Home Blog Page 1653

‘श्रीकांत पासवान के शव को पीटा, फेंका, मूता’: मीडिया के सारे दावों को दरभंगा पुलिस ने किया खारिज, अंतिम संस्कार रोकने वाला ‘समुदाय’ कौन

मृतक: श्रीकांत पासवान
ग्राम: धर्मपुर
थाना: कमतौल
पंचायत: हरिहरपुर
प्रखंड: सिंहवाड़ा
जिला: दरभंगा
राज्य: बिहार
देश: भारत

62 साल के श्रीकांत पासवान कैंसर से पीड़ित थे। मौत हो गई तो परिजन अंतिम संस्कार के लिए 23 जुलाई 2023 को शव श्मशान में ले गए। दूसरे ‘समुदाय’ के लोगों ने श्मशान की जमीन अपनी बताकर अंतिम संस्कार का विरोध किया। पत्थरबाजी से लेकर घरों पर हमले तक हुए। मीडिया रिपोर्टों में शव के साथ अमानवीयता के दावे भी किए गए हैं। लेकिन बिहार पुलिस ने इन दावों को नकार दिया है। अंतिम संस्कार को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद कबूली है। पर दूसरे पक्ष की पहचान आधिकारिक तौर पर नहीं बताई है।

मीडिया रिपोर्ट में शव के साथ अमानवीयता का दावा

दैनिक भास्कर के दरभंगा संस्करण में 25 जुलाई 2023 को इस घटना पर एक रिपोर्ट विस्तार से प्रकाशित हुई है। इस खबर की हेडलाइन है- कमतौल में शव को पीटा ही नहीं, फेंका भी: विरोध किया तो पुलिस के सामने घरों में लगाई आग-तोड़फोड़

इसी खबर को दैनिक भास्कर ने ऑनलाइन जिस हेडलाइन से प्रकाशित किया है, वो है- दरभंगा में जलती चिता से शव को फेंका… लोगों को पीटा: श्मशान की जमीन को लेकर हुआ बवाल, पुलिस पर पथराव; घर में आगजनी, गाड़ियां फूंकीं

इन दोनों रिपोर्टों में जो विवरण दिए गए हैं, उसके मुताबिक ‘समुदाय विशेष’ के लोगों ने शव के साथ अमानवीय व्यवहार किया। शव को पीटा। चिता से शव उठाकर नीचे फेंक दिया। शव पर पेशाब की। मृतक के घर में आगजनी की। तोड़फोड़ और लूटपाट की गई। पत्थरबाजी हुई। पुलिस और स्थानीय मुखिया के वाहनों को निशाना बनाया। पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। दैनिक जागरण की रिपोर्ट में भी रोड़ेबाजी की बात कही गई है। लेकिन किसी भी रिपोर्ट में ‘समुदाय’ की पहचान उजागर नहीं की गई है।

शव के साथ अमानवीयता को पुलिस ने किया खारिज

दरभंगा पुलिस ने इस घटना को लेकर एक ट्वीट किया है। ट्वीट में 8 लोगों की गिरफ्तारी, कानून-व्यवस्था नियंत्रण में होने, हालात पर कड़ी निगरानी रखने, अफवाह से बचने जैसी बातें कही गई है। बताया है कि धर्मपुर गाँव के श्रीकांत पासवान के अंतिम संस्कार का मालपट्टी गाँव के ‘अन्य समुदाय’ के लोगों द्वारा विरोध किया गया। अंतिम संस्कार नहीं करने देने पर दोनों पक्षों के बीच रोड़ेबाजी और एक-दूसरे के घरों में तोड़फोड़ करने की घटना हुई है।

ऑपइंडिया को कमतौल के थाना प्रभारी ने बताया है कि शव के साथ अमानवीयता के जो दावे किए जा रहे हैं, वे झूठे हैं। विवाद की सूचना मिलने के बाद जब पुलिस मौके पर पहुँची तो शव गड्ढा खोदकर चिता पर रखा हुआ था। प्रशासन की मौजूदगी में अंतिम संस्कार करवाया गया। उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवार ने भी अपनी शिकायत में शव के साथ किसी तरह की अभद्रता का जिक्र नहीं किया है। उन्होंने उपद्रव के दौरान तीन पुलिसकर्मियों के चोटिल होने की बात कही है। कहा है कि फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं। हमने उनसे पूछा कि अंतिम संस्कार का विरोध करने वाले लोग कौन हैं? पासवान के परिवार ने ​क्या किसी के खिलाफ नामजद शिकायत की है? लेकिन हमारे इन सवालों का थाना प्रभारी ने जवाब देने से इनकार कर दिया।

अंतिम संस्कार का विरोध करने वाला ‘समुदाय’ कौन

आधिकारिक तौर पर अंतिम संस्कार का विरोध करने वाले ‘समुदाय’ की पहचान नहीं बताई गई है। दरअसल, जिस श्मशान में अंतिम संस्कार के लिए श्रीकांत पासवान का शव ले जाया गया था, वह मालपट्टी गाँव की सीमा से लगा है। स्थानीय लोगों के अनुसार मालपट्टी गाँव के मुस्लिम इस जमीन पर अपना दावा जता रहे हैं। दैनिक भास्कर की रिपोर्ट कहती है कि इस भूमि को लेकर दो साल से विवाद चल रहा है। यह जमीन ग्राम पंचायत की है। पहली बार अंतिम संस्कार को लेकर विवाद हुआ है। अंतिम संस्कार का विरोध करने वाले लोगों के मालपट्टी के मुस्लिम होने की पुष्टि ऑल इंडिया मुस्लिम बेदारी कारवाँ के एक पत्र से भी होती है। यह पत्र 24 जुलाई को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लिखा गया है। इसमें स्थानीय मुखिया अजय कुमार झा पर साजिश रचने का आरोप लगाया गया है। कहा गया है कि मालपट्टी के दो दर्जन से अधिक मुस्लिमों के घरों में मुखिया के आदमी और पुलिस ने घुसकर मारपीट की है। इस पत्र की कॉपी ऑपइंडिया के पास है। दरभंगा पुलिस के ट्वीट से भी पता चलता है कि अंतिम संस्कार का विरोध करने वाले मालपट्टी के ही हैं।

