‘टाइम्स नाउ’ और ‘टाइम्स नाउ नवभारत’ के ओपिनियन पोल्स में उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री के रूप में योगी आदित्यनाथ की सत्ता में वापसी तय दिख रही है। जहाँ ‘टाइम्स नाउ’ के हिसाब से भाजपा को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में 227-254 सीटें मिलने का अनुमान है, ‘टाइम्स नाउ नवभारत’ ने पार्टी को 240 सीटें मिलने का अंदेशा जताया है। समाजवादी पार्टी को ‘TN नवभारत’ के ओपिनियन पोल में 143 और मायावती की बसपा को 10 सीटें मिलती दिख रही हैं।
वहीं वोट प्रतिशत के मामले में भी भाजपा का ही बोलबाला दिखाया जा रहा है। चैनल द्वारा किए गए ओपिनियन पोल की मानें तो भाजपा 39.4% वोटों के साथ पहले नंबर पर रहेगी और अखिलेश यादव की सपा 34.6% वोट के साथ दूसरे नंबर पर। बसपा को 12.9% और कॉन्ग्रेस को 6.9% वोट मिलता दिखाया गया है। कॉन्ग्रेस को इस ओपिनियन पोल में महज 8 सीट ही दी गई है, जो दिखाता है कि पार्टी की दुर्गति बनी रहेगी। कॉन्ग्रेस पार्टी के प्रचार की कमान प्रियंका गाँधी संभाल रही हैं।
वहीं अगर उत्तराखंड की बात करें तो TNN के ओपिनियन पोल में यहाँ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एक बड़े बहुमत के साथ सत्ता में लौटते दिख रहे हैं। पहाड़ी राज्य में भाजपा को 48 और कॉन्ग्रेस को 14 सीटें मिलती हुई दिख रही हैं। वहीं आम आदमी पार्टी (AAP) भी राज्य में अपना खाता खोलेगी और उसे 7 सीटें मिलती हुई दिख रही हैं। इस तरह भाजपा यहाँ दो तिहाई बहुमत से सत्ता में वापस आती दिख रही है। पार्टी को पिछले एक साल में 3 बार मुख्यमंत्री का बदलाव करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
सबसे चौंकाने वाले नतीजे पंजाब के दिखाए जा रहे हैं, जहाँ AAP की सरकार बनती हुई दिख रही है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पार्टी को यहाँ 56 सीटों पर जीत मिलते हुए दिखाया गया है, जबकि कॉन्ग्रेस 44 पर रह जाएगी। ‘शिरोमणि अकाली दल (SAD)’ को 13 और भाजपा को महंत 2 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। गोवा में भी AAP 10 सीटें जीतते हुए दिख रही है, जबकि 20 सीटों के साथ भाजपा बहुमत प्राप्त करती हुई दिख रही है।
इस ओपिनियन पोल की मानें तो मणिपुर में भी भाजपा के नेतृत्व वाला गठबंधन सत्ता में वापसी करेगा। वहीं ‘टाइम्स नाउ’ के हिसाब से 57.84% लोगों का कहना है कि राम मंदिर और काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के निर्माण से भाजपा को फायदा होगा, जबकि 36.73% लोग इसके उलट सोच रखते हैं। जिस पश्चिमी उत्तर प्रदेश को ‘जाटलैंड’ कहा जाता है और जहाँ किसान आंदोलन का असर था, वहाँ भी भाजपा को 37.61% वोट मिलते दिख रहे हैं। 46.32% लोगों ने कहा कि योगी आदित्यनाथ की सरकार किसान विरोधी नहीं है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) की सुरक्षा चूक के मामले में सर्वोच्च न्यायालय (Supreme Court of India) द्वारा जाँच कमेटी गठित किए जाने के बाद एक और जनहित याचिका (PIL) शीर्ष अदालत में दायर की गई है। इसमें पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी (Chief Minister Charanjit Singh Channi) और राज्य के तत्कालीन डीजीपी (DGP) समेत दूसरे सरकारी अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक एक्शन लेने की माँग की गई है।
रिपब्लिक टीवी की खबर के मुताबिक, सर्वोच्च अदालत में यह याचिका 7 जनवरी 2022 (शुक्रवार) को वकील नीरज कुमार ने दायर की थी। याचिकाकर्ता ने सुप्रीम कोर्ट से इस मामले की जाँच आतंकवाद के एंगल और पंजाब पुलिस और कॉन्ग्रेस सरकार की कथित भूमिका की राष्ट्रीय जाँच एजेंसी (NIA) से करवाने की माँग की है।
याचिका में इस बात को प्रमुखता से उठाया गया है कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काफिला फँसा था तो उस संकट के समय पंजाब सरकार की ओर से कोई सहयोग नहीं किया गया। याचिका में कहा गया है, “यह स्पष्ट है कि मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक का प्रधानमंत्री की अगवानी और उनके आधिकारिक कार्यक्रमों से दूर रहने का इरादा था। यह जानबूझकर उनकी सुरक्षा को खतरे में डालने की साजिश का एक हिस्सा है।”
याचिका में पंजाब सरकार पर आरोप लगाया गया है कि प्रदर्शनकारियों को जान-बूझ कर पीएम मोदी के काफिले तक पहुँचने दिया गया। ये राज्य तंत्र और राज्य की राजनीतिक स्थापना द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा का गंभीर और अक्षम्य उल्लंघन था।
