Home Blog Page 3428

चित्रा त्रिपाठी के साथ किसानों की छेड़छाड़ को सहकर्मी प्रीति चौधरी ने ठहराया सही, कहा- ‘ये सब होता है’, देखें वीडियो

इंडिया टुडे की पत्रकार प्रीति चौधरी ने अपनी सहकर्मी चित्रा त्रिपाठी के साथ मुजफ्फरनगर में महापंचायत के दौरान हुई छेड़छाड़ को सामान्य बताने का प्रयास किया है। ये वाकया उस समय हुआ जब भाजपा प्रवक्ता नुपूर शर्मा ने चित्रा त्रिपाठी के साथ हुई घटना पर अपनी नाराजगी व्यक्त की और प्रीति चौधरी ने निंदा करने की बजाय कहा कि ये सब सामान्य है, खुद उन्होंने भी इन चीजों को फेस किया है।

प्रीति चौधरी ने कहा, “चूँकि आपने मेरी सहयोगी की स्थिति को उठाया है, तो वह एक रिपोर्टर है, मैं भी एक ग्राउंड रिपोर्टर हूँ। यह सब प्रक्रिया का हिस्सा है। ऐसा हर जगह होता है, आप जहाँ भी जाते हैं। यह महापंचायतों और राजनीतिक रैलियों में भी होता है।”

इस बातचीत के बीच नुपूर शर्मा, प्रीति चौधरी को रोकती हैं और याद दिलाने की कोशिश करती हैं कि वो भी एक महिला हैं और इस तरह महिला उत्पीड़न को सामान्य बताना बेहद नीच है, लेकिन चौधरी फिर भी ऐसे मामले में किसानों का पक्ष लेती हैं और दोहराती हैं कि पत्रकारों को ऐसे हालातों से जूझना पड़ता है।

नुपूर शर्मा ने प्रीति चौधरी का ऐसा रवैया देखने के बाद कहा कि वो बताएँ कि आखिर कब महापंचायत जैसे समारोह में ऐसी घटनाएँ हुई थीं। हालाँकि चौधरी ने जवाब देने की बजाय प्रश्न को ये कह कर खारिज कर दिया कि ये डिबेट उनके सहकर्मियों पर नहीं है। वह कहती हैं, “मेरी सहकर्मी वहाँ गईं, अपना काम किया और और किसी भी राजनीतिक रैली या महापंचायत पर टिप्पणी दिए बिना इसे फिर से करेंगी।”

गौरतलब है कि आजतक टीवी चैनल की पत्रकार और संपादक चित्रा त्रिपाठी रविवार (5 सितंबर 2021) को उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में किसानों की महापंचायत को कवर करने के लिए गई थीं। वहाँ कृषि कानून विरोधी प्रदर्शनकारियों ने उन्हें काफी परेशान किया। प्रदर्शनकारी चित्रा के आसपास जमा हो गए और ‘गोदी मीडिया हाय-हाय’ के नारे लगाने लगे। आखिरकार कार्यक्रम को कवर करने के लिए गईं पत्रकार को मौके से खदेड़ दिया गया।

मालूम हो कि इस घटना के बाद सिर्फ चित्रा त्रिपाठी की सहकर्मी ही नहीं बल्कि न्यूज क्लिक पत्रकार श्याम मीरा सिंह भी इस बदसलूकी को जस्टिफाई करते दिखाई दिए थे। न्यूज़क्लिक के ‘पत्रकार’ श्याम मीरा सिंह ने उत्पीड़न की निंदा करने के बजाय, चित्रा त्रिपाठी पर जनता को ‘मूर्ख’ बनाने का आरोप लगाते हुए अत्याचारी आचरण को सही ठहराया। न्यूज़क्लिक के श्याम मीरा सिंह ने दावा किया कि यही लोग रवीश कुमार की सराहना करेंगे, लेकिन रवीश कुमार के खिलाफ भी होंगे।

गिलानी की मौत के बाद तिहाड़ जेल में बंद मसरत आलम को बनाया हुर्रियत का नया चेयरमैन: युद्ध छेड़ने समेत दर्जनों मामले दर्ज

जम्मू-कश्मीर के अलगाववादी नेता सैयद अली शाह गिलानी की मौत के 6 दिन बाद ऑल पार्टी हुर्रियत कॉन्फ्रेंस के नए चेयरमैन की घोषणा की गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कट्टरवादी मसरत आलम भट को हुर्रियत का नया चेयरमैन बनाया गया है। 50 वर्षीय आलम इस समय दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है। इसके अलावा शब्बीर अहमद शाह और गुलाम अहमद गुलजार हुर्रियत कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष होंगे, जबकि मौलवी बशीर अहमद इरफानी एपीएचसी में महासचिव के रूप में काम करता रहेगा। श्रीनगर में एक बैठक में एपीएचसी ने इसकी घोषणा की है।

