Home Blog Page 3520

अफगानिस्तान से सिखों को ही नहीं, गुरुग्रंथ साहिब भी ला रही मोदी सरकार: सिर पर पवित्र पुस्तकों को रख विमान का इंतजार

अफगानिस्तान से अपने नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए भारत लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में अफगान में फँसे हिंदू और सिखों की मदद भी की जा रही है। ताजा जानकारी के अनुसार अफगानिस्‍तान की राजधानी काबुल में फँसे भारतीय नागरिकों समेत 46 अफगान हिंदू और सिखों को एक विमान के जरिए भारत लाया जा रहा है। खास बात यह है कि वहाँ से ये लोग विमान में तीन श्री गुरुगंथ साहिब साथ में ला रहे हैं।

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, “भारतीय वायु सेना के विमान से अफगानिस्तान में फँसे भारतीय नागरिकों और 46 अफगान हिंदुओं और सिखों के साथ तीन श्री गुरु ग्रंथ साहिब को भारत लाया जा रहा है।”

वीडियो में देख सकते हैं कि कई सिख एक गाड़ी में बैठे हैं और कोई एक व्यक्ति श्री गुरु ग्रंथ साहिब की वीडियो रिकॉर्ड करते हुए बता रहा है कि वो लोग बस प्लेन में बैठने जा रहे हैं। वीडियो में देख सकते हैं कि भारत से मदद पाकर ये अफगानी सिख भारत सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेश मंत्रालय और पुनीत सिंह का आभार जता रहे हैं। सिखों का कहना है कि उनकी मदद करके उन्हें अफगानिस्तान से बाहर निकाला जा रहा है।

इसके अलावा एक तस्वीर सामने आई है जिसमें तीन सिख श्री गुरु ग्रंथ साहिब को सिर पर लेकर एयरपोर्ट पर प्लेन का इंतजार कर रहे हैं। इस तस्वीर को पिक्चर ऑफ द डे बता कर कई यूजर्स भावुक हो रहे हैं और ‘जो बोले सो निहाल’ कहते हुए भारत को आभार दे रहे हैं।

भाजपा कार्यकर्ता तजिंदर सिंह लिखते हैं, “अफ़गानिस्तान से श्री गुरु ग्रंथ साहिब का भारत लाया जाना भारत की ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ को मानने वाली संस्कृति का प्रतीक है जहाँ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार हर धर्म के हमारे भाइयों बहनों की आस्था, विश्वास और श्रद्धा के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है!”

बता दें कि इससे पहले भारत ने अफगान से अपने नागरिकों को निकालने के प्रयास में करीबन 400 लोगों को एयरलिफ्ट किया था। इनमें 60 अफगानी थे जिनमें 23 सिख और हिंदू थे। इनके अलावा इनमें वहाँ के दो सांसद (अनारकली होनारयार और नरेंद्र सिंह खालसा) भी शामिल थे। एक अफगान महिला ने भारत की जमीन पर कदम रखते ही भारत का धन्यवाद दिया था। महिला ने कहा था कि तालिबान ने उनका घर जला दिया। वो भारत की मदद के लिए धन्यवाद देती हैं।

खालसा ने रिपोर्टरों से बात करते हुए कहा, “भारत हमारा दूसरा घर हैं। चाहे हम अफगान में ही रहे लेकिन तब भी वहाँ के लोग हमें हिंदुस्तानी कहते थे। मैं इस मदद के हाथ के लिए धन्यवाद देता हूँ।” वह कहते हैं, “मुझे रोना आ रहा था। सब कुछ बर्बाद हो गया। देश छोड़ने का निर्णय बहुत ही दर्दनाक और दुखद था। ऐसा लगता है जैसे सब छिन गया।” वहीं होनरयार ने कहा, “मैं भारत का, पीएम मोदी का, विदेश मंत्रालय का, भारतीय वायुसेना का आभार व्यक्त करती हूँ कि उन्होंने काबुल से सब लोगों को लेकर उड़ान भरी और मेरी जान बचाई।”

पंजाब कॉन्ग्रेस की लड़ाई में पाकिस्तान की बल्ले-बल्ले: सिद्धू के सलाहकारों का ‘राष्ट्रविरोधी’ भांगड़ा, क्या टूटेगी आलाकमान की चुप्पी

पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने प्रदेश कॉन्ग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिद्धू के सलाहकारों द्वारा कश्मीर और पाकिस्तान पर दिए गए बयानों को गंभीरता से लिया है। उन्होंने इन सलाहकारों को सलाह दी कि वे अपनी भूमिका प्रदेश कॉन्ग्रेस अध्यक्ष सिद्धू को सलाह देने तक सीमित रखें और राष्ट्रीय महत्व के संवेदनशील विषयों पर बयान देने से बचें।

मुख्यमंत्री सिंह के अनुसार इन सलाहकारों के बयान न केवल कश्मीर और पाकिस्तान पर भारत की विदेश नीति और आधिकारिक दृष्टिकोण के विरुद्ध हैं, बल्कि राष्ट्र विरोधी भी हैं। अमरिंदर सिंह के अनुसार सिद्धू के सलाहकारों के ये बयान राज्य और देश में शांति और स्थिरता के लिए खतरनाक हैं। अमरिंदर सिंह ने कहा है कि सिद्धू के इन सलाहकारों को ऐसे विषयों पर नहीं बोलना चाहिए जिनकी उन्हें समझ नहीं है।

