Home Blog Page 2234

जिसके साथ लिव-इन में रहता था नजीबुद्दीन, उसी की बेटी को मार डाला: लाश के साथ किया बलात्कार, मीडिया ‘राजू’ बता कर चला रहा खबर

तमिलनाडु की चेन्नई पुलिस ने 18 साल की एक लड़की की हत्या के आरोप में नजीबुद्दीन को गिरफ्तार किया है। आरोपित अपना नाम राजू मणि नायर बताया करता था। मृतका उसकी प्रेमिका व लिव इन पार्टनर की बेटी थी। आशंका जताई जा रही है कि आरोपित ने मृतका की लाश के साथ रेप किया था। घटना के बाद नजीबुद्दीन मुंबई के पूर्वी विरार में छिपा हुआ था। घटना 12 नवम्बर 2022 की है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मृतका की माँ ने इस बाबत पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। अपनी शिकायत में उन्होंने बताया था कि घटना के वक्त वो कहीं बाहर गई थीं। जब वो लौंटी तब घर पर बाहर से ताला लगा था। उन्होंने अपनी चाबियों से ताले को खोला तो उनकी बेटी बेसुध जमीन पर पड़ी मिली। बेटी के गले पर निशान पड़े थे और उसकी साँसें बंद थीं। शिकायत में पीड़िता ने खुद को इस घटना से सदमे में बताया।

पीड़िता ने आगे बताया कि पूछताछ करने पर एक पड़ोसी ने जानकारी दी कि राजू उर्फ़ नजीबुद्दीन घर पर ताला लगा कर कहीं चला गया। पड़ोसी के मुताबिक, ताला लगाने के दौरान राजू काफी जल्दबाजी में लग रहा था। पीड़िता के मुताबिक, बाद में घर की तलाशी लेने पर उसकी बेटी के झुमके, चाँदी की पायल के साथ कैश रखे गए 20 हजार रुपए गायब मिले। वो पिछले 5 साल से अपने पति से अलग रह रही थी। उसके 2 बेटे हैं जो उसके पति के साथ रहते थे।

कुछ समय पहले पीड़िता को नजीबुद्दीन मिला। उसने पीड़िता और उसके बच्चों की देखभाल करने का वादा किया और अपने साथ ले आया। बाद में पीड़िता ने अपनी बेटी को भी अपने साथ रख लिया।

अपनी शिकायत में पीड़िता ने आगे लिखा है कि बेटी के आने के बाद नजीबुद्दीन उस पर गलत नजर रखने लगा। लगभग 15 दिन पहले उसने सोते समय बेटी को गलत नीयत से छुआ। इस दौरान बेटी ने विरोध किया और शोर मचाया। बताया गया कि इस घटना के बाद से बेटी नजीबुद्दीन से नफरत करने लगी थी। इस घटना के बाद पीड़िता का भी नजीबुद्दीन से झगड़ा हुआ था। बाद में आरोपित को अलग होने के लिए कह दिया गया था।

पुलिस को दी गई शिकायत में इसी झगड़े की वजह से पीड़िता ने अपनी बेटी की हत्या होने का शक जताया है। शिकायत में यह भी बताया गया है कि जब पीड़िता काम पर जा रही थी तब नजीबुद्दीन ने उस से फोन को घर पर छोड़ कर जाने के लिए कहा था। इस मामले में पूनमल्ली पुलिस के इंस्पेक्टर पीआर चिदंबरमुरुगेसन ने कहा, “फॉरेंसिक टीम ने मौखिक रूप से हत्यारे द्वारा लड़की के शव के साथ रेप किए जाने की आशंका जताई है।” पुलिस ने नजीबुद्दीन पर IPC की धारा 302 (हत्या) और 380(चोरी) की धाराओं पर FIR दर्ज कर के उसकी तलाश शुरू कर दी थी।

नजीबुद्दीन पहले से शादीशुदा है। बताया जा रहा है कि शातिर नजीबुद्दीन ने फरार होने के दौरान अपने फोन को बंद कर दिया था। वो पीड़िता और उसकी मृतका बेटी का फोन ले कर भागा था। शक जताया जा रहा है कि पीड़िता की बेटी को मार कर वो विरार चला गया था जहाँ उसकी ससुराल है। पुलिस ने सर्विलांस से उसकी लोकेशन निकाली और विरार पुलिस को उसकी लोकेशन भेज कर उसे गिरफ्तार करवा दिया। उसकी गिरफ्तारी गुरुवार (17 नवम्बर, 2022) को हुई है। नजीबुद्दीन का पुराना आपराधिक इतिहास भी है। बताया जा रहा है कि वो पहले चेन स्नेचिंग जैसी वारदातों में शामिल रह चुका है।

नाम छिपाने की कोशिश

नजीबुद्दीन के मामले में मीडिया के एक वर्ग ने उसका नाम छिपाने पूरी कोशिश की। कई मीडिया रिपोर्ट्स में उसे सिर्फ राजू नाम से बताया गया। टाइम्स ऑफ़ इंडिया और न्यू इंडियन एक्सप्रेस में उसका एक बार नजीबुद्दीन नाम बताया गया है। मिड डे की रिपोर्ट में उसके नजीबुद्दीन नाम को पूरी तरह से छिपा कर सिर्फ राजू मणि अय्यर बताया गया है।