सैयद अली शाह गिलानी के करीबी मसरत आलम भट की पहचान देश विरोधी कट्टरपंथी नेता के रूप में की जाती है। मसरत आलम के खिलाफ युद्ध छेड़ने समेत दर्जनों मामले दर्ज हैं। वह देश विरोधी विचारों को फैलाने के लिए सोशल मीडिया का इस्तेमाल करता रहा है। उस पर मस्जिद में एंटी-इंडिया की ऑडियो सीडी बाँटकर लोगों को भड़काने का भी आरोप है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, साल 2015 में मसरत आलम ने श्रीनगर में अलगाववादियों की जनसभा में ‘हाफिज सईद का क्या पैगाम, कश्मीर बनेगा पाकिस्तान, गिलानी साहब का क्या पैगाम, कश्मीर बनेगा पाकिस्तान, मेरी जान मेरी जान पाकिस्तान पाकिस्तान, तेरा मेरा क्या अरमान, कश्मीर बनेगा पाकिस्तान’ का नारा लगाया था। इसके बाद मसरत को जिला प्रशासन ने पब्लिक सेफ्टी एक्ट (पीएसए) के तहत अंबफला जेल में बंद कर दिया गया था। इसके चार साल बाद यानी 2019 में अलगाववादी नेता मसरत को रातों रात एनआईए की टीम जम्मू की अंबफला जेल से दिल्ली लेकर पहुँची थी। दस दिन की पुलिस रिमांड के बाद उसे 2015 में पाकिस्तान और हाफिज सईद के पक्ष में नारे लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

मसरत पर श्रीनगर में 15 अप्रैल 2015 को भारत विरोधी रैली करने, पाकिस्तान का झंडा फहराकर उसके समर्थन में नारे लगाने का आरोप है। वह 2008-10 में देशविरोधी प्रदर्शनों का मास्टरमाइंड रहा है। उस दौरान पत्थरबाजी की घटनाओं में 112 लोग मारे गए थे। उसे चार महीनों की तलाश के बाद अक्टूबर 2010 में पकड़ा गया था।

बता दें कि मसरत आलम को सरकार कई बार हिरासत में ले चुकी है। उस पर 27 आपराधिक मामले दर्ज थे। इनमें से अधिकांश में उसे या तो बरी कर दिया गया या जमानत दे दी गई है। 1 मार्च 2015 को मुफ्ती मोहम्मद सईद के जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री बनने के बाद ही उसे रिहा कर दिया गया था। इसको लेकर बड़ा राजनीतिक विवाद हुआ था। संसद में भी इस मामले को उठाया गया था, जिसके बाद आलम को अप्रैल 2015 को फिर से हिरासत में लिया गया था। तब से वह जेल में बंद है। 50 साल का मसरत अभी तक अपने जीवन के 17 साल जेल में गुजार चुका है।

अब इंग्लैंड में हिंदू मंदिर में घुस कर हजारों पाउंड्स की चोरी, तोड़ी गई देवी-देवताओं की मूर्तियाँ

इंगलैंड के स्विंडन में एक हिंदू मंदिर पर मई के बाद पाँचवी बार हमला हुआ है। इस बार हमलावरों ने न केवल पूरे मंदिर को तितर-बितर किया, चीजें उलझीं, समान पटका बल्कि दान पेटी से हजारों पाउंड कैश भी चुरा कर ले गए। इसके अलावा मुख्य मंदिर में भी तोड़-फोड़ हुई है। अब पुलिस इस मामले की जाँच में जुटी है।

बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, घटना की जानकारी शनिवार (4 सितंबर) को हुई है जबकि तोड़फोड़ मंगलवार से शनिवार के बीच की बताई जा रही है। अब विल्टशायर पुलिस इस मामले में जानकारी जुटाने के लिए लोगों से सामने आने की अपील कर रही है। मंदिर के अध्यक्ष प्रदीप भारद्वाज का कहना है, “ये मामला सभी हिंदुओं के लिए बड़ी चिंता और अत्यंत संवेदनशीलता का विषय है। “

वह कहते हैं, “हर कोई इस घटना से दुखी है। सबकी नाराजगी चरम पर है। अब लोग पूरी रात मंदिर में ही सो रहे हैं ताकि अपने भगवान की मूर्तियों की रक्षा कर सकें।”

उन्होंने बताया कि मंदिर के पीछे के गोदाम में पहले तीन बार तोड़-फोड़ हो चुकी है। एक बार वहाँ से बिजली के तार ले लिए गए थे, जिससे मंदिर की बिजली आपूर्ति बंद हो गई थी– और मुख्य मंदिर में भी हाल में दो बार ऐसी घुसपैठ हुई थी।

उन्होंने बताया कि उन्होंने अब ऐसी स्थिति पर चर्चा करने के लिए पुलिस आयुक्त और मुख्य कांस्टेबल के साथ एक तत्काल बैठक का अनुरोध किया है। इसकी सूचना स्विंडन बोरो काउंसिल (Swindon Borough Council) को भी दी गई है।

भारद्वाज बताते हैं कि मंदिर से भारी मात्रा में नकदी ली गई है। उसमें हजारों पाउंड्स थे। इसके अलावा हमलावर कुछ कलाकृतियाँ भी ले गए हैं। उनके मुताबिक, ये मुद्दा नकदी ले जाने का नहीं हैं। देवताओं की मूर्तियाँ और चित्र तोड़े जाने से लोग बहुत गुस्से में है।

वह जानकारी देते हैं कि पूरे इलाके में यही एक हिंदू मंदिर है और चूँकि यह पिछले 18 महीनों में ज्यादातर समय के लिए बंद कर दिया गया था, समुदाय बहुत उत्सुकता से अपनी सामान्य गतिविधियों को फिर से शुरू करने के लिए उत्साहित था, खासकर जब से मुख्य हिंदू त्योहार का समय शुरू हुआ है।

दिल्ली दंगा: रिफाकत अली को भतीजी की निकाह का ‘इंतजाम’ करने के लिए बेल, हत्या का Video देख पिछली बार नहीं मिली थी जमानत

