Home Blog Page 1588

कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा में बनेगा हनुमान लोक, CM शिवराज ने रखी आधारशिला: 30 एकड़ में होगा विस्तार, ₹314 करोड़ होंगे खर्च

मध्य प्रदेश सरकार छिंदवाड़ा में जाम सांवली धाम का कायापलट करने जा रही है। इसे ‘हनुमान लोक’ के तौर पर विकसित किया जा रहा है। ‘हनुमान लोक’ को उज्जैन के ‘महाकाल लोक’ की तर्ज पर बसाया जाएगा। इसे विकसित करने में कुल 314 करोड़ रुपए खर्च किए जाएँगे। मुख्यमंत्री ने इसके लिए भूमि पूजन भी कर दिया है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार (24 अगस्त 2023) को जाम सांवली मंदिर में भगवान हनुमान के दर्शन किए और इस पूरे प्रोजेक्ट की घोषणा की। इस दौरान उन्होंने पांढुरना को नया जिला बनाने की भी घोषणा की। इस जिले में सौसर और नंदनबाड़ी ब्लॉक भी शामिल किए जाएँगे। यह एमपी का 55वाँ जिला होगा।

‘श्री हनुमान लोक’ का भूमिपूजन

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा की राजनीति में चार दशकों से कमलनाथ छाए हैं। वो खुद को हनुमान जी का बड़ा भक्त कहते हैं। कॉन्ग्रेस उनकी इस छवि को उभार कर बड़े वोटबैंक की तरफ देख रही थी, लेकिन उन्हीं कमलनाथ के गढ़ में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ‘श्री हनुमान लोक’ के निर्माण के लिए भूमिपूजन कर दिया है। ‘हनुमान लोक’ का विकास दो फेज में किया जाएगा।

कुछ ऐसे विकसित किया जाएगा ‘हनुमान लोक’

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, छिंदवाड़ा जिले के सौसर में स्थित जाम सांवली में चमत्कारिक श्री हनुमान लोक का निर्माण लगभग 30 एकड़ भूमि में किया जाएगा। इस योजना के पहले चरण में 35.23 करोड़ की लागत आएगी। रामटेकरी पर्वत की परिक्रमा हेतु संजीवनी पथ का विकास किया जाएगा।

‘हनुमान लोक’ जाम सांवली मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार से प्रारंभ होगा। इसके पहले चरण में 90 हजार वर्गफुट में चिरंजीवी पथ बनाया जाएगा, जिसमें भगवान हनुमान की बालरूप कलाओं का चित्रण कलाकृतियों के रूप में होगा। इसके बाद हनुमान जी की भक्ति रूप का चित्रण किया जाएगा।

‘हनुमान लोक’ में होंगी ढेर सारी सुविधाएँ

इसका मुख्य प्रवेश द्वार मराठा वास्तुकला के हिसाब से बनाया जाएगा। मुख्य भवन में ट्रस्ट ऑफिस, कम्युनिटी सेंटर, जन सुविधाएँ, टिकट काउंटर, कंट्रोल रूम इत्यादि प्रस्तावित हैं। इसका क्षेत्रफल लगभग 37,000 वर्गफुट होगा। इसके अलावा, आयुर्वेदिक चिकित्सालय और अष्टसिद्धी केंद्र एवं संस्कृत विद्यालय भी बनाया जाएगा।

हनुमान लोक में रामलीला और अन्य धार्मिक कार्यों के लिए ओपन थिएटर का भी निर्माण किया जाएगा। यहाँ आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भोजनालय और आवास भी बनाया जाएगा। साथ ही, वेंडिंग जोन में 120 दुकानें भी बनाई जाएँगी। देखिए, ‘हनुमान लोक’ का प्रस्तावित मैप…

हनुमान लोक का प्रस्तावित मैप (फोटो साभार-आजतक)

शिवराज सिंह चौहान ने की बजरंग बली की पूजा

इससे पहले, हेलीकॉप्टर से छिंदवाड़ा पहुँचे शिवराज सिंह चौहान ने जाम सांवली के मंदिर में लेटे हुए हनुमान जी की पूजा-अर्चना की और इसकी तस्वीरें एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर भी साझा कीं। उन्होंने लिखा, “सब सुख लहै तुम्हारी सरना, तुम रक्षक काहू को डरना। छिंदवाड़ा के जामसांवली में विश्राम मुद्रा में विराजमान हनुमान जी के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्‍त किया एवं प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि व खुशहाली की कामना की।”

इसके अलावा, एक वीडियो पोस्ट करके सीएम चौहान ने लिखा, “राम जी के आशीर्वाद से छिंदवाड़ा जिले के जामसांवली में हनुमान लोक बनने जा रहा है। मुझे पूर्ण विश्‍वास है कि महाकाल लोक की तरह ही हनुमान लोक भी करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्‍था का केंद्र बनकर उभरेगा। हनुमान जी का आशीर्वाद सभी प्रदेशवासियों पर बना रहे, यही कामना करता हूँ।”

बता दें कि जाम सांवली हनुमान मंदिर को चमत्कारिक मंदिर माना जाता है। यहाँ हनुमान जी की प्रतिमा से पवित्र जल निकलता है, जो भक्तों में प्रसाद के तौर पर वितरित होता है। ऐसी मान्यता है कि इस जल का प्रसाद ग्रहण करने से मानसिक व्याधि वाले लोगों को परेशानी से मुक्ति मिलती है। ये जल कभी खराब नहीं होता।

मामन खान के घर हिसार की महिला का हंगामा, खुद को बता रही थी कॉन्ग्रेस MLA की बीवी: मामला पहुँचा गुरुग्राम पुलिस के पास, नूहं में हिंदुओं पर हमले के बाद चर्चा में रहा था नाम

नूहं हिंसा के दौरान चर्चा में आए कॉन्ग्रेस विधायक मामन खान के खिलाफ एक नया मामला सामने आया है। हिसार की रहने वाली एक महिला ने खुद को मामन खान की बीवी होने का दावा किया है। बताया जा रहा है कि महिला ने मामन खान के घर के आगे हंगामा भी किया है। इसको लेकर मामन की बीवी ने महिला के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। घटना मंगलवार (22 अगस्त 2023) की है।

