Home Blog Page 1480

हमारे इलाके में ये मत बजाओ… कार में श्रीराम का भजन बजा रहा था युवक, अदनान, मोबिन, शाहबाज़ और अब्दुल ने घेर कर पीटा: लोहे की छड़ से सिर पर मारा

महाराष्ट्र पुलिस ने भगवान राम का भजन बजाने पर अमित परदेशी नाम के एक युवक पर बेरहमी से हमला करने के आरोप में सोमवार (9 अक्टूबर, 2023) को अदनान शेख, मोबिन शेख, शाहबाज़ शेख और अब्दुल सैय्यद पर केस दर्ज किया।

चारों आरोपितों पर ये केस भारतीय दंड संहिता की धारा 307, 324, 323, 452, 504, 506, 141, 143, 147, 149 और 34 के तहत केस दर्ज किया गया। इसके अलावा इनके खिलाफ महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम, 1951 की 37 (1), 37 (3) सहित धारा 135 भी लगाई गई है।

आरोपितों ने पीड़ित को धमकी दी थी और उसे लोहे की छड़ों से मारा था। इस वजह से वो गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले के बाद पीड़ित युवक के सिर पर चोटें आईं और वह बेहोश हो गया और उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। उसका इलाज चल रहा है। जानकारी के मुताबिक, यह घटना महाराष्ट्र के पुणे जिले के मुंडवा क्षेत्र में हुई।

ये वारदात रविवार (8 अक्टूबर, 2023) की शाम की है। ऑपइंडिया को एक्सक्लूसिव तौर पर मिली एफआईआर कॉपी के मुताबिक, पीड़ित रात करीब 11:30 बजे अपने दोस्तों के साथ स्विफ्ट कार में जा रहा था। कार के स्पीकर पर हिंदू भक्ति गीत बज रहे थे, तभी आरोपित बाइक पर आया और कार रोक दी। फिर उन्होंने पीड़ित को धमकाया और चेतावनी दी कि वे ‘उनके’ इलाके में श्रीराम के गाने न बजाएँ।

ऑपइंडिया को मिली FIR कॉपी

गौरतलब है कि मुंडवा क्षेत्र में मुस्लिम आबादी बहुसंख्यक है। मामले में शिकायत दर्ज कराने वाले पीड़ित के दोस्त 24 साल के रामकृष्णा मचारला ने कहा, “घटना के वक्त मैं और अमित साथ थे। हम पूरे दिन साथ रहे थे। शाम को मेरी माँ ने मुझे फ़ोन किया कि मेरे घर पर कुछ इमरजेंसी है और उन्हें मेरी ज़रूरत है। इसलिए मैं और अमित उसकी कार में कैंप से बालाजीनगर इलाके की ओर चल दिए।”

मचारला ने आगे बताया, “मेरा एक दोस्त भी हमारे साथ था। जैसे ही हम बालाजीनगर इलाके में पहुँचे, आरोपित बाइक पर आए और उलटी तरफ से आकर कार रुकवा दी। उन्होंने अमित को रामधुन बजाने पर धमकाया और फिर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। हमने मामले को शांत करने की कोशिश की, लेकिन आरोपितों ने अमित के सिर पर लोहे की छड़ से हमला कर दिया। इसकी वजह से उसके सिर पर गंभीर चोटें आई।”

एफआईआर कॉपी के मुताबिक, पीड़ित ने सबसे पहले दोस्त के घर पर इमरजेंसी होने से आरोपित से अपनी कार के लिए रास्ता बनाने के लिए कहा था, हालाँकि, इसके बाद भी आरोपित ने कार रोककर कहा, “कहाँ जा रहे हो और यहाँ राम भजन क्यों बजा रहे हो।”

इसके बाद पीड़ित कार से बाहर आया और उनसे चले जाने का अनुरोध किया। इसी बीच आरोपी के और साथी मौके पर पहुँचे और पीड़ित के साथ गाली-गलौज करने लगे। उन्होंने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए कहा, “अब से इस इलाके में इतनी तेज़ आवाज़ में ऐसे गाने मत बजाओ। वरना गंभीर नतीजे भुगतने होंगे। अपनी हद में रहना सीखो।”

ऑपइंडिया ने मामले पर अपडेट के लिए मुंडवा पुलिस स्टेशन के पीआई विष्णु तम्हाने से संपर्क किया। उन्होंने घटना की पुष्टि की और कहा, “पीड़ित और उसके दोस्तों पर आरोपितों ने इलाके में तेज संगीत बजाने को लेकर हमला किया था। पीड़ित को चोटें आई हैं और वह अस्पताल में भर्ती है। आरोपित और पीड़ित एक ही इलाके में रहते थे, इसलिए वे एक-दूसरे परिचित थे। आरोपितों पर मामला दर्ज कर हिरासत में ले लिया गया है। फिलहाल इलाके में शांति है। जाँच चल रही है।”

जीवन में जानेजाना एक बार है होता प्यार… अयोध्या के राम की पैड़ी पर महिला ने बॉलीवुड गाने पर लगाए ठुमके, वीडियो देख बोले लोग – धार्मिक स्थलों पर ये सब मत करो

हिन्दुओं के लिए पवित्र श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या में एक महिला ने डांस कर के रील बनाई। अयोध्या में स्थित राम की पैड़ी के सरयू घाट पर एक महिला ने बॉलीवुड गाने की धुन पर ठुमके लगाए और रील बनाई। वीडियो में महिला को ‘जीवन में जाने-जाना, एक बार है होता प्यार’ गाने पर ठुमके लगाते हुए देखा जा सकता है।

रील के वायरल होने के बाद अब लोग इस पर गुस्सा जता रहे हैं और कह रहे हैं कि महिला ने धार्मिक स्थल का अपमान किया है। पुलिस से महिला पर कार्रवाई की अपील की जा रही है। अयोध्या पुलिस ने एक्स (पहले ट्विटर) पर इस बात जानकारी दी है कि मामले की जाँच की जा रही है।

