Home Blog Page 2383

जम्मू कश्मीर में इमरान हाशमी पर पत्थरबाजी, ‘Ground Zero’ की शूटिंग के लिए पहुँचे थे: अभिनेता ने कहा – कश्मीरी बहुत आवभगत करने वाले

बॉलीवुड अभिनेता इमरान हाशमी (Emraan Hashmi) पर जम्मू-कश्मीर में कुछ अज्ञात लोगों द्वारा पत्थरबाजी किए जानें की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि अभिनेता अपनी फिल्म ‘ग्राउंड जीरो’ की शूटिंग के बाद टहलने निकले तो उनके साथ इस प्रकार की घटना हो गई। हालाँकि, एक्टर ने बताया कि पत्थरबाजी में उनके घायल होने की खबर एकदम झूठी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अभिनेता इमरान हाशमी अपनी आने वाली फिल्म ‘ग्राउंड जीरो’ की शूटिंग जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में कर रहे हैं। खबर है कि शूट के बाद वे सेट से थोड़ी दूर पहलगाम के मेन मार्केट गए, तब उन पर पत्थरबाजी की गई। पुलिस ने भी इस मामले को गंभीरता लिया है और इसमें अभी तक एक पत्थरबाज के गिरफ्तार होने की भी खबर है।

बता दें कि जब इमरान हाशमी पर पत्थरबाजी हुई, तब फिल्म ‘ग्राउंड जीरो’ की टीम के कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे। जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर पत्थरबाजी करने वाले लोगों पर धारा 147, 148, 370, 336, 323 लगाई गई है।

पत्थरबाजी की खबरों पर हाशमी ने दिया जवाब

इस मामले में अभिनेता इमरान खान ने ट्वीट कर पत्थरबाजी के दौरान उनके घायल होने की खबरों पर विराम लगाया। अभिनेता ने ट्वीट में लिखा, “कश्मीर के लोग बहुत आवभगत करने वाले रहे। श्रीनगर और पहलगाम में शूटिंग करके बहुत मजा आया। पत्थरबाजी में मेरे घायल होने की खबर एकदम झूठी है।”

गौरतलब है कि पहलगाम से पहले इमरान हाशमी ने फिल्म ‘ग्राउंड जीरो’ की शूटिंग श्रीनगर में भी की थी। खबर है कुछ फैंस की तरफ नहीं देखने के कारण वे इमरान से नाराज दिखाई दिए। एक शख्स ने बताया था कि वो एक्टर से मिलने और उनके साथ फोटो खिंचवाने के खड़े थे, लेकिन इमरान हाशमी ने उनकी तरफ देखा भी नहीं था।

RSS नेता को तलवार से काट डाला था, केरल में PFI का जिला सचिव अबू बकर सिद्दीकी गिरफ्तार: अब तक 27 धरे जा चुके, इनमें 9 SDPI के

केरल के पलक्कड़ में शनिवार (16 अप्रैल, 2022) को हुई RSS नेता श्रीनिवासन की हत्या के मामले में पुलिस ने PFI (पॉपुलर फ्रंट ऑफ़ इंडिया) नेता को गिरफ्तार किया है। आरोपित का नाम अबू बकर सिद्दीकी है। अब तक इस हत्याकांड में शामिल कुल 27 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। इसमें PFI के अलावा उसकी स्टूडेंट विंग SDPI से जुड़े 9 आरोपित भी शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपित नेताओं को टारगेट करने की सूची तैयार कर रहे थे।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गिरफ्तार अबू बकर सिद्दीकी पलक्कड़ में PFI का जिला सचिव है। उस पर न सिर्फ हत्या की साजिश रचने, बल्कि हत्यारों को भड़काने का भी आरोप है। हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपितों ने भी पुलिस से हुई पूछताछ में अबू बकर की संलिप्तता को स्वीकार किया है। पहले इस हत्याकांड को पलक्कड़ में ही हुई जुबेर नामक व्यक्ति की हत्या का बदला माना जा रहा था। जुबेर को ईलापुल्ली इलाके में तब मार दिया गया था, जब वो नमाज़ पढ़ कर लौट रहा था।

एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार, अपने जिला सचिव की गिरफ्तारी का PFI ने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिख कर विरोध किया है। PFI ने इसे राजनीतिक दुश्मनी बताते हुए कहा है कि कोझिकोड में हुई उनकी रैली में भीड़ देख कर वामपंथी सरकार घबरा गई है और इसी के चलते अब संगठन के सदस्यों को गिरफ्तार किया जा रहा है। PFI ने अबू बकर सिद्दीकी पर लगे आरोपों को झूठा बताया है।

