Home Blog Page 2211

मछली पकड़ने वाली नाव की मदद से ड्रग्स की तस्करी, DMK पार्षद सरबराज और पूर्व पार्षद जैनुद्दीन गिरफ्तार: गाड़ी से मिली ₹360 करोड़ की कोकीन

तमिलनाडु तटीय पुलिस (Tamil Nadu Coastal Police) ने रामनाथपुरम जिले से करोड़ों रुपए के कोकीन की तस्करी की कोशिश के आरोप में डीएमके (DMK) पार्षद और उसके भाई को गिरफ्तार किया है। आरोपित करोड़ों की कोकीन मछली पकड़ने वाले नाव की मदद से श्रीलंका भेजने की फिराक में थे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रामेश्वरम के कीझाकरई नगरपालिका (Keezhakarai Municipality) के डीएमके पार्षद सरबराज नवाज (42) और पूर्व डीएमके पार्षद जैनुद्दीन (45) के तौर पर हुई है। दोनों भाई बताए जा रहे हैं। समुद्री रास्ते से ड्रग तस्करी के इनपुट्स मिलने के बाद रामनाथपुरम जिले में मंडपम-वेदलाई रोड पर कोस्टल पुलिस विशेष तलाशी अभियान चला रही थी। इस दौरान एक तेज रफ्तार लक्जरी कार को तलाशी के लिए रोका गया। जाँच के दौरान पुलिस ने कार से कोकीन बरामद की, जिसकी कीमत 360 करोड़ आँकी जा रही है।

घटना शनिवार (26 नवंबर, 2022) की है। पुलिस को तलाशी के दौरान इस लक्ज़री कार से 30 कंटेनर मिले, जिसमें 20 लीटर कच्ची कोकीन रखी हुई थी। पुलिस ने कार को जब्त कर कार में सवार डीएमके के नेता सरबराज और जैनुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान यह पता चला है कि रामेश्वरम का ही रहने वाला सादिक अली (36 वर्ष) अपनी नाव से कोकीन को श्रीलंका ले जाने वाला था। रिपोर्ट्स की मानें तो रामनाथपुरम जिले के अधिकारियों ने श्रीलंका में तस्करी के लिए इतने बड़े खेप की बरामदगी पहले कभी नहीं की थी।

डीएमके का गिरफ्तार पार्षद सरबराज और उसका भाई जैनुद्दीन एक कार्गो लॉजिस्टिक्स कंपनी के मालिक हैं। अब केंद्रीय और राज्य की खुफिया एजेंसियाँ इस बात का पता लगा रही हैं कि इन दोनों भाइयों का संबंध इंटरनेशनल ड्रग माफिया संगठनों से तो नहीं है।

इस बीच, मछुआरा समुदाय ने पूरे मामले को लेकर चिंता व्यक्त की है। समुदाय का कहना है कि मछुआरे के वेश में तस्करी करना उनके रोजगार और जिन्दगी पर प्रभाव डालेगा। उनका कहना है कि तस्करों के कारण मछुआरों को शक की नजर से देखा जाता है। श्रीलंकाई नौसेना जो पहले से ही निर्दोष मछुआरों को पकड़ कर हिरासत में लेती रही है अब उन्हें मछुआरों को परेशान करने का बहाना मिल जाएगा।

मामले पर भारतीय जनता पार्टी और अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम ने भी राज्य सरकार को घेरा है। विपक्षी दलों ने कहा है कि डीएमके पार्षद और पूर्व पार्षद का तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया जाना राज्य के शासन व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

गुर्जर समाज को मनाने में जुटी कॉन्ग्रेस, कम नहीं हो रहा ‘भारत जोड़ो यात्रा का विरोध’: फेल हो गई अब तक हुई वार्ताएँ

एक तरफ राहुल गाँधी (Rahul Gandhi) की यात्रा राजस्थान पहुँचने वाली है तो दूसरी तरफ गुर्जर समुदाय आरक्षण को लेकर आरपार के मूड में दिख रहा है। उन्हें मनाने के लिए प्रदेश की अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) सरकार जुटी हुई है, लेकिन दो दौर की वार्ता नाकाम रही है। बातचीत के लिए बुधवार (30 नवंबर 2022) को भी गुर्जर नेताओं को बुलाया गया है।

गुर्जर समाज की तरफ से विजय बैंसला ने कई माँगें उठाई हैं। इनमें से एक गुर्जर नेता को मुख्यमंत्री बनाना भी शामिल है। बैंसला ने धमकी दी है कि अगर उनकी माँगें नहीं मानी गई तो भारत जोड़ो यात्रा का गुर्जर समुदाय खुले तौर पर विरोध करेगा। इसके बाद बैंसला से बातचीत का दौर शुरू हो गया है।

