Home Blog Page 1574

जम्मू-कश्मीर में रौशन हुआ वंशवाद का एक और चिराग: महबूबा मुफ्ती ने छोटी बेटी को बनाया मीडिया सलाहकार, जानिए कौन हैं इल्तिजा जिनके पासपोर्ट को लेकर भी उठे थे सवाल

जम्मू-कश्मीर आधारित राजनीतिक दल पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) में अगली पीढ़ी को शामिल करने की पहल 30 अगस्त 2023 दिन बुधवार को शुरू हो गई। पार्टी सुप्रीमो महबूबा मुफ्ती ने अपनी 36 साल की बेटी इल्तिजा मुफ्ती को अपना मीडिया सलाहकार नियुक्त किया है।

इल्तिजा की बहाली की ये खबर अचानक ही सही, लेकिन अनपेक्षित नहीं थी। बीते 4 साल में इस बात के पर्याप्त संकेत मिले हैं कि वह पीडीपी के संस्थापक और जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम रहे अपने नाना मुफ्ती मोहम्मद सईद और अम्मी महबूबा मुफ्ती की राहों पर चलने के लिए कदम बढ़ा चुकी हैं।

इल्तिजा साल 2019 से महबूबा मुफ्ती के सोशल मीडिया हैंडल की प्रभारी हैं। इसी साल केंद्र सरकार ने अनुच्छेद 370 को रद्द किया था। उस वक्त उनकी अम्मी महबूबा सहित जम्मू-कश्मीर के मुख्यधारा के नेता गिरफ्तार हुए थे। तब सरकार के फैसले के खिलाफ उन्होंने मोर्चा सँभाला था। इसके साथ ही उन्होंने राजनीति में आने के अपने इरादे जाहिर कर दिए थे।

राजनीति की तरफ बढ़ाया उनका ये कदम भले ही औपचारिक तौर पर छोटा हो, लेकिन इससे साफ है कि वह आने वाले समय में अपनी अम्मी महबूबा मुफ्ती की राजनीतिक विरासत सँभालने जा रही हैं। आखिर वंशवाद की राजनीति की उड़ान में वो कहाँ तक पंख फैलाएँगी, उसके लिए उनके व्यक्तित्व और नजरिए पर नजर डालना जरूरी हो जाता है।

बनना चाहती थी अंतरिक्ष यात्री

कश्मीर में लेखक, राजनीतिक विश्लेषक एवं कारोबारी जावेद इकबाल शाह और महबूबा मुफ्ती के घर साल 1987 में छोटी बेटी इल्तिजा पैदा हुई थीं। उनकी बड़ी बहन का नाम इरतिका मुफ्ती है। इल्तिजा की पैदायश होने के एक साल बाद ही उनके पैरेंट्स में अलगाव हो गया। इकबाल शाह कुछ वक्त तक जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के सदस्य भी रहे थे।

इल्तिजा का निक नाम सना है। वो दो साल तक कश्मीर में पढ़ीं। उसके बाद आगे की पढ़ाई के लिए दिल्ली चली गईं। हालाँकि, बचपन से ही अंतरिक्ष यात्री बनने की चाह रखने वाली इल्तिजा ने युवा होने पर दिल्ली विश्वविद्यालय के वेंकेटश्वेर कॉलेज से राजनीति विज्ञान में ऑनर्स की डिग्री ली।

इसके बाद वो यूके चली गईं, वहाँ इंग्लैंड के वारविक विश्वविद्यालय से अंतरराष्ट्रीय संबंधों में मास्टर डिग्री की। अपने निजी जिंदगी के बारे में खुलकर बात न करने वाली इल्तिजा ने लंदन में सीनियर एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर के तौर पर काम किया। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया-भारत के एक इंस्टीट्यूट में भी काम किया।

कुछ समय के बाद इल्तिजा वापस कश्मीर आ गईं। वो अपने लफ्जों के इस्तेमाल के हुनर का क्रेडिट अपने दादा मुफ्ती मोहम्मद सईद को देती हैं। सईद देश के पहले मुस्लिम गृहमंत्री थे। इसके अलावा, वह जम्मू-कश्मीर के सीएम भी रहे हैं। राजनीति और कश्मीर के अलावा वो लेखक और मनोवैज्ञानिक बनने की चाह रखती हैं।

‘उम्मीद है कि मैं बदलाव ला सकती हूँ’

पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती के मीडिया सलाहकार के पद पर तैनाती के बाद ही इल्तिजा ने खुद को बदलाव की बयार बताया। उन्होंने नियुक्ति के बाद पीटीआई से कहा, “ऐसे समय में जब जम्मू-कश्मीर के लोग खुद को पूरी तरह से अराजकता, निराशा और अंधेरे में फँसा हुआ पाते हैं, उनकी हरसंभव मदद करना मेरे लिए फक्र की बात है। मुझे उम्मीद है कि मैं बदलाव ला सकती हूँ।”

हालाँकि, उन्होंने कहा कि वो अपनी नई पोजिशन को राजनीति में औपचारिक प्रवेश की तरह नहीं देखती हैं। पीडीपी चीफ की नवनियुक्त मीडिया प्रभारी ने कहा, ”मैं इस बात पर सहमत नहीं हूँ कि मैं औपचारिक तौर पर राजनीति में शामिल हो रही हूँ। मेरी भूमिका पूर्व मुख्यमंत्री मीडिया के साथ कैसे डील करें, इस पर उन्हें सलाह देने तक सीमित है।”

उन्होंने कहा, “मीडिया संवाद का प्राथमिक और अहम जरिया बन गया है। मेरा मानना है कि यह एक ऐसी जगह है, जहाँ बहुत कुछ किया जा सकता है। अगर मैं उनकी (मुफ्ती की) आवाज को लोगों तक पहुँचाने में मदद कर सकती हूँ और अपना दो फीसदी भी योगदान दे सकती हूँ, तो क्यों ना दूँ? मेरी भूमिका मीडिया से उनकी (मुफ्ती की) हर तरह से मदद करने की है।”