वायरल वीडियो में गुलाबी रंग का सूट पहनी एक महिला बॉलीवुड के गाने पर बालों को झटक कर और इशारे करते हुए रील बना रही है। यह रील कब बनाई गई इसकी अभी जानकारी नहीं है। लोगों का कहना है कि हिन्दुओं के धार्मिक केन्द्रों को अश्लीलता का केंद्र क्यों बनाया जा रहा है? इस पर रोक लगाई जाए। इससे पहले भी अयोध्या से ही ऐसे कुछ मामले सामने आ चुके हैं। इससे पहले जून महीने में ही राम की पैड़ी पर एक युवती ने रील बनाई थी।

इस युवती ने ‘पानी में आग लगानी है’ गाने पर सरयू नदी में नहाते हुए रील बनाई थी जिसके पश्चात लोगों इस मामले में सोशल मीडिया से लेकर संत समाज ने काफी विरोध किया था। इस युवती की पुलिस ने तलाश की थी। लोगों ने इसको लेकर भी सोशल मीडिया पर गुस्सा जाहिर किया था। उनका कहना था कि रील बनाने जाने के चलन को श्रीराम की नगरी से बाहर रखा जाना चाहिए।

धार्मिक स्थानों में रील बनाने को लेकर कई बार विवाद हुआ है। इसको लोग धार्मिक आचरण के विरुद्ध और मान्यताओं का मजाक उड़ाने के तौर पर देखते हैं। काशी विश्वनाथ मंदिर में भी ऐसी ही एक रील बनाई गई थी जिस पर लोगों ने अपना विरोध दर्ज करवाया था। उत्तराखंड के केदारनाथ बदरीनाथ मंदिर समिति ने जुलाई में एक आदेश जारी कर के मंदिर परिसर में धार्मिक भावनाओं के विरुद्ध रील बनाने वालों पर वैधानिक कार्रवाई करने की बात कही है।

जिसके हुक्म पर इजरायल में 900+ को इस्लामी आतंकियों ने मारा, उसके एक ही आँख, हाथ और पैर: जानिए कौन है मोहम्मद दाइफ

इजरायल पर 7 अक्टूबर 2023 को इस्लामी आतंकी संगठन हमास के हमलों में अब तक 900 से अधिक लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। इन हमलों के पीछे हमास के अल कासम ब्रिगेड (al Qassam Brigades) का हाथ है। इस दस्ते का सरगना मोहम्मद दाइफ (Mohammed Deif) है।

उसका पूरा नाम मोहम्मद दिआब इब्राहिम अल मसरी (Mohammed Diab Ibrahim al Masri) है। उसे मोहम्मद मसरी, मोहम्मद दाइफ जैसे नामों से भी जाना जाता है। माना जा रहा है कि इजरायल पर हमले के पीछे की पूरी प्लानिंग उसकी ही है।

लगातार 3 दशक से मोहम्मद दाइफ इजरायल में आतंक फैला रहा है। रिपोर्टों के अनुसार इजरायल के एक एयर स्ट्राइक में वह अपनी एक आँख, एक हाथ और एक पैर गँवा चुका है। अब वह व्हीलचेयर से ही हमास के आतंकी दस्ते को लीड करता है।

इजरायल पर हुए हमले को मोहम्मद दाइफ ने बदला बताया है। कहा है कि यह गाजा को 16 साल तक दुनिया से काटने, वेस्ट बैंक में इजरायली पुलिस के घुसने और अल अक्सा में हुई हिंसा का बदला है।

कौन है मोहम्मद दाइफ उर्फ मोहम्मद मसरी?

मोहम्मद दाइफ उर्फ मोहम्मद मसरी का जन्म वर्ष 1965 में गाजा के खान यूनिस इलाके में हुआ था। खान यूनिस वही इलाका है, जहाँ इस समय इजरायल आतंकी ठिकानों पर बम बरसा रहा है। मसरी 25 साल की उम्र में ही हमास से जुड़ गया था। उससे पहले वह मुस्लिम ब्रदरहुड से जुड़ा हुआ था।

मसरी एक स्नातक है जो कॉलेज के समय से ही फिलीस्तीनी लड़ाई में जुड़ गया था। उसको वर्ष 1989 में इजरायल की सुरक्षा एजेंसियों ने गिरफ्तार भी किया था। लेकिन फिर 16 महीने के बाद उसे छोड़ दिया गया।

मोहम्मद दाइफ को कासम ब्रिगेड से हमास का ‘इंजीनियर’ कहे जाने वाला याहया अयाश ने जोड़ा था। अयाश बम बनाने में एक्सपर्ट था। दाइफ उसका शागिर्द था। 1996 तक उसने अयाश के इशारों पर काम करते हुए इजरायल में कई घटनाओं को अंजाम दिया।

वर्ष 1996 में इजरायल के सुरक्षा बलों ने अयाश को मार गिराया था। इसके बाद बदला लेने के मोहम्मद दाइफ ने इजरायल में कई आत्मघाती हमले करवाए, जिनमें एक सप्ताह के भीतर करीब 50 लोगों की मौत हुई।

दाइफ रॉकेट बनाने, आत्मघाती हमलावरों को तैयार करने और सुरंग बनाकर हमले करने का विशेषज्ञ माना जाता है। कहा जाता है कि वह अपने आसपास बहुत सीमित लोगों को रखता है और हमेशा सामान्य नागरिक की तरह रहता है। वर्ष 2002 में उसे अल कासम दस्ते का सरगना बनाया गया था। वर्ष 2014 में उसने इजरायल पर बड़े हमलों की धमकी दी थी।

कई बार आया इजरायल के टारगेट पर, लेकिन हर बार बच निकला

रिपोर्टों के अनुसार इजरायली सुरक्षा बलों और खुफिया एजेंसी मोसाद के टारगेट पर मोहम्मद दाइफ कम से कम सात बार आ चुका है। लेकिन हर बार वह जिंदा बचने में सफल रहा। साल 2002 में उसकी कार को इजरायल ने मिसाइल से टारगेट किया था। इसमें उसके दो साथियों की मौत हो गई थी। पर वह खुद बच निकला था।

