Home Blog Page 1961

‘सत्येंद्र, सिसोदिया, केजरीवाल…शराब घोटाले के तीन दलाल’ : राजघाट पर BJP का मौन प्रदर्शन, दिल्ली CM से माँग रहे इस्तीफा

शराब घोटाला मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ आज राजघाट पर भारतीय जनता पार्टी के कुछ नेता मौन प्रदर्शन कर रहे हैं। इस धरने पर बैठे लोगों के हाथ में कई पोस्टर हैं। जिनमें केजरीवाल, सिसोदिया और सत्येंद्र जैन का नाम लिखा गया है।

धरने के बैनर पर पीछे देख सकते हैं कि लिखा है- “शराब घोटाले के सरगना केजरीवाल इस्तीफा दो। दिल्ली के भ्रष्ट मुख्यमंत्री की सदबुद्धि के लिए मौन व्रत।”

इसके अलावा नेताओं ने जो हाथ में पोस्टर लिए हैं उन पर लिखा है- “केजरीवाल के दो मंत्री गए जेल। केजरीवाल इस्तीफा दो-इस्तीफा दो।”, एक पर लिखा है- “दिल्ली सरकार घोटाले का खेल, मनीष सिसोदिया चले जेल।”, “शराब घोटाले के तीन दलाल, सत्येंद्र, सिसोदिया और केजरीवाल”, “गली-गली में शोर है, सिसोदिया चोर है।”

इस मौन प्रदर्शन में शामिल नेता लगातार धरने की तस्वीरें साझा कर रहे हैं। उनका कहना है, “भ्रष्टाचारी केजरीवाल के इस्तीफे तक भाजपा का संघर्ष जारी रहेगा। भ्रष्टाचारी केजरीवाल इस्तीफा दो!”

सुकेश चंद्रशेखर ने लिया केजरीवाल का नाम

गौरतलब है कि मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद से शराब घोटाला मामले में अरविंद केजरीवाल से भी इस्तीफा माँगा जा रहा है। पिछले दिनों जेल में बंद सुकेश चंद्रशेखर ने भी केजरीवाल को लेकर दावा किया था कि अब अगला नंबर केजरीवाल का आएगा। सुकेश ने कहा था, “मैंने यह लिखित में दिया है कि मैं उनके कितने करीब रहा हूँ और मैं उनमें से हर एक को बेनकाब करने जा रहा हूँ। अरविंद केजरीवाल किंगपिन हैं। वह ‘वजीर’ हैं और उन्हें बहुत जल्द पकड़ लिया जाएगा…मैं उनके साथ चार अलग-अलग मामलों में शामिल था, लेकिन शराब घोटाले में नहीं।”

‘5 साल संबंध में रहने के बाद ये नहीं कह सकते कि मर्जी के खिलाफ था’: HC ने बलात्कार का मामला रद्द किया, पूर्व प्रेमिका ने दर्ज कराई थी FIR

कर्नाटक हाई कोर्ट ने एक महिला द्वारा युवक पर लगाए गए बलात्कार के आरोपों को यह कहते खारिज कर दिया कि 5 साल तक संबंध में रहने के कारण यह नहीं कहा जा सकता कि पुरुष ने महिला की मर्जी के खिलाफ संबंध बनाए हैं। महिला ने अपने पूर्व प्रेमी पर शादी का झाँसा देकर 5 तक यौन शोषण करने का आरोप लगाया था।

कर्नाटक हाई कोर्ट के जस्टिस एम नागप्रसन्ना ने मामले की सुनवाई करते हुए अपने फैसले में कहा है, “इस मामले में यौन संबंध बनाने के लिए सहमति लेनी की बात एक बार, दो बार, तीन बार या फिर कुछ दिन और कुछ महीनों के लिए नहीं है। बल्कि दोनों आपस में प्यार करते थे, इसलिए पाँच साल तक संबंध बनाए गए हैं। इसलिए यह नहीं कहा जा सकता कि पाँच साल तक पुरुष ने महिला की मर्जी के खिलाफ उसके साथ संबंध बनाए हैं।”

कोर्ट ने यह भी कहा है कि इतने लंबे समय किसी रिश्ते में रहना और इस दौरान दोनों के बीच बने संबंध के चलते इसे IPC की धारा 375 और 376 के तहत अपराध नहीं माना जा सकता। IPC की धारा 375 के अनुसार महिला की सहमति के बिना यौन संबंधों को बलात्कार माना जाता है। वहीं, धारा 376 में बलात्कार के लिए सजा का प्रावधान है।

