Home Blog Page 1528

‘जीवनसाथी’ को महिला आरक्षण का ‘क्रेडिट’ देने के लिए सोनिया गाँधी ने उन नरसिम्हा राव का भी लिया नाम, जिनके शव को कॉन्ग्रेस दफ्तर न आने दिया

संसद भवन की नई इमारत में चल रहे विशेष सत्र में मोदी सरकार ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ पेश किया। इस पर चर्चा के दौरान बुधवार (20 सितंबर, 2023) को कॉन्ग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गाँधी ने अपनी पार्टी का रुख साफ़ किया। सोनिया गाँधी ने महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन किया है। अब साफ़ हो गया है कि इस बिल को पास कराने में मोदी सरकार को कोई दिक्कत नहीं होगी, क्योंकि सत्ताधारी भाजपा और उसके सहयोगी दलों के अलावा इसे प्रमुख विपक्षी पार्टी का भी सहयोग मिल गया है।

सोनिया गाँधी ने लोकसभा में बोलते हुए कहा, “अध्यक्ष महोदय, आपने मुझे बोलने की इजाजत दी इसके लिए मैं आपकी आभारी हूँ। भारतीय राष्ट्रीय कॉन्ग्रेस की तरफ से मैं ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम, 2023’ के समर्थन में खड़ी हूँ। धुएँ से भरी रसोई से लेकर रोशनी से जगमगाते हुए स्टेडियम तक, भारत की स्त्री का सफर बहुत लंबा है। लेकिन, आखिरकार उसने मंजिल को छू दिया है। उसने जन्म दिया, उसने परिवार चलाया, उसने पुरुषों के बीच तेज़ दौड़ लगाई और असीम धीरज के साथ अक्सर खुद को हारते हुए, लेकिन आखिरी बाजी में जीतते हुए देखा।”

सोनिया गाँधी ने कहा कि भारत की स्त्री के हृदय में महासागर जैसा धीरज है, उसने खुद के साथ हुई बेईमानी की शिकायत नहीं की। रायबरेली की सांसद ने कहा कि भारत की स्त्री ने खुद के बारे में नहीं सोचा बल्कि नदियों की तरह सबकी भलाई के लिए काम किया और मुश्किल वक्त में हिमालय की तरह अडिग रही। सोनिया गाँधी ने कहा कि स्त्री के धैर्य का अंदाज़ लगाना नामुमकिन है, वो आराम को नहीं पहचानती और थक जाना भी नहीं जानती।

सोनिया गाँधी ने कहा कि हमारे महान देश की माँ है स्त्री, लेकिन उसने सिर्फ हमें जन्म ही नहीं दिया है बल्कि अपने आँसुओं और खून-पसीने से सींच कर हमें अपने बारे में सोचने लायक बुद्धिमान और शक्तिशाली बनाया है। UPA काल में ‘राष्ट्रीय सलाहकार परिषद’ की अध्यक्ष रहीं सोनिया गाँधी ने आगे कहा कि स्त्री की मेहनत, गरिमा और त्याग की पहचान कर के ही हमलोग मनुष्यता की परीक्षा में पास हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज़ादी की लड़ाई और नए भारत के निर्माण के हर मोर्चे पर स्त्री पुरुष के साथ कंधे से कंधा मिला कर लड़ी है और उम्मीदों, आकांक्षाओं और घर-गृहस्थी के बोझ के नीचे नहीं रही।

उन्होंने इस दौरान सुचेता कृपलानी, सरोजिनी नायडू, अरुणा असफ अली, विजय लक्ष्मी पंडित राजकुमारी अमृत कौर का नाम लेते हुए कहा कि लाखों महिलाओं ने कठिन समय में महात्मा गाँधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल और और मौलाना अबुल कलम आज़ाद के सपनों को जमीन पर उतार कर दिखाया है। कॉन्ग्रेस की पूर्व अध्यक्ष ने ये भी कहा कि इंदिरा गाँधी का व्यक्तित्व इस सिलसिले में एक बहुत ही रोशन और ज़िंदा मिसाल है।

सोनिया गाँधी ने कहा, “मेरी ज़िन्दगी का ये बहुत मार्मिक क्षण है। पहली बार स्थानीय निकायों में स्त्री की भागीदारी करने वाला संविधान संशोधन राजीव गाँधी जी ही लेकर आए थे। वो राज्यसभा में 7 वोटों से गिर गया था। नरसिम्हा राव ने बाद में उसे पारित कराया। देश भर के स्थानीय निकायों के जरिए हमारे पास 15 लाख चुनी हुई महिला नेता है। राजीव गाँधी का सपना अभी आधा ही पूरा हुआ है। कॉन्ग्रेस पार्टी इस बिल का समर्थन करती है। हमें इसके पास होने से ख़ुशी है, लेकिन एक चिंता भी है।”

