Home Blog Page 5964

₹5000 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग का आरोपित हितेश पटेल अल्बानिया में गिरफ्तार, लाया जाएगा भारत

भगोड़े हीरा कारोबारी नीरव मोदी की गिरफ्तारी के बाद भारत को एक और कामयाबी मिली है। बता दें कि गुजरात की फार्मा कंपनी स्टर्लिंग बायोटेक केस में भगोड़े हितेश पटेल को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अनुसार हितेश पटेल को अल्बानिया में हिरासत में लिया गया है, जो कि काफी दिनों से फरार चल रहा था।

दरअसल स्टर्लिंग बायोटेक मामले के आरोपी हितेश पटेल की भारतीय जाँच एजेंसियों को लंबे समय से तलाश थी। ईडी द्वारा विशेष पीएमएलए अदालत में अभियोजन की शिकायत दायर की गई थी और उसके खिलाफ 11 मार्च को रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। जिसके बाद 20 मार्च को हितेश पटेल को अल्बानिया में राष्ट्रीय अपराध ब्यूरो-तिराना द्वारा हिरासत में लिया गया। हितेश पटेल के जल्द ही भारत में प्रत्यर्पित किए जाने की उम्मीद है।

बता दें कि हितेश पटेल पर ₹5000 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप है। बैंक लोन धोखाधड़ी मामले में आपराधिक जाँच से बचने के लिए स्टर्लिंग ग्रुप के सभी चार प्रमोटर देश से फरार हो गए थे। इन आरोपियों में हितेश पटेल के अलावा नितिन संदेसरा, चेतन संदेसरा, दीप्ति संदेसरा, राजभूषण दीक्षित, चार्टर्ड अकाउंटेंट हेमंत हाथी और बिचौलिया गगन धवन शामिल है। स्‍टर्लिंग ग्रुप की कंपनियों में स्टर्लिंग बॉयोटेक लिमिटेड, पीएमटी मशींस लिमिटेड, स्टर्लिंग सेज ऐंड इंफ्रा लिमिटेड, स्टर्लिंग पोर्ट लिमिटेड, स्टर्लिंग ऑयल रिसोर्स लिमिटेड और 170 से ज्‍यादा  शेल कंपनियाँ शामिल है।

गौरतलब है कि भारतीय जाँच एजेंसियों के दबाव के बाद ब्रिटेन की पुलिस ने मंगलवार (19 मार्च 2019) को पीएनबी स्‍कैम का आरोपी नीरव मोदी को गिरफ्तार किया। जिसके बाद उसे बुधवार (20 मार्च 2019) को वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट की जिला न्यायाधीश मैरी माल्लोन की अदालत में पेश किया गया। जहाँ अदालत ने नीरव मोदी को जमानत देने से इनकार करते हुए 29 मार्च तक के लिए हिरासत में भेज दिया है। इसी तरह ED ने मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपी विजय माल्या को गिरफ्तार किया था, मगर बाद में जमानत मिल गई।

अलगाववादी गिलानी पर ED ने लगाया ₹14.40 लाख का जुर्माना, यासीन मलिक की अवैध विदेशी मुद्रा जब्त

जम्मू-कश्मीर के अलागवावादी नेताओं पर भारतीय जाँच एजेंसियों का शिकंजा कसता जा रहा है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने घाटी के अलगाववादी नेता सैयद अली शाह गिलानी के खिलाफ फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट (FEMA) के तहत ₹14.40 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। इसके अलावा ईडी ने 10 हजार डॉलर (करीब ₹7 लाख) जब्त किए हैं। यह रकम साल 2002 में गिलानी के श्रीनगर स्थित आवास पर आयकर विभाग द्वारा छापे के दौरान पकड़ी गई थी।

केंद्रीय जाँच एजेंसी ने 87 वर्षीय अलगाववादी आतंकवादी गिलानी को FEMA के अलग-अलग प्रावधानों के तहत नोटिस भेजा था। यही नहीं, JKLF के पूर्व चेयरमैन यासीन मलिक के पास से मिली अवैध विदेशी मुद्रा को जब्त करने के साथ ही ED उस पर जुर्माना भी लगाएगा। मलिक के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई जारी है। बता दें कि NIA और अन्य एजेंसियाँ घाटी में टेरर फंडिंग की जाँच कर रही हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने इस दौरान अलगाववादी नेताओं से पूछताछ की है।