वर्ष 2004 में भी इजरायल ने एक हवाई हमला कर कर दाइफ को टारगेट किया। लेकिन इस हमले में वह बच गया और उसका खासमखास मोहम्मद अदनान-अल-गौल मारा गया। अदनान हमास का रॉकेट एक्सपर्ट कहा जाता था।

वर्ष 2006 में एक खुफिया जानकारी के आधार पर एक घर पर हवाई हमला किया गया था। इजरायली सुरक्षा बलों को पता चला था कि दाइफ अपने कुछ और आंतकियों के साथ एक इमारत में बैठक कर रहा था। इस हमले में उसकी रीढ़ में चोट आई थी।

2014 में मसरी के घर पर एक बार और हमला हुआ। इस हमले में मसरी का एक पैर और एक हाथ उड़ गया था। उसने एक आँख भी गँवा दी थी। कहा जाता है कि इसके बाद से वह व्हीलचेयर पर चलता है।

‘मेरी हत्या कराई जा सकती है’: 13 अक्टूबर ED की कस्टडी में भेजे गए AAP सांसद संजय सिंह, कोर्ट की मनाही के बावजूद मीडिया से की बात

दिल्ली की अदालत ने दिल्ली शराब नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आम आदमी पार्टी (AAP) के सांसद संजय सिंह की प्रवर्तन निदेशालय (ED) की हिरासत शुक्रवार (13 अक्टूबर, 2023) तक बढ़ा दी है।AAP नेता को राष्ट्रीय राजधानी में उनके आवास पर तलाशी के बाद ईडी ने 4 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था। इस मामले में गिरफ्तार होने वाले सिंह तीसरे AAP नेता हैं।

अदालत परिसर में संजय सिंह ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन्हें प्रताड़ित करवा रहे हैं। कोर्ट के दरवाजे तक पहुँचते हुए उन्होंने पीएम मोदी की आलोचना जारी रखी। जबकि इससे पहले कोर्ट ने उन्हें मीडिया से बात न करने का आदेश दिया था। उन्होंने कहा, “पीएम मोदी मेरे साथ बच्चों का खेल खेल रहे हैं। जिन्होंने देश को लूटा है वो पीएम मोदी के साथ हैं, वहीं जो ईमानदार हैं वो उनके खिलाफ। अगर मेरा एनकाउंटर हो गया तो कौन जिम्मेदार होगा?”

दरअसल, बीते हफ्ते संजय सिंह की 5 दिनों की ED हिरासत का वक्त खत्म होने पर मंगलवार (10 अक्टूबर, 2023) राउज एवेन्यू कोर्ट के स्पेशल जज एमके नागपाल के समक्ष पेश किया गया। गौरतलब है कि जज ने इससे पहले AAP के अन्य नेताओं मनीष सिसौदिया और सत्येन्द्र जैन को ईडी और सीबीआई के दर्ज मामलों में जमानत देने से इनकार कर दिया था।

यही नहीं, AAP के इन नेताओं को दिल्ली हाईकोर्ट ने दोनों एफआईआर में जमानत देने से भी इनकार कर दिया था। इस केस में ईडी और सीबीआई दोनों मामलों में सरकारी गवाह बने आरोपित कारोबारी दिनेश अरोड़ा के संजय सिंह का नाम लेने पर के बाद ईडी ने सिंह के आवास पर छापेमारी की थी। ईडी का आरोप है कि दिनेश अरोड़ा के एक कर्मचारी ने संजय सिंह के घर पर दो बार में 2 करोड़ रुपए पहुँचाए। जाँच एजेंसी को डिजिटल सबूतों के साथ AAP नेता का सामना कराना है। ईडी का ये भी आरोप है कि कुछ निजी कंपनियों को थोक कारोबार में 12 फीसदी का मुनाफा देने की साजिश के तहत उत्पाद शुल्क नीति लागू की गई।

इसमें कहा गया है कि मंत्रियों के समूह (जीओएम) की बैठकों के मिनटों में ऐसी किसी शर्त का जिक्र नहीं किया गया था। एजेंसी का यह भी आरोप है कि थोक विक्रेताओं को असाधारण लाभ मार्जिन देने के लिए साउथ ग्रुप के साथ विजय नायर और अन्य लोगों के साथ एक साजिश रची गई थी।

यह तर्क दिया गया कि नायर सिसौदिया की तरफ से काम कर रहे थे। इसके साथ ही कोर्ट ने मंगलवार को दिल्ली के कथित आबकारी घोटाले में मनी लॉन्ड्रिंग केस में गिरफ्तार आप सांसद संजय सिंह को मीडिया से बात न करने का निर्देश भी दिया।

‘इस जहाज के कप्तान हैं PM मोदी, उन्हें फॉलो कीजिए’: बोले अक्षय कुमार – हिन्दू हूँ, फ़िल्में नहीं चल रही थीं इसीलिए ली थी कनाडा की नागरिकता

बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने अपनी फिल्म ‘मिशन रानीगंज’ के रिलीज के बाद एक चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा कि प्रधानमंत्री आपने चुना है और अब आप उन्हें फॉलो करिए। इस दौरान उन्होंने कनाडा की नागरिकता लेने और खुद के हिंदू होने पर भी बात की। गौरतलब है कि उन्हें कनाडा की नागरिकता को लेकर खासा ट्रोल किया गया था।

इस साल स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 15 अगस्त को ही उन्हें भारत की नागरिकता मिली है। ‘न्यूज 24’ में फिल्म ‘मिशन रानीगंज’ को लेकर बात करने के दौरान एक्टर अक्षय कुमार ने अपनी जिंदगी से जुड़ी कई बातों का खुलासा किया। उन्होंने कहा कि कनाडा की नागरिकता उन्होंने केवल अपने काम के सिलसिले में ली थी।

‘कोई पीएम नहीं देखा जिसने लाल किले से शौचालय की बात की’

जब अक्षय से पूछा गया कि जैसे पीएम मोदी जैसे ही सोशल मैसेज देने की कोशिश करते हैं आप भी अपनी फिल्मों के जरिए ऐसा करते हैं और आप के लिए कहा जाता है कि पीएम के बेहद करीब हैं। आप उन्हें बेहद पसंद करते हैं। क्या आप भी इलेक्शन लड़ने की सोच रखते हैं?