मामन खान की बीवी शमशाद ने इस घटना की शिकायत गुरुग्राम के थाना सदर थाने में की है। शिकायत में शमशाद ने बताया है कि 22 अगस्त को उनके शौहर को एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने अपने व्हाट्सएप पर मामन की लोकेशन माँगी। मामन द्वारा वजह पूछे जाने पर महिला को बैठाकर ला रहे ऑटो ड्राइवर ने कहा कि उनकी बीवी को ऑटो से उनके घर लाने की जानकारी दी। शमशाद का दावा है कि उनके शौहर ने कहा कि उनकी बीवी घर पर है और वह किसी और महिला को नहीं जानते।

शिकायत में आगे बताया गया है कि मामन द्वारा मिले जवाब के बाद ऑटो वाले ने फोन काट दिया। मामन ने पूरे मामले की जानकारी गुरुग्राम के पुलिस कमिश्नर को फोन और व्हाट्सएप पर दे दी। लगभग 13 मिनट बाद एक महिला ऑटो से मामन खान के घर पहुँची। वह दरवाजे की घंटी बजाने लगी। आरोप है कि महिला ने मामन के घर में घुसने की भी कोशिश की। इस बात की जानकारी मामन की बेटी ने अपने अब्बा को दी। मामन ने अपनी सोसाइटी के गार्डों को घर भेजकर महिला को वापस लौटा दिया।

फिरोजपुर झिरका से कॉन्ग्रेस विधायक मामन खान की बीवी शमशाद का दावा है कि उनके घर जाने वाली अज्ञात महिला एक फोन से कई बार उनके शौहर को कॉल कर चुकी है। शमशाद ने इस घटना के पीछे अज्ञात महिला द्वारा अपने शौहर को ब्लैकमेल करने और उगाही की कोशिश करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस शिकायत पर अपनी जाँच शुरू कर दी है। ऑपइंडिया के पास शिकायत कॉपी मौजूद है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मामन को अपना शौहर बता रही महिला अभी तक अपने दावों के समर्थन में कोई ठोस सबूत नहीं पेश कर पाई है। खुद को मामन की बीवी बता रही महिला ने पुलिस में अपने शौहर को वापस दिलाने की माँग के साथ शिकायत दर्ज करवाई है। मामले में ऑपइंडिया ने मामन के घर गई महिला को कॉल किया तो उसका फोन पहुँच से बाहर बताया। वहीं, शिकायत करने वाली शमशाद फोन नहीं उठा रही है।

ऑपइंडिया ने इस मामले में ऑटो ड्राइवर से बात की। ऑटो ड्राइवर ने हमें बताया कि बेहद गुमसुम दिख रही महिला उन्हें हुडा सिटी सेंटर मेट्रो पर मिली और अपने फोन में गड़बड़ी बताते हुए मामन को अपना शौहर बताया। ऑटो ड्राइवर के मुताबिक, महिला ने मामन खान की लोकेशन मँगवाने के लिए उन्हें कॉल करवाई। हमें बताया गया कि मामन ने लोकेशन नहीं बताई तो महिला लोगों से पूछते हुए उनके घर पहुँची और दरवाजे की घंटी बजाने लगी। हालाँकि, थोड़ी देर बाद सोसाइटी में तैनात गार्ड पहुँच गए और ऑटो ड्राइवर सहित महिला को मामन के घर से दूर किया।

ऑटो ड्राइवर का दावा है कि महिला उनका भाड़ा भी नहीं दे रही थी। वह बार-बार मामन खान के घर पर खुद को छोड़ने की जिद कर रही थी। गार्डों द्वारा मामन के घर से दूर किए जाने के बाद महिला कहाँ गई यह उसे मालूम नहीं है। ड्राइवर ने हमें बताया कि पुलिस ने बयान के लिए उन्हें थाने बुलाया था।

बताते चलें कि जलाभिषेक यात्रा को लेकर 31 जुलाई 2023 को हुई नूहं हिंसा में हिन्दू संगठन मामन खान को मुख्य साजिशकर्ता बता रहे हैं। इसकी वजह से मामन की गिरफ्तारी की वे लगातार माँग कर रहे हैं। मामन खान के विधानसभा में दिए गए भड़काऊ भाषण भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

दुबई में बेची गई राखी सावंत की नंगी तस्वीरें, ₹50 लाख में आदिल खान ने की थी ‘डील’: हिरोइन ने खुद बताई शौहर की ‘करतूतें’, कहा- मेरे कपड़े फाड़े

बॉलीवुड सनसनी राखी सावंत फिर से सुर्ख़ियों में हैं। इस बार उन्होंने बुधवार (23 अगस्त, 2023) को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करके अपने शौहर आदिल खान दुर्रानी पर उनकी नग्न तस्वीरें और वीडियो बेचने का आरोप लगाया है। एक बड़ा दावा करते हुए राखी ने कहा कि 50-50, 47-47 लाख में आदिल खान ने उनकी नग्न तस्वीरें और वीडियो दुबई में बेचीं हैं।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, राखी सावंत ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए कहा, “मेरे शौहर आदिल खान दुर्रानी ने मेरे न्यूड वीडियो ₹50-50, ₹47-47 लाख में लाख में बेचे हैं, जिसमें एक में मैं हनीमून के समय टब में बैठी हूँ, बाथरूम में नहा रही हूँ, उनके साथ बिस्तार में हूँ, सारे वीडियो शूट करके, मेरे नग्न वीडियो, एक अरब को बेचे है, अपनी बीबी का वीडियो बेचा है, किसको बेचा है पता नहीं।” 

