Home Blog Page 2296

PAB से गुजरात आए हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यकों को मिलेगी नागरिकता, मोदी सरकार का फैसला: 1955 का अधिनियम बना आधार

पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश से गुजरात आए अल्पसंख्यकों को भारत की नागरिकता मिलेगी। केंद्र की मोदी सरकार ने यह निर्णय लिया है। इन अल्पसंख्यकों में हिंदुओं के अलावा सिख, बौद्ध, जैन, पारसी और ईसाई शामिल हैं।

केंद्र गृह मंत्रालय ने सोमवार (31 अक्टूबर 2022) को इस संबंध में आदेश जारी किया। इस फैसले से गुजरात के आणंद और मेहसाणा जिले में रह रहे इन देशों से आए अल्पसंख्यकों को लाभ मिलेगा। नागरिकता संशोधन अधिनियम 2019 (CAA) की जगह 1955 के नागरिकता अधिनियम को इस फैसले का आधार बनाया गया है।

केंद्रीय गृह मंत्रालय से जारी आदेश के अनुसार गुजरात के आणंद और मेहसाणा जिले में रहने वाले हिंदुओं, सिखों, बौद्धों, जैनियों, पारसियों और ईसाइयों को नागरिकता अधिनियम, 1955 की धारा पांच के तहत भारतीय नागरिक के रूप में पंजीकरण कराने की अनुमति दी जाएगी या अधिनियम की धारा छह और नागरिकता नियम 2009 के प्रावधानों के अनुसार प्रमाणपत्र दिया जाएगा।

पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान में सताए गए हिन्दुओं समेत अन्य अल्पसंख्यकों को केंद्र सरकार देगी नागरिकता

नागरिकता देने की प्रक्रिया क्या होगी?

गुजरात के 2 जिलों (आणंद और मेहसाणा) में रहने वाले ऐसे लोगों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। जिला स्तर पर कलेक्टर की ओर से इसका वेरिफिकेशन किया जाएगा। इसके बाद कलेक्टर आवेदन के साथ अपनी रिपोर्ट केंद्र सरकार के पास भेजेगा। अगर कलेक्टर पूरी प्रक्रिया से संतुष्ट होता है तो वह आवेदक को भारतीय नागरिकता प्रदान करेगा और इसका सर्टिफिकेट भी सौंपेगा। कलेक्टर के पास ऑनलाइन के साथ ही फिजिकल रजिस्टर भी रखा जाएगा। इसमें देश के नागरिक के रूप में इस प्रकार रजिस्ट्रीकृत या देशीयकृत व्यक्तियों का ब्यौरा होगा, जिसकी एक कॉपी हफ्ते भर के अंदर केंद्र सरकार के पास भेजनी होगी।

CAA के तहत क्यों नहीं दी नागरिकता

CAA अफगानिस्तान, बांग्लादेश और पाकिस्तान से आने वाले हिंदुओं, सिखों, बौद्ध, जैनियों, पारसियों और ईसाइयों को भारतीय नागरिकता देने का भी प्रावधान करता है। चूँकि अधिनियम के तहत नियम अब तक सरकार की ओर से नहीं बनाए गए हैं, इसलिए इसके तहत अब तक किसी को भी नागरिकता नहीं दी जा सकी है।

सुप्रीम कोर्ट ने संशोधित नागरिकता अधिनियम (सीएए) की संवैधानिक वैधता को चुनौती देने वाली कुछ याचिकाओं पर जवाब दाखिल करने के लिए सोमवार को असम और त्रिपुरा की सरकारों को तीन सप्ताह का समय दिया था। इस मुद्दे पर अगली सुनवाई के लिए छह दिसंबर की तारीख तय की गई है।

गृह मंत्रालय ने इससे पहले 2016, 2018 और 2021 में, गुजरात, छत्तीसगढ़, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के कई जिलों में जिला कलेक्टरों को वैध दस्तावेजों पर भारत में प्रवेश करने वाले छह समुदायों के प्रवासियों को नागरिकता प्रमाण पत्र प्रदान करने का अधिकार दिया था।

चीन में लॉकडाउन विरोधी प्रदर्शनों का नारा बना ‘जिम्मी जिम्मी’, खाली बर्तन दिखा चीनी गा रहे बप्पी लहिरी का गाना

बॉलीवुड में डिस्को और पॉप म्यूजिक का दौर शुरू करने वाले सिंगर और म्यूजिक डायरेक्टर बप्पी लहिरी (Bappi Lahiri) का एक गाना इन दिनों चीन में छाया हुआ है। चीन (China) की कठोर कोविड नीति के कारण लागू पाबंदियों से परेशान देश की जनता लॉकडाउन के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है।