दिल्ली दंगों से जुड़े एक मामले के आरोपित रिफाकत अली को जमानत मिल गई है। उसे परिवार में होने वाले एक निकाह में शामिल होने के लिए अंतरिम जमानत दी गई है। उस पर हत्या से जुड़े एक मामले में संलिप्त होने का आरोप है। पिछली बार अदालत ने घटना का वीडियो देखने के बाद उसे जमानत देने से इनकार कर दिया था। रिर्पोटों के अनुसार वीडियो में वह हाथ में लोहे का रॉड लिए नजर आया था।

बार ऐंड बेंच की रिपोर्ट के अनुसार जमानत देते हुए अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश अमिताभ रावत ने माना कि यह मामला दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा गठित उच्चाधिकार प्राप्त समिति के दिशा-निर्देशों के दायरे में नहीं आता, क्योंकि यह भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत दायर एक दंगा मामला है। लेकिन उसे राहत इस आधार पर दी गई कि वह परिवार का एकमात्र पुरुष सदस्य है। इस तरह की राहत विवाह और उससे जुड़े कार्यों को निपटाने के लिए एक खास अवधि के लिए दी जाती है। ऐसे में रिफाकत को अपनी रिहाई के दो सप्ताह बाद सरेंडर करना होगा।

इससे पहले रिफाकत के वकील ने अदालत को बताया कि वह अपने परिवार का सबसे बड़ा सदस्य है। परिवार आजीविका के लिए उस पर ही आश्रित था। ​बताया गया कि उसकी बहन भी साथ रहती थी और रिफाकत की गिरफ्तारी से पहले भतीजी का निकाह तय हो गया था। लेकिन उसकी गिरफ्तारी और आर्थिक कारणों की वजह से निकाह में देरी हुई। निकाह की व्यवस्था और अन्य इंतजाम की दलील देते हुए अंतरिम जमानत माँगी गई।

अदालत के सामने रिकॉर्ड पर निकाह के कार्ड और अन्य दस्तावेज भी पेश किए गए। इसके बाद अदालत ने यह बताते हुए कि उसके खिलाफ आरोप ‘काफी गंभीर’ हैं उसे अंतरिम जमानत दे दी। साथ ही बिना इजाजत दिल्ली नहीं छोड़ने, किसी गवाह से संपर्क नहीं करने और सबूतों के साथ छेड़छाड़ नहीं करने का निर्देश दिया। जाँच अधिकारी को अपना मोबाइल नंबर मुहैया कराने और फोन चालू रखने के भी निर्देश दिए हैं।

रिफाकत की भतीजी की निकाह 12 सितंबर को होनी है। इससे पहले बीते साल के आखिर में अदालत ने उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी। रिपोर्ट के अनुसार उस समय अदालत ने कहा था कि वह कथित तौर पर दंगों में सक्रिय रूप से शामिल था और उसे एक वीडियो फुटेज में हिंसक भीड़ के बीच लोहे की छड़ थामे देखा जा सकता है।

उस समय अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश अमिताभ रावत ने कहा था कि अली ने कथित रूप से अन्य लोगों को घृणास्पद संदेश भेजे, जिन्हें बाद में उसने डिलीट कर दिया। डिलीट डाटा वापस हासिल करने के लिए उसका मोबाइल फोन विशेषज्ञों के पास भेजा गया है। साथ ही घटना के दिन उसने जो टोपी पहन रखी थी, उसे भी बरामद करने की बात कही गई थी।

यह मामला जाफराबाद इलाके में दंगों के दौरान गोली लगने से अमान नामक व्यक्ति की मौत से जुड़ा है। पिछले साल के अपने आदेश में अदालत ने कहा था, “आरोप-पत्र में कहा गया है कि इस पूरे घटनाक्रम में 19 पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटनास्थल पर मौजूद रहे कई पुलिसकर्मियों को लगीं चोटों से हालात तथा अपराध की गंभीरता का पता चलता है। इसके अलावा इस बात में भी कोई संदेह नहीं है कि अमान की मौत भी घटना के दौरान गोली लगने से हुई।” आदेश में कहा गया था, “इसके अलावा इस मामले में आरोपित (अली) की एक वीडियो फुटेज भी मिली है। इसमें वह दंगाइयों के बीच दिख रहा है। उसने हिंसक भीड़ के बीच लोहे की छड़ भी थाम रखी है।”

इससे पहले दिल्ली की एक अदालत ने फरवरी 2020 के हिंदू विरोधी दंगों से जुड़े एक मामले शाह आलम, राशिद सैफी और शादाब को आरोप मुक्त किया था। शाह आलम इन दंगों के सूत्रधार रहे आम आदमी पार्टी (AAP) के पार्षद रहे ताहिर हुसैन का भाई है। तीनों को मुकदमा नंबर 93/2020 से बरी किया गया था। विशेष अदालत में मामले की सुनवाई कर रहे अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश विनोद यादव ने इस दौरान दंगों को लेकर पुलिस की जाँच पर भी नाराजगी व्यक्त की थी। साथ ही सबूतों के अभाव में तीन आरोपितों को बरी करते हुए कहा था कि ये विफलता निश्चित रूप से लोकतंत्र के रखवालों को पीड़ा देगी।

मीया खलीफा, बक्कल और अल्ला हु अकबर से फायदा नहीं… किसानों के लाभ के लिए MSP से लेकर APMC तक कीजिए बात

मोदी सरकार द्वारा संसद में पास किए गए कृषि संबंधी कानूनों के विरोध को लगभग एक वर्ष होने आए। पिछले वर्ष इसी महीने में सोशल और परंपरागत मीडिया में कानूनों को लेकर चर्चा और तमाम मंचों पर उनका राजनीतिक विरोध शुरू हो गया था। देश के कुछ राज्यों में राजनीतिक लोगों को इकट्ठा कर किसानों के पक्ष में लड़ाई लड़ने का माहौल बनाया गया।

