Home Blog Page 5515

हथियार तस्कर मोहम्मद शाहिद, अयाज़ सिद्दीकी और दानिश करीम को ATS ने किया गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश आतंक निरोधक दस्ता (Anti-Terrorist Squad) ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले 3 बदमाशों को लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सोमवार (सितंबर 16, 2019) को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपित दानिश करीम, मोहम्मद शाहिद और अयाज़ सिद्दीकी अपराधियों को अवैध हथियार मुहैया कराता था।

आतंक निरोधक दस्ते ने आरोपित बदमाशों के पास से 5 अवैध पिस्तौल भी बरामद किया है। दरअसल, ATS को गुप्त सूचना मिली थी कि 16 सितंबर को पुराने लखनऊ में अवैध हथियारों की डिलीवरी की जाएगी। जिसके बाद अधिकारी चौकन्ने हो गए। अधिकारियों ने तुरंत मौके पर पहुँचकर इलाके को घेर लिया। जिसके बाद पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले दानिश करीम, मोहम्मद शाहिद और अयाज़ सिद्दीकी को गिरफ्तार कर लिया।

गौरतलब है कि, जुलाई में भी, उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के शेरकोट में एक मदरसे से अवैध हथियार बरामद होने के बाद 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर मदरसे में छापेमारी की थी, जहाँ से हथियारों का जखीरा बरामद हुआ था। इस मदरसे में लगभग 25 बच्चे पढ़ते थे।

‘दलित विरोधी, ग़ैर-ज़िम्मेदार और धोखेबाज कॉन्ग्रेस के कारण बाबासाहब चुनाव हारे थे’

राजस्थान में बसपा का पूरा का पूरा विधायक दल ही कॉन्ग्रेस में जा मिला। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने कॉन्ग्रेस पार्टी को इसके लिए जम कर कोसा। बसपा के सभी 6 विधायक कल सोमवार (सितम्बर 16, 2019) की रात कॉन्ग्रेस में शामिल हो गए। 2009 में भी ऐसा हुआ था और तब भी राजस्थान में कॉन्ग्रेस की सरकार थी और अशोक गहलोत ही मुख्यमंत्री थे। यह भी जानने लायक बात है कि तब भी बसपा विधायक दल के नेता राजेंद्र सिंह गुढ़ा ही थे।

बसपा सुप्रीमो मायावती ने राजस्थान में तगड़ा झटका लगने के कारण कॉन्ग्रेस की आलोचना की है। उन्होंने कॉन्ग्रेस को एक ग़ैर-भरोसेमंद और धोखेबाज पार्टी करार दिया। उन्होंने कहा कि कॉन्ग्रेस ने बसपा विधायकों को तोड़ कर इसका प्रमाण दे दिया है। उन्होंने 2009 में इसी प्रकार की घटना को याद करते हुए कहा कि कॉन्ग्रेस द्वारा दोबारा ऐसा किया गया है और वो भी तब, जब बसपा कॉन्ग्रेस की सरकार को बाहर से समर्थन दे रही थी। मायावती ने कहा:

“कॉन्ग्रेस अपनी कटु विरोधी पार्टियों व संगठनों से लड़ने के बजाए हर जगह उन पार्टियों को ही सदा आघात पहुँचाने का काम करती है, जो उन्हें सहयोग या समर्थन देते हैं। कॉन्ग्रेस इस प्रकार एससी, एसटी, ओबीसी विरोधी पार्टी है तथा इन वर्गों के आरक्षण के हक के प्रति कभी गंभीर व ईमानदार नहीं रही है।”

यूपी की पूर्व सीएम मायावती ने कहा कि कॉन्ग्रेस डॉक्टर बाबासाहब भीमराव आंबेडकर और उनकी मानवतावादी परंपरा की सदा से विरोधी रही है। उन्होंने इतिहास को याद करते हुए कहा था कि कॉन्ग्रेस के कारण ही मायावती को केंद्रीय क़ानून मंत्री के पद से इस्तीफा देना पड़ा था। उन्होंने बाबासाहब के चुनाव हारने के पीछे भी कॉन्ग्रेस को ही ज़िम्मेदार ठहराया।

