Home Blog Page 5792

UAE ने भी नरेंद्र मोदी के PM बनने पर जताई ख़ुशी, ADNOC टॉवर तिरंगे में रंगा

कल (मई 30, 2019) राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ 57 मंत्रियों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। इसका जश्न पूरे देश में मनाया गया। भारत के अलावा अबु धाबी में भी मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल की शुरूआत का जश्न अलग ही ढंग से ही मनाया गया।

मोदी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी की आलीशान एडनॉक ग्रुप टॉवर बिल्डिंग भारत और अबु धाबी के झंडे में रंगी नजर आई। दोनों देशों के झंडों के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूएई के शेख मोहम्मद बिन जायद की पोट्रेट भी बिल्डिंग पर देखने को मिली।

इस वीडियो को भारतीय उच्चायुक्त (इंडियन हाई कमिश्नर) नवदीप सिंह सूरी द्वारा शेयर किया गया है। नवदीप सूरी ने ट्वीट करते हुए लिखा, “यह सच्ची दोस्ती है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जहाँ दूसरे कार्यकाल के लिए शपथ ली, आइकॉनिक एडनॉक ग्रुप टावर भारत और यूएई के झंडों और हमारे पीएम और शेख मोहम्मद बिन जायद के पोट्रेट से रोशन हो गया।”

एडनॉक टावर के बारे में बता दें कि ये अबू धाबी की सबसे ऊँची इमारतों में से एक है। इस इमारत की ऊँचाई 342 मीटर है। इस बिल्डिंग में 65 मंजिलें हैं। यह अबू धाबी की राष्‍ट्रीय तेल कंपनी (एडनॉक) का मुख्‍यालय है। यह दुनिया की 57वीं सबसे ऊँची इमारत है।


भारतीय मीडिया की गलती पर भड़के भूटान के पूर्व PM, कहा: ‘ये देश का घोर अपमान है’

भूटान के पूर्व प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे (Tshering Tobgay) ने भारतीय मेनस्ट्रीम मीडिया के प्रति गहरी नाराज़गी जताई है। उन्होंने भारतीय मीडिया द्वारा भूटान के ‘वर्तमान प्रधानमंत्री’ की गलत तस्वीर इस्तेमाल किए जाने पर गुरुवार (मई 30, 2019) को ट्वीट किया है। उन्होंने कहा कि ये उनके देश के लिए घोर अपमान की बात है। भले ही भूटान छोटा देश है, लेकिन वह भारत का एक अच्छा दोस्त है।

दरअसल, भूटान के वर्तमान प्रधानमंत्री लोटे शेरिंग हैं और उन्हें नरेंद्र मोदी के शपथग्रहण समारोह में आना था लेकिन इसके मीडिया कवरेज में दो मीडिया संस्थान NEWS 9 और WION TV ने भूटान के प्रधानमंत्री की तस्वीर को गलत दिखाया। उन्होंने ट्वीट में भूटान के वर्तमान प्रधानमंत्री की जगह भूतपूर्व प्रधानमंत्री की तस्वीर लगाई। WION TV ने गलत तस्वीर लगाई लेकिन प्रधानमंत्री का नाम सही लिखा, लेकिन NEWS 9 ने तो पूर्व प्रधानमंत्री तोबगे को ही भूटान का वर्तमान प्रधानमंत्री बनाकर पूरी खबर को चलाया।

अपनी इस गलती के कारण भारतीय मीडिया को काफ़ी आलोचनाओं का सामना कर पड़ रहा है। सोशल मीडिया पर नाराज़ भूटान के पूर्व प्रधानमंत्री से भारतीय मीडिया की जगह भारतीय लोग माफ़ी माँग रहे हैं। कुछ कह रहे हैं कि पूरा भारत भारतीय मीडिया जैसी सोच नहीं रखता है। भारत देश नेपाल की तरह भूटान को भी छोटे भाई की तरह मानता है।

वहीं कुछ लोग पूर्व प्रधानमंत्री को ये कहकर समझा रहे हैं कि भारतीय मीडिया की गलतियों के कारण देश के लोग खुद ही बहुत परेशान है, इसलिए इस बात को वो दिल पर न लें। वो भारत के दोस्त हैं और शुभ चिंतक भी।

‘बंगाली और बिहारी में भेदभाव नहीं करती हूँ’ कहकर जय श्री राम नारा लगाने वालों को ममता ने फिर किया गिरफ्तार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण में ना जाने के बाद ममता बनर्जी एकबार फिर ‘राम भक्तों‘ पर अपनी भड़ास निकालते हुए देखी गई हैं। कुछ दिनों पहले मेदनीपुर में ममता बनर्जी के काफिले के सामने जय श्री राम का नारा देने वाले लोगों पर न केवल ममता बनर्जी भड़की थी, बल्कि गाड़ी रोक कर गाली-गलौज देने का आरोप लगा दिया था। यही नहीं, बाद में उन्हें गिरफ्तार भी करवा दिया गया था।

