Home Blog Page 1506

जो राहुल गाँधी OBC सचिवों की संख्या गिना रहे थे… उनके कॉन्ग्रेसी राज्यों में गिनती है शून्य, I.N.D.I. गठबंधन वाले राज्यों में अधिकांश ऊँची जातियों से

कॉन्ग्रेस और विपक्ष के अन्य दलों के शासन वाले राज्यों में अधिकांश नौकरशाह (मुख्य सचिव, सचिव) सामान्य वर्ग से हैं। कॉन्ग्रेस द्वारा स्वयं शासित किसी भी राज्य में मुख्य सचिव पिछड़ी जातियों से नहीं है, एक रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है। यह खुलासा राहुल गाँधी के ओबीसी वर्ग से आने वाले नौकरशाहों को लेकर किए गए दावों के बाद हुआ है।

टाइम्स ऑफ़ इंडिया की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि कॉन्ग्रेस शासित छतीसगढ़, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में राज्य के मुख्य सचिव सामान्य वर्ग से आते हैं। इसके अतिरिक्त, कॉन्ग्रेस के सहयोगियों द्वारा शासित राज्यों में भी तमिलनाडु को छोड़ कर सभी राज्यों में मुख्य सचिव सामान्य वर्ग से हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में प्रबोध शर्मा, छतीसगढ़ में अमिताभ जैन, कर्नाटक में वन्दिता शर्मा और राजस्थान में ऊषा शर्मा मुख्य सचिव हैं। इन सभी राज्यों में कॉन्ग्रेस की अपने दम पर बहुमत की सरकार है।

वहीं, कॉन्ग्रेस की अगुवाई वाले I.N.D.I. गठबंधन वाले राज्यों- बिहार में आमिर सुबहानी, झारखंड में सुखदेव सिंह, पश्चिम बंगाल में एचके द्विवेदी और पंजाब में अनुराग वर्मा तथा केरल में वीएन वेणु को मुख्य सचिव बनाया गया है। तमिलनाडु मात्र एक ऐसा राज्य है, जहाँ शिव दास मीणा (अनुसूचित जनजाति) से आने वाले मुख्य सचिव हैं।

कॉन्ग्रेस नेता और सांसद राहुल गाँधी ने हाल ही में महिला आरक्षण बिल के संसद से पारित होने पर ओबीसी आरक्षण का मुद्दा उठाया था और कहा था कि केंद्र सरकार में ओबीसी नौकरशाहों को नियुक्ति नहीं मिल रही है। राहुल ने कहा था कि केंद्र के 90 सचिवों में से मात्र 3 ओबीसी हैं।

गौरतलब है कि मुख्य सचिव किसी भी राज्य का सबसे बड़ा नौकरशाह होता है। अधिकांश सरकारें अपने पसंद के आईएएस अधिकारियों की नियुक्ति मुख्य सचिव के तौर पर करती हैं। ऐसे में कॉन्ग्रेस ओबीसी नौकरशाहों की नियुक्ति क्यों नहीं कर रही, राहुल गाँधी को अपनी ही पार्टी के मुख्यमंत्रियों से यह प्रश्न पूछना चाहिए।

ऐसा नहीं है कि सिर्फ राज्यों में ही कॉन्ग्रेस ने ओबीसी नौकरशाहों को अनदेखा किया हो, बल्कि जब केंद्र की सत्ता में कॉन्ग्रेस काबिज थी तब भी उसने पिछड़े वर्गों से आने वाले अधिकारियों को कोई ख़ास तवज्जो नहीं दी थी। कॉन्ग्रेसी प्रधानमंत्रियों के निजी और प्रधान सचिव भी ऊँची जातियों से ही आते रहे हैं।

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सरकार में प्रधान सचिव रहे TKA नायर और पुलोक चैटर्जी भी सामान्य वर्ग से आते थे। इससे पहले राजीव गाँधी के प्रधान सचिव रहे पीसी अलेक्जेंडर भी ओबीसी नहीं थे। राजीव गाँधी के शासन में प्रधान सचिव रही सरला ग्रेवाल और बीजी गणेश भी पिछड़े वर्ग के नहीं थे।

पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गाँधी के प्रधान सचिव एलके झा और पीएन धर भी सामान्य वर्ग से थे जबकि पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के प्रमुख सचिव रहे हीरूभाई पटेल भी सामान्य वर्ग से थे।

टाइम्स ऑफ़ इंडिया की रिपोर्ट से यह भी खुलासा हुआ है कि वर्ष 1985 से 1989 के बीच जब राजीव गाँधी प्रधानमंत्री थे, तब केंद्र सरकार का कोई भी सचिव आरक्षित वर्ग से नहीं था जबकि वर्तमान में 7 सचिव आरक्षित वर्ग से आते हैं। इसके अलावा 2014 तक केंद्र में ओबीसी वर्ग से आने वाले संयुक्त सचिव/अतिरिक्त सचिवों की संख्या मात्र 2 थी जो कि अब 63 पहुँच चुकी है।

