, 6 छक्के जड़ने के बाद रोहित शर्मा के नाम अब 273 छक्के हो गए हैं। यही नहीं, अब रोहित शर्मा वनडे क्रिकेट में छक्के जड़ने वाले प्लेयर्स की सूची में टॉप 3 में पहुँच गए हैं। इस सूची में 331 छक्कों के साथ क्रिस गेल दूसरे और 351 छक्कों के साथ शाहिद अफरीदी नंबर 1 पर हैं।

यही नहीं, शतक जड़ने के मामले में रोहित शर्मा ने अब पूर्व ऑस्ट्रेलिया कप्तान रिकी पोंटिंग के रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली। रोहित शर्मा के करियर का यह 30वाँ शतक है। अब उनसे आगे, विराट कोहली और सचिन तेंदुलकर हैं। इन दोनों के नाम क्रमशः 46 और 49 शतक हैं।

इस मैच में टीम इंडिया की पारी के दूसरे स्टार शुभमन गिल ने 78 गेंदों में 112 रनों की पारी खेली। उनकी इस पारी में 13 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। इस शतकीय पारी के साथ ही शुभमन गिल ने पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।

दरअसल वनडे क्रिकेट में तीन मैचों की श्रृंखला में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड बाबर आजम के नाम है। आजम ने साल 2016 में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली गई श्रृंखला में 360 रन बनाए थे। उन्होंने तीनों मैचों में शतक जड़ा था।

वहीं शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले मैच में दोहरा शतक जड़ते हुए 208 रन बनाए थे। दूसरे मैच में, वह 40 रनों पर नाबाद रहे। अब तीसरे एकदिवसीय मैच में उन्होंने 112 रनों की पारी खेली है। इस तरह उन्होंने तीन मैचों की सीरीज में सबसे अधिक रन बनाने के मामले में बाबर आजम की बराबरी कर ली है।