राखी को यह भी याद आया कि आदिल की बहन शैली उन्हें एक कार देना चाहती थी और उसने इसे लेने के लिए राखी को मैसूर आने के लिए कहा था। राखी ने कहा कि उन्होंने शैली से कार मुंबई भेजने के लिए कहा लेकिन आदिल ने जोर देकर कहा कि वह इसे जाकर ले जाए। राखी का दावा है कि वहाँ पहुँचने के बाद वह आदिल के साथ एक कमरे में थी। आगे राखी सावंत का दावा है, “इनका (आदिल का) एक बंदा आया, मैं और आदिल के कमरे में थे, तभी बाहर से ताला मारके चला गया।”

इतना ही नहीं उसके बाद क्या हुआ यह बताते हुए राखी सावंत ने यह भी खुलासा किया कि आदिल ने उनके कपड़े भी फाड़े। राखी सावंत ने कहा, “जो फिर मेरे साथ हुआ… जब मेरे साथ वो हुआ, तीन घंटे लगे उसको फिर मेरे कपड़े फाड़ने में, सारी चीज करने में।” 

इस घटना के बाद राखी ने दावा किया कि अगले दिन आदिल ने उनसे कहा, “उदास मत हो, तुम एक अच्छी लड़की हो, मैं तुमसे शादी करना चाहता हूँ।” उन्होंने बताया कि आदिल खान कथित तौर पर उनका पीछा करते हुए गोवा तक गया जहाँ उन्होंने शादी कर ली। हालाँकि, अब निकाह के बाद राखी ने यह भी कहा कि वह आदिल को अपना पति नहीं मानती हैं और उससे तलाक के लिए अर्जी देंगी।

6 महीने जेल के बाद शौहर आदिल खान आया बाहर

गौरतलब है कि छह महीने जेल में बिताने के बाद राखी सावंत का शौहर रहा आदिल खान दुर्रानी अभी हाल ही में बाहर आ चुका है। एक इंटरव्यू में उसने राखी सावंत पर कई तरह के आरोप लगाए थे। कहा था कि वह कभी माँ नहीं बन सकती। ड्रग देकर अपना न्यूड वीडियो बनाने और माँ के कैंसर के नाम लोगों से पैसे ऐंठने का आरोप भी लगाया है।

बॉलीवुड बबल को दिए इंटरव्यू में आदिल ने कहा है कि उसने बहुत तकलीफें झेली है। वह बता भी नहीं सकता कि इन 6 महीनों में उस पर क्या बीती है। माँ-बाप समेत उसके पूरे परिवार ने बहुत कुछ झेला है। लेकिन बाहर आने के बाद अब वह खुश है। आदिल ने कहा है कि उसने एक वीडियो बनाकर कहा था कि उसे कुछ दिन का समय दो। लेकिन राखी सावंत ने उसे फँसाकर जेल भेज दिया।

‘BJP के पहले PM थे नरसिम्हा राव, केवल आडवाणी की सुनते थे’: मणिशंकर अय्यर ने गिनाई राजीव की ‘भूल’, कहा- राम मंदिर का ताला खोल गलत किया

कॉन्ग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे मणिशंकर अय्यर ने सोमवार (21 अगस्त) को अपनी किताब ‘मेमोयर्स ऑफ ए मेवरिक- द फर्स्ट फिफ्टी इयर्स (1941-1991)’ लॉन्च की। इस दौरान उन्होंने देश के पूर्व और दिवगंत प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव के हिंदुत्व के प्रति झुकाव सहित कई राजनीतिक विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कॉन्ग्रेस पार्टी में अरुण नेहरू का प्रभाव, शाह बानो मामला और पाकिस्तान के साथ भारत के रिश्तों पर अपना नजरिया साझा किया।

अय्यर ने कहा कि वो अटल बिहारी वाजपेयी की जगह कॉन्ग्रेस नेता पीवी नरसिम्हा राव को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पहले प्रधानमंत्री मानते हैं। इसके पीछे उन्होंने तर्क दिया कि नरसिम्हा राव को धर्मनिरपेक्ष होने से हमेशा एतराज रहा। अय्यर का आरोप है कि राव कॉन्ग्रेस के सांप्रदायिक नेता थे। इस दौरान उन्होंने सोनिया गाँधी की तारीफ की। उन्होंने कहा राजीव गाँधी की मौत के बाद उनका राजनीति में आना सराहनीय रहा।

अय्यर का कहना था, “मैंने कभी भी खुद संस्मरण लिखने पर विचार नहीं किया था, खासकर क्योंकि यह कल्पना करना बहुत अहंकारपूर्ण है कि आपका जीवन दूसरों के लिए दिलचस्प हो सकता है। मेरे प्रकाशक ने मुझे लिखने के लिए प्रेरित किया, क्योंकि उसे लगा कि मैं पाठक का मनोरंजन करूँगा। एक बार जब मैं आगे बढ़ा तो मैंने सोचना शुरू कर दिया कि मैं क्या लिखूँगा और कैसे लिखूँगा।”

क्यों कहा नरसिम्हा राव को बीजेपी का पहला पीएम?

गाँधी परिवार के करीबी मणिशंकर अय्यर ने किताब की लॉन्चिंग के मौके पर पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव से जुड़ा एक किस्सा साझा किया। अय्यर ने उस वक्त अपनी ‘राम-रहीम’ यात्रा निकालने के दौर को याद करते हुए दोनों के बीच हुई बातचीत को साझा किया।

उन्होंने बताया कि पीएम रहते नरसिम्हा राव ने उनसे कहा था, “उन्हें मेरी यात्रा पर कोई एतराज नहीं है, लेकिन वो धर्मनिरपेक्षता की मेरी परिभाषा से इत्तेफाक नहीं रखते थे। उन्होंने मुझसे उस वक्त कहा था, “मणि तुम यह नहीं समझते कि यह एक हिंदू देश है।”

अय्यर ने आगे कहा कि राव की ये बात सुनकर वो अपनी कुर्सी पर बैठ गए और उनसे कहा कि बीजेपी बिल्कुल यही कहती है। तब उन्होंने सोचा कि बीजेपी के पहले प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी नहीं, बल्कि पहले प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव थे। वह भाजपा के पहले प्रधानमंत्री थे। वह सिर्फ लालकृष्ण आडवाणी की सुनते थे।