इसी तरह का एक मामला कोलकाता के बैरकपुर इलाके से सामने आया है। बृहस्पतिवार शाम को ममता बनर्जी नैहाटी में आयोजित होने वाले धरना प्रदर्शन में भाग लेने जा रही थी। रास्ते में रिलायंस जूट मिल के सामने कुछ लोगों ने ममता बनर्जी के काफिले के सामने जय श्री राम का नारा लगाया।

ममता बनर्जी के काफिले के सामने लगे जय श्रीराम के नारे के बाद ममता दीदी भड़क उठी और उन्होंने नारा लगाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश पुलिस को दिया। बाद में धरना स्थल पर पहुँची ममता बनर्जी ने कहा, “मैं बंगाली और बिहारी में भेदभाव नहीं करती हूँ, लेकिन कुछ लोग भाजपा से पैसे लेकर आज मुझ पर हमला कर रहे थे।”

ममता बनर्जी ने भाजपा को चैलेंज करते हुए कहा, “बैरकपुर सीट से दिनेश त्रिवेदी महज कुछ वोटों से हारे हैं, और मैं भाजपा को चैलेंज देती हूँ कि अगर मैं जिंदा रही, तो आने वाले विधानसभा चुनाव में वह यहाँ से एक भी सीट नहीं जीत पाएँगे।”

अनुभव और युवा शक्ति है मोदी 2.0 कैबिनेट में, देखें मंत्रियों की पूरी लिस्ट

लोकसभा चुनाव में प्रचंड जीत के बाद आख़िरकार वो दिन आ गया जब राष्ट्रपति द्वारा नरेंद्र मोदी को दूसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलाई गई। आज शाम राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में 17वीं लोकसभा के लिए नरेंद्र मोदी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके अलावा राजनाथ सिंह, अमित शाह, सदानंद गौड़ा, निर्मला सीतारामण और नितिन गडकरी ने भी नवगठित केंद्र सरकार में केंद्रीय मंत्री के रूप में शपथ ली।

पीएम मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में 6 हजार से ज्यादा लोग देश-विदेश से पहुँचे हैं। पीएम मोदी के कैबिनेट में इस बार अनुभव के साथ ही युवा शक्ति का मिश्रण नजर आएगा। शपथ ग्रहण से पहले पीएम मोदी और अमित शाह की बैठक के बाद संभावित मंत्रियों को फोन करके पीएम मोदी से मिलने के लिए बुलाया गया। पीएम मोदी के दूसरे कार्यकाल के लिए कैबिनेट में रविशंकर प्रसाद, सदानंद गौड़ा, पीयूष गोयल, प्रकाश जावेड़कर, जी किशन रेड्डी, साध्वी निरंजन ज्योति, पुरुषोत्तम रुपाला, राम विलास पासवान, रमेश पोखरियाल और मुख्तार अब्बास नकवी मंत्री बनेंगे।

25 कैबिनेट मंत्री और 24 राज्य मंत्रियों ने ली शपथ

कैबिनेट मंत्री (24)

  1. राजनाथ सिंह
  2. अमित शाह
  3. नितिन गडकरी
  4. सदानंद गौड़ा
  5. निर्मला सीतारमण
  6. राम विलास पासवान
  7. रविशंकर प्रसाद
  8. हरसिमरत कौर बादल
  9. नरेंद्र तोमर
  10. थावरचंद गहलोत
  11. एस जयशंकर
  12. रमेश पोखरियाल निशंक
  13. अर्जुन मुंडा
  14. स्मृति ईरानी
  15. डॉक्टर हर्षवर्धन
  16. प्रकाश जावड़ेकर
  17. पीयूष गोयल
  18. धर्मेंद्र प्रधान
  19. मुख्तार अब्बास नकवी
  20. प्रह्लाद जोशी
  21. महेंद्र नाथ पांडेय
  22. अरविंद सावंत
  23. गिरिराज सिंह
  24. गजेंद्र सिंह शेखावत

राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)

  1. संतोष गंगवार
  2. राव इंद्रजीत सिंह
  3. श्रीपद नायक
  4. जितेंद्र सिंह
  5. किरन रिजिजू
  6. प्रह्लाद सिंह पटेल
  7. राज कुमार सिंह
  8. हरदीप सिंह पुरी
  9. मनसुख मांडविया

राज्य मंत्री

  1. फग्गन सिंह कुलस्ते
  2. अश्विनि कुमार चौबे
  3. अर्जुन राम मेघवाल
  4. वीके सिंह
  5. कृष्णपाल गुर्जर
  6. राव साहेब दानवे
  7. जी किशन रेड्डी
  8. परषोत्तम रुपाला
  9. रामदास अठावले
  10. निरंजन ज्योति
  11. बाबुल सुप्रियो

जिन लोगों को प्रधानमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में बुलाया गया है, उनमें BIMSTEC देशों के नेता, विपक्ष के सभी राजनेता, खेल की दुनिया के सितारे और बॉलीवुड के बड़े चेहरे शामिल हैं। इससे पहले शपथ ग्रहण समारोह में 3500 से 5 हजार मेहमानों को ही निमंत्रण दिया जाता था।

शपथ ग्रहण में उपस्थित उद्योगपतियों में मुकेश अंबानी, रतन टाटा, एन चंद्रा, उदय कोटक, आनंद महिंद्रा, सज्जन जिंदल, दीपक पारेख, अनिल अग्रवाल, अजय पिरामल आदि भी शामिल हैं।

