Home Blog Page 1584

संसद भवन (नए) में ‘गदर 2’, बनाया रिकॉर्ड: 3 दिनों तक सासंद देखेंगे सनी देओल का एक्शन, पार किया ₹426 करोड़ का आँकड़ा

अभिनेता सनी देओल और अभिनेत्री अमीषा पटेल के अभिनय से सजी ‘गदर 2’ फिल्म नए संसद भवन में दिखाई जाएगी। इस फिल्म के नाम देश में 15 दिनों के अंदर 426 करोड़ रुपए का नेटक्लेशन कर ऑल टाइम ब्लाक बस्टर का खिताब जुड़ गया है। इसके साथ ही अब इसके नाम एक और रिकॉर्ड जुड़ने जा रहा है, क्योंकि यह नए संसद भवन में दिखाई जाने वाली पहली फिल्म है।

इस फिल्म के निर्माताओं ने शुक्रवार (25 अगस्त, 2023) से लोकसभा सदस्यों के लिए नए संसद भवन, नई दिल्ली में फिल्म की खास स्क्रीनिंग शुरू की है। फिल्म की पहली स्क्रीनिंग कल सुबह 11 बजे शुरू हुई और ये 27 अगस्त तीन दिनों तक चलेगी। हर दिन पाँच शो दिखाए जाएँगे।

‘गदर’ 2 के नाम जुड़ा एक और खिताब

पहली बार किसी फिल्म को लोकसभा सदस्यों के लिए दिखाया जाना कमाई के अलावा ‘गदर 2’ की टीम के लिए एक और बड़ी उपलब्धि है। निर्देशक-निर्माता अनिल शर्मा की निर्देशित और ज़ी स्टूडियोज के बनाई गई इस फिल्म में सनी देओल, अमीषा पटेल और उत्कर्ष शर्मा मुख्य भूमिका में हैं।

निर्देशक-निर्माता अनिल शर्मा ने कहा, “हमें पार्लियामेंट हाउस से एक मेल मिला है। मैं काफी खुशी और सम्मानित महसूस कर रहा हूँ। स्क्रीनिंग में शामिल होने के सवाल पर शर्मा ने कहा, “मुंबई से दिल्ली ट्रैवल करना मुश्किल लग रहा है। हालाँकि, सुनने में आ रहा है कि उप राष्ट्रपति भी फिल्म देखेंगे। अगर ऐसा होता है तो मैं शायद कल दिल्ली के लिए निकलूँ।”

बता दें कि ‘गदर 2’ साल 2001 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई हिट फिल्म ‘गदर’ का सीक्वल है। ये फिल्म 1947 में हुए भारत के बँटवारे की पृष्ठभूमि में बनी थी। फिल्म में सनी देओल ने एक ट्रक ड्राइवर तारा सिंह और अमीषा पटेल ने सकीना की भूमिका निभाई थी।

फिल्म ‘गदर 2’ में इसी कहानी को आगे बढ़ाया गया है। इसमें ड्राइवर तारा सिंह अपने बेटे को बचाने की साहसी कोशिश करता है और सीमा पार पाकिस्तान जाता है। इसमें तारा सिंह के बेटे का किरदार उत्कर्ष शर्मा ने निभाया है। उसे पाकिस्तान में पकड़ लिया गया है। दो हफ्ते के अंदर ही इस फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर शानदार 400 करोड़ रुपए का आँकड़ा पार करते हुए तहलका मचा दिया है।

ट्रेड एनालिस्ट ने अनुमान लगाया है कि ‘गदर 2’ पक्के तौर पर से ‘पठान’ और ‘बाहुबली 2’ के घरेलू बॉक्स ऑफिस कलेक्शन को चुनौती पेश करने जा रही है। फिल्म ‘पठान’ 543.05 करोड़ रुपए के साथ सबसे ज्यादा घरेलू कमाई करने वाली फिल्म है तो वहीं बाहुबली 2: द कन्क्लूजन का लाइफटाइम घरेलू कलेक्शन 510.99 रुपए है।

इंस्टाग्राम पर छलकी सनी की खुशी

जैसे ही फिल्म ने 400 करोड़ की कमाई की एक्टर सनी देओल ने इंस्टाग्राम पर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने एक वीडियो शेयर किया। जिसमें वो दर्शकों का आभार जताते नजर आ रहे हैं। सनी ने कहा, “आप सभी को धन्यवाद कि आपने ‘गदर 2’ को पसंद किया। मैंने कभी नहीं सोचा था कि ऐसा होगा। हमने ₹400 करोड़ का आँकड़ा पार कर लिया है और आगे भी बढ़ेंगे।”

ये कहते हुए इस 65 साल के एक्टर की आँखों में खुशी के आँसू थे। उन्होंने कहा, “यह केवल आपकी वजह से संभव हुआ। आप सभी को फिल्म पसंद आई। आप सभी को तारा सिंह, सकीना और पूरा परिवार पसंद आया। धन्यवाद।”

बता दें कि शुक्रवार को फिल्म ने 7.10 करोड़ रुपए की कमाई की, जिससे इसका कुल भारतीय कलेक्शन 426.20 करोड़ रुपए को पार कर गया है। जिसे लेकर निर्देशक अनिल शर्मा ने ट्वीट भी किया।

नूहं में शोभा यात्रा को RDX से उड़ा देंगे: सावन के आखिरी सोमवार से पहले धमकी, 28 अगस्त को जलाभिषेक यात्रा करने का VHP का ऐलान

नूहं में हिंदुओं की धार्मिक यात्रा पर कट्टरपंथी मुस्लिमों के हमले के बाद अधूरी रह गई जलाभिषेक यात्रा को इस सावन के आखिरी सोमवार को पूरा किया जाएगा। विश्व हिंदू परिषद ने ऐलान किया है कि सावन के आखिरी सोमवार को नल्हड़ में महादेव के जलाभिषेक के साथ बृजमंडल यात्रा फिर से शुरू होगी।