‘सोनिया की वजह से बचा रहा पार्टी में’

इस मौके पर अय्यर ने इस बात का भी जिक्र किया कि किस तरह राजीव गाँधी की मौत के बाद कुछ लोगों ने पार्टी से उन्हें किनारे करने की कोशिश की थी, लेकिन वो केवल सोनिया गाँधी की वजह से पार्टी में बचे रह गए थे।

इस मौके पर उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गाँधी के साथ अपने संबंधों पर भी बात की। अय्यर ने दिसंबर 1978 से जनवरी 1982 तक कराची में महावाणिज्य दूत के तौर पर काम किया था। इस दौरान उन्होंने इस पर भी चर्चा की।

‘मैं राजीव गाँधी का विश्वासपात्र नहीं था’

रिपोर्ट के मुताबिक, पत्रकार वीर सांघवी के साथ बातचीत के दौरान अय्यर ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गाँधी के आसपास के उन लोगों की खुलकर आलोचना की, जिन्होंने कथित तौर पर राजनीति में उनके प्रवेश में भूमिका निभाई थी।

जगरनॉट से पब्लिश हुई अपनी किताब में उन्होंने खासतौर पर कॉन्ग्रेस में अरुण नेहरू के बढ़ते प्रभाव के बारे में फिक्र जताई थी। उन्होंने इस दौरान ये भी खुलासा किया कि ये पूरी तरह से गलत धारणा में थे कि ‘मैं पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गाँधी का विश्वासपात्र था’।

अय्यर ने इस दौरान पूर्व पीएम राजीव गाँधी के दौर को याद करते हुए कहा कि उनकी परेशानी थी कि वो राजीव के भरोसेमंद नहीं थे। उन्हें लगता था की कि राजीव उनके बारे में राजनीतिक तौर से अनुभवहीन होने की सोच रखते थे, क्योंकि उनसे कभी भी राजनीतिक मुद्दे पर कोई सलाह नहीं ली गई।

उन्होंने बताया की कि जब अचानक ये ऐलान किया गया की राजीव गाँधी प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं तो उन्हें हैरानी हुई थी। उन्होंने सोचा कि इंडियन एयरलाइंस का पायलट रहा शख्स देश कैसे चलाएगा। बाद में राजीव गाँधी को देश चलाते हुए देखकर उनकी तारीफ करने लगे थे।

अय्यर ने ये भी कहा कि राजीव गाँधी सबसे ईमानदार, स्पष्टवादी और सिद्धांतवादी नेता थे। उनमें वीपी सिंह जैसी कुटिलता या चालाकी नहीं थी। अपनी किताब में अय्यर ने भारतीय राजनीति के दो विवादास्पद मुद्दों- बाबरी मस्जिद विध्वंस और शाहबानो केस का भी जिक्र किया है।

अय्यर से जब बाबरी ढाँचे पर राजीव गाँधी के रूख को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि ‘शिलान्यास गलत था’। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि राजीव गाँधी ने जो सबसे बड़ी गलती की, वह भयानक आरके धवन को पीएमओ में लाना था। धवन ने PMO का राजनीतिकरण कर दिया, वर्ना पिछले चार साल से यह राजनीति में शामिल बिना पूरी तरह से तकनीकी ऑफिस के रूप से काम कर रहा था।”

शाहबानो मामले में अय्यर ने इसकी जटिलताओं को स्वीकार किया और राजीव गाँधी के करीबी लोगों खासकर आरिफ मोहम्मद खान की जमकर आलोचना की। उन्होने कहा कि उस वक्त के हालातों को गलत तरीके से सँभाला गया।

‘पाकिस्तान नहीं दुश्मन देश’

पाकिस्तान की जमकर तारीफ करने वाले अय्यर ने अपनी किताब पर पीटीआई के साथ इंटरव्यू में कराची में अपने कार्यकाल की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि उनके नौकरशाही करियर का सबसे बेहतरीन वक्त पाकिस्तान में तीन साल महावाणिज्य दूत के रूप में कराची का कार्यकाल था।

पाकिस्तान में महावाणिज्य दूत के अपने कार्यकाल को याद करते हुए अय्यर ने कहा, “पोस्टिंग के पहले दो-तीन हफ्तों के भीतर हम एक दिन डिनर से वापस आ रहे थे। उस दौरान मेरी पत्नी सुनीत ने मुझसे एक सवाल पूछा- ‘यह एक दुश्मन देश है। है ना’? यह कराची में रहने के दौरान मेरे दिमाग में गूंजता रहा।”

उन्होंने पीटीआई को बताया, “मैं इस नतीजे पर पहुँचा हूँ कि सेना के किसी भी वर्ग या राजनीति के किसी भी वर्ग का नजरिया कुछ भी हो। जहाँ तक पाकिस्तान के लोगों का सवाल है, वे न तो दुश्मन देश हैं और न ही वे भारत को दुश्मन देश मानते हैं।”

इसके अलावा, अय्यर ने पाकिस्तान के संबंध में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की नीति की आलोचना की। उन्होंने तर्क दिया कि अपने पड़ोसी की उपेक्षा करना बेतुका है। उन्होंने जुड़ाव, लोगों से लोगों के बीच संपर्क और सद्भावना की वकालत की। अय्यर ने कहा, “जब हम यही नहीं जानते कि अपने पड़ोसी के साथ क्या करना है, तब भारत को ‘विश्वगुरु’ कहना हास्यास्पद है।”

नई दिल्ली में आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, पूर्व यूपीए अध्यक्ष सोनिया गाँधी, सलमान खुर्शीद सहित कई कॉन्ग्रेस नेता मौजूद थे। इसके अलावा, इस दौरान कई पत्रकार, लेखक और एवं अन्य हस्तियों ने भाग लिया।

‘भारत पैसे लगाकर जा रहा, हम पहले से चाँद पर हैं’: पाकिस्तान पूरी दुनिया पर कैसे करेगा हुकूमत, चंद्रयान-3 देख युवक ने बताया ‘फॉर्मूला’