सोमवार (10 जनवरी, 2022) को पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा चूक मामले की जाँच के लिए सुप्रीम कोर्ट ने एक रिटायर्ड जज के नेतृत्व में एक समिति बनाने का निर्णय लिया था। इस कमिटी में चंडीगढ़ के डीजीपी, NIA के आईजी, पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल और पंजाब के ADGP (सिक्योरिटी) को शामिल किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि 5 जनवरी 2022 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे के दौरान फिरोजपुर जाते वक्त उनके काफिले को हुसैनीवाला के एक फ्लाईओवर पर प्रदर्शनकारियों ने रोक दिया था। वहाँ तकरीबन 20 मिनट तक पीएम का काफिला फँसा रहा था।
पिछले दिनों दिल्ली पुलिस को इंद्रलोक के तिकोना पार्क स्थित मंदिर के पास एक लाश मिली थी। मृतक की पहचान अभिषेक (20) के तौर पर हुई थी। उस पर चोरी के कई मामले दर्ज थे। अब इस मामले में पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान मुख्य आरोपित अफजल अंसारी (45), उसके भाई सवजल अंसारी (38), सहयोगी राशिद अंसारी (30) मोहम्मद इसराफिल (20) और अबरार अंसारी (27) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपितों के पास से वारदात में इस्तेमाल स्कूटर और यमुना नदी में फेंका गया मृतक का मोबाइल बरामद कर लिया है।
अभिषेक की हत्या 6 जनवरी को की गई थी। उसके बाद उसकी लाश को बेडशीट में लपेट पॉलिथीन की थैली में डाला गया था। फिर स्कूटर की मदद से उसे मंदिर के पास सड़क किनारे फेंक दिया गया।
चोरी के लैपटॉप, ब्लैकमेल
अभिषेक के परिजनों के साथ पूछताछ के दौरान पुलिस को आरोपितों के साथ उसके विवाद के बारे में पता चला। इसके बाद छानबीन करती हुई पुलिस पदम नगर स्थित आरोपित की बेकरी तक पहुँच गई। जिस चादर में लिपटा हुआ अभिषेक का शव मिला था, उसका कुछ हिस्सा व पॉलिथीन बेकरी से बरामद किया गया। इसके बाद पूछताछ करने पर बेकरी मालिक अफजल अंसारी ने अभिषेक की हत्या की बात कबूल कर ली। अफजल से पूछताछ के बाद बाकी आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। अफजल ने बताया कि एक साल पहले उसने अभिषेक से 5-5 हजार रुपए में चोरी के दो लैपटॉप खरीदे थे। इसके बाद अभिषेक ने चोरी का माल खरीदने की बात कर अफजल को धमकाना शुरू कर दिया था। वह धीरे-धीरे एक लाख रुपए उनसे ले चुका था। छह जनवरी को वह बीस हजार रुपए की डिमांड कर रहा था।
शव को चादर में लपेट ठिकाने लगाया
घटना के वक़्त खजूरी में बेकरी चलाने वाला अफजल का भाई सवजल भी मौके पर था। पहले अभिषेक को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह नहीं मना। सभी ने मिलकर उसकी बेकरी के ही दूसरे कमरे में गला घोंटकर हत्या कर दी। बाद में शव को चादर में लपेट पॉलिथीन की थैली में डाला। फिर स्कूटर की मदद से ठिकाने लगा दिया। खजूरी जाते समय आरोपित सवजल ने अभिषेक का मोबाइल यमुना में फेंक दिया। पुलिस ने स्कूटी और मृतक का मोबाइल बरामद कर लिया है। अन्य आरोपित राशिद, इसराफिल और अबरार ने हत्या में सहयोग किया।
अभिषेक चोरी व लूटपाट के 20 मामलों में शामिल
उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त सागर सिंह कलसी के अनुसार सात जनवरी को इंद्रलोक इलाके में चादर में लिपटा शव बरामद हुआ था। मृतक के गले व हाथ पर चोट के निशान थे। सराय रोहिल्ला थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। जाँच के दौरान मृतक की शिनाख्त प्रताप नगर निवासी अभिषेक के रूप में हुई। छानबीन में पता चला कि आरोपित अभिषेक चोरी और लूटपाट के 20 मामलों में शामिल रहा था।
विज्ञान ने प्रगति की राह पर चलते-चलते आज एक ऐसा मुकाम हासिल कर लिया है कि इंसानी जिस्म में सूअर का दिल भी धड़क सकता है। जी हाँ, ये कोई विज्ञान का उपहास नहीं है बल्कि मैरीलैंड में घटित घटना की हकीकत है। वहाँ दिल की बीमारी से जूझ रहे एक आदमी के दिल में सूअर का दिल लगाया गया है और खास बात ये है कि शुक्रवार को हुए इस हार्ट ट्रांसप्लांट के बाद 57 वर्षीय व्यक्ति जीवित भी है।
कथिततौर पर मेडिकल के इतिहास में ये पहली बार हुआ है कि सर्जनों ने इस तरह अंग ट्रांसप्लांट के बाद सफलता पाई हो। अब अनुमान है कि इस विकास से आने वाले समय में अंगदान करने वालों की कमी से निपटा जा सकेगा। इस केस में सूअर को एक अंग दाता के तौर प र इस्तेमाल किया गया है।