कमलनाथ की राह पर मध्य प्रदेश कॉन्ग्रेस के पटवारी: गए थे भारत जोड़ो यात्रा की तैयारी करने, काटा तिरंगे वाला केक

कॉन्ग्रेस के मध्य प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने हाल ही में मंदिर जैसा दिखने वाला केक काटा था। इस पर हनुमान जी का भी चित्र था। अब उनके मंत्रिमंडल में रहे कॉन्ग्रेस विधायक जीतू पटवारी ने भी इसका अनुसरण किया है। उन्होंने तिरंगे जैसा दिखने वाला केक काटा है। इसका वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जीतू पटवारी राऊ से कॉन्ग्रेस विधायक हैं। वे भारत जोड़ो यात्रा की तैयारी को लेकर बुरहानपुर में थे। शनिवार (19 नवंबर 2022) को उनके जन्मदिन पर समर्थकों ने एक ढाबे में इसका जश्न मनाया। इस दौरान पटवारी ने जो केक काटा, वह तिरंगे जैसा दिख रहा था।

वायरल वीडियो में दिख रहा है कि जीतू पटवारी जिस केक को काट रहे हैं, वह तिरंगे जैसा है। केसरिया और हरे रंग के बीच सफेद पट्टी बनी हुई है। बताया जा रहा है कि जब पटवारी केक काट रहे थे, तब कॉन्ग्रेस जिला अध्यक्ष अजय रघुवंशी समेत कई अन्य नेता भी मौजूद थे।

बता दें, इससे पहले मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कॉन्ग्रेस नेता कमलनाथ ने भी विवादित केक काटा था। इसका वीडियो भी वायरल हुआ था। वायरल वीडियो में कमलनाथ अपने जन्मदिन से पूर्व बुधवार (16 नवंबर 2022) को शिकारपुर में भगवान हनुमान के चित्र और मंदिर के आकार का बना केक काटते हुए दिखाई दिए थे।

केक चार हिस्सों में बना था। नीचे पहली लेयर पर ‘हम हैं छिंदवाड़ा वाले’ लिखा हुआ था। इससे ऊपर दूसरी लेयर पर- जीवेत शरद: शतम्, तीसरी पर माननीय कमलनाथ जी और चौथी लेयर पर जन नायक लिखा हुआ था। चौथी लेयर पर ही हनुमान जी का फोटो, राम मंदिर की तरह शिखर झंडा लगा हुआ था। कमलनाथ द्वारा इस केक को काटने के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कमलनाथ को बगुला भगत तो वहीं, गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने इसे ‘हिंदू आस्था से खिलवाड़’ बताया था।

ललाट पर भस्म मल कर आया ‘भोला’, त्रिशूल से होगा वार: उधर ‘दृश्यम 2’ ने 3 दिन में ही निकाला बजट, इधर अजय देवगन ने दिया नया ‘सरप्राइज’

बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन (Ajay Devgn) की फिल्म ‘दृश्यम 2’ (Drishyam 2) का बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई का सिलसिला जारी है। फिल्म ने तीसरे दिन 64.14 करोड़ का बिजनेस किया है। ट्रेंड एनालिस्ट तरण आदर्श के मुताबिक, अजय देवगन की फिल्म ने शुक्रवार को 15.38 करोड़, शनिवार को 21.59 करोड़ और रविवार को 27.17 करोड़ रुपए की नेट कमाई के साथ कुल 64.14 करोड़ कमा लिए हैं। फिल्म की कमाई की रफ्तार देखते हुए ये उम्मीद जताई जा रही है कि ‘दृश्यम 2’ जल्द ही 100 करोड़ क्लब में शामिल हो जाएगी।

‘दृश्यम 2’ के ओपनिंग वीकेंड का कलेक्शन ‘भूल भुलैया 2’ से बहुत आगे है। कार्तिक आर्यन की फिल्म ने अपने पहले 3 दिनों में 55.96 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था। लेकिन ‘दृश्यम 2’ ने ‘भूल भुलैया 2’ को पीछे छोड़ते हुए ओपनिंग वीकेंड पर सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म का रिकॉर्ड बनाया है।

बता दें कि ‘दृश्यम 2’ फिल्म 18 नवंबर 2022 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। फिल्म में श्रिया सरन अजय देवगन की पत्नी बनी हैं। वहीं इशिता दत्ता ने उनकी बेटी का किरदार निभाया है। यह एक मिस्ट्री थ्रिलर फिल्म है, जो मोहनलाल की मलयालम फिल्म का ऑफिशियल रीमेक है। ‘दृश्यम 2’ मलयालम भाषा में 19 फरवरी 2021 को ही रिलीज हो गई थी। मलयालम की ‘दृश्यम’ और ‘दृश्यम 2’ भी बॉक्स ऑफिस पर बहुत बड़ी हिट साबित हुई थी।