‘जय श्री राम’ कहने पर BJP कार्यकर्ता की चाकू मार कर हत्या, TMC पर हत्या का आरोप

पश्चिम बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं पर लगातार हमले हो रहे हैं। पार्टी ने दावा किया है कि पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा के चलते उनके 54 कार्यकर्ताओं की हत्या हुई हैं। हालाँकि इस दावे को ममता बनर्जी ने झूठ बताया है, लेकिन इसी बीच बर्धमान जिले के पांडुग्राम में भाजपा का एक कार्यकर्ता मृत पड़ा मिला।

बीजेपी ने अपने कार्यकर्ता की हत्या का जिम्मेदार TMC को बताया है। मृतक की पहचान 52 वर्षीय सुशील मंडल के रूप में हुई है। पांडुग्राम पुलिस थाने में मामले को औपचारिक रूप से दर्ज करवा दिया गया है। पुलिस, मामले की जाँच में जुट गई है।

टेलीग्राफ की एक खबर के अनुसार सुशील मंडल की हत्या तब हुई जब वो प्रधानमंत्री मोदी के शपथ ग्रहण के पहले केतुग्राम के पाण्डुग्राम इलाक़े में पार्टी के झंडे सजा रहे थे और ‘जय श्री राम’ का नारा लगा रहे थे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बताया कि तृणमूल के कुछ गुंडों ने मंडल को झंडे हटाने को कहा और नारा लगाने से मना किया। मंडल ने वैसा नहीं किया जिस कारण गुंडों ने लगतार चाकू से हमले करते हुए उन्हें घायल कर दिया। अस्पताल में उनकी मृत्यु हो गयी।

अब ऐसे में अपनी पार्टी के ऊपर लगते आरोपों के विरोध में ममता बनर्जी ने अपने ही बयान से उलट जाकर फैसला किया है कि वो शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं होंगी। बंगाल मुख्यमंत्री का कहना है कि ये मौतें ‘राजनीति से जुड़ी नहीं हैं।’

ऐसा पहली बार नहीं हुआ है कि ममता अपने बयान से पलटी हों। 2014 में भी प्रधानमंत्री मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में ममता बनर्जी नहीं आई थीं। इसके अलावा साल 2012 में भी जब गुजरात के सीएम के रूप में नरेंद्र मोदी शपथ लेने वाले थे, तो निमंत्रण के बावजूद वो समारोह में शामिल नहीं हुई थीं।

मैं नरेंद्र दामोदर दास मोदी…

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अपनी दूसरी पारी शुरू करने जा रहे हैं। राष्ट्रपति भवन परिसर में दूसरी बार प्रधानमंत्री पीएम नरेंद्र मोदी और उनकी कैबिनेट का शपथग्रहण शुरू हो चुका है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पद की शपथ दिलवाई। नरेंद्र मोदी के बाद राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी आदि मंत्रियों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली।

एलजेपी अध्यक्ष रामविलास पासवान एक बार फिर मंत्री बने, नरेंद्र सिंह तोमर को भी मोदी कैबिनेट में जगह मिली है। अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर भी बनीं मंत्री।

पीएम मोदी के पहले कार्यकाल में विदेश मंत्री का पद संभालने वाली सुषमा स्वराज भी समारोह में उपस्थित हैं। ऐसा माना जा रहा है कि इस बार वो मोदी कैबिनेट का हिस्सा नहीं बनेंगी। वो मंच पर नहीं बल्कि दर्शक दीर्घा में बैठी हुईं हैं।

प्रधानमंत्री मोदी की माताजी टीवी पर शपथग्रहण देखते हुए

पीएम मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में 6 हजार से ज्यादा लोग देश-विदेश से पहुँचे हैं। शपथ ग्रहण के लिए राष्ट्रपति भवन में मेहमानों का जमावड़ा लगा है। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, बीजेपी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी भी समारोह में पहुँचे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, बीजेपी सांसद गिरिराज सिंह भी समारोह में मौजूद हैं।  

कॉन्ग्रेस ने अमेठी मर्डर केस में फर्जी खबर शेयर की, उप्र पुलिस करेगी कार्रवाई

उत्तर प्रदेश के अमेठी से नवनिर्वाचित सांसद स्मृति ईरानी के करीबी माने जाने वाले भाजपा कार्यकर्ता और बरौलिया गाँव के पूर्व प्रधान सुरेंद्र सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। शनिवार (मई 25, 2019) की रात सोते हुए सुरेंद्र सिंह पर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोली बरसा कर हत्या कर दी थी। गोली लगने से घायल सुरेंद्र सिंह को लखनऊ ट्रामा सेंटर ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई थी।

इस हत्याकांड में पुलिस की जाँच चल रही है। कुछ दिन पहले छापेमारी करने के बाद पुलिस ने 3 नामजद आरोपितों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपितों के नाम नसीम (झोलाछाप डॉक्टर), धर्मनाथ गुप्ता (पूर्व प्रत्याशी ग्राम प्रधान बरौलिया) और रामचंद्र (वर्तमान में बीडीसी) हैं।