राज्य सरकार के मंत्रियों ने मंगलवार (29 नवंबर 2022) को लगातार दूसरे दिन गुर्जर समुदाय के प्रतिनिधिमंडल के साथ बातचीत की। हालाँकि, वार्ता का कोई हल नहीं निकलने पर उन्हें आज बुधवार को भी वार्ता के लिए बुलाया गया है।

वहीं, मंगलवार को अशोक गहलोत के रूख के बाद बैंसला कुछ नरम पड़ गए। उन्होंने गुर्जर मुख्यमंत्री के सवाल को मजाक में टाल दिया। उन्होंने कहा कि आरक्षण की माँग ही उनकी प्राथमिकता में है। गुर्जर नेता बैंसला ने कहा कि राहुल गाँधी का विरोध जारी रहेगा, जब तक कि उन्हें लिखित में कोई सहमति नहीं मिल जाती।

बता दें कि गुर्जर समुदाय अति पिछड़ा वर्ग (MBC) के तहत आता है। इस समुदाय के लोग शिक्षण संस्थानों में पाँच प्रतिशत आरक्षण, छात्रों को छात्रवृत्ति और नौकरियों में पदों से संबंधित मुद्दों के समाधान की माँग कर रहे हैं।

इसके अलावा, गुर्जर समुदाय अपने लोक देवता कल्याण देवनारायण बोर्ड के लिए बजट की माँग कर रहा है। वहीं, इसके पहले हुए गुर्जर आरक्षण आंदोलन के दौरान बड़े पैमाने पर हुई हिंसा को लेकर पुलिस में दर्ज मामलों को भी वापस लेने की माँग की गई है।

मोबाइल पर पोर्न देखता था नाबालिग, 10 साल लड़की का किया रेप: दुपट्टे से गला घोंट कर मार डाला, आत्महत्या दिखाने की भी की थी कोशिश

छत्तीसगढ़ के बेमेतरा में पुलिस ने मंगलवार (29 नवंबर, 2022) को 17 साल एक नाबालिग लड़के को रेप और हत्या के मामले में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि लड़के ने लंबे समय तक पोर्न देख कर एक 10 वर्षीया नाबालिग बच्ची से रेप किया और बाद में उसे मार डाला। घटना 26 नवम्बर, 2022 (शनिवार) की है, जब पुलिस को एक लड़की द्वारा फाँसी पर लटक कर आत्महत्या की सूचना मिली थी।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है, जो रायपुर से लगभग 90 किलोमीटर दूर है । यहाँ लड़की के फाँसी के फंदे से लटक कर मौत की सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पहले तो पुलिस घटना को आत्महत्या के नजरिए से देख रही थी लेकिन बाद में मेडिकल रिपोर्ट में मृतका के साथ रेप की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर के जाँच शुरू कर दी।

इसी जाँच के दौरान पुलिस को पड़ोस में रहने वाले एक लड़के पर शक हुआ। लड़के को बुला कर पूछताछ की गई तो पहले तो उसने इनकार किया, लेकिन बाद में अपना गुनाह कबूल कर लिया। आरोपित ने बताया कि 26 नवंबर को उसने मोबाइल पर काफी देर तक अश्लील वीडियो देखा था। इसके बाद वो पड़ोस के घर में चला गया। घर में लड़की को अकेला देख कर उसने पीड़िता से रेप किया। इस दौरान उसने पीड़िता के मुँह में कपड़ा ठूँस दिया था।

अपना भेद न खुलने के डर से लड़के ने पीड़िता का गला दुपट्टे से कस कर उसे मार डाला। मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए आरोपित ने लड़की की लाश को फंदा बना कर लटका दिया। इसके लिए उसने कुर्सी का सहारा लिया। लड़की के साथ उसका 1 साल का भाई था, जिसे हत्या के बाद आरोपित ने फर्श पर लिटा दिया था। ऐसा करने के पीछे आरोपित का मकसद था कि वो चिल्ला कर पड़ोसियों का ध्यान उस तरफ खींच सके। इसके बाद वो छत के रास्ते अपने घर आ गया। घटना का जिक्र उसने किसी से भी नहीं किया।

पूछताछ में आरोपित ने खुद को पोर्न देखने का आदी बताया है। पुलिस ने आरोपित को दुर्ग स्थित बाल सुधर गृह भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