बॉलीवुड के लिए यह बहुत अच्छी बात है कि इस फिल्म को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है। लेकिन अगर यह ​फिल्म भी पुष्पा, केजीएफ चैप्टर 2, आरआरआर और अन्य दक्षिण भारतीय फिल्मों की तरह एक साथ कई भाषाओं में रिलीज की जाती तो, आज अजय देवगन की जगह मोहनलाल को हिन्दी बेल्ट के दर्शकों का प्यार मिल रहा होता। साउथ की फिल्मों के रिमेक से मोटी कमाई करना बॉलीवुड का पुराना धंधा रहा है। अजय देवगन की इस साल रिलीज हुई ये तीसरी फिल्म है। उनकी पिछली दोनों फिल्में ‘रनवे 34’ और ‘थैंक गॉड’ सिनेमाघरों में फ्लॉप साबित हुई हैं।

उधर अजय देवगन ने अब ‘भोला’ का टीजर भी जारी कर दिया है, जो कार्ति स्टारर तमिल फिल्म ‘कैथी’ की रीमेक है। इस फिल्म के टीजर में अजय देवगन को ललाट पर भस्म लगाते हुए देखा जा सकता है। साथ ही फिल्म के लोगो के रूप में त्रिशूल को भी प्रदर्शित किया गया है।

‘मेरे लिए आप अल्लाह जैसे’: कॉन्ग्रेस MLA का वीडियो वायरल, गुजरात में मुस्लिमों को साधने के लिए कहा- हिंदू इलाके में डिस्पेंसरी नहीं बनने दूँगा

गुजरात की 182 सदस्यीय विधानसभा (Gujarat Assembly Election 2022) के लिए 1 और 5 दिसंबर को वोट डलेंगे। नतीजे 8 दिसंबर को आएँगे। चुनाव प्रचार के बीच कॉन्ग्रेस नेता इंद्रजीत परमार (Indrajit Parmar) का एक वीडियो वायरल हुआ है। वे महुधा के निवर्तमान विधायक हैं। वीडियो में वे अपने क्षेत्र के मुस्लिम निवासियों को संबोधित करते हुए उनकी तुलना ‘अल्लाह’ से कर रहे हैं। साथ में यह भी कह रहे हैं कि हिंदू इलाके में कोई डिस्पेंसरी नहीं बनने देंगे।

कॉन्ग्रेस नेता का यह वीडियो गुजरात BJP के महासचिव प्रदीपसिंह वाघेला ने रविवार (20 नवंबर 2022) को शेयर किया। वायरल वीडियो में परमार कह रहे हैं, “कई मुस्लिमों, महिलाओं ने यह अफवाह फैलाई कि आपका विधायक आपके साथ नहीं है। लेकिन मेरे लिए आप मेरे माता-पिता, अल्लाह की तरह हैं। यदि यह डिस्पेंसरी उस क्षेत्र (हिन्दू बहुल क्षेत्र) में चला जाता है, तो यह किसी काम का नहीं है। वे (हिंदू) निजी अस्पतालों में ही जाएँगे। केवल मुस्लिम समुदाय ही है, जो ‘आरोग्य’ में जाता है। मैं आपकी वजह से विधायक बना हूँ। मुस्लिम समुदाय ने मुझे काफी वोट दिए हैं। मैं आपको गारंटी देता हूँ कि मैं वहाँ डिस्पेंसरी नहीं बनने दूँगा।”

हालाँकि, परमार ने दावा किया है कि वीडियो 2017 का है। परमार ने साथ ही अपने ऊपर लगाए गए धार्मिक भेदभाव के आरोपों का खंडन किया है।

इससे पहले एक और कॉन्ग्रेस नेता चंदनजी ठाकोर का भी इसी तरह का एक वीडियो सामने आया था। इसमें वे दावा कर रहे थे कि केवल मुस्लिम समुदाय ही देश को बचा सकता है और केवल मुस्लिम समुदाय ही कॉन्ग्रेस को वोट देकर सत्ता में ला सकता है। यह वीडियो गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शनिवार (19 नवंबर 2022)को शेयर किया था।

ठाकोर ने दावा किया था कि कॉन्ग्रेस के अलावा किसी भी राजनीतिक दल ने मुस्लिम समुदाय की बात नहीं की है। उन्होंने दावा किया कि केवल कॉन्ग्रेस ही मुस्लिम समुदाय की बात सुनती है। उन्होंने यह भी कहा कि कॉन्ग्रेस पार्टी मुस्लिमों की रक्षा करती है।

ऐसी भी क्या एहसास-ए-कमतरी, याद रखो मुस्लिम हो… फहाद मुस्तफा ने छुए गोविंदा के पाँव तो भड़के इस्लामी कट्टरपंथी, कहा – घुटनों पर ही लेट जाओ

दुबई में हुए ‘फिल्मफेयर मिडिल ईस्ट अचीवर्स नाइट’ में पाकिस्तानी अभिनेता फहाद मुस्तफा (Fahad Mustafa) ने बॉलीवुड स्टार गोविंदा (Govinda) की तारीफों के पुल बाँधे और पाँव छूकर उनका आशीर्वाद भी लिया। उन्होंने रविवार (20 नवंबर, 2022) को कहा, “फिल्मफेयर के स्टेज पर खड़ा होना बहुत ही गर्व की बात है। आज हम वहाँ खड़े हैं, जहाँ पर कभी गोविंदा सर खड़े हो चुके हैं।”

