Home Blog Page 5632

घाटी में हलचल से सहमे विपक्षी दल, उमर अब्दुल्ला और महबूबा ने बुलाई आपात बैठक

आतंकी हमले के मद्देनजर घाटी में मौजूद श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए जारी एडवाइजरी और अतिरिक्त जवानों की तैनाती से जम्मू-कश्मीर के राजनीतिक दल सहम गए हैं। तरह-तरह की अटकलों के बीच पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की पार्टी नेशनल कान्फ्रेंस, महबूबा मुफ़्ती की पीडीपी और जम्मू-कश्मीर पीपुल्स मूवमेंट ने आपात बैठक बुलाई है।

महबूबा मुफ्ती ने ट्वीट करते हुए लिखा है, “आप (केंद्र सरकार) इकलौते मुस्लिम बहुल राज्य का प्यार जीतने में नाकाम रहे हैं, जिसने धार्मिक आधार पर विभाजन को खारिज कर सेक्युलर इंडिया को चुना। अब चीजें बदल गई हैं और भारत ने लोगों के ऊपर भूभाग को चुना है।”

एक अन्य ट्वीट में महबूबा ने लिखा है, “मुफ्ती साहब ( महबूबा के मरहूम पिता) हमेशा कहा करते थे कि कश्मीरी जो कुछ भी पाएँगे, वह अपने देश भारत से ही पाएँगे। लेकिन आज लगता है कि वही देश कश्मीरियों के पास अपनी अनूठी पहचान की रक्षा करने के लिए जो कुछ भी थोड़ा बहुत बचा है, उसको छीनने की तैयारी कर रहा है।”

वहीं, उमर अब्दुल्ला ने कश्मीर घाटी से तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को जल्द से जल्द लौटने संबंधी एडवाइजरी के तुक पर सवाल उठाया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, “मुझे यह समझ में नहीं आ रहा है कि जब सरकार विदेशी और भारतीय पत्रकारों की टीम पर पैसे बहाकर उन्हें यह बता रही है कि कश्मीर के हालात कितने अच्छे हैं और यात्रा कितनी अच्छी चल रही है तो फिर यात्रियों और पर्यटकों को तत्काल लौटने का यह आदेश क्यों जारी किया गया है?”

हालाँकि, कश्मीर के डिविजनल कमिश्नर का कहना है कि कश्मीर को लेकर चलाई जा रही अफवाहों पर ध्यान ना दें। उन्होंने कहा कि यहाँ पर कोई भी स्कूल बंद नहीं कराए गए हैं।

गौरतलब है कि अमरनाथ यात्रा पर आतंकी हमले का खुफिया इनपुट मिलने के बाद राज्य सरकार के गृह विभाग ने पर्यटकों और श्रद्धालुओं को जल्द से जल्द कश्मीर घाटी छोड़ने की सलाह देते हुए एक एडवाइजरी जारी किया है। इसके अलावा सेना ने भी शुक्रवार को कुछ ऐसे सबूत सामने रखे जो कश्मीर में आतंकवाद के पीछे पाकिस्तानी सेना का हाथ होने की पुष्टि करते हैं।

चिनार कॉर्प्स के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लन ने पत्रकारों को बताया कि आतंकवादियों के पास से पाकिस्तान सेना की लैंडमाइंस बरामद की गई है। उन्होंने बताया कि अमरनाथ यात्रा रूट से अमेरिकन स्नाइपर राइफल एम-24 भी बरामद की गई है। सेना के मुताबिक श्रद्धालुओं को निशाना बनाने के लिए आईईडी ब्लास्ट करने की साजिश रची गई थी।

इससे पहले केन्द्र सरकार ने घाटी में अतिरिक्त जवानों की तैनाती का आदेश दिया था। इसके बाद से अनुच्छेद 35-ए को हटाने की अटकलें जोरों पर है।

शादी के बाद भी साथ रखना चाहते थे पवन सिंह, मना करने पर धमकी दी: भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह

गायक-अभिनेता पवन सिंह और अभिनेत्री अक्षरा सिंह की गिनती भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की सुपरहिट जोड़ी में होती है। पर्दे पर दोनों की केमिस्ट्री भले जबरदस्त दिखती हो, पर असल जिंदगी में दोनों के संबंध बेहद खराब हो चुके हैं।

अक्षरा सिंह ने पवन सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा है कि पवन अपनी शादी के बाद भी उन्हें साथ रखना चाहते थे। जब अक्षरा ने इससे इनकार कर दिया तो पवन ने अपने भाइयों से उन्हें फ़ोन पर जान से मारने की धमकी दिलवाई। इस संबंध में अक्षरा ने मुंबई के मलाड पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज करवाया है।

नवभारत टाइम्स से बात करते हुए अक्षरा ने कहा

“उनके (पवन सिंह) साथ मेरा रिश्ता ख़त्म होने के बाद एक साल से जो भी चीजें हुई हैं, वह किसी से छिपी नहीं है। मीडिया और इंडस्ट्री के लोग सब कुछ जानते हैं। उनकी शादी के बाद, जब मैंने उनसे अलग होने का निर्णय किया तो उन्होंने मेरे सामने परेशानियों और मुसीबतों का पहाड़ खड़ा कर दिया।”

भोजपुरी इंडस्ट्री के कड़वे अनुभवों को साझा करते हुए अभिनेत्री ने कहा:

“मैं जिस भी फ़िल्म में कर रही होती, उन फ़िल्मों के निर्माताओं से वह मुझे बाहर करवा देते। भोजपुरी फ़िल्म इंडस्ट्री पूरी तरह से पुरुष प्रधान इंडस्ट्री है। यहाँ किसी भी हीरोइन को टिकने के लिए हीरो की बात माननी पड़ती है, अगर कोई हीरो की बात नहीं मानता तो उसे फ़िल्म इंडस्ट्री से बाहर कर दिया जाता है। यह यहाँ की कड़वी सच्चाई है।”

अक्षरा ने बताया कि पिछले 1 साल से वे पवन की धमकियों और मानसिक प्रताड़ना से पीड़ित हैं। उन्होंने बताया कि पवन सिंह की शादी के बाद उन्होंने उनसे दूरी बना ली, जिसे उन्होंने इगो पर ले लिया। अक्षरा के मुताबिक पवन सिंह चाहते थे कि उनकी ज़िंदगी में पत्नी के साथ-साथ वो भी रहें। यह बात नहीं मानने पर पवन उन्हें परेशान करने लगे।

पवन ने हाल ही में फैशन डिजायनर ज्योति सिंह से शादी की है। बताया जाता है कि पवन की यह शादी भी ठीक नहीं चल रही। गौरतलब है कि पवन ने पहली शादी रीना रानी से की जो बहुत दिनों तक नहीं चली। बाद में वह रूबी सिंह के साथ लिव इन में रहे। उनकी आदतों से परेशान हो कर रूबी भी अलग हो गई। बाद में रूबी सिंह ने आत्महत्या कर ली और इसके बाद पवन की जिंदगी में नीलम सिंह आईं। लेकिन, कुछ समय बाद नीलम की भी मौत हो गई, खबर आई कि उन्होंने भी आत्महत्या कर ली। पवन के अफेयर भी काफी चर्चा में रहे हैं। अक्षरा के अलावा रानी चटर्जी, काब्या सिंह के साथ भी उनका नाम जुड़ता रहा है।

कपिल मिश्रा की विधायकी गई, कहा- मोदी के नाम कुर्सी हजार बार कुर्बान

दिल्ली विधानसभा के स्पीकर रामनिवास गोयल ने आम आदमी पार्टी (AAP) के बागी विधायक कपिल मिश्रा को अयोग्य करार दिया है। स्पीकर ने कपिल मिश्रा के खिलाफ यह कार्रवाई दल-बदल कानून के आधार पर की है। हालाँकि मिश्रा ने इस कार्रवाई को कानून का मजाक बताते हुए कहा है कि आधी सुनवाई के बीच ही यह फैसला लिया गया और उन्हें कोई भी तथ्य रखने का मौका नहीं दिया गया।

