Home Blog Page 5549

Pak ने संघर्ष की ओर बढ़ाए कदम, कर रहा मिसाइल टेस्ट की तैयारी

जम्मू-कश्मीर के नाम पर क्षेत्र में तनाव बढ़ाने से पाकिस्तान बाज नहीं आ रहा। एक तरफ उसके प्रधानमंत्री इमरान खान संसद से परमाणु युद्ध की धमकी दे रहे हैं और यह ज्ञान भी बाँच रहे हैं कि इस युद्ध में कोई विजेता नहीं होगा, दूसरी ओर पाकिस्तान ने नए मिसाइल परीक्षणों की तैयारी शुरू कर दी है। ANI के मुताबिक पाकिस्तान ने इसके लिए ज़रूरी NOTAM (notice to airmen) प्रोटोकॉल और नौसैनिक चेतावनी जारी कर दी है।

कराची में हो सकता है परीक्षण

यह संभावित परीक्षण सिंध प्रान्त के कराची में सम्भव हो सकता है। कराची के पास पाकिस्तानी सेना की सोनमियानी फ्लाइट टेस्ट रेंज स्थित है। तीन दिन के लिए कराची की एयरस्पेस को भी बंद कर दिया गया है। स्थानीय मीडिया के हवाले से न्यूज़ 18 ने दावा किया है कि पाकिस्तान के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (CAA) ने बुधवार (28/08/2019) को एक NOTAM जारी किया है जिसमें कराची हवाई क्षेत्र के तीनों मार्ग 28 अगस्त से 31 अगस्त तक बंद रहने की सूचना है

कश्मीर में 2-3 महीने में 50 हजार नौकरियाँ, कुपवाड़ा, हंदवाड़ा में मोबाइल सेवा बहाल

जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने बुधवार के मीडिया से बात करते हुए कई बड़े ऐलान किए।
राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने कहा कि आने वाले 2-3 महीने में 50 हजार नौकरियाँ देंगे। इसके साथ ही हालात सामान्य होने के चलते संचार व्यवस्था के लिए कुपवाड़ा और हंदवाड़ा जिलों (कश्मीर के) में मोबाइल फोन कनेक्टिविटी शुरू की जा रही है। उन्होंने बताया कि जल्द ही अन्य जिलों में भी सेवा बहाल कर दी जाएगी।

राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने कहा कि राज्य में विकास के रास्ते खुले हैं। सरकार के लिए हर कश्मीरी की जान कीमती है। अनुच्छेद 370 हटने के बाद किसी की जान नहीं गई। कोई नागरिक हताहत नहीं हुआ है, केवल कुछ हिंसक घायल हुए हैं, उनको भी कमर से नीचे की चोटें हैं। उन्होंने कहा कि फोन, इंटरनेट आतंकियों के काम आते हैं। ये उनके लिए हथियार हैं। फोन, इंटरनेट से अफवाह फैलती है। राज्य में हालात सामान्य है। कश्मीर के लिए एक-दो दिन में बड़े ऐलान होंगे।

थरूर पब्लिसिटी के भूखे, जयराम के ही कारण डूबा UPA-2: वीरप्पा मोइली का अपने ही साथियों पर निशाना

मनमोहन सिंह की यूपीए-2 सरकार में मंत्री रहे जयराम रमेश और शशि थरूर पर उनके कैबिनेट साथी रहे कॉन्ग्रेस के वरिष्ठ नेता वीरप्पा मोइली जमकर बरसे हैं। मोइली ने तिरुवनंपुरम से पार्टी सांसद शशि थरूर को पब्लिसिटी का भूखा बताया है। वहीं, जयराम को पॉलिसी पैरालिसिस के लिए जिम्मेदार बताते हुए कहा है कि उनके कारण ही यूपीए-2 डूबी थी।