बॉलीवुड अभिनेता की प्रशंसा करते हुए पाकिस्तानी एक्टर ने आगे कहा, “गोविंदा सर, हम आपके फैन हैं। हमें पाकिस्तान में एक्टिंग करते हुए हमेशा ऐसा लगता था कि हमें जो भी एक्टिंग करनी है वो आपके जैसी ही करनी है। एक बार फिर से गोविंदा सर के लिए जोरदार तालियाँ।” इसके बाद फहाद मुस्तफा ने वहाँ मौजूद बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह की भी तारीफ की और फिर स्टेज से नीचे उतरकर गोविंदा के पाँव छूकर उनका आशीर्वाद भी लिया।

सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसको लेकर कुछ मुस्लिम फहाद को ट्रोल कर रहे हैं और उन्हें गालियाँ दे रहे हैं।

@NayabSohail7 नाम के ट्रॉलर ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, “समझ नहीं आता कि फहाद मुस्तफा ने गोविंदा के पैर क्यों छुए? हो क्या जाता है… वहाँ के कितने जूनियर्स और जावेद शेख को इज्जत दी है?”

दरअसल, फहाद मुस्तफा को फिल्मफेयर एमई अचीवर्स नाइट में ‘पाकिस्तान के प्रॉमिसिंग स्टार’ के अवॉर्ड सम्मानित किया गया, जहाँ उन्होंने बताया कि कैसे गोविंदा ने उन्हें एक्टिंग की दुनिया में आने के लिए प्रेरित किया। इस वीडियो पर मोहम्मद बिन सादिक ने लिखा यकीन नहीं होता हमारे पाकिस्तानी इतने क्यों लेट जाते हैं भारतीय कलाकारों के सामने। ऐसी भी क्या एहसास-ए-कमतरी।

सामरा ने लिखा, “फहाद मुस्तफा को गोविंदा के पैर छूते देख बहुत गुस्सा आया।”

मरयम ने कहा कि उनके घुटनों से लग कर बैठ जाओ ना।

इंस्टाग्राम पर कुछ ट्रोल्स ने कहा कि तुम मुस्लिम हो और मुस्लिम ऐसा नहीं करते हैं।

फोटो साभार: इंस्टाग्राम @entertainmentv

बता दें कि इस अवॉर्ड शो में गोविंदा के अलावा रणवीर​ सिंह, हेमा मालिनी (Hema Malini), आयुष्मान खुराना (Ayushmann Khurrana), अर्जुन कपूर (Arjun Kapoor), तमन्ना भाटिया, जाह्नवी कपूर और मनीष पॉल के साथ बॉलीवुड (Bollywood) की कई दिग्गज हस्तियाँ भी मौजूद रही। इनके अलावा पाकिस्तान (Pakistan) के कुछ कलाकार भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

सालभर से ‘गायब’ था विकास, जंगल में मिले टुकड़े (80 हड्डियाँ): ‘दोस्त’ युनूस ने काटकर फेंक दिया, बहन से प्रेम नहीं था कबूल

मध्य प्रदेश के रीवा में विकास गिरी नाम के एक व्यक्ति की निर्मम हत्या का मामला प्रकाश में आया है। बताया जा रहा है कि विकास की जान उनके बिजनेस पार्टनर यूनुस अंसारी ने ली। यूनुस ने न केवल उनको मारा बल्कि उनके शव को रीवा के दुधमुनिया जंगल में ले जाकर फेंक दिया। बाद में मीडिया ने बताया कि पुलिस को जंगल से विकास के 80 टुकड़े बरामद हुए हैं।

पिछले साल 3 अक्टूबर 2021 को विकास के अचानक लापता होने के कारण उनके पिता ने पुलिस में कंप्लेन दी थी, लेकिन बहुत खोजबीन के बाद भी उनका कुछ पता नहीं चला। केस का खुलासा उस वक्त हुआ जब जंगल से एक इंसानी कंकाल बरामद हुआ और उसके पास से विकास गिरी का आधार कार्ड पड़ा मिला।

नरकंकाल मिलने के बाद विकास के पिता ने इस केस में हत्या का आरोप लगाकर इस केस को दर्ज करवाया और पुलिस ने 9 महीने बाद जाकर 14 नवंबर को यूनुस को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि यूनुस ने अपने जीजा सिरताज मोहम्मद के साथ मिलकर इस हत्या को अंजाम दिया था।

जंगल से मिली 80 हड्डियाँ

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विकास गिरी मऊगंज से 3 अक्टूबर 2021 को लापता हुए थे। मिसिंग कंप्लेन होने के बाद से पुलिस उन्हें तलाशने में जुटी थी। लेकिन, उनके बारे में 4 महीने बाद पता चला जब चरवाहों को नरकंकाल मिला। मीडिया में दावा किया गया कि विकास के 80 टुकड़े करके फेंके गए। हालाँकि रीवा रियासत की रिपोर्ट बताती है कि 80 टुकड़े नहीं बल्कि 80 हड्डियाँ मिली थीं जिन्हें सबूत के तौर पर कलेक्ट किया गया और उन्हीं की जाँच करवाई गई।

यूनुस अंसारी ने क्यों की हत्या?