लेकिन स्थानीय लोगों के अनुसार अजय झा अंतिम संस्कार को लेकर विवाद होने की सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन के साथ मौके पर पहुँचे थे। उपद्रवियों ने इस दौरान उनकी बाइक भी जला दी। दावा किया जा रहा है कि मुस्लिमों की शिकायत के बाद उपद्रव के अगले दिन बहाने से अजय झा को बुलाकर हिरासत में ले लिया गया। ऑपइंडिया से बात करते हुए ऑल इंडिया मुस्लिम बेदारी कारवाँ के सदस्य नज़रे आलम ने बताया है कि अजय कुमार झा को हिरासत में लेकर थाने में रखे जाने की जानकारी उन्हें भी है। ऑपइंडिया से बातचीत में कमतौल थाना प्रभारी ने भी उनके पुलिस हिरासत में होने की पुष्टि की है।

दलित समाज अब लाश भी नहीं जला सकता: बीजेपी

बिहार बीजेपी ने अपने आधिकारिक हैंडल से इस घटना को लेकर ट्वीट किया है। इसमें कहा गया है, महागठबंधन सरकार में दलित समाज अब लाश भी नहीं जला सकता। दरभंगा में श्मशान में जलती हुई लाश को एक विशेष समुदाय ने निकालकर फेंका। फिर लाश जलाने आए लोगों का घर भी फूँक दिया। पासवान समाज के लोगों का सिर भी फोड़ा।”

ट्ववीट के साथ एक वीडियो भी संलग्न है। जो इस घटना की मीडिया रिपोर्टिंग से जुड़ा है। साथ ही इस घटना पर सरकार की चुप्पी को लेकर भी बीजेपी ने सवाल उठाए हैं।

मदरसा शिक्षक फैजुद्दीन मुल्ला ने नाबालिग छात्रा का किया बलात्कार, पीट कर बाथरूम में कर दिया बंद: पिता बोले – TMC के गुंडों ने धमकाया

पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में मदरसा शिक्षक की हैवानियत का मामला सामने आया। आरोप है कि मदरसा शिक्षक फैजुद्दीन मुल्ला ने 8वीं क्लास की छात्रा का रेप किया।  इसके बाद मारपीट कर उसे बाथरूम में बंद कर दिया। पीड़ित लड़की के पिता का कहना है कि आरोपित के खिलाफ शिकायत करने पर टीएमसी नेता उन्हें धमकियाँ दे रहे हैं। घटना शुक्रवार (21 जुलाई, 2023) की है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मामला दक्षिण 24 परगना जिले के धोलाहाट थाना क्षेत्र का है। पीड़ित लड़की के परिजनों का का आरोप है कि उनकी बेटी मदरसे में बाथरूम की ओर जा रही थी। इसी दौरान मदरसे का शिक्षक फैजुद्दीन मुल्ला पीछा करता हुआ वहाँ आ धमका। इसके बाद बाथरूम में ही उसका बलात्कार किया। इस दौरान खुद को बचाने के लिए लड़की ने शोर किया तो आरोपित शिक्षक ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद बाथरूम में ही बंद कर बाहर से तला जड़ दिया।

वहीं दूसरी ओर काफी देर तक लड़की के घर न आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान पीड़िता के दोस्त न घर जाकर उसकी माँ को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि लड़की को बाथरूम में बंद कर दिया गया है। इसके बाद लड़की की माँ मदरसा पहुँची। जहाँ उसने देखा कि बाथरूम का ताला बाहर से बंद है। वहीं अंदर से आवाजें आ रहीं थीं। इस पर उसने मदरसा के शिक्षकों से ताला लगाने को लेकर सवाल किया। लेकिन कोई भी जवाब को तैयार नहीं था। बाद में शिक्षकों और मदरसा के अन्य बच्चों की सहायता से लड़की को बचाकर उसे घर ले जाया गया। घर पहुँचने पर पीड़ित लड़की ने अपनी माँ को आपबीती सुना दी।

इस पर पीड़ित परिवार लड़की को लेकर स्थानीय धोलाहाट थाने जाकर आरोपित मदरसा शिक्षक फैजुद्दीन मुल्ला के खिलाफ FIR दर्ज कराई। वहीं लड़की के पिता का आरोप है कि बंगाल की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कॉन्ग्रेस के नेता उन पर थाने जाकर शिकायत न करने का दबाव बना रहे थे। लेकिन, जब उन्होंने शिकायत कर दी तो TMC की ओर से उन्हें धमकी दी गई।

