Home Blog Page 2279

मुस्लिम बहुल मेवात में पंचायत चुनाव के दौरान गोलीबारी और पत्थरबाजी: पीड़ित हिन्दू ने बताया – हमारे घरों पर पुलिस के सामने ही बोतलों से हमला

हरियाणा के मेवात में पंचायत चुनाव के दौरान भारत हिंसा हुई है। बता दें कि ये मुस्लिम बहुल इलाका है। शाम 6 बजे तक राज्य के 9 जिलों में 79% वोटिंग हुई है। मेवात के नूँह में भी भारी हिंसा की खबर है। मेवात के चाँदड़ाका गाँव में बूथ संख्या 65 पर मतदान के दौरान गोलीबारी हुई। साथ ही जम कर पत्थर भी चले। इसके बाद पुलिस को वहाँ अतिरिक्त संख्या में तैनात करना पड़ा। कुछ देर के लिए मतदान भी रोकने की नौबत आ गई।

हालाँकि, बाद में जिला प्रशासन की मौजूदगी में मतदान फिर से शुरू हो पाया। मौके पर अभी भी भारी संख्या में पुलिस बलों को तैनात किया गया है। वहाँ से सामने आए वीडियो में एक मस्जिद के पास भी भीड़ को हिंसा करते हुए देखा जा सकता है। बता दें कि हरियाणा में ये मतदान भिवानी, झज्जर, जींद, कैथल, महेंद्रगढ़, नूँह, पंचकूला, पानीपत और यमुनानगर में चल रहा है। नूँह के गोकलपुर, चंडाका, जाटका सिसौना, बुबल्हेड़ी और बिसरू सहित कई गाँवों में हिंसा हुई है।

कई लोगों को गोली लगने की भी खबर है। कुछ लोगों का इलाज मंडी खेड़ा के अल आफिया अस्पताल में चल रहा है। सरपंच चुनाव के दौरान एक दिन पहले भी नूँह के ही चाँदड़ाका गाँव में हिंसा हुई थी। मेवात केएसपी वरुण सिंगला का कहना है कि स्थिति को शांतिपूर्ण कर के फिर से मतदान शुरू करा दिया गया है। मेवात के मोहम्मद बॉस, जिसे बुचाका गाँव के नाम से भी जानते हैं, वहाँ मुस्लिमों के दो पक्षों के बीच ही संघर्ष हुआ।

मुस्लिम बहुल गाँव में पहुँचे पोलिंग एजेंट भी दहशत में हैं। पूर्व सरपंच हनीफ का कहना है कि मंगलवार (1 नवंबर, 2022) की देर शाम उनके गाँव के बूथ संख्या 113 व 114 पर पोलिंग पार्टी आई थी, ऐसे में वो सुविधाओं का जायजा लेने स्कूल पहुँचे थे। आरोप है कि इस दौरान गफ्फार भी अपने साथियों संग वहाँ आया। इस हिंसा में एक व्यक्ति के सिर में गोली लग गई। ऑपइंडिया से बात करते हुए एक नगीना इलाके स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि हिन्दुओं के घरों पर भी हमला हुआ है।

चश्मदीद हिन्दू ने बताया, “हमारे घरों पर भी बोतलों से हमला किया गया। हमारी गाड़ियों के शीशे तोड़ डाले गए हैं। सब कुछ पुलिस और प्रशासन के आगे हुआ। अगर मतगणना में भी यही हाल रहा तो हमारे लिए बहुत खतरा है।” वहीं एक तस्वीर में एक घायल व्यक्ति को अस्पताल में लेटे हुए भी देखा जा सकता है। वीडियो में मुस्लिम भीड़ पत्थरबाजी करती दिख रही है। सड़क पर जमा भीड़ ने गाली-गलौज भी सुनी जा सकती है। इस दौरान वहाँ बच्चे भी मौजूद थे।

तालिबान ने छात्राओं पर बरसाए डंडे, विश्वविद्यालय में प्रवेश की भी अनुमति नहीं: लड़कियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटने का वीडियो आया सामने

अफगानिस्तान में तालिबान की वापसी के बाद से ही महिलाओं की सुरक्षा और शिक्षा को लेकर सवाल उठने लगे थे । तालिबान इस शंका को अपनी हरकतों से सही भी ठहराता रहा है । अफगानिस्तान में अपने शुरुआती शासन में ही उसने छठी कक्षा के बाद से लड़कियों की स्कूली शिक्षा पर ही रोक लगा दी थी।

