तृणमूल कॉन्ग्रेस (TMC) की सांसद महुआ मोइत्रा पर लोकसभा पोर्टल का लॉगिन कारोबारी दर्शन हीरानंदानी से साझा करने का आरोप है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार इस खुलासे के बाद संसद पोर्टल और इसके एप का नियम बदल दिया गया है। अब सांसद अपने निजी सचिव और सहायक के साथ भी ओटीपी और पासवर्ड साझा नहीं कर सकते।
महुआ मोइत्रा पर पोर्टल की आईडी और पासवर्ड दुबई में रहने वाले कारोबारी हीरानंदानी से साझा करने के आरोप हैं। कथित तौर पर उन्होंने हीरानंदानी से पैसे और महँगे गिफ्ट लेकर लोकसभा में अडानी समूह के विरुद्ध प्रश्न पूछे थे। इसको लेकर उनके विरुद्ध भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से शिकायत की थी।
महुआ मोइत्रा ने स्वयं स्वीकार किया था कि उन्होंने अपनी संसद पोर्टल की जानकारियाँ हीरानंदानी के साथ साझा की थी। जाँच में यह सामने आया था कि दुबई से 47 बार उनकी आईडी से लॉगिन किया गया। लोकसभा की आचार समिति ने उनकी सदस्यता रद्द करने की सिफारिश की है।
इस प्रकरण के बाद लोकसभा सचिवालय ने पोर्टल पर सांसदों के लॉगिन आईडी को लेकर नियम सख्त कर दिए हैं। टाइम्स ऑफ़ इंडिया की एक रिपोर्ट बताती है कि सचिवालय ने सांसदों के सचिवों (PA) से संसद पोर्टल का एक्सेस ले लिया है। उल्लेखनीय है कि कई सांसद सांसद तकनीकी रूप से बेहद सक्षम नहीं हैं। लिहाजा लॉगिन को लेकर वे अपने सहायकों पर आश्रित रहते हैं। यही कारण है कि अब तक पोर्टल और एप लॉगिन तक उनकी पहुँच थी। लेकिन ताजा बदलावों के बाद अब सांसद के अलावा कोई भी लॉगिन में सक्षम नहीं होगा। यह बदलाव ऐसे समय में हुआ है जब संसद का शीतकालीन सत्र शुरू होने वाला है।
गौरतलब है कि लोकसभा का यह पोर्टल सांसदों के प्रश्न पूछने, नोटिस जमा करने, ईमेल करने और यात्रा सम्बन्धी खर्चों को जमा करने में सहूलियत प्रदान करता है। लेकिन महुआ मोइत्रा पर निजी जानकारी साझा करने का आरोप लगने की वजह से इससे जुड़े नियम सख्त कर दिए गए हैं।
श्रीलंका के पूर्व कप्तान अर्जुन रणतुंगा, जिनके नेतृत्व में 1996 में श्रीलंका ने वर्ल्ड कप जीता था, उन्होंने हाल में BCCI के सचिव जय शाह पर उल-जुलूल बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि जय शाह श्रीलंकाई क्रिकेट बर्बाद कर रहे हैं। हालाँकि उनके बयान पर जब विवाद हुआ तो उन्होंने इसपर माँग ली। उनके बाद वहाँ की सरकार ने भी सॉरी बोला और अब देश के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे ने भी इस पर बयान दिया है।
उन्होंने फर्स्टपोस्ट को दिए इंटरव्यू में इस मुद्दे पर बात की। उन्होंने कहा, “जय शाह श्रीलंका का क्रिकेट नहीं देखते। उन्हें बस लगता है कि जय शाह क्रिकेट बोर्ड को सपोर्ट कर रहे हैं। मैंने जय शाह से इस मामले पर बात की और माफी भी माँगी कि इस मामले में उनका नाम घसीटा गया।”
रानिल विक्रमसिंघे ने श्रीलंकाई टीम के आईसीसी से बर्खास्त होने पर कहा, “मेरी स्थिति यह है कि कानूनी संस्था जो भी हो, मैं समर्थन करूँगा। यदि यह समूह कानूनी संस्था है तो मैं उनका समर्थन करूंगा। यदि दूसरा समूह कानूनी संस्था है तो मैं उनका समर्थन करूँगा। यदि कोई तीसरा समूह है जो कानूनी निकाय है, तो मैं उनका समर्थन करूँगा। यह मेरे द्वारा तय नहीं किया गया है, यह आईसीसी द्वारा तय किया गया है।”
ICC से श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड बर्खास्त