भारतीय अंतरिक्ष संगठन अनुसंधान (ISRO) का चंद्रयान-3 चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुँच चुका है। इस हिस्से में पहुँचने वाला भारत दुनिया का पहला देश है। भारत के मून मिशन को लेकर पाकिस्तान से भी अलग-अलग तरह की प्रतिक्रिया आ रही है। इस कड़ी में एक पाकिस्तानी युवक ने अपने मुल्क पर तंज कसते हुए कहा है कि हम पहले से चाँद पर हैं।

यूट्यूबर शोएब चौधरी के सवालों का जवाब देते हुए इस युवक ने कहा कि एक दिन पाकिस्तान पूरी दुनिया पर हुकूमत करेगा, क्योंकि सब चाँद पर चले गए होंगे। शोएब चौधरी ‘रियल एंटरटेनमेंट टीवी’ नाम से यूट्यूब चैनल चलाता है। इसके 8 लाख से भी अधिक सब्सक्राइबर हैं। शोएब ने भारत के चंद्रयान-3 पर पब्लिक रिएक्शन को लेकर एक वीडियो पोस्ट किया है। इसी में हैदर नाम का युवक पाकिस्तान पर तंज कसता दिख रहा है।

शोएब चौधरी से हैदर कहता है कि वो (भारत) पैसे लगाके जा रहे हैं, हम तो आलरेडी चाँद पर रहे हैं। आपको नहीं पता? इस पर शोएब बोलते हैं कि हम कैसे, हम तो चाँद पर नहीं रह रहे हैं। इसके बाद दोनों की बातचीत कुछ इस तरह आगे बढ़ती है;

हैदर: अच्छा मुझे बताएँ कि चाँद पर क्या है, जो इधर (पाकिस्तान) नहीं है?

शोएब: मैं समझा नहीं कि आप क्या कहना चाहते हैं?

हैदर: चाँद पर पानी है? इधर भी नहीं है। वहाँ पे गैस है? इधर भी नहीं है। वहाँ पे बिजली है? यहाँ पर भी नहीं है।

शोएब: इस तरीके से तो मैं ये भी कह सकता हूँ कि एक दिन पूरी दुनिया में पाकिस्तान हुकूमत करेगा।

हैदर: वो इसलिए कि सारी दुनिया चाँद पर पहुँच जानी है, इधर सारे पाकिस्तानी ही रह जाने हैं।

डबल स्टैंडर्ड के होते हैं पाकिस्तानी नेता

दरअसल, शोएब चौधरी ने चंद्रयान 3 की लॉन्चिंग को टीवी पर दिखाने के लिए पाकिस्तान के पूर्व विज्ञान एवं तकनीकी मंत्री फवाद चौधरी की अपील पर लोगों से रिएक्शन लिया था। इसी दौरान हैदर नाम के युवा ने कहा कि ऐसा बिल्कुल होना चाहिए। इससे बच्चे सीखेंगे। इस पर जवाब सवाल पूछा गया कि फवाद चौधरी चंद्रयान-2 के समय इंडिया का मजाक बना रहे थे, तो हैदर ने कहा, “पॉलिटिशियन जो होता है न, जब ये हुकूमत में होते हैं तो कुछ और बयान होते हैं, जब हुकूमत से बाहर होते हैं तो कुछ और बोलते हैं। ये आपको पता है कि ये डबल स्टैंडर्ड लोग होते हैं, इनका एक ईमान नहीं होता।”

इसी वीडियो में एक युवक ने कहा कि इंडिया पाकिस्तान से 100 साल आगे चला गया है। अब हमें इंडिया से सीख लेना चाहिए, और तरक्की की राह पर बढ़ना चाहिए।

शोएब चौधरी के यूट्यूब पर भरा पड़ा है भारत से जुड़ा कंटेंट

शोएब चौधरी का यूट्यूब अकाउंट भारत को लेकर बनाए कंटेंट से भरा पड़ा है। ऐसा ही एक वीडियो उन्होंने भारत के विदेशी मुद्रा भंडार के पाकिस्तान से कई गुना ज्यादा होने पर बनाया था। इसमें उन्होंने भारत से पढ़कर पाकिस्तान आए युवाओं से बात की थी। उस वीडियो में भारत की प्रगति का उदाहरण देते हुए एक पाकिस्तानी युवक ने कहा कि हमारे देश के नेता हरामखोर हैं। कोई दिल से पाकिस्तान को पसंद नहीं करता। भले ही पाकिस्तानी ऊपर-ऊपर से बोलें कि आई लव पाकिस्तान।

उस युवा ने खुलकर बोलते हुए कहा कि भारत की तरक्की के पीछे बेशक भारत का एजुकेशन सिस्टम है। लेकिन हमारे देश के बच्चों को भारत से नफरत करना सिखाया जाता है। यही वजह है कि देश आतंकवाद की ओर जा रहा है। हमारे देश के नेता हरामखोर हैं जो देश के आर्थिक हालात के लिए जिम्मेदार हैं।

दिल्ली एयरपोर्ट पर महिला पायलट ने बचाई 300 जान, एक ही रनवे पर आमने-सामने थे दो विमान: उड़ने और लैंड करने की एक साथ दे दी थी अनुमति

दिल्ली एयरपोर्ट पर बुधवार (23 अगस्त, 2023) को उस समय हड़कंप मच गया जब एक ही एयरलाइंस की दो फ्लाइटों को एक ही समय पर उड़ान और लैंडिंग की अनुमति दे दी गई। हालाँकि, समय रहते ही  कंट्रोल रूम के एक्शन से बड़ा हादसा टल गया।

