Home Blog Page 1964

हेलमेट-ग्लव्स उतार चेन निकाली, चूमा… 41 परियों बाद नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खत्म हुआ विराट कोहली के शतक का सूखा, लोग बोले – महाकाल का आशीर्वाद

ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे ‘बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी (BGT 2023)’ के चौथे व अंतिम मैच में विराट कोहली ने अपने शतक का इंतजार खत्म किया। विराट कोहली ने 141 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। उन्होंने 27वें से 28वें शतक तक पहुँचने के लिए बीच में 41 परियों का इंतजार किया। इससे पहले 11वें और 12वें शतक के बीच उन्होंने 11 परियाँ खेली थीं। इसी से समझ जाइए कि व्यक्तिगत स्तर पर भी उनके लिए इस टेस्ट सेंचुरी का कितना महत्व है।

सबसे खास बात ये रही कि इस बार विराट कोहली ने न तो शतक लगा कर दहाड़ लगाई और न ही आक्रामक जश्न मनाया। उन्होंने अपना हेलमेट व ग्लव्स उतारने के बाद अपने गले की एक चेन को चूमा और फिर उसे अपने हृदय से लगाया। फिर वो वापस बल्लेबाजी करने लग गए। विराट कोहली द्वारा सेलिब्रेशन का ये अंदाज़ लोगों को खासा पसंद आ रहा है। ये उनका दूसरा सबसे धीमा शतक है, लेकिन ये बड़े मौके पर आया है क्योंकि सामने ऑस्ट्रेलिया का 480 का स्कोर था। बताया जाता है कि इस चेन में वो अपने वेडिंग रिंग को लॉकेट की तरफ डाल कर पहनते हैं।

इस तरह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विराट कोहली के अब 16 शतक हो गए हैं। किसी भी विरोधी देश के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड फ़िलहाल सचिन तेंदुलकर का है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही 20 शतक ठोके थे। सोशल मीडिया में लोग ये भी कह रहे हैं कि विराट कोहली पर बाबा महाकाल की कृपा बरसी है। हाल ही में उन्होंने अपनी अभिनेत्री पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ उज्जैन में भगवान महाकालेश्वर का दर्शन किया था।

भारत के लिए ये मैच जीतना हर हाल में ज़रूरी है, अगर उसे ‘वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC 2023)’ के फाइनल में पहुँचना है मैच के ड्रॉ होने की स्थिति में भारत को अन्य देशों के मैचों के परिणामों भरोसे रहना पड़ेगा। बता दें कि विराट कोहली ने वृन्दावन स्थित ‘नीम करोली बाबा आश्रम’ जाकर दर्शन किया था। यहाँ से लौटते ही उन्होंने 45वाँ वनदे शतक जड़ दिया था। इसके बाद उन्होंने एक और शतक लगाया था। अब लोग विराट कोहली की मेहनत के अलावा उनकी भक्ति को भी इसका श्रेय दे रहे हैं।

महाझूठी, महामक्कार… इधर स्वाति मालीवाल ने पिता पर लगाया यौन शोषण का आरोप, उधर पूर्व पति का ट्वीट

दिल्ली महिला आयोग (DCW) की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल के पूर्व पति ने ट्विटर पर ट्वीट करके इशारों-इशारों में अपनी भड़ास निकाली है। उन्होंने ट्वीट पर बिना किसी का नाम लिए किसी के ऊपर ‘झूठ बोलने और मर चुके लोगों को घसीटने’ का आरोप लगाया। शनिवार (11 मार्च 2023) को नवीन जयहिंद ने अपने ट्वीट किए। नवीन का यह ट्वीट स्वाति मालीवाल द्वारा अपने स्वर्गीय पिता पर यौन शोषण का आरोप लगाने के कुछ घंटों बाद आया है।

नवीन जयहिंद आम आदमी पार्टी के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। अपने ट्वीट में उन्होंने इशारों में किसी को महाझूठी कह कर सम्बोधित किया। उन्होंने लिखा, “फ़िल्म का नया नाम होना चाहिए था- ‘तू महाझूठी मैं महामक्कार।’ जब आदमी मक्कार, मौकामार और मुर्दा हो जाता है तो वो मुर्दों पर ही वार करता है। आदमी में हरामीपन आ जाता है लोभ लालच तन मन पर छा जाता है तो वो ज़िंदा लोगो के कुकर्मों पर नही बोल पाता है। मुर्दों पर बोलके मर्द नहीं बनते घटिया।”

