Home Blog Page 2319

‘AAP छोड़ दो, CM बना देंगे’: दारू घोटाले में पूछताछ के बाद मनीष सिसोदिया का नया शिगूफा, CBI ने कहा- बयानों की जाँच के बाद लेंगे एक्शन

दारू घोटाले में घिरने के बाद से ही दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) और आम आदमी पार्टी (AAP) रोज-रोज नए शिगूफे छोड़ती रहती है। इसी कड़ी में सीबीआई (CBI) पूछताछ के बाद सिसोदिया ने दावा किया कि उन पर AAP छोड़ने का दबाव डाला गया। जाँच एजेंसी ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा है कि पूछताछ वैधानिक और पेशेवर तरीके से हुई है।

सिसोदिया ने सोमवार (17 अक्टूबर 2022) को सीबीआई के दफ्तर में हाजिरी लगाई थी। सीबीआई ने उनसे करीब 9 घंटे तक पूछताछ की थी। इसके बाद सिसोदिया ने जाँच एजेंसी पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि CBI ने उन पर आम आदमी पार्टी को छोड़ने का दबाव बनाया।

उन्होंने मीडियाकर्मियों से कहा कि घोटाले का तो कोई मसला ही नहीं है। सारा केस फर्जी है। सीबीआई पर आरोप लगाते हुए कहा, “आज 9 घंटे की पूछताछ के दौरान समझ गया कि कैसे पूरी साजिश की गई है। सीबीआई ने मेरे खिलाफ जो केस करवाया है, वह असल में दिल्ली में ऑपरेशन लोटस को कामयाब बनाने के लिए करवाया गया था। सीबीआई जैसी एजेंसी को असंवैधानिक तरीके से दबाव बनाने के लिए बीजेपी इस्तेमाल कर रही है।”

सिसोदिया ने कहा, “मुझ पर आम आदमी छोड़ने का दबाव बनाया गया। मुझसे कहा गया कि AAP छोड़ दो। ‘आप’ में क्यों हो? साथ ही मुझे बताया गया कि सत्येंद्र जैन पर कौन से सच्चे केस हैं, जब वह 6 महीने जेल रह सकते हैं, तो आप भी जेल में रह सकते हो। मैंने कहा कि मैं ‘आप’ को बीजेपी के लिए नहीं छोड़ूँगा। उन्होंने कहा कि वे मुझे सीएम बनाएँगे।”

सीबीआई ने एक बयान जारी कर सिसोदिया के दावों का खंडन किया है। एजेंसी ने कहा है, “दिल्ली की शराब नीति को लेकर चल रही जाँच के सिलसिले में सीबीआई ने आज (17.10.2022) मनीष सिसोदिया से पूछताछ की। एफआईआर में लगे आरोपों और जाँच के दौरान अब तक जुटाए गए सबूतों के आधार पर उनसे पूछताछ की गई। उनके बयानों का सत्यापन करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।”

बयान में कहा गया है, “मीडिया में एक वीडियो शेयर किया गया है। इसमें सीबीआई कार्यालय से निकलने के बाद मनीष सिसोदिया कैमरे पर कह रहे हैं कि जाँच एजेंसी ने पूछताछ के दौरान उन पर आम आदमी पार्टी को छोड़ने का दवाब बनाया। इसी तरह उन्होंने कई और आरोप भी लगाए हैं। सीबीआई इन आरोपों का सिरे से खंडन करती है और इस बात को एक फिर से दोहराती है कि सिसोदिया से केवल प्राथमिकी में लगे आरोपों और जाँच के दौरान एकत्र किए गए सबूतों के आधार पर ही पूछताछ हुई है। कानून के मुताबिक, मामले की जाँच जारी रहेगी।”

गौरतलब है कि सिसोदिया को पूछताछ के लिए बुलाए जाने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उनकी तुलना बलिदानी भगत सिंह से की थी। इस पर बलिदानी परिवार ने नाराजगी भी जताई थी। भगत सिंह के परिवारिक सदस्य हरभजन एस दत्त ने कहा था, “केजरीवाल का यह बयान न केवल भगत सिंह बल्कि सभी क्रांतिकारियों का अपमान है। वह सिसोदिया और सत्येंद्र जैन की तुलना भगत सिंह से कैसे कर सकते हैं।” इतना ही नहीं पूछताछ को गुजरात चुनावों से जोड़ा गया। आप समर्थकों का सीबीआई दफ्तर के बाहर जमावड़ा भी देखा गया। यह भी दावा किया गया कि सीबीआई ने सिसोदिया को गिरफ्तार करने के लिए बुलाया है।

दीपावली से पहले बद्रीनाथ, केदारनाथ और अयोध्या में होंगे PM मोदी: विकास कार्यों का लेंगे जायजा, राम की पैड़ी पर दीपोत्सव में भी होंगे शामिल

प्रधानमंत्री बनने के बाद से नरेंद्र मोदी दीपावली सैनिकों के साथ मनाते रहे हैं। इस बार भी वे 24 अक्टूबर को सैनिकों के साथ रहेंगे। उससे पहले वे बद्रीनाथ, केदारनाथ और अयोध्या जाएँगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) छोटी दिवाली (23 अक्टूबर 2022) पर अयोध्या जाएँगे। वे रामलला का दर्शन और उनकी पूजा-अर्चना करेंगे। मंदिर निर्माण के कार्यों की समीक्षा करेंगे।

