Home Blog Page 2864

पिता पर रेप केस, भाई पर घरेलू हिंसा: कश्मीरी हिंदुओं के जख्मों पर ठहाके लगाने वाली राखी बिड़ला की फैमिली फाइल्स ऐसी

आम आदमी पार्टी (AAP) के मुखिया और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने गुरुवार (24 मार्च, 2022) को विधानसभा में कश्मीरी हिंदुओं का मजाक उड़ाया। उन्होंने ‘द कश्मीर फाइल्स‘ (The Kashmir Files) को झूठी फिल्म बताते हुए राज्य में टैक्स फ्री करने से इनकार कर दिया। साथ ही उन्होंने फिल्म को टैक्स फ्री करने की बजाय यूट्यूब पर डालने की सलाह भी दी और भाजपा नेताओं पर कटाक्ष करते हुए उन्हें सुझाव दिया कि वह इस ‘झूठी’ फिल्म का प्रमोशन न करें। ऐसा करते हुए वह गंदे लगते हैं।

जिस समय अरविंद केजरीवाल कश्मीरी हिंदुओं के नरसंहार का खुले तौर पर माखौल उड़ा रहे थे, डिप्टी स्पीकर राखी बिड़ला उनके पीछे की सीट पर बैठी थीं। उन्हें  केजरीवाल के भाषणों पर खुलकर हँसते हुए देखा गया। बता दें कि राखी एक समय में कैबिनेट में महिला और सामाजिक न्याय का विभाग सँभाल चुकी हैं। इसके अलावा राखी ने अरविंद केजरीवाल द्वारा स्वतंत्र फिल्म निर्माता विवेक अग्निहोत्री को फिल्म को YouTube पर डालने की खुली चुनौती को ट्विटर पर भी शेयर किया।

हालाँकि विधानसभा में हँसी के जोरदार ठहाकों के साथ अरविंद केजरीवाल की हर बात की तारीफ करने वाली राखी बिड़ला के परिवार कितने शरीफ और सभ्य हैं, यह बात सबके सामने आ गई है। 

राखी बिड़ला के पिता पर रेप का केस दर्ज

2016 में, दिल्ली एमसीडी चुनावों के लिए 24 वर्षीय विवाहित महिला को टिकट देने के लिए लुभाने के आरोप में राखी बिड़ला के पिता भूपिंदर बिडलान और स्थानीय AAP नेता राम प्रताप गोयल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। महिला ने दोनों नेताओं पर रेप का आरोप लगाया था। बिडलान और गोयल के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 डी (गैंगरेप) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायत के मुताबिक आरोपित नेताओं ने MCB चुनाव में AAP से टिकट दिलाने का वादा करते हुए महिला से शारीरिक संबंध बनाया था।

पीड़िता ने गोयल पर कई जगहों पर शोषण करने का आरोप लगाया। इसके साथ महिला ने बताया कि गोयल ने उसे 5 नवंबर, 2016 को कनॉट प्लेस के एक होटल में भूपिंदर बिडलान के साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर किया। आरोप ये भी था कि आरोपितों ने पीड़िता का जीवन बर्बाद करने के लिए उसका MMS वीडियो भी बनाया।

राखी बिड़ला के भाई पर घरेलू हिंसा का आरोप

इससे पहले 2015 में, राखी बिड़ला की भाभी ने दिल्ली के रोहिणी (दक्षिण) पुलिस स्टेशन में अपने पति विक्रम बिडलान के खिलाफ घरेलू हिंसा की शिकायत दर्ज कराई थी और आरोप लगाया था कि उसने उसके साथ मारपीट की और बेल्ट से पीटा। अगले दिन राखी की भाभी प्रियंका बिडलान ने यह कहते हुए अपनी शिकायत वापस ले ली कि अगर भविष्य में ये बातें बढ़ीं, तो वह अदालत का दरवाजा खटखटाएँगी। उसी वर्ष मई में, राखी ने सार्वजनिक रूप से अपने भाइयों – विक्रम और वीरेंद्र बिडलान के साथ एक सार्वजनिक नोटिस में सभी संबंधों को तोड़ने का दावा किया है।

राखी बिड़ला की विवादास्पद राजनीतिक पारी उनके परिजनों के ऊपर लगे आरपों पर खासी चर्चा चल रही है, खासकर उन्हें घाटी में कश्मीरी हिंदुओं की दुर्दशा पर ठहाके लगाते हुए देखने के बाद। नरसंहार में कई असहाय महिलाएँ भी शामिल थीं। केजरीवाल की विवादित टिप्पणी पर राखी बिड़ला की हँसी को देख नेटिज़न्स काफी हैरान थे।

