Home Blog Page 2689

वाराणसी में ब्लास्ट करने वाले वलीउल्लाह को कानूनी मदद देगा जमीयत, मिली है फाँसी की सज़ा: अखिलेश यादव वापस लेना चाहते थे मुकदमा

जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी आतंकी वलीउल्लाह की फाँसी की सजा के खिलाफ हाई कोर्ट जाएँगे। मदनी ने कहा कि उन्हें देश की उच्च अदालतों पर पूरा यकीन है। इसलिए वह निचली अदालत के फैसले को हाई कोर्ट में चुनौती देंगे। उन्होंने आगे कहा कि ऐसे कई मामले हैं, जिनमें निचली अदालतों ने सजाएँ दीं, मगर जब वे मामले उच्च न्यायालय में गए तो पूरा इंसाफ हुआ।

उन्होंने कहा कि इसका एक बड़ा उदाहरण अक्षरधाम मंदिर हमले का है, जिसमें निचली अदालत ने मुफ्ती अब्दुल कय्यूम समेत तीन लोगों को फाँसी और चार लोगों को आजीवन कारावास की सजा दी थी। लेकिन जमीयत की कानूनी सहायता से जब यह मुकदमा सुप्रीम कोर्ट में पहुँचा तो ये सारे लोग न केवल सम्मानपूर्वक बरी हुए, बल्कि निर्दोषों को आतंकवाद के आरोप में फँसाने पर अदालत ने गुजरात पुलिस को कड़ी फटकार भी लगाई थी।

मालूम हो कि गाजियाबाद की विशेष सेशन कोर्ट के जज जितेंद्र कुमार सिन्हा ने सोमवार (6 जून, 2022) को 2006 में वाराणसी के संकट मोचन मंदिर में हुए सीरियल बम विस्फोट के दोषी वलीउल्लाह को फाँसी की सजा सुनाई थी। वलीउल्लाह यूपी के फूलपुर का रहने वाला है। जमीयत उलमा-ए-हिंद पिछले 10 सालों से उसे कानूनी सहायता मुहैया करा रहा है।

अखिलेश ने वलीउल्लाह का मुकदमा वापस लेने का फैसला लिया था

गौरतलब है कि वाराणसी में 7 मार्च, 2006 को बम ब्लास्ट हुआ था। 2012 में बनी समाजवादी पार्टी की सरकार ने इस मामले के आरोपित ‘मुस्लिमों’ पर से केस हटाने के लिए कदम उठाए थे। इसके खिलाफ हाई कोर्ट में याचिका दायर की गई थी। कई जिलों की अदालतों में आरोपितों के खिलाफ मामले चल रहे थे। याचिका में कहा गया था कि राज्य सरकार के कदम से बम ब्लास्ट की साजिश रचने वालों को और प्रोत्साहन मिलेगा। इस मामले में बम स्टोर करके रखने वाले वहीदुल्लाह और शमीम को उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव रिहा करने की योजना बना रहे थे।

इलाहाबाद हाई कोर्ट ने सपा सरकार को फटकार लगाते हुए कहा था कि सरकार कैसे ये निर्णय ले सकती है कि कौन आतंकवादी है और कौन नहीं। हाई कोर्ट ने कहा था कि ये निर्णय अदालत का है। उच्च-न्यायालय ने पूछा था कि क्या सरकार ऐसे कदम उठा कर आतंकवाद को बढ़ावा देना चाहती है। आज मामले वापस लिए जा रहे और कल उन्हें पद्मा भूषण दे दिया जाएगा!

ज्ञानवापी विवादित ढाँचे के सर्वे का आदेश देने वाले जज रवि दिवाकर को मिली जान से मारने की धमकी, बढ़ाई गई सुरक्षा

ज्ञानवापी विवादित ढाँचे के मामले में जारी सुनवाई के बीच अब एक नया विवाद खड़ा हो गया है। इस पूरे मामले में ज्ञानवापी परिसर के सर्वे करने का आदेश देने वाले जज रवि दिवाकर को अब जान से मारने की धमकी मिली है।

दरअसल, जज रवि दिवाकर ने वाराणसी में ज्ञानवापी विवादित ढाँचे में एडवोकेट कमिश्‍नर की कार्यवाही का आदेश दिया था। वहीं अपने फैसले के बाद उन्‍होंने खुद को इस प्रकरण को लेकर परिवार में चिंता की बात भी पहले ही कही थी। अब उनको जान से मारने की धमकी मिलने के बाद उनकी सुरक्षा को लेकर शासन स्‍तर से जाँच करने के साथ ही‍ कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

मामले में कमिश्नर ए सतीश गणेश ने कहा कि मंगलवार (7 जून, 2022) को दिन में जज रवि दिवाकर को धमकी भरा एक पत्र रजिस्टर्ड पोस्ट से मिला है, जिसमें कुछ और भी कागज संलग्न हैं। हालाँकि इसकी जानकारी उन्होंने बाद में पुलिस को दी।

धमकी भरे पत्र में लिखा गया है, “अब न्यायाधीश भी भगवा रंग में सराबोर हो चुके हैं। फैसला उग्रवादी हिंदुओं और उनसे जुड़े संगठनों को प्रसन्न करने के लिए सुनाते हैं। इसके बाद ठीकरा विभाजित भारत के मुसलमानों पर फोड़ते हैं। आप न्यायिक कार्य कर रहे हैं। आपको सरकारी मशीनरी मिली है, फिर आपकी पत्नी व माँ को डर कैसा है? आजकल न्यायिक अधिकारी हवा का रूख देखकर चालबाजी दिखा रहे हैं। आपने वक्तव्य दिया था कि ज्ञानवापी मस्जिद परिसर का निरीक्षण एक सामान्य प्रक्रिया है। आप भी तो मूर्तिपूजक हैं। आप मस्जिद को मंदिर घोषित कर देंगे। कोई भी काफिर मूर्तिपूजक हिंदू न्यायाधीश से मुसलमान सही फैसले की उम्मीद नहीं कर सकता।”

