Home Blog Page 486

क्लेम कमीशन की सिफारिश के अनुसार पीड़ितों को जारी करो मुआवजा: दिल्ली के हिंदू विरोधी दंगों में AAP सरकार को हाई कोर्ट का निर्देश, नई योजना बनाने से किया था इनकार

दिल्ली दंगों के पीड़ितों को जल्द से जल्द मुआवजा दिलाने के लिए दिल्ली हाई कोर्ट ने दिल्ली सरकार को निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने कहा कि ‘क्लेम कमीशन’ की सिफारिश के मुताबिक दिल्ली सरकार उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुए दंगों के पीड़ितों को सहायता राशि जारी करे।

लाइव लॉ की रिपोर्ट के अनुसार, 20 याचिकाओं के समूह का यह मामला जस्टिस सचिन दत्ता की पीठ के समक्ष सुना गया। इसमें याचिकाकर्ताओं ने ‘दंगा पीड़ितो की सहायता के लिए सहायता योजना’ के अनुसार मुआवजा माँगा गया था। कुछ याचिकाकर्ता इसमें बढ़ाकर मुआवजा देने की माँग भी कर रहे थे।

15 जनवरी को इन याचिकाओं के बाबत कोर्ट को जानकारी देते हुए बताया गया कि उत्तर-पूर्वी दंगा दिल्ली आयोग ने बैच में से 14 याचिकाओं के संबंध में दावों के संबंध में सिफारिशें की हैं। अदालत को ये भी बताया गया कि उत्तर-पूर्वी दंगा दिल्ली आयोग द्वारा निर्धारित और अनुशंसित राशि याचिकाकर्ताओं के हक की राशि का एक अंश थी। फिर भी जल्द से जल्द अनुशंसित राशि जारी करने के लिए दिल्ली सरकार को निर्देश जारी किए जाने चाहिए।

कोर्ट में जब दिल्ली सरकार के वकील द्वारा इस माँग का विरोध नहीं किया गया तो अदालत ने इस संबंध में आदेश पारित किया। कोर्ट ने कहा कि प्रतिवादी नंबर 2 यानी दिल्ली सरकार को वर्तमान मामलों के समूह में याचिकाकर्ताओं के लिए उत्तर पूर्व दंगा दिल्ली आयोग द्वारा अनुशंसित राशि जारी करने का निर्देश दिया जाता है।” यह आदेश यह सुनिश्चित करता है कि मुआवजे की राशि याचिकाकर्ताओं के अधिकारों और तर्कों को ध्यान में रखते हुए दी जाएगी।

इस मामले की अगली सुनवाई 29 मई को होगी। इससे पहले, अदालत ने स्पष्ट किया था कि वह कोई नई योजना नहीं बनाएगी, बल्कि केवल यह देखेगी कि क्या दिल्ली सरकार ने पहले से बनाई गई योजना के अनुसार काम किया है या नहीं।

गौरतलब है कि दिल्ली के उत्तर पूर्वी इलाके में साल 2020 में हिंदू विरोधी दंगे हुए थे। इस दौरान 53 लोगों की मौत हुई थी। पुलिस की जाँच में सामने आया था कि ये दंगा पूर्व नियोजित था। दंगों को लेकर करीबन 750 एफआईआर दर्ज हुई थी और कई आरोपित गिरफ्तार हुए थे। ताहिर हुसैन उन्हीं आरोपितों में से एक है।

बाहुबल ऐसा कि कहलाते हैं ‘छोटे सरकार’, फिर कौन है सोनू-मोनू जिसने कर दी फायरिंग: पंचायती करने गए अनंत सिंह पर हमले की पूरी डिटेल, AK-47 का भी इस्तेमाल

बिहार के मोकामा में बुधवार (22 जनवरी 2025) को ताबड़तोड़ फायरिंग की बड़ी घटना हुई, जिसमें मोकामा के बाहुबली नेता और पूर्व विधायक अनंत सिंह और कुख्यात सोनू-मोनू गैंग के बीच गोलीबारी हुई। बताया जा रहा है कि इस घटना में करीब 60-70 राउंड गोलियाँ चलीं। घटना मोकामा प्रखंड के नौरंगा-जलालपुर गाँव में हुई। फायरिंग के दौरान अनंत सिंह बाल-बाल बच गए। वहीं, उनके एक समर्थक उदय यादव को गोली लगने की खबर है, जिन्हें इलाज के लिए पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना तब शुरू हुई जब सोनू-मोनू गैंग ने गाँव के एक परिवार को धमकाकर उनके घर से बाहर निकाल दिया और उनके घर पर ताला लगा दिया। इसकी सूचना मिलने पर अनंत सिंह अपने समर्थकों के साथ गाँव पहुँचे। अनँत सिंह के गाँव में पहुँचते ही सोनू-मोनू गैंग ने फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी के दौरान अनंत सिंह बाल-बाल बच गए। हालाँकि उनके एक समर्थक उदय यादव को गर्दन में गोली लगी और उन्हें गंभीर हालत में पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फायरिंग की इस घटना के बाद नौरंगा गाँव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। प्रशासन ने इलाके में शांति बनाए रखने के लिए कड़े इंतजाम किए हैं।

इस घटना के बाद तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। एक एफआईआर पुलिस ने अनंत सिंह और सोनू-मोनू गैंग के समर्थकों के खिलाफ दर्ज की है। दूसरी एफआईआर सोनू-मोनू के पिता ने अनंत सिंह और उनके समर्थकों पर दर्ज कराई है। वहीं, तीसरी एफआईआर पीड़ित ग्रामीण ने सोनू-मोनू और उनके समर्थकों के खिलाफ कराई है।

बाढ़ डीएसपी राकेश कुमार ने कहा, “घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची। घटनास्थल से तीन खोखे बरामद किए गए हैं। अब तक तीन एफआईआर दर्ज की गई हैं, जिनमें एक पुलिस ने सोनू-मोनू और अनंत सिंह दोनों के खिलाफ की है। घटना में शामिल सभी आरोपितों की पहचान की जा रही है।” उन्होंने कहा कि घटना के बाद गाँव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। बाढ़ अनुमंडल के कई थानों की पुलिस मौके पर कैंप कर रही है।