क्या है मामला

दरअसल, बेंगलुरु में रहने वाले एक युवक पर उसकी पूर्व प्रेमिका ने शादी का झाँसा देकर पाँच साल तक यौन शोषण करने का आरोप लगाया था। महिला ने अपनी शिकायत में कहा था कि युवक ने उससे शादी करने के लिए कहा था। इसके बाद उसके साथ यौन संबंध बनाए और अब शादी करने से इनकार कर रहा है। इसलिए यह बलात्कार की श्रेणी में आता है।

महिला की शिकायत के आधार पर युवक के खिलाफ निचली अदालत में कार्रवाई शुरू हो गई थी। इसलिए युवक ने उस कार्रवाई को कर्नाटक हाई कोर्ट में चुनौती देते हुए याचिका दायर की थी। अपनी याचिका में युवक ने कहा था कि वह और उसकी प्रेमिका 5 साल से प्यार में थे और शादी करना चाहते थे। हालाँकि दोनों की जाति अलग होने के कारण शादी नहीं हो सकी।

कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद कहा कि दोनों एक दूसरे को 12 साल से जानते हैं और 5 साल तक प्यार में थे। अदालत ने आगे कहा है, “शिकायत में दर्ज बयान और कोर्ट में दिए गए बयान, अगर एक साथ पढ़े जाएँ तो स्पष्ट रूप से जो बात सामने आएगी, वह यह है कि दोनों लंबे समय से एक दूसरे को जानते थे और प्यार में थे। बीते वर्षों में दोनों ने कई बार शारीरिक संबंध बनाए। बयान में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि पुरुष ने महिला से शादी करने के लिए कई बार वादे किए। दोनों का परिवार एक-दूसरे को जानता था। शादी की बातें हुईं, लेकिन असफल रहीं।”

कौन है ‘इंडियन’ जय शेट्टी… जिससे ऑस्कर अवार्ड 2022 के हीरो विल स्मिथ गए मिलने

साल 2022 के ऑस्कर अवार्ड (Oscar Award) में कॉमेडियन क्रिस रॉक को थप्पड़ मारने के बाद अमेरिकी अभिनेता विल स्मिथ (Will Smith) को अवार्ड समारोह से 10 साल के लिए बैन किया गया था। इसलिए वह इस साल के ऑस्कर अवार्ड में नहीं पहुँचे। इस खाली समय में विल स्मिथ अपने परिवार के साथ लाइफ कोच जय शेट्टी से मिलने पहुँचे हैं।

जय शेट्टी ने इस मुलाकात की तस्वीर अपने इंस्टाग्राम पर शेयर की है। इसमें विल स्मिथ अपनी पत्नी जाडा तथा गैमी नॉरिस और अमेरिकन एक्ट्रेस लॉरेन लंदन और लाइफ कोच जय शेट्टी के साथ पोज देते नजर आ रहे हैं। इस फोटो को शेयर करते हुए जय शेट्टी ने कहा है कि इस शो में समर्थन करने आए दोस्तों के वह बहुत आभारी हैं। अपने शहर में आयोजित इस शो में आने के लिए भी वह लोगों का धन्यवाद करना चाहते हैं।

क्यों बैन हुए विल स्मिथ

दरअसल, साल 2022 के ऑस्कर अवार्ड में क्रिस रॉक ने विल स्मिथ की पत्नी जाडा पिंकेट स्मिथ का मजाक उड़ाया था। जाडा बीते कई सालों से ‘एलोपेसिया’ नामक बीमारी से जूझ रहीं हैं। क्रिस ने जाडा के गंजेपन का मजाक उड़ाते हुए उनकी तुलना जीआई जेन 2 की थी। इसके बाद विल स्मिथ ने मंच पर जाकर अवार्ड समारोह में ही क्रिस रॉक को थप्पड़ जड़ दिया था। इसके बाद अवार्ड आयोजित करने वाली समिति ने उन्हें पूरे एक दशक यानी 10 साल के लिए बैन कर दिया था।

कौन हैं जय शेट्टी?