इस दौरान सोनिया गाँधी ने सवाल भी पूछा। उन्होंने प्रश्न किया कि पिछले 13 वर्षों से भारतीय स्त्रियाँ अपनी राजनीतिक जिम्मेदारियों का इंतजार कर ही हैं और उन्हें कुछ वर्ष और इंतजार करने के लिए क्यों कहा जा रहा है? उन्होंने पूछा कितने वर्ष? 2 वर्ष, 4 वर्ष, 6 वर्ष, 8 वर्ष? उन्होंने पूछा कि क्या भारत की स्त्रियों के साथ ये बर्ताव उचित है? उन्होंने कॉन्ग्रेस की तरफ से माँग की कि ये जातिगत जनगणना करा कर SC, ST और OBC महिलाओं की संख्या गिनी जाए। उन्होंने माँग की कि इस बिल को कानून बना कर जल्दी से जल्दी लागू किया जाए।

सोनिया गाँधी आज भले ही नरसिम्हा राव का नाम ले रही हों, लेकिन एक समय ऐसा था जब उनके शव के अंतिम दर्शन के लिए कॉन्ग्रेस पार्टी का मुख्यालय नहीं खोला गया था। न ही दिल्ली में समाधि बनाने के लिए जगह दी गई। तब प्रधानमंत्री रहे डॉ मनमोहन सिंह उनकी अंतिम यात्रा तक में नहीं गए। दिल्ली में उनका मेमोरियल तब बन पाया, जब मोदी सरकार सत्ता में आई। प्रधानमंत्री पद से हटने के बाद नरसिम्हा राव को कॉन्ग्रेस कार्यसमिति से भी निकाल बाहर किया गया था।

शराब पीने की उम्र तय है तो सोशल मीडिया के लिए भी होना चाहिए: कर्नाटक हाईकोर्ट ने कहा- आजकल स्कूली बच्चे इसके आदी होते जा रहे हैं

कर्नाटक हाईकोर्ट ने सोशल मीडिया का इस्तेमाल करने के लिए उम्र को लेकर मंगलवार (19 सितंबर 2023) एक अहम टिप्पणी की है। कोर्ट ने कहा है कि केंद्र सरकार को देश में सोशल मीडिया के इस्तेमाल के लिए उम्र की न्यूनतम सीमा तय करने पर सोचना चाहिए।

हाईकोर्ट ने सुझाव दिया है कि युवाओं, खासकर स्कूली बच्चों के लिए सोशल मीडिया तक पहुँच प्रतिबंधित की जानी चाहिए। इसके साथ ही प्रस्ताव दिया है कि उनके वोट देने के अधिकार की उम्र 18 या 21 तक ही उन तक इसकी पहुँच होनी चाहिए। कोर्ट ने आगे कहा कि स्कूल जाने वाले बच्चे सोशल मीडिया के आदी होते जा रहे हैं और ये देश के लिए बेहतर होगा, यदि ऐसी पहुँच सीमित हो।

कोर्ट इस मामले पर बुधवार (20 सितंबर) को फैसला सुनाएगा। कोर्ट एक्स कॉर्प यानी पहले के ट्विटर इंक की दायर एक रिट अपील पर सुनवाई कर रहा है। इसमें केंद्र सरकार के उस आदेश को चुनौती दी गई है, जिसमें कुछ ट्वीट्स को ब्लॉक करने के लिए कहा गया था।

कर्नाटक हाईकोर्ट के जस्टिस जी नरेंद्र और विजयकुमार ए पाटिल की बेंच ने एक्स कॉर्प (पहले ट्विटर इंक) की 30 जून 2023 के सिंगल जज के आदेश को चुनौती देने वाली अपील पर सुनवाई कर रही है। दरअसल, सिंगल बेंच ने सोशल मीडिया कंपनी एक्स द्वारा केंद्र सरकार की इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के विभिन्न आदेशों के खिलाफ दायर याचिका खारिज कर दी थी। इसके साथ ही आदेशों का पालन न करने पर उस पर 50 लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया था।

इस मामले में फिर से सुनवाई शुरू करते हुए हाईकोर्ट की बेंच ने कहा कि हाल ही में स्कूल जाने वाले बच्चे सोशल मीडिया के इतने आदी हो गए हैं कि यह देश लिए बेहतर होगा कि ये उनके लिए प्रतिबंधित हों। जस्टिस जी नरेंद्र ने कहा, “सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगाएँ। बहुत कुछ अच्छा होगा। आज स्कूल जाने वाले बच्चे इसके आदी हो गए हैं। मुझे लगता है कि आबकारी नियमों की तरह (इसकी भी) एक उम्र सीमा तय होनी चाहिए।”

आबकारी से कोर्ट का मतलब शराब पीने के लिए निर्धारित कानूनी उम्र से है। सोशल मीडिया का इस्तेमाल करने के लिए भी एक उम्र सीमा तय करना सही होगा। कोर्ट ने आगे कहा, “बच्चे 17 या 18 साल के हो सकते हैं, लेकिन क्या उनमें यह फैसला लेने की परिपक्वता है कि देश के हित में क्या (अच्छा) है और क्या नहीं? न केवल सोशल मीडिया पर, बल्कि इंटरनेट पर भी ऐसी चीजें हटाई जानी चाहिए, जो मन को विषाक्त करती हैं। सरकार को सोशल मीडिया के इस्तेमाल के लिए एक उम्र सीमा निर्धारित करने पर भी विचार करना चाहिए।”