‘ऐसी-ऐसी लड़कियाँ हैं जो चाहती हैं वो बेडरूम में आ जाए’ : पाकिस्तानी मौलाना डीजल ने इमरान खान की महिला समर्थकों पर की ‘अश्लील’ टिप्पणी, Video वायरल

हाल ही में सोशल मीडिया में पाकिस्तान के नेता मौलाना डीजल उर्फ़ फजलुर रहमान का बता कर एक वीडियो वायरल हो रहा। दावा किया जा रहा है कि इस वीडियो में उन्होंने इमरान खान की समर्थक महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी की है। इसी के साथ मौलाना ने इमरान की पार्टी के पुरुष सदस्यों की माँ को ले कर भी गंदी बात कही है। मौलाना फजलुर रहमान के इन बयानों की काफी आलोचना हो रही है।

वायरल हो रहे 40 सेकेंड के वीडियो में मौलाना को कई बार अभद्र भाषा का प्रयोग करते देखा जा सकता है। इस दौरान मौलाना ने कहा, “ऐसी-ऐसी नौजवान लड़कियाँ जो कहती हैं कि मेरा जी चाहता है कि वह किसी वक्त मेरे बेडरूम में आ जाए। यह अख़लाक पैदा किया जा रहा है। नौजवान नस्ल को इस तरह गुमराह किया जा रहा है।’

इसी वीडियो में मौलाना ने एक जगह कहा, “ऐसे-ऐसे लोग हैं जो कहते हैं कि अगर हमारी माँ के साथ भी ज़िना करेगा तब भी हम उसको वोट देंगे।” मौलाना की इस बयानबाजी के दौरान वहाँ उनके समर्थक कई लोग मौजूद थे। वो सभी इस बयान से सहमति जताते दिखाई दे रहे हैं। इमरान खान की पार्टी PTI (पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ) की नेता माहीन फैज़ल ने इस वीडियो को शेयर किया है।

हो रही है आलोचना

सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी मौलाना के इस बयान की काफी आलोचना हो रही है। PTI की नेता माहीन ने कहा है कि वो भविष्य में मौलाना को केवल डीजल कहेंगी। मशाल नूरी नाम के यूजर ने मौलाना डीजल का एक महिला के साथ फोटो शेयर करते हुए उसे मौलाना के इस्लामी सिद्धांत बताए हैं। नूरी ने इसी ट्वीट में मौलाना को लानत भी भेजी है।

@AnonymousSadia नाम के हैंडल से मौलाना डीजल को धरती का दानव बताया गया है। इसी ट्वीट में मौलाना का एक पोस्टर भी शेयर किया गया है।

पाकिस्तान नाम के एक हैंडल से मौलाना डीजल को महंगी घड़ियों और मोबाईल का शौकीन बताया गया है।

‘हमारी दोस्ती गहरी और ऐतिहासिक’: चीन के कर्ज में फँसे मालदीव ने हिंदी में की भारत की प्रशंसा, ₹816 करोड़ की मदद पाकर कहा ‘थैंक यू’

भारत ने हिंद महासागर क्षेत्र में स्थित मालदीव (Maldives) को 100 मिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 816 करोड़ रुपए) की आर्थिक मदद दी है। इस पर मालदीव ने कहा कि भारत के साथ उसकी ‘दोस्ती गहरी और ऐतिहासिक है’। बता दें कि हिंद महासागर क्षेत्र में वर्चस्व को बढ़ाने के लिए चीन ने एक फोरम का आयोजन किया था, जिसका मालदीव को भी बुलाया गया था, लेकिन मालदीव ने शामिल होने से इनकार कर दिया था।

मालदीव के विदेश मंत्री अब्दुल्ला शाहिद ने हिंदी में बोलते हुए कहा, “दोस्ती हमारी अच्छी है इसलिए रंग लाई है, दोस्ती हमारी गहरी है इसलिए सबको भाती है। दोस्ती समय की तरह चलती भी जाती है। अगर दोस्ती अपने जैसों से है तो इतिहास बनाती है।”

भारत द्वारा मालदीव को दिए गए आर्थिक सहायता पर अब्दुल्ला ने कहा, “समय पर 100 मिलियन अमेरिकी डॉलर की उदार वित्तीय सहायता के लिए भारत का धन्यवाद। यह वास्तव में हमारे संबंधों की ताकत है, जो मालदीव-भारत की साझेदारी और विकास को और मजबूत बनाती है।”