नवीन के इस ट्वीट में नेटीजंस उनसे स्वाति मालीवाल के बारे में सवाल और कमेंट करते दिखे। नवीन ने यह ट्वीट अपनी पूर्व पत्नी स्वाति मालीवाल द्वारा अपने स्वर्गीय पिता पर लगाए यौन शोषण के आरोपों के कुछ देर बाद किया है। कुछ समय बाद नवीन ने एक और ट्वीट किया है जिसे उनके पुराने ट्वीट से संबंधित बताया जा रहा है। इस दूसरे ट्वीट में स्वाति मालीवाल के पूर्व पति ने पत्रकारों से निवेदन किया है कि वो उनसे मरे लोगों के बारे में सवाल न करें। नवीन ने दूसरे ट्वीट में कहा है कि उनके पास तमाम काम हैं और वो गटर जैसी गंदगी में नहीं उतरना चाह रहे।

उन्होंने लिखा, “मेरी हाथ जोड़ के प्रार्थना है पत्रकार साथियों मीडिया व सोशल मीडिया के साथियों से कि मैं गटर में नहीं उतरना चाहता, बहुत गंदगी होती है गटर में तो इस कीचड़/गंदगी से मुझे दूर रखे दोस्तों।मेरे पास और बहुत काम है मुझे मुर्दों (आत्माओं )पर सवाल करने के लिए कोई पत्रकार साथी फ़ोन ना करे”

क्या कहा था स्वाति मालीवाल ने

गौरतलब है कि दिल्ली महिला आयोग (DCW) की अध्यक्षा स्वाति मालीवाल ने शनिवार (11 मार्च 2023) को दिल्ली महिला आयोग द्वारा आयोजित एक प्रोग्राम में अपने पिता पर यौन शोषण का आरोप लगाया था। स्वाति इंडिया हैबिटेट सेंटर में उन्होंने कहा था कि उनकी माँ, मौसी, मौसा जी और नाना-नानी ने उन्हें इस मुसीबत से बाहर निकाला। स्वाति ने अपने पिता पर पिटाई का आरोप भी लगाया था।

मालूम हो कि इससे पहले स्वाति मालीवाल खुद को फौजी की बेटी कह-कहकर सोशल मीडिया पर ट्वीट कर चुकी हैं जो उनके इल्जाम लगाने के बाद वायरल हो रहे हैं।

2 मंदिरों में लगी आग, प्रतिमाएँ क्षतिग्रस्त, आसपास की दुकानें भी जलीं: पुलिस ने बताया दुर्घटना

बिहार इस समय राजनीतिक अस्थिरता से जूझ रहा है। जहाँ एक तरफ सरकार में शामिल पार्टी राजद के सुप्रीमो लालू यादव का परिवार ‘जमीन के बदले नौकरी’ घोटाले में फँसा हुआ है, वहीं तमिलनाडु में बिहारी मजदूरों के खिलाफ हिंसा का मामला भी छाया हुआ है। कइयों को फेक न्यूज़ फैलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। वहीं अब किशनगंज में दो मंदिरों में आग लग जाने के अलावा क्षतिग्रस्त प्रतिमाओं की खबर आई है।

किशनगंज के 2 मंदिरों में आग लगने से इलाके में तनाव है। भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। वहाँ के आक्रोशित हिन्दुओं ने विरोध प्रदर्शन भी शुरू कर दिया है। ये घटना मस्तान चौक की है। लोगों के अनुसार घटना रविवार (12 मार्च, 2023) को तड़के सुबह 3 बजे हुई। पुलिस-प्रशासन की टीम सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची। स्थानीय श्रद्धालु आरोपितों की गिरफ़्तारी की माँग कर रहे हैं। बहादुरगंज मुख्य सड़क को भी लोगों ने जाम करके रखा है।

हिन्दू संगठन और उनके कार्यकर्ता धरने पर हैं। विपक्षी दल भाजपा के भी कई नेता मौके पर पहुँचे और विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया। लोगों की माँग के बाद मंदिर के पुनर्निर्माण के लिए तुरंत ईंट व अन्य सामग्रियाँ गिराई गईं। अलग-अलग जगह पर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल को तैनात किया गया है। लोगों ने ये कह कर प्रदर्शन किया कि अपराधियों का अब तक कोई सुराग नहीं है।