पीएमओ में मंत्री जितेन्द्र सिंह ने इस मामले पर कहा है कि किसी भी आईएएस अधिकारी को सचिव के स्तर पर पहुँचने के लिए कम से कम ढाई दशक लगते हैं। ओबीसी वर्ग के नौकरशाहों की पहली भर्ती वर्ष 1995 में हुई थी। ऐसे में अब धीमे धीमे उनकी नियुक्ति सचिव के पदों पर हो रही है।

जितेन्द्र सिंह ने यह भी कहा कि केंद्र में नियुक्तियाँ सभी तरह के मूल्यांकन के बाद होती हैं, जबकि कॉन्ग्रेस सरकार वाले राज्यों में नियुक्तियाँ राजनीति से प्रेरित होती होती हैं।

मोतिहारी में गणपति विसर्जन शोभायात्रा पर तेजाब से हमला: CCTV खंगाल रही बिहार पुलिस, घायलों की संख्या स्पष्ट नहीं

बिहार के मोतिहारी में गणपति विसर्जन यात्रा पर असामाजिक तत्वों ने तेज़ाब फेंक दिया। इस घटना के यात्रा में शामिल 3 लोग झुलस गए हैं। यह घटना 28 सितम्बर 2023 की शाम को मोतिहारी शहर के व्यस्त इलाके में हुई। इस घटना के बाद यात्रा निकालने वाले लोगों और हिंदुओँ में रोष व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार, मोतिहारी में गणपति प्रतिमा की स्थापना की गई थी जिसको विसर्जित करने के लिए यात्रा निकाली जा रही रही थी। यात्रा जब मोतिहारी के द्वारदेवी चौक से बढ़कर मीना बाजार के मधुबन चौक पर पहुँची तो कुछ असामाजिक तत्वों ने यात्रा में शामिल लोगों पर तेज़ाब फेंक दिया। इसमें तीन लोग झुलस गए।

घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पतालों में भर्ती करवाया गया। घटनास्थल पर हंगामा मच गया और हिन्दू विरोध प्रदर्शन करके दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी करने की माँग करने लगे। मौके पर पहुँची पुलिस को सड़क पर तेज़ाब मिले हैं। आरोपितों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जाँच की जा रही है।

हिंदी समाचार वेबसाइट जागरण के अनुसार, कहा जा रहा है कि पुलिस के सामने अब तक जख्मी नहीं आए है। वहीं, पुलिस की भारी उपस्थिति और स्थानीय हिन्दू नेताओं के समझाने के बाद इलाके में शांति है, लेकिन एक खामोश तनाव बना हुआ है। बाद में पुलिस की मौजूदगी में गणेश प्रतिमा का विसर्जन कराया गया।

मोतिहारी के अपर पुलिस अधीक्षक श्रीराज ने कहा कि यात्रा पर असामाजिक तत्वों द्वारा कुछ तरल पदार्थ फेंकने की सूचना मिली थी, जिस पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।

बिहार के मोतिहारी के अलावा उत्तर प्रदेश के कुशीनगर और बदायूं से भी ऐसी खबरें आई हैं। पैगंबर मोहम्मद के जन्मदिन पर गुरुवार (28 सितंबर 2023) को निकले बारावफात जुलूस के दौरान शामिल लोगों ने कुशीनगर में पत्थरबाजी की। सुल्तानपुर में तिरंगे के अपमान का मामला सामने आया है। बदायूं में एक वीडियो वायरल है, जहाँ भीड़ ‘सिर तन से जुदा’ के नारे लगाती दिख रही है।

स्कॉटलैंड में खालिस्तानियों ने भारतीय उच्चायुक्त को गुरुद्वारा में घुसने से रोका, कहा – ‘ब्रिटेन के किसी भी गुरुद्वारे में भारतीय अधिकारियों का स्वागत नहीं’

खालिस्तान के खिलाफ भारत द्वारा वैश्विक स्तर पर लिए स्टैंड से इसके आतंकी बौखला गए हैं। UK के स्कॉटलैंड में खालिस्तान समर्थक सिखों ने भारतीय उच्चायुक्त विक्रम दुरईस्वामी को गुरुद्वारा में प्रवेश करने से रोक दिया। खालिस्तान समर्थकों ने शुक्रवार (29 सितंबर 2023) को अंजाम दी गई इस घटना में उच्चायुक्त को कार से नीचे उतरने ही नहीं दिया।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, दोरईस्वामी जब अल्बर्ट ड्राइव पर स्थित ग्लासगो गुरुद्वारा के पास पहुँचे कट्टरपंथी ब्रिटिश सिख कार्यकर्ताओं के एक समूह ने घेर लिया कहा। इस दौरान उन्होंने ‘आपका स्वागत नहीं है (You are not welcome) के नारे लगाए। कुछ देर रुकने के बाद दुरईस्वामी वहाँ से चले गए।

इस घटना के बारे में जानकारी देते हुए एक खालिस्तान समर्थक सिख ने कहा कि उनमें से कुछ को पता चला कि दोराईस्वामी ने अल्बर्ट ड्राइव पर ग्लासगो गुरुद्वारा की गुरुद्वारा समिति के साथ एक बैठक की योजना बनाई है। इसके बाद खालिस्तानी सिखों का एक समूह वहाँ पहुँच गया और उन्हें गुरुद्वारा में घुसने से रोक दिया।