समारोह में भारत के उच्चायुक्त मुनु महावर ने अब्दुल्ला शाहिद को एक प्रतीकात्मक चेक सौंपा। इस आयोजन में अब्दुल्ला के भारतीय समकक्ष और विदेश मंत्री एस जयशंकर वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए इस कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “एक-दूसरे के कल्याण और हितों की वास्तविक चिंता से चिह्नित हमारी विशेष साझेदारी हर बार और विशेष रूप से जरूरत के समय काम आती है।”

बता दें कि मालदीव के विदेश मंत्रालय ने ‘चीन-हिंद महासागर फोरम ऑन डेवलपमेंट कोऑपरेशन’ में भाग लेने से इनकार किया है। इस फोरम का आयोजन चीन (China) की ओर से 21 नवंबर को चीन के युन्नान प्रांत के कुनमिंग में किया गया था। इसमें भारत को छोड़कर हिंद महासागर के सभी देशों को आमंत्रित किया गया था।

इस बैठक में मालदीव के अलावा ऑस्ट्रेलिया भी शामिल नहीं हुआ था। हिंद महासागर क्षेत्र में स्थित छोटा देश मालदीव चीन का कर्जदार देश है। हालाँकि, श्रीलंका की तरह वह चीन के झाँसे में नहीं आया। वहीं, पड़ोसी होने के नाते भारत ने भी अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए उसे आर्थिक सहायता मुहैया कराई है।

इस समय चीन के तीन सबसे बड़े कर्जदार देशों में श्रीलंका, पाकिस्तान और मालदीव शामिल हैं। बिजनेस मैगजीन फोर्ब्स के मुताबिक, चीन का पाकिस्तान पर 77.3 अरब डॉलर का बाहरी कर्ज बकाया है। वहीं, मालदीव का कुल कर्ज उसकी राष्ट्रीय आय (GNI) का 31 प्रतिशत है।  

‘भारत की कश्मीर नीति फासीवादी’: भद्द पिटने के बाद भी नहीं सुधर रहे नादव लैपिड, अनुपम खेर ने कहा – जिन्हें सच पच नहीं रहा, आँखें बंद कर लें और मुँह सिल लें

गोवा में आयोजित ‘इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI)’ के जूरी ​हेड और ​इजरायल के फिल्म निर्माता नादव लैपिड (Nadav Lapid) के ‘द कश्मीर फाइल्स’ को अश्लील और प्रोपेगेंडा फिल्म बताने से विवाद गहरा गया है। इस मुद्दे पर भारत और इजरायल के कई अधिकारियों ने नादव की कड़ी निंदा की। उन्हें माफी माँगने के लिए कहा। यहाँ तक कि उनके खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई गई। मामला तूल पकड़ने के बाद लैपिड ने अपनी सफाई देते हुए बताया कि आखिर उन्होंने क्यों ‘द कश्मीर फाइल्स’ फिल्म को अश्लील और प्रोपेगंडा फिल्म कहा।

वहीं, बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर (Anupam Kher) ने कहा कि ‘कश्मीर फाइल्स’ का सच कुछ लोगों को पच नहीं रहा है।

‘द कश्मीर फाइल्स’ के अभिनेता ने कहा, “लोगों को सच जैसा है उसे वैसा देखने और दिखाने की आदत नहीं होती। वो उस पर अपनी मनपसंद खुशबू, अपना मनपसंद जायका, अपने मनपसंद रंग लेप कर, सजा कर देखने के आदी होते हैं। उन्हें कश्मीर का सच पच नहीं रहा है। वे चाहते हैं कि उसे किसी रंगीन और खुशनुमा चश्मे से देखा और दिखाया जाए। पिछले 25-30 साल से वे यही करते आए हैं। आज जब ‘द कश्मीर फाइल्स’ ने सच को जैसा है वैसा दिखाकर पेश किया, तो उन्हें तकलीफ हो रही है।

उन्होंने कहा, “इन लोगों के पेट में मरोड़ उठ रहे हैं। वे गाहे-बगाहे अपने मुँह से इस तकलीफ को बयाँ करते रहे हैं।” उन्होंने यह भी कहा, “अगर आप इस भयावह सच को नहीं देख पाते हैं, तो अपना मुँह सिल लीजिए और आँखें बंद कर लीजिए। लेकिन, उसका मजाक उड़ाना बंद करिए। हम इस सच के भुक्तभोगी हैं। भारत और इजरायल अच्छे दोस्त है। दोनों ही आतंकवाद का शिकार रहे हैं। एक आम इजरायली कश्मीरी हिंदुओं का दर्द समझता है। बाकी हर देश में देश के दुश्मन अपने ही कुछ होते हैं। ये भी एक सच है।”