इस पर अक्षय कुमार ने कहा कि न तो वो इलेक्शन लड़ने जा रहे हैं और न ही राजनीति में जाने का उनका कोई विचार है, लेकिन अगर प्रधानमंत्री शौचालय के बारे में बात करें और अगर उन्हें मौका मिलता है तो वो फिल्म क्यों न बनाएँ।

उन्होंने आगे कहा, “कोई अच्छा काम होता है तो उस पर मैं फिल्म बनाता हूँ जैसे ‘एयरलिफ्ट’ मैंने फिल्म बनाई थी वो तो कॉन्ग्रेस के टाइम पर था वो अच्छा काम हुआ था, तो मैंने फिल्म बनाई। तब तो कोई कुछ नहीं बोला। ये ‘मिशन रानीगंज’, भी कॉन्ग्रेस के वक्त था अब तो कोई कुछ नहीं कह रहा कि आप उनके करीब थे। अच्छे काम पर फिल्म बनाना राजनीति नहीं है। मैंने किसी पीएम को लाल किले पर खड़े होकर शौचालय के बारे में बात करते नहीं देखा। मुझे अच्छा लगा, असली कहानी मिली, मैंने बनाई।”

जब उनसे पूछा गया कि पीएम मोदी से प्रभावित होने का नुकसान आपको होता है क्योंकि समाज दो विचारधाराओं में बँट गया है एक उनके विरोध में है तो दूसरे उनके पक्ष में। इस पर एक्टर ने जवाब दिया, “जी मैं तो हर चीज के अंदर पॉजिटिविटी देखता हूँ। मुझे तो काफी चीज पॉजिटिव नजर आती हैं, इसलिए मैं उन्हें फॉलो करता हूँ। मैं ये नहीं देखता कि नेगेटिव क्या है। हर चीज का तरीका होता है देखने का। बचपन में हम कहते थे न कि आधा ग्लास खाली होता है और आधा भरा। या तो आप खाली देख लो या भरा।” इस बात को आप वीडियों में 14:31 से लेकर 18: 19 सुन सकते हैं।

‘पीएम आपने चुना, उन्हें फॉलो करिए’

उन्होंने पीएम मोदी के विरोध को लेकर कहा, “मैं तो ये मानता हूँ आपने पीएम चुना है अब आप फॉलो करिए और ऐसा होना चाहिए। वैसे ही जैसे सेट पर डायरेक्टर आता है तो हम उन्हें फॉलो करते हैं। अभी वो ‘कैप्टन ऑफ द शिप’ हैं, हमें उन्हें फॉलो करना चाहिए।”

एक्टर ने आगे कहा कि आज इकोनॉमी बढ़ रही है, बहुत सारी चीजे हैं इंफ्रास्ट्रक्चर बढ़ रहा है। इसकी पॉजिटिव साइड की तरफ देखिए। हो सकता है कोई काम गलत भी हो रहा हो, लेकिन बड़ी चीजों के लिए एक साथ आएँ। ये हमारा देश हैं। हमें एक दूसरे की गलतियाँ निकालने के बदले बड़ी तस्वीर के लिए काम करना चाहिए और ये पिक्चर भारत की है। एक्टर के इस बयान को आप वीडियो में 18:19 से लेकर 19:23 तक सुन सकते हैं।

मेरा पासपोर्ट पर लिखा – रिपब्लिक ऑफ इंडिया भारत

जब उनसे कहा गया कि आपको इस पर भी ट्रोल किया जा सकता है तो एक्टर ने जवाब दिया, “मेरे पासपोर्ट ‘रिपब्लिक ऑफ इंडिया’ और ‘भारत’ दोनों दिखा है तो फिर पासपोर्ट को भी ट्रोल करें। मुझे एक इंसान बताइए जो ट्रोल नहीं होता, सब ट्रोल होते हैं, लेकिन खुशी किसी को नहीं मिलती।” उन्होंने आगे कहा, “ऐसे में खुद के माइंडसेट को फॉलो करना चाहिए मुझे फर्क नहीं पड़ता, इसलिए न बाएँ देखे न दाएँ जिस इंसान को जहाँ पहुँचना है उसे सीधे वहीं देखना चाहिए। सोशल मीडिया बना ही इसके लिए है ताकि आपकी रफ्तार कम हो जाए।”

उन्होंने आगे कहा, “मैं ट्रोलिंग को सकारात्मकता के साथ लेता हूँ, न्यूजर्सी में बहुत बड़ा अक्षरधाम मंदिर बना, मुझे अच्छा लगा तो मैंने इसे ट्वीट किया। मैं ट्वीट करने के बाद भूल जाता हूँ, 10 में से 2-3 ट्रोल कर रहे होंगे, कर लो भाई ट्रोल, तू पैसे कमा लें, फॉलोवर्स ले ले ठीक है, भाई सब काम कर रहे हैं। कुल मिलाकर पैसे कमाने के लिए ही सब है। ये आपका हक है बस गलत काम मत करो।” इसे वीडियो में 19:38 से लेकर 22:20 तक सुना जा सकता है।

‘मैं हिंदू हूँ…’

कनाडा की नागरिकता और उस पर ट्रोल होन को लेकर अक्षय कुमार ने कहा, “मैंने कनेडियन बनने का फैसला इसलिए लिया कि भारत में मेरी फिल्में नहीं चल रही थीं। मुझे वहाँ बिजनेस का काम मिल रहा था। भारत से कितने लोग बाहर काम करते हैं, उन्हीं की तरह में भी गया। सच्चाई ये है कि वहाँ कॉर्गो में एक बिजनेस मिल रहा था तो मैं वहाँ चला गया। इस दौरान ही लास्ट की दो-तीन फिल्में चल गईं, लेकिन तब तक कनाडा का पासपोर्ट आ गया था।”