पीड़ित लड़की के बयान और शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 376 और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (POSCO) के तहत मामला दर्ज कर आरोपित शिक्षक फैजुद्दीन मुल्ला को गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़ित लड़की के परिवार को TMC नेताओं द्वारा धमकाने को लेकर भाजपा हमलवार है। ऑपइंडिया से हुई बातचीत में पश्चिम बंगाल भाजपा के मीडिया प्रभारी प्रत्युष सिंह ने कहा है, “तुष्टिकरण की राजनीति के चलते ममता बनर्जी सरकार मदरसों से नियंत्रण खो चुकी है। इसलिए इस तरह की घटनाएँ सामने आ रहीं हैं। ये इतने आगे निकल चुके हैं कि ममता बनर्जी अब चाहें भी तो मदरसों पर कंट्रोल नहीं कर सकतीं। कानून-व्यवस्था लचर हो चुकी है। इसलिए रेप और हत्याएँ हो रहीं हैं। अब अपनी फटी हुई चादर को सिलने के लिए TMC के गुंडे पीड़ितों को धमका रहे हैं।”

‘अंग-अंग काट कर BJP कार्यकर्ता को मार डाला’: बिहार में दवा दुकानदार की नृशंस हत्या, नेता प्रतिपक्ष ने पहुँच कर दी श्रद्धांजलि

बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति चरमराई हुई है। अब पूर्णिया में एक भाजपा कार्यकर्ता की हत्या कर दी गई है। भाजपा भाजपा ने इसे नृशंस हत्याकांड करार देते हुए बताया कि महागठबंधन सरकार के गुंडाराज में पूर्णिया जिले के झुन्नी निवासी, भाजपा कार्यकर्ता राज कुमार मेहता की अपराधियों द्वारा छुरा और चाकू से अंग-अंग काटकर नृशंस हत्या कर दी गई। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने भी दिवंगत मेहता के परिजनों से मुलाकात की।

पार्टी ने भरोसा दिलाया है कि वो हर एक कार्यकर्ता के साथ मुसीबत के समय में खड़ी है। विजय कुमार सिन्हा ने राजकुमार मेहता के पार्थिव शरीर पर पार्टी का ध्वज ओढ़ाकर श्रद्धांजलि दी। बताया जा रहा है कि ये घटना केनगर प्रखंड झुन्नी कला निवासी रोहिक टोला के रहने वाले 45 वर्षीय राजकुमार मेहता सोमवार (24 जुलाई, 2024) को हुई। उन्हें 12 बार चाकू गोदा गया। उनकी उम्र 45 वर्ष थी। FSL की टीम ने अगले दिन घटनास्थल का दौरा कर जाँच शुरू की।

ये घटना झुन्नी इस्तमरार पंचायत और बेला रिकावगंज बॉडर स्थित बड़ी नहर के कलवर्ट के पास हुई। घटनास्थल से 2 चाकुओं के अलावा एक बाइक की चाबी भी बरामद की गई है। राजकुमार मेहता दवा की दुकान चलाते थे। वारदात के बाद जल्दी-जल्दी में आसपास के लोगों ने उन्हें पूर्णिया मैक्स अस्पताल में पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। राजकुमार मेहता पथ निर्माण विभाग में भी कार्यरत थे। ड्यूटी के बाद वो नाजिर चौक स्थित अपनी दुकान को खोलते थे।

घटना रात के 9 बजे हुई, जब वो दुकान बंद कर के अपनी सुपर स्प्लेंडर बाइक से घर जा रहे थे। उनके घर के पास के ही एक व्यक्ति ने दवा लेने के लिए उन्हें फोन किया तो चीखने-चिल्लाने की आज सुनाई दी। जब उसने जाकर देखा तो राजकुमार मेहता को खून से लथपथ पाया। उनकी बाइक अब तक गायब है। पुलिस इसे प्रथम दृष्टया लूटपाट की घटना बता रही है।एक खबर में मृतक का नाम राजीव मेहता भी बताया गया है।

मेरी जिंदगी बर्बाद कर दी, इनको सजा मिले… लिखकर फँदे से झूल गई गीतिका, 11 साल बाद हरियाणा के पूर्व मंत्री गोपाल कांडा बरी

हरियाणा के पूर्व गृह राज्य मंत्री गोपाल कांडा को गीतिका शर्मा सुसाइड मामले में बरी कर दिया गया। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने मंगलवार (25 जुलाई, 2023) को फैसला सुनाते हुए गोपाल कांडा के साथ ही अन्य आरोपित अरुणा चड्ढा को भी बरी कर दिया। गीतिका शर्मा ने अगस्त 2012 में आत्महत्या की थी।

11 साल के लंबे वक्त के बाद आए इस फैसले पर गोपाल कांडा ने कहा है, “मेरे खिलाफ एक भी सबूत या कुछ नहीं था। ये सिर्फ और सिर्फ बनाया गया था। यह किस सोच से और क्यों बनाया गया था, ये कोर्ट ने आज फैसला दे दिया है। ये सब कुछ आपके सामने है।” वहीं, कांडा के वकील आरएस मलिक ने भी कहा है कि उनके क्लाइंट के खिलाफ कोई सबूत नहीं था। इस मामले में गोपाल कांडा के साथ ही उनकी MDLR एयरलाइंस कंपनी की मैनेजर रहीं अरूणा चड्‌ढा को भी बरी कर दिया गया।

वहीं, दोनों ही आरोपितों के बरी होने के बाद गीतिका शर्मा के भाई अंकित शर्मा ने कहा है, “मैं अभी बात करने की स्थिति में नहीं हूँ। अभी सोचूँगा कि आगे क्या करना है।”