3 दिन में ₹500 करोड़! SS राजामौली की ‘RRR’ ने किया कमाल, तोड़ दिए सारे भारतीय फिल्मों के रिकॉर्ड

निर्देशक एसएस रहमौलि की फिल्म ‘RRR’ ने मात्र 3 दिनों में दुनिया भर में 500 करोड़ रुपए का कारोबार कर लिया है। फिल्म को शुक्रवार (25 मार्च, 2022) को रिलीज किया गया था। इसने पहले ही दिन 257 करोड़ रुपए की ओपनिंग लेकर सबको चौंका दिया था। ‘RRR’ में जूनियर एनटीआर और राम चरण तेजा मुख्य भूमिकाओं में हैं। वहीं आलिया भट्ट, अजय देवगन और श्रिया शरण के भी इसमें छोटे किरदार हैं। ये एक मेगा बजट फिल्म है।

यह फिल्म रियल लाइफ के दो हीरो पर आधारित है, जिन्होंने ब्रिटिश हुकुमत के दौरान अंग्रेजों के नाको-चने चबवा दिए थे। निर्देशक राजामौली का कहना है कि प्रसिद्ध क्रांतिकारी अल्लूरी सीताराम राजू और कोमाराम भीम की जिंदगी पर आधारित इस फिल्म को फिक्शनल रूप दिया गया है। उनका कहना है कि इन क्रांतिकारियों के जीवन के बारे में बहुत अधिक ज्ञात नहीं है, लेकिन इस काल्पनिक कहानी के जरिए ये दिखाने का प्रयास किया गया है कि उनके जीवन में क्या हुआ था और अगर दोनों एक साथ मिल गए होते तो क्या होता।

वहीं ‘द कश्मीर फाइल्स’ की बात करें तो बॉक्स ऑफिस पर ये फिल्म ठंडी नहीं पड़ी है। फिल्म ने दुनिया भर में 265 करोड़ रुपए के आसपास कमा लिए हैं, वहीं भारत में इसने रविवार को ‘RRR’ से टक्कर के बावजूद पौने 9 करोड़ रुपए का कारोबार किया। इस तरह इसने अब तक भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 228 करोड़ रुपए का कारोबार कर लिया है और अब ये फिल्म नेट 250 करोड़ रुपए की तरफ बढ़ रही है। ये भारतीय इतिहास की सबसे ज्यादा मुनाफा कमाने वाली फिल्मों में से एक है।

‘RRR’ के साथ एक अच्छी बात ये है कि इसे हिंदी भाषी क्षेत्रों में भी लोग पसंद कर रहे हैं। रविवार को इसने उत्तर भारत में 30 करोड़ रुपए नेट का आँकड़ा पार कर लिया, जिससे इसका बॉक्स ऑफिस कलेक्शंस हिंदी भाषा में नेट 74 करोड़ रुपए को पार कर लिया। फिल्म पहले हफ्ते में सिर्फ हिंदी में ही 100 करोड़ रुपए की नेट कमाई कर सकती है। बता दें कि टैक्स काट कर आए रुपए को नेट कमाई कहते हैं, वहीं कुल कारोबार को ग्रॉस कह कर सम्बोधित करते हैं।

कब्रिस्तान ले जाकर 10 साल की बच्ची को मौलवी ने किया किस, लोगों ने जमकर पीटा: Video वायरल, महाराष्ट्र के पालघर की घटना

महाराष्ट्र (Maharashtra) के पालघर जिले के वसई इलाके में 10 साल की बच्ची से छेड़छाड़ करने के आरोप में एक मौलवी (Muslim Cleric) को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में आईपीसी और पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरोपित मौलवी को आज (28 मार्च 2022) कोर्ट में पेश किया जाएगा।

टीवी 9 मराठी के मुताबिक, आरोपित का नाम नूरुल्ला अशरफ अली शेख है। वह वसई के एक मदरसे में काम करता है। रविवार (27 मार्च 2022) को 24 वर्षीय मौलवी को बच्ची के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप में स्थानीय लोगों ने जमकर पीटा था। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में आप देख सकते हैं कि स्थानीय लोग काफी आक्रोश में हैं। वे आरोपित को पीट-पीटकर गली से बाहर निकाल रहे हैं। इसके अलावा वह (आरोपित) वीडियो में अपना जुर्म कबूल करते हुए भी नजर आ रहा है। वह कह रहा है कि उसने बच्ची को किस किया।

