Home Blog Page 2438

NSUI की फिजा खान की जीत के बाद लगे ‘पाकिस्तान ज़िंदाबाद’ के नारे, वीडियो आया सामने: राजस्थान से पहले झारखंड में भी हुआ था ऐसा

राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव 2022 के नतीजे शनिवार (27 अगस्त, 2022) को घोषित कर दिए गए। चुनावी नतीजों के बाद पाली जिले से एक वीडियो सामने आया। वायरल वीडियो में कुछ छात्रों को ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाते हुए सुना जा सकता है। फिलहाल मामला पुलिस तक पहुँच चुका है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह पूरा मामला पाली जिले के मारवाड़ जंक्शन कॉलेज का बताया जा रहा है। 2022 के छात्रसंघ चुनाव में NSUI के प्रत्याशियों ने ही सभी पदों पर जीत दर्ज की। लेकिन, लोग इस दौरान एक प्रत्याशी की जीत की खुशी में ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाते सुनाई दिए। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

ये नारे तब लगे, जब उपाध्यक्ष पद पर NSUI की फिजा खान ने जीत दर्ज की। मामला उजागर होते ही लोगों में इसको लेकर नाराजगी भी दिखी। इसके बाद कुछ लोगों ने थाना पहुँच कर इस घटना खिलाफ ज्ञापन सौंपा। इसमें उन्होंने माँग की है कि ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाने वाले लोगों पर पुलिस तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करे। उन्होंने ऐसे लोगों को समाज के लिए कलंक करार दिया।

झारखंड में भी चुनावों के समय गूँज चुके हैं ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे

ऐसा पहली बार नहीं है कि किसी चुनाव जीतने के बाद ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगे हों। मई 2022 में झारखंड के हजारीबाग में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने का मामला सामने आया था। बताया गया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना के बाद बरकट्ठा प्रखंड के शिलाडीह पंचायत में पंचायत समिति सदस्य के पद पर अमीना खातून की जीत के जश्न में ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे सुनने को मिले थे।

तब इस मामले में एक्शन लेते हुए पुलिस ने भी निर्वाचित प्रतिनिधि सहित तकरीबन 62 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था, जिसमें 12 नामजद थे। तब SP मनोज रतन चौथे ने बताया था कि अमीना खातून के विजय जुलूस में इस तरह की नारेबाजी के वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कोर्रा थाने में एफआईआर दर्ज की, जिसमें 12 लोगों को नामजद किया गया था। इसके अलावा 50 अज्ञात लोगों को भी मामले में आरोपित बनाया गया था।

अंजलि आर्य ने शादी के लिए कहा तो प्रेमी यासीन ने गला रेत कर मार डाला, 24 दिन बाद मिला सड़ा-गला शव: सोशल मीडिया से शुरू हुई थी बातचीत

उत्तराखंड की नैनीताल पुलिस ने अंजलि आर्य के गायब होने की गुत्थी सुलझाते हुए उसके प्रेमी यामीन को गिरफ्तार कर लिया है। मोहम्मद यामीन अहमद ने शादी का दबाव बानने पर अंजलि की गला रेतकर हत्या कर दी थी। युवती के गायब होने के 24 दिन बाद उसका सड़ा-गला शव भी बरामद कर लिया है।

नैनीताल के लालकुआं थाना अंतर्गत मोटाहल्दू के खड़कपुर गाँव की रहने वाली अंजलि आर्य 3 अगस्त को कॉलेज के लिए निकली थी, लेकिन लौटकर घर नहीं आई। परिजनों से उसे बहुत खोजा, लेकिन उसका पता नहीं चला। बाद में परिजनों को पता चला कि वह अपने साथ गहने भी लेकर गई। इसके बाद उन्होंने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

मामले की जाँच कर रही पुलिस ने अंजलि के मोबाइल नंबर की CDR खंगाली शुरू कर दी। इस दौरान पता चला कि वह एक नंबर पर लगातार बात कर रही थी। पुलिस ने जब तहकीकात की तो यह नंबर ग्राम बरा निवासी यामीन अहमद का निकला।