बता दें कि बाबासाहब भीमराव अम्बेडकर ने 1952 में उत्तरी मुंबई सीट से लोकसभा चुनाव लड़ा था। यह देश का पहला लोकसभा चुनाव था। तब कॉन्ग्रेस के एनएस काजोलकर ने बाबासाहब को हराया था, जो उनके ही पूर्व सहयोगी रहे थे। बाबासाहब कॉन्ग्रेस से मतभेदों के कारण सितम्बर 1951 में ही नेहरू कैबिनेट से इस्तीफा दे चुके थे। इसके बाद बंडारा लोकसभा उपचुनाव में भी आंबेडकर प्रत्याशी थे लेकिन उन्हें उसमें भी हार मिली और वह तीसरे स्थान पर रहे थे।

मायावती ने कॉन्ग्रेस पर इस बात के लिए भी निशाना साधा कि उसने बाबासाहब अम्बेडकर को भारत रत्न से सम्मानित नहीं किया। प्रधानमंत्री वीपी सिंह की सरकार ने मार्च 1990 में उन्हें मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किया।

चिकन और गाय के दूध की बिक्री अलग-अलग जगहों से: आपत्ति के बाद MP सरकार ने बदला फैसला

भाजपा द्वारा एक ही छत के नीचे चिकन और गाय का दूध बेचने पर आपत्ति जताए जाने के कुछ दिनों बाद, मध्य प्रदेश सरकार ने मंगलवार (17 सितंबर) को अलग-अलग दुकानों (पार्लर) से उत्पाद बेचने पर सहमति व्यक्त की है।

पशुपालन मंत्री लाखन सिंह यादव ने कहा, “चूँकि कुछ लोगों ने इस पर आपत्ति जताई है, इसलिए हम अलग-अलग पार्लर (कियोस्क) से चिकन और गाय का दूध बेचेंगे।”

ख़बर के अनुसार, पशुपालन विभाग के सूत्रों ने बताया कि दोनों पार्लरों के बीच दूरी बनाई जाएगी। एक अधिकारी ने बताया कि औपचारिक आदेश अभी तक जारी नहीं किए गए हैं, लेकिन यह जल्द ही जारी किया जाएगा।

दरअसल, भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने मुख्यमंत्री कमलनाथ को एक पत्र लिखा था, इसमें उन्होंने लिखा,

“हिंदू धर्म, जैन धर्म, बौद्ध धर्म और सनातन धर्म के अनुयायियों के लिए गाय के दूध का विशेष महत्व है। पवित्रता का प्रतीक भगवान को चढ़ाया जाता है और कई अन्य अवसरों पर इसका उपयोग किया जाता है। मेरा आपसे अनुरोध है कि चिकन और गाय के दूध की बिक्री को एक जगह से रोका जाए। मुझे यकीन है कि दुर्गा उत्सव की शुरुआत से पहले आप यह सुनिश्चित करेंगे कि चिकन और गाय का दूध एक दूसरे से कुछ दूरी पर स्थित पार्लरों से बेचा जाएगा।”

राज्य के पशुपालन मंत्री लखन यादव ने कहा कि इस प्रोजेक्ट की लॉन्चिंग का उद्देश्य आदिवासियों को कड़कनाथ का अच्छा दाम दिलाना है। उन्होंने कहा कि चिकन और दूध दोनों अलग-अलग आउटलेट्स में बेचे जा रहे हैं। कॉर्पोरेशन के मैनेजिंग डायरेक्टर एचबीएस भदौरिया ने कहा कि चिकन पार्लर स्थापित करने का मुख्य उद्देश्य महिला स्व-सहायता समूहों की मदद करना है। भविष्य में इस तरह के और पार्लर (कियोस्क) स्थापित किए जाने की संभावना है।