आरोपित यूनुस अंसारी ने हत्या का कारण बताते हुए कहा कि वो और विकास दोनों अच्छे दोस्त थे। दोनों को साथ में प्लांटेशन का ठेका मिलता था। इसी सिलसिले में विकास उसके घर आता था। जहाँ विकास का यूनुस की तीन बहनों में से एक शादीशुदा बहन के साथ अफेयर हो गया।

3 अक्टूबर की शाम 6 बजे विकास गिरी यूनुस के घर में देशी अंडा लेकर आया था। तब, यूनुस और उसका जीजा सिरताज जंगल में घूमने गए थे। करीबन 8 बजे बजे दोनों घर में लौटे तो विकास 19 वर्षीय बड़ी बहन के साथ दिखा। इसके बाद उन्होंने विकास के सिर पर डंडा मारकर उसे मारा और उसके मरने के बाद शव को रस्सी से बाँधकर जंगल में छिपा दिया।

277 रन बना कर नारायण जगदीशन ने तोड़ डाले ‘लिस्ट ए’ में देश-विदेश के सारे रिकार्ड्स, लगातार 5वाँ शतक जड़ने वाले भी पहले बल्लेबाज

तमिलनाडु के कैकेटर नारायण जगदीशन ने चिन्नस्वामी स्टेडियम में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ खेलते हुए इतिहास रच दिया है। उन्होंने पुरुषों के ‘लिस्ट ए’ क्रिकेट का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया है। ये इस फॉर्मेट में दुनिया का सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। उन्होंने 15 छक्कों और 25 चौकों की मदद से ये स्कोर बनाया। वो ‘लिस्ट ए’ क्रिकेट में लगातार 5 शतक जड़ने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले 2002 में एलिस्टर ब्राउन ने ग्लॅमॉर्गन के खिलाफ 268 रन बनाए थे।

इससे पहले 4 बल्लेबाज ऐसे हैं, जिन्होंने लगातार 4 मैचों में शतक अपने नाम किया था। 2014-15 में कुमार संगकारा, 2015-16 में एल्विरो पीटरसन और 2020-21 में देवदत्त पडिकल ने ये कारनामा किया था। तमिलनाडु ने इस स्कोर की बदौलत 500 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा कर दिया, जो ‘लिस्ट ए’ का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। उन्होंने मात्र 114 गेंदों पर दोहरा शतक बना दिया। ट्राविस हेड ने इससे पहले क्वींसलैंड के विरुद्ध इतने ही गेंदों में ये कारनामा किया था।

दोहरा शतक पूरा करने में एन जगदीशन का स्ट्राइक रेट 196.45 रहा, जबकि पिछले रिकॉर्ड ट्राविस हेड का 181.1 था। इस मैच में जगदीशन के अलावा बी साई सुदर्शन ने भी अच्छा खेला। उन्होंने 154 रन बनाए। दोनों के बीच 416 रनों की पार्टनरशिप हुई, जो ‘लिस्ट ए’ क्रिकेट में अब तक की सर्व श्रेष्ठ पार्टनरशिप है। विजय हजारे ट्रॉफी के इस एडिशन में 5 शतक भी उनके सबसे ज्यादा हैं। 4 शतक विराट कोहली (2008-09), देवदत्त पडिकल (2020-21), पृथ्वी शॉ (2020-21) और ऋतुराज गायकवाड़ (2021-22) जड़ चुके हैं।

277 रनों की इस पारी में नारायण जगदीशन ने 15 छक्के जड़े, जो विजय हजारे ट्रॉफी में अब तक के हाइएस्ट हैं। इससे पहले 2019-20 में यशस्वी जायसवाल ने झारखंड के खिलाफ 12 छक्के लगाए थे। इस टूर्नामेंट में नारायण जगदीशन के अब तक 799 रन हो गए हैं, जो एक एडिशन में दूसरा सर्वश्रेष्ठ है। इससे पहले 2020-21 में पृथ्वी शॉ ने 827 रन जड़े थे। IPL में एन जगदीशन ‘चेन्नई सुपर किंग्स (CSK)’ की तरफ से खेलते हैं, जिसके कप्तान महेंद्र सिंह धोनी हैं।

आफताब ने श्रद्धा के 35 टुकड़े कर दिए, अशोक गहलोत के लिए ये सिर्फ एक ‘दुर्घटना’: ‘लव जिहाद’ को बताया जुमला, कहा – उन्हें मिल रहे राजनीतिक फायदे

श्रद्धा हत्याकांड के बाद पूरा देश गुस्से में है। ‘लव जिहाद’ और निर्मम हत्या के इस मामले में जहाँ एक ओर हर रोज नए खुलासे हो रहे हैं और हत्या के आरोपित आफताब का नार्को टेस्ट भी होना है, वहीं दूसरी ओर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने श्रद्धा की हत्या को ‘सामान्य घटना’ बताते हुए, इसमें लव जिहाद के एंगल इनकार किया है।