उन्होंने कहा, “लेकिन मैंने ये नहीं सोचा था तब कि वापस भारत जाना है, लेकिन फिर मैं वापस आ गया। उसके बाद काम करने लगा और फिल्में मिलीं और चलीं, ऐसा चलता रहा। बस दिमाग से निकल गया कि कनाडा का पासपोर्ट है। मैं टैक्स सबसे अधिक यहीं भरता हूँ। हिंदुस्तानी हूँ, हिंदुस्तानी खाना खाता हूँ, हिंदुस्तान के हिसाब से सोचता हूँ और हिंदू हूँ। दस्तावेज से ये साबित होता है तो मैंने वो भी बदल लिया।” उनकी बातचीत के इस अंश को वीडियो में 23:00 से लेकर 24:40 तक सुना जा सकता है।

इजरायल से आया PM मोदी को कॉल, नेतन्याहू से कहा- इस मुश्किल घड़ी में भारत आपके साथ खड़ा है: हमास के 1500 आतंकवादियों के शव मिले

इस्लामी आतंकी संगठन हमास पर जवाबी कार्रवाई करते हुए इजरायल ने गाजा पट्टी को पूरी तरह सील कर दिया है। इजरायली क्षेत्र में आतंकियों के करीब 1500 शव मिले हैं। युद्ध के बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपने भारतीय समकक्ष नरेंद्र मोदी से बात की है।

पीएम मोदी ने 10 अक्टूबर 2023 को एक्स/ट्विटर पर पोस्ट कर नेतन्याहू का कॉल आने की जानकारी दी है। उन्होंने लिखा है, “मैं प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को उनके फोन कॉल और चल रही स्थिति पर अपडेट प्रदान करने के लिए धन्यवाद देता हूँ। भारत के लोग इस मुश्किल घड़ी में इजरायल के साथ मजबूती से खड़े हैं। भारत आतंकवाद के सभी रूपों की कड़ी और स्पष्ट रूप से निंदा करता है।”

इजरायल के प्रति भारत का समर्थन पीएम मोदी ने ऐसे समय में दोहराया है, जब कॉन्ग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी)  की बैठक में फिलिस्तीन के समर्थन में प्रस्ताव पास किया गया था।

वहीं इजरायल की सेना ने बताया है कि उसे अपने इलाके में ऑपरेशन के बाद इस्लामी आतंकी संगठन हमास के 1500 आतंकियों की लाशें मिली है। अब उन सभी इलाकों पर इजरायल के सेना का नियंत्रण हैं जहां आतंकियों ने घुसकर हमले किए थे। इन इलाकों में आतंकी नए सिरे से घुसपैठ करने में नाकाम रहे हैं।

हमास के आंतकियों ने शनिवार (7 अक्टूबर 2023) को दक्षिणी इजरायल में अचानक से हमला बोल दिया था। बड़ी संख्या में आतंकी इजरायल के भीतर घुस आए थे और उन्होंने सैनिकों और नागरिकों को मारना चालू कर दिया था। हमास के हमलों में अब तक लगभग 900 इजरायली नागरिकों की मौत हो चुकी है। लगभग 3000 लोग घायल भी हैं।

इजरायल के सुरक्षाबलों ने यह भी बताया है कि उसके 123 सैनिक अब तक आतंकियों से लड़ते हुए बलिदान हुए हैं। इसके अतिरिक्त दो सैनिकों की मृत्यु इजरायल और लेबनान की सीमा पर हुई है। ये सैनिक लेबनान की तरफ से इजरायल में घुसने का प्रयास कर रहे आतंकियों को रोक रहे थे।

दूसरी तरफ गाजा से बैठे हमास के आतंकियों ने इजरायल पर अब तक 4500 से अधिक रॉकेट दागे हैं।

इजरायल ने 3 लाख से भी अधिक रिजर्व सुरक्षाबलों को ड्यूटी पर तुरंत वापस बुलाया है। इसके अतिरिक्त, बड़ी संख्या में विदेशों में रह रहे इजरायली नागरिक भी वापस अपने देश लौट रहे हैं।

इजरायल द्वारा गाजा पट्टी में 1352 स्थानों पर बमबारी की गई है। एक जानकारी के अनुसार बमबारी में अब तक लगभग 700 आतंकी मारे गए हैं। इजरायल ने गाजा के लिए बिजली, पानी और गैस की आपूर्ति भी बंद कर दी है। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि हम युद्ध नहीं लड़ना चाहते थे, लेकिन हम पर जबरदस्ती युद्ध लादा गया और अब हम इसे खत्म जरूर करेंगे।

इजरायल ने अपने नागरिकों को कहा है कि वह 72 घंटे के लिए बंकरों में रहने को तैयार रहें। इस ऐलान के बाद इजरायली नागरिकों ने खाने-पीने के सामान का भंडारण शुरू कर दिया है। यह भी कहा जा रहा है कि इजरायल जल्द ही गाजा में अपनी थल सेना भेज कर ऑपरेशन शुरू कर सकता है। एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बायडेन से कहा है कि हमें ‘अन्दर जाना’ होगा’।

सरकारी जमीन पर कब्जा कर बना है प्रेम यादव का आलीशान घर, पैमाइश में खुलासे के बाद चलेगा बुलडोजर: देवरिया के गाँव में धारा-144 लागू, दुबे परिवार का हुआ था नरसंहार

देवरिया में हाल ही में 6 लोगों की हत्या हो गई। प्रेमचंद यादव की हत्या के बदले सत्यप्रकाश दुबे सहित उनके परिवार के 5 लोगों को मार डाला गया। फतेहपुर गाँव में प्रेमचंद यादव का घर सरकारी जमीन पर कब्जा करने के बाद बनाया गया था। उस जमीन की पैमाइश हो चुकी है। एसडीएम ने लोगों को उस घर से निकलने और सामान निकालने का आदेश दे दिया है। अब कभी भी बुलडोजर अपनी कार्रवाई शुरू कर सकता है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, देवरिया हत्याकांड में राजस्व विभाग ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य मृतक प्रेमचंद यादव के मकान और जमीन की पैमाइश पूरी कर ली है और जरूरी मार्किंग करके फील्ड बुक तैयार कर लिया है। इसके लिए सोमवार (9 अक्टूबर, 2023) को सुबह 11 बजे एसडीएम रत्नेश तिवारी, तहसीलदार अरुण कुमार यादव, नायब तहसीलदार अनिल तिवारी, शिवेंद्र कोडिल्य समेत 20 राजस्व कर्मचारियों की टीम अभयपुर गाँव पहुँची और जमीनों की दोबारा पैमाइश की।