पुलिस ने यामीन अहमद को हिरासत में लेकर पूछताछ करनी शुरू कर दी। पिकअप चालक यामीन पूछताछ से टूट गया और उसने 18 साल की अंजलि से अपने प्रेम संबंधों को स्वीकार करते हुए उसकी हत्या करने की बता कबूल की।

यामीन की निशानदेही पर पुलिस ने शक्तिफार्म रोड पर वन विभाग की चौकी से कुछ दूर आगे घने जंगल से अंजलि का सड़ा-गला शव बरामद कर लिया। हत्या के 24 दिन बीत जाने के बाद शव बुरी तरह सड़-गल गया था। उसे कीड़ों ने खा लिया था। उसमें सिर्फ कंकाल ही बचा था।

पूछताछ में यामीन ने पुलिस को बताया कि अंजलि से उसकी मुलाकात सोशल मीडिया साइट पर हुई थी। वहाँ बातचीत करते-करते दोनों के बीच करीबी बढ़ गई। वहीं, कुछ मीडिया रिपोर्ट में कहा जा रहा था कि प्रेम की कहानी यामीन के एक मिस्ड कॉल से शुरू हुई थी और वह धीरे-धीरे अंजलि को अपने झाँसे में ले लिया।

धीरे-धीरे दोनों फोन पर घंटों बात करने लगे और मिलने लगे। दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। बाद में अंजलि यामीन पर शादी का दबाव बनाने लगी, लेकिन यामीन उसे टालता रहा। अंजलि के दबाव को देखकर यामीन ने उसे ठिकाने की प्लानिंग कर ली।

पूछताछ में यामीन ने बताया कि तीन अगस्त को अंजलि किच्छा आकर उसे कॉल किया। वहाँ दोनों मिले। इसके बाद अंजलि ने उस पर शादी का एक फिर दबाव बनाया। इस बार यामीन ने अपने एक साथी सचिन सक्सेना को बुला लिया। यामीन दोनों को बाइक पर बैठाकर सुनसान जंगल में ले गया।

जंगल में पहुँचकर यामीन ने चाकू निकालकर अंजलि का गला रेत दिया। अंजलि वहीं मर गई। वहाँ से निकलकर दोनों अपने घर चले गए। हालाँकि, सचिन ने भी पुलिस को घटना की जानकारी नहीं दी। बाद में यामीन की निशानदेही पर पुलिस ने उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू और अंजलि का पर्स बरामद कर लिया है।

जिसे कहता था बहन और बँधवाई थी राखी, सुहैल खान ने उसके ही घर में घुस किया रेप का प्रयास: जूनियर इंजीनियर है पीड़िता

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में एक महिला इंजीनियर ने सुहैल खान नामक ठेकेदार पर घर में घुस कर रेप के प्रयास और छेड़खानी का आरोप लगाया है। पीड़िता जल निगम (ग्रामीण) में जूनियर इंजीनियर (JE) पद पर तैनात है, जिसमें आरोपित ठेकेदारी करता है। आरोपित सुहैल पीड़िता को बहन बोला करता था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। घटना मंगलवार (23 अगस्त, 2022) की है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मामला कटरा थानाक्षेत्र का है। आरोपित सुहैल पहले से ही पीड़िता का परिचित बताया जा रहा है। कहा जा रहा है कि रक्षाबंधन में महिला इंजीनियर ने उसे राखी भी बाँधी थी। सोहैल ने इसकी तस्वीर भी अपने सोशल मीडिया पर शेयर की थी। पुलिस को पीड़िता द्वारा दी गई शिकायत के मुताबिक, रात को 11 बजे सोहैल खान उसके घर आया और अंदर आते ही उसने दरवाजे की कुंडी बंद कर दी।