बेंच ने इस दौरान इशारा किया कि वह अपीलकर्ता की दायर दो अंतरिम अपीलों (आईए) पर बुधवार को आदेश पारित करेगी। इसमें मामले से जुड़े अन्य सबूत जोड़ने की माँग भी शामिल है। बेंच ने आगे कहा कि जाँच का एकमात्र पहलू यह है कि क्या संबंधित सामग्री सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 69ए (1) और (2) का उल्लंघन करती है।

कोर्ट ने आगे कहा, “यदि इन प्रावधानों का उल्लंघन किया जाता है तो अपीलकर्ता (एक्स कॉर्प) को रोक लगाने वाले आदेशों का पालन करना होगा।” इससे पहले, अमेरिका की मल्टी-ब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म के वकील ने कोर्ट को सूचित किया कि उन्होंने आदेश को चुनौती इस आधार पर दी है कि सोशल प्लेटफॉर्म पर एकाउंट को ब्लॉक करने की कानूनी व्याख्या महज सिंगल जज की टिप्पणियों के आधार पर की गई है।

दरअसल, 10 अगस्त 2023 को चीफ जस्टिस प्रसन्ना बी वराले की अध्यक्षता वाली बेंच ने एक्स कॉर्प को एक हफ्ते के अंदर 25 लाख रुपए जमा करने का निर्देश देते हुए रोक का एक सशर्त अंतरिम आदेश दिया था। ये सिंगल जज के 30 जून 2023 के आदेश में एक्स पर लगाए 50 लाख रुपए के जुर्माने का 50 फीसदी बनता है।

सिंगल बेंच में दायर इस अपील में एक्स ने 2 फरवरी 2021 और 28 फरवरी 2022 के बीच इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के जारी किए गए ब्लॉकिंग आदेशों की एक सीरीज को चुनौती दी थी, जो साल 2022 में खारिज होने को आए थे।

इस बीच एक्स के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 69ए के तहत 10 सरकारी आदेश जारी किए गए थे। इनमें 1474 खातों, 175 ट्वीट, 256 यूआरएल और एक हैशटैग को ब्लॉक करने का निर्देश दिया गया था। ट्विटर ने इनमें से 39 यूआरएल से जुड़े आदेशों को कोर्ट में चुनौती दी थी।

‘हिंदुओं कनाडा छोड़ दो, बंद करो भारतीय उच्चायोग’: जस्टिन ट्रूडो की लगाई आग को भड़का रहा खालिस्तानी आतंकी पन्नू, हिंसा के लिए उकसाया

खालिस्तानी आतंकी संगठन सिख फॉर जस्टिस (SFJ) के सरगना गुरपतवंत सिंह पन्नू (Gurpatwant Singh Pannu) ने कनाडा में रह रहे हिंदुओं को धमकी दी है। उसकी यह धमकी कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो (Justin Trudeau) के उस बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने बिना किसी सबूत के खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर (Hardeep Singh Nijjar) की हत्या का दोष भारत पर डालने की कोशिश की थी।

19 सितंबर 2023 को जस्टिन ट्रूडो ने कनाडा की संसद में कहा था कि खालिस्तानी आतंकी निज्जर को भारतीय एजेंटों ने मारा था, जिसके हमारे पास सबूत हैं। कनाडा की सरकार ने भारतीय राजनयिक पवन कुमार राय को निष्कासित भी कर दिया था। जवाब में भारत ने भी एक कनाडाई राजनयिक ओलिवर सिल्विस्टर को निष्कासित किया था।

पन्नू के संगठन सिख फॉर जस्टिस ने 25 सितंबर तक कनाडा में स्थित भारतीय उच्चायोग और वाणिज्य दूतावासों को बंद करने की धमकी दी है। वर्तमान में कनाडा की राजधानी ओटावा में भारत का उच्चायोग (High Commission) और वैंकुवर तथा टोरंटो में वाणिज्य दूतावास (Consulates General) हैं।

आतंकवादी पन्नू ने कहा है यदि ऐसा नहीं होता है तो वह दूतावासों पर हमला करेगा। उसने भारत को तोड़ने की भी बात कही है। इन सब बातों को करते हुए उसने एक 2 मिनट का प्रोपेगेंडा वीडियो जारी किया है।

पन्नू पहले भी हिन्दुओं और कनाडा में काम करने वाले भारतीय राजनयिकों की हत्या का ऐलान करते आया है। पन्नू ने एक बयान जारी करके कहा है, “कनाडाई हिन्दुओं तुमने कनाडा के प्रति अपनी निष्ठा नहीं जाहिर की है, तुम्हें कनाडा से वापस भारत जाना होगा।”

पन्नू ने यह भी कहा, “खालिस्तान समर्थक सिख हमेशा से ही कनाडा के प्रति श्रद्धा रखते आए हैं। उन्होंने हमेशा कनाडा का पक्ष लिया है।” पन्नू ने आगामी 29 अक्टूबर को ‘किल इंडिया रेफरेंडम” कराने का ऐलान किया है, जिसमें सिखों से कनाडा में भारत के हाई कमिश्नर संजय कुमार वर्मा को निज्जर की हत्या का जिम्मेदार ठहराने को कहा गया है।