रिपोर्ट मिलने के बाद तहसीलदार ने प्रेम यादव के पिता समेत पाँचों आरोपितों के खिलाफ बेदखली का आदेश जारी कर दिया है। अब प्रेमचंद की कोठी पर बुलडोजर चलाने का आदेश जारी हो सकता है।

लोगों ने किया हंगामा, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

राजस्व विभाग की टीम जब गाँव पहुँची, तो लोगों ने हंगामा करने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस फोर्स ने भीड़ में शामिल लोगों पर हल्का बल प्रयोग भी किया, क्योंकि लोग नारेबाजी कर रहे थे और अव्यवस्था फैलाने की कोशिश कर रहे थे। इसकी वजह से तनाव बढ़ता देख पुलिसकर्मियों ने लाठियाँ भाँजी, तब जाकर भीड़ तितर-बितर हुई और पैमाइश की कार्रवाई पूरी की जा सकी।

प्रेम यादव के पिता की माँग पर दोबारा हुई पैमाइश

इस मामले में प्रशासन की पहली पैमाइश को प्रेम यादव के पिता रामभवन ने नकार दिया था। इस मामले में 5 अक्टूबर को पहला नोटिस जारी हुआ था। इसके बाद सोमवार को दूसरी बात टीम ने पैमाइश की है। दूसरी बार भी प्रेम यादव का मकान सरकारी जमीन पर बना पाया गया। एसडीएम रत्नेश तिवारी ने बताया कि गाँव में सरकारी जमीनों की पैमाइश कर ली गई है। पैमाइश करने वाली टीम ने रिपोर्ट दे दी, जिसके बाद तहसीलदार ने बेदखली का आदेश भी जारी कर दिया है।

फतेहपुर गाँव में धारा 144 लागू

देवरिया के फतेहपुर गाँव में प्रेम के मकान की पैमाइश के दौरान हंगामे के बाद धारा-144 लागू कर दी गई है। वहीं, बैरियाघाट से लेकर पैमाइश स्थल तक हंगामा करने वाले अराजक तत्वों की पहचान कर कार्रवाई में भी पुलिस- प्रशासन की टीम लगी है। गाँव में किसी भी प्रकार के जुटान और धरना- प्रदर्शन पर रोक लगा दी गई है।

जमीन की वजह से एक ही परिवार के पाँच लोगों की हत्या

बता दें कि उत्तर प्रदेश के देवरिया में एक ही परिवार के 5 लोगों की हत्या कर दी गई थी, जिनमें 3 बच्चे थे। एक व्यक्ति की हत्या का बदला लेने के लिए ये सब किया गया। प्रेम यादव का शव मिलने के बाद उसके परिजनों समर्थकों ने मिल कर सत्य प्रकाश दुबे के घर पर हमला कर दिया गया। सत्य प्रकाश दुबे, उनकी पत्नी, 2 बेटियाँ और एक बेटे को मार डाला गया। देवरिया के विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा था कि ये भू-माफिया बनाम एक गरीब परिवार की लड़ाई है।

‘Playboy’ मैगजीन ने मिया खलीफा को निकाला, चैनल भी किया डिलीट: रेडियो होस्ट भी कर चुका है छुट्टी, हमास आतंकियों को बता चुकी है ‘स्वतंत्रता सेनानी’

‘Playboy’ मैग्जीन ने सोमवार (9 अक्टूबर,2023) को लेबनानी पॉर्न स्टार मिया खलीफा को बाहर का रास्ता दिखा दिया है। ‘प्लेबॉय’ क्रिएटर कम्युनिटी को एक मेल में कंपनी ने कहा कि उसने इज़रायल पर हमास के हमले के बारे में की ‘घिनौनी और निंदनीय’ टिप्पणियों पर उसके साथ सारे रिश्ते खत्म कर दिए हैं।

इस लेटर में ‘प्लेब्वॉय’ ने कहा, “हम आज आपको मिया खलीफा के साथ ‘प्लेबॉय’ के रिश्ते को खत्म करने के अपने फैसले के बारे में बताने के लिए लिख रहे हैं, जिसमें हमारे क्रिएटर प्लेटफॉर्म पर मिया के ‘प्लेबॉय’ चैनल को हटाना भी शामिल है। पिछले कुछ दिनों में, मिया ने इज़रायल पर हमास के हमलों और निर्दोष लोगों और बच्चों की हत्या का जश्न मनाते हुए घिनौनी और निंदनीय टिप्पणियाँ की हैं।”

‘प्लेब्वॉय’ ने इस बात पर जोर देते हुए लिखा, “हम स्वतंत्र अभिव्यक्ति और रचनात्मक राजनीतिक बहस को प्रोत्साहित करते हैं, लेकिन नफरती भाषण के लिए हमारी जीरो टॉलरेंस की पॉलिसी है। हम उम्मीद करते हैं कि मिया यह समझेगी कि उसके शब्दों और कामों के क्या नतीजे होंगे।”

लेटर का स्क्रीनशॉट फोटो साभार: एम्बर लिन/फेसबुक

मैग्जीन ने मिया के कॉन्ट्रेक्ट खत्म करने के लिए भेजा गया लेटर भी शेयर किया। इसमें लिखा है, “प्लेबॉय हमेशा से अभिव्यक्ति की आज़ादी का समर्थक रहा है। हमने सभी लोगों के किसी भी सरकारी दखलअंदाजी से आजाद होकर बोलने के हक के लिए अदालतों में लड़ाई लड़ी है। 70 साल से हमने अपनी मैग्जीन के पन्नों में, अपनी वेबसाइटों पर हमारी संगोष्ठियों में नेताओं के विचारों, रचनाकारों और कलाकारों के अलग-अलग नजरिए को उजागर किया है जिन्हें हमने अपने मीडिया के कई प्रारूपों पर मंच दिया है।”