अयोध्या में छोटी दिवाली पर पीएम मोदी का कार्यक्रम शाम 4.55 बजे शुरू होगा और 07.25 बजे खत्म होगा। इस बीच पीएम रामजन्मभूमि तीर्थक्षेत्र साइट का दौरा करेंगे। सरयूजी की घाट पर आरती करेंगे। राम की पैड़ी पर पर दीपोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी 21 और 22 अक्टूबर को बद्रीनाथ और केदारनाथ जाएँगे। दर्शन-पूजन के साथ ही वे केदारनाथ में चल रहे विकास परियोजनाओं का निरीक्षण भी करेंगे।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुसार मंदिर निर्माण पर करीब 1800 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। मंदिर साल 2024 के अंत तक पूरी तरह से तैयार हो जाएगा। राम मंदिर का पूरा परिसर 70 एकड़ में फैला हुआ है। जिसमें से मंदिर परिसर की 50 एकड़ भूमि पर फैली हरियाली के बीच कई ऐसे वृक्ष भी दिखाई देंगे, जिनका उल्लेख वाल्मीकि रामायण में मिलता है।

मंदिर बनने के बाद भगवान राम के दर्शन करने के लिए भक्तों को 21 फीट ऊँची सीढ़ी चढ़नी होगी, जिसके बाद उन्हें गर्भगृह के दर्शन होंगे। राम मंदिर की नींव तैयार हो चुकी है। मंदिर की 50 नींवों के ऊपर 21 फीट के चबूतरे का पहला लेयर तैयार है। अभी सात लेयर और लगेंगी। हर दिन यहाँ 80 से 100 पत्थरों को लगाया जा रहा है। 

गौरतलब है कि बीते साल दीपावली के मौके पर पीएम मोदी ने अयोध्या के दीपोत्सव का जिक्र किया था। उन्होंने कहा था,“अभी दो दिन पहले ही अयोध्या में दीपोत्सव का भव्य आयोजन पूरी दुनिया ने देखा। आज अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर पूरे गौरव के साथ बन रहा है। अयोध्या को उसका गौरव वापस मिल रहा है। अब हमारी सांस्कृतिक विरासतों को, आस्था के केन्द्रों को उसी गौरवभाव से देखा जा रहा है, जैसा देखा जाना चाहिए।” इस बार वे स्वयं इसके साक्षी बनने जा रहे हैं।

‘ब्लूटूथ लगा कर चीटिंग कर रही थीं लड़कियाँ, शिक्षक ने सिर्फ कान खुला रखने को कहा तो हिजाबी लड़कियों ने बना दिया मजहब का मुद्दा’: छात्रा ने बताया परीक्षा में क्या हुआ था

बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित महंत दर्शन दास महिला कॉलेज में रविवार (16 अक्टूबर 2022) को हिजाब को लेकर बवाल हुआ था। यहाँ कुछ छात्राओं ने कॉलेज के शिक्षक पर हिजाब निकालने के लिए कहने और आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया था। हालाँकि, अब इस मामले में, कॉलेज की ही एक छात्रा ने कहा है कि शिक्षक ने ऐसा कुछ नहीं कहा है इस मामले को जबरदस्ती मजहब से जोड़ा जा रहा है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में कॉलेज की एक छात्रा ने कहा है कि वह उसी क्लास रूम में थी जहाँ छात्राओं ने हिजाब को लेकर बवाल किया था। छात्रा ने कहा है कि लोग इयर पॉड्स (ब्लूटूथ) लगाकर चीटिंग करते हैं। इसलिए, कॉलेज के शिक्षक ने हिजाब लगाई हुई छात्राओं को सिर्फ कान खुले रखने के लिए कहा था। इसके बाद उन छात्राओं ने अपने मजहब का हवाला देते हुए बवाल करना शुरू कर दिया था।

इसके साथ ही, छात्रा ने हिजाब पर सवाल उठाते हुए कहा है कि परीक्षा के समय तो इन लोगों को अचानक से अपना मजहब याद जाता है। लेकिन, जब ये लोग किसी फंक्शन में जाती हैं तो उस वक्त उनका दुपट्टा (हिजाब) कहाँ जाता है? इस वजह से ही सवाल इन लोगों पर कम और इनके धर्म पर अधिक उठाया जाता है।

बता दें, मुजफ्फरनगर के महंत दर्शन दास महिला (MDDM) कॉलेज की छात्राओं की परीक्षा चल रही थी। इस दौरान, कुछ छात्राएँ हिजाब पहनकर बैठी हुईं थीं। एक शिक्षक को छात्राओं के ब्लूटूथ लगाए होने का शक हुआ और उन्होंने छात्राओं से कान दिखाने के लिए कहा। इस पर छात्राएँ भड़क गईं और कॉलेज में ही बवाल करने लगीं।