ज़ाकिर नाइक जहाँ जाएगा उपद्रव करेगा, कोई भी देश उसे रखना नहीं चाहता, कहाँ भेजूँ: मलेशियाई PM

मलेशिया के प्रधानमंत्री महातिर मोहम्मद ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत के दौरान ज़ाकिर नाइक के प्रत्यर्पण को लेकर कोई बात नहीं हुई थी। मलेशियाई प्रधानमंत्री ने कहा कि अधिकतर देश ज़ाकिर नाइक को रखना नहीं चाहते। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी से मुलाक़ात के दौरान भी ज़ाकिर नाइक को भारत को सौंपे जाने को लेकर कोई बातचीत नहीं हुई। मलेशिया के पीएम ने ज़ाकिर नाइक के बारे में कहा कि अगर वह भारत जाता है तो वहाँ भी उपद्रव पैदा करेगा।

महातिर मोहम्मद ने कहा कि वह लगातार दुनिया भर में ऐसी जगह की तलाश में हैं, जहाँ ज़ाकिर नाइक को भेजा जा सके लेकिन कोई भी उसे रखना ही नहीं चाहता। बता दें कि हाल ही में पीएम मोदी जब रूस दौरे पर गए थे, तब उन्होंने ईस्टर्न इकोनॉमिक फोरम में मलेशिया के प्रधानमंत्री से मुलाक़ात की थी। तब विदेश सचिव विजय गोखले ने दावा किया था कि पीएम मोदी ने पीएम महातिर से ज़ाकिर नाइक के प्रत्यर्पण को लेकर बातचीत की।

गोखले के अनुसार, भारत और मलेशिया ने यह निर्णय लिया था कि इस्लामिक उपदेशक ज़ाकिर नाइक के प्रत्यर्पण के मामले में दोनों ही देशों के अधिकारीगण आपस में संपर्क में रहेंगे। ज़ाकिर नाइक ने 2016 में भारत छोड़ दिया था और उसे मलेशिया में परमानेंट रेजिडेंट का दर्जा दिया गया था। लगभग 61.5% मुस्लिम जनसंख्या वाले मलेशिया में भी ज़ाकिर नाइक का विरोध हो रहा है और ख़ुद पीएम महातिर ने उसके बयानों को लेकर कहा था कि वह हद पार कर रहा है। वहाँ कई नेताओं ने ज़ाकिर नाइक के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाई है।

हाल ही में ज़ाकिर नाइक ने विवादित टिप्पणी करते हुए भारतीयों और चीनियों को मलेशिया छोड़ कर जाने को कहा था। मलेशिया में बड़ी संख्या में भारतीय लोग रहते हैं और वे वहाँ मजबूत उपस्थिति रखते हैं। भारत में भी ज़ाकिर नाइक पर सांप्रदायिक तनाव भड़काने से लेकर ग़ैरक़ानूनी गतिविधियों में संलग्न रहने तक जैसे मामले दर्ज हैं। मलेशिया की वर्तमान सरकार ने सार्वजनिक रूप से उसके बोलने पर पाबन्दी लगाई हुई है।

मलेशिया के गृहमंत्री मुहीद्दीन यासीन ने भी ज़ाकिर नाइक को याद दिलाया था कि वह क़ानून से ऊपर नहीं है। मलेशियाई सरकार ने ऐसे संकेत भी दिए थे कि अगर वह अपने नस्लीय बयान पर क़ायम रहता है तो उसका स्थायी निवासी का दर्जा वापस लिया जा सकता है। भारत में सैकड़ों करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में सरकारी जाँच एजेंसियाँ ज़ाकिर नाइक का प्रत्यर्पण कराना चाहती हैं।

…बस एक एग्जाम और डेंटल डॉक्टर बन जातीं नमृता लेकिन पाकिस्तान में रस्सी से बंधा मिला शव