पुलवामा में 14 फरवरी को हुए आतंकवादी हमले के बाद अलगावादी नेताओं के खिलाफ भारत सरकार ने अपने तेवर कड़े कर लिए हैं। सरकार ने अलगाववादी नेताओं को दी गई सुरक्षा भी वापस ले ली है। हुर्रियत नेता घाटीमें रहने वाले पाकिस्तान समर्थक हैं, जो कश्मीर घाटी में अलगाववादी भावनाओं को भड़काने के साथ-साथ सुरक्षाबलों पर पत्थर फेंकने के लिए युवाओं को पैसे देते हैं और उकसाते हैं।

सुरक्षा एजेंसियों ने घाटी में कार्रवाई करते हुए कुछ समय पहले मीर वाइज उमर फारूक के घर से हॉट लाइन बरामद की थी। बताया जाता है कि मीर वाइज इस हॉट लाइन का इस्तेमाल पाकिस्तान में बैठे अपने आकाओं से बातचीत करने के लिए करता था।

BJP की पहली सूची के 184 नामों से पता चलती है भाजपा की नई रणनीति

भारतीय जनता पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए 20 अलग-अलग राज्यों में चुनाव लड़ने के लिए 184 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी कर दी है। सूची की घोषणा केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने की। 2014 के चुनावों में चुनाव लड़ने वाले अधिकांश कैबिनेट मंत्रियों और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने अपने निर्वाचन क्षेत्र को बरक़रार रखा गया है और पार्टी कुछ दिग्गज नेताओं को आराम दिया गया है।

दिग्गज नेताओं की जगह नए उम्मीदवारों को चुनाव का हिस्सा बनाने की रणनीति

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह इस साल अपना लोकसभा चुनाव गुजरात के गांधीनगर निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। बता दें कि इस सीट से भाजपा वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को आराम दिया गया है। अमित शाह 2017 में गुजरात के लिए राज्यसभा के सांसद चुने गए। इससे पहले, वह 1997 से 2017 तक गुजरात विधानसभा में विधायक थे। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबी सहयोगी हैं और गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में वे राज्य सरकार में कई प्रमुख पदों पर रहें हैं।

अमित शाह ने 2014 के लोकसभा चुनावों में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने में अपनी एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। गांधीनगर से उनकी उम्मीदवारी की घोषणा पार्टी की रणनीति में एक बड़ी बदलाव का संकेत है। लालकृष्ण आडवाणी के अलावा बीसी खंडूरी को लोकसभा चुनाव लड़ने का टिकट नहीं दिया गया। वहीं कलराज मिश्र और भगत सिंह कोश्यारी जैसे वरिष्ठ नेताओं ने आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए अपनी अनिच्छा की घोषणा पहले ही कर दी थी। वहीं एक नाम विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का भी जुड़ गया है जिन्होंने हाल ही में चुनाव न लड़ने की घोषणा की थी।

बीजेपी के दिग्गज नेताओं में एक नाम मुरली मनोहर जोशी का भी है, जो 2014 में कानपुर से जीते थे। फ़िलहाल उनके चुनाव लड़ने पर अभी भी संशय बरक़रार है। यह संशय इसलिए बरक़रार है क्योंकि बीजेपी ने जो पहली सूची जारी की है उसमें उनका नाम नदारद था।

बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं को चुनावी मैदान से दूर रखने की मंशा नए उम्मीदवारों को जगह देने और उनकी नई सकारात्मक राजनीतिक सोच को सामने लाने के मक़सद से की गई जान पड़ती है। ये बात और है कि विपक्ष द्वारा ऐसा दुष्प्रचार किया जाता है कि बीजेपी वरिष्ठ नेताओं को नज़रअंदाज़ कर रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी से जीत का पूरा भरोसा

अब बात प्रधानमंत्री मोदी की जिन्होंने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को 3,70,000 से अधिक मतों के अंतर से हराया था, इस बार भी वे वाराणसी निर्वाचन क्षेत्र से ही चुनाव लड़ेंगे। वाराणसी के अलावा उन्होंने गुजरात की वडोदरा सीट से भी चुनाव लड़ा था। इस सीट पर उन्होंने 5,70,000 से अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज की थी।

वाराणसी की सीट से पीएम मोदी के जीतने के कई कारण हैं जिसमें विशेष तौर पर वहाँ किया गया कायाकल्प है। उनके लगभग साढ़े चार साल के कार्यकाल में वहाँ 126 प्रोजेक्ट को पूरा करवाया गया। कुल 4679.79 करोड़ रुपए की लागत से वाराणसी के कायाकल्प में वे सभी आधारभूत सुधार शामिल हैं जिनसे आम जन-जीवन लाभान्वित हुआ।