शिकायत में पीड़िता ने आगे लिखा है कि कुंडी बंद करते ही वो उनके साथ छेड़खानी करने लगा और साथ ही बलात्कार करने का प्रयास करने लगा। महिला अधिकारी ने सुहैल की इस हरकत का विरोध किया और साहस दिखाते हुए नाखूनों ने दुष्कर्म का प्रयास कर रहे सुहैल पर वार भी किया। महिला द्वारा शोर भी मचाया गया, जिसके चलते आरोपित पकड़ा गया।

मिर्जापुर पुलिस के मुताबिक, कोतवाली कटरा पर मिली शिकायत के आधार पर सुसंगत धाराओं मे मुकदमा दर्ज कर के 25 अगस्त, 2022 को अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जाँच की जा रही है। मिर्जापुर के पुलिस अधीक्षक IPS संतोष मिश्रा के मुताबिक, महिला व नशे संबंधी अपराधों में शामिल सभी आरोपितों के खिलाफ न सिर्फ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, बल्कि उन्हें जल्द से जल्द सजा भी दिलाने के प्रयास किए जाएँगे।

50 Kg गोमांस के साथ देवबंद से 3 गौ तस्कर गिरफ्तार, महिला सहित 3 भागे: पहले से ही अपराधी है फैजान और मोहम्मद छोटन

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर पुलिस ने देवबंद के मकान में छापेमारी कर तीन गौ तस्करों को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक महिला सहित तीन आरोपित भाग गए। पुलिस ने मौके से गोमांस और मांस काटने वाले हथियार बरामद किए हैं। पुलिस ने सभी 6 आरोपियों के खिलाफ गोवंश अधिनियम में FIR दर्ज किया है।

पुलिस ने मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर शनिवार (27 अगस्त 2022) को देवबंद के शेख-उल-हिन्द कॉलोनी में फैजान के मकान में छापेमारी की। इस दौरान फैजान पुत्र गुलजार, मोहम्मद छोटन पुत्र इरफान उर्फ फाना, सुफियान पुत्र सईद को गिरफ्तार कर लिया। हालाँकि, मौका देखकर तीन आरोपित भागने में कामयाब हो गए।

छापेरमारी के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से 50 किलो गोमांस, चाकू, कुल्हाडी सहित मांस काटने वाले कई हथियार बरामद कर लिया। वहीं, घटनास्थल से पुलिस को चकमा देकर फरार होने वाले आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस तलाशी अभियान चला रही है।

दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में एक छोटन के खिलाफ देवबंद थाने में पहले से ही 7 मुकदमे दर्ज हैं। इन में से 5 मुकदमे गोवंश अधिनियम के तहत दर्ज है। इस पर गैंगस्टर एक्ट भी लगा हुआ है।

वहीं, मुख्य आरोपित फैजान पर भी पहले से मुकदमे दर्ज हैं। फैजान के खिलाफ देवबंद थाने में 7 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें से 4 मुकदमे गोवंश अधिनियम के तहत दर्ज हैं। फैजान पर भी गैंगस्टर एक्ट लगा हुआ है।

दूरदर्शन पर हर रविवार बच्चों को दिखाएँ ‘स्वराज’ : PM मोदी ने ‘मन की बात’ में देशवासियों से की अपील, बोले- इसे खुद भी जरूर देखें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज रविवार (28 अगस्त 2022) को मन की बात (Mann ki Baat) की। इस चर्चा को मोदी ने देश के आर्थिक और वैश्विक पहलुओं पर केंद्रित रखा। सुबह 11 बजे PM मोदी ने सबसे पहले आजादी के अमृत महोत्सव में देश द्वारा तिरंगे के लिए दिखाए गए उत्साह का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि विविधता वाले देश को तिरंगे ने एक सूत्र में बाँध दिया था। इसी के साथ उन्होंने देश के तमाम हिस्सों में हुए विशेष कार्यक्रमों का जिक्र किया।