कनाडा में हिन्दुओं के खिलाफ हिंसा का ऐलान करना कोई नई बात नहीं है। इससे पहले लगातार भारतीय राजनयिकों के होर्डिंग लगाकर उन्हें मारने की धमकियाँ दी गई हैं। कनाडा में हिन्दू मंदिरों पर भी लगातार हमले हुए हैं। इस प्रकार की हिंसा करने वालों के विरुद्ध जस्टिन ट्रूडो की सरकार ने कोई भी एक्शन नहीं लिया है।

कनाडा में खालिस्तानी भारतीय राजनयिकों की हत्या की धमकी देने वाले होर्डिंग लगा रहे हैं
कनाडा में खालिस्तानी भारतीय राजनयिकों की हत्या की धमकी देने वाले होर्डिंग लगा रहे हैं

कनाडा में पन्नू का आतंकी संगठन सिख फॉर जस्टिस कथित जनमत संग्रह आयोजित करवा कर भी खालिस्तान की माँग को हवा देता रहा है।

भारतीय राजनयिकों के विरुद्ध कनाडा में कानूनी कार्रवाई करने का ऐलान करता सिख फॉर जस्टिस का एक पोस्टर
भारतीय राजनयिकों के विरुद्ध कनाडा में कानूनी कार्रवाई करने का ऐलान करता सिख फॉर जस्टिस का एक पोस्टर

कनाडा के सांख्यिकी विभाग के अनुसार, वर्ष 2021 तक कनाडा में लगभग 8.28 लाख हिन्दू थे। इनकी संख्या वर्तमान में इससे अधिक हो सकती है। हिन्दू, कनाडा में तीसरा सबसे बड़ा धार्मिक वर्ग है। कनाडा में सिखों की संख्या 7.7 लाख के आसपास है।

कनाडा में हिन्दू और सिखों, दोनों की ही में बीते 20 वर्षों में तेज बढ़ोतरी हुई है। कनाडा में बसने वाले अधिकांश हिन्दू और सिख पंजाबी मूल के हैं। हाल के वर्षों में देश के अन्य हिस्सों से भी कनाडा में जाकर बसने का चलन बढ़ा है।

जस्टिन ट्रूडो के बयान और दोनों देशों के कूटनीतिक संबंधों के खराब होने के बाद लगातार हिन्दुओं की सुरक्षा के प्रति चिंता जताई जा रही है। अभिनेता रणवीर शौरी ने इसी को लेकर ट्वीट करते हुए अपनी चिंता व्यक्त की थी।

पन्नू की इस धमकी के बाद अभी तक कनाडा की सुरक्षा एजेंसियों ने उस पर कोई कार्रवाई नहीं की है। पन्नू पर कार्रवाई न करना यह बताता है कि कनाडा भारत को तोड़ने की साजिश करने वालों के साथ खड़ा है।

भारत को घेरने के लिए कनाडा ने दुनियाभर का खटखटाया दरवाजा, पर अमेरिका सहित सभी दोस्तों ने खालिस्तानी आतंकी निज्जर पर छोड़ा अकेला

खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या पर भारत को घेरने के लिए कनाडा ने कई देशों का दरवाजा खटखटाया था। लेकिन अमेरिका सहित सभी मित्र देशों ने उसके अनुरोध को खारिज कर दिया। वाशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट से यह बात सामने आई है।

वाशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार कनाडाई पीएम ट्रूडो ने कई देशों से समर्थन माँगा था। संयुक्त राज्य अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम और ऑस्ट्रेलिया से इस मुद्दे को उठाने और समर्थन का आग्रह किया था। लेकिन भारत के साथ कूटनीतिक गतिरोध पैदा होने की आशंका से सभी देशों ने साथ देने से इनकार कर दिया।

इसकी एक बड़ी वजह​ भारत का दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ते देशों में से एक होना है। साथ ही चीन की विस्तारवादी नीतियों से निपटने में भी भारत की बड़ी भूमिका है। वाशिंगटन पोस्ट के इस लेख में कहा गया है कि कनाडा के सहयोगियों ने भारत के खिलाफ आरोपों में शामिल होने के उसके अनुरोधों को खारिज कर दिया था। ट्रूडो ने कथित तौर पर अमेरिका सहित कनाडा के सभी सहयोगियों से आतंकी निज्जर की हत्या के लिए भारत की निंदा करने का आग्रह किया था।

लेख में पीएम मोदी के नेतृत्व में नई दिल्ली की बढ़ती ताकत और प्रभाव के बारे में बताया गया है। बताया गया है कि कैसे उन्होंने भारत को दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्था में लाने का वादा किया है। उनके इस वादे को इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि दुनिया आर्थिक अनिश्चितता के दौर से गुजर रही है। रूस-यूक्रेन युद्ध चल रहा है और चीन की रफ्तार भी धीमी हो रही है।

भारत ने हाल ही में मध्य पूर्व-यूरोप को जोड़ने वाले एक प्रोजेक्ट का भी ऐलान किया है। इस आर्थिक गलियारे को चीन के बीआरआई (BRI) के रणनीतिक जवाब के तौर पर देखा जा रहा है। इसमें गलियारे से जुड़ने वाले देश बगैर किसी लोन के चंगुल में फंसकर इसका फायदा पाएँगे, जबकि बीजिंग अपनी वैश्विक बुनियादी ढाँचा विकास योजना के तहत इससे जुड़ने वाले देशों को कर्ज के जाल में फँसाता रहा है।