जाँच अभी चल ही रही थी कि कुछ लोगों द्वारा यह अफवाह फैलाई जाने लगी कि यह हत्या भाजपा के ही किसी कार्यकर्ता द्वारा करवाई गई है। कुछ लोग यहाँ तक कहने लगे कि उत्तर प्रदेश पुलिस के महानिदेशक ने बयान दिया है कि भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा ही सुरेंद्र सिंह की हत्या करवाई गई।

इस अफवाह को आगे बढ़ाने का काम कॉन्ग्रेस के कुछ आधिकारिक ट्विटर हैंडल ने भी करना चालू कर दिया। दरअसल इकनोमिक टाइम्स ने एक खबर छापी थी कि यूपी पुलिस के डीजी ने बयान दिया था कि सुरेंद्र सिंह की हत्या लोकल स्तर पर दुश्मनी के चलते हुई। इसी बयान को तोड़ मरोड़कर कॉन्ग्रेस सोशल मीडिया की नेशनल कन्वीनर रुचिरा चतुर्वेदी ने अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया कि सुरेंद्र सिंह की हत्या लोकल भाजपा के किसी कार्यकर्ता ने की है।

इसी प्रकार खबरदार डॉट कॉम नामक किसी वेबसाइट के लिंक को शेयर करते हुए कॉन्ग्रेस के समर्थक शमा मोहम्मद, गौरव पांधी और सेवादल ने भी ट्वीट किए। उत्तर प्रदेश पुलिस ने इन ट्वीट का संज्ञान लिया और कहा कि DGP के बयान को गलत तरीके से पेश किया गया है और इस पर क़ानूनी कार्रवाई की जाएगी। दरअसल इकनोमिक टाइम्स की खबर में डीजी पुलिस ने यह कहा था कि सुरेंद्र सिंह की लोकल स्तर पर दुश्मनी हो सकती थी लेकिन उन्होंने भाजपा के किसी कार्यकर्ता का नाम नहीं लिया था। जबकि कॉन्ग्रेस सोशल मीडिया के हैंडल से इस बयान का गलत अर्थ निकालकर फर्जी खबर फैलाई गई।

गौरव पांधी का ट्वीट
शमा मोहम्मद का ट्वीट
रुचिरा चतुर्वेदी का ट्वीट

कामरा-राठी आदि भी शपथ ग्रहण के लिए आमंत्रित, गेट पर मेहमानों को मारेंगे सेंट वाला स्प्रे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण में शामिल होने के लिए आज 8000 मेहमान राष्ट्रपति भवन पहुँचने वाले हैं। लेकिन ये जान कर आप चौंक जाएँगे कि इन्हीं आठ हजार लोगों में कुछ नाम ऐसे हैं, जो आजकल सिर्फ बरनोल और नमक पानी का सेंक ले रहे हैं। रायसीना हिल्स से कुछ ख़ुफ़िया सूत्रों के अनुसार शपथ ग्रहण कार्यक्रम में सबसे ज्यादा जिम्मेदारी इन्हीं कुछ लोगों को दी गई है।

आपने देखा ही होगा कि पिछले कुछ सालों में राहुल गाँधी की चौकीदारी करने के लिए विपक्ष द्वारा कुछ दिग्गज सामाजिक और राजनीतिक विश्लेषकों को कॉन्ग्रेस द्वारा किराए पर लिया गया था। हालाँकि, यदि ऑपइंडिया तीखी मिर्ची सेल के सूत्रों पर यकीन करें, तो पार्टी ने उनके साथ सेवा बढ़ाने जैसा कोई अनुबंध नहीं किया था।

कॉन्ग्रेस ने आदर्श लिबरल गिरोह के इतिहासकार, वरिष्ठ दर्शनशास्त्री एवं पार्ट टाइम सस्ते कॉमेडियन कुणाल कामरा के साथ ही फैक्ट्स एंड फिगर्स में बात कर के जनता को गुमराह करने वाले ध्रुव राठी के साथ करार करते वक़्त चुपके से NDTV की तर्ज पर ही एक डिस्क्लेमर लिख दिया था। इस अस्वीकरण में उन्होंने लिखा था कि जनता का मनोरंजन करने के लिए मोदी विरोधी चुटकुलों के लिए भाड़े पर उठाए गए किसी भी ‘सस्ते कॉमेडियंस’ और ‘एक्सपोज़र’ का कार्यकाल और अनुबंध लोकसभा चुनाव के नतीजों पर निर्भर करेगा।

चुनाव के नतीजे आ जाने के बाद कुणाल कामरा और ध्रुव राठी को पता चला कि जनता और कॉन्ग्रेस, दोनों ही उनके साथ अ’न्याय’ कर चुके हैं। हालाँकि, कुछ लोगों का यह भी मानना है कि कॉन्ग्रेस के हारने के बाद अब इन लोगों को अगले पाँच साल तक रोजगार के लिए चिंतित नहीं रहना पड़ेगा।

लेकिन सवा सौ करोड़ भारतीयों का जिक्र करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन लोगों की माली हालात देखकर इनका साथ देकर इनका विकास करने का निर्णय लिया और शपथ ग्रहण में बुलाकर इनके रोजगार की नींव रखने का फैसला किया है।