उनके अनुसार ये बयान कश्मीर और पाकिस्तान पर भारत और कॉन्ग्रेस पार्टी के आधिकारिक दृष्टिकोण के विरुद्ध हैं और देशहित के साथ-साथ दल के हित को क्षति पहुँचाने वाले हैं। उन्होंने सिद्धू ने अनुरोध भी किया कि इससे पहले कि उनके ये सलाहकार भारत के हितों को और नुकसान पहुँचाए, वे उन्हें ऐसा करने से रोकें क्योंकि उनके बयान पूरी तरह से राष्ट्रविरोधी हैं।

सिद्धू के सलाहकार प्यारे लाल गर्ग ने मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के उस बयान पर सवाल उठाया, जिसमें उन्होंने पाकिस्तान की यह कहते हुए आलोचना की थी कि वह राज्य में ड्रग और हथियार भेजकर अशांति फैलाना चाहता है। मुख्यमंत्री के इस बयान पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए गर्ग ने कहा था कि पाकिस्तान की आलोचना पंजाब के हित में नहीं है।

इसके पहले सिद्धू के एक और सलाहकार मलविंदर सिंह माली ने कश्मीर पर टिप्पणी करते हुए अपने एक फेसबुक पोस्ट में लिखा था कि भारत और पाकिस्तान दोनों ने कश्मीर पर अवैध कब्ज़ा कर रखा है। इसी पोस्ट में माली ने यह भी लिखा था कि अफगानिस्तान को तालिबान एक बेहतर शासन व्यवस्था देगा। माली के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और माली के ऐसे बयान से राष्ट्रहित को क्षति पहुँचती है।

सिद्धू के इन सलाहकारों के राष्ट्र विरोधी बयानों पर अमरिंदर सिंह से जैसी प्रतिक्रिया अपेक्षित थी, उन्होंने वैसी ही दी। इस बात से कौन भारतीय असहमत होगा कि उनके, कॉन्ग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व और सिद्धू के बीच आतंरिक राजनीतिक मुद्दे चाहे जैसे हों पर ऐसे बयानों का सार्वजनिक तौर पर विरोध होना चाहिए। हमें यह याद रखना आवश्यक है कि पंजाब भारत के सीमावर्ती राज्यों में सबसे महत्वपूर्ण है और पाकिस्तान वहाँ से निकलने वाले ऐसे बयानों को अपने प्रोपेगेंडा के लिए इस्तेमाल करता रहा है।

पर इन घटनाओं से जो प्रश्न उठते हैं वे कई दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। पहला प्रश्न यह उठता है कि पंजाब कॉन्ग्रेस में क्या सब कुछ ठीक है? यदि ऐसा नहीं है तो फिर दल के अंदर का राजनीतिक माहौल कितना खराब है? प्रदेश कॉन्ग्रेस अध्यक्ष के सलाहकार यदि मुख्यमंत्री के बयान पर ऐसी प्रतिक्रिया दें तो उसे कैसे देखा जाना चाहिए? यह प्रश्न भी उठता है कि सिद्धू या उनके सलाहकार के बयानों को कॉन्ग्रेस का केंद्रीय नेतृत्व कैसे देखता है और उसकी क्या प्रतिक्रिया हो सकती है?

सिद्धू के सलाहकार गर्ग का यह कहना कि मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह द्वारा पाकिस्तान की आलोचना पंजाब के हित में नहीं है, कितना सामान्य है? प्रश्न यह भी उठता है कि इसे किस सीमा तक उनका अपना बयान माना जाना चाहिए, खासकर तब जब अमरिंदर सिंह और सिद्धू के बीच के मतभेद सबको पता हैं। क्या यह संभव है कि पंजाब के मुख्यमंत्री द्वारा पाकिस्तान की आलोचना भारत के हित में तो है, पर पंजाब के हित में नहीं है? पंजाब क्या भारत से अलग है?

किसी भी आम भारतीय के मन में यह प्रश्न उठेगा ही कि प्रदेश कॉन्ग्रेस अध्यक्ष के सलाहकार का यह आचरण क्या खालिस्तान की वकालत करने वालों के आचरण के सामान नहीं है जो भारत और पंजाब के हितों में अंतर रखकर चलते हैं?

नवजोत सिंह सिद्धू और पाकिस्तान के वर्तमान राजनीतिक और सैनिक नेतृत्व के बीच नज़दीकियाँ जगजाहिर हैं। सिद्धू इसे लेकर काफी हद तक ढीठ रहे हैं और इसे अपना व्यक्तिगत मामला बताते हैं। कॉन्ग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने भी इसे लेकर अपनी तरफ से कभी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। पर ऐसा कैसे हो सकता है कि भारत के किसी भी नेता और पाकिस्तान के सैनिक और राजनीतिक नेतृत्व के बीच नज़दीकियाँ व्यक्तिगत हों? ऐसा भी नहीं है कि कॉन्ग्रेस पार्टी में सिद्धू अकेले ऐसे नेता नहीं हैं जो पाकिस्तान को लेकर ऐसे विचार रखते हैं।