जैसे ही जज को धमकी की खबर सामने आई प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। वहीं बताया जा रहा है कि ये धमकी किसी इस्लामिक आजाद मूवमेंट नामक संस्‍था की ओर से दी गई है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, धमकी भरे उस पत्र के बारे में न्यायाधीश रवि दिवाकर ने प्रमुख गृह सचिव को जानकारी दी है। जिसके बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

गौरतलब है कि न्यायाधीश रवि दिवाकर सिविल सीनियर डिवीजन वाराणसी कोर्ट में कार्यरत हैं। वहीं अब धमकी वाले मामले को डीसीपी वरुणा खुद देख रहे हैं। फ़िलहाल जज की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

बंगाल पुलिस ने गोवा पहुँच कर YouTuber को किया गिरफ्तार, फेसबुक लाइव में CM ममता बनर्जी पर टिप्पणी का मामला: रिमांड पर लेने की तैयारी

YouTuber रोडुर रॉय को कोलकाता पुलिस ने ममता बनर्जी के खिलाफ एक वीडियो अपलोड करने के आरोप में गोवा से गिरफ्तार कर लिया है। कहा जा रहा कि वीडियो में उन्होंने 5 जून को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी के खिलाफ विवादित बयान दिया था।

वहीं एक दूसरी रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि कोलकाता पुलिस की एक टीम ने मंगलवार की दोपहर में फेसबुक लाइव सेशन के दौरान बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी के खिलाफ अपशब्दों के इस्तेमाल के आरोप में गोवा से एक व्लॉगर रोडुर रॉय को गिरफ्तार किया है।

कोलकाता पुलिस के अधिकारी ने मीडिया को बताया, “आरोपित यू ट्यूबर रोडुर रॉय को आज दोपहर गोवा में हमारे अधिकारियों ने गिरफ्तार किया। उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता लाया जाएगा। इसके लिए हमारे अधिकारी उसे उसके रिमांड के लिए वहाँ की एक स्थानीय अदालत में पेश करेंगे।”

बता दें कि टीएमसी के प्रवक्ता रिजू दत्ता ने रविवार को चितपुर पुलिस स्टेशन में यू ट्यूबर व्लॉगर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज कराई थी। कहा जा रहा है कि ब्लॉगर ने ममता बनर्जी और डायमंड हार्बर के सांसद के अलावा फरहाद हकीम और मदन मित्रा जैसे कई अन्य टीएमसी नेताओं के खिलाफ भी विवादित टिप्पणी की है।

टीएमसी प्रवक्ता रिजू दत्ता ने कहा, “टीएमसी सांसद शांतनु सेन ने पहले पुलिस आयुक्त के पास शिकायत दर्ज कराई थी, जबकि मैंने रॉय के खिलाफ चितपुर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी और राज्य के मंत्री फिरहाद हकीम और विधायक मदन मित्रा सहित अन्य टीएमसी नेताओं को गाली दी थी।”

हालाँकि, यह पहली बार नहीं है जब पश्चिम बंगाल सरकार में किसी यू ट्यूबर ब्लॉगर के खिलाफ कार्रवाई हुई हो। वहीं मीडिया रिपोर्ट में यह भी कहा जा रहा है कि यू ट्यूबर ने सिंगर केके के अंतिम संगीत कार्यक्रम में कथित कुप्रंधन के लिए सत्तारूढ़ पार्टी टीएमसी को दोषी ठहराया था। बता दें कि बॉलीवुड सिंगर केके सभागार में अपनी परफॉर्मेंस के दौरान तुरंत गिर गए थे और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।

महादेव के इन भक्तों के सामने फेल हुए ईसाई मिशनरी, धर्मांतरण के जाल में नहीं फँस रही आदिवासी गोंड जनजाति: संघर्ष कर बचा रहे संस्कृति

झारखंड में आदिवासी समाज हमेशा से ईसाई मशीनरी के निशाने पर रहा है। उनकी अशिक्षा और गरीबी का फायदा उठाकर उन्हें तरह-तरह के प्रलोभन देकर उनका धर्मांतरण किया जाता रहा है। वहीं, आदिवासी समाज में कई जनजातीय समूह ऐसे भी हैं, जिन्होंने अपनी परंपरा, संस्कृति और संस्कारों से कभी भी समझौता नहीं किया है। गोंड जनजाति भी इन्हीं में एक है।

दैनिक जागरण के मुताबिक, झारखंड के ईसाई बहुल आबादी वाले सिमडेगा जिले में बड़े पैमाने पर आदिवासियों का धर्मांतरण हुआ है, लेकिन यहाँ ईसाई मिशनरियों के लिए गोंड जनजाति के लोगों का धर्म परिवर्तन करना बहुत ही मुश्किल रहा है। तमाम विपरीत परिस्थितियों और संघर्षों के बावजूद इस जनजाति के लोग अपने पारंपरिक मूल्यों को संरक्षित रखने में कामयाब रहे हैं।

सिमडेगा में पिछले करीब 40 वर्ष में गोंड जनजाति में धर्मांतरण के गिने-चुने मामले ही सामने आए हैं। अगर कोई धर्मांतरण हुआ भी है, तो बाद में समाज के लोगों ने उस शख्स की घर-वापसी करवा ली है। जिले भर में 54 हजार गोंड जनजाति के परिवार निवास करते हैं। ये जनजाति समूह में रहती है और सामूहिक रूप से निर्णय लेती है। इनकी पूजा पद्धति, रीति-रिवाज और संस्कृति में सनातन परंपरा का साफ नजर आती है।

शुरू से ही इस समाज के लोग भगवान शंकर को अपना आराध्य मानते हैं। यही नहीं सिमडेगा में तीन दशकों से गोंड समाज से भाजपा के विधायक भी रहे हैं। गजाधर गोंड, निर्मल कुमार बेसरा और विमला प्रधान 30 वर्षों से अधिक समय तक विधायक के रूप में निर्वाचित होते रहे हैं। ये तीनों जनप्रतिनिधि भी समाज को धर्मांतरण से बचाने के प्रयास करते रहे हैं।