In a first-of-its-kind surgery, a 57-year-old patient with terminal heart disease received a successful transplant of a genetically-modified pig heart and is still doing well three days later: University of Maryland Medical Center
रिपोर्ट के अनुसार, डेविड बेनेट/दवे बेनेट नामक शख्स पर ये प्रयोग हुआ। सर्जरी के बाद उनके बेटे ने कहा, “ये किसी चमत्कार से कम नहीं है। यही तो मेरे पिता को चाहिए था और यही मुझे लगता है कि मेरे पिता को मिल गया है।”
बता दें कि ये सर्जरी 9 घंटे में पूरी की गई। डॉक्टरों ने मरीज के दिल को 1 साल के सूअर के दिल के साथ रिप्लेस किया, जिसका वजन 240 पाउंड था और उसके जीन एडिट किए गए थे। बेनेट इस सूअर का दिल पाकर अब बिन वेंटिलेटर के सांस ले पा रहे हैं। हालाँकि कुछ समय उन्हें ईसीएमओ मशीन पर रखा गया है। डॉक्टर धीरे-धीरे उन्हें इस मशीन से हटाएँगे।
उल्लेखनीय है कि वैज्ञानिक लंबे समय से इस विषय पर जाँच कर रहे थे कि कैसे जानवरों के अंगों की मदद से इंसानी जीवन बचाया जा सके। मैरीलैंड निवासी डेविड कहते हैं, “मेरे पास दो ही विकल्प थे, या तो मरूँ या फिर यह ट्रांसप्लांट करवाऊँ। मैं जीना चाहता हूँ। मैं जानता हूँ कि यह अंधेरे में तीर चलाने जैसा है, लेकिन यह मेरी आखिरी इच्छा है।” पिछले कई महीनों से हार्ट-लंग बाईपास मशीन के सहारे बिस्तर पर पड़े बेनेट ने कहा, “मैं ठीक होने के बाद बिस्तर से बाहर निकलने के लिए उत्सुक हूँ।”
इस नई तरह की सर्जरी के बारे में पता हो कि इसके लिए मंजूरी न्यू ईयर ईव पर अमेरिकी प्रशासन ने दी थी, जिसके सफल होने पर इसे करने वाले डॉक्टर बार्टले ग्रिफिथ ने कहा कि यह एक सफल सर्जरी थी। अब अंगों की कमी से निपटने के लिए हम एक कदम और आगे बढ़ गए हैं। मालूम हो कि इस प्रयास से पूर्व एक कोशिश Montogomery में सितंबर में भी हुई थी उस समय भी सूअर का दिल ट्रांसप्लांट के लिए इस्तेमाल हुआ था, हालाँकि वो सर्जरी सफल नहीं थी और व्यक्ति का ब्रेन डैमेज हो गया था।
गुजरात के दो शहरों अहमदाबाद और सूरत के बीच की दूरी करीब 230 किलोमीटर है। हीरे और कपड़े के कारोबार के लिए प्रसिद्ध सूरत राज्य के उन शहरों में है जहाँ दूसरे प्रांतों से आए लोग भी बहुतायत हैं। इसी सूरत के बाहरी इलाके में स्थित ‘सचिन औद्योगिक क्षेत्र’ में 15 साल से पूजा (बदला हुआ नाम) का भी परिवार रहता है। साल था 2015। 17 साल की पूजा अक्सर उस गारमेंट फैक्ट्री में जाती थी जहाँ उसकी माँ और बहन काम करती थी। यहीं वह दिलशाद से मिली।
पूजा बताती है कि फैक्ट्ररी में काम के दौरान दिलशाद उसके बगल में आकर बैठ जाता और पहचान बढ़ाने की कोशिश करता। एक दिन चाय ब्रेक के दौरान दिलशाद ने उसका फोन लेकर अपने नंबर पर डायल किया, जिससे पूजा का फोन नंबर उसे मिल गया। कुछ दिनों बाद, उस साल की शिवरात्रि से दो दिन पहले उसने कॉल किया। पूजा बताती है, “मुझे एक अनजान नंबर से फोन आया। मैंने फोन उठाया तो कॉल करने वाले ने अपना नाम दिलशाद बताया।”
नाबालिग पूजा को दिलशाद ने कहा कि वह उससे प्यार करता है और मिलना चाहता है। पूजा ने यह कहते हुए उसके प्रस्ताव को ठुकरा दिया कि पिता घर पर हैं और वह मिलने नहीं आ सकती। उसने यह भी कहा कि वह उसे पसंद नहीं करती है। इसके बावजूद दिलशाद उसे फोन करता रहा। जब उसने नंबर ब्लॉक कर दिया तो वह दूसरे नंबर से कॉल करने लगा। बार-बार फोन आने से पूजा बहुत परेशान रहती थी। उसने बताया कि जब एक दिन पापा ने पूछा कि किसका फोन आता है तो वह और भी डर गई।
पूजा बताती है कि एक दिन दिलशाद ने उसे दूसरे नंबर से फोन कर मिलने को कहा। कहा कि यदि वह एक बार उससे मिल लेती है तो वह फिर कभी फोन और मैसेज नहीं करेगा। उस दिन घर पर पूजा अकेली थी। वह दिलशाद से मिलने गई, जहाँ उसके साथ कई लोग थे, जिन्होंने उसे अगवा कर लिया।
अगवा कर बिहार के कटिहार के एक गाँव में पूजा को ले गए
पूजा ने अपनी आपबीती साझा करते हुए ऑपइंडिया को बताया, “सोचा था मिलकर उसे कहूँगी कि मैं तुमसे प्यार नहीं करती। लेकिन जब मैं मिलने पहुॅंची तो मुझे बहुत बड़ा झटका मिला। वहाँ 2-3 लोग थे जो मुझे उठाकर ले गए। पहले सचिन के पास साईनाथ नामक स्थान पर ले जाया गया। यहाँ पर कुछ दिन तक रखा।” इस दौरान घर में पूजा के ना मिलने पर उसके माता-पिता और बहन को शक हुआ। उन्होंने दिलशाद से संपर्क करने की कोशिश की। लेकिन उसने कभी भी पूजा को उसके परिवार से बात नहीं करने दी। वे उसे साईनाथ से सीधा मुंबई ले गए। पूजा ने बताया कि मुंबई में दिलशाद के परिवार का एक सदस्य और एक दोस्त रहता था। यहाँ उसे एक दिन रखा गया। इसके बाद बिहार ले जाया गया। इस दौरान वह बहुत रोई, लेकिन उन लोगों को उस पर बिल्कुल भी दया नहीं आई।