बताते चलें कि किशनगंज बिहार का मुस्लिम बहुल जिला है, जहाँ हिन्दुओं की जनसंख्या 31% के आसपास है। ताज़ा घटना में मंदिर की मूर्तियाँ क्षत-विक्षत हो गईं। मंदिर के आसपास की दुकानें भी जल कर नष्ट हो गईं। ग्रामीणों ने पुलिस की मदद से आग पर काबू पाया। लोगों की माँग है कि मंदिर के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएँ और सरकारी खर्च से पुनर्निर्माण के साथ-साथ प्रतिमाओं की पुनःस्थापना हो।

अपडेट: बिहार पुलिस का कहना है कि ये आग दुर्घटनावश लगी है। साथ ही पुलिस ने अफवाह फैलाने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी है। पुलिस ने कहा कि वर्तमान में वहाँ विधि-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है। मीडिया रिपोर्टों के आधार पर शुरू में मंदिर में आग लगाए जाने की आशंका से संबंधित रिपोर्ट हमने की थी। अब बिहार पुलिस की जाँच के आधार पर रिपोर्ट अपडेट की गई है।

अतीक अहमद की बीवी पर ₹25 हजार का इनाम, उमेश पाल के मर्डर के बाद से है फरार: हत्याकांड की फंडिंग करने वाला लखनऊ का बिल्डर निकला

उमेश पाल की हत्या के तुरंत बाद अतीक की बीवी शाइस्ता मीडिया के सामने आईं थीं। तब उन्होंने अपने बेटों के गायब होने और अपने शौहर की बेगुनाही संबंधी बयान दिए थे। बाद में शाइस्ता के खिलाफ पुलिस को और सबूत मिलने लगे तो वो अंडरग्राउंड हो गईं। शूटर साबिर के साथ भी अतीक की बीवी हत्या से 5 दिनों पहले देखीं गईं थीं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अब उनकी तलाश करती पुलिस ने शाइस्ता के बारे में कोई भी सटीक जानकारी देने वाले को 25 हजार का इनाम देने का ऐलान किया है। सूचना देने वाले की पहचान भी गुप्त रखी जाएगी।

ED ने तेज की जाँच

एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक अतीक अहमद की काली कमाई की जाँच कर रही ED ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। प्रवर्तन निदेशालय अब तक अतीक की लगभग 8 करोड़ रुपए की सम्पत्ति जब्त कर चुका है। 2 साल पहले ही ED ने अतीक अहमद पर धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया था। ED के अलावा उत्तर प्रदेश प्रशासन माफिया की 1163 करोड़ रुपए मूल्य की अलग-अलग संपत्तियों पर कार्रवाई कर चुका है।

लखनऊ के बिल्डर ने किया था फाइनेंस

एक रिपोर्ट के मुताबिक लखनऊ के एक बिल्डर ने उमेश पाल हत्याकांड की फंडिंग की थी। केस में फरार चल रहे मुख्य आरोपित असद द्वारा हत्या के 15 दिन पहले 1 करोड़ 20 लाख रुपए लाए जाने का भी दावा किया जा रहा है। पैसे आने के बाद सदाकत खान की मौजूदगी में मुस्लिम हॉस्टल में पूरी प्लानिंग की गई। बताया गया है कि उमेश पाल के कत्ल से पहले यही रकम सभी शूटरों में बाँटी गई थी। हालाँकि बिल्डर की पहचान अभी सार्वजानिक नहीं की गई है।

पुलिस टीम गुजरात रवाना

जानकारी के मुताबिक उमेश पाल हत्याकांड में नामजद आरोपित अतीक अहमद से पूछताछ करने के लिए UP पुलिस टीम गुजरात की साबरमती जेल रवाना हो गई थी। इस टीम में प्रयागराज पुलिस के अलावा स्पेशल टास्क फ़ोर्स (STF) के सदस्य भी शामिल हैं।

सोनिया गाँधी की मॉर्फ्ड वीडियो शेयर करना शख्स को पड़ा भारी: राजस्थान पुलिस ने 14 दिन रिमांड पर लिया, ट्विटर पर Video ब्लॉक