छात्राओं ने आरोप लगाया था कि परीक्षा के दौरान शिक्षक शशिभूषण ने छात्राओं से पहले तो हिजाब निकालने के लिए कहा। आरोप था कि इसके बाद उन्होंने आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए देशद्रोही कहा। छात्राओं ने आरोप लगाया है कि शिक्षक ने उनसे कहा है कि रहते यहाँ हो और गाते वहाँ की हो। पाकिस्तान ही चले जाओ।

इस मामले में, कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. कनुप्रिया का कहना है कि छात्राओं की यह हरकत यहाँ का माहौल बिगाड़ने की एक साजिश है। इस कॉलेज का इतिहास काफी पुराना है। ये छात्राएँ इंटर की हैं। सभी लोगों को मोबाइल हटाने और ब्लूटूथ हटाने को कहा गया था। लेकिन इन लोगों ने इसे एक अलग ही मामला बना लिया और इसे मजहब से जोड़कर बवाल करने लगीं।

उन्होंने यह भी कहा है कि यह बेहद ही शर्मनाक बात है। इन छात्राओं की अटेंडेंस भी 75% से कम है। अब तो शिक्षा मंत्री और यूनिवर्सिटी का भी निर्देश है कि कम अटेंडेंस पर्सेंट वाली छात्राओं को फाइनल एग्जाम में बैठने नहीं दिया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि ये लोग बेवजह का दबाव बना रहे हैं, ताकि कॉलेज प्रशासन इनके सामने झुक जाए। साथ ही कहा कि हिजाब की कोई बात नहीं थी, ये जिस शिक्षक पर आरोप लगा रही हैं, उन्होंने देशद्रोही और पाकिस्तान जाने जैसी कोई बात नहीं कही थी। ये लोग मनगढ़ंत बातें बनाकर बेवजह मामले को तूल दे रही हैं।

‘माफी माँगो CM केजरीवाल, ये क्रांतिकारियों का अपमान’: मनीष सिसोदिया की भगत सिंह से तुलना पर भड़का बलिदानी क्रांतिकारी का परिवार

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया शराब घोटाले में फँसे हुए हैं। इस घोटाले से जुड़ी पूछताछ के लिए सीबीआई ने उन्हें सोमवार (17 अक्टूबर, 2022) को पेश होने के लिए कहा था। इस पूछताछ के लिए बुलाए जाने पर आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल समेत पार्टी के अन्य नेताओं ने सिसोदिया और सत्येंद्र जैन की तुलना भगत सिंह से की थी। इस तुलना को लेकर भगत सिंह के परिवार ने केजरीवाल से बयान वापस लेने के साथ ही माफी की माँग की है। वहीं, भाजपा ने भी इस बयान पर केजरीवाल से माफी की माँग की है।

अरविंद केजरीवाल के इस बयान पर भगत सिंह के परिवारिक सदस्य हरभजन एस दत्त ने कहा, “केजरीवाल का यह बयान न केवल भगत सिंह बल्कि सभी क्रांतिकारियों का अपमान है। वह सिसोदिया और सत्येंद्र जैन की तुलना भगत सिंह से कैसे कर सकते हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “भगत सिंह का जो मिशन था राजनीतिक खेल नहीं था बल्कि देश की जनता के लिए था। राजनीतिक खेल वाला आदमी कभी फाँसी पर नहीं चढ़ सकता। भगत सिंह ने अंग्रेजी हुकूमत के सिस्टम खिलाफ लड़ाई लड़ी थी। ये लोग सिस्टम के खिलाफ लड़ाई नहीं लड़ रहे, बल्कि सत्ता की लड़ाई लड़ रहे हैं। केजरीवाल को अपने इस बयान को वापस लेना चाहिए और माफी माँगनी चाहिए।”

भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने केजरीवाल के इस बयान पर कहा है कि पहले केजरीवाल ने कहा था कि सत्येंद्र जैन को भारत रत्न दिया जाना चाहिए और अब वह सिसोदिया की तुलना भगत सिंह से कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल को भगत सिंह की तुलना दिल्ली में शराब के ठेके बाँटने वाले व्यक्ति से करने के लिए माफी माँगनी चाहिए।

संबित पात्रा ने यह भी कहा, “ऐसा लगता है कि एक नया चलन शुरू हो गया है। पूछताछ से पहले नेता सत्याग्रह के नाम पर राजघाट जाते हैं। भ्रष्टाचार और सत्याग्रह के बीच कोई संबंध नहीं है। यह भगत सिंह और महात्मा गांधी का स्पष्ट अपमान है।”

बता दें, दिल्ली की नई आबकारी नीति के अंतर्गत दिल्ली सरकार पर 144 करोड़ रुपए के घोटाले का आरोप है। इसमें, सीबीआई ने मनीष सिसोदिया समेत 14 अन्य लोगों पर एफआईआर दर्ज की है। इस एफआईआर में सिसोदिया आरोपित नंबर 1 हैं। इस बड़े घोटाले की जाँच में सीबीआई ने गत 18 अगस्त को मनीष सिसोदिया के घर समेत 31 जगहों पर छापेमारी की थी। इसके बाद, ईडी ने 7 अक्टूबर को दिल्ली समेत हैदराबाद और पंजाब में 35 ठिकानों पर छापेमारी की थी। यही नहीं, हाल ही में, शुक्रवार (14 अक्टूबर, 2022) को भी ईडी ने 25 ठिकानों पर छापेमारी की थी।