गौरतलब है कि RSS कार्यकर्ता श्रीनिवासन संगठन के शारीरिक शिक्षण प्रमुख के पद पर यह चुके थे। एक दुकान के पास उनकी हत्या हुई। तीन बाइक पर आए पाँच बदमाशों ने उन्हें मार डाला। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया था कि श्रीनिवासन पर तलवार के कई हमले हुए थे। उन्हें एक नजदीकी प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहाँ उन्हें मृत घोषित कर दिया गया था।

छात्रा के फोन से रिकवर हुए 12 वीडियो, चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी MMS कांड का चैट पढ़िए: ‘आज मरवा ही दिया था, एक लड़की ने मुझे देख लिया’

चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी MMS वीडियो लीक कांड में अब चौथे आरोपित के बारे में पता चला है। आरोपित छात्रा, उसके बॉयफ्रेंड और उसके दोस्त – 3 लोग पहले ही 7 दिनों की पुलिस हिरासत में भेजे जा चुके हैं। पुलिस ने छात्रा के मोबाइल फोन से एक दर्जन से भी अधिक वीडियो रिकवर किए हैं। एक वीडियो किसी अन्य नहाती हुई छात्रा के मिलने की बात भी पता चली है। पुलिस ने छात्रा की व्हाट्सएप्प चैट की ट्रांसक्रिप्ट भी निकाली है, जिसमें उसके किसी मोहित नाम के लड़के से बातचीत करने का मामला सामने आया है।

चैट में पता चला है कि मोहित छात्रा को वीडियो और तस्वीरें डिलीट करने के लिए बोल रहा है। पुलिस ने 3 मोबाइल फोन और एक लैपटॉप जब्त किया है, जिसकी जाँच की जा रही है। चैट में एक जगह आरोपित छात्रा कह रही है, “आज मरवा ही दिया था, मुझे नहाती हुई छात्रा की तस्वीर लेते हुए एक लड़की ने देख लिया।” बताया जा रहा है कि छात्रा ने पहले बॉयफ्रेंड को खुद के वीडियो भेजे थे, जिसे उसने अपने दोस्तों के साथ साझा किया और ब्लैकमेल करते हुए अन्य लड़कियों के वीडियो उससे मँगा रहा था।

सोशल मीडिया पर छात्रा का बॉयफ्रेंड और दोस्त खासे सक्रिय हैं। इसे ब्लैकमेल का मामला भी बताया जा रहा है। दोनों लड़कों को हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार किया गया है। पंजाब सरकार की SIR और यूनिवर्सिटी प्रशासन की टीम इस मामले की जाँच कर रही है। एक छात्रा को कनाडा से वीडियो वायरल करने की धमकी मिली है, उसकी भी जाँच की जा रही है। इस घटना के मुंबई और गुजरात कनेक्शन भी सामने आया है।

चौथे आरोपित की गिरफ़्तारी कभी भी हो सकती है। आरोपितों के मोबाइल फोन पर गुजरात और मुंबई से कॉल आए थे। इसीलिए, SIT को चौथे आरोपित की तलाश है जो ब्लैकमेलिंग में शामिल हो सकता है। छात्रा का बॉयफ्रेंड सभी वीडियो को अपने फोन में सेव कर लेता था। चौथे आरोपित को पकड़ने के लिए टीम निकल चुकी है। पूछताछ में अभी भी छात्रा का कहना है कि उसने सिर्फ अपने निजी वीडियो ही बॉयफ्रेंड को भेजे थे, किसी और के नहीं।

छात्रा के दोनों दोस्तों को पुलिस उनके घर लेकर गई है, ताकि उनके सारे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए जा सकें। पेन ड्राइव और कम्प्यूटर जैसे उपकरण उनके घर पर हो सकते हैं। कुछ अन्य उपकरणों में भी फोटो-वीडियो स्टोर किए जाने का पुलिस को शक है। चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में 24 सितंबर तक पढ़ाई रोक दी गई है। छात्र-छात्राओं का विरोध प्रदर्शन जारी है। वो हॉस्टल के इन टाइम में छूट देने, कपड़ों को लेकर वॉर्डन द्वारा रोकटोक बंद करने और बाथरूम में प्राइवेसी सुनिश्चित करने की माँग कर रहे हैं।

जोमैटो से खाना देने आया था 40 साल का रईस शेख, 19 साल की लड़की को करने लगा Kiss, कहा – ‘अंकल हूँ तुम्हारा, कुछ जरूरत हो तो बताना’