इल्तिजा इस बात से राजी थीं कि उनकी भूमिका और राजनीतिक हालातों के बीच एक पतली रेखा है। उन्होंने कहा, “मैं संगठन में नहीं जा रही हूँ। वह मेरी भूमिका नहीं है। मैं जानती हूँ कि कश्मीर जैसी जगह में सब कुछ राजनीतिक है।” उन्होंने कहा, “मैं शुतुरमुर्ग की तरह हर चीज की राजनीतिक प्रकृति को नकारने वाली नहीं हूँ। जब मैं औपचारिक राजनीति में कदम रखूँगी तो यह सबके सामने होगा।”

राजनीति का पहला सबक

इल्तिजा का राजनीतिक सफर 5 अगस्त 2019 को अनुच्छेद 370 के निरस्त होने के बाद उनकी माँ महबूबा मुफ्ती के हिरासत में लेने के साथ ही शुरू हो गया था। उस वक्त वह टेलीविजन बहसों में भाग लेकर घाटी में एक मुख्यधारा की आवाज बनकर उभरीं। इल्तिजा ने अपनी माँ की सोशल मीडिया अकाउंट, खासकर एक्स (पहले ट्विटर) की जिम्मेदारी संभाली और इसका नतीजा ये हुआ कि उनका सार्वजनिक प्रोफ़ाइल बढ़ता गया।

महबूबा की रिहाई के 14 महीने बाद मीडिया से बातचीत करते हुए और बैठकों के दौरान इल्तिजा को साथ देखा गया था। तभी ये एक बड़ा संकेत था कि महबूबा की छोटी बेटी पार्टी में अधिक औपचारिक भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं। ये जून 2022 में साबित हो गया। उन्होंने ट्विटर (अब एक्स) पर 15 दिन की वीडियो बातचीत ‘आपकी बात इल्तिजा के साथ’ सीरीज शुरू की। इसमें वो जम्मू-कश्मीर के लोगों पर असर डालने मुद्दों और फैसलों पर बात करती थीं।

‘कहा था राजनीति में शामिल नहीं होना चाहती’

इल्तिजा ने पिछले साल सितंबर में कहा था कि वह जम्मू-कश्मीर में मौजूदा “भयभीत माहौल” के तहत राजनीति में शामिल नहीं होना चाहती हैं। हालाँकि, उन्होंने इसे पूरी तरह से खारिज नहीं किया था और कहा था कि भविष्य कोई नहीं जानता।

इल्तिजा मुफ़्ती ने जम्मू में एक सम्मेलन में कहा था, “मौजूदा माहौल में जहाँ राजनेता, पत्रकार और बाद में स्टेनोग्राफर बन गए हैं, मैं ऐसे में राजनीति नहीं करना चाहती। राजनीति जनता के साथ अपना रिश्ता बनाने के बारे में है। आपके जीवन में कुछ परिस्थितियाँ आती हैं, जो आपका मार्गदर्शन करती हैं।”

उन्होंने ये भी कहा था कि दिवंगत पीडीपी संरक्षक मुफ्ती मोहम्मद सईद की पोती होने के नाते उन्होंने अपने जन्म के बाद से राजनीति को करीब से देखा है। उन्होंने कहा था, “अन्य लोगों के लिए यह आकर्षक हो सकता है। मुझे इसके लिए कोई आकर्षण नहीं है।”

मुद्दा बनाने में भी हैं माहिर

इस साल की शुरुआत में इल्तिजा ने अपने पासपोर्ट के नवीनीकरण को लेकर अधिकारियों को निशाने पर लिया था। उनका पासपोर्ट 2 जनवरी 2023 को खत्म हो रहा था। इसके लिए उन्होंने 8 जून 2022 को नए पासपोर्ट के लिए पहले ही दरख्वास्त दी थी।

क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (आरपीओ) श्रीनगर द्वारा पासपोर्ट जारी नहीं करने पर वो फरवरी में जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट पहुँच गई थीं। आरपीओ ने सीआईडी की बताई गई गुप्त प्रतिकूल सत्यापन रिपोर्ट के बावजूद अप्रैल में उन्हें पासपोर्ट जारी किया था।

स्कूल में भी सत्यम की बहन से हुई थी छेड़खानी, विरोध करने पर रास्ते में मारने की दी थी धमकी: प्रयागराज में छात्र की हत्या मामले में FIR से नया खुलासा

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में सोमवार (28 अगस्त 2023) को सत्यम शर्मा नाम के एक नाबालिग छात्र की हत्या कर दी गई थी। बहन से छेड़छाड़ के विरोध में हुई सत्यम की हत्या में मोहम्मद युसूफ और कुछ अज्ञात लोगों पर FIR दर्ज हुई थी। FIR में एक नई जानकारी सामने आई है। सत्यम को रास्ते में हत्या करने की धमकी दी गई थी।

मृतक की बहन से आरोपित ने स्कूल में छेड़खानी की थी। छेड़खानी का विरोध करने पर आरोपितों द्वारा स्कूल में ही सत्यम की हत्या की धमकी दी गई थी। घटना के बाद SHO और चौकी इंचार्ज को सस्पेंड कर दिया गया है। अब तक 5 लोगों को हिरासत में लिया गया है। विश्व हिन्दू परिषद ने इस घटना को सोची-समझी साजिश और हिन्दुओं को उकसाने वाली बताया है।

दरअसल, खीरी थाना क्षेत्र की इस घटना में शिकायत सत्यम के भाई पुरुषोत्तम ने दी है। पुरुषोत्तम ने अपनी शिकायत में बताया कि 28 अगस्त को उनके भाई और बहन हर दिन की तरह परमानन्द स्मारक इंटर कालेज में पढ़ने गए थे। इस दौरान स्कूल में ही एक आरोपित ने छात्रा से छेड़खानी की थी। इसका सत्यम ने विरोध किया था।

विरोध से नाराज होकर आरोपित और उसके साथियों ने सत्यम को रास्ते में मारने की धमकी दी थी। छुट्टी के बाद जब सत्यम घर लौट रहा था, तब युसूफ ने अपने घर के आगे कुछ आरोपितों के साथ मिलकर उस पर डंडों और धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में सत्यम की मौके पर ही मौत हो गई थी।