विहिप का कहना है कि फिरोजपुर झिरका में जलाभिषेक के बाद पुन्हाना के सिंगार मंदिर में जलाभिषेक तक ये यात्रा अनवरत रूप से जारी रहेगी। विहिप के इस ऐलान के बाद प्रशासन ने हरियाणा सरकार को पत्र लिख कर इंटरनेट पर बैन लगाने की सिफारिश की है। इस बीच, एक हिंदू संगठन को यात्रा करने पर आरडीएक्स से हमले की धमकी मिली है।

विहिप ने किया ऐलान, बृजमंडल यात्रा को करेंगे पूरा

विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री सुरेंद्र जैन ने कहा कि नूहं में 28 अगस्त को पूरे दल-बल के साथ बृजमंडल शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस बारे में प्रशासन को सूचित कर दिया गया है। इसके लिए अनुमति माँगने की जरूरत ही नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रशासन से इस बारे में चर्चा जरूर हो सकती है कि यात्रा में लोगों की संख्या को कम ज्यादा किया जा सके, लेकिन यात्रा को पूरा हर हाल में किया जाएगा। बता दें कि हिंसा के बाद पलवल में हुई सर्व समाज की महापंचायत में इस यात्रा को पूरा करने का ऐलान किया गया था।

5000 लोगों के लेकर जाएगी हिंदू युवा वाहिनी

पश्चिमी उत्तर प्रदेश से हिन्दू युवा वाहिनी ने ऐलान किया है कि वह नल्हड़ मंदिर में जलाभिषेक के लिए 28 अगस्त को 5000 लोगों के साथ नूहं पहुँचेगी। जलाभिषेक के लिए हरिद्वार और वाराणसी से गंगाजल मँगवाया है। इसको लेकर पुलिस प्रशासन और खुफिया एजेंसियाँ सतर्क हो गई हैं। कहा जा रहा है कि इसको देखते हुए 25 अगस्त से इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है।

अब इंटरनेट पर रोक लगाने की तैयारी

मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा था कि विहिप ने सावन के आखिरी सोमवार को यात्रा निकालने की अनुमति माँगी है, लेकिन प्रशासन ने जी-20 की बैठकों और तनाव को देखे हुए इस यात्रा की अनुमति नहीं दी है। अब विहिप के ऐलान के बाद प्रशासन ने हरियाणा के गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर इंटरनेट पर 4 दिनों के लिए बैन लगाने की सिफारिश की है, ताकि किसी भी तरह की अफवाह को फैलने से रोका जा सके। उपायुक्त धीरेंद्र खडगटा ने ये पत्र हरियाणा सरकार को लिखकर कहा है कि 25 अगस्त से 29 अगस्त तक इंटरनेट को बंद रखा जाए।

यात्रा पर आरडीएक्स से हमले की मिली धमकी

इस बीच विश्व हिंदू तख्त के अंतर्राष्ट्रीय प्रमुख और एंटी टेररिस्ट फ्रंट ऑफ इंडिया के अध्यक्ष वीरेश शांडिल्य को धमकी मिली है कि अगर नल्हड़ महादेव मंदिर से फिर किसी यात्रा को निकालने की कोशिश की गई तो उसे आरडीएक्स से उड़ा दिया जाएगा। इस मामले में उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि धमकी देने की वजह से हम पीछे नहीं हटेंगे।

नूहं में 31 जुलाई को हुआ था हमला

गौरतलब है कि 31 जुलाई को बृजमंडल जलाभिषेक शोभायात्रा के दौरान ही उस पर मुस्लिम दंगाइयों द्वारा हमला बोल दिया गया था। जिसमें 6 व्यक्तियों की मौत हो चुकी है। लगभग 100 से ज्यादा घायल हुए हैं। दंगाइयों ने सैकड़ों गाड़ियाँ भी फूँक दी थीं। इसके बाद इलाके में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाते हुए करीब 750 से अधिक अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए।

कुबेर ग्रुप के मालिक विकास मालू की रॉल्स रॉयस ने टैंकर को मारी थी टक्कर: 2 की मौत, 200km/h की स्पीड पर वकील ने कहा – धीमी स्पीड ज्यादा खतरनाक

हरियाणा के नूहं में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर कुबेर ग्रुप के मालिक विकास मालू की रोल्स-रॉयस फैंटम कार पेट्रोल टैंकर से टकरा गई। कार पलटने से उसमें आग लग गई और इसमें सवार विकास मालू गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए गुरुग्राम में मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार, 25 अगस्त, 2023 की सुबह हुए इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक टैंकर सवार, मालू सहित कार में बैठे 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो थे। उधर कार की स्पीड को लेकर उनके वकील आरके ठाकुर ने कहा कि एक्सप्रेस वे पर कार की स्पीड धीमी रखना अधिक खतरनाक होता है।

गौरतलब है कि हादसे के वक्त मालू की 9 करोड़ रुपए की इस कार की स्पीड 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से भी अधिक थी। उनके वकील आर के ठाकुर ने बताया कि मालू कार चलाने की हालत में नहीं थे और उनका ड्राइवर तस्बीर कार चला रहा था। इंडिया टुडे से बात करते हुए उन्होंने यह भी कहा कि मालू ने ड्राइवर को तेज या धीमी रफ्तार से गाड़ी चलाने को लेकर कुछ भी नहीं कहा था।

सोशल मीडिया पर हादसे को लेकर 23 अगस्त की फोटो और वीडियो शेयर कर मालू के घायल होने का दावा किया जा रहा है जबकि आजतक की रिपोर्ट के अनुसार, हादसा 25 अगस्त की सुबह 11 बजे नूहं जिले के उमरी गाँव के पास का बताया जा रहा है।

दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, हरियाणा पुलिस के एएसआई अशोक ने बताया कि हादसे में मरने वाले दो लोगों की पहचान टैंकर सवाल रामप्रीत और कुलदीप के रूप में हुई है। वहीं टैंकर में सवार गौतम गंभीर रूप से घायल हैं। उसका नूहं के सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

इस हादसे में कार में कुबेर ग्रुप के मालिक विकास मालू, दिव्या और ड्राइवर तस्बीर घायल हुए। तीनों का का इलाज गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में चल रहा है। विकास मालू की हालत गंभीर हैं और उनके कूल्हे में चोट आई है। उनका ऑपेरशन सोमवार 28 अगस्त को होना है। बता दें कि मालू का नाम बॉलीवुड एक्टर सतीश कौशिक की मौत में भी सामने आया था। एक्टर की मौत 9 मार्च, 2023 को उनके फॉर्म हाउस में हुई थी।

जब उनसे उन तस्वीरों के बारे में पूछा गया जिनमें मालू को सीधा खड़ा देखा जा सकता है, तो ठाकुर ने कहा कि यह एक पुरानी तस्वीर है। उनकी मौजूदा हालत के बारे में ठाकुर ने कहा, “विकास की कोहनी में चोट है और वह अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी रीढ़ की हड्डी में भी समस्या है जिसका इलाज करना जरूरी है। वह किसी के सहारे के बिना खड़े भी नहीं हो सकते।”

हादसे के बारे में जानकारी देते हुए ठाकुर ने कहा, “कार में विकास मालू, उनकी एक परिचित महिला और ड्राइवर थे। विकास सुबह 10 बजे घर से निकले और 11 बजे यह हादसा हो गया। जिस रोल्स-रॉयस कार का एक्सीडेंट हुआ है वो विकास मालू की है।”

BSP के पूर्व सांसद शाहिद अखलाक के बेटे को पुलिस ने उठाया: दिल्ली की छात्रा का दानिश ने मेरठ होटल में किया था रेप, बनाया था वीडियो

दिल्ली की एक छात्रा को शादी का झाँसा देकर रेप करने के मामले में मेरठ पुलिस ने बसपा के पूर्व सांसद शाहिद अखलाक के बेटे दानिश अखलाक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस 25 अगस्त की देर रात गिरफ्तार गिरफ्तार करने के बाद दानिश के मोबाइल की जाँच कर रही है। हालाँकि, दानिश ने अपने मोबाइल का डेटा डिलीट कर दिया है। 

कोतवाली और परतापुर की पुलिस रात करीब 1:30 बजे शाहिद अखलाक के घर पहुँची। इसके बाद दानिश को हिरासत में लेकर परतापुर पुलिस थाने लेकर आई, जहाँ उससे पूछताछ की गई। पुलिस ने उसके मोबाइल को अपने कब्जे में ले लिया है। आज 26 अगस्त को पुलिस कोर्ट में पीड़िता का बयान दर्ज कराएगी।

इसके साथ ही पुलिस दिल्ली-देहरादून रोड पर स्थित जिस क्रोम होटल की सीसीटीवी फुटेज की भी जाँच कर रही है। दानिश ने इसी होटल में छात्रा को बुलाया और शराब पीकर उसके साथ रेप किया था। यह भी कहा जा रहा है कि यह होटल दानिश का ही है। इसके कारण छात्रा से पहचान पत्र होटल में नहीं ली गई थी।

बीए तृतीय वर्ष की छात्रा के साथ रेप के मामले में पूर्व सांसद शाहिद अखलाक के प्रतिनिधि ने इस मामले झूठा बताया। प्रतिनिधि ने बयान जारी कर कहा कि दानिश को युवती ने ही फँसाया है। उसने इसे हनीट्रैप का मामला बताया। प्रतिनिधि ने कहा कि ये साजिश को रचने में सांसद का ही कोई करीबी शामिल है।

बताते चलें कि दिल्ली की रहने वाली इस हिन्दू लड़की ने शुक्रवार (25 अगस्त 2023) को दानिश के खिलाफ शादी का झाँसा देकर दुष्कर्म करने की शिकायत दर्ज करवाई। पीड़िता ने आरोपित पर अश्लील वीडियो बनाने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुक्रवार को एक लड़की मेरठ के SSP ऑफिस में शिकायत लेकर पहुँची। खुद को दिल्ली की रहने वाली बताते हुए लड़की ने कहा कि कुछ समय पहले उसके इंस्टाग्राम पर दानिश कुरैशी नाम के एक युवक ने मैसेज किया था। थोड़े समय की चैटिंग के बाद दोनों के बीच फोन नंबर की लेन-देन हुई और फिर बातचीत होने लगी। पीड़िता का आरोप है कि दानिश ने खुद को कुँवारा बताया और अपने झाँसे में ले लिया।

दानिश 20 अगस्त को लड़की से मिलने के लिए दिल्ली के हौजखास इलाके में आया। यहाँ उसने खुद को पूर्व सांसद शाहिद अखलाक का बेटा बताया। 2 दिनों के बाद यानी 22 अगस्त को दानिश अख़लाक़ ने लड़की को मेरठ के देहरादून-दिल्ली रोड पर स्थित होटल क्रोम का पता देकर वहाँ मिलने के लिए बुलाया। पीड़िता का कहना है कि होटल में उससे कोई पहचान पत्र नहीं लिया गया। जब वह होटल पहुँची तो मैनेजर ने उसको एक कमरे में भेज दिया।