इसके लिए स्थानीय लोग 1982 में आई फिल्म ‘डिस्को डांसर’ के म्यूजिक डायरेक्टर बप्पी लहिरी के लोकप्रिय गाने ‘जिम्मी जिम्मी आजा आजा’ का जमकर उपयोग कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर चीन के लोगों का ‘जिम्मी जिम्मी आजा आजा’ गाने पर अनोखा प्रदर्शन देखकर हर कोई हैरान है।

फोटो साभार: द हिन्दू

चीन की सोशल मीडिया साइट ‘दोयूयिन’ (टिकटॉक का चीनी नाम) पर लहिरी के संगीत से सजे पार्वती खान द्वारा गाए गए इस गाने को वहाँ की स्थानीय भाषा ‘मंदारिन’ में गाया जा रहा है। ‘जि मी, जि मी’ (Jie mi) शब्द का चीन में अर्थ है- मुझे चावल दो, मुझे चावल दो। कुछ महिलाएँ तो वीडियो में भारतीय साड़ी और कुर्ता पहने हुए दिखाई दे रही हैं। चीनी वायरल वीडियो में यह दिखाने के लिए कि कैसे वे लॉकडाउन के दौरान आवश्यक खाद्य पदार्थों से वंचित हैं, खाली बर्तन दिखा रहे हैं। इस वीडियो पर अभी तक चीनी सेंसर बोर्ड की कैंची नहीं चल पाई है, जो देश के विरोध में किए गए किसी भी पोस्ट को तुरंत हटा देता है।

दरअसल, चीन जीरो कोविड ​​नीति को लाकर बुरा फँस गया है। शंघाई सहित दर्जनों शहर, जिनकी आबादी 25 मिलियन (करीब 2.5 करोड़) से अधिक है, वहाँ हफ्तों से लोग अपने घरों में बंद रहने को मजबूर हैं। बीते दिनों ऐसे सैकड़ों वीडियो सामने आए हैं, जिनमें सुरक्षा अधिकारियों को लॉकडाउन का विरोध कर रहे लोगों पर नकेल कसते हुए देखा जा सकता है।

वहीं कुछ अन्य रिपोर्टों की मानें तो इस साल अक्टूबर के मध्य में कुछ लोगों के बीमार पड़ने के बाद भी उन्हें कोई इलाज मुहैया नहीं कराया गया, जिसके बाद श्रमिकों ने फॉक्सकॉन कारखाने को छोड़ना शुरू कर दिया। रविवार (30 अक्टूबर 2022) को चीन में कोरोना के 2,675 मामले दर्ज किए गए, जो पिछले दिन से 802 ज्यादा थे।

बता दें कि बीजिंग सहित लगभग सभी शहरों के निवासियों के लिए कोरोना टेस्ट अनिवार्य कर दिया गया है। नेगेटिव रिपोर्ट आने के बाद ही वे रेस्टोरेंट, बाजारों सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर आ-जा सकते हैं।

Twitter के इकलौते बॉस बने एलन मस्क, बोर्ड के सभी डायरेक्टर्स की छुट्टी: टेस्ला मालिक के फैसलों के पीछे ‘श्रीराम’

एलन मस्क (Elon Musk) अब ट्विटर के इकलौते बॉस हैं। उन्होंने बोर्ड डायरेक्टर्स की छुट्टी कर दी है। यूएस सिक्योरिटीज ऐंड एक्सचेंज कमीशन को यह जानकारी सोमवार (31 अक्टूबर 2022) को दी गई। कंपनी में बड़े पैमाने पर छंटनी का दावा करने वाली रिपोर्टों को खारिज किए जाने के कुछ घंटों बाद ही यह जानकारी सामने आई है।

डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक, जिन डायरेक्टर्स को हटाया है उनमें मार्था लेन फॉक्स, ओमिड कोर्डेस्टानी, डेविड रोसेनब्लैट, पैट्रिक पिचेट, एगॉन डरबन, फी-फी ली और मिमी अलेमायेहौ शामिल हैं। दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क ने 27 अक्टूबर 2022 को 44 बिलियन डॉलर करीब (362461220000 रुपए) में ट्विटर को खरीदने के तुरंत बाद कंपनी के CEO पराग अग्रवाल, CFO नेड सेगल और लीगल अफेयर-पॉलिसी हेड विजया गाड्डे को टर्मिनेट कर दिया था।