वायरल वीडियो सामने आने के बाद ट्विटर पर एक यूजर ने लिखा, “महाराष्ट्र के पालघर जिले के वसई इलाके में एक मौलाना को 10 साल की बच्ची से कथित तौर पर छेड़छाड़ करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पॉस्को के तहत मामला दर्ज। ये नहीं छोड़ते किसी को भी। इनका इलाज बहुत आवश्यक है।”

बताया जा रहा है कि 10 साल की मासूम बच्ची रविवार सुबह करीब 10 बजे छुट्टे पैसे लेने के लिए पास की दुकान पर गई थी। दुकान के पास खड़े आरोपित ने बच्ची को अपने पास बुलाया और उसे यह कहते हुए कब्रिस्तान ले गया कि वह उसे छुट्टे पैसे देगा। इसके बाद अली शेख ने वहाँ ले जाकर बच्ची को किस किया। इस बात की जानकारी जब स्थानीय लोगों को हुई तो उन्होंने उसे पकड़कर जमकर पीटा और घसीटकर थाने ले गए। इस दौरान सड़क पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। उन्होंने आरोपित का वीडियो भी बनाया, जिसमें वह अपना जुर्म कबूल कर रहा है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद वालिव थाने में पॉक्सो एक्ट के तहत छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया।

गौरतलब है कि यह कोई पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी महाराष्ट्र में रेप और गैंगरेप के कई मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मासूम बच्चियों के साथ दरिंदगी की सारी हदें पार की हैं। पिछले वर्ष अप्रैल में महाराष्ट्र के लातूर में 7 साल की मासूम बच्ची से कथित तौर पर दुष्कर्म करने के मामले में एक मुस्लिम शख्स को गिरफ्तार किया गया था। अकरम पठान (26 साल) नाम के मुस्लिम शख्स ने निलांगा तहसील के शेडोल में स्थित एक दरगाह में इस शर्मनाक घटना को अंजाम दिया था। लातूर के निलांगा पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया था कि आरोपित अकरम पठान को औसा के एरंडी सरोला गाँव से गिरफ्तार किया गया था।

‘दैनिक भास्कर’ का वनवासियों से जमीन हड़पने का मामला: ST आयोग ने छत्तीसगढ़ के रेवेन्यू सेक्रेटरी की गिरफ़्तारी का दिया आदेश

राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) ने छत्तीसगढ़ के DGP को एक वॉरंट जारी कर के वहाँ के रिवेन्यू सेक्रेटरी IAS नीलम नामदेव इक्का की गिरफ्तारी का आदेश दिया है। यह आदेश ‘दैनिक भास्कर’ ग्रुप के ‘DB पॉवर लिमिटेड’ द्वारा छत्तीसगढ़ में के जांजागीर-चांपा जिले में अनुसूचित जनजाति के लोगों की जमीन धोखाधड़ी से हड़पने के मामले में जारी हुआ है। रेवेन्यू सेक्रेटरी को 1 अप्रैल तक नीलम नामदेव एक्का को आयोग के आगे पेश करने के आदेश दिए हैं। यह वॉरंट 25 मार्च, 2022 (शुक्रवार) को जारी हुआ है।

छत्तीसगढ़ के राजस्व सचिव (रेवेन्यू सेक्रेटरी) को 24 मार्च को आयोग के सामने पेश हो कर अपना पक्ष रखना था। इस बाबत आयोग ने 11 मार्च को नोटिस जारी किया था। इस नोटिस में छत्तीसगढ़ स्टेट डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के एमडी अरुण प्रसाद को भी पेश होने का आदेश था। 24 मार्च को अरुण प्रसाद आयोग के सामने पेश हुए थे पर नीलम नामदेव इक्का गैरहाजिर रहे। इसी के बाद आयोग ने उनकी गिरफ्तारी का नोटिस जारी किया है। ST आयोग दिल्ली के कोर्ट ऑफिसर एस पी मीणा ने यह नोटिस भेजे जाने की पुष्टि ऑपइंडिया से की है।

NCST का नोटिस, जिसे मिलने के बावजूद पेश नहीं हुए थे छत्तीसगढ़ के राजस्व सचिव

गौरतलब है कि वित्तीय गड़बड़ी के आरोपों के कारण जुलाई 2021 में आयकर विभाग (IT) ने भी ‘दैनिक भास्कर’ के ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस पर छत्तीसगढ़ के जांजगीर में लगे आरोपों पर ‘राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) ने जाँच शुरू की है। संस्था के मुताबिक, उन्हें ‘दैनिक भास्कर’ समूह मीडिया संस्थान द्वारा अवैध रूप से आदिवासियों की जमीन की खरीद-बेच करने सम्बंधित शिकायत प्राप्त हुई है।