सोशल मीडिया पर कॉन्ग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गाँधी की आपत्तिजनक मॉर्फ्ड वीडियो बनाने वाले एक व्यक्ति को राजस्थान पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित का नाम बिपिन सिंह शांडिल्य है। दिल्ली के रहने वाले बिपिन की गिरफ्तारी प्रतापगढ़ जिले की पुलिस द्वारा की गई है। जिला पुलिस आरोपित को शनिवार (11 मार्च 2023) को कोर्ट में पेश कर के 14 मार्च तक का रिमांड लिया है। मामले की जाँच की जा रही है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बिपिन शांडिल्य ने यह वीडियो अपने ट्विटर हैंडल पर डाला था। इस मामले में शिकायत लता शर्मा नाम की महिला द्वारा दर्ज कराई गई थी जो प्रतापगढ़ जिले में कॉन्ग्रेस पार्टी की नेत्री हैं। लता की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज कर के जाँच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि ट्विटर ने बिपिन को वीडियो हटाने की चेतावनी भी दी थी जिसे आरोपित ने अनसुना कर दिया था। बाद में ट्विटर ने इस वीडियो को ब्लॉक कर दिया था।

जाँच के दौरान प्रतापगढ़ पुलिस को आरोपित बिपिन सिंह शांडिल्य के दिल्ली में होने की सूचना मिली। आखिरकार राजस्थान पुलिस की एक टीम ने दिल्ली पहुँच कर बिपिन को गिरफ्तार कर लिया। प्रतापगढ़ जिले के पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के अनुसार बिपिन को कोर्ट में पेश कर उसका 14 मार्च तक का कस्टडी रिमांड लिया गया है। पुलिस के मुताबिक मामले में जाँच करवाई जा रही है।

प्रतापगढ़ पुलिस के मुताबिक बिपिन की गिरफ्तारी 10 मार्च 2023 (शुक्रवार) को हुई थी। उस पर IPC की धारा 292, 499, 504, 509, 505 (1) (बी) के साथ 67, 67-A और महिलाओं के अशिष्ट रुपण प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 के तहत कार्रवाई की गई है।

₹4 लाख में 4-मंजिल वाला बंगला… वो भी साउथ दिल्ली में: लालू के बेटे तेजस्वी यादव के साथ राबड़ी देवी, 2 बहन, 2 कंपनी का कनेक्शन

राजद सुप्रीमो लालू यादव के परिवार के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) के छापों में लगभग एक करोड़ की नकदी और 600 करोड़ रुपए की अन्य संपत्तियों का पता चला है। जमीन के बदले नौकरी (Land For Job) मामले में ED ने लगभग 150 करोड़ रुपए से अधिक के तेजस्वी के बंगले का भी पता लगाया है, जिसे सिर्फ 4 लाख रुपए में खरीदा गया बताया गया है।

दिल्ली के सबसे पॉश इलाकों में से एक न्यू फ्रेंड कॉलोनी में स्थित चार मंजिला बंगले को सिर्फ 4 लाख रुपए में खरीदने की बात प्रवर्तन निदेशालय को पच नहीं रही है। शुक्रवार को जब इस बंगले पर जब रेड डाला गया, तब बिहार के उप-मुख्यमंत्री और लालू यादव के बेटे तेजस्वी यादव यहाँ मौजूद थे।

इतना ही नहीं, रेड के दौरान प्रवर्तन निदेशालय ने लालू यादव की बेटी और तेजस्वी यादव की बहन रागिनी यादव के घर पर रेड के दौरान करोड़ों रुपए कीमत के आभूषण और नकदी बरामद किए। इंडियन एक्सप्रेस ने सूत्रों के हवाले से बताया कि रागिनी यादव के यहाँ से 54 लाख रुपए की नकदी और करोड़ों रुपए का 1.5 किलोग्राम आभूषण बरामद किए गए।

तेजस्वी का न्यू फ्रेंड कॉलोनी स्थित बंगला और उनकी बहन रागिनी यादव का आवास उन 24 स्थानों में शामिल हैं, जहाँ ED ने शुक्रवार (10 मार्च 2023) को छापेमारी की थी। छापेमारी में ED को नकदी और आभूषण नहीं, गोपनयीय दस्तावेज मिलने की बात भी कही जा रही है।

तेजस्वी यादव के जिस बंगले को कागज पर सिर्फ 4 लाख रुपए में खरीदा गया दिखाया गया है, वह तेजस्वी यादव और उनके परिवार की कंपनी मेसर्स एबी एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर रजिस्टर्ड है। इतना ही नहीं, इस बंगले के पते पर लालू परिवार की कंपनी मेसर्स एके इंफोसिस्टम्स भी रजिस्टर्ड है। इस कंपनी में राबड़ी देवी के अलावा, उनकी दो बेटियाँ- रागिनी यादव और चंदा यादव डायरेक्टर थीं।