अनंत सिंह ने ‘किडनैपर’ और ‘चोर’ कहा

इस घटना को लेकर अनंत सिंह ने मीडिया से बात करते हुए सोनू-मोनू को ‘किडनैपर’ और ‘चोर’ बताया। उन्होंने कहा, “सोनू-मोनू जैसे अपराधी गाँव वालों का जीवन नरक बना रहे हैं। पुलिस अगर समय पर कार्रवाई करती, तो यह घटना नहीं होती। मुझे किसी केस की परवाह नहीं है। मैं लोगों के साथ खड़ा हूँ।” अनंत सिंह ने यह भी कहा कि वह गाँव के गरीब लोगों की समस्याओं का समाधान करने पहुँचे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सोनू-मोनू गैंग ने पहले गोली चलाई, जिसके बाद उनके समर्थकों ने जवाबी कार्रवाई की।

सोनू-मोनू गैंग का रिएक्शन, 68 के होकर 34 वाले से भिड़ने चले आए

जानकारी के मुताबिक, सोनू और मोनू मोकामा के ही जलालपुर गाँव के निवासी हैं। दोनों भाइयों ने 2009 में अपराध की दुनिया में कदम रखा और पहले अनंत सिंह के लिए काम किया करते थे। अनंत सिंह के जेल जाने के बाद उन्होंने अपनी अलग गैंग बना ली। इनका नाम कई आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। दोनों पर जमीन कब्जाने, ट्रेनों में आपराधिक वारदातों को अंजाम देने, हत्या, वसूली और स्थानीय लोगों को धमकाने के आरोप हैं। बताया जाता है कि इनके संबंध उत्तर प्रदेश के बाहुबली नेता मुख्तार अंसारी से भी रहे हैं।

दरअसल, अनंत सिंह के जेल से निकलने के बाद मोनू सिंह उनसे मिलने पहुँचा था। लोगों को लगा कि रिश्ते में सुधार होने लगा, लेकिन इसके बाद फिर से वर्चस्व की लड़ाई शुरू हो गई। बताया ये भी जा रहा है कि सोनू-मोनू ने अनंत सिंह को मारने के लिए सुपारी भी ली थी, और कई बार हमले की कोशिश भी हो चुकी है। इसके लिए गैंग ने एके-47 भी खरीदी थी, जिसका इस्तेमाल इस गोलीबारी में भी होने का अनुमान है।

इस घटना के बाद सोनू-मोनू गैंग का भी रिएक्शन सामने आया है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि अनंत सिंह की तरफ से पहले फायरिंग हुई।

गौरतलब है कि बिहार के मोकामा क्षेत्र में अनंत सिंह को ‘छोटे सरकार’ के नाम से जाना जाता है। उनकी राजनीतिक ताकत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि यहाँ कथित रूप से चुनावी सिंबल से ज्यादा उनका नाम काम करता है। उनकी पत्नी नीलम देवी फिलहाल राजद की विधायक हैं, हालाँकि वो जेडीयू के खेमे में मानी जाती हैं।

पीलीभीत में ढेर हुए थे जिस खालिस्तानी संगठन के आतंकी, उसने ही ली महाकुंभ में आग की जिम्मेदारी: ATS-NIA की रडार पर 1000 संदिग्ध, NSUI नेता शाहिद से पूछताछ

प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ में हाल ही में लगी आग की जिम्मेदारी खालिस्तान जिंदाबाद फ़ोर्स (KZF) ने ली है। इस संगठन के ही तीन आतंकी हाल में पीलीभीत में पुलिस ने मार गिराए थे। KZF ने अग्निकांड को एनकाउंटर का बदला करार दिया है। इस अग्निकांड की जाँच अब NIA और यूपी ATS कर रही हैं। कई संदिग्धों को इस मामले में पकड़ा भी गया है।

दैनिक भास्कर की एक रिपोर्ट के अनुसार, 19 जनवरी, 2025 को प्रयागराज महाकुंभ के कुछ टेंटों में लगी आग में खालिस्तानी एंगल सामने आया है। लंदन और ग्रीस से चलने वाले KZF आतंकी समूह ने इस आग का कारण ब्लास्ट बताया था और दावा किया था कि उसने ही यह काम किया है।

KZF ने दावा किया है कि वह किसी को नुकसान नहीं पहुँचाना चाहते थे और केवल यह दिखाना चाहते थे कि क्या करने की क्षमता रखते हैं। यह पूरी बात उन्होंने मीडिया संस्थानों को भेजे गए एक ईमेल में लिखी है। उन्होंने इसे एक शुरुआत बताया है और पीलीभीत एनकाउंटर को फर्जी करार दिया है। पुलिस अभी इस खालिस्तानी एंगल को नकार रही है।

हालाँकि, NIA और ATS ने आग लगने के दौरान आसपास मौजूद 1000 लोगों पर जाँच चालू की है। यह भी बताया गया है कि इन 1000 में से लगभग 900 हिन्दू नहीं हैं। ऐसे में शक और भी गहरा हो गया है। इनसे पूछताछ के लिए नोटिस भेजे जा रहे हैं।

दावा है कि ATS वाराणसी से 10 लोगों को हिरासत में ले चुकी है। इनसे पूछताछ चल रही है। संदिग्धों से पूछताछ के लिए सवालों की एक लिस्ट तैयार की गई है। इसमें उनकी महाकुंभ में आस्था से लेकर घटनास्थल के वीडियो फोटो से जुड़े सवाल तक हैं।

वाराणसी में NSUI नेता शाहिद से भी पूछताछ हुई है। उन्हीं लोगों से मुख्य तौर पर पूछताछ हो रही है जिन्होंने घटना के दिन महाकुंभ को सोशल मीडिया पर दिखाया था और लोकेशन भी साझा की थी। इनमें से शक उन पर अधिक है जिन्होंने बाद में फोटो वीडियो डिलीट किए।

मामले में दूसरे प्रदेशों की पुलिस को भी अलर्ट भेज दिया गया है। जिनसे पूछताछ हुई है, उन्हें शहर ना छोड़ने को कहा गया है। धमकी में फ़तेह सिंह बागी का नाम भी लिखा है। सुरक्षा एजेंसियों को शक है कि यह वही बागी है जिसका हाल ही में गुरदासपुर हमले में नाम आया था। वह ब्रिटिश आर्मी का एक सैनिक रहा है और आतंकियों का हैंडलर है।