उस व्यक्ति का कहना था, “मुझे नहीं लगता कि जो कुछ हुआ, उससे गुरुद्वारा समिति बहुत खुश है। हालाँकि, ब्रिटेन के किसी भी गुरुद्वारे में भारतीय अधिकारियों का स्वागत नहीं है।” उसने आगे कहा, “हम यूके-भारत की मिलीभगत से तंग आ चुके हैं। हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के बाद से हालिया तनाव के कारण ब्रिटिश सिखों को निशाना बनाया जा रहा है। अवतार सिंह खंडा और जगतार सिंह जोहल के साथ भी ऐसा ही हुआ है।”

सामने आए वीडियो में भारतीय उच्चायुक्त को लंगर परोसने के लिए टेबल लगाया गया था और उस पर सफेद चादर बिछाए गए थे। इस दौरान एक सिख कार्यकर्ता वीडियो बना रहे व्यक्ति को रोकने की कोशिश करता है।

इस बीच, सूत्रों ने बुधवार (27 सितंबर 2023) को समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि कनाडा में स्थित खालिस्तान समर्थक तत्व भोले-भाले सिख युवाओं को वीजा प्रायोजित कर वहाँ बुला रहे हैं। इसका एकमात्र उद्देश्य कनाडाई धरती पर अपने एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए उनका उपयोग करना है।

बता दें कि ब्रिटेन, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया में खालिस्तान समर्थक सिखों द्वारा भारतीय राजनयिकों को धमकाने और सड़कों पर बवाल करने के साथ-साथ हिंदुओं को पिटने एवं मंदिरों में तोड़फोड़ में शामिल रहे हैं। इसको लेकर NIA जाँच भी कर रही है।

नरेंद्र मोदी स्टेडियम में क्रिकेट वर्ल्ड कप मैच के दौरान आतंकी हमले की धमकी, खालिस्तानी आतंकी पन्नू के खिलाफ अहमदाबाद में FIR दर्ज

गुजरात पुलिस ने भगोड़ा खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। यह FIR शुक्रवार (29 सितंबर 2023) को अहमदाबाद में दर्ज की गई। पन्नू ने 14 अक्टूबर 2023 को अहमदाबाद में होने वाले क्रिकेट विश्वकप में भारत-पाक मैच के दौरान आतंकी हमलों की धमकी दी थी। उसने ऑडियो मैसेज रिकॉर्ड और कई लोगों को फोन कॉल करके धमकी दी है।

यूएपीए समेत कई धाराओं में केस दर्ज

अहमदाबाद के साइबर क्राइम डीसीपी अजीत राजियन ने समाचार एजेंसी ANI से कहा, “विभिन्न सोशल मीडिया हैंडल पर पहले से रिकॉर्ड किए गए धमकी भरे संदेश प्रकाशित कर माहौल खराब करने का प्रयास किया गया। पन्नू के खिलाफ IPC की धारा 121(A), 153(A)(B), 505 और UAPA एवं आईटी एक्ट 66F के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।”

बता दें कि 27 सितंबर 2023 को भारत में कई लोगों को यूके के फोन नंबर +44 7418 343648 से कॉल आई, जिसमें आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू का पहले से रिकॉर्ड किया गया ऑडियो मैसेज था। इस ऑडियो मैसेज के जरिए खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू माहौल खराब करने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है।

रिकॉर्डेड मैसेज में पन्नू कहता है, “शहीद निज्जर की हत्या पर हम आपकी बुलेट के खिलाफ बैलेट का उपयोग करने जा रहे हैं। हम आपकी हिंसा के ख़िलाफ़ वोट का इस्तेमाल करने जा रहे हैं। इस अक्टूबर में विश्व क्रिकेट कप नहीं होगा। यह विश्व आतंक कप की शुरुआत होगी। यह संदेश एसएफजे जनरल काउंसिल गुरपतवंत सिंह पन्नू का है।”

गौरतलब है कि कनाडा के सरे शहर में खालिस्तानी आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के बाद हत्या कर दी गई थी। इसका आरोप खालिस्तानी समूह भारत पर लगा रही हैं। खालिस्तानी समर्थक कनाडाई प्रधानमंत्री ने अपने देश की संसद में इस बात का दावा किया था। इसके बाद खालिस्तानियों ने कनाडा में ओटावा, टोरंटो और वैंकूवर में भारतीय मिशनों के प्रमुखों की हत्या के लिए पोस्टर लगाए।

इस बीच, बीते 23 सितंबर को राष्ट्रीय जाँच एजेंसी (एनआईए) ने चंडीगढ़ के सेक्टर 15 सी में खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की संपत्तियों को जब्त कर लिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जाँच एजेंसी ने खालिस्तानी आतंकवादी के खिलाफ एक नया डोजियर जारी किया है, जिसे अन्य देशों की जाँच एजेंसियों के साथ साझा किया जाएगा। नए डोजियर के मुताबिक, पन्नू खालिस्तान बनाना चाहता है और भारत को कई हिस्सों में बाँटना चाहता है। उसके खिलाफ विभिन्न राज्यों में 16 मामले दर्ज हैं।