जय शेट्टी भारतीय मूल के ब्रिटिश नागरिक हैं। गुजराती माँ और साउथ इंडियन पिता की संतान जय लंदन में पले बढ़े हैं। बिजनेस स्कूलिंग के दौरान, जय शेट्टी की मुलाकात बौद्ध भिक्षु गौरांग दास से हुई। गौरांग को उनके स्कूल में लाइफ स्टाइल ओर बोलने के बुलाया गया था। उनके व्याख्यान और मुलाकात से प्रभावित होकर जय शेट्टी ने उनके कुछ अन्य व्याख्यानों में भाग लिया। इसके बाद वह 4 साल तक भारत में रहे। इस दौरान उन्होंने इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्ण कॉन्शसनेस में प्रशिक्षण प्राप्त किया। इसके बाद मुंबई के आश्रम में वैदिक भिक्षुओं की तरह रहे।

इसके बाद वह वापस ब्रिटेन लौट गए फिर उन्होंने डिजिटल मीडिया कोच के रूप में काम किया। इसी दौरान अमेरिकन लेखक और व्यवसायी एरियाना हफिंगटन उनके वीडियो देखकर प्रभावित हो गईं। फिर उन्होंने जय से ‘मानवीय’ रिश्तों को लेकर वीडियो बनाने के लिए कहा। इससे उनकी फील्ड पूरी तरह बदल गई। इस दौरान उन्होंने कई मशहूर हस्तियों के इंटरव्यू लिए।

साल 2016 में उन्हें आईटीवी एशियन मीडिया अवार्ड और साल 2018 में स्ट्रीमी मीडिया अवार्ड से सम्मानित किया गया। इसके बाद उन्होंने साल 2019 में ‘ऑन पर्पस’ नामक पॉडकास्ट लॉन्च किया। यह पॉडकास्ट साल भर में ही दुनिया नंबर वन पॉडकास्ट बन गया। इस पॉडकास्ट में वह लोगों की रिलेशनशिप और डेटिंग को लेकर बातचीत करते हैं। साथ ही, श्रोताओं के सवालों का जवाब देते हैं। इस पॉडकास्ट की सफलता के बाद वह लाइफ कोच के रूप में सामने आए। इसी साल उनकी पुस्तक ‘8 रूल्स ऑफ लव’ प्रकाशित हुई है। यह पुस्तक बेस्ट सेलर साबित हुई। फिलहाल, जय शेट्टी अपने ‘वर्ल्ड टूर’ पर हैं और इस दौरान वह ‘लव रूल्स’ नामक शो कर रहे हैं। उनके इस शो में कई मशहूर हस्तियाँ भी शामिल होतीं हैं।

बिहार में चुम्मा लेकर भाग गया बदमाश, फोन पर बात कर रही थी महिला: वीडियो वायरल, पुलिस कर रही जाँच

सोशल मीडिया पर बिहार के जमुई जिले का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक बदमाश एक महिला को जबरन किस (Kiss) कर रहा है। महिला की पहचान स्वास्थ्य विभाग में तैनात एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के तौर पर हुई है। वीडियो में दिख रहे बदमाश की पहचान अभी नहीं हो पाई है। घटना सोमवार (13 मार्च, 2023) की है। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर के जाँच शुरू कर दी है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीड़िता जमुई के सदर अस्पताल में साल 2015 से कार्यरत है। घटना के दिन वह अस्पताल के खुले कैम्पस में फोन पर किसी से बात कर रही थी। इस दौरान एक अज्ञात आरोपित दीवार कूद कर अस्पताल के अंदर घुस गया। यहाँ पहुँच कर उसने पीड़िता को जबरन किस करना शुरू कर दिया। इस अचानक हुई हरकत से पीड़िता चौंक गई और खुद को छुड़ाने की कोशिश करने लगी। महिला के शोर मचाने पर बदमाश दीवार फाँद कर भाग गया। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

आरोपित ने लाल रंग की शर्ट और नीली जींस पहन रखी थी। पीड़िता ने खुद कैमरे पर आ कर पूरी घटना को बताया। महिला के मुताबिक, उसके शोर मचाने पर जब अस्पताल के अन्य स्टाफ आने लगे तब बदमाश वहाँ से भाग गया था। आगे की कार्रवाई प्रशासन की जिम्मेदारी बताते हुए पीड़िता ने FIR दर्ज करवा देने की जानकारी दी। पीड़िता ने अस्पताल की बॉउंड्री काफी नीची होने की जानकारी देते हुए उस जगह को महिलाओं के लिए असुरक्षित बताया है।

महिला ने अस्पताल की बॉउंड्री पर काँटे की बाड़ लगाने की माँग की है। उन्होंने कहा, “मैंने उसका क्या बिगड़ा था। उस उसने मुझे निशाना क्यों बनाया।” वहीं इस मामले में जमुई के पुलिस अधिकारी एसडीपीओ डॉ राकेश कुमार का कहना है कि FIR दर्ज कर के CCTV फुटेज के आधार पर अज्ञात बदमाश की तलाश की जा रही है। हालाँकि, पुलिस अधिकारी ने इसे पहला मामला बताते हुए महिलाओं की असुरक्षा के आरोपों को नकार दिया।