बता दें कि श्रीलंकाई टीम का सफर वर्ल्ड कप में बेहद निराशाजनक था। टीम को बड़ा झटका तब लगा था जब वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद आईसीसी ने सरकारी हस्तक्षेप के चलते श्रीलंकाई क्रिकेट बोर्ड को बर्खास्त कर दिया था। आईसीसी के इस फैसले के बाद अर्जुन रणतुंगा ने बीसीसीआई के सचिव जय शाह पर आरोप लगाया था। वहीं राष्ट्रपति रानिल ने कहा कि उन्हें पता था कि श्रीलंका बोर्ड को सस्पेंड किया जाएगा।
उन्होंने बताया, “बोर्ड ऑफ कंट्रोल पहले ही आईसीसी को लिख चुका था कि श्रीलंका को सस्पेंड किया जाए। नेताओं ने मुझे कई पत्र दिए थे लेकिन मैंने उन्हें नहीं देखा। मगर, मैं जानता था कि श्रीलंका को आईसीसी सस्पेंड कर देगा।” राष्ट्रपति बोले कि वो लोग कोर्ट से फैसले के इंतजार में है। जैसे ही ऐसा होगा वो लोग आईसीसीसे से बात करेंगे कि श्रीलंका को भी मैच होस्ट करने दिया जाए।
वह बोले, “जहाँ तक क्रिकेट बोर्ड का सवाल है, मंत्रियों की एक समिति उनके पास जा रही है, जो कानून की सिफारिश करेगी। उन्होंने बोर्ड के सदस्यों के साथ-साथ अंतरिम समिति के सदस्यों से भी बात की है, लेकिन मैं ऐसा कानून लाना चाहता हूँ जो मंत्री की हस्तक्षेप करने और राजनीति में दखल देने की शक्ति छीन लेगा।”
रणतुंगा की किस टिप्पणी पर हुआ था विवाद?
अर्जुन रणतुंगा ने कहा था, “जय शाह श्रीलंका क्रिकेट को चला रहे हैं। जय शाह के दबाव के कारण श्रीलंका क्रिकेट बर्बाद हो रहा है। भारत में एक आदमी श्रीलंकाई क्रिकेट को बर्बाद कर रहा है। वह केवल अपने पिता के कारण शक्तिशाली हैं, जो भारत के गृह मंत्री हैं।”
उनके इस बयान पर विवाद खड़ा हो गया था, जिसके बाद अब श्रीलंकाई सरकार को माफी माँगनी पड़ी है। इस बारे में शुक्रवार (17 नवंबर 2023) को संसद में बात करते हुए श्रीलंका के मंत्री हरिन फर्नांडो और कंचना विजेसेकरा ने रणतुंगा के उस बयान को लेकर खेद व्यक्त किया।
श्रीलंका सरकार के दोनों मंत्रियों ने कहा कि श्रीलंका में जो कुछ भी चल रहा है, उसकी जवाबदेही स्थानीय प्रशासकों की है, न कि बाहरी लोगों की। संसद में मंत्री कंचना विजेसेकरा ने कहा, “हम एक सरकार के रूप में एशियन क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष जय शाह के प्रति अपना खेद व्यक्त करते हैं। हम अपने संस्थानों की कमियों के लिए जय शाह या अन्य देशों पर अंगुली नहीं उठा सकते।”
वहीं, पर्यटन मंत्री फर्नांडो ने आईसीसी से इस बैन को हटाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि आईसीसी के इस बैन से देश पर असर पड़ेगा, क्योंकि अगले साल अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप का आयोजन होना है। अगर ये बैन जारी रहा तो कोई भी देश श्रीलंका का दौरा नहीं करेगा और श्रीलंकाई क्रिकेट को आईसीसी से कोई पैसा नहीं मिलेगा। इसकी वजह से श्रीलंका में क्रिकेट के प्रबंधन की कमर टूट जाएगी।
पंजाब के कपूरथला जिले के एक गुरुद्वारा पर मालिकाना हक को लेकर बुधवार (22 नवंबर 2023) की रात निहंग सिखों के दो समूहों में झड़प हो गई। इस दौरान मौके पर पहुँची पुलिस बल पर एक निहंग सिख ने फायरिंग कर दी। इसमें एक कॉन्सटेबल की मौत हो गई। वहीं 5 अन्य पुलिस वाले घायल हो गए।