क्या है पूरा मामला 

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार को विस्तारा एयरलाइंस की एक फ्लाइट को लैंड होने की एटीसी (एयर ट्रैफिक कण्ट्रोल) से अनुमति मिली, उसी समय विस्तारा की एक अन्य फ्लाइट को भी उड़ान भरने के लिए अनुमति दे दी गई। दरअसल, दिल्ली से बागडोगरा की फ्लाइट यूके-725 हाल ही में उद्घाटन किए गए नए रनवे से उड़ान भर रही थी। ठीक उसी समय अहमदाबाद से दिल्ली की विस्तारा फ्लाइट बगल वाले रनवे पर उतरने के बाद उसी रनवे के आखिरी छोर की ओर बढ़ रही थी। ऐसे में यदि सही समय पर सही निर्णय नहीं लिया गया होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। दोनों उड़ानों में चालक दल के सदस्यों सहित कुल लगभग 300 यात्री सवार थे।

इस हादसे को एक महिला पायलट की सतर्कता ने बचा लिया। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने कहा कि रनवे पार कर रहे अहमदाबाद से दिल्ली जाने वाली विस्तारा फ्लाइट की एक सतर्क पायलट ने तुरंत इस खतरे को पहचान लिया और ATC की मदद से कैप्टन सोनू गिल ने सैकड़ों लोगों की जान बचाई।

रिपोर्ट के अनुसार, जब एटीसी को स्थिति के बारे में चेतावनी मिली तो दोनों विमान 2 किलोमीटर से भी कम दूरी पर थे। अगर उड़ान भरने वाली फ्लाइट सही समय पर नहीं रुकती तो देश के सबसे व्यस्त एयरपोर्ट पर एक बड़ा हादसा हो जाता। 

एटीसी की सतर्कता से टला हादसा

मामले की जानकारी रखने वाले एक अधिकारी ने एएनआई को बताया, “दोनों फ्लाइट को एक ही समय में अनुमति दी गई थी लेकिन एटीसी ने तुरंत नियंत्रण ले लिया। ड्यूटी पर तैनात एटीसी (एयर ट्रैफिक कंट्रोल) अधिकारी ने विस्तारा की उड़ान को उड़ान रद्द करने के लिए कहा।” वहीं इस मामले में डीजीसीए ने एयर ट्रैफिक कंट्रोलर को ड्यूटी से हटा दिया है और मामले की जाँच शुरू कर दी गई है।

नूहं में अब ओसामा का एनकाउंटर, नल्हड़ मंदिर के पास लगाई थी आग: पैर में गोली लगने के बाद अस्पताल में चल रहा इलाज

हरियाणा के मेवात क्षेत्र में बृजमंडल यात्रा के दौरान 31 जुलाई 2023 को हुई नूहं हिंसा में शामिल रहे एक और आरोपित से पुलिस की मुठभेड़ हुई है। बुधवार (23 अगस्त 2023) को हुई इस मुठभेड़ के बाद आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। पकड़े गए आरोपित का नाम ओसामा उर्फ पहलवान है। उसके पैर में गोली लगी है। ओसामा पर हिंसा के दौरान नल्हड मंदिर के आसपास आगजनी में शामिल होने का आरोप है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नूहं हिंसा के दौरान आरोपित ओसामा भी उस भीड़ में शामिल था, जिसने नल्हड मंदिर के पास श्रद्धालुओं के वाहनों में आगजनी की थी। घटना के बाद से ओसामा फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही थी। 23 अगस्त (बुधवार) को पुलिस को ओसामा की लोकेशन मिली।

पुलिस ने अपना जाल बिछाया तो आरोपित अपने गाँव फ़िरोज़पुर नमक से आली मेव जाता दिखा। उजीना नहर नाले के पास पुलिस ने ओसामा को घेरा तो उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की तो ओसामा के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने ओसामा को गिरफ्तार करके फ़ौरन नल्हड मेडिकल अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उसका इलाज चल रहा है।

तलाशी के दौरान आरोपित के पास से एक अवैध देशी तमंचा, एक खाली राउंड और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस टीम का नेतृत्व प्रभारी साइबर क्राइम थाना नूहं इंस्पेक्टर विमल कुमार कर रहे थे। इसी साइबर क्राइम थाने में दंगाइयों ने तोड़फोड़ और आगजनी की थी।

बताते चलें की नूहं हिंसा के बाद आरोपितों को पकड़ने के लिए अभियान चला रही हरियाणा पुलिस की 2 हफ़्तों के अंदर यह तीसरी मुठभेड़ है। इससे पहले 10 अगस्त को पुलिस की नूहं हिंसा में आरोपित मुनसैद और सैकुल से मुठभेड़ हुई थी। दोनों की गिरफ्तारी के दौरान हुई इस मुठभेड़ में एक आरोपित को गोली लगी थी।

इसके अलावा, सोमवार (21 अगस्त 2023) को नूहं हिंसा के आरोपित आमिर की पुलिस से मुठभेड़ हुई थी। घटनास्थल तावड़ू में अरावली की पहाड़ियों के बीच सीलखो पहाड़ में बना एक खंडहर था, जहाँ आमिर छिपा हुआ था। आमिर ने पुलिस को देखते ही गोली चला दी थी, जिसकी जवाबी कार्रवाई में उसे भी गोली लगी थी।

भोपाल में सीरियल ब्लास्ट का था ISIS का प्लान, रानी कमलापति रेलवे स्टेशन था टारगेट: NIA के सामने आतंकी कासिफ खान ने उगले कई राज

राष्ट्रीय जाँच एजेंसी (NIA) द्वारा रविवार (20 अगस्त 2023) को गिरफ्तार किए गे आतंकी कासिफ खान ने पूछताछ में कई बड़े खुलासे किए हैं। आरोपित ने बताया कि भोपाल में बम विस्फोट की साजिश थी। इसके साथ ही, कासिफ को पूरे मध्य प्रदेश में ISIS का नेटवर्क खड़ा करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। कासिफ न सिर्फ सोशल मीडिया पर कट्टरपंथ का प्रचार कर रहा था, बल्कि वो जंगलों में हथियारों की ट्रेनिंग भी दे रहा था। फिलहाल आरोपित रिमांड पर है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कासिफ के निशाने पर भोपाल का रानी कमलापति रेलवे स्टेशन था। ज्यादा से ज्यादा नुकसान पहुँचाने के लिए वह भोपाल में भीड़भाड़ वाली अन्य जगहों को भी निशाना बनाने की फिराक में था। कासिफ ने अपने मंसूबों को अंजाम देने के लिए भोपाल के कई व्यस्त इलाकों की रेकी की थी। वह मुस्लिम युवाओं की भर्ती के लिए ‘दावा’ (सभा) का आयोजन करता था और उनका ब्रेनवॉश करता था। 