अब पादरी कर सकेंगे सेक्स, पोप फ्रांसिस अपने ही बयान से पलटे, बोले- 1000 साल पुराने नियमों की समीक्षा करेंगे

ईसाइयों के पॉप फ्रांसिस ने पादरियों के लिए बनाए गए नियम ‘सेक्स पर प्रतिबंध’ को अस्थाई बताया है। उनके मुताबिक चर्च के पादरियों को शादी करने में कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। पोप ने कहा कि पादरियों को सेक्स करने से रोकने वाले चर्च के पुराने हो चले नियमों की समीक्षा की जाएगी। 86 साल के पोप फ्रांसिस का यह बयान चर्च में होने वाली बाल शोषण जैसी घटनाओं पर पादरियों की हो रही आलोचना के बाद आया है। उन्होंने चर्चों से भी नियमों में बदलाव की चर्चा का स्वागत करने की अपील की है।

डेलीमेल के अनुसार पोप फ्रांसिस ने यह बयान अर्जेन्टीना के अख़बार इंफोबे से बातचीत के दौरान दिया। पत्रकार ने पोप से जर्मनी के कैथोलिक चर्च द्वारा समलैंगिक विवाहों को मिल रही मान्यताओं और चर्चों में हो रही बच्चों के यौन शोषण की घटनाओं के बारे में सवाल किया था। पोप के अनुसार 11वीं सदी में पादरियों के लिए बनाए गए नियम अनंत काल के लिए नहीं बने थे। उन नियमों को पसंद करने या न करना पोप ने लोगों की अपनी इच्छा पर छोड़ दिया।

इसी बातचीत में उन्होंने सेक्स पर प्रतिबंध को एक अनुशासन बताया। पोप फ्रांसिस के मुताबिक 11वीं सदी में रोमन कैथोलिक चर्चों ने जो भी नियम चर्च के पादरियों के लिए बनाए थे वो सब उस समय की आर्थिक जरूरतों को ध्यान में रख कर बने थे। उनका मानना था कि बिना बाल-बच्चों का पादरी चर्च की भलाई पर अधिक ध्यान देगा। 11 वीं शताब्दी में रोमन कैथोलिक चर्च द्वारा ‘अविवाहित जीवन’ को केवल वित्तीय कारणों से एक आवश्यकता के रूप में पेश किया गया था, क्योंकि बच्चों के बिना पादरी चर्च को धन छोड़ने की अधिक संभावना रखते थे। उन्होंने आगे बताया कि पूर्वी चर्चों में अधिकतर पादरी विवाहित हैं। पोप के अनुसार दीक्षा से पहले भी विवाहित या कुँवारा रहने का विकल्प दिया जाता है।

तलाक के बढ़ रहे मामलों पर भी पोप फ्रांसिस ने अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि ऐसा युवाओं द्वारा जल्दबाजी में शादी कर लेने वाले निर्णय के चलते होता है। पोप फ्रांसिस का यह बयान उनके खुद के साल 2019 में दिए गए बयान का विरोधाभास है। तब पोप ने अविवाहित जीवन को एक उपहार बताते हुए चर्च के पादरियों को इसका पालन करने की नसीहत दी थी।

खाली थिएटरों से ₹1000 करोड़ की कमाई के लिए ‘पठान’ को ऑस्कर, कालजयी डायलॉग ‘शिवा-शिवा’ के लिए ‘ब्रह्मास्त्र’ को भी अवॉर्ड: अंतिम समय में फैसला

अब तक आपने ख़बरों में पढ़ ही लिया होगा कि SS राजामौली द्वारा निर्देशित तेलुगु फिल्म ‘RRR’ के गाने ‘नाटू नाटू’ को ऑस्कर अवॉर्ड मिला है। एकेडमी अवॉर्ड के मंच पर दिया गया संगीतकार एमएम कीरवानी की स्पीच भी वायरल हो रही है। केरल की एक कहानी ‘The Elephant Whisperers’ को भी सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री की श्रेणी में ऑस्कर मिला है। भारत के लिए ये गर्व का क्षण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बधाई दी है।

लेकिन, अब ताज़ा खबर ये आ रही है कि शाहरुख़ खान, जॉन अब्राहम और दीपिका पादुकोण की फिल्म ‘पठान’ को भी ऑस्कर अवॉर्ड से नवाजा गया है। साथ ही रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और अमिताभ बच्चन की मूवी ‘ब्रह्मास्त्र’ को भी ऑस्कर अवॉर्ड मिला है। अंतिम समय में ये फैसला लिया गया। इसके लिए अलग से कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। उसमें इन दोनों फिल्मों की टीम को बुला कर सम्मानित किया गया।