क्या है मामला

गीतिका शर्मा गोपाल कांडा की एयरलाइंस कंपनी MDLR में एयर होस्टेस के तौर पर काम करती थीं। लेकिन महज 23 साल की उम्र में 5 अगस्त, 2012 को गीतिका ने दिल्ली के अशोक विहार स्थित अपने ही फ्लैट में सुसाइड कर लिया था। गीतिका ने अपने सुसाइड नोट में अपनी मौत के लिए कांडा और MDLR कंपनी की मैंनेजर रहीं अरुणा चड्ढा को जिम्मेदार ठहराया था। बता दें कि गीतिका शर्मा की आत्महत्या के 6 महीने बाद फरवरी 2013 में उनकी माँ अनुराधा शर्मा ने भी आत्महत्या कर ली थी।

दाँव पर था राजनीतिक करियर

इस केस से बरी होने के बाद गोपाल कांडा की विधायकी बच गई। यदि कोर्ट उन्हें दोषी ठहरा देती तो जेल जाने के साथ ही उनकी विधायकी भी जा सकती थी। इस फैसले के बाद अब उनका राजनीतिक करियर भी बच गया है। बता दें कि जब गीतिका शर्मा सुसाइड केस सामने आता था, तब गोपाल कांडा तत्कलीन हुड्डा सरकार में गृह राज्यमंत्री थे। हालाँकि, सुसाइड केस में नाम आने के बाद उन्हें कुर्सी छोड़नी पड़ी थी। यही नहीं, इस मामले में उहें 18 महीनों तक जेल में रहना पड़ा था। हालाँकि इसके बाद मार्च 2014 में उन्हें जमानत मिल गई थी।

बता दें कि गोपाल कांडा हरियाणा की सिरसा सीट से विधायक हैं। हरियाणा की BJP-JJP सरकार को समर्थन दिया हुआ है। विधानसभा चुनाव जीतने के बाद कांडा एक बार फिर मंत्री बनने का सपना देख रहे थे। लेकिन माना जाता है कि गीतिका शर्मा सुसाइड केस के चलते ही उन्हें मंत्री पद नहीं मिल सका।

‘रात को रश्मि सामंत के घर पहुँची कर्नाटक पुलिस, माता-पिता से पूछताछ’: वकील ने बताया ज़ुबैर के ट्वीट के बाद क्या हुआ, बाथरूम में लड़कियों का वीडियो बनाने का मामला

हाल ही में कर्नाटक के उडुपी से एक खबर आई। खबर में कहा गया कि ‘नेत्र ज्योति कॉलेज’ की 3 छात्राओं को निलंबित कर दिया गया है। मामला था कॉलेज के वॉशरूम में कैमरा लगाने का। खबरों में कहा गया कि कैमरा लगाने वाली छात्राएँ एक विशेष समुदाय से थीं। वहीं हिन्दू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए कहा कि पीड़िताएँ हिन्दू समाज से थीं। बताया गया कि ये लड़कियाँ दूसरी लड़कियों के अश्लील वीडियो बना कर अपने समुदाय के लड़कों को भेजती थीं।

कर्नाटक: उडुपी के कॉलेज में लड़कियों का वीडियो बनाया

इस खबर के सामने आने के बाद ऑक्सफ़ोर्ड यूनिवर्सिटी में छात्र संघ की अध्यक्ष रहीं रश्मि सामंत का एक ट्वीट आता है। उन्होंने लिखा कि आखिर अलीमातुल शैफा, शहबानाज़ और आलिया के बारे में बात क्यों नहीं की जा रही है? बता दें कि रश्मि सामंत उडुपी से ही ताल्लुक रखती हैं। उन्होंने कहा कि इन लड़कियों ने सैकड़ों हिन्दू लड़कियों के अश्लील वीडियो बनाए। साथ ही ये भी बताया कि अपने समाज के व्हाट्सएप्प ग्रुप्स में इन वीडियो और तस्वीरों को सर्कुलेट किया गया।

साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि कई ऐसी पीड़ित लड़कियाँ हैं जो इस कारण इतनी अवसाद में चली गई हैं कि उनके मन में आत्महत्या के भी ख्याल आ रहे हैं। रश्मि सामंत ने कहा कि इसके बावजूद इस घटना की निंदा नहीं की जा रही है। साथ ही उन्होंने 1992 में अजमेर में हुए रेप कांड की बात की। बता दें कि 1992 में अजमेर के इस काण्ड का खुलासा हुआ था, लेकिन ये वर्षों से चल रहा था। 250 हिन्दू लड़कियों को ब्लैकमेल कर उनके साथ बलात्कार किया गया था।

पकड़े जाने के बाद इन तीनों लड़कियों ने दावा किया था कि वो किसी अन्य लड़की के साथ प्रैंक करने जा रही थीं, लेकिन गलती से दूसरी लड़की का वीडियो बन गया। इसके बाद पीड़ित लड़कियों ने कॉलेज प्रबंधन से शिकायत की। कॉलेज की डायरेक्टर रश्मि कृष्णा प्रसाद ने बताया कि पीड़िताएँ पुलिस वगैरह के चक्कर में नहीं पड़ना चाहती थीं, लेकिन संस्थान ने पुलिस में पेटिशन दिया। जिन मोबाइल फोन्स में वीडियो होने की बात कही गई, उन्हें भी जाँच के लिए दे दिया गया।