कपिल मिश्रा दिल्ली के करावल नगर से विधायक थे। अयोग्य घोषित होने के बाद कपिल मिश्रा ने ट्वीट कर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल पर हमला बोला है। उन्होंने कहा, “विधानसभा अध्यक्ष ने मुझसे कहा कि ये केजरीवाल का ऑर्डर है। कपिल मिश्रा ने मोदी के लिए अभियान चलाया है, MLA तो इसे रहने नहीं देंगे। सदस्यता खत्म करने ही होगी। साथियों, मुझे गर्व है कि मैंने मोदी जी के लिए अभियान चलाया है। इसके लिए विधायक की कुर्सी हजार बार कुर्बान है।”

कपिल मिश्रा ने अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा है, “एक तरफ देशभक्त और एक तरफ टुकड़े-टुकड़े गैंग, मैं सारी दिल्ली के साथ खड़ा था। अभी ‘सातों सीटें मोदी को’ अभियान चलाया और विधानसभा चुनाव में ‘साठ सीटें मोदी को’ अभियान चलाऊँगा।”

दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके कपिल मिश्रा सीएम अरविंद केजरीवाल के खिलाफ लगातार मोर्चा खोले हुए थे। वह केजरीवाल पर कई तरह की अनियमितताओं के आरोप लगा चुके हैं। कपिल मिश्रा ने 2019 लोकसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में प्रचार भी किया था।

‘ताजमहल की जगह 2,000 यूनिवर्सिटी बनाते तो मुस्लिम होते दुनिया में सबसे ज्यादा पढ़े-लिखे’

अपने विवादित बयानों, यूनिवर्सिटी में चोरी की किताबों और बेटे अब्दुल्ला के फर्जी दस्तावेजों के बाद समाजवादी नेता भूमाफिया आजम खान ने मीडिया से बातचीत में एक दिलचस्प बयान दिया है। शायरी से शुरुआत करते हुए रामपुर के सांसद ने कहा- “वो ख़त्म कर दो गिले आज मिलकर गले, खैर यूँ ही सही हम बुरे तुम भले।”

दरअसल, टाइम्स ऑफ़ इंडिया के साथ बातचीत में लोकसभा चुनावों के लिए सपा और बसपा के गठबंधन के सवाल पर आजम खान शायराना अंदाज में अपनी बात रख रहे थे। आजम खान ने कहा कि चुनाव में भाजपा के खिलाफ मजबूत विपक्ष के रूप में खड़े होने के लिए दोनों दलों में समझौता हुआ था। सभी लोग ये बात जानते हैं कि दलित वोट बैंक एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने कहा कि अगर मुग़ल 1 ताजमहल की जगह 2000 विश्वविद्यालय बनाते तो आज मुस्लिम दुनिया में सबसे ज्यादा पढ़ा-लिखा समुदाय होता और आज भारत विश्वस्तर पर शिक्षा का केंद्र होता।

आजम खान ने कहा कि उन्होंने ‘नेताजी’ (मुलायम सिंह) के साथ मिलकर समाजवादी पार्टी के लिए काम किया। साथ ही आजम खान ने कहा कि नेता जी उनसे कहते थे- ‘देश बचेगा तो धर्म बचेगा, जब देश ही नहीं बचेगा तो धर्म कैसे बचेगा?’ इसी नारे ने हमें हिन्दू और मुस्लिमों के वोट दिलाने में मदद की। अब हम अखिलेश यादव के साथ नए सिरे से संघर्ष करने के लिए तैयार हैं।

उन्नाव रेप मामला: CBI ने माँगी सेंगर की कस्टडी, SC ने जाँच के लिए दिए 15 दिन

उन्नाव रेप मामले की पीड़िता के साथ हुए सड़क हादसे की जाँच कर रही सीबीआई की अर्जी सुप्रीम कोर्ट ने स्वीकार कर ली है। शीर्ष अदालत ने जाँच के लिए सीबीआई को 15 दिन का समय दे दिया है। पहले अदालत ने 7 दिन का समय दिया था। सीबीआइ ने आरोपित विधायक कुलदीप सिंह सेंगर, अतुल सिंह, वीरेंद्र सिंह और शैलेंद्र सिंह को हिरासत में लेने की अर्जी भी दी है।