पुलिस ने मोहम्मद युसूफ और कुछ अन्य अज्ञात लोगों पर IPC की धारा 34, 302, 324, 354 और 506 के तहत FIR दर्ज किया है। ऑपइंडिया के पास FIR कॉपी मौजूद है। इस मामले पर बोलते हुए प्रयागराज पुलिस कमिश्नर रमित शर्मा ने कुल 5 संदिग्धों के हिरासत में होने की जानकारी दी, जिसमें कुछ नाबालिग भी हैं।

स्थानीय थाना प्रभारी और चौकी इंचार्ज को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, मृतक के परिजनों को जो भी अधिकतम सहायता दी जा सकती है उस बारे में जिलाधिकारी से बातचीत की जा रही है। वहीं, VHP ने मृतक के परिजनों को 20 लाख रुपए आर्थिक सहायता देने के साथ आरोपितों के घरों पर बुलडोजर चलाने की माँग की है।

सत्यम हत्याकांड को विश्व हिन्दू परिषद ने सोची-समझी और हिन्दू को उकसाने की साजिश बताया है। VHP काशी प्रान्त के उपाध्यक्ष अजय गुप्ता ने मृतक के परिजनों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है। हिन्दू संगठन के पदाधिकारियों ने मृतक के परिजनों से मुलाकात की है। मृतक के घर गए हिन्दू संगठन के लोगों ने इस मुद्दे पर I.N.D.I.A. गठबंधन की इस मुद्दे पर चुप्पी पर सवाल खड़े किए।

बताते चलें कि प्रयागराज के खीरी में 16 साल के सत्यम शर्मा की 28 अगस्त 2023 को पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। हत्या की वजह सत्यम द्वारा आरोपितों की अपनी चचेरी बहन से छेड़खानी का विरोध बताया जा रहा है। सत्यम की चचेरी बहन ने मीडिया से बताया कि उन्होंने अपने भाई को बचाने के लिए मोहम्मद यूसुफ का पैर पकड़ा और रहम की भीख माँगी।

हालाँकि, युसूफ पर इसका कोई फर्क नहीं पड़ा और उसने पीड़िता को भी खींचकर लात मार दी थी। जिस जगह तुर्कपुरवा में यह घटना हुई, वहाँ हिन्दू समाज के लोगों ने लड़कियों से छेड़खानी को आम बात बताया।

मोदी सरकार ने बुलाया 5 दिनों का संसद का विशेष सत्र, एजेंडा और टाइमिंग को लेकर लग रहे कयास: क्या कुछ बड़ा होने जा रहा

केंद्र सरकार ने संसद का विशेष सत्र बुलाया है। यह सत्र 18 से 22 सितंबर के बीच होगा। इस सत्र में सरकार कई महत्वपूर्ण बिल पेश कर सकती है। सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रहलाद जोशी ने बताया कि इस सत्र में 5 बैठकें होंगी। पहली बैठक 18 सितंबर को होगी, जबकि आखिरी बैठक 22 सितंबर को होगी।

इस सत्र में क्या एजेंडा होगा, इसे लेकर अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालाँकि, माना जा रहा है कि इस सत्र में सरकार कई महत्वपूर्ण बिल पेश कर सकती है। इनमें आर्थिक सर्वेक्षण, 2023-24, बजट संशोधन विधेयक, 2023, और कुछ अन्य विधेयक शामिल हो सकते हैं।

वहीं विपक्ष ने सरकार के इस फैसले पर सवाल उठाए हैं। कॉन्ग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि यह सरकार की मनमानी है। उन्होंने कहा कि सरकार संसद को चलाने में असफल है इसलिए यह विशेष सत्र बुला रही है।

वहीं इस मामले में शिवसेना (यूबीटी) नेता अरविंद सावंत का बयान भी सामने आया है, “संसद के इतिहास में, किसी उत्सव के दौरान कोई सत्र नहीं हुआ है। जिन दिनों गणपति उत्सव मनाया जाता है, उन दिनों उन्होंने सत्र रखा है। यह उनका हिंदुत्व है।” 

बता दें कि संसद का मानसून सत्र 18 जुलाई से 12 अगस्त तक चला था। इस सत्र में विपक्षी दलों ने सरकार के कई बिलों का विरोध किया था। मणिपुर हिंसा के मुद्दे पर विपक्षी गठबंधन इंडिया केंद्र सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव भी लेकर आया था।

इस पर चर्चा के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष ने एक दूसरे पर जमकर हमला बोला था। सरकार की ओर से इस मामले को लेकर गृह मंत्री अमित शाह ने विस्तार से जवाब दिया था। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अविश्वास प्रस्ताव पर बहस के दौरान विपक्ष पर चुन-चुन कर हमला बोला था।

विशेष परिस्थितियों में बुलाए जाते हैं विशेष सत्र

आमतौर पर संसद के तीन सत्र होते हैं। इसमें बजट सत्र, मानसून सत्र और शीतकालीन सत्र शामिल हैं। विशेष परिस्थितियों में संसद का विशेष सत्र बुलाए जाने का प्रावधान किया गया है।

‘तुम हिंदू हो, हमारी मुस्लिम लड़की से बातचीत क्यों करते हो’: अहमदाबाद में पड़ोसी लड़की को किशन ने दिया लिफ्ट, अकबर ने फैजान और हुसैन संग मिल की पिटाई, हुए गिरफ्तार

पिछले कुछ दिनों में अहमदाबाद और वडोदरा में मुस्लिमों लड़कियों के साथ बातचीत करने या घूमने की वजह से मुस्लिम कट्टरपंथियों ने दूसरे संप्रदाय के लड़कों की पिटाई कर दी थी। ऐसी कई घटनाओं के बीच अहमदाबाद का एक वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो में लड़के को कट्टरपंथी भीड़ पीट रही थी।

इस मामले में भीड़ ने मुस्लिम लड़की के साथ जा रहे हिंदू लड़के को रोका और उसके साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट की थी। इस दौरान लड़की का बुर्का भी खींचा गया था। पीड़ित की पहचान किशन के रूप में हुई है। किशन ने इस मामले में दानिलिम्दा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद तीन आरोपित गिरफ्तार कर लिए गए हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शनिवार (26 अगस्त 2023) को पीड़ित किशन अपनी बाइक पर पड़ोस की मुस्लिम लड़की के साथ घर जा रहा था। दानिलिम्दा में चिराग हाईस्कूल के पास पहले से ही उसका पीछा कर रहे तीन मुस्लिम युवकों- अकबर, फैजान और हुसैन ने उसका स्कूटर रोक लिया और ये कहकर उसे पीटना शुरू कर दिया कि ‘तुम हिंदू हो, हमारी मुस्लिम लड़की से बातचीत क्यों करते हो’।

