Home Blog Page 1974

‘इस्लाम में ये हराम है, मुस्लिम नहीं मना सकते हिन्दू त्योहार का जश्न’: Pak क्रिकेटर ने दी होली की शुभकामनाएँ तो भड़के कट्टर मुस्लिम, दानिश ने कहा – जय श्री राम

पाकिस्तानी क्रिकेटर शाहनवाज दहानी (Shahnawaz Dahani) को होली (Holi 2023) की शुभकामनाएँ देने पर इस्लामी कट्टरपंथियों द्वारा जमकर ट्रॉल किया जा रहा है। दहानी ने मंगलवार (7 मार्च, 2023) को लिखा, “दुनिया भर के सभी प्यारे लोगों को, जो प्यार, शांति, खुशी, रंग और उत्सव में विश्वास करते हैं। आपको होली की शुभकामनाएँ।”

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को अपना हीरो बताने वाले शाहनवाज दहानी के अलावा पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर दानिश कनेरिया (Danish Kaneria) ने भी होली की शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, “जय श्रीराम। दुनिया भर के सभी लोगों को होली की शुभकामनाएँ। बुरा न मानो होली है। जय सनातन धर्म।”

वहीं, दहानी के होली की शुभकामनाएँ देने पर इस्लामी कट्टरपंथी भड़क गए और उनकी पोस्ट पर लिखा, “होली की शुभकामनाएँ देना इस्लाम में हराम है और हराम की मुबारकबाद देना गुनाह है।” एक अन्य इस्लामी कट्टरपंथी ने कहा कि एक मुस्लिम होने के नाते हम इसका जश्न नहीं मना सकते।

इस्लामी कट्टरपंथियों ने शाहनवाज दहानी को ट्रोल किया (फोटो साभार: दहानी का ट्विटर)

इसको लेकर एक कट्टरपंथी मुहम्मद नोमन उनकी पोस्ट पर लिखता है, “एक मुस्लिम गैर मुस्लिमों के किसी भी त्योहार पर उन्हें शुभकामनाएँ नहीं दे सकता है।”

कट्टरपंथी मुहम्मद नोमन ने शाहनवाज दहानी की पोस्ट पर कमेंट किया (फोटो साभार: दहानी का ट्विटर)

एक अन्य ट्रोलर ने लिखा कि भाई, आपको पता है, आप एक मुस्लिम हो।

इस्लामी कट्टरपंथियों के निशाने पर आए शाहनवाज दहानी (फोटो साभार: दहानी का ट्विटर)

इनके अलावा पाकिस्तानी क्रिकेटर की पोस्ट पर अन्य कट्टरपंथियों ने भी यही कमेंट किया, “एक मुस्लिम होने के नाते हम इसे सेलि​ब्रेट नहीं कर सकते।”

बता दें कि शाहनवाज दहानी को पिछले साल दिवाली की शुभकामनाएँ देने पर भी इस्लामी कट्टरपंथियों ने ट्रोल किया था। वे उनकी पोस्ट पर उन्हें गालियाँ देते हुए नजर आए थे। एक कट्टरपंथी ने उनकी पोस्ट पर लिखा था, “लानत है आप पर। क्या आपको अरशद शरीफ (केन्या में मारा गया पाकिस्तान का पत्रकार) के बारे में पता नहीं चला, जो आप दिवाली की खुशियाँ मना रहे हैं। अरशद शरीफ पर एक भी ट्वीट नहीं किया आपने।” मुहम्मद उस्मान ने लिखा था, “मुस्लिम हो आप दहानी साहब।”

जनजातीय समाज की छात्राओं का यौन शोषण, शिकायत करने पर खून निकलने तक पिटाई: मिशनरी स्कूल का प्रिंसिपल गिरफ्तार-फादर फरार, NCPCR एक्शन में

मध्य प्रदेश के डिंडौरी में एक गाँव में चल रहे मिशनरी स्कूल की जनजातीय समाज की छात्राओं और छात्रों ने अपने प्रिंसिपल और टीचर के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत की है। पीड़ितों का आरोप है कि उन्हें कमरे में अकेले बुला कर अश्लील हरकतें की जाती हैं। आरोपितों की बात न मानने वाले बच्चों की पिटाई की जाती है। पुलिस ने केस दर्ज कर के प्रिंसिपल को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में 3 अन्य नामजद आरोपित अभी फरार चल रहे हैं। पुलिस ने इस कार्रवाई की जानकारी रविवार (5 मार्च, 2023) को साझा की है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मामला डिंडौरी के समनापुर थाना क्षेत्र का है। यहाँ के गाँव जुनवानी में रोमन कैथोलिक समुदाय की जबलपुर डायोकेसन एजुकेशन सोसाइटी (जेडीईएस) द्वारा एक स्कूल चलाया जाता है। इस स्कूल की 8 छात्राओं ने डिंडौरी के महिला थाने में शिकायत दी है। शिकायत में उन्होंने स्कूल के प्रिंसिपल नान सिंह यादव और गेस्ट टीचर पर अपने साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करने का आरोप लगाया है।

छात्राओं का कहना है कि यह हरकत दोनों आरोपित उन्हें अकेले में अपने कमरों में बुला कर करते थे। दावा है कि आरोपितों ने क्लास 1 और क्लास 2 में भी पढ़ने वाली बच्चों को भी नहीं छोड़ा।