गोंड महासभा की सलाहकार व भाजपा सरकार में मंत्री रहीं विमला प्रधान ने कहा, “गोंड समाज की भाषा-संस्कृति प्राचीन व समृद्ध है। हम सभी अपनी संस्कृति को लेकर बेहद गंभीर हैं। यही कारण है कि हमारे समाज के लोग धर्म परिवर्तन से बचे हुए हैं और अन्य जनजातियों की अपेक्षा गोंड समाज में धर्मांतरण बेहद कम हुआ है।”

‘अहिंसा से मिली आज़ादी’ वालों को जवाब है काशी के क्रांतिवीरों की गाथा, वो दौर जब मातृभूमि को समर्पित हुआ करते थे पत्रकार

क्रांतिदूत शृंखला के भाग-2 में काशी के गुमनाम क्रांतिकारियों का संवादमय वर्णन है। चंद्रशेखर आज़ाद अपनी संस्कृत शिक्षा के लिए काशी में काशी विद्यापीठ आते है। यही उनका कई महान क्रांतिवीरों से परिचय होता है। इनमें बिस्मिल, अशफ़ाक, सान्याल, लाहिड़ी आदि ने आजाद को क्रांति का पाठ पढ़ाया व बताया कि कौन-कौन माँ भारती के सपूत क्रांति के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम में अपना सर्वस्व न्योछावर कर चुके हैं तथा यह संग्राम कैसे चल रहा है।

इस क्रांति की लौ को आगे बढ़ाने के लिए क्या क्या करना पड़ा। संगठन कैसे बनता है। अंग्रेजों को उनकी ही भाषा में कैसे जवाब दिया जा रहा था। यह सब बातें इस भाग बड़े ही रोचक ढंग से संवादमय तरीकें से ये क्रांतिवीर चंद्रशेखर आजाद के सामने रखते हैं। इस भाग में अधिकांश बातें काशी के घाटों पर क्रांतिकारी मिलकर बड़ी ही चतुराई से अपने लक्ष्य को समझते व उसपर चर्चा करते है। इन चर्चाओं में आजाद अपने ज्वलंत व महत्वपूर्ण प्रश्नों से पाठकों को भी इन कथाओं से जोड़कर रखते है।

1910 से 1920 के आसपास काशी में कितने ही गुमनाम क्रांतिकारी अपने क्रांति अभियान पर अलग अलग समय पर मिलते है और क्रांति के माध्यम से कैसे अंग्रेजों को भारत से भगाना है, यह सब घटना क्रमवार में भी इस भाग में मनीष श्रीवास्तव द्वारा सरल भाषा व पाठ्यक्रम पुस्तक की तरह लिखा गया है। यहाँ यह ध्यान देना जरूरी है कि उस समय क्रांतिकारियों ने अपने इस मार्ग के लिए बड़ी मुश्किल से आम जनमानस को क्रांति मार्ग के लिए कोड़े खाकर व कितनी ही यातनाएँ सहकर तैयार किया था। वैसे यहाँ यह बताना भी जरूरी है कि शुरुआत में अधिकांश क्रांतिवीरों ने अहिंसा का ही मार्ग भारत को आजाद कराने के लिए अपनाया था। लेकिन, अंग्रेज भारतीयों को कुछ भी नहीं समझ रहें थे।

इसलिए, अंग्रेज बहरों को उनकी ही भाषा में जवाब दिया गया। इस भाग में ही घोष बाबू के अनुशीलन सिद्धांत पर गंभीर चर्चा की गई है। लेखक ने बड़े ही रोचक ढंग से बताया है कि घोष बाबू के अनुशीलन व बंकिम चंद्र जी के आनंद मठ से क्रांति की सशस्त्र क्रांति की शुरुआत हुई। राष्ट्रप्रेम की चिंगारी को आगे बढ़ाने में बंगाल क्रांति के विशेष महत्व पर प्रकाश डाला गया है। ना सिर्फ बम व बंदूक से क्रांति की लौ प्रज्वलित हुई, बल्कि कलम के माध्यम से भी जबरदस्त क्रांति की जा रही थी।

पत्रकारिता के माध्यम से क्रांति अपने चरम पर थी। उस समय के पत्रकारों ने अंग्रेजों की नींद उड़ा रखी थी। राष्ट्रवाद, मातृभूमि व राष्ट्रप्रेम पर लिखने के लिए दोहरे आजीवन कारावास तक की सजा कलम क्रांतिवीरों को भी दी जा रही थी। उस समय क्रांति की महत्ता पर जो बोला गया उसे पृष्ठ 74 पर लिखी गई इस पंक्ति से आसानी से समझा जा सकता है, “असली क्रांतिकारी ऐसे ही अपनी गति प्राप्त करेंगे आजाद। ध्यान रखना हम क्रांतिकारी हैं, नेता नहीं…!”

खुदीराम बोस व चाकी का शौर्यपूर्ण बलिदान पाठकों को अंदर तक झकझोर देता है। वहीं कलम की ताकत व हौसला तो देखें कि ‘स्वराज्य पत्र’ को निरंतर संपादित व प्रकाशित करने के लिए कितने ही कलम क्रांतिवीर बलिदान हो जाते हैं। इस भाग की विशेषता यह भी है कि इसमें इतने गुमनाम क्रांतिवीरों पर चर्चा की गई है कि मेरे जैसे पाठक के लिए यह सब बड़े ही आश्चर्य व ऊहापोह का विषय रहा। यहाँ हम इतने गुमनाम क्रांतिकारियों का नाम पढ़ते हैं और वहीं कुछ तथाकथित इतिहासकार अब भी यह कहते है कि अंग्रेज तो भारत छोड़कर अपने मन से गए थे! इसी तरह कुछ ‘परम बुद्धिजीवी’ हमेशा यह राग अलापते रहते है कि आजादी तो हमें अहिंसा के द्वारा मिली…!