“मैं तुमसे निकाह करना चाहता हूँ”
पूजा के अनुसार बिहार में दिलशाद ने उससे कहा कि वह निकाह करना चाहता है। उसने अपने परिजनों और ग्रामीणों से कहा कि निकाह करने के लिए वह उसे लेकर आया है। पूजा निकाह को तैयार नहीं थी। बावजूद लोगों ने दिलशाद का साथ दिया। शादी का रजिस्ट्रेशन कराने के लिए 10 हजार रुपए दिए गए। निकाह के लिए एक मौलाना बुलाया गया। पूजा केा डराया, धमकाया गया। दिलशाद के साथ सूरत की कंपनी में काम करने वाला उसके एक ग्रामीण ने भी पूजा को धमकाया। कहा निकाह नहीं करने पर वे उसके परिवार को जान से मार देंगे। डर से पूजा को निकाह करना पड़ा।
पूजा ने बताया, “मेरे परिवार के सदस्य फोन करते रहे लेकिन वे मुझे धमकाते रहे। जो लोग निकाह में शामिल होने के लिए आए थे वे सभी जानते थे कि मैं इससे खुश नहीं हूँ। यह बात शादी का रजिस्ट्रेशन करने वाले भी जानते थे, लेकिन उन सभी ने निकाह के लिए पैसे लिए थे।”
पूजा ने खुलासा किया कि निकाह के बाद उसका नाम बदल दिया गया। उसके बाल काट दिए गए। बुर्का पहनने का दबाव डाला गया। बाहर निकलने पर पाबंदी लगा दी गई। दिलशाद उसे मारता भी था। वह कहती है, “उसके पास बार-बार मेरी मम्मी का फोन आ रहा था। मैंने सोचा कि अगर मैं इन लोगों के हिसाब से रहूँ और जैसा ये मुझसे करने को कहते हैं वैसा करूँ, तो वे मुझे अपने परिवार से बात करने दे सकते हैं। फिर एक दिन मेरे पापा का फोन आया, लेकिन उसने मुझे बात नहीं करने दी। मैंने दिलशाद से कहा कि अब तो ठीक से रह रही हूँ मुझे करने दो उन लोगों से बात। फिर जाकर उसने मुझे मेरे परिवार वालों से बात करने दी। पापा ने मुझे बताया कि मम्मी बहुत बीमार हैं।”
पूजा ने बताया कि रात में सोने के वक्त दिलशाद की अम्मी उसके बिस्तर के पास कुछ छिड़कती थी। वह कहती है, “मैंने उनसे पूछा कि आप ये क्या करती हैं, तो उन्होंने कहा कि ये हमारे परिवार के लिए है। मैं 15 से 20 दिनों तक दिलशाद के यहाँ रही। मैंने उसे मौलवी से बात करते हुए भी सुना था, जो निकाह कराने के लिए आया था। उन्हें हिंदू लड़की से निकाह करने पर पैसे मिलते हैं।”
घर वापसी
एक दिन दिलशाद ने पूजा को उसके पिता से बात करने दी। फोन पर पूजा के पिता ने बताया कि उसकी माँ गंभीर रूप से बीमार है। पूजा ने बताया कि मेरे पिता को नहीं पता था कि मैं कहाँ हूँ। पूजा ने तब दिलशाद से अनुरोध किया कि वह उसे जाने दे और एक बार उसे माँ से मिलने दे। लेकिन दिलशाद ने साफ मना कर दिया। जान से मारने की धमकी दी। साथ ही कहा कि अगर उसके घर वाले पुलिस के साथ उसे बचाने के लिए गाँव आए तो वो उन लोगों को भी जान से मार देगा।
पूजा ने खुलासा किया कि उसे बचाने के लिए उसके भाई ने अपने ट्यूशन वाले सर अमित माथुर की मदद ली। एक दिन दिलशाद नहाने गया था और अपना फोन भूल गया था। पूजा ने मौका पाकर उसका फोन उठाया और अपने पिता को जगह के बारे में बताया। लेकिन दिलशाद को यह पता चल गया कि उसके पिता आने वाले हैं। इस बात को लेकर उसने पूजा को बहुत पीटा। फिर दिलशाद के सामने उसने अपने पापा को फोन कर आने से मना किया। वह कहती है, “मैंने उन्हें (पिता) समझाने की कोशिश की कि मैं वापस आ जाऊँगी। मैं दिलशाद के यहाँ अच्छे से रही ताकि उन्हें अपने विश्वास में ले सकूँ। मुझे यह करना पड़ा और कुछ दिनों के लिए मैं वहीं रुक गई। जब मेरे पाप मुझसे मिलने आए, तो दिलशाद ने पहले कुछ लोगों को यह देखने के लिए भेजा कि वह अकेले हैं या उनके साथ पुलिस है और उसके बाद ही मुझे उनसे मिलने दिया गया।”
उसने बताया, “मेरे पापा मुझे देखकर बहुत रोए।” पूजा को दिलशाद और उसकी अम्मी ने ‘विवाह प्रमाण-पत्र’ की कॉपी देने से इनकार कर दिया। लेकिन वह चोरी छिपे एक कॉपी अपने पिता के साथ लेकर आने में कामयाब रही।
पूजा को मंदिर ले जाया गया