एक अन्य रिपोर्ट में कहा गया है कि टेस्ला चीफ मस्क ट्विटर के 75 प्रतिशत कर्मचारियों को बर्खास्त कर सकते हैं, जिससे कर्मचारियों की संख्या 7500 से घटकर 2000 हो जाएगी। हालाँकि, मस्क ने इन खबरों का खंडन किया है। द न्यूयॉर्क टाइम्स, द वाशिंगटन पोस्ट और द वर्ज जैसे मीडिया हाउस ने आंतरिक दस्तावेजों और ट्विटर के कर्मचारियों के हवाले से छंटनी की रिपोर्ट दी थी।

इस बीच यह बात सामने आई है कि ट्विटर के संचालन संबंधी फैसलों को लेकर मस्क एक भारतवंशी से ही सलाह ले रहे हैं। बताया जा रहा है कि चेन्नई के भारतीय टेक्नोलॉजिस्ट और इन्वेस्टर श्रीराम कृष्णन इस भूमिका में हैं। A16z के श्रीराम कृष्णन ने हाल ही में एक ट्वीट कर यह बात स्वीकार की है कि वह ट्विटर के लिए एलन मस्क की मदद कर रहे हैं। A16z का मतबल Andreessen Horowitz है। इसी कंपनी में श्रीराम जनरल मैनेजर हैं।

श्रीराम कृष्णन ने सोमवार (31 अक्टूबर, 2022) को ट्वीट कर कहा था कि वह एलन मस्क की सहायता कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ”जैसा कि अब यह बात सामने आ चुकी है, मैं ट्विटर में एलन मस्क की अस्थायी तौर पर सहायता कर रहा हूँ। मैं (और A16z) मानता हूँ कि यह बहुत ही महत्वपूर्ण कंपनी है, दुनिया पर इसका बहुत अधिक प्रभाव हो सकता है और एलन मस्क ही ऐसा संभव कर सकते हैं।”

मोरबी पुल हादसे पर PM मोदी की उच्चस्तरीय बैठक, CM समेत कई मंत्रियों को तलब किया: खुद कर सकते हैं दौरा, उधर ‘अटल ब्रिज’ को लेकर नया नियम

रविवार (30 अक्टूबर, 2022) को गुजरात के मोरबी में केबल पुल टूटने के बाद हुए भीषण हादसे के बाद प्रशासन अलर्ट पर है। इस हादसे से सीख लेते हुए अब अहमदाबाद के अटल ब्रिज से होकर यात्रा करने वालों की संख्या तय कर दी गई है। इस ब्रिज से अब एक समय में 3000 लोग ही गुजर सकेंगे। मोरबी हादसे की स्थिति का जायजा लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 31 अक्टूबर को एक हाई लेवल मीटिंग भी की है। इसके अलावा वह मंगलवार (1 नवंबर, 2022) को मोरबी का दौरा भी करेंगे।

अहमदाबाद की शान बन चुके ‘अटल ब्रिज’ का निर्माण साबरमती नदी पर एलिस ब्रिज और सरदार ब्रिज के बीच किया गया है। 74 करोड़ रुपए की लागत से बने इस ब्रिज का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसी साल 27 अगस्त को किया था। इस फुट ओवर ब्रिज को साबरमती नदी पर एलिस ब्रिज और सरदार ब्रिज के बीच बनाया गया है। इससे पहले तक इस पुल से गुजरने वालों पर किसी प्रकार की रोक नहीं लगाई गई थी। लेकिन, अब अहमदाबाद नगर निगम ने अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि अब पुल पर एक साथ सिर्फ 3 हजार लोगों को जाने की ही अनुमति होगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिवसीय गुजरात दौरे पर हैं। सोमवार (31 अक्टूबर, 2022) को उन्होंने मोरबी हादसे की स्थिति जानने के लिए एक हाई लेवल मीटिंग बुलाई है। इस मीटिंग में गुजरात सीएम भूपेंद्र पटेल समेत गुजरात कैबिनेट के कई मंत्री मौजूद रहे। इसके अलावा वह इस दुर्घटना का जायजा लेने के लिए मंगलवार (1 अक्टूबर, 2022) को मोरबी का दौरा भी करेंगे। पीएम मोदी ने 31 अक्टूबर को गुजरात के केवडिया में देश पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल को उनकी जयंती पर ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ में श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मोरबी हादसे में प्रभावित हुए लोगों को याद किया।

पीएम ने भावुक होते हुए कहा, “मैं केवड़िया में हूँ, लेकिन मेरा दिल मोरबी में है। मोरबी ब्रिज हादसे में मारे गए लोगों के प्रति मेरी संवेदना है।” प्रधानमंत्री ने आश्वासन दिया कि सरकार पीड़ितों के परिवारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। उन्होंने कहा है कि राज्य सरकार बचाव कार्य में लगी हुई है और केंद्र सरकार हर संभव मदद कर रही है।