महाकुंभ शुरू होने से पहले खालिस्तानी आतंकी पन्नू ने भी हमला करने की बात कही थी। उसने भी पीलीभीत एनकाउंटर को फेक बताया था और बदला लेने की बात कही थी। इसको लेकर उसने वीडियो जारी किए थे।

गौरतलब है कि 19 जनवरी, 2025 को प्रयागराज महाकुंभ में आग लगी थी। यह आग सेक्टर 19 में लगी थी। इसमें कई टेंट जल गए थे। आग पर कुछ ही मिनटों के भीतर काबू पा लिया गया था। इसका कारण एक खाना बनाने वाले सिलेंडर का फटना बताया गया था। आग में किसी की जान नहीं गई थी।

उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू, UCC लागू करने वाला भारत का पहला राज्य बना: शादी विवाह से लेकर लिव-इन तक के लिए बदला कानून, जानिए डिटेल

उत्तराखंड सरकार ने बुधवार (22 जनवरी 2025) को समान नागरिक संहिता (Uniform Civil Code) लागू करने की अधिसूचना जारी कर दी। यह कानून व्यक्तिगत जीवन से जुड़ी शादियों, तलाक, संपत्ति उत्तराधिकार और विरासत जैसे मामलों में स्पष्टता और समानता लाने का काम करेगा। उत्तराखंड ऐसा करने वाला भारत का पहला राज्य बन गया है।

सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि यह कानून राज्य के सभी निवासियों पर लागू होगा, चाहे वे राज्य के अंदर रह रहे हों या बाहर। हालाँकि, संविधान के अनुच्छेद 342 और 366 (25) के तहत अधिसूचित अनुसूचित जनजातियों और संरक्षित प्राधिकृत व्यक्तियों तथा समुदायों को इस कानून के दायरे से बाहर रखा गया है।

समान नागरिक संहिता अधिनियम- 2024, व्यक्तिगत अधिकारों की सुरक्षा और सामाजिक सामंजस्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लागू किया गया है। इसके तहत शादी सिर्फ उन्हीं व्यक्तियों के बीच हो सकती है जिनमें से किसी का भी जीवनसाथी जीवित न हो, दोनों मानसिक रूप से सक्षम हों, पुरुष की उम्र 21 वर्ष और महिला की उम्र 18 वर्ष पूरी हो चुकी हो और वे प्रतिबंधित संबंधों की श्रेणी में न आते हों।

उत्तराखंड यूसीसी (फोटो साभार: Canva/OPIndia Hindi Team)

शादी किसी भी धार्मिक रीति-रिवाज या कानूनी प्रक्रिया के तहत की जा सकती है, लेकिन इसे लागू होने के 60 दिनों के भीतर रजिस्टर कराना अनिवार्य है। जिनकी शादी 26 मार्च, 2010 से लागू होने की तिथि तक हुई है, उन्हें 6 महीने के भीतर रजिस्ट्रेशन कराना होगा। हालाँकि, पहले से रजिस्टर्ड शादियों को दोबारा रजिस्टर करने की जरूरत नहीं है, लेकिन पहले किए गए रजिस्ट्रेशन का सत्यापन जरूरी है।

जो शादियाँ 26 मार्च, 2010 से पहले या राज्य से बाहर हुई हैं और जहाँ दोनों पक्ष तब से साथ रह रहे हैं और सभी कानूनी योग्यता पूरी करते हैं, वे भी (हालाँकि यह अनिवार्य नहीं है) इस अधिनियम के लागू होने के 6 महीने के भीतर रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।

अधिनियम के तहत शादी का रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीके से किया जा सकता है। आवेदन करने के बाद उप-पंजीयक को 15 दिनों के भीतर निर्णय लेना होगा। अगर तय समय सीमा में निर्णय नहीं होता है, तो आवेदन अपने आप रजिस्ट्रार के पास चला जाएगा।

रजिस्ट्रेशन आवेदन को खारिज किए जाने पर अपील की पारदर्शी प्रक्रिया भी उपलब्ध है। झूठी जानकारी देने पर जुर्माने का प्रावधान किया गया है, लेकिन रजिस्ट्रेशन न होने पर शादी को अवैध नहीं माना जाएगा।

उत्तराखंड सरकार इस अधिनियम को लागू करने के लिए रजिस्ट्रार जनरल, पंजीकरण और उप-पंजीयक की नियुक्ति करेगी। यह अधिकारी संबंधित रिकॉर्ड्स का रखरखाव और निगरानी सुनिश्चित करेंगे।

हिंदू मंदिर के बाद जैन गुफाओं को हरे रंग से पोता, वक्फ की जमीन बता मुस्लिम लीग के सांसद ने पवित्र पहाड़ी पर खाया मांस: तमिलनाडु पुलिस के रोकने पर बवाल

तमिलनाडु के मदुरई में स्थित पवित्र थिरुपरनकुन्द्रम पहाड़ी पर मुस्लिम बकरियों और मुर्गों की कुर्बानी देना चाहते हैं। यह पहाड़ी भगवान मुरुगन के 6 घरों में से एक है। यहाँ एक शिव मंदिर भी है। इसी पहाड़ी में स्थित जैन गुफाओं को भी कट्टरपंथियों ने हरा रंग दिया। इसका नाम ‘सिकंदर पहाड़ी’ करने का भी प्रयास चल रहा है। भगवान मुरुगन के निवास वाली पहाड़ी पर जाकर IUML के एक सांसद ने मांसाहारी खाना भी खाया। IUML कॉन्ग्रेस के साथ गठबंधन में है। कई बार इसके चलते झड़पें भी हो चुकी हैं।

सबसे ताजा विवाद बुधवार (21-22 जनवरी, 2025) का है। थिरुपरनकुन्द्रम पहाड़ी पर मुस्लिम लीग के सांसद नवास कानी ने जाकर कई लोगों के साथ मांसाहारी खाना खाया। वह उन लोगों के समर्थन में पहुँचे थे जो इस पहाड़ी पर जानवरों की कुर्बानी देना चाहते हैं। यह कुर्बानी एक दरगाह पर दी जानी है जो मंदिर से कुछ दूर स्थित है। नवास कानी ने दावा किया है कि यहाँ सालों से कुर्बानी दी जाती रही है और इसे अब रोकना गलत है। वहीं पुलिस ने कहा है कि पहाड़ी के ऊपर कुर्बानी नहीं दी सकती और केवल खाना ले जाया जा सकता है।