पाकिस्तान में हिन्दुओं पर हो रहे अत्याचार का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब सिंध प्रांत में एक हिन्दू लड़की लारसाना के असीफा मेडिकल डेंटल कॉलेज में अपने हॉस्टल के कमरे में सोमवार (16 सितंबर) को मृत पाई गई। मृतका की पहचान नमृता चंदानी के रूप में हुई है, जो घोटकी के ही मीरपुर मथेलो की रहने वाली थी, जहाँ दंगा हुआ था।

नमृता लरकाना के बीबी आसिफ़ा डेंटल कॉलेज में बीडीएस की फाइनल ईयर की छात्रा थीं। उसका शव बिस्तर पर पड़ा मिला, उसके गले में रस्सी बंधी थी। बहन की मृत्यु पर नमृता के भाई डॉ विशाल सुंदर ने कहा, “उसके शरीर के अन्य हिस्सों पर भी निशान हैं, जैसे कोई उसे पकड़ रहा हो। हम अल्पसंख्यक हैं, कृपया हमारे लिए खड़े हों।”

ख़बर के अनुसार, कॉलेज प्रशासन ने हिन्दू लड़की की मृत्यु को आत्महत्या करार देने की कोशिश की, लेकिन सबूत उसकी हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं। 

घटना-स्थल की स्थिति से ऐसा पता चलता है कि मृतका ने अपनी जान बचाने के लिए काफ़ी संघर्ष किया था। उसका फोन भी ग़ायब हो गया था, जिसे बाद में पुलिस ने बरामद कर लिया। अब सवाल यह है कि रस्सी से लटकने के बजाय उसका शरीर बिस्तर पर क्यों पड़ा था, जैसा कि आमतौर पर फाँसी लगाकर आत्महत्या के मामलों में होता है।

लरकाना डीआईजी इरफान अली बलूच ने एसएसपी मसूद अहमद बंगश को घटना की जाँच के आदेश दे दिए हैं। वहीं, डेंटल कॉलेज के कुलपति, डॉ अनिला अताउर रहमान ने इस घटना के संदर्भ में कहा, “पहली नज़र में यह घटना आत्महत्या लग रही है, लेकिन पुलिस और मेडिको-लीगल पोस्टमॉर्टम के बाद मौत के वास्तविक कारण का पता लगाने में सक्षम होगी।”

मुस्लिम लड़की, हिन्दू बॉयफ्रेंड की प्रेम कहानी: प्रेमी को घर-गाँव वालों से पिटता देख प्रेमिका ने काट ली नस

बिहार के पूर्णिया में अपने बॉयफ्रेंड को पिटते देख कर प्रेमिका ने नस काट ली। केनगर थाना क्षेत्र के बेगमपुर गाँव में आक्रोशित प्रेमिका ने ख़ुद की ही जान लेने की कोशिश की क्योंकि लोग उसके प्रेमी की पिटाई कर रहे थे। सूचना पर पहुँची पुलिस ने युवक शिवराम कुमार को हिरासत में ले लिया है। जबकि जेबा परवीन को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक मधेपुरा के मुरलीगंज का निवासी है।

ख़बर के अनुसार, जेबा परवीन और शिवराम एक दूसरे से प्यार करते थे और दोनों में लगभग एक साल से प्रेम सम्बन्ध था। कुछ दिनों पहले इन्होंने एक मंदिर में शादी भी रचाई थी। जेबा अपने नाना मोहम्मद अब्दुल समद के यहाँ रहती थी और पूर्णिया पढ़ने के लिए जाया करती थी। वह गाँव से शहर साइकल से जाती थी। वहीं कोचिंग सेंटर में उसकी जान-पहचान शिवराम से हुई थी। उक्त घटना बुधवार (सितम्बर 11, 2019) की है, जब शिवराम अपनी प्रेमिका के गाँव पहुँचा था और जेबा भी घर से निकल चुकी थी।