देश में PM मोदी का जलवा बरकरार, पुरुषों के मुकाबले महिलाओं के बीच ज्यादा लोकप्रिय: 2024 में तीसरी बार BJP सरकार की वापसी के संकेत

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता लगातार 9 वर्षों से बनी हुई है। एक नए सर्वे में अब यह सामने आई है कि प्रधानमंत्री मोदी को देश के पश्चिमी हिस्से में सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है। वहीं, पुरुषों के मुकाबले महिलाएँ उन्हें ज्यादा पसंद करती हैं।

इंडियाबुल्स-इप्सॉस द्वारा किए गए एक सर्वे में सामने आया है कि देश के 10 में से 6 लोग नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री के तौर पर पसंद करते हैं। देश के उत्तरी हिस्से के 72% लोग, पूर्वी हिस्से में 73%, पश्चिमी हिस्से में 80% और दक्षिणी हिस्से में 31% लोग उन्हें पसंद करते हैं।

इस सर्वे में यह बात भी सामने आई है कि प्रधानमंत्री की लोकप्रियता बड़े से लेकर छोटे, सभी प्रकार के शहरों में अभी भी बरकरार है। टियर-1 शहरों में जहाँ 76% जनता उन्हें पसंद करती है तो टियर-2 शहरों में 64% और टियर-3 शहरों में 62% लोग उन्हें पसंद करते हैं।

इंडियाबुल्स-इप्सॉस के इस सर्वे में यह भी सामने आया कि जहाँ 64% पुरुष प्रधानमंत्री मोदी के काम को पसंद करते हैं। वहीं, 65% महिलाएँ उनके काम को पसंद करती हैं।प्रधानमंत्री की लोकप्रियता सभी आयु वर्ग में बनी हुई है।

फाइनेंसियल एक्सप्रेस के अनुसार, 18-30 आयु वर्ग के बीच के 66% युवा प्रधानमंत्री के काम से प्रसन्न हैं। वहीं, 31-45 आयु वर्ग के 64% लोग उनसे प्रसन्न हैं। 45 से अधिक की आयु वाले 64% लोग प्रधानमंत्री के कामकाज से प्रसन्न हैं। इस सर्वे में यह भी सामने आया है कि अधिक पढ़े लिखे लोग प्रधानमंत्री को ज्यादा प्रसन्न करते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता के यह आँकड़े अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों में भाजपा को फायदा दिलाने में सहायक होंगे। सर्वे में ऐसे लोगों की राय ली गई है जो कि वोट देते हैं। बदलते माहौल और बढ़ती अर्थव्यवस्था के साथ ही प्रधानमंत्री की लोकप्रियता का बना रहना यह दर्शा रहा है कि अगले चुनावों में उन्हें विशेष कठिनाई का सामना ना करना पड़े।

नारी शक्ति वंदन अधिनियम: महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण को मिला कानूनी रूप, राष्ट्रपति ने दी मंजूरी

नारी शक्ति वंदन अधिनियम, जिसे महिला आरक्षण अधिनियम भी कहा जाता है, भारत में महिलाओं के लिए 33% आरक्षण का प्रावधान करता है। यह अधिनियम 20 सितंबर 2023 को लोकसभा और 21 सितंबर 2023 को राज्यसभा से पारित हुआ था। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 29 सितंबर 2023 को इस पर हस्ताक्षर कर दिया। इसके बाद यह कानून बन गया है।

महिलाओं आरक्षण अधिनियम बना कानून

इस अधिनियम के तहत भारत की संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33% सीटें आरक्षित होंगी। यह अधिनियम महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण और भारत में लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। राष्ट्रपति भवन की ओर से इस बारे में नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है।

संसद के विशेष सत्र में मिली थी मंजूरी

सरकार ने हाल में 18 से 22 सितंबर तक के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाया था। इस दौरान दो ऐतिहासिक काम हुए। एक पुराने संसद भवन से कामकाज संसद की नई इमारत में शिफ्ट किया गया और दूसरा दोनों सदनों से महिला आरक्षण बिल पास हुआ।

सरकार ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम विधेयक के नाम से महिला आरक्षण बिल को 19 सितंबर 2023 को लोकसभा में पेश किया था। सदन में दो दिन तक इस पर चर्चा चली। ज्यादातर दलों ने इस बिल का समर्थन किया। 20 सितंबर को लोकसभा में इस बिल के पक्ष में 454 मत पड़े और और दो वोट विरोध में पड़े।

नारी शक्ति वंदन अधिनियम के कानून बनने के बाद भारत की संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं की संख्या में काफी वृद्धि होने की उम्मीद है। यह अधिनियम महिलाओं के लिए राजनीति में अधिक प्रतिनिधित्व और सशक्तिकरण सुनिश्चित करने में मदद करेगा।