जिन माँगों को लेकर न केवल राजनीतिक दल बल्कि किसान भी दशकों से परेशान थे उन्हीं के लिए कानून बनाए जाने के बाद उनका विरोध किया गया। बाद में ‘किसानों’ का आंदोलन खड़ा किया गया और तथाकथित तौर पर एशिया की जियो-पॉलिटिक्स को बदलने की क्षमता रखने वाली एक क्रांति का दावा किया गया। 26 जनवरी को जो हुआ, वह दुनिया ने देखा।

इस तथाकथित आंदोलन पर देश ने राहुल गाँधी, रियाना, मीया खलीफा, रवीश कुमार और ग्रेटा थनबर्ग जैसे विचारकों के तर्क और उनका वृहद दर्शन भी सुना। कालांतर में आंदोलन स्थल पर मारपीट, हत्या और बलात्कार जैसे संगीन अपराधों का समावेश हुआ। जो-जो हो सकता था, लगभग वह सब हुआ पर इन कानूनों को लेकर ‘किसानों’ की आपत्ति का सही खुलासा न हो सका।

आपत्ति के नाम पर कभी सरकार द्वारा भविष्य में एमएसपी हटाने को लेकर शंका प्रकट की गई तो कभी उद्योगपतियों द्वारा किसानों की जमीन पर कब्ज़ा किए जाने की। इसी सोच को आगे रखकर उद्योग के विरोध में भी माहौल बनाया गया और पंजाब में कई जगहों पर रिलायंस के कम्युनिकेशन टॉवर उखाड़ दिए गए। एक दो जगहों पर तो टॉवर उखाड़ने के बाद वहाँ से लिए गए जनरेटर को गुरुद्वारे में उजाला करने के लिए रख लिया गया।

जैसा अक्सर देखा जाता है, जबरदस्ती खड़े किए गए आंदोलनों की प्रासंगिकता बनाए रखना बड़ी मेहनत और ढिठाई का काम होता है। रोज मुद्दे खोजने पड़ते हैं। इस किसान आंदोलन को ही देखें तो पाएँगे कि इसे लगातार चलाने के लिए नाच-गाने से लेकर ऊँची कूद और दौड़ से लेकर रक्तदान शिविर तक आजमाया जा चुका है। ट्रैक्टर रैली की वजह से क्या हुआ, वह सबने देखा है।

यही कारण है कि इस तथाकथित आंदोलन को चलाने वाला नेता पहले “बक्कल उतार दिए जाएँगे” का नारा लगाने के बाद बताता था कि “जम्मू-कश्मीर से 370 हटने की वजह से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।” अब बक्कल खोलने की बात के साथ कहता है अल्ला हु अकबर। उसके समर्थन में खड़े लोग यह दावा करते हैं कि सीएए और एनआरसी से कृषि और किसानों का बड़ा नुकसान हुआ है इसलिए सीएए और एनआरसी को हटाना होगा। इसके अन्य नेता जो यह दावा करते रहे कि यह आंदोलन राजनीतिक नहीं है, अब अपनी पार्टी बनाकर पंजाब में चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटे हैं।

सब कुछ हो चुका है पर कृषि कानूनों पर किसानों की आपत्ति को लेकर न तो कहा गया और न ही सुना गया। कुछ विशेषज्ञ और राजनीतिक या सामाजिक पंडित चाहे जो कहें पर किसान आंदोलन चलाने वाले नेताओं ने अब तक चन्द्रमा की तरह सारी कलाएँ दिखा दी हैं। साथ ही ये नेता बार-बार भाजपा को आगामी चुनावों में हराने की धमकी देते रहते हैं।

प्रश्न यह नहीं है कि राकेश टिकैत या चढुनी की राजनीतिक शक्ति कितनी है। प्रश्न यह है कि किसानों के नेता बने ये लोग क्या किसानों के हितों की रक्षा करने में सक्षम हैं? प्रश्न यह भी है कि अभी तक इस आंदोलन की आड़ में ये जो कुछ करते रहे हैं, उससे आम भारतीयों के मन में किसानों की कैसी छवि बनी है और उससे देश के किसानों के दीर्घकालीन हितों को ठेस पहुँच रही है या नहीं?

समय आ गया है कि खुद को किसानों का हितैषी बताने वाले नेता और विशेषज्ञ इस बात पर विचार करें और खुद से सवाल करें कि किसानों के नाम पर जो वे करते रहे हैं उससे किसानों का कितना लाभ हुआ है? किसानों के स्वघोषित नेताओं की ही नहीं बल्कि कृषि व्यापार हेतु बने एपीएमसी और सहकारिता का भारतीय कृषि में भूमिका पर पुनर्विचार होना आवश्यक है।

यह ऐसा विषय है, जिस पर कभी बहस ही नहीं हुई। ऐसे में बिना बहस के दशकों से बनी एकतरफा धारणाओं पर बहस या पुनर्विचार करने में कोई बुराई नहीं। देश जब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था या अन्य और क्षेत्रों में दशकों से स्थापित मान्यताओं और धारणाओं की जाँच कर रहा है तो कृषि और संबंधी धारणाएँ इस प्रक्रिया से अछूती क्यों रहे? वैसे भी पहले से लागू कृषि कानून, सहकारिता कानून और स्थापित तरीकों को आजमा कर यदि सत्तर वर्षों के बाद भी किसान परेशान हैं तो यह सरकार, समाज और अन्य हिस्सेदारों की जिम्मेदारी है कि वे कुछ नया आजमाएँ।