बता दें, घटना के तुरंत बाद गुजरात सरकार ने मृतकों के परिवार को 4 लाख और घायलों के परिवार को 50 हजार रुपए का मुआवजा देने का ऐलान किया है। वहीं, प्रधानमंत्री मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से हादसे में जान गंवाने वालों के परिवार को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए मुआवजा देने का ऐलान किया है।

वहीं, इस हादसे को लेकर FIR दर्ज होने के बाद पुलिस ने गिरफ्तारियाँ शुरू कर दी हैं। अब तक इस घटना में कुल 9 आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं पुलिस द्वारा कुछ अन्य आरोपितों को हिरासत में ले कर पूछताछ किए जाने की भी खबर है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपितों में ओवेरा कम्पनी के 2 मैनेजर, इसी कम्पनी से जुड़े 2 ठेकेदार, 2 टिकट विक्रेता और 3 सिक्योरिटी गार्ड शामिल हैं। अभी तक मिल रही जानकारी के मुताबिक, अजंता ओरेवा के मुखिया जयसुख पटेल को हिरासत में नहीं लिया गया है।

‘वो स्पिनर था या बैट्समैन?’: अमित मिश्रा के ट्वीट से बौखलाए शाहिद अफरीदी, बाबर आजम के फॉर्म और T20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की हालत पर निकाला फ़्रस्ट्रेशन

पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान पाकिस्तान के बल्लेबाज बाबर आजम खासे ख़राब फॉर्म से गुजर रहे हैं। T20 विश्व कप में उनके खराब फॉर्म ने पाकिस्तानी टीम को टूर्नामेंट से लगभग बाहर कर दिया है। ऐसे में पूर्व भारतीय स्पिन गेंदबाज अमित मिश्रा ने बाबर आजम को टैग करते हुए एक ट्वीट किया, “ये समय भी बीत जाएगा, मजबूत बने रहें।” हालाँकि, पाकिस्तानियों का मानना है कि ये उनका तंज है। इसीलिए, शाहिद अफरीदी जैसे पूर्व पाकिस्तानी दिग्गज क्रिकेटर भी उनके खिलाफ उतर आए।

शाहिद अफरीदी ने इसके बाद चिढ़ते हुए कहा, “ये जो आप नाम ले रहे हैं अमित मिश्रा, ये भी इंडिया से खेला हुआ है। ये स्पिनर था कि बैट्समैन था?” उन्होंने ‘समाँ टीवी’ द्वारा पूछे गए एक सवाल के जवाब में ऐसा कहा। उन्होंने फिर कहा, “कोई बात नहीं। चलें आगे। ये भी बीत जाएगा।” बता दें कि पाकिस्तान ने नीदरलैंड्स को हरा कर इस टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की है। 91 रनों का पीछा करते हुए पाकिस्तानी टीम ने 6 विकेट से ये जीत दर्ज की।

हालाँकि, इस टूर्नामेंट में बाबर आजम अब तक 3 मैचों में 8 रन ही बना सके हैं। जहाँ पहले ही मैच में भारत के विरुद्ध वो गोल्डन डक पर आउट हो गए, वहीं दूसरे मैच में जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्होंने 9 गेंदों में मात्र 4 रनों की पारी खेली। नीदरलीकंडस के विरुद्ध भी वो 5 गेंदों में मात्र 4 रन ही बना सके। उनकी विराट कोहली से उनके प्रशंसक तुलना करते हैं, ऐसे में अब उनका खूब मजाक बन रहा है। अब गुरुवार (3 नवंबर, 2022) को पाकिस्तान की भिड़ंत दक्षिण अफ्रीका से है। भारत को हरा कर साउथ अफ्रीका के हौसले बुलंद हैं।

खास बात ये है कि बाबर आजम के फॉर्म पर ट्वीट करने वाले उस अमित मिश्रा को शाहिद अफरीदी नहीं पहचानने का नाटक कर रहे हैं, जिन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए एक वनडे मैच में 28 रन देकर 2 विकेट झटके थे। साथ ही उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ एक टी20 मैच भी खेला था, जिसमें उन्होंने 22 रन देकर 2 विकेट लिए थे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अमित मिश्रा के 156 और IPL में उनके नाम 166 विकेट्स हैं।