आजादी के अमृत महोत्सव को दुनिया के तमाम देशों में उल्लास के साथ मनाने पर पीएम मोदी ने ख़ुशी जाहिर की। इस दौरान विदेशों में भारतीय भाषाओं में गाए गए गीतों और यूरोपीय पर्वत शिखरों पर तिरंगा लहराने के मामलों का विशेष रूप से जिक्र किया।

आज़ादी के अमृत महोत्सव पर दूरदर्शन द्वारा शुरू किए गए सीरियल ‘स्वराज’ की तारीफ़ करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह युवाओं में देशभक्ति की प्रेरणा भरने वाला कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम से देश कई भूले-बिसरे बलिदानियों को याद करेगा।

पीएम ने कहा, “दूदर्शन पर हर रविवार रात 9 बजे, स्वराज का प्रसारण होता है, जोकि 75 सप्ताह तक चलने वाला है। समय निकालकर इसे आप भी देखें और अपने घर के बच्चों को भी दिखाएँ। ताकि स्वतंत्रता आंदोलन में भाग लेने वाले महानायकों के बारे में ये पीढ़ी जान सके।”

जल संचयन के लिए बनाए गए अमृत सरोवरों पर ध्यान दिलाते हुए PM मोदी ने इसे जन आंदोलन का नया रूप बताया। उन्होंने तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक के कुछ जल सरोवरों का जिक्र करते हुए बताया कि यह आने वाली पीढ़ीयों के भविष्य के लिए जरूरी कदम है।

प्रधानमंत्री ने कुपोषण के खिलाफ लड़ने के लिए देश का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने असम के प्रोजेक्ट सम्पूर्णा को सराहनीय बताते हुए मध्य प्रदेश में गीत-संगीत द्वारा कुपोषण को कम करने के प्रयासों का भी जिक्र किया।

मन की बात में PM मोदी ने भारत को मोटे अनाजों का दुनिया का सबसे बड़ा उत्पादक देश बताया। उन्होंने इसके प्रोत्साहन के लिए सहभागी लोगों जागरूकता अभियान चलाने के लिए सराहा। मोटे अनाजों के उत्पादकों को शुभकामना देते हुए मोदी ने इसे किसानों के लिए फायदेमंद बताया।

प्रधानमंत्री मोदी ने पहाड़ी क्षेत्रों विशेषकर उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में रहने वाले लोगों के मेहनत भरे कठिन जीवन से देशवासियों को परिचित करवाया। मोदी ने पहाड़ी लोगों खास तौर पर वहाँ की महिलाओं के जीवन से आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा लेने की अपील की।

प्रधानमंत्री ने बताया कि डिजिटल इंडिया के सपने साकार हो रहे हैं। इस दौरान उन्होंने सीमावर्ती अरूणाचल प्रदेश में शुरू हुई 4 G सेवा के साथ देश के अन्य हिस्सों में लोगों के ऑनलाइन प्रणाली की तरह हुए झुकाव को भविष्य के लिए सुखद संकेत बताया।

‘लाल किला पर तिरंगा ज़रूर फहराएँगे हमारे चाचा, भतीजा इसके लिए कुछ भी करेगा’: बोले मंत्री तेज प्रताप यादव – हम तैयार हैं

बिहार में जब से नीतीश कुमार ने पाला बदला है, तब से उनके पीएम पद के लिए विपक्ष का उम्मीदवार बनने की अटकलें तेज हो गई हैं। लेकिन, इस पर अभी तक सीएम नीतीश कुमार की ओर से कोई बयान नहीं आया है। हालाँकि, बिहार की महागठबंधन सरकार में वन एवं पर्यावरण मंत्री तेज प्रताप यादव ने दावा किया है कि ‘हमारे चाचा’ लाल किले पर तिरंगा जरूर फहराएँगे।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव (Tej Pratap Yadav) ने शनिवार (27 अगस्त, 2022) को नालंदा जिला स्थित राजगीर ज़ू नेचर सफारी (Rajgir Zoo Safari) का दौरा किया। इसी दौरान उन्होंने सीएम नीतीश कुमार के प्रधानमंत्री बनने की अटकलों पर जवाब दिया।

