Home Blog Page 2446

बिहार में अब BPSC के छात्रों पर बरसी पुलिस की लाठियाँ, तेजस्वी ने किया था 10 लाख नौकरियों का वादा: शिक्षक अभ्यर्थी को ADM ने कर दिया था लहूलुहान

बिहार में एक बार फिर अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज की खबर सामने आई है। पटना स्थित ‘बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC)’ कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर बुधवार (31 अगस्त, 2022) को पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया, जिससे कई छात्र घायल हो गए। पुलिस ने अभ्यर्थियों के नेता दिलीप कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया है।

पत्रकार शुभांकर मिश्रा ने अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज को लेकर ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा, “लाखों नौकरी का ऐलान करने वाली सरकार की पुलिस ने अब पटना में BPSC छात्रों पर लाठीचार्ज किया है। छात्र परीक्षा का पैटर्न बदलने का विरोध कर रहे थे। उधर पटना के लाठीचार्ज ADM, जिन्होंने 22 August को ‘तिरंगा’ पकड़े छात्र की बेरहमी से पिटाई की थी, उन पर भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।”

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बिहार लोक सेवा आयोग की 67वीं BPSC परीक्षा के पैटर्न में बदलाव को लेकर छात्र लगातार विरोध कर रहे हैं। पटना में जुटे बीपीएससी अभ्यर्थियों ने एक दिन में ही परीक्षा आयोजित करने की माँग की है। उनका कहना है कि इसी के आधार पर मेरिट लिस्ट भी तैयार की जाए। उनका कहना है कि दो दिन परीक्षा आयोजित की जाएगी तो दोनों दिन परीक्षा के सवाल का लेवल अलग-अलग होगा। इसलिए, दो दिन की जगह परीक्षा एक ही दिन में ली जाए। इन दोनों माँगों को लेकर बुधवार को सैकड़ों अभ्यर्थी पटना की सड़कों पर उतरे। इसके बाद पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया।

बता दें कि इसी तरह 22 अगस्त 2022 को पटना ADM ने लाठी बरसा कर एक शिक्षक अभ्यर्थी को लहूलुहान कर दिया था। ADM का गुस्सा सिर्फ शिक्षक अभ्यर्थियों पर ही नहीं बरसा, बल्कि उन्होंने एक मीडियाकर्मी की भी धुनाई कर दी थी। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो खूब वायरल हुआ था। वीडियो में पटना ADM को खुलेआम उस शिक्षक अभ्यर्थी पर लाठियाँ बरसाते हुए देखा गया, जो हाथ में तिरंगा लिए हुए था। वो जमीन पर गिर गया था, इसके बाद भी ADM लगातार उसकी पिटाई करते रहे। अधिकारी ने इस दौरान भारत के राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे पर लाठी बरसाने से भी परहेज नहीं किया।

पंजाब के चर्च में तोड़ी गई जीसस और मेरी की मूर्तियाँ, फूँक डाली पादरी की कार: CCTV फुटेज आया सामने, निहंगों से हुई थी ईसाईयों की झड़प

पंजाब के तरनतारन शहर में एक चर्च में जीसस की मूर्ति और मदर मेरी की प्रतिमा को तोड़े जाने का मामला सामने आया है। घटना 31 अगस्त 2022 रात 12:30 बजे घटी। सीसीटीवी फुटेज में सिख युवकों को रॉड से मूर्तियाँ तोड़ते देखा जा सकता है।

दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार, चर्च में कुल 4 लोग जबरदस्ती घुसे थे। इन्होंने पहले गार्ड के सिर पर पिस्तौल रखी और उसके बाद उसे बाँध दिया। इसके बाद उन्होंने चर्च में तोड़फोड़ शुरू की। इन लोगों ने मदर मेरी और यीशु की मूर्तियों से सिर तोड़ा और अपने साथ ले गए। इन लोगों ने पादरी की कार में आग भी लगाई।

चर्च में हुए इस हमले के बाद ईसाइयों ने पट्टी खेमकरण राज्य मार्ग को ब्लॉक कर दिया और आरोपितों को पकड़ने की माँग करने लगे। पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया।

पत्ती स्थित चर्च के फादर थॉमस ने बताया, “4 लोग यहाँ आए। उन्होंने मूर्तियाँ खंडित कीं और हमारे वाहन को आग लगाया। वे 25 मिनट तक यहीं थे। उन्होंने बंदूक की नोक पर गार्ड को धमकाया। आईजी हमसे मिलने आए हैं और गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।”

ईसाइयों पर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप

उल्लेखनीय है कि इससे पहले रविवार (28 अगस्त 2022) को ईसाइयों और सिखों में झड़प की घटना प्रकाश में आई थी। जंडियाला गुरु के गाँव डडुआना में कुछ निहंग सिखों ने ईसाई कार्यक्रम को रुकवाया था। इसके बाद बाबा मेजर सिंह और उनके करीबन 150 समर्थकों पर केस दर्ज हुआ। जिसे देख श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने पंजाब सरकार का विरोध किया।