शिकायत में कहा गया है कि एजेंट के रूप में काम कर रहे उस व्यक्ति ने संस्थान के कहने पर ये सब किया। आरोप है कि इस दौरान ‘छत्तीसगढ़ स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन’ ने भी वनवासियों की जमीन अधिग्रहित कर ‘दैनिक भास्कर’ की कंपनी को बेचा।

ऑपइंडिया ने इस मामले में छत्तीसगढ़ पुलिस के DGP IPS अशोक जुनेजा को फोन किया तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। बाद में उनके PRO भगवती सिंह से बात की तो उन्होंने इस मामले के बारे में कुछ भी बताने से मना कर दिया। DGP के आधिकारिक नंबर पर व्हाट्सएप्प के जरिए भी पूछने पर कोई जवाब नहीं आया। IAS नीलम नामदेव एक्का का भी आधिकारिक लैंडलाइन नंबर उठाया नहीं गया।

शिवसेना के मुस्लिम नेता ने ओवैसी की पार्टी को दिलाई जीत: AIMIM सांसद ने खुद कबूला, कहा- अब्दुल सत्तार मेरे बड़े भाई

महाराष्ट्र के औरंगाबाद से AIMIM के सांसद इम्तियाज जलील ने लोकसभा चुनावों में मिली जीत का सारा क्रेडिट शिवसेना नेता अब्दुल सत्तार को दिया है। इम्तियाज ने कहा है कि उन्होंने लोकसभा चुनावों में उन्हें जीत दिलाने में मदद की थी।

बता दें कि अब्दुल सत्तार पहले कॉन्ग्रेसी नेता थे लेकिन 2019 के लोकसभा चुनावों में उन्होंने शिवसेना ज्वाइन कर ली। इम्तियाज उन्हें अपने जीत का श्रेय देते हुए किंग मेकर बताते हैं। उनके इस बयान के बाद अब ये चर्चा गर्म हो गई है कि क्या सत्तार ने शिवसेना को हराने का काम किया। 

दरअसल, 2019 के लोकसभा चुनाव में जहाँ सांसद इम्तियाज ने जीत दर्ज की थी वहाँ से शिवसेना के चंद्रकांता खैर हारे थे। तो अगर जलील की कही बातों में सच है तो इसका अर्थ है कि न केवल AIMIM नेता को जिताने में सत्तार की भूमिका थी बल्कि शिवसेना नेता को हराने के वो ही जिम्मेदार हैं। 

शनिवार को वेजापुर तालुका में बोलते हुए जलील ने कहा, “सत्तार मेरे भाई जैसे हैं। वे किंग मेकर हैं और किसी को भी उनकी इच्छानुसार राजनीति में धार दे सकते हैं और चाहें तो किसी को भी नीचे गिरा सकते हैं।”

उल्लेखनीय है 2019 के लोकसभा चुनावों में जलील ने खैर को 4 हजार से अधिक वोटों के अंतर से हराया था। बावजूद इसके जलील की टिप्पणी पर शिवसेना अब्दुल सत्तार पर सवाल नहीं उठाते और AIMIM नेता के बयान पर कहते हैं कि इसके पीछे औरंगाबाद सांसद को कोई छिपा एजेंडा है जिसे वो सत्तार की तारीफ करके पूरा करना चाहते हैं।

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, एक वरिष्ठ नेता ने कहा, “ये तारीफ साफ दिल से नहीं आई है बल्कि शिवसेना ईकाई में फूट लगाने के उद्देश्य से आई है।” बता दें कि पिछले कुछ दिनों से महाराष्ट्र की राजनीति में जलील की चर्चा ज्यादा है। बताया जा रहा था कि जलील महा विकास आघाड़ी सरकार में जल्द  जुड़ सकते हैं ताकि लोगों को विश्वास हो कि वो भाजपा की बी टीम नहीं हैं।

पूजा-अर्चना के बाद शपथ लेने पहुँचे आयुर्वेदिक डॉक्टर प्रमोद सावंत, PM मोदी भी रहे मौजूद: लगातार दूसरी बार बने गोवा के CM

विधानसभा चुनाव में जीत के बाद प्रमोद सावंत ने सोमवार (28 मार्च, 2022) को दूसरी बार गोवा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इस शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी के साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, हरियाणा के मुख्यमंत्री एमएल खट्टर, कर्नाटक सीएम बोम्मई, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी मौजूद रहे। प्रमोद सावंत पेशे से आयुर्वेदिक मेडिकल प्रोफेशनल हैं।