जब हम क्रांतिदूत के ‘भाग-2 काशी’ को पढ़ते हैं तो स्वतंत्रता संग्राम की वास्तविक सच्चाई पता चलती है और साथ ही कई महान गुमनाम क्रांतिवीरों का स्वाधीनता के लिए संकल्प व समर्पण पढ़ते हुए आँखों में आँसू तक आ जाते हैं। वर्तमान युवा पीढ़ी के लिए यह शृंखला इसलिए महत्वपूर्ण है कि वह आसानी से स्वतंत्रता संग्राम का वास्तविक व सरल इतिहास इस शृंखला में पढ़ सकता है। लेखक का इस शृंखला को लिखने का भी यह उद्देश्य ही इस भाग को पढ़ने से ओर स्पष्ट हो रहा है। नया भारत इस शृंखला को जरूर पढ़े। इसके पहले भाग ‘झाँसी फाइल्स’ के बारे में आप यहाँ पढ़ सकते हैं।

(इस लेख को अधिवक्ता भूपेंद्र भारतीय ने लिखा है)

पैगंबर पर कार्टून प्रतियोगिता और कुरान पर लगे प्रतिबंध – जिस सांसद की यह चाहत, वो नूपुर शर्मा के साथ खड़ा

इस्लामिक कट्टरवाद के खिलाफ अक्सर अपने देश में कड़ा रुख अख्तियार करने वाले डच सांसद गीर्ट वाइल्डर्स (Geert Wilders) ने बीजेपी की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा के समर्थन में बात की है। वाइल्डर्स ने एक सीरीज में कई ट्वीट्स करते हुए कहा कि पैगंबर मुहम्मद के बारे में नूपुर शर्मा का बयान एक तथ्य है न कि कुछ झूठे आरोप।

“यह हास्यास्पद है कि अरब और इस्लामी देश भारतीय राजनेता नुपुर शर्मा के पैगंबर मुहम्मद के बारे में बोले गए सच से नाराज हैं, जिन्होंने वास्तव में आयशा से जब वह 6 साल की थी तब शादी की थी और जब वह 9 साल की थी तब शादी का उपभोग किया था। भारत माफी क्यों माँगता है?”

एक अन्य ट्वीट में, वाइल्डर्स ने कहा, “तुष्टिकरण कभी काम नहीं करता। यह केवल चीजों को और खराब करेगा। इसलिए भारत के मेरे प्यारे दोस्तों, इस्लामिक देशों से डरो मत। आजादी के लिए खड़े हों और अपने राजनेता नूपुर शर्मा का बचाव करने में गर्व और दृढ़ रहें जिन्होंने पैगंबर मुहम्मद के बारे में सच बोला था।”

वाइल्डर्स ने एक पाकिस्तानी मुस्लिम व्यक्ति द्वारा धमकी भरे मैसेज का स्क्रीनशॉट भी साझा किया, जिसने उन्हें मारने और ‘अमेरिका और यूरोपीय संघ को नष्ट करने’ की धमकी दी थी। वाइल्डर्स ने कहा कि उन्हें पाकिस्तानी और तुर्की मुस्लिमों से हर दिन ऐसी मौत की धमकी मिलती है जो ‘तथाकथित पैगंबर मुहम्मद’ के नाम पर मारना चाहते हैं और वह कभी भी सच बोलना बंद नहीं करेंगे।

गौरतलब है कि पैगंबर मुहम्मद के जीवन के बारे में नूपुर शर्मा के बयान को ‘ईशनिंदा’ और कई इस्लामी नेताओं द्वारा पैगंबर का अपमान माना गया था, जब ऑल्ट न्यूज़ के मोहम्मद जुबैर ने इसके खिलाफ अफवाह उड़ाते हुए लोगों को उकसाया था। उसका ऑनलाइन कैम्पेन और सोशल मीडिया टार्गेटिंग एक विवाद में परिणत हुआ और अंततः, खाड़ी के इस्लामी राष्ट्रों ने बयान की निंदा करना शुरू कर दिया। तब भारत सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह बयान उनका अपना था और सरकार का इसमें कोई हिस्सा नहीं है। वहीं इस विवाद के बाद शर्मा को भाजपा से निलंबित कर दिया गया है।

गीर्ट वाइल्डर्स और इस्लामी कट्टरवाद के खिलाफ उनका रुख

गीर्ट वाइल्डर्स लंबे समय से अपने देश में इस्लामी कट्टरवाद और कट्टरपंथियों के खिलाफ मुखर रहे हैं। एक सांसद के रूप में वह मॉस माइग्रेशन के भी विरोधी रहे हैं और संसद के अंदर कहा था कि बड़े पैमाने पर प्रवास (माइग्रेशन) के माध्यम से, सरकार “इस्लाम नामक एक मॉन्स्टर को देश में निमंत्रण दे रही है”।

एक साक्षात्कार में, वाइल्डर्स ने पहले भी कहा था, “मैं मुस्लिमों से नफरत नहीं करता, मैं इस्लाम से नफरत करता हूँ।” उन्होंने उसी साक्षात्कार में कहा, “इस्लाम कोई धर्म नहीं है, यह एक विचारधारा है, एक मंद संस्कृति की विचारधारा है।” जून 2018 में, वाइल्डर्स ने अपनी पार्टी के संसदीय कार्यालयों में आयोजित होने वाली ‘पैगंबर मुहम्मद कार्टून प्रतियोगिता’ की भी घोषणा की थी। बाद में अगस्त में, आतंकवादी हिंसा की धमकियों के बहुत फ़ैल जाने के बाद उन्हें इस कार्यक्रम को रद्द करने के लिए मजबूर होना पड़ा। उनकी हत्या के लिए कई इस्लामी नेताओं ने फतवा जारी किया था।

गीर्ट वाइल्डर्स ने फितना (Fitna) नाम की एक शॉर्ट फिल्म भी बनाई है। 17 मिनट की इस फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे कुरान अपने सभी अनुयायियों को घृणा करना सिखाता है। आतंकवाद, मूर्तिपूजा-विरोधी, महिलाओं के खिलाफ हिंसा, काफिरों के खिलाफ हिंसा, समलैंगिकों से नफरत आदि को इस फिल्म में मीडिया क्लिपिंग्स के जरिए दिखाया गया है।