घटना के बाद इस इलाके में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस ने अब तक निहंग समूह के 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना तब हुई जब लगभग तीन दर्जन निहंगों ने गुरुद्वारा अकालपुर बुंगा में घुस कर कब्जा करने की कोशिश की। दूसरे निहंग समूह ने इसका विरोध किया। इससे दोनों निहंग समूहों के बीच झड़प हो गई।
कपूरथला एसपी तेजबीर सिंह हुंडाल के मुताबिक, “सुल्तानपुर लोधी इलाके के इस गुरुद्वारे पर जब पुलिस पहुँची और परिसर खाली करने को कहा तो निहंगों ने फायरिंग कर दी। इससे वहाँ तनाव का माहौल बन गया।” गुरुद्वारा परिसर को खाली कराने के दौरान एक निहंग सिख की फायरिंग में एक पुलिस कॉन्सटेबल की मौत हो गई और 5 अन्य घायल हो गए।
#WATCH | Sultanpur Lodhi, Punjab: Injured police personnel reach hospital after a clash erupted between Nihang Singhs and Police officials at a Gurudwara Akal Bunga in Kapurthala. pic.twitter.com/pZhjUP2yyE
बताते चले कि निहंग सिख योद्धाओं का एक समूह है। ये अपनी उत्पत्ति सिखों के 10वें गुरु गोबिंद सिंह के 1699 के खालसा निर्माण से हुई मानते हैं। ये नीले कपड़े और सजी हुई पगड़ी पहनते हैं। ये अक्सर अपने साथ तलवार और भाले जैसे हथियार रखते हैं।
निहंगों ने इस तरह का रवैया पहली बार नहीं दिखाया है। इस साल जुलाई में लुधियाना के गाँव जरखड़ के गुरुद्वारा मंजी साहिब की गोलक पर कब्जा करने के लिए फायरिंग की गई थी। इससे पहले निहंग प्रदर्शनकारियों ने 2020 में कोविड लॉकडाउन के दौरान पटियाला के एक पुलिस अधिकारी का हाथ काट दिया था।
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल मुस्लिमीन (AIMIM) की जमीन हैदराबाद में खिसकती दिख रही है। मुस्लिमों का ही एक बड़ा वर्ग ओवैसी बंधुओं (अकबरुद्दीन ओवैसी और असदुद्दीन ओवैसी) की खिलाफत कर रहा है। उन पर भाजपा विधायक टाइगर राजा सिंह से खौफ खाने और मुस्लिमों से धोखे का आरोप लगा रहा है।
सोशल मीडिया में वायरल हो रहे एक वीडियो में एक बुजुर्ग कह रहे हैं कि टी राजा सिंह ओवैसी भाइयों का जीजा है। उनका नाम सुनकर दोनों भाइयों की पेशाब निकल जाती है। यह वीडियो फेसबुक पर ट्रुथ ऑफ़ मिरर(Truth Of Mirror) नाम के चैनल ने अपलोड किया है। इसे अब तक 1 लाख से अधिक लोग बार देखा जा चुका है।
इस वीडयो में टोपी पहने हुए बुजुर्ग कहते हैं, “मामू (मुख्यमंत्री केसीआर) भी चोर है, भांजा (ओवैसी) भी चोर है। नकटा मामू, चपटा भांजा है ये। ये लोग मोदी के चरण छूते हैं।” वे ओवैसी पर 1 लाख बोगस वोटर बनवाने का आरोप भी लगाते हैं।
आगे बुजुर्ग कहते हैं, “हैदराबाद का सबसे बड़ा गुंडा, गुंडों का चेयरमैन ओवैसी है। हैदराबाद में जितने भी मर्डर होते हैं, उनके मर्डरर जाकर ओवैसी का हाथ चूमते हैं। उनके खिलाफ कोई कुछ बोलता है तो उसके गुंडे घरों पर आ जाते हैं।”
तेलंगाना में सत्ता परिवर्तन पर इस बुजुर्ग का कहना है, “कॉन्ग्रेस की अम्मा सोनिया गाँधी है, वो (असदुद्दीन ओवैसी) अम्मा का दूध पीते हुए UPA-1, UPA-2 में था, राजशेखर रेड्डी (आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री) की धोती कौन धोता था, किरण कुमार कॉन्ग्रेस का सीएम, उसकी धोती कौन धोता था, असदुद्दीन ओवैसी।”
हैदराबाद की गोशामहल विधानसभा सीट से भाजपा विधायक टाइगर राजा सिंह पर बोलते हुए इस व्यक्ति ने कहा, “असदुद्दीन के क्षेत्र में एक हल्का है गोशामहल। उसके अन्दर बीजेपी का एक MLA है राजा सिंह। वो इनसे बोलता पान खाकर, मैं तेरे घर को आता हूँ। लड़ता नहीं उसके खिलाफ। उसके खिलाफ उम्मीदवार नहीं खड़ा करता। राजा सिंह का नाम सुन असदुद्दीन का पेशाब निकल जाता है। असदुद्दीन और राजा सिंह मिले हैं। दोनों साले-बहनोई हैं। राजा सिंह कहता है, मैं तुम्हारा जीजा हूँ, तुम दोनों भाई मेरे साले।”