तालिबान की बर्बरता का नया वीडियो पूर्वोत्तर अफगानिस्तान में बदख्शाँ विश्वविद्यालय के परिसर से सामने आया है। नए प्रशासन के सदस्यों ने छात्राओं को कॉलेज परिसर में प्रवेश करने से रोक दिया है। ‘द इंडिपेंडेंट’ की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि जिस अधिकारी को छात्रों पर डंडो का इस्तेमाल करते हुए देखा गया है, वह तालिबान सरकार के ‘मोरल मंत्रालय’ से संबंधित है।

वायरल हो रहे वीडियो में तालिबान का एक अधिकारी दिख रहा है, जो छात्राओं पर डंडे का इस्तेमाल करते है, जब वे अपने शिक्षा के अधिकार को लेकर विरोध कर रहीं थीं। अधिकारी को छात्राओं का पीछा करते हुए, उन्हें तितर-बितर करने के लिए मजबूर करते हुए देखा जा सकता है। दर्जनों छात्राएँ अधिकारियों को प्रवेश की अनुमति देने के लिए विश्वविद्यालय के बाहर धरना दे रही थीं।

पंजशीर प्रोविंस नाम के ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर कहा गया, “लड़कियाँ हिजाब पहनी हुई हैं, फिर भी उन्हें विश्वविद्यालय में प्रवेश की अनुमति क्यों नहीं है? तालिबान महिला छात्रों के लिए विश्वविद्यालयों को बंद करना चाहता है। आज तालिबान ने छात्राओं को विश्वविद्यालय में प्रवेश नहीं करने दिया।”

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों में विश्वविद्यालय के अध्यक्ष नकीबुल्लाह काज़ीज़ादा के हवाले से कहा गया है कि समूह की हिंसा और छात्रों के प्रति गैरकानूनी आचरण पर ध्यान दिया जाएगा और छात्राओं के अनुरोध के बारे में विचार किया जाएगा। पिछले साल अगस्त में सत्ता संभालने के बाद से, तालिबान ने महिलाओं की आवाजाही, अभिव्यक्ति, काम के अवसरों और पोशाक की स्वतंत्रता पर गंभीर प्रतिबंध लगा दिए हैं। वैश्विक स्तर पर भी कई अंतरराष्ट्रीय संगठन अफगानिस्तान में महिलाओं की स्थिति पर चिंता जता चुके हैं ।

‘कोई मिल गया’ वाली हंसिका मोटवानी ने बिजनेसमैन से की सगाई, सोहेल कथूरिया संग रचाएँगी शादी: एफिल टॉवर के पास प्रपोज करने की तस्वीरें वायरल

‘कोई मिल गया’ फिल्म की एक्ट्रेस हंसिका मोटवानी (Hansika Motwani) जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाली हैं। पेरिस के एफिल टॉवर के सामने अपने बॉयफ्रेंड सोहेल कथूरिया से सगाई करने के बाद उन्होंने आज (1 नवंबर 2022) अपनी कई तस्वीरें इंस्टाग्राम पर शेयर की हैं। साथ ही कैप्शन लिखा, “अभी और हमेशा के लिए।” इन तस्वीरों में आप देख सकते हैं कि हंसिका के बिजनेस पार्टनर सोहेल कथूरिया पेरिस के एफिल टावर के नीचे घुटनों के बल बैठकर अँगूठी का बॉक्स लिए एक्ट्रेस को प्रपोज कर रहे हैं।

उनके साथ फूलों से लिखा हुआ ‘मैरी मी’ दिखाई दे रहा है। एक्ट्रेस की फोटो वायरल होने के बाद लोग उन्हें बधाइयाँ दे रहे हैं। इंस्टाग्राम पर अनुष्का शेट्टी, वरुण धवन, श्रिया रेड्डी, काजल अग्रवाल, पीवी सिंधू और शिवालिका ओबरॉय जैसे सेलेब्स ने हंसिका को बधाई दी।

खबरें हैं कि इस साल 4 दिसंबर को हंसिका और सोहेल कथूरिया शादी करने वाले हैं। हंसिका की वेडिंग बेहद रॉयल होने वाली है। उन्होंने अपनी शादी के लिए जयपुर का 450 साल पुराना किला फाइनल किया है। बताया जा रहा है कि जयपुर के पैलेस में 2 दिसंबर को सूफी नाइट, 3 दिसंबर को मेंहदी और संगीत और 4 दिसंबर को शादी के फंक्शन रखे गए हैं। शादी की तैयारियाँ अभी से शुरू कर दी गई हैं। हालाँकि, हंसिका और सोहेल की तरफ से अभी तक शादी को लेकर कोई बयान सामने नहीं आया है।