इसी शिकायत में आगे बताया गया है कि जब पीड़िताएँ इस करतूत की शिकायत स्कूल की सिस्टर सविता से करती थीं तब उन्हें बाँस के डंडे से पीटा जाता था। यह पिटाई इतनी बेरहमी से होती थी कि छात्राओं को खून निकल आते थे। जब छात्राएँ अपनी प्रताड़ना चर्च के फादर शनि से बताने जाती थीं तब उन पर कोई फर्क नहीं पड़ता था। फादर शनि स्कूल के संचालक भी हैं। इस मामले की जानकारी जब बाल कल्याण समिति को हुई उसके सदस्य स्कूल पहुँचे। उन्होंने मामले की पड़ताल की तो हॉस्टल में रहने वाले छात्रों ने भी आरोपितों द्वारा खुद को शारीरिक तौर पर प्रताड़ित बताया।

घटना की जानकारी मिलने पर डिंडौरी के विधायक ओमकार मरकाम को हुई तो वो स्कूल पहुँचे और सभी आरोपितों पर कड़ी कार्रवाई की माँग की। SP डिंडौरी संजय सिंह के मुताबिक पीड़ित छात्रों की शिकायत पर स्कूल संचालक फादर शनि, प्रिंसिपल नान सिंह यादव, गेस्ट टीचर खेमचन्द्र और सिस्टर सविता के खिलाफ IPC की धारा 354,354 (क)(1), 323 और 34 के साथ पास्को एक्ट में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने प्रिंसिपल नान सिंह यादव को गिरफ्तार कर लिया है। फरार चल रहे अन्य तीन आरोपितों के लिए दबिश दी जा रही है।

NCPCR ने लिया संज्ञान

इस मामले का राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष प्रियांक कानूनगो ने संज्ञान लिया है। प्रियांक ने लिखा’ “इस मामले में राजनीतिक दबंगों ने उत्पात किया है। जाँच करने व CWC के अध्यक्ष, सदस्यों तथा बच्चों मदद के लिए आज रात मैं स्वयं डिंडौरी पहुँच रहा हूँ। बाल संरक्षण के मैदानी कर्मचारियों/कार्यकर्ताओं की रक्षा में NCPCR ढाल बनकर खड़ा है। बच्चों का शोषण करने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा।”

‘अपनी बीवी को बुर्का पहनाता है, दूसरों की बेगम पर हाथ डालता है’: इरफ़ान पठान ने सानिया मिर्जा के साथ की ‘मस्ती’ तो भड़के इस्लामवादी, कहा – मौलवी अब्बा का ख्याल करो

पूर्व टेनिस स्टार सानिया मिर्जा के साथ वीडियो सामने आने के बाद भारतीय क्रिकेटर इरफान पठान इस्लामवादियों के निशाने पर आ गए। इस्लामवादी ट्विटर यूजर्स ने उन्हें अपनी पत्नी को हिजाब पहनाने और बिना हिजाब वाली सानिया मिर्जा को छूने को लेकर खरी-खोटी सुनाई है। दरअसल, इरफान पठान ने ट्विटर पर सानिया मिर्जा के रिटायरमेंट पार्टी का एक वीडियो शेयर किया था। इस वीडियो को कैप्शन देते हुए उन्होंने लिखा, “आप इस गाने की तरह ही बिना रुके बढ़ीं हैं। हमें आपकी उपलब्धि पर बहुत गर्व है। असली सफर रिटायरमेंट के बाद ही शुरू होता है।”

इराफान के इस वीडियो को लेकर इस्लामवादी ट्विटर यूजर डॉ मुहम्मद शाहब ने लिखा, “प्रसिद्धि किसी के ईमान को नष्ट कर सकती है।”

एक अन्य इस्लामवादी यूजर ने लिखा, “आपके वालिद तो बड़े मौलाना हैं?” दरअसल, इस्लामवादी यह कहना चाह रहा था कि इरफान के अब्बा मौलाना थे और वह इस्लाम की सारी मान्यताओं को भूल चुके हैं।

मलिक नामक एक इस्लामवादी ने लिखा, “शोएब मलिक (सानिया मिर्जा के पति), मैं आपको मुस्लिम होने का नाटक करने के लिए लानत भेजता हूँ। यह पठान का बंदा पूरी तरह से बकवास है। इसमें ज़रा सी भी शर्म नहीं है। इस तरह की अश्लीलता फैलाने के लिए उसे शर्म आनी चाहिए।”

मोहम्मद जाकिर नामक व्यक्ति ने इरफान पठान को सानिया मिर्जा के कंधे पर हाथ रखने को लेकर लिखा, “हाथ हटा बेशर्म” वहीं, उसने एक अन्य ट्वीट में लिखा, “खुद की पत्नी को हिजाब पहनाता है और दूसरों की बीवी को हाथ लगाता है।”

बता दें कि इससे पहल मई 2021 में अवैध संबंध रखने का आरोप लगने के बाद इरफान पठान की मुश्किलें तब बढ़ गईं थी। दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें, एक महिला के ससुर सैयद इब्राहिमन ने महिला और इरफान पठान के बीच अवैध संबंध होने की बात कही थी।