रिपोर्ट में इस बात का भी जिक्र है कि फाइव आईज देशों (ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, न्यूजीलैंड, ब्रिटेन और अमेरिका का खुफिया गठबंधन) के कई अधिकारियों ने निजी तौर पर निज्जर की हत्या के बारे में चर्चा की थी। लेकिन भारत में जी-20 शिखर सम्मेलन में इसका जिक्र करना सही नहीं समझा।

गौरतलब है कि भारत और कनाडा के बीच राजनयिक संकट जस्टिन ट्रूडो के 18 सितंबर को कनाडाई संसद में किए गए विचित्र दावों से पैदा हुआ है। इसमें उन्होंने कनाडा में खालिस्तानी आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के लिए भारत को दोषी ठहराने की कोशिश की थी। इसके अलावा, कनाडाई विदेश मंत्री मेलानी जोली ने कहा था कि आरोपों देखते हुए कनाडाई सरकार ने एक शीर्ष भारतीय राजनयिक को निष्कासित कर दिया है। ट्रूडो ने कनाडाई संसद में बिना कोई सबूत दिए भारत पर निज्जर की हत्या का आरोप लगाया था।

प्रोफेसर आलोक गुप्ता की फोड़ दी आँख, UP पुलिस ने शाहबाज को एनकाउंटर में मार गिराया: पेशी के दौरान गाड़ी पलटने के बाद रिवॉल्वर छीनकर भाग रहा था

उत्तर प्रदेश के शाहजहाँपुर जिले में प्रोफेसर आलोक गुप्ता की उनके घर पर हुई डकैती के दौरान हत्या कर दी गई थी। यूपी पुलिस ने इस घटना में शामिल डकैत शाहबाज को मार गिराया है। 19 सितंबर 2023 को पुलिस शाहबाज को पेशी पर अदालत ले जा रही थी। इसी दौरान गाड़ी पलट गई और शाहबाज एक सब इंस्पेक्टर की रिवॉल्वर छीन कर फायरिंग करने लगा। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे मार गिराया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 18-19 सितंबर की दरम्यानी रात शाहजहाँपुर जिले के कटरा थाना क्षेत्र निवासी प्रोफेसर आलोक गुप्ता के घर में डकैती पड़ी थी। इस दौरान 35 वर्षीय प्रोफेसर की नींद अचानक खुल गई थी। उन्होंने डकैतों का विरोध किया। डाकुओं ने प्रोफेसर पर चाकुओं से हमला कर दिया। चाकुओं के कई वार लगने की वजह से प्रोफेसर की मौत हो गई। उनकी आँख तक फोड़ दिया गया था। प्रोफ़ेसर को बचाने आईं उनकी पत्नी, पिता, भाई, भाभी और बच्चों को भी डकैतों ने धारदार हथियारों से घायल कर दिया।

घायल होने के बावजूद परिजनों ने शहबाज़ और उसके साथी सहरोज को पकड़ लिया। बाकी डकैत भाग निकले थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घायलों में 3 और 4 साल के बच्चे भी शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव फ़ैल गया था। कुछ लोगों ने विरोध स्वरूप सड़क जाम कर दी थी। पुलिस ने केस दर्ज कर के मामले की जाँच शुरू की। फरार डाकुओं पर 75 हजार का इनाम घोषित किया।

डकैतों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई है। पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि पकड़ा गया डकैत शाहबाज़ एक अन्य दवा व्यापारी की भी हत्या में वांछित है। पुलिस ने शाहबाज को हिरासत में लिया और पेशी के लिए कोर्ट ले जाने लगी। इस दौरान एक जानवर सड़क पर आया। जानवर को बचाने के चक्कर में पुलिस वाहन के ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और गाड़ी पलट गई। गाड़ी पलटते ही शाहबाज अपने साथ चल रहे सब इंस्पेक्टर हितेश तोमर की सर्विस रिवॉल्वर छीन कर खेतों की तरफ भागा। पुलिस ने उसे रुकने के लिए कहा तो शाहबाज़ गोलियाँ चलाने लगा।

पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। इस मुठभेड़ में लगी गोली से शाहबाज़ गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले गया, जहाँ उसकी मौत हो गई। शहरोज को गिरफ्तार कर पूछताछ और अन्य कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। 40 वर्षीय शाहबाज़ कभी ई रिक्शा चलाया करता था, वहीं शहरोज सैलून में काम करता है।

संविधान से मोदी सरकार ने हटाए सेकुलर और सोशलिस्ट? कॉन्ग्रेस के अधीर रंजन चौधरी का दावा- नए संसद में एंट्री के समय मिली कॉपी में नहीं थे ये शब्द

कॉन्ग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने संविधान को लेकर एक बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि 19 सितंबर 2023 को सांसदों को संविधान की जो प्रति दी गई उसमें से ‘सेकुलर’ और ‘सोशलिस्ट’ शब्द गायब हैं।