ED का मानना है कि एके इंफोसिस्टम्स को रेलवे में नौकरी के इच्छुक एक व्यक्ति से जमीन मिली थी। ईडी का कहना है कि भले ही यह संपत्ति मैसर्स एबी एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड और मैसर्स एके इंफोसिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय के रूप में दिखाया गया है, लेकिन इसका उपयोग तेजस्वी यादव अपने आवासीय परिसर के रूप में करते हैं।

ED ने कहा, “छापे में लगभग 600 करोड़ रुपए की आपराधिक आय वाली संपत्ति का पता चला है। इसमें 350 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति और 250 करोड़ रुपए के लेनदेन के रूप में है।” एजेंसी का कहना है कि इस पैसे का कुछ हिस्सा न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी का बंगला खरीदने में चला गया, जो मुंबई की कुछ आभूषण कारोबारी संस्थाओं के माध्यम से रूट किया गया।

ED का यह भी कहना है कि लालू यादव के परिवार ने रेलवे में ग्रुप-डी की नौकरी के गरीब आवेदकों से सिर्फ 7.5 लाख रुपए में चार पार्सल जमीन लिया गया था। इसे राबड़ी देवी द्वारा 3.5 करोड़ रुपए के भारी लाभ के साथ आरजेडी के पूर्व विधायक सैयद अबू दोजाना को बेचा गया था।

ED का यह भी कहना है कि नौकरी के बदले जमीन लेने के मामले में बटोरी गई राशि का एक बड़ा हिस्सा तेजस्वी यादव के खाते में स्थानांतरित कर दिया गया था। ED ने बताया, “रेलवे में ग्रुप डी की नौकरियों के बदले में कई गरीब माता-पिता और उम्मीदवारों से जमीन ली गई थी। कई रेलवे जोन में भर्ती किए गए उम्मीदवारों में 50 फीसदी से ज्यादा लालू यादव परिवार के विधानसभा क्षेत्र से थे।”

साउथ दिल्ली के पॉश इलाके में चार मंजिला बंगला सिर्फ 4 लाख रुपए में खरीदने पर सोशल मीडिया भी तेजस्वी पर निशाना साध रहे हैं। लोगों का कहना है कि तेजस्वी लोगों की आँखों में धूल झोंकने का काम कर रहे हैं। सोशल मीडिया यूजर यहाँ तक कह रहे हैं कि ‘गरीबों के मसीहा’ का बंगला 150 करोड़ रुपए का है। लालू-तेजस्वी ही गरीबों के असली नेता हैं’।

‘हिन्दू राष्ट्र माँगने वालों पर करो केस’: मौलाना तौकीर रजा ने उगला जहर, कहा- ‘हम इस्लामी देश माँगें तो’

अपने विवादित बयानों की लम्बी फेहरिस्त बना रहे मौलाना तौकीर रज़ा ने एक बार फिर से आपत्तिजनक बयानबाजी की है। उन्होंने कहा है कि यदि उनके नौजवान भी मुस्लिम राष्ट्र की माँग करने लगे तो क्या होगा। इस दौरान तौकीर ने हिन्दू राष्ट्र की माँग को गैरकानूनी बताया और इसकी बात करने वालों पर FIR दर्ज करने की भी माँग की। अपने बयान में तौकीर ने VHP और बजरंग दल को आतंकी संगठन करार दिया। यह बयान शनिवार (11 मार्च 2023) को दिया गया है।

मौलाना तौकीर रज़ा इत्तेहाद मिल्लत काउंसिल के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक तौकीर रज़ा ने कहा कि अगर हिन्दू राष्ट्र की माँग जायज है तो खालिस्तान की भी माँग सही है। उन्होंने आगे कहा कि अगर मुस्लिम नौजवान भी इस्लामी मुल्क की माँग करने लगे तो क्या होगा। बकौल तौकीर अब वो देश का एक और बँटवारा नहीं चाहते हैं। विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल को आतंकी संगठन बताते हुए तौकीर ने सरकार से हिन्दू राष्ट्र की माँग करने वाले लोगों पर केस दर्ज करने की भी माँग की।

अपनी बयानबाजी में तौकीर ने मोदी सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने भाजपा की वर्तमान सरकार में मुस्लिमों की हत्याओं का आरोप लगाया। तौकीर के मुताबिक मोदी सरकार का चरित्र दोहरा है जिसे सहा नहीं जाएगा। तौकीर ने आरोप लगाया कि हिन्दू सगंठनों ने 10 लाख मुस्लिम लड़कियों को जबरन डरा-धमका कर अपहरण कर लिया है और उनका धर्म परिवर्तन करवा दिया। प्रधानमंत्री मोदी को धृतराष्ट्र बताते हुए तौकीर ने कहा कि मुस्लिम लड़कियों को डरा कर उनकी शादी हिन्दुओं से करवाने के अभियान को हिन्दू संगठनों ने घर वापसी का नाम दिया है।