न्यूज एजेंसी ANI से हुई बातचीत में अशोक गहलोत ने कहा है, “यह एक दुर्घटना है। ये तो नाम दे दिए गए हैं, जुमले गढ़ दिए गए हैं। आप इसे किसी भी रूप में ले लीजिए। ये कोई नई बात नहीं है, सदियों से अंतरजातीय-अंतरधार्मिक विवाह होते रहे हैं।”

अशोक गहलोत ने आगे कहा, “एक कौम को टारगेट बना दिया गया है। उसके आधार पर देश के अंदर राजनीति चल रही है, जिसका फायदा आपको मिल रहा है। धर्म के नाम पर जाति के नाम पर इकट्ठा करना हो या संगठित करना हो या फिर भीड़ इकट्ठा करना हो तो बड़ा आसान काम है। आग लगाना बड़ा आसान काम है। बिल्डिंग बनाने में टाइम लगता है, गिराना हो तो गिरा दीजिए आराम से गिर जाएगी।”

बता दें कि इस मामले में पुलिस हत्यारोपित आफताब अमीन पूनावाला से लगातार पूछताछ कर रही है। यही नहीं, सोमवार (11 नवंबर, 2022) को उसका नार्को टेस्ट भी होना था। हालाँकि, कुछ परीक्षणों में खामी मिलने के कारण ये नहीं हो पाया है। पुलिस आफताब को महरौली के जंगल से लेकर उस तालाब तक लेकर गई थी, जहाँ आफताब ने श्रद्धा के शरीर के टुकड़े फेंके थे।

जानिए श्रद्धा वाकर हत्याकांड के बारे में

गौरतलब है कि आफताब से पूछताछ को लेकर पुलिस ने बताया था कि वह हर सवाल का जवाब अंग्रेजी में देता है। उसने हत्या की बात कबूल करते हुए ‘यस, आई किल्ड हर (Yes i killed her) कहा था। पुलिस की जाँच में हत्याकांड से जुड़ी कई बड़ी बातें सामने आई हैं। जानते हैं अब तक इस मामले से जुड़े बड़े खुलासे क्या हैं::

  • 1. हत्या के बाद दूसरी महिला को कमरे पर लाया था आफताब: मिली जानकारी के मुताबिक, श्रद्धा वाकर की हत्या के बाद आफताब ने अपनी एक अन्य गर्लफ्रेंड को कमरे पर लेकर आया था। हैरत की बात यह है कि इसी कमरे में आफताब ने श्रद्धा वाकर के शवों के टुकड़ों को फ्रिज में छिपाकर रखा था।
  • 2. हत्या के बाद रोज देखता था श्रद्धा का चेहरा: श्रद्धा हत्याकांड में एक चौंकाने वाली जानकारी यह भी मिली है कि आफताब उसी कमरे में सोता था, जहाँ उसने श्रद्धा की हत्या कर शव को टुकड़ों में काटा था। फ्रीज में रखने के बाद वह उसका चेहरा रोज देखता था। हर रात वह उसके एक-एक अंग को ठिकाने लगाता था।
  • 3. 18 दिनों तक फ्रिज में रखे थे शरीर के टुकड़े: आफताब ने शरीर के अंगों को ठिकाने लगाने के बाद फ्रिज की सफाई भी की थी। वह लगभग 18 दिनों तक इन टुकड़ों के साथ रहा। हैरान करने वाली बात यह है कि आफताब उसी फ्रिज से ही खाने-पीने का सामान भी निकालता और रखता था, जिसमें श्रद्धा की लाश के टुकड़े थे।
  • 4. दिल्ली पहुँचने के 10 दिन बाद ही क़त्ल: आफताब और श्रद्धा मुंबई से दिल्ली 8 मई 2022 को आए थे। उन्होंने महरौली के जंगल के पास फ्लैट लिया था। दिल्ली पहुँचने के 10 दिन बाद यानी 18 मई को आफताब ने श्रद्धा का मर्डर कर दिया।
  • 5. फ्लैट दिलाने वाला गिरफ्तार: श्रद्धा हत्याकांड में बद्री नाम के शख्स की एंट्री हुई है। यही वो शख्स है, जिसने आफताब को महरौली इलाके में फ्लैट दिलाया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है।
  • 6. ‘आफताब मुझे मार डालेगा’: महाराष्ट्र के पालघर की रहने वाले श्रद्धा के दोस्तों का कहना है कि शुरुआत में यह जोड़ा खुशी-खुशी रहता था। लेकिन कुछ ही दिनों में उनके बीच बातें बिगड़ गईं और श्रद्धा रिश्ता तोड़ना चाहती थी। एक बार हालात इतने बिगड़ गए थे कि श्रद्धा ने अपने एक दोस्त को फोन करके कहा था, “मुझे यहाँ से ले जाओ वरना आफताब मुझे मार डालेगा।”
  • 7. श्रद्धा के साथ मारपीट करता था आफताब: एक और दोस्त के मुताबिक, आफताब उसे लगातार मारता था। वह उसे छोड़ना चाहती थी, लेकिन ऐसा नहीं कर सकी। आफताब उसे मारता था फिर भी उसे छोड़ नहीं पा रही थी।
  • 8.) श्रद्धा को जबरन माँस खिलाता आफताब: श्रद्धा ने अपनी दोस्त को बताया था कि आफताब उसे नॉनवेज खाने के लिए मजबूर करता था। जब वह खाने से मना करती थी तो आफताब गुस्सा हो जाता था और उसे बुरी तरह पीटता था।
  • 9.) श्रद्धा से नफरत करने लगा था आफताब, फोटो तक जला दी थी: आफताब ने 23 मई को अपने घर की तलाशी ली थी। वह श्रद्धा से जुड़ी हर चीज अपने घर से हटा देना चाहता था। इस दौरान उसे श्रद्धा की 3 तस्वीरें मिली थीं। ये तस्वीरें एक फ्रेम में लगी हुई थी, जो श्रद्धा के कमरे में पड़ी थीं। इसमें एक दोनों के उत्तराखंड टूर की तो दूसरी मुंबई के गेटवे ऑफ़ इंडिया की थी जो दोनों ने एक साथ साल 2020 में खिंचवाई थी। आफ़ताब ने पुलिस को बताया कि उसने पहले फ्रेम तोड़ कर तस्वीरों को निकला और बाद में किचन में ले जा कर उसमें आग लगा दी।
  • 10.) 20 लड़कियों से थे आफताब के संबंध: रिपोर्ट में यह बात सामने आई है कि आफताब के 20 लड़कियों से संबंध रहे हैं। यही नहीं, वह गर्लफ्रेंड रहीं ज्यादातर लड़कियों को आफताब अपने घर ला चुका है। इनमें से कई को वह महरौली के उस फ्लैट पर भी ले गया, जहाँ श्रद्धा की हत्या कर उसके शव के 35 टुकड़े किए थे। ये लड़कियाँ दिल्ली और महाराष्ट्र की हैं। अब पुलिस इन सबसे भी पूछताछ की तैयारी कर रही है।