उन्होंने आरोप लगाया था कि ईसाई पादरी अपने पाखंडी तरीकों से हिंदुओं औक सिखों को बहकाकर धर्म परिवर्तन करवा रहे हैं। कई दफा सिखों ने इसकी शिकायत की लेकिन सरकार ने उनकी नहीं सुनी। ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने भाई तारू सिंह के शहादत दिवस पर इस मुद्दे को उठाते हुए कहा था,

“पंजाब में धर्म परिवर्तन बड़े पैमाने पर हो रहा है। यह चिंता का कारण है। लोग, विशेष रूप से गाँवों में रहने वाले, आसान लक्ष्य हैं। वे क्षुद्र लालच के बदले अपना धर्म परिवर्तित करते हैं। भाई तारू सिंह कठिन समय का सामना करने के लिए दृढ़ रहे। उन्होंने मुगल साम्राज्य के दौरान अपने बाल काटने और इस्लाम में परिवर्तित होने के बजाय अपना सिर कटा दिया था।” उन्होंने कहा कि भाई तारू सिंह सिखों के रोल मॉडल होने चाहिए। लेकिन आज कई युवा सिख धर्म के रास्ते से भटक गए हैं।”

8000 गाँवों में ईसाई समितियाँ, अकेले 2 जिलों में 600+ चर्च

इसी तरह न्यूज़ नेशन ने यूनाइटेड क्रिश्चियन फ्रंट के आँकड़ों के हिसाब से बताया था कि पंजाब के 12,000 गाँवों में से 8,000 गाँवों में ईसाई धर्म की मजहबी समितियाँ हैं। वहीं अमृतसर और गुरदासपुर जिलों में 4 ईसाई समुदायों के 600-700 चर्च हैं। इनमें से 60-70% चर्च पिछले 5 सालों में अस्तित्व में आए हैं।

पैसों के लालच में अपनाया था ईसाई मजहब, पंजाब के एक दर्जन परिवारों ने की घर-वापसी: CM से गुरुद्वारा कमिटी की अपील – बैन करें धर्म-परिवर्तन

पंजाब में हाल के दिनों में ईसाई धर्मांतरण की घटनाएँ बढ़ गई हैं। अब अमृतसर में लगभग एक दर्जन परिवारों द्वारा घर-वापसी करने का मामला सामने आया है। धर्मांतरण के मुद्दे पर ‘दिल्ली सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमिटी’ ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से अपील भी की है कि वो इस पर हिमाचल प्रदेश की तरह राज्य भर में पाबंदी लगाएँ। इस मुद्दे को लेकर निहंग जत्थेबंदियों ने भी हाल में विरोध प्रदर्शन किया है।

‘दैनिक जागरण’ की रिपोर्ट के मुताबिक, पंजाब के अमृतसर जिले में स्थित कोहलेवाल गाँव में तकरीबन एक दर्जन परिवारों ने सिख धर्म में वापसी की है। इन परिवारों का पैसे का लालच देकर मतांतरण किया गया था। DSGMC के प्रयासों के बाद इन परिवारों ने ‘घर वापसी’ का फैसला किया।

DSGMC ने 3 अगस्त से इस मुहिम की शुरुआत की थी और उसके बाद इन परिवारों से मिलकर इन्हें घर वापसी के लिए मनाया गया। दिल्ली में गुरुद्वारों के प्रबंधन के कार्य देखने वाली संस्था DSGMC ‘धर्म प्रचार’ के लिए अभियान चला रही है और इसके लिए इसकी एक अलग कमिटी भी है। इसकी ‘धर्म प्रचार कमिटी’ के अध्यक्ष मंजीत सिंह भोमा ने बताया कि लालच देकर इन परिवारों का ईसाई धर्मांतरण कराया गया था।

सीएम भगवंत मान से की ये अपील

पंजाब में इस समय ‘आम आदमी पार्टी (AAP)’ की सरकार है और DSGMC की ‘धर्म प्रचार कमेटी’ के चेयरमैन मनजीत सिंह भोमा ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से मतांतरण पर प्रतिबंध की अपील की। उन्होंने कहा कि जिस तरह से हिमाचल प्रदेश सहित कई राज्यों में मतांतरण पर पाबंदी है, ठीक उसी तरह पंजाब में भी पाबंदी लगाई जाए। वहीं उन्होंने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की विफलता को भी इसका जिम्मेदार बताया।

जिन 12 परिवारों ने हाल ही में घर वापसी की है, उन्होंने मतांतरण की पूरी कहानी भी बताई। उन्होंने कहा कि ईसाई धर्म प्रचारक गाँवों में दौरा कर तरह-तरह के लालच देते हैं। इन परिवारों के सदस्यों के मुताबिक, वो कुछ समय के लिए भटक गए थे। उन्होंने कहा कि अब वह वापस आ गए हैं और श्री गुरु ग्रंथ साहिब को मानकर ही अपना जीवन व्यतीत करेंगे। बताया जा रहा है कि जो परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा होता है, उसे धर्मांतरण के लिए ईसाई मिशनरी निशाना बनाते हैं।