उन्होंने आगे कहा, “घिनौने और अमानवीय भाषण के लिए हमारी कंपनी में और न ही हमारे प्लेटफॉर्म पर कोई जगह है। इजरायल में निर्दोष पुरुषों, महिलाओं और बच्चों पर बलात्कार, अंग-भंग, हत्या और यातना सहित हमास के हमलों का जश्न मनाने वाले आपके हालिया बयान घिनौने और निंदनीय हैं। परिणामस्वरूप, हम आपको ‘प्लेबॉय’ क्रिएटर प्लेटफ़ॉर्म से स्थायी तौर से हटा रहे हैं और आपके साथ हमारे अन्य सभी कारोबारी सौदे खत्म कर रहे हैं।”

लेटर का स्क्रीनशॉट फोटो साभार: एम्बर लिन/फेसबुक

इसमें आगे कहा गया है, “हम बिल्कुल साफ करना चाहते हैं: हम अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के आपके अधिकार का सम्मान करते हैं। हम यह भी उम्मीद करते हैं कि आप यह समझें कि आप अपनी वाणी का इस्तेमाल कैसे करते हैं इसके क्या नतीजे होते हैं। आज, हम आपके नफरत फैलाने वाले व्यवहार के लिए आपके साथ सभी रिश्ते तोड़ रहे हैं। हम अपने क्रिएटर समुदाय को भी अपने फैसले के बारे में बताएँगे।” ऑपइंडिया ने भी पाया कि प्लेबॉय से मिया खलीफा का चैनल हटा दिया गया है।

‘प्लेब्वॉय’ अकेला नहीं है मिया के खिलाफ एक्शन लेने वाला

मिया खलीफा को सिर्फ ‘प्लेबॉय’ से ही नहीं निकाला गया है। इससे पहले कनाडाई ब्रॉडकास्टर और रेडियो होस्ट टॉड शापिरो ने भी उसे नौकरी से निकाल दिया था। उन्होंने ‘X’ हैंडल से ट्वीट किया, “यह बहुत ही भयावह ट्वीट है मिया खलीफ़ा। खुद को तुरंत प्रभाव से निकाल दिया गया समझें। बिल्कुल घिनौना, नफर से परे। कृपया खुद को बेहतर करें और एक बेहतर इंसान बनें। यह तथ्य कि आप मौत, बलात्कार, मारपीट और बंधक बनाने को नज़रअंदाज कर रहे हैं, वास्तव में घिनौना है। कोई भी लफ्ज आपकी अज्ञानता को बयाँ नहीं कर सकता।”

उन्होंने कहा, “हम इंसानों को एक साथ आने की जरूरत है, खासकर त्रासदी के हालात में। मैं आपके लिए एक बेहतर इंसान बनने की प्रार्थना करता हूँ। हालाँकि, यह साफ लगता है कि आपके लिए बहुत देर हो चुकी है।” शापिरो ने अपनी पोस्ट में मिया के ट्वीट का जिक्र किया है। इसमें मिया ने हमास के आतंकवादियों का जिक्र ‘फिलिस्तीन में स्वतंत्रता सेनानियों’ के तौर पर किया।

दिलचस्प बात यह है कि नौकरी से निकाले जाने के बाद बगैर किसी का नाम लिए मिया ने शाप्रियो के जवाब में ट्वीट किया, “मैं कहूँगी कि फ़िलिस्तीन का समर्थन कर के मैंने कमाई के कई मौके खो दिए हैं। हालाँकि, मैं खुद पर ज़्यादा गुस्सा हूँ क्योंकि मैंने कभी इस पर गौर किया ही नहीं कि मैं यहूदियों के साथ काम कर रही हूँ।”

फोटो साभार एक्स हैंडल मिया

मिया खलीफा ने शापिरो की कंपनी को ‘शि*ट’ और घटिया कहा था और साथ ही ‘फ्री फिलिस्तीन’ का नारा भी दिया था।

बाद में मिया खलीफा ने इस ट्वीट के लिए सफाई देते हुए कहा, “मैं बस यह पक्का करना चाहती हूँ कि मेरे लोगों के पास खुली हवा वाली जेल की दीवारों को तोड़ने के 4k फुटेज हों, उन्हें अपने घरों से बाहर निकलने के लिए मजबूर किया गया था। कृपया दोबारा मेरा नाम लेने से पहले अपनी ओछी सोच वाली कंपनी के बारे में फ़िक्र करें। मैं जुल्म से लड़ने वाले सभी लोगों के साथ खड़ी हूँ, अभी भी और हमेशा, अपने छोटे से प्रोजेक्ट में मेरे निवेश के लिए मेरे से भीख माँगने से पहले अपना रिसर्च करें, मैं लेबनान से हूँ, तुम चाहते हो कि मैं उपनिवेशवाद के पक्ष में रहूँ, तुम मूर्ख हो।”

आगे उसने दावा किया कि 4k फुटेज के लिए कहना किसी भी तरह से हिंसा को उकसाने और बढ़ाने जैसा नहीं है।

मिया खलीफा एक लेबनानी-अमेरिकी पॉर्न स्टार और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर है। वो हमास का समर्थन करने वाले देश लेबनान में पैदा हुई। वहीं लेबनान के शिया इस्लामी आतंकवादी समूह हिजबुल्ला ने इज़रायल के खिलाफ युद्ध में हमास के साथ शामिल होने की इच्छा जाहिर की है।

हिजबुल्ला को जवाब देते हुए इजरायल ने इस आतंकी संगठन को चेतावनी दी कि वे IDF के साथ खिलवाड़ न करें अन्यथा उन्हें गंभीर नतीजे भुगतने होंगे। उधर अमेरिका ने लेबनानी आतंकी संगठन को इजरायल के खिलाफ नया मोर्चा न खोलने की चेतावनी भी दी है।