वीडियो में सैयद इब्राहिम नामक व्यक्ति ने कहा था, “उसका क्रिकेट इरफान पठान के साथ अफेयर है, वह उसके साथ सोती है।” उसने यह भी दावा किया था कि उसकी बहू ने कथित संबंध कबूल कर लिए हैं।

अहमदाबाद के एक सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी होने का दावा करने वाले सैयद इब्राहिम ने आरोप लगाया था कि इरफान उसके बेटे पर इस अफेयर को बनाए रखने का दवाब डाल रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि इरफान पठान द्वारा पुलिस अधिकारियों पर डाले गए राजनीतिक दबाव के कारण पुलिस भी इरफान के खिलाफ शिकायत दर्ज नहीं कर रही है।

राबड़ी के बाद अब लालू से CBI ने की पूछताछ, जमीन के बदले नौकरी का मामला: सिंगापुर वाली बेटी भड़की, कहा- दिल्ली की कुर्सी हिला देंगे

सीबीआई की टीम ने राजद सुप्रीमो लालू यादव से नौकरी के बदले जमीन घोटाला मामले में पूछताछ की है। मंगलवार सुबह लगभग 10:30 बजे सीबीआई की टीम दिल्ली स्थित मीसा भारती के बंगले पर पहुँची। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव इन दिनों बेटी मीसा भारती के साथ ही रह रहे हैं। इस दौरान लालू की दूसरी बेटी रोहिणी आचार्य ने पिता लालू यादव को परेशान करने का आरोप लगाया है। रोहिणी ने दिल्ली की कुर्सी हिला देने की धमकी दी है।

‘लैंड फॉर जॉब’ स्कैम में राबड़ी देवी से पूछताछ के बाद सीबीआई की टीम ने लालू यादव से भी पूछताछ की है। दिल्ली स्थित मीसा भारती के बंगले पर उनसे 2 घंटो से भी अधिक समय तक पूछताछ हुई। किडनी ट्रांसप्लांट के कारण लालू बेटी मीसा भारती के बंगले पर ठहरे हुए हैं। सीबीआई की टीम ने पूछताछ के लिए पहले ही नोटिस दिया हुआ था।

सीबीआई की टीम के मीसा भारती के बंगले पर पहुँचने के बाद बेटी रोहिणी ने एक के बाद एक कई ट्वीट कर लालू यादव को परेशान किए जाने की बात कही। उन्होंने धमकी भरे लहजे में ट्वीट करते हुए लिखा, “पापा को लगातार परेशान किया जा रहा है। अगर उन्हें कुछ हुआ तो मैं किसी को नहीं छोड़ूँगी। पापा को तंग कर रहे हैं यह ठीक बात नहीं है। यह सब याद रखा जाएगा। समय बलवान होता है, उसमें बड़ी ताकत होती है। यह याद रखना होगा।

एक अन्य ट्वीट में रोहिणी ने लिखा कि पापा को ये लोग तंग कर रहे हैं अगर उनके तंग करने के कारण उन्हें (लालू यादव) जरा भी परेशानी होगी तो दिल्ली की कुर्सी हिला देंगे। अब बर्दाश्त करने की सीमा जवाब दे रही है।

इसके पहले सोमवार (06 मार्च, 2023) को सीबीआई की टीम पटना में राबड़ी देवी के आवास पर पहुँची थी। जानकारी के मुताबिक, राबड़ी देवी से कई घंटो तक पूछताछ भी की गई। पूछताछ के बाद जब राबड़ी देवी से पत्रकारों ने सीबीआई के आने को लेकर सवाल किया तो पूर्व मुख्यमंत्री भड़क गईं। उन्होंने कहा कि सीबीआई हमारे यहाँ आती रहती है।

जिस केस में सीबीआई ने राबड़ी देवी और लालू यादव से पूछताछ की है उस मामले में राबड़ी देवी उनके पति लालू प्रसाद यादव के अलावा बेटी मीसा भारती भी आरोपित हैं। ‘लैंड फॉर जॉब’ स्कैम के मामले में हाल ही में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने लालू यादव, राबड़ी देवी और मीसा भारती को समन जारी किया है। तीनों को 15 मार्च को अदालत में पेश होना है।

उल्लेखनीय है कि 14 साल पहले जिस समय यह घोटाला हुआ था, उस समय लालू प्रसाद यादव यूपीए-1 शासनकाल में केंद्रीय रेल मंत्री थे। उस समय नौकरी के देने बदले लालू प्रसाद यादव के परिजनों को पटना में करीब 1.05 लाख वर्ग फुट जमीन अधिग्रहित की गई थी। इस घोटाले में बिना विज्ञापन निकाले रिश्वत देने वाले अभ्यार्थियों को तीन दिन के अंदर रेलवे में नौकरी दे दी गई थी। इतना ही नहीं, इन उम्मीदवारों ने नौकरी के लिए झूठे स्थानांतरण प्रमाण पत्र का इस्तेमाल किया है और रेल मंत्रालय में झूठे प्रमाणित दस्तावेज भी जमा कराए थे।

नॉमर्ल वायरल नहीं है यह सिर दर्द, बुखार और थकान: कोरोना की तरह फैल रहा H3N2 वायरस, जानें लक्षण और इलाज