लोकसभा में कॉन्ग्रेस संसदीय दल के नेता चौधरी ने न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया, “आज हमें जो नया संविधान दिया गया, जिस संविधान को हाथ में लेकर प्रवेश (नए संसद भवन) किए, उसकी प्रस्तावना में ‘सोशलिस्ट, सेकुलर’ शब्द नहीं हैं। हम जानते हैं कि ये शब्द 1976 में एक संशोधन के बाद जोड़े गए थे, लेकिन अगर आज कोई हमें संविधान देता है और उसमें ये शब्द नहीं हैं, तो यह चिंता का विषय है।”

अधीर रंजन चौधरी ने इसको लेकर सत्ताधारी बीजेपी की मंशा पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि ये सब कुछ बहुत सोच-समझकर किया गया है। बड़ी चतुराई से किया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा वाले बार-बार मौक़ा खोज रहे थे, लेकिन पहले ऐसा नहीं कर पाए थे। अब सरकार में बैठे लोग कहेंगे कि जब दिया था तो यही था, अब इसे मुद्दा क्यों बना रहे हो।

कॉन्ग्रेस सांसद चौधरी का यह भी कहना है कि उन्होंने इस मुद्दे को उठाने की कोशिश की। लेकिन उनको मौका नहीं दिया गया। उनके अनुसार उन्होंने इससे राहुल गाँधी को भी अवगत करवा दिया है।

वहीं, कॉन्ग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी के आरोपों पर जवाब देते हुए कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा, “जब संविधान अस्तित्व में आया, तब समाजवादी और धर्मनिरपेक्ष शब्द नहीं थे। ये शब्द संविधान के 42वें संशोधन में जोड़े गए।”

गौरतलब है कि अभी संसद का विशेष सत्र चल रहा है। 19 सितंबर से सदन की कार्यवाही नए संसद में शुरू हो गई है। पुराने से नए संसद भवन में प्रवेश करने से पहले सांसदों ने संविधान के साथ मार्च किया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुराने संसद का नाम ‘संविधान सदन’ रखने का प्रस्ताव दिया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विशेष सत्र के दौरान तीसरे दिन 20 सितंबर को महिला आरक्षण बिल पर भी चर्चा होने की संभावना है। मंगलवार को सरकार ने लोकसभा में यह बिल पेश किया था।

‘खालिस्तानी आतंकी भिंडरावाले को पैसे भेज रहे थे कमलनाथ’: कनाडा की करतूतों के बीच पढ़िए पूर्व R&W अधिकारी का खुलासा – हिन्दुओं को डराने के लिए साजिश

खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या को लेकर भारत और कनाडा के संबंध तनावपूर्ण हो गए हैं। इस बीच पूर्व रॉ अधिकारी जीबीएस सिद्धू का बड़ा दावा सामने आया है। उन्होंने कहा है कि कॉन्ग्रेस हिंदुओं को डराने के लिए खालिस्तानी आतंकी भिंडरावाले को सामने लेकर आई थी। इंदिरा गाँधी, उनके बेटे संजय गाँधी और कमलनाथ भिंडरावाले को पैसे भेजते थे।

पूर्व रॉ अधिकारी जीबीएस सिद्धू का एनआईए के पॉडकास्ट का एक वीडियो सामने आया है। इसमें उन्होंने दावा किया, “आपातकाल के बाद इंदिरा गाँधी चुनाव हार गईं थीं। इसके बाद ज्ञानी जैल सिंह ने अकाली दल और जनता पार्टी गठबंधन के बीच मतभेद पैदा करने के लिए ऑपरेशन-1 शुरू किया। इसके तहत इन लोगों ने एक बड़े संत को लाने का फैसला किया। यह ऐसा होगा जो हमारी बातें मानते हुए अकाली दल की नीतियों की आलोचना करेगा। इसके बाद जनता पार्टी भी कुछ कहेगी। इससे उनका गठबंधन टूट जाएगा।” (इस बातचीत को विडियो में 7:30 के बाद सुना जा सकता है।)

जीबीएस सिद्धू ने आगे कहा है कि इसके लिए ज्ञानी जैल सिंह, संजय गाँधी, इंदिरा गाँधी और कमलनाथ काम कर रहे थे। यह सब इंदिरा गाँधी के कार्यालय अकबर रोड और उनके घर 1-सफदरजंग से चल रहा था। इन लोगों ने भिंडरावाले को खालिस्तान से जोड़ते हुए यह सब करना शुरू किया था। इनका उद्देश्य था कि भिंडरावाले का उपयोग हिंदुओं को डराने के किए करेंगे। इसके साथ ही खालिस्तान का एक मुद्दा बनाया गया जो उस समय आस्तित्व में नहीं था।

पूर्व रॉ अधिकारी ने तत्कालीन कॉन्ग्रेस नेतृत्व खासतौर से इंदिरा गाँधी, संजय गाँधी और कमलनाथ की प्लानिंग की पोल खोलते हुए कहा है कि खालिस्तान का मुद्दा उठाकर इनकी साजिश थी कि इससे देश के लोग सोचेगें कि देश की अखंडता को खतरा है। इससे उन्हें राजनीतिक फायदा होगा।