गौरतलब है कि शराब घोटाले में यह पूरी कार्रवाई मुख्य सचिव की उस रिपोर्ट के आधार पर हो रही है, जिसमें यह आरोप लगाया गया था कि दिल्ली सरकार के एक्साइज पॉलिसी में बड़ी हेराफेरी की गई है। यह रिपोर्ट करीब दो महीने पहले दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना को सौंपी गई थी।

इस रिपोर्ट में जीएनसीटीडी एक्ट 1991 के साथ ही ट्रांजेक्शन ऑफ बिजनेस रूल्स 1993 और दिल्ली एक्साइज एक्ट 2009 तथा दिल्ली एक्साइज रूल्स 2010 के नियमों का उल्लंघन पाया गया था। इस रिपोर्ट में सीबीआई जाँच की भी सिफारिश की गई थी जिसके आधार पर अब सीबीआई कार्रवाई कर रही है।

इस बार विजय सलगांवकर ने कबूल लिया अपना अपराध! अक्षय खन्ना की एंट्री से बढ़ा सस्पेंस, दृश्यम 2′ के ट्रेलर को लोगों ने बताया शानदार

आखिरकार ‘दृश्यम 2’ के ट्रेलर को रिलीज कर दिया गया। इससे पहले बनी ‘दृश्यम’ फिल्‍म तो थी वैसे इसी नाम से बनी मलयालम फिल्‍म का रीमेक, लेकिन लोगों ने हिंदी में बनी इस फिल्‍म के डायरेक्‍शन और अजय देवगन संग अन्य कलाकारों की एक्टिंग को काफी सराहा था। ‘विजय सलगांवकर’, यानी अजय देवगन जिस तरह से अपनी फैमिली को प्रोटेक्‍ट करते हैं, वह देखने लायक था।

दृश्यम को वर्ष 2015 में रिलीज किया गया था और फिल्‍म का डायरेक्‍शन निशिकांत कामत ने किया था। कामत अब इस दुनिया में नहीं रहे, ऐसे में यह देखना दिलचस्‍प रहेगा कि क्‍या ‘दृश्यम 2’ के डायरेक्‍शन में भी वही जादू दिख पाएगा। इस बार फिल्‍म का डायरेक्‍शन अभिषेक पाठक ने किया है। हालाँकि ट्रेलर देखकर लगता नहीं कि फिल्‍म के कलेवर में कोई बदलाव किया गया है।

वही हाव-भाव, सभी की दमदार एक्टिंग को ट्रेलर में साफ देखा जा सकता है। लेकिन इस बार फिल्‍म में जबरदस्‍त एक्‍स फैक्‍टर है। वो एक्‍स फैक्‍टर हैं दमदार एक्टिंग के लिए पहचाने जाने वाले अक्षय खन्‍ना। ट्रेलर से ही साफ अनुमान लग जाता है कि फिल्‍म मे अजय देवगन और अक्षय खन्ना की जबरदस्‍त भिड़ंत होने वाली है। हालाँकि तब्‍बू इस बार में एक पुलिस ऑफिसर की हैसियत से नहीं बल्कि एक माँ के रूप में इस केस से जुड़ती हैं। अक्षय और तब्बू, विजय को सोचने का समय नहीं देते हैं और अजय देवगन पर दबाव डालते हैं।

बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक ‘दृश्यम’ ने वर्ल्‍डवाइड कुल 107.87 करोड़ रुपए की कमाई की थी। फिल्‍म ने ओपनिंग डे पर भारत में 5.8 करोड़ रुपए की कमाई की थी, लेकिन माउथ पब्लिसिटी और कसी हुई कहानी के दम पर बाद में अच्‍छी कमाई कर ली थी।

ट्रेलर के अंत में विजय अपना कन्फेशन रिकॉर्ड करवाते नजर आते हैं। इसे देखकर हर किसी के मन में सवाल उठ रहा है कि क्या इस बार सलगांवकर परिवार पुलिस से बच पाएगा? पिछली फिल्‍म में पुलिस की लाख कोशिशों के बावजूद सलगांवकर परिवार नहीं टूटता है और पुलिस से बच निकलता है। खैर, अंत में क्‍या होगा, ये न तो ट्रेलर में रिवील किया गया है और न ही अनुमान लगाया जा सकता है। ये तो 18 नवंबर को फिल्‍म देखने के बाद ही पता चलेगा।

अजय देवगन ने भी फिल्‍म के ट्रेलर को शेयर किया है और साथ ही इसकी टैगलाइन्स भी लिखी है। उन्होंने कहा कि शब्‍दों पर नहीं, दृश्यों पर ध्यान दो, क्योंकि शब्दों में झूठ छुपने की जगह ढूँढ ही लेता है।