शिकायत के अनुसार, कुछ देर बाद वहाँ दानिश आया और बातचीत करने लगा। इसी दौरान उसने शराब पीनी शुरू कर दी। शराब पीने के बाद दानिश ने पीड़िता का रेप किया। लड़की रोने लगी तो दानिश ने शादी का वादा करके उसे चुप करा दिया। यहीं नहीं, इसी होटल में आरोपित ने पीड़िता का नहाते हुए वीडियो भी बना लिया। शक होने पर पीड़िता ने दानिश का मोबाइल चेक किया और वीडियो डिलीट कर दिया।

दानिश का मोबाइल चेक करने के दौरान ही पीड़ित युवती को उसके शादीशुदा होने की जानकारी मिली। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि दानिश के फोन की चैटिंग में उसने देखा कि वह कई हिंदू लड़कियों के संपर्क में है। इन सब लड़कियों को वह ऐसे ही बात करके धोखा दे रहा है।

बताते चलें कि कुछ माह पूर्व दानिश अखलाक ने एक रेंस्टोरेट में एक व्यक्ति पर पिस्टल तान दिया था। मामला जब मेरठ पुलिस के पास पहुँचा तो पुलिस ने बताया कि वह पिस्टल लकड़ी का था। आरोप है कि दानिश अखलाक कई बार सरेआम कोतवाली क्षेत्र में फायरिंग कर चुका है। इन सभी मामलों में वह अब तक बचता रहा है।

दानिश के अब्बा मोहम्मद शाहिद अख़लाक़ मांस के कारोबारी हैं। वो बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर साल 2004 में सांसद भी रह चुके हैं। शाहिद पर साल 2009 में कमेला (कसाईघर) को लेकर 24 अन्य लोगों के साथ केस भी दर्ज हो चुका है।

लखनऊ से रामेश्वरम जा रही टूरिस्ट ट्रेन की प्राइवेट बोगी में लगी आग, छिपा के ले जा रहे थे गैस सिलेंडर: 10 की मौत; 20+ घायल

तमिलनाडु के मदुरै से दर्दनाक खबर सामने आई है, जहाँ ट्रेन के निजी डिब्बे में लगी आग से कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई है, तो करीब 20 लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। ये हादसा उस समय हुआ, जब ट्रेन यार्ड में थी। बताया जा रहा है कि ट्रेन का ये टूरिस्ट कोच बीती रात ही ट्रेन में जोड़ा गया था, जिसमें सिलेंडर फटने से आग लग गई। इस कोच में एक समूह से जुड़े लोग थे, जो धार्मिक यात्रा पर निकले थे।

धार्मिक यात्रियों से भरी थी ट्रेन

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये हादसा पुनालुर-मदुरै एक्सप्रेस में शनिवार (26 अगस्त 2023) को सुबह 5:15 बजे हुआ, जब ट्रेन मदुरै यार्ड में खड़ी थी। इस दौरान निजी कोच में आग लग गई। ये ट्रेन लखनऊ से रामेश्वरम जा रही थी, जिसमें अधिकतर कोच पहले बुक किए गए थे। दुर्घटनाग्रस्त डिब्बा बीच रास्ते में शुक्रवार की रात को ही जोड़ा गया था।

कॉफी बनाने की कोशिश में लगी आग

मदुरै की कलेक्टर एम.एस. संगीता ने बताया कि कोच में तीर्थयात्री थे और वे उत्तर प्रदेश से यात्रा कर रहे थे। आज सुबह जब उन्होंने कॉफी बनाने के लिए गैस स्टोव जलाने की कोशिश की, तो सिलेंडर में विस्फोट हो गया। 55 लोगों को रेस्क्यू किया गया है और अब तक 10 शव निकाले गए हैं। उन्होंने बताया कि बचाव अभियान जारी है। कहा जा रहा ट्रेन में छिपाकर सिलेंडर ले जाए जा रहे थे। जिनमें विस्फोट हो गया।

सिलेंडर की वजह से लगी आग!

एएनआई से बातचीत में दक्षिणी रेलवे के अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आग अन्य किसी डिब्बे में नहीं फैल पाई, उससे पहले ही उस पर काबू पा लिया गया।

मुजफ्फरनगर स्कूल में बच्चे की पिटाई को हिंदू-मुस्लिम एंगल से फैलाया लिबरल गैंग ने, UP पुलिस ने बताई सच्चाई: जुबैर वीडियो डिलीट कर भागा

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के एक स्कूल का वीडियो सामने आया है, जिसमें एक बच्चे को अन्य छात्र पीटते दिख रहे हैं। सोशल मीडिया पर इसे दो वर्गों के बीच का मसला बताया जा रहा है। वहीं, पुलिस ने कहा कि टेबल नहीं याद करने पर उसे दंड दिया गया है। NCPCR ने भी इस मामले का संज्ञान लिया है।

मामला मुजफ्फरनगर के खुब्बापुर स्थित नेहा पब्लिक स्कूल का है। स्कूल के वायरल वीडियो को लेकर यूपी पुलिस ने हाल ही में एक बयान जारी किया है। पुलिस का कहना है कि जाँच में पता है कि महिला टीचर ने टेबल नहीं याद करने पर पहली कक्षा के बच्चे की अन्य बच्चों से पिटाई लगवाई थी। इसको लेकर संबंधित विभाग विभागीय कार्रवाई करेगा।

पुलिस ने कहा, “थाना मंसूरपुर पुलिस को सोशल मीडिया के माध्यम से एक वीडियो का संज्ञान प्राप्त हुआ है, जिसमें एक महिला टीचर द्वारा एक बच्चे को टेबल नहीं याद करने पर उसके क्लास के अन्य बच्चों द्वारा मार लगवाई जा रही है। वीडियो में कुछ आपत्तिजनक टिप्पणी भी की जा रही है। इस टिप्पणी के विषय में गहनता से जाँच की गई।”