पूरी दुनिया में कोरोना वायरस (Corona) का खतरा अभी टला नहीं है। इस बीच H3N2 वायरस (H3N2 Virus) ने स्वास्थ्य विशेषज्ञों की चिंता बढ़ा दी है। उत्तर भारत सहित देश के कई हिस्सों में H3N2 इन्फ्लूएंजा वायरस का प्रकोप तेजी से फैल रहा है। मरीजों में लंबे समय तक खाँसी, साँस फूलने, बुखार, उल्टी और दस्त जैसे लक्षण देखे जा रहे हैं।

इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के मुताबिक, संक्रमण के लक्षण पाँच से सात दिनों तक बने रह सकते हैं। एच3एन2 से होने वाला बुखार तीन दिनों में उतर जाता है, लेकिन खाँसी के लक्षण तीन हफ्ते तक बने रह सकते हैं। इसके लक्षण सीजनल कोल्ड और कफ की तरह होते हैं।

वहीं, मैक्स हेल्थ केयर के ग्रुप मेडिकल डायरेक्टर डॉ संदीप बुद्धिराजा के अनुसार, इन्फ्लूएंजा वायरस के लक्षण फ्लू के मौसम के दौरान पिछले वर्षों की तुलना में थोड़े अलग और ज्यादा गंभीर हैं। कई मरीज लगातार शिकायत कर रहे हैं कि जो खाँसी फ्लू के ठीक होने के बाद पहले 2-4 दिन में ठीक हो जाती थी। उसे ठीक होने में अब हफ्तों लग रहे हैं।

संदीप बुद्धिराजा ने बताया, “आमतौर पर हमें उत्तर भारत में फरवरी और मार्च के महीने में फ्लू के मामले देखने को नहीं मिलते हैं। लेकिन इस साल फरवरी और मार्च में मरीजों की संख्या बढ़ी है। यह वायरस किसी खास तरह के रिएक्शन व सूजन को जन्म दे रहा है। कभी-कभी तो यह फेफेड़ों पर भी प्रभाव डाल रहा है।”

इसे लेकर एम्स के पूर्व डायरेक्टर रणदीप गुलेरिया ने कहा, “वर्तमान में इन्फ्लूएंजा के मामले काफी बढ़े हैं। H3N2 भी कोविड की तरह फैल रहा है। इससे बचाव की जरूरत है। खासकर बुजुर्गों को सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इन्फ्लूएंजा वायरस के केस इन दिनों हर साल देखने को मिलते हैं। यह ऐसा वायरस है, जो समय के साथ उत्परिवर्तित होता है, जिसे हम एंटीजेनिक ड्रिफ्ट कहते हैं।”

H3N2 वायरस क्या है?

H3N2 वायरस एक प्रकार का इन्फ्लूएंजा वायरस है। इसे इन्फ्लूएंजा A वायरस कहा जाता है। H3N2 इन्फ्लुएंजा वायरस गले में खराश, खाँसी, शरीर में दर्द और नाक बहने के साथ बुखार के रूप में होता है। ये वायरस आमतौर पर हर सर्दी या फ्लू के मौसम में बीमारी का कारण बनते हैं। इंसानों को संक्रमित करने वाले इन्फ्लूएंजा वायरस तीन तरह के होते हैं। ए, बी और सी। टाइप-ए इन्फ्लूएंजा अत्यधिक संक्रामक होता है, जो बीमारी को तेजी से फैलाता है और महामारी की वजह बनता है।

H3N2 वायरस के लक्षण क्या हैं?

H3N2 वायरस के लक्षणों में खाँसी, नाक बहना या नाक बंद होना, गले में खराश, सिरदर्द, शरीर में दर्द, बुखार, ठंड लगना, थकान, दस्त, उल्टी और साँस फूलना शामिल हैं।

H3N2 वायरस से बचने के लिए क्या सावधानियाँ बरतें

किसी भी प्रकार के वायरल संक्रमण से बचने के लिए पहले टीका लगवाना जरूरी है। इसके अलावा अपने हाथों को नियमित रूप से साबुन से धोते रहे। अपने आस-पास की जगह सेनिटाइज करें। बीमार लोगों के संपर्क में आने से बचें। मास्क पहने। छींकते और खाँसते हुए अपने मुँह पर हाथ या फिर रुमाल जरूर रखें, ताकि किसी और को यह संक्रमण न हो।

H3N2 वायरस का इलाज क्या है?

H3N2 वायरस का उपचार काफी सरल है। इस दौरान लोगों को अधिक से अधिक तरल पदार्थ लेना चाहिए। खुद को हाइड्रेटेड रखना चाहिए। बुखार, खाँसी या सिरदर्द के लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें और समय पर दवाएँ लें।

सरकारी नौकरी में ब्राह्मणों का बोलबाला… तमिलों को आरक्षण दो: तमिलनाडु में ‘उत्तर भारतीयों’ की भर्ती के खिलाफ प्रदर्शन, TDPK समर्थकों ने बैरिकेड तोड़े

तमिलनाडु में हिंदी भाषियों के साथ हुई कथित हिंसा के बीच अब वहाँ सरकारी नौकरी में उत्तर भारतीयों और ब्राह्मणों के प्रभुत्व के खिलाफ प्रदर्शन हो रहे हैं। प्रदर्शनकारी हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों की नियुक्ति में आरक्षण की माँग कर रहे हैं। यह प्रदर्शन राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी डीएमके के सहयोगी संगठन टीपीडीके के नेतृत्व में हो रहा है। टीपीडीके कार्यकर्ता केंद्र सरकार की नौकरियों में तमिलों को आरक्षण देने की भी माँग कर रहे हैं।