पाँच साल तक रोजगार और स्कैम्स के फर्जी आँकड़े सोशल मीडिया से लेकर यूट्यूब तक पर बाँचने वाले इन दोनों शरणार्थियों को शपथ ग्रहण समारोह में तो बुलाया गया है, लेकिन मेहमानों के कान साफ करने के लिए। लाख प्रयास के बाद भी कॉमेडी के नाम पर माँ-बहन की गाली परोसकर भी राहुल गाँधी को प्रधानमंत्री बनाने में विफल रहने वाले कुणाल कामरा ने चुनाव नतीजों के बाद सिनेमाघर, पार्क और सार्वजानिक स्थानों पर लोगों के कान साफ़ करने वाला धंधा अपना लिया। इसके लिए उन्हें मियाँ भाई की वो बात याद आई, जिसमें उन्होंने कहा था कि कोई भी काम छोटा या बड़ा नहीं होता है।

इस नए पेशे के लिए प्रधानमंत्री मुद्रा योजना से लोन लेने के बाद कुणाल कामरा ने कान साफ़ करने के लिए अपनी एक स्पेशल किट खरीदी और स्वरोजगार की राह पर निकल पड़े। शपथ ग्रहण के लिए निमंत्रण देने के लिए जब उन्हें लोग मिलने गए तो उस समय कुणाल कामरा पड़ोस में ही चल रही जेसीबी खुदाई देखने गई पब्लिक के कान साफ़ करने पहुँचे हुए थे। उन्होंने बताया कि यह धंधा एकदम चोखा है और जेसीबी की खुदाई वाली जगह पर ये काम करने में सबसे बड़ा फायदा यह है कि आपको लोगों के पास नहीं जाना होता है, बल्कि लोग खुद चलकर आपके पास पहुँच जाते हैं।

जानकारों का तो यह भी कहना था कि जेसीबी के पास खड़ी बड़ी भीड़ को देखकर कुणाल कामरा पहले वहाँ से आने के लिए तैयार नहीं हो रहे थे लेकिन जब उन्हें बताया गया कि उनका साथी ध्रुव राठी भी राष्ट्रपति भवन के बाहर बैठकर मेहमानों की गाड़ियों की हवा चेक कर के अपने दिन काट रहा है और वो खुश है, तो कुणाल कामरा तुरंत तैयार हो गए। ध्रुव राठी को यह भी याद रखने में परेशानी नहीं होती है कि एक दिन में उन्होंने कितने पंचर बनाए हैं और कितनी जगह टायर में छेद थे, क्योंकि फैक्ट एंड फिगर्स में बात करना उनके बाएँ हाथ का खेल रहा है।

रिपोर्ट्स लिखे जाने तक शपथ ग्रहण में आने-जाने वाले लोगों के कान की सफाई करने के लिए कुणाल कामरा तैयार हो चुके हैं और वो लगभग हजार मेहमानों के कानों से वैक्स निकाल चुके हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि भारी मात्रा में लोगों की उपस्थिति में 8000 लोगों के 16,000 कान देखकर कुणाल कामरा की आँखें छलक पड़ीं और वो फूट-फूटकर रो पड़े। ‘डोंट वोट फॉर मोदी’ की सिफारिश करने वाल कुणाल कामरा ने कॉन्ग्रेस कार्यालय द्वारा जारी रोजगार के आँकड़ों वाले उस रजिस्टर को अपडेट कर दिया, जिसके आधार पर उन्होंने जनता को हाथ-पैर जोड़कर यकीन करने के लिए कहा था। और अंत में नम आँखों से एक लाइन लिखी, “अच्छे दिन आ गए” हालाँकि, कुणाल कामरा बहुत ज्यादा देर तक खुश नहीं रह पाए।

16,000 कानों की सफाई करने का ठेका मिलने के कारण ख़ुशी से पगला कर कुणाल कामरा ने एक मेहमान के कान की जेसीबी की तरह ही खुदाई कर डाली। मेहमान ने उनसे हाथ जोड़कर निवेदन किया कि “एक ही तो कान है कामरा जी, कितना गहरा खोदोगे?

साथ ही, बाकी के सस्ते कॉमेडियन और यूट्यूब के सितारों को भीड़ में सेंट वाला स्प्रे मारने से लेकर अतिथियों को लेमिनेटेड गुलाब बाँटने का काम मिला है। रवीश कुमार ने हँसते हुए बताया कि मोदी जी ‘निंदक नियरे राखिए’ का गलत प्रयोग कर रहे हैं। NDTV के गुप्त सूत्रों ने सस्ते कॉमेडियंस द्वारा आमंत्रण स्वीकार कर प्रांगण में पहुँचने को उनका बड़प्पन कहा है।

द इलेक्टोरल मशीन: TsuNaMo के बावजूद ओडिशा में नवीन पटनायक क्यों जीते?