पुलिस अधिकारी ने आगे बताया, “स्कूल के प्रिंसिपल से बात की गई तो ये तथ्य प्रकाश में आया कि महिला टीचर द्वारा ये डिक्लेयर किया गया कि जिन मोहम्मडेन बच्चों की माँ, बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान नहीं देती है उन बच्चों की पढ़ाई का नाश हो जाता है। जो वीडियो बना रहा है, वह शख्स इसकी पुष्टि करता है। इस संबंध में BSE को अवगत करा दिया गया है और बच्चों के द्वारा जो मारपीट की जा रही है, उस संबंध में संबंधित टीचर के खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।”

वहीं, इस घटना का राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग- NCPCR ने भी संज्ञान लिया है। NCPCR के चीफ प्रियंक कानूनगो ने X पर अपने पोस्ट में कहा कि इस मामले में संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बच्चों का वीडियो शेयर नहीं करने के लिए भी लोगों से कहा।

प्रियंक कानूनगो ने अपने पोस्ट में लिखा, “मामले का संज्ञान ले कर कार्यवाही हेतु निर्देश जारी किए जा रहे हैं। सभी से निवेदन है कि बच्चे का वीडियो शेयर न करें। इस तरह की घटना की जानकारी ईमेल द्वारा दें। बच्चों की पहचान उजागर कर अपराध के भागी न बनें।”

हालाँकि, इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर अलग रंग देकर सियासत करने की कोशिश की जा रही है। वहीं, समाज में विभाजन पैदा और नफरत फैलाने की कोशिश कुछ लोग कर रहे हैं।

फेक न्यूज फैलाने के बाद जब सच्चाई सामने आई तो वीडियो डिलीट कर भागा जुबैर

इस पूरे मामले में हमेशा की तरह लेफ्ट-लिबरल गैंग आगे है। ऑल्ट न्यूज वाले मोहम्मद जुबैर ने गिरफ्तारी के डर से और सच्चाई सामने आने के बाद अपना वीडियो डिलीट कर दिया।

तेज प्रताप यादव ने जिस शख्स का दबाया गला, उसी पर बिहार पुलिस ने किया FIR: मंत्री ने ट्वीट कर बताई पूरी बात

लालू प्रसाद यादव के बेटे व बिहार सरकार में पर्यावरण मंत्री तेज प्रताप यादव का गुस्से में एक एक व्यक्ति को धक्का देते हुए वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में तेजप्रताप एक युवक का गला पकड़कर धक्का देते हुए दिख रहे हैं। वहीं अब उसी युवक पर बिहार पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। युवक को धक्का देने का वीडियो 22 अगस्त का बताया जा रहा है, जब तेज प्रताप यादव लालू-राबड़ी के साथ फुलवरिया के सेलार कला गाँव में अपने ननिहाल गए थे। 

युवक की पहचान सुमंत यादव के रूप में हुई है। वहीं वायरल वीडियो पर तेजप्रताप यादव ने सोशल मीडिया X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर कहा है, “दुनिया को आधी तस्वीर दिखा मुझे बदनाम करने वाले पर एफआईआर दर्ज करा दिया गया है।”

पोस्ट में तेजप्रताप यादव की आईटी सेल की ओर पुलिस में की गई शिकायत का पत्र जारी किया गया है। जिसमें युवक के नशे में होने और पर्यावरण मंत्री के साथ धक्का-मुक्की करने का आरोप है। पुलिस से जाँच कर उचित कार्रवाई करने की माँग की गई है।

तेज प्रताप यादव ने दर्ज कराई शिकायत

इस पूरे मामले में वीडियो वायरल होने के बाद तेज प्रताप ने सोशल मीडिया में अपनी छवि ख़राब करने को लेकर अधूरा वीडियो शेयर करने का आरोप लगाया है। उन्होंने अपने पोस्ट में जो पत्र शेयर किया उसमें लिखा है, “निवेदन करना है कि दिनांक 22-08-2023 को सुबह साढ़े 10 बजे माननीय मंत्री जी तेजप्रताप यादव गोपालगंज के सेलार कला ग्राम गए थे। अपने नानाजी के घर के बाहर निकलते समय सुमंत यादव शराब के नशे में माननीय मंत्री जी के साथ धक्का मुक्की करने लगा। मंत्री जी के बार-बार मना करने के बावजूद भी नहीं मान रहा था। स्थानीय प्रशासन द्वारा उसे हटाया गया। घटनाक्रम के दो दिन बाद वह उस दिन का वीडियो एडिट कर के मंत्री जी की छवि भूमिल कर रहा है। सुरक्षा के दृष्टिकोष से भी यह घटना अति संवेदनशील है। आपसे आग्रह है कि तथा कथित सुमंत यादव पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।”

गौरतलब है कि जब तेज प्रताप यादव लालू और राबड़ी देवी के साथ अपने नानी के घर पहुँचे तो वहाँ कार्यकर्ताओं इतनी भीड़ थी कि वे गुस्सा हो गए और पीछे खड़े युवक का गला पकड़कर धक्का दे दिया। कहा जा रहा है उसे गाली भी दी। इसी दौरान किसी ने मंत्री तेज प्रताप का वीडियो बना लिया। वीडियो में दिख रहा दूसरा युवक सुमंत यादव बताया जा रहा है। उसका कहना है कि लालू यादव के साले साधु यादव के कहने पर वह वहाँ व्यवस्था देखने गया था। 

क्या कहा सुमंत यादव ने 

वहीं अब सुमंत यादव का बयान भी सामने आ गया है। सुमंत ने बताया, “लालू यादव, राबड़ी देवी, तेज प्रताप भैया के साथ लंबे समय के बाद ससुराल पहुँचे थे। मैं वहाँ साधु यादव के कहने पर व्यवस्था देख रहा था। जब वे लोग अपने घर के अंदर गए तो बाहर भीड़ बढ़ गई थी। मैं तेजप्रताप के पीछे खड़ा था। भीड़ के कारण मुझे किसी ने पीछे से धक्का दिया। इस दौरान मैं उनके शरीर में थोड़ा टच हो गया। उनको लगा की मैंने ही धक्का दिया है। इससे वे गुस्सा हो गए और मेरे गले में हाथ डालकर धक्का दे दिए और कोई बात नहीं है।”