कुछ दिनों पहले भी हुआ था बवाल

गौरतलब है कि बीते दिनों अमृतसर के ही एक ओर गाँव डडुआना में भी बवाल हुआ था। निहंग जत्थेबंदियों ने एक ईसाई कार्यक्रम को बंद करवाया था। जत्थेबंदियों ने धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन भी किया था। इसके बाद अमृतसर पुलिस द्वारा जत्थेबंदियों को यह आश्वासन दिया गया कि यहाँ किसी प्रकार का कोई धर्मांतरण नहीं होगा, तब जाकर जत्थेबंदियों ने अपना प्रदर्शन रोका।

क्लब के चुनाव में भी ऐसा नहीं होता… पता ही नहीं वोट डालने वाला कौन, फिर कैसे चुना जाएगा कॉन्ग्रेस अध्यक्ष? पार्टी नेता ने ही उठाए सवाल

लंबे इंतजार के बाद आखिरकार कॉन्ग्रेस में अध्यक्ष पद के लिए चुनाव (Congress presidential elections) का ऐलान किया गया है। इस चुनाव के लिए 17 अक्टूबर की डेट निर्धारित की गई है वहीं दो दिन बाद यानी 19 अक्टूबर को मतगणना होगी। हालाँकि, इस चुनाव को लेकर पार्टी नेताओं ने बागी तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। कॉन्ग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने पार्टी अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया पर सवालिया निशान लगाए हैं।

मनीष तिवारी ने कहा है कि मतदाता सूची के बिना कॉन्ग्रेस अध्यक्ष पद के निष्पक्ष चुनाव कैसे होंगे? उन्होंने माँग करते कहा है कि निष्पक्ष चुनाव के लिए पार्टी के वोटर का नाम-पता प्रकाशित किया जाना चाहिए। दरअसल, मनीष तिवारी (Manish Tewari) ने कॉन्ग्रेस के ‘केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण’ के प्रमुख मधुसूदन मिस्त्री के उस बयान के बाद चुनाव प्रक्रिया में सवाल उठाए हैं। मिस्त्री ने कहा था कि पार्टी अध्यक्ष के चुनाव के लिए मतदाता सूची सार्वजनिक नहीं की जाएगी।

मधुसूदन मिस्त्री के इस बयान को लेकर मनीष तिवारी ने ट्वीट करते हुए कहा, “मधुसूदन मिस्त्री जी, बहुत सम्मान के साथ मैं पूछना चाहता हूँ कि जब तक मतदाता सूची सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं होती, तब तक निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव कैसे हो सकता है? एक निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव का सार यह है कि सभी मतदाताओं के नाम और पते पार्टी की वेबसाइट पर पारदर्शी तरीके से प्रकाशित किए जाएँ।”

उन्होंने यह भी कहा, “मैं बहुत सम्मान के साथ बताना चाहता हूँ कि किसी क्लब के चुनाव में भी ऐसा नहीं होता है। निष्पक्षता और पारदर्शिता के हित में, मैं स्वयं आपसे मतदाताओं की पूरी सूची कॉन्ग्रेस की वेबसाइट पर जारी करने का निवेदन करता हूँ।”

मनीष तिवारी ने अपने अगले ट्वीट में कहा, “अगर कोई इस चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल करना चाहता है, तो नियमों के मुताबिक उसे 10 प्रस्तावकों की जरूरत होगी। यदि उसे मालूम ही नहीं होगा कि मतदाता सूची में कौन-कौन है, तो क्या वो इसके लिए देश भर के प्रदेश कॉन्ग्रेस कार्यालयों की दौड़ लगाएगा? ऐसी स्थिति में केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण यह कहकर उसका नामांकन निरस्त कर देगा कि प्रस्तावक इस चुनाव के लिए वैध मतदाता नहीं हैं।”

बता दें कि मनीष तिवारी पहले व्यक्ति नहीं हैं जिन्होंने कॉन्ग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए होने वाले चुनावों की निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं। इससे पहले पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा व पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम के बेटे कार्ति चिदंबरम भी सवाल उठा चुके हैं।

अलकायदा से जुड़े असम के तीसरे मदरसे पर चला CM सरमा की सरकार का बुलडोजर, मौलवी सहित 37 हो चुके हैं गिरफ्तार

असम की हिमंता बिस्वा सरमा सरकार (Assam Himanata Biswa Sarama Government) उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार का मॉडल (UP Yogi Adityanath Model) पूरी तन्मयता के साथ राज्य में लागू कर रही है। असम सरकार ने आतंकी गतिविधियों से जुड़े अब तीसरे मदरसे (Madarasa) को ध्वस्त कर दिया है।

असम के बोंगाईगाँव जिले के कबाईतारी भाग-IV गाँव में स्थित मरकजुल मा-आरिफ क्वारियाना मदरसे को गिराया जा रहा है। इस मदरसे के इमाम और मौलवी एवं शिक्षक सहित 37 लोगों के आतंकी संगठन ‘अल कायदा भारतीय उपमहाद्वीप (AQIS)’ और ‘अंसारुल्लाह बांग्ला टीम (ABT)’ लोगों को गिरफ्तार किया गया था। यह मदरसा आतंकी गतिविधियों का ठिकाना बना गया था।