महाराष्ट्र के पुणे से एक लड़की को जबरन किस करने वाले जोमैटो डिलीवरी बॉय (Zomato Delivery Boy) को गिरफ्तार किया गया है। यह घटना येवलेवाड़ी (Yewalewadi) की है। 40 वर्षीय जोमैटो डिलीवरी बॉय का नाम रईस शेख है। 19 वर्षीय लड़की की शिकायत के आधार पर कोंढवा थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित को गिरफ्त में ले लिया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लड़की येवलेवाड़ी इलाके की नामित सोसायटी में रहती है। उसने पुलिस को शिकायत में बताया कि वह इंजीनियरिंग की छात्रा है और कोंढवा के ही एक कॉलेज में पढ़ती है। 17 सितंबर की रात करीब 9:30 पर उसने जौमेटो से खाना ऑर्डर किया। डिलीवरी बॉय जैसे ही खाना लेकर उसके अपार्टमेंट में पहुँचा, उसने उससे पीने के लिए पानी माँगा। लड़की ने बताया कि जैसे ही वह पानी लेकर आई, वह उससे घरवालों के बारे में पूछने लगा। इस पर उसने कहा कि वह फ्लैट में अपनी दो दोस्तों के साथ रहती है, जो इस समय अपने घर गई हुई हैं।

बताया जा रहा है कि रईस शेख को जैसे ही पता लगा कि लड़की घर में अकेली है, तो उसने दोबारा एक गिलास पानी माँगा और उसका हाथ पकड़ कर उसे अपनी तरफ खींच लिया। उसने धन्यवाद कहने का नाटक करते हुए लड़की के गाल पर दो बार किस किया। जाते हुए उसने लड़की से यह भी कहा कि वह उसके अंकल के जैसा है। अगर उसे कभी भी किसी भी तरह की मदद की जरूरत हो तो वह उससे बेझिझक बोल सकती है। इसके बाद रईस शेख लड़की को WhatsApp नंबर पर मैसेज करने लगा, जिससे वह काफी डर गई।

पीड़िता के मुताबिक, पहले वह शेख के खिलाफ शिकायत करने से हिचकिचा रही थी, लेकिन जब वह उसे बार-बार मैसेज करने लगा तो उसने कोंढवा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर सरदार पाटिल ने बताया कि मामले में आगे की जाँच जारी है।

पुणे में हुई इस घटना से एक बार फिर सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े गए हैं।। शहरों में बड़े पैमाने पर फूड डिलीवरी ऐप के जरिए खाना ऑर्डर किया जाता है। सवाल यह है कि क्या फूड डिलीवरी ऐप कंपनियाँ अपने कर्मचारियों के दस्तावेजों की जाँच करती हैं? साथ ही, क्या वे इन कर्मचारियों की पृष्ठभूमि और उनके बारे में जानते हैं?

लेस्टर हिंसा: ऐमॉस नोरोन्हा को 10 महीने जेल की सजा, रखे हुए था प्रतिबंधित हथियार – प्रत्यक्षदर्शी ने बताया हो रही हिंदू विरोधी मीडिया कवरेज

इंग्लैंड के लेस्टर (Leicester) शहर में हिंदुओं के समूह पर इस्लामी कट्टरपंथियों द्वारा किए गए हमले में पुलिस अब तक 47 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। लेस्टर पुलिस ने सोमवार (19 सितंबर 2022) को ट्वीट कर यह जानकारी दी।

लेस्टर (Leicester) पुलिस ने अपने ट्वीट के साथ एक लिंक शेयर करते हुए लिखा, “पूर्वी लेस्टर शहर में फैली अशांति को लेकर लेटेस्ट अपडेट। अब तक इस मामले में कुल 47 गिरफ्तारियाँ की जा चुकी हैं। अगर आपने इस घटना के बारे में कुछ सुना है या फिर इससे सम्बंधित कोई और जानकारी आपके पास है, तो आप इसे हमारे रिपोर्ट लिंक के माध्यम से सबमिट कर सकते हैं।”

लेस्टर पुलिस के अनुसार, शहर में फैली अशांति के मामले में 20 वर्षीय एक युवक को प्रतिबंधित हथियार रखने का दोषी पाया गया। ऐमॉस नोरोन्हा (Amos Noronha) नाम के इस शख्स को 10 महीने जेल की सजा सुनाई गई है।

हिंदू लोगों पर इस्लामी कट्टरपंथियों द्वारा किए गए हमले और उसके बाद विरोध प्रदर्शन करने वाली उग्र भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान कई लोग घायल हो गए हैं। लेस्टर पुलिस के चीफ कॉन्स्टेबल रॉब निक्सन ने कहा कि शनिवार (17 सितंबर 2022) को दो समूह का एक-दूसरे पर हमला करने से रोकने के दौरान 16 अधिकारी और पुलिस का एक कुत्ता भी घायल हो गया है।