शपथ से पहले प्रमोद सावंत ने की पूजा-अर्चना

प्रमोद सावंत ने सीएम पद की शपथ लेने से पहले पूजा-अर्चना भी की। सावंत ने पूजा की कुछ तस्वीरें ट्वीट कीं। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि गोवा के लोगों की सेवा के लिए भगवान से प्रार्थना की। प्रमोद सावंत ने जहाँ मुख्यमंत्री पद की शपथ ली वहीं आठ विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इनमें विश्वजीत राणे, रवि नायक, मौविन गोडिन्हो, नीलेश कैबराल, सुभाष सिरोडकर, रोहन खुंटे, गोविंद गौड़े, अतानासियो मोनसेराते शामिल हैं।

भाजपा ने 20 सीटों पर दर्ज की जीत

हाल ही में गोवा की सभी 40 विधानसभा सीटों पर चुनाव हुए थे। भाजपा ने सबसे ज्यादा 20 सीटों पर जीत दर्ज की थी। कॉन्ग्रेस ने 11, निदर्लीयों ने तीन सीटों पर कब्जा किया था। साथ ही महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी और आम आदमी पार्टी ने दो-दो सीटें जीती थी। जीएफपी और आरजीपी ने एक-एक सीट जीती थी। एमजीपी के दो विधायकों और तीन निर्दलीय विधायकों ने भाजपा को समर्थन दिया है।

सैंकलिम से विधायक हैं प्रमोद सावंत

बता दें कि प्रमोद सावंत (48) उत्तरी गोवा के सैंकलिम से विधायक हैं। 2017 में जब मनोहर पर्रिकर के नेतृत्व में भाजपा ने अपनी सरकार बनाई तो उन्हें विधानसभा अध्यक्ष चुना गया था। पर्रिकर के निधन के बाद उन्होंने मार्च 2019 में पहली बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।

‘HC ने कुरान और हदीस की गलत व्याख्या की’: बुर्का फैसले पर सुप्रीम कोर्ट पहुँचा मुस्लिम लॉ बोर्ड, केरल की उलेमा संस्था भी मैदान में

कर्नाटक (Karnataka) के उडुपी के स्कूल से शुरू हुआ बुर्का-हिजाब विवाद (Burqa-Hijab Controversy) अब हाई कोर्ट के बाद सुप्रीम कोर्ट पहुँच गया है। कर्नाटक हाई कोर्ट ने इस पूरे मामले पर अपनी सुनवाई में कहा था कि हिजाब इस्लाम धर्म का अहम हिस्सा नहीं है और स्कूलों में हिजाब पहनने पर लगी पाबंदी को हटाने से इनकार कर दिया। जिसके बाद ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (All India Muslim Personal Law Board) ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। 

ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने दो अन्य याचिकाकर्ताओं मुनिसा बुशरा और जलीसा सुल्ताना यासीन ने अपने सचिव, मोहम्मद फजलुररहीम के माध्यम से सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। इसके अलावा मामले में उलेमाओं की संस्था ‘समस्त केरल जमीयतुल उलेमा’ ने भी सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दाखिल की है। इस याचिका में कहा गया है कि कर्नाटक HC का फैसला इस्लामिक कानून की गलत समझ पर आधारित है। संस्था का कहना है कि हाई कोर्ट ने फैसले में कुरान और हदीस की गलत व्याख्या की है।

गौरतलब है कि इससे पहले इस्लामी संगठन जमीयत-उलेमा-ए-हिन्द ने भी इस फैसले पर आपत्ति जताया था। संगठन ने कहा था कि इससे मुस्लिम लड़कियों की शिक्षा और मजहबी आज़ादी पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।

वहीं बुर्का पक्ष ने फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका डाली थी। इसमें कहा गया था कि कर्नाटक हाईकोर्ट ये समझने में अक्षम रहा कि हिजाब पहनना ‘प्राइवेसी के अधिकार’ के अंतर्गत आता है, जो संविधान के अनुच्छेद-21 का हिस्सा है। साथ ही इसमें ‘अंतःकरण की आज़ादी’ को भी इसी का एक हिस्सा बताया गया। याचिका में हिजाब को ‘अभिव्यक्ति’ के अंतर्गत बताते हुए कहा गया कि संविधान के अनुच्छेद-19(1)(a) के तहत इसकी सुरक्षा प्रदान की गई है।