मोइली यूपीए सरकार के दौरान पेट्रोलियम, क़ानून और कॉरपोरेट मामले जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालय संभाल चुके हैं, जबकि रमेश उस यूपीए-2 में पर्यावरण और ग्रामीण विकास जैसे महकमों को सँभाला था।

रमेश ने हाल ही में विपक्षी नेताओं को सलाह देते हुए कहा था कि हमेशा मोदी को विलेन बनाना काम नहीं आने वाला और सरकार के अच्छे क़दमों की तारीफ़ की जानी चाहिए। इसके बाद कॉन्ग्रेस के लोग ही उनके विरोध में उतर आए हैं। मोइली ने कहा कि रमेश ने सत्ता में रहते हुए यूपीए-2 सरकार के सिद्धांतों से कई बार समझौता किया।

मोइली ने कहा कि जयराम रमेश पर्यावरण मंत्री थे और ग्रामीण विकास मंत्रालय भी उन्हीं के पास था। बकौल मोइली, जयराम रमेश ने इंडस्ट्रीज को काफ़ी नुक़सान पहुँचाया और कंपनियों को ज़मीन अधिग्रहण करने में बाधाएँ उत्पन्न की। मोइली ने कहा कि रमेश के कार्यकाल में पर्यावरण मंत्रालय में सारी चीजें नकारात्मक ही हुईं। उन्होंने आरोप लगाया कि इंडस्ट्रीज को पर्यावरण क्लीयरेंस देने के लिए कोई स्पष्ट नीति नहीं बनाई गई। मोइली ने थरूर को पब्लिसिटी का भूखा बताते हुए कहा कि वो तो कभी गंभीर नेता रहे ही नहीं।

कहा जा रहा है कि शशि थरूर, अभिषेक मनु सिंघवी और जयराम रमेश के बयानों से कॉन्ग्रेस का आलाकमान भी नाराज़ चल रहा है। केरल कॉन्ग्रेस ने तो थरूर से उनके बयान पर सफाई भी माँगी है। थरूर ने कॉन्ग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश और अभिषेक मनु सिंघवी के बयान का समर्थन करते हुए कहा था कि हर समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खलनायक की तरह पेश करना सही नहीं है। उनके अच्छे काम के लिए उनकी प्रशंसा की जानी चाहिए। इससे उनकी आलोचना को विश्वसनीयता मिलेगी।

इससे पहले कुमारी शैलजा और अधीर रंजन चौधरी सहित कई कॉन्ग्रेस नेता भी रमेश के बयान की आलोचना कर चुके हैं। मोइली ने कहा कि जयराम रमेश ऐसे बयान देकर कॉन्ग्रेस का नुक़सान पहुँचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि रमेश ने भाजपा से समझौता कर लिया है। मोइली ने कहा कि ऐसे बयान देने वाले नेताओं पर कॉन्ग्रेस आलाकमान को कार्रवाई करनी चाहिए।

मोइली ने जयराम रमेश के बारे में कहा कि ऐसे नेता पार्टी जब जीतती है तो सत्ता भोगते हैं और जब पार्टी विपक्ष में रहती है तो सत्ताधारी पार्टी के पक्ष में बोलते हैं। मोइली ने कहा कि जो नेता कॉन्ग्रेस छोड़ कर जाना चाहते हैं, वे सीधे चले जाएँ और पार्टी के भीतर रह कर पार्टी की विचारधारा को नुक़सान न पहुँचाएँ।

सील मकान का ताला तोड़ने के लिए AAP MLA हाजी इशराक पर मामला दर्ज

आम आदमी पार्टी के विधायक हाजी इशराक पर सीलिंग तोड़ने के आरोप में मामला दर्ज हुआ है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो नगर निगम ने ब्रह्मपुरी इलाके में एक मकान को सील किया था, जिसका ताला हाजी इशराक ने रविवार को तोड़ दिया।