भारतीय सेना या वायुसेना द्वारा पाकिस्तान में किए गए ऑपरेशन को लेकर इन नेताओं ने कैसे बयान दिए या कैसा आचरण किया, इसे पूरा देश जानता है। ऐसे में राज्य और देश की जनता के लिए यह जानना आवश्यक है कि जो दल उससे वोट माँगकर केंद्र या राज्य में सरकार बनाना चाहता है, उसका अपने नेताओं के ऐसे राजनीतिक आचरण या बयानों पर अपना दृष्टिकोण क्या है? अपनी सुविधानुसार अपने नेताओं के बयानों से दूरी बना लेना कॉन्ग्रेस आलाकमान की पुरानी राजनीतिक चाल रही है। पर पाकिस्तान के मामले में सिद्धू या अन्य नेताओं के आचरण को देश के भीतर किए जाने वाले आम राजनीतिक आचरण से अलग रखकर देखा जाएगा।

ऐसे में दल के लिए अपने नेताओं द्वारा पाकिस्तान या अन्य अंतरराष्ट्रीय विषयों पर दिए गए बयानों से अलग रखना अब कॉन्ग्रेस पार्टी के लिए आसान न होगा। मणिशंकर अय्यर हों, राहुल गाँधी हों या फिर नवजोत सिंह सिद्धू, कॉन्ग्रेस के नेताओं के ऐसे बयानों को पाकिस्तान अपने अंतरराष्ट्रीय प्रोपेगेंडा के लिए इस्तेमाल करता रहा है। दल का आलाकामन भी ढीठता दिखाते हुए खुद को इन बयानों से आसानी से अलग रखता रहा है। पर सुरक्षा की दृष्टि से भारतीय उप महाद्वीप की वर्तमान हालत और सम्बंधित खतरों को देखते हुए यह आवश्यक है कि कॉन्ग्रेस पार्टी देशहित के विषयों पर अपने या नेताओं के बयान को लेकर न केवल जिम्मेदार रहे, बल्कि देश के प्रति अपनी जबाबदेही के प्रति भी गंभीर दिखे।

सिद्धू ने ‘गन्ना किसानों’ पर अमरिंदर सरकार को घेरा, विवादित सलाहकारों को भी किया तलब: पंजाब कॉन्ग्रेस में फिर वही रार

पंजाब कॉन्ग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने राज्य के गन्ना किसानों को मिलने वाले मूल्य को लेकर मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पंजाब में हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड से भी कम दाम गन्ना किसानों को मिल रहा है। साथ ही सिद्धू ने कश्मीर को अलग देश बताने औऱ पूर्व पीएम इंदिरा गाँधी की विवादित तस्वीर शेयर करने पर मचे बवाल के बीच अपने दोनों सलाहकारों मालविंदर सिंह माली और प्यारे लाल गर्ग को तलब कर लिया है।

दरअसल, पहले माली ने फेसबुक पर कश्मीर को लेकर विवादित पोस्ट किया था, जिसमें केंद्र शासित प्रदेश को अलग देश बताया था। इसके बाद उन्होंने एक पोस्ट और सोशल मीडिया पर शेयर किया, जो कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गाँधी का था। उनके इस पोस्ट के बाद न केवल कॉन्ग्रेस में सियासी घमासान शुरू हो गया। बहरहाल, विवाद बढ़ने के बाद प्रदेश कॉन्ग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने दोनों एडवाइजरों को तलब किया है।

इस मामले में कॉन्ग्रेस नेता मनीष तिवारी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। प्यारे लाल गर्ग औऱ माली को देश द्रोही करार दिया। इसके साथ ही तिवारी ने कहा कि सिद्धू के दोनों सलाहकार न केवल राज्य, बल्कि देश की स्थिरता के लिए भी बड़ा खतरा हैं।

एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, तिवारी ने कहा, “1994 में संसद में सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव के अनुसार जम्मू औऱ कश्मीर देश का अटूट अंग है। अगर देश के बंटवारे के बाद कोई काम बचा है तो वो उन इलाकों को वापिस लेना है जिनपर पाकिस्तान का अवैध कब्जा है। ऐसे में इस तरह की बात करने वालों को पार्टी तो छोड़िए देश में रहने का अधिकार है?”

बता दें कि जो कार्टून सिद्धू के एडवाइजरों ने शेयर किया था, उसमें इंदिरा गाँधी के पीछे भी खोपडियों का ढेर लगा हुआ है और इस पेज पर पंजाबी में लिखा था, “हर जबर दी इही कहाणी, करना जबर ते मुँह दी खाणी’, अर्थात ‘हर जुल्म करने वाले की यही कहानी है अंत में उसे मुँह की खानी पड़ती है।’ एक तरह से उन्होंने सिख दंगों के लिए कॉन्ग्रेस को जिम्मेदार ठहराते हुए और स्वर्ण मंदिर में हुए ऑपरेशन ब्लू स्टार के लिए इंदिरा गाँधी का ये स्केच शेयर किया था।

इस मामले में भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि सिद्धू के सलाहकारों की टिप्पणी भयावह है, जो देश की खराब इमेज दिखाती है। यह कॉन्ग्रेस की विचारधारा को दिखाता है। पात्रा ने राहुल गाँधी से सवाल किया कि क्या वो जवाब देंगे कि उन्होंने सिद्धू के सलाहकार नियुक्त किए हैं?