मध्य प्रदेश के स्कूल में ईद पर बच्चियों को हिजाब पहनाकर करवाया डांस, बवाल के बाद प्रधानाध्यापक और शिक्षक बर्खास्त

मध्य प्रदेश के गुना स्थित एक निजी स्कूल में ईद उल मिलादुन्नबी से एक दिन पहले छोटी बच्चियों को हिजाब पहनाकर डांस कार्यक्रम आयोजित करवाने का मामला सामने आया है। मामला सामने आने के बाद बवाल मच गया है। आरोप लगाया जा रहा है कि स्कूल में हिन्दू बालिकाओं को भी हिजाब पहनाया गया।

यह मामला गुना के कैंट इलाके में स्थित प्रिंस पब्लिक स्कूल का है। इस स्कूल में 27 सितम्बर 2023 को एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। बाद में इसके वीडियो वायरल हुए। वीडियो में छोटी बच्चियाँ हिजाब पहन इस्लामी गीत गाते हुए और डांस करते हुए देखी जा सकती हैं।

इस डांस कार्यक्रम के दौरान बच्चियों के हावभाव नमाज पढ़ने जैसे थे। यह प्रस्तुति देने वाली सभी बच्चियाँ काफी छोटी दिख रही हैं। प्रस्तुति मंच के सामने और छोटे-छोटे बच्चे नजर आ रहे हैं। हिंदू संगठनों का आरोप है कि इनमें हिंदू बच्चियाँ भी शामिल हैं।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं का कहना है कि जिन बच्चियों से प्रस्तुत करवाई गई वे सभी हिन्दू थीं, फिर भी उनको बुर्का और हिजाब जैसी वेशभूषा पहनाई गई। परिषद के कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि कार्यक्रम के दौरान बच्चियों से ‘भर दे झोली मेरी या मुहम्मद’ जैसी कव्वालियाँ गवाई गईं।

वीडियो वायरल होने के पश्चात हिन्दू संगठनों ने स्कूल पहुँचकर विरोध प्रदर्शन किया और स्कूल पर कार्रवाई की माँग की। स्कूल प्रशासन ने हिन्दू कार्यकर्ताओं के रोष को देखते हुए उनसे माफ़ी माँगी और आश्वासन दिया है कि वह भविष्य में ऐसा कोई कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा।

स्कूल प्रशासन ने कार्यक्रम को आयोजित करने वाली शिक्षक और स्कूल के प्रधानाध्यापक को हटा दिया है। स्कूल में विरोध के लिए पहुँचे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता एवं अन्य हिन्दू संगठनों ने प्रश्न उठाया कि हाल ही में गणेश चतुर्थी हुई, तब कोई ऐसा कार्यक्रम क्यों नहीं करवाया गया था।

यह पहला ऐसा मामला नहीं है, जहाँ हिन्दू बालिकाओं को दूसरे धर्म के रीति रिवाजों को मानने के लिए कहा गया हो। इससे पहले इसी साल मध्य प्रदेश के ही दमोह से ही ‘गंगा जमुना स्कूल‘ में हिन्दू बालिकाओं को नमाज पढ़ाने, धर्म परिवर्तन और नमाज पढ़ाने की खबर सामने आई थी।

इस मामले पर आफी बवाल हुआ था और स्कूल की मान्यता रद्द करने के साथ ही कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी भी हुई थी। इस मामले में स्कूल की मान्यता निलंबित करके मध्य प्रदेश सरकार ने काफी कड़ी कार्रवाई की थी।

नासेर ने बांग्लादेशी युवती के हाथ-पाँव बांध गर्दन रेता, फिर चेहरे को जलाकर मिटाई पहचान: बंगाल के खेत में खून से लथपथ मिली लाश

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में एक बांग्लादेशी महिला की हत्या का मामला सामने आया है। महिला का शव मंगलवार (26 सितंबर 2023) को स्वर्णपुर के गोबिंदपुर इलाके के फील्ड में पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि महिला के हाथों को रस्सी से बाँध दिया गया था। उसकी गर्दन को चाकू से कर मौत के घाट उतारा गया था।

अपराधियों ने उसकी पहचान को छिपाने के लिए चेहरे को भी जला दिया था। इस मामले में पुलिस ने उसने प्रेमी नासेर मिल्स को गिरफ्तार किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मृतक महिला का नाम सोमैया अख्तर है। वह मूल रूप से बांग्लादेश के ढाका की रहने वाली थी और मुंबई में एक ब्यूटी पार्लर में काम करती थी।

स्थानीय लोग जब उस जगह पर फूल तोड़ने के लिए गए तो उन्हें महिला का शव मिला। महिला के शव मिलने का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उसके चेहरे के हिस्से को जला दिया गया है। उसके दोनों हाथों के घुटने से नीचे से एक लकड़ी के सहारे बाँध दिया गया था। वहीं, चेहरे पर कपड़े डालकर आग लगा दी गई थी। जमीन पर चारों तरफ खून फैला हुआ था।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुँची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई है। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने मामले की जाँच शुरू की और आरोपी नासेर मिल्स को गिरफ्तार कर लिया है।