रिपब्लिक की रिपोर्ट के अनुसार, तमिलनाडु के चेन्नई में स्थित शास्त्री भवन के सामने द्रविड़ समर्थक संगठन, थानथाई पेरियार द्रविड़ कज़गम (टीपीडीके) के कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी राज्य की सरकारी नौकरियों में उत्तर भारतीयों और ब्राह्मणों के प्रभुत्व का विरोध कर रहे हैं। साथ ही उनकी माँग है कि केंद्र सरकार की नौकरियों में तमिलों को आरक्षण दिया जाए। यही नहीं, प्रदर्शनकारी हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीशों की नियुक्ति में आरक्षण की माँग कर रहे हैं।

टीपीडीके पूरे चेन्नई में प्रदर्शन करने की योजना बना रहा है। इसमें टीपीडीके का उद्देश्य खासतौर से सरकारी कार्यालयों के सामने विरोध प्रदर्शन करने का है। प्रदर्शन को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की की गई थी। टाइम्स नाउ द्वारा शेयर किए वीडियो में टीपीडीके समर्थक पुलिस बैरिकेड्स को तोड़ने का प्रयास करते देखे जा सकते हैं। प्रदर्शनकारियों के उपद्रव को देखते हुए पुलिस को लाठीचार्ज भी करना पड़ा है। वहीं, कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया गया है।

गौरतलब है कि डीएमके समर्थक संगठन टीपीडीके ब्राह्मण विरोधी बयानबाजी के साथ ही राज्य में क्षेत्रवाद और संप्रदायवाद को बढ़ावा देने में सबसे आगे रहा है। अक्टूबर 2022 में, टीपीडीके ने सीबीएसई की किताब में ‘वर्ण व्यवस्था’ को लेकर एक चैप्टर के विरोध में प्रदर्शन किया था।

यही नहीं, नवंबर 2022 में इसी संगठन ने तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि को हटाने के लिए मद्रास उच्च न्यायालय के समक्ष एक याचिका दायर की थी। टीपीडीके के कार्यकर्ता हिंसा में भी शामिल रहे हैं। साल 2013 में श्री अरबिंदो आश्रम में हुई हिंसा मामले में टीपीडीके के नाम सामने आया था।

तमिलनाडु में हो रहे इस प्रदर्शन को राज्य में हिंदी भाषी मजदूरों के साथ हुई कठिन हिंसा से जोड़कर भी देखा जा रहा है। दरअसल, इस प्रदर्शन में टीपीडीके के कार्यकर्ता नौकरियों में उत्तर भारतीयों के प्रभुत्व का विरोध कर रहे हैं। उत्तरभारत में ही हिंदी बोली जाती है। इसलिए ऐसा कहा जा रहा है कि कथित हिंसा की खबरों के बाद ही यह प्रदर्शन शुरू किया गया है।

हिंदी भाषियों के खिलाफ हिंसा

बता दें कि बीते कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर ऐसे दावे किए जा रहे थे कि तमिलनाडु में हिंदी भाषियों के साथ हिंसा हो रही है। सोशल मीडिया पर वायरल कुछ वीडियो में लोगों को मारपीट करते हुए दिखाया गया था। हालाँकि तमिलनाडु सरकार ने ऐसे किसी भी हिंसा की घटनाओं का खंडन किया है। तमिलनाडु पुलिस ने कहा है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो फेक हैं। इनमें से ज्यादातर वीडियो तमिलनाडु के हैं भी नहीं। यही नहीं, तमिलनाडु पुलिस ने हिंदी भाषियों के साथ हो रही हिंसा की अफवाह फैलाने के आरोप में 9 लोगों के खिलाफ FIR भी दर्ज की है।

मुजफ्फरपुर में मूर्ति परिक्रमा के दौरान बवाल, सीतामढ़ी में माइक विवाद पर बोलीं बीजेपी MLA- हिंदुओं पर हो रही एकतरफा कार्रवाई

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में होली से पहले 2 पक्षों में विवाद की खबर है। बताया जा है कि मूर्ति परिक्रमा का रास्ता रोके जाने को लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ। इस दौरान ईंट और लाठी-डंडे भी चले। भारी पुलिस बल ने मौके पर पहुँच हालात पर काबू पाया। वहीं सीतामढ़ी के परिहार थाना क्षेत्र में हुई हिंसा में भाजपा विधायक ने बिहार पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई करते हुए केवल हिन्दुओं को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 6 मार्च 2023 की रात मुजफ्फरपुर के सकरा थाना क्षेत्र में दो पक्ष भिड़ गए। गाँव गन्नीपुर बेझा में अष्टयाम के बाद हिंदुओं द्वारा निकाली गई मूर्ति परिक्रमा के दौरान यह घटना हुई। घटनास्थल वार्ड नंबर 14 के पंचायत सदस्य राजेश कुमार ने ऑपइंडिया को बताया कि हिन्दू पूजा के बाद मूर्ति को एक टेम्पो में रख कर गाँव में परिक्रमा कर रहे थे। जब परिक्रमा गाँव के ही मोहम्मद शमशाद के घर के आगे से गुजरी तो उसके परिवार के लोगों ने इसे निजी रास्ता बताते हुए किसी और रास्ते से जानने को कहा। परिक्रमा में शामिल कुछ लोगों ने इस पर आपत्ति जताई। इसके बाद दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया। इस दौरान विजय महतो को चोटें आई।