सिद्धू ने अमरिंदर सिंह को घेरा

सलाहकारों के सोशल मीडिया पोस्ट पर मचे बवाल के बीच पंजाब कॉन्ग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने अपनी ही सरकार को गन्ना किसानों के बहाने घेरा है। उन्होंने कहा, “गन्ना किसानों के मुद्दे को सौहार्दपूर्ण ढंग से तत्काल हल करने की जरूरत है। अजीब बात यह है कि पंजाब में खेती की लागत अधिक होने के बावजूद राज्य का सुनिश्चित मूल्य हरियाणा/यूपी/उत्तराखंड की तुलना में बहुत कम है। कृषि के पथ प्रदर्शक के रूप में पंजाब एसएपी बेहतर होना चाहिए!”

‘अकबर महान, जहाँगीर ईमानदार व सहिष्णु, शाहजहाँ आर्किटेक्चर किंग’: भारत सरकार के पोर्टल पर मुगलों का महिमामंडन

जहाँ एक तरफ पूरे देश में आक्रांता मुगलों की करतूतों को लेकर आक्रोश का माहौल है, वहीं दूसरी तरफ भारत सरकार की ही वेबसाइट पर मुगलों का महिमामंडन किया गया है। भारत सरकार का एक पोर्टल है – ‘Know India‘, जिस पर देश के इतिहास-भूगोल से लेकर भारतीय संविधान व इससे जुड़ी अन्य जानकारियाँ दी जाती हैं। ‘Know India’ पर भारत के विभिन्न पदों, सम्मान व संस्कृति व अन्य सामान्य ज्ञान से सम्बंधित सूचनाएँ रहती हैं।

इस पोर्टल पर मुगलों शासन को ‘सबसे महान साम्राज्यों में से एक’ बताया गया है। साथ ही मुग़ल शासन की ‘संस्कृति व राजनीति’ को समृद्ध बताते हुए भारत को एक करने का श्रेय भी उसे दे दिया गया है। लुटेरे तैमूर को भी इसमें महान कहा गया है और लिखा है कि मुगलों ने टुकड़ों में बँटे कई हिन्दू-मुस्लिम राज्यों को एक किया। मुगलों के साथ-साथ शेरशाह सूरी को भी योग्य प्रशासक बताते हुए जमीन के माप व राजस्व इकट्ठा करने के तरीकों के लिए उसकी तारीफ़ की गई है।

लिखा है कि उसके राज में आम आदमी को न्याय मिला। सड़कें व कुऍं बनवाने के साथ-साथ उसे ‘ग्रैंड ट्रंक रोड’ बनवाने का क्रेडिट भी दिया गया है। अकबर को मुग़ल साम्राज्य को मजबूत करने का क्रेडिट देते हुए लिखा है कि कई लड़ाइयों के बाद उसने भारत के अधिकतर हिस्सों को जीता और राजपूतों के प्रति मेल-मिलाप की रणनीति अपनाई। अकबर को ‘महान विजेता, योग्य व्यवस्थापक और कुशल प्रशासक’ बताया गया है।

साथ ही नॉन-मुस्लिमों के प्रति अकबर की नीतियों को लिबरल बताते हुए उसकी तारीफ़ में लिखा है कि उसने धर्म को लेकर कई एक्सपेरिमेंट्स किए। वहीं जहाँगीर को एक ‘अत्यधिक जोशीला प्रेमी’ बताते हुए लिखा है कि किस तरह बीवी नूरजहाँ के हाथ में उसने प्रशासनिक कार्य सौंप रखे थे। उसे ‘ईमानदार और सहिष्णु’ बताया गया है। हिन्दुओं, यहूदियों व ईसाईयों के प्रति उसकी ‘सहिष्णुता’ की चर्चा करते हुए लिखा है कि उसने कला, साहित्य और वास्तुकला को बढ़ावा दिया।

भारत सरकार की वेबसाइट पर मुगलों का महिमामंडन

इतना ही नहीं, बड़े आराम से लिख दिया गया है कि जहाँगीर के विद्रोही बेटे खुसरो को शरण देने के कारण उसके आदेश पर सिखों के 5वें गुरु अर्जुन देव को ‘प्राणदंड’ दिया गया। साथ ही शाहजहाँ के बारे में लिखा है कि उसके समय मुग़ल काफी उच्च स्तर पर था, जो 100 सालों के असाधारण ‘शांति और समृद्धि’ का परिणाम था। उसे ‘आर्किटेक्चर किंग’ बताते हुए ‘Know India’ ने लिखा है कि लाल किला व जामा मस्जिद इसके उदाहरण हैं।

‘Know India’ ने शाहजहाँ व औरंगजेब की भी तारीफ़ की

साथ ही औरंगजेब के भी करतूतों की चर्चा नहीं की गई है और लिखा है कि उसने पाँचों बेटों को राजदरबार से दूर रखा, जिससे वो कुशल प्रशासक नहीं बन पाए। इसे मुगलों के पतन का कारण बताया गया है। साथ ही लिखा है कि मुग़ल साम्राज्य उसके काल में अपने उच्चतम स्तर पर पहुँचा और उसमें सम्पूर्ण उप-महाद्वीप का शासन बनने की महत्वाकांक्षा थी। बताया गया है कि मृत्यु के बाद उसने कोई व्यक्तिगत संपत्ति नहीं छोड़ी। लोगों ने मुगलों के महिमामंडन का विरोध किया है।