लेस्टर (Leicester) में ‘अल्लाह-हू-अकबर’ के नारे, फिर हिंसा

लेस्टर शहर में हिंदू मंदिर पर हमले की प्रत्यक्षदर्शी दिशिता सोलंकी ने इंडिया टुडे को बताया कि लेस्टर इस समय एक भयावह जगह बन चुका है। सोलंकी ने कहा:

“फिलहाल यह अभी लेस्टर में हो रहा है। लेकिन नॉटिंघम और बर्मिंघम जैसे अन्य शहरों को भी निशाना बनाया जा रहा है। मेरे कई शहरों में रिश्तेदार रहते हैं। उन्होंने मुझे बताया है कि अन्य शहरों को भी निशाना बनाया जा रहा है।”

दिशिता सोलंकी ने आगे बात करते हुए बताया कि वो सभी (लेस्टर शहर में रहने वाले हिंदू लोग) डरे हुए और खामोश हैं। उनके अनुसार कट्टरपंथी लोग सड़कों पर घूम रहे, अल्लाह-हू-अकबर के नारे लगा रहे… कोई दरवाजा खटखटा रहा, किसी घर पर हमला किया जा रहा है।

लेस्टर हिंसा और हिंदू विरोधी रिपोर्टिंग

लेस्टर शहर में हुई हिंसा पर मीडिया कवरेज को लेकर सवाल उठाते हुए सोलंकी कहती हैं, “क्या इस दौरान मीडिया कवरेज निष्पक्ष रहा है। मुझे लगता है कि रिपोर्टिंग ईमानदारी से होनी चाहिए, जो अब तक यहाँ देखने को नहीं मिली है। मैं कह सकती हूँ कि यहाँ रिपोर्टिंग हिंदू विरोधी रही है।”

दिशिता सोलंकी ने बताया कि इंग्लैंड की मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, हिंदू ही हमला कर रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शी होने के नाते दिशिता सोलंकी ने बताया कि उन्होंने सब कुछ अपनी आँखों से देखा है। जितना वो देखीं और जैसी रिपोर्टिंग हो रही, दोनों में उनको फर्क दिखा। उन्होंने खुल कर कहा कि वो महसूस कर रही हैं कि इस मामले पर की जा रही रिपोर्टिंग पूरी तरह से हिंदू विरोधी है।

बता दें कि इंग्लैंड के लेस्टर शहर में रविवार (18 सितंबर, 2022) को हिंदुओं के समूह पर इस्लामी कट्टरपंथियों ने हमला कर दिया था। इस दौरान ‘अल्लाहु-अकबर’ नारा लगाते हुए मंदिर पर भी अटैक हुआ और उसके ऊपर लगे भगवा ध्वज को भी तोड़कर नीचे गिरा दिया गया। घटना के विरोध में हिंदुओं ने ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए।

कट्टरपंथी भीड़ इतनी बेकाबू थी कि पुलिस ने जब उपद्रवियों को रोकने की कोशिश की, तो उन पर भी काँच की बोतलें फेंकी गई। लाठी-डंडों से लैस भीड़ ने संपत्ति को भी काफी नुकसान पहुँचाया था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कट्टरपंथी मुस्लिमों ने हिंदुओं पर हमला करने के लिए दो झूठ का सहारा लिया। पहला ये कि उन्होंने (हिंदुओं) मस्जिद पर हमला किया और दूसरा हिदुओं द्वारा मुस्लिम लड़की का अपहरण किया गया।

‘एक साथ 2 लड़कों को कभी मत करना डेट’ – सुहाना को अम्मी गौरी खान से मिली सलाह, करण जौहर ने शेयर किया वीडियो

बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान की बीवी गौरी खान (Gauri Khan) जल्द ही करण जौहर के चैट शो ‘कॉफी विद करण- 7’ (Koffee With Karan S7) के अगले एपिसोड में दिखाई देंगी। शो के नए प्रोमो को करण जौहर ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। इसमें गौरी खान अपनी बेटी सुहाना खान (Suhana Khan) के लिए एक संदेश दे रही हैं।

‘कॉफी विद करण- 7’ (Koffee With Karan S7) के इस एपिसोड में गौरी खान के साथ चंकी पांडे की पत्नी भावना पांडे (Bhavna Pandey) और संजय कपूर की पत्नी महीप कपूर (Maheep Kapoor) भी नजर आएँगी।

प्रोमो की शुरुआत में करण जौहर हर बार की तरह अपने मेहमानों का स्वागत करते हैं। इस दौरान वह गौरी खान से पूछते हैं कि वो सुहाना खान (Suhana Khan) को क्या एडवाइस देना चाहेंगी। इस पर गौरी ने कहा:

“एक समय पर दो लड़कों को डेट नहीं करना।”

यह सुनकर करण जौहर जोर-जोर से हँसने लगते हैं। इसके बाद वह महीप कपूर से पूछते हैं कि वह किस बॉलीवुड एक्टर के साथ काम करना चाहेंगी? इस पर महीप कपूर ऋतिक रोशन का नाम लेती हैं। वह कहती हैं, “वह काफी अच्छे दिखते हैं और मैं भी उनके साथ अच्छी दिखूँगी।”

इसके बाद करण जौहर अनन्या पांडे की माँ भावना पांडे से पूछते हैं कि वो किस बॉलीवुड सेलिब्रेटी के साथ काम करना चाहेंगी। इस पर भावना कहती हैं, “कई लोगों के साथ।” इसके बाद करण जौहर फिर गौरी खान से पूछते हैं कि उनकी और शाहरुख खान की लव स्टोरी को वो किस फिल्म के टाइटल से डिफाइन करना चाहेंगी? इस पर गौरी ने जवाब दिया:

“दिलवाले दुल्हनिया ले जाएँगे। क्योंकि मुझे वह फिल्म बहुत पसंद है।”

‘कॉफी विद करण- 7’ (Koffee With Karan S7) के इस प्रोमो में इसके बाद करण जौहर तीनों को अपने-अपने चॉइस के सेलिब्रिटी को कॉल करने के लिए कहते हैं। गौरी खान शाहरुख खान को कॉल करती हैं। इतने में करण कहते हैं, “अगर शाहरुख ने कॉल उठाया तो मैं आपको फिक्स प्वाइंट दूँगा।” कॉल शाहरुख ही पिक करते हैं और हाय करण कहते हुए रिस्पॉन्स देते हैं।

मिला दूसरा वीडियो, नहा रही छात्रा का बाथरूम के नीचे से बनाया: चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी MMS कांड में पुलिस अब खोज रही चौथे संदिग्ध को

चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के वीडियो लीक मामले में पीड़िता के वकील का दावा है कि पुलिस को मिले दोनों वीडियो लड़की नहीं बल्कि लड़के के मोबाइल से बरामद हुए हैं। दूसरी वीडियो एक छात्रा के नहाने के दौरान बनी है, जिसे बाथरूम के नीचे से बनाने का दावा किया जा रहा है। 3 आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस को इस पूरे घटनाक्रम में चौथे संदिग्ध की भी तलाश है। लड़की द्वारा अपने बनाए पहले वीडियो को अपने दोस्त के पास भेजना पुलिस के मुताबिक अपराध नहीं है।

एक रिपोर्ट के मुताबिक गिरफ्तार हुई लड़की ने पुलिस के आगे स्वीकार कर लिया है कि उसने यूनिवर्सिटी की 8 लड़कियों की आपत्तिजनक वीडियो बना कर उसे अपने दोस्त सन्नी को भेजा था। लड़की ने आगे बताया है कि अपने दोस्त को वीडियो भेजने के बाद उसने अपने फोन से वीडियो डिलीट कर दिया था। हालाँकि वो वीडियो किसी और लड़की के मोबाइल फोन में कैसे आ गई, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस मामले की जाँच के लिए गठित SIT की सदस्या रुपिंदर कौर भट्टी ने बताया कि जाँच दल को फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतज़ार है। उनके मुताबिक तब तक किसी भी वीडियो को सही या गलत कहना उचित नहीं होगा। रुपिंदर कौर भट्टी ने यह भी बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार लड़की ने अपने वीडियो बना कर अपने दोस्त सन्नी को भेजने की बात स्वीकार की है। उन्होंने ये भी बताया कि दूसरा आरोपित रंकज भी फोन करके लड़की से वो फोटो और वीडियो माँग रहा था।

वहीं चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी प्रशासन के अधिकारी प्रभदीप सिंह ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और पुलिस जाँच की प्रतीक्षा करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि इस मामले में कोई भी विदेशी एंगल नहीं है। हालाँकि यूनिवर्सिटी की कई छात्राओं ने खुद को डरी-सहमी बताते हुए इस बात पर भी हैरानी जताई है कि अन्य लड़कियों के वीडियो बनने की घटना से पुलिस इनकार क्यों कर रही है।

चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी MMS मामले में कौन है चौथा संदिग्ध?