बता दें कि मुख्य न्यायाधीश रितुराज अवस्थी, न्यायमूर्ति कृष्णा एस दीक्षित और न्यायमूर्ति जेएम खाजी की तीन सदस्यीय बेंच ने 15 मार्च को मुस्लिम छात्राओं के एक वर्ग द्वारा दायर याचिकाओं को खारिज कर दिया था। साथ ही हाईकोर्ट ने कहा था कि हिजाब इस्लाम धर्म में आवश्यक धार्मिक प्रथा का हिस्सा नहीं है। इन याचिकाओं में क्लास के अंदर हिजाब पहनने की अनुमति माँगी गई थी। फैसले के बाद कर्नाटक के उडुपी में 16 मार्च 2022 को फिर से स्कूल-कॉलेज खोल दिए गए। हालाँकि, सामने आए वीडियो में स्पष्ट तौर पर कुछ छात्राओं को बुर्के में संस्थान में प्रवेश करते हुए देखा गया था।

‘बहरीन में भारतीय मैनेजर ने हिजाबी महिला को नहीं दी एंट्री’: लिबरल गिरोह फैला रहा खबर, यहाँ जानिए सच्चाई

बहरीन में भारतीय रेस्टॉरेंट में हिजाब पहनी महिला को एंट्री न देने और फिर रेस्टॉरेंट को बंद किए जाने के विवाद पर ‘ओनली फैक्ट इंडिया (Only Fact India)’ के विजय पटेल ने महिला का आधिकारिक बयान जारी किया है। इस महिला का नाम मरियम नाजी है। मरियम अपनी दोस्त के साथ रेस्टॉरेंट में गई थी। उन्होंने हिजाब पहनी दोस्त के रेस्टॉरेंट में एंट्री नहीं दिए जाने के विवाद पर सच्चाई बताई है।

वीडियो बयान में मरियम नाजी ने कहा, “नमस्कार, मैं खबरों और अफवाहों से काफी दुखी हूँ। दरअसल, वह आदमी भारतीय नहीं था। वह एक ब्रिटिश आदमी था और मुझ पर विश्वास करो, मैं भारतीय लोगों को पहचान सकती हूँ। तो प्लीज ऐसा करना बंद करें। प्लीज, प्लीज ऐसा करना बंद करें। हमने जो देखा उससे मैं भी खुश नहीं हूँ। इसलिए हमने भारतीय मालिक के साथ बात की। वह हम पर बहुत मेहरबान थे। जो हुआ उसके लिए उन्होंने हमसे माफी माँगी। इसलिए, हमने मामला बंद कर दिया। यह सच है। खबर भी नहीं सुनते। आपको सच्ची कहानी जाननी चाहिए। आप यहाँ तक देख सकते हैं कि मैंने हिजाब नहीं पहना हुआ है, मेरी दोस्त ने हिजाब पहना हुआ था। उसी की वजह से मैंने वीडियो बनाया है।”

नाजी ने हिंदू विरोधी प्रोफेसर अशोक स्वैन को भी उनके भ्रामक ट्वीट के लिए निशाने पर लिया। अशोक ने अपने ट्वीट में मैनेजर को को भारतीय हिंदू बताया था। जिसके बाद मरियम ने उन पर पलटवार करते हुए बताया कि वह मैनेजर हिंदू नहीं, बल्कि ब्रटिश था। उन्होंने आगे ट्वीट में कहा, “ब्रिटिश मैनेजर का नाम लॉयड (Llyod) था और मैं बताना चाहती हूँ कि मैं मुस्लिम हूँ और मुझे नस्लवाद पसंद नहीं है। क्योंकि ईश्वर का संसार काफी बड़ा है। यह हम सभी को सँभाल सकता है। मुझे उम्मीद है कि हम शांति से रहेंगे। प्लीज ऐसा करना बंद करें। मैंने आपको बताया कि वह ब्रिटिश हैं और मैं व्यक्ति की पहचान कर सकती हूँ कि वह भारतीय है या नहीं।”

बहरीन भारतीय रेस्टोरेंट विवाद

गौरतलब है कि रविवार (27 मार्च 2022) को कई मीडिया रिपोर्टों में बताया गया कि इस्लामिक देश बहरीन के अदलिया में भारतीय रेस्टॉरेंट लैंटर्न (‘Lanterns’) को हिजाब पहनी महिला को प्रवेश नहीं दिए जाने के बाद बंद कर दिया गया। विवाद के बाद रेस्टॉरेंट ने घटना पर खेद जताते हुए सोशल मीडिया पर माफीनामा भी जारी किया। 

इसमें कहा गया, “लैंटर्न में हर किसी का स्वागत है और हम 35 वर्षों से ज्यादा वक्त से खूबसूरत राज्य बहरीन में सभी राष्ट्रीयताओं की सेवा कर रहे हैं। लैंटर्न हर किसी के लिए अपने परिवार के साथ आनंद लेने और घर जैसा माहौल महसूस करने के लिए एक जगह है और रेस्टोरेंट के मैनेजर से गलती हुई है, जिसको लेकर उन्हें सस्पेंड किया गया है, क्योंकि एक मैनेजर ने जो किया है, वो यह नहीं दर्शाता है कि हम कौन हैं। इसीलिए हम सद्भावना के तौर पर 29 मार्च को बहरीन के पैट्रन को रेस्टोरेंट में हमारे तरफ से भोजन पर आने का निमंत्रण देते हैं।”