अब ये भी जान लीजिए कि इन दोनों ही फिल्मों को किस श्रेणी में ऑस्कर मिला है। दरअसल, ‘पठान’ को इसीलिए ऑस्कर मिला है क्योंकि इसने दिखा दिया है कि बिना दर्शकों के भी फिल्म को ब्लॉकबस्टर बनाया जा सकता है। आपने बिलकुल ठीक समझा, दर्शक अगर मूवी को देखने के लिए सिनेमा थिएटर न जाएँ फिर भी कमाई हो जाएगी। बॉलीवुड ने इसे संभव कर के दिखाया है। तभी, ‘पठान’ ने 1000 करोड़ रुपए कमा लिए।

देश भर के सिनेमाघरों से खाली थिएटरों की तस्वीरें आईं, वीडियोज आए। दक्षिण भारतीय भाषाओं (तमिल, तेलुगु, मलयालम) में ‘पठान’ ने अच्छा कारोबार नहीं किया। PVR जैसे थिएटर चेन के शेयरों का ग्राफ गिर गया। लेकिन, ‘पठान’ फिर भी ब्लॉकबस्टर हो गई। यानी, ‘KGF 2’ और ‘RRR’ जैसी फिल्मों ने कई भाषाओं में तगड़ा प्रमोशन और बड़ी भीड़ जुटा कर बेकार की मगजमारी की। फिल्म बिना दर्शकों के हजार करोड़ कमा सकती है, फिर इतनी मेहनत क्यों?

अब बात करते हैं ‘ब्रह्मास्त्र’ की, लेकिन उससे पहले इन कालजयी डायलॉग्स पर नजर डालिए:

  • मैं आग से जलता नहीं, कुछ रिश्ता है मेरा आग से, आग मुझे जलाती नहीं
  • कौन हो तुम, क्या हो तुम?
  • गुरुजी, शिवा उठ क्यों नहीं रहा है? – वो सो रहा है क्योंकि उसकी शक्तियाँ जाग रही हैं।
  • ब्रह्मास्त्र वो गोल-गोल पिज्जा जैसा।
  • तुम्हें अपने पॉवर ऑन करने के लिए अपने-आप को ऑन करना पड़ेगा।
  • अस्त्र को ऑन करने के लिए खुद को ऑन करना पड़ता है।
  • तुम्हें ऑन होने के लिए एक बटन की ज़रूरत है।
  • मेरी पॉवर्स का एक बटन है, वो अभी ऑफ है, उसे ऑन सच्चा प्यार ही कर सकता है और वो बटन है ईशा।
  • रोशनी एक लाइट है, लाइट वो रोशनी है, जो सबके अंधेरों से बड़ी है।
  • तू हाथी नहीं, तू गेंडा है।
  • तुम ‘ब्रह्मांश’ के मेंबर बन जाओ। मैं तुम्हें डीजे से ड्रैगन बना दूँगा।
  • गुरु जी, शिवा को दौरे पड़ रहे हैं, उसको सब नजर आ रहा है।
  • क्या हुआ शिवा? हुआ क्या शिवा? शिवा.. शिवा.. शिवा…
  • कुछ भी नहीं है शिवा, बस तुम्हारे प्यार में जल गई।
  • शिवा, तुम ठीक हो शिवा? शिवा.. शिवा.. शिवा…
  • ईशा मेरा बटन है।
    शिवा.. शिवा.. शिवा…
  • शिवा.. शिवा.. शिवा…
  • शिवा.. शिवा.. शिवा…

आपने बिलकुल ठीक समझा। इन्हीं कालजयी डायलॉग्स के लिए ‘ब्रह्मास्त्र’ को अवॉर्ड मिला है। इस फिल्म ने दुनिया को बताया है कि रोशनी, प्रकाश और लाइट में क्या-क्या अंतर है। इसने सिखाया है कि प्रेमी-प्रेमिका जब रोमांस करते हैं तो ‘ब्रह्मास्त्र’ की शक्ति फीकी पड़ जाती है। ‘ब्रह्मास्त्र’ की कमाई को लेकर भी तरह-तरह के दावे किए गए थे, फिर भी बॉलीवुड डूब रहा है। ऐसे कारनामों के लिए तो एक नहीं, हजार ऑस्कर बनते हैं।