इस व्यक्ति ने केसीआर और ओवैसी पर मुस्लिमों पर धोखा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जहाँ ओवैसी अनुच्छेद 370 हटाने और UAPA जैसे कानूनों का विरोध करते हैं, वहीं केसीआर की भारत राष्ट्र समिति उनका समर्थन करती है। उन्होंने केसीआर पर अपनी बेटी के कविता को ED से बचाने के लिए भाजपा से समझौते का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि केसीआर ने अपनी बेटी को शराब घोटाला में ED से बचाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी से समझौता कर लिया। भाजपा और BRS यहाँ मिल कर चुनाव लड़ रही है और ओवैसी भी इसी में साथ हैं।
गौरतलब है कि तेलंगाना में 30 नबम्बर को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होना है। कई मुस्लिम समूहों ने इस बार कॉन्ग्रेस को समर्थन दिया है। ओवैसी बंधु केसीआर की पार्टी BRS के साथ गठबंधन में शामिल होकर चुनाव लड़ रहे हैं।
वर्ल्ड कप 2023 की ट्रॉफी टीम इंडिया के हाथ से निकलने के बाद जहाँ पूरा भारत दुखी है वहीं पाकिस्तान में इस बात की खुशी मनाई जा रही है। पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर अब्दुल रज्जाक जो पिछले दिनों कई कारणों से विवाद में रहे उन्होंने टीम इंडिया की हार पर कहा है कि अच्छा हुआ भारत हारा। उनके मुताबिक अगर ऐसा नहीं होता तो पूरा क्रिकेट इंडिया की ओर हो जाता और क्रिकेट हार जाता।
भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए वर्ल्ड कप खेल के नतीजे आने के बाद अब्दुल रज्जाक ने एक पाकिस्तानी शो ‘हँसना मना है’ पर यह बात कही। 1:37 सेकेंड के बाद रज्जाक को कहते सुना जा सकता है-
“सच बात कहें तो आज क्रिकेट की जीत हुई है। उन्होंने परिस्थितियों को अपने हिसाब से इस्तेमाल किया। अगर आज इंडिया जीत जाती तो फिर क्रिकेट की हार होती। क्रिकेट ने आज बताया है कि मैं वो क्रिकेट हूँ जो बहादुर होते हैं, जो ताकतवर होते हैं, मानसिक रूप से जान लगाते हैं मैं उनके साथ हूँ। खुशी इस बात की है कि अगर आज इंडिया जीत जाती तो हमें बहुत ज्यादा अफसोस होता क्योंकि वो परिस्थितियों का इस्तेमाल कर रही थी।”
Abdul Razzaq "Cricket won & India lost. Had India won the World Cup, it would have been a very sad moment for the game. They used conditions to their advantage and I have never seen such a bad pitch for any ICC final before. It's great for cricket that India lost" #INDvAUS#CWC23
अब्दुल रज्जाक शो में दिखाने की कोशिश करते हैं जैसे कुछ गड़बड़ पिचों में थी। वह कहते हैं कि बिलकुल फेयर पिच होनी चाहिए। दोनों टीमों के लिए बैलेंस होना चाहिए। आज भी भारत ने फायदा लिया, अगर कोहली 100 रन मार देते तो भारत विश्व कप जीत जाता। और अगर भारत जीत जाता तो ये खेल के लिए बहुत दुखद क्षण होता। उन्होंने परिस्थितियों का इस्तेमाल अपने हिसाब से किया।
रज्जाक ने कहा- “मैंने पहले कभी इतनी खराब पिच आईसीसी के फाइनल के लिए नहीं देखी। क्रिकेट के लिए यह अच्छा है कि भारत हार गया।”