फितना (Fitna) में कुरान के सुरा के चुनिंदा अंशों को लेकर इन पर बात की गई है। इस फिल्म की स्क्रीनिंग ब्रिटेन की संसद हाउस ऑफ लॉर्ड्स में की गई थी। गीर्ट वाइल्डर्स की इस फिल्म और उनकी राजनीति को देखें तो आप समझ जाएँगे कि क्यों वो कुरान को बैन करने की माँग करते हैं।

वहीं 2019 में, जुनैद नाम के एक पाकिस्तानी मुस्लिम व्यक्ति को वाइल्डर्स के खिलाफ हत्या की साजिश के लिए 10 साल जेल की सजा सुनाई गई थी। जुनैद ने एक फेसबुक वीडियो पोस्ट करते हुए कहा था कि वह वाइल्डर्स को जहन्नुम में भेजना चाहता है।

बता दें कि 58 वर्षीय डच सांसद वाइल्डर्स नीदरलैंड की संसद में पार्टी फॉर फ्रीडम के अध्यक्ष हैं। वह एक दक्षिणपंथी नेता हैं, जो विशेष रूप से मुस्लिम देशों से डच सरकार की आव्रजन नीतियों का मुखर रूप से विरोध करते रहे हैं, और उन्होंने यहाँ तक ​​​​कहा है कि वह चाहते हैं कि उनका देश यूरोपीय संघ को छोड़ दे। उन्होंने यूरोपीय संघ की संसद में एक संसदीय समूह बनाने के लिए फ्रांस के मरीन ले पेन जैसे अन्य रूढ़िवादी यूरोपीय नेताओं के साथ काम किया है, जिसमें अब 9 यूरोपीय संघ के देशों की पार्टियाँ हैं।

‘सोना तस्करी में शामिल हैं केरल CM पिनाराई विजयन और उनका परिवार’: स्वप्ना सुरेश का खुलासा, कहा – मेरी जान को ख़तरा

केरल सोना तस्करी (Gold Smuggling) मामले की मुख्य आरोपित स्वप्ना सुरेश ने मंगलवार (7 जून, 2022) को मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाए। कोच्चि की एक अदालत में पेश होने के बाद सुरेश ने मीडियाकर्मियों से बात करते हुए कहा कि विजयन डिप्लोमेटिक बैगेज की आड़ में सोने की तस्करी घोटाले में शामिल थे। उन्होंने दावा किया कि जब विजयन 2016 में दुबई में थे, तब उन्हें करंसी से भरा एक बैग भेजा गया था।

स्वप्ना सुरेश ने कहा, “इस मामले में मैंने अदालत से केरल के मुख्यमंत्री, उनके पूर्व प्रमुख सचिव एम. शिवशंकर, विजयन की पत्नी कमला, बेटी वीणा, उनके अतिरिक्त निजी सचिव सी.एम. रवींद्रन, पूर्व नौकरशाह नलिनी नेट्टो और पूर्व मंत्री के.टी. जलील की संलिप्तता के बारे में भी बताया है। साथ ही मैंने कोर्ट में अपनी सुरक्षा की माँग करते हुए याचिका भी दायर की है।”

इससे पहले सुरेश ने सोमवार (6 जून 2022) को कहा था, “मेरी जान को खतरा है। इसलिए मैंने अदालत को एक बयान देने का फैसला किया है। मैं सभी तथ्यों (सोने की तस्करी से संबंधित) और इसमें शामिल लोगों के नाम का खुलासा करूँगी।’’ गिरफ्तारी के 16 महीने बाद सुरेश को पिछले साल नवंबर में जेल से रिहा किया गया था। सुरेश को राष्ट्रीय जाँच एजेंसी (एनआईए) ने एक अन्य आरोपित संदीप नायर के साथ 11 जुलाई, 2020 को बेंगलुरु से हिरासत में लिया था।

खाड़ी देशों से 30 किलो सोने की तस्करी

केरल में सोना तस्करी का मामला जुलाई 2020 में सामने आया था। डिप्लोमेटिक बैगेज की आड़ में सोने की तस्करी का मामला स्वप्ना सुरेश से शुरू हुआ और फिर इसके तार मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के दफ्तर तक पहुँच गए। स्वप्ना सुरेश पर आरोप था कि उन्होंने फर्जी डाक्यूमेंट्स पेश कर के 2 जुलाई, 2020 को ‘डिप्लोमेटिक इम्युनिटी’ का प्रयोग कर के खाड़ी देशों से 30 किलो सोने की तस्करी की। इतना सारा सोना डिप्लोमैटिक बैग में भर कर लाया गया था। इसका खुलासा 6 जुलाई को तब हुआ, जब कस्टम के अधिकारियों ने यूएई कॉन्सुलेट के एक अधिकारी सरित से पूछताछ की, जो PRO के पद पर तैनात था। मीडिया में यह कहा जाता रहा है कि स्वप्ना को आईटी विभाग में इतना बड़ा पद दिए जाने के पीछे एम शिवशंकर का हाथ था।

उसको एक संवेदनशील स्पेस पार्क प्रोजेक्ट में काम दिया गया था, बावजूद इसके कि उनके खिलाफ पहले से ही क्राइम ब्रांच का एक मामला चल रहा था। साथ ही इंटेलिजेंस विंग ने भी उनके खिलाफ बयान दिया था, जिसे नज़रअंदाज़ कर दिया गया। कॉन्ग्रेस और भाजपा, राज्य के दोनों ही विपक्षी दलों ने कम्युनिस्ट सरकार पर स्वप्ना को बचाने का आरोप लगाया है। हालाँकि, कस्टम अधिकारियों ने स्वप्ना के आवास पर छापेमारी की थी।