मीडिया के रिपोर्ट्स के मुताबिक, हंसिका के लाइफ पार्टनर को लेकर अभी तक ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। अभी केवल इतना ही सामने आया है कि सोहेल कथूरिया मुंबई के एक बिजनेसमैन हैं।’ इंडिया टुडे’ की रिपोर्ट्स की मानें तो सोहेल लंबे समय से हंसिका मोटवानी के बिजनेस पार्टनर हैं। ये दोनों 2020 से एक इवेंट प्लानिंग कंपनी चला रहे हैं। इसी दौरान ये एक दूसरे के करीब आए थे। 2 साल की रिलेशनशिप के बाद अब ये शादी करने जा रहे हैं।

बता दें कि हंसिका, शाका लाका बूम बूम और जिस देश में निकला होगा चाँद जैसे टीवी सीरियल में भी काम कर चुकी हैं। अब उनकी गिनती दक्षिण भारतीय फिल्मों की बड़ी अभिनेत्रियों में होती है।

मस्जिद से मौलवी ने दिया फरमान तो टूट पड़े रोहिंग्या, Pak में कार से खींच कर जावेद और इशहाक को मार डाला: सिंध में उठी माँग – इन्हें बाहर निकालो

पाकिस्तान के कराची में भीड़ ने 2 लोगों की हत्या कर दी है। बताया जा रहा है कि दोनों मृतक एक टेलिकॉम कंपनी में काम करते थे, जिनके नाम मोहम्मद इशहाक और आयमान जावेद हैं। पुलिस को इस मॉब लिंचिंग के पीछे रोहिंग्याओं के होने का शक है। हिंसा में शामिल अब तक 5 नामजदों सहित 37 आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं। मुख्य आरोपित का नाम अब्दुल गफूर बताया जा रहा है। हमले की वजह बच्चों के अपहरण करने की अफवाह बताई जा रही है।

आरोप है कि दोनों की हत्या का फरमान एक मस्जिद से मौलवी ने जारी किया था। घटना शुक्रवार (28 अक्टूबर, 2022) की बताई जा रही है। पाकिस्तानी मीडिया की रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना कराची के मच्छर कालोनी की है। घटना के दिन आयमान जावेद और अब्दुल इशहाक दोनों कॉलोनी में मोबाइल के नेटवर्क की जाँच करने पहुँचे थे। इस दौरान दोनों ने वहाँ के एक बच्चे से टॉवर का पता पूछा। इस दौरान आस-पास के लोग दोनों को बच्चा चोर कह कर शोर मचाने लगे।

जब तक दोनों कुछ समझ या लोगों को समझा पाते तब तक भीड़ ने उन दोनों पर हमला बोल दिया। हमले में दोनों बुरी तरह से घायल हो गए।

इस बीच किसी ने पुलिस को खबर दी। पुलिस ने मौके पर पहुँच कर भीड़ को तितर-बितर किया लेकिन तब तक दोनों कर्मचारियों की मौत हो चुकी थी। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में भीड़ ने न सिर्फ टेलिकॉम कंम्पनी के दोनों कमर्चारियों को बेरहमी से पीटा है बल्कि उनकी कार को भी बुरी तरह से तोड़ डाला है। हमले के लिए लाठी, डंडे, रॉड, पत्थरों के साथ लात और घूँसों का भी प्रयोग किया जा रहा था।

मस्जिद ने निकला मौत का फरमान

इस घटना के विरोध में घटना स्थल पर प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शन में कई औरतें भी शामिल हुईं जिन्होंने मरने वालों की रूह के लिए जन्नत की दुआ है। इस दौरान कातिलों की गिरफ्तारी के लिए प्रदर्शन भी किया गया। इस दौरान एक प्रदर्शनकारी ने आरोप लगाया कि भीड़ को दोनों मृतकों पर हमले के लिए एक मौलवी ने उकसाया था। प्रदर्शनकारी ने कहा कि मौलवी ने लोगों को उकसाने के लिए एक मस्जिद का प्रयोग किया था, जिसके बाद भीड़ हिंसक हो उठी थी।