बता दें कि भारत ऑस्ट्रेलिया फाइनल मैच में टीम इंडिया ने 240 रन बनाए थे। वहीं ऑस्ट्रेलिया ने 42 गेंद शेष रहने पर लक्ष्य को पा लिया था। ट्रैविस हेड ने 120 गेंदों का सामना करते हुए 137 रनों की पारी खेली थी। जबकि भारत के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा (47रन) और विराट कोहली (54 रन) पर आउट हो गए थे।
अब्दुल रज्जाक ने महिलाओं पर की अभद्र टिप्पणियाँ
पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर अब्दुल रज्जाक पिछले दिनों अभिनेत्री ऐश्वर्या राय पर भद्दी टिप्पणी करने और उसके बाद उसके लिए माफी माँगने की वजह से चर्चा में थे। उनकी कई वीडियोज वायरल हुई थीं जिसमें वो महिलाओं के बारे में बोलकर अपनी दूषित सोच का प्रमाण दे रहे थे। उन्होंने पाकिस्तानी क्रिकेटर निदा डार के ऊपर तंज कसा था और एक शो में कहा था कि निकाह के बाद उनके 5-6 संबंध रहे हैं।
चीन सैकड़ों मस्जिदों को बंद कर रहा है। ये तो मस्जिदों के स्वरूप को ही बदल दिया जा रहा है, या उन्हें बंद कर दिया जा रहा है। निंगजिया और गांसु प्रांतों में ये कार्रवाई की जा रही है। शिनजियांग के बाद चीन की सबसे बड़ी मुस्लिम जनसंख्या यहीं रहती है। वहाँ मजहबी अल्पसंख्यकों के चीनीकरण’ के क्रम में ये सब किया जा रहा है। ‘ह्यूमन राइट्स वॉच (HRW)’ के शोधकर्ताओं ने कहा है कि चीन के इन क्षेत्रों में मस्जिदों की संख्या एकदम से घट गई है। 2016 में शी जिनपिंग के राष्ट्रपति बनने के बाद से ही इस तरह की कार्रवाइयाँ चालू है।
अप्रैल 2018 में ही एक आदेश जारी कर के कहा गया था कि चीन को ऐसी मजहबी इमारतों को ध्वस्त करने पर जोर देना चाहिए और इनके निर्माण की गति कम होनी चाहिए। 2019 और 2021 के बीच सैटेलाइट से ली गई तस्वीरों की जाँच के दौरान पता चला कि कई मस्जिदों के गुम्बद और मीनारें ही गायब हैं। 3 की तो मुख्य इमारत को ही जमींदोज कर दिया गया। विशेषज्ञों ने बताया है कि अकेले निंगजिया प्रांत में ही 1300 मस्जिदों को बंद कर दिया गया है।
2020 से पहले जो हुआ, उनके तो आँकड़े भी उपलब्ध नहीं हैं। झोंगवेई में 2019 में 214 मस्जिदों को बंद किया गया था। 58 के साथ छेड़छाड़ की गई थी और 37 को अवैध बता कर प्रतिबंधित कर दिया गया था। जिन्गुई में 130 इस्लामी संरचनाओं को ‘ठीक’ किया गया था। मस्जिदों के साथ छेड़छाड़ का अर्थ ये है कि 2.5 किलोमीटर की दूरी पर मस्जिद हैं तो उन्हें आपस में मिला दिया जाता है। मुस्लिमों की नई पीढ़ी अपने मजहब में रुचि न रखे, इसीलिए ये सब किया जा रहा है।
HRW का कहना है कि चीन में व्यवस्थागत तरीके से इस्लाम को खत्म किया जा रहा है। इस पर चीन सरकार का कहना है कि देश में हर मजहब को मानने की अनुमति है, लेकिन कानून के पालन के साथ। साथ ही चीन सरकार ने स्पष्ट किया है कि कट्टरवाद को नहीं बख्शा जाएगा। इसी तरह शिनजियांग में 16,000 में से 65% मस्जिदों को बंद कर दिया गया है। इसी तरह युन्नान प्रान्त में मई 2023 में सैकड़ों मुस्लिमों के प्रदर्शन को दबा दिया गया था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल यानी गुरुवार 23 नवंबर, 2023 को श्री कृष्ण जन्मभूमि मथुरा का दौरे पर होंगे। वो वहाँ जाने वाले देश के पहले पीएम होंगे। उनके स्वागत और आगवानी के लिए वहाँ तैयारियाँ जोर-शोर से हो रही है। दरअसल, पीएम मोदी वहाँ करीब तीन घंटे रहेंगे। वहीं CM योगी वहाँ प्रधानमंत्री की आगवानी करेंगे।