वाराणसी में विकास के तहत नगर के इंफ्रास्ट्रकचर में ज़बरदस्त सुधार, मंडुआडीह रेलवे स्टेशन का भव्य पुनर्निर्माण, सड़कों का निर्माण, गलियों-चौराहों की बेहतरी, अंडरग्राउंड वायरिंग से बिजली के तारों को व्यवस्थित करना, पेयजल की व्यवस्था, सीवरेज व्यवस्था, नगर पहले से अधिक साफ़-सुथरा है, बीएचयू ट्रामा सेंटर, बुनकरों के लिए ट्रेड फेसिलिटेशन सेंटर, अस्सी घाटों की सफ़ाई, बैटरी रिक्शों का वितरण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, गंगा सफ़ाई परियोजना, गंगा में सीवर जाना बंद किया गया, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाए गए और वंदे भारत एक्सप्रेस और बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने से लेकर तमाम ढाँचागत परियोजनाओं को समय पर पूरा किया गया।

अमेठी में स्मृति ईरानी और राहुल गाँधी के बीच होगा कड़ा मुक़ाबला

गाँधी परिवार का गढ़ माने जानी वाली अमेठी सीट पर इस बार भी केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और राहुल गाँधी आमने सामने होंगे। बता दें कि साल 2014 के लोकसभा चुनाव में उन्हें राहुल गाँधी से हार का सामना करना पड़ा था। हार के बावजूद स्मृति ईरानी ने अमेठी पर लगातार अपनी नज़र बनाए रखी है और कॉन्ग्रेस के कारनामों को कई बार उजागर भी किया है।

ऐसे कई मौक़े आए जहाँ अनेकों बार अमेठी के विकास और लचर व्यवस्था की समस्याएँ सामने आईं हैं। हाल ही में जब पीएम मोदी ने कोरवा में रूस के सहयोग से आयुध निर्माणी प्रांगण में ही अत्याधुनिक राइफल फैक्ट्री की आधारशिला रखी, उसी दौरान राहुल गाँधी द्वारा पीएम मोदी को झूठा कहने पर स्मृति ईरानी ने उन्हें आड़े हाथों लिया। उन्होंने ट्विटर पर एक फोटो शेयर की जिससे पता चलता था कि राहुल ने आयुध निर्माणी में 2007 में शिलान्यास किया था। लेकिन पीएम मोदी को जो ट्वीट राहुल ने किया उसमें उन्होंने स्वीकारा कि वो शिलान्यास 2010 में किया था। इस पर स्मृति ईरानी ने चुटकी लेते हुए कहा कि राहुल गाँधी इन दिनों ख़ौफ में हैं जिन्हें अमेठी के विकास के बारे में सही-सही जानकारी नहीं है।

ऐसा ही एक मामला नवंबर 2018 में सामने आया था जब उत्तर प्रदेश के मंत्री श्रीकांत शर्मा ने राहुल गाँधी पर सवाल दागा था कि जो स्वयं अपने निर्वाचन क्षेत्र में 15 सालों से विकास करने में सक्षम नहीं थे वो मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के विकास का वादा कैसे कर सकते हैं। राहुल को अपने निर्वाचन क्षेत्र में विकास न करने पर जवाबदेही बनती है लेकिन वो इस पर आज तक चुप्पी लगाए हुए हैं।

उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ने कहा था कि अमेठी क्षेत्र कॉन्ग्रेस की विफलताओं का स्मारक है। वहाँ के 5,000 गाँव बिना बिजली के अँधेरे में जीने को मजबूर हैं। सवा लाख घरों तक बिजली नहीं पहुँचाई गई, इस पर राहुल की जवाबदेही बनती है। पीएम मोदी को चुनौती देने से पहले राहुल को अपने निर्वाचन क्षेत्र में फैले अँधेरे पर अपनी चुप्पी तोड़नी होगी।

इसके अलावा ऐसे कई मुद्दों को भी शामिल किया जिनके बारे में जनता को कुछ नहीं मालूम था, हाल ही में गाँधी-वाड्रा परिवार के वो घोटालों भी उजागर हुए जिनकी आँच रक्षा सौदों तक जाती थी। ऐसे में यदि गहनता से सोचा जाए तो राहुल ने विकास के नाम पर लोगों को केवल भ्रमित करने का काम किया है जिसकी बुनियाद केवल झूठ पर टिकी है। इसलिए आगामी लोकसभा चुनाव में स्मृति ईरानी को इसका लाभ निश्चित तौर पर मिलेगा।