बीजेपी प्रवक्ता अमित मालवीय ने इस घटना को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा है। मालवीय ने ट्वीट कर कहा, “यह पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति है। उत्तर 24-परगना में भारत-बांग्लादेश सीमा के पास एक बाग से एक युवती का शव मिला है, जिसकी गर्दन काट दी गई है और चेहरा जलने की वजह से पहचान में नहीं आ रहा है।”

मालवीय ने आगे कहा, “इस मामले में ममता बनर्जी एक शब्द नहीं बोलेंगी। यह कोई आश्चर्य की बात नहीं होगी अगर तृणमूल कॉन्गेस द्वारा संरक्षित अपराधी महिला तस्करी में शामिल हों और इस कुकृत्य के पीछे हों। इसका मतलब ये है कि शायद इस हत्याकांड को भी दबा दिया जाए।”

मालवीय ने यह भी सवाल उठाया कि कॉन्ग्रेस नेता राहुल गाँधी इस मामले पर क्या कहेंगे। मालवीय ने कहा, “राहुल गाँधी, जो राजनीतिक रूप से सुविधाजनक होने पर मगरमच्छ के आँसू बहाने में तेज हैं, क्या वे ममता बनर्जी को पश्चिम बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा में विफल रहने के लिए फटकारेंगे? या I.N.D.I Alliance की मजबूरी आड़े आएगी?”

कर्ज में डूबे पंजाब के CM मान को चाहिए 10 सीटों वाला हवाई जहाज, RTI एक्टिविस्ट ने साझा की जानकारी तो पंजाब पुलिस डालने लगी दबाव

आर्थिक बदहाली से जूझने वाले सीमावर्ती राज्य पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान अपनी सुख सुविधाओं का ध्यान रखने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। प्रदेश की आम आदमी पार्टी सरकार ने भगवंत मान के उपयोग के लिए एक 8-10 सीटर हवाई जहाज लीज पर लेने के लिए निविदा निकाली है।

भगवंत मान के इस ऐश-ओ-आराम का खुलासा करने वालों को पंजाब पुलिस धमका रही है। उन पर इस जानकारी को सोशल मीडिया से हटाने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। पुलिस प्रशासन और सरकारी पैसे के इस खुलेआम दुरूपयोग की चारों तरफ आलोचना हो रही है।

क्या है पूरा मामला?

आम आदमी पार्टी वाली पंजाब की सरकार ने 25 अगस्त 2023 को प्रदेश के निविदा पोर्टल पर एक निविदा डाली थी। इसमें राज्य के VVIP व्यक्तियों के लिए एक हवाई जहाज लीज पर लेने की बात कही गई थी। इसके लिए निविदा जमा करने की अंतिम तारीख 18 सितम्बर 2023 निर्धारित की गई।

निविदा के अंतर्गत बताया गया कि पंजाब के VVIP लोगों की यात्राओं में 6 महीने के उपयोग के लिए एक फिक्स्ड विंग एयरक्राफ्ट (हवाई जहाज) की आवश्यकता है। यह हवाई जहाज 8-10 सीटों वाला होना चाहिए। हवाई जहाज को वेट लीज पर लिया जाएगा।

पंजाब सरकार द्वारा हवाई जहाज के लिए जारी किया गया टेंडर

वेट लीज की व्यवस्था के अंतर्गत हवाई जहाज को लीज पर देने वाली कम्पनी ही उसका रख-रखाव करेगी और इसके लिए ग्राउंड स्टाफ भी देगी। हालाँकि, हवाई जहाज के लिए पायलट एवं अन्य क्रू पंजाब सरकार का ही रहेगा।

पंजाब सरकार के पास पहले से ही एक हेलिकॉप्टर है, जिसका उपयोग भगवंत मान करते हैं। भगवंत मान के अलावा अभी तक पंजाब के राज्यपाल भी इसका उपयोग करते थे, लेकिन बीते जून माह में राज्यपाल और आम आदमी पार्टी सरकार के बीच विवाद के बाद उन्होंने हेलीकॉप्टर उपयोग करने से मना कर दिया था।

पंजाब में मात्र 23 जिले हैं और यह एक छोटा राज्य है, जहाँ सभी जगहों तक हेलीकाप्टर के माध्यम से पहुँचा जा सकता है। ऐसे में प्राइवेट हवाई जहाज को लीज पर लेना जनता के पैसे का दुरुपयोग ही है। यह दुरुपयोग भी ऐसी स्थिति में किया जा रहा है, जब पंजाब भारी आर्थिक संकट से जूझ रहा है।

पोल खुलने पर निविदा हटाई, पंजाब पुलिस ने धमकाया

AAP सरकार द्वारा जनता के पैसे को बर्बाद करने की पोल जब लोगों के खोलनी शुरू की तो पंजाब पुलिस उन्हें धमकाने लगी। इतना ही नहीं, वेबसाइट से निविदा भी हटा ली गई है। इस मामले को एक्स (पहले ट्विटर) पर जब एक सामाजिक कार्यकर्ता मानिक गोयल ने उठाया तो पंजाब पुलिस उन्हें धमकाने लगी।