मामले को दिल्ली ट्रांसफर न करने की सीबीआई की अपील पर गौर करते हुए अदालत ने मामला लखनऊ की सीबीआई कोर्ट को सौंप दिया है। अब 15 दिन में जाँच पूरी होने तक मामला ट्रांसफर नहीं होगा। सीबीआई ने कहा था कि केस ट्रांसफर करने से अभियुक्तों को रिमांड पर लेने और जाँच करने में दिक्कत होगी।

सीबीआई ने सेंगर की कस्टडी के अलावा पीड़िता के चाचा से पूछताछ के लिए भी सुप्रीम कोर्ट से इजाजत माँगी है। गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने रायबरेली जेल में बंद पीड़िता के चाचा को दिल्ली के तिहाड़ जेल में शिफ्ट करने का आदेश दिया है। कोर्ट में पीड़िता की तरफ से पेश हुए वकील बी राजशेखरन ने चाचा की सुरक्षा का हवाला देते हुए उन्हें तिहाड़ जेल शिफ्ट करने का आग्रह किया था।

कोर्ट ने बेहतर इलाज के लिए पीड़िता को दिल्ली एयरलिफ्ट करने पर भी सुनवाई की। सीबीआई ने कोर्ट को बताया कि पीड़िता के परिवारवालों का कहना है कि पीड़िता अभी बेहोश है और फिलहाल उसका इलाज लखनऊ में ही हो। जिसके बाद कोर्ट ने कहा कि पीड़िता का इलाज लखनऊ में ही किया जाएगा।

वीडियो में पुलिस को घूस देते दिखा MLA कुलदीप सेंगर का सहयोगी, जाँच के आदेश

उत्तर प्रदेश पुलिस ने शुक्रवार को सीतापुर जेल में तैनात एक पुलिसकर्मी द्वारा कथित तौर पर रिश्वत लेने के मामले की जाँच का आदेश दिए हैं। एक वीडियो में विधायक कुलदीप सेंगर के क़रीबी माने जाने वाले व्यक्ति से पुलिसकर्मी रिश्वत लेते दिखाई पड़ता है।

सेंगर बहुचर्चित उन्नाव रेप मामले में आरोपित है। पीड़िता की कार को हाल ही में एक ट्रक ने टक्कर मार दी थी। इस मामले में सेंगर और अन्य के खिलाफ सीबीआई जाँच कर रही है। गुरुवार को सेंगर को भाजपा ने पार्टी से निष्कासित कर दिया था।

पुलिस महानिदेशक (डीजी), आनंद कुमार ने कहा:

“मैंने वीडियो नहीं देखा है, लेकिन यह हमारी जानकारी में आया है। हम मामले की जाँच करेंगे और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अगर पुलिसकर्मियों को दोषी पाया जाता है तो उसे बर्खास्त कर दिया जाएगा।”

वीडियो में, सीतापुर जेल के बाहर एक पुलिसकर्मी कुर्ता और पायजामा पहने व्यक्ति से रिश्वत लेते दिखाई पड़ता है। वीडियो में नजर आने वाले उन्नाव के एक पंचायत सदस्य रिंकू शुक्ला ने पत्रकारों को बताया उसने किसी पुलिसकर्मी को रिश्वत नहीं दी।

रिंकू शुक्ला के मुताबिक़, “यह मेरी आदत है। मैंने उन्हें (पुलिसकर्मी) चाय पीने के लिए पैसे दिए होंगे क्योंकि वह वहाँ खड़ा था। मेरा इरादा उन्हें रिश्वत देने का नहीं था। मैं 10-15 दिन पहले जेल के अंदर सेंगर से मिल चुका हूँ।”

यह पूछे जाने पर कि वह सेंगर से क्यों मिले, शुक्ला ने कहा, “मैं उनसे मिला क्योंकि वह हमारे (विधानसभा क्षेत्र के) विधायक हैं। मैं भाजपा में नहीं हूँ।”