थाने आई युवती से SHO ने नंबर लिया, रोज कॉल करता; 15-20 बार किया रेप: राजस्थान पुलिस फिर दागदार

राजस्थान में हाल में कई ऐसी घटनाएँ सामने आई हैं जिससे पता चलता है कि राज्य के थाने भी महिलाओं के लिए सुरक्षित नहीं हैं। ताजा मामला नागौर जिले के खुनखुना थाने का है। यहाँ एसएचओ रहे एसआई शंभुदयाल मीणा पर 24 साल की युवती ने रेप का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर आरोपित पुलिस अधिकारी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।

पीड़िता ने शनिवार (21 अगस्त 2021) को आरोपित पुलिस अधिकारी के खिलाफ केस रेप का केस दर्ज कराया। पीड़िता के मुताबिक, वह 2018 में एक मामले में शिकायत दर्ज कराने के लिए थाने गई थी। उसी दौरान आरोपित थाना अधिकारी शंभुदयाल मीणा ने उसका मोबाइल नंबर ले लिया। इसके बाद उसने लगातार उसे फोन करना शुरू कर दिया। इसी बीच आरोपित ने डींडवाना कस्बा स्थित एक होटल में उसे बुलाया रेप किया।

पीड़िता ने बताया है कि रेप करने के बाद मीणा ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। उसके बाद तो रेप का सिलसिला चल पड़ा। एक बार बलात्कार करने के बाद मीणा का जब भी मन करता था तो वह युवती का शारीरिक शोषण करता था। पिछले महीने उसका तबादला होने के बाद युवती के मन में बैठा मीणा का खौफ खत्म हो गया, जिसके बाद उसने मामले की शिकायत की। रिपोर्ट के मुताबिक मीणा पीड़िता को रोज कॉल करता और करीब 15-20 बार उसके साथ रेप किया।

इस केस को लेकर मौजूदा थाना प्रभारी हरिराम जांजूदा ने बताया है कि 2018 में थाना अधिकारी रहे मीणा ने युवती के साथ कई बार रेप की वारदात को अंजाम दिया था। रविवार (22 अगस्त 2021) को उसका (पीड़िता) मेडिकल कराने के बाद बयान दर्ज करा लिया गया है। वहीं जिले के पुलिस उप अधीक्षक गोपाराम के मुताबिक, मीणा के खिलाफ जाँच शुरू हो चुकी है।

गौरतलब है कि इसी साल मार्च में अलवर के खड़ेली थाने में अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने गई 26 साल की महिला से थाना परिसर में ही सब इंस्पेक्टर द्वारा तीन दिन तक लगातार रेप किए जाने का मामला सामने आया था। पीड़िता ने आऱोप लगाया था कि 2 मार्च 2021 को वह पति से विवाद के निपटारे के लिए खड़ेली थाना गई थी। वहाँ सेकेंड ऑफिसर भरत सिंह ने उसे पति से विवाद के निपटारे का झाँसा देकर रेप किया।

एंटी करप्शन ब्यूरो इसी साल मार्च में ACP कैलाश बोहरा को ऑफिस में पीड़िता के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ा था। पीड़िता ने जवाहर सर्कल थाने में किसी युवक के खिलाफ दुष्कर्म और धोखाधड़ी समेत 3 मामले दर्ज करवा रखे थे। इसी केस की जाँच का हवाला देकर अधिकारी बार-बार युवती को अपने ऑफिस बुलाते और कई बार ड्यूटी पूरी होने के बाद भी मिलने के लिए दबाव बनाते। 

2019 में राजस्थान के चुरु जिले में एम दलित युवक की पुलिस हिरासत में हुई संदिग्ध मौत के मामले में भी पुलिस पर रेप के आरोप लगे थे। मृतक की 35 वर्षीय भाभी और परिजनों ने आधा दर्जन से अधिक पुलिसकर्मियों पर सामूहिक बलात्कार का आरोप लगाया था।

‘हाथ काटो, जजिया लगाओ, गोली मारो’: ISIS समर्थक ‘उपदेशक’ अंजेम चौधरी ने तालिबान को भेजा संदेश

अफगानिस्तान में तालिबान के घुसने के बाद कई तालिबानी समर्थक विश्व के कोने-कोने में बैठ कर अपनी बयानबाजी कर रहे हैं। ऐसे में नफरत फैलाने वालों का कारोबार भी अपने चरम पर है। हाल में यूके के एक मौलवी व मजहबी घृणा फैलाने के लिए कुख्यात ‘उपदेशक’ अंजेम चौधरी ने बयान दिया है कि तालिबान को व्‍यभिचारियों को मौत की सजा देनी चाहिए, चोरों के हाथ काट देने चाहिए और संगीत पर प्रतिबंध लगा देना चाहिए।