पूजा ने जब अपनी माँ को अस्पताल में देखा तो वह आईसीयू में थी। वह कहती है, “परिवार के सदस्यों ने बताया कि मैं रात में नींद से उठकर नमाज पढ़ने लगती हूँ, जबकि मुझे इसके बारे में पता भी नहीं था।” उसने बताया, “एक दिन मैं बहुत बुरा महसूस कर रही थी। मैं यहाँ रहना नहीं चाहती थी। पिता ने उससे रुकने को कहा, लेकिन उसे अच्छा नहीं लग रहा था क्योंकि पड़ोस के लोग उसके साथ हुई घटना के बारे में जानते थे और उस पर समाज का बहुत दबाव था।” अपने आँसू पोछते हुए पूजा ने बताया कि इस स्थिति में एक दिन उसने दिलशाद के पास कटिहार लौटने का फैसला किया।
इसके बाद उसकी बहन ने गिरिश अहीर भाई से संपर्क किया जिन्होंने पूजा को घर लाने में मदद की थी। गिरीश अहीर और उनकी टीम ने पूजा को रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन में देखा और उसे ट्रेन से उतारा। बाद में वो उसे दीपिका भावसार से मिलाने ले गए, जो पूजा जैसी महिलाओं के लिए मसीहा मानी जाती हैं। पूजा ने कहा कि भावसार ने उन्हें हिंदू ग्रंथों और नियमित प्रार्थनाओं के बारे में बताया और पढ़ाया। इससे मैं पहले से खुद को बेहतर महसूस करने लगी। गिरीश अहीर सूरत महानगर के हिंदू जागरण मंच के सचिव हैं।
पूजा कहती है, “अगर उसे बचाने वाले नहीं होते, तो उसका आत्मविश्वास अब तक दम तोड़ चुका होता। मैं अभी तक जीवित नहीं होती।” उसने बताया कि इन लोगों ने दिलशाद और उसके परिवार वालों के खिलाफ मामला दर्ज कराने में उसे मदद की। एक पंडित ने पूजा को बताया कि दरगाह ले जाकर उस पर काला जादू किया गया था, जिसके कारण वह नींद से उठकर नमाज पढ़ना शुरू कर देती थी।
ऑपइंडिया से बात करते हुए, गिरीश अहीर ने कहा कि पूजा का मामला सबसे सफल मामलों में से एक रहा है। अब इस बात को 6 साल से अधिक हो गए हैं और लड़की भी बालिग हो गई है। उसका परिवार अब उसकी शादी करना चाहते हैं। अहीर ने वर्ष 2016 में एक अन्य मामले के बारे में बताया जब शीतल (बदला हुआ नाम) को न्याय दिलाने में मदद की थी। उस समय नौवीं कक्षा की छात्रा रही शाीतल को भी एक मुस्लिम युवक लेकर भाग गसा था। इस मामले में आरोपित को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई। बाद में शीतल की शादी हिंदू रीति-रिवाजों के साथ एक हिंदू लड़के से की गई।
गुजरात में ‘लव जिहाद’ का पहला मामला सूरत से
गुजरात में धर्मांतरण विरोधी कानून के तहत ‘लव जिहाद’ का पहला मामला पिछले साल अगस्त में सूरत के डिंडोली इलाके में दर्ज किया गया था। एक 50 वर्षीय मुस्लिम व्यक्ति पर फर्जी पहचान बताकर एक युवा हिंदू लड़की को अपने जाल में फँसाने और उसे गर्भवती करने का आरोप लगाया गया था। 50 साल के शेख मोहम्मद अख्तर ने 22 साल की एक हिंदू लड़की से नाम बदलकर पहले दोस्ती की और फिर उससे निकाह कर लिया। बाद में उसे इस्लामिक रीति-रिवाजों के अनुसार बुर्का पहनने और नमाज पढ़ने के लिए दबाव बनाने लगा। जब लड़की ने ऐसा नहीं किया तो उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
नोट: मूल रूप से अंग्रेजी में लिखी गई निरवा मेहता की इस रिपोर्ट को आप यहाँ क्लिक कर पढ़ कसते हैं। गोपनीयता की वजह से इस रिपोर्ट में कुछ लोगों के नाम बदल दिए गए हैं।
पहलवान सागर धनखड़ की हत्या मामले में दिल्ली पुलिस ने सप्लीमेंट्री चार्जशीट फाइल कर दी है। इसमें कहा गया है कि सुशील कुमार जब छत्रसाल स्टेडियम पहुँचे तो कुछ कुत्ते भौंकने लगे। इसके बाद सुशील कुमार ने उन पर गोली चला दी। इसके बाद स्टेडियम में मौजूद एथलीटों को बंदूक की नोंक पर धमकाया और उन्हें स्टेडियम छोड़कर जाने को कहा।
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने सुशील के खिलाफ जो सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की है, वह सुशील के बॉडीगार्ड अनिल धीमान और अन्य आरोपितों के बयानों के आधार पर बनाई गई है। यह घटना 05 मई 2021 की है। धीमान ने पुलिस को दिए स्टेटमेंट में बताया कि वह 2019 से सुशील कुमार के साथ काम कर रहा था। वह सुशील के प्राइवेट और ऑफिशियल दोनों काम देखता था। धीमान ने बताया कि 4-5 मई 2021 की दरम्यानी रात को वह भी सुशील के साथ था। उस दिन सुशील ने कई लोगों को बास्केटबॉल ग्राउंड पर यह कहते हुए बुलाया था कि उसे ‘कुछ लोगों को सबक सिखाना है’।
दिल्ली पुलिस की चार्जशीट में जूनियर रेसलर सागर धनखड़ की हत्या मामले में सुशील के साथ राहुल को भी आरोपित बनाया गया है। राहुल ने स्टेटमेंट में बताया है, “सुशील और मेरे साथ एक और साथी था। हम लोग जब स्टेडियम पहुँचे तो देखा कि वहाँ कुछ कोच और पहलवान मौजूद हैं। जैसे हम आए कुछ कुत्ते सुशील को देख भौंकने लगे। सुशील उस वक्त बेहद गुस्से में था, उसने कुत्तों पर गोलियाँ चला दी। इसके बाद सुशील ने पहलवानों को वहाँ से निकलने के लिए बोला तो विकास नाम के एक रेसलर ने उससे पूछा- पहलवान जी क्या हुआ? इसके बाद सुशील ने विकास पर हमला किया और उसका फोन छीनकर उसके पीछा भागा।”