अपनी बयानबाजी जारी रखते हुए तौकीर ने आगे कहा, “मुसलमान न उस वक्त बम मार रहा था न आज बम मार रहा है। जो बम मार रहे थे वो हिन्दू समाज को बहकाने का काम कर रहे थे कि मुसलमान बम मारता है। असल में ये वही लोग हैं जो आज तख़्त ए हुकूमत (सरकार) में बैठे हुए हैं।” देश में दंगे अब न होने की वजह बताते हुए तौकीर ने कहा कि अब दंगा करवाने वाले सत्ता पर काबिज़ हैं।

तौकीर ने आगे कहा कि मोदी सरकार उन्ही को शाबाशी देती है जो इस्लाम के दुश्मन होते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कोई उम्मीद न होने की बात करते हुए तौकीर रज़ा ने राष्ट्रपति से अपनी आवाज सुनने की माँग की। मौलाना तौकीर ने कहा कि राष्ट्रपति महिला हैं और वो शायद उनकी बात सुनें। यह बयान उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में दिया गया है।

‘₹15 करोड़ न लौटाने पड़ें, इसलिए मेरे पति ने दिया सतीश कौशिक को जहर’: बिजनेसमैन विकास की पत्नी ने पुलिस में दी शिकायत, बोलीं- दुबई में भी हुई थी बहस

बॉलीवुड के अभिनेता-निर्देशक सतीश कौशिक की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। दिल्ली के जिस उद्योगपति के घर पर होली मनाने के दौरान कौशिक की मौत हुई थी, उसकी पत्नी ने कौशिक की हत्या का आरोप लगाया है। उद्योगपति की पत्नी ने कहा कि उसके पति ने सतीश कौशिक से पैसे लिए थे और उसे ना देना पड़े, इसलिए उसने कौशिक की हत्या कर दी।

इस संबंध में में महिला ने दिल्ली पुलिस को शिकायत दी है। बिजनेसमैन विकास मालू की पत्नी सान्वी ने आरोप लगाया है कि सतीश कौशिक ने उनके पति को 15 करोड़ रुपए दुबई में निवेश के लिए दिए थे। जब सतीश कौशिक ने ये पैसे वापस माँगने शुरू किए तो उनके पति ने साजिश रचकर हत्या कर दी।

कहा जा रहा है कि सतीश कौशिक ने दिल्ली के जिस फार्महाउस पर पार्टी की थी, विकास मालू उसका मालिक है। मालूम हो कि सतीश कौशिक की 9 मार्च को हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। उससे एक दिन पहले ही होली की पार्टी के लिए मुंबई से आए थे।

दिल्ली के पुलिस कमिश्नर को दी गई शिकायत में सान्वी ने कहा है कि सतीश कौशिक उनके पति के फार्महाउस पर बीमार हो गए थे, इसलिए उन्हें शक है कि पैसे लौटाने के लिए पति विकास ने उन्हें जहर देकर मार दिया होगा। इससे पहले शनिवार (11 मार्च 2023) को पुलिस अधिकारी ने बताया कि दिल्ली के फार्महाउस से कुछ ‘दवाएँ’ बरामद की हैं।

इसके पहले पुलिस ने सतीश कौशिक की मौत में किसी साजिश से इनकार किया थी। कौशिक की ऑटोप्सी रिपोर्ट में कहा गया है कि अभिनेता की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई थी। सतीश कौशिक के परिवार ने भी अब तक किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। हालाँकि, पुलिस अब इस मामले में गहराई से छानबीन करने की योजना बना रही है।

अपनी शिकायत में सान्वी ने कहा कि 23 अगस्त 2022 को सतीश कौशिक दुबई में उनके घर आए थे और विकास से अपने 15 करोड़ रुपए की माँगी थी। सान्वी ने अपने दुबई के घर पर सतीश कौशिक और विकास मालू के बीच बहस को लेकर बताया, “मैं ड्राइंग रूम में मौजूद थी, जहाँ कौशिक और मेरे पति बहस कर रहे थे। कौशिक कह रहे थे कि उन्हें पैसों की सख्त जरूरत है। निवेश के लिए पैसे दिए हुए तीन साल हो गए हैं, लेकिन न तो कोई निवेश किया गया और न ही पैसा लौटाया गया।”