भीड़ ने छीन लिया था मोबाइल

किशन की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत में बताया गया है कि उसका नाम किशन उर्फ सुनील सुब्रमण्यम रामोदर है। वो अपने परिवार के साथ बेहरामपुरा क्षेत्र में जमनादास की चॉल में रहता है और इडली-वड़ा स्टॉल पर काम करके अपने घर का भरण-पोषण करता है।

ऑपइंडिया टीम ने बेहरामपुरा के जमनादास की चॉल में रहने वाले पीड़ित युवक किशन उर्फ ​​​​सुनील सुब्रमण्यम रामोदर से संपर्क करने की कोशिश की। चूँकि, हमले के दौरान भीड़ ने उनका मोबाइल छीन लिया था, इसलिए उनसे फोन पर संपर्क नहीं हो सका। हालाँकि, हमने उनके भाई से बात करने के बाद किशन से संपर्क स्थापित करने में सफल रहे।

पीड़ित ने ऑपइंडिया को सुनाई आपबीती

किशन ने ऑपइंडिया को बताया कि शनिवार (26 अगस्त 2023) को वह अपनी परिचित एक मुस्लिम लड़की के साथ अपने दोपहिया वाहन से घर जा रहा था। मुस्लिम लड़की उसके पड़ोस में रहती है, इसलिए उसने घर जाते समय उसे लिफ्ट दे दिया था। खोडियारनगर से दानिलिम्दा जाने वाले रास्ते पर मोती बेकरी के ठीक सामने चिराग स्कूल से गुजरते समय अकबर खान पठान, फैजान शेख और हुसैन सैय्यद ने उसे रोक लिया।

किशन ने बताया कि ये तीन मुस्लिम लड़के काफी दूर से उनका पीछा कर रहे थे। तीनों ने आगे आकर बाइक रोक ली। इसके बाद गाली-गलौच करते हुए उनके और लड़की, दोनों के साथ मारपीट की। किशन ने बताया कि हमलावरों ने यह भी कहा, “तुम हिंदू हो। हमारी मुस्लिम लड़की के साथ क्यों हो?”

किशन ने बताया कि ये मुस्लिम बहुल इलाका है। इसलिए कुछ ही मिनटों में मुस्लिमों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई। इसके बाद तीनों ने लोगों को भड़काया और कहा, “यह हिंदू हमारी मुस्लिम लड़की को लेकर घूम रहा है।” इस दौरान मुस्लिम लड़की के साथ छेड़छाड़ और बदसलूकी की गई।

किशन ने आगे कहा, “मेरे साथ हाथापाई के दौरान भीड़ में से किसी ने मेरा मोबाइल फोन छीन लिया। उन्होंने मुझे जान से मारने की धमकी भी दी। अभी मेरा परिवार बहुत डरा हुआ है। परिवार में मेरी माँ, दो बहनें और एक छोटा भाई है। परिवार की सारी जिम्मेदारी मुझ पर है। मैं इडली-वड़ा के ठेले पर काम करके परिवार चलाता हूँ। मुझे अपनी और अपने परिवार की जान को खतरा महसूस हो रहा है।”

तीनों आरोपितों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

ताजा जानकारी के मुताबिक, किशन की शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर दानिलिम्दा पुलिस ने युवक और युवती पर हमला करने वाले तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों व्यक्तियों की पहचान क्रमशः अकबर खान पठान (पठानों की चाल, दानिलिम्दा के निवासी), फैज़ान शेख (चिराग पार्क, बॉम्बे होटल, दानिलिम्दा के निवासी) और हुसैन सैय्यद (अल्लाहनगर, दानिलिम्दा के निवासी) के रूप में की गई है।

अहमदाबाद डिवीजन के एसीपी मिलाप पटेल ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “वीडियो वायरल होने के बाद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हालाँकि इस मामले में वीडियो में नजर आ रहे अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।”

मिलते जुलते कई मामले आ चुके हैं सामने

हाल ही में ऐसे कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें कट्टरपंथी मुस्लिमों की भीड़ उन मुस्लिम लड़कियों का पीछा करते हुए दिखाई देती हैं, जो गैर-मुस्लिम पुरुषों से दोस्ती करती हैं। ऐसा ही एक वीडियो इस साल अप्रैल में अहमदाबाद के मुस्लिम बहुल जुहापुरा इलाके से सामने आया था, जिसमें मुस्लिम युवक हिजाब पहनी एक मुस्लिम महिला को हिंदू युवक से बात करने पर परेशान करते दिखे थे।

इसी तरह की एक घटना हाल ही में हैदराबाद में भी हुई थी, जहाँ अपने गैर-मुस्लिम पुरुष मित्र के साथ यात्रा कर रही बुर्का पहनी एक लड़की के साथ छेड़छाड़ और दुर्व्यवहार किया गया था। यह घटना 26 अगस्त को जुबली हिल्स इलाके में हुई और पुलिस ने उस कपल को परेशान करने के आरोप में 3 नाबालिगों पर मामला दर्ज किया था।

करण के लिए फरहिना बन गई खुशबू, इस्लाम छोड़ अपनाया हिन्दू धर्म: माँग में सिंदूर और गले में मंगलसूत्र पहन पहुँची कोर्ट

बिहार के मुजफ्फरपुर से एक मामला सामने आया है जिसमें जब मुहब्बत परवान चढ़ा तो मजहब की दीवार फाँद प्रेम कहानी कोर्ट पहुँच गया। दरअसल, मामला एक मुस्लिम लड़की के हिन्दू धर्म अपनाकर विवाह करने का है। मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि अपने प्रेम को पाने के लिए मुस्लिम लड़की फरहिना ने इस्लाम छोड़कर हिन्दू धर्म अपनाने और करण नाम के हिंदू लड़के से शादी करने पर अड़ गई।