इससे पहले 18 जनवरी, 2025 को भी मुस्लिमों ने पहाड़ी पर जानवर ले जाने का प्रयास किया था। इन्हें दरगाह के पास कुर्बानी देकर इनका मांस पकाया जाता। लेकिन पुलिस-प्रशासन ने इन्हें रोक दिया था। यहाँ मुस्लिमों को इकट्ठा करने के लिए कई सोशल मीडिया पोस्ट भी की गईं थी। बाद में यहाँ बवाल भी हुआ। कुर्बानी का मामला अभी प्रशासन के पास लटका है। मुस्लिम MP नवास कानी का कहना है कि जल्द ही थिरुपरनकुन्द्रम पहाड़ी पर कुर्बानी की अनुमति दी जाएगी। MP ने दावा किया है कि दरगाह का जमीन वक्फ बोर्ड की है।

इस बीच इसी पहाड़ी पर दूसरी शताब्दी ईसा पूर्व से बनी जैन गुफाओं को हरा रंग से रंगने का एक मामला भी सामने आया है। इन गुफाओं में ब्राह्मी लिपि में शिलालेख भी हैं। यह गुफाएँ ASI संरक्षित हैं। गुफाओं में हरा रंग किए जाने के मामले में ASI अधिकारियों ने शिकायत दर्ज करवाई है। अब इसकी जाँच चल रही है। इस पहाड़ी को थिरुपरनकुन्द्रम से बदल कर सिकंदर पहाड़ी करने के प्रयास भी चल रहे हैं। इसको लेकर भी विवाद हो चुका है।

बीते कुछ दिनों में यहाँ कई बार मुस्लिम संगठन प्रदर्शन कर चुके हैं। इसमें प्रतिबंधित आतंकी संगठन PFI से जुड़ा राजनीतिक दल SDPI भी शामिल है। इसके अलावा जमात जैसे संगठन भी इस मामले में कुर्बानी को लेकर अड़े हैं। वहीं हिन्दुओं का कहना है कि पहाड़ी पर कुर्बानी करना मतलब भगवन मुरुगन के शीर्ष पर कुर्बानी करना होगा क्योंकि उनका मंदिर पहाड़ी की तलहटी में स्थित है। हिन्दुओं ने आरोप लगाया कि नाम बदलना और क़ुरबानी को लेकर झगड़े करना उन्हें मंदिर जाने से रोकने का प्रयास है।

इस मामले में मद्रास हाई कोर्ट में दरगाह पर नमाज रोकने के लिए एक याचिका भी डाली गई थी। लेकिन हाई कोर्ट ने इसे यह कहते हुए खारिज कर दिया था कि 30 मिनट के लिए नमाज की अनुमति देने में कोई हर्ज नहीं है। यहाँ विवाद लम्बे समय से चला आ रहा है। थिरुपरनकुन्द्रम पहाड़ी हिन्दुओं के लिए काफ़ी पवित्र है और भगवान मुरुगन के 6 निवास स्थलों में से एक है। लम्बे समय से यहाँ हिन्दू पूजा अर्चना के लिए आते रहे हैं। अब यहाँ विवाद खड़ा करने का प्रयास हो रहा है।

जातिवाद का इल्जाम, झूठी जानकारी… UP के जिस अधिकारी ने CM योगी पर आपत्तिजनक संदेश किया फॉर्वर्ड, उसकी बर्खास्तगी का ऑर्डर HC ने रद्द किया

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ आपत्तिजनक मैसेज फॉर्वर्ड करने के आरोप में राज्य सचिवालय में कार्यरत अतिरिक्त निजी सचिव अमर सिंह की सेवाएँ साल 2020 में बर्खास्त की गई थी। अब इसी मामले में खबर है कि इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उस आदेश को रद्द कर दिया है। अदालत ने आरोपों के पुख्ता सबूत न मिलने पर उस आदेश को रद्द कर दिया।

क्या था मैसेज में

साल 2018 में एक व्हॉट्सएप संदेश शेयर किया गया जिसमें लिखा था:

“यूजीसी के नियमों के अनुसार, ओबीसी और अनुसूचित जाति समुदायों के लिए अवसर प्रभावी रूप से बंद कर दिए गए हैं। रामराज्य के इस युग में, मुख्यमंत्री ठाकुर अजय सिंह योगी और उपमुख्यमंत्री पंडित दिनेश शर्मा ने जातिवाद को खत्म करते हुए गोरखपुर विश्वविद्यालय में कुल 71 पदों में से 52 पदों पर अपनी ही जाति के लोगों को सहायक प्रोफेसर नियुक्त किया है।”

इस संदेश को ही अमर सिंह ने दूसरे ग्रुप में शेयर किया था। हालाँकि जाँच हुई तो पता था कि पहले ये संदेश उस ग्रुप में आया था जिसके वो एडमिन थे, उन्होंने इसे हटाने का प्रयास किया, लेकिन उसी चक्कर में उनसे ये संदेश फॉर्वर्ड हो गया।

उन्होंने बाद में इसे लेकर मुख्य सचिव को पत्र लिखकर माफी भी माँगी लेकिन संदेश फॉर्वर्ड करने के लिए उनके खिलाफ अनुशासनात्मक जाँच शुरू की गई और पाया गया कि इस संदेश के आगे बढ़ने से सरकार की छवि धूमिक होती। इसके बाद साल 2020 में उनकी सेवाएँ बर्खास्त कर दी गईं।

कोर्ट ने क्या कहा

अमर सिंह इसके बाद हाई कोर्ट पहुँचे। कोर्ट ने मामले में सुनवाई की। पक्षों को सुना। उसके बाद जस्टिस आलोक माथुर ने कहा कि अनजाने में फॉर्वर्ड किए गए मैसेज के लिए बर्खास्तगी की सजा बहुत ही ज्यादा है। उन्होंने कहा कि याचिकाकर्ता ने यह स्वीकार कर लिया है कि संदेश को अनजाने में आगे बढ़ा दिया गया। इसलिए जस्टिस ने राय दी कि सजा बेहद नरम होनी चाहिए। जैसे उनकी सेवा रिकॉर्ड में इसका उल्लेख या निंदा आदि।