वर्तमान सरकार द्वारा लाए गए कृषि कानून इसी दिशा में एक प्रयास थे पर उसे लागू न किए जाने और उसका निराधार विरोध अभी तक इन प्रयासों को रोकने में सफल रहा है। नए कानूनों को लेकर सरकार का विश्वास अभी तक डगमगाता हुआ दिखा नहीं है और यह बात कृषि सुधारों की आवश्यकता के पक्ष में जाती है। ऐसे में यह सोचना कि सरकार के ये कानून अभी तक पहले की सरकारों द्वारा कृषि पर व्यक्त की गई चिंताओं की तरह ही केवल कॉस्मेटिक बदलाव के लिए पास किए हैं, सही नहीं होगा।

ऐसा सोचने वालों को पिछले कुछ वर्षों में कृषि सुधार को लेकर वर्तमान सरकार के व्यावहारिक कामों को देखने की आवश्यकता है। यही कारण है कि वर्तमान में चल रहे कृषि आंदोलन को दो राज्यों के बाहर न्यूनतम समर्थन भी नहीं मिला है और अधिकतर अन्य राज्यों में कृषि संबंधी कामकाज सामान्य रहे हैं। कृषि कानूनों के लागू होने के बाद जिस तरह के बदलाव की उम्मीद की जा रही है वे बहुत तेज होंगे और देश के किसानों, कृषि उत्पादों के व्यापारियों और सरकार की संस्थाओं को इस बदलाव के लिए समय पर तैयार रहने की आवश्यकता है।

‘तुम भी मर जाओ’ से लगा सदमा: सिद्धार्थ शुक्ला की मौत के बाद ‘बिग बॉस’ की एक्स कंटेस्टेंट जसलीन अस्पताल में भर्ती, वीडियो वायरल

टीवी एक्टर व ‘बिग बॉस 13’ के विजेता सिद्धार्थ शुक्ला की मौत के गम से अभी तक उनके फैंस बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। वे अब तक यकीन नहीं कर पा रहे हैं कि सिद्धार्थ शुक्ला अब इस दुनिया में नहीं हैं। इसी बीच ‘बिग बॉस’ की एक्स कंटेस्टेंट जसलीन मथारू के अस्पताल में भर्ती होने की खबर सामने आई है। जसलीन मथारू ने सोमवार (6 सितंबर) को अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह अस्पताल में बेड पर बीमार हालत में लेटी हुई नज़र आ रही हैं।

वीडियो में जसलीन मथारू ने बताया कि सिद्धार्थ शुक्ला मौत की खबर सुनने के बाद वह शॉक्ड हो गई थीं। उन्होंने बताया, “मैं सिड के घर पर गई थी, जहाँ माहौल बेहद गमगीन ​था। इस दौरान में आंटी (सिद्धार्थ शुक्ला की माँ) और शहनाज की हालात देखकर बहुत दुखी हुई। दोनों से मिलकर जब मैं अपने घर पर आई तो मैंने इंस्टाग्राम पर मैसेज पढ़ा, ‘तुम भी मर जाओ’।”

जसलीन ने आगे बताया, “ऐसे मैसेज से मैं पहली बार प्रभावित हुई। पहली बार मुझ पर इसका असर हुआ और मैं इसे बर्दाश्त नहीं कर पाईं। इसकी वजह से मेरी तबीयत खराब हो गई, जिसके बाद मुझे अस्पताल में भर्ती करवाया गया। मुझे कल रात को 104 डिग्री बुखार था, लेकिन अब मैं ठीक महसूस कर रही हूँ। आप लोग भी अपना ध्यान रखिए।” सोशल मीडिया पर जसलीन का यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, लोग उन्हें जल्दी ठीक होने की शुभकामनाएँ दे रहे हैं।

बता दें कि 2 सितंबर को 40 वर्षीय अभिनेता सिद्धार्थ शुक्ला की हार्ट अटैक की वजह से मौत हो गई थी। सिद्धार्थ को सबसे पहले लोगों ने कलर्स टीवी के मशहूर शो ‘बालिका वधू’ में देखा था। इस शो के साथ ही वो हर घर की पसंद बन गए थे।

‘…पागल कुत्ते के बगल में सो नहीं सकते’: बौद्ध भिक्षु आशिन विराथु को म्यांमार ने किया रिहा, मुस्लिमों के प्रति कट्टर सोच के लिए फेमस

फायरब्रांड बौद्ध भिक्षु आशिन विराथु को, पूर्व नेता आंग सान सू की के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी के लिए उन पर देशद्रोह के आरोप लगाए जाने के दो साल बाद, सोमवार को बर्मी सेना द्वारा जेल से रिहा कर दिया गया।

महीनों तक भगोड़े के रूप में फरार रहने के बाद आखिरकार पिछले साल नवंबर में उन्होंने सरेंडर कर दिया था। आशिन विराथु पर नागरिक सरकार के खिलाफ ‘घृणा या अवमानना’ और ‘असंतोष भड़काने’ का आरोप लगाया गया था। म्यांमार सेना के प्रवक्ता, मेजर जनरल ज़ॉ मिन टुन ने कहा, “मामला बंद कर दिया गया था और उन्हें आज शाम रिहा कर दिया गया था लेकिन बाहर आने से पहले वह अभी भी तातमाडॉ अस्पताल में चिकित्सा लाभ ले रहे हैं।”