हालाँकि, ये पहली बार नहीं है जब ये दोनों आपस में भिड़े हों। आतंकी यासीन मलिक का समर्थन करने पर भारतीय स्पिन गेंदबाज अमित अमित मिश्रा ने पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी को करारा जवाब दिया था। भारत के लिए 68 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके दाहिने हाथ के लेग-ब्रेक स्पिनर अमित मिश्रा ने शाहिद अफरीदी के ट्वीट का जवाब देते हुए लिखा था, “प्रिय शाहिद अफरीदी, यासीन मलिक ने अदालत में खुद ही अपना दोष कबूल किया है। सब कुछ आपके जन्मतिथि की तरह भ्रामक नहीं है।”

पराग अग्रवाल को निकाला, लेकिन भरोसा भी भारतीय पर ही… ट्विटर चलाने में श्रीराम कृष्णन कर रहे एलन मस्क की मदद, 23 स्टार्टअप्स में कर चुके हैं निवेश

दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क ने माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर को खरीदने के बाद सीईओ पराग अग्रवाल को हटा दिया था। इसके बाद से इस बात की चर्चा जोरों पर रही है कि ट्विटर का अगला सीईओ कौन होगा। भले ही एलन मस्क ने पराग अग्रवाल को हटा दिया हो, लेकिन आज भी उन्हें ट्विटर से संबंधित महत्वपूर्ण सलाह लेने के लिए एक भारतीय का ही सहारा लेना पड़ रहा है। दरअसल, अब चेन्नई के भारतीय टेक्नोलॉजिस्ट और इन्वेस्टर श्रीराम कृष्णन एलन मस्क की सहायता कर रहे हैं।

श्रीराम कृष्णन ने सोमवार (31 अक्टूबर, 2022) को ट्वीट कर कहा है कि वह एलन मस्क की सहायता कर रहे हैं। उन्होंने कहा है ,”जैसा कि अब यह बात सामने आ चुकी है, मैं ट्विटर में एलन मस्क की अस्थाई तौर पर सहायता कर रहा हूँ। मैं (और A16z) मानता हूँ कि यह बहुत ही महत्वपूर्ण कंपनी है, दुनिया पर इसका बहुत अधिक प्रभाव हो सकता है और एलन मस्क ही ऐसा संभव कर सकते हैं।”

श्रीराम कृष्णन कंज्यूमर स्टार्टअप ए16जेड (A16z) के पार्टनर हैं। यही नहीं वह बिट्स्की, होपिन और पॉलीवर्क के बोर्ड में काम करने के साथ ही ट्विटर पर भी काम कर चुके हैं। वहाँ उन्होंने होम टाइमलाइन, न्यू यूजर एक्सपीरियंस, सर्च, डिस्कवरी और ऑडियंस ग्रोथ को लेकर बड़ा काम किया था।

इसके अलावा वह स्नैप और फेसबुक के लिए विभिन्न मोबाइल ऐड प्रॉडक्ट्स के लिए भी काम कर चुके हैं। इसमें स्नैप का डायरेक्ट रिस्पांस ऐड्स बिजनेस और फेसबुक ऑडियंस नेटवर्क भी शामिल है। श्रीराम कृष्णन का करियर माइक्रोसॉफ्ट से शुरू था। जहाँ वह विंडोज अजुरे से जुड़े कई प्रोजेक्ट्स में काम करते थे। यही नहीं, वह प्रोग्रामिंग विंडोज अजुरे पुस्तक के लेखक भी हैं।

चूँकि, एलन मस्क ने ट्विटर डील पूरी होते ही इसमें कई महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं और आगे भी बड़े बदलाव करने के संकेत दे चुके हैं। ऐसे में, फेसबुक से लेकर माइक्रोसॉफ्ट और ट्विटर में काम करने का अनुभव होने के कारण मस्क श्रीराम कृष्णन को महत्वपूर्ण भूमिका दे सकते हैं।

जैसा कि पहले भी बताया है कि श्रीराम कृष्णन टेक्नोलॉजिस्ट और इंवेस्टर हैं। वह स्टार्टअप्स में इन्वेस्ट करने के लिए जाने जाते हैं। अब तक कृष्णन ने कुल 23 स्टार्टअप्स पर इन्वेस्ट किया है। इस महीने की शुरुआत में 4 अक्टूबर को उन्होंने सीड राउंड लैसो लैब्स में इंवेस्ट किता था। जिसके बाद, लैसो लैब्स ने 4.2 मिलियन डॉलर का फंड भी रेज किया था।