रश्मि सामंत के घर में घुस गई पुलिस: वकील

आरोप है कि रश्मि सामंत के इस ट्वीट के बाद कर्नाटक पुलिस उनके पीछे पड़ गई। अधिवक्ता आदित्य श्रीनिवास ने ट्वीट कर के बताया कि सोमवार (24 जुलाई, 2023) को रात के 8 बजे कर्नाटक पुलिस के अधिकारी रश्मि सामंत के घर पहुँचे। उस समय वो घर से बाहर थीं। इसके बाद पुलिस वालों ने उनके माता-पिता से पूछताछ की और कई बार पूछा कि आखिर उनकी बेटी कहाँ हैं। आरोप है कि उनके पिता को कई बार फोन कॉल कर-कर के परेशान किया गया और उनकी बेटी के लोकेशन के बारे में पूछा गया।

आदित्य श्रीनिवासन ने बताया, “ये स्पष्ट है कि पुलिस मेरी क्लाइंट रश्मि सामंत के पीछे इसीलिए पड़ी है, क्योंकि उन्होंने उडुपी के कॉलेज में हिन्दू लड़कियों के वीडियो रिकॉर्ड किए जाने की घटना की निंदा की। वो मानवाधिकार कार्यकर्ता हैं और देश-विदेश में इन मुद्दों पर आवाज उठाती रही हैं। उन्होंने ब्रिटिश संसद के ‘हॉउस ऑफ कॉमन्स’ में लेस्टर में हुई हिन्दू विरोधी हिंसा पर रिपोर्ट प्रकाशित की। उनके ताज़ा ट्वीट्स भी अभियक्ति की आज़ादी के तहत ही किए गए हैं।”

अधिवक्ता ने स्पष्ट किया कि चूँकि संविधान के दायरे में रह कर ये किया गया है, इसीलिए कर्नाटक पुलिस ने टॉर्चर करने के लिए असंवैधानिक तरीका अपनाया है। उन्होंने कहा कि ये मुद्दा देश भर में जा चुका है, ऐसे में रश्मि सामंत के घर जाने से ये नहीं थमेगा। साथ ही उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के दिशानिर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि रात के समय किसी महिला को इस तरह से गिरफ्तार करने के लिए पुलिस नहीं जा सकती। उन्होंने कहा कि अपने गृह जिले में हुए एक अपराध को लेकर रश्मि सामंत ने जागरूकता फैलाई।

फिर एक महिला के पीछे पड़ा मोहम्मद ज़ुबैर

रश्मि सामंत के घर कर्नाटक पुलिस का पहुँच जाना महज एक संयोग नहीं था। इससे पहले AltNews वाले मोहम्मद ज़ुबैर ने ट्वीट कर के रश्मि सामंत और शेफाली वैद्य को निशाना बनाया था। बता दे कि मोहम्मद ज़ुबैर ने ही नूपुर शर्मा का एडिटेड वीडियो वायरल किया था, जिस कारण एक वर्ष से अधिक समय होने के बावजूद वो घर में कैद रहने को मजबूर हैं। इसके बाद राजस्थान के उदयपुर में कन्हैया लाल तो महाराष्ट्र के अमरावती में उमेश कोल्हे की गला रेत कर हत्या कर दी गई।

मोहम्मद ज़ुबैर ने दावा कर डाला कि रश्मि सामंत लोगों को भड़काने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने उन पर ‘महिला कार्ड’ खेलने का भी आरोप लगा डाला और अनजान यूट्यूब चैनल के हवाले से प्रोपेगंडा चलाने का आरोप मढ़ा। उसने दावा कर दिया कि ‘इंडिया टुडे’ के आर्टिकल में भी दक्षिणपंथियों को कोट किया गया, जबकि ये भ्रामक सूचनाएँ हैं। उसने उडुपी पुलिस को टैग कर के रश्मि सामंत के खिलाफ एक्शन लेने के लिए भड़काया।

जबकि ये साफ़ है कि सच्चाई यही है कि ये मामला दो समुदायों का था। यहाँ तक कि ‘द न्यूज मिनट’ ने स्पष्ट लिखा कि निलंबित की जाने वाली छात्राएँ मुस्लिम समाज से थीं। वहीं मीडिया संस्थान ने ये भी लिखा कि जिन लड़कियों के वीडियो बनाने की बात कही गई वो मुस्लिम समाज से थीं। इसी तरह ‘मंगलौर टुडे’ ने भी लिखा कि एक समुदाय की लड़कियों ने दूसरे समुदाय की लड़कियों का वीडियो बनाया, जिसके बाद तनाव हुआ। ऑपइंडिया आरोपितों के नामों की पुष्टि की कोशिश कर रहा है।

‘PFI और इंडियन मुजाहिद्दीन के नाम में भी इंडिया’: PM मोदी ने विपक्ष को धोया, संसद में हंगामा जारी; अविश्वास प्रस्ताव ला सकता है INDIA

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार (25 जुलाई, 2023) को भाजपा के संसदीय दल को संबोधित करने के दौरान विपक्ष के नए गठबंधन पर भी जम कर हमला बोला। बता दें कि विपक्ष ने यूपीए को अलविदा कहते हुए अपने गठबंधन का नाम ‘I.N.D.I.A’ रखा है, जिसे ‘इंडिया’ कह कर प्रचारित किया गया। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने याद दिलाया है कि आतंकी संगठन ‘इंडियन मुजाहिदीन’ और आक्रांता अंग्रेजों की ‘ईस्ट इंडिया कंपनी’ के नाम में भी तो इंडिया है।