प्रदर्शनकारी ने मौलवी की गिरफ्तारी न होने पर भी नाराजगी जताई। हालाँकि मस्जिद से हुए फरमान की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।

हत्या के पीछे म्यंमार के रोहिंग्या

सिंध ज़ोन के IG ने इस घटना पर चल रही पुलिस कार्रवाई के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टेलिकॉम कंपनी के दोनों इंजीनियरों की हत्या में रोहिंग्याओं का हाथ होने के सबूत मिले हैं। इन सभी को पाकिस्तान में आधिकारिक तौर पर शरण मिली हुई है। वहीं पुलिस ने गवाहों के आगे हिरासत में लिए गए सभी आरोपितों की पहचान और परेड करवाई है। पुलिस का कहना है कि प्राप्त वीडियो फुटेज और गवाहों के बयानों के आधार पर अभी अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।

शरणार्थियों को बाहर करने की माँग का निकला जुलूस

जावेद और इशहाक की हत्या में रोहिंग्या का हाथ होने की जानकारी के बाद सिंध में लोगों ने बाहरी शरणार्थियों को निकालने की माँग का जुलूस निकाला। जुलूस में जंग हमारी जारी रहेगी जैसे नारे लग रहे थे। प्रदर्शनकरियों ने अपने बैनर पर भी गैर पाकिस्तानियों को निकालने की माँग छाप रखी थी।

पाकिस्तानी बल्लेबाज को पछाड़ कर ‘सूर्य’ शिखर पर, T20 के No.1 बैट्समैन बने सूर्यकुमार यादव: बांग्लादेश को मात देकर वर्ल्ड कप के टॉप-4 में पहुँचा भारत

भारत के धमाकेदार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने बेहतरीन बल्लेबाजी की बदौलत न सिर्फ भारत को मैच जिताए हैं, बल्कि अब वह T-20 के ‘बॉस’ भी बन गए हैं। अपनी शानदार फॉर्म की बदौलत बुधवार (2 नवंबर, 2022) को जारी हुई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की नवीनतम टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज बन गए हैं।

सूर्यकुमार ने पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान को पछाड़कर शीर्ष स्थान हासिल किया। वह सिर्फ दूसरे भारतीय बल्लेबाज हैं जो टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग के शीर्ष पर पहुँचे हैं। 32 वर्षीय बल्लेबाज ने मौजूदा वर्ल्ड कप में नीदरलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एक के बाद एक अर्धशतक जमाया है। वहीं सूर्यकुमार यादव ने बुधवार को बांग्लादेश के खिलाफ सुस्त भारतीय पारी में 16 गेंद में 30 रन बनाया और टीम को गति प्रदान की। बारिश से प्रभावित मैच में बांग्लादेश को 5 रनों से हरा कर भारत अब अपने ग्रुप में टॉप पर पहुँच चुका है।

पिछले साल मार्च में अपने अंतरराष्ट्रीय टी20 में पदार्पण के बाद से भारत की मिडिल बैटिंग आर्डर में उन्होंने जान फूँक दी है और उनकी नवीनतम उपलब्धि उनके उत्कृष्ट हालिया बल्लेबाज़ी का एक प्रतिबिंब है। हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उनकी अर्धशतकीय पारी वर्षों तक याद रखी जाएगी। भारत हालाँकि वह मैच हार गया, लेकिन मुश्किल विकेट पर उनके झन्नाटेदार शॉट को आखिर कौन क्रिकेट प्रेमी भूल सकता है ।

जारी रेटिंग के मुताबिक, पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान 842 अंक लेकर दूसरे नंबर पर हैं। दोनों के बीच 21 रेटिंग पॉइंट का डिफरेंस हैं। यानी, सूर्या रिजवान से 21 पॉइंट्स ऊपर हैं। न्यूजीलैंड के डेवोन कॉन्वे 792 पॉइंट के साथ तीसरे, पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम 780 पॉइंट के साथ चौथे और साउथ अफ्रीका के एडेन मार्करम 767 रेटिंग पॉइंट के साथ 5वें स्थान पर हैं।

सूर्यकुमार से पहले कोहली रह चके हैं नंबर वन

टी-20 इंटरनेशनल रैंकिंग में नंबर-1 पर पहुँचने वाले सूर्यकुमार यादव ओवरऑल 23वें और भारत के दूसरे खिलाड़ी हैं। सूर्यकुमार के अलावा कोहली भी भारत से नंबर-1 पर रह चुके हैं। वे सितंबर 2014 से दिसंबर 2017 तक 1013 दिनों तक लगातार पहले स्थान पर थे।