गुप्त सूत्रों से पता चला है कि ऑस्कर वालों ने तो इन दोनों फिल्मों की टीम को यहाँ तक ऑफर दिया था कि वो उनके घर आकर कार्यक्रम आयोजित कर के अवॉर्ड दे देंगे, लेकिन दोनों फिल्मों के निर्माताओं ने बड़प्पन दिखाते हुए खुद हॉलीवुड जाकर अवॉर्ड लेने का फैसला लिया। ऑस्कर ने कहा है कि दोनों फिल्मों को नवाज कर एकेडमी अवॉर्ड्स का भी सिर गर्व से ऊँचा हो गया है। हालाँकि, बताया जा रहा है कि एक सीक्रेट कार्यक्रम में इन्हें अवॉर्ड्स दिए गए।

अब्दुल्ला की मौत के कारण कराची में उतरा दिल्ली का विमान: इंडिगो ने दुख जताया

दिल्ली से दोहा जा रही इंडिगो एयरलाइंस के विमान को पाकिस्तान के कराची में इमरजेंसी लैंडिंग करवानी पड़ी। यह लैंडिंग उड़ते विमान में 60 वर्षीय यात्री अब्दुल्ला की मौत के चलते हुई। मृत अब्दुल्ला नाइजीरिया का रहने वाला है, जिसकी मृत्यु रविवार (12 मार्च 2023) को हुई।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इंडिगो एयरलाइन्स के विमान संख्या 6E 1736 ने रविवार (12 मार्च 2023) को रात 10:05 पर दिल्ली के इंदिरा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से दोहा के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद प्लेन में बैठे 60 वर्षीय नाइजीरियाई नागरिक अब्दुल्ला की तबीयत खराब होने लगी। उन्होंने इसकी शिकायत विमान चालक दल से की। इस शिकायत पर जहाज को कराची की तरफ मोड़ दिया गया। पायलट ने जिन्ना अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से लैंडिंग की अनुमति माँगी।

पाकिस्तान के सिविल एविएशन विभाग ने कुछ ही देर में भारतीय विमान की इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति दे दी। रात लगभग 12:08 पर हुई इस इमरजेंसी लैंडिंग के बाद यात्री को उतारा गया। हालाँकि डॉक्टरों ने अब्दुल्ला को मृत घोषित कर दिया। अब्दुल्ला की मौत का प्रमाण पत्र सीएए और एनआईएच के डॉक्टरों ने जारी कर दिया है। इंडिगो एयरलाइन्स ने भी अपने एक आधिकारिक बयान में अब्दुल्ला की मृत्यु की पुष्टि करते हुए उनके प्रति शोक संवेदना प्रकट की है।

गौरतलब है कि भारतीय विमानों की पाकिस्तान में लैंडिंग का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 17 जुलाई 2022 को शारजाह से हैदराबाद आ रही इंडिगो एयरलाइंस की इंटरनेशनल फ्लाइट को तकनीकी खराबी के चलते पाकिस्तान के कराची में उतारना पड़ा था। बाद में खराबी को दूर कर के विमान को आगे बढ़ाया गया था। दूसरे मामले में 5 जुलाई 2022 को दिल्ली से दुबई जा रही स्पाइस जेट की फ्लाइट में तकनीकी खराबी आने के बाद उसकी लैंडिंग कराची एयरपोर्ट पर करवानी पड़ी थी। उस समय स्पाइस जेट विमान में कुल 150 यात्री सवार थे। पायलटों को विमान के ईंधन दिखाने वाले मीटर में गड़बड़ी लगी थी, तब उन्होंने विमान को कराची हवाई अड्डे पर उतारा था। इस दौरान सभी यात्री लगभग 2 घंटे तक एयरपोर्ट पर ही रहे थे। बाद में दूसरा विमान भेज कर यात्रियों को दुबई भेजा गया था।

WTC फाइनल में पहुँचा भारत, केन विलियम्सन को धन्यवाद कह रहे लोग: अब लंदन के ओवल में ऑस्ट्रेलिया से होगा सामना

भारत ‘वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC)’ के फाइनल में पहुँच गया है, जहाँ उसका सामना ऑस्ट्रेलिया से होगा। श्रीलंका के विरुद्ध केन विलियम्सन की पारी ने ये सुनिश्चित कर दिया कि भारत WTC फाइनल में पहुँचे। अगर न्यूजीलैंड ये मैच हार जाता तो भारत का WTC फाइनल में पहुँचने का सपना खत्म हो जाता। भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच चल रहा ‘बोर्ड गावस्कर ट्रॉफी (BGT 2023)’ का अंतिम और चौथा मैच भी ड्रॉ की तरफ बढ़ रहा है।