उन्होंने कहा कि सिर्फ नाम में ‘इंडिया’ लगा लेने से कुछ नहीं होता है। बता दें कि विपक्ष मणिपुर हिंसा पर हंगामा करते हुए संसद नहीं चलने दे रहा है, जबकि मोदी सरकार चर्चा के लिए तैयार है। इस पर पीएम मोदी ने कहा कि उन्होंने इस तरह का दिशाहीन विपक्ष नहीं देखा। उन्होंने कहा कि ये लोग भ्रमित हैं और इनके बर्ताव से ऐसा लगता है कि ये दशकों तक सत्ता में नहीं आना चाहते। उन्होंने विपक्ष को बिखरा हुआ हताश करार दिया।

प्रधानमंत्री ने एक तरह से साफ़ कर दिया है कि वो संसद में विपक्ष के उपद्रव के सामने झुकने वाले नहीं हैं। उन्होंने गिनाया कि कैसे आतंकी संगठन PFI के नाम में भी इंडिया था। उधर ये भी खबर आ रही है कि विपक्ष अब अविश्वास प्रस्ताव की तैयारी कर रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मणिपुर पर संसद में चर्चा का उत्तर देने के लिए तैयार हैं। प्रधानमंत्री के संसद में पहुँचने पर भाजपा के सांसदों में खासा उत्साह दिखा और उन्होंने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया।

उधर पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि हमें अपने प्रधानमंत्री पर गर्व है, उन्होंने एक नई आशा जगाई है। पटना साहिब लोकसभा क्षेत्र से सांसद ने कहा कि 2024 में भी NDA ही सत्ता में आएगी। उन्होंने कहा कि देश-दुनिया जानती है और विपक्ष भी ये समझता है, फिर भी वो बार-बार विरोध करते हैं क्योंकि वो मान चुके हैं कि उन्हें सत्ता में नहीं आना। उन्होंने कहा कि कॉन्ग्रेस और ‘ईस्ट इंडिया कंपनी’, दोनों को अंग्रेजों ने ही बनाया है। उन्होंने कहा कि 2024 का परिणाम आएगा जो हारे हुए और थके हुए निराश विपक्ष की संख्या और कम हो जाएगी।

अरविंद से शादी कर ईसाई बनी, क्या अब नसरुल्लाह से निकाह के लिए मुस्लिम बनेगी अंजू: राजस्थान से पाकिस्तान गई महिला ने बताया प्लान

34 साल की अंजू को मीडिया ‘भारत की सीमा हैदर’ बता रहा है। हालाँकि इस तुलना को अंजू गलत बता रही है। कह रही है कि वह जल्द वापस लौटेगी। फेसबुक प्रेमी नसरुल्लाह से मिलने पाकिस्तान गई अंजू वापसी से पहले सगाई भी कर सकती है। लेकिन इसके लिए इस्लाम कबूल करने से उसने इनकार किया है।

अंजू ने बीबीसी से बातचीत में कहा है कि वह धर्म परिवर्तन नहीं करना चाहती है। उस पर निकाह के लिए इस्लाम कबूलने का दबाव भी नहीं है। उल्लेखनीय है कि 2007 में उत्तर प्रदेश के बलिया के अरविंद से शादी करने के बाद अंजू ईसाई बन गई थी। वह राजस्थान के भिवाड़ी में अपने पति और बच्चों के साथ रह रही थी। 21 जुलाई 2023 को वह जयपुर जाने की बात कहकर घर से निकली और पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा के दीर बाला पहुंच गई। यहाँ वह नसरुल्लाह के घर में ठहरी हुई है।

बीबीसी को अंजू ने बताया है कि 2020 से ही उसकी नसरुल्लाह से बात हो रही है। पाकिस्तान आने की बात उसने पति को नहीं बताई थी, क्योंकि फिर शायद उसे आने नहीं दिया जाता। बातचीत से ऐसा भी लग रहा है कि उसके अपने पति के साथ संबंध अच्छे नहीं हैं। उसने कहा है, “मैं सब-कुछ देख-सुन कर ही सगाई करने का फैसला लूँगी। अगर सब कुछ ठीक लगा तो लौटने से एक दिन पहले सगाई कर लूँगी। सगाई करने के बाद भारत आऊँगी और आगे की जो प्रक्रिया होगी उसे पूरा करूँगी।” इस बीच अंजू का मानसिक स्वास्थ्य ठीक नहीं होने की बात उसके पिता ने कही है।

इससे पहले नसरुल्लाह ने भी बीबीसी को बताया था कि अंजू सगाई के लिए पाकिस्तान आई है। सगाई के बाद वह भारत लौट जाएगी। इसके बाद वह निकाह के लिए दोबारा पाकिस्तान आएगी। लेकिन बाद में इससे पलटते हुए उसने कहा था कि अंजू घूमने के लिए पाकिस्तान आई है। वीजा खत्म होने के बाद वह 20 अगस्त को भारत लौट जाएगी। नसरुल्लाह ने बताया था कि अभी अंजू उसके घर की महिलाओं के साथ अलग कमरे में रह रही है।

कैसे पाकिस्तान पहुँची अंजू

अंजू ने 21 जुलाई को अपने पति अरविंद से कहा था कि वह जयपुर घूमने जा रही है। लेकिन वह भिवाड़ी से दिल्ली आई। फिर वहाँ से अमृतसर पहुँची और बाघा बॉर्डर पार कर पाकिस्तान पहुँच गई। उसके पास पासपोर्ट और पाकिस्तान जाने के लिए वीजा था, इसलिए उसे बॉर्डर पार करने में कोई समस्या नहीं हुई। उसने पासपोर्ट 2020 में बनवाया था। अंजू का शुरुआत में दावा था कि वह एक शादी में शामिल होने के लिए पाकिस्तान आई है।