घटना का वीडियो सामने आने के बाद विधायक हाजी इशराक और मकान मालिक के खिलाफ़ मुकदमा दर्ज किया गया। आजतक की खबर के मुताबिक इशराक ने उनसे बातचीत में इस बात को स्वीकारा कि सीलिंग उन्होंने ही तोड़ी है। लेकिन अपनी इस हरकत को वह गलत नहीं मानते।

ताजा रिपोर्ट के अनुसार सीलमपुर के ब्रह्मपुरी इलाके में ईडीएमसी ने फिर से इस घर को सील कर दिया है। इस बार घर के तीन मालों में हुए अवैध निर्माण को भी तोड़ दिया है।

बता दें कि बीते रविवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया था जिसमें हाजी इशराक खान, मकान मालिक के साथ खुद सील तोड़ते हुए दिखाई दे रहे थे। वीडियो वायरल होने के बाद मीडिया से बातचीत में इशराक ने बताया था कि जिस मकान की सीलिंग तोड़ी गई है, वहाँ पर सीलिंग लगाना गलत था। जिस मकान पर सील लगाई गई थी उसके पड़ोस में रहने वाले एक पुलिस वाले ने मकान मालिक से घूस माँगी थी, जो मकान मालिक ने नहीं दी। इसलिए पुलिस वाले ने नगर निगम के साथ मिलकर मकान सील करवा दिया।

वहीं, मकान मालिक सिंह त्यागी की मानें तो वह 40 वर्ष से उस जगह पर रह रहा था, लेकिन बीते 2 साल से घूस न मिलने से उसका पड़ोसी उसे परेशान करने लगा। मकान मालिक की मानें तो उसका घर अवैध निर्माण नहीं है। उसने कई बार अधिकारियों से गुहार भी लगाई थी, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इस बीच उसने अपनी दिक्कत इलाके के विधायक हाजी इशराक को बताई और उन्होंने खुद आकर मकान पर लगी सीलिंग को हटा दिया।

हाईकोर्ट ने की IT विभाग के खिलाफ क्विंट संस्थापक राघव बहल की रिट रद्द

इलाहबाद हाईकोर्ट ने ब्लैक मनी मामले में प्रोपगेंडा वेबसाइट दी क्विंट के संस्थापक राघव बहाल की रिट रद्द कर दी है, जिसमें उन्होंने आयकर विभाग के कार्रवाई को चुनौती दी थी।

प्रवर्तन निदेशालय (ED) के रडार में आने के बाद से ‘द क्विंट’ के मालिक ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में एक रिट याचिका दायर की थी, जिसमें उन्हें कारण बताओ नोटिस और उसके बाद की गई कार्रवाइयों को चुनौती दी थी।

रिपोर्ट्स के अनुसार, राघव बहल का कहना है कि कथित विदेशी संपत्ति के संबंध में एक विदेशी बैंक खाते में किए गए सभी भुगतान उसके वैध बैंक खातों से स्थानांतरित किए गए थे और विदेशी बैंक खातों में हस्तांतरित धन का विधिवत खुलासा किया गया था। उन्होंने कहा कि विदेश में संपत्ति के सम्बन्ध में उनके पास आय के वैध स्रोत हैं।

बहल ने अदालत के समक्ष कहा कि कि लंदन में संपत्ति की खरीद का खुलासा उन्होंने 2018-19 के आयकर रिटर्न में किया था। आईटी विभाग ने बहल पर विभाग की आँखों में धूल झोंकने के मामले में कार्रवाई शुरू की थी, इस पर राघव ने अदालत के में कहा कि उनके खिलाफ अभियोजन शुरू करने से पहले व्यक्तिगत सुनवाई से इनकार कर दिया गया था।

ED का ये मामला आयकर विभाग की मनी लॉन्ड्रिग एक्ट के तहत फाइल की गई चार्जशीट पर आधारित है। इस चार्जशीट में आयकर विभाग ने बहल पर आरोप लगाया है कि उन्होंने लंदन में 2.38 करोड़ मूल्य की संपत्ति खरीदी, जिसके बारे में उन्होंने कोई जानकारी नहीं दी।