उन्होंने मीडिया के एक सवाल का जवाब देते हुए कहा, ‘चाचा नीतीश कुमार (Nitish Kumar) दिल्ली के लाल किला पर झंडा फहराने का काम करेंगे। उनका भतीजा तैयार है, चाहे इसके कुछ भी क्यों न करना पड़े। हमारा दायित्व बनता है कि उन्हें उस मुकाम तक पहुँचाएँ। महागठबंधन की सरकार है। सब लोग साथ में हैं।”

गौरतलब है कि बिहार में इन बातों को भी हवा मिल रही है कि जल्द ही राज्य की गद्दी और कामकाज को तेजस्वी को सौंपकर नीतीश कुमार केंद्रीय राजनीति में दखल देने वाले हैं। इस बात पर एनडीए के कुछ नेताओं ने भी चकारचा करते हुए नीतीश के पाला बदलने वाले फैसले के पीछे यही कारण बताया। बताते चलें कि नीतीश कुमार ने जब से आठवीं बार सीएम पद की शपथ ली है, तभी से ही जेडीयू से लेकर राजद तक ने उन्हें पीएम मैटेरियल बताना शुरू कर दिया है।

#Boycott Brahmastra: रणबीर का बीफ वाला वीडियो वायरल, घूँघट पर ज्ञान और हिजाब पर चुप्पी वाले अमिताभ बच्चन भी लपेटे में

सिनेमा घरों में 9 सितंबर 2022 को रणबीर और आलिया की फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ रिलीज होने जा रही है। सोशल मीडिया पर लेकिन इसका बायकॉट (BoycottBrahmastra) शुरू हो गया है। इस ट्रेंड के पीछे रणबीर कपूर, आलिया भट्ट के साथ-साथ अमिताभ बच्चन भी बड़ी वजह बन गए हैं। बीते कुछ समय से इस तरह के बायकॉट ट्रेंड के कारण कई फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर मार झेलनी पड़ी है।

#BoycottBrahmastra वाला हैशटैग इस समय खूब ट्रेंड कर रहा है। बता दें कि रविवार (28 अगस्त 2022) सुबह से इस हैशटैग पर तकरीबन 50000 से ज्यादा ट्विट्स आ गए हैं। इन ट्विट्स में लोग फिल्म की कास्ट के तमाम बड़े सितारे रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और अमिताभ बच्चन को अपने निशाने पर ले रहे हैं।

‘ब्रह्मास्त्र’ के बायकॉट के पीछे की वजह

कुछ लोगों ने इस फिल्म में अहम भूमिका निभा रहे अमिताभ बच्चन को भी नहीं बख्शा और इस ट्रेंड के माध्यम से उन्हें भी टारगेट करने लगे। एक यूजर ने उनके लोकप्रिय शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की दो तस्वीरों को शेयर किया। पहली तस्वीर में बिग बी घूँघट प्रथा पर टिप्पणी करते बताए जा रहे हैं, लेकिन दूसरी तस्वीर में उन्होंने हिजाब पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

इसके साथ लोगों ने सोशल मीडिया पर आमिर खान की पीके फिल्म के उस सीन का भी जिक्र किया, जिसमें रणबीर कपूर ने कैमियो किया था। वहीं उन्होंने इस दौरान अपने चेहरे पर पिटाई से बचने के लिए हिंदू देवी-देवताओं के फोटो का स्टिकर लगाया था।

गौरतलब है कि फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ के बायकॉट में आम लोगों के अलावा कुछ बड़ी हस्तियाँ भी शामिल हैं। इस्कॉन कोलकता के उपाध्यक्ष और प्रवक्ता राधारमण दास ने एक वीडियो अपने ऑफिसियल ट्विटर अकाउंट से शेयर किया। इस वीडियो में अभिनेता रणबीर कपूर को बोलते हुए सुना जा सकता है कि वे बीफ (गौमांस) के बहुत बड़े शौकीन हैं। वायरल वीडियो में रणबीर के साथ जो होस्ट हैं, वो हालाँकि उन्हें टोकते हुए रेड बीफ (भैंसे का मांस) बताते हैं, जिस पर रणबीर हामी भी भरते हैं।