अंजू ने यह भी कहा था कि सीमा हैदर से उसकी तुलना गलत है। वह 2-4 दिन में ही वापस आ जाएगी। उसने यह भी कहा था कि वह बच्चों को पढ़ाने और नौकरी करने के लिए पति के साथ रह रही थी। लेकिन भारत वापस आने के बाद बच्चों को लेकर पति से अलग हो जाएगी। इसके अलावा अंजू ने एक वीडियो जारी कर अपने रिश्तेदारों और बच्चों को परेशान न करने की रिक्वेस्ट भी की थी।

मणिपुर में म्यांमार के 718 नागरिक घुसे, असम राइफल्स से राज्य सरकार ने पूछा- कैसे हुई घुसपैठ, तुरंत बाहर निकालो इन्हें

मणिपुर में म्यांमार के 718 नागरिकों के अवैध रूप से घुसने का मामला सामने आया है। राज्य सरकार ने 24 जुलाई 2023 को असम राइफल्स को इन घुसपैठियों को भारत से तुरंत बाहर करने के निर्देश दिए हैं। 22 और 23 जुलाई को ये लोग अवैध तरीके से भारत की सीमा में दाखिल हुए थे। इनमें 301 बच्चे बताए जा रहे हैं। हिंसा प्रभावित मणिपुर में इस घुसपैठ पर राज्य सरकार ने चिंता जताई है।

मणिपुर के बीजेपी विधायक राजकुमार इमो सिंह ने ट्वीट कर बताया है कि सरकार ने इस संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी माँगी है ताकि यह पता चल सके कि बिना वैध दस्तावेजों के इन लोगों ने राज्य में प्रवेश कैसे किया। उन्होंने बताया है, “अवैध तरीके से घुसे म्यांमार के नागरिकों को तुरंत उनके देश वापस भेजने का आदेश दिया गया है। मणिपुर सभी समुदायों के मूल निवासियों के लिए है न कि घुसपैठियों के लिए।” उन्होंने घुसपैठ रोकने, सीमा की बाड़बंदी और केंद्र सरकार के निर्देशों के अनुसार घुसपैठियों की पहचान प्राथमिकता के आधार पर करने की आवश्यकता बताई है।

मणिपुर के गृह​ मंत्रालय ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया है कि म्यांमार के 718 नागरिकों के घुसपैठ की रिपोर्ट असम राइफल्स के मुख्यालय को मिली थी। ये लोग चंदेल जिले के न्यू लाजांग से मणिपुर में घुसे थे। विज्ञप्ति के अनुसार 718 घुसपैठियों में 209 पुरुष, 208 महिला और 301 बच्चे शामिल हैं। ये लोग लाइजैंग, बोन्से, न्यू सोमताल, न्यू लाइजैंग, यांग्नोमफाई, यांग्नोमफाई सॉ मिल और अलवोमजंग में रह रहे हैं।

राज्य सरकार ने बताया है कि उसने असम राइफल्स को स्पष्ट शब्दों में कहा है कि सीमा सुरक्षा बल होने के कारण मणिपुर में म्यांमार के नागरिकों की घुसपैठ रोकने के लिए उसे भारत सरकार के निर्देशों के अनुसार सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। मौजूदा हालात में इस तरह की घुसपैठ को बेहद संवेदनशील बताते हुए राज्य सरकार ने असम राइफल्स से विस्तृत रिपोर्ट माँगी है। पूछा है कि म्यामांर के नागरिकों को चंदेल जिले में प्रवेश करने की अनुमति क्यों और कैसे दी गई? साथ ही इनलोगों को तुंरत अपने देश वापस भेजने को कहा है। चंदेल के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को असम राइफल्स को दिए गए निर्देशों के कार्यान्वयन की निगरानी करने और सभी घुसपैठियों की तस्वीरें तथा बॉयोमेट्रिक्स डिटेल्स रखने के निर्देश दिए गए हैं।

मणिपुर पर संसद में हंगामा जारी, बोले अमित शाह- चर्चा से भाग रहा है विपक्ष: AAP वाले संजय सिंह पूरे मॉनसून सत्र के लिए राज्यसभा से सस्पेंड

संसद के मॉनसून सत्र के तीसरे दिन 24 जुलाई 2023 को भी दोनों सदनों में हंगामा देखने को मिला। विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। केंद्रीय गृह​ मंत्री अमित शाह ने कहा है कि विपक्ष चर्चा से भाग रहा है। उल्लेखनीय है कि सत्र के पहले ही दिन सरकार ने साफ कर दिया था कि वह मणिपुर पर चर्चा के लिए तैयार है। इस बीच आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को पूरे मॉनसून सत्र के लिए सदन से निलंबित कर दिया गया है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में कहा, “मणिपुर के बेहद संवेदनशील मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के सदस्यों ने चर्चा की माँग की है। मैं इस में सदन में चर्चा के लिए तैयार हूँ। मुझे नहीं मालूम कि विपक्ष चर्चा क्यों नहीं होने दे रहा। मैं विपक्ष के नेता से अनुरोध करता हूँ कि इस मुद्दे पर चर्चा होने दें। इस मसले पर पूरे पूरे देश को सच्चाई पता चले यह महत्वपूर्ण है।”