इस मामले की जाँच कर रही SIT टीम में शामिल SSP चंडीगढ़ के मुताबिक लड़की द्वारा अपने दोस्त को भेजे गए वीडियो अपराध नहीं माने जाएँगे, जब तक उन्हें सार्वजानिक नहीं किया जाए। वहीं सामने आए दूसरे वीडियो में लड़की का चेहरा साफ़ नहीं दिख रहा है।

पुलिस के मुताबिक दूसरे वीडियो में दिख रही लड़की गिरफ्तार लड़की से अलग है। इस तरह से अब पुलिस को चौथे संदिग्ध की तलाश है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार लड़की के मोबाइल से कुछ वीडियो भी डिलीट हुए हैं। इन डिलीट किए वीडियो की फॉरेंसिक जाँच चल रही है।

एक रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि पुलिस टीम ने अब तक 23 फुटेज बरामद कर लिए हैं। इसमें हॉस्टल के CCTV क्लिप्स भी शामिल हैं। पुलिस डाटा बरामद करने के लिए आरोपितों को शिमला ले जाने की तैयारी कर रही है।

पुलिस को यह भी शक है कि पकड़े गए दोनों आरोपित छात्र लड़कियों के वीडियो को ऑनलाइन बेचते थे। हालाँकि इस मामले में पुलिस अभी पड़ताल कर रही है। अब तक हुई पूछताछ में ये भी सामने आया है कि दोनों आरोपित छात्र लड़कियों के वीडियो मँगा कर किसी और डिवाइस में जमा कर रहे थे।

पुलिस को शक है कि ऐसा पैसे कमाने के लिए किया जा रहा था। दोनों आरोपितों का 10 दिनों के लिए कस्टडी रिमांड माँगने के दौरान पुलिस ने कोर्ट में वीडियो को ऑनलाइन बेचने वाली आशंका जताई थी। हालाँकि पुलिस को 7 दिनों का रिमांड मिल पाया।

डर में चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी की छात्राएँ

इस मामले के सामने आने के बाद यूनिवर्सिटी की अन्य लड़कियों को डरा और सहमा हुआ बताया जा रहा है। कहा जा रहा है कि उन्हें डर है कि वो वीडियो कहीं इंटरनेट पर न अपलोड कर दिए जाएँ। कई छात्राओं का ये भी दावा है कि घटना के बाद हॉस्टल की वॉर्डन ने उनके फोन जब्त कर लिए थे।

चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी की ही एक छात्रा ने बताया कि जब भी वो वाशरूम जाती हैं तो लगता है कि उनकी वीडियो बनाई जा रही है। छात्रा ने आगे बताया कि अब वो वाशरूम जाते या कपड़े बदलते हुए काफी असहज महसूस करती हैं और सोचती हैं कि अगर कोई उनकी वीडियो बना ले तो क्या होगा।

एक अन्य बीटेक छात्रा के मुताबिक कल जब वो नहाने गईं तो उन्होंने बत्तियॉँ बुझा लीं, जिससे कोई उनकी वीडियो न बना पाए। इसी के साथ छात्रा ने यह भी बताया कि वॉशरूम के दरवाजे फर्श तक नहीं पहुँचते, इसलिए और डर लगा रहता है कि कोई कैमरा नीचे से न आ जाए।

‘ज़िन्दगी भर उसे प्यार करती रहूँगी’: अपार्टमेंट में पंखे से लटका मिला अभिनेत्री का शव, साथ में संदिग्ध सुसाइड नोट भी बरामद

साउथ इंडियन एक्ट्रेस पॉलिन जेसिका ने आत्महत्या कर ली है। उन्हें दीपा के नाम से भी जाना जाता था। दीपा का शव चेन्नई के विरुगमबक्कम इलाके में स्थित उनके अपार्टमेंट में पंखे से लटका मिला है। पुलिस ने संदेह जताया है कि दीपा ने आत्महत्या की है। पुकिस को पॉलिन जेसिका यानी दीपा की डायरी से एक संदिग्ध नोट मिला है, जिसे सुसाइड नोट माना जा रहा है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दीपा बीते कुछ समय से अकेली रह रही थीं। इस घटना की जानकारी उनके परिवार को तब मिली, जब लगातार फोन करने के बाद भी किसी ने फोन नहीं उठाया। इसके बाद परिवार वालों ने उनके दोस्त प्रभाकरन को उनके अपार्टमेंट भेजा था। प्रभाकरन ने उन्हें पंखे से लटका हुआ पाया। इसके बाद प्रभाकरन ने आंध्र प्रदेश के चित्तूर में रहने वाले दीपा के भाई को सूचना दी। इसके बाद उन्होंने कोयम्बेडु पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल इस मामले की जाँच सुसाइड एंगल से ही की जा रही है।