वहीं, नादव लैपिड ने आलोचनाओं का जवाब देते हुए कहा कि उन्होंने इसके बारे में बोलना सर्वोपरि समझा। उन्होंने कहा कि वह कश्मीर में भारतीय नीति को सही ठहराने वाली फिल्म से हैरान थे। साथ ही आरोप लगाया कि इसमें फासीवादी विशेषताएँ हैं और यह फिल्म 90 के दशक में कश्मीरी हिंदुओं के पलायन पर आधारित है। नादव ने कहा कि अगर इस तरह की फिल्म आने वाले वर्षों में इजरायल में भी बनती है, तो उन्हें आश्चर्य होगा।

उन्होंने स्थानीय मीडिया Ynet से बात करते हुए कहा, “इस तरह से बोलना और राजनीतिक बयान देना आसान नहीं था। मुझे पता था कि यह एक ऐसी घटना है, जो देश से जुड़ी हुई है। हर कोई यहाँ सरकार की प्रशंसा करता है। यह कोई आसान स्थिति नहीं है, क्योंकि आप एक अतिथि के तौर पर यहाँ पर हैं।”

उन्होंने कहा, “मुझे यहाँ बतौर जूरी हेड आमंत्रित किया गया था। यहाँ आपके साथ बहुत अच्छा व्यवहार किया जाता है। इस समारोह में ऐसी प्रतिक्रिया देना एक आशंका थी। एक बेचैनी थी। मुझे नहीं पता था कि इसके क्या परिणाम होंगे। इसलिए मैंने इसे कुछ आशंका के साथ व्यक्त किया। हाँ, मैंने आशंकित दिन बिताया। आइए इसे इस तरह से याद रखें कि मैं अब हवाई अड्डे के लिए अपने रास्ते पर खुश हूँ।”

लैपिड ने आगे कहा, “मैं यहाँ हजारों लोगों के साथ एक हॉल में मौजूद था। हर कोई स्थानीय सितारों को देखने और सरकार की जय-जयकार करने के लिए उत्साहित था। उन देशों में जो तेजी से अपने मन की बात कहने या सच बोलने की क्षमता खो रहे हैं, किसी को बोलने की जरूरत है। जब मैंने यह फिल्म देखी, तो मैं इसके साथ इजरायली परिस्थिति की कल्पना किए बिना नहीं रह सका, जो यहाँ मौजूद नहीं थे। लेकिन, वे निश्चित रूप से मौजूद हो सकते थे। इसलिए मुझे ऐसा लगा कि मुझे यह करना ही पड़ेगा, क्योंकि मैं एक ऐसी जगह से आया हूँ, जहाँ खुद में सुधार नहीं हुआ है। वह खुद भी इसी रास्ते पर है।”

बता दें कि IFFI का 53वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया 20 नवंबर से 28 नवंबर के बीच गोवा में आयोजित किया गया था। फेस्टिवल के आयोजकों ने नादव लैपिड को प्रमुख जूरी के तौर पर इजरायल से बुलाया था। फिल्म देखने के बाद नादव ने कहा था कि वह ‘द कश्मीर फाइल्स’ देखकर न सिर्फ हैरान हुए, बल्कि परेशान भी हुए हैं। नादव लैपिड ने आगे कहा कि उन्हें यह फिल्म दुष्प्रचार करने वाली लगी, जो ऐसे महोत्स्व में दिखाने लायक नहीं थी।

‘PM मोदी ने मेरी तुलना शूर्पणका से की थी’: कॉन्ग्रेस की महिला सांसद ने प्रधानमंत्री को ‘रावण’ कहना किया जस्टिफाई, जानें आरोपों में कितनी सच्चाई

कॉन्ग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) की तुलना रावण से करने के बाद भाजपा उन पर हमलावर है। भाजपा ने इस विवादित बयान के बाद कॉन्ग्रेस और मल्लिकार्जुन खड़गे की मानसिकता पर सवाल उठाए। इस बीच कॉन्ग्रेस सांसद रेणुका चौधरी (Renuka Chaudhary) ने ट्वीट कर अपनी पार्टी और अध्यक्ष का बचाव करने का प्रयास किया।

रेणुका ने मंगलवार (29 नवंबर 2022) को ट्वीट किया, “मोदी ने संसद में मेरी तुलना शूर्पणखा से की थी। उस वक्त मीडिया कहाँ थी?”