ट्रेलर रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर भी इस फिल्‍म को लेकर काफी प्रतिक्रिया मिल रही है। मूवी क्रिटिक रोहित जायसवाल अजय देवगन की शानदार एक्टिंग की तारीफ करते हुए लिखते हैं कि यह शानदार होने वाला है।

मूवी क्रिटिक तरण आदर्श ने फायर का इमोजी बनाकर ट्रेलर को शानदार बताया है।

वहीं सुमित कादल नाम के टिवटर यूजर इस फिल्‍म के ट्रेलर को शानदार बता रहे हैं। सुमित का कहना है कि लोगों को अक्षय खन्‍ना और अजय देवगन के बीच तल्‍खी थियेटर तक लेआएगी।

‘सबसे ज्यादा कानून का पालन हम ही करते हैं, लेकिन हम पर ही अत्याचार’: लेस्टर-बर्मिंघम हिंसा के बाद 180 हिन्दू संगठनों का ब्रिटेन की PM को पत्र, माँगा न्याय

ब्रिटेन के लेस्टर में हिंदुओं के खिलाफ हुई हिंसा को लेकर 180 ब्रिटिश भारतीय और हिंदू संगठनों तथा मंदिरों के अधिकारियों ने ब्रिटेन की प्रधानमंत्री लीज ट्रस को पत्र लिखा है। इस पत्र में, वहाँ रहने वाले हिंदुओ की हालत और लेस्टर हिंसा की निष्पक्ष जाँच के साथ ही पीड़ितों को मुआवजा देने की माँग की गई है।

ब्रिटेन की प्रधानमंत्री लिज ट्रस को लिखे पत्र में हिन्दू संगठनों ने कहा है कि यहाँ हिंदुओं को टारगेट कर हमला किया जा रहा है। इसलिए, हिन्दू बेहद डरे हुए हैं। पत्र में कहा गया है, “हम आपका ध्यान बर्मिंघम, लेस्टर सहित हाल और अन्य शहरों में पिछले दिनो हुई हिंसा की तरफ आकर्षित करना चाहते हैं। इन जगहों पर हुई हिंसा में भारतीय और हिंदू समुदायों को काफी परेशान किया गया है। इन हिंसा वाले इलाकों में हिंदू समुदाय के प्रति नफरत चरम पर है।

इस पत्र में हिंदुओं पर हो रहे हमलों को लेकर बताते हुए आगे कहा गया है, “किसी भी हिन्दू समुदाय के शख्स पर कभी भी शारीरिक हमला, सोशल मीडिया पर उन्हें प्रताड़ित करना स्कूलों और दफ्तरों में भी टारगेट करना लगातार उन्हें धमकी देना और उनके साथ दुर्व्यवहार चरम पर है। यहाँ हिंदुओं पर शारीरिक हमले, सोशल मीडिया पर उत्पीड़न और स्कूलों तथा वर्कप्लेस में सॉफ्ट टारगेटिंग के माध्यम से खुली हिंसा, धमकी और दुर्व्यवहार किया गया है।”

लीज ट्रस को लिखे पत्र में यह भी कहा गया है कि ब्रिटेन में हिन्दू कुल आबादी के दो प्रतिशत से भी कम हैं, इसके बाद भी उनका योगदान ब्रिटिश अर्थव्यवस्था में सामाजिक-आर्थिक और सामाजिक एकीकरण के मामले में काफी अधिक है। बताया गया है कि जेल के आँकड़ों से स्पष्ट है कि यहाँ हिंदू समुदाय सबसे अधिक कानून का पालन करने वाला है। फिर भी, आज हिंदू एक ऐसे समुदाय की तरह रह रहे हैं जो संकट के घेरे में है।

पत्र में लेस्टर समेत अन्य जगहों पर हुई हिंसा की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा गया है, “आपको लेस्टर में हुई हिंसा और बर्मिंघम में एक मंदिर के बाहर आक्रामक विरोध के साथ-साथ नॉटिंघम में हिंदू समुदाय को परेशान करने और वेम्बली में लंदन के प्रतिष्ठित सनातन मंदिर के बाहर हुए शातिर प्रयासों के बारे में पता होना चाहिए। हालाँकि, लेस्टर में जो हुआ उसके कई कारण हैं। लेकिन, आपको यह पता होना चाहिए कि यहाँ हिन्दू समुदाय खतरे में है।”

इसके अलावा, ब्रिटेन की प्रधानमंत्री को लिखे इस पत्र में 6 माँगे की गईं हैं। इसमें सबसे पहले, हिंदुओं के खिलाफ हुई हिंसा की पुलिस द्वारा सक्रिय होकर जाँच कराने की माँग की गई है। वहीं, दूसरी माँग के रूप में, दंगा पीड़ितों को वित्तीय सहायता देने की माँग की गई है। तीसरी माँग में कहा गया है कि हिंदू विरोधी घृणा और इसके कारणों की निष्पक्ष जाँच हो।

लीज ट्रस को लिखे पत्र में चौथी माँग में कहा गया है कि सरकार उन स्थानों की पहचान जहाँ कट्टरपंथ हावी हो गया है। हिन्दू संगठनों ने हिन्दू विरोधी गतिविधियों को परखने हेतु शिक्षकों को ट्रेनिंग देने के लिए फंड की भी माँग की है। वहीं, छठवीं और आखिरी माँग दीपावली के समय हिंदुओं को पर्याप्त सुरक्षा देने से जुड़ी हुई है।