54 वर्षीय अंजेम चौधरी, जिस पर कई आतंकवादी हत्याओं को प्रेरित करने का आरोप है, उसने तालिबान को सलाह देते हुए अपनी यह बात कही। मालूम हो कि ये उपदेशक 5 साल तक इसीलिए जेल में बंद था क्योंकि इसका समर्थन ISIS को था। 2018 में इसकी रिहाई हुई और इस पर प्रतिबंध लगाया गया कि ये सार्वजनिक स्थलों पर नहीं बोलेगा। लेकिन, पिछले माह जैसे ही ये प्रतिबंध हटा, इसने दोबारा अपना बयान दे डाला।

टेलीग्राम के एन्क्रिप्टेड सुविधा के माध्यम से इसने जहर फैलाया और तालिबान को संदेश दिया कि जो कोई भी अल्लाह की हुकूमत लागू करने के बीच में आए उन सब पर वो (तालिबान) गोली चलाएँ। उसने यह भी कहा कि तालिबान अफगानिस्तान के विदेशी दूतावासों को बंद करे और संयुक्त राष्ट्र को काबुल से बाहर निकालने का आग्रह किया। इसके अलावा देश में जो कोई भी गैर मुसलमान है उससे जजिया की माँग रखने की भी अपील की। साथ ही साथ उस हर कोर्ट को बंद करने की माँग की, जो शरीया कानून के मुताबिक फैसले नहीं देता।

चौधरी कहता है, “केवल सख्त शरिया दंड, जिसमें चोरों के हाथ काटना और मिलावट करने वालों को पत्थर मारना शामिल है, उसको लागू किया जाना चाहिए।” उपदेशक का सुझाव यह भी है कि तालिबान को अफगानिस्तान का नाम इस्लामिक स्टेट कर देना चाहिए। उसके मुताबिक, “सभी सीमाओं को हटा दिया जाना चाहिए और सभी मुसलमानों को नए इस्लामिक राज्य के नागरिक बनने का निमंत्रण दिया जाना चाहिए, जिसका उद्देश्य भारतीय उपमहाद्वीप की मुस्लिम भूमि को एकजुट करना और खलिफाओं के बीच एकता स्थापित करना है।”

उल्लेखनीय है कि अंजेम चौधरी के बयान के संबंध में अभी यूके प्रशासन से कोई आधिकारिक बयान आने की पुष्टि नहीं हुई है। हालाँकि, सोशल मीडिया पर लोग इस बयान को पढ़कर गुस्से में हैं। उनका पूछना है कि प्रशासन ने ऐसे नफरत फैलाने वाले व्यक्ति को अपने देश में जगह ही क्यों दी है। इसे वहीं क्यों नहीं भेज दिया जाता जहाँ के लिए ये सलाह दे रहा है।

‘कल्याण सिंह मार्ग’ से भगवान श्रीराम का दर्शन करने जाएँगे भक्त, अलीगढ़ में एयरपोर्ट भी: ‘रामभक्त’ को योगी सरकार का सम्मान

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार सोमवार (23 अगस्त 2021) को बुलंदशहर जिले के नरौरा राजघाट पर किया जाएगा। इस बीच उनके सम्मान में प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने कई फैसले लिए हैं। इसी क्रम में प्रदेश सरकार उनके नाम पर अयोध्या में राम जन्म भूमि को जाने वाले मार्ग, प्रयागराज, बुलंदशहर, अलीगढ़ और लखनऊ में एक मार्ग का नाम कल्याण सिंह मार्ग रखेगी। इस बात की जानकारी राज्य के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दी है।

उन्होंने बताया है कि राम जन्मभूमि को जाने वाले मार्ग का नाम पूर्व सीएम के नाम पर रखा जाएगा। डिप्टी सीएम ने ट्वीट किया, “राम भक्त स्वर्गीय कल्याण सिंह (बाबू जी) के नाम लोक निर्माण विभाग अयोध्या अलीगढ़, एटा, बुलंदशहर प्रयागराज में एक एक मार्ग होगा। बाबू जी ने राम मंदिर के लिए सत्ता छोड़ दी परंतु कारसेवकों पर गोली नहीं चलाई! अधिकारियों को जल्द प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश।”

इसके अलावा राज्य सरकार अलीगढ़ हवाई अड्डे का नाम बदलकर कल्याण सिंह हवाई अड्डा करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए जल्द ही फैसला लिया जा सकता है। बहरहाल, पूर्व सीएम के अंतिम संस्कार में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उपस्थित रहेंगे।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम कल्याण सिंह का शनिवार (21 अगस्त 2021) को लंबी बीमारी के कारण निधन हो गया था। उन्हें गंभीर हालत में बीते 4 जुलाई को पीजीआई में भर्ती कराया गया था। लंबी बीमारी और शरीर के कई अंगों के धीरे-धीरे फेल होने के कारण आज उन्होंने अंतिम साँस ली। कल्याण सिंह यूपी के सीएम रहने के अलावा राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल रह चुके हैं।

इसके अलावा उन्हें राम मंदिर के कारसेवकों पर गोली चलवाने का आदेश न देने के लिए भी जाना जाता है। साथ ही हिन्दू धर्म के प्रति उनकी जो प्रतिबद्धता थी, उसके कारण वो जीवन भर कट्टरपंथियों के निशाने पर रहे थे।

मॉडल इनाया को जकड़ कर अजीबोगरीब डांस करते दिखे रामगोपाल वर्मा, लोगों ने NCW को किया टैग: ‘कास्टिंग काउच’ के आरोप