ऑपइंडिया से बात करते हुए गन्नीपुर बेझा गाँव के मुखिया प्रतिनिधि दुलारे ने बताया कि 40 साल का शमशाद चिकन शॉप चलाता है। विवाद के समय वह घर से बाहर था। लेकिन बात बढ़ने पर घर के लोगों ने उसे भी बुला लिया। उन्होंने बताया कि जिस रास्ते में परिक्रमा को रोका गया वो पगडंडी है और उधर सिर्फ 2 ही घर हैं। शमशाद की हरकत को अप्रत्याशित बताते हुए दुलारे ने कहा कि अब माहौल शांत है।

मुखिया प्रतिनिधि ने बताया कि हिन्दू पक्ष द्वारा शमशाद और उसके परिजनों के खिलाफ तहरीर दी गई है। लेकिन ग्रामीणों ने पुलिस से इस मामले में 10 मार्च के बाद कार्रवाई की माँग की है, क्योंकि इस विवाद के निपटारे के लिए उस दिन पंचायत बुलाई गई है। वहीं सकरा थाना प्रभारी ने ऑपइंडिया को बताया कि मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। हालात सामान्य बताते हुए उन्होंने कहा कि झगड़ा 2 लड़कों के बीच विवाद से शुरू हुआ था।

सीतामढ़ी में हिंदुओं पर ही कार्रवाई का दावा

वहीं सीतामढ़ी के परिहार से भाजपा की विधायक गायत्री देवी ने दावा किया है कि बिहार पुलिस पर हिन्दुओं पर एकतरफा कार्रवाई कर रही है। विधायक के मुताबिक परिहार थानाक्षेत्र के गाँव धरहरवा में हुई साम्पद्रायिक घटना में पुलिस के डर से कई हिन्दू फरार हैं। उनका आरोप है कि गिरफ्तार किए गए 49 लोगों में सभी हिन्दू ही हैं। गायत्री देवी ने धरहरवा की घटना में हिंदुओं को आरोपित नहीं, बल्कि पीड़ित बताते हुए नीतीश सरकार की एकपक्षीय कार्रवाई की निंदा की है।

विधायक के दौरे के दौरान मौजूद रहे स्थानीय निवासियों ने भी गायत्री देवी के आरोपों से सहमति जताई। उन्होंने खुद को पीड़ित बताते हुए बिहार पुलिस पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। गौरतलब है कि शुक्रवार (3 मार्च, 2023) को धरहरवा गाँव में हो रहे यज्ञ में बज रहे लाउडस्पीकर को बंद करवाने के विवाद में पत्थरबाजी हो गई थी। इस पथराव में पुलिसकर्मियों सहित कुछ ग्रामीण घायल हो गए थे।

CBI के बाद ED ने भी मनीष सिसोदिया पर कसा शिकंजा, जेल में पूछताछ: शराब घोटाले में ‘साउथ ग्रुप’ का अरुण पिल्लई भी गिरफ्तार, तेलंगाना CM की बेटी का है करीबी

दिल्ली के शराब घोटाला मामले में मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) पर शिकंजा कसता जा रहा है। केंद्रीय जाँच एजेंसी (CBI) के बाद अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) उनसे पूछताछ कर रहा है। वहीं, दूसरी ओर ईडी ने इस मामले में हैदराबाद के व्यवसायी अरुण रामचंद्र पिल्लई को गिरफ्तार किया है। शराब घोटाले में यह 11वीं गिरफ्तारी है।

मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की एक टीम मंगलवार (7 मार्च 2023) को तिहाड़ जेल पहुँची है। जहाँ सेल नंबर 1 में रखे गए मनीष सिसोदिया से पूछताछ हो रही है। ईडी की यह पूछताछ शराब घोटाला मामले में हुई मनी लांड्रिंग को लेकर की जा रही है।

कहा जा रहा है कि आबाकरी नीति को लेकर दी गई 100 करोड़ रुपए की रिश्वत को लेकर भी ईडी सिसोदिया से पूछताछ करेगी। इससे पहले ईडी ने सिसोदिया से पूछताछ करने के लिए राउज एवेन्यू कोर्ट से अनुमति माँगी थी। इसका मतलब यह है कि यदि सिसोदिया को सीबीआई से राहत मिल भी जाती है तो भी उन्हें ईडी के शिकंजे में रहना पड़ सकता है।

बता दें कि शराब घोटाला मामले में सीबीआई ने दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को 26 फरवरी 2023 को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद से सिसोदिया ने जमानत के लिए निचली अदालत से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक का दरवाजा खटखटाया है। हालाँकि उन्हें कहीं भी जमानत नहीं मिल सकी। वहीं, दिल्ली की राउज रेवेन्यू कोर्ट ने उन्हें सोमवार (6 मार्च 2023) को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इसका मतलब यह है कि सिसोदिया को आगामी 20 मार्च तक जेल में रहना होगा। हालाँकि उनकी जमानत याचिका पर 10 मार्च को सुनवाई होनी है।