मानिक गोयल द्वारा निविदा के कागज साझा किए जाने पर पंजाब पुलिस ने इन्हें राज्य के बड़े पदाधिकारियों की सुरक्षा से संबंधित मामला बता दिया और ट्वीट को हटाने के लिए कहा। पंजाब पुलिस ने यह भी कहा कि इस दस्तावेज को सार्वजनिक नहीं किया जाना चाहिए।

RTI कार्यकर्ता को हवाई जहाज सम्बंधित ट्वीट हटाने के लिए कहती पंजाब पुलिस
RTI कार्यकर्ता को ट्वीट हटाने के लिए कहती पंजाब पुलिस

पंजाब पुलिस के इस रवैये की भी आलोचना हो रही है। लोगों ने पूछा कि जब पहले से ही यह दस्तावेज सार्वजनिक वेबसाइट पर पड़े थे तो भला यह सुरक्षा का मामला कैसे हुआ और आखिर पंजाब पुलिस को इस पूरे मामले से क्या लेना देना है।

यह खुलासा करने वाले मानिक गोयल ने पंजाब पुलिस को जवाब देते हुए कहा कि यह कोई ऐसी जानकारी नहीं है जिसे साझा ना किया जा सके। मानिक गोयल ने पंजाब पुलिस को सलाह भी दी कि वह दूसरों को निर्देश देने से पहले अपनी ही सरकार की वेबसाइट एक बार जाँच लें।

अरविन्द केजरीवाल के लिए होगा हवाई जहाज का उपयोग

इस मामले को उजागर करने वाले मानिक गोयल ने आरोप लगाया है कि लीज पर लिए जाने वाले इस हवाई जहाज का उपयोग अरविन्द केजरीवाल आगामी विधानसभा चुनावों में करेंगे। उन्होंने कहा कि जब राज्य सरकार के पास अपना हेलीकाप्टर है तो भला इस हवाई जहाज की क्या जरूरत है।

मानिक गोयल ने लिखा कि पंजाब सरकार इसलिए हवाई जहाज को लीज पर ले रही है, ताकि अरविन्द केजरीवाल को चुनावी राज्यों में भेजा जाए। इसका अर्थ होगा कि पंजाब की जनता आम आदमी पार्टी के चुनाव प्रचार को अप्रत्यक्ष रूप से आर्थिक रूप से सहेगी, जबकि केजरीवाल का पंजाब से कोई लेना-देना नहीं है।

पंजाब सरकार द्वारा हवाई जहाज खरीदने पर किया गया खुलासा

सामजिक कार्यकर्ता मानिक गोयल ने आरोप लगाया कि जो लोग खुद को आम आदमी बता कर सरकारी गाड़ियाँ उपयोग ना करने का वादा करते थे, वे आज निजी हवाई जहाज लीज पर ले रहे हैं।

बीते वर्ष भी आम आदमी पार्टी सरकार ने ऐसी ही योजना बनाई थी। इसमें दसौ कम्पनी का फाल्कन हवाई जहाज स्थायी लीज पर लेना शामिल था, ताकि राज्य के मुख्यमंत्री को आने जाने में आसानी हो। हालाँकि, विपक्ष के विरोध के चलते इस योजना को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था।

खराब है पंजाब की आर्थिक स्थिति, फिर भी नहीं रुक रहे शाही खर्चे

एक ओर आम आदमी पार्टी सरकार हवाई जहाज को लीज पर लेना चाह रही है, वहीं राज्य की आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ी हुई है। लोकसभा में दिए गए एक उत्तर में बताया गया था कि पंजाब पर वर्तमान में 3.05 लाख करोड़ रुपए का कर्ज है।

पंजाब सरकार का कर्ज
लोकसभा की वेबसाइट पर दिए गए आंकड़ों का स्क्रीनशॉट

यह कर्ज भगवंत मान की सरकार आने से पहले 2.59 लाख करोड़ रुपए था। वित्त वर्ष 2021-22 और 2022-23 में यह 8% और 8.9% की रफ़्तार से बढ़ा है। इससे भी अधिक चिंता की बात यह है कि पंजाब का कर्ज उसकी GSDP (राज्य सकल घरेलू उत्पाद) का 48% है, जो कि चिंताजनक है। सामान्यतः यह 20% से 25% होना चाहिए।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान लगातार केंद्र से पैकेज की गुहार लगाते रहे हैं, जबकि वह राज्य की जनता के पैसे का दुरुपयोग का हवाई जहाज लीज करने के लिए करना चाह रहे हैं। अब पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार के इस निर्णय की आलोचना हो रही है।

‘हम राजनीतिक भिखमंगा नहीं, 2 सीट पर समर्थन लेते हैं तो 243 पर देते हैं’: आनंद मोहन का वार, भड़के लालू- ‘शक्ल देखो अपनी’, संजय झा ने मनोज को दी नसीहत