जस्टिस ने कहा कि निस्संदेह ही एक सरकारी कर्मचारी के रूप में याचिकाकर्ता को ऐसी आपत्तिजनक सामग्री से निपटने में सावधानी बरतनी चाहिए थी, लेकिन ये नहीं कहा जा सकता कि उन्होंने ये कार्य दुर्भावना से किया।

कोर्ट ने माना कि याचिकाकर्ता ने जानबूझकर वो संदेश प्रसारित नहीं किया और चूँकि इस बात के सबूत भी नहीं मिलते कि आगे वो संदेश बढ़ाया गया इसलिए ये सिर्फ अटकलें होंगीं कि संदेश के प्रसारित होने से सरकार की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुँचा।

लखनऊ से मुंबई जा रही थी पुष्पक एक्सप्रेस, आग की अफवाह से यात्री कूदे: कर्नाटक एक्सप्रेस की चपेट में आकर कई के हुए टुकड़े, 12 मौतें

महाराष्ट्र के जलगाँव जिले में बुधवार (22 जनवरी 2024) की शाम एक भयावह ट्रेन हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। इस हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 40 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना पचोरा के पास महेजी और परधाडे रेलवे स्टेशनों के बीच हुई, जब लखनऊ से मुंबई जा रही पुष्पक एक्सप्रेस ट्रेन के यात्रियों ने आग लगने की अफवाह के चलते घबराकर ट्रेन से कूदना शुरू कर दिया। इसी दौरान दूसरी ओर से आ रही कर्नाटक एक्सप्रेस ने उन्हें कुचल दिया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना तब हुई जब लखनऊ से मुंबई जा रही पुष्पक एक्सप्रेस के एक कोच में पहियों से चिंगारी निकलने लगी। यात्रियों में किसी ने अफवाह फैला दी कि ट्रेन में आग लग गई है। इससे डरे-सहमे यात्रियों ने तुरंत अलार्म चेन खींची और ट्रेन को रुकवा दिया। अफरातफरी के बीच कुछ यात्री ट्रेन से कूदकर ट्रैक पार करने की कोशिश करने लगे। उसी समय पास वाले ट्रैक पर बेंगलुरु से दिल्ली जा रही कर्नाटक एक्सप्रेस गुजरी और उसकी चपेट में आने से 12 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि हादसे की वजह ‘हॉट एक्सल’ से उठी चिंगारी हो सकती है, जिसे यात्रियों ने आग समझ लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के बाद पटरियों पर शव बिखरे पड़े थे। चारों तरफ चीख-पुकार मची हुई थी और लोग मदद के लिए चिल्ला रहे थे। कई यात्री खून से लथपथ हालत में दिखाई दिए। जलगाँव सिविल अस्पताल के डीन ने बताया कि अस्पताल में अब तक 12 शव लाए गए हैं और 40 घायलों का इलाज किया जा रहा है।

घटना के तुरंत बाद रेलवे और जिला प्रशासन हरकत में आ गया। नासिक के डिविजनल कमिश्नर प्रवीण गेदाम ने कहा कि 8 एंबुलेंस और रेलवे की बचाव टीमें मौके पर भेजी गईं। रेलवे अधिकारियों ने पुष्पक एक्सप्रेस में चेन पुलिंग की पुष्टि करते हुए कहा कि यह हादसा पूरी तरह से घबराहट और अफवाह की वजह से हुआ। रेलवे के प्रवक्ता स्वप्निल नीला ने बताया, “हादसे की वजह अफवाह के कारण यात्रियों का घबराना और ट्रैक पर उतरना था। हमने घटना की जाँच शुरू कर दी है और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।”

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस हादसे को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए संवेदनाएँ प्रकट कीं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भी उन्होंने बात की। उन्होंने एक्स पर लिखा, “महाराष्ट्र के जलगाँव में हुआ रेल हादसा अत्यंत दुःखद है। इस संबंध में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस जी से बात कर हादसे की जानकारी ली। स्थानीय प्रशासन घायलों को हर संभव मदद पहुँचा रहा है। इस दुर्घटना में जान गँवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएँ व्यक्त करता हूँ और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।”

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि राज्य सरकार स्थिति पर कड़ी नज़र रखे हुए है। उन्होंने ट्वीट किया, “जलगाँव जिले के पचोरा के पास हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना बहुत ही हृदयविदारक है। घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।” मुख्यमंत्री फडणवीस ने मृतकों के परिजनों के लिए 5-5 लाख रुपए मदद की घोषणा भी की।

फिलहाल, जलगाँव जिला प्रशासन ने घटनास्थल पर तुरंत कार्रवाई करते हुए बचाव अभियान शुरू कर दिया। जिला कलेक्टर ने बताया कि नजदीकी अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है और गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए मुंबई भेजा जा सकता है।

‘भारत की तारीफ अपराध’: पाकिस्तान में ‘फाँसी’ पाने वाले यूट्यूबर सोहैब चौधरी-सना अमजद ने लौटकर सुनाई प्रताड़ना की कहानी, कहा- हर दिन लगता था यह मेरा आखिरी दिन

पाकिस्तान के दो बड़े यूट्यूबर्स के बारे में ये अफवाहें उड़ रही थी कि पाकिस्तानी सेना ने उन्हें फाँसी दे दी। अब 21 दिन बाद दोनों यूट्यूबर- सोहैब चौधरी और सना अमजद वापस आ गए हैं। उन्होंने 21 और 22 जनवरी 2025 को वीडियो जारी किए और अपने ऊपर ढाए गए जुल्मों के बारे में पूरी दुनिया को बताया।

बता दें कि दोनों यूट्यूबर अचानक कई दिनों तक लापता रहे। जिसके बाद सोशल मीडिया पर कई अफवाहें फैली। कुछ ने कहा कि वो पाकिस्तान से भाग गए हैं, तो कुछ ने दावा किया कि प्रो-इंडिया कंटेंट की वजह से पाकिस्तानी सेना ने उन्हें फाँसी पर चढ़ा दिया। हालाँकि अब दोनों वापस आ गए हैं। अपनी वापसी के बाद दोनों ने अपने-अपने यूट्यूब चैनल पर वीडियो शेयर करते हुए बताया कि उनकी आवाज़ दबाने और उनके परिवार को धमकाने के लिए पूरी प्लानिंग करके खास अभियान चलाया गया।