माना जा रहा है कि अयोध्या और काशी के बाद पीएम का फोकस अब मथुरा पर है। उनके दौरे से पहले वहाँ बुधवार (22 नवंबर, 2023) को एसपीजी ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके लिए वहाँ पुलिस और पीएसी के 4 हजार जवानों की तैनाती की गई।
#Mathura प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 3 घंटे रहेंगे मथुरा में एसपीजी ने देखी व्यवस्थाएं
श्री कृष्ण जन्मभूमि जाने की संभावना प्रबल बांके बिहारी के दर्शन का कार्यक्रम चल सकता है
कल प्रधानमंत्री जी का हेलीकॉप्टर आर्मी हेलीपैड पर उतरेगा, जहां से सीधे जन्मभूमि जा सकते हैं नरेंद्र मोदी… pic.twitter.com/n0xLFs0kG0
गौरतलब है पीएम का ये दौरा वहाँ ऐसे वक्त में हो रहा है जब यूपी की योगी आदित्यनाथ वाली बाँके बिहारी मंदिर के कॉरिडोर निर्माण को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने मंगलवार (21 नवंबर, 2023) को हरी झंडी दिखाई है। इस आदेश के बाद अब इस कॉरिडोर की राह में आने वाले अतिक्रमण को हटाने का रास्ता साफ़ हो गया है।
कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण के मुताबिक, पीएम पहले श्रीकृष्ण जन्मभूमि दर्शन करने जाएँगे। इसके बाद ब्रज रज उत्सव में जाएँगे। उनका शाम 4 बजे तक मथुरा पहुँचने और करीब सवा 6 बजे वापस जाने का कार्यक्रम है।
वहीं मथुरा के डीएम शैलेन्द्र कुमार सिंह के मुताबिक, पीएम के बाँके बिहारी के दर्शन करने की पूरी संभावना है। पीएम का हेलीकॉप्टर आर्मी हेलीपैड पर उतरने के बाद वो वहाँ से सीधे बाँके बिहारी के दर्शन को जा सकते हैं।
इस दौरे के दौरान पीएम मोदी का ब्रज रज उत्सव रेलवे ग्राउंड में बने मंच से करीब 40 मिनट का संबोधन भी होगा। पीएम के वहाँ मीराबाई की 525वीं जयंती पर प्रशासन द्वारा तैयार कराई गई करीब 5 मिनट की डॉक्यूमेंट्री भी देखने का कार्यक्रम भी है।
इसके बाद पीएम सांसद हेमा मालिनी की उनके ग्रुप के साथ मीराबाई के जन्मोत्सव पर दी जाने वाली नाट्य प्रस्तुति भी देखेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के रेलवे ग्राउंड में ब्रजरज मेला उत्सव में रहने के दौरान वहाँ के आसपास के घरों की छतों पर स्नाइपर की तैनाती की गई है।
पीएम के मथुरा दौरे से पहले एडीजी आगरा जोन अनुपमा कुलश्रेष्ठ और आगरा मंडल कमिश्नर ऋतु माहेश्वरी ने सुरक्षाकर्मियों के साथ ब्रिफिंग भी की। वहीं पीएम के स्वागत के लिए मथुरा के चौराहों को लाइटिंग और फूलों से सजाया गया है। नगर निगम धूल और प्रदूषण से बचाव के लिए सड़कों की धुलाई के साथ पानी की बौछारें कर रहा। मथुरा में सड़क किनारे पेंटिंग भी की गई है।
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में नक्सलियों ने IED ब्लास्ट किया है, जिसमें बस्तर फाइटर्स के दो जवान घायल हो गए हैं। इनमें से एक हालत गंभीर है और उसे इलाज के लिए हेलिकॉप्टर से राजधानी रायपुर भेजा गया है। वहीं, दूसरे जवान का इलाज दंतेवाड़ा के जिला अस्पताल में हो रहा है। इससे पहले बस्तर में सुरक्षाबलों ने 10 किलोग्राम IED बरामद किया था।
दरअसल, बस्तर फाइटर्स के जवान अरनपुर से जगरगुंडा के बीच बन रही सड़क की सुरक्षा में निकले थे। इसके बाद घात लगाए नक्सलियों ने जवानों को देखकर हमला कर दिया। IED प्रेशर बम की चपेट में आने से एक जवान के पैर के चीथड़े उड़ गए हैं। घायल जवान का नाम रौशन बताया जा रहा है। वहीं, दूसरा जवान घायल है।