श्रद्धा के पैसों को भी फूँक रहा था आफताब, माँ की मौत के बाद मिले पैसे भी हड़पे: हत्या के बाद मुंबई से दिल्ली कूरियर किया था सामान

श्रद्धा मर्डर केस (shraddha murder case) में रोजाना नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस की टीम भी लगातार पूछताछ कर रही है। मामले में ऐसी जानकारियाँ निकल कर सामने आ रही है, जो पुलिस के साथ-साथ आम जनता को भी हैरान कर रही है। नया खुलासा आफताब अमीन पूनावाला (Aftab Amin Poonawalla) के नशे की लत को लेकर है। 

जी न्यूज की एक रिपोर्ट के मुताबिक, आफताब नशे का आदि है। उसने कथित तौर पर गांजे के नशे में ही श्रद्धा वाकर की गला दबाकर हत्या कर दी थी। यह भी बताया गया है कि जब वह निर्ममता से श्रद्धा के शव के 35 टुकड़े कर रहा था, तब भी वह नशा कर रहा था। इतना ही नहीं माँ की मौत के बाद बतौर नॉमिनी श्रद्धा को जो पैसा मिला था वह भी उसने हड़प लिया था।

रिपोर्ट के मुताबिक वह श्रद्धा से पैसे भी उधार भी लेता रहता था। दिन-रात श्रद्धा के साथ झगड़ा करने के बावजूद वह उधार के पैसे वापस नहीं करता था। आफताब अमूमन ड्रग्स के ल‍िए पैसे उधार लेता था। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है क‍ि आफताब के संंबंध ऐसे लोगों से थे, जो नशे के आदी थे। वह श्रद्धा को लेकर हिमाचल प्रदेश के तोशगांव भी गया था। बताया जाता है क‍ि तोशगांव ड्रग्‍स व‍ितरण का बड़ा अड्डा बन चुका है। पुलिस इसी कड़ी को खँगालने की कोशिश कर रही है। आफताब के चैट से यह भी खुलासा हुआ है क‍ि उसके साथ कॉल सेंटर में काम करने वाले कुछ लोग ड्रग्‍स लेते थे।

र‍िपोर्ट के मुताबिक, वह भले ही श्रद्धा के साथ ल‍िव इन में रहता था, लेक‍िन उसके संबंध कई अन्य लड़कियों से भी थे। पुल‍िस को शक है क‍ि वह लड़कियों को प्‍यार के जाल में फँसाकर उनसे ड्रग्‍स की तस्‍करी करवाना चाहता था। संभवतः वह श्रद्धा को भी ड्रग्‍स पैडलर बनाना चाहता था।

एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार आफताब हत्‍या के बाद द‍िल्‍ली से मुंबई गया था और वहाँ से कूरियर कंपनी के जरिए अपना सामान द‍िल्‍ली भेजा था। दिल्ली पुलिस की एक जाँच टीम ने रविवार (20 नवंबर 2022) को मुंबई में इस संबंध में एक कूरियर कंपनी के मालिक गोविंद यादव से पूछताछ की। इसी कूरियरर कंपनी ने श्रद्धा और आफताब का कुछ घरेलू सामान मुंबई से दिल्ली पहुँचाया था। 