सोहैब चौधरी ने सुनाई टॉर्चर की कहानी

राजनीतिक मुद्दों पर अपनी बेबाक राय के लिए जाने-जाने वाले सोहैब चौधरी ने खुद पर की गई ज्यादतियों के बारे में विस्तार से बताया। सोहैब ने कहा, “रात के करीब 2 बजे, हथियारबंद लोग मेरे घर में घुस आए, मेरी आँखों पर पट्टी बाँध दी और मुझे एक अज्ञात स्थान पर ले गए।” उन्होंने आगे बताया कि अगले तीन हफ्तों तक उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।

सोहैब ने कहा, “हर दिन मुझे लगता था कि यह मेरा आखिरी दिन होगा। उन्होंने मुझे डराने के लिए नकली फाँसी भी दी। मेरा एनकाउंटर भी किया।” सोहैब ने यह भी आरोप लगाया कि उनको किडनैप करने वाले लोग एक राजनीतिक पार्टी से जुड़े हैं, और उन्हें इस पार्टी में शामिल होने के लिए मजबूर कर रहे थे। आने वाले समय में वो पार्टी का भी नाम बताएँगे।

सोहैब ने कहा, “उन्होंने मुझ पर तीन झूठे मुकदमे दर्ज कराए और धमकी दी कि अगर मैंने उनकी बात नहीं मानी तो वे मेरी ज़िंदगी तबाह कर देंगे।” लेकिन इन धमकियों के बावजूद, उन्होंने हार नहीं मानी। उन्होंने कहा, “उन्होंने मेरा डर खत्म कर दिया। मैं अब और मजबूत हो गया हूँ। मैं सच बोलता रहूँगा और न्याय के लिए लड़ाई जारी रखूँगा।” सोहैब ने अपने अपहरणकर्ताओं को चुनौती दी, “आप मुझे 21 साल तक जेल में डाल सकते हैं, लेकिन मेरी आवाज़ नहीं दबा सकते। मैं पाकिस्तान में भ्रष्टाचार और सत्ता के दुरुपयोग के खिलाफ बोलना बंद नहीं करूँगा।”

सना अमजद को परिवार के नाम पर धमकाया

सना अमजद ने भी अपने वीडियो में बताया कि उन्हें प्रताड़ित करने के लिए उनके परिवार को निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा, “उन्होंने मेरी बेवा वालिदा (अम्मी) को धमकाने की कोशिश की ताकि मैं उनकी बात मान लूँ।” सना ने आगे बताया, “उन्होंने मेरी बेवा वालिदा के घर तक पहुँचने के लिए फर्जी कॉल किए और यहाँ तक कि शादी का कार्ड देने का बहाना बनाकर उनके घर गए। जब मेरी अम्मी मेरा पता बताने से इनकार कर दिया तो उन्होंने उन्हें धमकाया। इस घटना की वजह से मेरी अम्मी सदमें में चली गई।”

भारत और पाकिस्तान के बीच बातचीत और बेहतर संबंधों की वकालत करने वाली सना ने कहा कि उनके वीडियो अक्सर पाकिस्तान के ताकतवर लोगों को नाराज करते हैं। सना ने कहा, “वे मानते हैं कि पाकिस्तान में भारत की तारीफ करना अपराध है। लेकिन अगर प्रधानमंत्री समेत कई नेता भारत की तारीफ कर सकते हैं, तो मैं क्यों नहीं?” उन्होंने यह भी बताया कि उनकी गुमशुदगी के दौरान उन्हें लगातार गालियाँ और धमकियाँ दी गईं। सना ने कहा, “उन्होंने मुझे डराने के लिए कहा कि वे मेरी आवाज़ बंद कर देंगे। लेकिन अब उनका डर मेरे अंदर से खत्म हो गया है। मैं सच बोलना जारी रखूँगी।”

आलोचकों को चुप कराने की साजिश

दोनों यूट्यूबर्स का मानना है कि उनके अपहरण का मकसद पाकिस्तान में स्वतंत्र आवाजों को दबाना था। सना ने कहा, “2019 में, मैं लिबर्टी मार्केट में खड़ी होकर लोगों से भारत के बारे में उनकी राय पूछती थी। तब यह कोई मुद्दा नहीं था। लेकिन 2024 में यह इतनी बड़ी समस्या क्यों बन गई?”

सोहैब ने कहा, “पाकिस्तान में किसी पर झूठे मुकदमे लगाकर या उन्हें ‘भारतीय एजेंट’ करार देकर चुप करा दिया जाता है। मुझ पर भी यही आरोप लगाया गया, लेकिन मैं सच बोलता रहूँगा। भारत की जीडीपी पाकिस्तान से आगे है, और यह सच है।” सोहैब ने यह भी कहा कि पाकिस्तानी मीडिया और यूट्यूबर्स ने उनकी गुमशुदगी पर चुप्पी साधी। “जो लोग आजादी की बात करते हैं, वे कहाँ हैं? डर या स्वार्थ के कारण कई लोग खामोश रहे।”

भारतीय मीडिया का अदा किया शुक्रिया

दोनों यूट्यूबर्स ने भारतीय मीडिया और समर्थकों का शुक्रिया अदा किया। सना ने कहा, “भारतीय मीडिया ने हमारा साथ दिया, लेकिन हमारी अपनी मीडिया ने खामोशी बरती। यह चुप्पी दिखाती है कि पाकिस्तान में स्वतंत्र आवाजों को किन चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।” सोहैब ने कहा कि वह आगे और वीडियो जारी करेंगे, जिनमें उन लोगों के खिलाफ सबूत पेश करेंगे जो उनके अपहरण में शामिल थे। उन्होंने कहा, “मैं हर सबूत के साथ दिखाऊँगा कि कैसे राजनीतिक पार्टियाँ अपने आलोचकों को चुप कराने के लिए धमकी का सहारा लेती हैं।”