यह स्पष्ट नहीं है कि भिक्षु सैन्य अस्पताल में इलाज क्यों करवा रहे थे या वह किसका इलाज करवा रहे थे। म्यांमार में बौद्ध भिक्षु की रिहाई नागरिक सरकार के अपदस्थ होने के महीनों बाद हुई है।

कौन हैं आशिन विराथु

2013 में टाइम मैगज़ीन द्वारा आशिन विराथु को ‘बौद्ध आतंक का चेहरा’ करार दिया गया था। कुछ लोगों द्वारा उन्हें ‘बौद्ध बिन लादेन’ भी कहा गया है। टाइम मैगज़ीन में भिक्षु के हवाले से कहा गया था, “(मुसलमान) इतनी तेजी से जनसंख्या बढ़ा रहे हैं, और वे हमारी महिलाओं को अपनी जाल में फँसा कर गायब कर रहे हैं, उनका बलात्कार कर रहे हैं। वे हमारे देश पर कब्जा करना चाहेंगे, लेकिन मैंने उन्हें ऐसा नहीं करने दिया। हमें म्यांमार को बौद्ध रखना चाहिए।”

अपने हिस्से के लिए, विराथु ने टाइम मैगज़ीन पर ‘गंभीर मानवाधिकारों का उल्लंघन’ करने का आरोप लगाया, उन्हें अपने लेख में शब्दशः उद्धृत नहीं किया। “इससे पहले मैंने अरब दुनिया को वैश्विक मीडिया पर हावी होने के बारे में सुना था। लेकिन इस बार, मैंने इसे अपने लिए देखा है।”

2013 में एक अन्य साक्षात्कार में, उन्होंने घोषणा की, “मुसलमान अफ्रीकी कार्प की तरह हैं। वे जल्दी प्रजनन करते हैं और वे बहुत हिंसक होते हैं और वे अपनी तरह से खाते हैं। भले ही वे यहाँ अल्पसंख्यक हैं, लेकिन वे हमारे ऊपर जो बोझ डालते हैं, हम उसे भुगत रहे हैं।” एक अन्य अवसर पर, उन्होंने कहा, “आप दया और प्रेम से भरे हो सकते हैं लेकिन आप पागल कुत्ते के बगल में नहीं सो सकते।”

भिक्षु ने ‘969 आंदोलन’ का नेतृत्व किया, एक बौद्ध पुनरुत्थानवादी आंदोलन जिसने मुसलमानों के सामाजिक और आर्थिक बहिष्कार की वकालत की और बौद्ध महिलाओं और मुस्लिम पुरुषों के बीच विवाह पर प्रतिबंध लगाने की माँग की। इस आंदोलन के ऐसे नाम की प्रेरणा उन्हें बौद्ध धर्मग्रंथों से आती है, पहले 9 बुद्ध के नौ विशेष गुणों को दर्शाते हैं, 6 उनके धर्म की छह विशेष विशेषताओं का प्रतिनिधित्व करते हैं और 9 बौद्ध मठवासी आदेश, या बौद्ध संघ के नौ गुणों का प्रतिनिधित्व करते हैं।

कुछ भिक्षुओं का मानना ​​है कि उन्होंने समुदायों के बीच नफरत फैलाई है। बहरहाल, जब टाइम मैगज़ीन ने उन्हें बौद्ध आतंक का चेहरा घोषित किया, तो देश के तत्कालीन राष्ट्रपति थेन सीन ने पत्रिका की आलोचना की और उस पर बौद्ध धर्म को बदनाम करने का आरोप लगाया। उन्होंने विराथु को ‘बुद्ध के पुत्र’ के रूप में वर्णित किया और शांति के लिए प्रतिबद्ध ‘महान व्यक्ति’ के रूप में उनका बचाव किया।

अपने हिस्से के लिए, विराथु ने दावा किया, “मैं अपने प्रियजनों की रक्षा कर रहा हूँ, जैसे आप अपने प्रियजन की रक्षा करेंगे। मैं केवल लोगों को मुसलमानों के बारे में चेतावनी दे रहा हूँ। इसे ऐसे समझें कि आपके पास एक कुत्ता है, जो आपके घर आने वाले अजनबियों पर भौंकता है- यह आपको चेतावनी देने के लिए है। मैं उस कुत्ते की तरह हूँ। मैं भौंकता हूँ।”

आशिन विराथु को उनके उपदेशों के लिए 2003 में भी गिरफ्तार किया गया था और उन्हें 9 साल जेल में बिताने पड़े थे। इसके बावजूद, उन्होंने देश में अपना सम्मानजनक स्थान बनाएं रखा। वह बौद्ध धर्म के थेरवाद स्कूल से संबंधित हैं। कुछ का मानना ​​है कि वह बर्मी सेना के साथ बने लीग का हिस्सा हैं।

बांग्लादेशी मामलों के विशेषज्ञ मुंशी फैज़ अहमद ने अरब न्यूज़ को बताया, “म्यांमार की सेना को देश के बौद्धों तक पहुँचने के लिए एक बड़े माध्यम की ज़रूरत थी। म्यांमार में बौद्धों पर राजनेताओं की तुलना में भिक्षुओं का अधिक प्रभाव है, इसलिए शक्तिशाली सेना ने विराथु को अपने उद्देश्य की पूर्ति के लिए भर्ती किया क्योंकि चरमपंथी भिक्षु के कुछ कट्टर अनुयायी हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “एक तरफ, महत्वाकांक्षी विराथु अपने अनुयायियों की संख्या बढ़ाना चाहते थे और दूसरी तरफ सेना अपनी शक्ति को मजबूत करना चाहती थी। इसलिए सेना के जनरलों ने रोहिंग्या मुसलमानों के खिलाफ नफरत फैलाने में चरमपंथी बौद्ध भिक्षु का समर्थन करना शुरू कर दिया।”