‘इलाका खाली कराने से लेकर कुत्तों के बचाव तक’: नोएडा के सुपरटेक ट्विन टावर को गिराने की तैयारी पूरी, बिजली-गैस पर भी रोक

कोर्ट के आदेश के बाद यूपी के नोएडा में स्थित ट्विन टावर को गिराने की तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। आज रविवार (28 अगस्त 2022) को लगभग 2:30 बजे उसे ध्वस्त कर दिया जाएगा। सेक्टर 93ए में स्थित सुपरटेक ट्विन टावर्स के आसपास के क्षेत्रों को खाली करा लिया गया है। इसके साथ हीृ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी किए गए हैं।

इन दोनों बिल्डिंग से सटी सोसायटियों की बिजली कनेक्शन और गैस आपूर्ति को काट दिया गया है। आसपास के लोगों को भी सतर्क रहने को कहा गया है। इसके अलावा, सुरक्षा के अन्य इंतजाम को देखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है।

ट्विन टावर को गिराने से ठीक पहले दोपहर करीब 2.15 बजे ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे को बंद कर दिया जाएगा। ध्वस्तीकरण के आधे घंटे बाद, जब धूल हट जाएगा, तब इसे खोल दिया जाएगा। इस दौरान लोगों को मास्क पहनने की सलाह दी गई है। वहीं, चारों तरफ नजर रखने के लिए कमांड सेंटर में 7 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

नोएडा के डीसीपी (ट्रैफिक) ने कहा कि ब्लास्ट के कारण रूट को डायवर्ट कर दिया गया है। एक इमरजेंसी रूट बनाया गया है, ताकि इमरजेंसी होने पर ग्रीन कॉरिडोर का इस्तेमाल किया जा सके। उन्होंने कहा कि सुरक्षा की पूरी व्यवस्था की है। किसी तरह की दिक्कत नहीं आएगी।

बता दें कि इस दौरान 560 पुलिस के जवान और रिजर्व फोर्स के 100 जवानों को तैनात किया गया है। इसके साथ ही 4 क्विक रिस्पॉन्स टीम और NDRF की टीम को भी तैनात किया गया है। टावर को गिराने से पहले आसपास के अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है। इसके अलावा कई एंबुलेंस को तैनात किया गया है।

टावर के मलबे में कोई कुत्ता या जीव ना दब जाए, इसका भी खयाल रखा गया है। आसपास के क्षेत्रों में कुत्तों एवं अन्य जीवों को बचाने के लिए एक NGO की टीम लगी हुई है। इस टीम लगभग 30-35 कुत्तों को बचाया है।

बता दें कि ट्विन टावर में 900 से ज्यादा फ्लैट हैं। इनमें 9640 छेद कर करीब 3700 किलो बारूद भरा गया है। टावर के दो किलोमीटर के दायरे में सुबह सात बजे से ट्रैफिक बंद कर दिया गया है। शाम के 5 बजे इस इलाके में फिर से ट्रैफिक बहाल होगा।

विस्फोट से 80 हजार टन मलबा पैदा होने का अनुमान है। मौके पर ही मलबे से स्टील और कंक्रीट अलग किया जाएगा। करीब 50 हजार टन मलबा सुपरटेक ट्विन टावर के दो बेसमेंट में समायोजित करने का प्लान है।

‘चीनी राजदूत का बयान उनके देश के व्यवहार को दिखाता है, शिष्टाचार भी भूले’: जासूसी पोत पर बोला भारत- श्रीलंका को सहयोग की जरूरत, बाहरी दबाव की नहीं