64% आतंकियों को सेना ने आतंकी बनने के साल भर में ही मार गिराया, 7% को तो बस 10 दिन में

जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में चिनार कोर कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लन और जम्मू कश्मीर के डीजीपी दिलबाग सिंग ने शुक्रवार (जुलाई 2, 2019) को की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में आतंकवाद और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर बात की।

उन्होंने आतंकवाद की ओर जा रहे घाटी के युवकों की ओर इशारा करते हुए मीडिया से बातचीत में सेना के गहन शोध का हवाला दिया।

उन्होंने बताया कि 2019 में आतंकवाद से जुड़ने वाले 7 प्रतिशत आतंकियों को सेना ने 10 दिन के अंदर मार गिराया, जबकि हथियार उठाने वाले 64 प्रतिशत स्थानीय आतंकियों को आतंकवाद से जुड़कर पहले साल ही अपनी जान से हाथ धोना पड़ा।

अपनी बातचीत में कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लन ने कश्मीरी अभिभावकों से अपील की कि वो अपने बच्चे को 500 रुपए के लिए आतंकवादी न बनने दें। सेना के मुताबिक 83% स्थानीय आतंकियों का पत्थरबाजी का ही इतिहास होता है। इसलिए, अगर वो आज वो अपने बच्चों को नहीं नहीं रोकते तो साल भीतर उन्हें मरना पड़ेगा।

भू-माफिया आजम का छलका दर्द, बोले- पासपोर्ट में एक गलती से दाऊद या लादेन नहीं बन जाते

भू माफिया आजम खान की मुश्किलें खत्म होने का नाम ही नहीं ले रही हैं। ताजा मामले में उनके बेटे अब्दुल्ला आजम खान के खिलाफ फर्जी दस्तावेज के मामले में उन पर धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज किया गया था।

इस घटना से आहत समाजवादी पार्टी नेता और लोकसभा सांसद आजम खान ने कहा कि कि पासपोर्ट में एक गलती से यह मतलब नहीं है कि उनके सम्बन्ध लादेन से हैं। दरअसल, अब्दुल्ला आजम दो जन्मतिथियों के मामले में फँस गए हैं। उनके खिलाफ धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज किया गया था। हालाँकि, इसके बाद बुधवार (जुलाई 31, 2019) शाम को अब्दुल्ला को निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया।

रिपोर्ट्स के अनुसार, आजम खान ने कहा- “पासपोर्ट में कोई जालसाजी या धोखाधड़ी नहीं है। पासपोर्ट में एक गलती से हम दाऊद या लादेन नहीं बन जाते। अब्दुल्ला ने कोई अपराध नहीं किया है। बरेली के पासपोर्ट अधिकारी ने बाद में गलती ठीक कर दी थी। हम कोर्ट के फैसले का इंतजार कर रहे हैं।”

दस्तावेजों में धोखाधड़ी के आरोप पर सफाई देते हुए आजम खान ने आगे कहा, “जब अब्दुल्ला का लखनऊ स्थित केजीएमसी में जन्म हुआ तो मेरी पत्नी की हालत बहुत नाजुक थी। उसके बचने की संभावना भी कम थी। हम उसी भागम-भाग में लगे हुए थे। हमें बाद में पता चला कि सिविक अथॉरिटी में नवजात शिशुओं की जन्म के बारे में जानकारी देने का काम केजीएमसी का था। रामपुर सिविक अथॉरिटी में जो दिन रजिस्टर हुआ, वह लखनऊ वाली तिथि से अलग था। केजीएमसी ने सभी जानकारियों को रजिस्टर कर लिया था। अब मामला हाई कोर्ट में है।”

इस विवादित पासपोर्ट को ही अब्दुल्ला आजम व्यापार और व्यवसाय में और विदेश यात्रा के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं। पहचान पत्र और आर्थिक लाभ लेने के लिए शैक्षिक संस्थानों की मान्यता में भी इस पासपोर्ट का इस्तेमाल किया जा चुका है। शिकायत के आधार पर जाँच के बाद कार्रवाई करने और पासपोर्ट जब्त की माँग की गई है।   