दरअसल विपक्ष इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान पर अड़ा हुआ है। सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि गृह मंत्री अमित शाह ही इस मामले में जवाब देंगे। सरकार की कोशिश इस गतिरोध को खत्म कर सदन की कार्यवाही सुचारू करने की है। रिपोर्ट के अनुसार रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कॉन्ग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, टीएमसी के सुदीप बंधोपाध्य और डीएमके के टीआर बालू सहित विपक्ष के कई नेताओं से बात की है। पीएम मोदी ने भी इस मुद्दे पर कुछ वरिष्ठ मंत्रियों के साथ बैठक की है। यदि विपक्ष का हंगामा जारी रहा तो भी सरकारी की तैयारी सत्र को खाली नहीं जाने देने की है। हंगामे के बीच ही विधायी कार्य निपटाए जा सकते हैं।

राज्यसभा में हंगामे के दौरान आप सांसद संजय सिंह वेल में चले गए। उपराष्ट्रपति व राज्यसभा सभापति जगदीप धनखड़ की कुर्सी के सामने पहुँचकर विरोध करने लगे। इस दौरान वे धनखड़ को हाथ दिखाकर कुछ बोलते दिखे। सभापति के बार-बार कहने के बावजूद वे अपनी सीट पर जाने को तैयार नहीं हुए।

इसके बाद सदन के नेता पीयूष गोयल ने उनके निलंबन का प्रस्ताव रखा। गोयल ने कहा, “इस तरह की हरकत सही नहीं है। ये सदन के नियमों के खिलाफ है। मैं सभापति से अपील करता हूँ कि वे संजय सिंह के खिलाफ कार्रवाई करें। सरकार संजय सिंह के सस्पेंशन के लिए प्रस्ताव लाती है कि उन्हें पूरे मॉनसून सत्र के लिए सस्पेंड किया जाए।” इसके बाद सदन ने ध्वनिमत से प्रस्ताव पारित कर दिया।

इससे पहले मॉनसून सत्र के दूसरे दिन 21 जुलाई को सभापति ने AAP के सांसद संजय सिंह और राघव चड्ढा को सदन में व्यवहार का उचित पाठ पढ़ाया था। दरअसल दोनों दूसरे सदस्यों को बोलने नहीं दे रहे थे सदन की कार्यवाही को बाधित कर रहे थे। उसके बाद उपराष्ट्रपति ने उनसे कहा था कि राज्यसभा को उच्च-सदन कहा जाता है। ये बड़ों का सदन माना जाता है। ऐसे में यहाँ इस तरह का व्यवहार ठीक नहीं है।

तांडव, चंद्रमौलेश्वर और मनमहेश… महाकाल की सवारी में पत्नी के साथ शामिल हुए CM शिवराज: उज्जैन में थूकबाजों का घर किया था जमींदोज

सावन के तीसरे सोमवार पर 24 जुलाई 2023 को मध्य प्रदेश के उज्जैन में महाकाल की सवारी निकली। अपनी प्रजा का हाल जानने निकले राजाधिराज भगवान महाकाल के तीन रूपों के दर्शन भक्तों ने इस सवारी के दौरान की। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी अपनी पत्नी और बेटे के साथ सवारी में शामिल हुए।

इस सोमवार बाबा महाकाल ने अपने भक्तों को तीन स्वरूप में दर्शन दिए। चाँदी की पालकी में वे चंद्रमौलेश्वर रूप में विराजमान थे। हाथी पर वे मनमहेश के रूप में सवार थे। बैल गाड़ी में गरुड़ रथ पर शिवताडंव के दिव्य-भव्य स्वरूप में भगवान महाकाल ने उज्जैन का भ्रमण किया। इससे पहले मंदिर के मुख्य द्वार पर पुलिस बैंड ने शिव धुन बजाई। इसके बाद सशस्त्र बल की टुकड़ी की सलामी के बाद राजाधिराज महाकाल की सवारी रवाना हुई।

इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद भक्तों ने हर-हर महादेव, जय महाकाल जैसे जयकारों और फूल बरसाकर बाबा महाकाल का स्वागत किया। वहीं सीएम शिवराज सिंह चौहान अपनी पत्नी साधना सिंह और बेटे कार्तिकेय के साथ महाकाल का अभिषेक करने के बाद सवारी में शामिल हुए। इस दौरान उज्जैन के सांसद अनिल फिरोजिया और महापौर मुकेश टटवाल भी साथ थे।

महाकाल की सवारी से पहले सीएम शिवराज पत्नी के साथ महाकाल मंदिर का ध्वज थामे चल रहे थे। इसके बाद झाँझर बजाते नजर आए। सीएम शिवराज ने इसका वीडियो में शेयर किया है। वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा, “भजन गाओ, खुशियाँ मनाओ… मेरे बाबा की सवारी है।”

बता दें कि प्रत्येक वर्ष सावन माह में महाकाल की सवारी निकलती है। आम तौर पर यह सवारी 4-5 सोमवार ही निकलती है। चूँकि इस बार अधिकमास है। ऐसे में भगवान महाकाल की सवारी 10 बार निकलेगी। अंतिम सवारी 11 सितंबर को निकलेगी। इससे पहले 17 जुलाई को जब महाकाल की सवारी निकली थी तो एक घर की छत से थूकने का वीडियो वायरल हुआ था। आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद शिवराज सरकार ने ढोल-DJ से मुनादी करवाकर उस घर के अवैध निर्माण को ध्वस्त करवा दिया था, जिसकी छत से सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के लिए यह हरकत की गई थी।