श्रीलंका के हंबनटोटा बंदरगाह पर उच्च तकनीक वाले जहाज की डॉकिंग पर भारत ने आपत्ति जाहिर की थी। इसके बाद चीन ने टिप्पणी भारत पर टिप्पणी की थी। चीन की इस टिप्पणी पर भारत ने जवाब देते हुए शनिवार (27 अगस्त 2022) को कहा कोलंबो को अभी सहायता की जरूरत है, ना कि दूसरे देशों के एजेंडे को पूरा करने के लिए अवांछित दबाव या अनावश्यक विवाद की।

श्रीलंका में भारतीय उच्चायोग ने ट्वीट कर कहा, “हमने चीनी राजदूत की टिप्पणी पर ध्यान दिया है। बुनियादी राजनयिक शिष्टाचार का उनका उल्लंघन एक व्यक्तिगत लक्षण हो सकता है या एक बड़े राष्ट्रीय रवैये को दर्शाता है।”

भारतीय उच्चायोग ने कहा कि भारत के बारे में चीनी राजदूत क्यूई झेनहोंग का नजरिया उनके अपने देश के व्यवहार को प्रदर्शित करता है। भारतीय उच्चायोग ने कहा कि भारत इससे अलग है। कथित वैज्ञानिक अनुसंधान पोत की यात्रा के नाम पर भू-राजनीतिक एजेंडे को लागू करना विश्वासघात है।

कोलंबो स्थित भारतीय उच्चायोग ने कहा, “अपारदर्शिता और ऋण संचालित एजेंडा अब एक बड़ी चुनौती बन गई है, खासकर छोटे देशों के लिए। हाल के घटनाक्रम एक चेतावनी है।” भारत ने कहा कि संकट से जूझ रहे श्रीलंका को सहयोग और समर्थन की आवश्यकता है, ना कि अवांछित दबाव की। बता दें कि चीन के ऋण जाल में फँसकर श्रीलंका 1948 के बाद के सबसे गहरे आर्थिक संकट से गुजर रहा है। वहाँ के लोग सड़कों पर उतर आए हैं।

श्रीलंका में चीन के राजदूत झेनहोंग ने शुक्रवार (26 अगस्त 2022) को श्रीलंका में भारत के हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया था। झेनहोंग ने कहा था, “बिना किसी साक्ष्य के तथाकथित सुरक्षा चिंताओं पर आधारित ‘बाहरी अवरोध’ श्रीलंका की संप्रभुता और स्वतंत्रता में पूरी तरह हस्तक्षेप है।”

झेनहोंग ने कहा कि चीन इस बात से खुश है कि इस मामले को निपटा लिया गया। बीजिंग और कोलंबो संयुक्त रूप से एक-दूसरे की संप्रभुता, स्वतंत्रता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा करते हैं। इधर भारत ने चीन के उस आरोप को खारिज कर दिया था, जिसमें उसने भारत द्वारा श्रीलंका पर दबाव डालने की बात कही थी।

बता दें कि हाल में चीन के बैलिस्टिक मिसाइल और उपग्रह निगरानी पोत ‘युआन वांग 5’ ने श्रीलंका के हंबनटोटा बंदरगाह पर लंगर डाला था। चीन के इस जासूसी जहाज के इस क्षेत्र में आने पर भारत ने आपत्ति जताई थी। भारत को शंका था कि चीन इसके जरिए भारतीय रक्षा प्रतिष्ठानों की जासूसी कर सकता है।

दरअसल, चीन का पोत ‘युआन वांग 5’ श्रीलंका के हंबनटोटा बंदरगाह पर 11 अगस्त को पहुँचने वाला था, लेकिन भारत की सुरक्षा चिंताओं को ध्यान में रखते हुए श्रीलंका ने अनुमति नहीं दी। हालाँकि, चीन के दबाव के कारण श्रीलंका ने बाद में अनुमति दी और वह पोत 16 अगस्त को हंबनटोटा पहुँचा था।