कभी ‘सत्या’ और ‘सरकार’ जैसी फ़िल्में बना चुके रामगोपाल वर्मा का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वो अजीब तरीके से न्यूकमर इनाया सुल्ताना के साथ डांस करते दिख रहे हैं। इसमें वो कभी इनाया सुल्ताना को दोनों हाथों से जकड़ रहे हैं, कभी उनके पाँव पर गिर रहे हैं तो कभी उनके इर्दगिर्द चक्कर काट रहे हैं। ये वीडियो इनाया सुल्ताना की जन्मदिन की पार्टी का है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

रामगोपाल वर्मा ने भी इस वीडियो को शेयर करते हुए तंज कसते हुए लिखा, “मैं फिर से स्पष्ट कर देना चाहता हूँ कि इस वीडियो में जो शख्स दिख रहा है, वो मैं नहीं हूँ। साथ ही लाल कपड़ों में जो लड़की दिख रही हैं, वो इनाया सुल्ताना नहीं हैं। मैं अमेरिका के राष्ट्रपति जो बायडेन की शपथ खा कर ऐसा कहता हूँ।” हालाँकि, लोगों को उनका मजाक पसंद नहीं आया और उन्होंने राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) तक को भी टैग किया।

लोगों का कहना था कि उस समय रामगोपाल वर्मा नशे की हालत में लग रहे हैं और उनके द्वारा एक न्यूकमर लड़की के साथ इस तरह का व्यवहार ठीक नहीं है। वहीं कुछ ने अंदाज़ा लगाया कि लड़की को मजबूरी में ये सब बर्दाश्त करना पड़ रहा है। लोगों ने ध्यान दिलाया कि जिस तरह वो इनाया सुल्ताना को जकड़ रहे हैं, वो आपत्तिजनक है। कइयों ने इसे ‘कास्टिंग काउच’ से भी जोड़ा और अपना विरोध दर्ज कराया।

रामगोपाल वर्मा पिछले कई सालों से फ्लॉप चल रहे हैं और एक दशक से उनकी कोई फिल्म हिट नहीं हुई है। मॉडल इनाया सुल्ताना भी न्यूकमर हैं और उनकी कोई बड़ी फिल्म अभी नहीं आई है। रामगोपाल वर्मा का नाम इससे पहले भी कई अभिनेत्रियों के साथ जुड़ चुका है। इनाया सुल्ताना ने अपने जन्मदिन की एक तस्वीर भी शेयर की थी, जिसमें वर्मा उन्हें साइड की तरफ से हग कर रहे हैं। हालाँकि, उन्होंने फिर ये तस्वीर डिलीट कर दी।

‘मूर्ति पूजा में कोई दम नहीं है’ : अबू बकर समेत 4 ने करवाया हिंदू युवक का धर्म परिवर्तन, गोमाँस न खाने पर पीटा

हरियाणा के मेवात से एक बार फिर धर्म परिवर्तन से जुड़ा मामला सामने आया है। इस बार शिकायत रोजकामेव थाना में दर्ज हुई है। आरोप है कि रोजकामेव थाना अंतर्गत बरोटा गाँव के एक व्यक्ति को पैसे का लालच देकर धर्म परिवर्तन करवाया गया और बाद में उससे मारपीट हुई। शनिवार को इस मामले में 4 लोगों के विरुद्ध थाने में तहरीर दी गई थी। मामले की जाँच के बाद रविवार की शाम पुलिस ने अबू बकर नाम के आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। अब बाकी आरोपितों की तलाश जारी है।

दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार, थाना एसएचओ मनोज वर्मा ने कहा कि पुलिस ने रविवार (22 अगस्त 2021) शाम अबू बकर को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपितों की तलाश चल रही है। जल्द सारे आरोपित पुलिस गिरफ्त में होंगे। बता दें कि शिकायतकर्ता मनोज कुमार ने नूँह जिला के एसपी को बताया था कि अप्रैल 2020 में अबू बकर, दिलशाद मौलाना, मौलाना मुबीन, मास्टर सोहराब व इनके अन्य साथियों ने रुपयों का लालच देकर उसका धर्म परिवर्तन करवाया था। इस दौरान दिलशाद ने कागज तैयार करवाकर उसे धर्म परिवर्तित करने को कहा था और हिंदुओं के देवी-देवताओं के बारे में कई आपत्तिजनक शब्द बोलते हुए कहा था कि मूर्ति पूजा में दम नहीं है।

पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह सबसे पहले सलंबा गाँव के अबू बकर से संपर्क में आया थ। इसके बाद उसी अबू ने उसे तावडू निवासी मौलाना दिलशाद और गाँव खड़खड़ी के रहने वाले मौलाना मुबीन से मिलाया। सबने मिल कर ऐसे स्थिति बनाई कि अप्रैल 2020 में मनोज को इस्लाम कबूलना पड़ा। मनोज बताता है कि उसे इस्लाब कबूलने पर कुछ रकम दी गई थी और बाद में शादी कराने का वादा किया गया था।