हमास के इजरायली क्षेत्र पर आतंकवादी हमला शुरू करने के बाद से मिया खलीफा खासी सक्रिय हैं। 7 अक्टूबर को ही उसने एक्स पर पोस्ट करते हुए दावा किया कि जो कोई भी फिलिस्तीन के पक्ष में नहीं है, वह इतिहास के गलत पक्ष में है। लोगों ने इसका उन्हें माकूल जवाब देते हुए कहा कि मिया एक पॉर्न स्टार हैं और उन्हें कम से कम ‘नैतिकता’ पर ज्ञान देने की जरूरत नहीं है। ये भी ध्यान देने की बात है कि पॉर्न फिल्मों में काम करने की वजह से खलीफा अपने देश लेबनान वापस नहीं जा सकती।

घर को आग लगाने आए थे हमास के आतंकी, पर नहीं डरा कुत्ता, गोली लगने के बाद भी झपटने को दौड़ा… देखिए Video

इस्लामी आतंकी संगठन हमास इजायल पर हमले के दौरान इंसानों के साथ ही जानवरों को भी अपनी हिंसा का शिकार बना रहा है। हमास के आतंकियों ने इजरायल में घुस कर एक घर की रक्षा कर रहे एक कुत्ते को गोली मार दी।

इस पूरी घटना का वीडियो आतंकी की वर्दी पर लगे बॉडीकैम में भी रिकॉर्ड हो गया। इस वीडियो को हमास ने अपनी बहादुरी प्रदर्शित करने के लिए प्रसारित किया है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है और अब हमास की इस कृत्य के लिए आलोचना हो रही है।

जानकारी के अनुसार, 7 अक्टूबर को इजरायल में हमले के लिए घुसे हमास के आतंकी किब्बुत्ज़ के एक इलाके में पहुँचे थे। वीडियो में दिखाई देता है कि इलाका पूरा सुनसान है और केवल एक कुत्ता ही वहाँ पर रखवाली के लिए मौजूद है।

वीडियो में दिखता है कि हमास के आतंकी को देखते ही कुत्ता उसकी तरफ हमले के लिए दौड़ता है। कुत्ते के हमले से बचने के लिए घबराया आतंकी अपनी असॉल्ट राइफल से उसको गोली मारता है। कुत्ता घायल होने के बाद भी उसकी तरफ दौड़ता है लेकिन हमास का आतंकी और भी ज्यादा गोलियाँ बरसा कर उसे मार डालता है।

कुत्ते को मारने के बाद आतंकी निर्जन घर में घुसते हैं और फ्रिज खोलकर देखते हैं। इसके बाद वह घर में आग लगा देते हैं। गौरतलब है कि 7 अक्टूबर को किए गए हमास के हमले में अब तक 900 लोगों की मौतें हो चुकी हैं जबकि लगभग 3000 लोग घायल हैं।

जिस इलाके में आंतकियों ने इस घटना को अंजाम दिया, सिर्फ उस एक क्षेत्र में इजरायली NGO को 108 शव बरामद हुए हैं। इन शवों में महिलाओं और बच्चों के भी शव शामिल हैं। यह घटना किब्बुत्ज़ बेरी की है।

एक्स (पहले ट्विटर) पर दी गई जानकारी में कहा गया है कि जिस इलाके में यह 108 शव बरामद हुए हैं उसकी कुल आबादी ही 1000-1100 के आसपास थी। ऐसे में आतंकियों ने कस्बे की कुल आबादी के 10% लोगों को मार दिया।

इजरायल के किब्बुत्ज में ही हमास के आतंकियों ने एक म्यूजिक फेस्टिवल में हमला किया था जिसमें 260 लोगों की मौत हुई थी और बड़ी संख्या में लोगों को बंधक बनाया गया था। हमास के इस्लामी आंतकियों ने इसी म्यूजिक फेस्टिवल से एक जर्मन महिला शानी लौक को अगवा करके मार दिया था और उसके नग्न शव के साथ गाज़ा में परेड निकाली थी।

मदरसे में पढ़ने गई 13 साल की बच्ची, अगली सुबह गन्ने के खेत में मरी मिली: मुँह में भरी थी मिट्टी, कपड़े थे फटे

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में एक 13 साल की बच्ची का शव मिला है। वह 8 अक्टूबर 2023 को घर से मदरसे के लिए निकली थी। अगली सुबह उसका शव गन्ने के खेत में मिला। उसके कपड़े फटे हुए थे। मुँह में मिट्टी भरी हुई थी।

मामला तिकुनिया थाना क्षेत्र के बसंतापुर ग्राम की है। रेप के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। रिपोर्टों के अनुसार बच्ची 8 अक्टूबर को मदरसे में पढ़ने के लिए घर से निकली थी। जब देर शाम तक वह मदरसे से नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस में मामला दर्ज करवाया।

अगले दिन दिन उसका शव एक गन्ने के खेत में पड़ा हुआ मिला। बताया जा रहा है कि उसके कपड़े फटे हुए थे। सर समेत पूरे शरीर पर चोटों के निशान थे। पुलिस मामले की जाँच कर रही है।

मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है मृत लड़की की माँ ने कहा कि उसकी बेटी के मुँह में मिट्टी भरी हुई थी। इस घटना से इलाके में काफी गुस्सा है। जाँच के लिए घटनास्थल पर पहुँचे लखीमपुर खीरी के पुलिस अधीक्षक गणेश साहा की गाड़ी लोगों ने घेर ली थी। पुलिस अधीक्षक ने परिजनों को कार्रवाई का भरोसा दिया है।

नाबालिग का शव जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तीन डॉक्टरों का पैनल पोस्टमार्टम करेगा। इसकी वीडियोग्राफी भी करवाई जाएगी।

मृत लड़की के परिवार वालों ने पुलिस पर इस मामले में समय पर कार्रवाई ना करने का आरोप लगाया है। पुलिस के घटनास्थल पहुँचने पर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। पीड़ित परिजनों ने पुलिस और प्रशासन से जल्द से जल्द न्याय दिलाने की माँग की है। पुलिस अधीक्षक ने बताया है कि अज्ञात आरोपितों के विरुद्ध मामला दर्ज कर क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में टीमें लगाई हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।