‘मेरा कैरेक्टर ढीला था, इसीलिए गौहर खान से नहीं हो पाया निकाह’: ‘Bigg Boss 16’ के बीच साजिद खान का इंटरव्यू वायरल, कहा था – हर लड़की को बोलता था ILU

बॉलीवुड डायरेक्टर साजिद खान (Sajid Khan) पर ‘Me Too’ के तहत कई अभिनेत्रियाँ यौन उत्पीड़न का आरोप लगा चुकी हैं। साजिद खान की बिग बॉस-16 (Bigg Boss 16) में एंट्री को लेकर भी काफी विरोध हो रहा है। इसी बीच उनका एक पुराना इंटरव्यू वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह किरण जुनेजा से उनके शो ‘कोशिश से कामयाबी तक’ में बात करते नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो में वह अपने कैरेक्टर, गौहर खान के साथ सगाई और अपने कई रिलेश​नशिप को लेकर बात करते हुए नजर आ रहे हैं।

जब होस्ट किरण ने उनसे गौहर खान (Gauahar Khan) से अलग होने का कारण पूछा, तो साजिद ने कहा, “उस वक्त मेरा बहुत कैरेक्टर ढीला था। मैं कई लड़कियों के साथ घूम रहा था और बहुत झूठ बोल रहा था।” उन्होंने कहा कि वह गौहर के साथ सगाई होने के बावजूद कई लड़कियों को ‘आई लव यू’ बोलते थे और उनके साथ बाहर घूमने जाते थे। हर लड़की को निकाह करने का प्रपोजल देते थे और कई लड़कियाँ सीरियस भी हो जाती थीं। साजिद के अनुसार, इस लिहाज से उनके 350 निकाह होने चाहिए थे।

साजिद ने दावा किया कि भारत में अरेंज मैरिज इसलिए काम करती है, क्योंकि दो लोगों को शादी के बाद उनके बीच फ्रेंडशिप डेवलप होने में समय लगता है और इससे उन्हें अपने रिश्ते को बनाए रखने में मदद मिलती है। उनका कहना था कि सच्ची प्रेम कहानियों में तो उतार-चढ़ाव आते ही रहते हैं। यह हर व्यक्ति पर निर्भर करता है।

बता दें कि ‘बिग बॉस 7’ की विजेता गौहर खान ने फराह खान के भाई से 2003 में सगाई की थी। लेकिन बाद में निजी कारणों से दोनों अलग हो गए थे। इसके बाद वह कुशाल टंडन को डेट करने लगीं। लेकिन उनका यह रिश्ता भी लंबा नहीं चला। इसके बाद गौहर खान (Gauahar Khan) ने दिसंबर, 2020 में कोरियोग्राफर जैद दरबार (Zaid Darbar) के साथ निकाह कर लिया।

गौरतलब है कि जब से साजिद खान को टेलीविजन के सबसे चर्चित और विवादास्पद रिएलिटी शो ‘बिग बॉस 16’ में एक कंटेस्टेंट के रूप में लिया गया है, तब से सोशल मीडिया पर हंगामा मचा हुआ है। कनिष्का सोनी, शर्लिन चोपड़ा और मंदाना करीमी (Mandana Karimi) ने ‘बिग बॉस 16’ में साजिद खान को एक प्रतिभागी के रूप में लेने पर निर्माताओं के प्रति नाराजगी जाहिर की थी। ये उन अभिनेत्रियों में शामिल हैं, जिन्होंने साजिद खान पर MeeToo का आरोप लगाया था।

लैंड जिहाद करते हैं मुस्लिम… मौलाना अपना सामान बाँध लें: मानेसर मस्जिद विवाद पर VHP

विश्व हिंदू परिषद के संयुक्त महासचिव सुरेंद्र जैन ने रविवार (16 अक्टूबर 2022) को, हरियाणा के मानेसर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मौलवियों को ‘सामान पैक करने’ की चेतावनी दी है। उन्होंने यह चेतावनी गुरुग्राम के भोरा कलां में एक मस्जिद निर्माण की आड़ में ‘लैंड जिहाद’ की घटना सामने आने के बाद दी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मानेसर में विश्व हिंदू परिषद द्वारा ‘त्रिशूल दीक्षा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुरेंद्र जैन ने कहा कि गुरुग्राम के भोरा कलां गाँव में मुसलमानों ने अवैध रूप से जमीन पर कब्जा कर लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि गाँव के मुसलमानों ने मस्जिद में मरम्मत के बहाने वहाँ की जमीन पर कब्जा किया है।