उन्होंने ब्रिटेन में भारत के पूर्व उच्चायुक्त और प्रसिद्ध लेखक कुलदीप नैयर की किताब ‘बियॉन्ड द लाइन’ के हवाले से कहा कि उन्होंने भिंडरावाले को लेकर एक बार कमलनाथ से बात की थी। तब, कमलनाथ ने कहा था कि वह एक हाई प्रोफाइल और कड़क संत की तलाश कर रहे हैं। जो हमारी बातें फैला सके। इसके लिए कमलनाथ ने दो संतों का इंटरव्यू किया था। एक संत बेहद विनम्र थे। लेकिन भिंडरावाले ठीक वैसा था जैसा वह चाहते थे।

जीबीएस सिद्धू ने आगे दावा किया है कि कमलनाथ ने कुलदीप नैयर से यह भी कहा था कि वह, संजय गाँधी और उनकी टीम के लोग भिंडरावाले को पैसे भी दे रहे थे। भिंडरावाले को पैसे भेजने में वो लोग शामिल थे जो ऑपरेशन-1 का हिस्सा थे। इसका मतलब यह है कि भिंडरावाले को पैसे देने में न सिर्फ कमलनाथ और संजय गाँधी बल्कि ज्ञानी जैल सिंह और इंदिरा गाँधी भी शामिल थीं। यानी कि कॉन्ग्रेस ही भिंडरावाले को प्रोजेक्ट कर रही थी।

खालिस्तान का मुद्दा कॉन्ग्रेस द्वारा ही लाया गया है, इसकी पुष्टि करते हुए उन्होंने दावा किया, “भिंडरावाले ने कभी भी खालिस्तान की माँग नहीं की थी। वह सिर्फ यही कहता था कि बीबी, मतलब इंदिरा गाँधी अगर मेरी झोली में खालिस्तान डाल देंगी तो मैं ना भी नहीं करूँगा। भिंडरावाले का उपयोग धार्मिक उपदेशों के लिए नहीं बल्कि राजनीतिक उद्देश्यों को पूरा करने के लिए किया गया था।”

‘जब अल्लाह एक है तो ये सब ड्रामा क्यों?’: शाहरुख़ खान ने की गणपति बप्पा की स्थापना तो भड़के इस्लामवादी, बोले – ‘ये शिर्क है, तुम मुस्लिम हो भी या नहीं?’

बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान की हालिया रिलीज फिल्म ‘जवान’ बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई कर रही है। इस बीच शाहरुख खान ने हर वर्ष की तरह इस साल भी गणेश चतुर्थी पर भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा की स्थापना की है। यह इस्लामी कट्टरपंथियों को रास नहीं आ रहा है। ऐसे में वे शाहरुख को खरी-खोटी सुना रहे हैं।

शाहरुख खान ने ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर भगवान गणपति की फोटो शेयर की है। साथ ही लिखा, “घर में स्वागत है गणपति बप्पा जी। आपको और आपके परिवार को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएँ। भगवान गणेश हम सभी को खुशी, बुद्धि, अच्छा स्वास्थ्य और खाने के लिए ढेर सारे मोदक प्रदान करें।” शाहरुख खान का यह पोस्ट सामने आने के बाद से इस्लामवादियों के कमेंट्स की भरमार देखने को मिल रही है।

पाकिस्तानी यूट्यूबर किंज़ा जीशान ने शाहरुख खान के मूर्ति पूजा करने को लेकर सवाल उठाया। उसने लिखा, “भाई समझ नहीं आता कि मुस्लिम होकर शिर्क कैसे कर लेता है ये बंदा। जब अल्लाह एक है तो ये ड्रामे क्यों?”

कादर नामक यूजर ने लिखा, “ये लोग हर दिन देशभक्त होने का दिखावा कर रहे हैं।”

जाइब खान ने पूछा, “तुम भारतीय मुस्लिम हो, है ना?”

अदनान शाहिद ने लिखा, “डूब मरो मुस्लिम हो के ये हालत है।”

शेख अब्दीकादिर नामक यूजर ने लिखा, “तुम अच्छे मुस्लिम नहीं हो।”

फैजान नामक यूजर ने लिखा, “भाई मुस्लिम हो या हिंदू? फैसला कर लो पहले।”

बता दें कि ऐसा पहली बार नहीं है जब किसी मुस्लिम को इस्लामिक कट्टरपंथियों द्वारा इस तरह के कमेंट किए जा रहे हों। इससे पहले, एक्ट्रेस और टीएमसी सांसद नुसरत जहाँ को गैर-मुस्लिम से शादी करने और बंगाल के त्योहार दुर्गा पूजा में शामिल होने के लिए धमकियाँ दी गईं थीं। इसके अलावा, एक्ट्रेस सारा अली खान को मंदिर जाने को लेकर इस्लामिक कट्टरपंथी बेशरम, शिर्क कहने के साथ अनाप-शनाप गालियाँ दे चुके हैं।

प्रेमिका का गला रेत कर नहर में फेंका, अब पैर में लगी यूपी पुलिस की गोली: गौसजमाँ खान और अफरोज को यूपी पुलिस ने दबोचा