सूर्यकुमार ने भारत के लिए 37 टी20 मुकाबले खेलते हुए एक शतक और 11 अर्धशतक जड़े हैं। उन्होंने 13 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया है। सूर्यकुमार मैदान के चारो तरफ शॉट लगाने की काबिलियत रखते हैं इसलिए उन्हें 360 डिग्री प्लेयर भी कहा जाता है ।

शास्त्री ने आईसीसी टी20 विश्व कप में बांग्लादेश के खिलाफ भारत की भिड़ंत से पहले एडिलेड में सूर्यकुमार की जमकर तारीफ। उन्होंने कहा , “वह खेल के तीनों प्रारूपों में खेल सकता है। आपको ऐसे खिलाड़ी नहीं मिलते हैं जो हर स्पॉट पर हिट कर सकते हैं, जैसे वह करता है। वह सचमुच गेंदबाज के लिए एक चुनौती है।”

कोहरे और धुंध में फँसी दिल्ली वालों की साँसें: पंजाब के मात्र 3 जिलों में 1 सप्ताह में पराली जलाने की 3700 घटनाएँ, NASA ने जारी की तस्वीरें

पड़ोसी राज्यों में पराली जलाने के कारण दिल्ली में धुंध और कोहरा बढ़ने लगा है और यहाँ की हवा जहरीली होती जा रही है। अमरीकी अंतरिक्ष एजेंसी ‘नासा’ (NASA) ने उपग्रह से ली गई तस्वीरों को साझा किया है, जिनमें पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में पराली जलाए जाने के कारण उन इलाकों में लाल रंग के निशान बने हैं।

इन तस्वीरों में पूर्वी पाकिस्तान से पूर्वी उत्तर प्रदेश तक सिंधु-गंगा के मैदान के विशाल क्षेत्रों में धुंध की एक परत दिखाई दे रही है। धुंध की यह परत पराली जलाए जाने के कारण बनी है।इसके कारण दिल्ली की हवा जहरीली बन गई है और वायु की गुणवत्ता लगातार खराब होती जा रही है।

विशेषज्ञों का कहना है कि पंजाब में खेत में आग लगाने की वजह से दिल्ली में हवा की गुणवत्ता खराब हो गई है। पराली जलाने के कारण पीएम 2.5 का प्रदूषण में हिस्सेदारी बढ़कर 26 प्रतिशत हो गई है, जो इस साल का सबसे ज्यादा है। मंगलवार (1 अक्टूबर 2022) को राष्ट्रीय राजधानी में सुबह AQI का स्तर 429 था, जो कि गंभीर श्रेणी में आता है। हालाँकि, बाद में थोड़ा सुधार देखा गया।

दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति के एक विश्लेषण के अनुसार, पंजाब और हरियाणा में 1 नवम्बर से 15 नवम्बर के बीच पराली  जलाए जाने की घटनाएँ चरम पर होती हैं। इस दौरान राजधानी दिल्ली की हवा में सांस लेना मुश्किल होता है। पिछले हफ्ते वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने कहा कि इस साल पंजाब में पराली जलाने की बढ़ती घटनाएँ ‘गंभीर चिंता का विषय’ हैं।

पंजाब के तरनतारन, अमृतसर और गुरदासपुर में 15 सितंबर से 22 अक्टूबर के बीच रिपोर्ट की गई लगभग 3,700 घटनाओं में से 60 प्रतिशत पराली जलाने की घटनाएँ हुईं। लुधियाना स्थित पंजाब रिमोट सेंसिंग सेंटर ने बताया कि तरनतारन में पराली जलाने की 1,034 घटनाएँ दर्ज की गईं। अमृतसर में पराली जलाने की 895, गुरदासपुर में 324, पटियाला में 246, कपूरथला में 214, फिरोजपुर में 187, जालंधर में 169 और लुधियाना एवं अन्य जिलों में 131 घटनाएँ हुईं।