उन्होंने बताया, “12-13 साल पहले केवल तीन मुस्लिम परिवार भोरा कलां आए थे। इस गाँव में उन्होंने बकरियों को चराने वाली जमीन पर नमाज़ पढ़ने के लिए अनुमति माँगी थी। उस समय यह तय हुआ था कि कोई भी मौलवी बाहर से नहीं आएगा। लेकिन धीरे-धीरे बाहर से लोग आने लगे। उन्होंने ईंटें उठाई और मस्जिद बनाने की कोशिश की। कोई आपके घर में घुसकर मस्जिद बनाएगा, आप स्वीकार करोगे? भोरा कलां में जो हुआ वो कल गुरुग्राम, मानेसर, हरियाणा और देश में भी हो सकता है। वे पूरे देश को धर्मांतरित करना चाहते हैं। ये इबादत नहीं, जिहाद है। मैं भोरा कलां के लोगों को बधाई देना चाहता हूँ, जिन्होंने उन्हें सबक सिखाया।”

सुरेंद्र जैन ने मुस्लिमों को चेतावनी देकर कहा, “मैं उन मौलवियों से कहना चाहता हूँ, अपना सामान पैक करो वरना मानेसर के लोग तुम्हें नहीं छोड़ेंगे। यह हिंदू राष्ट्र था, है और रहेगा।” उन्होंने पुलिस पर आरोप लगाते हुए आगे कहा, “मेवात में बड़े पैमाने पर गौहत्या हो रही है लेकिन पुलिस कार्रवाई करने की हिम्मत नहीं कर रही है। उनको सजा देते हैं तो हमारे मानेसर के बजरंगी को घर में घुस कर मारते हैं।”

मानेसर मस्जिद विवाद

बता दें, कथिततौर पर गुरुग्राम के भोरा कलां गाँव में बुधवार (12 अक्टूबर 2022) को कुछ लोगों ने मस्जिद में घुसकर नमाज पढ़ रहे लोगों के साथ मारपीट करते हुए गाँव छोड़कर चले जाने की धमकी दी थी। कहा जा रहा है कि मस्जिद में घुसकर जिन लोगों ने हमला किया था वह मुस्लिमों द्वारा किए जा रहे ‘लैंड जिहाद’ से परेशान हो गए थे। इसलिए, उन्होंने यह कदम उठाया था। हालाँकि, इस मामले की पूरी सच्चाई सामने आना अभी बाकी है।

गौरतलब है कि विश्व हिंदू परिषद (VHP) लंबे समय से देश भर में हिंदू मान्यताओं और देवी देवताओं के खिलाफ दिए जाने वाले बयानों और कार्यों के खिलाफ खड़ा रहा है। विहिप लव जिहाद, लैण्ड जिहाद, धर्मांतरण, मंदिर विध्वंस समेत अन्य मुद्दों पर भी मुखर रहा है।

‘नारीवाद में जोश दिखेगा’… ईरानी औरतों के समर्थन में उतरीं उर्वशी रौतेला, हिजाब के विरोध में बाल कटवाए

ईरान में हिजाब के विरोध में प्रदर्शन तेज हो गया है। लोग सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर महिलाओं के खिलाफ हो रहे अत्याचारों के खिलाफ आवाज बुलंद कर रहे हैं। इसी बीच बॉलीवुड सेलिब्रिटी भी ईरान की महिलाओं समर्थन में आ गए हैं। प्रियंका चोपड़ा, मंदाना करीमी और एलनाज नोरौजी के बाद अब बॉलीवुड अभिनेत्री उर्वशी रौतेला ईरानी महिलाओं के सपोर्ट में आगे आई हैं। उन्होंने महसा अमीनी की मौत के विरोध में अपने बाल तक कटवा लिए हैं।

उर्वशी रौतेला ने इंस्टाग्राम पर अपने बाल कटवाते हुए फोटो शेयर की। इसमें वह जमीन पर बैठकर बाल कटवाती हुई नजर आ रही हैं। इसके साथ उन्होंने कैप्शन लिखा है, “मैंने अपने बाल कटवा दिए। ईरान की पुलिस ने महसा अमीनी को हिजाब ठीक से न पहनने पर हिरासत में ले लिया था। पुलिस कस्टडी में लड़की की मौत होने से ईरान की महिलाएँ तब से अभी तक सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रही हैं। इस दौरान कई ईरानियन महिलाओं और लड़कियों ने अपनी जान गवा दीं। वहीं 19 साल की उत्तराखंड की रहने वाली अंकिता भंडारी ने भी… मैं इन सब महिलाओं के समर्थन में अपने बाल कटवा रही हूँ।”

एक्ट्रेस ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा, “दुनियाभर की महिलाएँ एकजुट होकर ईरान की सरकार के खिलाफ विरोध कर रही हैं। महिलाओं का सम्मान करें। बालों को महिलाओं की खूबसूरती का प्रतीक माना जाता है। महिलाएँ सार्वजनिक रूप से अपने बाल काटकर दिखा रही हैं कि उन्हें समाज में सुंदरता के मानकों की परवाह नहीं। वो इसका फैसला किसी को नहीं लेने देंगी कि उन्हें कैसे कपड़े पहनने चाहिए, कैसा व्यवहार करना चाहिए और किस तरह जीना चाहिए। जब महिलाएँ एकजुट होती हैं और एक महिला के मुद्दे को पूरी नारी जाति का मुद्दा मानने लगती हैं, तब नारीवाद में एक नया जोश दिखाई देता है।”