शिवशक्ति प्वाइंट: चंद्रयान 3 के उतरने वाली जगह का नाम… चंद्रयान 2 ने भी जहाँ छोड़े निशान, वो कहलाएगा ‘तिरंगा’ – इसरो में PM मोदी का ऐतिहासिक भाषण

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी ग्रीस यात्रा से लौटते ही सीधे बेंगलुरु पहुँचे और वहाँ से इसरो के कमांड सेंटर पहुँचे। यहाँ पीएम मोदी चंद्रयान 3 मिशन को सफल बनाने वाले वैज्ञानिकों से मिले और इसरो के कमांड सेंटर को देखा। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला वैज्ञानिकों को प्रणाम भी किया। पीएम मोदी ने चंद्रयान 2 के क्रैश लैंडिंग को भी याद किया। उन्होंने चंद्रयान 2 और चंद्रयान 3 के लैंडिंग प्वॉइंट का नामकरण भी किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि चंद्रमा के जिस स्थान पर चंद्रयान 2 ने अपने पदचिह्न छोड़े हैं, वो स्थान अब ‘तिरंगा’ कहलाएगा। उन्होंने चंद्रयान 3 के लैंडिंग प्वॉइंट को ‘शिवशक्ति प्वाइंट’ नाम दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि तिरंगा प्वॉइंट हमें सीख देगा कि कोई भी विफलता आखिरी नहीं होती, अगर दृढ़ इच्छा शक्ति हो, तो कुछ भी नामुमकिन नहीं हो सकता।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत दुनिया का चौथा ऐसा देश बन गया है, जिसने चंद्रमा को छुआ है। पीएम मोदी ने भारत की लंबी अंतरिक्ष यात्रा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि देश के पास पहले तकनीक नहीं थी। हमारी गिनती दुनिया के तीसरे पायदान पर खड़े देशों में होती थी। वहाँ से निकलकर आज भारत दुनिया की पाँचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है।

आज ट्रेन से लेकर टेक्नोलॉजी तक भारत की गिनती पहली कतार के देशों में हो रही है। भारत की तीसरी कतार से पहली कतार तक पहुँचने की यात्रा में इसरो जैसे संस्थानों की बहुत बड़ी भूमिका रही है। आपने आज मेक इन इंडिया को चाँद तक पहुँचा दिया है।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत के दक्षिणी हिस्से से चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव तक की ये यात्रा आसान नहीं थी। हमारे वैज्ञानिकों ने इस काम को अंजाम देने के लिए इसरो की ही लैब में आर्टिफिशियल चाँद तक बना डाला। ढेर सारे प्रयोगों को अंजाम दिया। इसलिए चंद्रयान 3 को सफलता मिलनी ही मिलनी थी। पीएम मोदी ने कहा:

“आज जब मैं देखता हूँ कि भारत की युवा पीढ़ी साइंस, स्पेस और इनोवेशन को लेकर इतनी उर्जा से भरी हुई है, तो उसके पीछे हमारे स्पेस मिशन की सफलता है। मंगलयान, चंद्रयान से लेकर गगनयान तक इसरो ने देश की युवा पीढ़ी को नया मिजाज दे दिया है।”

पीएम मोदी ने कहा कि इसरो के वैज्ञानिकों ने सिर्फ चाँद पर ही तिरंगा नहीं लहराया है, बल्कि आप लोगों ने भारत की पूरी की पूरी पीढ़ी को ही जागृत किया है और उन्हें नई राह दिखाई है। आज से कोई भी बच्चा जब रात में चंद्रमा को देखेगा, तो उसे विश्वास होगा कि जिस हौसले से मेरा देश चाँद पर पहुँचा है। वही हौसला, वही जज्बा बच्चे के भीतर भी है, युवा के भीतर भी है। आज आपने भारत के बच्चों में आकांक्षाओं के जो बीज बोए हैं, वो आने वाले कल में वटवृक्ष बनेंगे और विकसित भारत की नींव बनेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमारे युवाओं को प्रेरणा मिलती रहे, इसके लिए एक और निर्णय लिया गया है। भारत अब से चंद्रयान 3 के लैंडिंग दिवस यानी 23 अगस्त को ‘नेशनल स्पेस डे’ के तौर पर मनाएगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पेस सेक्टर की जमकर तारीफ की। पीएम मोदी ने कहा कि मौसम का पूर्वानुमान लगाने की वजह से किसानों को मदद मिलती है। आज मछुवारों को नाविक सिस्टम की वजह से बारिश की जो जानकारी मिलती है, वो आपकी वजह से है। आज प्राकृतिक आपदा आती है, तो आपकी वजह से उसकी जानकारी पहले मिल जाती है। साइक्लोन की सूरत में जन और धन की हानि होती है। एक साइक्लोन इतना नुकसान कर जाता था, जो चंद्रयान 3 के मिशन पर खर्च हुए कुल पैसों से भी ज्यादा होता था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वो एक सुझाव भी देना चाहता हूं। उन्होंने कहा कि इसरो के रिटायर्ड लोग केंद्र और राज्य सरकारों के साथ मिलकर नेशनल हैकेथॉन का आयोजन करें, जिसमें देश के अधिक से अधिक युवा जुड़ें। ये हैकेथॉन गवर्नेंस पर आधारित हो, जिससे देश के विकास में सहयोग मिलेगा। उन्होंने युवाओं को एक काम भी सौंपा।