स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने कहा कि हवा की धीमी गति और रात में कम तापमान के कारण प्रदूषकों का संचय हो रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण 4 नवंबर से नमी की मात्रा बढ़ने तथा हवा की गति और कम होने के कारण अगले दो-तीन दिनों के बीच दिल्ली की वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में बनी रहेगी।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, वायु की खराब गुणवत्ता के कारण दिल्ली में रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर घातक प्रभाव पड़ता है। इसके कारण लोगों के श्वसन तंत्र, फेफड़ों, आँख और मस्तिष्क आदि में संक्रमण होने का खतरा रहता है। शिकागो विश्वविद्यालय (ई.पी.आई.सी.) के ऊर्जा नीति संस्थान द्वारा जून में जारी वायु गुणवत्ता जीवन सूचकांक (AQLI) के अनुसार, प्रदूषण के कारण दिल्लीवासियों का जीवन अवधि 10 साल तक घट जाती है।

‘पुराने कोल्डड्रिंक के विज्ञापन जैसा लग रहा’: 57वें जन्मदिन पर ‘पठान’ का टीजर रिलीज कर ट्रॉल हुए SRK, बोले लोग – हीरो नहीं, हीरो का दादा लग रहा

बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान (Shahrukh Khan) के 57वें जन्मदिन (2 नवंबर, 2022) के मौके पर उनकी अपकमिंग फिल्म ‘पठान’ (Pathan) का टीजर रिलीज किया गया है। फिल्म के टीजर की शुरुआत होती है, “क्या जानते हो पठान के बारे में… तीन साल से उसकी कोई खबर नहीं, अपने लास्ट मिशन में वह पकड़ा गया, सुना है बहुत टॉर्चर किया गया उसे, पता नहीं कि पठान मर गया है या… इसके बाद शाहरुख बोलते हैं, “पठान जिंदा है।”

टीजर में शाहरुख के अलावा दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम भी नजर आ र​हे हैं। टीजर के अंत में शाहरुख कहते हैं, “अपनी कुर्सी की पेटी बाँध लो, मौसम बिगड़ने वाला है।” हालाँकि, फिल्म का टीजर दर्शकों के गले नहीं उतरा। सोशल मीडिया पर ‘पठान’ के बॉयकाट की माँग की जा रही है।

फिल्म का टीजर देखने के बाद ट्विटर पर ‘Eray Mridula Cathe’ नाम के यूजर ने लिखा, “पठान का टीजर पुराने कोल्ड ड्रिंक का विज्ञापन लगता है। बॉलीवुड का एक और घटिया डब। लेकिन ठीक है, आपके पास फेक प्रचार के लिए दुनिया का सबसे महँगा पीआर, रिटर्न फेवर और बूटलिकर्स हैं। हताश पीआर ऐसे लोगों से ज्यादा एंटरटेनिंग हैं।”

एक और यूजर ने लिखा, “57 साल का होकर अभी भी हीरो की भूमिका निभाना चाहता है। भाई हीरो का दादा है तू, अब कितना डिजिटल रीमिक्स कर लो… बुड्ढा हो गया अब ‘पठान’।”

‘बॉलीवुड रत्न’ नाम के ट्विटर हैंडल से लिखा गया, “यशराज फिल्म्स ने आखिरी बार हिंदू विरोधी ‘शमशेरा’ फिल्म को बड़ी ही बेशर्मी से रिलीज किया था। वह सुपर फ्लॉप थी। इसके बाद अब यह ‘पठान’ रिलीज कर रही है।”

बता दें कि ‘पठान’ को सिद्धार्थ आनंद ने डायरेक्ट किया है और आदित्य चोपड़ा ने प्रोड्यूस किया है। यह फिल्म अगले साल जनवरी में हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषा में रिलीज होगी। इसमें शाहरुख और जॉन अब्राहम की जबरदस्त फाइटिंग दिखाई गई है।

आसिम ने 3 साथियों संग अपने ही जीजा का ‘सर तन से जुदा’ करने का किया प्रयास, धारदार हथियार से गर्दन पर वार: चारों फरार, मायके में रह रही बीवी ने भी दी थी धमकी

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में एक साले द्वारा अपने जीजा का सिर तन से जुदा किए जाने के प्रयास का मामला सामने आया है। हमले में इस्तिखार नाम का पीड़ित बुरी तरह से घायल हो गया है, जिसका गंभीर अवस्था में इलाज चल रहा है। इस घटना के मुख्य आरोपित का नाम आसिम है। हमले में आसिम के 3 अन्य साथी भी शामिल बताए जा रहे हैं। कहा जा रहा है कि आरोपित साला अपने जीजा से पारिवारिक कारणों से नाराज रहता था। घटना सोमवार (31 अक्टूबर 2022) की है।