सलमान खान, फरहान अख्तर के खिलाफ केस, कोर्ट में भी याचिका: रेप के बाद जला देने वाली पीड़िता का नाम-फोटो मामला

हैदराबाद की डॉक्टर ‘प्रीति रेड्डी’ (बदला हुआ नाम) के साथ गैंगरेप और उन्हें जला देने वाली खबर याद है? वही जिसके सभी आरोपित (मोहम्मद पाशा, नवीन, चिंताकुंता केशावुलु और शिवा) पुलिस एनकाउंटर में मारे गए थे? इस मामले में नई खबर है। खबर बॉलीवुड-एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से जुड़ी है।

डॉक्टर ‘प्रीति रेड्डी’ की पहचान उजागर करने के कारण सलमान खान, फरहान अख्तर, अजय देवगन, अक्षय कुमार और अनुपम खेर समेत कुल 38 मशूहर हस्तियों के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है। एक रेप पीड़िता की पहचान उजागर करना कानूनन अपराध है और इससे संबंधित एक याचिका दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट में दाखिल की गई है।

दिल्ली स्थित गौरव गुलाटी नाम के वकील ने सब्जी मंडी पुलिस थाने में IPC की धारा 228A के तहत मामला दर्ज करवाया है। इसके साथ ही उन्होंने तीस हजारी कोर्ट में एक याचिका भी दाखिल की है। अपनी शिकायत में वकील गौरव गुलाटी ने कहा कि हीरो हों या सिलेब्रिटीज, उन्होंने नियमों को तोड़ते हुए पीड़िता की पहचान उजागर की है। सभी 38 लोगों को तुरंत गिरफ्तारी करने की माँग भी उनकी याचिका में है।

मरने के बाद भी रेप करते रहे थे

डॉक्टर ‘प्रीति रेड्डी’ से दरिंदगी से पहले आरोपितों ने जमकर शराब पी थी। पीड़िता को भी जबरन शराब पिलाई थी। इसके बाद आरिफ (एक आरोपित) ने उनका मुँह दबा दिया था ताकि वो चिल्ला न सकें। इसके बाद चारों आरोपितों ने बारी-बारी से उनके साथ रेप किया था। सॉंस नहीं ले पाने के कारण पीड़िता का दम घुट गया और उनकी मौत हो गई थी।

वहीं एनकाउंटर, जहाँ किया था जघन्य अपराध

हैदराबाद में पशु चिकित्सक ‘प्रीति रेड्डी’ (बदला हुआ नाम) के साथ गैंगरेप कर निर्मम हत्या करने वाले चारों आरोपित पुलिस एनकाउंटर में मारे गए थे। यह एनकाउंटर उसी जगह पर हुआ था, जहाँ उन दरिंदों ने पीड़िता के शव को जलाया था।

पुलिस पूरे क्राइम सीन को रिक्रिएट करने के लिए चारों आरोपितों को लेकर गई थी। लेकिन, वहाँ पर चारों पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश करने लगे थे। तभी एनकाउंटर करना पड़ा और सभी मारे गए।

आप अल्लाह-हू-अकबर कहें, हम हर हर महादेव कभी नहीं कहेंगे: राकेश टिकैत को संदेश, ‘आजाद-मस्जिद’ की माँग, देखें Video

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में महापंचायत के दौरान अल्लाह-हू-अकबर का नारा लगाने वाले राकेश टिकैत को एक आम मुसलमान ने संदेश दिया है। ये संदेश अब सोशल मीडिया पर वायरल है। इसे प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सूचना सलाहकार शलभ मणि त्रिपाठी ने भी शेयर किया है।

अपने ट्वीट में शलभ मणि त्रिपाठी मुस्लिम व्यक्ति की बातों के मुख्य बिंदु उजागर करते हैं। वह लिखते हैं, “हमें 113 मस्जिदें दो। मुजफ्फरनगर दंगों के लिए सभी जाटों की तरफ से माफी माँगो। तुम अल्लाह-हू-अकबर बोलो, हम हर हर महादेव कभी नहीं बोलेंगे!”

वायरल वीडियो के मुताबिक पश्चिमी यूपी का एक आम मुसलमान राकेश टिकैत को संदेश दे रहा है। वह कहता है, “अल्लाह-हू-अकबर कह देने से राकेश टिकैत के गुनाह नहीं धुलेंगे। अल्लाह-हू-अकबर कहने से न ही उनकी तौबा कबूल होगी। अगर राकेश टिकैत को मुसलमानों से आगे हाथ बढ़ाना है तो सबसे पहले जो 113 मस्जिदें वीरान है हमारे जनपद की, जो 2013 के दंगों में किसान यूनियन के लोगों ने वीरान की थी, पहले उन मस्जिदों को आजाद कराएँ। उसके बाद आपका अल्लाह-हू-अकबर कहना जायज है।”

वह कहते हैं, “अल्लाह-हू-अकबर कहने से अल्लाह ताला माफ नहीं करेंगे। आपको वो बच्चे माफ नहीं करेंगे जिनके साथ किसान यूनियन के लोगों ने बलात्कार किया। वो बेसहारा, यतीम बच्चे आपको माफ नहीं करेंगे। जमीयत उलेमा ए हिंद के लोगों ने उन्हें मकान दिया। आज भी उनके आँसू आप नहीं धो सकते अल्लाह-हू-अकबर कहने से। ये सब झूठ है, ढकोसला है। आप अल्लाह-हू-अकबर कहते रहें हम हर हर महादेव नहीं कहेंगे। हमारा ईमान अल्लाह-हू-अकबर पर है, ला इलाहा इल्लल्लाह पर है। आपके अल्लाह-हू-अकबर कहने से आप चाहते हैं मुसलमान आपको माफ कर देगा…नहीं करेगा। अगर आपको लगता है मुसलमान आपको माफ कर देगा तो बताइए कितने मुसलमान आपके साथ है, जमीयत उलेमा ए हिंद के लोग आपके साथ हैं?”