न्यूजीलैंड ने श्रीलंका के खिलाफ ये मैच तब जीता, जब उसके 2 विकेट ही बचे हुए थे। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे केन विलियम्सन ने 194 गेंदों पर 121 रनों की सधी हुई नाबाद पारी खेली। उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज 25 का आँकड़ा भी पार नहीं कर पाया। चौथी पारी में न्यूजीलैंड ने 8 विकेट पर 286 रन बना कर जीत दर्ज की। पिछली पारी में केन विलियम्सन का बल्ला नहीं चला था और वो मात्र 1 रन बना कर आउट हो गए।

अब ये साफ हो गया है कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत के मैच का अंतिम परिणाम जो भी निकले, भारत का WTC फाइनल खेलना तय है। पिछली बार न्यूजीलैंड टेस्ट चैंपियन बनी थी। इस बार भारत के लिए सुनहरा मौका है कि वो इस ख़िताब पर कब्ज़ा जमाए। विराट कोहली भी 28वें शतक के साथ फॉर्म में लौट चुके हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 186 रनों की पारी खेली। मुश्किल समय में खेली गई इस पारी में शतक पूरे करने तक उनके मात्र 5 चौके थे।

न्यूज़ीलैंड और श्रीलंका के बीच क्रिस्टचर्च में खेले गए इस मैच के बारे में बात करें तो ये खासा रोमांचक रहा। पहली पारी में श्रीलंका ने 355 रनों का स्कोर खड़ा किया था। कुशल मेंडिस ने 87 रनों की पारी खेली और करुणारत्ने ने भी अर्धशतक जमाया। साउदी को 5 विकेट मिले। दूसरी पारी में न्यूजीलैंड ने 373 रन बना कर हल्की लीड ली। डेरिल मिशेल ने शतक जमाया और लाथम ने अर्धशतक। तीसरी पारी में मैथ्यूज के शतक की बदौलत श्रीलंका ने 302 रन बनाए थे।

‘बदहवासी में भागेंगे… मुझे नहीं पता मैं कितनों को पीटूँगा’ : तमिलनाडु में हिंदी भाषियों को धमकाने वाले नेता पर FIR, वीडियो हुआ था वायरल

तमिलनाडु पुलिस ने हिंदी भाषियों को पिटाई की धमकी देने वाले NTK (नाम तमिझर काची) पार्टी के नेता सेंथमीजान सीमन पर FIR दर्ज की है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में सीमन ने हिंदी भाषी समुदाय को तमिलनाडु से भगाने का ऐलान किया था। इस वीडियो के वायरल होने के बाद सीमन की काफी आलोचना हो रही थी और उन पर कार्रवाई की माँग की जा रही थी। मिली जानकारी के मुताबिक सेंथमीजान सीमन पर इस मामले में एक केस 22 फरवरी 2023 को भी दर्ज हुआ था।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक NTK नेता सेंथमीजान सीमन ने यह आपत्तिजनक बयान 13 फरवरी 2023 को दिया था। तब उन्होंने इरोड (करुंगलपलायम) इलाके में एक जनसभा को सम्बोधित किया था। इस जनसभा में सीमन के बोल बिगड़ गए थे। एक भीड़ के आगे उन्होंने कहा था, “हिंदी भाषी लोग बदहवासी में अपना सामान पैक करके यहाँ से भागेंगे। मुझे नहीं पता कि मैं कितनों को पीटूँगा। एक हफ्ते के अंदर वे अपना सामान बाँध लेंगे।” इस बयान पर सीमन के खिलाफ इरोड थाने में IPC की धारा 153- बी, 505 (1)(C) और 506 के तहत केस दर्ज हुआ था।

अपने वीडियो में सीमन खुद को छू कर दिखाने का भी चैलेन्ज देते सुनाई दे रहे हैं। तमिलनाडु की सत्ताधारी पार्टी DMK के चुनावी रणनीतिकार रहे प्रशांत किशोर (Prashant Kishore) ने इस मामले को उठाया था। 45 सेकेंड के इस वीडियो को प्रशांत किशोर ने 10 मार्च 2023 को ट्वीट किया था। तब प्रशांत किशोर ने लिखा था कि फर्जी वीडियो शेयर करने के नाम पर तमिलनाडु पुलिस जो नियमानुसार कार्रवाई कर रही है क्या वही एक्शन हिंदी भाषियों के खिलाफ आपत्तिजनक बयानबाजी कर रहे सीमन के खिलाफ भी लिया जाएगा?