श्रीलंका ने पोत को 16 अगस्त से 22 अगस्त तक बंदरगाह पर रहने की अनुमति दी थी। इसके साथ ही यह शर्त रखी थी कि वह श्रीलंका के विशेष आर्थिक क्षेत्र में स्वचालित पहचान प्रणाली चालू रखेगा और श्रीलंकाई जलक्षेत्र में कोई भी वैज्ञानिक अनुसंधान नहीं करेगा।

दरअसल, साल 2017 में चीन का कर्ज नहीं चुका पाने के कारण श्रीलंका ने अपने देश के दक्षिण में स्थित हंबनटोटा बंदरगाह को 99 साल की लीज पर चीन को सौंप दिया था। इसके बाद चीन ने इस बंदरगाह को कई तरह से विकसित किया है। चीन दो बार अपना सबमरीन भी यहाँ भेज चुका है।

फरजान ने किया दलित लड़की का अपहरण: आरोप के बाद गुस्साई भीड़ का घर और मस्जिद पर हमला… पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम

मध्य प्रदेश के देवास जिले में दलित समाज की एक लड़की के अपहरण का आरोप मुस्लिम युवक पर लगा है। इस आरोप के बाद वहाँ हिंसा भड़क गई। आक्रोशित लोगों ने न सिर्फ आरोपित फरजान के घर पर हंगामा किया बल्कि मस्जिद में तोड़फोड़ भी की गई है।

इस दौरान नारेबाजी करते हुए गाँव में जुलूस निकाला गया और आरोपित की गिरफ्तारी की माँग को लेकर बाजार बंद कर दिए गए। पुलिस ने मौके पर पहुँच कर हालात को सँभाला। आरोपित फरजान के खिलाफ केस दर्ज कर के जाँच की जा रही है। घटना शुक्रवार (26 अगस्त 2022) की है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मामला उदयनगर थानाक्षेत्र का है। यहाँ के एक निवासी ने पुलिस में शिकायत करते हुए कहा कि उसकी 19 वर्षीया बहन का अपहरण 20 साल के फरजान ने तब कर लिया, जब उसके पिता इंदौर और अन्य 3 भाई-बहन स्कूल गए थे। पीड़ित के मुताबिक घटना के समय वो अपनी बहन के साथ खेतों में खाद डाल रहा था। अपहरण के लिए आरोपित ने बाइक का प्रयोग किया था।

मिली जानकारी के मुताबिक इस घटना से नाराज पीड़िता के परिजनों ने आरोपित फरजान और उसके रिश्तेदारों के घर पर हमला कर दिया। गाँव की ही मस्जिद में तोड़फोड़ की गई और आरोपित के घर पर खड़ी 2 बाइकों और 1 कार को नुकसान पहुँचाया। इस दौरान भीड़ ने गाँव में मुस्लिम विरोधी नारों के साथ जुलूस भी निकाला। पुलिस को आरोपित की गिरफ्तारी के लिए 24 घंटे की मोहलत दी गई। इस हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

इस मामले की जानकारी पुलिस को हुई तो अधिकारियों ने फ़ौरन ही मौके पर पहुँच कर हालात को संभाला। गाँव में शांति स्थापित करने के लिए फ्लैग मार्च किया गया। पीड़िता के परिजनों को समझाया गया और शहर में अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी गई है। केस दर्ज कर के आरोपित और अपहर्ता की तलाश की जा रही है।

पुलिस ने आरोपित पर SC/ST एक्ट और IPC की धारा 365 के तहत कार्रवाई की है। वहीं तोड़फोड़ के 2 आरोपितों पर भी FIR दर्ज होने की सूचना है। ऑपइंडिया ने इस मामले की जानकारी के लिए SP देवास के ऑफिस में सम्पर्क किया लेकिन वहाँ किसी के द्वारा फोन उठाया नहीं गया। पुलिस वर्जन आने के बाद उसे खबर में अपडेट किया जाएगा।