पूछताछ में कंपनी के मालिक ने कहा कि आफताब ने इस साल जून में उसकी कंपनी के माध्यम से दिल्ली के एक पते पर सामान पहुँचाया था। सामान में घरेलू चीजें, फ्रिज, बर्तन और कपड़े शामिल थे। आफताब ने इसके ल‍िए बकायदा 20 हजार रुपए भी चुकाए थे।

दूसरी ओर द‍िल्‍ली पुल‍िस इस केस के स‍िलस‍िले में लगातार अपना काम कर रही है। इसी क्रम में द‍िल्‍ली पुल‍िस की टीम मुंबई के उस फाइव स्टार होटल स्टाफ से पूछताछ करेगी, जहाँ आफताब ट्रेनी शेफ के तौर पर काम करता था।

दिल्ली पुलिस के दो अधिकारी होटल के कर्मचारियों से आफताब के बारे पूछताछ करेंगे। आफताब मुंबई में अपने परिवार के साथ जिस सोसायटी में रहता था, पुलिस ने वहाँ के सेक्रेटरी अब्दुल्ला खान से भी पूछताछ की थी।

ISIS के संपर्क में था मंगलुरु ब्लास्ट में गिरफ्तार मोहम्मद शरीक, कई धमाके की रच रहा था साजिश: घर से बड़ी मात्रा में मिला विस्फोटक, जमानत पर था बाहर

कर्नाटक के मंगलुरु में शनिवार (19 नवंबर, 2022) को ऑटो में हुए बम धमाके को लेकर जाँच तेज हो गई है। कहा जा रहा है घटना की स्थिति को देखते हुए राष्ट्रीय जाँच एजेंसी (NIA) मामले की जाँच कर सकती है। फिलहाल, इस मामले में गिरफ्तार आरोपित मोहम्मद शरीक से पूछताछ की जा रही है। साथ ही, कुछ संदिग्धों को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मोहम्मद शरीक इस्लामी आतंकी संगठन ISIS के हैंडलर्स के संपर्क में था।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मंगलुरु में चलते ऑटो में हुए बम धमाके के आरोपित मोहम्मद शरीक के घर से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, एक मोबाइल फोन, दो फर्जी आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, डेबिट कार्ड बरामद हुए हैं। विस्फोटक बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्रियों में जिलेटिन पाउडर, सर्किट बोर्ड, छोटे बोल्ट, बैटरी, वुड पावर, एल्युमीनियम मल्टी मीटर, तार, मिक्सचर जार, प्रेशर कुकर आदि बरामद हुए हैं। पुलिस ने शरीक के जिस घर में छापेमारी की है, वह घर किराए पर लिया हुआ था।

शुरुआती जाँच के बाद पुलिस ने कहा है कि आरोपित मोहम्मद शरीक मंगलुरु की दीवारों पर आपत्तिजनक पेंटिंग करने के मामले में पहले भी जेल चुका है। शरीक को यूएपीए की धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल, वह जमानत पर बाहर था।

न्यूज 18′ ने एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि आरोपित मोहम्मद शरीक आत्मघाती हमलावर नहीं था, बल्कि वह किसी अन्य जगह बम लगाकर बड़ा विस्फोट करने की फिराक में जा रहा था। इसी दौरान, विस्फोट हुआ है। यही नहीं, शरीक के घर से विस्फोटक सामग्री बरामद होने के बाद कहा जा रहा है कि उसने कई और बम ब्लास्ट की योजना बनाई थी। इसके लिए उसने सामग्री तैयार कर ली थी। हालाँकि, पुलिस ने अब तक ऐसी पुष्टि नहीं की है।

मोहम्मद शरीक से संबंधों को लेकर तमिलनाडु पुलिस ने नीलगिरि जिले के उधगमंडलम निवासी सुरेंद्रन से पूछताछ कर रही है। ‘दैनिक भास्कर’ की रिपोर्ट के अनुसार, संदिग्ध आरोपित ने शरीक के साथ संबंध की बात को स्वीकार किया है। दरअसल, पुलिस शरीक के पास से दो आधार कार्ड मिले थे, जिसमें से एक संदिग्ध आरोपित सुरेंद्रन के नाम पर था।

यही नहीं, बम ब्लास्ट मामले की जाँच कर रही पुलिस का कहना है कि आरोपित मोहम्मद शरीक तमिलनाडु गया था। इस दौरान वह, सिंगनल्लूर में स्थित एक हॉस्टल में संदिग्ध आरोपित सुरेंद्र के साथ रुका था। पुलिस इस बात की भी जाँच कर रही है कि कहीं मोहम्मद शरीक का संबंध इसी साल 23 अक्टूबर को कोयंबटूर बम ब्लास्ट में मारे गए मोहम्मद जोशेमा मुबीन से भी तो नहीं था।
 
एक रिपोर्ट के अनुसार, शरीक इस्लामिक स्टेट (ISIS) के हैंडलर अराफात अली के संपर्क में था। अराफात पहले ही दो मामलों में आरोपित है और अल-हिंद मॉड्यूल मामले के आरोपी मुस्सविर हुसैन के संपर्क में था। यही नहीं, शरीक दो तीन अन्य संदिग्धों के भी संपर्क में था। इन सभी की पहचान की जा रही है।