एसपी स्वप्निल डेका ने न्यूज एजेेंसी ANI को बताया, “जिला प्रशासन ने एक आदेश में कहा है कि मदरसा संरचनात्मक रूप से कमजोर और मानव निवास के लिए असुरक्षित है। मदरसा की इमारत को APWD के निर्देशों/ IS के मानदंडों के अनुसार नहीं बनाया गया है।”

एसपी डेका ने आगे बताया, “कल गोलपाड़ा जिला पुलिस ने भी मदरसे में AQIS/ABT से जुड़े एक गिरफ्तार व्यक्ति के साथ तलाशी अभियान चलाया था। जिला प्रशासन के निर्देश पर हमने मदरसे को गिराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।”

सोमवार (29 अगस्त 2022) को असम सरकार ने बारपेटा में एक मदरसा को ध्वस्त करने का आदेश दिया था। इस मदरसे से जुड़े AQIS/ABT के दो आतंकियों को भी असम पुलिस ने गिरफ्तार किया था।

बारपेटा के एसपी अमिताव सिन्हा ने बताया था, “पुलिस ने बारपेटा में एक मदरसे में बेदखली का अभियान चलाया है, क्योंकि यह अवैध रूप से सरकारी जमीन पर बनाया गया था। पकड़े गए दोनों संदिग्धों का लिंक अलकायदा भारतीय उपमहाद्वीप (AQIS) और अंसारुल्लाह बांग्ला टीम (ABT) से है।”

अतिरिक्त उपायुक्त लचित कुमार दास के मुताबिक, “यह मदरसे देश विरोधी गतिविधियों, जिहादी संगठनों में शामिल है। जाँच में सामने आया आया है कि ये मदरसा सरकारी जमीन पर बनाया गया है और इसका कोई मालिक नहीं नहीं। इसलिए हमने इसे तुरंत ध्वस्त करने का फैसला किया।”

सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने बारपेटा जिले से दो संदिग्ध आतंकियों के गिरफ्तार होने के बाद मीडियाकर्मियों से कहा था, “यह दूसरा मदरसा है, जिसे हमने ध्वस्त किया। क्योंकि वे एक संस्था के रूप में नहीं चल रहे थे, बल्कि एक आतंकवादी केंद्र के रूप में चल रहे थे। मैं सामान्यीकरण नहीं करना चाहता, लेकिन जब कट्टरवाद की शिकायत आती है तो हम जाँच करते हैं और उचित कार्रवाई करते हैं।”

सड़कों पर ही नहीं, मंदिर-गुरुद्वारे में भी नमाज पढ़ना है इस्लामी गिरोह का सपना: गणेश उत्सव से राना अयूब को लगी मिर्ची, हिंदू ही दें सेक्युलरिज्म की आहुति?

देश का सेक्युलरिज्म खतरे में हैं क्योंकि गणेश चतुर्थी के रूप में एक और हिंदू त्योहार आ गया है। कट्टरपंथियों को लग रहा है अभी तक तो इस मौके पर हिंदू केवल सरेआम मूर्ति पूजन से अल्पसंख्यकों की भावना आहत करते थे। लेकिन, इस बार इन लोगों ने हद्द ही कर दी। बेंगलुरु में सामने से आकर त्योहार मनाने के लिए धारवाड़ ईदगाह मैदान माँग लिया और कोर्ट ने भी अनुमति दे दी कि मनाओ अपना पर्व कोई कुछ नहीं कहेगा।

कपिल सिब्बल जैसे वरिष्ठ वकील की बहुत कोशिशों के बाद भी कोर्ट ने एक नहीं सुनी। बेंच ने बस इस बिंदु पर विचार किया कि अगर खाली पड़े मैदान जहाँ बाइक पार्क होती हैं और समय आने पर रमजान-बकरीद मनाया जाता है तो फिर वहाँ गणेश चतुर्थी मनाने से क्या गलत हो जाएगा।

कपिल सिब्बल समझाते रहे कि ऐसा नहीं होना चाहिए- उस जगह को ईदगाह कहते हैं- ईदगाह…। लेकिन कोर्ट ने कोई दलील नहीं सुनी। उलटा त्योहार मनाने की अनुमति के साथ कड़ी सुरक्षा के निर्देश भी दे दिए। अब पुलिस चप्पे-चप्पे पर तैनात है। अल्पसंख्यक समुदाय आहत है तो भी क्या करे! 