प्रशांत किशोर के अलावा कई अन्य नेटीजेंस भी सीमन पर कार्रवाई की माँग कर रहे थे। सीमन पर केस दर्ज होने के बाद प्रशांत किशोर ने ख़ुशी जताई है। उन्होंने खबर का लिंक ट्वीट कर के तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन को धन्यवाद दिया है।

बता दें कि तमिलनाडु में हिंदी भाषी मजदूरों को धमकी देने वाले पर एक्शन के अलावा, हिंसा की खबर चलाने वाले कई लोगों पर तमिलनाडु पुलिस ने केस दर्ज किया है। तमिलनाडु की पुलिस हिंसा या हत्या की किसी भी बात को पूरी तरह नकार रही है।

प्यार में फँसा जनजातीय महिला को बेचना चाहता था शादीशुदा अरबाज, पोल खुली तो मार कर जलाया: हुआ गिरफ्तार, 2 लड़कियाँ चंगुल से छूटीं

झारखंड के साहिबगंज में 12 जनवरी 2022 को एक 26 वर्षीया जनजातीय महिला सुशीला हंसदा का जंगल में जला हुआ शव मिला था। किसी ने उसकी हत्या कर के लाश को जला कर फेंक दिया था। अब इस हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया कर दिया है। यह लव जिहाद का मामला निकला जिसमें शादीशुदा अरबाज़ ने मृतिका को बेचने की नीयत से प्रेम जाल में फँसाया था। जब महिला ने इसका विरोध किया तो अरबाज़ ने अपनी बीवी के साथ मिल कर सुशीला का कत्ल कर दिया। हत्या के बाद लाश को जला कर जंगल में ठिकाने लगा दिया गया। पुलिस ने अरबाज़ और उसकी बीवी के साथ इस कत्ल में शामिल एक अन्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मामला शिकारीपाड़ा थानाक्षेत्र के गाँव सुंदरा फलान का है। यहाँ के रहने वाले शादीशुदा अरबाज़ ने सोशल मीडिया के माध्यम से बरहेट थाना क्षेत्र के संजोरी गाँव की 26 वर्षीया जनजातीय महिला सुशीला हंसदा से दोस्ती की। कुछ दिनों की बातचीत में अरबाज़ ने सुशीला को शादी का झाँसा दे कर अपने पास बुलाया। 11 जनवरी को सुशीला अपने घर में दुमका में रहने वाली सहेली प्रमिला से मिलने की बात कह कर निकल गई। हालाँकि वह अरबाज़ के पास गई थी। शादीशुदा सुशीला एक बच्चे की माँ थी जो पारिवारिक कारणों से अपने पति से अलग रहती थी।

सुशीला अरबाज़ के घर पर रुकी। 12 जनवरी 2022 को सुशीला ने अरबाज़ को फोन पर किसी से बात करते सुना। फोन पर अरबाज़ 50 हजार रुपए में सुशीला का सौदा कर रहा था। सुशीला ने अरबाज़ से इस बात पर झगड़ा किया तो अरबाज़ ने अपनी बीवी रेहिना, प्रियंका मुर्मू और साहिल अंसारी नाम के एक साथी के साथ मिल कर सुशीला की हत्या कर दी। हत्या से पहले सुशीला के सिर पर लोहे की रॉड से हमला किया गया और बेहोशी की हालात में उसका गला दबा दिया गया। बाद में लाश को जंगल में फेंक कर आग लगा दी गई थी। 13 जनवरी 2023 को पुलिस ने सुशीला का शव भुगतानडीह के जंगल से बरामद किया था।

इस मामले में सुशीला के भाई जॉनस की तहरीर पर शिकारीपाड़ा थाने में केस दर्ज हुआ था। शिकायत में अरबाज़ नाम के आरोपित का जिक्र किया गया था। पुलिस ने जाँच शुरू की। जाँच में अरबाज़ और उसकी बीवी रेहिना की लोकेशन केरल में मिली। पुलिस ने दोनों को केरल से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अरबाज़ और उसकी बीवी के चंगुल से 2 लड़कियों को आज़ाद करवाया। इन दोनों को अरबाज़ ने केरल में बेच दिया था। पूछताछ में अरबाज़ के मानव तस्करी में संलिप्त होने की जानकारी मिली। बताया गया कि वह लड़कियों को प्यार के जाल में फँसा कर अलग-अलग जगह बेच दिया करता था। अरबाज़ द्वारा कुछ अन्य महिलाओं और जनजातीय लड़कियों को बरेली और दिल्ली में भी बेचने की जानकारी मिली है जिसकी पुलिस जाँच कर रही है। इन दोनों से हुई पूछताछ के आधार पर साहिल अंसारी और प्रियंका मुर्मू को भी पकड़ा गया है।