अप्रैल 2014 में, मैं अपने ससुराल वालों को कार में बैठाकर BJB कॉलेज आर्ट्स ब्लॉक, भुवनेश्वर में उन्हें उनके वोटिंग बूथ पर ले जा रहा था। जिज्ञासावश, मैंने अपनी सास से पूछा कि वो किसे वोट देंगी? जैसा कि ओडिशा में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ था, तो उन्होंने जवाब दिया कि राज्य के लिए शंख और दिल्ली के लिए कमल। जैसे ही वो बूथ में गई और बाहर आई, तो मैंने उनसे पूछा कि क्या उन्होंने वैसा ही किया जैसा उन्होंने बताया था? इस पर उन्होंने नकारात्मक उत्तर दिया। दरअसल, उन्होंने दोनों ईवीएम में शंख के बटन को दबाया था। इसका कारण उन्होंने मुझे समझाया कि वो इस उलझन में थीं कि कौन-सी ईवीएम लोकसभा के लिए है और कौन-सी विधानसभा के लिए। वह इस बात से चिंतित थीं कि ‘कहीं ऐसा न हो कि उनका वोट नवीन पटनायक को न जाए’। वास्तव में वो भाजपा-विरोधी नहीं थीं बल्कि वो प्रधानमंत्री मोदी का समर्थन करती थीं। लेकिन वह किसी भी तरह से नवीन पटनायक के ख़िलाफ़ मतदान नहीं कर सकती थीं। उनका मंतव्य स्पष्ट था कि वो नवीन पटनायक को ही वोट देना चाहती थीं, उन्हें वोट देने को वो अपना कर्तव्य समझती थीं, फिर भले ही वो दिल्ली के लिए मोदी को वोट देने से चूक गईं हों।

जैसा कि आमतौर पर कहा जाता है कि राजनीति में किसी से दुश्मनी मोल लेना ठीक नहीं। यह बात ओडिशा की जनता के लिए अब एक गहरी भावना बन चुकी है। नवीन पटनायक को ओडिशा के मतदाताओं की यही भावना विरासत में मिली हुई है। उन्होंने दो दशकों तक शासन किया है, बावजूद इसके अभी भी ओडिशा कई मापदंडों पर खरा नहीं उतरता। वहीं, अगर मतदाताओं से पूछा जाए तो वो सभी कार्यों का श्रेय बीजू जनता दल (बीजेडी) के मंत्रियों को ही देते हैं। नवीन पटनायक के ख़िलाफ़ हर बात को व्यक्तिगत रूप से लिया जाता है। यह लगभग राष्ट्रीय स्तर पर मोदी के पंथ की तरह ही है, यही वजह है कि राहुल गाँधी ने मोदी को ‘चोर’ कहकर इसकी भारी क़ीमत चुकाई।

29 मई को, नवीन पटनायक ने 5वीं बार भुवनेश्वर के आईडीसीओ प्रदर्शनी मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। 2024 में उनका 5वाँ कार्यकाल समाप्त होने तक, वह सिक्किम के पूर्व सीएम पवन कुमार चामलिंग के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ देंगे, जिन्होंने 24 साल और 165 दिनों तक राज्य की सेवा की, जो अब तक के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले मुख्यमंत्री बने। वह अन्य दिग्गज, दिवंगत ज्योति बसु को भी पीछे छोड़ देंगे जिन्होंने 23 साल और 137 दिनों तक पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया। जबकि ज्योति बसु के शासन में वामपंथियों का वोट था, बसु के बाद भी पार्टी बंगाल को जीतती रही, ओडिशा में लोगों ने बीजेडी को सिर्फ़ सत्ता में लाने के लिए वोट नहीं दिया बल्कि उन्होंने प्रचंड बहुमत के साथ नवीन पटनायक को वोट देकर विजयी घोषित किया।

2014 के आम चुनावों के ठीक बाद, बीजेपी ने अपने अगले चुनावी युद्ध के मैदान के लिए ओडिशा और पश्चिम बंगाल को चुना था। बीजेपी ने पहली बार 2014 में ओडिशा में अपनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक की। तब से पीएम मोदी, शाह और अन्य कैबिनेट मंत्रियों ने पार्टी कार्यक्रम या उद्घाटन समारोह में भाग लेने के लिए ओडिशा की अनगिनत यात्राएँ की थी। बीजेपी ने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को जुटाने के लिए बूथ स्तर के एक बड़े कार्यक्रम ‘Mo Booth Sabuthu Majboot’ को अंजाम दिया। इसका परिणाम 2017 के पंचायत चुनावों में दिखा जहाँ पार्टी ने 849 पंचायतों में से 306 पर जीत दर्ज की। यह उनके पिछले रिकॉर्ड का 8.5 गुना था। राम मंदिर के पास पार्टी मुख्यालय में पार्टी का जश्न ख़ुशी से मनाया गया।

जब लोकसभा चुनाव 2019 के परिणाम घोषित किए गए, तो मोदी सुनामी ने देश को झुलसा दिया। क्षेत्रीय और राष्ट्रीय दल, साथ ही गठबंधन ताश के पत्तों की तरह गिर गए। लेकिन एक व्यक्ति (नवीन पटनायक) जो मोदी लहर के बीच न सिर्फ़ तटस्थ होकर खड़ा रहा बल्कि तमाम चक्रवातों और आपदाओं से निपटने में पूरी तरह सक्षम भी रहा। मोदी सुनामी और 20 साल के सत्ता-विरोधी के चेहरे पर, नवीन ने 21 संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों में से 12 पर अपनी जीत सुनिश्चित की और 147 विधानसभा क्षेत्रों में से 112 पर अपनी जीत हासिल की। हालाँकि, 2014 की तुलना में पार्टी को 5 सीटों का नुकसान भी हुआ। आख़िर, भारतीय राजनीति में नवीन बाबू की इस अभूतपूर्व सफलता का क्या कारण है?