अंतर्राष्ट्रीय आतंकी संगठन ISIS की विचारधारा से संक्रमित हो चुके कासिफ ने मध्य प्रदेश में इसके नेटवर्क को खड़ा करने की काफी कोशिश की। इसके लिए उसने सोशल मीडिया के तमाम प्लेटफॉर्म का प्रयोग किया। उसने कई मुस्लिम युवाओं को जोड़ा भी, जिनकी जानकारी खँगालने में NIA लगी हुई है। कासिफ ने आतंकी विचारधारा से जुड़ चुके युवाओं को हथियारों की ट्रेनिंग भी दिलवाई।

ये ट्रेनिंग भोपाल के पास मौजूद देलाबाड़ी के जंगलों में कई बार हुई थी। इस ट्रेनिंग के दौरान कई घातक हथियार चलाना सिखाए गए। नए ट्रेनिंग सेंटर के तौर पर कासिफ को भोपाल-विदिशा रोड पर किसी जगह की तलाश थी। कासिफ ने ISIS से जुडी आतंकी गतिविधियों को चलाने के लिए पैसे जुटाने का भी प्रयास किया था।

बताते चलें कि इसी साल मई माह में NIA ने जबलपुर से मोहम्मद आदिल खान, सैयद मामूर अली और मोहम्मद शाहिद को गिरफ्तार किया था। इन सभी पर ISIS के जबलपुर मॉड्यूल से जुड़े होने का आरोप है। NIA ने तीनों से हुई पूछताछ के बाद कासिफ पर नजर रखनी शुरू कर दी थी। आखिरकार कासिफ को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया। विस्तृत पूछताछ के लिए कासिफ का जबलपुर कोर्ट से रिमांड स्वीकृत करवाया गया है।

पहली बीवी के रहते दूसरी शादी की तो नहीं जाएगी सरकारी नौकरी, इलाहाबाद हाई कोर्ट ने बहाली का दिया आदेश

पहली पत्नी के रहते हुए दूसरी शादी करने पर भी सरकारी कर्मचारी को नौकरी से बर्खास्त नहीं किया जा सकता है। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने एक फैसले में यह कहा है। साथ ही दूसरी शादी पर बर्खास्त किए गए कर्मचारी को बहाल करने का आदेश दिया है।

11 अगस्त 2023 को सुनवाई के दौरान अदालत ने उत्तर प्रदेश सरकार की नियमावली का भी हवाला दिया जिसमें ऐसे कर्मचारियों के लिए मामूली सजा का ही प्रावधान है। लाइव लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक बरेली जिला विकास अधिकारी ऑफिस में अप्रैल 1999 से तैनात स्टाफ प्रभात भटनागर ने अपनी बर्खास्तगी को हाई कोर्ट में चुनौती दी थी। मामले की सुनवाई जस्टिस क्षितिज शैलेन्द्र की अदालत में हुई।

भटनागर की पहली शादी 24 नवंबर 1999 को हुई थी। बाद में उन पर एक महिला सहकर्मी से दूसरी शादी का आरोप लगा। आरोप प्रभात की पहली पत्नी ने लगाए थे। सबूत के तौर पर उसने जमीन के वे पेपर दिए थे जिसमें भटनागर ने महिला सहकर्मी को अपनी पत्नी बताया था।

इसके बाद विभागीय कार्रवाई करते हुए भटनागर के प्रमोशन पर रोक लगा दी गई। नोटिस का जवाब देते हुए भटनागर ने आरोपों से इनकार किया था। लेकिन जवाब से संतुष्ट नहीं होने के बाद उसे जुलाई 2005 में नौकरी से निकाल दिया गया। बर्खास्तगी के खिलाफ अपील पर भी विभाग ने सुनवाई नहीं की, जबकि उस महिला सहकर्मी पर कोई कार्रवाई नहीं की गई जिससे दूसरी शादी का उस पर आरोप लगा था।

हाई कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि बर्खास्तगी का आदेश देने वाले अधिकारी भटनागर की दूसरी शादी के कोई ठोस सबूत नहीं दे पाए। अदालत के मुताबिक हिन्दू विवाह अधिनियम 1955 के तहत दोषी ठहराने के लिए भी विभाग द्वारा पेश सबूत नाकाफी थे। न्यायाधीश ने बिना आधिकारिक अनुमति के दूसरी शादी करने वाले सरकारी कर्मचारियों के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की नियामवली 1956 के रूल नंबर 29 का हवाला दिया। इस नियमावली में 3 साल की सजा का प्रावधान है। हालाँकि ये सजा भी दूसरी शादी के ठोस सबूत होने के बाद ही दी जाती है।

अदालत ने एक ही आरोप में प्रभात भटनागर को बर्खास्त करने और महिला सहकर्मी पर नरमी को लेकर भी सवाल खड़े किए। अदालत ने बर्खास्तगी को अनुचित मानते हुए भटनागर को बहाल करने और पुराने सभी आर्थिक लाभ जोड़ कर देने का आदेश दिया।

‘आदिपुरुष’ से भी कम पैसे में चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुँचा है भारत: लैंडर विक्रम से अलग होकर सैर कर रहा रोवर प्रज्ञान, जानिए क्या-क्या बताएगा

14 जुलाई 2023 को अपने मिशन पर निकला चंद्रयान-3 (Chandrayaan-3 Moon Mission) 23 अगस्त की शाम 6 बजकर 4 मिनट पर चंद्रमा पर पहुँच गया। लैंडिंग के करीब ढाई घंटे बाद लैंडर विक्रम से रोवर प्रज्ञान बाहर निकला और चंद्रमा पर सैर शुरू की। अब अगले 14 दिनों तक यह चंद्रमा की पानी-मिट्टी की जानकारी जुटाएगा।

चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुँचने वाला भारत पहला देश है। भारतीय अंतरिक्ष संगठन अनुसंधान (ISRO) का चंद्रयान-3 दुनिया का सबसे किफायती अंतरिक्ष मिशन है। इसके लिए दुनिया भर में इसरो की वाहवाही हो रही है। इसरो के मुताबिक, चंद्रयान-3 मिशन का बजट 615 करोड़ रुपए है, जबकि ‘आदिपुरुष’ का बजट 700 करोड़ रुपए था।

इस मिशन के 615 करोड़ रुपए के बजट में से 250 करोड़ रुपए रोवर, लैंडर और प्रपलशन मॉड्यूल (Propulsion Module), 365 करोड़ लॉन्चिंग के लिए इस्तेमाल हुआ। प्रोजेक्ट के लिए शुरुआती फंड महज 75 करोड़ रुपए का था। इसमें से 60 करोड़ रुपए मशीन और उपकरणों और 15 करोड़ रुपए रेवन्यू हेड के लिए खर्च किए गए थे।

चाँद की सतह पर उतरकर लैंडर विक्रम ने इसरो के मिशन संचालन परिसर यानी एमओएक्स MOX-ISTRAC से संचार लिंक स्थापित किया। इसरो ने चाँद की धरती पर नीचे उतरते वक्त ली गई लैंडर की हॉरिजॉन्टल वेलोसिटी कैमरे की तस्वीरें भी पोस्ट की है।

अब क्या करेंगे लैंडर विक्रम और रोवर प्रज्ञान

चंद्रयान-3 के लैंडर विक्रम से रोवर प्रज्ञान के साउथ पोल की सतह पर कदम रखते ही असली मिशन शुरू हो गया है। ये दोनों अब चंद्रमा की सतह पर मौजूद पानी, खनिज, मिट्टी का अध्ययन करेंगे। डाटा धरती पर भेजेंगे, जिसका वैज्ञानिक विश्लेषण करेंगे।

रिपोर्ट के अनुसार चंद्रमा पर चंद्रयान-3 एक लूनर यानी 14 दिन सक्रिय रहेगा। उल्लेखनीय है कि चंद्रमा का एक दिन धरती के 14 दिन के बराबर होता है। लैंडर और रोवर सौलर पावर से काम करते हैं। कुछ वैज्ञानिकों का मानना है इसके कारण वे एक ​अतिरिक्त लूनर तक काम कर सकते हैं।

दरअसल चंद्रमा पर बर्फ के रूप में मौजूद पानी (lunar Water Ice) चंद्रमा के सबसे मूल्यवान संसाधनों में से एक है। माना जाता है कि चंद्रमा के क्रेटर्स (बड़े-बड़े गड्ढे) में लाखों-करोड़ों वर्ष से पानी मौजूद है। वैज्ञानिकों को उम्मीद है कि इससे चंद्र ज्वालामुखियों, पृथ्वी पर गिरने वाले धूमकेतुओं और क्षुद्रग्रहों तथा महासागरों की उत्पत्ति का रिकॉर्ड मिल सकती है।

अमिट रहेंगे अशोक स्तंभ और इसरो के निशान

इसरो ने रोवर प्रज्ञान के पहियों पर इसरो का लोगो और अशोक स्तंभ के निशान बनाए हैं। ये जैसे-जैसे चाँद के दक्षिणी ध्रुव पर टहलेगा वैसे-वैसे वहाँ की जमीन पर इसरो और अशोक स्तंभ के निशान भी छपते चले जाएँगे। यानी 14 दिनों में यहाँ की सतह पर रोवर प्रज्ञान जहाँ भी चलेगा, वहाँ हर जगह भारत की छाप होगी।

इसरो ने इस बारे में चंद्रयान-3 की सॉफ्ट लैंडिग से पहले बताया था। चंद्रयान-3 के चाँद पर पहुँचने के बाद लैंडर विक्रम से निकलकर रोवर प्रज्ञान ने चाँद पर चहलकदमी की। इसकी जानकारी देते हुए इसरो ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा है, “मेड इन इंडिया, मेड फॉर मून। सीएच-3 रोवर लैंडर से नीचे उतरा, भारत ने की चाँद की सैर!”

नासा के प्रशासक बिल नेल्सन ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा है, “चंद्रयान-3 की चाँद के दक्षिणी ध्रुव पर कामयाब लैंडिंग के लिए इसरो और भारत को बधाई। भारत चंद्रमा पर अंतरिक्ष यान की सफलतापूर्वक सॉफ्ट-लैंडिंग करने वाला चौथा देश बन गया है। हमें इस मिशन में आपका भागीदार बनकर खुशी हो रही है।”

यूरोपियन स्पेस एजेंसी के महानिदेशक जोसेफ एशबैकर ने लिखा है, “अविश्वसनीय, चंद्रयान-3 की सफलता के लिए इसरो और भारत के सभी लोगों को बधाई।”

‘भारत और मानवता के लिए महान दिन’

इसरो के पूर्व वैज्ञानिक नंबी नारायण ने इसे इसरो, भारत और मानवता के लिए महान दिन बताया है। उन्होंने कहा है, “हमने जो हासिल किया है वह अविश्वसनीय है। अविश्वसनीय से मेरा मतलब है कि जिस तरह का बजट हमारे पास था, दूसरे दायित्व हमारे पास थे और एक विफलता (चंद्रयान-2 मिशन) मिली थी, जिसने हमें बहुत बड़ी मुश्किल में डाला दिया था।”

उन्होंने आगे कहा कि इसके बाद भी हमने ये उपलब्धि हासिल की। उन्होंने कहा कि यह लक्ष्य इसलिए हासिल हुआ, क्योंकि चंद्रयान-2 की हर विफलता पर ध्यान दिया गया और उसे सुधारा गया। यही वजह रही की चंद्रयान-3 की लॉन्चिंग से पहले ही सबको इसकी कामयाबी का भरोसा था।