उल्लेखनीय है कि किसान नेता राकेश टिकैत ने रविवार (5 सितंबर) को किसान मोर्चा की महापंचायत में भीड़ से अल्लाह-हू-अकबर और हर-हर महादेव के नारे भी लगवाए थे। उन्होंने कहा था, ”यूपी की जमीन को दंगा करवाने वालों को नहीं देंगे।” राकेश टिकैत ने कहा था कि जब भारत सरकार हमें बातचीत के लिए आमंत्रित करेगी, हम जाएँगे। जब तक सरकार हमारी माँगे पूरी नहीं करती तब तक किसानों का आंदोलन जारी रहेगा। आजादी के लिए संघर्ष 90 साल तक चला, इसलिए मुझे नहीं पता कि यह आंदोलन कब तक चलेगा।

छत्तीसगढ़: CM भूपेश बघेल के पिता गिरफ्तार, कहा था- ब्राह्मण या तो सुधर जाएँ या गंगा से वोल्गा जाने के लिए तैयार रहें

छत्तीसगढ़ के कॉन्ग्रेसी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता नंद कुमार बघेल को गिरफ्तार किया गया है। ब्राह्मणों पर विवादित टिप्पणी के बाद उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। गिरफ्तारी के बाद उन्हें रायपुर की अदालत में पेश किया गया।

रायपुर के डीडी नगर पुलिस स्टेशन में केस दर्ज होने के बाद उन्हें आगरा से गिरफ्तार किया गया। नंद कुमार बघेल ने पिछले दिनों लखनऊ में विवादित टिप्पणी की थी। विवाद गहराने के बाद मुख्यमंत्री बघेल ने पल्ला झाड़ते हुए कहा था कि वे पिता के रूप में उनका पूरा सम्मान करते हैं, लेकिन माहौल बिगाड़ने वाले लोगों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान नंद कुमार बघेल ने ब्राह्मण समाज पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए कहा था, “वोट हमारा राज तुम्हारा नहीं चलेगा। हम ब्राह्मणों को गंगा से वोल्गा (रूस की एक नदी) भेजेंगे, क्योंकि वे परदेशी हैं। जिस तरह से अंग्रेज लोग आए और चले गए। उसी तरह से ये ब्राह्मण लोग या तो सुधर जाएँ या गंगा से वोल्गा जाने के लिए तैयार हों।”

नंद कुमार बघेल के इन बयानों के खिलाफ रायपुर पुलिस ने धारा 153-A और धारा 505-A के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस ने सांप्रदायिक माहौल ख़राब करने और सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने की धाराओं के तहत केस दर्ज किया था। ब्राह्मण समाज के लोगों ने राज्यपाल से भी इस मसले पर मुलाक़ात की थी और कार्रवाई करने को लेकर ज्ञापन सौंपा था।

शिकायतकर्ता नवीन शर्मा ने इस संबंध में कहा था कि ब्राह्मणों के खिलाफ टिप्पणी करने वाले नंद कुमार बघेल को भारत से बाहर भेज दिया जाए। उनके इस बयान का मकसद समाज को बाँटना था। बता दें कि दीनदयाल विप्र समाज के सदस्यों ने बघेल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। रायपुर में डीडी नगर थाने की प्रभारी योगिता खोपर्डे ने बताया था कि दो सितंबर को उन्हें सर्व ब्राह्मण समाज, सुंदर नगर से शिकायत मिली थी कि नंद कुमार बघेल ने ब्राह्मण समुदाय के खिलाफ टिप्पणी की थी। चार सितंबर को मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी गई थी।

अधिकारी ने शिकायत के हवाले से बताया था कि नंद कुमार बघेल पर भगवान राम के बारे में भी कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप है। उन्होंने बताया था कि संगठन ने अपनी शिकायत में कहा है कि मुख्यमंत्री के पिता की कथित टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है।

सीएम बघेल ने एफआईआर दर्ज होने पर कहा था, “एक मुख्यमंत्री होने के नाते मेरी ये ज़िम्मेदारी है कि अलग-अलग समुदायों के बीच सद्भाव बनाए रखा जाए। अगर उन्होंने समाज के खिलाफ कोई बात कही है तो, मुझे इसका दुख है। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

इसके अलावा भूपेश बघेल ने यह भी कहा कि शुरू से ही उनके पिता के साथ उनके वैचारिक मतभेद रहे हैं और सबको इसके बारे में पता है। हमारे राजनीतिक विचार पूरी तरह से अलग हैं। एक पुत्र के रूप में मैं उनका सम्मान करता हूँ, लेकिन एक मुख्यमंत्री के नाते ऐसी गलती को माफ़ नहीं किया जा सकता है जिससे व्यवस्था बिगड़े। साथ ही उन्होंने कहा कि इस मामले में पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई की जाएगी।