श्रीराम कृष्णन का जन्म चेन्नई में हुआ था और वह यहीं पले बढ़े हैं। उनका जन्म एक निम्न मध्यवर्गीय परिवार में हुआ था। कृष्णन के पिता इंश्योरेंस कंपनी में काम करते थे। उन्होंने अन्ना यूनिवर्सिटी के एसआरएम इंजीनियरिंग कॉलेज से इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में ग्रेजुएशन किया है। श्रीराम की उनकी पत्नी आरती से मुलाकात भी बेहद दिलचस्प है। साल 2002 में दोनों की भेंट याहू मैसेंजर पर हुई थी। इसके बाद उन्होंने शादी कर ली। साल 2005 में, 21 साल की उम्र में वह अमेरिका के सिएटल चले गए थे वहीं उन्होंने माइक्रोसॉफ्ट में काम करना शुरू किया था। इसके बाद से उनका करियर लगातार बढ़ता रहा है।

‘The Wire’ के संस्थापक और संपादक के घर दिल्ली पुलिस का छापा, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की हो रही जाँच: फर्जी स्टोरी चला कर अमित मालवीय को किया था बदनाम

वामपंथी न्यूज वेबसाइट ‘‘The Wire’ भाजपा के आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय के खिलाफ अपनी फर्जी रिपोर्टिंग के लिए चौतरफा घिर चुकी है । इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच वेबसाइट के संस्थापक संपादक सिद्धार्थ वरदराजन और एमके वेणु के घरों की तलाशी कर रही है। पुलिस उनके घरों में विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जाँच की जा रही है। वहीं समाचार एजेंसी एएनआई ने भी ट्वीट कर यह जानकारी दी है।

मालवीय ने मेटा रिपोर्ट (अब वापस ली गई) को लेकर एफआईआर दर्ज करवाई थी, जिसके बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की है। मालवीय ने ‘The Wire’ के विरुद्ध शनिवार (29 अक्टूबर 2022) को दिल्ली पुलिस में आपराधिक शिकायत दर्ज कराई थी। ‘The Wire’ ने अमित मालवीय को निशाना बनाते हुए झूठी ख़बरें प्रकाशित की थीं, जिन्हें उसे वापस लेना पड़ा था।

इस शिकायत में ‘The Wire’ के संस्थापक सिद्धार्थ वरदराजन, संपादक एमके वेणु और उप-संपादक जाह्नवी सेन का नाम लिखा था। साथ ही IPC (भारतीय दंड संहिता) की धारा-420 (धोखाधड़ी), 468 (झूठे दस्तावेजों का इस्तेमाल कर के साजिश), 469 (झूठे दस्तावेजों के सहारे किसी की मानहानि करना), 471 (जानबूझ कर झूठे इलेक्ट्रॉनिक दस्तावेजों का इस्तेमाल करना) और 500 (मानहानि) के अलावा 134B (आपराधिक साजिश) और (समान इरादे से सामूहिक अपराध) के तहत मामला दर्ज करने की माँग की गई थी।

अमित मालवीय ने खुद को भाजपा की ‘इन्फॉर्मेशन एवं टेक्नोलॉजी सेल’ का राष्ट्रीय संयोजक बताते ‘फाउंडेशन फॉर इंडिपेंडेंट जर्नलिज्म’ नामक संगठन का नाम भी अपनी शिकायत में लिया था, जो ‘The Wire’ को चलाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुँचाने के लिए ठगी और धोखाधड़ी का सहारा लिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि झूठे इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड्स और फेक दस्तावेजों के सहारे उनकी मानहानि की गई है।

दरअसल वामपंथी वेबपोर्टल ने एक रिपोर्ट प्रकाशित किया, जिसमें दावा किया था कि अमित मालवीय इतने शक्तिशाली हैं कि फेसबुक या इंस्टाग्राम पर कोई पोस्ट अच्छा न लगने पर उसे तुरंत हटवा सकते हैं। हालाँक‍ि, ‘Meta’ के कम्युनिकेशंस हेड एंडी स्टोन ने इस पूरी खबर को बनावटी करार दिया था। उन्होंने कहा था कि बनावटी दस्तावेजों के आधार पर ‘The Wire’ ने इस रिपोर्ट को तैयार किया है। एक अज्ञात सूत्र के आधार पर ‘The Wire’ ने दावा किया था कि अमित मालवीय ने सोशल मीडिया से 705 पोस्ट्स हटवाएँ हैं।

जिस पर ₹82825000 घूस लेने का था आरोप, वो बना ब्राजील का राष्ट्रपति: मात्र 1.8% वोट के अंतर से हुआ फैसला, कभी सुनाई गई थी 10 साल जेल की सज़ा