लेकिन, भागने के क्रम में ग्रामीणों ने युवक शिवराम को धर दबोचा और उसकी पिटाई करने लगे। प्रेमिका जेबा ने इसका विरोध किया। पिटाई नहीं रोके जाने से क्षुब्ध होकर अंततः उसने अपनी नस काट ली। घटना के बाद स्थानीय लोगों व जन प्रतिनिधियों ने सुलह का भी प्रयास किया लेकिन लड़की के मौसा मोहम्मद ज़ुबैर ने किसी की भी बात मानने से साफ़ इनकार कर दिया।

जेबा 10वीं की छात्रा है जबकि शिवराम 12वीं में पढ़ता है। फिलहाल जेबा पूर्णिया महिला हेल्प लाइन में है जबकि उसके प्रेमी शिवराम केनगर थाना में बंद है। दोनों घर से भाग कर कहीं और जाने की तैयारी में थे। इसी क्रम में उन्होंने भागने की योजना बनाई थी और शिवराम जेबा को लेने के लिए उसके गाँव आया था।

चीनी अर्थव्यवस्था धराशाई, 17 साल में सबसे बड़ा झटका: भारत को मिल सकता है फायदा!

दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था चीन की ओर से बहुत ही बुरी खबर निकलकर सामने आ रही है। दरअसल, अमेरिका से चल रहे ट्रेड वॉर की वजह से चीन में औद्योगिक उत्पादन लुढ़ककर 17 साल के निचले स्तर पर आ गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगस्त के दौरान इंडस्ट्रियल प्रोडक्शन की ग्रोथ साढ़े 17 साल के निचले स्तर पर पहुँच गई है। यह चीन और उसकी अर्थव्यवस्था से जुड़े देशों के लिए यह बड़ी चिंता का विषय हो सकता है।

जानकारी के मुताबिक, अगस्त महीने के दौरान चीन के औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर 4.4 फीसदी दर्ज की गई, जो कि फरवरी 2002 के बाद का सबसे निचला स्तर है। वहीं जुलाई के दौरान औद्योगिक उत्पादन की दर 4.8 फीसदी दर्ज की गई थी। सोमवार (सितंबर 16, 2019) को जारी आँकड़े बताते हैं कि चीन की खुदरा बिक्री और निवेश की हालत भी खराब हो चुकी है। इस तेज गिरावट को रोकने के लिए चीन तक कुछ अहम ब्याज दरों में कटौती कर सकता है। 

यह आँकड़े राष्ट्रीय सांख्यिकी ब्यूरो (NBS) ने जारी किए हैं। ब्लूमबर्ग ने भी अपने सर्वेक्षण में वृद्धि दर के 5.2 प्रतिशत पर रहने का अनुमान जताया था। साथ ही ब्लूमबर्ग ने खुदरा बिक्री की वृद्धि दर 7.9 प्रतिशत रहने की संभावना व्यक्त की थी।

चीन और अमेरिका के बीच चल रहे ट्रेड वॉर के कारण पिछले साल चीन द्वारा देश की वृद्धि दर बढ़ाने के लिए किए गए उपाय काम नहीं आए। विशेषज्ञ मानते हैं कि इस भयंकर मंदी को दूर करने के लिए चीन को और प्रोत्साहन की जरूरत होगी। प्रीमियर ली केकियांग ने भी सोमवार को आँकड़ों की पुष्टि की और कहा कि चीन की अर्थव्यवस्था के लिए यह मुश्किल दौर है।

जानकारों का कहना है कि चीन के आर्थिक हालात में संकट की स्थिति होने पर भारत भी इससे अछूता नहीं रह पाएगा। क्योंकि भारत के आयात में चीन की बड़ी हिस्सेदारी 16 फीसदी से ज्यादा है। चीन भारत के लिए निर्यात का 4.39 फीसदी हिस्सेदारी के साथ चौथा सबसे बड़ा बाजार भी है। इसलिए चीन में आई गिरावट का असर भारत पर पड़ने की उम्मीद है।