भारत वो देश है, जिसने हजारों वर्षों पूर्व ही धरती के बाद अनंत आकाश में देखना शुरू कर दिया था। हमारे यहां सदियों पहले आर्यभट्ट, वाराहमिहिर, भास्कराचार्य जैसे ऋषि मुनि हुए। जब धरती के बारे में किसी को नहीं पता था, तो आर्यभट्ट ने धरती से जुड़ी गणनाएं भी लिख दी थी। धरती गोल है, इस बात की जानकारी भारत ने पहले ही दे दी थी। उन्होंने बाकायदा संस्कृत का श्लोक भी सुनाया और उसका मतलब भी समझाया। उन्होंने बताया कि इस श्लोक में धरती और आकाश के बारे में बताया गया है। हमारे पूर्वजों ने सूर्य-चंद्रमा-पृथ्वी के एक सीध में आने की घटना हमारे कई ग्रंथों में लिखी गई है।
पीएम मोदी ने कहा कि पृथ्वी ही नहीं, अन्य ग्रहों और उपग्रहों की गति से लेकर आकार तक की जानकारी हमारे ग्रंथों में लिखे गए थे। आज हमारे यहां सैकड़ों वर्षों पहले और बाद के पंचांग तक बनाए जाते हैं।

पीएम मोदी ने युवाओं को चुनौती भी दी। भारत के ग्रंथों में खगोलीय विज्ञान के जो सूत्र लिखे गए हैं, आज के युवा उन्हें प्रतिस्थापित करने के लिए उनपर रिसर्च करें और उन्हें साबित करें। पीएम मोदी ने कहा कि हमारा ज्ञान गुलामी की मानसिकता के नीचे दब गया था, उन्हें अब उभारना है।
पीएम मोदी ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को आज के आधुनिक विज्ञान को नए आयाम देने हैं। समंदर की गहराइयों से लेकर आसमान की ऊंचाई तक करने को बहुत कुछ है। आज डीप अर्थ को भी देखिए, डीप सी को भी देखिए। आप नेक्स्ट जेन कंप्यूटर भी बनाइए और जेनेटिक इंजीनियरिंग में भी सिक्का जमाइए। आपके पास करने को बहुत कुछ है।

उन्होंने कहा कि आज की 21वीं सदी में जो देश साइंस और टेक्नोलॉजी में बढ़त बना लेगा, वो देश सबसे आगे बढ़ जाएगा। पीएम मोदी ने कहा कि अगले कुछ वर्षों में भारत की स्पेस इंडस्ट्री 8 बिलियन डॉलर से बढ़कर 16 बिलियन डॉलर हो जाएगी, ऐसा विशेषज्ञ बोलते हैं, तो सरकार भी इस दिशा में गंभीरता से काम कर रही है। भारत में पिछले कुछ सालों में 4 से बढ़कर करीब 100 स्टार्टअप स्पेस सेक्टर में काम कर रहे हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि 1 सितंबर से my.GOV ऐप चंद्रयान मिशन को लेकर बहुत बड़ा क्विज कॉम्पटीशन लॉन्च कर रहा है। मैं चाहता हूं कि सभी युवा, छात्र इससे जुड़े। उन्होंने कहा कि इसरो को इस मिशन को लीड करना चाहिए। इसरो सभी युवाओं के लिए रोल मॉडल है। आपकी वर्षों की तपस्या ने ये साबित किया है कि आप जो ठान लेते हैं, वो आप करके दिखाते हैं। देश के लोगों का विश्वास आप पर है और विश्वास कमाना छोटी बात नहीं होती है।

‘दुर्गा पूजा मेले की तरह एक धर्मनिरपेक्ष त्योहार है, धार्मिक नहीं’: कलकत्ता हाईकोर्ट ने सार्वजनिक जगह पर पूजा पांडाल बनाने पर लगी प्रशासनिक रोक को हटाया

कलकत्ता हाईकोर्ट ने 25 अगस्त 2023 को दुर्गा पूजा के पांडाल लगाने पर लगाई गई प्रशासनिक रोक को हटा दिया। हाईकोर्ट ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा है कि दुर्गा पूजा पश्चिम बंगाल की राजधानी के लिए किसी धार्मिक प्रतीक की बजाय सांस्कृतिक पहचान की तरह है। इसे धर्म के नजरिए से देखने की जगह सेक्युलर नजरिए से देखा जाए। इसके साथ ही कोर्ट ने कहा कि इस दौरान होने वाली धार्मिक जुटान को आम मेले की देखा जाना चाहिए। कोर्ट ने इसे सबसे सेक्युलर त्योहार बताया।

कोलकाता प्रशासन को दिए निर्देश-लगवाए जाएं पांडाल

कलकत्ता हाईकोर्ट 25 अगस्त को एक याचिका पर सुनवाई कर रही था। इसमें सार्वजनिक मैदान पर दुर्गा पूजा का पांडाल लगाने से प्रशासन ने रोक दिया था। केस की सुनवाई करते हुए जस्टिस सब्यसाची भट्टाचार्य ने ये टिप्पणी की। उन्होंने कोलकाता प्रशासन को निर्देश दिया कि वो दुर्गा पूजा के लिए निर्धारित जगह पर याचिकाकर्ताओं को पांडाल लगाने की अनुमति दे।

दुर्गा पूजा में शामिल होते हैं सर्व समाज के लोग

बार एंड बेंच की खबर के मुताबिक, याचिकाकर्ताओं ने हाईकोर्ट से अपील की थी कि उन्हें कोलकाता के न्यू टाउन मेला ग्राउंड में पांडाल लगाने की अनुमति दी जाए, क्योंकि प्रशासन इसकी अनुमति नहीं दे रहा है। इस पर जस्टिस सब्यासाची भट्टाचार्य ने अपनै फैसले में कहा, “दुर्गा पूजा का उत्सव कई संस्कृतियों के मिलन की तरह है। ये नारी शक्ति का प्रतीक है। इस उत्सव में धार्मिक के साथ सामाजिक कार्यक्रम भी आयोजित होते हैं। इसे सेक्युलर नेचर का माना जाए, धार्मिक नेचर का नहीं। इसमें सभी समाज के लोग शामिल होते हैं।”