अरुण रामचंद्र पिल्लई गिरफ्तार

मनीष सिसोदिया से पूछताछ करने के साथ ही ईडी ने हैदराबाद के व्यवसायी अरुण रामचंद्र पिल्लई को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत सोमवार (6 मार्च 2023) शाम हुई। इस मामले में ईडी अरुण पिल्लई को मंगलवार (7 मार्च 2023) को कोर्ट में पेश कर रिमांड की माँग करेगी।

बता दें कि शराब घोटाला मामले में अरुण रामचंद्र पिल्लई की गिरफ्तारी ईडी द्वारा अब तक की गई 11वीं गिरफ्तारी है। कहा जा रहा है कि पिल्लई की गिरफ्तारी अमनदीप ढल के बयानों के आधार पर की गई है। ईडी ने ढल को 2 मार्च 2023 को गिरफ्तार किया था। ढल से हुई पूछताछ में ईडी को पता चला है कि पिल्लई ‘साउथ ग्रुप’ का नेतृत्व कर रहे थे।

दरअसल, शराब घोटाले को लेकर ‘साउथ ग्रुप’ द्वारा कथित तौर पर आप नेताओं को 100 करोड़ रुपए की रिश्वत दी गई थी। ऐसा कहा जाता है कि रिश्वत की इस राशि का उपयोग गोवा विधानसभा चुनाव में किया गया था।

पिल्लई पर आरोप है कि दिल्ली शराब घोटाले मामले में उन्होंने तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की बेटी कविता के साथ मिलकर काम किया है। यही नहीं, पिल्लई ने ही दिल्ली की शराब नीति के निर्माण और इसको लागू करने के समय ‘साउथ ग्रुप’ तथा घोटाले के अन्य आरोपितों की बीच बैठकें कराईं थीं। ईडी ने अपनी चार्जशीट में कविता को भी आरोपित बनाया है। आरोप है कि शराब घोटाला में संलिप्त एक शराब कंपनी में उनकी 60 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी है।

‘हिन्दुओं से बदला लेंगे, भारत में बहेगा खून और होंगे हमले’: ISIS ने ली कोयम्बटूर मंदिर धमाके की जिम्मेदारी, BJP ने पूछा – अब भी इसे सिलेंडर ब्लास्ट बताएगी DMK?

कोयम्बटूर में मंदिर के सामने हुए बम ब्लास्ट की जिम्मेदारी ISIS (खोरासन) ने ली है। इसके बाद भाजपा ने तमिलनाडु की DMK सरकार पर निशाना साधा है। ‘इस्लामिक स्टेट खोरासन प्रांत’ अफगानिस्तान में ISIS का ही एक आतंकी संगठन है। उसने अब भारत में खून-खबराबे और हमले की धमकी दी है। ISKP के ‘वॉइस ऑफ खोरासन’ ने ये धमकियाँ दी हैं। इस संगठन को ISIS की सबसे खूँखार शाखाओं में से एक में गिना जाता है।

तमिलनाडु में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अन्नामलाई ने इस खबर पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “आतंकी संगठन ‘द इस्लामिक स्टेट खोरासन प्रोविंस’ ने कोयम्बटूर में हुए आत्मघाती बम हमले की जिम्मेदारी ली है। आशा है कि DMK वाले कम से कम अब नींद से जागेंगे और अपनी ‘सिलिंडर ब्लास्ट’ वाली थ्योरी को बंद करेंगे। बता दें kiNIA इस मामले की जाँच कर रही है। सब ये साफ़ हो गया है कि ये हिन्दुओं के खिलाफ एक जिहादी हमला था।

कर्नाटक के मंगलुरु में भी इसी तरह का बम हमला हुआ था, जिसकी जिम्मेदारी भी इसी आतंकी संगठन ने ली है। ISKP के ‘अल-अज़ाइम मीडिया फाउंडेशन’ के 68 पन्नों मुखपत्र में भारत में खून बहाने की धमकियाँ दी गई हैं। उसने लिखा है कि इन बम हमलों के जरिए ‘हमारी भाइयों ने बदला लिया’। NIA ने फरवरी में इस मामले में दक्षिण भारत के 40 ठिकानों पर छापेमारी की थी। दोनों ब्लास्ट के कॉमन लिंक को लेकर जाँच चल रही है।

23 अक्टूबर, 2022 को हुई इस घटना को लेकर NIA ने कई गिरफ्तारियाँ भी की हैं। जहाँ मंगलुरु में ऑटोरिक्शा में ब्लास्ट हुआ था, वहीं कोयम्बटूर में कोट्टई ईश्वरन मंदिर के सामने कार में धमाका हुआ था। जामेशा मुबीन नामक हमलावर शख्स इस हमले में मारा गया था। अब ISKP से हिन्दुओं और भाजपा से बदला लेने की धमकी दी है। मेंगलुरु ब्लास्ट में शामिल शरीक भी मुबीन को जानता था, ऐसा पता चला है। श्रीलंका में हुए बम ब्लास्ट से भी इसके तार जुड़े थे।

‘ताबड़तोड़ मुक्के बरसाए, मुँह दबा दिया’: साउथ की हिरोइन ने चोटों के निशान वाली तस्वीरें शेयर की, कहा- एक्स बॉयफ्रेंड ने पीटा, अब मिल रही धमकी