आयकर विभाग ने हाल ही में बहल के खिलाफ मेरठ की एक अदालत कालाधन-निरोधक कानून या कालाधन (अज्ञात विदेशी आय और संपत्ति) एवं कर आरोपण कानून, 2015 के प्रावधानों के तहत आरोप पत्र दायर किया था।

ICC ने बेन स्टोक्स को ऑल टाइम बेस्ट बता सचिन तेंदुलकर को किया ट्रोल, लोग नाराज़

अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने महान भारतीय बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को ही ट्रोल कर दिया। आईसीसी ने भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सचिन तेंदुलकर और इंग्लैंड के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स की एक तस्वीर शेयर की। समस्या तस्वीर में नहीं थी लेकिन आईसीसी ने जो कैप्शन लिखा, उससे लोग नाराज़ हो गए।आईसीसी ने ये तस्वीर क्रिकेट वर्ल्ड कप के आधिकारिक पेज से शेयर की। कैप्शन में दोनों खिलाड़ियों का परिचय देते हुए लिखा गया- विश्व का सर्वकालिक महानतम क्रिकेटर और सचिन तेंदुलकर

सोशल मीडिया पर लोग इस बात से नाराज़ दिखे कि आईसीसी ने बेन स्टोक्स को विश्व का सर्वकालिक महानतम क्रिकेटर बताया और सचिन तेंदुलकर को ट्रोल किया। हाल ही में स्टोक्स ने 135 रनों की नाबाद पारी खेल कर इंग्लैंड को तब जीत दिलाई थी, जब दूसरे छोर से विकेट का पतझड़ लगा था। स्टोक्स ने एशेज सीरीज के मैच में चौथी पारी में ये कारनामा किया।

इसके बाद स्टोक्स की इस पारी को बेस्ट टेस्ट परियों में से एक शुमार किया जाने लगा। एक यूजर ने आईसीसी को लिखा कि तुम सही हो क्योंकि सचिन तो क्रिकेटर हैं ही नहीं, वह तो क्रिकेट के भगवान हैं।

एक अन्य यूजर ने लिखा कि एक व्यक्ति ने सचिन तेंदुलकर की बल्लेबाजी के आँकड़ों को शेयर करते हुए लिखा कि आप उस व्यक्ति से उनकी तुलना कर रहे हो, जिसने सचिन के रनों के 20% बराबर रन भी नहीं बनाए हैं।

एक अन्य ट्विटर यूजर ने तस्वीर के माध्यम से मज़ाकिया दावा किया कि आईसीसी का ट्विटर अकाउंट चलाने वाले व्यक्ति ने ये तस्वीर पोस्ट करने से कुछ ही मिनटों पहले नशे का सेवन किया था

बता दें कि अपनी ताज़ा पारी के बाद बेन स्टोक्स की लोकप्रियता में ख़ासा इजाफा हुआ है। कुछ देर के लिए तो उन्हें अंतरराष्ट्रीय गायिका टेलर स्विफ्ट से भी ज्यादा बार सर्च किया गया।

छत्तीसगढ़: अनुच्छेद 370 हटाने से नाराज़ नक्सलियों ने RSS कार्यकर्ता को मार डाला

छत्तीसगढ़ के काँकेर में ज़िले में नक्सलियों ने मंगलवार (अगस्त 27, 2019) को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के एक कार्यकर्ता की हत्या कर दी। 40 वर्षीय संघ कार्यकर्ता दादू राम कोरटिया को नक्सलियों ने पहले तो आवाज़ देकर घर से बाहर निकाला और फिर गोली मार कर हत्या कर दी। दुर्गुकोंदल स्थित कोंडेगाँव में हुई इस घटना की पुलिस ने भी पुष्टि की है। ख़बर के अनुसार, रात 10.30 के क़रीब 25 के लगभग नक्सलियों ने उनके घर के बाहर जमा होकर उन्हें आवाज़ लगाई।