रेणुका चौधरी के इस दावे के बाद 2018 का वह वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह खुद की तुलना शूर्पणखा से करने की बात कर रही हैं। हमने भी इस वीडियो का फैक्ट चैक है। राज्य सभा के 5:50 मिनट के इस वीडियो में आप 2:32 से लेकर 3:11 के बीच सुनकर सकते हैं कि पीएम मोदी ने कॉन्ग्रेस सांसद को शूर्णणखा नहीं कहा है।

वायरल वीडियो में आप देख सकते हैं कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य सभा में बोलना शुरू करते हैं, तभी रेणुका चौधरी पीछे से जोर-जोर से चिल्लाती हैं। वह पीएम को बार-बार अपनी बात पूरी नहीं करने देती हैं। इसके बावजूद पीएम उन्हें कुछ ना कहकर अपनी बात को जारी रखते हैं। लेकिन उस वक्त उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति वेंकैया नायडू ने इस कृत्य के लिए रेणुका को फटकारा। उन्होंने कहा, “क्या कर रही हैं आप। आपको कोई प्रॉब्लम है क्या। बैठ जाइए रेणुका। ये कोई तरीका नहीं है।” इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सभापति को रोकते हैं। वह कहते हैं, “सभापति जी मेरी आपसे प्रार्थना है कि आप रेणुका जी को कुछ मत कहिए। रामायण सीरियल के बाद ऐसी हँसी सुनने का सौभाग्य आज मिला है।”

पीएम के इतना कहते ही राज्यसभा में बैठे सभी लोग हँसने लगते हैं। रेणुका चौधरी तुरंत चुप हो गईं। इसके बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने यह अंदाजा लगाना शुरू कर दिया कि रामायण का जिक्र करते हुए पीएम ने किस किरदार का जिक्र किया है। ट्विटर पर कई यूजर्स ने न केवल पीएम के सेंस ऑफ ह्यूमर की सराहना की, बल्कि उन्होंने संसद के अंदर रेणुका चौधरी के व्यवहार पर भी सवाल उठाए। एक वरिष्ठ पत्रकार कंचन गुप्ता ने कहा था कि अगर रेणुका चौधरी इस तरह का व्यवहार कर सकती हैं, तो अन्य को भी मजाक करने का अधिकार है।

बता दें कि गुजरात में एक जनसभा को संबोधित करते हुए खड़गे ने 28 नवंबर 2022 को कहा था कि पीएम मोदी हर वक्त अपनी बात करते हैं और हर मुद्दे पर कहते हैं कि मोदी की सूरत को देखकर वोट दें। खड़गे ने प्रधानमंत्री का अपमान करते हुए कहा था, “तुम्हारी सूरत कितनी बार देखें। पार्षद चुनाव में तुम्हारी सूरत देखें। एमएलए चुनाव (विधानसभा) में भी तुम्हारी सूरत देखें। हर जगह आपका ही चेहरा देखें। कितने चेहरे हैं आपके। क्या आपके रावण की तरह 100 मुख हैं?” मल्लिकार्जुन खड़गे ने यह भी कहा था कि पीएम मोदी काम के बारे में कुछ नहीं बोलते हैं। वह सिर्फ झूठ बोलते हैं।

महिला सवारी को कमरे पर ले गया Rapido ड्राइवर शहाबुद्दीन, दोस्त अराफात संग किया गैंगरेप: कर्नाटक पुलिस ने पकड़ा, कंपनी ने दुख जताया

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक रैपिडो चालक द्वारा महिला सवारी के साथ गैंगरेप की खबर है। आरोप है कि इस घटना में आरोपित का एक साथी भी शामिल है। पीड़िता मूल रूप से केरल की रहने वाली है। मुख्य आरोपित का नाम शहाबुद्दीन बताया जा रहा है वो मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। दूसरा आरोपित अराफात शरीफ है। पुलिस ने FIR दर्ज करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना शनिवार (26 नवम्बर 2022) की है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक घटना नीलाद्रि नगर की है। केरल निवासी 22 वर्षीया पीड़िता BBA की छात्रा है और बेंगलुरु में एक डिजिटल प्लेटफार्म पर काम करती है। पुलिस को दी गई शिकायत में लड़की ने बताया है कि 25 नवम्बर 2022 को वो अपने एक दोस्त के घर पर थी। आधी रात के बाद उसने अपने एक और दोस्त के घर जाने के लिए रैपिडो एप से बाईक बुक की। आरोप है कि इस दौरान रैपडो चला रहा शहाबुद्दीन लड़की को अपने साथ अपने घर पर ले गया। यहाँ उसने अपने एक अन्य दोस्त अराफात के साथ पीड़िता से गैंगरेप किया। अराफात की मोबाईल रिपेयरिंग की दुकान बताई जा रही है।