मामला बहसूमा थानाक्षेत्र के गाँव शेखपुरा कलंदर कला का है। यहाँ पर पीड़ित इस्तिखार की माँ जरीना ने पुलिस ने शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के मुताबिक, घटना के दिन उनका बेटा शौच के लिए रामराज नहर पर गया था। इस दौरान वहाँ आसिम, शाहबाज़, शाहरुख़ और निसार पहुँच गए। आरोपित असीम आसिफ, इस्तिखार का साला बताया गया है। जरीन ने आगे लिखा कि सभी हमलावरों ने उनके बेटे की गर्दन पर धारदार हथियार से वार किया जिस से इस्तिखार बुरी तरह से घायल हो गया।

अपनी शिकायत में जरीना ने बताया है कि बुरी तरह से घायल हालात में उनका बेटा घर पहुँचा। घर में उसने बताया कि आरोपितों ने जाते-जाते मार डालने की भी धमकी दी है। FIR में हमले की वजह को पुरानी रंजिश बताई गई है। जरीना ने सभी आरोपितों पर कड़ी कार्रवाई की माँग की है। ऑपइंडिया के पास FIR कॉपी मौजूद है। पुलिस ने जरीना की शिकायत पर चारों आरोपितों के खिलाफ IPC की धारा 307 के तहत केस दर्ज कर लिया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीड़ित इस्तिखार का 3 वर्षों से अपनी ससुराल से झगड़ा चल रहा है। उसकी पत्नी अपने मायके बिजनौर के अफजलगढ़ जिले में रहती है। आरोप है कि एक माह पहले पीड़ित की पत्नी रुबीना ने इस्तिखार को कभी चैन से न रहने देने की धमकी भी दी थी। बताया जा रहा है कि हमले में बुरी तरह से घायल इस्तिखार का इलाज मेरठ जिला अस्पताल में चल रहा है, जहाँ उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि पुलिस कार्रवाई से डर कर सभी आरोपित घर से फरार चल रहे हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

‘मंत्री सत्येंद्र जैन ने मुझसे वसूली ₹10 करोड़ प्रोटेक्शन मनी’: दिल्ली के LG ने कार्रवाई के लिए मुख्य सचिव को भेजा सुकेश का पत्र, इसमें AAP को ₹50 Cr देने की बात भी

महाठग सुकेश चंद्रशेखर (Sukesh Chandrashekhar) ने मनी लॉन्ड्रिंग केस में जेल में बंद दिल्ली की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के मंत्री सत्येंद्र जैन (Satyendar Jain) को लेकर सनसनीखेज दावा किया था। उसने दिल्ली के उप-राज्यपाल को चिट्ठी लिखकर बताया था कि जैन उससे मिलने तिहाड़ जेल में आते थे और ‘प्रोटेक्शन मनी’ के तौर पर उससे 10 करोड़ रुपए लिए थे। द न्यू इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, इस पत्र को दिल्ली के उप-राज्यपाल वी के सक्सेना ने कार्रवाई के लिए मुख्य सचिव को भेज दिया था।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि उप-राज्यपाल ने पत्र का संज्ञान लिया है। अधिकारी ने बताया, “हमने उस पत्र को आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए 18 अक्टूबर को दिल्ली के मुख्य सचिव को भेज दिया था।” वर्तमान में दिल्ली की मंडोली जेल में बंद चंद्रशेखर ने 10 अक्टूबर को उप-राज्यपाल को लिखा था और दावा किया था कि उन्होंने न केवल जैन को, बल्कि आम आदमी पार्टी को भी 50 करोड़ रुपये का भुगतान किया क्योंकि उसे दक्षिण भारत में पार्टी में एक महत्वपूर्ण पद देने का वादा किया गया था। ।

महाठग के लिखा था, “2017 में मेरी गिरफ्तारी के बाद दिल्ली की तिहाड़ जेल में कई बार सत्येंद्र जैन मुझसे मिलने आए थे।” सुकेश चंद्रशेखर ने पत्र में लिखा है कि 2019 में सत्येंद्र के पीए ने उसे जेल के अंदर सभी बुनियादी सुविधाएँ प्राप्त करने के लिए प्रोटेक्शन राशि के रूप में हर महीने 2 करोड़ रुपए देने को कहा था। उस वक्त जैन के पास जेल विभाग का जिम्मा था। बताया जा रहा है कि जेल में बैठकर लिखे गए इस पत्र को सुकेश ने अपने वकील अनंत मलिक के जरिए भेजा था।