दादू मैकेनिकल इंजीनियर थे। उन्हें साल भर पहले भी मारने का प्रयास किया गया था। सम्भलपुर के सरपंच रहे दादू की पत्नी पेशे से नर्स हैं। नक्सलियों ने इससे पहले उन्हें कई बार हिदायत दी थी कि वे सुरक्षा बलों से नजदीकी न बढ़ाएँ। वह काफ़ी धार्मिक विचार वाले व्यक्ति थे और इलाक़े में उन्होंने कई मंदिर भी बनवाए हैं।

गोली मारने से पहले नक्सलियों ने संघ कार्यकर्ता पर कुल्हाड़ी से वार भी किया। घटना के समय दादू राम की पत्नी भी वहीं पर मौजूद थी। एक और जानने लायक बात है कि नक्सलियों ने अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को निरस्त किए जाने को लेकर विरोध जताया। उन्होंने घटनास्थल पर इससे सम्बंधित पर्चे भी छोड़े। नक्सलियों ने पर्चे में भाजपा और आरएसएस को दलित और आदिवासी विरोधी बताया।

नक्सलियों ने अपने पर्चे में लिखा कि अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को निरस्त करना मोदी सरकार की तानाशाही और हिटलरशाही को दिखाता है। नक्सलियों ने दादू राम को मारने का कारण बताते हुए लिखा कि वह भाजपा और संघ से जुड़े हुए थे, इसीलिए उन्हें मारा गया। नक्सलियों ने केंद्र सरकार के निर्णय के ख़िलाफ़ 30 अगस्त को बंद का भी ऐलान किया है।

हाल ही में कुछ दिनों पहले कांकेर में ही कोयलीबेड़ा में नक्सलियों ने ‘जन अदालत’ लगा कर एक युवक की हत्या कर दी थी। उक्त युवक पर पुलिस की मुखबिरी का आरोप लगा कर उसे पीट पाट कर मार डाला गया था। उसकी लाश जंगल से बरामद हुई थी।

सीमा पार की जा रही थी हमले की साजिश, भारतीय सेना को भनक लगते ही 2 बैट कमांडो ढेर, कई घायल

पाकिस्तान भारत की पीठ पीछे वार करने की आदतों से बाज नहीं आ रहा है। वह लगातार जम्मू-कश्मीर में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहा है। लेकिन संतोष की बात ये है कि घाटी में तैनात भारतीय सेना के जवान भी शांत नहीं बैठे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो आज भारतीय सेना ने पाक की बॉर्डर एक्शन टीम के नापाक इरादों को त्वरित कार्रवाई करके ध्वस्त कर दिया।

दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार सीमा पार पाकिस्तान की बॉर्डर एक्शन टीम नापाक हरकत को अंजाम देने की फिराक में थी, जिसके लिए नियंत्रण रेखा पर उन्होंने 100 कमांडो को भी तैनात किया था।

लेकिन अपने मनसूबों में वह कामयाब हो पाते इससे पहले भारतीय सेना को उनके इरादों की भनक लग गई और उनके कुछ करने से पहले भारतीय जवानों ने पाकिस्तान के 2 कमांडो ढेर कर दिए। सेना की इस कार्रवाई में कई अन्य लोगों के घायल होने की भी खबर है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बैट के इन कमांडोज के दस्ते में पाकिस्तानी सेना के जवानों के अलावा जैश के आतंकी भी शामिल थे।

इसके अलावा बता दें कि पाकिस्तान सेना लगातार उरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास संघर्ष विराम का उल्लंघन करने का प्रयास कर रही है। जिसका उसे भारतीय सेना से मुँहतोड़ मिल रहा है। उसने अपनी इन्हीं घटिया हरकतों के चलते कल यानी मंगलवार को सुंदरबनी सेक्टर के रिहायशी इलाकों में गोलीबारी भी की थी।