दरअसल, फरहिना ने करण से विवाह के लिए पहले हिन्दू धर्म अपनाकर खुशबू बनीं और फिर माँग में सिंदूर, गले में मंगलसूत्र पहने फरहिना सीधे कोर्ट पहुँच गई और सबके सामने कहा कि वो करण से ही शादी करेंगी और उसके साथ ही रहेगी। इस मामले में जो जानकारी रिपोर्ट में सामने आई है उसके अनुसार करण और फरहिना दोनों मुजफ्फरपुर के करजा थाना क्षेत्र के एक ही गॉँव के रहने वाले हैं। कहा जा रहा है करीब डेढ़ साल पहले दोनों के बीच प्यार हुआ और फिर दोनों ने शादी करने का फैसला लिया। 

फरहिना के परिजनों ने लगाया अपहरण का आरोप 

हालाँकि, मुस्लिम लड़की फरहिना के परिजन उनके हिन्दू धर्म अपनाने और इस विवाह से खुश नहीं हैं। फरहिना के परिजनों ने अपहरण का मामला दर्ज कराया है। वहीं जैसे ही फरहिना को इस FIR की जानकारी हुई तो वह खुद थाना पहुँच गई, जहाँ से उसे कोर्ट ले जाकर बयान दर्ज करवाया गया।

रिपोर्ट के अनुसार, कोर्ट में फरहिना ने कहा, “मैं और करण दोनों बालिग हैं और साथ रहना चाहते हैं।” गले में मंगलसूत्र पहने और माँग में सिंदूर लगाए फहरिना ने बताया कि दोनों पहले ही हिन्दू रीति से मंदिर में शादी कर चुके हैं। वहीं फरहिना ने इस मामले में मीडिया के सामने बताया कि उसके परिवार के लोग इस शादी के खिलाफ हैं, और बार-बार धमका रहे हैं जबकि यह मामला मीडिया और सोशल मीडिया में आ जाने से अब कई सामाजिक संगठन भी फरहिना के सपोर्ट में हर संभव मदद को आगे आएँ हैं। 

घर से भागकर की शादी 

परिजनों द्वारा लगाए जा रहे अपहरण के आरोप को नकारते हुए फरहिना खातून ने बताया कि हाल ही में दोनों घर से भाग गए थे, जिसके बाद उसके परिजनों ने करण और उसके परिवार के खिलाफ अपहरण का केस भी दर्ज करवा दिया है। जिसके बाद फरहिना ने खुद ही वकील से सम्पर्क कर थाने और कोर्ट में में जाकर अपने बयान में करण से शादी की बात कही।

ओवैसी की सभा में लगे ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे, AIMIM कैंडिडेट अब्दुल मोबीन पर FIR: प्रशासन ने बताया माहौल खराब करने वाली हरकत

झारखंड के गिरडीह जिले में बुधवार (30 अगस्त 2023) को AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की जनसभा में ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाए गए हैं। मौके पर मौजूद सरकारी कर्मचारी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज कर मामले की जाँच कर रही है। ऑपइंडिया से बात करते हुए गिरडीह के प्रशासनिक अधिकारियों ने ओवैसी की सभा में पाकिस्तान समर्थक नारों की पुष्टि की है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मामला डुमरी थाना क्षेत्र के KV हाईस्कूल मैदान का है। बुधवार को यहाँ असदुद्दीन ओवैसी अपने विधानसभा प्रत्याशी मौलाना अब्दुल मोबीन रिज़वी के समर्थन में जनसभा करने पहुँचे थे। सभा शुरू होने के कुछ देर बाद ही भीड़ में मौजूद एक व्यक्ति ने नारेबाजी शुरू कर दी। दावा किया जा रहा है कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा सभा में ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाए गए। नारेबाजी के दौरान ओवैसी ने नारे लगा रहे व्यक्ति को टोकते हुए कहा, “तुम्हें ज़ाकिर लाया है क्या ?”

यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ऑपइंडिया ने इस मामले में सहायक निर्वाचन अधिकारी डुमरी दिव्या से बात की। दिव्या ने हमें बताया कि सोशल मीडिया पर वायलर हो रहे वीडियो के अलावा मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारी भी सभा की रिकॉर्डिंग कर रहे थे।

अधिकारी ने कहा कि सभा के बाद वीडियो की जाँच में प्रथम दृष्ट्या भीड़ में से किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा पाकिस्तान जिंदाबाद के नारेबाजी की पुष्टि करते हुए दिव्या ने इसे आचार संहिता का उल्लंघन बताया। साथ ही उन्होंने कहा कि मौके पर मौजूद ग्रामसेवक की तहरीर पर केस दर्ज करवाया गया है।

ग्रामसेवक राजेश्वर महतो ने भी ऑपइंडिया से बातचीत में खुद के मौके पर मौजूद होने और पाक समर्थक नारेबाजी के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की पुष्टि की। इस मामले में गिरडीह प्रशासन द्वारा जारी प्रेसनोट में भी दर्शक दीर्घा से भी ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाने की पुष्टि की गई है। गिरडीह के PRD विभाग के मुताबिक यह हरकत साम्प्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने की साजिश है।

इस मामले में थाना डुमरी में AIMIM (ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुसलमीन) प्रत्याशी अब्दुल मोबिन रिजवी और सभा के आयोजक मुजफ्फर हसन नूरानी को नामजद किया गया है। वहीं, अन्य अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धाराओं में FIR दर्ज हुई है।

AIMIM ने वीडियो को बताया एडिटेड

ऑपइंडिया से बात करते हुए केस में नामजद AIMIM प्रत्याशी मौलाना अब्दुल मोबीन रिज़वी ने वीडियो को एडिटेड बताया है। उन्होंने बिहार के एक न्यूज़ चैनल पर अपनी वीडियो को काट-छाँट कर वायरल करने का आरोप लगाया है। अब्दुल ने हमें बताया कि मोहम्मद शाकिर उनके प्रदेश अध्यक्ष हैं, जिनके समर्थन में ‘शाकिर साहब जिंदाबाद’ का नारा लगाया गया था।