इस घटना की जाँच कर रही पुलिस टीम ने बताया कि जब पीड़िता ने रैपिडो बुक की थी तब उसकी हालत ठीक नहीं थी। आरोपित उसे ले कर गंतव्य तक पहुँच गया था लेकिन वो उतर पाने की हालात में नहीं थी। आरोपित का कहना है कि लड़की ने उस से सिगेरट की माँग की थी। बाद में शहाबुद्दीन लड़की को सिगरेट दिलाने की बात कह कर अपने कमरे पर ले गया। वहाँ उसने अपने दोस्त को सिगरेट ले कर बुलाया। बाद में दोनों ने पीड़िता से रेप किया। आरोपित शहाबुद्दीन बिहार से लगभग 5 साल पहले बेंगलुरु आया था। बताया ये भी जा रहा है कि इस शहाबुद्दीन की एक महिला दोस्त मौके पर मौजूद थी जिसने बीच बचाव की कोई कोशिश नहीं की। पुलिस ने उस महिला को भी गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक घटना के अगले दिन लड़की को अपने साथ गलत होने का आभास हुआ। लड़की ने सेंत जोन्स अस्पताल में अपना इलाज करवाया और रविवार (27 नवम्बर) को इसकी शिकायत पुलिस में की। शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपितों का पुराना रिकॉर्ड भी खँगाल रही है। रैपिडो ने इस घटना पर दुःख जताते हुए पीड़िता के साथ अपनी सहानभूति जताई है। रैपिडो कम्पनी ने पुलिस जाँच में भी पूरा सहयोग करने का भरोसा दिया है।

NDTV की होल्डिंग कंपनी RRPR के बोर्ड से प्रणय रॉय और राधिका रॉय ने दिया इस्तीफा: गौतम अडानी ने कहा था- चैनल पर सरकार के ‘सही काम’ बताने की भी होनी चाहिए हिम्मत

एनडीटीवी (NDTV) के मालिक और संस्थापक प्रणय रॉय (Prannoy Roy) और उनकी पत्नी राधिका रॉय (Radhika Roy) ने मंगलवार (29 नवंबर 2022) को आरआरपीआर होल्डिंग प्राइवेट लिमिटेड (आरआरपीआरएच) के निदेशक पद से इस्तीफा दे दिया। बीएसई के साथ किए गए एक नियामक फाइलिंग में इसकी जानकारी दी गई।

प्रणय रॉय और राधिका रॉय का RRPR से इस्तीफा

प्रणय रॉय और राधिका रॉय के इस्तीफा देने के तुरंत बाद कंपनी के बोर्ड में तीन नए निदेशक नियुक्त किए गए हैं। इनमें अडानी समूह के सीईओ सुदीप्त भट्टाचार्य, संजय पुगलिया और सेंथिल सिन्नैया चेंगलवारायण शामिल हैं। NDTV के प्रमोटर ग्रुप व्हीकल RRPL होल्डिंग की NDTV में 29.18 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जिसे अडानी ग्रुप (Adani group) द्वारा खरीदा गया है।

बीएसई की वेबसाइट के मुताबिक, प्रणय रॉय एनडीटीवी के चेयरपर्सन हैं और राधिका रॉय एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर। उनके पास न्यू दिल्ली टेलीविजन लिमिटेड के एक चौथाई से अधिक शेयर हैं। उन्होंने अपना यह फैसला आरआरपीआर होल्डिंग की 99.5% इक्विटी को अडानी समूह के स्वामित्व वाली विश्वप्रधान कमर्शियल प्राइवेट लिमिटेड (वीसीपीएल) को हस्तांतरित करने के बाद लिया है।

इस साल अगस्त में, अडानी ग्रुप ने NDTV में अप्रत्यक्ष रूप से 29.18% शेयर्स खरीदे थे। ये सौदा ‘विश्वप्रधान कमर्शियल प्राइवेट लिमिटेड (VCPL)’ और ‘RRPR होल्डिंग प्राइवेट लिमिटेड’ के जरिए हुआ था। जहाँ VCPL पूरी तरह से AMNL की 100% सब्सिडियरी कंपनी है, वहीं RRPR एनडीटीवी की प्रमोटर कंपनी में। इस कंपनी में AMGNL ने 99.5% इक्विटी ख़रीदने का निर्णय लिया है। एनडीटीवी में रॉय परिवार की 32.26 फीसदी हिस्सेदारी है।