वह हमेशा से कहते रहे हैं कि इस देश में उनकी सुनवाई 2014 के बाद से ही नहीं हो रही। इसलिए राना अयूब जैसी पत्रकारों को विदेशी मीडिया में उनकी आवाज बनना पड़ता है। इस बार भी डूबती उम्मीदों को अयूब का सहारा मिला है।

राना अयूब हिंदुओं से हुईं नाराज

अयूब जैसा कि हर बार मुस्लिमों के हित में आवाज उठाती हैं। फिर चाहे वो सड़कों पर नमाज पढ़ने के अधिकार के लिए हो या फिर मंदिर-गुरुद्वारे में इबादत करके भाईचारे की मिसाल देने के लिए…इस बार भी अयूब ने अपना काम बखूबी किया।

सड़कों पर नमाज पढ़ने के अधिकार के लिए लड़तीं रानाअयूब

राना अयूब ने हिंदुओं पर बौखलाहट निकाली कि ये क्या घटियापना है- तुम्हारे पास दुनिया भर की जमीन पड़ी है लेकिन तुम ईदगाह आ रहे हो गणेश चतुर्थी मनाने।

हिंदुओं को फटकारा

बहुसंख्यक समुदाय पर प्रत्यक्ष नाराजगी न दिखे इसलिए उन्होंने अपने ट्वीट में कोई नाम नहीं लिया है, पर हिंदुओं को समझ जाना चाहिए कि ये बात उन्हीं लोगों के लिए है, क्योंकि वही लोग ईदगाह मैदान में गणेश चतुर्थी मनाने आगे आए हैं। 

राना अयूब खुद से लिख कर जाहिर नहीं कर सकतीं कि वो चाहती हैं कि मुस्लिम भी मंदिर परिसर में नमाज पढ़ने की माँग उठाएँ, पर अगर किसी ने उनकी इस मन की बात को अपने ट्वीट में लिखा है तो वो उसे रीट्वीट करने से पीछे नहीं हैं। जैसे द वायर की तारूषी शर्मा का ट्वीट उन्होंने फौरन रीट्वीट किया क्योंकि इसमें यही बात थी जो राना खुले में कहना चाहती हैं।

मुस्लिम ही लेकर आगे बढ़ें ‘गंगा-जमुनी’ तहजीब

शायद अयूब चाहती हैं कि देश में ‘गंगा जमुना तहजीब ( जिसका अर्थ कट्टरपंथियों के लिए हिंदू स्थलों पर नमाज पढ़ने का अधिकार है)’ के वाहक जैसे अब तक मुस्लिम रहे हैं। वैसे ही वही लोग इस अभियान को आगे तक लेकर जाएँ। हिंदुओं पर ज्यादा भार न पड़े। 

आपने ये तस्वीरें देखी हैं क्या- किस तरह देश में सैंकड़ों मस्जिद होने के बाद भी मुस्लिम समुदाय के लोग खुली सड़क, सोसायटी के पार्क, शहर के मॉल में नमाज पढ़ लेते हैं। इतना ही खबरें देखें तो पता चलेगा समुदाय के लोग कई बार अपनी इबादत, हिंदुओं के पूजा स्थल के आस-पास और उसके अंदर घुसकर भी अदा कर देते हैं।

इसके अलावा गणपति पंडाल में जाकर भी समुदाय विशेष नमाज अदा कर चुका है। गुजरात के मंदिर समेत कई मंदिरों में इफ्तार की खबरें भी आती रहती हैं।

हिंदू अपने धार्मिक स्थल को लेकर लिबरल होता है। लेकिन जब ईदगाह में गणपति पंडाल लगाने की माँग करता है तो उसे कोर्ट में लड़ाई लड़नी पड़ती है। मजहबी भावनाएँ आहत करने का इल्जाम उस पर लगाया जाता है। ये भावना तब आहत नहीं होती क्या जब पूजा स्थल पर बकरीद के समय गोश्त फेंका जाता है।

हिंदुओं को क्या करना चाहिए (राना अयूब के अनुसार)

क्या केवल हिंदुओं के कंधे पर ऐसे भाईचारे को बढ़ाने का दबाव है। क्या केवल उन्हें सहिष्णु होने की सलाह दी जाएगी। ईदगाह ऐसी जगह है जहाँ बच्चे क्रिकेट से लेकर फुटबॉल खेलते हैं। समय-समय पर तरह-तरह के कार्यक्रम होते हैं। मगर हिंदू इसमें पंडाल लगाने की माँग कर दे तो केवल मुस्लिम ही नहीं पूरी लिबरल जमात उन पर टूट पड़ती है। उन्हें तब याद नहीं आता कि कैसे हिंदुओं के राम लीला मैदान का प्रयोग वो धरना आदि के लिए सालों से करते रहे हैं। लेकिन हिंदू कभी उन्हें कुछ कहने नहीं गया। क्या सेकुलरिज्म को बचाने की जिम्मेदारी सिर्फ हिंदुओं पर है कि वो धर्म की आहुति देकर इसकी रक्षा करें। राम नवमी-हनुमान जयंती पर यात्रा निकलने पर पत्थर खाएँ और फिर ये सुनें कि उनके जवाब देने से माहौल बिगड़ा।

बात नहीं किया तो अरमान अली ने नाबालिग हिन्दू छात्रा को मारी गोली: इंस्टाग्राम पर नाम बदल की थी दोस्ती, करता था पीछा

दिल्ली के संगम विहार में 16 साल की एक नाबालिग लड़की की हत्या करने के प्रयास में दो आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं, इस घटना का मुख्य आरोपित अरमान अली अभी भी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दे रही है।

दरअसल, दिल्ली के देवली रोड स्थित कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल में 11वीं पढ़ने वाली 16 साल की नैना मिश्रा को अरमान अली ने 25 अगस्त 2022 को स्कूल से लौटने के दौरान गोली मार दी थी। गोली लड़की के कंधे में लगी है।