हाईकोर्ट बोला- सही जगह लगाया जा रहा पांडाल

इस मामले में प्रशासन सार्वजनिक स्थानों पर धार्मिक गतिविधियों पर रोक लगाने के नियमों के तहत रोक लगाया था। कोलकाता प्रशासन ने कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए ऐसा फैसला लिया था। इसे कोर्ट में संविधान के आर्टिकल 14 को दृष्टि में रखकर चुनौती दी गई थी। इसमें सभी धर्म के लोगों को अपनी धार्मिक गतिविधियों को अंजाम देने का अधिकार दिया गया है।

इस मामले में कलकत्ता हाईकोर्ट ने पाया कि याचिकाकर्ताओं ने किसी सड़क, गली, फुटपाथ और खेल के मैदान में नहीं, बल्कि मेले के लिए निर्धारित जगह पर दुर्गा पूजा का पांडाल लगाने की अनुमति माँगी थी। हाईकोर्ट ने अब इसकी इजाजत दे दी है।

कॉन्ग्रेस ने CBSE के ‘भारत विभाजन’ पाठ का किया विरोध: सांसद टैगोर ने केंद्र को पत्र लिखकर कहा- इससे युवाओं में बढ़ेगी नफरत

कॉन्ग्रेस सांसद मनिकम टैगोर ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने सीबीएसई द्वारा भारत-पाक विभाजन पर आधारित प्रदर्शनियों के आयोजन पर रोक लगाने की अपील की है। मनिकम टैगोर ने ये पत्र 21 अगस्त 2023 को लिखा था। इसकी जानकारी उन्होंने X पर 24 अगस्त को दी। उन्होंने धर्मेंद्र प्रधान से सीबीएसई के इस निर्णय पर पुनर्विचार करने के लिए भी कहा है। उन्होंने तर्क दिया है कि इससे युवाओं के मन में नफरत बढ़ सकती है।

‘सीबीएसई के इस कदम को रोके सरकार’

तमिलनाडु के विरुधुनगर लोकसभा सीट से कॉन्ग्रेस के सांसद मनिकम टैगोर ने कहा कि विभाजन की त्रासदी की थीम पर आधारित प्रदर्शनियाँ लगाने से युवा पीढ़ी के मन में सिर्फ नफरत का भाव बढ़ेगा। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की है कि वो सामाजिक सौहार्द्र की रक्षा करने की कोशिश के तहत इस निर्णय को वापस लें।

‘नफरत का भाव पैदा होगा’

मनिकम टैगोर ने अपने पत्र में लिखा है, “मैं सीबीएसई द्वारा लगाई जाने वाली प्रदर्शनी को लेकर चिंतित हूँ। इस पर फिर से विचार किया जाए और इस फैसले को बदला जाए। इस तरह की प्रदर्शनियों से युवा पीढ़ी के मन में नफरत का भाव जगेगा। इस पर रोक लगाकर हमारे समाज के सामाजिक सौहार्द्र को बचाएँ।” टैगोर का कहना है कि इस तरह की घटनाओं के बारे में समझ विकसित करने के लिए ‘संवेदनशील तरीके’ को अपनाना होगा।

कॉन्ग्रेस सांसद का ये पत्र संवेदनशीलता ‘जताने’ की ‘बैलेंसिंग एक्ट’ ही लगती है। एक तरफ तो वो लिख रहे हैं कि इन महत्वपूर्ण घटनाओं के बारे में जानकारी दी जाए तो दूसरी तरफ ‘संवेदनशीलता’ भी अपनाई जाए। इस पत्र में लिखा है कि इन प्रदर्शनियों में रक्तपात और अत्याचारों का चित्रण किया जाएगा, जो समाजिक सौहार्द्र और एकता को प्रभावित कर सकती है।

सीबीएसई पहले ही कह चुकी है ‘संवेदनशीलता बरती जाए’

बता दें कि सीबीएसई ने 14 अगस्त को इस बारे में एक सर्कुलर जारी किया था, जिसमें ‘विभाजन विभीषिका स्मरण दिवस’ पर आधारित प्रदर्शनियों की बात कही गई थी। भले ही मनिकम टैगोर बोल रहे हों कि विभीषिका को दिखाने में संवेदनशीलता बरती जाए, तो ये काम सीबीएसई पहले ही कर चुकी है। उसने अपने सर्कुलर में लिखा है कि इन प्रदर्शनियों से ‘समाज में किसी का सेंटिमेंट हर्ट’ न हो।

शरद पवार भी कर चुके हैं अपील

कुछ दिनों पहले एनसीपी चीफ शरद पवार भी सीबीएसई के इस फैसले पर ऐसी ही प्रतिक्रिया दे चुके हैं, जिसमें उन्होंने इतिहास के माध्यम से नफरत फैलाने से रोकने की अपील की थी। उन्होंने चिंता जताई थी कि विभाजन विभीषिका स्मरण दिवस जैसे कार्यक्रमों से नई पीढ़ी पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकते हैं, इसकी वजह से समाज के एक खास तबके को लेकर उनके मन में नफरत पैदा हो सकती है।

वैसे, इस विषय पर ऑपइंडिया कई लेख प्रकाशित करके ये समझाने की कोशिश कर चुका है कि ऐसे कार्यक्रमों की जरूरत समाज को क्यों है और कैसे समाज को इस तरह से तैयार किया जाए कि फिर से ऐसी विभीषिका की नौबत न आए।