गौरतलब है कि बीते दिनों बॉलीवुड एक्ट्रेस एलनाज नौरोजी, जो मूल रूप से ईरान की रहने वाली हैं। उन्होंने ‘मॉय बॉडी-मॉय चॉइस’ शीर्षक वाला एक वीडियो अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया था। इसमें वह कैमरे के सामने एक-एक करके अपने सारे कपड़े उतारती हुई नजर आ रही थीं। एक्ट्रेस उर्वशी रौतेला ने भी उनकी इस वीडियो को लाइक किया था। उर्वशी रौतेला ने लिखा था, “हमें आप पर गर्व है क्वीन। हम महिलाओं का समर्थन करते हैं।”

‘गुजरात और हिमाचल प्रदेश में चल रही भाजपा की हवा, जीतेगी पार्टी’: प्रशांत किशोर की भविष्यवाणी, कहा – चुनाव छोड़ केरल में यात्रा निकाल रहे राहुल गाँधी

हिमाचल प्रदेश और गुजरात में विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर कई तरह कयास लगाए जा रहे हैं। हालाँकि, अधिकांश सर्वे दोनों राज्यों में भाजपा की जीत की ओर इशारा कर रहे हैं। गुजरात में भाजपा विगत 27 वर्षों से सत्ता में है, लेकिन इस बार आम आदमी पार्टी (AAP) वहाँ तरह-तरह के चुनावी वादों के साथ पूरी ताकत झोंक रही है। अब प्रशांत किशोर ने ही दोनों राज्यों में चुनावी नतीजों को लेकर भविष्यवाणी की है।

‘नवभारत टाइम्स’ की रिपोर्ट के अनुसार, चुनावी रणनीतिकार और इन दिनों बिहार में अपनी ‘जन सुराज यात्रा’ निकाल रहे प्रशांत किशोर ने हिमाचल प्रदेश और गुजरात में भाजपा की जीत की भविष्यवाणी की है। पश्चिमी चम्पारण जिले में अपनी यात्रा के 15वें दिन प्रशांत किशोर ने कहा कि दोनों राज्यों में भाजपा जीत दर्ज करेगी और सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों में भाजपा के पक्ष में हवा चल रही है।

प्रशांत ने दोनों राज्‍यों में ‘आम आदमी पार्टी’ की स्थिति को लेकर भी अपना अनुमान बताया। उन्होंने कहा कि गुजरात में AAP चुनाव जरूर लड़ रही है, लेकिन इससे भाजपा को कोई खास नुकसान नहीं होगा। प्रशांत किशोर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में AAP का कोई असर नहीं है।

पीके ने दक्षिण भारत के राज्यों से ‘भारत जोड़ो यात्रा’ निकाल रहे कॉन्‍ग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष राहुल गाँधी पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि गुजरात और हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव है और राहुल गाँधी चुनाव छोड़कर केरल में यात्रा निकाल रहे हैं। कुछ महीनों पहले खबर आई थी कि प्रशांत किशोर कॉन्ग्रेस में शामिल होने वाले हैं, लेकिन दोनों के बीच बात बन नहीं पाई थी।

बहरहाल, दोनों राज्‍यों में चुनाव में जीत का अनुमान सिर्फ पीके ने ही नहीं लगाया है, बल्कि ‘टाइम्‍स नाउ नवभारत (Times Now Navbharat)’ के सर्वे और इससे पहले एबीपी- सी वोटर(ABP C-Voter) के ओपिनियन पोल में भी भाजपा की जीत(BJP to Return In HP and Gujarat) पर मुहर लगाई गई थी।

‘टाइम्स नाउ नवभारत’ के सर्वे के अनुसार, गुजरात में भाजपा को 125-131 सीटें मिल सकती हैं, जबकि हिमाचल प्रदेश में पार्टी को 38-42 सीटें प्राप्त हो सकती हैं। जहाँ गुजरात में बहुमत का जादुई आँकड़ा 92 है, वहीं हिमाचल प्रदेश में सरकार बनाने के लिए 35 सीटों की ज़रूरत होती है।

इस ओपिनियन पोल की मानें तो गुजरात में बीजेपी को 48%, कॉन्ग्रेस पार्टी को 21%, अरविंद केजरीवाल की AAP को 24%और अन्य को 7% वोट प्राप्त हो सकते हैं। सर्वे में ‘आम आदमी पार्टी’ को गुजरात में दमदार उपस्थिति दर्ज कराते हुए दिखाया गया है।

इससे पहले इन चुनावों से पहले एबीपी सी-वोटर (ABP C-VOTER) ने दोनों राज्यों में ओपिनियन पोल किया था। इस ओपिनियन पोल के हिसाब से गुजरात में भाजपा 135 से 143 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी के रूम में सामने आएगी। यानी गुजरात मे भाजपा को 40 सीटों का लाभ होता दिख रहा है। वहीं, हिमाचल प्रदेश की बात करें तो एबीपी सी-वोटर के ओपिनियन पोल के अनुसार, यहाँ की कुल 68 सीटों में से सत्तारूढ़ भाजपा 37 से 45 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी के रूप में सामने आ सकती है।