ये जवान मंगलवार (21 नवंबर 2023) को इलाके में निकले थे और बुधवार (22 नवंबर 2023) को वापसी के दौरान यह घटना हुई। अभी कामरगुड़ा से जगरगुंडा के बीच बची हुई पाँच किलोमीटर सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। नक्सली सड़क के काम को प्रभावित करने के लिए IED विस्फोट करके जवानों को निशाना बना रहे हैं।
इस सड़क पर नक्सली पहले भी कई बार हमला करके जवानों को नुकसान पहुँचा चुके हैं। नक्सल प्रभावित छत्तीसगढ़ में नक्सली जवानों को निशाना बनाने के लिए रास्तों पर जगह-जगह IED प्लांट कर नुकसान पहुचाने की कोशिश करते रहते हैं। कामरगुडा के अलावा, नक्सलियों ने यह हमला दंतेवाड़ा और सुकमा जिले की सीमा पर किया है।
दरअसल, मंगलवार को ही सुरक्षाबलों ने बस्तर में नक्सलियों के मंसूबों पर पानी फेरते हुए 10 किलोग्राम के कमांड IED के निष्क्रिय कर दिया था। किरंदुल थाना क्षेत्र के लोहा गाँव पहाडी, धोबी घाट और 11c माइनिंग के पास IED की सूचना बस्तर फाइटर्स जवान को मिली थी। इसे दंतेवाड़ा BDS और सीआईएसएफ किरंदुल की टीम ने मौके पर पहुंचकर निष्क्रिय कर दिया।
घटनास्थल पर नक्सलियों ने 5 किलोग्राम का एक नग, 2 किलोग्राम के 2 नग और 1 किलोग्राम का 1 नग यानी कुल 10 किलोग्राम का कमांड IED लगा रखा था। बताया जा रहा है की CISF की एक पार्टी इलाके में गश्त के लिए निकली थी। धोबी घाट और 11c mining जाने वाले तिराहा के आगे लोहा गाँव जाने वाले रास्ते में पहाड़ी पर सुरक्षाबलों को जमीन से ऊपर उठे हुए कुछ तार दिखे।
इसके बाद सुरक्षाबलों की सतर्क हो गई। उसने इस संबंध में दंतेवाड़ा के पुलिस अधीक्षक को इसकी जानकारी दी। इस पर CISF पार्टी एवं BDS दंतेवाड़ा की टीम मौके पर पहुँच गई इलाके का निरीक्षण कर IED को निष्क्रिय कर दिया। हालाँकि, बुधवार की शाम होते-होते एक अन्य जगह पर दो सुरक्षाबल नक्सलियों की व्यूह में फँसकर घायल हो गए।
मंगलवार (21 नवंबर 2023) को नक्सलियों ने छत्तीसगढ़ के बीजापुर में भी एक IED ब्लास्ट किया था। इस ब्लास्ट में एक ग्रामीण बुरी तरह झुलस गया था। उसे बेहतर इलाज के लिए तेलंगाना के भद्राचलम में रेफर किया गया है।
उत्तर प्रदेश में हलाल प्रमाण-पत्र वाले उत्पादों पर लगे प्रतिबंध का अब असर दिखने लगा है। यूपी की राजधानी लखनऊ में Mcdonald’s के आउटलेट में छापेमारी की गई है। इसका कारण ये है कि मैकडोनाल्ड में हलाल प्रमाण-पत्र वाले उत्पादों का इस्तेमाल किया जा रहा था। बुधवार (22 नवंबर, 2023) को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने वहाँ छापेमारी की। उस दौरान वहाँ से रैपर बेस बरामद किए गए, जिनका इस्तेमाल पिज्जा बनाने में किया जा रहा था।
FSDA (फ़ूड सेफ्टी एन्ड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन) विभाग की टीम ने सारे सामान को जब्त किया। सीज किए जाने की कार्रवाई के दौरान सहायक आयुक्त ने जानकारी दी कि अब Mcdonald’s के सारे आउटलेट पर टीमों को भेज कर जाँच कराई जा रही है कि कहाँ-कहाँ हलाल सर्टिफिकेट वाले उत्पादों का इस्तेमाल किया जा रहा है। गोमती नगर, अलीगंज, विकास नगर, महानगर, आलमबाग, ठाकुरगंज, चौक और रायबरेली रोड पर जाँच के लिए टीमों को भेजा गया है।
बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने हलाल उत्पादों के क्रय-विक्रय और संग्रहण पर रोक लगाई हुई है। हजरतगंज कोतवाली में ऐसी कंपनियों के खिलाफ FIR भी दर्ज की गई है, साथ ही कई जगहों पर छापे पड़े हैं। FSDA जल्द ही एक फोन नंबर भी जारी करेगा, जहाँ कॉल कर के आम लोग भी हलाल संबंधित सूचनाएँ दे सकते हैं। इन सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। मैकडोनाल्ड से टॉर्टिला रैप के 68 पैकेट सीज किए गए हैं।