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में एक हिस्ट्रीशीटर गौसजमाँ खान ने युवती की गला रेत कर हत्या करने की कोशिश की जिसके पश्चात उत्तर प्रदेश पुलिस ने 5-6 घंटे में ही एक्शन लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के एनकाउंटर में आरोप‍ित के पैर में गोली लगी है। वहीं एनकाउंटर के बाद गौसजमाँ खान के साथ उसका भाई अफरोज भी पकड़ा गया। मामला सोमवार (18 सितम्बर, 2023) देर रात का बताया जा रहा है। 

जानकारी के अनुसार, सुल्तानपुर के बल्दीराय थाना क्षेत्र की एक युवती जो कि वर्तमान में दिल्ली में रह कर नौकरी कर रही थी, उसका प्रेम प्रसंग जेल में बंद गौसजमाँ खान से था। वह पेशेवर अपराधी है। गौसूजमाँ खान को जेल से छूटने पर सूचना मिली कि युवती ने किसी और से विवाह का मन बना लिया है।

इस बात से गुस्सा होकर गौसजमाँ ने युवती को धोखे से उसे दिल्ली से बुलाया और दिनभर घुमाने के बाद धनपतगंज क्षेत्र के हरौड़ा बाजार स्थित नहर की पटरी पर ले गया। वहाँ चाकू से उसका गला रेतने के बाद उसे शारदा नहर में फेंक दिया। हालाँकि, युवती नदी से बाहर आने में सफल रही और किसी तरह अस्पताल पहुँची।

दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार, इसके बाद आरोपित युवक फरार हो गया। बताया जा रहा है घटना के दौरान गौसजमाँ खान के साथ उसका भाई अफरोज भी मौजूद था। युवती द्वारा अस्पताल में बताए गए घटनाक्रम के आधार पर पुलिस ने अपनी कार्रवाई चालू की।

वहीं पुलिस द्वारा छानबीन के दौरान इन दोनों आरोपितों की लोकेशन के बारे में पुलिस को सूचना मिली जहाँ दबिश देने पर यह पुलिस पर ही फायरिंग करने लगे। इसके जवाब में हुई फायरिंग में दोनों घायल हो गए। जिसके पश्चात इनको गिरफ्तार कर लिया गया। वर्तमान में इनका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, गौसजमाँ मुंबई में भी अपराध करता था।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में हाल ही में एक और ऐसी ही घटना में मुस्लिम लड़कों द्वारा चलती साइकिल पर दुपट्टा खींचने के कारण एक बालिका की मृत्यु हो गई थी। यह लड़के लगातार बालिका को परेशान करते थे। इस घटना के पश्चात उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने इस प्रकार के तत्वों पर कड़ी कार्रवाई करने का आदेश दिया था।

पिता की आत्महत्या के बाद फैलाते रहे जागरूकता, अब 16 साल बेटी ने लगा ली फाँसी: तमिलनाडु के संगीतकार पर टूटा दुःखों का पहाड़

तमिल संगीतकार, गायक और अभिनेता विजय एंटनी की 12वीं में पढ़ने वाली बेटी ने आत्महत्या कर ली। उनकी पुत्री का नाम मीरा था और वह मात्र 16 वर्ष की थी। मीरा की मृत्यु से विजय एंटनी स्तब्ध हैं, क्योंकि वह हमेशा जीवन खत्म करने के विरुद्ध जागरूकता फैलाते रहे हैं।

मीरा चेन्नई स्थित आवास पर मृत पाई गई। मीरा ने फाँसी लगाकर आत्महत्या की है। अभिनेता विजय एंटोनी की मीरा के अतिरिक्त एक और भी पुत्री है। विजय के पिता ने भी आत्महत्या कर ली थी जब विजय मात्र 7 वर्ष के थे। विजय कई बार सार्वजनिक तौर पर यह बोल चुके है कि कोई कितनी भी बड़ी समस्या में आ जाए परन्तु उसे जीवन खत्म नहीं करना चाहिए।

विजय एंटोनी ने एक कार्यक्रम में बताया था कि उनके पिता की आत्महत्या के बाद उनकी माँ को उन्हें पालने में कितनी समस्याओं का सामना करना पड़ा। विजय ने उन बच्चों के लिए दुःख भी व्यक्त किया था जिन्होंने आत्महत्या की है। ‘इंडिया टुडे‘ की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि मीरा अवसाद से जूझ रही थी। मीरा को सबसे पहले विजय के घर में काम करने वाले एक व्यक्ति ने देखा, जिसके बाद तुरंत उसे अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डाक्टरों ने मीरा को मृत घोषित कर दिया।

विजय तमिल फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने संगीतकार हैं जिन्होंने कई हिट गाने दिए हैं। विजय की पुत्री के आत्महत्या के बाद उनके फैंस ट्विटर पर दुःख जता रहे हैं। विजय सदैव ही सार्वजनिक आयोजनों में लोगों को प्रोत्साहित किया करते थे। सोशल मीडिया पर विजय के फैन्स ने विजय की पत्नी फातिमा की एक पुरानी पोस्ट भी दोबारा वायरल की जिसमें फातिमा ने अपनी बेटी मीरा को ‘सेक्रेड हार्ट स्कूल’ में सेक्रेटरी बनाए जाने पर बधाई दी थी।

मीरा की मृत्यु के बाद विजय के घर पर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के पुत्र उदयानिधि स्टालिन समेत तमिल सिनेमा के कई स्टार भी पहुँचे।