‘लाइफ मिशन प्रोजेक्ट’ के लिए 1 करोड़ का कमीशन

उस वक्त स्वप्ना ने कहा था कि उनके अकाउंट से जो 1 करोड़ रुपए जब्त किए गए हैं, वो उन्हें केरल सरकार से ‘लाइफ मिशन प्रोजेक्ट’ के एजेंट के रूप में काम करने के लिए बतौर कमीशन मिले थे। ये केरल सरकार का फ्लैगशिप प्रोजेक्ट है जिसे 2017 में लॉन्च किया गया था। इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य था कि भूमिहीन और जिनके पास आवास नहीं है, ऐसे परिवारों को बसाया जाए और उनके लिए घर बनाए जाएँ। अब इसमें केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन का नाम इसीलिए आता है क्योंकि इस प्रोजेक्ट के मुखिया वही हैं और उन्होंने UAE की यात्रा भी की थी, ताकि इसके लिए 20 करोड़ का डोनेशन जुटा सकें।

UAE के ‘Red Crescent’ से उन्हें 20 करोड़ रुपए मिले थे, जिस पर सवाल उठाए गए थे। कॉन्ग्रेस का तो यहाँ तक आरोप था कि केरल सीएम के UAE जाने के बाद ही स्वप्ना सुरेश और IT सचिव एम शिवशंकर भी दुबई चले गए थे। ऐसे में विपक्षी नेताओं का सवाल था कि विजयन ने जो MoU पर हस्ताक्षर किए, वो कहाँ और किसकी मौजूदगी में किए। क्या उस समय वहाँ स्वप्ना सुरेश भी उपस्थित थी?

आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए तस्करी

गौरतलब है कि इस मामले को लेकर NIA ने अगस्त 2020 में खुलासा किया था कि पिछले 10 महीनों में केरल में लगभग 150 किलोग्राम सोने की तस्करी की गई थी। एजेंसी ने अदालत को बताया था कि जाँच में यह भी पता चला है कि तस्करी मुख्य रूप से आभूषण बनाने के लिए नहीं बल्कि आतंकी गतिविधियों के लिए की जाती थी, क्योंकि नकदी में लेन-देन करना मुश्किल हो गया था। एनआईए ने अदालत में यह भी बताया था कि आरोपितों ने सोना तस्करी के लिए यूएई दूतावास की सील और राजकीय चिन्ह से छेड़छाड़ कर अपराध को अंंजाम दिया।

‘बाबा की सरकार है, इसीलिए सब सही रहा’: हरी मस्जिद के आगे नहीं बढ़ पाई भीड़, कानपुर दंगे की ग्राउंड रिपोर्ट, चप्पे-चप्पे पर पुलिस

UP के कानपुर जिले के बेकनगंज इलाके में 3 जून 2022 को हिंसा भड़क गई थी। यह हिंसा भाजपा प्रवक्ता नूपुर शर्मा के उस बयान के विरोध में भड़की जिसमें उन्होंने कथित रूप से इस्लाम के पैगंबर का अपमान किया था। पुलिस जाँच में उपद्रव में PFI की संलिप्तता भी संभावित मिली। इसी के साथ पूरे केस में अब तक 50 आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं। कानपुर के शहर काजी ने दंगाइयों के घर पर बुलडोजर चलने की दशा में घरों से कफ़न बाँध कर निकलने का एलान किया है। ऑपइंडिया ने घटनास्थल बेकनगंज पर जा कर जमीनी पड़ताल की।

6 जून, 2022 को ऑपइंडिया की टीम सुबह लगभग 4 बजे कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुँची। वहाँ हालात सामान्य थे। रिश्ते और ऑटो वाले अलग-अलग स्थानों की सवारियाँ भरने में व्यस्त थे। साथ ही स्टेशन के बाहर चाय की दुकानों पर लोग बातचीत करते नजर आए।

कानपुर सेंट्रल स्टेशन के बाहर का दृश्य

बाहर चौराहे पर पुलिस की तैनाती थी। ढाबे और होटल वाले सुबह की तैयारी में बर्तनों को साफ करते दिखाई दिए। फ़िलहाल तब तक सड़क पर वाहनों की आवाजाही काफी कम थी।

चौराहा और तैनात पुलिसकर्मी

इस टाइम नहीं ले जा सकते बेकनगंज

हमने स्टेशन के बाहर खड़े एक बुजुर्ग रिक्शेवाले से घटनास्थल बेकनगंज चलने के लिए कहा। रिक्शेवाला ने हमें बड़ी हैरानी से देखा और बोला, “वहाँ PAC और पुलिस लगी हुई है। इस टाइम बहुत सवाल-जवाब करेंगे। तुम्हे जाना है तो हम सुबह पहुँचा देंगे। तब तक यहीं रुको। इस टाइम मै नहीं जाऊँगा वहाँ।” स्टेशन से बेकनगंज लगभग 2.5 किलोमीटर था। हम वहीं खड़े रहे। थोड़ी देर बाद वो हमसे आ कर बोला, “20 रुपए लेंगे पर सब्ज़ी मंडी तक ही चलेंगे।” हम तैयार हो गए। सब्ज़ी मंडी घटनास्थल से लगभग 1 किलोमीटर पहले है।

सब्जी मंडी के बाहर खड़े ठेले

रास्ते में हमने रिक्शेवाले से घटना की जानकारी ली तो उसने बताया, “अपनी दुकानों को बंद कर दिया उन्होंने, फिर दूसरों की दुकानों को तोड़ डाला।” बातों ही बातों में हम सब्ज़ी मंडी तक पहुँच गए जो थाना बादशाही नाका के ठीक सामने है। वहाँ चहल-पहल थी। लेकिन बेकनगंज की तरफ से पुलिस के वाहनों का लगातार आना-जाना लगा रहा। मंडी में हमने दुकानदारों से घटना के बारे में जानकारी लेने की कोशिश की पर सभी ने कैमरे पर बोलने से मना कर दिया।

छोटू की चाय की दुकान पर चल रही थी घटना की चर्चा

सब्जी मंदिर के दूसरी दिशा में प्रसिद्ध छोटू चाय वाले हैं। उनकी दुकान पर कई लोग चाय पीने के लिए जमा थे। उनमें से कई लोग बेकनगंज हिंसा पर चर्चा कर रहे थे। उन्ही में से एक ने कहा, “रात में फिर से दबिश पड़ी है। कुछ लोग पकड़े गए।” हमने उनमे से कुछ लोगों से बात की। उनका कहना था, “जहाँ आप खड़े हैं यहाँ तक हिन्दू अच्छी संख्या में रहते हैं। थोड़ी देर बाद आपको लगभग 500 मीटर बाद सड़क पर ही हरी मस्जिद दिखाई देगी। उसके बाद बेकनगंज तक हिन्दू न के बराबर हैं। भीड़ और हमला उसी हरी मस्जिद तक सीमित रहा। इधर उनकी (मुस्लिमों) की आबादी कम है। पुलिस भी लग गई थी इधर। इसलिए यहाँ तक वो (उपद्रवी) नहीं पहुँच पाए।”