बिहार BJP सूची में 17 उम्मीदवार तय, कई बड़े नामों के कटने की संभावना

लोकसभा चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की तस्वीर लगभग साफ हो चली है। ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि पार्टी इस बार पटना साहिब से सांसद शत्रुघ्न सिन्हा को चुनाव लड़ने से बाहर का रास्ता दिखा सकती है। यह भी कहा जा रहा है कि वो कॉन्ग्रेस की टिकट पर इसी सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। वहीं बीजेपी के क़द्दावर नेता गिरिराज सिंह की निर्वाचन सीट बदलकर बेगूसराय करने की भी संभावना है। भागलपुर सीट के जेडीयू पाले में जाने के बाद से ही शाहनवाज़ हुसैन के चुनाव लड़ने पर जहाँ पहले भी संशय था वो जस का तस बना हुआ है।

इन सब बिंदुओं को देखने से पता चलता है कि जहाँ बाकी पार्टियाँ अभी तक मुद्दे डिसाइड नहीं कर पा रहीं वहीं भाजपा ने पहली सूची के माध्यम से अपना विज़न सामने रखा है जिसमें युवाओं को मौके देने से लेकर कॉन्ग्रेस के गढ़ में उसपर आक्रमण करना और वाराणसी के माध्यम से देश के सामने एक बेहतर संसदीय क्षेत्र का विकल्प देना शामिल है।

‘मैं मर्दों के साथ नहीं सोता’- कर्नाटक विधानसभा स्पीकर का बेतुका बयान

कॉन्ग्रेस नेता और कर्नाटक विधानसभा स्पीकर रमेश कुमार एक बार फिर से अपने बेतुके बयान के कारण खबरों में आ गए है। इस बार उन्होंने अपनी पार्टी के ही नेता के एच मुनियप्पा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह पुरुषों के साथ सोना पसंद नहीं करते हैं, उनके पास उनकी अपनी पत्नी है।

दरअसल, के एच मुनियप्पा ने 15 फरवरी को श्रीनिवासपुर तालुक में कनक कम्युनिटी हॉल का उद्घाटन करते हुए कहा था, “रमेश कुमार और मैं पति-पत्नी की तरह हैं। हमारे बीच कोई विवाद नहीं है।” मुनियप्पा ने यह जवाब टिकट संबंधी सवाल पर दिया था।

एक महीने पुराने इस बयान पर रमेश ने अब प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “मैं मर्दों के साथ सोना पसंद नहीं करता। मेरे पास अपनी पत्नी है। हो सकता है कि उनकी मुझमें दिलचस्पी हो लेकिन मुझे उनमें दिलचस्पी नहीं है। मेरा किसी के साथ एक्स्ट्रामैरिटल अफेयर नहीं हैं।”

खबरों के मुताबिक आगामी चुनाव में टिकट को लेकर कॉन्ग्रेसी नेता के एच मुनियप्पा और रमेश कुमार के बीच काफ़ी मनमुटाव पैदा हो गया था। जिसके बाद से दोनों के बीच ऐसी नोंक-झोंक देखने को मिल रही है। इसके चलते रमेश ने मुनियप्पा की खुलेआम कई बार आलोचना भी की है।

बता दें कि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है कि रमेश कुमार ऐसे बयान देकर विवादों में आएँ हों। कुछ समय पहले रमेश ने सदन में बहस के दौरान बार-बार अपना नाम आने पर अपनी तुलना रेप पीड़िता से कर डाली थी, जिसके कारण उनकी काफ़ी आलोचना भी हुई थी।

5 मुस्लिमों को दिया है BJP ने पहली लिस्ट में टिकट

चुनावी चहल-पहल के बीच भारतीय जनता पार्टी के बारे में आशंका जाहिर की जा रही थी कि अपनी हिंदूवादी छवि को आगे बढ़ाने के लिए वह मुस्लिम उम्मीदवारों को मैदान में नहीं उतारेगी, लेकिन भाजपा की पहली लिस्ट को देखने से ही यह आशंका बेबुनियाद साबित हुई है। BJP ने पहली लिस्ट के 184 उम्मीदवारों में से 5 मुस्लिम उम्मीदवारों को जगह दी है। ये उम्मीदवार जम्मू कश्मीर और लक्षद्वीप जैसी जगहों से हैं जहाँ मुस्लिम मतदाता ज्यादा प्रमुख भूमिका निभाते हैं। 

भाजपा द्वारा जारी की गई पहली लिस्ट में पार्टी ने जम्मू-कश्मीर से 5 उम्मीदवारों की घोषणा की है। पार्टी ने बारामुला से एमएम वार, श्रीनगर से खालिद जहाँगीर और अनन्तनाग सीट से सोफी यूसफ को टिकट दिया है।इसके अलावा जम्मू कश्मीर की अन्य 2 सीटों में उधमपुर से डॉक्टर जितेन्द्र सिंह और जम्मू सीट से जुगल किशोर शर्मा को टिकट दिया गया है। भाजपा ने लक्षद्वीप से अब्दुल खादिर को मैदान में उतारा है, पाँचवे मुस्लिम उम्मदवार जलोथू हुसैन नाईक हैं, जो तेलंगाना के महबूबाबाद से चुनाव लड़ेंगे।