अब्दुल्ला आजम खान पर गलत और कोडेड दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट बनवाने का आरोप लगा था। यह FIR उत्तर प्रदेश के रामपुर, सिविल लाइन्स थाने में बीजेपी नेता आकाश सक्सेना की शिकायत पर दर्ज की गई थी। अब्दुल्ला आजम खान पर FIR भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 420, 467, 468, 471 और पासपोर्ट अधिनियम की धारा 12 के तहत मामला दर्ज किया गया था।

उगाही के आरोप में News Nation का पत्रकार नदीम ख़ान गिरफ़्तार

बुलंदशहर पुलिस ने News Nation चैनल से जुड़े पत्रकार नदीम ख़ान को उगाही के आरोप में गिरफ़्तार किया है।

यह जानकारी बुलंदशहर पुलिस द्वारा शेयर की गई है। पुलिस ने बताया कि आज़ाद इंटरनेशनल स्कूल के मालिक वाशिक आज़ाद और ठेकेदार विवेक मित्तल ने आरोप लगाया है कि News Nation के पत्रकार नदीम ख़ान उन्हें ब्लैकमेल कर रहा था और उनसे रुपए माँग रहा था। नदीम दोनों से 5 लाख रुपए माँग रहा था। दोनों ने इस घटना का ऑडियो और वीडियो सबूत भी पुलिस को दिया, जिसके आधार पर नदीम को गिरफ़्तार किया गया।

पत्रकार नदीम ख़ान के ख़िलाफ़ भारतीय दंड संहिता की धारा-386 (किसी व्यक्ति को मौत या शिकायत की आशंका में डालकर), धारा-500 (मानहानि के लिए सजा) और धारा-504 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

₹500 में पत्थरबाजी करने वाले 83% लड़के बड़े होकर बनते हैं आतंकवादी

श्रीनगर में चिनार कोर कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लन ने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जम्मू-कश्मीर में बढ़ते आतंकवाद के बारे में बात की। इस दौरान उन्होंने कश्मीर में आतंकवाद को लेकर किए गहन अध्यन पर भी बड़ा बयान दिया है।

उन्होंने बताया कि 83% स्थानीय लोग जो आतंकवादी बनते हैं, वे पुराने पत्थरबाज रह चुके होते हैं। मतलब अगर आपने गलती से या बहकावे में आकर पत्थरबाजी का रास्ता चुन लिया तो आप बहुत हद तक आतंकवादी बनने की कगार पर पहुँच जाते हैं।

अपने इस बयान के साथ कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल ने राज्य की सभी माताओं-बहनों से अनुरोध के स्वर में कहा कि अगर आज आपका बच्चा 500 रुपए के लिए पत्थरबाजी करता है तो वह कल आतंकवादी बन जाएगा। जाहिर है यहाँ कमांडर के ऐसा कहने के पीछे इशारा स्पष्ट था कि अगर माताएँ अपने बच्चों को आज पत्थरबाज बनने से नहीं रोकेंगी तो उनका बच्चा संभवत: एक साल के भीतर मारा जाएगा।

केजेएस ढिल्लों ने इस दौरान बढ़ते आईईडी थ्रेट के बारे में बात की और बताया, “हम कई तरह की IED की जाँच कर रहे हैं और IED एक्‍सपर्ट आतंकवादियों को पकड़कर मारा जा रहा है। पाकिस्तान कश्मीर में शांति को बाधित करने की कोशिश कर रहा है। हम कश्मीर के ‘आवाम’ को आश्वस्त करते हैं कि किसी को भी शांति भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।”

इस दौरान उन्‍होंने जानकारी दी कि आतंकवादियों के पास से पाकिस्तान सेना की लैंडमाइंस बरामद की गई है, जिससे साबित होता है कि पाकिस्तानी सेना कश्मीर में आतंकवाद को बढ़ावा दे रही है, जिसे बर्दाश्‍त नहीं किया जाएगा।