छोटू की चाय की दुकान

उन लोगों में से एक अन्य ने कहा, “बाबा (योगी आदित्यनाथ) की सरकार है। इसलिए सब सही रहा।” छोटू टी स्टॉल पर भी हमें अंधेरे में घटनास्थल पर न जाने की सलाह दी गई इसलिए हमने वहीं पर उजाला होने की प्रतीक्षा की।

सड़क के ठीक किनारे है हरी मस्जिद

हिंसा और उपद्रव की जिस सीमा को हरी मस्जिद तक सीमित बताया गया वो हमें आगे चल कर दिखी। मस्जिद सड़क से सटी हुई बनी है। आम लोगों का आवागमन काफी कम दिखा वहाँ पर। रास्ते में जगह-जगह पुलिसकर्मी तैनात दिखे।

हरी मस्जिद

हरी मस्जिद के ठीक सामने ही समाजवादी पार्टी के नेता हाजी जियाउल हक के घर का बोर्ड लगा है। इस इलाके में बिजली के तार काफी अस्त व्यस्त हो कर इस दूसरे को क्रॉस करते दिखाई दिए।

परेड चौराहे पर भारी पुलिस बल तैनात

जिस परेड चौराहे पर भीड़ जमा हुई थी वहाँ भारी पुलिस बल तैनात था। पुलिस के साथ मौके पर एम्बुलेंस खड़ी दिखाई दी। सुबह लगभग 6 बजे के समय पर पुलिस बल को डिप्टी SP रैंक के 2 अधिकारी लीड करते नजर आए। उस क्षेत्र के चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर नसीम अख्तर के कार्यालय में दोनों अधिकारी बैठे दिखे। PAC की 26 वीं बटालियन का वाहन भी मौके पर दिखा। इस इलाके के ACP मोहम्मद अकमल खान है। साथ ही SHO बेकनगंज का नाम इंस्पेक्टर नवाब अहमद है। साथ ही चौकी प्रभारी का नाम नसीम अख्तर है।

परेड चौराहा पर तैनात पुलिस बल

स्थानीय लोगों से जानकारी मिली कि चौराहे का नाम परेड ग्राउंड ब्रिटिश काल से है। उस जगह पर ब्रिटिश फौजें परेड किया करती थीं। तब से अब तक वही नाम चला आ रहा है।

यतीमखाना के गेट पर फ़ोर्स तैनात

इस पूरे प्रकरण में जिस यतीमखाना का जिक्र लगभग सभी मीडिया रिपोर्ट्स में है, उसका गेट बंद मिला। बाहर पुलिस बल तैनात था। बगल में एक किराने की दूकान खुली थी जिस से कुछ पुरुष खरीदारी कर रहे थे। मौके पर सिर्फ पुलिस और PAC दिखी। पैरामिलिट्री के जवान नहीं दिखाई दिए। यद्यपि इन तमाम तैनात पुलिसकर्मियों और अधिकारियों में से किसी ने भी स्वयं को आधिकारिक बाइट देने के लिए अधिकृत नहीं बताया।

यतीमखाना

यतीमखाना के बारे में लोगों ने बताया कि यहाँ मुस्लिम समुदाय के अनाथ बच्चों को पाला जाता है। एक व्यक्ति ने ऑफ कैमरा बताया, “ये काफी पुराना है। मेरी उम्र लगभग 60 साल है और मैं इसे तब से देख रहा हूँ।’

इस घटना के बारे में स्थानीय लोगों द्वारा दी गई जानकारी हम अपनी अगली रिपोर्ट में प्रकाशित करेंगे।

जहीर इकबाल संग प्रेम में डूबी सोनाक्षी सिन्हा का ‘Love You’ पोस्ट वायरल: कभी ‘रामायण’ से जुड़ा जवाब न दे पाने पर पिटी थी भद्द, आज भी लोग लेते हैं मजे

बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल (Zaheer Iqbal) पिछले कुछ समय से अपनी लव लाइफ को लेकर सुर्खियों में है। अब उन्होंने अपने रिलेशनशिप की खबरों पर चुप्पी तोड़ी है। दोनों ने सोशल मीडिया पर खुल्लम-खुल्ला अपने प्यार का इजहार किया है।

हाल ही में सोनाक्षी सिन्हा (Sonakshi Sinha) ने अपना बर्थडे सेलिब्रेट किया। एक्ट्रेस के बर्थडे के कुछ दिन बाद जहीर ने इंस्टाग्राम पर एक खास वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में सोनाक्षी सिन्हा फ्लाइट में स्नैक्स का लुत्फ उठाती हुई नजर आ रही हैं। जहीर ने वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा है, “जन्मदिन मुबारक हो सोन्ज…शुक्रिया मुझे ना मारने के लिए… आई लव यू.. आपको ढेर सारा खाना, फ्लाइट्स, प्यार और खुशियाँ यूँ ही मिलती रहें।” इसके जरिए जहीर इकबाल ने पूरी दुनिया के सामने खुल्लम-खुल्ला अपने प्यार का इजहार कर डाला।

वहीं दूसरी ओर दबंग गर्ल ने भी बॉयफ्रेंड के इस पोस्ट पर रिप्लाई किया है। सोनाक्षी ने लिखा, “थैंक यू..लव यू और अब मैं तुम्हें मारने आ रही हूँ।” जहीर इकबाल और सोनाक्षी सिन्हा का ये पोस्ट देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। बॉलीवुड एक्ट्रेस पत्रलेखा, सिद्धार्थ मल्होत्रा, वरुण शर्मा, तारा सुतारिया और हुमा कुरैशी समेत कई सेलिब्रिटी ने उनके पोस्ट को लाइक किया है।