BJP ने ये 5 नाम ऐसे समय पर जारी किए हैं जब विपक्षी दल आशंका जता रहे थे कि भाजपा इस बार लोकसभा चुनाव में उन्हीं की तरह हिंदूवादी एजेंडे को आगे रखकर लड़ना चाहती है और इसके लिए वह किसी मुख्य सीट से किसी मुस्लिम उम्मीदवार को मैदान में नहीं उतारेगी।

कॉन्ग्रेस पार्टी को पाकिस्तान से राष्ट्रवाद के मायने सीखने चाहिए

एक बात पूछना चाहता हूँ कॉन्ग्रेसियों से कि तुमको मोदी से दुश्मनी है, भाजपा से दुश्मनी है, ये सब मान लेता हूँ लेकिन इतना तो बता दो कि तुमको प्रेम, मोहब्बत और लगाव किससे है, क्यों है, और किस हद तक है?

क्या तुमको सोनिया गाँधी से लगाव है, क्या तुमको राहुल गाँधी से प्रेम है, या फिर प्रियंका वाड्रा से मोहब्बत है? अगर ऐसा है भी तो उसका एक सपाट कारण बता दो कि इन लोगों का देश, समाज और अर्थव्यवस्था में क्या योगदान है जो तुम इन पर अपनी जान न्यौछावर करते हो?

क्या तुम अपनी अंतरात्मा के हवाले से कह सकते हो कि 10 जनपथ की प्राइवेट लिमिटेड कॉन्ग्रेस पार्टी से तुम किसी भी वृहद और पवित्र उद्देश्य से जुड़े हो?

क्या कॉन्ग्रेस से जुड़ने के पीछे एकमात्र शांतिदूतों वाली वह सोच नहीं है कि ‘लूट’ यहाँ ‘जायज’ है, और उस लूट का बँटवारा पूरी ईमानदारी से किया जाता है! और कॉन्ग्रेस से जुड़ने वाला हर एक व्यक्ति ‘लूट’ की इसी एकमात्र ‘एकीकृत’ सोच के लिए पार्टी से जुड़ा रहता है, और जीवन पर्यन्त इसी सोच और मिशन के साथ में काम करता है, कि जिस दिन मौका मिलेगा दोनों हाथों से लूट डालेंगे!

क्या तुमको शर्म नहीं आती, जब तुम्हारे नेता देश के प्रधानमंत्री को आतंकी कहते हैं और उस पर पुलवामा में अपने ही जवानों को मार डालने का घिनौना इल्ज़ाम लगाते हैं ? क्या तुमको शर्म नहीं आती कि तुम्हारे नेताओं की वजह से पाकिस्तानी मीडिया को ज्यादा मेहनत ही नहीं करनी पड़ती; भारत के खिलाफ़ उसे जितना भी मसाला और प्रोपगेंडा चाहिए होता है, वह सब कॉन्ग्रेसी नेताओं के बयानों और हरकतों से हासिल हो जाता है ?

क्या तुमको शर्म नहीं आती कि तुम्हारे परम पूज्य नेता राजीव गाँधी के हजारों भाषण लिखने वाले, उनके दौर में प्रधानमंत्री कार्यालय में काम करने वाला एक नेता पाकिस्तान जाकर मोदी के खिलाफ ज़हर उगलता है और वहाँ के नेशनल टीवी पर बैठकर पाकिस्तानी हुक्मरानों से मोदी सरकार का तख्ता पलट करने की अपील करता है ?

क्या तुमको शर्म नहीं आती कि आज तुम्हारी ही पार्टी के एक नेता सैम पित्रोदा ने पाकिस्तान के नेशनल डे के अवसर पर सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और पाकिस्तान को मुँहतोड़ जवाब देने की मोदी सरकार की नीति को ही एंटी-नेशनल साबित कर दिया है। वे कह रहे हैं कि पाकिस्तान से ऐसे हमले होते रहते हैं लेकिन हमें इस मैनर से जवाब नहीं देना चाहिए था!