टाइम्स नाऊ के अनुसार, सान्वी ने आगे कहा, “मेरे पति ने कौशिक से वादा किया था कि वह जल्द ही पैसे चुका देंगे। जब मैंने अपने पति से पूछा कि मामला क्या है तो उन्होंने कहा कि कौशिक के दिए पैसे को उन्होंने कोविड महामारी के दौरान खो दिया। मेरे पति ने यह भी कहा था कि वह कौशिक से छुटकारा पाने की योजना बना रहे थे।”

अपने पति विकास और सतीश कौशिक के बीच बहस को लेकर सान्वी ने IANS को आगे बताया, “मैंने कौशिक की मौत की खबर पढ़ी। मुझे पूरा शक है कि यह मेरे पति ही थे जिन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर साजिश रची और कौशिक को नशीला पदार्थ खिलाकर मार डाला, ताकि उन्हें पैसे वापस ना करना पड़े।” सान्वी ने यह कहा कि ये दवाएँ उनके पति ने इंतजाम किए थे।

इस आरोप पर अधिकारियों की ओर से अभी कोई टिप्पणी नहीं की गई है। हालाँकि, यह भी कहा जा रहा है कि पुलिस अधिकारियों ने फार्महाउस पर हुई पार्टी में शामिल हुए 25 लोगों को पूछताछ के लिए बुलाने की योजना बनाई है। कहा जा रहा है कि कुबेर ग्रुप का मालिक विकास मालू घटना के वक्त से ही फरार है।

सान्वी ने विकास मालू और सतीश कौशिक की एक पार्टी की तस्वीरें भी दी हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस पार्टी में अंडरवर्ल्ड माफिया दाऊद इब्राहिम का बेटा भी मौजूद था। बता दें कि विकास मालू संग सान्वी की 13 मार्च 2019 को शादी हुई थी। पिछले साल सान्वी ने अपने विकास पर रेप का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी।

पडेट: सतीश कौशिक की पत्नी ने विकास मालू की पत्नी के आरोपों को सिरे से नकार दिया है और कहा है कि इस मामले में आगे की जाँच नहीं होनी चाहिए, क्योंकि पुलिस ने सारी जाँच-पड़ताल कर ली है। उन्होंने कहा कि मौत के बाद एक एजेंडे के तहत उनके पति को बदनाम किया जा रहा है।”

बंगाल में वंदे भारत एक्सप्रेस पर फिर हुआ पथराव, खिड़की के शीशे टूटे: राज्य में अब तक तीसरी घटना, यात्री खौफ में

पश्चिम बंगाल में शनिवार (11 मार्च 2023) को मुर्शिदाबाद जिले में वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी हुई। घटना के वक्त ट्रेन न्यू जलपाईगुड़ी से होकर हावड़ा आ रही थी, तभी फरक्का ब्रिज के पास ट्रेन पर पथराव हुआ। घटना में ट्रेन के सी 31 कोच के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए हैं। मामले की जाँच की जा रही है।

पूर्वी रेलवे के सीपीआरओ कौशिक मित्रा ने कहा, “यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। घटना की जाँच कराई जाएगी। इसके अलावा भविष्य में इस तरह के हमले न हो इसके लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा। रेलवे ने घटना की जाँच के आदेश दिए हैं।”

ट्रेन के यात्रियों ने इस संबंध में हावड़ा पहुँचने के बाद अपनी शिकायत दी। उन्होंने गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि इस तरह वंदे भारत एक्सप्रेस वे पर हो रहे बार बार हमलों से उन्हें डर लगने लगा है।

बता दें कि बंगाल में वंदे भारत एक्सप्रेस को पीएम मोदी ने 30 दिसंबर को हरी झंडी दिखाई थी। इसके बाद इस ट्रेन पर हमले की यह तीसरी घटना है। ट्रेन संचालन के कुछ दिन बाद मालदा और फिर किशनगंज में ट्रेन के डिब्बों पर पत्थर फेंके गए थे।

जानकारी के मुताबिक, (2 जनवरी 2023) शाम भी वंदे भारत एक्सप्रेस न्यू जलपाईगुड़ी से हावड़ा लौट रही थी। तभी, मालदा जिले के कुमारगंज के पास अज्ञात लोगों ने ट्रेन पर पत्थर फेंके थे। पथराव के कारण ट्रेन के कोच सी-13 के दरवाजे को नुकसान हुआ साथ ही विंडो में भी दरार आ गई थी।