कुछ रिपोर्ट्स में यह कहा जा रहा है कि दीपा ने अपनी लव लाइफ में आ रहीं परेशानियों से तंग आकर ख़ुदकुशी की है। साथ ही यह भी दावा किया जा रहा है कि उनके अपार्टमेंट से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। इस सुसाइड नोट में उन्होंने किसी का नाम नहीं लिखा है, लेकिन यह कहा है कि ‘वह उन्हें जिंदगी भर प्यार करती रहेंगी।’ कहा जा रहा है कि दीपा किसी से प्यार करती थीं और रिलेशनशिप में आ रही परेशानियों के कारण ही उन्होंने आत्महत्या का कदम उठाया है।

वर्क फ्रंट की बात करें तो दीपा साउथ फिल्म इंडस्ट्री में न्यू कमर थीं। उन्होंने कुछ ही फिल्मों में काम किया है। उनकी एक फिल्म ‘वैथा’ इसी साल 27 मई को रिलीज हुई थी। महिवर्मन सी एस के निर्देशन में बनी इस फिल्म में मु रामास्वामी और नसर की मुख्य भूमिका थी। उन्होंने ‘थुप्परिवालन” जैसी कुछ अन्य फिल्मों में छोटे-छोटे रोल किए हैं।

पॉलिन जेसिका उर्फ दीपा की मौत के बाद पुलिस अपार्टमेंट और आस-पास के इलाकों में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज लेकर जाँच को आगे बढ़ा रही है। इस मामले में पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

धार्मिक प्रतीक देख घरों और गाड़ियों को चिह्नित किया, फिर हिन्दुओं पर किया हमला: इंग्लैंड में मुस्लिम भीड़ ने ऐसे बरपाया कहर, पुलिस के सामने ही घटनाएँ

एशिया कप में 28 अगस्त को भारत और पाकिस्तान आमने-सामने थे। इस मैच में पाकिस्तान को भारत के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद से मुस्लिमों के अंदर गुस्सा भरा हुआ था। इसके बाद जब 4 सितंबर को पाकिस्तान ने भारतीय क्रिकेट टीम को हरा दिया तो यूनाइटेड किंगडम के लीसेस्टर शहर में मुस्लिमों ने बड़ी संख्या में इकट्ठा होकर हिन्दुओं और उनके घरों की पहचान करके हमला किया था। इस हमले के चलते अगले 3-4 दिनों तक (7 सितंबर, 2022 तक) हिंसक घटनाएँ सामने आ रहीं थीं।

हिन्दुओं को टारगेट कर उन पर हुए इस हमले के विरोध में शुक्रवार (16 सितंबर) की शाम हिंदुओं ने प्रदर्शन किया था। लेकिन, शांति मार्च कट्टरपंथी इस्लामवादियों को पसंद नहीं आया। जिसके बाद, हिंदुओं के विरोध प्रदर्शन में इस्लामवादियों ने हमला कर दिया। इस हमले में हिंदुओं पर काँच की बोतलें तक फेंकी गईं थीं। यही नहीं, इन कट्टरपंथियों को हिन्दुओं से इतनी नफरत थी कि उन्होंने पुलिस के सामने ही भगवा ध्वज का भी अपमान किया था।

इसके बाद, हिन्दुओं पर एक बार फिर हमला करने के उद्देश्य से शनिवार (17 सितंबर, 2022) को लीसेस्टर में हजारों की संख्या में इस्लामी ‘हमलावर’ इकट्ठा हुए। इस बार भी इस्लामवादियों ने प्रतीक चिह्नों के सहारे हिन्दुओं की पहचान करते हुए हमला किया है। इस हिंसा की आग में लीसेस्टर एक बार फिर जल रहा है, और इस्लामी कट्टरपंथियों के निशाने पर सिर्फ और सिर्फ हिन्दू थे।

स्थानीय हिन्दू संगठन ‘Insight UK’, जो वहाँ हिन्दुओं के मुद्दे उठाता है, ने ऑपइंडिया से बात करते हुए कहा है कि 6 सितंबर लीसेस्टर के हिन्दुओं के खिलाफ हमलों की लगातार तीसरी रात थी। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में मुस्लिम सड़कों पर उतरे हुए थे। ये सभी हिंदू घरों की पहचान ओम, भगवा झंडे, भगवान गणेश की तस्वीर आदि से कर रहे थे। जिस घर में इन्हें हिन्दू प्रतीक चिह्न दिखाई देता था, उस पर ये हमले कर रहे थे। इन हमलों के बाद क्षेत्र का प्रत्येक हिन्दू भय के साये में जी रहा था।

ठीक ऐसा ही पैटर्न 17 सितंबर को हुए हमले में भी देखा गया। 17 सितंबर को भी हिंदुओ की पहचान कर उन पर हमले किए जा रहे थे। इस हिंसा के दौरान इस्लामवादियों द्वारा एक सफेद कार पर हमला किया गया था, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर बड़े पैमाने पर शेयर किया गया था।