ब्राजील में हुए राष्ट्रपति चुनाव में दो बार राष्ट्रपति रह चुके लूला डी सिल्वा (Lula da Silva) ने जीत हासिल की है। उन्होंने मौजूदा राष्ट्रपति बोल्सोनारो को बेहद कड़े और करीबी मुकाबले में हराया है। राष्ट्रपति चुनाव में जहाँ बोल्सोनारो को 49.1% वोट मिले। वहीं, लूला डी सिल्वा को 50.9% वोट मिले हैं। वह, 1 जनवरी 2023 को राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे। लूला डी सिल्वा की जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत दुनिया भर के कई नेताओं ने उन्हें बधाई दी है।

लूला डी सिल्वा का राष्ट्रपति बनना न केवल ब्राजील के लिए, बल्कि पूरी दुनिया के नजरिए से बहुत बड़ा उलटफेर माना जा रहा है। दरअसल, लूला डी सिल्वा पर साल 2018 में सरकारी तेल कंपनी पेट्रोब्रास के लिए भ्रष्टाचार और मनी लांड्रिंग का आरोप लगाया गया था। साथ ही, यह भी कहा गया था कि उन्होंने समुद्र तट पर अपार्टमेंट लेने के लिए 1 मिलियन डॉलर, यानी करीब 82825000 रुपए की घूस ली है।

जिसके बाद अदालत ने उन्हें दोषी ठहराते हुए करीब 10 साल की सजा सुनाई थी। साथ ही, उनके चुनाव लड़ने पर रोक लगा दी गई थी। इसके बाद वह साल 2018 में हुए राष्ट्रपति चुनाव में भी भाग नहीं ले सके थे। हालाँकि, इसके बाद साल 2021 में वहाँ की सुप्रीम कोर्ट ने उनकी सजा को यह कहते हुए रद्द कर दिया था कि पीठासीन अदालत के जज ने पक्षपात पूर्ण रवैया अपनाते हुए उन्हें दोषी ठहराया था।

लूला के राजनीतिक करियर की शुरुआत ट्रेड यूनियन के अध्यक्ष बनने से हुई। इस दौरान उन्होंने 1970 के दशक में सैन्य तानाशाही के विरुद्ध की गई हड़तालों और आंदोलनों का नेतृत्व किया। इसी दौरान लूला डी सिल्वा की राजनीतिक इच्छा प्रबल हो गई थी। वह साल 1980 में बनी वर्कर्स पार्टी के संस्थापक भी सदस्य हैं। उन्होंने पहली बार 1982 में साओ पाउलो के राज्य इलेक्शन में भाग लिया था, लेकिन चुनाव हार गए थे। इसके बाद उन्होंने साल 1986 के चुनावों में सबसे अधिक वोटों के साथ कॉन्ग्रेस (ब्राजील की संसद) में सीट हासिल की थी।

इस पार्टी से ही लूला ने 1989 से लेकर 1998 तक तीन बार राष्ट्रपति चुनाव लड़ा। लगातार 3 हार के बाद अंततः साल 2002 में उन्हें सफलता मिली और वह ब्राजील के 35वें राष्ट्रपति बने। इसके बाद, 2006 में हुए चुनावों में भी उन्हें जीत मिली। इस तरह से वह लगातार दो बार ब्राजील के राष्ट्रपति रहे। इस बार यह उनका छठवाँ राष्ट्रपति चुनाव था। वह ब्राजील के 39वें राष्ट्रपति होंगे।

‘अल्लाह-हु अकबर, क़यामत आने वाली है’: सऊदी अरब में हैलोवीन पार्टियों से गुस्सा हुए मुस्लिम, शैतान के वेश में मजे में घूमते दिखे शेख

कभी अपने कट्टर फैसलों और इस्लामी कानून के लिए दुनिया भर के मुस्लिमों का चहेता सऊदी अरब आज अपने ही कौम के लोगों की आँखों में खटकने लगा है । वजह भी कुछ ऐसी है जिससे मुसलमानों का चौकना स्वभाविक है । अपने रूढ़िवादी स्टैंड के लिए पहचाने जाने वाले इस देश में पश्चिमी देशों के वीभत्स त्यौहार हैलोवीन मनाया जा रहा है । दुनिया भर के मुस्लिम एक तरफ आश्चर्य और गुस्से में है, इसीलिए मुस्लिम समाज में सऊदी के इस कदम की चौतरफा आलोचना भी शुरू हो गई है।