बरेली के 2 आसिफ, 2 नाबालिग हिंदू शिकार: एक ने दलित लड़की को किया अगवा, दूसरे ने आकाश बन किया रेप; फिर धर्मान्तरण का डालने लगा दबाव

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से लव जिहाद के दो मामले सामने आए हैं। दोनों में आरोपित युवक का नाम आसिफ है। एक आसिफ पर दलित नाबालिग लड़की को अगवा करने और उसके परिवार को धमकी देने का आरोप है। दूसरे आसिफ पर एक नाबालिग लड़की को आकाश बनकर अपने जाल में फँसाने, उसके साथ रेप करने और धर्मांतरण का दबाव डालने का आरोप है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फरीदपुर थाना क्षेत्र का आसिफ लगभग 1 साल से नाबालिग का पीछा कर रहा था। उसने अपना नाम आकाश बताया था। नाबालिग से दोस्ती के बाद एक दिन आसिफ उसे अपने साथ दिल्ली ले गया। वहाँ उसने चाय में नशा देकर रेप किया। बाद में शादी का झाँसा भी दिया। इसी बीच एक दिन नाबालिग आसिफ के घर गई तो उसके मुस्लिम होने का पता चला।

नाबालिग पीड़िता के मुताबिक जब उसने आसिफ के घर वालों को सारी बात बताई तब उसे डाँट कर भगा दिया गया। बाद में उसने पुलिस में शिकायत की। शिकायत में खुद पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाना भी बताया है। पुलिस ने आरोपित आसिफ़ पर थाना फरीदपुर में रेप, धर्म परिवर्तन और पॉक्सो जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

दलित नाबालिग के परिवार को मिल रही है धमकियाँ

बरेली जिले के ही कैंट थानाक्षेत्र के एक अन्य मामले में एक दलित परिवार ने अपनी नाबालिग बेटी के अपहरण की शिकायत दर्ज करवाई है। पीड़ित परिवार ने इस मामले में आसिफ नाम के युवक और उसकी माँ खातून और बबली को नामजद किया है। आरोपितों पर फोन के जरिए धमकी देने का आरोप है। पीड़ित परिवार ने आसिफ के अब्बा खलील को एक दबंग और आपराधिक मानसिकता वाला आदमी बताया है। शिकायत 19 मार्च को की गई है।

पुलिस में शिकायत पीड़िता की माँ ने दी है। शिकायत के मुताबिक, “मेरी 16 वर्षीया बेटी को कैंट थानाक्षेत्र का ही आसिफ़ अपनी माँ के सहयोग से 25 फरवरी 2022 को कहीं साजिश रच कर ले गया है। जब हमने इसकी शिकायत आसिफ़ के परिवार वालों से की तब उन्होंने मुझे गालियाँ दी। साथ ही उन्होंने मेरी बेटी के आसिफ़ के कब्ज़े में होने की बात कबूली। शिकायत करने पर हमें और मेरी बेटी को जान से मारने की धमकी भी दी गई। इसी डर से हम काफी दिन चुप रहे। इस बीच हमें फोन पर 3 नंबरों से धमकियाँ भी आईं।” पीड़ित परिवार ने धमकी देने वाले नंबरों को भी पुलिस शिकायत में लिखा है।

पुलिस में दी गई शिकायत

ऑपइंडिया ने पीड़ित परिवार से बात की। उन्होंने बताया, “मेरी बेटी को पुलिस ने इसी 22 मार्च (मंगलवार) को बरामद कर लिया है। इस केस में FIR भी दर्ज हो गई है। अभी तक कोई भी आरोपित पकड़ा नहीं गया है। हम आरोपितों की गिरफ्तारी चाहते हैं। वो खुलेआम घूम रहे हैं।”

‘अपने मुँह से मेरी बीवी का नाम मत लेना’ : ऑस्कर अवार्ड्स के बीच कॉमेडियन क्रिस को विल स्मिथ ने मारा मुक्का, वीडियो वायरल