इस वीडियो में, इस्लामिक कट्टरपंथियों की भीड़ एक हिंदू की कार को घेर लेती है। शुरुआत में तो भीड़ ने ड्राइवर की सीट का दरवाजा खोलने की कोशिश करते हुए कार को पीटना शुरू किया। लेकिन, जैसे ही दरवाजा खुला उन्होंने हिंदू ड्राइवर को बाहर खींच लिया और उसे बेरहमी से पीटा। हिन्दू ड्राइवर पर हमला करने के बाद इस्लामवादियों द्वारा खुशी मनाने के कई वीडियो भी सामने आए हैं। इनमें से एक ट्विटर अकाउंट @Itachixuchiiha ने लॉफिंग इमोजी के साथ वीडियो ट्वीट किया था।

ड्राइवर पर हुए इस हमले को लेकर ‘इनसाइट यूके’ ने ऑपइंडिया से कहा है कि उस ड्राइवर को सिर्फ इसलिए पीटा गया, क्योंकि वह हिन्दू था। ठीक इसी प्रकार लीसेस्टर के एक अन्य व्यक्ति ने भी फेसबुक पर कहा कि उस पर इसलिए हमला किया गया क्योंकि उसकी कार के डैशबोर्ड पर भगवान गणेश की तस्वीरें थीं।

इस्लामवादियों द्वारा हिन्दुओं पर किए गए इस हमले को लेकर लीसेस्टर पुलिस का कहना है कि पूर्वी लीसेस्टर के कुछ हिस्सों में शनिवार शाम से रविवार शाम तक गंभीर अव्यवस्था का अनुभव हुआ है। प्रशासन ने कहा कि हालात काबू में करने के प्रयास किए जा रहे हैं और शहर में शुरू हुए विवाद से लेकर अब तक 27 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

‘पाकिस्तान-चीन हमारे लिए सबसे बड़ा खतरा’: BJP में शामिल हुए पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, अपनी पार्टी का भी कर दिया विलय

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह भाजपा में शामिल हो गए हैं। साथ ही उन्होंने अपनी पार्टी ‘पंजाब लोक कॉन्ग्रेस’ का विलय भी BJP में कर दिया है। इससे पंजाब में भाजपा को और मजबूती मिली है। केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और केंद्रीय कानून मंत्री किरण रिजिजू की मौजूदगी में उन्होंने भाजपा का दामन थामा। वरिष्ठ नेता को बुके देकर और माला पहना कर भाजपा में शामिल किया गया। उनके साथ कई नेता भाजपा में आए।

कॉन्ग्रेस के बड़े नेता रहे पंजाब विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष अजायब सिंह भट्टी ने भी कैप्टन अमरिंदर सिंह के साथ भाजपा की सदस्यता ली। इस दौरान पूर्व सीएम ने कहा कि पाकिस्तान और चीन हमारे लिए लगातार खतरा बना हुआ है। उन्होंने यूपीए काल में देश के रक्षा मंत्री रहे एके एंटनी पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्होंने हथियारों की खरीद की दिशा में कदम नहीं उठाए। सिंह ने कहा कि पड़ोसी राज्यों में होने वाले चुनावों में भाजपा बेहतर करेगी।

नरेंद्र सिंह तोमर ने इस मौके पर कहा, “भारतीय जनता पार्टी एक ऐसी पार्टी है, जिसमें हमेशा गर्व से कहा जाता रहा है कि सबसे पहले राष्ट्र और दूसरे नंबर पर पार्टी। इस सिद्धांत को कैप्टन अमरिंदर सिंह जी ने हमेशा अपने जीवन में अपनाया। इसी का परिणाम है कि आज हम सब लोग साथ-साथ हैं। कैप्टन अमरिंदर सिंह का भाजपा में आना, इसके मायने हैं कि वो पंजाब में शांति और सुरक्षा के पक्षधर हैं। उनके आने से BJP की ताकत बढ़ेगी और पंजाब में विकास के लिए ऐतिहासिक कदम होगा।”

ये दूसरी बार है, जब कैप्टन अपनी पार्टी का विलय कर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने 1992 में अपनी पार्टी ‘शिरोमणि अकाली दल (पंथिक)’ का विलय कॉन्ग्रेस में कर दिया था। उससे पहले वो अकाली दल के नेता हुआ करते थे। अबकी विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी की बुरी हार हुई है और वो खुद पटियाला से हार गए। कभी सेना में रहे कैप्टन अमरिंदर सिंह का कहना है कि वो एक फौजी हैं और वापसी करना जानते हैं। उनकी उम्र 80 वर्ष है।