दक्षिण भारत की मशहूर अभिनेत्री अनिका विजय विक्रमण (Anicka Vijayi Vikramman) ने सोमवार (6 मार्च 2023) को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर सूजी हुईं आँखों और चोट के निशान दिखाते हुए कुछ तस्वीरें शेयर कीं। साथ ही चार पन्नों का नोट लिख एक्स बॉयफ्रेंड अनूप पिल्लई पर मारपीट और शोषण का आरोप लगाया है। तस्वीरों में उनकी हालत इतनी खराब है कि उन्हें पहचान पाना भी मुश्किल है।

एक्ट्रेस ने लिखा है, “मेरे साथ जो हुआ उन घटनाओं को पीछे छोड़ने के बावजूद मुझे धमकी भरे फोन आ रहे हैं। मुझे और मेरे परिवार को लगातार अपमानित किया जा रहा है। आखिरी तस्वीर, मेरे एक्स बॉयफ्रेंड के मुझ पर अटैक करने से पहले क्लिक की गई थी। मैं अपना हेयर कट दिखाने के लिए बहुत एक्साइटेड थी। वैसे भी यह पहले की बात है। मैं इस सप्ताह से तस्वीरें पोस्ट करना शुरू कर दूँगी। मैंने इंस्टा को बहुत मिस किया है।”

उन्होंने एक्स-बॉयफ्रेंड के साथ व्हाट्सएप चैट का स्क्रीनशॉट भी शेयर किया है, जिसमें वह अपने किए की माफी माँग रहा है। इसके बाद अनिका ने अपनी पोस्ट में लिखा, “मैं अनूप पिल्लई नाम के शख्स से प्यार करती थी। पिछले कुछ सालों से वो मेरा मानसिक और शारीरिक शोषण कर रहा था। मैंने ऐसा आदमी कभी नहीं देखा। इतना सब करने के बाद भी वो मुझे धमकी दे रहा है। मैंने सपने में भी कभी नहीं सोचा था कि वो मेरे साथ ऐसा करेगा।”

अनिका की इंस्टाग्राम पोस्ट का स्क्रीनशॉट

एक्ट्रेस ने अपना दर्द बयाँ करते हुए कहा, “ये दूसरी बार है, जब मैंने बेंगलुरु पुलिस में उसके खिलाफ मारपीट करने की शिकायत दर्ज कराई है। इससे पहले उसने मुझे चेन्नई में मारा था, तब वह मेरे पैरों में गिरकर रोने लगा और मुझसे माफी माँगी थी। उस समय ये मेरी बेवकूफी थी कि मैं उसकी बातों में आ गई और उसे माफ कर दिया। फिर जब उसने मुझे दोबारा मारा, तो मैंने बेंगलुरु पुलिस में उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। लेकिन उसने पुलिस वालों को पैसे दे दिए, जिसके बाद पुलिस ने हमसे आपस में मामला सुलझाने के लिए कहा। पुलिस उसके साथ थी, इसलिए उसे मुझे मारने की और हिम्मत मिल गई।”

अनिका अपनी पोस्ट में लिखती हैं, “इस तरह से उसने मुझे कई बार धोखा दिया। इसलिए मुझे उसे छोड़ना पड़ा, लेकिन वो मुझे नहीं छोड़ना चाहता था। उसने मेरा फोन तोड़ दिया, ताकि मैं शूट पर ना जा सकूँ। इससे पहले भी जब हम रिलेशन में नहीं थे, तो लगातार मेरी व्हाट्सएप चैट पर अपनी नजर बनाए रखता था।”

अनिका की इंस्टाग्राम पोस्ट का स्क्रीनशॉट

‘मुझ पर ताबड़तोड़ मुक्के बरसाए’

मशहूर अभिनेत्री ने अपनी बात को जारी रखते हुए लिखती हैं, “दो दिन पहले हैदराबाद शिफ्ट होने से पहले उसने मेरा फोन लॉक कर दिया था। फिर मुझ पर ताबड़तोड़ मुक्के बरसाए। जब मैं उससे फोन माँगने लगी तो उसने मेरा मुँह दबा दिया। मुझे ब्रोंकाइटिस है, मेरी साँस रुक गई। मेरी आवाज नहीं निकल रही थी। मुझे लगा कि वो मेरी जिंदगी की आखिरी रात है। जब मैं खुद को बचाने के लिए दूसरे कमरे में भागती तो वह दूसरी चाबी से लॉक खोल देता और अंदर आ जाता। बाहर भागती और सिक्यॉरिटी से मदद माँगती, लेकिन वो लोग कुछ नहीं कर पाते थे। उस वक्त मैं रातभर बाथरूम में बैठकर रोती रहती थी। मेरे परिवार को अंदाजा भी नहीं था कि मुझ पर क्या बीत रही थी। मेरे कुछ दोस्तों ने भी मुझे धोखा दिया है।”

अनिका ने यह भी बताया कि उन्होंने पुलिस में पिल्लई के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन वह अभी फरार है। इस समय वह न्यूयॉर्क में है। एक्ट्रेस के मुताबिक, वह यह सब उन धमकियों के कारण पोस्ट कर रही हैं, जिसका वो सामना कर रही हैं। उन्हें ऐसे लोगों के कॉल और मैसेज आ रहे हैं, जो उन पर और उनके परिवार पर कीचड़ उछाल रहे हैं। उनको अपमानित कर रहे हैं। वह आखिरकार पूरी तरह से ठीक हो गई हैं और शूटिंग पर वापस लौट चुकी हैं।