बता दें कि सोनाक्षी ने साल 2010 में सलमान खान के साथ ‘दबंग’ फिल्म से बॉलीवुड में अपना डेब्यू किया था और कुछ समय पहले वह केबीसी में रामायण से जुड़े सवाल का जवाब न दे पाने के कारण चर्चा में आई थीं। केबीसी में उनसे पूछा गया था कि हनुमान जी संजीवनी बूटी किसके लिए लाए थे? इस सवाल का जवाब सोनाक्षी नहीं दे सकी थीं जिसे देख यूजर्स ने उनका मजाक उड़ाया था।

दूसरी ओर, जहीर इकबाल ने 2019 में ‘नोटबुक’ फिल्म से बॉलीवुड में एंट्री की थी। अब ये दोनों ‘Double XL’ में एक साथ मुख्य भूमिका में नजर आएँगे। इस फिल्म में उनके साथ हुमा कुरैशी भी लीड रोल में होंगी। सतराम रमानी के निर्देशन में बनने वाली फिल्म इसी साल सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

गौरतलब है कि एक इंटरव्यू में सोनाक्षी सिन्हा ने जहीर इकबाल को अपना सबसे अच्छा दोस्त बताते हुए ‘नोटबुक (2019)’ फिल्म में उनके प्रदर्शन की सराहना की थी। उन्होंने अभिनेता को काफी प्रतिभावान बताते हुए उनके उज्जवल भविष्य की बात की थी और कहा था कि ‘Double XL’ उनकी डेब्यू फिल्म से काफी अलग होगी। उस दौरान दोनों ने अपने रिश्ते की पुष्टि नहीं की थी।

₹2.82 करोड़ कैश, 1.80 kg के सोने के सिक्के: जिस सत्येंद्र जैन के लिए ‘पद्म विभूषण’ चाहते थे केजरीवाल, उनके घर छापेमारी में ED को बड़ी सफलता

आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता व दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र कुमार जैन (Satyendra Kumar Jain) के ऊपर मनी लॉन्ड्रिंग केस में शिकंजा कसता जा रहा है। सोमवार (6 जून 2022) को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आम आदमी पार्टी के नेता के घर सहित उनके 7 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान ईडी ने 2.82 करोड़ की अघोषित नकदी व 1.80 किग्रा सोना बरामद किया है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आज दी गई सूचना में बताया गया है कि प्रवर्तन निदेशालय ने दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन और उनके सहयोगी के परिसरों में 6 जून को की गई एक दिन की छापेमारी के दौरान अस्पष्ट स्रोतों से पीएमएलए के तहत 2.82 करोड़ रुपए नकद और 1.80 किलोग्राम वजन वाले 133 सोने के सिक्के जब्त किए। आगे की जाँच जारी है।

बता दें कि ED ने मंगलवार को मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार को दिनभर चली यह कार्रवाई पीएमएलए के तहत की गई थी। इस बरामदगी के बाद दिल्ली की केजरीवाल सरकार और मुख्य विपक्षी भाजपा में घमासान बढ़ गया है। वहीं सत्येंद्र जैन कोलकाता की एक कंपनी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 9 जून तक ईडी की हिरासत में हैं।

पूरे मामले में भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने ट्वीट कर कहा, “सीएम केजरीवाल इन्हें (सत्येंद्र जैन) पद्मश्री देने की बात कर रहे थे। केजरीवाल के हिसाब से ये ईमानदार हैं। सत्येंद्र जैन का भ्रष्टाचार सिर्फ झलक है। असली चेहरा तो कोई और है।”

गौरतलब है कि सत्येंद्र जैन को ईडी ने 30 मई को धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया था। बाद में निचली अदालत ने उन्हें 31 मई को ईडी की हिरासत में भेज दिया था। इससे पहले लोअर कोर्ट ने पूछताछ के दौरान एक वकील की मौजूदगी की अनुमति दी थी। वकील को कुछ दूरी पर रहने की इजाजत दी गई थी, जहाँ से वह कुछ भी नहीं सुन सकता था, लेकिन देख सकता था कि क्या हो रहा था। हालाँकि बाद में दिल्ली हाई कोर्ट ने लोअर कोर्ट के इस आदेश पर रोक लगा दी थी।

क्या है पूरा मामला

गौरतलब है कि साल 2017 में आय से अधिक संपत्ति रखने के मामले में केंद्रीय जाँच ब्यूरो (CBI) ने मनी लॉन्ड्रिंग के तहत सत्येंद्र जैन के खिलाफ FIR दर्ज की थी। इसी शिकायत के आधार पर प्रवर्तन निदेशालय ने AAP नेता के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया था। इसमें ये आरोप लगाया गया था कि जिसमें जाँच एजेंसी ने ये आरोप लगाया था कि जैन चार कंपनियों से मिली फंडिंग के स्त्रोत का के बारे में नहीं बता सके थे। जबकि, वो उसमें शेयर होल्डर थे। इन कंपनियों ने कथित तौर पर 2010 से 2014 तक 16.39 करोड़ रुपए की मनी लॉन्ड्रिंग की थी।

साल 2019 में नवंबर में गृह मंत्रालय ने आय से अधिक संपत्ति और मनी लॉन्ड्रिंग से संबंधित मामलों में दिल्ली के मंत्री सत्येंद्र जैन के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी थी।

इसी साल अप्रैल 2022 में ED ने कार्रवाई करते करते हुए अकिंचन डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड और इंडो मेटल इंपेक्स प्राइवेट लिमिटेड व अन्य की 4.81 करोड़ रुपए की संपत्तियों को PMLA एक्ट 2002 के तहत जब्त कर लिया था। ED ने ये कार्रवाई आप मंत्री सत्येंद्र जैन, उनकी पत्नी पूनम जैन और अन्य के खिलाफ दर्ज आय से अधिक संपत्ति और मनी लॉन्ड्रिंग मामले के संबंध में की थी।