विकास को भगाने के बाद सुशील बोला, “मैं कहाँ जाता हूँ, किससे मिलता हूँ, क्या खाता हूँ… ये सागर और सोनू महल लीक करते हैं।” विकास के अलावा दो और पहलवानों को सुशील इसी तरह से भगा चुका था। इसके बाद सुशील ने वहाँ मौजूद एक चौथे पहलवान से उसका फोन माँगा, जब उसने फोन देने से इनकार किया तो सुशील ने अपनी पिस्टल से उसके माथे पर मारा।
धीमान ने अपने बयान में कहा है कि उसी रात को वह, सुशील और अन्य साथी शलीमार बाग गए और उन्होंने 11.30 बजे के करीब अमित, रविंदर (सागर के साथ इनको भी पीटा गया था) को उठाया और उन्हें छत्रसाल स्टेडियम लेकर आ गए। धीमान ने बताया कि इन दोनों को सुशील के कहने पर ही पीटा गया था। स्टेडियम में उन्होंने उन्हें बहुत बुरी तरह पीटा, इसके बाद वो मॉडल टाउन वाले फ्लैट पर गए और सागर, जय भगवान के साथ सोनू को उठाकर स्टेडियम लेकर आए।
चार्जशीट के मुताबिक, सुशील ने कहा था, “इसे बेरहमी से पीटो। इसे जिंदा नहीं छोड़ना है।” चार्जशीट में प्रवीण को भी आरोपित बनाया गया है। हत्या समेत अन्य जघन्य अपराधों में शामिल रहे प्रवीण ने बताया, सुशील कह रहा था, ”इस एरिया का गुंडा मैं हूँ, तू कैसे मेरे फ्लैट पर कब्जा कर सकता है।” सुशील उन्हें लाठी से मारते हुए ये बात बोल रहा था।
धीमान ने बताया, “हमने उन्हें लाठी, डंडे, हॉकी स्टिक और बेसबॉल बैट से पीटा। हम सागर और जयभगवान को मारना चाहते थे, क्योंकि सुशील ने हमसे ऐसा ही करने को कहा था। सुशील को डर था कि सागर और जयभगवान उसके खिलाफ काम कर रहे हैं, वे सुशील के बारे में जानकारी जुटा रहे थे, क्योंकि वह सुशील के लिए खतरा पैदा कर रहे थे, इसलिए वह उन्हें मारना चाहता था।”
गौरतलब है कि इससे पहले दिल्ली पुलिस ने छत्रसाल स्टेडियम में पहलवान सागर धनखड़ हत्याकांड में 170 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की थी, जिसमें सुशील कुमार को मुख्य आरोपित बनाया गया था। इससे पहले पहलवान और भारतीय रेलवे यातायात सेवा (IRTS) के अधिकारी सुशील कुमार को रेलवे कीनौकरी से सस्पेंड कर दिया गया था।
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने कल (जनवरी 10, 2022) ‘पंचायत आजतक’ में अंजना ओम कश्यप से बात करते हुए योगी सरकार को घेरने की फिराक में खुद का भी मजाक जमकर उड़वाया। अब उनके इसी इंटरव्यू की तमाम वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इस इंटरव्यू में उन्होंने नोएडा को लेकर पाले गए उनके अंधविश्वास पर भी बात की।
अंजना ओम कश्यप ने जब उनसे पूछा कि आखिर वो मुख्यमंत्री रहते हुए कभी नोएडा क्यों नहीं आए तो इस पर उन्होंने कहा कि वहाँ जो भी जाता है वो फिर कभी मुख्यमंत्री नहीं बनता। अपनी इसी बात को कहने के बाद वो ये कहकर हँसे, “हमारे बाबा भी नोएडा गए थे। वे इस बार मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे।” इस अंधविश्वास पर सवाल किए जाने पर अखिलेश यादव ने कहा कि धर्म भी एक तरह का अंधविश्वास होता है।
नोएडा वालो सुन लो…. "नोएडा" को अपने लिय "मनहूस" बता रहे हैं आपके अखिलेश भईया । इसका मतलब मुख्यमंत्री बनने के बाद ये नोएडा की तरफ पैर करके भी नहीं सोएंगे क्योंकि इनके मुताबिक जो नोएडा चला जाता है वो दुबारा मुख्यमंत्री नहीं बन पता। pic.twitter.com/IQau19uP8e
साक्षात्कार में अखिलेश यादव से जब सवाल किया गया कि योगी सरकार दावा करती है कि उनकी सरकार में कोई दंगे नहीं हुए और लाल टोपी खतरे का निशाना है, इस पर अखिलेश यादव ने जवाब देते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि एनसीआरबी का आँकड़ा देखिए, सबसे ज्यादा दंगे किसकी सरकार में हुए हैं।
अखिलेश यादव ने साक्षात्कार में बार-बार अंजना ओम कश्यप पर ईमानदार पत्रकार का नाम ले लेकर तंज कसा और दावा किया कि श्रीकृष्ण उनके सपने में इसलिए आए क्योंकि वो उनके कुलदेवता हैं। उन्होंने कहा इस दफा यूपी की जनता बीजेपी को राधे-राधे कर देगी। जब उनसे पूछा गया कि अगर दोबारा प्रदेश में योगी सरकार बन गई फिर? इस पर सपा नेता ने कहा कि दोबारा चुनाव जीतने पर योगी आदित्यनाथ प्रधानमंत्री पद के दावेदार हो जाएँगे, जबकि अभी से ही डबल इंजन टकरा रहा है। भाजपा को इस विषय में सोचना चाहिए।