साथ ही बंथरा करौली स्थित ब्लिंकिट स्टोर में साल्टेड बादाम, पार्टी स्नैक और मिक्स वेजीटेबल के पैकेटस जब्त किए गए हैं। अन्य जिन स्थानों पर छापेमारी हुई है, वो हैं – गोमती नगर स्थित स्पेंसर्स रिटेल फन मॉल, रुचि खंड आशियाना स्थित ग्रोसर्स स्टोर, रिलायंस स्टोर, अशरफ जनरल स्टोर, श्याम प्रोविजन स्टोर, राजू किराना स्टोर, नारायण प्रोविजन स्टोर सुभाष तेल और निशातगंज स्थित वनस्पति स्टोर, इंदिरानगर का आल अबाउट डिजर्ट, बृजवासी बेकरी, भपटामऊ का श्री जनरल स्टोर, आलमबाग स्थित मुकेश डिपार्टमेंटल स्टोर, गोल्डन बेकरी, कृष्णानगर का स्मार्ट प्वाइंट, चंदर नगर स्थित शकूजा मार्ट और हजरतगंज का केशव स्टोर।
जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले में आतंकवादियों के साथ सुरक्षा बलों की मुठभेड़ में भारतीय सेना के दो अधिकारियों और एक जवान के बलिदान होने और एक मेजर के घायल होने की खबर है। वहीं मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने एक आतंकी को ढेर कर दिया है। घेराबंदी और तलाशी अभियान के दौरान धर्मसाल के बाजीमल इलाके में मुठभेड़ के दौरान यह हादसा हुआ। दरअसल, जंगली इलाका होने के चलते सुरक्षा बलों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सुरक्षाबलों ने मौके पर दो आतंकियों को घेर लिया है। बताया जा रहा है कि धर्मसाल के बाजीमाल इलाके में सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त घेराबंदी और तलाशी अभियान के दौरान आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ शुरू हो गई। जो अभी भी जारी है।
#WATCH जम्मू-कश्मीर: राजौरी ज़िले के धर्मसाल के बाजीमल इलाके में सेना और पुलिस की संयुक्त टीम की आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ हुई।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सुबह से जारी इस मुठभेड़ में भारतीय सेना के दो अधिकारी और एक जवान बलिदान हो गए हैं। इनमें राष्ट्रीय राइफल के एक कैप्टन, स्पैशल फोर्स के एक कैप्टन और एक जवान शहीद हुए हैं। वहीं सेना के एक मेजर गंभीर रूप से घायल हैं जिन्हें तुरंत हेलीकॉप्टर के जरिए सेना के कमान अस्पताल उधमपुर ले जाया गया है। जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
घने जंगलों में छिपे हैं आंतकी
दरअसल, राजौरी के कालाकोट थाने के अंतर्गत गाँव बाजी के जंगलों में दो से तीन आतंकियों के छिपे होने का इनपुट सुरक्षा बलों को मिला था। इस इनपुट के आधार पर भारतीय सेना और जम्मू कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप ने बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया। तलाशी के दौरान ही आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी जिस के बाद उस इलाके में मुठभेड़ शुरू हुई।
ड्रोन और हेलीकॉप्टर से रखी जा रही नजर
इस ऑपरेशन में सुरक्षाबल ड्रोन और हेलीकॉप्टर की मदद से इलाके में आतंकवादियों पर नजर रखे हुए हैं। लेकिन जंगल का इलाका होने की वजह से सुरक्षाबलों के लिए यह जगह बड़ी चुनौती है। दोनों ओर से गोलबारी हो रही है। बता दें कि तीन दिन पहले राजौरी के बुद्धल गाँव में सुरक्षाबलों ने एक आतंकवादी को मार गिराया था जिसके बाद लगातार तलाशी अभियान चल रहा था।