बता दें कि जब सुकेश ने सत्येन्द्र जैन को कथित तौर पर 10 करोड़ रुपए प्रोटेक्शन मनी के तौर देने की बात कही है, वह उस वक्त तिहाड़ की रोहिणी जेल में बंद था। उसने वहाँ जमकर करोड़ों रुपये रिश्वत के तौर पर खर्च किए। इसी वजह से जेल के एक-दो नहीं, बल्कि पूरे 82 अफसरों और कर्मचारियों पर गाज गिरी थी।

आरोप है कि सुकेश ने एक करोड़ रुपए महीना देकर जेल के अंदर मौजूद पूरे स्टाफ और जेलर को भी अपनी सेवा में लगा रखा था। वो 12 महीनों तक रोहिणी जेल में बंद था और और तब तक वो जेल को 12 करोड़ रुपए रिश्वत के तौर पर दे चुका था। इस पूरे खेल में रोहिणी जेल के 82 अफसर और कर्मचारी शामिल थे। सुकेश को इस साल अगस्त में तिहाड़ से दिल्ली की मंडोली जेल में स्थानांतरित किया गया था, क्योंकि उसने दावा किया था कि उसे तिहाड़ जेल के अंदर जान से मारने की धमकी मिली है।

अवैध खनन मामले में झारखंड के CM हेमंत सोरेन से पूछताछ करेगी ED, पेश होने के लिए भेजा नोटिस: अन्य आरोपितों के पास से मिल चुका है AK-47 और जलपोत

अवैध खनन मामले (Illegal Mining Case) में पूछताछ के लिए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Jharkhand CM Hemant Soren) को प्रवर्तन निदेशालय (Enforcement Directorate) ने समन जारी किया है। ED ने मुख्यमंत्री सोरेन को राजधानी राँची में गुरुवार (3 नवंबर 2022) को पूछताछ के लिए पेश होने को कहा है।

इसी मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने पहले हेमंत सोरेन के राजनीतिक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मनी लॉन्ड्रिंग की जाँच झारखंड के साहिबगंज के बरहरवा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया गया है। इसमें पंकज मिश्रा और अन्य को नामजद किया गया है।

इस मामले में शंभू नंदन कुमार ने आरोप लगाया था कि 22 जून 2020 को मिश्रा ने बरहरवा टोल के एक निविदा प्रक्रिया में भाग लेने पर धमकी दी गई थी। शंभू ने आरोप लगाया था कि मिश्रा ने उन्हें फोन पर निविदा प्रक्रिया में ‘भाग नहीं लेने’ के लिए कहा था। जब उन्होंने इनकार किया तो मिश्रा के इशारे पर भीड़ ने उन पर हमला किया था।

ED के एक अधिकारी ने बताया, सीएम सोरेन के सहयोगी पंकज मिश्रा के खिलाफ जाँच के दौरान कुछ तथ्य सामने आए हैं, जिनकी पुष्टि किए जाने की जरूरत है। इसी को लेकर सीएम सोरेन को बुलाया गया है। सोरेन से जो सवाल पूछे जाएँगे, वह मिश्रा के कब्जे से मिले उनके हस्ताक्षरित चेक को लेकर होगा।

ED ने अपनी जाँच के तहत अब तक 47 तलाशी ली है। एजेंसी ने कहा कि इस मामले में अब तक 100 करोड़ रुपए से अधिक की अपराध की आय का पता लगा है। ED ने कई स्टोन क्रशर और ट्रकों के अलावा 5.34 करोड़ रुपए नकद, 50 बैंक खातों में पड़े 13.32 करोड़ रुपए और 30 करोड़ रुपए मूल्य के एक अंतर्देशीय पोत को जब्त किया है।

वहीं, मामले के एक अन्य आरोपित प्रेम प्रकाश के परिसरों की तलाशी के दौरान दो AK-47 राइफल, 60 राउंड गोला बारूद और पुलिस के कपड़े मिले थे। ED के मुताबिक, प्रेम प्रकाश के कर्मचारी अनिल झा ने 24 मई 2022 को एक बयान में कहा था कि वह प्रेम प्रकाश के लिए 10 लाख रुपए से लेकर 5 करोड़ रुपए तक की नकदी एक स्थान से दूसरे स्थान पर लेकर आता-जाता था और प्रेम प्रकाश को सौंप देता था।”