1-2 महीने में होगा युद्ध: 10 दिन पहले लंदन में अंडे खाने वाले इमरान खान के मंत्री

ज़्यादा दिन नहीं हुए हैं जब नाकाम मुल्क पाकिस्तान के रेल मंत्री शेख रशीद पर लंदन में अंडे फेंके गए और उनकी बेइज़्ज़ती करने वाले नौ-दो-ग्यारह भी हो गए। इसके बाद ‘जुलाहे से पार न पाए, गदहे के कान मरोड़े’ की तर्ज पर खिसियाए हुए उनके मित्रों ने गली के टपोरियों की तरह घटना का वीडियो बना रहे पत्रकार पर हमला कर उसके फ़ोन की छिनैती की, ताकि “भाई की इज्जत का भाजीपाला” कोई और देख ले, उससे पहले वीडियो डिलीट किया जा सके

और अब अपने-आप को अंडों के ‘हथगोलों’ से बचा पाने में नाकाम पाकिस्तानी रेल मंत्री शेख रशीद नाभिकीय हथियारों से संपन्न देशों हिंदुस्तान-पाकिस्तान के युद्ध की घोषणा कर रहे हैं। घोषणा ही नहीं कर रहे, बाकायदा तारीख भी बता रहे हैं। उनके मुताबिक 1-2 महीने में, यानी अक्टूबर-नवंबर तक, हिंदुस्तान-पाकिस्तान के बीच जंग की शुरूआत हो सकती है

‘दुनिया टीवी’ के मुताबिक शेखी बघारते हुए शेख रशीद ने एक सेमिनार में दावा किया कि वे हिंदुस्तान-पाकिस्तान के बीच युद्ध होता देख रहे हैं और अपनी कौम को तैयार करने (सेमिनार में ) आए हैं। उन्होंने धमकी भी दी कि पाकिस्तानी सेना के पास जो हथियार हैं, वे दिखाने के लिए नहीं, इस्तेमाल करने के लिए हैं।

POK दौरे की घोषणा

शेख रशीद ने कहा कि जम्मू-कश्मीर मामले को उनकी सरकार बार-बार संयुक्त राष्ट्र में उठाती रहेगी। इसके अलावा गुलाम कश्मीर पर अपनी चौधराहट को फिर से याद दिलाने के लिए उन्होंने POK का दौरा करने की घोषणा भी की है।

प्यार की जीत: केरल में राहुल गाँधी के गालों पर चुम्मी लेकर शख्स फरार, वीडियो वायरल

कॉन्ग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गाँधी का एक वीडियो वायरल हो रहा है। समाचार एजेंसी ANI ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें एक लड़के को राहुल गाँधी को Kiss करते हुए देखा जा रहा है। यह वीडियो खूब वायरल हो रहा है।

दरअसल, केरल में बाढ़ राहत कार्यों का जायजा लेने अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड पहुँचे कॉन्ग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष राहुल गाँधी को एक अजीब स्थिति का सामना करना पड़ा। वीडियो में देखा जा सकता है कि अपनी कार में बैठकर मीडिया से बात कर रहे राहुल गाँधी के पास अचानक एक लड़का पहुँचा और उनको Kiss कर लिया। लड़के की इस हरकत के बाद राहुल गाँधी मुस्‍कराने लगे। 

वीडियो में राहुल गाँधी लोगों से हाथ भी मिला रहे हैं कि तभी नीली शर्ट पहने एक युवक आता है और पहले हाथ मिलाता है और फिर गले लगाते हए राहुल गाँधी के गालों को चूम लेता है। तभी वीडियो फ्रेम से बाहर किसी ने इस युवक को खींचकर पीछे किया है। इस घटना के बाद भी राहुल गाँधी मुस्कुराते हुए लोगों से हाथ मिलाते और हाथ हिलाते नजर आते हैं।