दरअसल, मोहम्मद बिन सलमान के क्राउन प्रिंस बनने के बाद से ही सऊदी अरब अपनी मान्यताओं को लेकर काफी नरम हुआ है। ये बात और है कि कुछ साल पहले तक सऊदी अरब में ऐसे उत्सवों के बारे में सोचना भी किसी बड़े गुनाह से कम नहीं था।

वन इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, सऊदी अरब वही देश है जहाँ 2018 में एक पार्टी में पुलिस ने छापा मार कर हैलोवीन मना रहे कई लोगों को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन आश्चर्य है कि वहाँ सार्वजनिक रूप से हैलोवीन मनाया जा रहा है। सऊदी सरकार ने इसकी अनुमति भी दी है। राजधानी रियाद के कई इलाकों में यह फेस्टिवल मनाया गया। इस दौरान सड़कों पर दूर-दूर तक शैतान के रूप में घूम रहे लोग नजर आए । हालाँकि लोगों को सऊदी सरकार का यह फैसला पसंद नहीं आ रहा है।

एक ट्विटर यूजर तैय्यब ने हैलोवीन पार्टी का वीडियो का शेयर करते हुए लिखा, ”रियाद (नजद) सऊदी अरब में हैलोवीन। अल्लाह हू अकबर । निश्चित ही कयामत के दिन आने वाले हैं।”

एक यूजर रमजान आइजोल ने ट्वीट कर कहा, “ये तस्वीरें रियाद में ली गई हैं। क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने ‘सुधारवाद’ के नाम पर सऊदी अरब में हैलोवीन समारोह की अनुमति देना शुरू कर दिया है। यह सुधारवाद या नवाचार नहीं, बल्कि अपमान और पतन है। हम इसे स्वीकार नहीं करते हैं।”

एक यूजर डालिया जियादा ने कहा, “SaudiArabia और Egypt की ओर से हैलोवीन की शुभकामनाएँ। यह देखना वाकई दिलचस्प है कि इस तरह का विशुद्ध अमेरिकी हॉलिडे मध्य पूर्व के देशों से यहाँ आ गया और मनाया जा रहा है! संयुक्त राज्य अमेरिका अभी तक मध्य पूर्व से वापस नहीं आया है!”

मोरबी पुल हादसे में 9 गिरफ्तार: कानून के शिकंजे में ठेकेदार, मैनेजर, सिक्योरिटी गार्ड और टिकट विक्रेता भी, Oreva के साथ हुआ था 15 साल का करार

गुजरात के मोरबी में रविवार (30 अक्टूबर, 2022) को पुल गिरने की घटना में FIR दर्ज होने के बाद पुलिस ने गिरफ्तारियाँ शुरू कर दी हैं। अब तक इस घटना में कुल 9 आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं पुलिस द्वारा कुछ अन्य आरोपितों को हिरासत में ले कर पूछताछ किए जाने की खबर है। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, हादसे में मरने वालों की संख्या 150 हो चुकी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गिरफ्तारआरोपितों में ओवेरा कम्पनी के 2 मैनेजर, इसी कम्पनी से जुड़े 2 ठेकेदार, 2 टिकट विक्रेता और 3 सिक्योरिटी गार्ड शामिल हैं। अभी तक मिल रही जानकारी के मुताबिक, अजंता ओरेवा के मुखिया जयसुख पटेल को हिरासत में नहीं लिया गया है।

दावा किया जा रहा है कि मोरबी के मच्छू स्थित यह ब्रिटिशकालीन पुल पिछले 7 माह से बंद था। इसकी मरम्मत करने का ठेका एक प्राइवेट फर्म को दिया गया था। ‘इंडिया टुडे’ का दावा है कि मोरबी म्युनिसिपल कार्पोरेशन ने पुल को अजंता ओरेवा कम्पनी को 15 साल तक चलाने और मरम्मत के लिए दिया था। कार्पोरेशन और कम्पनी के बीच यह कॉन्ट्रैक्ट 2022 से शुरू हो कर 2037 तक वैलिड था।

गौरतलब है कि अभी तक इस पुल के टूटने की वजह जरूरत से ज्यादा वजन होना बताया जा रहा है। आपदा से बचाव के लिए NDRF की दो टीमें में रवाना की गईं हैं। 43 साल से भी ज्यादा पुराने इस पुल को 19वीं शताब्दी में वहाँ के शासक वाघजी ठाकोर ने बनवाया था। तब यूरोपीय तकनीक से बने इस पुल को ‘इंजीनियरिंग का चमत्कार’ माना जाता था। ‘झूलता पुल’ के नाम से मशहूर इस पुल की लंबाई लगभग 765 फीट है।