वहीं, कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि इससे भारत को लाभ भी मिल सकता है। चीन की कंपनियों के लिए शानदार ठिकाना बन सकता है। यानी चीन की जो कंपनियाँ अपने उत्पाद भारत में बेचती हैं, वह भारत में ही अपना उत्पादन शुरू कर सकती हैं। भारत को ढाँचागत सुविधाओं के मामले में भी चीन की कंपनियों से मदद मिलेगी। इससे भारतीय अर्थव्यवस्था को फायदा हो सकता है।

आजम खान पर कितनी बकरी चोरी का आरोप है? – UPPSC के साक्षात्कार में पूछा गया सवाल

अभी तक जहाँ कुछ लोगों के लिए आजम खान सिर्फ़ कई मामलों के आरोपित थे, तो अब वहीं वे और उन पर दर्ज हुए मामले उच्च स्तरीय परीक्षा दे रहे अभ्यर्थियों के लिए गौर से पढ़ने का विषय बनने वाले हैं।

जी हाँ, संगम नगरी मतलब प्रयागराज में सोमवार से शुरू हुई पीसीएस 2017 के इंटरव्यू में एक अभ्यर्थी से समसामयिक विषय पर रामपुर से सपा सांसद आजम खान को लेकर सवाल पूछे गए।

इस साक्षात्कार में अभ्यर्थी से पूछा गया कि बताओ आजम खान पर कितने मुकदमे दर्ज हुए हैं, और उन पर क्या-क्या आरोप लगे हैं? उसमें कितनी बकरी चोरी का आरोप है? जिसकी जानकारी खुद अभ्यर्थी ने इंटरव्यू के बाद अपने साथियों से साझा की।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक इस साक्षात्कार में आजम खान के अलावा बाबरी मस्जिद, राम जन्मभूमि विवाद और आनंदपुर साहिब कॉरिडोर, मॉब लिंचिंग से जुड़े सवाल भी पूछे गए।

साक्षात्कार में पूछा गया कि राम जन्मभूमि और बाबरी मस्जिद विवाद क्या है? अमेरिका-चीन ट्रेड वॉर क्या है और भारत के लिए इसका क्या महत्व है? आनंदपुर साहिब कॉरिडोर का सिखों के लिए क्या महत्व है? बीआरआई क्या है? मॉब लिंचिंग क्या है? इसके अलावा आर्टिकल 370 को निष्प्रभावी किए जाने को लेकर भी प्रश्न किया गया।

यहाँ उल्लेखनीय है कि सोमवार से शुरू हुई पीसीएस 2017 के लिए साक्षात्कार की प्रक्रिया 30 सितंबर तक चलेगी, जिसमें 676 पदों के लिए कुल 2029 अभ्यर्थी शामिल होंगे। जो अभ्यर्थी पहले दिन साक्षात्कार देकर आए हैं, उनके अनुसार समसामायिक मुद्दो के अलावा उनके प्रोफाइल और उनके वैकल्पिक विषय से जुड़े सवाल इंटरव्यू में पूछे जा रहे हैं।

जन्मदिन पर माँ नर्मदा की महाआरती और दत्तात्रेय की पूजा करेंगे PM मोदी, लिया कई प्रोजेक्ट्स का जायजा

आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 69वाँ जन्मदिन है और इस अवसर पर वह नर्मदा के केवडिया शहर में पहुँचे। प्रधानमंत्री अपना जन्मदिन सरदार सर्वोवर बाँध से जुड़े कई प्रोजेक्ट्स की समीक्षा करते हुए बिताएँगे और इस अवसर पर वह एक समारोह में भी शामिल होंगे। पीएम मोदी ने सबसे पहले केवडिया में सरदार सरोवर बाँध जाकर जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने जंगल सफारी से जुड़ी चीजों को जाना और ‘स्टेचू ऑफ यूनिटी’ का भी दौरा किया।