खतरे में है दोनों की जिंदगी

सोहैब और सना दोनों ने माना कि उनकी ज़िंदगी अब भी खतरे में है। सोहैब ने कहा, “मेरी जान को अब भी खतरा है। वे मुझे खत्म करने की कोशिश कर सकते हैं, लेकिन सच को मार नहीं सकते।” सना ने कहा, “अगर मेरी आवाज़ बंद हो भी जाए, तो मेरे वीडियो हमेशा मेरे लिए बोलते रहेंगे।”

जो द्वारका अब हुई कब्जा मुक्त, वहाँ बने अवैध ढाँचों से ड्रग्स और विस्फोटकों की होती थी तस्करी: हाई कोर्ट को गुजरात सरकार ने बताया क्यों बुलडोजर एक्शन जरूरी

गुजरात सरकार ने हाई कोर्ट के समक्ष द्वारका में धार्मिक संरचनाओं पर कार्रवाई को यथास्थिति बनाए रखने के आदेश का विरोध किया है। सरकार ने तर्क दिया कि इन संरचनाओं का उपयोग मादक पदार्थों और विस्फोटकों की तस्करी के लिए किया जाता है। राज्य सरकार ने कहा कि क्षेत्र में बम विस्फोट हो चुके हैं और कुछ दरगाहों को विस्फोटकों के भंडारण का उपयोग करते हुए पाया जा चुका है।

मामले की सुनवाई के दौरान 20 जनवरी को राज्य सरकार की ओर से पेश सरकारी वकील जीएच विर्क ने जस्टिस मौना एम भट्ट के समक्ष तर्क प्रस्तुत किया। वकील ने कहा कि राज्य ने संरचना को छोड़कर सभी अतिक्रमण हटा दिए हैं। यह कोर्ट के यथास्थिति के आदेश के तहत है। उन्होंने तर्क दिया कि रिट याचिका अदालत को धोखा देने के अलावा कुछ नहीं था।

लाइव लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने तर्क दिया कि जिन संरचनाओं को यथास्थिति में रखा जा रहा है, उनका उपयोग मादक पदार्थों की तस्करी, विस्फोटकों की तस्करी के लिए किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में बम विस्फोट हो चुके हैं और कुछ दरगाहों के मुजाहिदों (दीन के लड़ने वाले मुस्लिम) को विस्फोटकों के भंडारण के लिए इनका उपयोग करते हुए पाया गया है।

इस पर कोर्ट ने कहा कि याचिकाकर्ता का दावा किया है कि संबंधित संपत्ति वक्फ संपत्ति है। वहीं, राज्य सरकार का दावा है कि यह भूमि गौचर भूमि (चारागाह भूमि) है। कोर्ट के सवालों का जवाब देते हुए वकील विर्क ने कहा कि विर्क ने कहा कि पब्लिक ट्रस्ट रजिस्टर से पता चलता है कि जिस संपत्ति पर सवाल उठाया जा रहा है, वह वक्फ संपत्ति नहीं है।

उन्होंने यह भी कहा कि एक याचिका में यह गौचर भूमि (चारागाह भूमि) है और दूसरी याचिका में यह कब्रिस्तान है। उन्होंने सवाल किया कि कब्रिस्तान पर कोई विशाल भव्य संरचना कैसे बना सकता है। उन्होंने इंटेलिजेंस ब्यूरो के माध्यम से रिकॉर्ड पर रखे गए उपग्रह चित्रों के बारे में जानकारी दी और हर तरफ से निर्माण किए हुए ऐसे परिसरों में ड्रग्स तस्करी की बात कही।

इस कोर्ट ने सवाल किया कि कब्रिस्तान तो आमतौैर पर वक्फ संपत्ति होती है। इसका जवाब देते हुए वकील विर्क ने कहा कि ये सारी सरकारी भूमि है, जो राजस्व दस्तावेजों में अंकित है और सरकार ने इस भूमि को कब्रिस्तान के उद्देश्य से आवंटन किया था। विर्क ने कहा कि तीन मामलों में से दो मामलों में राजस्व सर्वे नंबर दिया जा चुका है।

बता दें कि गुजरात में श्रीकृष्ण की नगरी द्वारका के 7 द्वीपों को अतिक्रमण से मुक्त कर दिया गया है। यहाँ अवैध रूप से बनाए गए 36 ढाँचे तोड़ दिए गए हैं। यह कार्रवाई राज्य सरकार ने तेजी के साथ की है। राज्य के गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने 21 जनवरी 2025 को बताया है कि द्वारका के द्वीप अब अतिक्रमण से शत प्रतिशत मुक्त हैं।

उन्होंने वहाँ के वीडियो भी सोशल मीडिया साइट X (पूर्व में ट्विटर) पर शेयर कीं। इन वीडियो में दरगाह जैसे कुछ ढाँचे पहले खड़े दिखाई देते हैं, जिन्हें बाद में जमींदोज कर दिया गया है। यह ढाँचे 7 अलग-अलग द्वीपों पर बने हुए थे। इन अतिक्रमण वाले ढांचों ने जमीन का बड़ा हिस्सा कब्जाया हुआ था। द्वारका के बाकी इलाकों में भी अतिक्रमण पर कार्रवाई करते हुए सैकड़ों ढाँचे गिराए जा चुके हैं।

छत्तीसगढ़ सरकार सब कुछ करने को तैयार, फिर भी ईसाइयों के कब्रिस्तान में पादरी रहे पिता को दफन नहीं कर रहा बेटा: अपनी जिद में सुप्रीम कोर्ट पहुँचा, 15 दिन से मुर्दाघर में पड़ा है शव

जनजातीय हिन्दू समुदाय के लिए बनाए गए श्मशान में पिता का अंतिम संस्कार करने पर अड़े एक ईसाई की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि है कि वह सभी पक्ष को स्वीकार हो, ऐसा फैसला चाहता है।

छत्तीसगढ़ सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को बताया है कि यदि ईसाई व्यक्ति का अंतिम संस्कार हिन्दुओं के श्मशान में किया गया, तो इससे विवाद पैदा होगा। सुप्रीम कोर्ट से पहले छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने ईसाई व्यक्ति को राहत देने से मना कर दिया था। ईसाई व्यक्ति का शव पिछले 15 दिन से मोर्चरी में रखा हुआ है।

क्या है मामला?

छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के रहने वाले रमेश बघेल के पिता सुभाष बघेल की मौत 7 जनवरी, 2025 को हो गई थी। रमेश बघेल एक ईसाई है और उसके दादा हिन्दुओं की महरा जाति से ईसाई बन गए थे। मृतक सुभाष बघेल एक ईसाई पादरी भी रहा था।

सुभाष बघेल की मौत के बाद बेटे रमेश बघेल ने गाँव के श्मशान में उसका ईसाई रीति रिवाज से अंतिम संस्कार करना चाहा था। यहाँ रहने वाले हिन्दुओं और बाकी समुदाय ने इसका कड़ा विरोध किया। हिन्दुओं ने रमेश बघेल से कहा कि वह अपने पिता का अंतिम संस्कार 20 किलोमीटर दूर एक ईसाई श्मशान में करें।

मामले में घटनास्थल पर पहुँची पुलिस ने भी रमेश बघेल से कहा कि वह बिना विवाद के ईसाइयों के श्मशान में अपने पिता का अंतिम संस्कार कर दें। हालाँकि, रमेश बघेल इस बात पर अड़ गया कि उसे इस जनजातीय श्मशान में ही अपने पिता का अंतिम संस्कार करना है।

वह इस मामले में याचिका लेकर छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट पहुँच गया। उसने माँग की कि हाई कोर्ट पुलिस और प्रशासन को आदेश दे कि वह इसी जनजातीय श्मशान में अंतिम संस्कार करवाएँ।

क्या बोला छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट?

छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में जस्टिस बिभु दत्ता गुरु ने 9 जनवरी, 2025 को इस याचिका की सुनवाई की। हाई कोर्ट में इस मामले में राज्य सरकार ने बताया कि गाँव के श्मशान में ईसाइयों के लिए कोई अलग जगह निर्धारित नहीं है और अगर रमेश बघेल अपने पिता का अंतिम संस्कार ईसाई तरीके से करना चाहता है तो वह 20 किलोमीटर दूर स्थित ईसाई श्मशान में जा सकता है।

राज्य सरकार ने बताया कि इस स्थिति में ग्राम पंचायत को भी कोई शिकायत नहीं है और इसे कोई समस्या भी खड़ी नहीं होगी। हाई कोर्ट ने राज्य सरकार की यह दलील मानते हुए रमेश बघेल की याचिका पर कोई आदेश पारित करने से मना कर दिया।

हाई कोर्ट ने अपने आदेश में कहा, “इस रिट याचिका में याचिकाकर्ता द्वारा माँगी गई राहत प्रदान करना उचित नहीं होगा, इससे आम जनता में अशांति और असामंजस्य पैदा हो सकता है।” हाई कोर्ट ने कहा कि पास में ही ईसाई श्मशाम उपलब्ध है, ऐसे में वह राहत नहीं देगा। इस फैसले के खिलाफ रमेश बघेल सुप्रीम कोर्ट पहुँच गया।

सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?

सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में 17 जनवरी, 2025 को छत्तीसगढ़ सरकार को नोटिस जारी कर जवाब माँगा था। मामले में 20 जनवरी, 2024 को भी बहस हुई थी। इस दौरान राज्य सरकार की तरफ से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने स्पष्ट किया था कि ईसाई तौर तरीकों से अंतिम संस्कार किए जाने की इजाजत जनजातीय हिन्दू श्मशान में नहीं दी जा सकती।

उन्होंने रमेश बघेल की तरफ से पेश वकील कोलिन गोंसाल्वेस पर आरोप लगाया था कि वह उन जनजातीय लोगों में विवाद पैदा कर रहे हैं, जो ईसाइयत में धर्मान्तरित हो चुके है और जो अभी भी हिन्दू हैं। उन्होंने कहा था कि विवाद से बचने के लिए ईसाई व्यक्ति को 15-20 किलोमीटर दूर स्थित ईसाई श्मशान में ले जाया जाए।

मामले में वकील गोंसाल्वेस ने आरोप लगाया था कि ईसाई व्यक्ति को इसलिए नहीं अनुमति दी जा रही है क्योंकि वह धर्मांतरित है। मामले की सुनवाई करते हुए जस्टिस नागरत्ना ने इस बात पर दुख जताया था कि अंतिम संस्कार के लिए व्यक्ति को सुप्रीम कोर्ट तक आना पड़ा था।

सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार (22 जनवरी, 2025) को इस मामले की दोबारा सुनवाई की। सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि वह जल्द ही अपना फैसला दे देगा क्योंकि मृत व्यक्ति का शरीर लम्बे समय से मोर्चरी में रखा हुआ है।

मंगलवार को सुनवाई के दौरान SG मेहता ने कहा , “मान लीजिए कल कोई हिन्दू यह तर्क रखता है कि ‘मैं अपने परिवार के शव का अंतिम संस्कार मुस्लिम कब्रिस्तान में करना चाहता हूँ, क्योंकि उसके पूर्वज मुस्लिम थे या और कुछ थे तथा उसने धर्म परिवर्तन कर हिन्दू धर्म अपना लिया तो स्थिति क्या होगी?”

SG मेहता ने कहा कि इससे कानून व्यवस्था का मुद्दा खड़ा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ईसाई व्यक्ति को एम्बुलेंस देने को तैयार है और वह दूसरी जगह स्थित ईसाई कब्रिस्तान में अंतिम संस्कार कर सकता है। उन्होंने साफ़ किया कि गाँव का कब्रिस्तान जनजातीय हिन्दुओं के लिए है, ना कि ईसाइयों के लिए।

वकील गोंसालेवेस ने सुनवाई के दौरान आरोप लगाया कि उनके साथ भेदभाव हो रहा है। इस पर जस्टिस शर्मा ने कहा कि ऐसा कोई मामला नहीं है। SG तुषार मेहता ने यह भी साफ़ किया कि निजी भूमि पर भी अंतिम संस्कार की अनुमति नहीं दी जा सकती क्योंकि इससे जमीन की प्रकृति कृषि या आवासीय से बदल कर पवित्र हो जाती है।

इस मामले में सुनवाई के दौरान जस्टिस नागरत्ना ने इस बात पर जोर दिया कि ईसाइयों के लिए अलग श्मशान हर जगह होने चाहिए। मामले में सुप्रीम कोर्ट ने छत्तीसगढ़ से एक हलफनामा दायर करने को कहा है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि वह इस मामले में सबको स्वीकार होने वाला निर्णय चाहता है।