ऑस्कर अवार्ड के मंच पर अमेरिकी एक्टर विल स्मिथ और अमेरिकी कॉमेडियन क्रिस रॉक के बीच हुई कहासुनी सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रही है। लोग कार्यक्रम की वो वीडियो शेयर कर रहे हैं जिसमें विल स्मिथ को क्रिस रॉक के मुँह पर मुक्का मारते देखा जा सकता है। बीच कार्यक्रम में विल ने ऐसा इसलिए किया क्योंकि क्रिस ने उनकी पत्नी जेडा पिंकेट के गंजेपन पर जोक मारा था। घटना लॉस एंजेल्स के डोल्बी थिएटर की है।

इस कार्यक्रम में क्रिस रॉक डॉक्यूमेंट्री फीचर के लिए जब अवार्ड देने आए तो उन्होंने विल की पत्नी के गंजे होने का मजाक उड़या। उन्होंने जेडा के बाल देखकर कहा, “जेडा मैं तुमसे प्यार करता हूँ। G.I Jane 2 फिल्म में तुम्हें देखने के लिए मैं इंतजार नहीं कर सकता।”

क्रिस का ऐसा मजाक सुन विल स्मिथ गुस्से में आ गए क्योंकि हकीकत में उनकी पत्नी ने किसी फिल्म के लिए बाल नहीं कटवाए थे बल्कि वो alopecia नामक बीमारी के कारण गंजेपन से जूझ रही हैं। इस मजाक को सुनने के बाद कई लोगों ने ताली बजाई लेकिन किंग रिचर्ड फिल्म के स्टार विल स्मिथ को गुस्सा आ गया।

उन्होंने स्टेज पर जाकर ऐसा मजाक करने पर क्रिस को घूँसा मारा और चेतावनी दी कि क्रिस दोबारा अपने मुँह से जेडा का नाम भी न लें। ये देख क्रिस ने कहा कि वो नहीं करेंगे ऐसा। दोनों कलाकारों के बीच स्टेज पर हुई कहासुनी के बाद लोगों के होश उड़ गए और दोनों ही कलाकारों के नाम सोशल मीडिया पर ट्रेंड होने लगे।

लोग जेडा के समर्थन में आकर क्रिस द्वारा बनाए गए मजाक की निंदा करने लगे और बताया गया कि कैसे जेडा बीमारी के चलते 2021 में भी गंजेपन से जूझ रही थीं। वहीं कुछ ट्विटर यूजर ने बताया कि आखिर क्यों क्रिस रॉक ने ऐसा कमेंट किया था।

लोगों ने ये बात गौर करवाई गई कि 1997 में जेआई जेन मूवी आई थी उस समय डेमी मूरी उस फिल्म में गंजी ही दिखाई गई थीं। इसीलिए क्रिस ने जेडा को देख कहा कि वो हो सकता है जे आई 2 फिल्म में दिखाई जाएँ।

बता दें कि इस घटना को ब्रॉडकास्ट करते समय अमेरिका में ये आवाज म्यूट कर दी गई थी लेकिन अन्य देशों में दिखाए गए एपिसोड्स में ये स्पष्ट सुनाई दे रहा था। सामने आई खबरों के अनुसार, इस घटना के बाद जब विल स्मिथ स्टेज पर किंग रिचर्ड फिल्म में रिचर्ड विलियम्स का किरदार निभाने के लिए ऑस्कर लेने गए तो उन्होंने अपनी स्पीच में हरकत के लिए माफी माँगी।

विल स्मिथ और क्रिस रॉक

मालूम हो कि ट्विटर पर ट्रेंड होने वाले विल स्मिथ अमेरिकी कलाकार हैं। 90 के दशक से इंडस्ट्री में सक्रिय रहने वाले स्मिथ की पहचान एक रैपर और फिल्म प्रोड्यूसर के तौर पर भी होती हैं। साल 2019 में आई अलादिन फिल्म में उन्होंने जिन्न का किरदार निभाया था। इसके अलावा वह हाल में किंग रिचर्ड नाम की फिल्म में नजर आए थे। उन्होंने मैन इन ब्लैक और आफ्टर अर्थ जैसी फिल्मों में भी अच्छी एक्टिंग से लोगों का दिल जीता है। वहीं 57 साल के क्रिस रॉक एक जाने-माने स्टैंड अप कॉमेडिन हैं। उन्होंने कुछ फिल्मों में भी काम किया है। वह कुछ फिल्मों के प्रोड्यूसर और डायरेक्टर भी हैं। दोनों ही नाम हॉलीवुड इंडस्ट्री के चर्चित नाम हैं। शायद इसलिए मंच पर हुए विवाद को लेकर लोग यकीन नहीं कर पा रहे कि ऐसा कुछ हुआ है। कुछ अब भी पूछ रहे हैं कि कहीं ये सब शो का ही तो हिस्सा नहीं था।