राजद के राज्यसभा सदस्य मनोज झा द्वारा संसद में कविता सुनाने के बाद बिहार की राजनीति गर्मा गई है। पूर्व सांसद आनंद मोहन और उनका विधायक चेतन आनंद सांसद झा पर हमलावर हैं। वहीं, अब आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव ने आनंद मोहन और उनके विधायक बेटे को नसीहत दी है।

चारा घोटाले के दोषी लालू ने आनंद मोहन को अपनी शक्ल देखने की सलाह दी है। वहीं, लालू के बेटे तेज प्रताप ने तो क्षत्रियों पर सवाल उठाया है। इस बीच उनके गठबंधन वाली पार्टी जदयू के नेता संजय झा ने राजद सांसद मनोज झा को ‘हद’ में रहने की सलाह दी है।

आनंद मोहन ने कहा था कि मनोज झा की बयान एक जाति विशेष पर जानबूझकर की गई टिप्पणी है। उन्होंने कहा था कि मनोज झा अपने अंदर के ठाकुर को मारने की बात करते हैं। उन्हें अगर अपने अंदर के किसी चीज को मारना ही था तो ब्राह्मण को मारना चाहिए था। उन्होंने यह भी कहा था कि यदि उस दौरान सदन में मौजूद होते तो मनोज झा की जीभ खींच लेते। उन्होंने मनोज झा को ‘फिटकरी’ बताया था।

अपनी अक्ल और शक्ल देखें आनंद मोहन

मनोज झा के बयान पर आनंद मोहन की प्रतिक्रिया के बारे में जब लालू यादव से पूछा गया तो उन्होंने आनंद मोहन को शक्ल देख लेने की सलाह दे डाली। उन्होंने पार्टी के प्रवक्ता और सांसद मनोज झा का खुलकर समर्थन किया और आनंद मोहन पर जमकर भड़ास निकाली।

लालू यादव ने आजतक से बातचीत में कहा, “आनंद मोहन को जितनी बुद्धि होगी, उतना ही बोलेगा ना।” वो यही नहीं रुके, उन्होंने कहा कि आनंद मोहन पहले अपनी अक्ल और शक्ल देखें। लालू ने उनकी ही पार्टी से विधायक आनंद मोहन के बेटे चेतन आनंद को भी बेअक्ल बता दिया। वहीं, मनोज झा को विद्वान बताया था। लालू ने कहा था कि यह कविता किसी जाति के खिलाफ नहीं है।

‘हम राजनीतिक भिखमंगा नहीं हैं’- आनंद मोहन

जब मनोज झा को लालू ने विद्वान बता दिया तो आनंद मोहन तिलमिला गए। उन्होंने बिना नाम लिए कह दिया, “अगर हम किसी के साथ हैं, इसका यह मतलब कतई नहीं है कि हम राजनीतिक तौर पर भिखमंगा हैं। अगर आप हमें एक या दो विधानसभा सीट पर समर्थन करेंगे तो हम 243 विधानसभा सीट पर आपका समर्थन करेंगे। अगर आप हमको एक लोकसभा सीट पर समर्थन करेंगे तो हम आपको 40 लोकसभा सीट पर समर्थन करेंगे।”

आनंद मोहन ने लालू यादव को साफ तौर पर संदेश दे दिया। आनंद मोहन ने कहा, “हम अन्याय के खिलाफ लड़ने वालों में से हैं। मरते दम तक कमजोर और अन्याय के खिलाफ लड़ते रहेंगे।” यही बात लालू यादव को चुभ गई और उन्होंने आनंद मोहन को अपनी शक्ल और अक्ल देखने की बात कही।

तेज प्रताप यादव बोले- क्षत्रिय दिखावा करते हैं

वहीं, लालू के बेटे तेज प्रताप ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर ‘महाभारत’ टीवी सीरियल का एक वीडियो शेयर किया और लिखा, “क्षत्रिय ब्राह्मण के रक्षा हेतु अपने प्राण तक न्योछावर कर देते हैं। इसका उदाहरण वेद, पुराण और हमारा इतिहास गवाह है कि जब भी ब्राह्मण पर कोई संकट आया है क्षत्रिय सदैव सबसे पहले आगे रहे हैं, लेकिन आजकल के क्षत्रिय बस जाति के नाम पर दिखावा करते हैं।”

जेडीयू के मंत्री ने मनोज झा को दी नसीहत

इस बीच, नीतीश कुमार के मंत्री संजय झा ने मनोज झा को नसीहत दी है। उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार हर एक जाति धर्म का सम्मान करते हैं। नीतीश कुमार का ट्रैक रिकॉर्ड देख लीजिए। नेताओं को ऐसी बात रखनी चाहिए, जिससे कोई धर्म के लोग आहत न हो।”

जदयू सांसद संजय झा ने आगे कहा, “जब हम कोई बात रखते हैं तो इतना ध्यान रखना चाहिए कि समाज में कोई आहत नहीं हो। इतना ख्याल रखें कि किस बात को कोट करना चाहिए तो कोई आहत न हो।” वहीं, भाजपा विधायक राघवेंद्र प्रताप ने कहा था कि अगर मनोज झा ने माफी नहीं तो उनकी गर्दन उतार दी जाएगी।