लोगों का कहना है कि नवीन पटनायक की जीत का कारण वहांँ किसी दूसरे विकल्प का नहीं होना है। भारतीय चुनाव की प्रक्रिया जटिल होती है। पाँच मोदी प्रशंसकों को इकट्ठा करके उनसे पूछें कि उन्होंने मोदी को वोट क्यों दिया, तो इस बात की बहुत अधिक संभावना है कि वे आपको पाँच अलग-अलग कारण दें। यदि चुनाव जीतने का केवल एक ही कारण बताया जाए तो वो जवाब बहुत ही सरल और सपाट होगा।

2015 में, ओडिशा में एक बड़े चिट फंड घोटाले का ख़ुलासा किया गया था। बीजेडी के कई नेताओं सहित कुछ विधायकों और सांसदों ने लंबा समय जेल में बिताया। बाद में, उनमें से कुछ को पार्टी में फिर से शामिल करने के लिए बीजेडी से निलंबित कर दिया गया था। उनमें से कुछ या उनके बेटों को 2019 में बीजेडी का टिकट दिया गया और उन्हें चुनाव में जीत भी मिली। हालाँकि, नवीन पटनायक की छवि को कोई आँच नहीं आई।  इसमें से किसी ने भी अपने मिस्टर क्लीन (नवीन पटनायक) की इमेज पर कोई सेंध नहीं लगाई। लोग उन्हें (नवीन पटनायक) ठगों से घिरे एक अच्छे आदमी के रूप में देखते हैं; हालाँकि, अच्छे आदमी ने यह सुनिश्चित किया है कि ठगों को सजा दी जाए।

नवीन पटनायक जो भी मदद करते हैं वह उनका गैर-टकराव वाला रवैया होता है। 2014 के बाद, जब बीजेपी ने ओडिशा को अपनी लड़ाई का मैदान बनाया, तब राज्य के बीजेपी नेता नवीन पर हुए हमले से बौखला गए थे। लेकिन वह शांत रहे और उन्होंने कभी भी शांति भंग नहीं होने दी। उनकी प्रतिक्रियाओं को गरिमापूर्ण रवैये के रूप में देखा गया।

नवीन की अद्वितीय सफलता का सबसे महत्वपूर्ण पहलू उनके व्यक्तित्व का सुलझा हुआ होना है। उनकी राजनीतिक महत्वाकांक्षा के संदर्भ में उनकी कोई अस्पष्टता नहीं है। उनका एकमात्र उद्देश्य ओडिशा पर शासन करना है, जहाँ वह अपनी पूरी ऊर्जा लगाते हैं, और इसके परिणाम से सभी वाक़िफ़ हैं। इस स्थिति की तुलना अगर अन्य क्षेत्रीय दिग्गजों व उनकी राष्ट्रीय महत्वाकांक्षा और उनकी घटती राजनीतिक किस्मत से करें तो पता चलेगा कि हर कोई दिल्ली में अपने पैर पसारना चाहता है। सभी अपनी विस्तारवादी नीति को अपनाते हुए दिल्ली पर निशाना साधे रहते हैं।

सोशल मीडिया पर लोगों का कहना है कि वे यह भी नहीं जानते कि वास्तव में नवीन पटनायक काम क्या करते हैं, लेकिन फिर भी वो हर चुनाव में जीत हासिल करने में क़ामयाब रहते हैं। यही वो कारण है जो रहस्य पैदा करता है। दरअसल, वो एक अकेला ऐसा शख़्स नहीं है जो अपने काम का राग अलापता है बल्कि नवीन पटनायक मतदाताओं को अच्छे से समझते हैं, वह अपनी सीमाओं, अपनी महत्वाकांक्षाओं को बख़ूबी जानतें हैं और वो अपनी ऊर्जा और ताक़त को उसी जगह केंद्रित करते हैं जहाँ उसकी आवश्यकता होती है। यदि उनकी प्री इलेक्टोरल वेलफेयर स्कीम्स, उनके अभियानों और रणनीतियों पर एक सरसरी निगाह डाली जाए तो आपको यह समझने में देरी नहीं लगेगी कि लोकसभा चुनाव को लेकर उनकी तैयारी आधी ही थी, क्योंकि उनका पूरा ध्यान केवल ओडिशा विधानसभा चुनाव पर लगा हुआ था।