नैना मिश्रा ने पुलिस को बताया कि अरमान अली ने दो साल पहले से उससे सोशल मीडिया साइट इंस्टाग्राम पर नाम बदलकर दोस्ती की थी। लड़की का कहना था कि पिछले 5-6 महीने से वह अली से बात नहीं कर रही थी। इसके बाद अली ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया।

नैना मिश्रा ने पुलिस को बताया कि 25 अगस्त को वह स्कूल से लौट रही थी। उसे लगा कि कुछ लोग उसका पीछा कर रहे हैं। जब वह संगम विहार के बी-ब्लॉक पहुँची तो अरमान अली ने अपने दो अन्य साथियों के साथ उस पर फायरिंग कर दी। इसके बाद वे सब फरार हो गए।

वहीं, सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति खुद को नैना मिश्रा का पिता बता रहा है और अपने दर्द और मजबूरी को लोगों के साथ साझा कर रहा है। वीडियो शख्स कह रहा है, मेरा नाम पंकज मिश्रा है। मैं ब्राह्मण समाज से बिलॉन्ग करता हूँ। मेरी बिटिया नैना मिश्रा स्कूल से अपनी माँ के साथ आ रही थी। अली नाम का एक मुस्लिम लड़का, जो काफी दिनों से उसे तंग करता था, स्कूल से आते वक्त पीछे से उसे गोली मार दी।”

वीडियो में खुद को पीड़िता का पिता कहने वाले शख्स ने समाज से इस मामले में सहयोग माँगा है। वीडियो में शख्सस कहता सुनाई दे रहा है, “समाज से मेरी यही विनती है कि आप ज्यादा से ज्यादा सहयोग करें मुझे।”

घायल नैना को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, हमला करने वाले दो आरोपितों बॉबी और उसके एक साथी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं, अरमान अली फरार है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ IPC की धारा 307 और 34 के तहत मुकदमा दायर किया है।

गिरफ्तार आरोपितों के पास से पुलिस ने दो देशी कट्टा, दो जिंदा एवं एक खाली कारतूस बरामद किया है। इस मामले में दिल्ली महिला आयोग (DCW) ने 26 अगस्त 2022 को दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया था और इस मामले में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट माँगी थी।

वहीं, छात्रा के चाचा का कहना है कि जून के अंतिम सप्ताह में इस संबंध में आरोपित के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी गई थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके चलते आरोपित का हौसला बढ़ता गया और उसने एक दिन गोली मार दी।

पीड़िता के चाचा का कहना है कि अगर पुलिस समय पर कार्रवाई करती तो छात्रा पर हमला नहीं होता। बता दें कि मुख्य आरोपित अरमान अली के अभी भी फरार होने को लेकर हिंदू संगठनों में गुस्सा है।  

बता दें कि झारखंड के दुमका में ऐसी एक घटना सामने आई है, जिसमेें दोस्ती नहीं करने पर शाहरुख हुसैन नाम के शख्स ने 16 साल की एक हिंदू लड़की पर पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। कई दिनों तक अस्पताल में जिंदगी और मौत से जुझने के बाद अंकिता सिंह नाम की उस लड़की की मौत हो गई।

छात्रों ने पूर्व प्राचार्य समेत शिक्षकों को पेड़ से बाँध कर पीटा: झारखंड CM के गृह जिले में एक और हिंसक घटना, शाहरुख़ ने अंकिता को जला कर मार डाला था

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के गृह जिले दुमका से एक और हिंसक घटना सामने आई है। दुमका के गोपीकांदर पहाड़िया आवासीय स्कूल के छात्रों ने सोमवार (29 अगस्त, 2022) को शिक्षक और लिपिक की सिर्फ इसलिए पिटाई कर दी क्योंकि उन्हें प्रैक्टिकल में कम नंबर दिए गए थे और वे फेल हो गए थे।

दुमका के गोपीकांदर पहाड़िया आवासीय स्कूल में 9वीं और 10वीं कक्षा के छात्रों को प्रैक्टिकल परीक्षा में कम नंबर मिले थे। इस कारण 11 छात्र फेल हो गए थे। फेल हुए ये छात्र स्कूल के पूर्व प्राचार्य एवं वर्तमान में गणित शिक्षक कुमार सुमन से इस बारे में बहस कर रहे थे। लेकिन, इस दौरान हो रही बहस ने हिंसक रूप ले लिया।

इसके बाद इन छात्रों ने गणित के शिक्षक कुमार सुमन, प्रधान लिपिक सुनीराम चौड़े और अचिंतो कुमार मल्लिक को पहले तो आम के पेड़ में बाँध दिया और फिर जमकर पिटाई कर दी। छात्रों ने आरोप लगाते हुए कहा है कि शिक्षक कुमार सुमन ने प्रैक्टिकल परीक्षा में कम नंबर दिए हैं, जिस कारण 11 छात्र फेल हो गए हैं।