कैसे NDTV की होल्डिंग कंपनी कैसे गौतम अडानी की हुई

गौरतलब है कि इस लेन-देन की शुरुआत 2008 से शुरू हुई, जब रॉय परिवार ने इंडियाबुल्स से 540 करोड़ रुपए का ऋण लिया था, ताकि बाजार से एनडीटीवी के शेयरों को खरीदने के लिए एक खुली पेशकश की जा सके। उन्होंने सिक्योरिटी के तौर पर एनडीटीवी में अपने शेयर गिरवी रखकर कर्ज लिया था। उसके बाद, उन्होंने इंडियाबुल्स का कर्ज उतराने के लिए आईसीआईसीआई बैंक से ऋण लिया। इस बार उन्होंने आरआरपीआर के तहत अपने एनडीटीवी के शेयरों को भी गिरवी रखा।

उसके बाद, उन्होंने NDTV में अपने शेयरों के बदले ICICI ऋण का भुगतान करने के लिए विश्वप्रधान कमर्शियल प्राइवेट लिमिटेड (VCPL) से ऋण लिया। वीसीपीएल ने आरआरपीआर को जो पैसा दिया, वह मुकेश अंबानी के रिलायंस समूह के पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी से आया था। बाद में, वीसीपीएल को अडानी समूह की कंपनी एएमजी मीडिया नेटवर्क लिमिटेड (एएमएनएल) द्वारा अधिग्रहित कर लिया गया।

बता दें कि प्रणय रॉय ने एनडीटीवी बोर्ड से इस्तीफा नहीं दिया है। उन्होंने आरआरपीआर बोर्ड से अपना इस्तीफा दिया है। इससे पहले खबर आई थी गौतम अडानी ने NDTV के मालिक-संस्थापक प्रणय रॉय को अध्यक्ष बने रहने के लिए कहा था। साथ ही उन्होंने यह बात भी कही थी कि सरकार के गलत काम दिखाने के साथ-साथ सही काम दिखाने की भी हिम्मत होनी चाहिए।

डरपोक है पाकिस्तान, कश्मीर में आतंकी तक नहीं घुसा पाता: अलकायदा ने निकाली भड़ास, बोला- अनुच्छेद 370 हटाकर भारत जीता, आंतकवाद के लिए मुस्लिम एकजुट हो जाएँ

अंतरराष्ट्रीय आतंकी संगठन अलकायदा (Al Qeada) ने एक बयान जारी करते हुए बताया है कि अनुच्छेद 370 हटा कर भारत कश्मीर को अपना अभिन्न अंग बनाने में सफल रहा है। आतंकी समूह ने पाकिस्तान की सेना को कायर बताते हुए कहा है कि वो भारत पर जवाबी कार्रवाई करने से डर गई। अलकायदा ने ये भी कबूल किया है कि घाटी में आतंकियों की संख्या में काफी कमी आ गई है। आतंकी दल ने कश्मीर में आतंकवाद को तेज करने के लिए मुस्लिमों से एकजुट होने की भी अपील की है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वैश्विक आतंकी समूह ने यह तमाम बातें अपनी आधिकारिक पत्रिका AQIS में प्रकाशित की हैं। इस मैगजीन में अलकायदा ने अंसार गजवात उल हिन्द की तारीफ की है। अलकायदा ने इसे कश्मीर में सक्रिय और भारत के खिलाफ लड़ रहा सच्चा आतंकी समूह बताया है। इसी क्रम में अलकायदा ने साल 1999 में कारगिल में मिली करारी हार को ले कर पाकिस्तानी सेना का मजाक भी उड़ाया है।

अपनी मैगजीन में अलकायदा ने कहा है कि पाकिस्तानी फ़ौज केवल उन आतंकियों को मार रही है जो कश्मीर के लिए लड़ रहे थे। पाकिस्तान आर्मी को डरपोक बताते हए अलकायदा ने कहा कि वो कश्मीर में आतंकियों की इंट्री करवाने में भी नाकाम साबित हो रही है। अलकायदा ने कश्मीर में कम होते जा रहे आतंकी हमलों पर नाराजगी जताई है। उसने मुस्लिमों से एकजुट हो कर कश्मीर के लिए लड़ने का आह्वान भी किया।

गौरतलब है कि देश के अंदर ही कॉन्ग्रेस पार्टी जैसे राजनैतिक दलों के विरोध के बाद भी भारत सरकार ने 5 अगस्त 2019 को अनुच्छेद 370 को हटा दिया था। इस बीच सेना ने भी कश्मीर में ऑपेरेशन आल ऑउट चला कर तमाम शीर्ष आतंकियों को मार गिराया है। ताजा आँकड़ों के मुताबिक घाटी में पत्थरबाजी की घटनाओं में भी तेजी से कमी आई है।