बताते चलें कि झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो के देहांत के चलते डुमरी विधानसभा सीट खाली हुई है। यहाँ हो रहे उपचुनाव में AIMIM सहित तमाम पार्टियों ने चुनाव मैदान में अपनी दावेदारी ठोंकी है। इसको लेकर चुनावी प्रचार जारी है। यहाँ 5 सितंबर 2023 को मतदान होगा।

OCCRP की रिपोर्ट को अडानी समूह ने नकारा: कहा- हिंडनबर्ग ने भी की थी ऐसी ही निराधार बातें, जॉर्ज सोरोस की फंडिंग को बताया पीछे

खोजी पत्रकारों के ग्लोबल नेटवर्क ऑर्गेनाइज्ड क्राइम एंड करप्शन रिपोर्टिंग प्रोजेक्ट (OCCRP) ने गुरुवार (31 अगस्त 2023) को अडानी समूह (Adani Group) को लेकर एक रिपोर्ट जारी की। आरोप लगाया गया है कि समूह ने मॉरीशस के Opaque Funds के जरिए अपनी ही कंपनियों के सूचीबद्ध शेयरों को खरीदने में लाखों डॉलर का निवेश किया।

रिपोर्ट में कहा गया है कि अडानी परिवार और उनके साझेदारों के जरिए गुपचुप रुप से ये निवेश किए गए। इसके लिए OCCRP ने कई टैक्स हेवन और अडानी समूह के आंतरिक ईमेल की फाइलों की समीक्षा का हवाला दिया है। उसने कहा कि जाँच में कम-से-कम दो मामले पाए गए, जहाँ ‘रहस्यमय’ निवेशकों ने ऐसी ऑफशोर संस्थाओं के जरिए अडानी के स्टॉक को खरीदा और बेचा।

वहीं, OCCRP के आरोपों को अडानी समूह ने सिरे से खारिज कर दिया है। अडानी समूह का कहना है, “हम इन दोहराए गए आरोपों को साफ तौर पर खारिज करते हैं। ये खबरों पर आधारित रिपोर्ट्स गुणवत्ताहीन हिंडनबर्ग रिपोर्ट को दोबारा से जिंदा करने की विदेशी मीडिया के एक वर्ग की मिलीजुली कोशिश है।”

अडानी परिवार के साथ जुड़े रहस्यमयी निवेशक

रिपोर्ट में OCCRP ने दावा किया कि अडानी परिवार के साथ रहस्यमयी निवेशक- नासिर अली शबान अहली और चैंग चुंग-लिंग के लंबे वक्त तक कारोबारी रिश्ते रहे हैं। ये दोनों गौतम अडानी के बड़े भाई विनोद अडानी की समूह की कंपनियों और फर्मों में निवेशक, निदेशक और शेयरधारक के तौर पर भी काम कर चुके हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, दस्तावेज़ों से पता चलता है कि शेयरों में निवेश करने वाली प्रभारी प्रबंधन कंपनी ने विनोद अडानी की कंपनी को अपने निवेश में सलाह देने के लिए भुगतान किया था। ओसीसीआरपी का कहना है कि अहली और चांग अडानी समूह के प्रमोटरों की ओर से काम कर रहे हैं।

रिपोर्ट में कहा गया है, “अगर ऐसा है तो अडानी ग्रुप में उनकी हिस्सेदारी का मतलब होगा कि अंदरूनी लोगों के पास गैरकानूनी तरीके से 75 फीसदी से अधिक हिस्सेदारी है।” इस रिपोर्ट में ये बात भी कही गई है कि इस बात का कोई सबूत नहीं है कि चांग और अहली का पैसा अडानी परिवार से आ रहा था, लेकिन इस बात के सबूत हैं कि अडानी के शेयरों में निवेश को परिवार की ओर से समन्वय किया गया।

रिपोर्ट में आगे कहा गया है, “अडानी समूह का बाजार पूंजीकरण सितंबर 2013 में आठ अरब डॉलर था। ये बीते साल बढ़कर 260 अरब डॉलर हो गया। ये समूह परिवहन, रसद, प्राकृतिक गैस वितरण, कोयला व्यापार, उत्पादन, बिजली उत्पादन व ट्रांसमिशन, सड़क निर्माण, डेटा सेंटर और रियल एस्टेट समेत विभिन्न क्षेत्रों के कारोबार से जुड़ा है।”

अडानी समूह पर ये नए आरोप लगभग 8 महीनों बाद लगाए गए हैं। इससे पहले 24 जनवरी को अमेरिकी शॉर्टसेलर हिंडनबर्ग ने उद्योगपति गौतम अडानी की कंपनी पर धोखाधड़ी, स्टॉक मूल्य में हेरफेर, ग्रुप की कंपनियों को ओवरवैल्यूड और टैक्स हेवन के गलत इस्तेमाल के आरोप लगाए थे। ये मामला देश की संसद में भी जमकर उछला था।

इस खुलासे के बाद अडानी समूह के शेयरों की कीमतों में लगभग 150 अरब बिलियन डॉलर की गिरावट दर्ज की गई थी। हालाँकि, तब अडानी समूह ने सभी आरोपों से इनकार किया था। ख़ुद को ‘शॉर्टसेलर’ बताने वाली हिंडनबर्ग पर भी मुनाफ़ा कमाने के लिए इस रिपोर्ट को जारी करने के आरोप लगते रहे हैं। ताजा आरोपों को भी इस समूह ने निराधार बताया है।

अडानी समूह को पहले से था अंदेशा

अडानी ग्रुप ने रिपोर्ट पर कहा कि OCCRP जैसी विदेशी मीडिया को अरबपति इन्वेस्टर जॉर्ज सोरोस और रॉक फेलर ब्रदर्स फंड से फंडिंग और समर्थन मिलती है। ये लोग इसे अपने फायदे के लिए इस्तेमाल करते हैं और हिंडनबर्ग रिपोर्ट वाले आरोप भी फायदे के लिए लगाए गए हैं।”

अडानी समूह का कहना है कि मॉरीशस के फंड का नाम पहले ही अमेरिकी शॉर्टसेलर हिंडनबर्ग रिपोर्ट में आ चुका है और ये आरोप न केवल निराधार और अप्रमाणित हैं, बल्कि हिंडनबर्ग के आरोपों से अलग नहीं हैं।