ठीक है तुमको तब भी नहीं आती होगी, लेकिन आज तुम लोगों के ऊपर पूरे देश को आ रही है- शर्म। अगर तुम नेशनलिज्म भाजपा से नहीं सीख सकते तो पाकिस्तान से ही सीख लो, जहाँ का मीडिया और विपक्ष, बेशक अपनी सरकार और सेना को हर मोर्चे पर कठघरे में खड़ा करता है, लेकिन जब भारत के खिलाफ सेना के समर्थन और कड़े रुख की बात आती है, तो वहाँ का पूरा आवाम एक सुर में भारत के विरोध में खड़ा नज़र आता है।

लेकिन तुम लोगों को शर्म नहीं आएगी। क्योंकि उसकी वजह बड़ी वाज़िब सी है, अगर शर्म आ गई तो लूट के उस माल का क्या होगा जो अभी तक कॉन्ग्रेस का झंडा उठाने और इटली के खानदान की जय-जयकार से हासिल किया है, अगर शर्म आ गई तो उन संभावित लूटों में मिलने वाले हिस्से का क्या होगा, जो गाँधी परिवार के फिर सत्ता में आने पर कार्यान्वित होगी।

देश के संसाधनों की अंधाधुंध लूट ही वह एकमात्र एजेंडा, उद्देश्य और लक्ष्य है, जो किसी भी एक सामान्य इंसान को कांग्रेसी बनने पर प्रेरित करता है। अगर इसके अलावा भी, किसी के कांग्रेसी बनने और होने की कोई और वजह हो, तो मुझे जानकर बड़ी प्रसन्नता होगी और आश्चर्य भी।

सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना भारत, कर्ज माफी नहीं है अच्छा निर्णय: IMF

IMF के अनुसार भारत विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्थाओं की लिस्ट में आ गया है। IMF का कहना है कि चूँकि भारत देश ने पिछले 5 सालों में आर्थिक मोर्चे पर कई सारे अहम बदलाव किए हैं, इसलिए इन सभी बदलावों का असर अब देखने को मिलेगा। हालाँकि, अभी इस दिशा में कुछ और सख्त कदम उठाने की जरूरत है।

7% से ज्यादा है भारत की विकास दर

अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) की सूचना निदेशक गैरी राइस के अनुसार भारत हर साल 7% से ज्यादा की विकास दर से आगे बढ़ रहा है। GDP में वृद्धि की वजह से भारत, आने वाले सालों में अच्छी प्रगति कर सकता है। भारत के बारे में IMF का पूर्ण मूल्यांकन अगले महीने जारी होने वाली रिपोर्ट में आएगा। यह रिपोर्ट पहली बार गीता गोपीनाथ के मुख्य अर्थशास्त्री बन जाने के बाद जारी होगी। 

बैंकों का NPA, कर्ज माफी बड़ी समस्या

हालाँकि IMF ने कहा है कि बैंकों का NPA और कर्ज माफी अभी भी बड़ी समस्या है। इसके अलावा कई कंपनियाँ दिवालिया कानून (Insolvency & Bankruptcy Code-IBC) की प्रक्रिया से गुजर रही हैं। इसके साथ ही राज्य सरकारों को भी बेहतर नतीजे आर्थिक मोर्चे पर दिखाने होंगे।

कर्ज माफी नहीं है सही कदम

अंतरराष्ट्र्रीय मुद्रा कोष की मुख्य अर्थशास्त्री गीता गोपीनाथ ने कहा है कि भारत में किसानों की कर्ज माफी करना राज्य सरकारों का एक सही कदम नहीं है, इसके मुकाबले उनके बैंक खाते में पैसा ट्रांसफर करना बेहतर है। कर्ज माफी से किसानों की समस्या पूरी तरह से खत्म नहीं होगी।

पैदावार बढ़ाने के लिए सरकार उठाए कदम

गीता गोपीनाथ का मानना है कि किसानों की समस्या को सुलझाने के लिए सरकार को उनके साथ मिलकर काम करना चाहिए। इसके साथ ही पैदावार बढ़ाने के लिए उनको बेहतर बीज व तकनीक उपलब्ध करानी चाहिए।
लोकसभा चुनाव से पहले किसानों को खुश करने के लिए कई राज्य सरकारों ने कर्ज माफ करने की घोषणा की थी। कॉन्ग्रेस ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और भाजपा ने गुजरात व आसम में किसानों के लिए कर्ज माफी का एलान किया था। कॉन्ग्रेस पार्टी अध्यक्ष राहुल गाँधी ने कहा था कि जब तक पूरे भारत में किसानों की कर्ज माफी नहीं होगी, वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चैन से सोने नहीं देंगे। 

पहले भी मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों की तारीफ कर चुकी हैं अंतरराष्ट्रीय संस्थाएँ