अपने इंटरव्यू में उन्होंने पीएम मोदी के ‘UPYOGI’ वाले बयान की काट करते हुए यूपी में योगी सरकार को ‘अनुपयोगी’ करार दिया। उन्होंने कहा कि बीजेपी किसानों के वादों पर खरी नहीं उतर पाई। डीजल, कीटनाशक, बीज, रसायनिक खाद के महंगे हो जाने के कारण किसानों के लिए अपनी आय को दोगुना और पैदावार को बढ़ाना दूभर हो चुका है। अपनी बातचीत में अखिलेश यादव ने दावा किया कि जब उनकी सरकार आएगी तो लोगों को यहाँ 300 यूनिट मुफ्त बिजली दी जाएगी। उनका आरोप है कि योगी सरकार ने बिजली कारखाने नहीं लगने दिए वरना उनकी सरकार इसके लिए प्रयासरत थी।
किसानों के हित के लिए कोई फैसला नहीं लिया इसलिए 10 मार्च को भाजपा का साफ होना तय है।
सपा ने जो संकल्प लिया है, यहां के लोगों को 300 यूनिट बिजली के लिए कोई बिल नहीं आएगा, बिल शून्य होगा।
समाजवादी पार्टी के नेता फिरोज पप्पू की हत्या के मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस ने खुलासा किया है कि फिरोज पप्पू की हत्या बलरामपुर से सपा के दो बार सांसद रहे रिजवान जहीर ने करवाया है। इस मामले में रिजवान जहीर, उनकी बेटी जेबा औऱ जमाई रमीज को गिरफ्तार किया गया है।
करीब दो महीने पहले रिजवान जहीर ने फिर से सपा की सदस्यता ली थी, जिसके बाद से तुलसीपुर नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष रहे फिरोज पप्पू के बीच गुटबाजी शुरू हो गई थी। दोनों एक दूसरे को पीछे कर सियासत में अपनी पैठ मजबूत करने के लिए संघर्ष कर रहे थे। इस घटना का खुलासा करते हुए बलरामपुर के एसपी हेमंत कुटियाल ने कहा कि फिरोज अहमद उर्फ फिरोज पप्पू की लगातार बढ़ती लोकप्रियता रिजवान जहीर के लिए बड़ा खतरा थी। दरअसल, फिरोज पप्पू तुलसीपुर विधानसभा सीट से सपा के कैंडिडेट के लिए तगड़े दावेदार थे, लेकिन पूर्व सांसद अपनी बेटी जेबा को टिकट दिलाना चाहते थे।
लेकिन जब उन्हें लगा कि उनकी दाल नहीं गलने वाली तो रिजवान जहीर, उनकी बेटी जेबा, जमाई रमीज और शकील ने आपस में मिलकर फिरोज पप्पू की हत्या का षणयंत्र रचा। हत्या की जिम्मेदारी मेहराज और महफूज को दी गई। इसके बाद नए साल में 4 जनवरी 2022 को फिरोज पप्पू की हत्या कर दी गई। यूपी पुलिस ने इस मामले में 6 लोगों को गिरफ्तार किया है।
यूपी पुलिस ने किया 6 को गिरफ्तार
कैसे दिया वारदात को अंजाम
जिले के पुलिस अधीक्षक हेमंत कुटियाल के मुताबिक, 4 जनवरी 2022 की रात 10:20 बजे के करीब फिरोज पप्पू अपने घर जा रहा था उसी दौरान मेराजुल हक उर्फ मामा और महफूज ने उस पर लोहे की रॉड और से अटैक किया। जैसे ही महफूज ने लोहे की रॉड से फिरोज के सिर पर मारा तो वो गिर गया। इसके बाद मेहराज ने चाकू से उसके गले को रेत दिया। करीब एक माह पहले ही हत्या की साजिश बनी थी। इस बीच तीन बार फिरोज को मारने की कोशिश की गई थी, लेकिन सफल नहीं हो सके थे।
इस हाई प्रोफाइल केस को सॉल्व करने वाली पुलिस टीम को राज्य के अपर गृह सचिव ने एक लाख रुपए का ईनाम देने का भी ऐलान किया था। एसपी हेमंत कुटियाल के मुताबिक, यह हत्या राजनीतिक वर्चस्व और बाहुबल साबित करने के लिए की गई है।
पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) पर विधानसभा चुनाव के टिकट करोड़ों में बेचने के आरोप लग रहे हैं। आरोप लगाने वाला विपक्ष नहीं, AAP के ही कार्यकर्ता हैं। चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर के AAP कार्यकर्ताओं ने पार्टी नेतृत्व पर करोड़ों में टिकट बेचने के आरोप लगाए। साथ ही माँग की कि पार्टी को अब इस नीति को खत्म करना चाहिए। पार्टी के मोहाली जिला के युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष गुरतेज सिंह पन्नू और उपाध्यक्ष शीरा भाणबौरा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर के अपनी बात रखी।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल फ़िलहाल कोरोना से पीड़ित हैं और हाल ही में उन्होंने चंडीगढ़ में नगरपालिका चुनाव में अच्छे प्रदर्शन बनने के बाद वहाँ विजय यात्रा निकाली थी। आरोप लगे थे कि कोरोना के लक्षण आने के बावजूद उन्होंने रैलियाँ की और लोगों से मिलते-जुलते रहे। अब उनकी ही पार्टी के कार्यकर्ता प्रेस कॉन्फ्रेंस कर के अपनी ही पार्टी की पोल खोल रहे हैं। करोड़ो रुपए लेकर टिकट बेचने के आरोप लगाए जा रहे हैं। यही है उनकी ‘बदलाव’ वाली राजनीति?