ये दावे एक दशक पहले के बंद हो चुके केसों पर आधारित हैं, तब राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने विदेशी पोर्टफोलियो निवेश (एफपीआई) के जरिए अधिक चालान, विदेश में धन हस्तांतरण, संबंधित पार्टी लेनदेन और निवेश के आरोपों की जाँच की थी।

दरअसल कुछ दिन पहले रिपोर्ट आई थी कि खोजी पत्रकारों वासा 24 गैर-लाभकारी जाँच केंद्रों की ओर से गठित एक खोजी रिपोर्टिंग मंच कहने वाला ओसीसीआरपी इन्वेस्टिगेटिव रिपोर्ट्स लाने की तैयारी में है। यह यूरोप, अफ्रीका, एशिया और लैटिन अमेरिका में फैला हुआ है।

इसमें ये भी बताया गया था कि उसकी इस रिपोर्ट के निशाने पर बड़े भारतीय कॉरपोरेट घराने हैं वो इन पर इन्वेस्टिगेटिव रिपोर्ट जारी करने के आखिरी चरण में है। इन पर रिपोर्ट्स की एक सीरीज पब्लिश की जाएगी। इसमें ये भी कहा गया था कि वो कारोबारी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों में पैसा लगाने वाले विदेशी निवेशकों के नामों का खुलासा कर सकता है।

ईरान के वेटलिफ्टर ने पोडियम पर इजरायल के खिलाड़ी से मिलाया हाथ, इस्लामी मुल्क ने लगाया आजीवन बैन: समिति को भी किया भंग

ईरान ने अपने एक सीनियर वेटलिफ्टर पर लाइफटाइम (आजीवन) बैन लगा दिया है। पोलैंड में आयोजित मास्टर वेट लिफ्टिंग चैंपियनशिप में मेडल लेने के दौरान इजरायली खिलाड़ी के साथ हाथ मिलाने के कारण ईरान ने ऐसा निर्णय लिया। इस खिलाड़ी का नाम मोस्तफा राजेई (Mostafa Rajaei) है, जो ईरानी झंडे के साथ पोडियम पर खड़े हुए थे। इस दौरान इजरायली खिलाड़ी मैक्सिम स्विर्स्की ने पोडियम के पीछे उनसे हाथ मिलाया और तस्वीरें खिंचाई। इस टूर्नामेंट में इजरायली खिलाड़ी मैक्सिम स्विर्स्की तीसरे स्थान पर रहे।

राजेई पर लगाया लाइफ टाइम बैन

अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरानी सरकार ने राजेई के अपराध को ‘अक्षम्य’ बताते हुए सभी खेल सुविधाओं में ही एंट्री करने पर बैन लगा दिया। ईरान के वेटलिफ्टिंग फेडरेशन ने बताया कि हैमद सालेहिनिया, जिन्होंने वेटलिफ्टिंग टीम का नेतृत्व किया था, उन्हें भी पद से हटा दिया गया है। इतना ही नहीं, फेडरेशन ने कहा कि वेटरन वेटलिफ्टरों का प्रतिनिधित्व करने के लिए बनाई गई एक समिति को भी भंग कर दिया गया है।

फेडरेशन ने क्रांति के नेता से मांगी माफी

वेटलिफ्टिंग फेडरेशन के चीफ सजद अनोशीरवन ने “क्रांति के नेताओं, शहीदों के परिवारों और ईरान के सभी लोगों से माफी” माँगने के साथ ही वादा किया कि अब से ऐसा कभी नहीं देखने को मिलेगा। आयोजकों के मुताबिक, पोलैंड के क्राकोव में आयोजित इस मास्टर वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में 47 देशों के 1,000 से अधिक एथलीटों ने भाग लिया था।

अवि कनेर नाम के एक्स (अब ट्विटर) यूजर ने लिखा, “ईरानियन वेटलिफ्टर मोस्तफा राजेई को मुल्ला टेरर देश ने लाइफ टाइम बैन कर दिया है, क्यों? क्योंकि उन्होंने इजरायली खिलाड़ी मैक्सिम स्विर्स्की के साथ हाथ मिला कर उनका अभिवादन स्वीकारा था।”

इजरायली खिलाड़ियों के साथ खेलने पर भी मनाही

बता दें कि ईरान इजरायल को एक देश के रूप में नहीं मानता है और ईरानी और इजरायली एथलीटों के बीच किसी भी संपर्क की सख्ती से मनाही करता है। पिछले सालों में कई बार ईरानी खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं से बाहर होना पड़ा है, क्योंकि उनका सामना इजरायली खिलाड़ियों से हो सकता था। इसकी वजह से कई खिलाड़ियों को टूर्नामेंट से नाम वापस लेने पड़े हैं, तो कई बार वो मेडिकल ग्राउंड का बहाना बनाकर खेलने से इनकार कर देते हैं।

बलिदानी की पत्नी के लिए लोगों ने जमीन पर बिछाई हथेलियाँ, उस पर चलकर पति की प्रतिमा का किया अनवारण: रक्षाबंधन पर ‘भाइयों’ ने पेश की मिसाल, Video वायरल

रक्षाबंधन के त्यौहार को इस बार मध्यप्रदेश के रतलाम में भाइयों ने खास बना दिया। दरअसल, रक्षाबंधन के अवसर पर बुधवार (30 अगस्त, 2023) को रतलाम के गुणावद में तिरंगा‎यात्रा निकालकर लांस नायक कन्हैयालाल जाट की प्रतिमा का अनावरण किया गया। इसे ‘राष्ट्र शक्ति स्थल स्मारक’ का नाम दिया गया। ऐसे में प्रतिमा के अनावरण को जाती हुई वीरांगना बहन के क़दमों में युवा भाइयों ने अपनी हथेलियाँ बिछा दीं।

इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। सिक्किम में बलिदान हुए कन्हैयालाल जाट के प्रतिमा के अनावरण के इस दृश्य को खूब सराहा जा रहा है। 