इसके पहले कई और अंतरराष्ट्रीय संस्थाएँ भी भारतीय अर्थव्यवस्था की तारीफ कर चुकी हैं। केंद्रीय वित्‍त मंत्री अरुण जेटली के मुताबिक मोदी सरकार के कार्यकाल में भारतीय इकोनॉमी सबसे मजबूत रही है। अरुण जेटली ने हाल ही में कहा था कि आजादी के बाद पहली ऐसी सरकार है, जिसने भारतीय इकोनॉमी को नई ऊंचाई दी है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी करते हुए वित्‍त मंत्री जेटली ने बताया था कि 1947 के बाद की सरकारों के 5 साल के कार्यकाल की तुलना में मोदी सरकार (2014-19) में औसत GDP ग्रोथ रेट 7.3% है।

दिल्ली में ‘जैश’ का आतंकी गिरफ्तार, शॉल बेचने का करता था ढोंग, स्लीपर सेल की थी तैयारी

पुलवामा हमले की जाँच में जुटे सुरक्षाकर्मियों के हाथ कल एक बड़ी सफलता लगी है। गुरुवार (मार्च 21, 2019) को दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी सज्जाद खान को गिरफ्तार किया है। बता दें कि सज्जाद पुलवामा हमले के मास्टरमाइंड मुदस्सिर का करीबी सहयोगी था, जिसे इस महीने की शुरुआत में मार दिया गया था।

जानकारी के अनुसार, आतंकी, 27 वर्षीय सज्जाद खान जम्मू-कश्मीर के पुलवामा का ही रहने वाला था। दिल्ली पुलिस ने इसे गुरुवार को लाजपत नगर मार्केट के पास से गिरफ्तार किया है। सज्जाद का नाम एनआईए की मोस्ट वांटेड आतंकियों की सूची में शामिल है। स्पेशल सेल के डिप्टी कमिश्नर प्रमोद सिंह कुशवाहा ने बताया सज्जाद को मुदस्सिर द्वारा दिल्ली में एक स्लीपर सेल बनाने का काम सौंपा गया था।

यहाँ बता दें कि सीआरपीएफ के जवानों पर आतंकी हमले की साजिश रचने वाले आतंकी मुदस्सिर अहमद को 11 मार्च को त्राल क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में मार गिराया जा चुका है। मीडिया खबरों के अनुसार, सज्जाद दिल्ली में शॉल बेचने वाला बनकर छिपा हुआ था। एनआईए ने भी इसकी एक्टिविटी के बारे में इनपुट दिया था।

जाँच में सामने आया है कि सज्जाद के 2 भाई भी जैश-ए-मोहम्मद के सदस्य थे, जिन्हें सुरक्षाबलों ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया। सज्जाद ने पूछताछ में यह भी खुलासा किया है कि पाकिस्तानी आतंकी यासिर और पुलवामा हमले का मास्टरमाइंड मुदस्सिर फर्जी नंबरों की मदद से उससे एक एप के जरिए बात किया करते थे।

खुफिया एजेंसियों को इसके इनपुट मिले थे कि जैश के आतंकी दिल्ली में बड़ा हमला करने की सोच रहे हैं। अब ऐसे में इस गिरफ्तारी से यह बात तो पक्की हो गई है कि वह वाकई दिल्ली में छिपकर किसी हमले की फिराक में थे।

बता दें कि जिस ‘मोहम्मद भाई’ का क़रीबी सज्जाद को बताया जा रहा है वह मुदस्सिर अक्सर परदे के पीछे से कार्य किया करता था और चर्चा में कम रहता था। 23 वर्षीय मुदस्सिर ने स्नातक पास किया था और इलेक्ट्रीशियन था। उसने आईटीआई का कोर्स कर रखा था। पुलवामा आतंकी हमले के दौरान उसने ही गाड़ी और विस्फोटक का इंतजाम किया था। आदिल अहमद डार नामक आत्मघाती आतंकी ने सीआरपीएफ की वैन को टक्कर मारी थी। मुदस्सिर लगातार उसके संपर्क में था। वह फ़रवरी 2018 में सुंजवाँ में हुए आतंकी हमले में भी शामिल था। उस हमले में 6 सुरक्षा बल के जवान वीरगति को प्राप्त हो गए थे और एक नागरिक की भी मृत्यु हो गई थी।

AAP प्रोपेगेंडा ट्रोल ध्रुव राठी ने अडानी के बारे में फैलाया झूठ, मानहानि के डर से डिलीट किया ट्वीट

आम आदमी पार्टी के प्रोपेगेंडा ट्रोल ध्रुव राठी को एक फिर से फेक न्यूज़ फैलाते हुए और अडानी समूह के बारे में झूठा दावा करते हुए पकड़ा गया। कल (मार्च 21, 2019), राठी ने छत्तीसगढ़ में एक जंगल की एक तस्वीर को ट्वीट करते हुए दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत में सबसे अधिक घने जंगल के 1,70,000 हेक्टेयर जमीन को अडानी को बेच दिया।