पीएम ने केवडिया के पर्यटन इंफ्रास्ट्रक्चर का निरीक्षण किया। अहमदाबाद पहुँचने पर गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, मुख्यमंत्री विजय रुपाणी और उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल ने पीएम मोदी का स्वागत किया। देखिए पीएम मोदी के गुजरात दौरे की तस्वीरें:

अहमदाबाद पहुँचने पर पीएम का स्वागत करते राज्यपाल, सीएम और डिप्टी सीएम
जंगल सफारी का निरीक्षण करते पीएम मोदी
केवडिया में कैक्टस गार्डन का जायजा लेते प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘नमामि देवी नर्मदे महोत्सव’ में भाग लेते हुए माँ नर्मदा की महाआरती का हिस्सा बनेंगे। इसके बाद वह गरुड़ेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। तत्पश्चात प्रधानमंत्री रायसेन गाँव में अपनी माँ हीराबेन से आशीर्वाद लेने जाएँगे। आज मंगलवार (सितम्बर 17, 2019) को पीएम ने ‘स्टेचू ऑफ यूनिटी’ के आसपास चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। सरदार सरोवर बाँध अपनी पूरी क्षमता तक भर गई और पीएम इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनेंगे।

केवडिया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक जनसभा भी प्रस्तावित है, जिसमें 3 जिलों से हज़ारों लोगों के आने की संभावना है। जनसभा के लिए गुम्बद की आकार का बड़ा पंडाल भी बनाया गया है। बता दें कि पीएम मोदी जिस गरुड़ेश्वर मंदिर में पूजा अर्चना करेंगे, वहाँ भगवान दत्तात्रेय विराजमान हैं। कई प्रमुख नेताओं ने पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई दी। भाजपा इसे ‘सेवा सप्ताह’ के रूप में मना रही है और स्वच्छता को थीम रख कर पार्टी की विभिन्न इकाइयाँ समारोह आयोजित कर रही हैं।

मुस्लिम युवक ने नौकरी दिलाने के बहाने दिल्ली में किया युवती का रेप, फिर जबरन कराया धर्मान्तरण

मुरादाबाद में युवती का धर्म परिवर्तन और बलात्कार का मामला सामने आया है। युवती ने दिल्ली के एक युवक पर आरोप लगाया कि उसने पहले उसका रेप किया और उसके बाद जबरन धर्म परिवर्तन कराया। सोमवार (सितम्बर 16, 2019) को एसएसपी के पास पीड़िता ने शिकायत की, जिसके बाद महिला थाना जाँच में जुट गई है। आरोपित युवक मुस्लिम समुदाय का है, जिसने पीड़िता को नौकरी दिलाने का झाँसा दिया और फिर उसे दिल्ली लेकर गया। वह 19 जनवरी 2019 को पीड़िता को दिल्ली लेकर गया था।

युवती ने कहा कि दिल्ली जाने के बाद आरोपित युवक ने उसके साथ रेप किया। इसके बाद जबरन उसका धर्म परिवर्तन करा दिया। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि युवक के परिवार वालों ने पीड़िता से कुछ कागजातों पर भी हस्ताक्षर करा लिए। 13 अगस्त को मौक़ा मिलते ही वह वहाँ से भाग खड़ी हुई और मुरादाबाद पहुँची। उसने कहा कि युवक के परिवार वाले अभी भी उसके पीछे पड़े हैं।

पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि हाल ही में उक्त युवक को उत्तराखंड पुलिस ने धोखाधड़ी के मामले में गिरफ़्तार किया है। आरोपित के पिता का कहना है कि पीड़िता ने उनके बेटे के साथ निकाह भी कर लिया है लेकिन पीड़िता इससे साफ़ इनकार कर रही है। दोनों पक्षों को महिला थाना में अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया गया है।

पुलिस ने आरोपित युवक के परिवार से कहा है कि अगर दोनों का निकाह हुआ है तो वे उससे सम्बंधित दस्तावेज पेश करें। आरोपित मुस्लिम युवक दिल्ली के सिकंदरपुर क्षेत्र का निवासी है।