पीएम मोदी ने दी थी बंगाल को ‘वंदे भारत’ की सौगात

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 30 दिसंबर 2022 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पश्चिम बंगाल को पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात दी थी। यह ट्रेन हावड़ा और न्यू जलपाईगुड़ी के बीच चालू की गई थी। ट्रेन के उद्घाटन हेतु आयोजित कार्यक्रम में, ममता बनर्जी जब मंच की ओर बढ़ रहीं थीं तब वहाँ मौजूद लोगों ने ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए थे। इन नारों के कारण ममता बनर्जी ने मंच में बैठने से मना कर दिया था। पूरे कार्यक्रम के दौरान, वह प्लेटफॉर्म के पास लगी कुर्सियों में बैठीं थीं।

‘ये अद्भुत और मजेदार त्योहार’: जिस जापानी युवती का होली वाला वीडियो वायरल हुआ, उसने भारत की तारीफ़ की

बीते दिनों सोशल मीडिया पर दिल्ली में जापानी युवती को जबरन रंग लगाने का वीडियो जमकर वायरल किया गया था। वीडियो को जापानी पर्यटक मेगुमीको (Megumiko) ने ही ट्वीट किया था। अब मेगुमीको ने उस वीडियो को डिलीट कर दिया है। जापानी पर्यटक ने वीडियो के वायरल होने पर अफसोस जताया है। जापानी लड़की ने ट्विटर पर थ्रेड के जरिए अपनी बात विस्तार से रखी।

मेगुमीको ने अपने पहले ट्वीट में लिखा, “9 मार्च को मैंने भारतीय त्योहार होली का एक वीडियो ट्वीट किया था, लेकिन उसके बाद वीडियो पर आई प्रतिक्रिया और मैसेजों की संख्या मेरी कल्पना से कहीं अधिक थी। मैं डर गई और इसलिए मैंने ट्वीट को हटा दिया। मैं ईमानदारी से उन लोगों से माफी माँगती हूँ, जिन्हें वीडियो से ठेस पहुँची है।

जापानी पर्यटक लिखती हैं कि उन्होंने होली के बारे में यह सुना था कि इस दिन महिलाओं का बाहर निकलना सुरक्षित नहीं माना जाकता। वो इसे अनुभव करना चाहती थी। बदकिस्मती से यह घटना घट गई। बता दें कि जापानी पर्यटक के चेहरे पर दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में कुछ लड़कों ने रंग लगा दिया था। इस दौरान लड़की भीड़ से परेशान नजर आ रही थी।

मेगुमीको आगे लिखती हैं कि मेरा उद्देश्य वीडियो पोस्ट कर के त्योहार को बदनाम करना नहीं था। यह वीडियो उनकी टीम के एक मेंबर ने होली की तस्वीरें कैद करते हुए बिना किसी इरादे के बना लिया था। उन्होंने कहा कि होली एक अद्भुत और मजेदार त्योहार है, जिसका उद्देश्य एक दूसरे पर रंग लगाकर वसंत के आगमन का जश्न मनाना है। साथ ही ये भी कहा कि यदि उस वीडियो से किसी की भावनाओं को ठेस पहुँचा है तो मैं इसके लिए माफी माँगती हैं।

जापानी पर्यटक के ट्वीट का स्क्रीन शॉट

विदेशी पर्यटक लिखती हैं कि उनके साथ घटी घटना के बाद पुलिस ने इन मामलों को कड़ाई से निपटने का वादा किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले साल से होली के त्योहार पर महिलाओं के खिलाफ उत्पीड़न में काफी कमी आएगी।

बता दें कि इस वीडियो पर संज्ञान लेते हुए दिल्ली पुलिस ने नाबालिग समेत तीन लड़कों को पकड़ा है। सभी पहाड़गंज के रहने वाले हैं। हालाँकि पर्यटक ने किसी के भी खिलाफ मामला दर्ज नहीं कराया है। वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। इस वीडियो के बहाने कुछ लोगों ने हिंदू और हिंदुओं के त्योहारों को निशाने पर लेना शुरू कर दिया था। आपको यह भी बता दें कि इसके पहले जापानी मेहमान ने ट्वीट कर जानकारी दी थी कि वे बांग्लादेश पहुँच गई हैं और तन-मन से पूरी तरह फिट हैं।