हालाँकि, अडानी समूह ने राठी के झूठ को बेनकाब करने के लिए ट्विटर का ही सहारा लिया। कल रात एक ट्वीट में, अडानी ग्रुप ने तथ्यात्मक रूप से गलत ट्वीट पर कड़ी आपत्ति जताई जिसमें कंपनी के खिलाफ दुर्भावनापूर्ण और गलत दावे किए गए थे। उन्होंने कहा, “हमने जमीन का निर्दिष्ट हिस्सा का अधिग्रहण नहीं किया है और न ही सरकार ने हमें इसे बेचा है। हमारी छत्तीसगढ़ में कोई खान नहीं है।” फिर क्या था, कानूनी कार्रवाई से घबराए राठी ने अपना ट्वीट डिलीट कर दिया।

यह पहली बार नहीं है जब AAP और उनके प्रोपेगेंडा फैलाने वाले समर्थकों ने अडानी के खिलाफ अपने झूठे दावों के कारण अपने ट्वीट को हटाने के लिए मजबूर हुए हों। पिछले महीने पुलवामा हमलों के मद्देनजर, दिल्ली के शिक्षा मंत्री, मनीष सिसोदिया ने एक गलत दावा किया था कि अडानी समूह पाकिस्तान को बिजली की आपूर्ति कर रहा है। और जब अडानी समूह ने उनके झूठ का पर्दाफाश किया तो सिसोदिया ने ट्वीट को बिना किसी स्पष्टीकरण या फेक न्यूज़ फैलाने के लिए माफी माँगने के, चुपचाप डिलीट कर दिया।

वैसे फेक न्यूज़ फैलाने के मामले में राठी का भी ट्रैक रिकॉर्ड बहुत पुराना है। पिछले साल अक्टूबर में, सॉफ्टवेयर इंजीनियर और भाजपा स्वयंसेवक विकास पांडे द्वारा राठी पर 15 लाख रुपए का मानहानि का मुकदमा दायर किया गया था।

गौतम गंभीर औपचारिक रुप से हुए बीजेपी में शामिल

लोकसभा चुनाव के पहले बीजेपी में एक और सितारा शामिल हो गया है। बता दें कि पूर्व भारतीय क्रिकेटर गौतम गंभीर ने वित्त मंत्री अरुण जेटली और कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद की उपस्थिति में औपचारिक रूप से बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की। गौतम गंभीर आज से एक नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। क्रिकेट में अपना कमाल दिखाने के बाद अब राजनीति में अपनी काबिलियत दिखाने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। भारतीय क्रिकेट में अपनी सेवाओं के लिए देश के चौथे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार पद्मश्री से नवाजे गए गंभीर अब राजनीति में आकर देश के लिए कुछ अच्छा करना चाहते हैं।

इस अवसर पर अरुण जेटली ने कहा कि गौतम गंभीर के आने से भारतीय जनता पार्टी को बड़ा फायदा होगा। बीजेपी भी गंभीर के टैलेंट का उपयोग करेगी। वहीं पार्टी की सदस्‍यता लेते हुए गौतम गंभीर ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के विजन से प्रभावित होकर भाजपा की सदस्‍यता ली है।

चूँकि गौतम गंभीर दिल्ली के निवासी हैं, इसलिए उनके बीजेपी में शामिल होने के बाद ये अनुमान लगाया जा रहा है कि वह नई दिल्ली सीट से लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं। गौतम गंभीर के करीबियों ने भी पिछले दिनों इसका संकेत दे दिया था कि वह नई दिल्ली से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं।

वहीं अगर गौतम गंभीर के क्रिकेट करियर की बात करें तो पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं। उन्होंने अपने प्रोफेशनल क्रिकेट करियर का आखिरी मैच रणजी ट्रॉफी में आंध्र प्रदेश के खिलाफ दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान में खेला था। जिसमें उन्होंने 185 गेंदों पर 112 रन की पारी खेली थी। उस मैच में दिल्ली की टीम विजयी हुई थी।

गौतम गंभीर ने टी20 विश्वकप-2007 और एकदिवसीय विश्वकप-2011 में भारतीय टीम की जीत के लिये बड़ा योगदान दिया था। उन्होंने दोनों विश्व कप के फाइनल मैच में भारत की ओर से सर्वाधिक व्यक्तिगत रन भी बनाए थे। भारतीय क्रिकेट में उनका योगदान अतुलनीय है। हालाँकि इन्होंने क्रिकेट खेलने से सन्यास ले लिया है, लेकिन अभी भी वो कमेंटेटर के रुप में स्पोर्ट से जुड़े हुए हैं।