इसमें कोई संदेह नहीं है कि बीजेपी ने लोकसभा चुनाव 2019 में ओडिशा में जबरदस्त सफलता पाई है। संसदीय सीटों में 8 गुना वृद्धि और विधानसभा चुनावों में दोगुने से अधिक लाभ प्राप्त किया है। दोनों चुनावों में वोट शेयर भी लगभग दोगुना है। लेकिन, यह संख्या राजनीतिक रणनीतिकारों और विश्लेषकों के लिए हैं। 19 साल की निरंतरता के बाद, 147 में से मात्र 23 सीटें जीतना, वो भी एक ऐसे राज्य में, जिसे भाजपा ने मिशन 120 घोषित करते हुए युद्ध का मैदान बनाया था, यह एक अस्वाभाविक विफलता है। इसका कारण राज्य के नेताओं के बीच संगठन की कमी, आंतरिक तोड़-फोड़, कोई लोकप्रिय चेहरा ना होना है। अगर संक्षेप में कहा जाए, तो यह कहना ग़लत नहीं होगा कि यह सभी कारण नवीन पटनायक के ख़िलाफ़ थे। सच्चाई यह है कि राज्य भाजपा के पास केवल उस व्यक्ति से निपटने के लिए कोई सक्षम उम्मीदवार था ही नहीं।

जैसा कि नवीन पटनायक 5वें कार्यकाल के लिए तैयार हैं, उनके सामने कई चुनौतियाँ हैं। एक चक्रवात से तबाह राज्य को पुनर्जीवित करने और विकास की पटरी पर वापस लाने की ज़रूरत है। हेल्थकेयर, खेती, शिक्षा और रोज़गार पर तत्काल ध्यान देने की ज़रूरत है। नवीन पटनायक को बड़े पैमाने पर जनादेश मिला है और उन्हें सभी सुविधाएँ उपलब्ध करनी होगी। हम अगले पाँच वर्षों के कार्यकाल के लिए उन्हें शुभकामनाएँ देते हैं।

बाल-विवाह जैसी कुरीतियों की जकड़ से बाहर निकल रहा है देश, रिपोर्ट में हुआ साफ़

इंग्लैंड की ‘सेव द चिल्ड्रन’ एनजीओ की ग्लोबल चाइल्डहुड रिपोर्ट 2019 के मुताबिक भारत में बाल विवाह, बच्चों की सेहत, शिक्षा, बाल-श्रम जैसे मानकों पर देश की स्थिति में सुधार हुआ है। यह रिपोर्ट बुधवार (मई 29, 2019) को आई है।

रिपोर्ट के अनुसार भारत में पिछले 19 वर्षों में 15 से 19 साल की उम्र वाली लड़कियों की शादी में 51 प्रतिशत की गिरावट आई है और बाल विवाह के कारण किशोरियों के माँ बनने की संख्या में भी 20 लाख की कमी देखने को मिली।

रिपोर्ट में, चाइल्डहुड इंडेक्स में भारत की रैंकिंग सुधरी है। पहले भारत का चाइल्डहुड इंडेक्स 632 था, लेकिन अब यह 769 अंक तक पहुँच गया है। साल 2000 से देश में किशोरावस्था में माता-पिता बनने की दर में भी 63% की गिरावट दर्ज हुई है। बाल मृत्यु दर में 57 प्रतिशत की कमी आई है।

19 साल पहले यानी साल 2000 में 5 साल से कम उम्र के बच्चों की मौत की संख्या करीब 13 लाख थी। 2019 तक इस संख्या में 70% की गिरावट देखी गई। यानी 13 लाख से कम होकर अब यह संख्या 3,84,000 हो गई है। लेकिन, नवजात मृत्यु के मामले में सिर्फ 52 फीसदी की गिरावट दर्ज हुई है।


ग्लोबल चाइल्डहुड रिपोर्ट 2019 में भारत की कोशिशों की सराहना

इसके अलावा 2000 से 2019 तक में भारत ने 5 से 14 साल के बच्चों को बालश्रम से निकालने के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। इसमें 70 प्रतिशत की कमी देखने को मिली है।

2000 में 35 लाख लड़कियाँ कम उम्र में माँ बनती थी जबकि अब यह संख्या 14 लाख है। इस हिसाब से
कम उम्र में माँ बनने वाली लड़कियों की संख्या में इस दौरान 60% की गिरावट आई है।

इस रिपोर्ट में बच्चों के लिए मौजूद सेहत संबंधी सुविधाएँ, शिक्षा, पोषण जैसे मानकों पर 176 देशों में अध्‍ययन किया गया। हालाँकि पिछले 19 वर्षों में 173 देशों में किशोरों से संबंधित हालातों में सुधार आया है। लेकिन ये बिलकुल सच है कि देश के शहरी क्षेत्रों की तुलना में ग्रामीण इलाकों में बाल विवाह अब भी बड़ी समस्या है।

एक ओर शहरी इलाकों में जहाँ किशोरियों की विवाह दर 6.9% है, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में यह लगभग दोगुनी 14.1% है। इस रिपोर्ट में बच्चों का जीवन सुधारने के लिए भारत की कोशिशों को सराहा गया है, लेकिन साथ में यह भी कहा गया है कि जब तक शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के बीच अंतर को खत्म नहीं किया जाएगा, तब तक यह समस्या बढ़ी रहेगी।


ग्लोबल चाइल्डहुड रिपोर्ट 2019 के अनुसार टॉप / बॉटम 10 इंडेक्स रैंकिंग