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बलिदानी की पत्नी वीरांगना ‎सपना जाट को प्रतिमा स्थल (राष्ट्र शक्ति स्थल) तक लाने के लिए‎ शहीद समरसता मिशन के सदस्यों और गाँव वालों ने उनके पैरों तले अपनी हथेलियाँ बिछा दीं। वायरल वीडियो में शहीद पति की ‎तस्वीर हाथ में लिए वीरांगना हथेलियों पर पाँव ‎रखते हुए प्रतिमा तक पहुँची और अनावरण ‎किया।

प्रतिमा के अनावरण के समय एक भावुक पल भी आया जब बलिदानी पति कन्हैयालाल की प्रतिमा को देखते ही वीरांगना सपना ‎उससे लिपटकर रो पड़ीं। ऐसे भावुक पल में उन्होंने अपने आँसू सँभालते हुए कहा, “ऐसा लग ‎रहा है कि शहीद समरसता मिशन के भाइयों ने ‎मुझे मेरा जीवन, मेरा पति लौटा दिया है।‎”

बता दें कि गुणावद के बलिदानी सपूत ‎कन्हैयालाल जाट 21 मई 2021 को ‎सिक्किम में बलिदान हुए थे। वहीं उनके सम्मान में इस राष्ट्र शक्ति‎स्थल का निर्माण शहीद समरसता मिशन द्वारा 4 लाख के जनसहयोग से ‎किया गया है।

बलिदानी के पैतृक गाँव में प्रतिमा के अनावरण के अवसर पर शहीद समरसता मिशन की प्रदेश संरक्षक वीरांगना प्रतिभा यादव ने बताया, ‘मिशन विगत 16 साल से शहादत के सम्मान में बलिदानियों के लिए कार्य कर रहा है। इसका नेतृत्व देश के लिए जीने-मरने वाले परिवारों के हाथों में है। यह बलिदानियों के सपनों के समरस राष्ट्र निर्माण की चलने वाली सतत प्रक्रिया है।”

गौरतलब है कि इस मिशन के लिए शहीद ‎समरसता मिशन के लोगों ने ‘राष्ट्र शक्ति स्थल’ स्मारक का निर्माण ‘वन चेक‎ वन साइन फॉर शहीद’ अभियान चलाकर‎ वीरांगना सपना जाट के बैंक अकाउंट में ही‎ डिजिटल माध्यम से धनराशि इकठ्ठा कर किया। 

कॉन्ग्रेस ने पोस्टर से राहुल गाँधी को निकाला, केजरीवाल की हुई एंट्री: दिल्ली के CM का चेहरा गायब करने पर हुआ था विवाद, मुंबई में जुटान

बीजेपी ​विरोधी 28 विपक्षी दलों के गुट इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव अलायंस (INDIA) के नेताओं का मुंबई में जमावड़ा लगा है। 31 अगस्त और 1 सितंबर को ये नेता भविष्य की रणनीतियों पर विचार करेंगे। उससे पहले गुट में शामिल दलों के बीच भी शह-मात का खेल चल रहा है। एक ओर प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार से लेकर संयोजक पद तक के लिए दावेदारी पेश की जा रही है, दूसरी ओर कॉन्ग्रेस के पोस्टर से राहुल गाँधी ही गायब हो गए हैं।

दरअसल, कॉन्ग्रेस ने 30 अगस्त 2023 को एक पोस्टर एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर जारी किया था। इसमें दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का चेहरा नहीं था। इसको लेकर विवाद पैदा होने पर पार्टी ने वह पोस्टर डिलीट कर दिया और जो नया पोस्टर जारी किया उसमें उसके पूर्व अध्यक्ष राहुल गाँधी नहीं हैं।

शुरुआती पोस्टर में राहुल के साथ उनकी माँ सोनिया गाँधी, कॉन्ग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नीतीश कुमार, लालू यादव, ममता बनर्जी, हेमंत सोरेन जैसे विपक्षी नेता नजर आ रहे थे। राहुल गाँधी इस पोस्टर में सबसे आगे दिख रहे थे। लेकिन इसमें केजरीवाल को जगह नहीं दी गई थी। इसको लेकर विवाद पैदा होने पर कॉन्ग्रेस ने यह पोस्टर डिलीट कर दिया।

इसके बाद कॉन्ग्रेस ने ‘द पावर आफ INDIA’ शीर्षक से नया पोस्टर जारी किया। इस पोस्टर पर लिखा हुआ है- द वॉयस ऑफ इंडिया इज INDIA। इस पोस्टर से राहुल गाँधी को निकालकर केजरीवाल को जगह दी गई है।

साथ ही इसमें राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया, केरल के सीएम पिनराई विजयन, छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल, हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू, झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन और पंजाब के सीएम भगवंत मान भी नजर आ रहे हैं।

गौरतलब है कि विपक्षी दलों के इस गुट के भीतर का मतभेद केवल इस पोस्टर से ही जाहिर नहीं हुआ है। कहा जाता है कि नीतीश कुमार गुट के संयोजक बनना चाहते हैं। कॉन्ग्रेस चाहती है कि राहुल गठबंधन का चेहरा बनें। वहीं, आप केजरीवाल तो उद्धव ठाकरे की शिवसेना अपने पार्टी नेता को प्रधानमंत्री पद का चेहरा बनाने की इच्छा जाहिर कर चुकी है। यहाँ गठबंधन के बंधन के बिखरने के आसार पहले ही दिखने लगे हैं।

इतना ही नहीं आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने हाल ही में मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ का दौरा कर के अपनी ‘गारंटियों’ का प्रचार किया। गौरतलब है कि इन दोनों ही राज्यों में भाजपा-कॉन्ग्रेस में मुख्य लड़ाई होती है। वहीं आप ने राजस्थान में भी अपनी पार्टी ने उम्मीदवार उतारने की घोषणा कर दी है।

इस विपक्षी गठबंधन की पहली बैठक जून में पटना में हुई थी, इसमें 15 राजनीतिक पार्टियाँ शामिल हुई थीं। वहीं बेंगलुरु में जुलाई में हुई दूसरी बैठक में ‘इंडिया’ नाम फाइनल किया गया था। उस बैठक में गठबंधन के दलों की संख्या बढ़कर 26 हो गई थी।