चंडीगढ़ में AAP से कम सीटें होने के बावजूद भाजपा अपना मेयर बनाने में कामयाब रही, जिसके लिए भी AAP कार्यकर्ता पार्टी के अंदरूनी कलह को दोषी ठहरा रहे हैं। ‘शिरोमणि अकाली दल (SAD)’ ने भी AAP पर टिकट बेचने के आरोप लगाए हैं। पार्टी के प्रवक्ता दिलजीत सिंह चीमा ने कहा कि चुनाव आयोग को इस मामलों का संज्ञान लेकर मामला दर्ज करने का आदेश देना चाहिए। AAP ने अपने पैम्प्लेट्स में अन्य दलों से पैसे लेकर उसे वोट देने की सलाह लोगों को दी है।
Aam Aadmi Party workers today did Press Conference in Chandigarh; Demand AAP should end Policy of Selling Tickets in return for crores of rupees for #PunjabElections2022pic.twitter.com/aRB1wmvNc7
चीमा ने कहा, “ये स्पष्ट है कि पार्टी के टिकट्स बेच कर अरविन्द केजरीवाल खुद को अमीर बना रहे हैं। AAP यही मॉडल हर जगह फॉलो कर रही है, इसीलिए जहाँ-जहाँ वो चुनाव लड़ रही है वहाँ टिकट्स बेचे जा रहे हैं। विपक्षी नेताओं के खिलाफ झूठे आरोप लगाने के लिए तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। ये करोड़ों रुपए का घोटाला है, जिसकी पोल उच्च-स्तरीय जाँच के बाद ही खुल सकती है। वो चुनाव में अमीरों पर दाँव लगा रहे हैं। उनका दिल्ली मॉडल पूर्णरूपेण फ्लॉप है, इसीलिए पंजाब की जनता को दिखाने के लिए उनके पास कुछ नहीं है।”
बता दें कि हाल ही में प्रेस क्लब में राघव चड्ढा (Raghav chaddha) की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कॉन्ग्रेस के पूर्व पार्षद दिनेश ढल को पार्टी में शामिल करवाया जाना था, लेकिन टिकट बँटवारे को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान पंजाब के सह-प्रभारी के खिलाफ ‘राघव चड्ढा चोर है’ के नारे लगाए गए। बात यहीं तक रहती तो गनीमत होती, लेकिन मामला इतना बढ़ गया कि लोगों के बीच जमकर मारपीट भी हो गई। टिकट बँटवारे को लेकर करीब 45-50 मिनट हुए बवाल के बाद राघव चड्ढा को पिछले दरवाजे से बाहर भागना पड़ा।
कर्नाटक (Karnatka) के यादगीर जिले से घर वापसी (Ghar wapsi) हुई है। यहाँ 50 साल पहले टिमोथी होसमानी नाम के व्यक्ति के परिजनों ने धर्मान्तरण कर ईसाई धर्म को अपना लिया था। उस वक्त होसमानी बहुत ही छोटे थे, लेकिन अब 50 साल बीतने के बाद 55 वर्षीय टिमोथी होसमानी ने हिंदू धर्म में घर वापसी की है।
रिपोर्ट के मुताबिक, बेंगलुरू से करीब 500 किलोमीटर दूर स्थित गुरमिटकल तहसील के कनिकल गाँव के रहने वाले टिमोथी ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया कि उन्हें ये तो नहीं पता कि उनके माता-पिता ज्ञानमित्र और सौभाग्य ने किन परिस्थितियों में ईसाईयत को अपनाया था। लेकिन अब वो अपने धर्म में फिर से घर वापसी कर रहे हैं।
होसमानी के मुताबिक, 10 साल पहले उनके पिता और 6 साल पहले उनकी माँ की मृत्यु हो गई थी। शख्स ने बताया कि वो और उसका परिवार एससी समुदाय से आते थे। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी शारदम्मा (50), बेटा अभिषेक, ज्ञानमित्र और नील आर्मस्ट्रॉंग बीते कई साल से हिंदू धर्म और हिंदू परंपराओं को करीब से देख रहे हैं। उन्होंने ये भी कहा कि उनका बड़ा बेटा बेंगलुरू में श्रमिक के तौर पर काम करता है, जबकि दो अन्य अभी पढ़ाई कर रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, टिमोथी होसमानी के माता-पिता उसके हिंदू धर्म अपनाने के खिलाफ थे। लेकिन अब परिवार कानूनी तौर पर भी हिंदू धर्म में घर वापसी की तैयारी कर रहा है।
कर्नाटक में कई परिवार घर वापसी पर विचार कर रहे
रिपोर्ट के मुताबिक, कर्नाटक में ऐसी कई घटनाएँ सामने आ चुकी हैं। जिनसे ये पता चलता है कि कर्नाटक में कई परिवार घर वापसी की तैयारी कर रहे हैं। हाल के वर्षों में यादगीर में ये अपनी तरह का पहला मामला है। गौरतलब है कि कर्नाटक सरकार राज्य में ईसाई धर्मान्तरण को रोकने के लिए धर्मान्तरण विरोधी बिल लेकर आई है, जिसे विधानसभा में पास करा लिया गया है। लेकिन, कॉन्ग्रेस और कई चर्च इसका लगातार विरोध कर रहे हैं।