छात्रों और शिक्षकों के बीच हुए इस विवाद और मारपीट की जानकारी जब गोपीकांदर प्रखंड के बीडीओ अनंत कुमार झा और प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सुरेंद्र हेंब्रम तक पहुँची तो दोनों ही हरकत में आ गए। इसके बाद उन्होंने, गोपीकांदर के थाना प्रभारी नित्यानंद भोक्ता व पुलिस बल को साथ लिया और स्कूल पहुँचते हुए स्थिति को नियंत्रित किया।

इस पूरे मामले में प्रशासन ने कार्यवाही करते हुए दोनों कक्षाओं (9वीं और 10वीं) के लगभग 40 छात्रों को निष्कासित कर दिया है और अभिभावकों को बुलावा भेजा है। इसके अलावा, बताया जा रहा है कि विवाद और मारपीट के बाद स्कूल के शिक्षकों के कहने पर पीड़ित शिक्षक, लिपिक तथा छात्रों के बीच आपसी समझौता करवाया गया है।

गोपीकांदर के थाना प्रभारी नित्यानंद भोक्ता ने इस मामले में कहा है कि मारपीट के कारण शिक्षक कुमार सुमन को चोट आई है। उनका प्राथमिक उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपीकांदर में कराया गया है। साथ ही, छात्रों को कड़ी हिदायत दी गई है कि यदि भविष्य में ऐसी कोई भी घटना हुई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

‘कुपोषण से निपटने के लिए भजन-कीर्तन का भी हुआ इस्तेमाल’: PM मोदी ने दिया दतिया का उदाहरण, लिबरल गिरोह फैलाने लगा प्रपंच

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 28 अगस्त, 2022 को ‘मन की बात (Mann Ki Baat)’ कार्यक्रम में लोगों से कुपोषण उन्मूलन के प्रयासों में शामिल होने का आग्रह किया। उन्होंने देश को संबोधित करते हुए बताया कि भारत में कुपोषण के खतरे से निपटने के लिए क्या-क्या अनोखे प्रयास किए जा रहे हैं। हालाँकि, मध्य प्रदेश के दतिया का उन्होंने एक उदाहरण भी इस दौरान दिया, जिसे लिबरल गिरोह ने गलत ढंग से पेश करने का प्रयास किया।

पीएम मोदी (PM Modi) ने मन की बात कार्यक्रम में असम के बोंगाईगाँव के बारे में बात करते हुए कहा कि वहाँ एक दिलचस्प परियोजना ‘प्रोजक्ट संपूर्ण‘ चलाई जा रही है। इस योजना का उद्देश्य कुपोषण के खिलाफ लड़ाई है और इस लड़ाई का तरीका बहुत की खास है। इसके तहत किसी आँगनबाड़ी केंद्र के स्वस्थ बच्चे की माँ एक कुपोषित बच्चे की माँ से हर सप्ताह मिलती है और पोषण से संबंधित हर जानकारियों पर उससे चर्चा करती है।

उन्हों कहा, “एक माँ दूसरी माँ की मित्र बनकर उसकी मदद करती है। उसे सीख देती है। इस प्रोजेक्ट की मदद से इस क्षेत्र में एक साल में 90 प्रतिशत से ज्यादा बच्चों में कुपोषण दूर हुआ है।”

इसके बाद पीएम मोदी ने मध्य प्रदेश के दतिया जिले के बारे में बात की। पीएम मोदी ने कहा कि क्या आप कल्पना कर सकते हैं कि कुपोषण को दूर करने में गीत, संगीत और भजन का भी इस्तेमाल हो सकता है। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश के दतिया जिले में ‘मेरा बच्चा अभियान‘ में इसका सफलतापूर्वक प्रयोग किया गया। उन्होंने जानकारी दी, “इसके तहत जिले में भजन-कीर्तन आयोजित किए गए, जिसमें पोषण गुरु कहलाने वाले शिक्षकों को बुलाया गया। यहाँ एक मटका कार्यक्रम भी हुआ। इसमें महिलाएँ आँगनबाड़ी केंद्र के लिए मुट्ठीभर अनाज लेकर आती हैं और इसी अनाज से हर शनिवार को बाल भोज का आयोजन होता है। इससे आँगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति बढ़ने के साथ ही कुपोषण भी कम हुआ है।”

ध्यान दीजिए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐसा नहीं कहा कि भजन-कीर्तन से कुपोषण ख़त्म हो गया, बल्कि उन्होंने बताया कि कैसे कुपोषण ख़त्म करने और पोषण के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए भजन-कीर्तन का भी प्रयोग किया गया।

पीएम मोदी ने कहा कि इसी तरह झारखंड के गिरिडीह में भी कुपोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए अनोखा अभियान चल रहा है। गिरीडीह में साँप-सीढ़ी का एक गेम तैयार किया गया है। इसमें बच्चों को खेल के माध्यम से पोषण के बारे में अच्छी और बुरी आदतों के बारे में सिखाया जाता है। पीएम के शब्दों में, “मैं आपकों कुपोषण दूर करने वाले इन नए-नए प्रयोगों के बारे में इसलिए बता रहा हूँ, क्योंकि हम सबको आने वाले महीने में इन अभियानों से जुड़ना है।” 32.5 मिनट के वीडियो में पीएम मोदी ने 12 से 14.23 मिनट के बीच ये बातें कहीं।