मनोज के अनुसार, धर्म परिवर्तन के बाद उसे सलंबा में ही बसा दिया गया और अन्य हिंदू युवकों को इस्लाम कबूल करवाने के काम में लगाया गया। कई माह तक आरोपितों ने उसे अपने साथ रखा और गोमाँस खिलाने का प्रयास करते थे। मना करने पर मारपीट होती थी। धीरे-धीरे मनोज को हकीकत समझ आने लगी। उसने किसी तरह अपने पिता को ये सारी बातें बताई। जब पिता उससे मिलने आए तो उन पर भी धर्मांतरण का दबाव बनाया गया और पैसे का लालच देकर रोकने का प्रयास हुआ। मनोज किसी तरह आरोपितों के चंगुल से निकला और दो दिन पहले पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी। पीड़ित का कहना है कि ये आरोपित दावत-ए-इस्लाम और ग्लोबल पीस सेंटर चलाते हैं। ये सभी गरीब, छोटी जातियों के हिंदुओं, बेसहारा हिंदू धर्म के लोगों को बहला-फुसला कर इस्लाम कबूल करवाते है।

300 तालिबानी ढेर, कई बंदी: पंजशीर के लड़ाकों ने सप्लाई रूट भी बंद किया, 3 जिलों से खदेड़ा भी था

अफगानिस्तान की राजधानी काबुल पर कब्जे के बाद से ही पूरे मुल्क में भगदड़ की स्थिति है। अब तालिबान की नजर पंजशीर घाटी की तरफ है। ये वही क्षेत्र है, जहाँ 20 वर्ष पहले भी तालिबान कब्ज़ा नहीं जमा सका था जब पूरे मुल्क पर उसका शासन हुआ करता था। तालिबान ने ऐलान किया है कि उसके लोग अब पंजशीर घाटी की तरफ बढ़ रहे हैं। लेकिन, उस तरफ बढ़ने के दौरान ही उन्हें तगड़ा झटका लगा है।

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो पंजशीर के लड़ाकों ने घात लगा कर हमला बोला और 300 तालिबानियों को मार गिराया। पंजशीर घाटी विद्रोहियों का गढ़ रहा है। कई तालिबानी बंदी भी बना लिए गए हैं। बगलान प्रांत के अंदराब में युद्ध के दौरान बंदी बनाए गए इन तालिबानियों की भी सामने आई हैं। बीबीसी की पत्रकार यालदा हकीम ने भी ट्वीट कर के ये जानकारी दी। कारी फसीहुद दीन हाफिजुल्लाह के नेतृत्व में तालिबान ने पंजशीर पर हमला बोला था।

लेकिन, विद्रोहियों ने घात लगा कर हमला किया और न सिर्फ 300 को मार गिराया, बल्कि कइयों को बंदी भी बना लिया। इतना ही नहीं, उन्होंने तालिबान का सप्लाई रूट भी बंद कर दिया है। खुद को अफगानिस्तान का कार्यवाहक राष्ट्रपति घोषित कर चुके अमरुल्लाह सालेह ने भी ट्वीट कर के जानकारी दी कि अंदराब घाटी के एम्बुश जोन में फँसने और बड़ी मुश्किल से एक पीस में बाहर निकलने के एक दिन बाद तालिबान ने पंजशीर के एंट्रेंस पर फोर्स लगा दी है।

पंजशीर में अहमद मसूद ने लगभग 9000 विद्रोही सैनिकों को इकट्ठा करने में सफलता पाई है। इस इलाके में दर्जनों रंगरूट ट्रेनिंग एक्सरसाइज और फिटनेस प्रैक्टिस करते देखे गए हैं। इन लड़ाकों के पास हम्वी जैसी गाड़ियाँ भी मौजूद हैं। विद्रोही सेना के प्रवक्ता ने कहा कि हम अफगानिस्तान की रक्षा के लिए तैयार हैं और हम रक्तपात की चेतावनी देते हैं। उन्होंने कहा कि अगर इसी रास्ते पर चलता रहा तो तालिबान टिकेगा नहीं।

सालेह ने लिखा, “हालाँकि, इस बीच सलांग हाइवे को विद्रोही ताकतों ने बंद कर दिया है। ये वे रास्ते हैं जिनसे उन्हें बचना चाहिए। फिर मिलते हैं।” तालिबान ने जब अपना अभियान शुरू किया था, तभी से पंजशीर घाटी में विद्रोही लड़ाकों का जुटान शुरू हो गया था। बताया जा रहा है कि इनमें सबसे ज्यादा संख्या अफगान नेशनल आर्मी के सैनिकों की है। नॉर्दन एलायंस ने चीफ रहे पूर्व मुजाहिदीन कमांडर अहमद शाह मसूद के बेटे अहमद मसूद इसका नेतृत्व कर रहे हैं।

अहमद मसूद जब 12 साल के थे, तब तालिबान और अलकायदा ने षड्यंत्र करके उनके पिता अहमद शाह मसूद की हत्या कर दी थी। उनकी हत्या 9/11 के आतंकी हमले से पहले की गई थी। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल से करीब 100 किलोमीटर (किमी) दूर पूर्वोत्तर में स्थित पंजशीर, शुरुआत से ही तालिबान के विरोध का केंद्र रहा। पंजशीर ही वो जगह है, जहाँ शाह मसूद के नेतृत्व में सन् 1996 में तालिबान विरोधी आंदोलन खड़ा हुआ था।