पोषण माह


पीएम मोदी ने कहा कि सितंबर का महीना कुपोषण से लड़ने के अभियान के तौर पर ‘पोषण माह’ के तौर पर मनाया जाएगा। प्रौद्योगिकी का बेहतर उपयोग और जन भागीदारी भी पोषण अभियान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है। देश में लाखों आँगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मोबाइल डिवाइस उपलब्ध कराने से लेकर आँगनबाड़ी सेवाओं की पहुँच की निगरानी के लिए एक पोषण ट्रैकर भी लॉन्च किया गया है। उन्होंने कहा कि सभी ‘आकांक्षी जिलों’ और उत्तर पूर्व के राज्यों में 14 से 18 साल की लड़कियों को भी ‘पोषण अभियान’ के दायरे में लाया गया है। कुपोषण का समाधान सिर्फ इन्हीं तक सीमित नहीं है। इस लड़ाई में कई अन्य पहल भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। 

‘धारवाड़ ईदगाह मैदान में होगा गणेशोत्सव’: कर्नाटक हाईकोर्ट ने कहा- मुस्लिम पक्ष जमीन का मालिक नहीं पट्टेदार है, कड़ी सुरक्षा के बीच मूर्ति स्थापित

कर्नाटक हाईकोर्ट (Karnataka High Court) के आदेश के बाद बुधवार (31 अगस्त 2022) को हुबली-धारवाड़ के ईदगाह मैदान (Hubli-Dharwad Idgah Maidan) में भगवान गणेश की मूर्ति स्थापित की गई। यहाँ कड़ी सुरक्षा के बीच त्योहार मनाया जाएगा। 

दरअसल, कर्नाटक हाईकोर्ट ने मंगलवार (30 अगस्त 2022) की रात 10 बजे सुनवाई करते हुए ईदगाह मैदान में गणेश उत्‍सव मनाने की अनुमति दी। कोर्ट ने धारवाड़ के नगरपालिका आयुक्त के आदेश को बरकरार रखा। नगर आयुक्त ने ईदगाह मैदान में गणेशोत्सव आयोजित करने की अनुमति दी थी।

जस्टिस अशोक एस किनागी ने अपना फैसला सुनाते हुए कहा कि विवादित संपत्ति पर धारवाड़ नगरपालिका का मालिकाना हक है। याचिकाकर्ता प्लॉट का लाइसेंसधारी है, जिसके पास केवल रमजान और बकरीद पर नमाज अदा करने की अनुमति है।

अंजुमन-ए-इस्लाम ने नगर आयुक्त के आदेश को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी, जिसमें हिंदू संगठनों को गणेशोत्सव के लिए बुधवार (31 अगस्त 2022) को ईदगाह मैदान में भगवान गणेश की मूर्तियाँ स्थापित करने की अनुमति दी गई थी।

पीठ ने याचिकाकर्ता के इस तर्क को सिरे से खारिज कर दिया कि यह संपत्ति पूजा स्थल अधिनियम 1991 के तहत आती है। अदालत के अनुसार, जमीन का उपयोग वाहन पार्किंग और वेंडिंग के लिए किया जाता है। वहीं, याचिकाकर्ता ने इस बात की पुष्टि के लिए कोई रिकॉर्ड पेश नहीं किया कि संपत्ति को पूजा स्थल के रूप में घोषित किया गया है।

कोर्ट की अनुमति मिलने के बाद श्रीराम सेना प्रमुख प्रमोद मुतालिक ने अपने समर्थकों के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान गणेश की मूर्ति स्थापित कर उनकी पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा, “हमने कानून का पालन करते हुए पूजा की। कुछ बदमाशों ने हमें रोकने की कोशिश की, लेकिन हमने भगवान गणेश की पूजा की, जो न केवल हुबली के लोगों के लिए बल्कि पूरे उत्तर कर्नाटक के लोगों के लिए खुशी की बात है।”

गौरतलब है कि कर्नाटक हाईकोर्ट से पहले मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट ने बेंगलुरु के चामराजपेट ईदगाह मैदान में गणेश चतुर्थी के आयोजन को लेकर यथास्थिति बनाए रखने के आदेश दिए थे। यानी, उस मैदान पर गणेश चतुर्थी त्योहार का आयोजन नहीं किया जाए।

‘सेन्ट्रल मुस्लिम एसोसिएशन ऑफ कर्नाटक’ ने राज्य सरकार के खिलाफ ये याचिका दायर की थी, ताकि आयोजन को रोका जा सके। मुस्लिम एसोसिएशन के साथ-साथ कर्नाटक सरकार के खिलाफ वहाँ के वक्फ बोर्ड ने भी अदालत का दरवाजा खटखटाया था।

उनका दावा है कि बेंगलुरु का ईदगाह मैदान वक्त की संपत्ति है। फैसला सुनाने वाले जजों में इंदिरा बनर्जी, एएस ओका और एमएम सुंदरेश शामिल थे। शाम के 6:20 बजे इस सम्बन्ध में आदेश दिया गया था।